पर आपने तो खुद इस्तीफा दे दिया… उद्धव ठाकरे को फिर से CM के रूप में बहाल करने पर बोला सुप्रीम कोर्ट

मुंबई 17 March, (एजेंसी) : सुप्रीम कोर्ट ने आश्चर्य जताया कि वह महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सरकार को कैसे बहाल कर सकता है, जबकि मुख्यमंत्री ने बहुमत परीक्षण का सामना करने से पहले ही इस्तीफा दे दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने यह टिप्पणी उस याचिका पर सुनवाई के दौरान की, जिसमें शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट ने अदालत से महाराष्ट्र के तत्कालीन राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के जून 2022 के आदेश को रद्द करने का अनुरोध किया है, जिसमें मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए कहा गया था। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में यदि गवर्नर की गलती भी हो तो भी उद्धव ठाकरे की सरकार बहाल नहीं की जा सकती।

दरअसल सुनवाई के दौरान उद्धव ठाकरे सरकार ने 2016 के अरुणाचल प्रदेश के मामले का जिक्र किया था। तब सुप्रीम कोर्ट ने नबाम तुकी की सरकार को बहाल कर दिया था और यथास्थिति का आदेश जारी किया था। उद्धव ठाकरे गुट का पक्ष रख रहे वकील कपिल सिब्बल ने 5 जजों की बेंच से मांग की थी कि तत्कालीन गवर्नर भगत सिंह कोश्यारी के फ्लोर टेस्ट के आदेश को खारिज किया जाए, जिससे पहले उद्धव ठाकरे ने इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले  सुप्रीम कोर्ट ने ही गवर्नर के फैसलों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि शिवसेना की फूट पार्टी का आंतरिक मामला थी।

इसके आधार पर सरकार का फैसला होना गलत था और राज्यपाल का फैसला राजनीतिक मामले में दखल देने जैसा था, जो उन्हें नहीं करना था। अभिषेक मनु सिंघवी ने भी उद्धव सरकार की बहाली की मांग उठाई। इस पर बेंच ने कहा, ‘आपके मुताबिक हमें क्या करना चाहिए? आपकी सरकार बहाल करनी चाहिए? लेकिन आपने इस्तीफा दे दिया था। अब कोर्ट से उस सरकार की बहाली की मांग की जा रही है, जिसने फ्लोर टेस्ट का सामना किए बिना ही सत्ता छोड़ दी थी।’

अरुणाचल प्रदेश में 2016 में भाजपा के समर्थन से कलिखो फुल सीएम बन गए थे। इसके चलते नाबाम तुकी को पद से हटना पड़ा था। यह मामला जब सुप्रीम कोर्ट पहुंचा तो उसने यथास्थिति कायम करने का आदेश दिया और पुरानी सरकार को बहाल करा दिया। इसी का जिक्र करते हुए अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि यदि गवर्नर का फैसला अवैध घोषित कर दिया जाए तो फिर उद्धव ठाकरे का इस्तीफा अप्रासंगिक हो जाएगा।

शीर्ष अदालत ने सुनवाई के दौरान लगातार 9 दिनों तक उद्धव ठाकरे गुट और एकनाथ शिंदे समूह की दलीलों को सुना और अब फैसला सुरक्षित रख लिया है। इस दौरान ठाकरे का पक्ष रखने के लिए कपिल सिब्बल, अभिषेक मनु सिंघवी, देवदत्त कामत और अमित आनंद तिवारी जैसे दिग्गज वकील मौजूद थे। इसके अलावा शिंदे गुट की तरफ से एनके कौल, महेश जेठमलानी और महिंदर सिंह जैसे वकील मौजूद थे।

********************************

 

 

अनेरी वजानी का नया गाना आवाज जल्द रिलीज होगा

17.03.2023 (एजेंसी)  –  हाल ही में रिलीज़ हुए अपने गीत, बाद मरने के’ में एक सुंदर प्रदर्शन देने के बाद, अभिनेत्री अब एक और गीत के साथ वापस आ गई है। ट्रेलर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करते हुए, अनेरी अपने नए गाने में बहुत ही शानदार लग रही हैं।

हालांकि, इस बार, संगीत वीडियो में अनेरी द्वारा निभाई गई एक गहन भूमिका का भी पता चलता है। उन्हें तुषार खन्ना के साथ एक नए अवतार में देखना काफी दिलचस्प है।गाने के बारे में बात करते हुए, अनेरी कहती हैं, थोड़ा डार्क साइड पर, यह गाना कुछ बंधनों में अशिष्ट व्यवहार को बताता है और कैसे वे कोई शोर (आवाज़) नहीं करते हैं।

सभी रिश्ते परिपूर्ण नहीं होते हैं और बदलाव करने के लिए बहुत साहस की आवश्यकता होती है। यह गाना एक अपमानजनक रिश्ते में रेह चुके उन सभी की बहादुरी, धैर्य और वीरता के बारे में है।आवाज़ की शूटिंग के अपने अनुभव को साझा करते हुए, वह आगे कहती हैं, मैं यह देखने के लिए अधीर हूं कि हर कोई इस गाने की कहानी पर कैसी प्रतिक्रिया देता है।

यह मेरे लिए वास्तव में खास है। इस पर काम करना बिल्कुल आश्चर्यजनक था क्योंकि इसने मुझे वास्तव में एक अभिनेता के तौर पे विभिन्न रंगों का अन्वेषण करने का और अपनी अभिव्यक्ति और कौशल का विस्तार करने का मौका दिया है।

अनेरी वजानी ने अपने कई म्यूजिक वीडियो और मेहनती जोश से इस इंडस्ट्री में जगह बनाई है। अनेरी वजानी ने अपने करियर की शुरुआत काली – एक पुनर अवतार’, पवित्र भाग्य’जैसे शो से की थी।

अनेरी ने अपने पहले शो निशा और उसके कजिन्स’ के साथ प्रसिद्धि हासिल की, जिसके लिए उन्हें फीमेल एक्टर ऑफ द ईयर’ अवार्ड के लिए नामांकित किया गया था और उन्होंने जेनिफर विंगेट और कुशाल टंडन के साथ बेहद’ शो में अभिनय किया तो जो काफी हिट हुआ था।

बाद में, उन्होंने वूट का सिलसिला बदलते रिश्तों का 2′ हासिल किया था। अनेरी टॉप रेटेड शो अनुपमा’ का भी हिस्सा थीं जिसमे उन्होंने मालविका उर्फ मुक्कू का किरदार निभाया था।

***********************

 

दिव्या अग्रवाल ने शॉर्ट ड्रेस में दिखाया स्टाइलिश अंदाज

17.03.2023  –  दिव्या अग्रवाल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। उनकी ग्लैमरस और बोल्ड तस्वीरें इंटरनेट पर कहर बरपाए रहती हैं। फैंस उनकी एक झलक का बेसब्री से इंतजार करते रहते हैं।

वहीं, एक्ट्रेस दिव्या अग्रवाल ने ऑरेंज कलर की आउटफिट में अपनी किलर तस्वीरें शेयर की हैं। दिव्या अग्रवाल अपनी ग्लैमरस और बोल्ड तस्वीरों से फैंस के दिलों पर बिजलियां गिराए रहती हैं। उनकी बोल्डनेस फैंस के सिर पर चढ़कर बोलती है।

ऑरेंज कलर की शॉर्ट आउटफिट में दिव्या अग्रवाल गजब की अदाएगी दिखाती नजर आ रही हैं। उनकी खूबसूरती लाजवाब लग रही है। पिंक बैग, पर्पल हील्स और स्टाइलिश ईयरिंग्स के साथ दिव्या अपना कातिलाना अंदाज दिखाती नजर आ रही हैं।

ब्यूटीफुल अंदाज में दिव्या अग्रवाल ने कई स्टाइलिश पोज दिए, जो फैंस के दिलों को बेताब किए हुए है। दिव्या अग्रवाल अपने हॉट लुक के चलते एक बार फिर सोशल मीडिया की सुर्खियों में छा गई हैं। उनकी बोल्ड तस्वीरें फैंस को काफी पसंद आ रही हैं।

इस आउटफिट में एक्ट्रेस अपना कर्वी फिगर और टोंड लेग्स फ्लॉन्ट कर रही हैं। बता दें कि दिव्या अग्रवाल ने कुछ दिन पहले ही अपूर्व पडगांवकर से सगाई की हैं, अपूर्व एख रेस्टोरेंट के मालिक हैं।

वहीं, यूजर्स एक्ट्रेस दिव्या अग्रवाल की पोस्ट पर ढेरों कमेंट्स कर रहे हैं। साथ ही फैन्स उनकी तस्वीरों पर फायर और हार्ट इमोजी की बौछार कर रहे हैं।

दिव्या अग्रवाल अपने फैंस के लिए निजी और प्रोफेशनल पलों को साझा करती रहती हैं। (एजेंसी)

