Category Archives: news

ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म पर सरकार का चाबुक, नए नियम जारी

नई दिल्ली 06 अपै्रल,(एजेंसी)। देश में ऑनलाइन गेमिंग एवं ऑनलाइन बेटिंग गेमिंग का ट्रेंड बढ़ता जा रहा है। इसी ट्रेंड में काफी अनियमितताएं भी हैं और इन्हीं अनियमितताओं पर नकेल के लिए केंद्र सरकार ने वीरवार को नए नियम जारी किए।

इस नियमों के बारे में जानकारी देते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि नए गेमिंग नियम ऑनलाइन गैम्बलिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म पर दांव लगाने वाले किसी भी गेम को प्रतिबंधित करते हैं।

वहीं इन नियमों के अनुसार, सभी ऑनलाइन गेम्स को एक सेल्फ-रेगुलेटरी ऑर्गेनाइजेशन द्वारा निर्धारित किया जाएगा।

सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि जुआ लगाने वाले या सट्टेबाजी में शामिल ऑनलाइन गेम नए ऑनलाइन गेमिंग नियमों के दायरे में आएंगे।

चंद्रशेखर ने यहां संवाददाताओं से कहा कि ऑनलाइन गेमिंग गतिविधियों से जुड़े कई एसआरओ बनाए जाएंगे जिनमें सभी हितधारकों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

हालांकि, इनमें सिर्फ उद्योग के ही प्रतिनिधि नहीं होंगे।

राज्य मंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि हम एक ऐसे ढांचे के साथ काम कर रहे हैं जो सभी ऑनलाइन गेमिंग को एक एसआरओ द्वारा निर्धारित किया जाएगा। यानी एसआरओ निर्धारित करेगा कि गेम में गैम्बलिंग है कि नहीं।

उन्होंने कहा कि कई एसआरओ होंगे, और इन एसआरओ में उद्योग समेत सभी हितधारकों की भागीदारी होगी, लेकिन यह उद्योग तक सीमित नहीं है।

********************************

 

उमेश पाल हत्याकांड : अब सामने आया एक नया कनेक्शन, एसटीएफ जांच में जुटी

मेरठ 06 अपै्रल,(एजेंसी)। प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड में लगातार मेरठ का नाम भी उछल रहा है। कई दिन पहले शूटर गुड्डू मुस्लिम और माफिया अतीक के बहनोई डॉ. अखलाक के सीसीटीवी फुटेज वायरल हुए थे। अब इस मामले में नया कनेक्शन सामने आ रहा है।

एक तरफ जहां हत्याकांड के शूटरों को पनाह देने के मामले में गिरफ्तार किए गए माफिया अतीक अहमद के बहनोई डॉ. अखलाक ने पूछताछ में कई राज खोले हैं। वहीं अब अतीक के बेटे असद और राधना गांव के पूर्व प्रधान उमर अली के बेटे सद्दाम का फोटो वायरल हो रहा है।

अभी तक माना जा रहा था कि मेरठ में माफिया अतीक का कनेक्शन केवल अपने बहनोई डाक्टर अखलाक से ही था, लेकिन इस फोटो के वायरल होने के बाद एसटीएफ हरकत में आ गई है। इस फोटो को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। कुछ फोटो हथियारों के साथ भी वायरल हो रहे हैं। फोटो को देखकर लग रहा है कि दोनों की अच्छी जान-पहचान है।

यह फोटो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है। एसटीएफ इसकी जांच कर रही है कि कहीं उमेश पाल हत्याकांड के बाद असद ने यहां पर आकर शरण तो नहीं ली। इसके अलावा अतीक के परिवार से सद्दाम का क्या रिश्ता है इसकी भी छानबीन की जा रही है।

कनेक्शन की भी हो रही जांच

राधना गांव अवैध हथियारों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहता है। जिस तरीके से हथियारों के फोटो वायरल हो रहे हैं, उसके चलते यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि कहीं उमेश पाल हत्याकांड के लिए राधना गांव से तो हथियार उपलब्ध नहीं कराए गए। हालांकि अधिकारी अभी इस मामले में कुछ भी बोलने को  तैयार नहीं है।

अतीक के परिवार से नहीं संबंध

अतीक के परिवार से मेरा या मेरे परिवार का कोई संबंध नहीं है। मेरा बेटा कंकरखेड़ा में एलएलबी कर रहा है। वह नोएडा भी आता-जाता रहता है। हो सकता है कि वहां पर कोई मुलाकात हुई हो। इस बारे में जानकारी नहीं है – उमर अली, पूर्व प्रधान राधना.

******************************

 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बोले- 2024 में यहां भी होंगी अमेरिका जैसी सड़कें, चलेगी ड्रोन टैक्सी

बागपत 06 अपै्रल,(एजेंसी)। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार को गणेशपुर में आकर निर्माणाधीन दिल्ली देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर की शिवालिक पहाडयि़ों में बन रही एलिवेटेड रोड का निरीक्षण करने पहुंचे।

उनका हेलीकॉप्टर गणेशपुर में बने हेलीपैड पर दोपहर ढाई बजे उतरा। इसके बाद वे दिल्ली देहरादून कॉरिडोर तथा एलिवेटिड रोड का निरीक्षण करने निकले। मात्र बीस मिनट के संक्षिप्त दौरे के बाद केंद्रीय मंत्री लौट गए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2024 में अमेरिका जैसी सड़के यहां भी होगी। पराली से बायो ईंधन बनाने की योजना है। ड्रोन टैक्सी भी चलेगी। कहा कि गाड़ी में चिप लगेगी और सड़क पर चलते ही टोल कट जाएगा।

