Category Archives: news

गर्मी का सितम: देश के कई राज्यों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट, पंजाब-हरियाणा में आज दिन भर चलेगी लू

नई दिल्ली 17 April, (एजेंसी): गर्मी के सितम के बीत देश के कई इलाके लू की गिरफ्त में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। वहीं, दक्षिण के राज्यों में पारा 42-43 डिग्री के आस-पास बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले एक दो दिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गर्मी से राहत मिल सकती है क्योंकि इस दिन हल्की फुल्की बारिश की संभावना है। साथ ही आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सोमवार से लेकर अगले एक-दो दिनों तक छिटपुट बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी इलाकों और उसके आसपास के इलाकों में हल्की फुल्की बारिश का अनुमान है लेकिन देश के अन्य इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है।

जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बालटिस्तान और मुजफ्फराबाद में मंगलवार को भारी बारिश का अनुमान है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 अप्रैल और उत्तराखंड में 19 अप्रैल को अच्छी खासी बारिश का अनुमान है। इस दौरान इन राज्यों में तेज हवाएं भी चलेंगी। महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भी अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश का अनुमान है।

वहीं मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल, तटीय आंध्र प्रदेश और बिहार के अलग-अलग इलाके लू की चपेट में हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए पश्चिम बंगाल में सरकार ने सभी स्कूल-कॉलेज इस हफ्ते बंद रखने का आदेश दिया है। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही आज पंजाब और हरियाणा में भी लू चलेगी। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 17 और 18 अप्रैल को पश्चिमी मध्य प्रदेश में लू चलने की आशंका है। पश्चिम बंगाल के गंगीय इलाकों में बीते छह दिनों से, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में बीते चार दिनों से और बिहार में बीते दो दिनों से लू चल रही है।

16 अप्रैल को देश के उत्तरी पश्चिमी इलाकों में अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान 35-40 डिग्री सेल्यिस तक पहुंचा। पूर्वी और उत्तर पूर्वी राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 17 अप्रैल को देश के उत्तर पश्चिमी इलाकों में अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। पूर्वी राज्यों में भी तापमान में बदलाव नहीं होगा लेकिन मध्य भारत में अगले दो दिनों तक तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की आशंका है।

************************

 

 

जम्मू-कश्मीर में बारिश, आंधी की संभावना

श्रीनगर 17 April, (एजेंसी): जम्मू एवं कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान मुख्य रूप से बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी। केंद्र शासित प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मुख्य रूप से बादल छाए रहे।

मौसम विभाग के एक बयान के अनुसार, आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद से छिटपुट स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

इस बीच, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में 5.5 डिग्री और गुलमर्ग में 3.5 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।

लद्दाख क्षेत्र के लेह में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहा, कारगिल और द्रास के आंकड़े उपलब्ध नहीं है।

जम्मू में 25.9 डिग्री, कटरा में 20.8 डिग्री, बटोटे में 13 डिग्री, बनिहाल और भद्रवाह में 10.8 डिग्री और भद्रवाह में 8.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

******************************

 

राजस्थान में चार दिनों में कोविड से 12 की मौत

जयपुर 17 April, (एजेंसी): राजस्थान में चार दिनों में तीन और मौतों के साथ ही कोविड से संबंधित 12 मौतें दर्ज की गई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रविवार शाम तक 422 मामले दर्ज किए गए, इससे कुल मामलों की संख्या 2,340 हो गई। राजस्थान में 16 अप्रैल तक कोविड से 22 मौतें दर्ज की गई हैं। रविवार को दर्ज की गई तीन मौतें नागौर, पाली और बीकानेर में हुई हैं।

रविवार को, जयपुर में 104 मामले देखे गए, जो जिले में सबसे अधिक थे, जबकि जोधपुर में 65, भरतपुर में 52, उदयपुर में 32, नागौर में 43 और 72 अन्य 19 जिले थे।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने पुष्टि की कि कुल 9,755 नमूने एकत्र किए गए, जिनमें से 422 पॉजिटिव आए और 137 ठीक हो गए।

****************************

 

कोरोना की दूसरी लहर के दौरान मौत के बाद हुआ था अंतिम संस्कार, अब अचानक घर लौट आया युवक

वडोदरा 16 April, (एजेंसी): परिजनों और पड़ोसियों के आश्चर्य और विस्मय का उस समय ठिकाना नहीं रहा जब मध्य प्रदेश के धार जिला निवासी एक युवक, जिसे गुजरात के अस्पताल में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान 2021 में मृत घोषित कर दिया गया था और उसके ‘अवशेष’ का अंतिम संस्कार हो गया था, घर वापस लौट आया। घटना की सूचना धार के करोदकला गांव से मिली है। 35 वर्षीय कमलेश पाटीदार ने शनिवार सुबह अपनी मौसी के घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया।

उनके चचेरे भाई मुकेश पाटीदार के अनुसार, कमलेश कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान बीमार पड़ गए। उन्हें गुजरात के वडोदरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और उनके शरीर को परिवार के सदस्यों को सौंप दिया, जिन्होंने उनका अंतिम संस्कार किया। हालांकि, शनिवार को पाटीदार अचानक घर लौट आए, लेकिन पिछले दो साल के दौरान अपने ठिकाने के बारे में कुछ नहीं बताया।

कानवां थाना प्रभारी राम सिंह राठौड़ ने बताया कि परिवार के लोगों के मुताबिक पाटीदार कोरोना वायरस के संक्रमण से पीड़ित थे और वडोदरा के अस्पताल द्वारा उन्हें मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार के सदस्यों ने वहीं उनका अंतिम संस्कार किया और अपने गांव लौट गए। राठौड़ ने कहा कि पाटीदार का बयान दर्ज करने के बाद ही चीजें स्पष्ट हो पाएंगी, खासतौर पर इस बात पर कि वह अपनी ‘मौत’ के बाद से कहां थे। जिस अस्पताल ने उन्हें मृत घोषित किया वह सरकारी अस्पताल बताया जा रहा है।

*****************************

 

नाबालिग बेटों को बाल सुधार गृह से कसारी मसारी कब्रिस्तान लाया गया, अतीक-अशरफ को कर रहे सुपुर्द-ए-खाक

प्रयागराज 16 April, (एजेंसी) । गैंगस्टर अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ के शव को कसारी मसारी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। कड़ी सुरक्षा के बीच उनके शवों को कब्रिस्तान लाया गया।

गैंगस्टर अतीक अहमद के नाबालिग बेटों को बाल सुधार गृह से कब्रिस्तान लाया गया।कब्रिस्तान में अतीक के करीबी और रिश्तेदार मिट्‌टी देने पहुंचे है।

अतीक की बीवी को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि वो अतीक की मिट्‌टी में शामिल होगी या नहीं। बताया गया है कि अतीक की बेगम शाहिस्ता परवीन भी कब्रिस्तान पहुंची है ताकि आखिरी बार अपने शोहर का चेहरा देख सके।

*****************************

 

 

AAP ने जताई केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका, गोपाल राय ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग

नई दिल्ली 16 April, (एजेंसी): CBI की पूछताछ के बीच आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका जताई है। इसे लेकर आम आदमी पार्टी के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने पार्टी दफ्तर में इमरजेंसी बैठक बुलाई है। इसमें पार्टी के तमाम पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, राष्ट्रीय सचिव और नेता शामिल हुए हैं। साथ में दिल्ली की मेयर और डिप्टी मेयर भी बैठक में शामिल हुई हैं।