******************************

 

मेकअप का जरूरी हिस्सा हैं ब्लश, स्किन टोन के अनुसार करें इसका चुनाव

17.03.2023  –  मेकअप करना हर महिला को पसंद होता हैं जो उनके रूप को संवारने में मदद करता हैं। लेकिन इसके लिए जरूरी हैं कि आप मेकअप में कुछ जरूरी चीजों को शामिल करें। ऐसी ही एक हैं ब्लश जो मेकअप का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे चाहे आप मेकअप के ऊपर लगाएं या सिफऱ् स्किनकेयर बेस लगाने के बाद, चिक्स पर लगाएं या चिक्सबोन पर, इसके जुड़ते ही आपके चेहरे पर एक अलग तरह की चमक आ जाती है और चेहरे का ग्लो बढ़ जाता है। यह एक रिफ्रेशिंग लुक देता है, लेकिन यह आपकी स्किन पर तभी अच्छा लगता है, जब आप सही तरह से इसका इस्तेमाल करें।

आज इस कड़ी में हम आपको बताने जा रहे हैं कि किस तरह की स्किन के लिए कौनसा ब्लश बेहतर रहेगा और इसे लगाने का सही तरीका क्या हैं।

आइये जानते हैं इनके बारे में…

फेयर स्किन टोनब्लशर फेस को आकर्षक बनाने के साथ चिक बोन को उभारने का काम भी करता है। ब्लशर का चुनाव हमेशा स्किन टोन के अनुसार करना चाहिए। इससे मेकअप फरफेक्ट लगता है। जैसे गोरी या पीली स्किन वालों को लाइट पिंक या पीच कलर का चुनाव करना चाहिए। पिंक कलर मेकअप को नेचुरल लुक देगा। वैसे तो गोरी रंगत वाले किसी भी लाइट कलर का चुनाव कर सकते हैं लेकिन ड्रेस और लिपस्टिक के कलर का चुनाव उनके मेकअप को आकर्षक लुक दे सकता है।

मीडियम स्किन टोनमीडियम स्किन टोन वाली महिलाओं के साथ सबसे अच्छी बात यह है कि अलग-अलग लुक को हासिल करने के लिए आप बहुत सारे शेड्स का इस्तेमाल कर सकती हैं। पिंक या पीच कलर आपकी स्किन को एक नेचुरल लुक देता है, वहीं अगर आप एक बोल्ड लुक क्रिएट करना चाहती हैं तो ऐसे में आप चमकीला गुलाबी रंग शेड को चुन सकती हैं। इस तरह आप कई तरह के कलर्स के साथ एक्सपेरिमेंट करके अपने मेकअप में डिफरेंट लुक्स क्रिएट कर सकती हैं।

डार्क स्किन टोनडार्क स्किन टोन वाली महिलाएं मेकअप और ब्लश को लेकर काफी कंफ्यूज रहती हैं। डार्क स्किन टोन की महिलाओं को ऐसे शेड्स का चुनाव करना चाहिए जो उनकी रंगत को निखार सके न कि डल और दबा हुआ दिखाए। डार्क स्किन वालों को बोल्ड कलर्स का चुनाव करना चाहिए। ये कलर वॉर्म अंडरटोन के साथ परफेक्ट लुक देते हैं। गालों को उभारने के लिए आरेंज कलर का भी चुनाव किया जा सकता है।ब्लश लगाने का सही तरीका फाउंडेशन का बेस तैयार करने के बाद ब्लश लगाना चाहिए। ब्लश के लिए एक अच्छा ब्लेंडिंग ब्रश होना चाहिए। ब्रश पर ब्लशर लें और गालों पर लगाने से पहले अपने हाथ पर डैब करें और उसके बाद इसे गालों पर लगाएं। इससे एक्सेस ब्लश हाथों पर रह जाएगा और गाल पर ब्लेंडिंग आसान होगी। ब्लशर लगाने के बाद उसे ब्रश से अच्छे से ब्लेंड करना न भूलें। ब्लशर हमेशा कान से गाल की तरफ लाएं। चिकबोन से नीचे लगाते हुए इसे कान की तरफ ही ब्लेंड करें।ब्लशर लगाते समय इन बातों का रखें ध्यान ब्लशर का यूज बहुत ज्यादा या गहरा न करें। ब्लश केवल आपके गालों को हाइलाइट करने के लिए होते हैं। यदि इसे ज्यादा लगाया जाए तो ये मेकअप को बिगाड़ सकता है। ब्लशर को हमेशा कान से नाक की ओर लाएं। चिकबोन से नीचे की ओर गालों के पास इसे लगाना चाहिए। एक अच्छा ब्रश इसे लगाने और ब्लेंड करने के लिए होना जरूरी है। बल्शर के साथ लगाएं ये चीजेंब्लशर लगा कर आप ये न सोचें की आपका मेकअप कंप्लीट हो गया।

ब्लशर के साथ चिकबोन के पास ऊपरी तरफ हाईलाइटर का प्रयोग जरूर करें। यदि ऐसा न किया जाए तो आपका चेहरा सपाट सा नजर आएगा। हाईलाइटर आपके फेस के उन हिस्सों को उभारता और शेप देता है, जिससे आपका मेकअप चेहरे पर ओवरपावर नहीं होने पाता। चिकबोन के ऊपरी हिस्से, माथे, नाक और ठुड्डी के पास हाईलाटर लगाने के बाद ही आपका मेकअप कंप्लीट होता है।  (एजेंसी)

******************************

 

डिलीवरी के बाद अपनी डाइट में शामिल करें ये 10 आहार

17.03.2023 (एजेंसी) –  मां बनना किसी भी स्त्री के लिए किसी दूसरे जन्म से कम नहीं है। बच्चे को जन्म देना महिला के लिए एक ऐसा अनुभव होता है जिसे केवल महिला ही महसूस कर सकती है। महिलाओं के लिए डिलीवरी के बाद का समय काफी महत्वपूर्ण होता है। डिलीवरी के बाद महिला का शरीर बहुत ज्यादा कमजोर हो जाता है।

क्योंकि लगातार ब्लीडिंग, पेट पर लगे टाँके, बॉडी में दर्द के कारण महिला बहुत ज्यादा दिक्कत का अनुभव करती है। इसलिए डिलीवरी के बाद महिलाओं को डाइट का विशेष ध्यान रखना चाहिए। आहार के जरिए ही महिला का शरीर जल्दी रिकवर होता है और उसकी कमजोरी भी दूर होती है। ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसे आहार के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं जिन्हें डाइट में शामिल कर शरीर को ताकत दी जा सकती हैं।

आइये जानते हैं इन आहार के बारे में…

अखरोट अखरोट में एंटीऑक्सिडेंट, प्रोटीन, ओमेगा-3 फैटी एसिड का एक बड़ा स्रोत होता हैं, साथ ही अखरोट हृदय और मस्तिष्क के लिए भी सेहतमंद माना जाता हैं। एक नई माँ के लिए अखरोट खाना सबसे अच्छे प्रकार के नट्स में से एक हैं। अखरोट को रातभर भिगोकर रख दें और सुबह उठकर खाएं। यह काफी फायदेमंद होता है। सुबह खाली पेट भीगे हुए अखरोट खाने से आप कई बीमारियों से बच सकती हैं।

देसी घी प्रसव के बाद देसी घी का सेवन भी महिला के लिए बहुत फायदेमंद होता है। क्योंकि देसी घी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। महिला रोटी पर लगाकर, हलवा बनाकर, सब्जियों में डालकर व् अन्य तरीको से घी का सेवन कर सकती है। नोर्मल डिलीवरी तुरंत बाद से ही महिला घी का सेवन शुरू कर सकती है लेकिन सिजेरियन डिलीवरी होने पर और नोर्मल डिलीवरी के दौरान टाँके आने पर महिला को एक बार डॉक्टर से राय लेने के बाद ही घी का सेवन शुरू करना चाहिए।

खसखस के लड्डूडिलीवरी के बाद शरीर में दर्द और सूजन की शिकायत रहती है तो आप खसखस का लड्डू घर में बनाकर खाएं। इसके सेवन से भी मांसपेशियों का दर्द दूर होता है और शरीर को तुरंत एनर्जी मिलती है। डिलीवरी के बाद खसखस के लड्डू, खसखस का सूप, खसखस का हलवा या इसे दूसरी चीजों में मिलाकर भी सेवन किया जा सकता है।

ओट्स प्रसव के बाद अगर आप अपनी डाइट में ऐसी चीजों को सेवन करना चाहती हैं, जो एनर्जी बूस्ट करे, तो ऐसे में आप ओट्स को अपने आहार का हिस्सा अवश्य बनाएं। आप इसे नाश्ते में खा सकती हैं। ओट्स जैसे होल ग्रेन फूड धीमी गति से रिलीज होने वाले कार्ब्स होते हैं, जो आपकी ऊर्जा के स्तर को स्थिर रखते हैं। इतना ही नहीं, ओट्स में कई तरह के पोषक तत्व होते हैं और यह शरीर में आवश्यक आयरन के स्तर को बनाए रखने में मददगार है। साथ ही, ओट्स आयरन, कैल्शियम और मैग्नीशियम से भी भरपूर होते हैं।गोंद के लड्डूयह मां के लिए बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण है। इन दिनों मां अंदर से कमजोरी होती है।

