Category Archives: news

कानून के आकांक्षी से कानून तोड़ने तक, 47 दिनों में बदल गई असद की जिंदगी

प्रयागराज 14 April, (एजेंसी): 19 साल की आयु में, वह अपने हम उम्र किसी भी युवा की तरह कानून में करियर बनाना चाहता था। लेकिन नियति में कुछ और ही था। गैंगस्टर अतीक अहमद का तीसरा बेटा असद, कानून की दहलीज को पार कर राज्य में सबसे बड़ा वांछित अपराधी बन गया।

उसके सिर पर पांच लाख रुपये का इनाम हो गया और गुरुवार को 47 दिन के भीतर उसका खूनी अंत हो गया। इस साल 24 फरवरी से पहले असद का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। इसी दिन उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा और प्रयागराज में वकील उमेश पाल और उनके दो पुलिस गाडरें की अपने साथियों के साथ दिन दहाड़े हत्या कर सनसनी फैला दी।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक असद के बड़े भाई अली पर चार व उमर पर एक मामला दर्ज है। उसके पिता अतीक के खिलाफ 102 आपराधिक मामले दर्ज हैं और चाचा खालिद अजीम उर्फ अशरफ के खिलाफ 50 मुकदमें हैं।

भाइयों में आलसी माने जाने वाले असद ने पिछले साल लखनऊ के एक प्रतिष्ठित स्कूल से इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा पास की थी।

ज्यादातर समय लखनऊ में रहने वाला असद अपने पिता के कारोबार और अंडरवल्र्ड की गतिविधियों से दूर रहता था।

असद उच्च अध्ययन के लिए देश से बाहर जाना चाहता था, लेकिन उसके परिवार की आपराधिक पृष्ठभूमि के कारण उसका पासपोर्ट नहीं बन सका। फिलहाल वह एलएलबी कोर्स में एडमिशन की तैयारी कर रहा था।

उसकी शादी भी उसकी बुआ आयशा नूरी की बेटी से तय हो गई है। नूरी अभी फरार है, जबकि उसका पति अखलाक जेल में है।

सूत्रों के मुताबिक पिता अतीक की फटकार ने असद को उस टीम का नेतृत्व करने के लिए मजबूर कर दिया, जिसने 24 फरवरी को एक हमले में उमेश पाल को मार डाला।

पुलिस मुठभेड़ में अपने बेटे की मौत से आहत अतीक ने गुरुवार रात प्रयागराज जेल में जेल अधिकारियों से कहा कि, ”असद की मौत के लिए मैं जिम्मेदार हूं।”

विडंबना यह है कि परिवार के सबसे प्यारे बच्चे को शुक्रवार को उसके परिजनों की अनुपस्थिति में सुपुर्दे खाक कर दिया जाएगा। असद के परिवार के अधिकतर सदस्य या तो जेल में हैं, या फरार हैं।

**************************

 

चुनाव आयोग के फैसले के बाद अब सरकार की कार्रवाई, NCP और CPI को खाली करना होगा दिल्ली वाला बंगला

नई दिल्ली 14 April, (एजेंसी): चुनाव आयोग ने हाल ही में राजनीतिक दलों के स्टेटस को लेकर नए नोटिफिकेशन जारी किए। इसमें आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिला है। वहीं, सीपीआई और एनसीपी जैसे दलों से यह दर्ज छीन लिया गया। चुनाव आयोग के फैसले के बाद अब सरकार भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार सीपीआई और एनसीपी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा खो देने के बाद उन्हें आवंटित बंगलों को खाली करने के लिए कह सकती है। इसके अलाना तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को भी अब राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी ऑफिस खोलने के लिए आवंटित भूमि पर अधिकार गंवाना पड़ सकता है।

सूत्रों ने कहा है कि एनसीपी कई जगहों को देखने के बाद भी नई दिल्ली में पार्टी कार्यालय के लिए जमीन तय नहीं कर सकी थी। वहीं, टीएमसी को दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर 1,008 वर्ग मीटर की जमीन दी गई थी। हालांकि, ममता बनर्जी की पार्टी ने दो मंदिरों के अतिक्रमण का हवाला देते हुए आपत्ति जताया था। जमीन आवंटित होने के नौ साल बीत जाने के बाद भी टीएमसी ने कब्जा नहीं लिया था।

एक अधिकारी ने बताया, “अगर टीएमसी ने जमीन पर कब्जा कर लिया होता तो वह राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा खोने के बाद भी कार्यालय का निर्माण कर सकती थी। अब टीएमसी को आवंटित भूमि उन्हें मिलने की संभावना कम है। जैसे कि एनसीपी ने जमीन तय कर लिया था। वे यहां अपना पार्टी कार्यालय बना सकते हैं।”

भाकपा माले के मामले पर उन्होंने कहा कि वामपंथी पार्टी अपना केंद्रीय कार्यालय अजॉय भवन कोटला मार्ग पर रखेगी, लेकिन पुराना किला रोड स्थित टाइप-सात का बंगला खाली करना होगा। ठीक इसी तरह एनसीपी को 1, कैनिंग रोड बंगला खाली करना होगा, जो उसे पार्टी कार्यालय के लिए आवंटित किया गया था।

सूत्रों ने यह भी बताया है कि राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने के बाद आम आदमी पार्टी जल्द ही दिल्ली में पार्टी कार्यालय के लिए आवास या फिर शहरी मामलों के मंत्रालय से भूमि आवंटन की मांग करेगी।

राजनीतिक दलों को भूमि आवंटन वाली की नीति के अनुसार, आम आदमी पार्टी को 500 वर्ग मीटर का प्लॉट मिल सकता है। क्योंकि संसद के दोनों सदनों में इसके 15 से कम सांसद हैं।

****************************

सेना की फायरिंग में हुई 14 लोगों की मौत, केंद्र सरकार के नागालैंड पुलिस को आदेश- जवानों पर नहीं चलेगा मुकद्दमा

नई दिल्ली 14 April, (एजेंसी): केंद्र सरकार ने नागालैंड विवाद पर 30 सैनिकों पर मुकद्दमा चलाने की अनुमति नहीं दी है। राज्य पुलिस के अनुसार, केंद्र ने नागालैंड में दिसंबर 2021 में उग्रवाद-विरोधी अभियान में कथित रूप से शामिल 30 सैन्य कर्मियों के खिलाफ मुकद्दमा चलाने की मंजूरी देने से इनकार कर दिया है, जिसमें 14 स्‍थानीय युवक मारे गए थे।

नागालैंड के मोन जिले में गोलीबारी की जांच करने वाले नागालैंड विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा दायर चार्जशीट में सेना के लोगों का नाम लिया गया था। नागालैंड पुलिस ने एक बयान में कहा कि सक्षम प्राधिकारी (सैन्य मामलों के विभाग, रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार) ने सभी 30 आरोपियों के खिलाफ मुकद्दमा चलाने की मंजूरी देने से इनकार कर दिया है।

