Category Archives: news

महाराष्ट्र के 10 जिलों में तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज- ‘गर्मी जारी है’

मुंबई 15 April, (एजेंसी): आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र के कम से कम 10 जिलों में अप्रैल के मध्य में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है, जिसमें चंद्रपुर सबसे गर्म 43.2 डिग्री और दक्षिण मुंबई 31.6 पर सबसे ठंडा रहा। उच्चतम पारा रीडिंग वाले राज्य के सबसे गर्म जिले हैं: चंद्रपुर (43.2 डिग्री), वर्धा (42.2), अमरावती और सोलापुर (41.4), नागपुर (41), परभणी (40.8), यवतमाल (40.5), अकोला और जलगांव ( 40.3), और नांदेड़ (40.2)।

आईएमडी के अनुसार, अन्य सभी जिलों में तटीय क्षेत्रों में उच्च आद्र्रता के स्तर और भीतरी इलाकों में शुष्क परिस्थितियों के साथ तापमान 31सी से ऊपर दर्ज किया गया है। पुणे, सतारा और परभणी जैसे कुछ जिलों में पिछले 24 घंटों में भारी से मामूली बारिश हुई, लेकिन अधिकतम तापमान में कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं हुआ।

गर्मी की स्थिति के कारण, ठंडे पेय पदार्थों या आइसक्रीम की मांग में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, लोगों को स्कार्फ, दस्ताने और धूप का चश्मा पहने देखा जा सकता है, खासकर दुपहिया वाहनों पर यात्रा करते समय, तेज गर्मी को मात देने के लिए। कई शैक्षणिक संस्थानों ने छात्रों के लिए बाहरी गतिविधियों को कम कर दिया है, जबकि राज्य के कई हिस्सों में स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि जब तक आवश्यक न हो, दोपहर 1-5 बजे के बीच बाहर न निकलें।

***************************

 

कोरोना का एक्सबीबी1.16 वैरिएंट बेहद खतरनाक, बच्चों में तेजी से फैल रहा वायरस, विशेषज्ञों ने दी चेतावनी

नई दिल्ली 14 अपै्रल,(एजेंसी)।  देश में कोरोना एकबार फिर तेजी से फैलना शुरु हो गया है। इस बार कोरोना ओमिक्रोन का नया वेरिएंट एक्सबीबी1.16 के रूप में सामने आया है। इस वेरिएंट का पहला मामला इस साल जनवरी में मिला था। हालांकि, इस बात को लेकर आईसीएमआर की एक स्टडी में सामने आया है कि एक्सबीबी1.16 अधिक गंभीर नहीं है।

ऐसे में कोरोना संक्रमित लोगों को अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ रही है। ऐसे में कोरोना से होनेवाली मौतों की संख्या भी कम है। हालांकि, इस वेरिएंट का असर बच्चों पर बहुत ज़्यादा पड़ रहा है। देश के अलग-अलग इलाकों से 15 साल से कम उम्र के बच्चों के संक्रमित होने की खबरें सामने आ रही हैं।

नए वेरिएंट को लेकर एक्सपर्ट और डॉक्टरों का कहना है कि किसी बच्चे को अगर 2 या 3 दिन से बुखार है। तो इसे कॉमन फ्लू समझने की गलती न करें। यह कोरोना का नया वेरिएंट भी हो सकता है। पेट मे दर्द या सांस लेने की तकलीफ हो रही है तो बच्चे का तुरंत कोविड टेस्ट करवाएं।

साथ ही काढ़ा बनाकर पिएं। नए वेरिएंट के लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, सिर में दर्द, कोल्ड एंड कफ, पेट खराब होना, पेट दर्द, नाक बहना, थकान आदि शामिल है।

सर गंगा राम अस्पताल के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. धीरेन गुप्ता ने कहा- कोरोना का एक्सबीबी1.16 वैरिएंट बच्चों और वयस्कों को बीमार बना सकता है। यह कोविड संक्रमण के मामलों में बड़ा उछाल ला सकता है।

एक्सबीबी1.16 वैरिएंट में इंसान के इम्यून सिस्टम को भेदने की क्षमता है। यह प्रतिरक्षा प्रणाली से बचने में सक्षम है। यह उन लोगों को भी संक्रमित कर रहा है जिन्हें पिछली लहरों के दौरान संक्रमण हुआ था। यह उन किशोरों और वयस्कों को भी बीमार बना रहा है जो कोविड रोधी वैक्सीन लगवा चुके हैं।

डॉ. धीरेन गुप्ता ने कहा- एक्सबीबी1.16 वैरिएंट के फैलने की आशंका बनी हुई है। हालांकि, कोरोना की तुलना में एडेनो वायरस और इन्फ्लूएंजा जैसे संक्रमण ज्यादा चिंता पैदा करने वाले लगते हैं। ऐसे अगले अगले चार हफ्ते बेहद अहम होने वाले हैं।

हम देख रहे हैं कि कोरोना का एक्सबीबी1.16 वैरिएंट पिछले वैरिएंट की तुलना में ज्यादा संक्रामक और अधिक घातक है। बीते कुछ हफ्तों से हम देख रहे हैं कि देश में कोविड मामलों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके लिए एक्सबीबी1.16 वैरिएंट को ही जिम्मेदार माना जा रहा है।

डॉ. धीरेन गुप्ता ने कहा कि 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में संक्रमण के केस बढ़ रहे हैं। क्या बच्चों के लिए वाकई गंभीर खतरा है। इस बारे में मधुकर रेनबो चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके नाकरा ने कहा कि कोविड पॉजिटिव कुछ मामलों में आंखों में तकलीफ भी हो रही हैं।

अब कोरोना के जो लक्षण मिल रहे हैं उनमें तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द, शरीर में दर्द के साथ गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्या (जठर संबंधी तकलीफ) देखी जा रही है।

*****************************

 

आय से अधिक संपत्ति मामले में चन्नी से 7 घंटे हुई पूछताछ, बोले- जानबूझ कर परेशान और बदनाम कर रही सरकार

चंडीगढ़ 14 अपै्रल,(एजेंसी)। आय से अधिक संपत्ति मामले में पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से मोहाली स्थित विजिलेंस के ऑफिस में 7 घंटे तक पूछताछ हुई। कांग्रेस नेता ने 11 बजकर 10 मिनट पर मोहाली कार्यालय के ब्यूरो में प्रवेश किया।

उन्होंने इससे पूर्व अपनी पेशी निर्धारित तारीख से पहले किए जाने को लेकर राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार की निंदा की और दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार बदले की राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि उन्हें हर तरीके से जलील और बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उनके ऊपर नाजायज तौर पर केस बनाने की कोशिश की जा रही है। उनके पास जो भी कुछ था उन्होंने विजिलेंस के सामने पेश कर दिया है।

पूछताछ के बाद चन्नी ने कहा कि उन्हें पॉलिटिकली विक्टेमाइज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सब कुछ जानबूझ कर परेशान और बदनाम करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव में मेरे ऊपर सैंकड़ों एकड़ जमीन और महंगी गाडिय़ों के आरोप लगाए थे अब सरकार मुझे उस जमी पर खड़ा करके दिखाए कि वो मेरी है।