गोंद के लड्डू मां को ताकत देते हैं। इसके साथ ही मां को स्तनपान कराना होता है। गोंद के लड्डू खाने से मां का दूध बढ़ता है, जिससे बच्चे को दूध की कमी नहीं होती है। आप रोजाना एक लड्डू दूध के साथ खाएं।

सेबये फल 12 महीने बाज़ार में उपलब्ध रहता है। ऐसे में अगर आप बहुत कमज़ोरी महसूस कर रही हैं, तो आपको तुरंत सेब खाना चाहिए। सेब खाने से शरीर में तुरंत ऊर्जा आती है। इसके अलावा, इसमें पर्याप्त एंटीऑक्सीडेंट गुण भी होते हैं। जो आपको कई और बीमारियों से बचाने का काम भी करता है। इसके साथ ही, यह आपके शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है।

सौंफ का पानी प्रसव के बाद डाइजेशन की समस्या रहती है और पेट में गैस बनना, कब्ज जैसी समस्या हो सकती है। पेट में जलन आदि भी रहती है। ऐसे में अगर रोज एक गिलास पानी में 1 चम्मच सौंफ को उबालकर इसे पिया जाए तो काफी राहत रहती है।

हरिराहर क्षेत्र में इसे अलग-अलग नामों से जाना जाता है। यह ड्राई फ्रूट्स, अदरक और आटे जैसी चीजें मिलाकर बनाया जाता है। इसे गर्म-गर्म खाया जाता है। डिलीवरी के बाद सवा महीने इसे जरूर खाना चाहिए। यह मां को रिकवर करने में मदद करता है। इसके सेवन से मां का दूध अच्छा आता है और बच्चे के स्वास्थ्य के लिए भी यह काफी लाभकारी होता है।

अजवाइन का पराठाडिलीवरी के बाद अजवाइन खाने से पेट की समस्या दूर रहती है और दर्द कम होता है। इसमें हीलिंग प्रॉपर्टीज होती हैं जो शरीर को अंदर से हील करने में मदद करती है। इसके अलावा गेंहू के आटे और अजवाइन में खूब फाइबर होता है जो पाचनक्रिया दुरुस्त रखने का काम भी करता है।

मूंग-मसूर की दालछिलके वाली मसूर की दाल स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होती है। खासकर डिलीवरी के बाद महिला को यह जरूर खानी चाहिए, क्योंकि यह आसानी से पच जाती है। इसमें फाइबर होता है, जो कि मां को कब्ज होने से बचाए रखता है। इसे खाने से न तो मां को दिक्कत होती और न ही शिशु को कोई परेशानी होती है। इसके विपरीत यह दाल खाने से मां का दूध बनता है, जो बच्चे के लिए लाभकारी है।

************************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन उत्तम रहेगा। आज कोई ऐसा काम आपके पास आएगा, जिससे आपको धन लाभ हो सकता है। इससे आपकी आर्थिक स्थिति पहले से और बेहतर हो जायेगी। आपके रुके हुए काम किसी रिश्तेदार की मदद से जल्द पूरे हो जायेंगे। कुछ लोग आपसे दोस्ती के लिए हाथ आगे बढ़ा सकते हैं। आपके आसपास के कुछ लोग आपसे मदद मांग सकते हैं। घर-परिवार का वातावरण खुशनुमा बना रहेगा। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आपका दिन मिला-जुला रहेगा। आपका वैवाहिक जीवन उम्दा रहेगा, जीवनसाथी के साथ ज्यादा समय बीतेगा। विद्यार्थियों की पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी। कार्यालय जाते समय आप कोई जरूरी फाइल/कागज भूल सकते हैं। आपको अपने काम के प्रति सचेत रहना चाहिए। कुछ अच्छे मौके आपके हाथ से न निकलने पाएँ ध्यान रखें। किसी से बिना सोचे-समझे बोलने से आप मुसीबत में पड़ सकते हैं। आपको अपने खर्चो पर भी कुछ कंट्रोल करना चाहिए। कार्यक्षेत्र में वरिष्ठ का सहयोग मिलता रहेगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन शानदार रहेगा। किसी जरूरी काम से की गई यात्रा लाभदायक हो सकती है। आपका व्यवहार दूसरों को प्रभावित कर सकता है। आज हर तरह के मामलों में आप शांत मन से विचार करेंगे। भविष्य में होने वाले किसी काम की तैयारी आज से ही शुरू कर सकते हैं। अपनों का साथ मिलने से आप खुश रहेंगे। आपको जीवनसाथी का पूरा साथ मिलेगा। किसी रिश्तेदार से आर्थिक सहायता मिल सकती है। जीवन में लोगों का सहयोग मिलता रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। किसी निजी काम को पूरा करने के लिए बड़े-बुजुर्ग की राय मानना आपके लिए कारगर साबित होगा। घर में बच्चों की बर्थडे पार्टी का आयोजन करेंगे। घर पर कुछ मेहमान आ सकते हैं, जिससे घर में रौनक बनी रहेगी। काम के प्रति आपकी मेहनत रंग लायेगी। आपको एक्स्ट्रा इनकम के नए मौके मिलेंगे। दोस्तों से मन की बात शेयर करेंगे, इससे परेशानी का हल निकलेगा। परिवारिक रिश्ते मजबूत होंगे। सेहत अच्छी बनी रहेगी।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन ठीक-ठाक रहेगा। कोई काम पूरा होने में थोड़ी अड़चन आ सकती है। किसी अनुभवी की मदद आपके लिए फायदेमंद साबित होगा। समाज के लोग आपके पक्ष में रहेंगे। दोस्तों का भी आपको भरपूर सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य के प्रति आपको थोड़ा जागरूक रहने की जरूरत है। साथ ही किसी भी तरह के पारिवारिक विवाद से आपको बचना चाहिए। अगर आप साझे में कोई कार्य कर रहे हैं, तो आपको धैर्य बनाये रखना चाहिए। आपकी मेहनत रंग लायेगी।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन अनुकूल रहेगा। कार्यक्षेत्र में कोई महत्वपूर्ण फैसला लेने से आपको फायदा होगा। किसी अनुभवी की मदद से आपको धन लाभ की प्राप्ति होगी। पहले किए गये कामों से आपको लाभ होगा। साथ ही आपको संतान सुख की प्राप्ति भी होगी। दिन आपके फेवर में होने के कारण आप खुश रहेंगे। छात्रों को आज के दिन पढ़ाई पर ज्यादा धयान देने की जरूरत है। वह पढ़ा हुआ भूल सकते हैं या फिर ध्यान भटक सकता है।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन शानदार रहेगा। बच्चों के साथ घर पर समय बिताएंगे जिससे आपका मन प्रसन्न रहेगा। परिवार में खुशी का माहौल बना रहेगा। इसके अलावा कार्यालय में सहयोगी आपके काम से काफी प्रभावित होंगे। कुछ लोग आपसे काम सीखने की चाह रखेंगे। आज आपको अपने सभी काम में सफलता मिलेगी। आपके अंदर भरपूर ऊर्जा रहेगी। घर में आपको सबका साथ मिलेगा। संतान पक्ष की किसी सफलता से आप बहुत खुश रहेंगे। आपकी सभी समस्याओं का निवारण होगा।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन पहले की अपेक्षा अच्छा रहेगा। किसी सहकर्मी से जरूरी काम पर रोचक चर्चा हो सकती है। दूसरों की राय आपके लिए कारगर साबित होगी। जीवनसाथी के साथ आपके संबंध मजबूत होंगे। कारोबार को बढ़ाने के लिए आपको कुछ खास लोगों से मदद मिल सकती है। बड़े भाई-बहन से कोई अच्छा सा गिफ्ट भी मिलेगा। कार्यस्थल पर उच्च अधिकारी आपके काम की तारीफ करेंगे। आपको अचानक धन लाभ के मौके भी मिलेंगे। जीवन में लाभ के अवसर प्राप्त होंगे।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। परिवार के सभी सदस्य आपसे खुश रहेंगे, लेकिन आपकी सेहत में थोड़ा उतार-चढ़ाव बना रहेगा। कार्यालय में किसी सदस्य से थोड़ी बहस हो सकती है, इसलिए गुस्से पर कंट्रोल रखें। आज किसी काम को लेकर आपका नजरिया दूसरों से अलग रहेगा। जीवनसाथी के साथ बात करने से गलतफ़हमी दूर होंगी। इसके अलावा आज दूसरों की बातों में दखल देने से आपको बचना चाहिए। आपको किस्मत का सहयोग मिलेगा। साथी से उपहार मिलेगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन ठीक-ठाक रहेगा। नौकरी करने वालों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है। आज कार्यालय में काम ज्यादा होने की वजह से घर देर से पहुंचेंगे। आज आपकी आर्थिक स्थिति में कुछ सुधार होगा। किसी दोस्त की समस्या सुलझाने में आप खुद भी उलझ सकते हैं। कार्यों की अधिकता के कारण आपको थकावट महसूस होगी। इसका असर आपकी दिनचर्या पर भी पड़ेगा। परिवार में आर्थिक रूप से आपकी कुछ जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। आपकी सभी समस्याएं सुलझ जायेगी और आपका दिन बेहतर रहेगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आर्थिक रूप से आपकी प्रगति होना तय है। जीवन में धन लाभ के नये अवसर आयेंगे। रूके हुये काम पूरे होने पर आपको ख़ुशी का अनुभव होगा। सामाजिक कार्यों में आप बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेंगे। घर पर अचानक कुछ रिश्तेदार आ सकते हैं। बड़े-बुजुर्गों के आशीर्वाद से जीवन में शांति और सद्भाव बना रहेगा। आपके दाम्पत्य संबंध में नई खुशियों का संचार होगा। सरकारी क्षेत्र में अगर आप अपना करियर बनाने के लिये कदम बढ़ायेंगे, तो आपको सफलता अवश्य मिलेगी। धन धान्य की वृद्धि होगी है।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन फायदेमंद रहेगा। धन लाभ के नये रास्ते खुले नजर आएंगे। ऑफिस में आज कोई ऐसा काम आपको मिलेगा, जिसके लिए आप बहुत दिनों से उत्सुक थे। विवाहितों के लिए आज का दिन यादगार रहने वाला है। आप भविष्य योजना कर सकते हैं। नौकरी कर रहे लोगों को उन्नति के अवसर प्राप्त होंगे। किसी काम के सिलसिले में यात्रा पर जायेंगे। दोस्तो के साथ आपके संबंध मजबूत होंगे।

