मप्र में टिकट दावेदारों के लिए मुसीबत बन रहा है सर्वे का फार्मूला

भोपाल 30 Jully (एजेंसी): मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा के चुनाव में दावेदारों की संख्या राजनीतिक दलों के लिए चुनौती बनी हुई है। लिहाजा दोनों प्रमुख राजनीतिक दल कांग्रेस और भाजपा ने सर्वे के फार्मूले को अपनाने का फैसला किया है। पार्टी के इन्हीं फैसलों ने दावेदारों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी कर दी हैं।

इस साल के अंत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दलों के लिए आसान नहीं है। इस बात से पार्टी नेतृत्व वाकिफ है, लिहाजा वह चुनाव में उन्हीं उम्मीदवारों पर दांव लगाने का मन बना चुकी है जो जिताऊ होंगे। यही कारण है कि दोनों राजनीतिक दल अपने अपने स्तर पर विधानसभा बार सर्वे करा रहे हैं।

राज्य में वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में 230 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस को 114 पर जीत मिली थी तो वहीं भाजपा 109 पर आकर ठहर गई। पूर्ण बहुमत कंग्रेस को नहीं मिला, मगर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से उसकी सरकार बनी। कांग्रेस की सरकार लगभग 15 माह चली और आपसी खींचतान के चलते ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में 22 विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया और इसी के चलते कमलनाथ के नेतृत्व वाली सरकार गिर गई।

दोनों ही राजीतिक दल वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव और उसके बाद हुए नगरीय निकाय चुनाव के नतीजों को ध्यान में रखकर आगामी समय में होने वाले विधानसभा चुनाव में फूंक-फूंक कर कदम बढ़ा रही है।

वहीं दावेदार राज्य की राजधानी से लेकर दिल्ली तक पार्टी मुख्यालय और राजनेताओं के चक्कर लगाने में लगे हैं। पार्टी के नेता इन दावेदारों को लगातार यही कह रहे हैं कि सर्वे में जिसका नाम आएगा, उसे ही पार्टी उम्मीदवार बनाएगी।

कांग्रेस और भाजपा के तमाम बड़े नेता यह स्वीकार कर चुके है कि पार्टी सर्वे करा रही है और जिस भी व्यक्ति का नाम सर्वे में आएगा उसे ही उम्मीदवार बनाया जाएगा। परिवारवाद और राजनेताओं के संरक्षण मात्र पर टिकट हासिल करना गारंटी नहीं होगा, यह भी बार-बार दोहराया जा रहा है। कई स्थानों पर तो नेता दावेदारों को एक साथ बैठकर कसमें भी खिला रहे हैं कि पार्टी जिसे उम्मीदवार बनाएगी, उसका साथ देंगे।

बीते तीन साल से चुनाव की तैयारी में लगे एक दावेदार का कहना है कि बीते दो चुनावों से पार्टी के सामने अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं मगर उन्हें पार्टी ने उम्मीदवार नहीं बनाया। वहीं दूसरी ओर बडे़ राजनेता के संरक्षण प्राप्त व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया और उसे दोनों बार हार का सामना करना पड़ा।

अब पार्टी कह रही है कि सर्वे के आधार पर टिकट देंगे ऐसे में आशंकाएं जोर पकड़ रही हैं क्या वाकई में सर्वे से टिकट मिलेगा या नेता का संरक्षण हासिल व्यक्ति को।

**************************

 

तमिलनाडु में पांच नए कोविड मामले मिले

चेन्नई 30 Jully (एजेंसी): तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में पांच नए कोविड-19 मामले सामने आए हैं।

इनमें से तीन राज्य की राजधानी चेन्नई में हैं। एक मामला कोयंबटूर और दूसरा दक्षिण तमिलनाडु के थेनी में सामने आया है।

इन नए पांच मामलों के साथ राज्य में कोविड-19 सक्रिय मामलों की संख्या 9 पहुंच गयी है।

पहली बार कोविड-19 का पता चलने के बाद से राज्य में संक्रमण की कुल संख्या 36,10,628 थी। तमिलनाडु में कोविड-19 से ठीक होने वालों की कुल संख्या 35,72,538 है।

पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से मरने वालों का आंकड़ा शून्य रहा।

महामारी फैलने के बाद से तमिलनाडु में कोविड से होने वाली मौतों की संख्या 38,081 है।

****************************

 

झारखंड का बेनीसागर, जहां पुरातात्विक अवशेष सुना रहे पांचवीं सदी की नगरीय सभ्यता की दास्तां

रांची 30 Jully (एजेंसी): झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से तकरीबन 85 किलोमीटर दूर मंझगांव प्रखंड में एक जगह है बेनीसागर। यहां भारतीय पुरातात्विक विभाग की खुदाई से निकले सैकड़ों पुरातात्विक अवशेष यहां पांचवीं शताब्दी से लेकर 16वीं-17वीं शताब्दी तक आबाद रहे किसी समृद्ध नगरीय सभ्यता का दास्तां सुना रहे हैं। पुरातत्वविद यहां से मिली मूर्तियों, वास्तुशिल्पीय टुकड़ों, पाषाण आकृतियों पर लगातार शोध और अध्ययन कर रहे हैं। यहां कौतूहल पैदा करने वाली कई चीजें भी मिली हैं, जिनका रहस्य शायद आने वाले वर्षों में खुल सके। भारतीय पुरातत्व विभाग ने बेनीसागर को देश के 100 सबसे प्रमुख पुरातात्विक स्मारकों की सूची में शामिल किया है।

सबसे पहले अंग्रेजी सेना के कर्नल टिक्केल की निगाह 1840 में इस स्थान पर गई थी। इसके बाद 1875 ई. में एक अंग्रेज इतिहासकार जे.डी. बेगलर ने बेनीसागर का दौरा किया और उसने यहां कुछ मूर्तियां पाईं। इन मूर्तियों के आधार पर उन्होंने इस स्थल की तारीख 7वीं शताब्दी बताई। केसी पाणिग्रही नामक इतिहासकार ने भी बेनीसागर के पुरातात्विक अवशेषों के बारे में 1956 में एक पेपर प्रकाशित किया था।