दरअसल, दिल्ली में कथित शराब घोटाले की जांच अब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक पहुंच गई है। इस मामले में सीबीआई आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल से पूछताछ कर रही है। सीबीआई ने शनिवार को केजरीवाल को समन जारी कर 16 अप्रैल को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा था। आप आरोप लगा रही है कि केंद्र सरकार राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने के बाद दबाव बनाना चाहती है।

पूछताछ के लिए सीबीआई दफ्तर जाने से पहले केजरीवाल ने कहा कि जुल्म-अत्याचार के खिलाफ जनता की आवाज और उम्मीद बनकर आखिरी सांस तक लड़ेंगे। हम अन्याय और ज़ुल्म के खिलाफ सत्य के रास्ते पर हैं। अंत में जीत सत्य की ही होगी। देश में कुछ राष्ट्र विरोधी ताकतें हैं, जो नहीं चाहती हैं कि देश में स्कूल-अस्पताल बने, गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले और भारत दुनिया का नंबर-1 देश बने। इन राष्ट्र विरोधी ताकतों से कहना चाहता हूं कि जितनी मर्जी परेशान कर लें, लेकिन अब भारत रूकने वाला नहीं है।

उन्होंने कहा कि भारत एक महान देश है। 75 साल के बाद भारत की राजधानी दिल्ली में एक सरकार आई, जिसने देश में एक उम्मीद पैदा की। आजादी के 75 साल बाद पहली बार दिल्ली में स्कूल अच्छे बनने लगे, बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलने लगी। गरीबों को अच्छा इलाज मिलने लगा, सड़कें ठीक होने लगीं, बिजली 24 घंटे आने लगी। दिल्ली में एकदम से चौतरफा विकास होने लगा। ऐसा विकास देश के लोगों ने 75 साल के इतिहास में किसी भी पार्टी की सरकार में नहीं देखा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की तरक्की को देखकर पूरे देश को एक उम्मीद जगी कि दिल्ली का विकास हो सकता है तो बाकी भारत का भी हो सकता है। पूरे देश को एक उम्मीद जगी कि भारत दुनिया का नंबर-1 देश बन सकता है। लेकिन देश के अंदर कुछ राष्ट्र विरोधी ताकतें हैं, जो भारत की तरक्की नहीं चाहती हैं। 75 साल से इन्हीं राष्ट्र विरोधी ताकतों ने देश को जकड़ कर रखा है।अब भारत तरक्की करेगा, अब भारत आगे बढ़ना चाहता है।

*********************************

 

सोनाली फोगाट मामले में आरोपी सुधीर और सुखविंदर को राहत, कोर्ट से मिली जमानत

हिसार 16 April, (एजेंसी): भाजपा नेता सोनाली फोगाट की हत्या मामले में गोवा की कोर्ट में दर्ज ड्रग मामले में आरोपी सुधीर सांगवान और सुखविंदर को जमानत मिल गई है। हत्या मामले में जमानत को लेकर अभी सुनवाई चल रही है। हत्या मामले में आरोपी सुखविंदर की जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई है। हालांकि सुधीर ने मर्डर केस में जमानत के लिए अर्जी नहीं लगाई।

सुधीर सांगवान और सुखविंदर के क्रिमिनल लॉयर सुखवंत सिंह दांगी ने कहा कि सेशन कोर्ट ने उनके मुवक्किल की ड्रग्स मामले में जमानत स्वीकार कर ली है। कोर्ट ने अपने फैसले में सुखविंदर की भूमिका सबसे कम मानी है। उनके मुवक्किल निर्दोष है। हमने मर्डर मामले में सुखविंदर की जमानत के लिए गोवा हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। जिस पर कल सुनवाई है।

भाजपा नेता सोनाली फोगाट 23 अगस्त की सुबह गोवा के होटल में मृत मिली थी। सूचना मिलने पर सोनाली फोगाट का भाई रिंकू और जीजा अमन गोवा पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि सोनाली फोगाट के पीए सुधीर सांगवान और सुखविंदर ने सोनाली की हत्या की है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि सोनाली फोगाट को आरोपी सुधीर सांगवान और सुखविंदर ने एक होटल में ड्रग दी थी उसके बाद उसकी हालत खराब हो गई थी और उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। परिजनों की मांग पर गोवा सरकार ने मामला सीबीआई को सौंपा था। सीबीआई ने अपनी जांच के बाद चार्जशीट अदालत में पेश की थी। उसके बाद आरोपी के वकील ने सुधीर सांगवान और सुखविंदर की जमानत याचिका लगाई थी।

****************************

 

अतीक-अशरफ हत्याकांड के बाद गृह मंत्रालय का अहम फैसला, पत्रकारों के लिए बनाई जाएगी SOP

नई दिल्ली 16 April, (एजेंसी): माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की शनिवार रात प्रयागराज में पुलिस और मीडिया की मौजूदगी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रयागराज में पत्रकार बनकर आए तीन लोगों द्वारा अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या किए जाने के बाद अब गृह मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है।

गृह मंत्रालय के फैसले के मुताबिक, पत्रकारों के लिए एसओपी बनाए जाएंगे। पत्रकारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्रालय ने ये बड़ा फैसला लिया है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि, एक दिन पहले यानी शनिवार को अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई और तीन हमलावर पत्रकार के भेष में आए थे।

*****************************

 

राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा खत्म होने पर टीएमसी ने साधी चुप्पी, आयोग के फैसले को दे सकती है चुनौती

कोलकाता 16 April, (एजेंसी): हर मुद्दे पर मुखर रहने वाली तृणमूल कांग्रेस आश्चर्यजनक रूप से भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) द्वारा हाल ही में पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा छीने जाने पर प्रतिक्रिया देने में चुप्पी साधे है।

मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी या पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की ओर से प्रतिक्रिया नहीं आई है। केवल वरिष्ठ तृणमूल कांग्रेस नेता सौगत रॉय ने दावा किया है कि पार्टी नेतृत्व ईसीआई के फैसले को कानूनी रूप से चुनौती दे सकती है। उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसे उदाहरण सामने आए हैं, जब ईसीआई का फैसला गलत साबित हुआ।

रॉय ने कहा, आयोग को सुप्रीम कोर्ट ने भी कई बार सेंसर किया है। आयोग में प्रतिनियुक्ति भेजने के अलावा, हम इस मामले में कानूनी रास्ता अपनाने पर भी विचार कर सकते हैं।

विपक्षी दलों खासकर भाजपा ने इस मामले में तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने दावा किया है कि आयोग की कार्रवाई ने ममता बनर्जी के प्रधानमंत्री बनने के सपने को तोड़ दिया है। भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि विभिन्न घोटालों से कमाए गए धन से करोड़ों खर्च कर गोवा और त्रिपुरा जैसे राज्यों में अपने नेटवर्क का विस्तार करने के तृणमूल कांग्रेस के प्रयास अंतत: सफल नहीं हो सके।

***************************

 

यूपी में निकाय चुनाव के प्रदर्शन से छोटे दलों ने पाले बड़े मनसूबे

लखनऊ 16 April, (एजेंसी): साल 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले हो रहे उत्तर प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव को सेमिफाइनल मानते हुए छोटे दल अपना भाग्य आजमाने में जुटे हैं। इसके जरिए उन्होंने काफी मनसूबे पाल रखे हैं। जानकारों का मानना है कि अगर इस चुनाव में परफॉर्मेंस अच्छा रहा तो उनकी चुनावी गणित ठीक रहेगी।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो छोटे दल चुनाव के समय ज्यादा सक्रिय भूमिका अदा करते हैं। इनका मकसद होता है इसके जरिए वह अपने आगे की जमीन तैयार कर सकते हैं आसानी से मोल भाव भी कर सकते हैं। यह जातीय और क्षेत्रीय स्तर पर रणनीति बनाकर कुछ सीटें झटकने के प्रयास में रहते हैं। जिससे आगे चलकर बड़े दलों से गठबंधन की संभावना बनी रहे।