*************************************

 

फडणवीस की पत्नी को रिश्वत और ब्लैकमेल करने की कोशिश, 2 को हिरासत में लिया

मुंबई 16 मार्च,(एजेंसी)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया है कि उनकी बैंकर-गायिका पत्नी अमृता फडणवीस ने गुरुवार को एक पिता-पुत्री पर रिश्वत-ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस शिकायत दर्ज कराई थी।

मालाबार हिल पुलिस स्टेशन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ठाणे जिले के उल्हासनगर से दो व्यक्तियों- सट्टेबाज अनिल जयसिंघानी और उनकी पेशेवर डिजाइनर बेटी अनिक्षा को हिरासत में लिया।

उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 120 (बी), और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। फडणवीस ने कहा कि उनकी पत्नी अमृता करीब डेढ़ साल से अनिक्षा के संपर्क में थीं।

अनिक्षा फडणवीस के घर आई थी और एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने की कोशिश की थी और जब वह नहीं माने, तो धमकी और ब्लैकमेल का सहारा लिया। अनिक्षा ने अमृता को उनके सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में प्रचार के लिए कुछ डिजाइनर कपड़े और आभूषण दिए थे।

बाद में, फडणवीस ने कहा कि अनिक्षा ने कथित तौर पर अमृता को यह बताकर लुभाने की कोशिश की कि उसके पिता पुलिस को सट्टेबाजों के बारे में जानकारी दे रहे थे, और कहा कि फडणवीस पुलिस को उन सटोरियों की उपेक्षा करने या उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश देकर पैसा कमा सकते हैं, और वह उन्हें पैसे कमाने के और रास्ते दिखाएंगे।

उसने कथित तौर पर एक मामले में अपने पिता को फंसाने में मदद करने के लिए उन्हें 1 करोड़ रुपये की पेशकश की, और जाल को भांपते हुए, अमृता ने उसे रोक दिया था।

कुछ दिनों बाद, अनिक्षा ने अज्ञात तरीके से अमृता को कुछ वीडियो क्लिप, आवाज और टेक्स्ट संदेश भेजे।

नेता प्रतिपक्ष अजीत पवार ने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया, जिसके बाद फडणवीस ने कहा कि उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

बाद में विधानसभा के बाहर फडणवीस ने पूर्व महा विकास अघाड़ी (एमवीए) पर कई सनसनीखेज बातें कही, इस मामले में पूर्व पुलिस आयुक्त जैसे कुछ बड़े नामों के सामने आने की संभावना है और वह जांच के बाद बोलेंगे।

बाद में, विधायिका के बाहर, फडणवीस ने तत्कालीन महा विकास अघाड़ी (एमवीए) पर उंगली उठाते हुए कहा कि इस मामले में कई सनसनीखेज बातें सामने आ सकती हैं, जिनमें एक पूर्व पुलिस आयुक्त जैसे कुछ बड़े नाम शामिल हैं और वह जांच के बाद बोलेंगे।

****************************

 

कर्नाटक के कांग्रेस विधायक ने सब इंस्पेक्टर को सार्वजनिक रूप से दी गाली

बागलकोट 16 मार्च,(एजेंसी। बागलकोट जिले के जामखंडी कस्बे में गुरुवार को कर्नाटक के कांग्रेस विधायक आनंद न्यामागौड़ा द्वारा पुलिस सब इंस्पेक्टर (पीएसआई) को गाली देने और धमकी देने का मामला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक जामखंडी कस्बे में चौराहा (सर्कल) बनाने को लेकर पीएसआई बासवराज कोन्नूर को कांग्रेस विधायक ने निशाना बनाया।

घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जो अपने समर्थकों की उपस्थिति में सार्वजनिक स्थान पर ऑन ड्यूटी पीएसआई के खिलाफ अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए सुने जा सकते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद विधायक के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं दी जा रही हैं।

पीएसआई विधायक को समझाने की कोशिश करते हैं कि अगर चौराहा बना तो यह एक मुद्दा बन जाएगा। इससे कांग्रेस विधायक भड़क गए। वह कहते हैं, आप चुप रहिए। आप क्या जानते हैं? मैं आपको बताता हूं। हो सकता है कि मौजूदा सरकार आपका समर्थन कर रही हो। मैं आपको नहीं छोड़ूंगा।

******************************

 

श्रीनगर-लेह राजमार्ग 66 दिनों के बाद यातायात के लिए खुला

श्रीनगर 16 मार्च,(एजेंसी)। लद्दाख क्षेत्र को देश के बाकी हिस्सों से जोडऩे वाला 434 किलोमीटर लंबा श्रीनगर-लेह राजमार्ग गुरुवार को यातायात के लिए खोल दिया गया। कश्मीर को ठंडे रेगिस्तानी लद्दाख क्षेत्र से अलग करने वाले जोजिला र्दे पर 66 दिनों तक बंद रहने के बाद पहली बार यातायात के लिए खोल दिया गया है।

इस साल छह जनवरी को भारी बर्फबारी के कारण राजमार्ग को बंद करना पड़ा था।

लद्दाख क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों के पहले काफिले को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राजीव चौधरी ने दो परियोजनाओं के मुख्य अभियंताओं की उपस्थिति में झंडी दिखाकर रवाना किया।

****************************

 

भारतीय सेना का चीता हेलिकॉप्टर अरुणाचल प्रदेश में दुर्घटनाग्रस्त,पायलटों की तलाश जारी

ईटानगर 16 मार्च,(एजेंसी)। भारतीय सेना का चीता हेलीकॉप्टर गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश में बोमडिला के पश्चिम मंडला के पास दुर्घटनाग्रस्त (क्रेश) हो गया है। अरुणाचल प्रदेश के पास एक ऑपरेशनल के अंतर्गत उड़ान भर रहे चीता हेलीकॉप्टर का संपर्क एटीसी से टूट गया था। भारतीय सेना के मुताबिक 16 मार्च को सुबह करीब 09 बजकर 15 मिनट पर चीता हेलीकॉप्टर का संपर्क (एयर ट्रेफिक कंट्रोलर) एटीसी से टूटने की सूचना मिली थी। सेना ने दुर्घटना की खबरों की पुष्टि की है और कहा है कि बोमडिला के पश्चिम में मंडला के पास चीता हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना है।

सेना के अधिकारी ने कहा कि तलाशी दलों को दुर्घटना स्थल की ओर रवाना कर दिया गया है। चीता हेलीकॉप्टर भारतीय सेना का एक उच्च प्रदर्शन वाला हेलीकॉप्टर है, जिसे ऊंचाई की स्थिति में संचालन के लिए डिजाइन किया गया है। पांच सीट वाला चीता हेलीकॉप्टर बहुमुखी, बहु भूमिका, बहुउद्देशीय, अत्यधिक गतिशील और निर्माण में मजबूत है।