वर्ष 2003 में भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण विभाग ने यहां पहली बार खुदाई की। इस जगह का बेनीसागर होने की वजह 300 गुणा 340 मीटर आकार का विशाल तालाब है, जिसके बारे में स्थानीय इलाकों में किंवदंती प्रचलित है कि इसका निर्माण बेनी या बेनु नामक राजा ने कराया था। पुरातत्व विभाग द्वारा इस तालाब के दक्षिण-पूर्व और पूर्वी तटबंध की ओर की गई खुदाई में दो पंचायतन मंदिर परिसर, सूर्य, भैरव, लकुलिशा, अग्नि, कुबेर आदि की छवियों सहित कई मूर्तिकला अवशेष प्रकाश में आए हैं।

इनके अलावा साइट से एक पत्थर की मुहर भी मिली है, जिस पर शिलालेख है “प्रियंगु धेयम चतुविद्या (चतुर्विद्या)”। इसका अर्थ है प्रियंगु नाम का एक व्यक्ति था, जो चार वेदों में पारंगत था। शिलालेख की लिपि ब्राह्मी है और भाषा संस्कृत है। कुछ विद्वानों का कहना है कि बेनीसागर से बरामद मुहर से पता चलता है कि यह शिक्षा का केंद्र था, जहां चार वेदों की शिक्षा दी जाती थी ।

काम और मैथुन दृश्यों वाले पाषाणों के आधार पर यह अनुमान लगाया जाता है कि उन दिनों ‘काम शिक्षा’ समाज के लिए वर्जित विषय नहीं था। इतिहासकारों का कहना है कि बेनीसागर तंत्रवाद और शैव पंथ के प्रभाव वाला क्षेत्र रहा होगा।

भारतीय पुरातत्व विभाग की वेबसाइट के अनुसार, पुरालेख की दृष्टि से इसे 5वीं शताब्दी का माना जा सकता है। अब तक की खोजों के आधार पर यह कहा जा सकता है कि यह स्थल 5वीं शताब्दी से 16वीं-17वीं शताब्दी तक आबाद था। बेनीसागर उड़ीसा के मयूरभंज जिले की सीमा के पास स्थित है। मयूरभंज के एपी कालेज के इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अजय रावत का कहना है कि ओडिशा से सटे क्षेत्र में कई राजाओं ने कई दशकों तक शासन किया। बेनीसागर में खुदाई और मिले अवशेषों से इसकी पुष्टि होती है कि यह ओडिशा के राजा के साम्राज्य के अधीन रहा होगा। यहां के मंदिर वास्तुकला की तुलना उड़ीसा के रेखा देउला प्रकार में प्रचलित वास्तुकला से की जा सकती है।

वर्ष 2009-10 और 2019-20 में यहां हुई वैज्ञानिक खुदाई के दौरान अग्नि, गणेश, महिषासुर मर्दनी, सूर्य, ब्रह्मा, शिरोछेदक, भैरव, लकुलीश, यमुना, शिवलिंग के अलावा कामदृश्यों को दिखाने वाले पाषाण फलक मिले। इसके अलावा मंदिर स्थापत्य के कई खंड यथा द्वार- चौखट, शाखाएं एवं सिरदल आदि प्राप्त हुए।

इन साक्ष्यों को बेनीसागर में बने एक म्यूजियम में संग्रहित कर रखा गया है। इस म्यूजियम से कुछ दूरी पर पुरानी सभ्‍यता से जुड़ी इमारतों के कुछ अवशेष भी मौजूद हैं। इनकी वक्र बनावट को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि पुराने समय का स्नान गृह हो। इसके अलावा यहां 50 एकड़ क्षेत्र में फैले मंदिर परिसर के अवशेष भी मिले हैं। मंदिर के पास ही एक विशाल पाषाण है, जिसपर पत्थर से मारने से घंटी की आवाज आती है। पुरातात्विक स्थल की सुरक्षा में लगे गार्ड बताते हैं कि इसकी आवाज रात में एक किमी तक सुनाई पड़ती है।

300 गुणा 350 मीटर के विशाल तालाब का सौंदर्य इस स्थल का सबसे विशेष आकर्षण है। ग्रामीण बताते हैं कि यह तालाब कभी सूखा नहीं। जबकि क्षेत्र के अन्य तालाब गर्मियों में अक्सर सूख जाया करते हैं। विशाल तालाब के मध्य में मंदिर है। प्रशासन की ओर से तालाब के चारों तरफ पर्यटकों की सुविधा के लिए व्यू पाइंट बनाया जा रहा है, जहां बैठकर पर्यटक प्रकृति के सौंदर्य का लुत्‍फ प्राप्त कर सकते हैं।

भारत सरकार की योजना है कि पूरे देश में जिन स्थलों पर पुरातात्विक स्मारक के तौर पर चिन्हित किया गयै हैं, वहां ऑडियो विजुअल सेंटर, वाईफाई, ऑडिटोयिरल, जल प्रबंधन प्रणाली सहित आवश्यक पर्यटक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

***************************

 

राहुल घुटने की चोट के इलाज के बाद केरल की आर्य वैद्यशाला से दिल्ली लौटे

नई दिल्ली 30 Jully (एजेंसी): पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल की प्रसिद्ध कोट्टक्कल आर्य वैद्यशाला में अपना आयुर्वेदिक उपचार पूरा किया और राष्ट्रीय राजधानी लौट आए। उन्होंने कहा कि उन्हें केरल के कोट्टक्कल में कायाकल्प जैसा अनुभव हुआ।

राहुल गांधी एक सप्ताह पहले अपने घुटने की चोट की समस्‍या लेकर आर्य वैद्यशाला पहुंचे थे। सूत्रों ने बताया कि वह एक सप्ताह तक आर्य वैद्यशाला में रहे और अपने घुटने का इलाज कराया।