छोटे दल बेहतर नतीजे लाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसके लिए फूंक फूंक कर कदम रख रहे हैं। प्रत्याशियों के चयन से लेकर बड़े दलों के रूठों को अपने पाले में लाने पर भी नजर गड़ाए हुए हैं।

खास तौर पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा), ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम), अपना दल (कमेरावादी), रालोद और आम आदमी पार्टी ने निकाय चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।

सुभासपा ने तो पांच महापौर, 87 नगरपालिका, 117 नगर पंचायतों में अध्यक्ष चुनाव के प्रत्याशी अपने दम पर उतारे हैं। पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का कहना है कि निकाय चुनाव में पार्टी स्थानीय मुद्दों के साथ मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। चुनाव परिणाम यह बताएंगे कि सुभासपा का जनाधार कितनी तेजी से बढ़ा है।

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) ने भी निकाय चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारे हैं। पार्टी के अध्यक्ष शौकत अली ने बताया नगर पंचायत और पालिका के 24 प्रत्याशी उतार चुके हैं। इसके अलावा जहां भी जीताऊ और टिकाऊ उम्मीदवार मिलेगा। उसे पार्टी मौका जरूर देगी। विधानसभा चुनाव के बाद हमारी पार्टी के लोग जनता के बीच बराबर डटे हुए हैं। इस चुनाव में उसका फायदा भी मिलेगा।

अपना दल कमेरावादी ने विधानसभा चुनाव सपा के साथ मिलकर लड़ा था। लेकिन इस चुनाव में अकेले हाथ आजमा रहा है। प्रदेश सचिव गगन प्रकाश यादव ने बताया कि निकाय चुनाव में हम अपने दम पर अकेले चुनाव लड़ेंगे। विधानसभा चुनाव के वक्त दोनो पार्टी में हुआ गठबंधन चुनावी गठबंधन था। इस चुनाव में हम अलग लड़ रहे है। अभी पूरी सीटें तय नहीं है। काशी से हमने महापौर का उम्मीदवार उतार दिया है। इसके अन्य नगर पंचायत और नगर पालिका में भी प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।

विधान सभा 2022 में सपा से गठबंधन में चुनाव लड़ी राष्ट्रीय लोकदल की भले पार्टी की मान्यता चली गई हो लेकिन वह निकाय चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि वह कितनी सीटों पर लड़ेंगे यह तय नहीं हैं। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे ने बताया कि हमारा सपा के साथ गठबंधन है। इस चुनाव के लिए समन्वय समिति बनी है जो कि सपा से भी बात कर रही है। जल्द ही हम लोग निर्णय लेकर अपने प्रत्याशी उतार देंगे।

आम आदमी पार्टी ने निकाय चुनाव के लिए अभी तक महापौर के छह, नगर पालिका परिषद के 40 और चेयरमैन के 97 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। आप के सह मीडिया प्रभारी वैभव ने बताया कि हमारी पार्टी निकाय चुनाव अपने दम पर लड़ रही है, अभी एक सूची घोषित हुई है। जल्द और उम्मीदवारों की घोषणा होगी।

पिछले निकाय चुनाव में महापौर पद में भले ही कोई निर्दलीय न जीता हो पर नगरपालिका व नगर पंचायत में प्रदर्शन अच्छा रहा है। नगरपालिका के अध्यक्ष पद पर 43 और नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर 182 निर्दलीय जीते थे। ऐसे में सभी दलों के थिंक टैंक की निगाहें उन पर टिकी हैं।

वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक रतनमणि लाल कहते हैं कि निकाय चुनाव छोटे दलों के लिए ट्रेनिंग सेशन के रूप में होता है। इससे ज्यादा कोई फर्क नहीं पड़ता है। इसके अलावा पेपर वर्क और चुनाव प्रचार की तैयारी का मौका होता है। छोटे दल के लिए यह इसलिए महत्वपूर्ण हो जाता है कि उनका प्रदर्शन अच्छा होगा। तो बड़ी पार्टी के साथ गठबंधन का मौका मिला जाता है। इस चुनाव के माध्यम से बड़े चुनाव का रिहर्सल करने का अवसर मिल जाता है। बड़े चुनाव में आकलन करने का अवसर होता है।

*****************************

 

लखनऊ में स्पॉ ट्रीटमेंट के नाम पर युवक से 35 हजार की ठगी

लखनऊ 16 April, (एजेंसी): लखनऊ में अपने और अपनी पत्नी के लिए स्पॉ उपचार चाहने वाले एक व्यक्ति से 35 हजार रुपये की ठगी की गई। खुद को आयुर्वेदिक उपचार ब्रांड का कार्यकारी बताकर उन्हें स्पॉ उपचार की पेशकश की गई थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

शिकायतकर्ता, हेम पंत ने कहा कि उसने राकेश चंद्र से बात करने के बाद तपस्वी कॉटेज में जगह बुक करने के लिए पैसे जमा किए, जिसने आयुर्वेदिक उपचार ब्रांड के कार्यकारी होने का दावा करते हुए उससे संपर्क किया था।

बुकिंग के समय पंत को बुकिंग रद्द करने पर रिफंड का वादा किया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘मैं व्यक्तिगत कारणों से इलाज के लिए वहां नहीं जा सका और राकेश से पैसे वापस करने को कहा। वह मुझसे वादा करता रहा कि वह इसे करवा देगा लेकिन वापसी नहीं हुई।’

उन्होंने यह भी कहा कि उस कंपनी के प्रधान कार्यालय से पूछताछ करने पर उन्हें बताया गया कि उनके बैंक खाते में कोई पैसा जमा नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा, मैंने कंपनी का फॉर्म भरा था और उनके बैंक खाते में पैसा जमा किया था, लेकिन बाद में पता चला कि यह राकेश के निजी खाते में जमा किया गया था।

अलीगंज स्टेशन हाउस अधिकारी, नागेश उपाध्याय ने कहा कि राकेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

*****************************

 

CBI ने आंध्र प्रदेश के CM जगन रेड्डी के चाचा को किया गिरफ्तार, पूर्व सांसद की हत्या से जुड़ा है मामला

नई दिल्ली 16 April, (एजेंसी) : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने पूर्व सांसद विवेकानंद रेड्डी की हत्या के मामले में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के चाचा वाईएस भास्कर रेड्डी को गिरफ्तार किया है। विवेकानंद रेड्डी आंध्र प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी के भाई और आंध्र प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी के चाचा थे। यह गिरफ्तारी पूर्व सांसद विवेकानंद रेड्डी की हत्या के मामले में हुई है। वह पुलीवेंदुला इलाके में स्थित अपने घर में 15 मार्च 2019 को मृत पाए गए थे।

एसआईटी ने पहले इस मामले की जांच की और जुलाई 2020 में इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी। सीबीआई की चार्जशीट के अनुसार, विवेकानंद रेड्डी, काडप्पा लोकसभा सीट से अपने या जगन मोहन रेड्डी की बहन शर्मिला या जगन की मां वाईएस विजयम्मा के लिए टिकट मांग रहे थे। जांच में पता चला कि 68 वर्षीय विवेकानंद रेड्डी के घर में किसी अज्ञात व्यक्ति ने घुसकर उनकी हत्या की थी। घटना के वक्त पूर्व सांसद अपने घर में अकेले थे। एसआईटी ने पहले इस मामले की जांच की और जुलाई 2020 में इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी।