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा तैयार किया गया यह हेलीकॉप्टरों की सभी श्रेणियों के बीच अधिक ऊंचाई पर उड़ान भरने का विश्व रिकॉर्ड रखता है। एचएएल के अनुसार, चीता एक पांच सीटों वाला हेलीकाप्टर है। अपने उत्कृष्ट शक्ति-वजन अनुपात के कारण, चीता गर्म उष्णकटिबंधीय मौसम में संचालन और उच्च ऊंचाई पर भी मिशन के लिए सबसे उपयुक्त हेलीकाप्टरों में से एक है।

रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार चीता हेलीकॉप्टर को यात्री परिवहन, रसद सहायता (कार्गो व सामग्री परिवहन), हताहत निकासी, राहत संबंधी ऑपरेशन, खोज और बचाव कार्य संचालन, टोही, स्लंग ऑपरेशन के तहत कई प्रकार के मिशनों के लिए विशेष रूप से विकसित किया गया है।

*************************************

 

भारतीय खाद्य निगम में भ्रष्टाचारियों पर कार्यवाही, दो अफसरों को जयपुर से हटाया

जयपुर 16 मार्च,(एजेंसी)। राजस्थान स्थित भारतीय खाद्य निगम में हो रहे घोटालों पर केंद्र सरकार ने कार्यवाही करते हुए दो अफसरों को जयपुर से हटाया है। महाप्रबंधक आशीष सिंह और अतिरिक्त महा प्रबंधक अभिसार कटियार के तबादले अरुणाचल और केरल में कर दिए गए हैं। इससे पहले खाद्य निगम की सलाहकार समिति के सदस्य मनुदेव सिनसिनी ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए केंद्रीय पीयूष गोयल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था। मनुदेव ने समिति चेयरमैन सांसद सुभाष बहेडिय़ा पर भी मनमानी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि किसानों और लाभार्थियों तक सही तौल सही मोल नहीं पहुंच रही है। इन शिकायतों की जांच के लिए कार्यकारी निदेशक नॉर्थ पटनायक पूरी टीम के साथ जयपुर में डेरा डाले हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि 10 मार्च को सलाहकार समिति की बैठक में मनुदेव सिनसिनी ने राजस्थान में अनाज खरीद, अनाज वितरण और भंडारण में हो रहे भ्रष्टाचार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इससे चेयरमैन सांसद बैठक बीच में ही छोड़कर चले गए थे। इस पर मनुदेव सिनसिनी वहीं धरने पर बैठ गए और तुरंत इस पूरे प्रकरण की जानकारी मेल द्वारा मंत्री पीयूष गोयल जी और सतर्कता विभाग को भेजी जिस पर संज्ञान लिया गया।

इस तरह की शिकायतें पूर्व में भी राजस्थान भंडार निगम के ठेकदार भंवराराम ने भी मंत्री जी से मुलाकात कर इन मुद्दों पर अवगत करवाया गया था। ऐसी ही शिकायत व्हिसल ब्लोअर कैलाश चारण ने एक माह पहले विभाग के अधिकारियों और चेयरमैन को पत्र द्वारा भेजी थी। मनुदेव सिनसिनी ने बताया कि अभी तो केवल कुछ मछलियों पर कार्यवाही हुई है। इस भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। दोषियों का केवल ट्रांसफर ही नहीं उनसे जनता के पैसे की वसूली कर सेवा से बाहर निकालने तक की अनुशासनात्मक कार्यवाही विभाग द्वारा की जाएगी।

*****************************

 

मिस एंड मिसेज इंडिया एंड नारी शक्ति सम्मान 2023′ समारोह सम्पन्न

16.03.2023  –  मुम्बई की चर्चित स्वयंसेवी संस्था कृष्णा चौहान  फाउंडेशन के संस्थापक डॉ कृष्णा चौहान द्वारा अंधेरी (पश्चिम), मुम्बई स्थित मेयर हॉल में आयोजित ‘मिस एंड मिसेज इंडिया एंड नारी शक्ति सम्मान 2023’ अवार्ड समारोह अभिनेत्री सुजाता मेहता, आरती नागपाल, सिंगर दीपा नारायण झा,  ऋतु पाठक, संगीतकार दिलीप सेन, एंकर सिमरनआहूजा, बीएन तिवारी और कॉमेडियन सुनील पाल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

सभी विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित करने के साथ साथ शीरीं फरीद, डॉ अर्चना देशमुख, कमल चीमा, सोनिया महेश्वरी, निकिता शर्मा मॉडल इंदौर, उषा कनौजिया, स्वीटी शेखावत, रेशमा शेख (ब्राइट), प्रकाश तिवारी मधुर सिंगर, सिल्की, प्रवति समद्दर को इस सम्मान से नवाजा गया। यहां मिस इंडिया 2023 की विनर अनुश्री उमेश देसाई घोषित की गईं जबकि मिस इंडिया 2023 की फर्स्ट रनरअप मोनी, सेकंड रनरअप जान्हवी राठौड़ और थर्ड रनरअप सेजल जितेंद्र तिवारी थीं। मिसेज इंडिया 2023 की सिल्वर क्लास की विनर माया सरगोवरी और डायमंड क्लास की विनर प्रवति समद्दर थीं।

ब्यूटी कॉन्टेस्ट के ज्यूरी मेम्बर्स में डॉ कृष्णा चौहान, प्रेम गाड़ा और  भारती छाबड़िया थीं। इस समारोह में खास तौर पर उन महिलाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने समाज सेवा और मानव सेवा का उल्लेखनीय कार्य किया है। साथ ही अपनी कला और व्यक्तित्व का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समाज को नई दिशा प्रदान की हैं।

सेलेब्रिटी एंकर सिमरन आहूजा ने इस प्रोग्राम की बखूबी एंकरिंग की। इस अवार्ड समारोह के सीजन 2 की सफलता  पर डॉ कृष्णा चौहान बेहद उत्साहित नज़र आये। अपने सभी अवार्ड समारोह में समाज सेवकों, बिज़नेसमैन, फ़िल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के साथ साथ डॉ कृष्णा चौहान कई पत्रकारों, फोटोग्राफर को भी सम्मान से नवाजते हैं, इसबार भी उन्होंने कई पत्रकारों को सम्मानित किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ कृष्णा चौहान अपने जन्मदिन 4 मई को ‘लीजेंड दादासाहेब फाल्के अवार्ड समारोह’ का चौथी बार मुम्बई में आयोजन करने जा रहे हैं। इस बार भी सिनेमा, टीवी शोज और वेब सीरीज के निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वालों को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

केंद्र ने भारी पुलिस बल लगाकर विपक्ष को ईडी जाने से रोका : संजय सिंह

नई दिल्ली 16 मार्च,(एजेंसी)। आम आदमी पार्टी से सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में 267 का नोटिस दिया है। उन्होंने अडानी समूह पर चर्चा की मांग की, साथ ही विपक्षी सांसदों को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को ज्ञापन देने से रोके जाने का भी मुद्दा उठाया।

संजय सिंह ने कहा कि अडानी घोटाले पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच की मांग करते हुए आम आदमी पार्टी सहित करीब 16 दलों के विपक्षी सांसद जापन सौंपने प्रवर्तन निदेशालय जा रहे थे, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा भारी पुलिस बल लगाकर ज्ञापन देने से रोक दिया गया।

संजय सिंह ने कहा, हिडनबर्ग की रिपोर्ट, भारत सरकार के अधिकारी के पत्र तथा विभिन्न राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय मीडिया संस्थानों ने अडानी ग्रुप द्वारा किए गए विभिन्न घोटालों का खुलासा किया है जिसमें विदेशों में फर्जी कंपनियां बनाकर हजारों करोड़ों रुपए का फजीर्वाड़ा किया गया।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों व भारत सरकार के नियमों के खिलाफ अडानी को देश में कई कोयला खदानें सौंपी गई है, जिससे देश को लाखों करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। सरकारी वित्तीय संस्थाओं के साथ भी अडानी ग्रुप द्वारा धोखाधड़ी की गई।

आप सांसद ने सभापति से नियम 267 के तहत सूचीबद्ध कार्यों को स्थगित कर इस विषय पर सदन में चर्चा कराने की मांग की है

*****************************

 

राहुल गांधी ने देश को पहुंचाया है नुकसान, नहीं करेंगे माफ : किरेन रिजिजू

नई दिल्ली 16 मार्च,(एजेंसी)। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लंदन में राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि देश के लोगों ने अगर कांग्रेस को और राहुल गांधी को नकार दिया है तो यह उनकी गलती नहीं है।

लेकिन कोई अगर देश को गाली देगा तो ये देश उसको कभी माफ नहीं करेगा। गुरुवार को नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह देश के लिए बहुत दुखद है कि संसद का एक सदस्य खुद संसद की गरिमा को गिराने का काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश का अपमान करने का कोई अधिकार नहीं है, उन्होंने देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है और वे (भाजपा) चुप नहीं रहेंगे और न ही उन्हें माफ करेंगे।