उन्होंने एक तस्वीर के साथ फेसबुक पर पोस्ट किया, “कोट्टक्कल की आर्य वैद्यशाला में मेरा रहना एक तरोताजा करने वाला अनुभव रहा। पिछले कुछ दिनों में मेरे साथ साझा किए गए प्यार और देखभाल के लिए डॉ. पी.एम. वेरियर और उनकी टीम को मेरा हार्दिक धन्यवाद। मैं ट्रस्टियों राघव वेरियर, डॉ. के. मुरलीधरन, सुजीत एस. वेरियर, केआर अजय, डॉ. पी. रामकुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. जी.सी. गोपाल पिल्लई और शैलजा माधवन कुट्टी का भी आभार प्रकट करता हूं।”

राहुल गांधी ने 27 जुलाई को ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता साहित्‍यकार एम.टी. वासुदेवन नायर से मुलाकात की थी।

एक फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा था : “केरल की मेरी वर्तमान यात्रा के दौरान कई अद्भुत अनुभवों में से एक ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता एम.टी. वासुदेवन नायर जी के साथ मेरी मुलाकात थी। नायर जी मलयालम साहित्य के दिग्गज हैं, उनके पीछे छह शानदार दशकों का लेखन है। वह ज्ञान और बुद्धिमत्ता का पावरहाउस हैं। उनके साथ समय बिताना और भारत के दुर्लभ रत्‍नों में से एक को सुनना और सीखना मेरे लिए सम्मान की बात रही है।”

केरल के वायनाड से पूर्व लोकसभा सांसद ने 25 जुलाई को केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी की याद में कांग्रेस पार्टी द्वारा मलप्पुरम में आयोजित एक शोकसभा में भी भाग लिया, जिनका 18 जुलाई को निधन हो गया था।

पिछले बुधवार को उन्होंने आर्य वैद्यशाला परिसर में स्थित श्री विश्‍वंभरा मंदिर में भी पूजा-अर्चना की थी। राहुल ने बाद में राष्ट्रीय ख्याति के केंद्र पीएसवी नाट्यसंघम में कथकली प्रसतुति भी देखी थी।

***************************

 

जयपुर में भारी बारिश के कारण सड़कों पर भरा पानी

जयपुर 30 Jully (एजेंसी): जयपुर में भारी बारिश हुई, जिससे शहर में पानी भर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शहर में सुबह से ही बारिश शुरू हो गई और देर शाम तक जारी रही।

जयपुर में भारी बारिश के कारण एक मकान ढह गया।

शहर की सबसे व्यस्ततम सड़कों जलमहल रोड, टोंक रोड, सीकर रोड और एम.आई. रोड पर पानी नदी की तरह बहता नजर आया।

चारदीवारी में भी सड़क पर डेढ़ फीट तक पानी भर गया। द्रव्यवती नदी भी पूरे वेग से बहती हुई देखी गई, जबकि जयपुर जंक्शन पर रेलवे ट्रैक पानी में डूबे हुए दिखाई दिए।

मौसम एवं जल संसाधन विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जयपुर शहर में 158 मिमी (6.2 इंच) बारिश दर्ज की गई।

सुबह 3 बजे से दोपहर 1 बजे तक 10 घंटे में बारिश का सबसे ज्यादा असर गोपालपुरा, नारायण सिंह सर्किल, महेश नगर, सीकर रोड, चारदीवारी, दिल्ली बाइपास, शास्त्री नगर, जलमहल इलाके में रहा।

उधर, सांगानेर, प्रताप नगर और जगतपुरा इलाके में रुक-रुककर बारिश होती रही।

बारिश का सबसे ज्यादा असर चारदीवारी, सिंधी कैंप, जलमहल रोड और रेलवे स्टेशन पर पड़ा।

सड़कों पर दो फीट तक पानी भरने से कई गाड़ियां फंस गईं।

सिंधी कैंप से संसार चंद्र रोड की ओर जाने वाली सड़क पर जलभराव के कारण यातायात रोक दिया गया।

जौहरी बाजार में भी जलभराव के बाद पैदल और दोपहिया वाहनों का आवागमन ठप हो गया।

रेलवे ट्रैक पर पानी भरने के बाद रेलवे प्रशासन ने जयपुर से चुरू, फुलेरा और रेवाड़ी जाने वाली कुछ ट्रेनें रद्द कर दीं।

रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार ट्रेन संख्या 4861, जयपुर-चुरू ट्रेन संख्या 09730, फुलेरा-जयपुर; गाड़ी संख्या 09635, जयपुर-रेवाड़ी और गाड़ी संख्या 09636, रेवाडी-जयपुर रद्द कर दी गई।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 19702 दिल्ली-जयपुर को जयपुर स्टेशन पर ही रोक दिया गया है, इसे ढेहर के बालाजी तक जाने की अनुमति नहीं दी गई।

इसके साथ ही गाड़ी संख्या 04801 सीकर-जयपुर ट्रेन को चौमूं-सामोद तक ही चलाया गया और चौमूं-सामोद से ढेहर के बालाजी (जयपुर) की ट्रेन रद्द कर दी गई।

***************************

 

एनडीए मंत्रियों ने चुनाव से पहले मणिपुर का दौरा किया था, हिंसा के बाद इंडिया का प्रतिनिधिमंडल मौके पर : कांग्रेस

नई दिल्ली 30 Jully (एजेंसी): कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले सभी मंत्री मणिपुर का दौरा करते थे, लेकिन हिंसा के बाद केवल केंद्रीय गृहमंत्री ने राज्य का दौरा किया, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि पहले पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी मणिपुर गए थे और अब भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (इंडिया) का एक प्रतिनिधिमंडल शांति की अपील करते हुए दोनों समुदायों के दर्द, पीड़ा और आतंक की दास्‍तां सुनने के लिए मणिपुर में है।

कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी जयराम रमेश ने केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार पर कटाक्ष करते हुए ट्विटर पर लिखा, “राज्य में 2022 के विधानसभा चुनाव तक एनडीए के केंद्रीय मंत्री हर हफ्ते और कभी-कभी हर दूसरे दिन मणिपुर का दौरा करते थे।”

राज्यसभा सांसद ने लिखा, “जातीय हिंसा फैलने के बाद से केवल केंद्रीय गृहमंत्री ने एक बार दौरा किया है, वह भी एक महीने से अधिक की देरी के बाद… जिसका कोई ठोस प्रभाव नहीं दिखा।”

कांग्रेस नेता ने आगे लिखा, “इस बीच, पहले राहुल गांधी गए थे और अब टीम इंडिया के 20 सांसदों का प्रतिनिधिमंडल मणिपुर में है – ये दोनों समुदायों के दर्द, पीड़ा और आतंक की दास्‍तां सुन रहे हैं, स्थिति का जायजा ले रहे हैं और लोगों से शांति की अपील कर रहे हैं।”

उनकी टिप्पणी भारत की 16 पार्टियों के 21 सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल के हिंसा प्रभावित मणिपुर के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को इंफाल पहुंचने के बाद आई है।

***************************

 

29वें दिन लगभग 6 हजार श्रद्धालु पहुंचे अमरनाथ

श्रीनगर 30 Jully (एजेंसी): अमरनाथ यात्रा के 29वें दिन करीब 6,000 लोगों ने यात्रा की, जबकि रविवार को 1,974 यात्रियों का एक और जत्था जम्मू से घाटी के लिए रवाना हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को चल रही अमरनाथ यात्रा के 29वें दिन लगभग 6,000 लोगों ने पवित्र गुफा के अंदर ‘दर्शन’ किए, जबकि 1,974 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था रविवार को सुरक्षा काफिले में जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से घाटी के लिए रवाना हुआ।

अधिकारियों ने कहा, “इन 1,974 यात्रियों में 1,546 पुरुष, 363 महिलाएं, चार बच्चे, 45 साधु और 16 साध्वियां शामिल हैं।”

इस वर्ष यात्रा के दौरान 36 तीर्थयात्रियों की मृत्यु हो चुकी है।

1 जुलाई को शुरू होने के बाद से, इस वर्ष अब तक 3.8 लाख से अधिक लोग हिमालय गुफा मंदिर की यात्रा कर चुके हैं।

इस वर्ष की 62 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई को शुरू हुई और 31 अगस्त को रक्षा बंधन त्योहार के साथ श्रावण पूर्णिमा पर समाप्त होगी।

*************************

 

पंजाब-हिमाचल सहित कई राज्यों में अगले 3 दिन होगी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली 30 Jully (एजेंसी): जुलाई का महीना अब अपने अंतिम पड़ाव पर है और नया महीना अगस्त आने के लिए तैयार है। लेकिन कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। कहीं-कहीं तो बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने महाराष्ट्र और ओडिशा में बारिश जारी रहने और कुछ राज्यों के लिए अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पांच राज्यों से अधिक के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान में भी 29 जुलाई से दो अगस्त के बीच हल्की से मध्यम बारिश होगी।

वहीं, आईएमडी ने मुंबई और उसके पड़ोसी जिलों के लिए अगले कुछ दिनों में बारिश की भविष्यवाणी की है, जहां पिछले कई दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है।

**************************

 

ISRO की एक और सफल उड़ान, सात उपग्रहों के साथ PSLV-C56 हुआ लॉन्च

चेन्नई 30 Jully (एजेंसी): भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन(इसरो) ने एक समर्पित वाणिज्यिक मिशन में अपने सबसे ताकतवर प्रक्षेपण वाहन पीएसएलवी-सी56 के माध्यम से रविवार को श्रीहरिकोटा की एसएचएआर रेंज के स्पेसपोर्ट से प्राथमिक पेलोड डीएस-एसएआर ( एक रडार इमेजिंग अर्थ ऑब्जर्वेशन) उपग्रह सहित सिंगापुर के सात उपग्रहों को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया। इसरो ने ट्वीट कर कहा, पीएसएलवी-सी56/डीएस-एसएआर मिशन पूरी तरह पूरा हुआ।

साढ़े पच्चीस घंटे की उलटी गिनती के बाद, 228 टन वजन उठाने वाले 44.4 मीटर लंबे चार चरण वाले वाहन ने 0630 बजे प्रथम लॉन्च पैड से शानदार ढंग से उड़ान भरी। पीएसएलवी -सी56/डीएस-एसएआर, एसटी इंजीनियरिंग, सिंगापुर के लिए न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) का समर्पित वाणिज्यिक मिशन है। लगभग 25 मिनट की उड़ान अवधि के बाद, सभी सात उपग्रहों को सटीक कक्षा में स्थापित किया गया।

पीएसएलवी-सी56 ने 21 मिनट की उड़ान अवधि के बाद सबसे पहले प्राथमिक पेलोड, डीएस-एसएआर (एक 360 किलोग्राम रडार इमेजिंग पृथ्वी अवलोकन उपग्रह) को 5 डिग्री झुकाव और 535 किमी ऊंचाई पर एक निकट-भूमध्यरेखीय कक्षा (एनईओ) में स्थापित किया।

बाद में चार मिनट की अवधि में सिंगापुर के सभी छह सह-यात्री उपग्रह – न्यूलियन, ओआरबी -12 स्ट्राइडर, गैलासिया -2, स्कूब- द्वितीय , आर्केड और वेलॉक्स-एएम को उसी क्रम में कक्षा में स्थापित किया गया। एसडीएससी-श्रीहरिकोटा से यह इसरो का 93वां मिशन है। इसके साथ ही इसरो अब तक 531 विदेशी सैटेलाइट लॉन्च कर चुका है।

