21.03.2026 – महाराजा म्यूज़िक कंपनी ने अपना नया रोमांटिक म्यूजिक वीडियो ‘तेरे बिना क्या है जीना’ रिलीज़ कर दिया है। इस गाने को अश्विन महाराज ने प्रस्तुत किया है और इसके निर्माता व निर्देशक भी अश्विन महाराज हैं।
महाराजा म्यूज़िक के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध इस म्यूजिक वीडियो में टर्सी एम. फर्नांडिस और अक्षय सेठी नज़र आ रहे हैं। आनंद भकुनी ने सहायक निर्देशक के रूप में काम किया है।
गाने की सिनेमैटोग्राफी नवीन कुमार ने की है, जबकि एडिट और डीआई सगीर चुडेसरा ने किया है।
गाने को शंकर दास ने अपनी आवाज़ दी है। इसका संगीत और बोल सतीश त्रिपाठी ने तैयार किया है।
09.06.2026 – एस एल वी सिनेमाज के बैनर तले बनी ‘द पैराडाइज’ का ग्रैंड वर्ल्डवाइड रिलीज़ 21 अगस्त को आठ भाषाओं में होने वाला है। विज़नरी डायरेक्टर, दमदार परफॉर्मेंस और अब साल का सबसे बड़ा म्यूजिकल हिट लेकर यह फिल्म एक ग्लोबल सिनेमैटिक इवेंट बनने की तैयारी में है। साउथ स्टार नानी स्टारर ‘आया शेर’ तेलुगु में धमाल मचाने के बाद हिंदी में भी रिलीज कर दिया गया है।
तेलुगु वर्जन ने साउथ स्टार नानी के जन्मदिन पर रिलीज होकर चार्ट्स और सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था और अब हिंदी वर्जन भी उसी अंदाज में लोगों का पसंदीदा बन गया है। तेलुगु वर्जन ने यूट्यूब पर 44 मिलियन से ज्यादा व्यूज और 1 मिलियन से ज्यादा लाइक्स पार कर लिए हैं। गाना अभी सबसे ट्रेंडिंग ट्रैक्स में से एक बन चुका है। दुनिया भर के फैंस इंस्टाग्राम पर साउथ स्टार नानी के इलेक्ट्रिफाइंग हुक स्टेप को दोहरा रहे हैं और इस ट्रैक से प्रेरित अनगिनत एनर्जेटिक रील्स शेयर कर रहे हैं।
‘द पैराडाइज’ श्रीकांत ओडेला का एक और बड़ा प्रोजेक्ट है, जिन्होंने अपने डेब्यू फिल्म ‘दसरा’ से खूब तारीफें बटोरी थीं। जबरदस्त हाइप के बीच, अनिरुद्ध का पावरफुल साउंडट्रैक, जिसमें अर्जुन चांडी की वॉइस है, फिल्म की इमोशनल गहराई और स्केल को और बढ़ा देता है। फिल्म में नानी के लिए यह एक धमाकेदार इंट्रोडक्शन ट्रैक है।
‘आया शेर’ को अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया है और सुधान मास्टर ने कोरियोग्राफ किया है। गाने में रॉ एनर्जी, थिरकते बीट्स और साउथ स्टार नानी की ट्रेडमार्क इंटेंसिटी साफ नजर आती है। उनकी स्क्रीन पर कमांडिंग प्रेजेंस और डायनामिक डांस मूव्स ने इसे एक यादगार सांस्कृतिक पल बना दिया है, जिसे फैंस खुद एक थिएटरिकल स्पेक्ट्रेकल के रूप में सेलिब्रेट कर रहे हैं।
08.03.2026 – बी62 स्टूडियोज द्वारा निर्मित स्पाई-एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर- द रिवेंज’ का ट्रेलर मेकर्स द्वारा रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर में रणवीर सिंह जसकीरत सिंह रंगी के किरदार में दमदार अंदाज़ में लौटते नजर आते हैं। इस बार वह जसकीरत और हमज़ा ऐसे दो अवतारों में दिखाई देंगे। कहानी और रोमांचक बनती है जब कि आर. माधवन रणनीतिक मास्टरमाइंड अजय सान्याल के रूप में नजर आते हैं, अर्जुन रामपाल आईएसआई मेजर इकबाल के रूप में एक खतरनाक और प्रभावशाली किरदार निभाते दिखाई देते हैं और संजय दत्त एसपी चौधरी असलम के रूप में दमदार मौजूदगी दर्ज कराते हैं।
तेज़ रफ्तार एक्शन, धारदार संवाद और ऐसे कई पल ट्रेलर में दिखाई देते हैं जिसे देख सिनेमाघरों में दर्शक सीटियां बजाने के लिए मजबूर होंगे। यह ट्रेलर एक बड़े बदले की कहानी की झलक देता है, जिसे बेहद भव्य पैमाने पर पेश किया गया है।
विदित हो कि ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता बनकर उभरी और हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बनी थी। अब इसकी अगली इंस्टॉलमेंट पहले से कहीं ज़्यादा बड़े पैमाने पर आ रही है, जिसमें दांव और रोमांच पहले से कहीं ज़्यादा बढ़कर हैं।
‘हौसला…, ईंधन…,.बदला…’ इस नई इंस्टॉलमेंट को आगे बढ़ाने वाली बदले की ताकत की ओर इशारा करता है।
जियो स्टूडियोज की नवीनतम प्रस्तुति के रूप में ‘धुरंधर द रिवेंज’ पांच भाषाओं हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में 19 मार्च को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस हाई-ऑक्टेन स्पाई-एक्शन फिल्म को आदित्य धर ने लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया है। फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे और लोकेश धर ने किया है।
05.03.2026 – वेस्टर्न इंडिया फिल्म एंड टीवी प्रोड्युसर्स एसोसिएशन (WIFPA),मुंबई और सर्विस एक्सपोर्ट प्रोमोशन काउंसिल (SEPC), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय (भारत सरकार) की एक इकाई गुजरात एंटरटेनमेंट एंड मीडिया इंडस्ट्रीज ने पिछले दिनों अहमदाबाद में गुजरात विश्वविद्यालय परिसर में गुजरात की मनोरंजन और मीडिया उद्योग पर एक सम्मेलन का आयोजन किया।
इस सेमिनार में सरकारी अधिकारी, फिल्म जगत के दिग्गज, निर्माता, कलाकार, तकनीज्ञ और गुजरात विश्वविद्यालय के छात्रों ने भाग लिया। गुजरात सरकार की सिनेमा और पर्यटन नीति फिल्म निर्माण के लिए सुविधाएं प्रदान करने का उद्देश्य रखती है, जिसमें वित्तीय प्रोत्साहन, बुनियादी ढांचे का विकास और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर शामिल हैं।
इस उद्देश्य की पूर्ति और प्रचार प्रसार हेतु आयोजित इस कार्यक्रम में प्रख्यात वक्ताओं डॉ. जयंतीलाल गडा, डॉ. अभय सिन्हा, संदीप पटेल, डॉ. नेत्री त्रिवेदी, अभिषेक शाह, अभिषेक जैन ने अवसरों और मनोरंजन क्षेत्र में चुनौतियों पर अपने मूल्यवान सुझाव दिए। परिषद के मुख्य आयोजक सर्विस एक्सपोर्ट प्रोमोशन काउंसिलn के निदेशक डॉ. अभय कुमार सिन्हा, वेस्टर्न इंडिया फिल्म एंड टीवी प्रोड्युसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संग्राम शिर्के ने सुपरहिट फिल्म ‘लालो’ का उदाहरण देते हुए गुजराती फिल्म इंडस्ट्री के बारे मे कहा कि आने वाले समय मे गुजराती फिल्म जगत एक अलग मुकाम हासिल करेगी।
गुजरात युनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को उन्होंने प्रोत्साहन दिया और कार्यक्रम के आयोजक विफ्पा उपाध्यक्ष डॉ. हिराचंद दंड ने भी मनोरंजन उद्योग के भविष्य पर अपने मूल्यवान सुझाव दिए। इस कार्यक्रम में गुजराती फिल्म उद्योग, फिल्म निर्माण के मुद्दे, सरकारी सब्सिडी, लेखकों और निर्देशकों की भूमिका और गुजरात में सिनेमा हॉल से जुड़ी समस्याओं व अन्य अतिरिक्त विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