विवेकानंद रेड्डी की लोकसभा सीट कडापा से वाईएस अविनाश रेड्डी सांसद हैं, जो कि भास्कर रेड्डी के बेटे हैं। सीबीआई ने भास्कर रेड्डी को उनके पुलिवेंदुला इलाके में स्थित आवास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही भास्कर रेड्डी के समर्थक भारी संख्या में उनके आवास पहुंच गए हैं।

सीबीआई भास्कर रेड्डी को हैदराबाद लेकर गई है, जहां उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। भास्कर रेड्डी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि भास्कर रेड्डी की गिरफ्तारी सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश के बाद हुई है, जिसमें कोर्ट ने सीबीआई को 30 अप्रैल तक मामले की जांच पूरी करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद ही सीबीआई ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित की गई।

विवेकानंद रेड्डी की बेटी सुनीता रेड्डी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सीबीआई जांच की मांग की थी और किसी करीबी पर हत्या का शक जताया था। बीते साल नवंबर में सुप्रीम कोर्ट ने यह मामला हैदराबाद ट्रांसफर कर दिया था क्योंकि सुनीता रेड्डी ने याचिका दायर कर आशंका जताई थी कि आंध्र प्रदेश में मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो पाएगी।

*****************************

 

बोनट पर टंगा रहा ट्रैफिक पुलिस वाला, गांजे के नशे में चूर ड्राइवर ने 12KM तक दौड़ाई कार

मुंबई 16 April, (एजेंसी): महाराष्ट्र के नवी मुंबई में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कार चालक ट्रैफिक पुलिस के सिपाही को करीब 20 किलोमीटर तक घसीटता रहा। हालांकि गनीमत रही कि किसी भी तरह का अप्रिय हादसा नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपित कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। युवक सिग्नल तोड़कर जा रहा था। इसके बाद सिपाही ने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन युवक ने गाड़ी नहीं रोकी और कांस्टेबल कार की बोनट पर जा गिरा। घटना बीते शनिवार की है। घटना के फुटेज में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि सिपाही कैसे खुद को बचाये हुए है।

पुलिस ने कार चालक नेरूल निवासी आदित्य बेमड़े (23) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि वह नशे में गाड़ी चला रहा था। ट्रैफिक कॉन्स्टेबल सिद्धेश्वर माली (37) कार के अगले हिस्से पर बुरी तरह से फंसे रहने के बाद बाल-बाल बच गए। आमतौर पर इस दूरी को तय करने में कम से कम 15-20 मिनट का समय लगता है। यह घटना पाम बीच रोड पर कई जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सिपाही सिद्धेश्वर माली ब्लू डायमंड जंक्शन पर रेड सिग्नल तोड़कर और एक स्कूटर में टक्कर माकर जा रहे कार चालक को रोकने की कोशिश की। लेकिन चालक ने गति बढ़ा दी।

इससे पहले कि सिपाही कार के रास्ते से हट पाता, वह बोनट पर जा गिरा। फिर भी रुकने से इनकार करते हुए, कार चालक पाम बीच रोड की ओर बाईं ओर मुड़ गया। इस दौरान उसने कई बार सिपाही को बोनट से गिराने की कोशिश की। तब तक पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक पुलिसकर्मी को कार के बोनट पर घसीटा जा रहा है। रास्ते में पुलिस को वायरलेस संदेशों से सतर्क किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया।

वाशी पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक शशिकांत चांडेकर ने कहा, “चालक के चिकित्सकीय परीक्षण में पुष्टि हुई है कि वह नशीला पदार्थ गांजे का सेवन करके नशे में गाड़ी चला रहा था।” गिरफ्तार व्यक्ति पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है और उस पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

******************************

 

20 मई को खुलेंगे श्री हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट

चमोली 15 April, (एजेंसी): श्री हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट 20 मई को खोले जाएंगे। यात्रा की तैयारियों के संबंध में गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा ने उत्तराखण्ड सरकार के मुख्य सचिव डॉ एसएस संधु से मुलाकात कर निर्णय से अवगत कराया है। निर्णय लिया गया कि उत्तराखण्ड सरकार के सहयोग से गुरुद्वारा ट्रस्ट द्वारा इस वर्ष श्री हेमकुंड साहिब जी की यात्रा, 20 मई से प्रारंभ कर दी जाएगी। प्रतिवर्ष श्री हेमकुण्ड साहिब में बर्फ हटाने की सेवा भारतीय सेना के जवान करते हैं।

श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा एवं गुरु महाराज के सम्मुख मत्था टेकने के लिये प्रतिवर्ष देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रृद्धालु आते हैं। संगतों की संख्या में बढ़ोत्तरी को देखते हु गुरुद्वारा ट्रस्ट के मुख्य पड़ावों में विश्राम हेतु कमरों व हॉल इत्यादि का भी निर्माण किया गया है।

इसके अलावा श्रद्धालुओं की अन्य सुख-सुविधाओं जैसे कि लंगर पानी, चिकित्सा सहायता आदि का भी विशेष ध्यान रखते हुए ट्रस्ट द्वारा यात्रा की सभी तैयारियां लगभग पूर्ण की जा चुकी है। गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, यात्रा प्रबंधन के शेष बचे कार्यों में जुट हुआ है। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से ट्रस्ट द्वारा अपील है कि झूठी अफवाहों में न आएं। ट्रस्ट गुरुद्वारा से संपर्क करके यात्रा संबंधी जानकारी प्राप्त करें।

****************************

 

 

युवा ध्यान दें…पंजाबी समेत 13 क्षेत्रीय भाषाओं में होगी CAPF कॉन्स्टेबल की भर्ती परीक्षा

नई दिल्ली 15 April, (एजेंसी) – केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अहम फैसले में आज केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों (सीएपीएफ) में भर्ती कांस्टेबल जीडी भर्ती के लिए हिंदी और अंग्रेजी के अलावा 13 क्षेत्रीय भाषाओं में परीक्षा आयोजित करने को मंजूरी दी है। हिंदी और अंग्रेजी के अलावा प्रश्नपत्र असमिया, बांग्ला, गुजराती, मराठी, मलयालम, कन्नड़, तमिल, तेलुगु, ओड़िया, उर्दू, पंजाबी, मणिपुरी और कोंकणी में मुहैया कराया जाएगा।

गृह मंत्रालय के इस फैसले के कारण लाखों उम्मीदवार अपनी मातृभाषा/क्षेत्रीय भाषा में परीक्षा में हिस्सा ले सकेंगे, जिससे उनके चयन की संभावनाएं बढ़ेंगी। कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) परीक्षा, कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रमुख परीक्षाओं में से एक है, जिसमें देशभर से लाखों उम्मीदवार हिस्सा लेते हैं। हिन्दी और अंग्रेज़ी के अलावा 13 क्षेत्रीय भाषाओं में परीक्षा का आयोजन 1 जनवरी, 2024 से होगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में गृह मंत्रालय, क्षेत्रीय भाषाओं के उपयोग और विकास के प्रोत्साहन के लिए कटिबद्ध है।

****************************

 

अभातशिप और हेका हेल्दी यू के साथ हुआ समझौता

*आपातकाल में तत्काल राहत के लिए अभातशिप और हेका हेल्दी यू के बीच साझेदारी, डिजिटल कम्युनिटी के माध्यम से सीपीआर प्रशिक्षण पर ज़ोर 