पीएसएलवी-सी56 किसी एक विदेशी ग्राहक के लिए चौथा समर्पित प्रक्षेपण है। पीएसएलवी-सी56 को सी 55 के समान स्ट्रैप-ऑन मोटर्स के बिना, इसके कोर-अलोन मोड में कॉन्फ़िगर किया गया है। यह पीएसएलवी की 58वीं और इसके कोर अलोन कॉन्फ़िगरेशन की 17वीं उड़ान है।

इसरो ने कहा “ सभी उपग्रहों को प्रक्षेपित करने के बाद रॉकेट के ऊपरी चरण (चौथे चरण) को इसकी कम कक्षीय जीवन सुनिश्चित करने के लिए निचली कक्षा में रखा जाएगा। “ पीएस4 को बायीं ओर का उपयोग करके 300 गुणा 300 किमी की निचली पृथ्वी वृत्ताकार कक्षा में ले जाया जाएगा।”

मिशन के बाद मिशन नियंत्रण केंद्र के वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए इसरो के अध्यक्ष एस.सोमनाथ ने कहा कि प्राथमिक उपग्रह डीएस-एसएआर सहित सभी सात 7 उपग्रहों को पीएसएलवी-सी56 द्वारा सटीक कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित किया गया। उन्होंने कहा, मैं इस मिशन के लिए और इसरो में लगातार विश्वास बनाए रखने के लिए सिंगापुर सरकार और एनएसआईएल के ग्राहकों को बधाई देता हूं।

उन्होंने कहा, इस बार हमें यह बिल्कुल सही कक्षा मिली है। उन्होंने कहा कि इसरो के पास इस मिशन का और भी रोमांचक चरण होगा। श्री सोमनाथ ने कहा कि पीएसएलवी सी56 का चौथा चरण (पीएस4 ), जो अब 535 किमी की गोलाकार कक्षा में है, को 300 किमी की निचली कक्षा में वापस लाया जाएगा।

उन्होंने कहा, हम इसे नियंत्रित तरीके से लो अर्थ सर्कुलर पर लाएंगे और इसमें लगभग डेढ़ घंटे का समय लगेगा। श्री सोमनाथ ने कहा कि इसरो अगस्त के अंत या सितंबर की शुरुआत में एक और पीएसएलवी मिशन के साथ वापस आएगा। उन्होंने कहा कि अगले साल की शुरुआत में पीएसएलवी का औद्योगीकरण किया जाएगा और उन्होंने इस साल के लिए आगामी मिशनों की घोषणा की।

***************************

 

कृष्णागिरि धमाका : नौ लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मदद का किया ऐलान

नई दिल्ली ,29 जुलाई (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को तमिलनाडु के कृष्णागिरि में एक पटाखा फैक्ट्री में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया- तमिलनाडु के कृष्णागिरि में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए दुखद हादसे से बहुत दुखी हूं, जिसके परिणामस्वरूप कीमती जिंदगियों का नुकसान हुआ। इस अत्यंत कठिन समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीडि़त परिवारों के साथ हैं। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख और प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में शनिवार को एक पटाखा गोदाम में विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई। जबकि, ग्यारह अन्य घायल हो गए। विस्फोट में गोदाम के मालिक समेत उनकी पत्नी और दो बच्चों की भी मौत हो गई है। अन्य मृतकों की पहचान एक भोजनालय की मालिक राजेश्वरी (45), इब्राहिम (21) और इमरान (8) के रूप में की गई है। अन्य दो शवों की पहचान बाकी है।

पुलिस ने बताया कि गोदाम के बगल में स्थित एक भोजनालय में गैस सिलेंडर फटने से धमाका हुआ। विस्फोट के चलते भीषण आग लग गई, जिसने गोदाम, घर, रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस ने कहा कि कुछ शव अभी भी सीमेंट के मलबे के नीचे हैं। शवों तक पहुंचने के लिए मलबा हटाने की पूरी कोशिश की जा रही है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना पर शोक व्यक्त किया है और मृतक परिवारों के लिए तीन लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायल लोगों को एक लाख और मामूली रूप से घायल को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

**************************

 

आंध्र प्रदेश के किसान ने टमाटर बेचकर 45 दिन में कमाए चार करोड़

चित्तूर ,29 जुलाई (एजेंसी)। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में एक टमाटर किसान ने 45 दिन में चार करोड़ रुपये की कमाई करके सचमुच जैकपॉट हासिल कर लिया है।

टमाटर की कीमतें आसमान छूने से 48 वर्षीय मुरली की किस्मत में नाटकीय बदलाव आया।

उसने अपनी उपज न केवल मदनपल्ले के टमाटर बाजार में बेची, बल्कि पड़ोसी राज्य कर्नाटक में भी भेजी, क्योंकि वहां इसकी कीमत अधिक थी।

मुरली और उनकी पत्नी ने अप्रैल में करकमंडला गांव में 22 एकड़ जमीन पर टमाटर की खेती की। पिछले 45 दिन में उन्होंने 40,000 पेटी टमाटर बेचे।

किसान ने कहा कि भारी कमाई से उन्हें 1.5 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने में मदद मिली, जो उन्होंने पहले टमाटर की खेती के लिए लिए थे।

मुरली के मुताबिक इस बार बिजली आपूर्ति में सुधार के कारण पैदावार अच्छी रही। हालाँकि, टमाटर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी सबसे बड़ा बदलाव साबित हुई।

मुरली ने मुस्कुराते हुए कहा, मैंने कभी नहीं सोचा था कि टमाटर से इतनी बड़ी आय होगी।

उन्होंने लाभ का एक हिस्सा बागवानी गतिविधियों के विस्तार में निवेश करने की योजना बनाई है।
इतनी बड़ी कमाई करने वाले मुरली दूसरे किसान हैं।

तेलंगाना के मेडक जिले में एक किसान ने पिछले एक महीने के दौरान टमाटर बेचकर दो करोड़ रुपये कमाए, जबकि एक करोड़ रुपये की दूसरी फसल कटाई के लिए तैयार है।