उन्होंने कहा कि हाईवे किनारे पहले बार बर्ड पार्क बनाए जाएंगे, जिसमे फल के पेड़ लगाए जायेंगे। यह भी योजना है की उन फलों को इंसान नहीं खाएंगे बल्कि उन्हें पक्षी खाएंगे। ये पेड़ तकरीबन तीन मीटर के दायरे में लगाए जाएंगे। पिलर पर पेंटिंग की जा सकती है। पहली बार बर्ड पार्क बनने जा रहे है।

अतिक्रमण को लेकर गडकरी ने कहा कि अतिक्रमण तोड़ दो, हाईवे पर अगर कहीं अतिक्रमण है तो तोडऩा होगा। हाईवे पर हादसे नहीं होने चाहिए। हाईवे अच्छे होने चाहिए। कहा कि हाईवे पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग की व्यवस्था की जा रही है। कई जगह हो चुका है। एक्सेस कंट्रोल हाईवे से हादसे में कमी आएगी।

**********************************

 

मेडा ने ध्वस्त कराई बसपा नेता की अवैध कॉलोनी, कई घंटे गरजा बुलडोजर, विरोध करने पर सौ लोगों पर रिपोर्ट

मेरठ 06 अपै्रल,(एजेंसी)। मेरठ में किला परीक्षित गढ़ रोड पर गुरुवार को आखिरकार मेरठ विकास प्राधिकारण का बुलडोजर चल ही गया। बुधवार को बसपा नेता दारा सिंह प्रजापति द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के ध्वस्तीकरण के विरोध के चलते टीम को बिना कार्रवाई के लौटना पड़ा था। इसके बाद आज सुबह ही टीम पुलिस फोर्स के साथ बुलडोजर व जेसीबी लेकर मौके पर पहुंच गई और अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करा दिया।

बता दें कि बुधवार को ध्वस्तीकरण की जानकारी मिलते ही बसपा नेता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कार्रवाई के विरोध में समाज के लोगों से जुटने की अपील की थी। टीम बुधवार को मौके पर पहुंची तो भारी संख्या में कॉलोनी के गेट पर लोग इक्टठा हुए। देर शाम मेडा के अवर अभियंता मनोज सिसौदिया की ओर से दारा सिंह प्रजापति समेत 100 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने को लेकर एफआईआर दर्ज करा दी गई है।

भीड़ के तेवर देख नरम पड़े अफसर

बुधवार को किला परीक्षितगढ रोड पर बन रही दारा सिंह प्रजापति की निर्माणाधीन कॉलोनी पर मेडा जोनल अधिकारी अर्पित यादव, अवर अभियंता मनोज सिसौदया, अरुण शर्मा सहित अधिकारी कॉलोनी के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के लिए पहुंचे थे। वीडियो वायरल होने के बाद उग्र भीड़ को देखते हुए टीम बैकफुट पर आ गई।

बंद कमरे में घंटों चली वार्ता

प्रजापति समाज की उग्र भीड़ को देखने के बाद सीओ सदर देहात देवेश कुमार, सीओ अश्वनी शर्मा, सीओ रूपाली राय चौधरी व एसडीएम सदर देहात के साथ अफसरों की टीम बसपा नेता व उनके कुछ समर्थकों के साथ कमरे में पहुंचें और घंटों तक बंद कमरे में वार्तालाप चलती रही लेकिन नतीजा शून्य रहा। वहीं गुरुवार को मेडा की टीम ने एक बार फिर से पुलिस फोर्स के साथ पहुंचकर अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करा दिया। इस दौरान कई घंटे तक बुलडोजर गरजा।

जिसे पैसे दिए, उसका नाम बताएं कार्रवाई होगी

बुधवार को अवैध कॉलोनी के ध्वस्तीकरण के लिए गई टीम का विरोध किया गया, जिस पर दारा सिंह समेत सौ अन्य के खिलाफ एफआईआर कराई गई है। मेडा अफसरों पर पैसे लेकर काम करवाने का आरोप लगाया जा रहा है। जिसे पैसे दिए, उसका नाम बताएं। कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में अवैध कॉलोनियों को पनपने नहीं देंगे। लगातार कार्रवाई की जाएगी। – अभिषेक पांडेय, उपाध्यक्ष मेडा

*****************************

 

सफाई कर्मचारियों को सभी सुविधायें उपलब्ध कराई जायेगी : मुख्यमंत्री

*अपनी जिम्मेदारियों के तहत स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें : योगी

*मुख्यमंत्री ने जनपद की 10 करोड़ 40 लाख रू0 लागत की तीन परियोजनाओं का लोकापर्ण किया

हरदोई 06 अपै्रल,(एजेंसी)। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी ने प्रदेश की सभी नगरीय निकायों लगभग 9000 करोड़ रूपया की लागत के लगभग 3000 कार्यो में जनपद की 10 करोड़ 40 लाख रू0 लागत की तीन एम0आर0एस0 सेंटर, स्वालिडवेट तथा एफ0एस0डी0पी0 परियोजना का र्वचुवल शिलान्याश एवं लोकापर्ण किया करने के साथ नगरीय निकाय एवं गौशालाओं के सम्बन्ध में जारी पुस्तकों का विमोचन किया तथा 05 सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा किट एवं 05 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी प्रदान की।

कार्यक्रम में उपस्थित नगर निकाय के अधिकारियों कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में विशेष रूप से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को सभी सुविधायें उपलब्ध कराई जायेगी और उनकों समय पर उचित मानदेय दिया जायेगा।

उन्होने कहा कि प्रदेश को स्वच्छ बनाने में अपना सहयोग दें और अपनी जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए अपने कार्य को महत्व दें तथा प्रदेश को स्वच्छता के शिखर पर लाकर कीर्तिमान बनायें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां स्वच्छता, सुरक्षा होती है वहां समबृद्वि स्वयं आती है।

मुख्यमंत्री के र्वचुवल कार्यक्रम को नगर पालिका परिषद हरदोई सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र, अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय मनोज कुमार, ईओ रवि शंकर शुक्ला तथा पीओ डूडा, सभासद, तथा उपस्थित नगर निकाय के कर्मचारी आदि ने  देखा और मुख्यमंत्री के संवाद को सुना।