गुजराती फिल्म स्टार हितेश कनोडिया, फिल्म ‘लालो’ की पूरी टीम और अन्य कलाकारों ने इस सेमिनार और कांफ्रेंस में भाग लिया। वेस्टर्न इंडिया फिल्म एंड टीवी प्रोड्युसर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती अंजना शर्मा, मानद महासचिव दिनेश आशिवाल, संयुक्त सचिव चांदनी गुप्ता, धर्मेंद्र मेहरा, मानद महासचिव फिल्म मेकर्स कॉम्बाइन और फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया, अमित कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष – फिल्म मेकर्स कॉम्बाइन, डॉ. प्रल्हाद खंडारे, कोषाध्यक्ष, श्रीमती चंदा पटेल, अखिल कोटक, कार्यकारी समिति सदस्य एवं गुजरात कार्यालय व्यवस्थापक हितेश आनंद उपस्थित थे।
15.10.2025 – निशित चन्द्र माथुर माथुर द्वारा निर्मित और जिग्नेश महियावंशी द्वारा निर्देशित हॉरर थ्रिलर ‘लॉस्ट सोल’ की स्पेशल स्क्रीनिंग पिछले दिनों अंधेरी पश्चिम स्थित चार बंगला के स्टार प्रिव्यू थियेटर में संपन्न हुई। फिल्म की कहानी बेहद आकर्षक है, जिसमें हॉरर और सस्पेंस के तत्वों को कुशलतापूर्वक स्क्रीन पर पेश किया गया है।
वहीं इस फिल्म से बतौर मुख्य नायिका सिम्मी दीक्षित बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। उनके शानदार अभिनय ने वाकई दर्शकों का ध्यान खींचा है। पूरी फिल्म में सिम्मी दीक्षित कहानी का केंद्रबिंदु बनकर उभरी हैं जो बेहद प्रशंसनीय हैं साथ ही नवोदित अभिनेता आर्यन राजपूत ने भी अपने अभिनय कला कौशल से अपने कैरेक्टर को जीवंत किया है, वहीं फिल्म के अन्य पात्रों ने भी शानदार अभिनय किया है।
रीता दास द्वारा लिखित यह फिल्म इस शैली के सिनेदर्शकों के लिए एक बार देखने योग्य है। सतरंगी मीडिया पी.आर सर्विसेज और पेज1 नेटवर्क के द्वारा प्रचारित ‘लॉस्ट सोल’ एक बेहतरीन हॉरर थ्रिलर है जो सिनेदर्शकों को अपनी सीट से बांधे रखेगी। फिल्म की पूरी टीम ने बहुत अच्छा प्रयास करने की कोशिश की है। अब दर्शक इस फिल्म कितना प्यार देते हैं ये तो आने वाला समय ही बताएगा।
14.10.2025 – मुंबई ग्लोबल द्वारा पिछले दिनों आयोजित ‘अखंड भारत गौरव अवार्ड’ समारोह (26वाँ सीजन) में अपनी पुरानी परंपराओं कायम रखते हुए मुंबई ग्लोबल के संस्थापक एवं चेयरमैन राजकुमार तिवारी ने कला, संस्कृति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सुप्रसिद्ध फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड(मुंबई) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी, सिंगर दीपा नारायण और बॉलीवुड आइकॉन जे. ब्रैंडन हिल की उपस्थिति में अवार्ड दे कर सम्मानित किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में उनका साथ दिया मयूरी नेटवर्क कंपनी के सीईओ पुनीत आर खरे और मनीषा पुनीत खरे ने, जिनका मीडिया, पब्लिक रिलेशन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के क्षेत्र में एक चर्चित नाम है।
समारोह के दौरान इंडियन आइकॉन मेगा मॉडल वैशाली भाऊरजार, वित्त और प्रबंधन गुरु अनिल सिंह, लाइव परफॉर्मर और सिंगर चंद्रप्रकाश निर्वान, सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदानकर्ता इमरान अली, फैशन डिजाइनर फरहाना बेगम, समाजसेवी सौरभ अग्रवाल और सिराजुद्दीन एच. मुलानी (प्रतिष्ठित सिविल इंजीनियर) को भी सम्मानित किया गया
साथ ही साथ कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों को गेस्ट ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया जिनमें बीजेपी के एमएलए संजय उपाध्याय, डिस्ट्रिक प्रेसिडेंट नार्थ मुम्बई एडवोकेट इंद्रपाल सिंह, मुम्बई जनरल सेक्रेटरी एनसीपी मुम्बई सुदर्शन राणा, निर्माता, कोरियोग्राफर अभिनेता विन्स ड्यूस, तंत्र और ज्योतिषाचार्य भावानी महाराज, रनवे मॉडल्स रहीं महिला व्यवसायी और मॉडल सुनीता बावा (शो ओपनर), अभिनेत्री मॉडल मूनमून चक्रवर्ती (शो स्टॉपर), मॉडल एमी रंधावा, अभिनेत्री मॉडल पूजा राव और सिंगर मॉडल नीलम नारायण, महिला व्यवसायी प्रीति कडाकिया, अभिनेता राजीव सिंह, व्यवसायी शामशी जहीर मुल्ला, कॉमेडियन आर्टिस्ट रफीक शेख़, पीआरओ और हंगामा मीडिया ग्रुप के सीईओ संजय भूषण पटियाला, मुम्बई म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन इलेक्शन कंपनी मेंबर राजू गुगे, मुम्बई प्रेसिडेंट वीमेन डिपार्टमेंट एनसीपी मुम्बई आरती साल्वी, कोरियोग्राफर रिंटू मंडल, डांसर प्रियांशू दुबे, डांसर साक्षी सिंह, डांस डायरेक्टर अली बख्श, अभिनेत्री रिदिमा तिवारी, आईएफईटी इंडो फ्रांस पेरिस के चैयरमेन रिजवान खान, बिल्डर और सोशल वर्कर इम्तियाज शेख़, समाजसेवी नंदकुमार चंद्रकांत महात्रे, सत्कर्मीक मिशन फाउंडेशन के फाउंडर बाबा इन्दर प्रीत सिंह, अभिनेत्री मृणाल देशराज, अभिनेत्री डांसर कबीना महाजन, अभिनेता बृजगोपाल, बेस्ट फैशन फोटोग्राफर राजू असरानी, सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट जरीन शेख़, अभिनेत्री सपना सिंह, अभिनेत्री काजल कुशवाहा, अभिनेता जिम्मी खान, स्निपक्स कंसल्टेंसी सीईओ अमित कुमार, योगा फिटनेस गुरु गिरीश कदम, निर्माता आशीष माहेश्वरी, समाजसेवी रमेश कुमार गुप्ता, एमडी फीजिशियन डॉक्टर विशाल शर्मा, यूनिवर्सल कम्युनिकेशन वेल्थ एंड वेल बीइंग कोच डॉक्टर पदमाकर के नानदेकेर, मन्नत इंडिया मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ रविन्द्र पुंडीर, ग्लोबल एक्टिव एक्ससिलेंस इन शेयर ट्रेडिंग एंड इन्वेस्टमेंट शामली सुनील घांदीगोनकर, यूटूबर विशाल बसोतिया, समाजसेवी वलीबा विट्ठल पोपेरे, इन्फूलेंसर रसिका उम्ब्राजकर, सोशल कल्चर इवेंट प्लानर वैशाली उम्ब्राजकर, ग्लोबल ट्रांस क्वीन मॉडल एलिजा बेनिज़ीर, मिस ग्लोबल इंडिया अभिनेत्री मॉडल प्रिया कपूर, सिंगर मॉडल अभिनेत्री सोशल वर्कर सुपर्णा कुमार के नाम उल्लेखनीय हैं।
विदित होकि ‘मुम्बई ग्लोबल ग्रुप’ ने अपनी उल्लेखनीय सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों से न सिर्फ पूरे देश में बल्कि पड़ोसी देशों में भी कम समय में अपनी पहचान कायम की है।
जमशेदपुर (झारखंड) की धरती से जुड़े जुझारू व कर्मठ समाजसेवी राजकुमार तिवारी के द्वारा पिछले 26 वर्षो से मुंबई में ‘अखंड भारत गौरव अवार्ड’ समारोह का आयोजन किया जाता रहा है.