मेडक जिले के कौडिपल्ली मंडल के मोहम्मद नगर के बंसुवाड़ा महिपाल रेड्डी टमाटर की आसमान छूती कीमत के कारण रातों-रात करोड़पति बन गए।

बाजार में टमाटर की कीमत 150 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंचने और आंध्र प्रदेश और अन्य स्थानों से पर्याप्त आपूर्ति की कमी के कारण, महिपाल रेड्डी ने हैदराबाद बाजार में मांग को पूरा किया।

उन्होंने थोक बाजार में उपज को 100 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बेचा। पिछले एक महीने के दौरान, उन्होंने टमाटर की लगभग 8,000 पेटियां बेचीं, जिनमें से प्रत्येक का वजन 25 किलोग्राम से अधिक था।

स्कूल ड्रॉपआउट 40 वर्षीय किसान सभी के लिए एक आदर्श बनकर उभरा है।

**************************

 

बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

कोलकाता ,29 जुलाई (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य को सांस लेने में तकलीफ होने पर शनिवार को शहर स्थित एक अस्पताल के आईसीसीयू में भर्ती कराया गया। वह 79 वर्ष के हैं।

उनके करीबी सूत्रों ने कहा कि मार्क्सवादी नेता का ऑक्सीजन संतृप्ति स्तर काफी हद तक गिर गया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अस्पताल जाते समय उनकी पत्नी मीरा भट्टाचार्जी भी उनके साथ थीं। उनकी बेटी सुचेतना भट्टाचार्जी भी अस्पताल पहुंच गई हैं।

भट्टाचार्जी काफी समय से क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) के मरीज है।

सूत्रों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति खराब चल रही थी। हालांकि, उस समय उन्होंने अस्पताल में भर्ती होने की डॉक्टर की सलाह मानने से इनकार कर दिया। दोपहर से उनकी हालत बिगडऩे लगी और ऑक्सीजन संतृप्ति स्तर तेजी से गिर रहा था। ऐसे में उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों की टीम ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल में भर्ती करने का फैसला किया।

2021 में पूर्व मुख्यमंत्री कोविड-19 से संक्रमित हो गए थे और उन्हें उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

वह नवंबर 2000 में ज्योति बसु के बाद मुख्यमंत्री बने और 2021 तक इस पद पर बने रहे, जब ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस राज्य में 34 साल के वाम मोर्चा शासन का अंत कर सत्ता में आई।

भट्टाचार्जी मुख्यमंत्री के रूप में राज्य में बड़े पैमाने पर औद्योगीकरण की जरूरत को लेकर मुखर थे। हालांकि, उनके कार्यकाल के दौरान भूमि अधिग्रहण के मामले उनकी पार्टी और वाम मोर्चे के लिए उलटा पड़ गया।

**************************

 

प्रदेश की जनता भाजपा को देगी एकतरफा आशीर्वाद, बनायेंगे पूर्ण बहुमत की सरकार: जेपी नड्डा

जयपुर ,29 जुलाई (एजेंसी)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा कोर कमेटी बैठक आयोजित हुई। जिसमें कोर कमेटी के सदस्य राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष, प्रदेश चुनाव प्रभारी एंव केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, राष्ट्रीय महासचिव एंव प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश चुनाव सह-प्रभारी नितिन पटेल, प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर ,केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, वसुंधरा राजे सिंधिया, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, सांसद कनकमल कटारा, राष्ट्रीय प्रवक्ता एंव सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड और उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया मौजूद रहे। इस दौरान आगामी योजनाओं और चुनावी रणनीती को लेकर बारीकी से मंथन किया गया। इसके बाद जेपी नड्डा ने प्रदेश मुख्यालय पर मीडिया को अपना व्यक्तव्य दिया।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि राजस्थान में गहलोत सरकार नहीं है, यह गृहलूट सरकार है। जो अपनी जनता और अपने घर को लूटकर दिल्ली में बैठे अपने आकाओं को खुश करने में लगी हुई है। प्रदेश में भ्रष्टाचार की बानगी है ”लाल डायरी” जिसमें भ्रष्टाचार के काले कारनामें बंद हैं। कांग्रेस सरकार के पापों का घडा अब भर चुका है। जनता जान चुकी है कि यह सरकार लूट की सरकार है। प्रदेश में प्रतिदिन 18-19 दुष्कर्म के मामले, 7-8 हत्या के मामले प्रतिदिन दर्ज हो रहे हैं। दलितों पर अत्याचार के मामलों की बात करें तो वर्ष 2022 तक 8 हजार मामले दलित उत्पीडन के दर्ज हुए हैं। प्रदेश में हर दिन दलितों पर हमले बढ रहे हैैं, युवाओं के साथ रीट पेपर लीक मामले और अन्य पेपर लीक के मामलों में अत्याचार किया जा रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रदेश में जंगलराज से जनता बेहद आहत है। राजस्थान का गौरवमयी इतिहास रहा है। यहां की जनता अब बहन बेटियों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं करेगी। किसानों की बदहाली इस कदर है कि 19500 से ज्यादा किसानों की जमीनें नीलाम हो गई। किसान आत्महत्या करने का मजबूर है। बिगडती कानून व्यवस्था, जंगलराज, दलित और महिला उत्पीडन से प्रदेश शर्मिंदा हुआ है। आगामी विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव को लेकर हम आश्वस्त हैं कि जनता का एकतरफा आशीर्वाद भाजपा को मिलेगा और हम 2024 के लोकसभा चुनाव में क्लीन स्वीप करेंगे। केंद्र की भाजपा सरकार ने समाज के साधारण व्यक्ति सहित हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा है, जिसमें दलित, वंचित, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण पर काम किया है। केंद्र की लोक कल्याणकारी योजनाओं के बल पर हम पूर्ण बहुमत का दावा करते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज प्रदेश कार्यालय में चुनाव की दृष्टि से भाजपा की कल्याणकारी योजनाओं पर बारीकी से चर्चा की गई। प्रदेश की गहलोत सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब गहलोत सरकार को कतई नहीं सहेगी। भाजपा की ओर से प्रदेशभर में चलाए जा रहे ”नहीं सहेगा राजस्थान अभियान एक सफल अभियान है। आगामी एक अगस्त को जयपुर में विशाल महाआंदोलन किया जाएगा जिसमें सचिवालय घेराव करने के लिए प्रदेश की जनता लाखों की संख्या में जयपुर पहुंच रही है।