******************************

 

वंदे भारत एक्सप्रेस पर एक फिर पथराव, खिड़की का शीशा टूटा, 4 घंटे देरी से रवाना हुई ट्रेन

नई दिल्ली 06 अपै्रल,(एजेंसी)। वंदे भारत एक्सप्रेस पर एक फिर हुआ पथराव की घटना सामने आई है। ट्रेन की खिड़की का शीशा टूटने की वजह से गुरुवार को निर्धारित प्रस्थान समय 4 घण्टे देरी से रवाना हो पाई।

विशाखापत्तनम -सिकंदराबाद वंदे भारत एक्सप्रेस में पिछले तीन महीने में पथराव की यह तीसरी घटना है। पथराव की वजह से सी-8 कोच की खिड़की का शीशा टूट गया।

डिविजनल रेलवे मैनेजर के अनुसार यह ट्रेन विशाखापट्टनम स्टेशन से रखरखाव के लिए कोच केयर सेंटर जा रही थी, तभी उसपर पथराव किया गया।

वाल्टेयर डिवीजन रेलवे ने आधिकारिक तौर पर बताया कि बुधवार को विशाखापट्टनम से रवाना होने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस को अपने निर्धारित प्रस्थान समय 05:45 बजे के बजाय 09:45 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया था।

बदमाशों द्वारा पथराव के कारण सी-8 कोच की खिड़की का शीशा टूट गया। इससे पहले जनवरी में भी आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम शहर में वंदे भारत ट्रेन पर मेंटेनेंस के दौरान ही पथराव हुआ था।

विशाखापट्टनम में कांचरापलेम के पास वंदेभारत एक्सप्रेस के एक कोच का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया था।

डिविजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) अनूप कुमार सेतुपति ने घटना को लेकर सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा हैं। आरपीएफ आरोपियों की तलाश कर रही है।

***********************************

 

हनुमानजी की प्रेरणा से कर रहे हैं काम, 2024 में बीजेपी को कोई हरा नहीं सकता

*भाजपा स्थापना दिवस पर बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली 06 अपै्रल,(एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा स्थापना दिवस पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हनुमान जयंती के अवसर पर बजरंग बली को याद करते हुए कहा कि हनुमान जी का जीवन आज भी भारत की विकास यात्रा में प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा भी हनुमान जी की प्रेरणा से काम कर रही है और लोगों ने अभी से यह कहना शुरू कर दिया है कि 2024 में भाजपा को कोई नहीं हरा सकता, यह बात सही भी है। हनुमान जयंती का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने विरोधी दलों पर भी जमकर निशाना साधते हुए कहा कि, जब हनुमान जी को राक्षसों का सामना करना पड़ा था तो वो उतने ही कठोर भी हो गए थे।

इसी प्रकार से जब भ्रष्टाचार की बात आती है, जब परिवारवाद की बात आती है, कानून व्यवस्था की बात आती है तो भाजपा उतनी ही संकल्पबद्ध हो जाती है।

भारतीय जनता पार्टी के 44वें ‘स्थापना दिवस पर देश के 10 लाख 72 हजार 945 स्थानों पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओ को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, आज हम देश के कोने-कोने में भगवान हनुमान जी की जन्म जयंती मना रहे हैं।

हनुमान जी का जीवन और उनके जीवन के प्रमुख प्रसंग आज भी हमें पुरषार्थ के लिए प्रेरित करते हैं। भारत की विकास यात्रा के लिए प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि, कवन सो काज कठिन जग माहीं, जो नहीं होय तात तुम्ह पाही यानी ऐसा कोई भी काम नहीं है जो पवन पुत्र हनुमान कर नहीं सकते। जब लक्ष्मण जी पर संकट आया तो पूरा पर्वत ही उठा लाए।

भाजपा भी इसी प्रेरणा से परिणाम लाने में लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करती रही है, करते रहना है, करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि, हनुमान जी के पास असीम शक्ति है लेकिन इस शक्ति का इस्तेमाल वो तभी कर पाते हैं जब स्वयं पर से उनका संदेह समाप्त हो जाता है।

2014 से पहले भारत की भी यही स्थिति थी, लेकिन आज भारत बजरंगबली जी की तरह अपने भीतर सूक्त शक्तियों का आभास कर चुका है। आज भारत समंदर जैसी विशाल चुनौतियों को पार करने और उनका मुकाबला करने में पहले से ज्यादा सक्षम है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस समेत तमाम विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से दो अहम पड़ावों- भाजपा के 50 साल और 2047 में देश की आजादी के 100 साल पर विकसित भारत के विजन को लेकर काम करने की नसीहत भी दी।

उन्होंने कहा कि लोगों ने अभी से यह कहना शुरू कर दिया कि 2024 में भाजपा को कोई नहीं हरा सकता है, यह बात सही भी है लेकिन दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं को अति आत्मविश्वास का शिकार नहीं होना है और पार्टी कार्यकर्ताओं को सिर्फ चुनाव जीतने तक ही सीमित नहीं रहना है बल्कि देश के हर नागरिक का दिल जीतना है। भाजपा को 21वीं सदी की भविष्य की पार्टी बनाना है।

प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की कोख से जन्म लिया है, भाजपा लोकतंत्र के अमृत से पोषित है और भाजपा देश के लोकतंत्र और संविधान को मजबूत करते हुए समर्पण भाव से दिन-रात देश के लिए ही काम कर रही है।

इससे पहले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में भाजपा मुख्यालय एक्सटेंशन में और पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने देशभर में सभी 37 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों, 978 जिलों, 15 हजार 923 मंडलों और देश के 10 लाख 56 हजार 2 बूथों पर ध्वजारोहण कर पार्टी की स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रमों की शुरूआत की।