बता दें कि सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम (AFSPA) सहित विभिन्न कानूनों के तहत कर्तव्यों का निर्वहन करते समय सुरक्षा बलों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने के लिए केंद्र की कानूनी मंजूरी की आवश्यकता होती है, जो अशांत क्षेत्रों में बलों को व्यापक अधिकार देता है। सेना ने इस घटना की एक स्वतंत्र कोर्ट ऑफ इंक्वायरी भी स्थापित की, जिसमें दोषी पाए गए किसी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। हालांकि, सेना ने कहा कि वह कोई कार्रवाई नहीं कर सकती, क्योंकि मामला सुप्रीम कोर्ट में है।

*******************************

 

फिर डरा रहा कोरोना! 1 दिन में नए मामलों में आया 30 फीसदी उछाल, 10 हजार से अधिक नए केस

नई दिल्ली 13 April, (एजेंसी): दिल्ली-महाराष्ट्र जैसे राज्यों में खतरे की घंटी बजा चुके खतरनाक कोरोना वायरस ने एक बार फिर से डरा दिया है। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 10,158 नए मामले सामने आए हैं जिससे देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 44,998 पहुंच गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 5,356 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक हुए हैं। कोरोना से ठीक होने वालों की कुल संख्या बढ़कर 4,42,10,127 पहुंच गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.71 प्रतिशत है। जबकि डेली पोजिटिविटी रेट 4.42 प्रतिशत है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं। पिछले 24 घंटों में 327 खुराकें दी गईं हैं। अब तक कुल 92.34 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। 24 घंटों में 2,29,958 कोरोना टेस्ट हुए हैं।

गौरतलब है कि भारत में 7 अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और 5 सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी।

संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। 4 मई 2021 को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार चले गए थे।

*****************************

 

जबलपुर हाईकोर्ट ने छिंदवाड़ा एसपी को निलंबित करने का आदेश दिया

जबलपुर 13 April, (एजेंसी): मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को जबलपुर उच्च न्यायालय के आदेश की तामिली न करना भारी पड़ गया। हाई कोर्ट ने पुलिस अधीक्षक विनायक वर्मा को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।

बताया गया है कि मामला छिंदवाड़ा जिले में तुलसी रामायण मंडल नाम की धार्मिक संस्था की जमीन एनएचएआई द्वारा अधिग्रहित करने का है।

इस जमीन के अधिग्रहण के एवज में एनएचएआई ने आधी जमीन का ही मुआवजा दिया है। यह मामला उच्च न्यायालय में पहुंचा जिस पर कोर्ट ने शेष जमीन के मुआवजे के आदेश दिए। बाद में एनएचएआई के अधिकारी की गिरफ्तारी का वारंट जारी किया और पुलिस अधीक्षक को यह वारंट 28 मार्च तक तालीम कराना था मगर यह वारंट तामील नहीं हुआ।

जबलपुर हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रवि मलिमठ की डबल बेंच ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को निलंबित करने का आदेश दिया।

इस आदेश में कहा गया है कि जब तक अदालत अगला आदेश जारी नहीं करती है तब तक पुलिस अधीक्षक को निलंबित रखा जाए। उच्च न्यायालय की डबल बेंच ने पुलिस महानिदेशक को स्वयं गैर जमानती वारंट 19 अप्रैल तक तामील करने के आदेश दिए हैं।

*******************************

 

BBC की बढ़ी मुश्किलें, विदेशी फंडिंग मामले में ED ने दर्ज किया केस

नई दिल्ली 13 April, (एजेंसी): ब्रिटेन की प्रसारक कंपनी ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।

जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ‘बीबीसी इंडिया’ के खिलाफ विदेशी फंडिंग मामले में कथित तौर पर अनियमितता बरतने के आरोप में FEMA के तहत केस दर्ज किया है। जांच एजेंसी ईडी की ओर से यह जानकारी दी गई है।

ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि ईडी ने कथित विदेशी मुद्रा विनिमय उल्लंघन के लिए ‘बीबीसी इंडिया’ के खिलाफ फेमा के तहत मामला दर्ज किया गया है।

****************************

 

भरतपुर में डा. अंबेडकर की प्रतिमा लगाने पर विवाद

भरतपुर 13 April, (एजेंसी): राजस्थान के भरतपुर में बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। ये बवाल 12 अप्रैल की रात इतना बढ़ गया कि दंगे जैसे हालात लगने लगे। दो जातियों ने आपसी संघर्ष में न केवल जमकर आगजनी और चक्का जाम किया, बल्कि पुलिस पर तीन बार पथराव भी किया।

इस दौरान जब पुलिस प्रदर्शनकारियों को हटाने पहुंची, तो पुलिस की गाड़ियों पर भी पथराव किया गया। जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। देर रात तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। SP श्याम सिंह ने बताया, “पुलिस बल तैनात है, अधिकारी लगातार अपनी नजर बनाए हुए हैं। हम लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।”

दरअसल, नगर पालिका नदबई इलाके में 3 जगह मूर्तियां लगा रही है। संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा की अध्यक्षता में कमेटी ने तय किया कि कुम्हेर चौराहे पर महाराजा सूरजमल, बैलारा चौराहे पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और नगर चौराहे पर भगवान परशुराम की मूर्ति लगाई जाएगी। पर भरतपुर देहरा मोड़ से नदबई वाले रास्ते पर बेलारा चौराहे पर जाट समाज के लोग महाराजा सूरजमल की मूर्ति स्थापित करने की मांग कर रहे हैं, वहीं जिला प्रशासन वहां भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगाने का फैसला कर चुका है। इसे लेकर ही विवाद हुआ।

स्थानीय लोगों की मांग है कि नदबई का मुख्य चौराहा बैलारा है, ऐसे में महाराजा सूरजमल की प्रतिमा बैलारा चौराहे पर लगनी चाहिए। इसी मांग को लेकर लोगों ने धरना भी दिया। पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने बयान दिया था कि आप जो चाहते हैं, वही होगा आप धरना खत्म कीजिए। इस बीच मंत्री ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि बैलारा चौराहे पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और डेहरा मोड चौराहे पर महाराजा सूरजमल की मूर्ति लगाई जाए। इसी को लेकर विरोध शुरू हुआ।

12 अप्रैल की शाम को ही जाट समुदाय के लोग यहां इकट्ठा हो गए और चक्का जाम कर दिया। हालात को देखते हुए पूरे इलाके में पुलिस फोर्स तैनात की गई थी लेकिन रात 8 बजे बाद से हालात बिगड़ने शुरू हो गए। विरोध कर रहे ग्रामीणों ने पहले जाम लगा दिया और सड़कों पर आगजनी शुरू कर दी। लोगों ने नदबई की ओर जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया।

नदबई से पहले बूढ़ावरी गांव, नगला खटोटि गांव की मुख्य सड़कों पर भी आगजनी की गई। रात 12 बजे के बाद हालात बेकाबू हो गए। अंधेरे का फायदा उठा कर ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव भी किया। बवाल को देखते हुए कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह और तमाम प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने के लिए पहुंचे लेकिन लोगों ने उनकी बात नहीं मानी।

*************************

 