भाजपा कोर कमेटी एवं संगठनात्मक बैठक में हुई चर्चा के संबंध में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि नहीं सहेगा राजस्थान के तहत एक अगस्त को जयपुर में विशाल प्रदर्शन कर सचिवालय घेराव किया जा रहा है। इसके बाद आने वाले महीनों में प्रदेश सरकार को घेरने और भाजपा संगठन को ओर अधिक मजबूती देने के लिए संभाग, विधानसभा, जिला, शक्ति केन्द्र और मण्डल स्तर पर अनेक कार्यक्रम और यात्राओं की रचना तैयार की गई है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत के राज में भ्रष्टाचार और कमीशनबाजी का खेल जोरों पर चल रहा है, इनके मंत्री ही इन मुद्दों पर अपनी सरकार पर कई बार उंगली उठा चुके हैं। भ्रष्टाचार के खेल में जिन मोहरों को पकड़ कर मुख्यमंत्री मामले की इतिश्री करना चाहते हैं, किंतु प्रदेश की जनता चाहती है कि चोर नहीं, चोर को मां को पकड़ो। प्रधान प्रदेश की जनता 2023 के चुनाव में कमल का बटन दबाकर चोरों की सरकार को सत्ता से बेदखल करेगी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा मुख्यमंत्री के आईटी विभाग के कार्यलय में पकड़े गए रिश्वत के करोड़ों रुपए में क्या एक ही आरोपी है, डीपी जारोली की असली डोर किसके हाथ में है, बाबूलाल कटारा ने आरपीएससी सदस्य बनने के लिए डेढ़ करोड़ किसको दिए, सुरेश ढाका को पैरवी के लिए सुप्रीमकोर्ट का वकील कौन उपलब्ध करा रहा है, लाल डायरी की वास्तविकता को जब धर्मेन्द्र राठौड़ स्वीकार कर रहें है, तो मुख्यमंत्री उसे काल्पनिक क्यों बता रहे हैं? प्रदेश की जनता इन सभी प्रश्नों के उत्तर जानना चाहती है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के राज में प्रदेश महिला अपराध में नम्बर वन हो गया है। एक तरफ महिला सुरक्षा को लेकर सरकार को आईना दिखाने वाले मंत्री को रातों रात हटाते है और दूसरी तरफ दुष्कर्म के मामले में विधानसभा में राजस्थान को मर्दों का प्रदेश बताने वाले मंत्री को गले लगाते है। मुख्यमंत्री जी स्वयं दुष्कर्म के 65 प्रतिशत मामले फर्जी बताकर अपराधियों का हौसला बढ़ाते है, सरकार अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाए उनके साथ खडी नजर आती है, इसी कारण राजस्थान में अपराधों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

******************************

 

एटली और वरुण धवन की फिल्म इस दिन होगी रिलीज, तारीख का हुआ ऐलान

30.07.2023 (एजेंसी)  – निर्देशक एटली इन दिनों शाहरुख खान की फिल्म जवान में व्यस्त हैं। यह उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म है। इस फिल्म के रिलीज से पहले ही वह अपनी दूसरी फिल्म भी शुरू कर चुके हैं। इस फिल्म में वरुण धवन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। जवान की ही तरह यह भी एक एक्शन फिल्म है।

रविवार को इस फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान हो गया है। एटली-वरुण की साझेदारी वाली यह फिल्म 31, मई 2024 को रिलीज होगी। फिल्म का नाम अभी तय नहीं किया गया है। इस फिल्म का निर्माण एटली, मुराद खेतानी के साथ कर रहे हैं।

इसका निर्देशन कलीस करेंगे और फिल्म में दो महिला कलाकार मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। रिपोर्ट्स के अनुसार अनुष्का शर्मा इस फिल्म का हिस्सा हैं और दूसरी अभिनेत्री की तलाश जारी है। पहले इस फिल्म के लिए जाह्नवी कपूर से संपर्क किया गया था। उनके इस फिल्म को ठुकराने के बाद फिल्म अनुष्का की झोली में आई। यह वरुण धवन की 18वीं फिल्म होगी और यह तमिल फिल्म थेरी की रीमेक है। थेरी 2016 में आई थी और इसका निर्देशन एटली ने किया था। इस फिल्म में थलापति विजय, सामंथा रुथ प्रभु और एमी जैकसन मुख्य भूमिका में थे।

रीमेक के लिए एटली ने स्क्रिप्ट को नए सिरे से तैयार किया है। उत्तर भारतीय दर्शकों के हिसाब से इसमें नए किरदार और ट्विस्ट जोड़े गए हैं। रिलीज डेट के बाद दर्शकों को इसके नाम का इंतजार है। थेरी ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार तिया था। इसमें विजय थलापति तीन किरदारों में नजर आए थे। अब हिंदी रीमेक में उनकी जगह वरुण ने ली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म एक्शन से भरपूर होगी।

ऐसे में बवाल के बाद वरुण की झोली में एक और एक्शन फिल्म आ गई है। फिल्म को काफी बड़े पैमाने पर बनाया जा रहा है। इसमें एक्शन के अलावा इमोशन और ड्रामा भी खूब देखने को मिलेगा। फिलहाल दर्शक एटली की फिल्म जवान का इंतजार कर रहे हैं। पहले यह फिल्म 2 जून को रिलीज होने वाली थी। वीएफएक्स का काम पूरा करने के लिए इसे टाल दिया गया है। अब यह 7 सितंबर को रिलीज होगी।