* ‘बढ़ती मृत्यु दर रोकथाम के लिए प्रशिक्षण की तैयारी’

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (एजेंसी)। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (अभातशिप) ने हेका हेल्दी यू प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है ताकि जीवन के लिए घातक आपात स्थितियों से निपटने के लिए पहले राहतकर्मियों का एक डिजिटल समुदाय तैयार किया जा सके। इस साझेदारी का प्राथमिक उद्देश्य युवाओं को प्राथमिक बचाव और आपातकालीन स्थितियों में राहत के लिए तेजी से कार्य करने में सक्षम बनाना है।

यह पहल  प्रधानमंत्री के ‘आयुष्मान भारत’ योजना के अनुरूप है, जो भारत के लोगों के स्वास्थ्य और कल्याण में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। कोरोना के बाद युवाओं के बीच अचानक हृदयघात की बढ़ती घटनाओं के बीच इस पहल की शुरुआत की गई है।  अभातशिप के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) टी.जी. सीताराम ने कहा, “आम जनता के बीच जीवन रक्षक कौशल और प्रशिक्षण की कमी भारत में मृत्यु दर के अधिक होने का मुख्य कारण है। ऐसी स्थिति में तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता होती है।

कॉलेजों के माध्यम से हम एक ऐसे समुदाय के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी ला सकते हैं जो अगले कुछ दशकों तक इस दिशा में उत्कृष्ट बदलाव लाएगा। उन समुदायों को जीवन रक्षक तकनीकों के साथ प्रशिक्षित करके, हम जीवित रहने की दर में सुधार कर सकते हैं। हेका हेल्दी यू के निदेशक श्री करुण काड ने कहा, “हेका टीम पूरे भारत में छात्रों और शिक्षकों को जोड़ेगी और प्रशिक्षित करेगी, जो समग्र विकास के लिए अग्रणी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आत्मविश्वास और संयमित रहने के लिए ज्ञान और कौशल प्रदान करेगी।

यह पहल अनमोल मानव जीवन को बचाने में मददगार साबित होगी। प्रो. राजीव कुमार, सदस्य सचिव, अभातशिप ने युवाओं को आवश्यक कौशल से लैस करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, “बेसिक लाइफ सपोर्ट के कई अन्य सत्र सभी संस्थानों में आयोजित किए जा सकते हैं। यह हमारे युवाओं को और अधिक जीवन रक्षक कौशल से निपुण बनाएगा। ममता रानी अग्रवाल, सलाहकार- I, अभातशिप ने कहा, “प्रशिक्षित लोग किसी रोगी को त्वरित राहत देने में मदद करेंगे और सीपीआर सहित उचित देखभाल प्रदान करेंगे, जब तक कि एम्बुलेंस उपचार लेने के लिए नहीं आती।

******************************

 

बिहार सरकार के गाल पर शराबबंदी का तमाचा है मोतिहारी की घटना: राजीव प्रताप रुडी

* मौत के आंकड़ों में हेरफेर की भी राजनीति करती है सरकार, पूर्व में सारण की घटना है प्रमाण

*मानवाधिकार आयोग ने सारण में हुई मौतों के लिए सरकार और प्रशासन को दोषी माना था

* बिहार को मजदूर बनाने की फैक्ट्री बना दिया है राज्य सरकार ने

*हर दिन लोगों का पलायन हो रहा है और जो बचते है उन्हें मिल रही जहरीली शराब की मौत

*मरने वाले वहीं, जिसे हमेशा विकसित करने, आगे बढ़ाने, उन्नति-प्रगति का राग बिहार सरकार अलापती रहती है

पटना, 15 अप्रैल (एजेंसी) । पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि एक बार फिर से बिहार सरकार के गाल पर उसके द्वारा घोषित शराबबंदी का तमाचा लगा है। मोतिहारी में जहरीली शराब से 14 लोगों की मौत बिहार सरकार की शराबबंदी नीति पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है।

यह घटना सरकार की चूक, प्रशासनिक चूक और शासन के नेतृत्वकर्ताओं की कमजोरी को एक साथ उजागर करता है।  राजीव प्रताप रुडी ने नीतीश कुमार और उनकी शराबबंदी नीति की ओर उंगली उठाते हुए कहा कि उनके क्षेत्र सारण में भी पिछले वर्ष दिसम्बर में शराब पीकर काफी लोगों की मौत हुई थी लेकिन, उस मौत पर भी राज्य सरकार राजनीति करती रही और मौत के आंकड़ों में भी हेराफेरी करती रही। सरकार के अनुसार मात्र 46 लोग मरे जबकि सारण शराब काण्ड में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की रिपोर्ट के अनुसार असमय काल कलवित होने वालों की संख्या 77 है।

रुडी ने कहा कि मोतिहारी में शराब काण्ड में भी ऐसा ही हो रहा है। सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर मौत के आंकड़ों को भी घटाकर प्रदर्शित किया जा रहा है।

इस घटना में फिर से उन्हीं लोगों की मौत शराब के कारण हुई है जिसे हमेशा विकसित करने, आगे बढ़ाने, उनकी उन्नती प्रगति का राग बिहार सरकार अलापती रहती है। विदित हो कि पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में जहरीली शराब का कहर जारी है। संदिग्ध परिस्थितियों में मरनेवालों की संख्या 16 पर पहुंच गई है।

चार दर्जन लोग गंभीर रूप से बीमार हैं। सभी ने जहरीली शराब पी थी पर प्रशासन इसे डायरियां से हुई मौत बता रहा है। अपने मोतिहारी कार्यक्रम के दौरान  रुडी ने कहा था कि बिहार को मजदूरों की फैक्ट्री बना दिया गया है। मोतिहारी मे हुई मौतें प्रदर्शित करती है कि राज्य में रोजी-रोजगार है नहीं, विकास के नाम पर केवल कमीशन वाले काम हुए और रोजगार के अभाव में लोग यहां से पलायन करते रहे है।

उन्होंने कहा कि हाँ सरकार ने एक उद्योग जरूर विकसित किया है, वह है मजदूर सप्लाई करने का। बिहार को मजदूर बनाने की फैक्ट्री बना दिया है।

हालांकि बिहारी ऊंचे पदों पर भी है लेकिन किसी भी राज्य के किसी भी जिले के किसी भी उद्योग धंधे के कल कारखाने में आप प्रवेश कर जायें तो वहां आपको बिहारी मजदूर, श्रमिक जरूर मिलेंगे। हर दिन लोगों का पलायन हो रहा है और जो नहीं जा रहे है उन्हें जहरीली शराब से मौत दी जा रही है।

****************************

 

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल सन ऑफ घोटाले का किंगपिन है : गौरव भाटिया

नई दिल्ली , 15 अप्रैल (एजेंसी)। दिल्ली के कथित शराब घोटाले मामले में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीबीआई के समन सियासी पारा गरम है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने काकी अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले का किंगपिंन है। गौरव भाटिया ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे ही अरविंद केजरीवाल को सीबीआई ने पूछताछ के लिए बुलाया गया, वैसे ही अरविंद केजरीवाल थरथर कांपने लगे हैं। जबकि अरविंद केजरीवाल अपने मंत्रिमंडल के उप मुख्यमंत्री मनीष  सिसोदिया को कट्टर ईमानदार बताते थे जो शराब घोटाले में जेल में बंद हैं। गौरव भाटिया ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि पापी आप पार्टी भ्रष्टाचार में पूर्णरूप से लिप्त है। अरविंद केजरीवाल इस मामले को लेकर मीडिया के सामने आएंगे, इसलिए भारतीय जनता पार्टी उनसे कुछ ठोस सवाल पूछती है।