कर्नाटक चुनाव: टिकट नहीं मिलने पर बीजेपी विधायक ने छोड़ी पार्टी

बेंगलुरू 13 April, (एजेंसी): मुदिगेरे निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक एम.पी. कुमारस्वामी ने 10 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची में अपना नाम नहीं आने के बाद गुरुवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

कुमारस्वामी आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से विधायक थे, लेकिन पार्टी ने उनके बजाय दीपक डोड्डैया को मैदान में उतारने का फैसला किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कुमारस्वामी को उनके अच्छा कामकाज न करने के कारण टिकट से वंचित कर दिया गया।

हाथी के हमले में एक महिला की मौत के बाद लोगों द्वारा पीछा किए जाने और पिटाई के बाद कुमारस्वामी खबरों में थे।

उन्हें चेक बाउंस के आठ मामलों में भी दोषी ठहराया गया था और फरवरी में शिकायतकर्ता को 1.23 करोड़ रुपये का भुगतान करने की सजा सुनाई गई थी।

कुमारस्वामी ने प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कटील को भेजे अपने त्याग पत्र में कहा, पार्टी में हुए घटनाक्रम से दुखी होकर मैं पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।

अपने फेसबुक लाइव में, कुमारस्वामी ने कहा कि उन्होंने विकास के साथ कभी समझौता नहीं किया और सभी जातियों और धर्मों के लोगों के साथ समान व्यवहार करने के उनके इशारे को भाजपा आलाकमान ने गलत तरीके से लिया।

उन्होंने जोर देकर कहा, यह बड़े आश्चर्य की बात है कि फसल नुकसान के लिए किसानों को मुआवजे की मांग को लेकर विधान सौध के परिसर में मेरे विरोध को भी गलत तरीके से लिया गया है।

दूसरी सूची में पार्टी ने सात विधायकों का टिकट काट दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार के प्रतिनिधित्व वाले हुबली-धारवाड़ केंद्रीय निर्वाचन क्षेत्र और पूर्व मंत्री के.एस. ईश्वरप्पा के इलाके शिवमोग्गा से अभी उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया गया है।

भाजपा को अभी 12 उम्मीदवारों के टिकट की घोषणा करनी है। राज्य में 10 मई को मतदान होगा और नतीजे 13 मई को आएंगे।

*************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन विपरीत फल देने वाला रहेगा। पूर्व निर्धारित योजनाएं अधूरी या असफल हो सकती है। कार्य क्षेत्र पर मनमानी के कारण आर्थिक हानि होगी। आज आप बिना विचारे कोई भी कार्य ना करें। स्वाभाव में जल्दबाजी अधिक रहेगी। सरकारी कार्यो में भी विलम्ब होगा। सामाजिक क्षेत्र पर अधिक बोलने से बचें। विरोधी आज आपकी गलती खोजने के लिए तैयार रहेंगे। स्त्री-संतान से भी संबंधों में कड़वाहट आ सकती है। सेहत को लेकर अशांकित रहेंगे। बाहर के खान पान से परहेज करें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आपका आज का दिन छोटी मोटी उलझनों को छोड़ सामान्य ही रहेगा। व्यवस्तता अधिक रहने से पारिवारिक आवश्यकताओ पर ध्यान नहीं दे पाएंगे। सेहत की अनदेखी करना आगे भारी पड़ सकता है। काम धंधा मे पहले से सुधार आएगा धन सम्बंधित कार्य निर्विघ्न पूर्ण होंगे परंतु इसके लिए दिमागी कसरत करनी पड़ेगी। विपरीत लिंगीयो से किसी ग़लतफ़हमी के कारण मतभेद होंगे। धन से अधिक संबंधो को प्राथमिकता दें।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज परिस्थितियां आपकी आशाओं के अनुकूल रहेंगी परन्तु आज किसी विशेष व्यक्ति द्वारा भ्रम की स्थिति बनाने से असमंजस में पड़ सकते है। बिना विचारे कोई भी कार्य ना करें छोटी सी भूल लाभ को हानि में बदल सकती है। संध्या के समय स्वजनों के सहयोग से भ्रम से बाहर निकलेंगे। आर्थिक आयोजन करने के लिए भी यह समय उपयुक्त रहेगा आकस्मिक लाभ होगा। महिला मित्रो के साथ नजदीकियां बढ़ेंगी। अनीतिक कार्यों से बचे, मार्ग भंग होने के योग भी है।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज के दिन आपका स्वास्थ्य उत्तम रहने से मानसिक रूप से किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगे। अपनी पुरानी योजनाओं को सिरे चढ़ायेंगे परिस्थितियां भी आपके साथ रहने से कार्यो में सफलता सुनिश्चित रहेगी। व्यवहार में थोड़ा रूखापन रहने से बीच-बीच में व्यवधान भी आएंगे परन्तु इनसे पार पा लेंगे। आज कम् साधन होने पर भी कार्यो को आत्मविश्वास से करेंगे। घरेलु दिनचर्या सामान्य रहेगी। उत्तम भोजन वाहन का सुख मिलेगा।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज के दिन का पहला भाग कुछ परेशानी वाला रहेगा। कहीं से कोई भी आशा नहीं दिखने से बेचैन रहेंगे। घर का वातावरण अशान्त रहने से मानसिक स्थिति बिगड़ेगी क्रोध में आकर कोई निर्णय ना ले बाद में पश्चाताप होगा। दोपहर के बाद स्थिति में सुधार आने लगेगा। परिजनों की ही सहायता अथवा मार्गदर्शन से बिगड़े काम बनेंगे। किसी वरिष्ठ व्यक्ति का सहयोग मिलने से आर्थिक समस्या सुलझेंगी लेकिन आज खर्च सोच समझ कर ही करें। खान-पान में संयम बरतें।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज के दिन आपमें उतावलापन अधिक रहेगा जिसके कारण समस्याएं सुधरने की जगह और गहरी हो सकती है। नए कार्य का आरम्भ आज ना करें। किसी के जमानती भी ना बने। सेहत में उतार चढ़ाव आने से कार्य क्षेत्र पर उदासीनता रहेगी फिर भी खर्च लायक लाभ होने से स्थिति बराबर रहेगी। परिवार के बुजुर्गो की राय अवश्य लें। किसी पारिवारिक सदस्य के कारण सामाजिक प्रतिष्ठा में कमी आ सकती है। सन्तानो पर विशेष नजर रखे। धार्मिक यात्रा के अवसर मिलेंगे।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज दिन का पहला भाग आलस्य के कारण बेकार हो सकता है। लेट-लतीफी के कारण कार्य बिगडऩे की संभावना है। कार्य क्षेत्र पर अधूरे कार्यो को लेकर परेशानी में पड़ सकते है फिर भी धन लाभ के योग है मध्यान के बाद अधिकांश कार्य आपके परिश्रम से सुधरने लगेंगे। रिश्तेदारी के व्यवहार से लाभ होने की सम्भवना है परन्तु पहले खर्च भी करना पड़ेगा। सहकर्मियों से पहले नाराजगी रहेगी बाद में स्थिति सामान्य हो जायेगी। सेहत मे कुछ विकार आने की सम्भावना है।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन आपकी आशाओं की पूर्ति कराने वाला रहेगा। दिन भर मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ्य रहेंगे। झगड़ो को टालने के लिए छोटी-मोटी बातों को अनदेखा करें। कार्य क्षेत्र पर परिश्रम के अनुसार लाभ मिलेने से संतोष रहेगा। नए कार्यो में निवेश कर सकते है। पैतृक संपत्ति के मामलो में उलझने रहेंगी परन्तु पारिवारिक सदस्यों में आपसी सामंजस्य बना रहेगा। किसी से बहस ना करें। यात्रा की योजना अंत समय मे टल सकती है।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन अशुभ फलदायी रहेगा। घर एवं बाहर आज विवेक से कार्य करें। आर्थिक समस्याओं को लेकर भविष्य की चिंता सताएगी। परिजन भी आज आपके रूखे व्यवहार के कारण दूरी बना कर रखेंगे। कार्य क्षेत्र पर भी व्यवहारिकता की कमी के चलते लाभ होते होते हाथ से निकल जाएगा। दवाओं पर खर्च करना पड़ेगा। छाती में संक्रमण अथवा गले सम्बंधित परेशानी रहेगी। सन्तानो से स्वार्थयुक्त सम्बन्ध रहेंगे। आज किसी के भी ऊपर आँख बंदकर विश्वास ना करें।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन सभी प्रकार से लाभ देने वाला रहेगा परन्तु आज आपको किसी अच्छे मार्गदर्शक की आवश्यकता पड़ेगी। व्यवहार में गर्मी रहने से बीच-बीच में वातावरण अशान्त भी हो सकता है। सहकर्मियों की लापरवाही भी विवाद का कारण बनेगी परन्तु धन लाभ आज अवश्य होगा। परिजनो की इच्छा पूर्ती करने से घर में सुख शांति रहेगी। लंबी यात्रा यथासंभव टालें स्वास्थ्य बिगडऩे की संभावना है। विरोधी आपसे बच कर रहेंगे। किसी दूर रहने वाले स्वजन से मनमुटाव हो सकता है।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज के दिन आप राहत का अनुभव करेंगे। कार्यो को लेकर पहले थोड़ा आशंकित रहेंगे परन्तु एक बार सफलता मिलने पर यही क्रम दिन भर बना रहेगा। आर्थिक दृष्टिकोण से दिन बेहद खास रहेगा परन्तु उधार के व्यहार आज ना ही करें तो बेहतर रहेगा। नौकरी पेशा जातक आज भी व्यस्तता के चलते घर में आलोचना का शिकार बनेंगे लेकिन सामाजिक स्तर पर आपकी छवि निखरेगी। स्वास्थ्य थोड़ा नरम रहेगा। लम्बी यात्रा की योजना बनाएंगे इस पर खर्च भी होगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज का दिन आपके लिए थोड़ा राहत वाला रहेगा लेकिन फिर भी कार्यो के प्रति लापरवाही दिखाएंगे फलस्वरूप महत्त्वपूर्ण कार्य अधूरे रहंगे एवं लाभ के अवसर हाथ से निकल सकते है। मौज-शौक के प्रति आज अधिक आकर्षण रहेगा फिजूल खर्च बढ़ेंगे। सरकार की तरफ से कोई परेशान करने वाला समाचार मिल सकता है। यात्रा-पर्यटन की योजना बनेगी। आर्थिक दृष्टिकोण से आज अन्य के ऊपर निर्भर रहेंगे। चोरी एवं दुर्घटना के योग है सावधानी बरतें। संध्या के समय स्वास्थ्य मे विकार आने की संभावना है।