सरकार के मुख्यमंत्री जो कहते थे कि उनके बेटे के पास महंगी गाडिय़ां हैं वह दिखाए वह गाडिय़ां कहां हैं। उन्होंने कहा कि साजिश के तहत उनकी छवि को खराब करने के लिए यह सारा तानाबाना बुना गया है। लेकिन वह डरने और भागने वाले नहीं है। बल्कि इन झूठों का डटकर मुकाबला करेंगे।

उधर, कांग्रेस उम्मीदवार करमजीत कौर ने अंबेडकर जयंती की छुट्टी के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को पूछताछ के लिए विजीलेंस ब्यूरो कार्यालय बुलाने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की आलोचना की है।

करमजीत ने कहा, मैं वास्तव में यह जानकर हैरान हूं कि मान सरकार 20 अप्रैल का इंतजार क्यों नहीं कर सकती थी, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री ने खुद कहा था कि वह ब्यूरो के सामने पेश होंगे और उनके खिलाफ चल रही जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

उन्होंने कहा, यह राजनीतिक प्रतिशोध और जालंधर लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी के चल रहे अभियान को बौखलाहट में बाधित करने का स्पष्ट मामला है। मुझे लगता है कि मान सरकार यह देखकर पूरी तरह डर गई है कि जालंधर में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस पार्टी को बहुत अच्छा समर्थन मिल रहा है।

************************

 

मेरठ पहुंचे केरल के राज्यपाल आरिफ मौहम्मद खान, शादी में हुए शामिल, वर-वधू को दिया आशीर्वाद

मेरठ 14 अपै्रल,(एजेंसी)। मेरठ के मोदीपुरम में गुरुवार को एक शादी समारोह में केरल के राज्यपाल आरिफ मौहम्मद खान ने भी शिरकत की। शादी समारोह में बारात पक्ष की और से वह पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले ही पल्लवपुरम पुलिस सुरक्षा में लगी हुई थी। उन्होंने वर वधू को आर्शीवाद दिया। साथ ही सभी मेहमानों से भी मिले।

पल्लवपुरम फेज दो क्यू 190 निवासी डॉ. लोटन सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। डॉ.लोटन सिंह आईसीएआर में वैज्ञानिक है। उनकी बेटी डोली सिंह पीएचडी करने के बाद इंडियन काउंसिल ऑफ सोशल साइंस रिसर्च जयपुर में जॉब कर रही है।

डोली सिंह की बरात स्याना बुलंदशहर से गुरुवार की दोपहर में मोदीपुरम के राजतिलक मंडप में आई। डोली सिंह की शादी डॉ. गजेंद्र पाल सिंह से हुई। डॉ. गजेंद्र पाल सिंह केंद्रीय विवि गुजरात में पोस्ट डॉक्ट्रेट की पढ़ाई कर रहे हैं। लडकी पक्ष की और से केरल के राज्यपाल आरिफ मौहम्मद खान भी शादी समारोह में पहुंचे और वर वधू को आर्शीवाद दिया।

डॉ. लोटन सिंह ने बताया कि राज्यपाल ने शादी समारोह में पहुंचकर वर वधू को आर्शीवाद दिया। समारोह में आर्शीवाद देने और खाना खाने के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पल्लवपुरम थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि राज्यपाल एक शादी समारोह में निजी कार्यक्रम में आए थे। जिनकी सुरक्षा को लेकर पल्लवपुरम पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी। इस दौरान जगह-जगह पर हाईवे पर पुलिस कर्मी लगे हुए थे।

**********************************

 

सपा के 128 कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को भेजे इस्तीफे

*एक तरफा नीतियों का संचालन करने का लगाया गया आरोप

*प्रदेश नेतृत्व के रवैये पर कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी

मुजफ्फरनगर 14 अपै्रल,(एजेंसी)। निकाय चुनाव से पहले ही समाजवादी पार्टी की अंदरूनी तकरार सामने आने लगी है। पूर्व महानगर महामंत्री शलभ गुप्ता एडवोकेट सहित 128 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सामूहिक इस्तीफे भेजे है। प्रदेश नेतृत्व पर स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया।

बृहस्पतिवार को सदर बाजार स्थित शलभ गुप्ता एडवोकेट के कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। पूर्व महानगर महामंत्री ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रहा है। सक्रिय कार्यकर्ताओं को नजर अंदाज कर एकतरफा नीतियों का पालन किया जा रहा है। इसी वजह से सामूहिक इस्तीफे देने का फैसला किया गया।

बताया कि पिछले दिनों संगठन में बदलाव किया गया है, लेकिन पुराने कार्यकर्ताओं से बात तक नहीं की गई। इस्तीफे देने वालों की सूची में पूर्व उपाध्यक्ष जनार्दन विश्वकर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष दीपक गोयल, आशु गुप्ता, विजय बाटा, पूर्व महानगर कोषाध्यक्ष विकल्प जैन, सदस्य अमित जैन, अमित गुप्ता एडवोकेट, तरुण सौदे, विपिन गुप्ता, अरुण अग्रवाल, प्रवीण उपाध्याय समेत 128 नाम शामिल किए गए हैं।
भाजपा की बी टीम ने दिए हैं इस्तीफे: चौधरी

सपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जिया चौधरी एडवोकेट ने कहा कि इस्तीफे देने वाले भाजपा की बी टीम के सदस्य थे। विधानसभा चुनाव के बाद से इनकी गतिविधियां संदिग्ध थी। प्रदेश नेतृत्व इन पर नजर रख रहा था। इनमें से कई भाजपा नेता गौरव स्वरूप की फैक्टरी में भी काम करते हैं। अगर पार्टी में कोई अन्य भी भाजपा की बी टीम का सदस्य होगा तो उसे बाहर का रास्ता दिखाने का काम किया जाएगा।
सपा ने ये किया है बदलाव

समाजवादी पार्टी ने पिछले दिनों लंबे समय तक जिलाध्यक्ष रहे प्रमोद त्यागी की जगह जिया चौधरी एडवोकेट को जिलाध्यक्ष बनाया है। इसके अलावा प्रदेश स्तर से पुष्पेंद्र त्यागी उर्फ बॉबी को महानगर अध्यक्ष, सलीम मलिक को महानगर सचिव, सोमपाल कोरी को जिला उपाध्यक्ष, विकिल कुमार उर्फ गोल्डी अहलावत को जिला महासचिव बनाया गया है।

**************************

 

भाजपा सरकार झूठे और फर्जी एनकाउंटर करा रही है- आखिलेश यादव

लखनऊ 14 अपै्रल,(एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर की 132वीं जयंती के अवसर पर, उनकी जन्मस्थली मध्य प्रदेश पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा साहब जी की जन्मस्थली में हम सबको नई ऊर्जा मिली है। हमने बाबा साहब के बताएं रास्ते पर चलने का संकल्प लिया है। बाबा साहब की जन्मस्थली हमें प्रेरणा देती है कि उन्होंने जो रास्ता दिखाया है उस पर चलें। बाबा साहब ने गरीबों, कमजोरों, शोषितों को ताकत देने के लिए संविधान दिया।

उन्होंने समाज के अन्याय, भेदभाव और तमाम कुरीतियों से लड़कर देश और समाज को दिशा दी। बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर ने देश को अनमोल रत्न के रूप में संविधान दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि आज संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। भाजपा सरकार एक-एक करके संवैधानिक और सरकारी संस्थाओं को खत्म कर रही है।

उन्होंने कहा कि हम लोगों ने संकल्प लिया है कि बाबा साहब ने कमजोर और शोषित लोगों की ताकत के लिए जो संविधान दिया है, उसे बचाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार फर्जी और झूठे एनकाउन्टर करा रही है। सरकार बताएं कानपुर देहात में ब्राह्मण मां-बेटी की जलने से मौत के जिम्मेदार लोगों को मिट्टी में क्यों नहीं मिलाया गया?