****************************

 

कांग्रेस को बड़ा झटका : एके एंटनी के बेटे अनिल बीजेपी में शामिल, बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर विवाद के बाद छोड़ी थी पार्टी

नई दिल्ली 06 अपै्रल,(एजेंसी)। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी गुरुवार को केरल बीजेपी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, वी मुरलीधरन और केरल भाजपा के प्रमुख के सुरेंद्रन की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली।

अनिल एंटनी ने 2002 के गुजरात दंगों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर विवाद के बाद जनवरी में कांग्रेस छोड़ दी थी। उन्होंने नरेंद्र मोदी पर विवादास्पद बीबीसी डॉक्यूमेंट्री की आलोचना करने वाले उनके ट्वीट के बाद कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।

बता दें, अनिल कांग्रेस नेता शशि थरूर के काफी करीबी रहे हैं। उन्होंने अपने त्यागपत्र में भी थरूर को धन्यवाद कहा था। वे कांग्रेस की मुख्यधारा की राजनीति से हमेशा दूर रहे, लेकिन हमेशा बड़े मुद्दों पर उन्होंने अपनी बात रखी। अनिल कांग्रेस दिग्गज एके एंटनी के बेटे हैं।

उनके पिता कांग्रेस सरकार में रक्षा मंत्री भी रह चुके हैं। इतना ही नहीं 2014 चुनाव में हार के बाद मंथन की जिम्मेदारी इन्हें ही मिली थी और इनकी तैयार की गई रिपोर्ट को एके एंटनी रिपोर्ट कहा गया था।

बीते साल कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के दौरान एके एंटनी के नाम पर भी चर्चाओं की खबरें थी।

***************************************

 

सरकार की यही मंशा थी कि सत्र नहीं चले

*कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का आरोप

नई दिल्ली,06 अपै्रल (एजेंसी)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि सरकार की यही मंशा थी यह सत्र नहीं चले और अगर सरकार का रुख यही रहा तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा.

उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दल आगे भी मिलकर लड़ेंगे. खरगे ने संवाददाताओं से कहा, मोदी सरकार लोकतंत्र के बारे में बातें तो बहुत करती है, लेकिन कहने के मुताबिक चलती नहीं है. 50 लाख करोड़ रुपये का बजट सिर्फ 12 मिनट में, बिना चर्चा किए पारित कर दिया गया.

उन्होंने दावा किया कि सत्तापक्ष की तरफ से संसद की कार्यवाही में बार बार व्यवधान डाला गया. ऐसा पहली बार हुआ है. पूर्व में ऐसा कभी नहीं देखा. खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा थी कि सत्र नहीं चले. इस व्यवहार की हम निंदा करते हैं.

अगर सरकार का रुख ऐसा ही रहता है तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा और देश तानाशाही की तरफ बढ़ जाएगा. राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खरगे ने कहा कि विपक्ष ने अडाणी समूह से जुड़ा मुद्दा उठाया था कि अडाणी को इतना महत्व क्यों दिया जा रहा है और उनकी सम्पत्ति इतनी अधिक कैसे बढ़ी.

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा में अडाणी मुद्दे को लेकर सवाल किये थे. खरगे ने कहा कि हम मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन की मांग कर रहे थे. जब जेपीसी बनती तो उनके (सत्ता पक्ष के) ज्यादा सदस्य होते,

फिर सरकार जेपीसी बनाने से क्यों डरती है कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक, लगता है कि दाल में कुछ काला है, इसीलिए जेपीसी के गठन की मांग नहीं मानी जा रही है. उन्होंने दावा किया कि सत्ता पक्ष ने अडाणी मामले से ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी की लंदन में की गई टिप्पणी का मुद्दा उठाया और उनसे माफी की मांग की.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी को 2019 के मानहानि के एक मामले में अदालत द्वारा दोषी ठहराते और सजा सुनाते ही लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहरा दिया गया, लेकिन 2016 में भाजपा सांसद नारणभाई कछाडिया को तीन साल की सजा होने पर भी.

अदालत के फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए पूरा समय दिया गया. उन्होंने सवाल किया कि क्या यही लोकतंत्र है? उन्होंने कहा कि विपक्ष न्याय, संविधान और लोकतंत्र के लिए लड़ रहा है.

**************************

पीएम मोदी ने हनुमान जयंती पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

*कहा- भगवान हनुमान के चरणों में वंदन

नई दिल्ली,06 अपै्रल (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को हनुमान जयंती के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और सभी के कल्याण की कामना की.

उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि आप सभी को हनुमान जयंती की ढेरों शुभकामनाएं.

इस पावन पर्व पर भगवान हनुमान के चरणों में वंदन के साथ मैं हर किसी के कल्याण की कामना करता हूं.

हर वर्ष चैत्र माह की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को हनुमान जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है.

इस दिन देश भर में लोग हनुमान जयंती मनाते हैं. इससे पहले, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भी प्रधानमंत्री ने हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दीं.

उन्होंने कहा कि हनुमान जी का जीवन और उनके जीवन के प्रमुख प्रसंग आज भी हमें पुरषार्थ के लिए प्रेरित करते हैं… भारत की विकास यात्रा के लिए प्रेरणा देते हैं.

प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान हनुमान के पास असीम शक्ति है लेकिन इस शक्ति का इस्तेमाल वो तभी कर पाते हैं जब स्वयं पर से उनका संदेह समाप्त हो जाता है.

उन्होंने कहा, वर्ष 2014 से पहले भारत की भी यही स्थिति थी… लेकिन आज भारत बजरंगबली की तरह अपने भीतर सूक्त शक्तियों का आभास कर चुका है.

आज भारत समंदर जैसी विशाल चुनौतियों को पार करने और उनका मुकाबला करने में पहले से ज्यादा सक्षम है.