कांग्रेस की भी आलोचना करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी को यह लगता है कि हमारे देश का अपमान करना कोई गंभीर बात नहीं है तो वह संसद में लोगों के एक वर्ग का प्रतिनिधित्व करने के लायक भी नहीं है।

राहुल गांधी पर राजनीतिक हमला जारी रखते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि दो बातें बहुत स्पष्ट है। पहला, राहुल गांधी ने लंदन में जाकर झूठ बोला। संसद में जितना समय उन्हें दिया गया था उस से अधिक उन्होंने बोला, सदन के नियमों को तार-तार कर झूठ बोला।

दूसरा उन्होंने बोला कि वो देश में जाकर अपनी बात नहीं कह सकते हैं, उन्हें रोक दिया जाता है लेकिन सबने देखा कि उन्होंने यात्रा की और लगातार बोलते रहे।

राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए रिजिजू ने कहा कि इस देश में जो सबसे ज्यादा बोलता है वही कह रहा है कि बोलने नहीं दिया जाता। वो जो बोलते हैं, उससे उनकी ही पार्टी कांग्रेस को नुकसान होता है

लेकिन उन्हें कांग्रेस की आंतरिक राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं है और राहुल गांधी कांग्रेस को डुबाने का काम करते हैं तो भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं है लेकिन देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश पर वे चुप नहीं रह सकते

*******************************

 

दिल्ली आबकारी नीति मामला : के कविता आज ईडी के सामने नहीं होंगी पेश

नई दिल्ली 16 मार्च,(एजेंसी)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता के दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में शामिल नहीं होने की संभावना है।

सूत्रों ने कहा कि उन्होंने ईडी को पत्र लिखकर कहा कि उनका मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, इसलिए उन्हें समय चाहिए।

अपनी पहली उपस्थिति के दौरान, कथित तौर पर उनका सामना हैदराबाद के व्यवसायी अरुण पिल्लई से हुआ था, जिन्होंने साउथ ग्रुप का प्रतिनिधित्व किया था। इस ग्रुप ने कथित तौर पर आप नेताओं को 100 करोड़ रुपये की रिश्वत दी थी।

पिल्लई ने कथित तौर पर कहा है कि वह कविता के सहयोगी थे।

ईडी ने बीआरएस एमएलसी के पूर्व ऑडिटर और साउथ ग्रुप के सदस्य बुच्ची बाबू का बयान दर्ज किया।

कविता ने कहा है कि वह दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से कभी नहीं मिलीं। सिसोदिया को सीबीआई और ईडी ने गिरफ्तार किया है। कविता का दावा है कि इस मामले में उनका नाम बेकार घसीटा जा रहा है।

ईडी के मुताबिक, कविता भी एक्साइज पॉलिसी मामले में साउथ ग्रुप के प्रतिनिधियों में से एक है।

***********************************

 

राज्यपाल पार्टी में विधायकों की राय में अंतर के आधार पर फ्लोर टेस्ट नहीं बुला सकते: सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली 16 March, (एजेंसी): सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि राज्यपाल किसी विशेष परिणाम को प्रभावित करने के लिए अपना पद उधार नहीं दे सकते। शीर्ष अदालत ने सवाल किया कि क्या किसी पार्टी के भीतर विधायकों के बीच मतभेद राज्यपाल को फ्लोर टेस्ट बुलाने के लिए पर्याप्त आधार हो सकता है?

बी.एस. कोश्यारी, जो उस समय महाराष्ट्र के राज्यपाल थे, ने तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को बहुमत साबित करने के लिए फ्लोर टेस्ट का सामना करने के लिए कहा था। ठाकरे ने आसन्न हार को भांपते हुए इस्तीफा दे दिया था और इसके परिणामस्वरूप एकनाथ शिंदे को नए मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया गया।

प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ ने महाराष्ट्र के राज्यपाल का प्रतिनिधित्व कर रहे सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से पूछा कि एक पार्टी के भीतर विधायकों के बीच मतभेद कैसे राज्यपाल के लिए फ्लोर टेस्ट के लिए बुलाने के लिए पर्याप्त आधार बन सकता है?

मेहता द्वारा घटनाओं के क्रम को सुनाए जाने के बाद शीर्ष अदालत ने ये टिप्पणियां कीं और कहा कि राज्यपाल के समक्ष कई सामग्रियां थीं, जिसने उन्हें विश्वास मत का आदेश देने के लिए प्रेरित किया।

पीठ ने आगे कहा कि राज्यपाल किसी विशेष परिणाम को प्रभावित करने के लिए अपने कार्यालय को उधार नहीं दे सकते और इस बात पर जोर दिया कि विश्वास मत के लिए बुलाने से निर्वाचित सरकार को गिरा दिया जाएगा।

मेहता ने कहा कि सामग्री में शामिल हैं : शिवसेना के 34 विधायकों द्वारा हस्ताक्षरित एक पत्र, उद्धव ठाकरे सरकार से समर्थन वापस लेने वाले निर्दलीय सांसदों का एक पत्र, और विपक्ष के नेता का एक अन्य पत्र।

पीठ में शामिल जस्टिस एम.आर. शाह, कृष्ण मुरारी, हेमा कोहली और पी.एस. नरसिम्हा ने कहा कि विपक्ष के नेता के पत्र का कोई महत्व नहीं है और साथ ही विधायकों की सुरक्षा को खतरे का हवाला देने वाला पत्र भी इस मामले में प्रासंगिक नहीं है।

पीठ ने मेहता से सवाल किया कि क्या पार्टी के कार्यकर्ताओं और विधायकों के बीच व्यापक असंतोष विश्वास मत के लिए पर्याप्त आधार हो सकता है?

पीठ ने मौखिक रूप से कहा : “लोग सत्ताधारी दल को धोखा देना शुरू कर देंगे और राज्यपालों के इच्छुक सहयोगी सत्ताधारी दल को गिरा देंगे। यह लोकतंत्र के लिए एक दुखद तमाशा होगा।”

पीठ ने कहा कि कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) एक ठोस गुट बने हुए हैं और केवल शिवसेना ही थी, जहां असंतोष था और मेहता से सवाल किया, क्या यह असंतोष मुख्यमंत्री को शक्ति परीक्षण का सामना करने के लिए कहने के लिए पर्याप्त हो सकता है। यह हमारी चिंता है और यह लोकतंत्र के लिए बहुत खतरनाक है।

प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि मान लीजिए कि विधायकों के एक समूह को लगता है कि उनका नेता पार्टी के अनुशासन से भटक गया है, तो वे हमेशा पार्टी के भीतर एक मंच पर नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर सकते हैं, लेकिन राज्यपाल के पास मतभेद के आधार पर फ्लोर टेस्ट के लिए बुलाने की गुंजाइश कहां है।

ठाकरे गुट का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अपने प्रत्युत्तर में कहा, “हम ‘आया राम-गया राम’ की स्थिति में वापस आ गए हैं।”

उन्होंने कहा कि अब आपकी राजनीतिक संबद्धता मायने नहीं रखती है, जो मायने रखता है वह संख्या है। मामले में सुनवाई गुरुवार को भी जारी रहेगी। शीर्ष अदालत शिवसेना में विद्रोह के कारण उत्पन्न महाराष्ट्र राजनीतिक संकट के संबंध में याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है।

**************************

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू केरल के दौरे पर पहुंचेंगी

कोच्चि 16 March, (एजेंसी): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को अपराह्न विशेष विमान से एक बजकर 40 मिनट पर केरल के कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंचेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू 16 मार्च से 21 मार्च तक केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप के दौरे पर हैं। श्रीमती मुर्मू आज दोपहर देश के पहले स्वदेशी विमान वाहक पोत आईएनएस विक्रांत जाएंगी और कोच्चि में आईएनएस द्रोणाचार्य को प्रेसिडेंट्स कलर प्रदान करेंगी और भारतीय नौसेना के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आईएनएस गरुड़ जाएंगी।

राष्ट्रपति बनने के बाद श्रीमती मुर्मू की केरल की पहला दौरा हाेगा और इन कार्यक्रमों के बाद वह रात्रि विश्राम करने के लिए तिरुवनंतपुरम के लिए रवाना होंगी।

राष्ट्रपति 17 मार्च (शुक्रवार) को आध्यात्मिक गुरु माता अमृतानंदमयी देवी से मिलने कोल्लम के करुणागप्पल्ली स्थित उनके आश्रम जाएंगी। जिसके बाद वह वह तिरुवनंतपुरम वापस लौट जाएंगी और सुबह 11 बजकर 35 मिनट पर कोडियार में उदय पैलेस कन्वेंशन सेंटर में कुदुम्बश्री के रजत जयंती समारोह का उद्घाटन करेंगी।