बलिया के नौजवान छात्र नेता को घेर कर हत्या करने वाले अपने स्वजातीय अपराधियों को मुख्यमंत्री कब मिट्टी में मिलाएंगे? भाजपा सरकार ने कानून और संविधान खत्म कर दिया है। अपराधी और दबंग कमजोरों को पीट-पीट कर हत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सही गलत का फैसला कोर्ट में होना चाहिए। अधिकारी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं।

सबसे ज्यादा फर्जी एनकाउन्टर यूपी में हो रहे हैं। सबसे ज्यादा पुलिस हिरासत में मौतें यूपी में हो रही है। मानवाधिकार आयोग से सबसे ज्यादा नोटिसें उत्तर प्रदेश सरकार को मिली हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के पास महंगाई, बेरोजगारी को लेकर कोई जवाब नही है। उद्योगपति देश छोड़कर बाहर जा रहे है। बैंको का पैसा लेकर चले गए लेकिन सरकार कोई जवाब नही दे रही है। नोटबंदी और जीएसटी से व्यापार चैपट हो गया।

*******************************

 

डा0 आम्बेडकर का संघर्ष हर पीढ़ी के लिए मिसाल – केशव प्रसाद मौर्य

*उपमुख्यमंत्री ने उनकी जयंती पर माल्यार्पण कर अर्पित की विनम्र श्रद्धांजलि

लखनऊ 14 अपै्रल,(एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महान विधि वेत्ता एवं सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाने वाले, संविधान शिल्पी भारत रत्न ,बाबा साहब डा0 भीमराव आंबेडकर  की जयंती  पर उन्हें विनम्र व आत्मिक श्रद्धांजलि अर्पित की है।केशव प्रसाद मौर्य ने  शुक्रवार को अपने कैम्प कार्यालय 7-कालिदास मार्ग पर  डा0 भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को उनकी जयंती पर नमन करते हुए कहा  कि समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए किया गया उनका संघर्ष हर पीढ़ी के लिए एक मिसाल बना रहेगा। उन्होने कहा कि भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पी, बाबासाहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर  ने समतामूलक, न्यायपूर्ण समाज बनाने के लिए आजीवन संघर्ष किया।

आज हम उनके जीवन तथा विचारों से शिक्षा ग्रहण करके उनके आदर्शों को अपने आचरण में ढालने का संकल्प लें। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के सपनों को भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार मिलकर ‘सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ लेकर  साकार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब का कहना है कि एक रोटी कम खाना, शिक्षित जरूर बनों। उन्होंने कहा कि भारत सरकार व प्रदेश सरकार, समाज के सभी वर्गों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिसके द्वारा सभी गरीबों के हित के कार्य हो रहे हैं तथा चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम सभी को बाबा साहब के विचारों व आदर्शों  का न केवल अनुकरण करना  चाहिए, बल्कि आत्मसात भी करना चाहिए।

***********************************

 

हैदराबाद में बाबा साहेब की 125 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण, डॉ. आंबेडकर के पोते भी थे मौजूद

हैदराबाद 14 अपै्रल (एजेंसी)।  शुक्रवार को डॉ. बीआर अंबेडकर की जयंती के मौके पर हैदराबाद के मध्य में हुसैन सागर झील के किनारे उनकी 125 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया। बौद्ध भिक्षुओं द्वारा धार्मिक मंत्रोच्चारण के बीच, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने अंबेडकर के पोते प्रकाश अंबेडकर, राज्य के मंत्रियों और शीर्ष अधिकारियों की उपस्थिति में कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया।

इस कार्यक्रम में विशेष हेलीकॉप्टर से प्रतिमा पर पुष्पवर्षा की गई, जिसमें राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए लगभग 40,000 लोगों ने भाग लिया। केसीआर और प्रकाश अंबेडकर ने दिवंगत नेता के जीवन पर प्रकाश डालने वाले संग्रहालय और गैलरी का दौरा किया। इस अवसर पर विशाल प्रतिमा के निर्माण पर विशेष ऑडियो-विजुअल भी दिखाया गया।

अंबेडकर की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा, नवनिर्मित तेलंगाना सचिवालय के निकट स्थापित की गई है, जिसे भारतीय संविधान के मुख्य वास्तुकार के नाम पर भी रखा गया है। प्रतिमा के आर्मेचर स्ट्रक्चर में कुल 360 टन स्टेनलेस स्टील का इस्तेमाल किया गया है। मूर्ति की ढलाई में डेवलपर्स ने 114 टन कांस्य का इस्तेमाल किया है।

प्रतिमा को महाराष्ट्र के 98 वर्षीय राम वनजी सुतार ने तैयार किया है, जो पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित हैं। प्रतिमा को 50 फीट ऊंचे चबूतरे पर बनाया गया है, जिसमें भूतल 172 फीट और छत 74 फीट है। 2016 में अंबेडकर की 125वीं जयंती पर मुख्यमंत्री केसीआर ने घोषणा की थी कि राज्य सरकार 125 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करेगी। सरकार ने तत्कालीन उपमुख्यमंत्री कदियम श्रीहरि की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया। प्रतिमा स्थापित करने के लिए विभिन्न संस्थाओं से प्रासंगिक जानकारी एकत्र करने के लिए तकनीकी समिति का गठन किया गया था।

2018 में, सरकार ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और परियोजना प्रबंधन परामर्श सेवाओं की तैयारी के लिए डिजाइन एसोसिएट्स को सलाहकार के रूप में नियुक्त किया। सलाहकारों ने अनुमोदन के लिए दो विकल्प (वृत्ताकार और वगार्कार आसन) तैयार किए। मुख्यमंत्री ने भारतीय संसद के समान परिपत्र आधारित विकल्प को मंजूरी दी। 2020 में, सरकार ने परियोजना के लिए 146.50 करोड़ रुपये मंजूर किए और काम केपीसी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड, हैदराबाद को सौंपा गया। 12 महीने की निर्धारित अवधि के साथ 3 जून, 2021 को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे।

यह परियोजना 11.7 एकड़ क्षेत्र में है। स्मारक भवन में डॉ अंबेडकर के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रदर्शित करने वाला संग्रहालय और गैलरी शामिल है। इसमें लगभग 450 कारों के लिए पार्किंग के प्रावधान के साथ 2.93 एकड़ में लैंडस्केप और हरियाली है। मुख्य भवन और सहायक ब्लॉक 1.35 एकड़ में बने हैं।

************************************

 

उत्तराखण्ड दौरे पर देहरादून पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

देहरादून 14 अपै्रल,(एजेंसी)। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तीन दिन के उत्तराखण्ड के दौरे पर आज देहरादून पहुंचे। गढ़ी कैंट देहरादून स्थित डॉ बी.आर. अम्बेडकर मेमोरियल पार्क पहुंचने पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया।

इस दौरान भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती के शुभ अवसर पर पार्क में स्थित उनकी मूर्ति पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और देश की पूर्व प्रथम महिला सविता कोविंद ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।   इस दौरान मूर्ति के नए स्वरूप को देखकर कोविंद ने कैंट बोर्ड के अधिकारियों की सराहना की।