*********************************

 

तेजाब हमले की शिकार नाबालिग लड़की के इलाज का पूरा व्यय वहन करने का आदेश

रांची,06 अपै्रल (एजेंसी)। झारखंड उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को उस 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के पुनर्वास एवं उपचार के लिए उठाये गये कदमों की जानकारी देने को कहा है जिसे कथित रूप से जबरन तेजाब पिलाया गया था.

मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा एवं न्यायमूर्ति आनंद सेन की खंडपीठ ने राज्य सरकार और राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि लड़की का इलाज सरकार वहन करे.

खंडपीठ इस मामले की जनहित याचिका के रूप में स्वत: लेकर बुधवार को सुनवाई कर रही थी. न्यायालय ने सुनवाई की अगली तिथि पर इस मामले के जांच अधिकारी को पेश होने और जांच की स्थिति की जानकारी देने को कहा है.

अदालत ने कहा कि मामले की अगली सुनवाई 10 मई को होगी. दिसंबर 2019 में हजारीबाग में 13 साल की यह बच्ची जब स्कूल से लौट रही थी तो उसके साथ छेड़छाड़ करने वाले शख्स ने उसे कथित रूप से जबरदस्ती तेजाब पिला दिया था. उसे इलाज के लिए रांची के एम्स ले जाया गया. बाद में उसके माता-पिता उसे एम्स पटना ले गये.

वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक कार्तिक एस ने न्यायालय में पेश होकर बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और शीघ्र ही उसका पोलीग्राफ परीक्षण भी किया जाएगा.

अदालत ने कहा कि आरोपी पर भादंसं और बाल यौन अपराध संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है. न्यायालय ने कहा कि आरोप गंभीर हैं तथा ऐसा जान पड़ता है कि पुलिस सही भावना के साथ जांच नहीं कर रही है.

*************************************

अदालत ने सिसोदिया की जमानत याचिका पर सीबीआई से मांगा जवाब

*आबकारी नीति मामला

नयी दिल्ली,06 अपै्रल (एजेंसी)। दिल्ली उच्च न्यायालय ने आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से बृहस्पतिवार को जवाब मांगा।.

न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा ने सिसोदिया की याचिका पर जांच एजेंसी को नोटिस जारी कर, उस पर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।

**************************

 

लोकसभा में 25 बैठकें और करीब 46 घंटे ही हुआ कामकाज

नई दिल्ली,06 अपै्रल (एजेंसी)। सत्रहवीं लोकसभा के ग्यारहवें सत्र का गुरुवार को अंतिम दिन था। 31 जनवरी से शुरू हुआ संसद का बजट सत्र दो भागों में था। इस दौरान 25 बैठकें हुईं और लगभग 46 घंटे कामकाज हुआ।

इस सत्र के दौरान आठ सरकारी विधेयक पुर:स्थापित किए गए तथा छह विधेयक पारित किए गए।

बजट सत्र का दूसरा भाग विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच गतिरोध के चलते बाधित रहा।

विपक्ष जहां अडानी-हिंडनबर्ग मामले में जेपीसी की मांग करता रहा तो वहीं सत्ता पक्ष राहुल गांधी के लंदन में दिए बयान पर उनसे माफी मांगता रहा।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बजट सत्र के दूसरे भाग के अंतिम दिन गुरुवार को बताया कि इस सत्र के दौरान 25 बैठकें की गईं और लगभग 45 घंटे 55 मिनट तक कार्यवाही चली।

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने 31 जनवरी को एक साथ समवेत दोनों सभाओं के सदस्यों के समक्ष अभिभाषण प्रस्तुत किया। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा 13 घंटे 44 मिनट तक चली और इस चर्चा में 143 सदस्यों ने भाग लिया।

चर्चा के अंत में प्रधानमंत्री ने वाद-विवाद का उत्तर दिया। सभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव को स्वीकार किया।

उन्होंने बताया कि इस सत्र में वित्त मंत्री द्वारा एक फरवरी को केंद्रीय बजट प्रस्तुत किया गया। केंद्रीय बजट 2023-24 पर सामान्य चर्चा 14 घंटे 45 मिनट तक चली। वाद-विवाद में 145 सदस्यों ने भाग लिया और वित्त मंत्री ने चर्चा का उत्तर दिया।

केंद्र सरकार के मंत्रालयों एवं विभागों की वित्त वर्ष 2023-24 के लिए अनुदान मांगों को सभा द्वारा 23 मार्च को स्वीकृत किया गया तथा संबंधित विनियोग विधेयक को पारित किया गया। उसके उपरांत सभा द्वारा वित्त विधेयक पारित किया गया।

सत्र के दौरान 29 तारांकित प्रश्नों का मौखिक उत्तर दिया गया। प्रश्नकाल के बाद लोक महत्व के कुल 133 मामले उठाए गए तथा नियम 377 के अधीन कुल 436 मामले लिए गए। लोकसभा की विभागों से संबद्ध स्थायी समितियों ने 62 प्रतिवेदन प्रस्तुत किए।

सत्र में निदेश 73ए के अधीन 14 और संसदीय कार्य मंत्री द्वारा संसदीय कामकाज के संबंध में दिये गये तीन वक्तव्य सहित 23 वक्तव्य दिए गए। सत्र के दौरान 2799 पत्र सभा पटल पर रखे गए।

***************************

 

सुप्रीम कोर्ट ने तुषार गांधी की अवमानना याचिका से जुड़ा मामला किया बंद

नई दिल्ली,06 अपै्रल (एजेंसी)।। उच्चतम न्यायालय ने नफरत फैलाने वाला भाषण देने के 2021 के मामले में कथित निष्क्रियता को लेकर दिल्ली पुलिस के खिलाफ दायर तुषार गांधी की अवमानना याचिका का बृहस्पतिवार को निस्तारण कर दिया.