आयोजक राजकुमार तिवारी का कहना है कि इस तरह के अवार्ड शो करने का उनका खास उद्देश्य यह है कि जो व्यक्ति अपने अपने क्षेत्रों में अच्छा कार्य कर रहे हैं उनको यह अवार्ड प्रदान कर प्रोत्साहित करना और उनके लिए बेहतर प्लेटफॉर्म मुहैया कराने में सहायता करना है।
10.10.2025 – रजनीश ‘रैज़ी’ घई द्वारा निर्देशित और रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़) द्वारा निर्मित फिल्म’120 बहादुर’ के लिए अभिनेता अमिताभ बच्चन वॉइसओवर देंगे
। इस बात का खुलासा बेहद लोकप्रिय टी वी शो कौन बनेगा करोड़पति के मेकर्स द्वारा अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के खास एपिसोड के लिए जावेद अख्तर और फरहान अख्तर के साथ नया प्रोमो रिलीज किए जाने से हुआ है। प्रोमो में जावेद और फरहान अख्तर अमिताभ बच्चन के साथ KBC के हॉट सीट पर नजर आते हैं, जहां वे अपने पुराने रिश्तों को याद करते हुए मजेदार बातें साझा कर रहे हैं।
खास पल तब आता है जब अमिताभ बच्चन, फरहान अख्तर से उनकी आने वाली फिल्म ‘120 बहादुर’ के बारे में पूछते हैं। इसके बाद फरहान अख्तर रिजांग ला की लड़ाई और वहां 3,000 चीनी सैनिकों के खिलाफ लड़े बहादुर सैनिकों की कहानी बताते हैं। आखिर में, फरहान अमिताभ बच्चन से एक खास रिक्वेस्ट करते हैं कि वे उनकी फिल्म की ओपनिंग सीन को नरेट करें।
जावेद अख्तर और फरहान अख्तर के साथ वाले एपिसोड में अमिताभ बच्चन से फरहान अख्तर कहते हैं, “हमारी फिल्म की शुरुआत एक नैरेटर की आवाज़ से होती है, जो रिजांग ला की घटना को समझाती है। अगर आप हमारी फिल्म की शुरुआत के लिए नैरेटर बनें, तो यह हमारे लिए सम्मान की बात होगी।”
इसपर मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने खुशी-खुशी हामी भर दी, जिससे यह एपिसोड का सबसे दिल छू लेने वाला पल बन गया। इस इमोशनल बातचीत ने दर्शकों को ‘120 बहादुर’ का बेसब्री से इंतजार करने पर मजबूर कर दिया है। इस प्रोमो ने सोशल मीडिया पर पहले ही अपना जादू चला दिया है, जहाँ दर्शक अमिताभ बच्चन और अख़्तर परिवार की इस कभी न देखी गई ऑन-स्क्रीन मुलाकात की खूब तारीफ कर रहे हैं।
वहीं, यह एपिसोड मेगास्टार अमिताभ बच्चन की शानदार विरासत का सही जश्न साबित होने की उम्मीद है, क्योंकि इसमें यादें, भावनाएं और सिनेमा के जादू का सही मिश्रण है। फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) की नवीनतम प्रस्तुति ‘120 बहादुर’ 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
09.10.2025 – दिल्ली की मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता पिछले दिनों ‘मुख्यमंत्री जनसेवा सदन’ में से मिली, जिसमें अभिनेता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी भी शामिल थे। इस मुलाकात में भारतीय फिल्मों की बढ़ती पहचान और यह दिखाने की ताकत बताई गई कि कैसे ये फिल्में भारत की आध्यात्मिक और पारंपरिक संस्कृति को सामने लाती हैं और उसे बचाती हैं।
यहां उल्लेखनीय है कि दुनियाभर में लंबे इंतज़ार के बाद, होम्बले फिल्म्स और ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा : चैप्टर 1’, जो ‘कांतारा: ए लीजेंड’ का प्रीक्वल है, यह फिल्म 2 अक्टूबर को दुनियाभर में रिलीज हो चुकी है। फिल्म के ट्रेलर और गानों ने पहले ही इंटरनेट पर धमाल मचा दिया था लेकिन रिलीज़ के बाद इसने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ दिए और एक ग्लोबल फेनोमेनन बन गई।
दुनियाभर के दर्शक और समीक्षको ने इसकी दमदार कहानी, शानदार परफॉर्मेंस और लाजवाब विजुअल्स की तारीफ करनी जारी रखा है। बताते चलें कि ‘कांतारा : चैप्टर 1’ को ऋषभ शेट्टी ने लिखा, डायरेक्ट किया और उसमें लीड भूमिका निभाई निभाई है।
इस फिल्म को विजय किरगंदुर ने होम्बले फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फिल्म में अरविंद एस. कश्यप की सिनेमेटोग्राफी है, जबकि बी. अजनीश लोकनाथ का म्यूजिक है।
फिल्म में ऋषभ शेट्टी, सप्तमी गौड़ा, गुलशन देवैया, रुक्मिणी वसंत, जयराम, पीडी सतीश चंद्र, प्रकाश थुमिनाड जैसे कई कलाकार हैं। फिल्म भारत की आध्यात्मिक गहराई और सांस्कृतिक समृद्धि को खूबसूरती से पेश करती है, हमारी परंपराओं की आत्मा को जीवंत करती है। ‘कांतारा’ जैसी फिल्में गर्व से हमारी विरासत की भावना को वैश्विक मंच तक पहुँचाती हैं।
04.10.2025 – कृष्णा चौहान फाउंडेशन के द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर मेयर हॉल, अंधेरी पश्चिम मुम्बई में आयोजित ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2025’ समारोह में अभिनेता दीपक पराशर, संगीतकार दिलीप सेन, एसीपी संजय पाटिल, गायिका रेखा राव, दीपक देसाई, विश्वजीत सोनी, मुस्तफा यूसुफअली गोम, रमेश गोयल, ब्राइट आउटडोर मीडिया के योगेश लखानी और पवन तोडी (महात्मा गांधी के अवतार में) की उपस्थिति में राष्ट्रीय स्तर पर ग्लैडरैग्स मेगामॉडल अचीवर रही मॉडल वैशाली भाऊरज़ार को अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।
विदित हो कि वैशाली ने अपनी प्रतिभा और कला कौशल से कई राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में जीत हासिल की है। जहाँ से उसे मॉडलिंग और विज्ञापन की दुनिया में जाने का मौका मिला। वह कोविड प्रोडक्ट्स की ब्रांडिंग के विज्ञापन किये हैं। उन्होंने कई विज्ञापन किये हैं जिनमें लोगों को जागरूक करने वाले विज्ञापन हैं जैसे ‘डोंट ड्रिंक एंड ड्राइव के प्रति सतर्कता’ आदि।
साथ ही बीएसएनएल और कई छोटे बड़े विज्ञापन भी उन्होंने किये हैं। कुछ प्रोडक्ट की ब्रांड एम्बेसडर बनने का वैशाली को ऑफर मिला है। टेलीविजन जगत और फ़िल्म जगत में भी वह अपनी पहचान बनाती जा रही हैं। वैशाली अभी कई ब्रांड्स की मॉडल हैं और फेस्टीवल पर परफॉर्मेंस भी करती हैं।