*****************************

 

 

बठिंडा मिलिट्री स्टेशन पर फायरिंग का आरोपी जवान गिरफ्तार, पूछताछ जारी

बठिंडा 12 अपै्रल,(एजेंसी)। बठिंडा मिलिट्री कैंप में फायरिंग करने वाले को गिरफ्तर कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी कोई और नहीं बल्कि कैंप का ही जवान है। फिलहाल जवान से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही पता चल पाएगा कि उसने गोलीबारी क्यों की। फायरिंग की घटना में 4 सैनिकों की मौत के बाद सेना ने कहा कि घटना की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए अफवाहों से बचें और अटकलों से दूर रहें। भारतीय सेना के मुताबिक बठिंडा मिलिट्री स्टेशन के अंदर सुबह करीब 4 बचकर 35 मिनट पर फायरिंग की घटना की सूचना मिली। स्टेशन क्विक रिएक्शन टीमों को सक्रिय किया गया। इलाके की घेराबंदी कर सील कर दिया गया। चार हताहतों की सूचना दी गई है।

बठिंडा सैन्य स्टेशन पर फायरिंग की घटना कि कुछ देर बाद भारतीय सेना (मुख्यालय एसडब्ल्यू कमांड) ने एक आधिकारिक वक्तव्य में बताया कि अब तक जांचकर्ताओं को यह पता चला है कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, आर्टलरी इकाई में तैनात सेना के चार जवानों ने घटना के दौरान लगी बंदूक की गोली से दम तोड़ दिया। सेना के मुताबिक इन जवानों के अलावा अन्य सैन्यकर्मियों को कोई अन्य चोट या संपत्ति के नुकसान अथवा क्षति की सूचना नहीं मिली है।

सेना के मुताबिक घटना के बाद इस पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और मामले के तथ्यों को स्थापित करने के लिए पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त जांच की जा रही है। भारतीय सेना के मुताबिक यहां से दो दिन पहले लापता हुए 28 राउंड के साथ एक इंसास राइफल के शामिल होने के संभावित मामले सहित सभी पहलुओं का पता लगाया जा रहा है। सेना ने कहा कि इसमें शामिल संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए, उनका अनुरोध है कि अफवाहों से बचें और अटकलों से दूर रहा जाए।

***********************************

 

कार के बोनट में बैठकर स्टंटबाजी करना पड़ा महंगा, पुलिस ने ठोका 25 हजार का चालान

ग्रेटर नोएडा 12 अपै्रल,(एजेंसी)। नोएडा ग्रेटर नोएडा में स्टंटबाज स्टंट करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ग्रेटर नोएडा में एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक कार के बोनट पर बैठकर कुछ युवक स्टंट कर रहे हैं। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया और इस मामले में कार्रवाई करते हुए गाड़ी नंबर के आधार पर उसका 25000 का चालान भी काट दिया है।

इंस्टाग्राम पर व्यूज और लाइक बढ़ाने के लिए युवा लगातार अपनी जान को जोखिम में डाल रहे हैं और स्टंटबाजी करके दूसरे की जान को भी जोखिम में डाल रहे हैं। लगातार इस तरह के वीडियो सामने आ रहे हैं, जिसमें गाडिय़ों पर गलत तरीके से ड्राइविंग करते हुए सोशल मीडिया की रील्स बनाई जा रही हैं। ऐसी ही एक वीडियो ग्रेटर नोएडा में वायरल हो रहा है, जोकि नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सेक्टर 149 का बताया जा रहा है।