न्यायालय ने याचिका से जुड़े मामले को इन प्रतिवेदनों को संज्ञान में लेने के बाद बंद कर दिया कि राष्ट्रीय राजधानी में 2021 में धार्मिक सभाओं में दिए गए नफरती भाषणों संबंधी मामले में एक आरोप पत्र यहां एक अदालत में दायर किया गया है.

प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला की पीठ ने दिल्ली पुलिस की ओर से पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के. एम. नटराज की इन दलीलों पर गौर किया कि जांच पूरी होने के बाद चार अप्रैल को यहां मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में आरोप पत्र दायर किया गया था.

पीठ ने कहा कि आरोप पत्र दायर किए जाने के मद्देनजर वर्तमान अवमानना याचिका पर सुनवाई जारी रखना न्याय के हित में उचित नहीं है.

इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने कहा था कि इस मामले की जांच अग्रिम चरण पर है और जल्द ही जांच रिपोर्ट दायर की जाएगी. नफरती भाषण का मामला दिसंबर 2021 में ‘सुदर्शन न्यूज’ के संपादक सुरेश चव्हाणके के नेतृत्व में दिल्ली में आयोजित हिंदू युवा वाहिनी के एक कार्यक्रम से जुड़ा है.

गांधी ने अवमानना याचिका में कथित रूप से नफरत पैदा करने वाले भाषणों से जुड़े मामलों में उत्तराखंड पुलिस और दिल्ली पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया था.

पीठ ने पिछले साल 11 नवंबर को उत्तराखंड सरकार और उसके पुलिस प्रमुख को अवमानना याचिका के पक्षकारों की सूची से मुक्त कर दिया था.

*************************************

 

उत्तरकाशी में डोली धरती, महसूस किए गए भूकंप के झटके

उत्तरकाशी,06 अपै्रल (एजेंसी)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को तड़के तीन तीव्रता का भूकंप आया। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने यह जानकारी दी।

कार्यालय ने बताया कि सुबह पांच बजकर 40 मिनट पर भूकंप आया जिसका केंद्र उत्तरकाशी में पांच किलोमीटर की गहराई पर था। उसने बताया कि जिले में कहीं से जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

*****************************

 

पीएम मोदी की अगुवाई में भाजपा अपने उत्कर्ष पर पहुंची, विकसित भारत के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे: नड्डा

नई दिल्ली,06 अपै्रल (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने गुरुवार को कहा कि यह खुशी और गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में पार्टी अपने उत्कर्ष पर पहुंची है लेकिन इसके बावजूद यह समय बैठने का नहीं है.

भाजपा के 44वें स्थापना दिवस के अवसर पर नड्डा ने पार्टी को और आगे ले जाने के लिए एक पल भी ना बैठने का संकल्प लेने का आह्वान किया और कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक देंगे.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा ने कच्छ से लेकर पूर्वोत्तर तक अपनी सरकारें बनाईं और जम्मू से लेकर केरल तक पार्टी ने अपनी छाप छोड़ी है.

उन्होंने कहा कि आज पार्टी द्वारा 1 लाख 80 हजार शक्ति केंद्रों पर काम किया जा रहा है और 8 लाख 40 हजार बूथों पर भाजपा का बूथ अध्यक्ष मौजूद है. नड्डा ने कहा कि पिछले कुछ सालों में भाजपा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर सहित पूर्वोत्तर के राज्यों में दोबारा सत्ता में भी लौटी है जबकि गुजरात में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उसने फिर से सत्ता में वापसी की है.

उन्होंने कहा कि हम सबके लिए खुशी का विषय है कि भारतीय जनता पार्टी को उत्कर्ष की स्थिति में पहुंचाने में प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व अहम है…पार्टी को एक लंबी छलांग लगाने में प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व अहम है…

यह हमारे लिए गौरव का विषय है, खुशी का विषय भी है. हमें यहां पर यह संकल्प लेना होगा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम एक पल भी बैठने वाले नहीं हैं और आज संकल्प लेते हुए पार्टी को और आगे ले जाएंगे.

नड्डा ने कहा कि आज के दिन हम संकल्प लेते हैं कि भारत की सेवा में करोड़ों कार्यकर्ता लगेंगे. अमृत काल को सफल बनाएंगे. 2047 तक भारत विकसित भारत बनेगा, इसके लिए हम पूरी ताकत लगाएंगे.

इस कार्यक्रम से पहले नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में भाजपा का झंडा भी फहराया. इससे पहले, नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, भारतीय जनता पार्टी के 44वें स्थापना दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं.

अपने त्याग, श्रम व नि:स्वार्थ सेवा से भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने वाले कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय व सेवा के संकल्प से श्रेष्ठ भारत निर्माण के लिए हम सभी समर्पित हैं.

*****************************

 

बिहार के जमुई में ब्रेक बाइंडिंग से जनशताब्दी एक्सप्रेस के पहिए में लगी आग

पटना,06 अपै्रल (एजेंसी)। बिहार में जमुई जिले में एक बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। जमुई में गुरुवार सुबह जनशताब्दी एक्सप्रेस के पहिए में ‘ब्रेक बाइंडिंग’ से आग लग गई। आग लगने से जान-माल की कोई हानि की कोई खबर नहीं है।

दरअसल, जनशताब्दी एक्सप्रेस हावड़ा जा रही थी। इस दौरान भालुई और कुंदर के बीच स्लीपर बोगी नंबर 226404/23 डी-16 के चक्के में आग लग गई। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना 399/24 पोल संख्या के पास हुई। इसके बाद तकनीकी टीम को बुलाया गया और ट्रेन को रवाना किया गया।

जमुई स्टेशन मास्टर नीतीश कुमार ने बताया कि जनशताब्दी एक्सप्रेस में ‘ब्रेक बाइंडिंग’ के कारण ये आग लगी थी। ‘ब्रेक बाइंडिंग’ एक तकनीकी समस्या है, जिसमें ब्रेक जाम हो जाता है। इसमें घर्षण, आग और धुआं पैदा होता है।

***************************

 

हनुमान जयंती शोभायात्रा के मद्देनजर दिल्ली के जहांगीरपुरी में कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त

नई दिल्ली,06 अपै्रल (एजेंसी)। दिल्ली के जहांगीरपुरी में बृहस्पतिवार को हनुमान जयंती पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा के मद्देनजर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं. जहांगीरपुरी में पिछले साल सांप्रदायिक हिंसा हुई थी.