उन्होंने इस मूर्ति के संबंध में अपनी स्मृति साझा करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड भ्रमण के दौरान बाबा साहेब की मूर्ति के छोटा और उनके गरिमा के अनुरूप न होने की बात को राज्यपाल जी ने संज्ञान लेते हुए इस मूर्ति का जीर्णोद्धार कर एक नया और भव्य स्वरूप दिया है, जिसके लिए उन्होंने राज्यपाल सहित कैंट बोर्ड के सभी अधिकारियों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए अध्यक्ष कैंट बोर्ड ब्रिगेडियर अनिर्बान दत्ता और सीईओ अभिनव सिंह को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

****************************

 

गमाडा के अवैध कार्रवाई को मिली चुनौती

चंडीगढ़,  14 अप्रैल (एजेंसी)। गमाडा के ईओ ने जल्दबाजी और मनमानी से साइट को फिर से शुरू करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष विचाराधीन है क्योंकि डब्ल्यूटीसी चंडीगढ़ ने पहले ही अपील दायर कर दी है। पंजाब रीजनल एंड टाउन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट एक्ट 1995 की धारा 45, 5, के तहत गमाडा के ईओ की अवैध कार्रवाई को चुनौती।

सितंबर 2015 में 131 करोड़ रुपये में डब्ल्यूटीसी चंडीगढ़ को विकसित करने के लिए प्लॉट आवंटित किया गया था जिसके लिए भुगतान की समय सीमा 2026 तक है। डब्ल्यूटीसी चंडीगढ़ पहले ही गमाडा को 108 करोड़ भुगतान कर चुका है, शेष राशि भुगतान जून 2026 तक किया जाना है। विस्तारित स्वीकार्य समय अवधि, आगे, डब्ल्यूटीसी चंडीगढ़ नियमित रूप से गमाडा को उनकी गणना में विसंगतियों को उजागर करता रहा है और गमाडा द्वारा 2022 से निष्पादित टर्मशीट देने के बाद भी पीटीएम देने ने पेटीएम देने में देरी की, समय पर पीटीएम कर देने से भुगतान हो गया होता।

परियोजना के संरचना सौ प्रतिशत पूर्ण है, योजना में प्राप्त क्यों से ज्यादा खर्च किया जा चुका है और आगे के खर्चे के लिए पर्याप्त इन्वेंटरी उपलब्ध है परियोजना में रिसिवेबल भी जरूरत के मुताबिक उपलब्ध है महत्वपूर्ण भावी प्राप्य और कवर करने के लिए पर्याप्त से अधिक स्टॉक के साथ संबंधित व्यय कोई भी और सभी खर्च। यह उल्लेख करना उचित है कि गमाडा द्वारा जारी किए गए विभिन्न अन्य डेवलपर्स/आवंटियों को प्राधिकरण द्वारा नोटिस सूक्ष्म बाजार में अस्थिरता और द्वारा उठाए जा रहे जल्दबाजी के दृष्टिकोण दोनों का संकेत है।

जबकि हम इन हालिया घटनाक्रमों के बारे में गहराई से व्यथित और चिंतित हैं। हम आग्रह करते हैं गमाडा से कहा कि इस संबंध में तत्काल जनहित में नीति बनाने की आवश्यकता है जल्द से जल्द यह सुनिश्चित करने के लिए कि विभिन्न परियोजनाओं में विभिन्न हितधारकों के हित क्षेत्र को उचित रूप से संबोधित किया जाता है। यह पूरे ग्रेटर के पुनरुद्धार का मार्ग प्रशस्त करेगा। मोहाली क्षेत्र के साथ-साथ राज्य में लगातार निवेश आकर्षित कर रहा है। हम अपनी अपील के समर्थन में गुणों के साथ.साथ की मजबूत स्थिति के बारे में आश्वस्त हैं

डब्ल्यूटीसी चंडीगढ़ परियोजना में खड़े होने के लिए हमारे सभी चैनल भागीदारों और ग्राहकों तक पहुंचकर साथ मिलकर डब्ल्यूटीसी चंडीगढ़ को ऐतिहासिक परियोजना बनाने में मदद करेंगे।

*********************************

 

संजय मिश्रा की फिल्म ‘कोट’ 26 मई को रिलीज होगी

14.04.2023  –  परफ़ेक्ट्स टाईम पिक्चर्स इन एसोशिएशन विथ ब्लैक पैंथर मूवीज़ लिमिटेड और ब्रांडेक्स एंटरटेनमेंट की नवीनतम फिल्म ‘कोट’ देश भर के सिनेमागृह में 26 मई को रिलीज होगी। विवान शाह और संजय मिश्रा स्टारर इस फिल्म के निर्माता कुमार अभिषेक, पिन्नु सिंह, शिव आर्यन और अर्पित गर्ग हैं।

फिल्म की कहानी कुमार अभिषेक ने लिखी है। इस फिल्म में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जितन राम मांझी अतिथि भूमिका में नज़र आएंगे।

अक्षय दित्ती के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विवान शाह और संजय मिश्रा के अलावा संजय मिश्रा  सोनल झा, पूजा पांडेय, बादल राजपूत, हर्षिता पाण्डेय, नवीन प्रकाश, अभिषेक चौहान, आकांक्षा श्रीवास्तव, रागिनी कश्यप और गगन गुप्ता भी महत्वपूर्ण भूमिका में नज़र आएंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**********************************

महिला ने की पुलिस भवन से छलांग लगाने की कोशिश, पुलिस वालों ने ऐसे बचाई जान

चिकमगलुरु 14 April, (एजेंसी): कर्नाटक के चिकमगलुरु जिले के मुदिगेरे शहर में पुलिस थाने की इमारत से छलांग लगाने का प्रयास करने वाली एक महिला की पुलिस ने जान बचायी। सूत्रों के मुताबिक, घटना मुदिगेरे थाने में हुई।

पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। हले मुदिगेरे गांव की निवासी शिल्पा के खिलाफ 2022 में मुदिगेरे थाने में बहन से विवाद को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी।

उस पर थाने की महिला स्टाफ से मारपीट का भी आरोप है। अदालत ने उन्हें कार्यवाही में शामिल नहीं होने के लिए समन जारी किया, जिसके बाद उस समन को लेकर शिल्पा थाने आई और इमारत पर चढ़कर कूदकर जान देने की धमकी देने लगी।

पुलिस कर्मचारियों ने उसका ध्यान हटाने में कामयाबी हासिल की और उसे पकड़ लिया और उसके प्रयास को विफल कर दिया। इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। मामले में जांच चल रही है।

*************************

 

दया याचिका में अत्यधिक देरी से मौत की सजा का उद्देश्य हो जाएगा विफल: सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली 14 April, (एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि दया याचिका पर फैसला करने में अत्यधिक देरी से मौत की सजा का उद्देश्य विफल हो जाएगा। इसलिए राज्यों व सक्षम अधिकारियों द्वारा दया याचिका पर जल्द से जल्द फैसला लिया जाए। जस्टिस एम.आर. शाह और सी.टी. रविकुमार ने कहा कि यह सच है कि मौत की सजा को आजीवन कारावास में बदलने के दौरान अपराध की गंभीरता एक प्रासंगिक विचार हो सकता है, लेकिन दया याचिकाओं के निपटान में अत्यधिक देरी को भी मौत की सजा को आजीवन कारावास में बदलते समय एक प्रासंगिक विचार कहा जा सकता है।