वैशाली भाऊरज़ार को सुपर ह्यूमन एक्सीलेंस अवार्ड 2024 का सम्मान चिन्ह भी मिला है। यह अवार्ड (सम्मान चिन्ह) वैशाली को बॉलीवुड गायक पद्मश्री उदित नारायण के हाथों मिला। इस विशेष सम्मान को प्राप्त कर वैशाली भाऊरज़ार बेहद प्रसन्न और गौरवान्वित है। वैशाली इससे पहले भी कई अवार्ड से सम्मानित हो चुकी हैं। मुम्बई ग्लोबल की ओर से अखण्ड भारत गौरव अवार्ड भी इन्हें मिला है। यह अवार्ड भी उन्हें पद्मश्री उदित नारायण के हाथों मिला है।
नेहरू युवा केन्द्र मुम्बई द्वारा महाराष्ट्र मिनिस्ट्री ऑफ युथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स सम्मान चिन्ह भी वैशाली को मिल चुका है। जहां एक ओर नारी शक्ति सम्मान समारोह में उन्हें बेस्ट फेस ऑफ द ईयर अवार्ड से नवाजा गया वहीं दूसरी ओर नारी शक्ति अवार्ड शो में राज्य स्तर पर अतिथि के रूप में उपस्थित होकर फॉर्मेसी के विद्यार्थियों को उन्होंने अपने हाथों से अवार्ड दिया है।
सिनेमा आज तक अवार्ड समारोह में उन्हें बेस्ट फेस ऑफ द ईयर 2022 से सम्मानित किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ राज्य के भिलाई की मूल निवासी वैशाली भाऊरज़ार की मॉडल बनने की कहानी काफी दिलचस्प और प्रेरणादायक है।
वैशाली प्रारंभ में एयर होस्टेस बनना चाहती थी और वह बनी भी। किंगफिशर एयरलाइंस के साथ उन्होंने एक्स कैबिन क्रू (एयरहोस्टेस) के रूप में काम भी किया मगर उनकी किस्मत ने उन्हें मॉडलिंग की दुनिया मे ला दिया। वह अपनी कड़ी मेहनत और लगन से लगातार अपने कर्मपथ पर आगे बढ़ रही हैं।
04.10.2025 – गांधी जयंती के अवसर पर कृष्णा चौहान फाउंडेशन के द्वारा मेयर हॉल, अंधेरी पश्चिम मुम्बई में आयोजित’महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2025′( पांचवां सीजन) समारोह में अभिनेता दीपक पराशर, संगीतकार दिलीप सेन, एसीपी संजय पाटिल, गायिका रेखा राव, दीपक देसाई, विश्वजीत सोनी, मुस्तफा यूसुफअली गोम, रमेश गोयल, ब्राइट आउटडोर मीडिया के योगेश लखानी और पवन तोडी (महात्मा गांधी के अवतार में) सहित बॉलीवुड के कई नामचीन शख्सियतों की उपस्थिति में वरिष्ठफिल्म पत्रकार एवं अधिवक्ता काली दास पाण्डेय को’महात्मा गांधी रत्न अवार्ड’ दे कर सम्मानित किया गया।
बॉलीवुड के चर्चित फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय ने अपना करियर 1981 में स्वतंत्र पत्रकार के रूप में जमशेदपुर (झारखंड) से प्रकाशित हिंदी दैनिक समाचार पत्र ‘उदित वाणी’ से किया था।
80 के दशक से वर्तमान समय तक बतौर फिल्म पत्रकार बॉलीवुड में उनकी सक्रियता जारी है। हजारीबाग (झारखंड) बार एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण कर 1992 से वकालत के पेशे में क्रियाशील काली दास पाण्डेय को यह सम्मान फिल्म पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।
03.10.2025 – गांधी जयंती के अवसर पर कृष्णा चौहान फाउंडेशन के द्वारा मेयर हॉल, अंधेरी पश्चिम मुम्बई में आयोजित’ महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2025′( पांचवां सीजन) समारोह अभिनेता दीपक पराशर, संगीतकार दिलीप सेन, एसीपी संजय पाटिल, गायिका रेखा राव, दीपक देसाई, विश्वजीत सोनी, मुस्तफा यूसुफअली गोम, रमेश गोयल, ब्राइट आउटडोर मीडिया के योगेश लखानी और पवन तोडी (महात्मा गांधी के अवतार में) सहित बॉलीवुड के कई नामचीन शख्सियतों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अभिनेता दीपक पराशर ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह के दौरान सभी विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित करने के साथ साथ सिंगर एनके नरेश, विक्की नागर, फिल्म पत्रकार काली दास पाण्डेय, भारती छबड़िया, अभिनेत्री रंगीता सिंह, अभिनेत्री सानिया वर्मा और मॉडल वैशाली भाऊरज़ार सहित कई हस्तियों को अवॉर्ड दे कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम मेंआरजे आरती सजवाण ने एंकरिंग की और सिंगर नरेश और सागर आचार्य ने अपने गीतों से वातावरण को खुशनुमा बना दिया।
इस अवसर पर डॉ. कृष्णा चौहान और अभिनेत्री शिरीन फरीद पर फ़िल्माया गया हिंदी म्युज़िक वीडियो “दिलों की बात” भी रिलीज किया गया। निर्माता निर्देशक डॉ. कृष्णा चौहान इस गीत से अभिनेता भी बन गए हैं। विख्यात डांसर और अभिनेत्री शिरीन फरीद के साथ उन्होंने इस हिंदी एल्बम में बतौर हीरो काम किया है। कृष्णा म्यूजिक से ये गीत रिलीज किया गया। इसके संगीतकार राजेश घायल और गायिका करिश्मा शेख और गीतकार शाइस्ता देशमुख हैं। डीओपी पप्पू शेट्टी, कोरियोग्राफर एगनेस, एडिटर संदीप मिश्रा हैं। शिरीन फरीद ने इस गीत पर लाइव परफार्म भी किया।
इस मौके पर डायरेक्टर डॉ. कृष्णा चौहान और सिंगर एनके नरेश के हिन्दी एल्बम “जोड़ दे दिल से दिल की कड़ी” को भी रिलीज किया गया जो विनायक सोनी और अभिनेत्री रंगीता सिंह पर फ़िल्माया गया वीडियो सॉन्ग है। मशहूर सिंगर परफॉर्मर एनके नरेश के म्युज़िक वीडियो “जोड़ दे दिल से दिल की कड़ी” का संगीत दिग्गज संगीतकार दिलीप सेन ने दिया है जिसे विख्यात गीतकार सत्यप्रकाश ने लिखा है।
इस गीत मे विनायक सोनी और प्रतिभाशाली अभिनेत्री रंगीता सिंह ने बेहतरीन काम किया है. वीडियो सांग में सिंगर एनके नरेश की झलकियां भी दिखाई दे रही हैं। इस गीत की डांस मास्टर एगनेस और कैमरामैन पप्पू शेट्टी और को-प्रोड्यूसर नीलम जितेन्द्र हैं। विदित हो कि बॉलीवुड के फेमस निर्माता निर्देशक और अवॉर्ड किंग का खिताब पा चुके डॉ कृष्णा चौहान गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के मूल निवासी हैं और पिछले लगभग 28 वर्षों से बॉलीवुड में सक्रिय हैं।
इन्होंने अपना फिल्मी सफर बतौर सहायक निर्देशक शुरू किया था। इन्होंने कई एड फिल्म्स, म्यूजिक वीडियो का निर्माण किया है। डॉ कृष्णा चौहान न केवल एक कामयाब फिल्म निर्देशक एवं चर्चित समाज सेवक हैं बल्कि अवार्ड्स फंक्शन करने के मामले में सबसे अधिक सुर्खियों में रहने वाले पर्सनाल्टी के रूप में जाने जाते हैं।
02.010.2025 – डायरेक्टर शशांक खेतान एक बार फिर अपने रोमांटिक जोन के साथ लौटे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ रिलीज हो चुकी है। फिल्म में वरुण धवन, जाह्ववी कपूर, सान्या मल्होत्रा और रोहित श्रॉफ लीड रोल में हैं।