पुलिस के अनुसार, आयोजकों ने जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती शोभायात्रा निकालने की अनुमति मांगी है और उसी हिसाब से शोभायात्रा का मार्ग तय किया गया है.

हनुमान जयंती बृहस्पतिवार को मनायी जा रही है. विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने कहा, ”आयोजकों के साथ मिलकर जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती समारोह की व्यवस्था की जा रही है.

हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि यह कार्यक्रम सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न हो जाए.

केंद्र ने सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को हनुमान जयंती के अवसर पर कानून-व्यवस्था एवं शांति सुनिश्चित करने तथा समाज में सांप्रदायिक सद्भाव को बाधित करने की आशंका वाले कारकों पर नजर रखने का बुधवार को निर्देश दिया था.

जहांगीरपुरी में 16 अप्रैल, 2022 को हनुमान जयंती शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसा भड़क गयी थी जिसमें एक स्थानीय व्यक्ति और आठ पुलिसकर्मी घायल हो गये थे.

****************************

पश्चिम बंगाल में सुरक्षा चाक-चौबंद, केंद्रीय बलों तथा पुलिस की कड़ी नजर

*हनुमान जयंती

कोलकाता,06 अपै्रल (आरएनएस)। हनुमान जयंती समारोहों के मद्देनजर पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था बरकरार रखने में राज्य पुलिस की मदद करने के लिए बृहस्पतिवार को कोलकाता, हुगली और बैरकपुर के कई हिस्सों में केंद्रीय बलों को तैनात किया गया.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि कोलकाता में एमहर्स्ट स्ट्रीट, जोरासांको, पार्क सर्कस, किद्दरपुर और बंदरगाह क्षेत्रों में केंद्रीय बलों को तैनात किया गया.

उन्होंने कहा कि शहर के संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय बलों के साथ बड़ी संख्या में कोलकाता पुलिस के अधिकारी मौजूद हैं. अधिकारी ने कहा कि कानून व्यवस्था को बाधित करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने बताया कि हुगली पुलिस और उत्तर 24 परगना में बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय के अधिकारी भी वहां तैनात केंद्रीय बलों के साथ हैं. हुगली और हावड़ा जिलों के कुछ हिस्सों में रामनवमी की शोभा यात्राओं के दौरान हिंसक झड़पें होने के बाद कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश के तहत हनुमान जयंती पर शांति बनाए रखने में राज्य पुलिस की सहायता के लिए केंद्रीय बलों की तीन कंपनी तैनात की गई हैं. हर कंपनी में 150 कर्मी हैं.

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने कहा है कि वह राज्य भर में हनुमान जयंती पर 500 कार्यक्रम आयोजित करेगी. पुलिस ने बताया कि हुगली में चंदननगर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र के श्रीरामपुर और रिसड़ा के हिंसा प्रभावित इलाकों में स्थिति शांतिपूर्ण है.

उसने कहा कि उन इलाकों में अब भी निषेधाज्ञा लागू है और इंटरनेट बंद है.

चंदननगर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, रविवार और सोमवार को जिन इलाकों में हिंसा हुई थी, वहां पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है.

*****************************

 

देश में कोविड के 5,335 नए मामले आए सामने, उपचाराधीन मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी

नई दिल्ली,06 अपै्रल (एजेंसी)। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 5,335 नए मामले आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,47,39,054 हो गई है. पिछले 195 दिन में सामने आए ये सर्वाधिक दैनिक मामले हैं. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 25,587 पर पहुंच गई है.

देश में पिछले साल 23 सितंबर को संक्रमण के 5,383 दैनिक मामले सामने आए थे.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से कर्नाटक तथा महाराष्ट्र में दो-दो और केरल तथा पंजाब में एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 5,30,929 हो गई.

वहीं, संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में सात नाम और जोड़े हैं.

अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, देश में अभी 25,587 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.6 प्रतिशत है. मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.75 प्रतिशत है. देश में संक्रमण की दैनिक दर 3.32 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 2.89 प्रतिशत है.

अभी तक कुल 4,41,82,538 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है. स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं.

गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी.

संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे.

चार मई 2021 को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी. पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार चले गए थे.

********************************

 

दिल्ली हाईकोर्ट ने धन शोधन मामले में सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका खारिज की

धनशोधन मामला

नईदिल्ली,06 अपै्रल (एजेंसी)। दिल्ली उच्च न्यायालय ने धन शोधन के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका गुरुवार को खारिज कर दी।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पिछले साल 30 मई को उन्हें गिरफ्तार किया था और वह तिहाड़ जेल में बंद हैं। जैन पर चार कंपनियों के जरिए धन शोधन करने का आरोप है।

न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा ने मामले के सह-आरोपी वैभव जैन और अंकुश जैन की जमानत याचिका भी खारिज कर दी। विस्तृत आदेश की प्रतीक्षा है.

उच्च न्यायालय ने कहा कि निचली अदालत के जमानत याचिका खारिज करने के फैसले में कोई भी अवैधता या कोई खामी नहीं है। निचली अदालत के पिछले साल 17 नवंबर को सुनाए गए आदेश को तीनों आरोपियों ने चुनौती दी थी।

उच्च न्यायालय ने जांच एजेंसी और ‘आपÓ नेता के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद 21 मार्च को जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया था।

**********************************

 

परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद कांग्रेस जैसे दलों की राजनीतिक संस्कृति: पीएम मोदी

नई दिल्ली,06 अपै्रल (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी संस्कृति परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद की रही है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजनीतिक संस्कृति प्रत्येक देशवासी को साथ लेकर चलने की है.