अगर अंतिम निष्कर्ष के बाद भी दया याचिका पर फैसला करने में अत्यधिक देरी होती है, तो मौत की सजा का उद्देश्य और उद्देश्य विफल हो जाएगा। इसलिए राज्य सरकारों /या संबंधित अधिकारियों को दया याचिकाओं पर जल्द से जल्द फैसला लेना चाहिए, ताकि दोषी को को भी अपने भाग्य का पता चल सके और पीड़ित को भी न्याय मिल सके।

पीठ ने कहा कि जगदीश बनाम मध्य प्रदेश राज्य (2020) में, पांच साल से अधिक समय से लंबित दया याचिका के निपटान में देरी को ध्यान में रखते हुए अदालत ने मौत की सजा को आजीवन कारावास में बदलने का निर्देश दिया, और इस आधार पर मौत की सजा को उम्रकैद में बदलने के अन्य फैसलों का भी हवाला दिया।

शीर्ष अदालत का आदेश बंबई उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ महाराष्ट्र सरकार द्वारा दायर एक याचिका पर आया। उच्च न्यायालय ने 1990 से 1096 के बीच कोल्हापुर जिले में 13 बच्चों के अपहरण व उनमें से नौ की हत्या की दोषी रेणुका और उसकी बहन को दी गई मृत्युदंड की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया था।

शीर्ष अदालत ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि उच्च न्यायालय ने मौत की सजा को इस आधार पर आजीवन कारावास में बदल दिया है कि दया याचिकाओं पर फैसला नहीं करने में राज्य/राज्य के राज्यपाल की ओर से अत्यधिक अस्पष्ट देरी हुई है। दोषियों की दया याचिका को लगभग 7 साल 10 महीने तक लंबित रखा गया।

उच्च न्यायालय के आदेश को संशोधित करते हुए, शीर्ष अदालत ने कहा, उच्च न्यायालय द्वारा मौत की सजा को उम्रकैद में बदलने के फैसले और आदेश को संशोधित किया जाता है और यह निर्देश दिया जाता है कि दोषियों को प्राकृतिक जीवन के लिए और बिना किसी छूट के आजीवन कारावास की सजा काटनी चाहिए।

शीर्ष अदालत ने जोर देकर कहा, हम उन सभी राज्यों/उपयुक्त अधिकारियों को निर्देश देते हैं कि जिनके समक्ष दया याचिकाएं दायर की जानी हैं और/या जिन्हें मौत की सजा के खिलाफ दया याचिकाओं पर फैसला करना आवश्यक है, ऐसी दया याचिकाओं पर जल्द से जल्द फैसला करें। दया याचिकाओं पर फैसला न करने में देरी का लाभ दोषियों को नहीं मिलता है।

**************************

 

अंबेडकर जयंती के बहाने भाजपा-कांग्रेस की दलितों को रिझाने की कोशिशें

भोपाल,14 अप्रैल (एजेंसी)। भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की जयती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली महू में बहड़े राजनीतिक आयोजन हुए। इन आयोजनों के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और भीम आर्मी के चंद्रशेखर आजाद आये। वे नेता अलग-अलग कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। अंबेडकर जयंती के बहाने दलितों को रिझाने की कोशिश कांग्रेस, भाजपा, सपा और भीम आर्मी कर रहे हैं। अखिलेश यादव की यह पहली महू यात्रा है। जबकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अंबेडकर जयंती पर लगातार हर वर्ष आते रहे हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौळान ने अंबेडकर स्मारक पर श्रद्धा सुमन चढ़ाने आ रहे हजारों बाबा साहेब के अनुयायियों को राजकीय अतिथि का दर्जा देकर सारी सुविधाएं सरकारी स्तर पर देने का उपक्रम पिछले कई सालों से प्रारंभ किया है। कोरोना संक्रमण काल के दो वर्षों को छोड़कर शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में महू में लगातार बड़ा आयोजन सरकारी स्तर पर किया जाता है जिसमें श्रद्धालुओं को रहने, खाने और पीने के मुफ्त सुविधा मिलती है।

प्रदेश में लगभग एक करोड़ 30 लाख दलित मतदाता हैं। प्रदेश की 35 विधानसभा सीटें दलितों के लिए आरक्षित हैं। पिछली बार भाजपा ने दलितों के लिए आरक्षित 35 में से 18 और कांग्रेस ने 17 सीटें जीती थीं। जबकि 2018 और 2013 में यह आंकड़ा क्रमश: 26 और 28 सीटों का था। जाहिर है पिछले चुनाव में भाजपा को दलितों का काम समर्थन मिला जिसका खामियाजा उसे सत्ता गंवाकर चुकाना पड़ा था। प्रदेश में दलितों के लिए भले ही 35 विधानसभा सीटें आरक्षित हों लेकिन उनका प्रभाव 55 सीटों पर माना जाता है।

मालवा निमाड़ में उज्जैन, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नीमच और आगर जिलों में दलितों की बड़ी संख्या रहती है। इस क्षेत्र में दो लोकसभा क्षेत्र दलितों के लिए आरक्षित हैं। मालवा निमाड़ में बड़ी संख्या में बलाई समाज के दलित रहते हैँ। दलित समाज एक समय कांग्रेस का परंपरागत वोटर था लेकिन अयोध्या आंदोलन के बाद परिस्थितियां बदलीं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन सेवा भारती ने दलितों के बीच अनेक सेवा  प्रकल्प प्रारंभ किए इसी का नतीजा है कि भाजपा दलित आरक्षित सीटों पर सबसे अधिक विजय होती है।

भाजपा ने अपने स्थापना दिवस छह अप्रैल से ही दलितों और अति पिछड़ों के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए हैं। पार्टी ने 11 अप्रैल को महात्मा फुले की जन्म जयंती पर भी अनेक कार्यक्रम किए। 11 अप्रैल से 16 अप्रैल तक समरसता सप्ताह मना रही है। इसके अलावा भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दलित समाज के लिए लगातार घोषणाएं कर रहे हैं।

यही नहीं दलितों की विभिन्न पंचायतों की बैठकें भी वे अपने निवास पर बुला रहे हैँ। संभव है अंबेडकर जयंती पर भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कई बड़ी घोषणा करें इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में पार्टी प्रदेश व्यापी कार्यक्रम बनाने जा रही है जिसमें बाबा साहेब को याद किया जाएगा। कांग्रेस की कोशिश यह बताने की होगी कि दलितों की असली हितैषी वही है जबकि भाजपा दलित विरोधी मानसिकता से पार्टी है।

दलित वोट बैंक पर दावा करने के लिए इस बार भीम आर्मी के चंद्रशेखर रावण जोरशोर से अभियान चला रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में अनेक बड़ी रैलियां भी की हैं। बहुजन समाज पार्टी के कमजोर होने के बाद चंद्रशेखर रावण का दावा बसपा के वोटरों पर है। समाजवादी पार्टी और भीम आर्मी गठजोड़ कर प्रदेश के विंध्य बघेलखंड और ग्वालियर चंबल अंचल में मिलकर चुनाव लड़ेगी।

भीम आर्मी प्रदेश में अपने 200 के लगभग उम्मीदवार उतारने जा रही है। भीम आर्मी समाजवादी पार्टी और असदुद्दीन औवेसी की पार्टी के साथ गठबंधन भी करेगी। संभव है इस गठबंधन में जयस भी शामिल हो जाए।