श्रीमती मुर्मू 18 मार्च (शनिवार) को तमिलनाडु के विवेकानंद स्मारक और तिरुवल्लुवर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी और कन्याकुमारी में विवेकानंद केंद्र जाएंगी। उसी शाम, वह कवरत्ती में उनके सम्मान में आयोजित होने वाले नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लेंगी।

रविवार को राष्ट्रपति कवरत्ती में स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के साथ संवाद करेंगी। कन्याकुमारी की संक्षिप्त दौरा पूरा करने के बाद वह तिरुवनंतपुरम से लक्षद्वीप के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति 21 मार्च को कोच्चि होते हुए नयी दिल्ली वापस लौटेंगी।

जी-20 बैठक से पहले आरबीआई की ओर से होंगे डोमेस्टिक इवेंट

उदयपुर 16 March, (एजेंसी): राजस्थान के उदयपुर में आगामी 21 से 23 मार्च तक होने वाली जी-20 वित्तीय कार्य समूह की बैठक से पहले भारतीय रिज़र्व बैंक जयपुर की ओर से विभिन्न जन भागीदारी गतिविधियों एवं डोमेस्टिक इवेंट का आयोजन होगा।

एसबीआई के अग्रणी जिला प्रबंधक राजेश जैन ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 मार्च को महिला केंद्रित कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम एवं एमएसएमई उद्यमी के साथ टाउन हॉल बैठक, 18 मार्च को हरित वित्त पर बैंक एवं एनबीएफसी के लिए सम्मेलन-द वे फॉरवर्ड एवं डिजिटल बैकिंग पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम, 19 मार्च को जी-20 वित्तीय साक्षरता पर वॉकेथोन एवं 20 मार्च को जी-20 साइड इवेंट-माइक्रोफाइनेंस के माध्यम से सतत विकास लक्ष्य वित्तपोषण में अंतर को पाटने पर पैनल चर्चा एवं भारतीय रिज़र्व बैंक के विदेशी मुद्रा विभाग की ओर से फ़ॉरेक्स फॉर यू कार्यक्रम का आयोजन होगा।

इसके अतिरिक्त आमजन के लिए 15 से 23 मार्च तक उदयपुर शहर की सभी मुद्रा तिजोरी शाखाओं में कॉइन एवं नोट एक्सेंज मेला आयोजित किया जा रहा है, इस मेले में शहरवासी अपने कटे-फटे एवं पुराने नोट बदलवा सकते हैं।

**************************

 

ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप : सिंधु पहले चरण में बाहर

बर्मिंघम 16 मार्च (एजेंसी)। खराब फॉर्म से गुजऱ रहीं भारत की शीर्ष शटलर पीवी सिंधु बुधवार को ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के पहले चरण में चीन की झांग यी मान से सीधे सेटों में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गयीं।

दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु अपनी चीनी प्रतिद्वंदी को कोई चुनौती नहीं दे सकीं और 39 मिनट के महिला एकल मुकाबले में 17-21 11-21 से हार गयीं। टखने की चोट से उभरकर जनवरी में कोर्ट में लौटने के बाद से सिंधु तीसरी बार पहले चरण में हारी हैं।

साल के पहले टूर्नामेंट मलेशिया ओपन 2023 में उन्हें स्पेन की कैरोलीना मरीन के हाथों पहले चरण में हार मिली थी। घरेलू टूर्नामेंट इंडिया ओपन में सिंधु को थाईलैंड की सुपानिदा केटथॉन्ग ने परास्त किया था। लगातार नाकामियों के बीच सिंधु ने हाल ही में कोच पार्क ताई-सांग से संबंध समाप्त किये थे।

इससे पूर्व, त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद पुलेला की भारतीय महिला युगल जोड़ी ने 46 मिनट के पहले दौर के मैच में थाईलैंड की जोंगकोलफान कितिथाराकुल और राविंदा प्राजोंगजई की सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को 21-18 21-14 से हराया।

त्रिशा-गायत्री अब प्री-क्वार्टर फाइनल में युकी फुकुशिमा और सयाका हिरोटा की जापानी जोड़ी का सामना करेंगी।

ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के मंगलवार के पुरुष एकल मुकाबलों में लक्ष्य सेन और एचएस प्रणय ने जीत दर्ज करके प्री-क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी थी।

***************************

 

गुजरात को परास्त कर प्लेऑफ में मुंबई

मुंबई 16 मार्च (एजेंसी)। कप्तान हरमनप्रीत कौर (51) के विस्फोटक अर्द्धशतक के बाद गेंदबाजों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में गुजरात जायंट्स को 55 रन से रौंदकर प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली।

मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 162 रन बनाये, जिसके जवाब में जायंट्स नौ विकेट के नुकसान पर 107 रन तक ही पहुंच सका।

जायंट्स ने कसी हुई गेंदबाजी और फील्डिंग से पहली पारी में ज्यादातर समय अपनी पकड़ मजबूत रखी लेकिन हरमनप्रीत ने 51 रन की पारी खेलकर मुंबई को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हरमनप्रीत ने 30 गेंद की पारी में सात चौके और दो छक्के जड़े।

इसके अलावा यास्तिका भाटिया ने 37 गेंद पर पांच चौकों और एक छक्के के साथ 44 रन बनाये, जबकि नैट सिवर ब्रंट ने 31 गेंद पर पांच चौके और एक छक्का लगाकर 36 रन का योगदान दिया।

टूर्नामेंट में अब तक के अपने सबसे छोटे स्कोर की रक्षा करते हुए मुंबई के गेंदबाजों ने कोई चूक नहीं की। पारी की पहली गेंद पर सोफिया डंकली का विकेट गिरते ही जायंट्स का पतन शुरू हो गया जो 18वें ओवर में तनुजा कंवर के आउट होने के साथ समाप्त हुआ।

मुंबई की इस विशाल जीत में योगदान देते हुए सिवर ब्रंट और हेली मैथ्यूज़ ने तीन-तीन विकेट लिये। अमेलिया कर को दो जबकि इसी वॉन्ग को एक विकेट हासिल हुआ।

मुंबई ने इस जीत के साथ डब्ल्यूपीएल के प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। वह ऐसा करने वाली पहली टीम है। दिल्ली कैपिटल्स पांच मैच में आठ अंक के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है जबकि जायंट्स पांच मैच में सिर्फ दो अंक अर्जित करके चौथे स्थान पर है।

जायंट्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और एशले गार्डनर ने पहले ही ओवर में हेली मैथ्यूज़ को शून्य रन पर आउट कर दिया। विस्फोटक सलामी बल्लेबाजी का विकेट खोने के बाद मुंबई पावरप्ले में सिर्फ 40 रन ही जोड़ सका।

यास्तिका और सिवर-ब्रंट ने मुंबई की पारी को संबल दिया और दूसरे विकेट के लिये 74 रन जोड़े। किम गार्थ ने 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर सिवर-ब्रंट को पवेलियन लौटाकर इस साझेदारी को समाप्त किया। रनगति बढ़ाने के प्रयास में यास्तिका भी सात गेंद बाद रनआउट हो गयीं।
इस जोड़ी के पवेलियन लौटने के बाद हरमनप्रीत ने मुंबई की पारी को संभाला।

उन्होंने अमेलिया कर (13 गेंद, 19 रन) के साथ चौथे विकेट के लिये 51 रन की साझेदारी की। कर के आउट होने के बाद मुंबई के विकेटों की झड़ी लग गयी लेकिन हरमनप्रीत ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी।

किम गार्थ ने तनुजा कंवर की गेंद पर पीछे की ओर भागते हुए कर का लाजवाब कैच पकड़ा, जबकि स्नेह राणा ने अपनी ही गेंद पर कैच लपककर इसी वॉन्ग को चलता किया। हुमैरा काज़ी 19वें ओवर में हरमनप्रीत को स्ट्राइक देने की कोशिश में रनआउट हो गयीं।

हरमनप्रीत भी आखिरी ओवर में अर्द्धशतक पूरा करने के बाद आउट हुईं। मुंबई ने अंतिम पांच ओवर में पांच विकेट गंवाते हुए 50 रन जोड़े और 20 ओवर में 162/8 का स्कोर खड़ा किया।

जायंट्स की सराहनीय गेंदबाजी में गार्डनर ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और चार ओवर में 34 रनन देकर तीन विकेट लिये। इसके अलावा गार्थ, स्नेह राणा और तनुजा कंवर को एक-एक सफलता हासिल हुई।

हरमनप्रीत ने अपने गेंदबाजों को एक मजबूत स्कोर दे दिया था। सिवर-ब्रंट ने जायंट्स की पारी की पहली ही गेंद पर विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डंकली को पगबाधा आउट करके इस स्कोर को और चुनौतीपूर्ण बना दिया।