भारतीय फिल्म जगत के चर्चित फिल्म निर्माता करन जौहर की धर्मा प्रोडक्शन कंपनी की इस फिल्म में ब्रेक अप और रिश्तों की उलझनों को काफी बेहतरीन अंदाज में स्क्रीन पर पेश किया गया है।
फिल्म की कहानी में दिखाया कि सनी (वरुण धवन) और तुलसी (जाह्नवी कपूर) दोनों एक्स-लवर्स हैं और दोनों ही अपने एक्स यानी अनन्या (सान्या मल्होत्रा) और विक्रम (रोहित सराफ) की शादी तोड़ने के लिए दोबारा से दोस्ती करते हैं, फिर शुरू होता है हाई वोल्टेज ड्रामा।
मनमोहक व प्रभावशाली अदायगी के साथ वरुण धवन का कॉमिक और डांस मूव्स कमाल के हैं। जाह्नवी कपूर ने अपनी मासूमियत से जवां दिलों को धड़काने में कामयाब कही जा सकती है। स्क्रीन पर दोनों के बीच की केमिस्ट्री शानदार लगी है।
इनके अलावा सान्या मल्होत्रा, रोहित श्रॉफ और मनीष पॉल ने भी अपने-अपने किरदार के साथ पूरी तरह से न्याय किया है। मानुष नंदन की सिनेमैटोग्राफी काबिलेतारिफ है। फिल्म का गीत संगीत शानदार है।
यह फिल्म पूरी तरह से कॉमेडी, रोमांस, म्यूजिक और ड्रामा मिश्रित एंटरटेनमेंट पैकेज है जो सेल्फ रेस्पेक्ट की वकालत करता है और संदेश देता है कि केवल जन्म कुंडली और बायोडाटा मिल जाने से रिश्ते नहीं बनते बल्कि दिलों के मिलने से ही रिश्ते स्थाई रूप से बनते हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद मेकर्स इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर भी पेश करेंगे।
01.010.2025 – अंधेरी (पश्चिम), मुंबई स्थित रहेजा क्लासिक क्लब के प्रेक्षागृह में आयोजित इंडियन सिंगर्स एंड म्यूजिशियंस राइट्स एसोसिएशन( ISAMRA ) के 12वीं वार्षिक आम सभा में एक ऐतिहासिक घोषणा की गई है। उसके अनुसार अब रॉयल्टी केवल गायकों को ही नहीं, बल्कि संगीतकारों, कोरस गायकों और वाद्ययंत्र वादकों को भी वितरित की जाएगी।
भारतीय संगीत के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी गीत में योगदान देने वाला प्रत्येक व्यक्ति उसके मूल्य में हिस्सा लेगा। विदित हो कि वर्ष 2012 में इंडियन सिंगर्स राइट्स एसोसिएशन (ISRA) की स्थापना हुई थी। गायकों के अधिकारों की रक्षा करने की दिशा में अग्रसर यह पंजीकृत संस्था अपने परिवर्तित नाम इंडियन सिंगर्स एंड म्यूजिशियंस राइट्स एसोसिएशन के साथ गायकों के अलावा संगीतकारों, कोरस गायकों और वाद्ययंत्र वादकों के हितों के लिए क्रियाशील हो गया है।
2012 से अब तक, गायकों को उनकी उचित रॉयल्टी दिलाने के लिए एसोसिएशन का सफर काफी लंबा रहा है और अभी भी उन्हें काफी लंबा सफर तय करना है। हालाँकि, फ़िलवक़्त यह एक बड़ी उपलब्धि है और इंडियन सिंगर्स राइट्स एसोसिएशन अपने बदले हुए नाम के साथ एक कदम और आगे बढ़ गया है।
अब इसे यूनाइटेड किंगडम जैसे विदेशी देशों से भी रॉयल्टी मिलनी शुरू हो गई है। वितरण के लिए ₹4.5 करोड़ निर्धारित किए गए हैं और केसरिया और रतन लंबियाँ जैसे नए चार्टबस्टर गानों से लेकर कल हो ना हो और सात समुंदर पार जैसे सदाबहार गानों से भी रॉयल्टी मिल रही है।
इस तरह, ISAMRA ने संगीत अधिकारों के क्षेत्र को सचमुच नया रूप दे दिया है। पहली बार, प्रत्येक स्वर – चाहे वह गाया गया हो या बजाया गया हो – अपना उचित महत्व रखेगा।यहाँ उल्लेखनीय है कि पहले चरण में 62 संगीतकारों और 40 कोरस गायकों को उनकी देय राशि प्राप्त होगी।
रॉयल्टी इंडियन सिंगर्स एंड म्यूजिशियंस राइट्स एसोसिएशन (ISAMRA) के संस्थापक और प्रबंध निदेशक संजय टंडन, अध्यक्ष अनूप जलोटा और सिंगर सोनू निगम, हरिहरन, उदित नारायण, अनुराधा पौडवाल, जसपिंदर नरूला, सुदेश भोसले और शैलेंद्र सिंह जैसे नामचीन शख्सियतों द्वारा प्रदान की जाएगी।
आम सभा के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप जलोटा ने इंडियन सिंगर्स एंड म्यूजिशियंस राइट्स एसोसिएशन की संघर्ष यात्रा की विस्तृत चर्चा करते हुए सदस्यता के महत्व पर ज़ोर देते हुए कहा- “जब तक आप सदस्य नहीं बन जाते, आप अपनी रॉयल्टी नहीं ले सकते। ISAMRA में, हम गायकों से आजीवन सदस्यता के लिए ₹10,000 और संगीतकारों से ₹2,000 लेते हैं, जो रॉयल्टी के अनुसार समायोजित किया जा सकता है।”
ISAMRA के संस्थापक संजय टंडन ने भी यही भावना व्यक्त की: “यह भारतीय इतिहास में पहली बार होगा। इससे पहले संगीतकारों और कोरस गायकों को कभी रॉयल्टी नहीं मिली।
हमने इसके लिए वर्षों तक संघर्ष किया है, और अब मुझे इसे हकीकत बनते देखकर गर्व हो रहा है। सबसे कठिन काम गैर-फीचर्ड कलाकारों और उनके मेटाडेटा की पहचान करना होगा। हम उनसे आग्रह करते हैं कि वे आगे आएँ, ISAMRA से जुड़ें, और जो उनका हक़ है, उसे प्राप्त करें।”
* सिंगर सोनू निगम, जिन्होंने इस पल का हिस्सा बनने और इसे संगीतकारों और कोरस गायकों के साथ साझा करने के लिए लंबी दूरी तय की, उन्होंने इस उपलब्धि का सारांश देते हुए कहा: “जो एक छोटे से प्रयास से शुरू हुआ था, वह अब एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गया है। पहली बार, गायकों, संगीतकारों और कोरस गायकों को ISAMRA के माध्यम से उनकी उचित रॉयल्टी मिल रही है। समुदाय का विश्वास हमेशा से हमारी ताकत रहा है, और यही विश्वास ISAMRA को संगीत जगत के हर कलाकार के अधिकारों के लिए अथक प्रयास करने के लिए प्रेरित करता है।”
* सिंगर जसपिंदर नरूला के लिए, यह पहल बेहद निजी है: “मुझे बहुत खुशी है कि ISAMRA संगीत समुदाय को उनका हक दिलाने का एक माध्यम है, और मैं इस महान आंदोलन का हिस्सा बनने के लिए आभारी हूँ।”
* वरिष्ठ सिंगर शैलेंद्र सिंह ने इसे एक लंबे समय से प्रतीक्षित विजय बताया: “यह एक लंबी लड़ाई रही है, और यह तो आने वाली रॉयल्टी की शुरुआत मात्र है।”
सिंगर उदित नारायण ने इंडियन सिंगर्स एंड म्यूजिशियंस राइट्स एसोसिएशन के ऐतिहासिक रॉयल्टी वितरण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बहुत संघर्ष के बाद संगीत समुदाय के हित में सफलता मिली है।
फानूस बन कर जिसकी हिफाज़त हवा करे, वो शमा क्या बुझे जिसे रौशन खुदा करे !