वायरल वीडियो में एक गाड़ी के बोनट पर दो युवक सवार हैं,जबकि दो युवक गाड़ी की खिड़कियों से बाहर की तरफ निकले हुए हैं। गाड़ी की खिड़की से बाहर निकला हुआ युवक बोनट पर बैठे दोनों युवकों का वीडियो भी बना रहा है।

बैकग्राउंड में गाना भी चल रहा है और यह वीडियो एक मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार से गाड़ी चला कर बनाया जा रहा है। युवाओं के द्वारा यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाला गया और उसके बाद वायरल हो गया।

जिसके बाद लोगों ने भी इस वीडियो को ट्वीट कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने इस मामले में गाड़ी नंबर के आधार पर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। नोएडा की ट्रैफिक पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर उसका 25000 का चालान काट दिया है। वहीं नॉलेज पार्क थाना पुलिस नंबर को ट्रेस कर स्टंटबाजों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि स्टंटबाजो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

****************************

 

भारत में कोविड के सक्रिय मामलों की संख्या 40,000 के पार

नई दिल्ली 12 April, (एजेंसी): भारत में बुधवार को बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 7,830 नए मामले सामने आए जिससे देश में कुल मामलों की संख्या 40,215 हो गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बुधवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। आंकड़ों के मुताबिक, डेली और वीकली पॉजिटिविटी रेट वर्तमान में क्रमश: 3.65 प्रतिशत और 3.83 प्रतिशत है।

वहीं, इसी अवधि में महामारी से 4,692 मरीज ठीक भी हुए हैं। जिससे कोविड से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 4,42,04,771 हो गई।

इसके अलावा, इसी अवधि में, 2,14,242 टेस्ट किए गए, जिससे कुल संख्या बढ़कर 92.32 करोड़ हो गई।

साथ ही पिछले 24 घंटे में 441 डोज दी गई। देश में अब तक 220.66 करोड़ वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।

सक्रिय मामले 0.09 प्रतिशत और रिकवरी दर 98.72 प्रतिशत है।

**************************

 

निलंबित IAS पूजा सिंघल ने कोर्ट में किया सरेंडर

रांची 12 April, (एजेंसी): मनरेगा एवं माइनिंग घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की आरोपी निलंबित आईएएस पूजा सिंघल ने अदालत से मिली अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के बाद बुधवार को ईडी कोर्ट में सरेंडर किया। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। यह तीसरी बार है, जब वह इस मामले में जेल भेजी गई हैं। सिंघल ने जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है, जिसपर कल यानी गुरुवार को सुनवाई होनी है।

फरवरी 2023 में उनकी बेटी के मेडिकल ग्राउंड पर दो महीने के लिए अंतरिम जमानत मिली थी। इसके पहले भी बीते 4 जनवरी को कोर्ट ने इसी आधार पर उन्हें सशर्त जमानत प्रदान की थी। इस दौरान उन्हें झारखंड से बाहर रहने का निर्देश दिया गया था।

बता दें कि मनी लॉन्ड्रिंग के इस मामले में पूजा सिंघल पर पीएमएलए कोर्ट में बीते दिनों आरोप तय कर दिए गए हैं और उनके खिलाफ ट्रायल की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। ईडी की ओर से पूजा सिंघल समेत अन्य के खिलाफ दाखिल की गई गई चार्जशीट में बताया गया है कि चतरा, खूंटी और पलामू में डीसी रहते हुए उनके खाते में सैलरी से 1.43 करोड़ अधिक आए थे।

ईडी ने इन तीनों जिलों में उनके डीसी के कार्यकाल के दौरान के अलग-अलग बैंक खातों व दूसरे निवेश की जानकारी जुटाई। खूंटी में मनरेगा का घोटाला फरवरी 2009 से जुलाई 2010 के बीच हुआ। उस समय पूजा सिंघल वहां की डीसी थीं।

ईडी ने पिछले साल 6 मई को तत्कालीन खान सचिव पूजा सिंघल के सरकारी व निजी आवास, उनके पति अभिषेक झा और उनके सीए सुमन सिंह समेत 25 ठिकानों पर छापेमारी की थी। सीए सुमन सिंह के आवास से ईडी को 19.31 करोड़ रुपए नगद बरामद हुए थे। इसके बाद 11 मई को ईडी ने पूजा सिंघल को गिरफ्तार किया था।

******************************

राजस्थान को मिली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस, PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली 12 April, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजस्थान को अजमेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात दी है। इस मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजस्थान की धरती को आज पहली वंदे भारत ट्रेन मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को राजस्थान की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान पीएम मोदी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली कैंट-अजमेर वंदे भारत एक्सप्रेस से जयपुर और दिल्ली के बीच आना-जाना और आसान हो जाएगा। यह ट्रेन राजस्थान की टूरिज्म इंडस्ट्री को भी मदद करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कहा, ‘मुझे खुशी है कि वंदे भारत ट्रेन आज विकास, आधुनिकता, आत्मनिर्भरता और स्थिरता का पर्याय बन चुकी है। आज की वंदे भारत की यात्रा कल हमें विकसित भारत की यात्रा की ओर ले जाएगी।’ उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक सेमी हाई स्पीड ट्रेन है, जो मेड इन इंडिया है। वंदे भारत पहली ऐसी ट्रेन है जो इतनी कंपैक्ट और एफिशिएंट है। वंदे भारत पहली ट्रेन है, जो स्वदेशी सेफ्टी सिस्टम कवच के अनुकूल है।

पीएम मोदी ने इसके साथ ही कहा कि जब से ये आधुनिक ट्रेनें (वंदे भारत) शुरू हुई हैं, तब से करीब करीब 60 लाख लोग इन ट्रेनों में सफर कर चुके हैं। तेज रफ़्तार वंदे भारत की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि ये लोगों का समय बचा रही है। तेज रफ़्तार से लेकर खूबसूरत डिजाइन तक… वंदे भारत ट्रेन तमाम खूबियों से संपन्न है। इन्हीं सब खूबियों को देखते हुए आज देश में वंदे भारत ट्रेन का गौरवगान हो रहा है।’

इसके साथ उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले ट्रेनों को राजनीति का अखाड़ा बनाया गया। पीएम मोदी ने कहा, ‘आजादी के बाद रेलवे के आधुनिकीकरण पर हमेशा राजनीतिक स्वार्थ हावी रहा। राजनीतिक स्वार्थ को देख कर ही तय किया जाता था कि कौन रेल मंत्री बनेगा, राजनीतिक स्वार्थ ने ही ऐसी-ऐसी ट्रेनों की घोषणा करवाई जो कभी चली ही नहीं। हालत यह थी कि गरीब की जमीन छीन कर उन्हें रेलवे में नौकरी का झांसा दिया गया। रेलवे की सुरक्षा… स्वच्छता सबकुछ को नजरअंदाज कर दिया गया था। इन सारी व्यवस्थाओं में बदलाव वर्ष 2014 के बाद आना शुरू हुआ।’