यह बात जग जाहिर हो गयी है कि शराब घोटाले का कोई किंगपिंग है तो वह अरविंद केजरीवाल हैं। यह ऐसे ही नहीं कहा जा रहा है, इसके पीछे महत्वपूर्ण कारक है कि शराब घोटाले में जो अबतक जांच हुई है उसमे इस बात को स्पष्ट करता है। केजरीवाल के इशारे के बिना आम आदमी पार्टी में पत्ता भी नहीं हिलता है और उस पार्टी ने शराब घोटाला किया है। जो स्पष्ट करता है कि केजरीवाल के इशारे पर ही शराब घोटाला हुआ है। दिल्ली की जनता जान गयी है कि केजरीवाल के इषारे पर ही शराब घोटाले हुए है।

शराब घोटाले में अरेस्ट हुए षतरंज का हाथी। अरेस्ट हुए अरविंद केजरीवल के भ्रष्ट साथी। गौरव भाटिया ने कहा कि क्या यह सही नहीं है कि शराब नीति बनाने के लिए 5 फरवरी 2021 को केजरीवाल सरकार के कैबिनेट की बैठक हुई और मुख्यमत्री अरविंद केजरीवाल ने कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करते हुए ग्रुप ऑफ मिनिस्टर -जीओएम- की गठन की। जीओएम को निर्देष दिया गया कि एक्सपर्ट कमिटी की रिपोर्ट अध्ययन करने के बाद सिफारिश दें। इस जीओएम में तत्कालीन षराब मंत्री एवं शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया थे, जिनको शराब घोटाले में अबतक जमानत तक नहीं मिली है।

जिनको अरविंद केजरीवाल कट्टर ईमानदार होने का सर्टिफिकेट दे रहे थे। इस जीआएम मे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन थे जो पिछले दस महीने से जेल में हैं और उनको भी जमानत नहीं मिला है। केजरीवाल जी ने सत्येन्द्र जैन को भी कट्टर ईमानदार होने का सर्टिफिकेट दिया था। जिस बैठक में शराब घोटाला की रूपरेखा तैयार होता है उस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री के रूप में अरविदं केजरीवाल ने किया था। इस  शराब घोटाले की गाज केजरीवाल पर क्यों नहीं गिरनी चाहिए? जैसे जैसे कड़ियां जुड़ रही है वैसे वैसे अरविंद केजरीवाल के पास आ रही है हथकड़ी। डर लग रही है अरविंद केजरीवाल को। गौरव भाटिया ने कहा कि विजय नायर आम आदमी पार्टी का नेता है।

जांच एजेंसियों की जांच में यह बाते सामने आयी है कि षराब घोटाले के एक आरोपी समीर महेन्द्रू ने विजय नायर के माध्यम से केजरीवाल जी से फेस टाईम कॉल पर बातचीत की। उस बातचीत में केजरीवाल ने बोला कि विजय नायर मेरा ही बच्चा है। भ्रष्टाचार करने में पूरी तरह सच्चा है। इसका पूरा सहयोग करें। केजरीवाल जी बातएं कि क्या फेसटाईम पर समीर महेन्द्रू से बातचीत हुई या नहीं हुई। भारतीय जनता पार्टी को पूरा यकीन है कि केजरीवाल जी इस सवाल का जबाव जरूर देंगे। केजरीवाल सत्ता में आने से पहले सुषासन देने का वादा करते थे और सत्ता में आने के बाद कुशासन दिया।

गौरव भाटिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल  शराब घोटालेबाज उसे रिश्ता क्या है। शराब माफिया  दिल्ली सरकार की नई शराब नीति बनाते हैं। एक प्रतिश्ठित दैनिक अखबार में छपा कि तत्कालीन उप मुख्यमंत्री  मनीष सिसोदिया के सचिव के अनुसार निजी कारोबारियों को शराब के होलसेल की जिम्मेदारी देने और शराब बिक्री का कमीशन बढ़ाकर 12 प्रतिषत करने के बारे में जीएओएम की बैठक में कोई विचार विमर्ष नहीं किए गए। मार्च 2021 को जीओएम ने अपनी रिपोर्ट दी थी। मनीष सिसोदिया ने सचिव को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाया था। तो क्या मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ही शराब घोटाला करा रहे थे? शराब घोटाले के रचयिता अरविंद केजरीवाल जी ही हैं।गौरव भाटिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल  ने नई शराब नीति के बारे में कहा था यह बहुत अच्छी नीति है और इससे बहुत फायदा होगा। इसका मतलब था कि शराब घोटाले से भ्रष्टाचारी आप को बहुत फायदा होगा।

बाद में केजरीवाल सरकार ने नई शराब नीति को वापस लिया, जो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्णय से ही वापस लिया गया है। गौरव भाटिया ने कहा कि 25 अक्टूबर 2021 को अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा इंडो स्प्रीट को एक नोटिस दिया गया। नोटिस में कहा गया कि इंडोस्प्रीट के खिलाफ षिकायत आयी है कि आपकी कंपनी ब्लैक लिस्टेड कंपनी है और कॉर्टेल चला रहे हैं। सात दिनों के भीतर जबाव दीजिए। इस कंपनी के मालिक समीर महेन्द्रू वही व्यक्ति हैं जिनसे विजय नायर ने अरविंद केजरीवाल से बात करायी थी। अरिंवंद केजरीवाल जी बताएं कि इंडोस्प्रीट कंपनी ने सात दिनों में क्या जबाव दिया?

पिछले डेढ़ साल में इंडोस्प्रीट कंपनी के खिलाफ क्या कार्रवाई की। अरविंद केजरीवाल का एक ही मोटो है लूट, खसोट और भ्रष्टाचार। यह कहन गलत नहीं होगा कि हर बोतल पर तेरा निशान, जनता बोले अरविंद केजरीवाल कट्टर बेईमान।गौरव भाटिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल से इन सवालों का जबाव मांगती है, क्योंकि यह जनता का सवाल है। केजरीवाल चाहे तो इन पांच सवालों में कम से कम जबाव का उत्तर दे दें। दुख की बात यह है कि यह भ्रष्टाचारी सिर्फ इधर उधर की बात करेंगे और जबाव नहीं देंगे। केजरीवाल जी आदतन ऐसा कहेंगे कि हम बहुत ईमानदार हैं जी। सेवा करने आए हैं जी।

अरविंद केजरीवल से इस तरह के जबाव से काम नहीं चलेगा। जनता को इन सवालों के फैक्ट का जबाव चाहिए।  न्यायाल के आदेश और कार्यवाही के अनुसार 28 फरवरी 2023 को मनीष सिसोदिया सुप्रीम कोर्ट में अंतरिम राहत की मांग करते हैं। केजरीवाल जी जिसे कट्टर ईमान कह रहे थे सुप्रीम कोर्ट द्वारा उस शराब घोटाले के आरोपी मनीष सिसोदिया को अंतरिम राहत नहीं मिला।  बड़े बड़े भ्रष्टाचारी के अरोपी से जुड़े 14 विपक्षी दलों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर कहा कि विपक्षी दल के नेताओं  को प्रताड़ित करने के लिए सीबीआई-ईडी का इस्तेमाल होता है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि विपक्षी दलों को फटकार लगायी और कहा कि नेताओं के लिए अलग से कानून नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि कृपया करके न्यायालय को राजनीति अखाड़ा नहीं बनाए। यदि ऐसा मामला आत है तो न्यायालय उसके गुण दोष के आधार पर फैसला करेगी।अरविंद केजरीवाल जी ने संविधान की शपथ ली है। संविधान ने कार्यपालिका और न्यायपालिका अलग-अलग रखा है। भारतीय जनता पार्टी उम्मीद रखती है कि केजरीवाल जी को न्यायपालिका पर भरोसा होगा।सेशन कोर्ट ने 31 मार्च 2023 को शराब घोटाले के आरोपी मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका रद् करते हुए कहा कि तत्कालीन शराब मंत्री मनीष सिसोदिया ने स्वयं आबकारी कमिशर को निर्देश दिया था कि इंडो स्प्रीट के समीर महेन्द्रू एल-1 लाईसेंस आंबटित की जाए।