30.09.2025 – उपरोक्त पंक्तियां फिलवक्त लेखक, निर्माता व निर्देशक सिद्धार्थ नागर पर अक्षरशः फिट बैठती है।
लगभग 3000 से अधिक प्रसारण अवधि के धारावाहिकों का निर्माण एवं निर्देशन कर चुके सिद्धार्थ नागर टी वी श्रृंखला ‘प्रतिबद्ध’ के साथ पुनः सक्रिय हो गए हैं।
विदित हो कि पिछले पांच वर्षों के लंबे गैप, जिसकी वजह रही परिवार के अभिन्न अंग रहे सदस्यों का देहावसान और पारिवारिक समस्याओं से जुड़ी झंझानिल बयार को निर्देशक सिद्धार्थ नागर ने बख़ूबी झेला।
प्रसार भारती ब्रॉडकास्टिंग कारपोरेशन द्वारा आरम्भ किये गए ओ.टी.टी.चैनल वेव्स के लिए टी वी श्रृंखला ‘प्रतिबद्ध’ के निर्माण की स्वीकृति के पश्चात लेखक, निर्माता, निर्देशक सिद्धार्थ नागर को अनुबंधित कर लिया गया है।
बताते चलें कि ‘प्रतिबद्ध’ का मुहूर्त वृन्दावन स्थित श्री बाँके बिहारी जी के चरणों में शीश नवाते हुए किया गया, तत्पश्चात मथुरा, आगरा, लखनऊ में शूटिंग के बाद मुंबई के विभिन्न लोकेशन साई कुटीर, पुष्पा बंगलो, एस जे स्टूडियो, फिल्म सिटी, चांदिवली स्टूडियो आदि में शूटिंग का कार्य प्रगति पर है।
सार्थक चित्रम के बैनर तले बन रही ‘प्रतिबद्ध’ के सह निर्माता आकाश वशिष्ठ, दिनेश सहगल, कैमरामैन मुकेश शर्मा, एडिटर महेंद्र कुमार, रचनात्मक प्रमुख अर्चना सेकिया, निर्माण प्रमुख प्रवीण सोरते और कला निर्देशक महेंद्र राऊत हैं।
पिछले दिनों अंधेरी (ईस्ट) मुंबई स्थित एस जे स्टूडियो में ‘प्रतिबद्ध’ के कई महत्वपूर्ण दृश्य अभिनेता
अयूब खान, राजू खेर, अविनाश सजवानी, यश सिंह, अक्षमा के अलावा हम लोग और बुनियाद के चर्चित अभिनेता अभिनव चतुर्वेदी पर फिल्माए गए।
लगभग 35 साल बाद अभिनेता अभिनव चतुर्वेदी ‘प्रतिबद्ध’ की कास्ट में शामिल होकर अभिनय की दुनिया में पुनः कदम रख रहे हैं।
‘प्रतिबद्ध’ के अन्य प्रमुख कलाकार आस्था चौधरी, बृजेंद्र काला, किशोरी शहाणे, श्वेता रस्तोगी, दामिनी दवे, दीप्ति मिश्रा, अक्षिता अरोड़ा, प्रीति कोचर और लखनऊ की प्रतिष्ठित अभिनेत्री डॉ.अनीता सहगल आदि हैं।
28.09.2025 – नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्तिभाव से ओत-प्रोत म्यूजिक वीडियो ‘मां की महिमा’ जारी कर दिया गया है। चर्चित गायिका साधना वर्मा के स्वर से सजा ये म्यूजिक वीडियो ‘मां की महिमा’ न केवल संगीत प्रेमियों को भावविभोर कर रहा है, बल्कि माता रानी के भक्तों को भी एक विशेष आध्यात्मिक अनुभव दे रहा है।
इसकी लोकप्रियता का आलम यह है कि कई पूजा पंडालों में इसे बार-बार बजाया जा रहा है और लोग इसकी मधुरता में डूब रहे हैं। साधना वर्मा की सुरीली आवाज़ और भक्ति रस से भरे बोलों ने गीत को इतना लोकप्रिय बना दिया है कि यह महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई पूजा पंडालों, गरबा और डांडिया आयोजनों में विशेष रूप से गूंज रहा है।
विशेष रूप से मुंबई, भिवंडी, ठाणे और पुणे जैसे नगरों में यह गीत नवरात्र महोत्सव का जान बन गया है। इस भक्ति गीत को संगीत से सजाया दि है अंकित सिन्हा ने और बोल लिखे हैं सुनील गुप्ता ने। गीत का वीडियो भी काफी आकर्षक है, जिसका निर्देशन किया है शिवम यादव ने।
वीडियो में कलाकार अभिषेक यादव, प्रतिक्षा शर्मा, आराध्या शर्मा, कीर्ति शर्मा, वैभव भट्ट, विकास यादव, उत्कर्ष शर्मा, राहुल कुमार और अमन शर्मा ने अपने शानदार अभिनय से चार चाँद लगा दिए हैं।यह म्यूजिक वीडियो गायिका साधना वर्मा के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।
25.09.2025 – होम्बले फिल्म्स के बैनर तले निर्मित फिल्म ‘कांतारा : चैप्टर 1’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। साउथ स्टार ऋषभ शेट्टी स्टारर ‘कांतारा : चैप्टर 1’ को देशभर में रिलीज होने वाली सबसे बड़ी पैन-इंडिया फिल्म के रूप में देखा जा रहा है।
इस फिल्म की क्रिएटिव टीम में म्यूजिक डायरेक्टर बी. अजनीश लोकनाथ, सिनेमैटोग्राफर अरविंद कश्यप और प्रोडक्शन डिज़ाइनर विनेश बंग्लान शामिल हैं, जिन्होंने मिलकर फिल्म की दमदार विजुअल और भावनात्मक कहानी को आकार दिया है।
होम्बले फिल्म्स द्वारा 2022 में निर्मित ‘कांतारा’ ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी। फिल्म ‘ कांतारा: चैप्टर 1’ के साथ एक बार फिर होम्बले फिल्म्स भारतीय सिनेमा की सीमाओं को आगे बढ़ा रही है।
मेकर्स ने ‘ कांतारा : चैप्टर 1’ के लिए नेशनल और इंटरनेशनल स्पेशलिस्ट के साथ एक बड़ा वॉर सीक्वेंस तैयार किया है, जिसमें 500 से ज़्यादा कुशल फाइटर्स और 3,000 लोग शामिल हैं।
यह सीक्वेंस 25 एकड़ में फैले एक पूरे शहर में, ऊबड़-खाबड़ इलाके में 45-50 दिनों के दौरान फिल्माया गया था, जो इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़े सीक्वेंसेज में से एक बनाता है।
यह फिल्म 2 अक्टूबर को दुनिया भर में कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज होगी।
24.09.2025 – धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित और कायोज़ ईरानी द्वारा निर्देशित इमोशनल थ्रिलर ‘सरज़मीं’ का प्रीमियर 28 सितंबर को दोपहर 12 बजे स्टार गोल्ड पर होगा। ‘सरज़मीं’ अटूट पारिवारिक रिश्तों, छुपे हुए रहस्यों और त्याग की कहानी है। फिल्म में काजोल, पृथ्वीराज सुकुमारन और इब्राहिम अली खान जैसे कलाकारों की शानदार परफॉर्मेंस है।
यह फिल्म सस्पेंस को गहरे भावनात्मक ड्रामा के साथ जोड़ती है, जो इसे हर पीढ़ी के लिए एक यादगार अनुभव बनाती है। अपनी दिलचस्प कहानी के अलावा, ‘सरज़मीं’ यह भी दिखाती है कि परिवार हमारी सबसे बड़ी ताकत और हमारी सबसे गहरी जिम्मेदारी है।
फिल्म में अपने मुख्य किरदार में, काजोल एक ऐसी मां की भूमिका निभा रही हैं, जिसके अतीत में एक ऐसा महत्वपूर्ण राज छिपा है जो उसके परिवार की नींव हिला देता है।
पृथ्वीराज सुकुमारन एक ऐसे किरदार में अपनी दमदार परफॉर्मेंस देते हैं, जिसमें वह तीव्रता और संयम दोनों का संतुलन बनाए रखते हैं, जबकि इब्राहिम अली खान एक ऐसे किरदार में ताजगी और संवेदनशीलता लाते हैं जो प्यार, वफादारी और कर्तव्य के बीच फंसा हुआ है।
वर्ल्ड टीवी प्रीमियर के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री काजोल ने कहा- “इतनी गहराई और भावनात्मक जटिलता वाले किरदार को निभाना मेरे लिए एक बहुत ही संतोषजनक अनुभव रहा है।