इस दौरान प्रधानमंत्री ने राजस्थान को लेकर उनकी सरकार में चलाए गए कामों का जिक्र करते हुए कहा, ‘शूरवीरों की धरती राजस्थान को आज हमारी सरकार नई संभावनाओं और अवसरों की धरती बना रही है। राजस्थान देश के शीर्ष पर्यटन स्थलों में से एक है। राजस्थान की कनेक्टिविटी को लेकर बीते वर्षों में जो काम सरकार ने किया है, वो अभूतपूर्व है। केंद्र सरकार राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी लगभग 1,400 किलोमीटर सड़कों पर काम कर रही है। हमारी सरकार रोड के साथ ही राजस्थान में रेल कनक्टिविटी को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।’

********************************

 

मुश्किलों में घिरे तेजस्वी यादव, लैंड फॉर जॉब केस में ED ने बनाया आरोपी, मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज

पटना 12 April, (एजेंसी): जमीन के बदले नौकरी घोटाले में उलझे लालू यादव के परिवार की मुश्किलें कम नहीं हो रही है। लालू यादव के बेटे व बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मंगलवार को इडी की नयी दिल्ली स्थित दफ्तर में हाजिर हुए। ईडी के अधिकारियों ने नौ घंटे से भी अधिक समय तक तेजस्वी यादव से पूछताछ की। इस दौरान उनसे आमदनी और परिवार की संपत्ति से जुड़े सवाल पूछे गए।

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सीबीआई की एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत अलग से मामला दर्ज किया। इसमें तेजस्वी यादव को आऱोपी बनाया गया।

रेलवे में कथित जमीन के बदले नौकरी घोटाले में सीबीआई की दर्ज एफआईआर में तेजस्वी यादव पहले से आरोपी हैं। बीते 25 मार्च को सीबीआई ने भी उनसे करीब 8 घंटे तक पूछताछ की थी। हालांकि, सीबीआई द्वारा कोर्ट में दी गई चार्जशीट में तेजस्वी का नाम नहीं है। केंद्रीय जांच एजेंसी इसी महीने सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर करने वाली है, जिसमें तेजस्वी को भी आरोपी बनाया जा सकता है।

दूसरी ओर, ईडी ने भी तेजस्वी यादव पर पूरी तरह शिकंजा कस लिया है। उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग केस में आरोपी बनाकर जांच की जा रही है। ऐसे में डिप्टी सीएम की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

गौर हो कि लैंड फॉर जॉब केस में शुरुआत में तेजस्वी यादव का नाम नहीं आया था। मगर जैसे-जैसे जांच का दायरा बढ़ा, दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी में स्थित एक बंगले का जिक्र आया। जांच में पता चला कि यह बंगला एक निजी कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड है जिसके मालिक तेजस्वी यादव और उनकी बहन हैं। तेजस्वी इस कंपनी के डायरेक्टर भी रह चुके हैं। बंगले की कीमत करीब 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

आरोप है कि लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री रहते हुए रेलवे में नौकरी देने के बदले लोगों से बेशकीमती जमीनों को कौड़ियों के दाम खरीदा गया था। उसमें दिल्ली की फ्रेंड्स कॉलोनी वाला बंगला भी शामिल है।

***************************

 

भीषण गर्मी और हीटवेव की चेतावनी, 10वीं तक के सभी स्‍कूलों में छुट्टियों का ऐलान

नई दिल्ली 12 April, (एजेंसी): भीषण गर्मी के कारण ओडिशा के स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। ओडिशा सरकार ने नए आदेश जारी किए हैं कि राज्य के सभी स्कूल, चाहे वे प्राइवेट हों या सरकारी, 10वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए 16 अप्रैल, तक बंद रहेंगे। नए आदेश में राज्‍य सरकार ने कहा है कि आज से सभी आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

11 अप्रैल 2023 को, राज्य सरकार ने कहा था कि गर्मी की लहर के कारण कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के लिए स्कूल की टाइमिंग में संशोधन किया गया है। जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, कक्षाएं सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित की गई थीं।

तापमान में अचानक वृद्धि के कारण, राज्य सरकार ने अब 16 अप्रैल तक सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। कक्षा 11 और 12 तथा कॉलेजों के लिए क्‍लासेज़ की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। राज्य सरकार ने भीषण गर्मी के चलते छात्रों की उचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को तैयार रहने की सलाह दी है।

*********************************

 

यूपी: नाबालिग के अपहरण के आरोपी ने थाने में खुद को किया घायल

कानपुर 12 April, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के कानपुर में 15 वर्षीय लड़की के अपहरण के आरोपी 35 वर्षीय व्यक्ति ने थाने में स्टील के मग के किनारे से खुद को घायल कर लिया। घटना का पता तब चला, जब पुलिसकर्मियों ने देखा कि आरोपी के गले से काफी खून बह रहा है और वह दर्द से कराह रहा है।

पुलिस ने उसे हवासपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उसे कानपुर के लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।

पुलिस ने कहा कि मंगलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कानपुर देहात के टिकुरिया टोला चौराहे के आलोक गुप्ता ने 27 मार्च को एक 15 वर्षीय लड़की का कथित रूप से अपहरण कर लिया था।

उसी दिन लड़की के पिता ने आईपीसी की धारा 363 और 366 के तहत मंगलपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। सोमवार को पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी को दबोच लिया और नाबालिग लड़की को उसके कब्जे से छुड़ा लिया।

बाद में उसे थाने लाया गया जहां उसने खुद को जख्मी कर लिया।

*************************

 

दोस्त-दुश्मन की पहचान में नाकाम, अपना ही हेलिकॉप्टर गिराने वाले ग्रुप कैप्टन की बर्खास्तगी के आदेश

नई दिल्ली 12 April, (एजेंसी): भारतीय वायुसेना ने बालाकोट एयर स्ट्राइक के दौरान श्रीनगर में अपने ही एक एमआई-17 हेलिकॉप्टर पर मिसाइल दागने के आरोप में श्रीनगर वायु सेना स्टेशन के तत्कालीन सीओओ ग्रुप कैप्टन सुमन रॉय चौधरी को बर्खास्त करने का आदेश दिया है।

बता दें कि ये मामला आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के पाकिस्तान स्थित ठिकाने बालाकोट में इंडियन एयरफोर्स के एयरस्ट्राइक के एक दिन बाद का है। 27 फरवरी 2019 को हुई इस घटना में इंडियन एयरफोर्स के Mi-17 V5 हेलिकॉप्टर को एक मिसाइल से निशाना बनाया गया था।

ये घटना 27 फरवरी की है। इससे पहले 26 फरवरी को इंडियन एयरफोर्स के मिराज विमानों ने पाकिस्तान के बालाकोट में घुसकर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के अड्डे को नेस्तानाबूद कर दिया था। इस हमले के बाद पाकिस्तान बौखलाया हुआ था। 27 तारीख की सुबह पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में भारत के सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की थी। इस दौरान आसमान में भारत और पाकिस्तान के फाइटर एयरक्रॉफ्ट में भीषण जंग हुई थी।