आबकारी कमिशर पर दबाव बनाने के पीछे मुख्यकारण था कि समीर महेन्द्रू से 100 करोड़ रूपए की रिश्वत ली जाए। प्रथम दृश्टया में न्यायालय की फाइंडिंग में ये बातें उभरकर सामने आयी है। कड़ी जोड़कर देखने पर सबकुछ स्पश्ट हो जाता है, समीर महेन्द्रू को केजरीवाल ने विजय नायर को अपना ही बच्चा बता रहे थे। गौरव भाटिया ने कहा कि सवाल यह उठता है कि खुद को कट्टर ईमानदार बताने वाला मुख्यमंत्री केजरीवाल जी अपने मोबाइल फोन के साक्ष्य को क्यों मिटा रहा है।

मनीष सिसोदिया के पास चार मोबाइल थे और जांच एजेंसी ने जांच के लिए चारो मोबाइल फोन की मांग तो उन्होंने महज एक मोबाइल फोन जांच एजेंसी को दी और तीन मोबाइल नष्ट कर दिए। तथाकथित कट्टर ईमानदार मनीष सिसोदिया ने तीन मोबाइल नष्ट क्यों किया? क्या ऐसा लग रहा था कि उन तीन मोबाइल से अरविंद केजरीवाल की गर्दन भी शराब घोटाले में फंस रहा था?

यह कैसी ईमानदारी है।तथाकथित कट्टर ईमानदारों को लगता है कि वे कानून से उपर हैं। भारतीय जनता पार्टी को यकिन है कि हर भ्रष्टाचारी तक कानून का हाथ पहुंचेगा।कोर्ट की कार्रवाई के अनुसार शराब घोटाले की साजिशकर्ता के रूप में मनीश सिसोदिया को माना है। इस भ्रष्टाचर के बगीचे और फूलों को पानी को कौन दे रहा था? यह बताना होगा।

अरविंद केजरीवाल सत्ता में आने से पहले आंदोलन चला रहे थे तब कहा था कि मुझे अपने परिवार की कसम है कि मैं राजनीति में नहीं आउंगा। इसके बाद राजनीति में आ गए। इसके बाद केजरीवाल  ने कहा कि कसम मुझे अपने बच्चे की कि मैं कांग्रेस से समर्थन नहीं लूंगा। इसके बाद सत्ता में आने के लिए कांग्रेस का समर्थन लिया। केजरीवल ट्वीट कर कहते थे कि किसी पर आरोप लगे तो तुरंत इस्तीफा दे दो।  भारतीय जनता पार्टी को उम्मीद है कि अरविंद केजरीवाल की यादाश्त मजबूत होगी।

अरविंद केजरीवाल को यदि किसी बात का डर नही तो दूध का दूध और शराब का शरब हो जाने दीजिए। यह क्या है कि एक के बाद एक आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता मीडिया में आकर सिर्फ इधर उधर की बातें कर रहे हैं।भ्रष्टाचार मामले में केजरीवाल  द्वारा दिए बयान के अनुसार एक पॉलिग्राफ टेस्ट लाई डिटेक्टर टेस्ट करा लीजिए और सबकुछ सामने आ जाएगा।

किन्तु केजरीवाल ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि वे अंदर से डरे हुए हैं।सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस की सरकार में सीबीआई को पिंजरे का तोता कहा था। किन्तु पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सीबीआई और ईडी अपना काम कर रही है। जांच एजेंसी किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशन नहीं करती है और भ्रष्टाचारी को छोड़ती भी नहीं है। केजरीवाल ने कहा था कि वे ईमानदारी एवं सुशासन का चार मीनार देंगे। जबकि अरविंद केजरीवाल भ्रश्टाचार का कुतूबमीनार बन गए हैं।

***********************************

 

ताजा हिंसा के बीच ओडिशा के संबलपुर में कर्फ्यू

भुवनेश्वर 15 April, (एजेंसी): ओडिशा के संबलपुर शहर में ताजा हिंसा के बीच जिला प्रशासन ने अनिश्चित काल के लिए कर्फ्यू लगा दिया है। संबलपुर सदर के उपजिलाधिकारी प्रवेश चंद्र दंडसेना ने मौजूदा स्थिति की जानकारी मिलने पर देर रात कर्फ्यू का आदेश जारी कर दिया। संबलपुर के छह थाना क्षेत्रों धनुपाली, खेतराजपुर, ऐंथापाली, बरेईपाली और सदरा में तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक कर्फ्यू लगा दिया गया है।

कर्फ्यू की अवधि के दौरान किसी भी व्यक्ति या लोगों के समूह को अपने घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है।

हालांकि, जिला प्रशासन ने लोगों को सुबह 8 से 10 बजे और दोपहर 3.30 से सायं 5.30 बजे तक आवश्यक वस्तुओं की खरीद करने की अनुमति दी है।

उपजिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा,उपरोक्त आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले राज्य सरकार ने गुरुवार से पूरे जिले में 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी है।

डीआईजी (उत्तर मध्य रेंज) बृजेश कुमार राय ने कहा कि शुक्रवार रात कुछ दुकानों में आग लगा दी गई और तोड़फोड़ की गई।

इसलिए प्रशासन ने शहर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए कर्फ्यू लगाने का फैसला किया।

******************************

 

 

नीतीश कुमार ने समर्थकों से अगले पीएम के तौर पर उनका नाम लेने से बाज आने को कहा

पटना 15 April, (एजेंसी): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने समर्थकों से देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में उनका नाम लेने से बचने की अपील की। यहां पार्टी मुख्यालय में जदयू कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि इस तरह के नारे उनके द्वारा किए जा रहे काम को पटरी से उतार देंगे।

नीतीश कुमार ने कहा- मैं आप सभी से हाथ जोड़कर अनुरोध करता हूं कि देश के प्रधानमंत्री के रूप में मेरा नाम जपने से बचें। मैं 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ लड़ने के लिए देश में विपक्षी दलों को एकजुट करने पर काम कर रहा हूं। इस तरह का कृत्य हमारे उद्देश्य को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए कृपया मेरा नाम जपने से बचें।

मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया तब आई जब उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जद-यू के मुख्यालय में उनका भव्य स्वागत किया, उनके दिल्ली दौरे के बाद उन पर गुलाब की पंखुड़ियां फेंकी, जहां उन्होंने प्रमुख विपक्षी नेताओं राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अरविंद केजरीवाल, सीताराम येचुरी और डी राजा से मुलाकात की।

नीतीश कुमार ने बिहार की जनता से बीजेपी को वोट न देने की भी अपील की। उन्होंने कहा, भाजपा ने देश की जनता के लिए कुछ नहीं किया। हमने बिहार को विशेष दर्जा देने की मांग की थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। वह केवल विपक्षी दलों के नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने में विश्वास रखते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, उनका आम लोगों से कोई लेना-देना नहीं है। अगर आप उन्हें वोट देंगे तो आप खुद को बर्बाद कर लेंगे और अगर आप उनके खिलाफ वोट करेंगे तो आपका राज्य और देश विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।