*******************************

 

आबकारी मामले में अब अरविंद केजरीवाल से पूछताछ करेगी सीबीआई, जांच में शामिल होने के लिए किया तलब

नई दिल्ली 14 अपै्रल,(एजेंसी)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित आबकारी नीति घोटाला मामले में रविवार (16 अप्रैल) को जांच में शामिल होने के लिए तलब किया। सूत्रों ने कहा कि शीर्ष अधिकारियों की एक टीम केजरीवाल की गवाही दर्ज करेगी।

सीबीआई सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शराब घोटाले में कुछ सबूत इक_ा करने के बाद अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। दिल्ली में स्थित सीबीआई के मुख्यालय में अरविंद केजरीवाल को 16 अप्रैल के दिन सुबह 11 बजे पहुंचना होगा।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पहले इस मामले में सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दोनों ने गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल जेल में हैं। सीबीआई इस मामले में पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और वे सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल करने वाली है।

***************************

 

अनुराग ठाकुर ने एनसीओई हमीरपुर में बैडमिंटन कोर्ट मैट, जूडो हॉल और बॉक्सिंग हॉल का किया उद्घाटन

हमीरपुर 14 अपै्रल,(एजेंसी)।  अनुराग सिंह ठाकुर, युवा मामले और खेल, सूचना और प्रसारण मंत्री ने हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में साई राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) में खेल सुविधाओं का उद्घाटन किया। भारतीय खेल प्राधिकरण एनसीओई हमीरपुर ने बॉक्सिंग हॉल और जूडो हॉल के साथ फर्श के साथ बैडमिंटन कोर्ट मैट स्थापित और संचालित किए हैं।

मार्च 2022 में हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग से राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र हमीरपुर की स्थापना की गई है। वर्तमान में प्रथम वर्ष के लिए गैर आवासीय आधार पर एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, जूडो, हॉकी, कुश्ती के 6 विषयों में 91 एथलीट प्रशिक्षण ले रहे हैं। एनसीओई के भविष्य के विस्तार का कार्य प्रगति पर है जिसमें प्रतिभाशाली एथलीटों के लिए विस्तारित 300 बिस्तरों वाले छात्रावास सुविधाओं के साथ एक अंतरराष्ट्रीय खेल क्षेत्र और ओलंपिक आकार का स्विमिंग पूल होगा।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कम समय में कोर्टों की सफल स्थापना के लिए साई के प्रयासों की सराहना की। मंत्री ने कहा, इस साई एनसीओई को पूरा करने में सिर्फ 10 महीने लगे और मुझे ख़ुशी है कि हम डॉ. अंबेडकर जयंती पर नए बैडमिंटन कोर्ट, नई रोशनी प्रणाली, कुश्ती और जूडो मैट और बहुत कुछ खोल रहे हैं। यह काम रिकॉर्ड समय में किया गया है। इस एनसीओई के लिए और सुविधाएं भी आएंगी। हम सभी अपने जीवन में डॉ. अम्बेडकर के दिखाए रास्ते पर चलेंगे और अपने सपनों को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।

ठाकुर ने कहा, यहां एनसीओई में बहुत सारे प्रतिभाशाली एथलीट होंगे और इन एथलीटों को यहां जो प्रशिक्षण मिलेगा, वह कौशल और विकास के मामले में उनके करियर को आगे बढ़ाएगा। इससे काफी प्रोत्साहन मिला है और हिमाचल प्रदेश में खेलों के विकास को और बढ़ावा मिलेगा। हमारा लक्ष्य इस क्षेत्र को भारत में अगला बड़ा खेल केंद्र बनाने का है।

******************************

 

अनुराग ठाकुर द्वारा आयोजित नेत्र जांच शिविर में 3182 लोगों की हुई निशुल्क जांच, 1860 लोगों के मिले निशुल्क नंबर वाले चश्मे

हमीरपुर 14 अपै्रल,(एजेंसी)। केंद्रीय सूचना व प्रसारण एवम युवा कार्यक्रम व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती और अस्पताल  सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के 5 साल पूरे होने के अवसर पर सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा  अस्पताल के सौजन्य से हमीरपुर के गौतम कॉलेज में लगे मुफ़्त नेत्र जाँच शिविर में 3182 लोगों की आँखों की जाँच करवायी और 1860 नंबर वाले चश्मों का वितरण किया।

अनुराग ठाकुर ने कहा, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता को नि:शुल्क उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उनके घर द्वार पर मिल सके इसके लिए 14 अप्रैल 2018 को डॉ भीमराम अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य पर 3 मोबाईल स्वास्थ्य यूनिट्स के साथ अस्पताल सेवा की शुरुआत की थी जो अब 5 सालों मे बढ़कर 32 मोबाइल मेडिकल यूनिट की संख्या हो गई है और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता को उनके घर-द्वार पर उच्च स्तरीय निशुक्ल स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करवा रही है। इन पाँच वर्षों के सफऱ में अस्पताल सेवा 8 लाख से ज़्यादा लोगों का मुफ़्त जाँच, दवा, उपचार कर उनके मुस्कान की वजह बनी है।

आगे बोलते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा  सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के 5 सफल वर्ष पूरे होने पर आज हमीरपुर के गौतम कॉलेज में ‘क्षेत्र में स्वस्थ रहें सबके नेत्रÓ कार्यक्रम के अन्तर्गत निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया है जिसमें देश भर के विख्यात अस्पतालों से 50 से भी ज्यादा नेत्र विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है और सही उपचार अनुसार लोगों को निशुल्क नंबर वाले चश्मे और दवाई भी दी जा रही है।

आगे बोलते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा  आदरणीय प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 9 वर्षों में भारत ने अंतिम-मील तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उल्लेखनीय प्रगति की है। विकास की लहर हर ओर पहुंची है और आयुष्मान भारत, जन औषधि केंद्रों ने यह सुनिश्चित किया है।

हमीरपुर के नेत्र जांच शिविर में कुल 3182 लोगों की डाक्टरों ने निशुल्क जांच करी और लगभग 1860 लोगों को नंबर वाले चश्मे भी निशुल्क दिए। हिमाचल प्रदेश मे इस तरह का जांच शिविर पहली बार आयोजित किया गया जिसमे लोगों को जरूरत अनुसार नजर के चश्मे भी नि:शुल्क वितरित किए गए।

क्षेत्र में स्वस्थ रहें सबके नेत्र जाँच शिविर में देश भर के 50 से ज़्यादा डॉक्टर्स और विशेषज्ञ, जाने माने अस्पताल जैसे एमएलएन मेडिकल कॉलेज  प्रयागराज, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज  मेरठ, एसएचकेएम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज  हरियाणा, एसएन मेडिकल कॉलेज  आगरा, एम्स बिलासपुर  हिमाचल प्रदेश, टांडा मेडिकल कॉलेज  हिमाचल प्रदेश, हमीरपुर मेडिकल कॉलेज  हिमाचल प्रदेश से शामिल हुए।
हिमाचल प्रदेश मे बुनियादी स्वास्थ्य सुविधायों को जन जन तक पहुंचाने मे ‘अस्पतालÓ  सांसद मोबाईल स्वास्थ्य सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।32 मोबाईल मेडिकल यूनिट द्वारा गांव-गांव में निशुल्क मेडिकल कैंप के साथ, नागरिक हस्पतालों से रेफऱ किए गए मरीजों को बड़े हस्पताल ले जाने का कार्य भी निशुल्क किया जा रहा है। कोविड जैसी महामारी के दौरान भी सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की टीम ने फ्रंटलाइन वॉरियर बन कर टेस्टिंग, वैक्सीनेशन और होम केयर की सुविधा प्रदान की।

सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के मेडिकल कैंप में, मरीजों को निशुल्क स्वास्थ्य जांच, उपचार सलाह,रक्तजांच व निशुल्क दवाईयों का वितरण किया जा रहा है। 40 प्रकार की रक्तजांच भी नि:शुल्क की जा रही है।  प्रदेश के बुजुर्गों को भी घर-द्वार पर स्वास्थ्य सुविधा मिलने से बहुत लाभ मिला है और इस पहल की लगभग 60प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं । स्कूली छात्रों की अनिमिया स्क्रीनिंग भी सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा द्वारा की जाती है।

********************************

 

2010 बैच की पनवीर सैनी 11 वज्रकोर में कोर कमांडर की वित्तीय सलाहकार नियुक्त

जालंधर 14 अपै्रल,(एजेंसी)। 2010 बैच की कुमारी पनवीर सैनी आई.डी.ए.एस. (इंडियन डिफैंस अकाऊंट्स सर्विसिस) को जालंधर स्थित प्रतिष्ठित वज्रकोर मुख्यालय 11 कोर जालंधर कैंट के कोर कमांडर की वित्तीय सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है।

उनके कार्य की मुख्य प्राथमिकता सैन्य अधिकारियों के वित्तीय समावेश से संबंधित है। यह कार्य उद्देश्यों की प्राप्ति में सहायता प्रदान करने में अहम योगदान देता है।

सैनी ने भारतीय सेना की इंटीग्रेटिड फाइनैंशियल एडवाइजर, 11 कोर पश्चिमी कमान में प्रिंसीपल कंट्रोलर ऑफ डिफैंस अकाऊंट्स (पश्चिमी कमान) में एडीशनल कंट्रोलर ऑफ डिफैंस अकाऊंट्स के तौर पर अपनी सेवाएं दी हैं।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने स्पर्श (सिस्टम फॉर पैंशन एडमिनिस्ट्रेशन, रक्षा) को लागू करने के लिए कार्य किया है। आई.ए.एस. संबद्ध (इंडियन डिफैंस अकाऊंट्स सर्विसिस) अधिकारी पनवीर सैनी की बेहतरीन सेवाओं को देखते हुए डिफैंस सर्विसिस द्वारा उन्हें जालंधर मुख्यालय में वित्तीय सलाहकार बनाकर अहम जिम्मेदारी सौंपी गई।

*************************

 

दिल्लीवासियों को मिलती रहेगी बिजली सब्सिडी,एलजी ने दी मंजूरी

नई दिल्ली 14 अपै्रल,(एजेंसी)।  दिल्ली में बिजली सब्सिडी को लेकर उपराज्यपाल ने अपनी मंजूरी दे दी है। उपराज्यपाल से स्वीकृति मिलने के बाद अब दिल्ली के लोगों को पहले की तरह बिजली पर सब्सिडी मिलती रहेगी। इससे पहले शुक्रवार को ही दिल्ली की ऊर्जा मंत्री आतिशी ने कहा था कि उपराज्यपाल द्वारा सब्सिडी की फाइल को रोक दिया गया है। इससे दिल्ली के 46 लाख उपभोक्ताओं को बिजली सब्सिडी नहीं मिल सकेगी।

ऊर्जा मंत्री द्वारा लगाए गए इन आरोपों के कुछ देर बाद ही उपराज्यपाल कार्यालय की ओर से खबर आई कि दिल्ली के एलजी ने फ्री बिजली व बिजली सब्सिडी वाली फाइल पर साइन कर दिए हैं। दिल्ली सरकार में ऊर्जा मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि बिजली सब्सिडी से जुड़ी फाइल उपराज्यपाल ने अपने पास रोक रखी है। आतिशी का कहना था कि उपराज्यपाल द्वारा इस तरह से बिजली सब्सिडी की फाइल रोकने के कारण शनिवार से दिल्लीवासियों को मुफ्त बिजली नहीं मिल सकेगी।

आतिशी ने कहा कि एलजी द्वारा बिजली सब्सिडी की फाइल मंजूर नहीं किए जाने के कारण दिल्ली के करीब 46 लाख परिवारों को दी जाने वाली सब्सिडी रुक जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार दिल्लीवालों को हर महीने दो सौ यूनिट निशुल्क और 201 से चार सौ यूनिट बिजली पक 50 प्रतिशत की सब्सिडी देती है।

गौरतलब है कि बिजली सब्सिडी के मुद्दे पर दिल्ली सरकार द्वारा उपराज्यपाल पर आरोप लगाए गए थे। दिल्ली की ऊर्जा मंत्री आतिशी के मुताबिक उन्होंने इस विषय पर उपराज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा था लेकिन 24 घंटे बीत जाने के उपरांत भी उपराज्यपाल ने उन्हें मुलाकात का समय नहीं दिया।

उपराज्यपाल कार्यालय ने ऊर्जा मंत्री को बेवजह और निराधार आरोप लगाने से बचने की सलाह दी है। उपराज्यपाल कार्यालय की ओर से कहा गया है कि ऊर्जा मंत्री को लोगों को गुमराह करना बंद करना चाहिए। साथ ही दिल्ली की ऊर्जा मंत्री और दिल्ली के मुख्यमंत्री से पूछा गया है कि जब बिजली सब्सिडी की डेडलाइन 15 अप्रैल थी तो ऐसे में सब्सिडी के बारे में फैसला 4 अप्रैल तक पेंडिंग क्यों रखा गया।

गौरतलब है कि दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने निजी बिजली कंपनियों को दिए गए 13,549 करोड़ रुपये का अभी तक कोई ऑडिट नहीं कराए जाने पर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया है

*******************************

 

यूपी में एनकाउंटर से पड़ोसी मुल्क में बवाल

नई दिल्ली 14 April, (एजेंसी): बीएसपी विधायक राजू पाल मर्डर केस के मुख्य गवाह उमेश पाल की 24 फरवरी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इसके एक दिन बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में खुलकर कहा था कि ‘इस हाउस में कह रहा हूं। इस माफिया को मिट्टी में मिला देंगे।’ इस बयान के 50 दिन के भीतर बीते गुरुवार (13 अप्रैल) को माफिया अतीक अहमद के बेटे असद अहमद और शूटर गुलाम मोहम्मद के एनकाउंटर ने सीएम योगी आदित्यनाथ के शब्दों पर मुहर लगा दी। बता दें कि असद यूपी के माफिया अतीक अहमद का बेटा था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इन शब्दों का असर अब देश के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी देखने को मिल रहा है। भारत में जिस तरह से सीएम योगी आदित्यनाथ का एक्शन माफिया के खिलाफ चला है उससे पड़ोसी मुल्क में भी खौफ समा गया है।

इससे पहले योगी हमेशा से ये कहते नजर आए हैं कि उनका मकसद यूपी से माफिया का सफाया करना है। असद के एनकाउंटर के बाद उसका कनेक्शन पाकिस्तान से जोड़ कर देखा जा रहा है।