वायुसेना द्वारा गठित कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के अनुसार इसी वक्त Mi-17 V5 हेलिकॉप्टर को गलती से इंडियन एयरफोर्स के जमीन से हवा में मार करने वाले मिसाइल ने निशाना बनाया था। इसके बाद ये हेलिकॉप्टर बडगाम में क्रैश हो गया था। उस वक्त ये हेलिकॉप्टर श्रीनगर वापस आ रहा था। मिसाइल की चोट से इस हेलिकॉप्टर में बैठे वायुसेना के 6 जवान और एक नागरिक की मौत हो गई थी।

*************************

 

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी, मांगी अतिरिक्त मानवीय सहायता

नई दिल्ली 12 April, (एजेंसी): रूस के साथ पिछले एक साल से अधिक समय जंग लड़ रहे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी भेजी है। इस चिट्ठी में उन्होंने पीएम मोदी से यूक्रेन के लिए अतिरिक्त मानवीय सहायता भेजने का अनुरोध किया है।

यह अनुरोध ऐसे समय आया है जब यूक्रेन की उप विदेश मंत्री एमीन जापारोवा भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर आई हुई हैं। जापारोवा ने कल भारत की उप विदेश मंत्री मीनाक्षी लेखी से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी को संबोधित राष्ट्रपति जेलेंस्की की यह चिट्ठी उन्हें सौंपी थी।

विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान में यह जानकारी देते हुए बताया गया कि ‘यूक्रेनी मंत्री ने यह भी प्रस्ताव दिया कि यूक्रेन में बुनियादी ढांचे का पुनर्निर्माण भारतीय कंपनियों के लिए एक अवसर हो सकता है।’

*************************

 

बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में फायरिंग कोई आतंकी हमला नहीं, पंजाब सरकार ने मांगी रिपोर्ट- रक्षामंत्री को जानकारी देंगे सेना प्रमुख

बठिंडा 12 April, (एजेंसी): बठिंडा के सबसे बड़े मिलिट्री स्टेशन पर गोलीबारी की घटना में चार जवानों की मौत हो गई। ये घटना आज सुबह साढ़े 4 बजे की बताई जा रही है। फायरिंग की वजह का अभी पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद स्टेशन क्विक रिस्पॉन्स टीमों को एक्टिव कर दिया गया है और पूरे इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि 2 दिन पहले गार्ड रूम से एक राइफल और 28 कारतूस भी गायब हो गए थे।

वहीं बठिंडा के एसएसपी जीएस खुराना ने इस मामले में कहा है कि ये कोई आतंकी हमला नहीं है। उन्होंने कहा कि यह फौज का अंदरूनी मामला लग रहा है। हम सेना के साथ संपर्क में बने हुए हैं। दूसरी ओर पंजाब सरकार ने भी बठिंडा पुलिस से फायरिंग की घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। पुलिस से जल्द से जल्द यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को देने को कहा गया है।

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस घटना के बारे में सेना से रिपोर्ट मांगी है। आर्मी चीफ जनरल मनोज पांडे उन्हें रिपोर्ट देंगे। सेना की दक्षिण पश्चिमी कमान ने एक बयान में कहा कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और त्वरित प्रतिक्रिया दल तलाशी अभियान चला रहे हैं। सेना ने भी इसे कहा है कि ये कोई आतंकी हमला नहीं है।

*************************

 

नहीं रहे केशब महिंद्रा, 99 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

नई दिल्ली 12 April, (एजेंसी): भारत के सबसे उम्रदराज अरबपति और महिंद्रा एंड महिंद्रा के एमेरिटस चेयरमैन केशब महिंद्रा का आज यानि बुधवार 99 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। INSPACe के अध्यक्ष पवन के गोयनका ने अपने ट्विटर हैंडल पर इसकी जानकारी दी है। हाल ही में जारी फोर्ब्स की 2023 की बिलेनियर्स लिस्ट में उन्हें भारत के 16 नए अरबपतियों में शामिल किया गया था। वे अपने पीछे 1.2 अरब डॉलर की संपत्ति छोड़ गए हैं। उन्होंने 48 वर्षों तक महिंद्रा ग्रुप का नेतृत्व करने के बाद 2012 में चेयरमैन का पद छोड़ दिया था।

दिवंगत केशब महिंद्रा ने 1947 में अपने पिता की कंपनी में काम करना शुरू किया था। इसके बाद 1968 में उन्हें महिंद्रा ग्रुप का चेयरमैन बनाया गया था। केशब महिंद्रा, उद्योगपति आनंद महिंद्रा के चाचा थे और अभी तक महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरमैन एमेरिटस थे। साल 2012 में उनके ग्रुप चेयरमैन पद से रिटायर होने के बाद आनंद महिंद्रा को ये जिम्मेदारी मिली थी।

केशब महिंद्रा 9 अक्टूबर 1923 को शिमला में हुआ था। उनके निधन पर पूरी कॉरपोरेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उम्र का शतक लगाने से ठीक पहले अरबपतियों की लिस्ट में वापसी करने को लेकर वे बीते दिनों सुर्खियों में थे और कुछ दिन बाद ही उनके निधन की खबर आई। भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र (INSPACe) के अध्यक्ष पवन गोयनका ने ट्वीट के जरिए शोक व्यक्त किया।

गोयनका ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘औद्योगिक जगत ने आज सबसे बड़ी शख्सियतों में से एक को खो दिया है। केशब महिंद्रा का कोई मुकाबला नहीं था, सबसे अच्छे व्यक्ति को जानने का मुझे सौभाग्य मिला। मैं हमेशा उनसे मिलने के लिए उत्सुक रहता था और मैं उनसे बहुत प्रेरित था। ओम शांति’

केशब महिंद्रा कंपनी कानून और मोनोपोलिस्टिक एंड रेस्ट्रिक्टिव ट्रेड प्रैक्टिसेज (MRTP)और सेंट्रल एडवाइजरी काउंसिल ऑफ इंडस्ट्रीज सहित विभिन्न सरकारी समितियों में भी अहम भूमिकाओं में शामिल रहे थे। साल 2004 से 2010 तक महिंद्रा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन प्रधानमंत्री की व्यापार और उद्योग परिषद के सदस्य रहे थे। 99 साल की उम्र में दुनिया छोड़कर जाने वाले दिग्गज उद्योगपति केशब महिंद्रा ने टाटा स्टील, टाटा केमिकल्स, आईसीआईसीआई, आईएफसी, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड और इंडियन होटल्स जैसी कंपनियों के बोर्ड और काउंसिल में भी काम किया है।

************************

 

कोरोना को लेकर कोई ढील बरतने के मूड में नहीं मोदी सरकार, 33,685 स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों में की मॉक ड्रिल

नई दिल्ली 11 April, (एजेंसी)-कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए देशभर में आयोजित की गई दो दिन की कोविड मॉक ड्रिल मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने यहां बताया कि कोविड के खिलाफ लड़ाई में बड़े पैमाने पर देशव्यापी अभ्यास में 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 724 जिलों में दो दिवसीय मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक आयोजित की गई।