***********************************

 

 

बिहार के मुजफ्फरपुर में मोबाइल टावर चोरी

पटना 15 April, (एजेंसी): बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में चोरों ने पूरा मोबाइल टावर उड़ा लिया, पुलिस ने यह जानकारी दी। शहर के सदर थाना क्षेत्र के श्रमजीवी नगर इलाके में मनीषा कुमारी के मकान में जीटीएएल कंपनी का मोबाइल टावर लगाया गया था।

जब कंपनी के अधिकारी मनीषा कुमारी के घर निरीक्षण करने पहुंचे तो मोबाइल फोन का टावर गायब मिला। एक जनरेटर सेट, शेल्टर और स्टेबलाइजर भी जगह से गायब थे।

कंपनी के अधिकारी शाहनवाज अनवर ने जिले के सदर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। जांच के दौरान मनीषा कुमारी ने पुलिस को बताया कि जीटीएएल के कर्मचारी होने का दावा करने वाले कुछ लोग कुछ महीने पहले आए और कहा कि मोबाइल टावर काम नहीं कर रहा है और इसलिए वे इसे हटा रहे हैं।

उन्होंने सभी उपकरणों को हटा दिया था, इसे एक पिक-अप वैन पर लाद दिया और ले गए। उपकरण की कीमत 4.5 लाख रुपये आंकी गई थी। यह दूसरा मौका है जब बिहार में मोबाइल टावर चोरी हुआ है। इससे पहले पटना के सब्जी बाग इलाके से भी इसी तरह एक मोबाइल टावर चोरी हो गया था।

*************************

 

गुरुग्राम : थाने में महिला एएसआई से मारपीट, सिपाही और एसएचओ का तबादला

गुरुग्राम 15 April, (एजेंसी): सेक्टर 37 थाने के परिसर में एक पुरुष कांस्टेबल ने कथित तौर पर एक महिला सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) की पिटाई कर दी और उसे जान से मारने की धमकी भी दी, पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना के बाद, सेक्टर 37 पुलिस स्टेशन की महिला स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) को पुलिस आयुक्त द्वारा तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर दिया गया। सूत्रों ने बताया कि कांस्टेबल का भी पुलिस लाइन तबादला कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार रात सेक्टर 37 थाने के अंदर तब हुई जब एएसआई ने कांस्टेबल को उसके काम में हस्तक्षेप नहीं करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर कांस्टेबल प्रवेश और एएसआई पूनम के बीच बहस शुरू हो गई।

कुछ ही देर में दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई और दोनों आपस में मारपीट करने लगे। बाद में, अन्य पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों को अलग कर दिया। उस समय थाना प्रभारी सुनीता थाने में मौजूद नहीं थी और बाद में जब वह थाने पहुंची तो मामले को उठाया गया।

गुरुवार को एएसआई पूनम ने सिपाही प्रवेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। उसकी शिकायत के बाद, सिपाही के खिलाफ सेक्टर 10 ए पुलिस स्टेशन में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने का अनुरोध करते हुए पुष्टि की कि एसएचओ सुनीता को पुलिस लाइन में स्थानांतरित कर दिया गया है।

******************************

 

 

गुरुग्राम पुलिस ने तीन हथियार सप्लायर, पांच रिसीवर को पकड़ा

गुरुग्राम 15 April, (एजेंसी) : गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि तीन अवैध हथियार आपूर्तिकर्ताओं (सप्लायर) और पांच रिसीवरों (प्राप्तकर्ता) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार पिस्तौल और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हथियार सप्लाई करने वालों की पहचान 22 वर्षीय शैलेंद्र, 20 वर्षीय निखिल और सिद्धांत कुशवाहा उर्फ डालडा के रूप में हुई है, जबकि प्राप्तकर्ता की पहचान 25 वर्षीय टिंकू, 28 वर्षीय मंजीत, 30 वर्षीय सोनू, 30 वर्षीय जयपाल और 30 वर्षीय जोगिंदर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, उन्होंने सबसे पहले 10 अप्रैल को गुरुग्राम के बख्तावर चौक से शैलेंद्र को पकड़ा और उसके कब्जे से एक पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए।

उसके खुलासे के आधार पर टिंकू, मनजीत, सोनू व जयपाल को 11 अप्रैल को हरियाणा के झज्जर जिले के बेरी से गिरफ्तार किया गया था। निखिल और सिद्धांत को मध्य प्रदेश के भिंड से 13 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था, जबकि जोगिंदर को दिल्ली के पश्चिम विहार से गिरफ्तार किया गया था।

लगातार पूछताछ के दौरान, शैलेंद्र ने खुलासा किया कि वह निखिल और सिद्धांत से हथियार लेता था और बाकी पांचों को सप्लाई करता था।

एसीपी (अपराध) प्रीत पाल सांगवान ने कहा कि शैलेंद्र ने खुलासा किया कि वह पिछले एक साल से अवैध हथियारों की आपूर्ति कर रहा है। वह भिंड से 5,000 रुपये में देसी पिस्तौल खरीदता था और उन्हें 8,000 से 10,000 रुपये में बेचता था।

वह पिस्तौल को 28,000 से 30,000 रुपये में भी बेच देता था। वह पहली बार में करीब छह पिस्टल और 60 कारतूस की सप्लाई कर चुका था।

***************************************

 

 

संविधान की रक्षा के लिए कोई भी कुर्बानी देगी कांग्रेस : हुड्डा

सोनीपत 15 April, (एजेंसी): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने  कहा, हमारे पूर्वजों ने देश को आजादी दिलाने और संविधान बनाने के लिए अपनी जान दी और अब कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए कोई भी कुर्बानी देगी। पूर्व सीएम ने सोनीपत में जय भारत सत्याग्रह के तहत संविधान बचाओ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का आना दिखाता है कि लोगों ने अब फैसला कर लिया है कि उन्हें सिर्फ चुनाव का इंतजार करना है।

फसल की कटाई के चरम मौसम और पारा 42 डिग्री सेल्सियस पार करने के बावजूद भीड़ उमड़ पड़ी। पूर्व सीएम ने कांग्रेस की विरासत को याद करते हुए कहा कि हमारे बुजुर्गों ने आजादी की लड़ाई लड़ी और देश का संविधान बनाने के लिए कुर्बानी दी। मौजूदा हालात में कुछ ताकतें संविधान को कमजोर करना चाहती हैं।

उन्होंने कहा, भाजपा सरकार ने विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पार्टी नेता राहुल गांधी की सदस्यता रद्द कर दी। आगे कहा कि कांग्रेस संविधान को कमजोर नहीं होने देगी और न ही राहुल गांधी की आवाज को दबाने देगी।

उन्होंने कहा, एक मजबूत भारत को एक मजबूत संविधान की जरूरत है। भीमराव अंबेडकर की जयंती पर, आइए हम संकल्प लें कि हम किसी को भी संविधान में निहित अधिकारों को कमजोर नहीं करने देंगे।

हरियाणा इकाई के पार्टी अध्यक्ष उदय भान ने कहा कि भीमराव अंबेडकर की विचारधारा पर कांग्रेस ने शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार और भोजन का अधिकार जैसे कानून बनाए।

उन्होंने कहा, कांग्रेस समाज के कमजोर, पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने के लिए अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम लाई।

******************************