एनकाउंटर के घटनास्थल पर असद के पास से कुछ हथियार भी बरामद किए गए है। इस पर पुलिस ने बताया कि अतीक गैंग को पाकिस्तान से हथियार मिलते थे। पाकिस्तान के तरफ से जो हथियार ड्रोन के सहारे से भारत में गिराए जाते थे, उनका सबसे बड़ा खरीदार अतीक अहमद था। माफिया गैंग अतीक अहमद पर एक्शन के बाद पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के भी होश उड़ गए।

पाकिस्तान की मीडिया में योगी आदित्यनाथ को सबसे खतरनाक बताया जा रहा है। पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति पर भी सीएम योगी बयान दे चुके हैं। उन्होंने एक बार अपनी सभा में कहा था कि भारत में पीएम मोदी 80 करोड़ लोगों को फ्री में अनाज दे रहे है। वहीं पाकिस्तान में 22 करोड़ की जनता को रोटी के लाले पड़ रहे हैं। उन्होंने पाकिस्तान के नेतृत्व को स्वार्थी और लालची कहा था।

******************************

 

COVID की वापसी, स्कूल-ऑफिस और सार्वजनिक जगहों पर मास्क लगाना जरूरी

नई दिल्ली 14 April, (एजेंसी): देश में एक बार फिर तेजी के साथ कोरोना के केस सामने आ रहे हैं। राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां पिछले 24 घंटे के दौरान 1527 नए मामले सामने आए हैं।

राजधानी में बढ़ते कोविड केसों को देखते हुए एनसीआर में आने वाले नोएडा में एक बार फिर मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले की सभी सार्वजनिक जगहों, स्कूल, ऑफिस, कॉलेज, शॉपिंग मॉल में मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है और सामाजिक दूरी के नियम का पालन करने की हिदायत दी है।

इसी के ही साथ रेलवे और बस स्टेशन के गेट पर सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसी व्यक्ति में सर्दी, जुखाम और बुखार के लक्षण दिखाई देते हैं तो वो मरीज को क्वारंटीन हो जाए।

जारी दिशा निर्देश के मुताबिक अगर किसी बच्चे को जुखाम-खांसी है तो अभिभावक उसे स्कूल या कॉलेज नहीं भेजें। साथ ही सभी निजी और सरकारी अस्पतालों में भी बिना मास्क प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। वहीं बुजुर्गों को भीड़भाड़ वाले जगहों पर न जाने की सलाह दी गई है। किडनी, दिल, लीवर, शुगर, अस्थमा के अलावा ब्लड संबंधी बीमारियों से पीड़ितों को घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

वहीं मूवी हॉल में भी अब 50 फीसदी क्षमता के साथ ही फिल्म देखी जाएगी। एक सीट छोड़कर बैठना होगा। बिना मास्क थिएटर में एंट्री नहीं दी जाएगी। बाजार और मॉल में खरीदारी करते समय मास्क और दस्ताने पहनने की हिदायत भी लोगों को दी गई है।

***************************

 

नींद की दवा के स्ट्रिप से पुलिस ने सुलझाई युवती के हत्या की गुत्थी

लखनऊ 14 April, (एजेंसी): लखनऊ पुलिस ने शव के पास मिली नींद की दवा के स्ट्रिप की मदद से एक युवती की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। सायरपुर थाना क्षेत्र के सरौना गांव में गुरुवार को एक खाली प्लॉट पर युवती की जली हुई लाश मिली थी।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मदीगंज थाना क्षेत्र के अलीनगर खदरा इलाके के 21 वर्षीय अरशद और हरदोई जिले के 19 वर्षीय मोहम्मद आवेश के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) उत्तर, कासिम आबिदी के अनुसार, घटना स्थल पर नींद की दवा का एक स्ट्रिप मिला था।

पुलिस ने नींद की दवा बेचने वाले दुकानदारों से संपर्क किया तो मुख्य आरोपी के बारे में सुराग मिला।

अधिकारी ने बताया कि इस बीच, एक अन्य पुलिस दल के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगा, जिसमें दो युवक एक महिला के साथ ई-रिक्शा पर बैठकर सरौना गांव की ओर जा रहे थे। फुटेज में मौजूद व्यक्ति की पहचान एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने कर दी।

युवकों के उसी समूह का एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जब वे सरौना गांव से लौट रहे थे। लेकिन इसमें महिला गायब थी।

बाद में पुलिस ने अरशद का पता लगाया और उसने महिला की पहचान 20 वर्षीय सबा खान के रूप में की। सबा उसके साथ गुडंबा के आदिलनगर में लिव-इन पार्टनर के रूप में रहता था।

आबिदी ने कहा कि सबा अरशद पर उससे शादी करने का दबाव बना रही थी जबकि अरशद के माता-पिता के मना करने के कारण वह तैयार नहीं था।

इसके बाद, उसने उसे मारने की योजना बनाई और सरौना गांव के रास्ते में उसे ढेर सारी नींद की गोलियां खिला दीं जिससे वह बेहोश हो गई। अरशद ने अपने सहयोगी मोहम्मद आवेश की मदद से उसकी हत्या कर दी और उसके शरीर को लाइटर से जला दिया।

***************************

 

माँ-बेटी को परेशान करने पर युवकों पर केस

लखनऊ 14 April, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पुलिस लाइन्स के गेट के बाहर एक माँ और बेटी को परेशान करने के आरोप में पुलिस ने कम से कम 20 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए छह टीमों को लगाया गया है।

एसएचओ कोतवाली संजय मौर्य ने बताया, ”महिला और उसकी 15 वर्षीय बेटी बुधवार रात बाजार से सब्जी खरीदकर लौट रही थीं। तभी 10-12 युवकों ने अश्लील हरकत की। जब मां-बेटी ने शोर मचाया तो उन्होंने उनका यौन उत्पीड़न किया।

माँ ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जो मौके पर पहुंचे।

मौर्य ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए कहा कि जब परिवार के लोगों ने युवकों का विरोध किया तो उन्होंने उन्हें भी गाली देनी शुरू कर दी।

हंगामे को देख पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी फरार हो गए।

मौर्य ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान सलमान, प्रियम जैन, येइया, बिस्वा, राघव अग्रवाल, विकास कुमार, विवेक कुमार, दुर्गेश सिंह और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ पोक्सो एक्ट, आईपीसी की धारा 354 और धाराओं में मामले दर्ज किए गए है।

मौर्य ने कहा, हमने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही गिरफ्तारियां की जाएंगी।

************************

 

यूपी में एक दिन में कोविड के 575 नए मामले

लखनऊ 14 April, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के 575 के नए मामले आए, जो इस साल एक दिन में सबसे अधिक हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। हरदोई जिले में एक कोविड पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। राज्य में कोविड मामलों की सक्रिय संख्या 2,000 के आंकड़े को पार कर गई है।

गौतम बुद्ध नगर में सबसे अधिक 114 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद गाजियाबाद (108), लखनऊ (69), वाराणसी (10), बिजनौर (14), बुलंदशहर (14), कानपुर (12), जालौन (12), बाराबंकी (12) और प्रयागराज (14) मामले दर्ज किए गए।

लखनऊ में 415 सक्रिय कोविड मामले हैं, जो राज्य के सभी जिलों में सबसे अधिक हैं। लखनऊ के ऐशबाग में दो, आलमबाग में 4, चिनहट में 11 और इंदिरा नगर में 13 नए मामले आए। लखनऊ में 44 और राज्य में 245 मरीज ठीक हुए।

******************************