इससे पहले की जायंट्स इस झटके से संभलता, मैथ्यूज़ ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में सबभिनेनी मेघना और ऐनाबेल सदरलैंड को पवेलियन भेज दिया। जायंट्स की मुश्किलें तब बढ़ गयीं जब हरलीन देओल और गार्डनर लगातार गेंदों पर आउट हुईं।

हरलीन 22 गेंद पर तीन चौकों सहित 22 रन बनाकर जायंट्स की पारी को संभाल रही थीं लेकिन वॉन्ग ने उन्हें नौंवे ओवर की आखिरी गेंद पर आउट कर दिया। टीम को संभालने की क्षमता रखने वाली उपकप्तान गार्डनर 10वें ओवर की पहली गेंद पर कर का शिकार हो गयीं।

कर ने अपना स्पेल समाप्त होने से पहले दयालन हेमलता का विकेट लिया जबकि सिवर-ब्रंट ने कप्तान स्नेह राणा (19 गेंद, 20 रन) और किम गार्थ (08) को आउट करके अपना स्पेल समाप्त किया।

मैथ्यूज़ को उनका तीसर विकेट 18वें ओवर में प्राप्त हुआ, हालांकि डब्ल्यूपीएल की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज साइका इशाक कोई विकेट नहीं ले सकीं और उन्होंने चार ओवर में 20 रन देकर मैच को समाप्त किया।

मुंबई का अगला मुकाबला शनिवार को यूपी वॉरियर्स से होगा, जबकि जायंट्स को अपने अगले मुकाबले में गुरुवार को कैपिटल्स का सामना करना है।

****************************

 

ऐतिहासिक पहाड़ी मार्गो पर चलेगी 35 हाइड्रोजन ट्रेन

नई दिल्ली 16 मार्च (एजेंसी)।  रेल मंत्रालय बजट 2023-24 में 2800 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विरासत व पहाड़ी मार्गो के लिए 35 हाइड्रोजन फ्यूल सेल आधारित ट्रेनों के लिए विकास कार्य कर रहा है।

रेल मंत्रालय को 2023-24 के दौरान पूंजीगत व्यय के लिए सकल बजट समर्थन (जीबीएस) के रूप में 2,40,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसमें पूंजी के तहत 1,85,000 करोड़ रुपये, रेलवे सुरक्षा कोष के तहत 45,000 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय रेल सुरक्षा कोष में योगदान के रूप में 10,000 करोड़ रुपये शामिल हैं।

2023-24 के लिए योजना शीर्ष ‘नई लाइनें’ के लिए सकल बजटीय सहायता में से कुल 31,850 करोड़ आवंटित किए गए हैं। 2023-24 के लिए नई लाइनों के लिए क्षेत्रवार निधि आवंटन किया गया है। इसके तहत केंद्रीय रेलवे को 1234.95 करोड़,

पूर्व रेलवे को 432.95 करोड़, उत्तरी रेलवे को 11617.30 करोड़, उत्तर पूर्वी रेलवे को 792.00 करोड़, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे को 6591.00 करोड़, दक्षिण रेलवे को 1158.15 करोड़, दक्षिण केंद्रीय रेलवे को 819.50 करोड़, दक्षिण पूर्वी रेलवे 14.90 करोड़, पश्चिमी रेलवे 1011.70 करोड़, पूर्व मध्य रेलवे को 1518.02 करोड़, पूर्वी तट रेलवे 1984.00, उत्तर मध्य रेलवे 2.13 करोड़, उत्तर पश्चिमी रेल को 861.65 करोड़, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे 389.00, दक्षिण पश्चिमी रेलवे 1408.35 और पश्चिम मध्य को 2014.40 करोड़ आवंटित किए हैं।

उन्होंने कहा कि नई ट्रेनों की शुरुआत रेलवे के नियमित दैनिक परिचालन का एक हिस्सा है। 2023-24 के लिए योजना शीर्ष ‘ग्राहक सुविधाएं’ के लिए सकल बजटीय सहायता में से 13,150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

बजट 2023-24 में 2800 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विरासत व पहाड़ी मार्गो के लिए 35 हाइड्रोजन फ्यूल सेल आधारित ट्रेनों के विकास को शामिल किया गया है। इसके अलावा 600 करोड़ रुपए की लागत से विरासत मार्गो के लिए हाइड्रोजन इंफ्रास्ट्रक्चर को भी तैयार किया जा रहा है।

*****************************

 

रुपया 38 पैसे लुढ़का

मुंबई 16 मार्च (एजेंसी)। आयातकों और बैंकरों की लिवाली के दबाव में आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 38 पैसे लुढ़ककर 82.75 रुपये प्रति डॉलर रह गया। इसके पिछले कारोबारी दिवस रुपया 82.37 रुपये प्रति डॉलर रहा था।

शुरुआती कारोबार में रुपया चार पैसे की बढ़त लेकर 82.33 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। सत्र के दौरान बिकवाली होने से यह 82.31 रुपये प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंचा।

वहीं, लिवाली के दबाव में 82.80 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर तक लुढ़क गया।

अंत में पिछले दिवस के 82.37 रुपये प्रति डॉलर की तुलना में 38 पैसे की गिरावट लेकर 82.75 रुपये प्रति डॉलर रह गया।

************************

टीएसपीएससी ने पांच मार्च को आयोजित असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती परीक्षा रद्द की

हैदराबाद 16 March, (एजेंसी): तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग (टीएसपीएससी) ने विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों में सहायक अभियंताओं, नगरपालिका सहायक अभियंताओं, तकनीकी अधिकारियों और कनिष्ठ तकनीकी अधिकारियों की भर्ती के लिए पांच मार्च को आयोजित हुई परीक्षा को रद्द कर दिया है।

आयोग ने आज यहां जारी बयान में कहा कि केंद्रीय अपराध थाना हैदराबाद द्वारा परीक्षा के प्रश्न पत्रों के लीक होने के संबंध में दर्ज प्राथमिकी की सावधानीपूर्वक जांच के बाद पांच मार्च को आयोजित हुई परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।

पांच मार्च को राज्य में करीब 55 हजार उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे। उल्लेखनीय है कि पुलिस ने सोमवार को पेपर लीक मामले में टीएसपीएससी के दो कर्मचारियों और एक पुलिस कांस्टेबल सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया है और उन्हें अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

*******************************

 

लंबी देरी के बाद Air India ने रद्द की शिकागो-दिल्ली फ्लाइट, यात्रियों में भारी रोष

नई दिल्ली 16 March, (एजेंसी): शिकागो से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान में काफी देरी और अंतत: रद्द होने से यात्री नाराज हो गए, क्योंकि उन्होंने शिकायत की कि उन्हें देरी के बारे में अंधेरे में रखा गया और एयरलाइन ने उन्हें बुधवार शाम तक उनके गंतव्य तक पहुंचने की वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में सूचित नहीं किया।

शिकागो से दिल्ली जाने वाली एआई 126 फ्लाइट 14 मार्च को दोपहर 1.30 बजे (स्थानीय समय) रवाना होने वाली थी और 15 मार्च को दोपहर 2.20 बजे दिल्ली हवाईअड्डे पर पहुंचे।

हालांकि, इसके करीब 300 यात्री बुधवार देर शाम शिकागो हवाईअड्डे पर इंतजार कर रहे थे और उन्हें किसी वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। गोपाल कृष्ण सोलंकी ने कहा, उड़ान 22 घंटे से अधिक लेट है और हम अभी भी हवाईअड्डे पर हैं।

हमें गाइड करने वाला कोई नहीं है। एयरलाइन कर्मचारी शायद ही कुछ बता रहे हैं। हमें नहीं पता कि हम कब दिल्ली पहुंच पाएंगे। हम जानकारी का इंतजार कर रहे थे। सूत्रों ने दावा किया कि यात्रियों में एक व्यक्ति है जिसने अपनी मां को खो दिया और उसे अंतिम संस्कार के लिए पहुंचना था।

सोलंकी ने कहा कि हवाई यात्रियों को एक होटल उपलब्ध कराया गया था, लेकिन इसकी व्यवस्था बहुत देर से हुई। उन्होंने कहा, हमें यहां काफी देर तक इंतजार करना पड़ा और लड़ाई और ठहरने के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। हमें होटल के बारे में बहुत देर से बताया गया।
इस बीच एयर इंडिया ने कहा है कि तकनीकी कारणों से उड़ान रद्द की गई है।

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा, 14 मार्च, 2023 को एयर इंडिया की उड़ान एआई 126 को तकनीकी कारणों से रद्द करना पड़ा। प्रभावित यात्रियों को चौतरफा समर्थन की पेशकश की गई और उन्हें वैकल्पिक उड़ानों में समायोजित किया जा रहा है।

हमें अपने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। सरकार ने मंगलवार को संसद को बताया कि वर्ष 2022 के दौरान तकनीकी कारणों से कुल 1,171 उड़ानें रद्द की गईं, जबकि 2021 में 931 और 2020 में 1,481 उड़ानें रद्द की गईं।

*****************************