भाजपा के 43वें स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने भारत को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों से मुक्त करने की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया.

भारत को लोकतंत्र की जननी करार देते हुए मोदी ने कहा कि प्रारंभ से ही भाजपा की आस्था जनता के विवेक पर रही है और दिनों दिन वह आस्था और मजबूत होती जा रही है.

उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की कोख से जन्म लिया, भाजपा लोकतंत्र के अमृत से पोषित है और भाजपा देश के लोकतंत्र व उसके संविधान को मजबूत करते हुए समर्पण भाव से दिन-रात देश के लिए काम कर रही है.

भाजपा को विकास, विश्वास और नए विचार का पर्याय बताते हुए प्रधानमंत्री ने मुफ्त राशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया और कहा कि सामाजिक न्याय उनकी पार्टी की विचारधारा का आधार है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में बहुत सारे दलों ने सामाजिक न्याय के नाम पर राजनीति का दिखावा किया और इन दलों के मुखिया अपने परिवार का भला करते रहे.

मोदी ने कहा कि उन्होंने समाज की कतई चिंता नहीं की जबकि भाजपा सामाजिक न्याय को जीती है, उसकी भावना का अक्षरश: पालन करती है.

80 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव मुफ्त राशन मिलना सामाजिक न्याय का ही प्रतिबिंब है. 50 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव 5,00,000 रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलना सामाजिक न्याय की ही सशक्त अभिव्यक्ति है.

उन्होंने कहा कि भाजपा सही अर्थों में देश के दबे कुचले समाज के लिए आशा की किरण बनी हुई है. विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि ऐसे दलों की संस्कृति परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद की रही है.

उन्होंने कहा कि जबकि भाजपा की राजनीतिक संस्कृति प्रत्येक देशवासी को साथ लेकर चलने की है. कांग्रेस जैसी पार्टियों की संस्कृति छोटा-छोटा सोचना, छोटे सपने देखना और उससे भी कम हासिल करके खुशियां मनाना है.

खुशी मतलब एक दूसरे की पीठ थपथपाना है. भाजपा की राजनीतिक संस्कृति है बड़े सपने देखना और उससे भी ज्यादा हासिल करने के लिए जी जान से खप जाना.

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की संस्कृति में महिलाओं की चुनौतियों की परवाह ही नहीं की जाती है जबकि भाजपा की राजनीतिक संस्कृति महिलाओं के जीवन को आसान बनाना रही है.

पार्टी ने अपने स्थापना दिवस से 14 अप्रैल को, बाबा साहेब डॉक्टर बी.आर. आंबेडकर की जयंती तक, विशेष सप्ताह मनाने का फैसला किया है. पार्टी 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले के जन्मशताब्दी- दिवस के अवसर पर अनेक स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी.

****************************

 

हंगामे के चलते लोक सभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित

नई दिल्ली,06 अपै्रल (एजेंसी)। बजट सत्र के आखिरी दिन गुरुवार को भी लोक सभा में अडानी मसले पर जांच के लिए जेपीसी गठन की मांग को लेकर जोरदार हंगामा हुआ।

गुरुवार को सुबह 11 बजे लोक सभा की कार्यवाही शुरू होते ही जैसे ही ओम बिरला ने सत्र के दौरान हुए कामकाज की जानकारी को बताना शुरू किया वैसे ही काले कपड़े पहने कांग्रेस सांसदों ने वेल में आकर जेपीसी की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

सत्र के दौरान हुए कामकाज की जानकारी देते हुए लोक सभा अध्यक्ष ने हंगामा कर रहे सांसदों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि उनका आचरण और व्यवहार संसद के लिए और देश के लिए हितकारी नहीं है। यह सदन के लिए और देश के लोकतांत्रिक मर्यादा के लिए उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि सदन की उच्च कोटि की गरिमा और मर्यादा रही है लेकिन जिस तरह से सदन में आकर आचरण और व्यवहार (वेल में आकर हंगामा और नारेबाजी) किया जा रहा है वह बिल्कुल भी उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि वे हर विषय पर चर्चा और संवाद के लिए तैयार हैं, देर रात तक सदन चलाया गया है और उन्हें बोलने का पर्याप्त समय भी दिया गया। लेकिन सदन की गरिमा को गिराया जा रहा है जो कतई उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही को नियोजित तरीके से बाधित करना उचित नहीं है।

आज बजट सत्र के दूसरे चरण का आखिरी दिन था, इसलिए इसके बाद बिरला ने सदन की कार्यवाही को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया।

******************************

 

हनुमान जयंती के अवसर पर देश भर के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़

नई दिल्ली,06 अपै्रल (एजेंसी)। देशभर में गुरुवार को हनुमान जयंती की धूम शुरू हो गई है। हनुमान मंदिरों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, शोभायात्राओं की तैयारियां पूरी कर ली गई है।

पुलिस ने भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवानों को तैनात किया है। गृहमंत्रालय ने भी इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं।

वही उत्तर प्रदेश में हनुमान जयंती के अवसर पर प्रयागराज में मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।हनुमान जयंती के अवसर पर अयोध्या में मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली।

दिल्ली में हनुमान जयंती के अवसर पर कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे।हनुमान जयंती के अवसर पर कश्मीरी गेट के मरघट हनुमान मंदिर में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचे।

मध्य प्रदेश के जबलपुर में हनुमान जयंती के अवसर पर पचमठा मंदिर में भगवान हनुमान को एक टन वजन के लड्डू का भोग लगाया गया।

*******************************