कई राज्यों में कोविड संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 28 मार्च, को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को लिखा था और 10 और 11 अप्रैल, को सभी स्वास्थ्य सुविधाओं केंद्र में मॉक ड्रिल आयोजित करने को कहा था।

मॉक ड्रिल में कुल 33,685 स्वास्थ्य सुविधा केंद्र शामिल किए गए। इसमें 28,050 सरकारी और 5,635 निजी स्वास्थ्य सुविधा केंद्र शामिल हैं। सरकारी सुविधाओं में सरकार शामिल है।

मॉकटेल में मेडिकल कॉलेज, सरकारी अस्पताल, जिला सिविल अस्पताल, सीएचसी के साथ-साथ एचडब्ल्यूसी और पीएचसी, निजी स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों ने भाग लिया।

मॉक ड्रिल के दौरान ऑक्सीजन बेड, आइसोलेशन बेड, वेंटिलेटर, पीएसए प्लांट, एलएमओ, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ-साथ दवाओं और पीपीई किट सहित महत्वपूर्ण चिकित्सा बुनियादी ढांचे और संसाधनों की जांच की गयी।

राष्ट्रव्यापी मॉक ड्रिल की तैयारी के लिए राज्य और जिला निगरानी इकाइयों के साथ ऑनलाइन तीन दिन का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। इन प्रशिक्षणों में राज्य और जिला निगरानी इकाइयों द्वारा निभाई जाने वाली भूमिका पर ध्यान केंद्रित किया गया था।

*****************************

 

मेरे भाई की मदद के लिए कोई नहीं.. ये कहते हुए इमोशनल हुईं प्रियंका गांधी

वायनाड 11 April, (एजेंसी) -कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि सरकार के पास कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सवालों का जवाब नहीं था इसलिए उसकी संसद की सदस्यता को ही रद्द कर दिया गया।

वाड्रा ने केरल के वायनाड में गांधी के साथ एक विशाल जनसभा को मंगलवार को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता (गांधी) को सरकार से सिर्फ सवाल पूछने के कारण अयोग्य घोषित किया गया।

उनका कहना था कि गांधी को एक ऐसा सवाल पूछने के लिए अयोग्य ठहराया गया था जिसका भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग जवाब नहीं दे सके।

उन्होंने कहा कि भाजपा हमारे लोकतंत्र को खत्म करने में तुली है। पूरी मोदी सरकार गौतम अडानी का बचाव करने की कोशिश कर रही है। खुद प्रधानमंत्री अडानी के बचाव में लगे हुए हैं।

प्रधानमंत्री हर दिन अपने ‘ड्रेसिंग स्टाइल’ में बदलाव कर रहे हैं, लेकिन मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम लोगों की जीवनशैली में कोई बदलाव नहीं आया है। आम युवा नौकरी के लिए संघर्ष कर रहा है।

वाड्रा ने अपने भाई राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा, “जब मैं 2019 में वायनाड आई थी तो मैंने आप लोगों को अपने भाई के बारे में बहुत कुछ बताया था। आज मुझे पूरा विश्वास है कि वायनाड के लोग पूरी तरह समझ चुके हैं कि राहुल गांधी कौन हैं।

आप जानते हैं कि गांधी एक ईमानदार, सच्चा इंसान और बहादुर व्यक्ति है और वह उन लोगों की ताकत के सामने भी निडर होकर खड़े हैं जो उन्हें चुप कराना चाहते हैं।” गांधी की संसद की सदस्यता खत्म करने के बाद बंगला खाली के लिए उनके घर पर हुए काम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “मैं राहुल के घर में उनका फर्नीचर पैक कर रही थी।

मुझे पैकिंग करते हुए ध्यान आ रहा था कि कुछ साल पहले मैंने भी अपना घर खाली किया था।

तब मेरे बच्चे और मेरा पति हमारे घर का सामान समेटने ने मुझे मदद कर रहे थे, लेकिन मेरे भाई के पास उनकी मदद करने के लिए अपना परिवार नहीं है, भले ही हम सब उनके साथ खडे हैं।”

*****************************

 

पति को जंजीरों से बांधकर कमरे में किया कैद, तीन दिन रहा भूखा-प्यासा, पुलिस ने काटी बेडिय़ां

बिजनौर 11 अपै्रल,(आरएनएस)। पतियों द्वारा पत्नियों पर जुल्मों की खबरें अक्सर आती हैं लेकिन अब पतियों को भी पत्नियों के जुल्मों का शिकार होना पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में नूरपुर थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही मामला सामने आया है।

यहां एक महिला ने अपने पति को जंजीरों से बांधकर घर के एक कमरे में कैद कर दिया। तीन दिन तक पति भूख प्यास से तड़पता रहा।

मंगलवार को सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेडिय़ां काटी और उसे बंधनमुक्त कराया।  पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

जानकारी के अनुसार जिले के नूरपुर थानाक्षेत्र में मुरादाबाद मार्ग स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे से किसी व्यक्ति के कराहने की आवाज आई तो राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में एक व्यक्ति कमरे की खिड़की पर लेटा था और उसके हाथ-पांव जंजीरों से बंधे थे। पुलिस ने जांच पड़ताल कर व्यक्ति को पानी पिलाया और बेडिय़ां काटकर उसे बंधनमुक्त कराया।

मोहल्ला रामनगर निवासी मोहम्मद हाशिम मुरादाबाद रोड पर एक अस्पताल चलाता है। उसकी पत्नी आफरीन वहां मरीजों को देखती है। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि मोहम्मद हाशिम को उसकी पत्नी ने कमरे में कैद कर रखा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरा खुलवाया तो हाशिम वहां जंजीरों से बंधा पड़ा था।

पुलिस ने उसे बंधन मुक्त कराकर पीएचसी में भर्ती कराया। हाशिम ने बताया कि उसे पत्नी ने तीन दिन से जंजीरों से बांधकर कमरे में बंद कर रखा था। इस दौरान उसे खाना-पानी भी नही दिया गया। उसने पुलिस को पत्नी आफरीन के खिलाफ तहरीर दी है।

थानाध्यक्ष नीरज शर्मा ने बताया कि हाशिम व उसकी पत्नी में काफी दिनों से विवाद चल रहा है। हाशिम व उसकी पत्नी पहले भी कई बार एक दूसरे के खिलाफ शिकायत कर चुके हैं। हाशिम का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

हाशिम ने आफरीन से दूसरी शादी की थी। उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। शादी के बाद से ही दोनों में विवाद चला आ रहा है। पड़ोसियों के अनुसार हाशिम सिविल इंजीनियर है और वह काफी सालों तक कुवैत में नौकरी कर चुका है।

उसके पहली पत्नी से भी दो बच्चे हैं। नौकरी छोडऩे के बाद उसने नूरपुर में अस्पताल खोला। आफरीन इस अस्पताल में पहले नर्स थी। पत्नी की मौत होने के बाद उसने आफरीन से शादी कर ली। दोनों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद है।

पुलिस के अनुसार जल्द ही सच्चाई का पता लगा लिया जाएगा। इस संबंध में आफरीन से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उससे बात नही हो पाई।

***************************