‘सरज़मीं’ हर परिवार से जुड़ती है क्योंकि यह उन विकल्पों, बंधनों और त्याग को दर्शाती है जिनका सामना हम सभी अपने जीवन में करते हैं। मुझे खुशी है कि सभी भारतीय परिवार 28 सितंबर, रविवार को दोपहर 12 बजे स्टार गोल्ड पर ‘सरज़मीं’ का प्रीमियर देख पाएंगे।”
23.09.2025 – ऐश्वर्या शिखा फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली फिल्म ‘ऐसा कब तक’ के लिए सिंगर कोनालिका के स्वर में पिछले दिनों मुंबई स्थित आर्यन रिकॉर्डिंग स्टूडियो में एक गीत रिकॉर्ड किया गया। रिकॉर्डिंग के समय अभिनेता चांद मेहरा भी उपस्थित थे। ‘ऐसा कब तक’ के गीतकार निरंजन बुद्धधारा, कैलाश लखनवी व एंजल और म्यूजिक कंपोज किया है कुंज बिहारी ने।
बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक एम ए अरमान के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के सह निर्माता राकेश कुमार सिंह एवं शिव उरांव और कार्यकारी निर्माता दृष्टि उनगर हैं। इस फिल्म के निर्माता रवि कौशल हैं। विदित हो कि झारखंड से फिल्म निर्माता रवि कौशल का रिश्ता वर्षों पुराना रहा है। झारखंड की धरती से जुड़ी फिल्म ‘अग्निकुंड’ का निर्माण रवि कौशल कर चुके हैं।
अपनी नवीनतम फिल्म ‘ऐसा कब तक’ की शूटिंग भी रवि कौशल झारखंड के ग्रामीण व शहरी इलाकों के रमणीक लोकेशनों में करेंगे। इस फिल्म की कथावस्तु में दर्शकों के टेस्ट को ध्यान में रखते हुए रोमांस, एक्शन, कॉमेडी और ट्रेजेडी का समावेश किया गया है। फिल्म के सॉन्ग की रिकॉर्डिंग के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में अपनी नवीनतम फिल्म ‘ऐसा कब तक’ की मेकिंग की विस्तृत चर्चा करते हुए फिल्म निर्माता रवि कौशल
झारखंड राज्य के अपने अनुभवों को साझा किया और झारखंड फिल्म उद्योग को लेकर भी अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड में फिल्म निर्माण की काफी संभावनाएं हैं। यहां के युवाओं में फिल्मों के प्रति अपनापन नजर आता है। यहां की फिल्मी गतिविधियों से जुड़े कलाकारों और एक्टिव फिल्मकारों के मनोबल को बढ़ाने के लिए मौजूदा सरकार को ध्यान देना चाहिए। मुझे तो लगता है झारखंड राज्य फिल्म विकास निगम केवल कागजी घोड़ा बन कर रह गया है।
21.09.2025 – अवॉर्ड किंग डॉ. कृष्णा चौहान और चर्चित डांसर और अभिनेत्री शिरीन फरीद म्यूजिक वीडियो ‘दिलों की बात’ में एक साथ अपने अभिनय का जलवा बिखेरते नजर आएंगे। हाल ही में इस म्यूजिक वीडियो की शूटिंग संपन्न हुई है। 2 अक्टूबर को कृष्णा म्यूजिक के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर इस रोमांटिक म्यूजिक वीडियो को जारी किया जाएगा।
विदित हो कि डॉ. कृष्णा चौहान प्रोड्यूसर डायरेक्टर तो हैं ही, केसीएफ फ़ाउंडेशन के संस्थापक और अध्यक्ष भी हैं और इस म्यूजिक वीडियो ‘दिलों की बात’ से वो अभिनय के क्षेत्र में भी कदम रखने जा रहे हैं। ‘दिलों की बात’ के संगीतकार राजेश घायल व गीतकार शाइस्ता देशमुख हैं और स्वर दिया है सिंगर करिश्मा शेख ने।
डॉ. कृष्णा चौहान के होम प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही माता रानी की महिमा पर आधारित एक भक्ति गीत की भी शूटिंग समाप्त हो गई है। नवरात्रि के अवसर पर जारी होने वाली इस गीत में वैष्णव देवा का संगीत है। विक्की नागर के द्वारा लिखे गीत को स्वर दिया है रेखा राव ने। म्यूजिक वीडियो में प्रवीण वाडकर, रंगीता सिंह और एन के नरेश नजर आएंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक डॉ. कृष्णा चौहान प्रोड्यूसर और डायरेक्टर के रूप में पहली होम प्रोडक्शन हिंदी फीचर फिल्म ‘आत्मा.कॉम’ की शूटिंग भी शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। बता दें कि डॉ. कृष्णा चौहान की फिल्म ‘आत्मा.कॉम’ के सभी गीत रिकार्ड हो चुके हैं।
गीतों को स्वर दिया है शाहिद माल्या, तरन्नुम मलिक, शबाब साबरी, दीपा नारायण झा और रितु पाठक ने। म्यूजिक डायरेक्टर दिलीप सेन हैं। 2 अक्टूबर को अंधेरी (मुंबई) स्थित मेयर हॉल में डॉ कृष्णा चौहान ‘महात्मा गांधी रत्न अवॉर्ड 2025’ का आयोजन करने जा रहे हैं।
19.09.2025 – ‘मोहरा’, ‘आँच’, ‘आर..राजकुमार’, ‘ओ एम जी-ओ माई गॉड’ जैसी कई हिट फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा बिखेर चुकी अभिनेत्री पूनम झावर हाल ही में जब मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट हुईं, तो नज़ारा ही कुछ और था। एयरपोर्ट का पूरा माहौल उनके जलवे से चमक उठा। फिट बॉडी, ग्लैमरस आउटफिट और जबरदस्त कॉन्फिडेंस के साथ उनकी एंट्री देखकर फैन्स के होश उड़ गए।
किसी ने कहा, “क्या ये वही मोहरा वाली सिंपल साड़ी गर्ल है?” तो किसी ने चुटकी ली – “अब तो ये हॉटनेस की क्वीन लग रही हैं।” सबसे दिलचस्प बात ये है कि पूनम का ये नया अवतार कॉस्मेटिक सर्जरी या फिल्टर्स का कमाल नहीं है, बल्कि उनकी मेहनत, फिटनेस और पॉजिटिव वाइब्स का नतीजा है।
सोशल मीडिया पर उनका वीडियो आते ही धूम मच गई। एक यूज़र ने लिखा, “बिना सर्जरी इतनी हॉट दिखना कोई मज़ाक नहीं, पूनम झावर सच में नेचुरल ब्यूटी की मूरत हैं।” वहीं दूसरे ने कमेंट किया, “90’s की सादगी गर्ल अब बन गईं बोल्डनेस की ब्रांड एंबेसडर।”
फ़िलवक़्त अपनी बोल्डनेस को लेकर शोख चंचल हसीन बिंदास अदाकारा बॉलीवुड में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। बताते चलें कि 90 के दशक की सुपरहिट फिल्म ‘मोहरा’ से रातोंरात फेमस हुईं पूनम झावर ने उस दौर में अपनी भोली-भाली सूरत और मासूम सादगी से लाखों दिलों को दीवाना बना दिया था।
उनकी कजरारी आंखें, मीठी मुस्कान और देसी नज़ाकत ने दर्शकों पर ऐसा जादू चलाया कि “ना कजरे की धार…” आज भी लोगों की रोमांटिक प्लेलिस्ट में नंबर वन पर है। अब सवाल ये है कि जिस एक्ट्रेस ने सिर्फ एक फिल्म और एक गाने से करोड़ों दिलों में जगह बना ली थी, अगर वो दोबारा बड़े पर्दे पर इस ग्लैमरस अंदाज़ में लौटें तो क्या होगा? यकीन मानिए, बॉलीवुड में फिर से हॉटनेस का तूफ़ान आ जाएगा।
पूनम झावर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ नंबर है, लेकिन जलवा हमेशा बरकरार रहता है। अदाकारा पूनम झावर अपने मिशन के तहत राजनीतिक रैलियों में भी भाग लेने लगी हैं और ग्रामीण भारत की युवा लड़कियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ साथ उनके अधिकारों व सुरक्षा के लिए कई गैर सरकारी संगठनों से भी जुड़ गई हैं।
वह वर्तमान में कई ऐसी गाँव की पहचान कर रही हैं जहाँ लैंगिक भेदभाव चरम सीमा पर है और साक्षरता के अंतर को समाप्त करना बेहद महत्वपूर्ण है। स्टे होम की अवधारणा को आत्मसात कर पूनम झावर फिलहाल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और फिल्मों के लिए आने वाले ऑफर्स पर विशेष ध्यान दे रही हैं।
15.09.2025 – 2 अक्टूबर को कृष्णा चौहान फाउंडेशन के द्वारा आयोजित ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2025’ समारोह में समाज सेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शख़्सियतों को अवार्ड दे कर सम्मानित किया जाएगा।
कृष्णा चौहान फाउंडेशन के संस्थापक व संचालक डॉ कृष्णा चौहान ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड’ का आयोजन मुम्बई में पांचवीं बार करने जा रहे हैं। फिलवक्त आयोजक डॉ कृष्णा चौहान इस समारोह को लेकर काफी उत्साहित हैं। गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के मूल निवासी डॉ कृष्णा चौहान पिछले 25 वर्षों से बॉलीवुड में सक्रिय हैं। इन्होंने अपना फिल्मी सफर बतौर सहायक निर्देशक शुरू किया था।
इन्होंने कई एड फिल्म्स, म्यूजिक वीडियो का निर्माण किया है। डॉ कृष्णा चौहान न केवल एक कामयाब फिल्म निर्देशक एवं चर्चित समाज सेवक हैं बल्कि अवार्ड्स फंक्शन करने के मामले में सबसे अधिक सुर्खियों में रहने वाले पर्सनाल्टी के रूप में जाने जाते हैं। पिछले आठ वर्षों से कृष्णा जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीमद्भागवत गीता बांटने की परम्परा को उन्होंने कायम रखा है।
उनका एक अवार्ड फंक्शन सम्पन्न होता है और वह अपने अगले पुरस्कार समारोह की तैयारियों में लग जाते हैं। हिंदी अल्बम ‘ज़िक्र तेरा’ की सफलता के बाद वो इन दिनों काफी सक्रिय हैं।
उनकी हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘आत्मा डॉट कॉम’ के सारे गाने संगीतकार दिलीप सेन के संगीत निर्देशन में रिकॉर्ड हो चुके हैं और साथ ही साथ उनके तीन म्युज़िक वीडियो ‘जय जय महाराष्ट्र’, ‘बाबू जी’ और ‘जोड़ दे दिल से दिल की कड़ी’ की शूटिंग कंप्लीट हो चुकी है।
15.09.2025 – एकता कपूर के सुपरहिट शो ‘नागिन’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बाद से ही शोख चंचल हसीन अदाकारा समीक्षा गोस्वामी सुर्खियों में हैं। कोटा (राजस्थान) की मूल निवासी अदाकारा समीक्षा गोस्वामी ने हिंदी और भोजपुरी म्यूजिक वीडियो से दर्शकों का दिल जीतने के बाद अब साउथ फिल्मों की ओर कदम बढ़ा दिया है।
कई सालों से मायानगरी मुंबई में रह रहीं समीक्षा अब तक पाँच से अधिक म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी हैं। उनके चर्चित गानों में ‘एक हसीना थी एक दीवाना था’, ‘एग्रीमेंट’ और ‘राजनीति’ जैसे म्यूजिक वीडियो यूट्यूब पर उपलब्ध हैं और दर्शकों द्वारा सराहे गए हैं। बहुत जल्द ही भोजपुरी स्टार प्रमोद प्रेमी यादव के साथ उनका नया वीडियो सांग रिलीज होने जा रहा है।
बेहद चुलबुली और हँसमुख स्वभाव वाली समीक्षा बतौर अभिनेत्री हर तरह के रोल निभाना चाहती हैं। समीक्षा गोस्वामी की पहली साउथ फिल्म की शूटिंग भी लगभग पूरी हो चुकी है और वह अब फिल्मों में अपने अलग अंदाज से पहचान बनाने को तैयार हैं।
10.09.2025 – निर्मला मूवी टोन के बैनर तले बनी फिल्म फीचर फिल्म ‘गीता मेरा नाम’ और शॉर्ट फिल्म ‘सहर होगी’ जैसी कई फिल्मों में चरित्र भूमिकाओं को जीवंत कर चुके चरित्र अभिनेता अवधेश निर्मलेश पाठक अब हमारे बीच नहीं हैं।
मंगलवार 9 सितंबर को हजारीबाग में हृदयगति रुक जाने की वजह से माँ विंध्यवासिनी के उपासक एवं साधक 65 वर्षीय अवधेश निर्मलेश पाठक का निधन हो गया।
उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव खम्भवा (टाटीझरिया) में संपन्न हो चुका है। विदित हो कि अवधेश निर्मलेश पाठक वेस्टर्न इंडिया फिल्म एंड टी वी प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (मुंबई) के सदस्य भी थे।
एड्स जागरूकता पर आधारित उनकी बेहद चर्चित शॉर्ट फिल्म ‘सहर होगी’ 12 जुलाई 2019 को सिल्वर स्क्रीन यूट्यूब चैनल पर जय माई फिल्म्स एंड टीवी इंटरनेशनल और वीनस म्यूजिक इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में अरविंद राम फिल्म एंड टीवी इंटरनेशनल के बैनर तले रिलीज़ की गई थी।
04.09.2025 – अमेजन MGM स्टूडियोज़ इंडिया और डायरेक्टर अनुराग कश्यप की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘निशानची’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। ‘निशानची’ का ट्रेलर दर्शकों को सीधे उत्तर प्रदेश के छोटे से शहर की चहल-पहल भरी गलियों में ले जाता है, जहाँ बबलू निशानची, रंगीली रिंकू और डबलू की ज़िंदगियाँ अचानक अनोखे तरीके से आपस में टकराती हैं।
जबरदस्त पीछा करने वाले सीन, सीटी बजवाने वाले डायलॉग, जोरदार टकराव और प्यार व तड़प के नाज़ुक पलों के साथ यह एक ऐसी दुनिया रचता है, जो जितनी अव्यवस्थित है उतनी ही आकर्षक भी है। रोमांच, कॉमेडी और देसी अंदाज़ से भरपूर इस ट्रेलर में विद्रोह, रोमांस और प्रतिद्वंद्विता को समान रूप से दर्शाया गया है। यह ट्रेलर दर्शकों को एक्शन और ड्रामा का एक हाई-ऑक्टेन मिक्स देगा।
अजय राय और रंजन सिंह के प्रोडक्शन हाउस ‘जार पिक्चर्स’ के बैनर तले बनी यह फिल्म, फ्लिप फिल्म्स के साथ एसोसिएशन में बनाई गई है। फिल्म की कथा, पटकथा और संवाद प्रसून मिश्रा, रंजन चंदेल और अनुराग कश्यप ने मिलकर लिखा है। फिल्म में डेब्यू कर रहे ऐश्वर्य ठाकरे डबल रोल में नज़र आएंगे।
‘निशानची’ की कहानी दो जुडवा भाइयों बबलू और डबलू की रोमांचक ज़िंदगी पर आधारित है, जो एक-दूसरे की तरह दिखते तो हैं लेकिन उनके विचार और मान्यताएँ बिल्कुल अलग हैं।
इस फिल्म में ऐश्वर्य ठाकरे के अलावा वेदिका पिंटो, मोनिका पंवार, मोहम्मद जीशान अय्यूब और कुमुद मिश्रा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। एक्शन, ह्यूमर और ड्रामा से भरपूर यह मसाला एंटरटेनर 19 सितंबर को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।