फिल्म में शाहरुख डबल रोल में नजर आएंगे। उनके साथ तमिल अभिनेत्री नयनतारा नजर आएंगी। फिल्म में सान्या मल्होत्रा भी शामिल हैं। फिल्म में शाहरुख और संजय दत्त पर्दे पर भिड़ते नजर आएंगे।

****************************

 

सुष्मिता सेन की ताली का नया टीजर जारी, रिलीज तारीख से भी उठा पर्दा

30.07.2023 (एजेंसी)  –  सुष्मिता सेन की वेब सीरीज ताली काफी समय से चर्चा में है। ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट गौरी सावंत के जीवन पर बनी इस सीरीज का पोस्टर पहले ही जारी हो गया था।सुष्मिता ताली से जुड़े अपडेट्स सोशल मीडिया पर शेयर करती रही हैं। अब इस शो का नया टीजर जारी हुआ है, जिसमें किन्नर के किरदार में सुष्मिता का दमदार रूप नजर आ रहा है। साथ ही इसकी रिलीज तारीख भी सामने आ गई है।

ताली 15 अगस्त से जियो सिनेमा पर स्ट्रीम होगी। इस शो में सुष्मिता गौरी सावंत का किरदार निभाएंगी।जियो सिनेमा के 46 सेकेंड के इस टीजर में सुष्मिता का तेज-तर्रार अंदाज नजर आ रहा है। इस टीजर के वॉयस ओवर में सुष्मिता कहती हैं, मैं गौरी, जिसे कोई हिजड़ा बुलाता है,तो कोई सोशल वर्कर, कोई नौटंकी तो कोई गेम चेंजर। ये कहानी इसी सफर की है, गाली से ताली तक।टीजर में कई दमदार दृश्य नजर आ रहे हैं।

गौरी ट्रांसजेंडर ऐक्टिविस्ट हैं। वह किन्नरों के कल्याण के लिए सखी चार चौगी नाम की संस्था चलाती हैं। यह संस्था किन्नरों में सुरक्षित यौन संबंध के प्रति जागरूकता के लिए काम करती है।उन्होंने किन्नरों के गोद लेने के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी थी। 2008 में उन्होंने एक पांच साल की बच्ची को गोद लिया था जिसे मानव तस्करी में धकेला जा रहा था।उन्होंने किन्नर समुदाय को कानूनी तौर पर थर्ड जेंडर बनाने की लड़ाई लड़ी थी ।इस साल मार्च में सुष्मिता ने खबर दी थी कि कुछ समय पहले उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें एंजियोप्लास्टी करानी पड़ी।उनकी इस खबर से उनके प्रशंसक खासा चिंतित हो गए थे।

सुष्मिता ने उन्हें आश्वस्त किया था कि वह अब बिल्कुल स्वस्थ हैं।हार्ट अटैक के बाद ताली उनका रिलीज होने वाला पहला प्रोजेक्ट है। उन्होंने इसकी शूटिंग खत्म होने और फिर डबिंग खत्म होने पर तस्वीरें साझा की थीं।ताली के अलावा सुष्मिता की आर्या 3 भी सुर्खियों में है।

डिज्नी+ हॉटस्टार की इस सीरीज के अब तक 2 सीजन आ चुके हैं, जिन्हें काफी पसंद किया गया है।तीसरे सीजन में आर्या पहले से ज्यादा निडर, बेखौफ और दमदार अवतार में दिखेंगी। वह अपने परिवार को अपराध की दुनिया से बचाने के लिए शेरनी बनकर पर्दे पर लौटेंगी।सीरीज का निर्देशन राम माधवानी ने किया है और संदीप मोदी इसके निर्माता हैं।

**************************

 

डेजी शाह हो सकती हैं नागिन 7 में अगली शिव नागिन

30.07.2023 (एजेंसी)  – एकता कपूर का सुपरनैचुरल टीवी शो नागिन’ का हर सीजन काफी हिट रहा है. हाल ही में तेजस्वी प्रकाश स्टारर नागिन 6′ खत्म हुआ था. वहीं अब नागिन 7′ की तैयारी भी शुरू हो चुकी है. हाल ही में मेकर्स ने नागिन 7′ का प्रोमो भी जारी किया था जिसमें अगली शिव नागिन की झलक मिली थी. इसके बाद से चर्चा है कि नागिन 7′ में गुम है शो की आयशा सिंह या बिग बॉस 16 फेम प्रियंका चाहर चौधरी लीड रोल प्ले कर सकती हैं.

हालांकि दोनों ही एक्ट्रेस ने हाल ही में बयान जारी कर नागिन 7′ करने की खबरों को खारिज कर दिया है. वहीं अब रुमर्स हैं कि सलमान खान की एक एक्ट्रेस नागिन 7′ में लीड रोल में नजर आएंगी.नागिन 7′ को लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं. वहीं फैंस ये भी जानने के लिए बेकरार हैं कि इस बार नागिन 7′ की लीड एक्ट्रेस कौन होगी. ऐसे में कई नामों को लेकर चर्चा हो रही है.

वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि नागिन 7′ के लिए मेकर्स ने सलमान खान की एक एक्ट्रेस को अप्रोच किया है. रिपोर्ट के मुताबिक शो से जुड़े एक सूत्र से जानकारी मिली है कि नागिन 7′ के लिए सलमान खान के साथ जय हो में नजर आईं एक्ट्रेस डेजी शाह से कॉन्टेक्ट किया गया है. जल्द ही मेकर्स और डेजी शाह के बीच डील फाइनल होने की उम्मीद है. फिलहाल शो के लिए कास्टिंग चल रही है. हालांकि इस खबर पर कोई ऑफिशियल कंफर्मेशन नहीं आई है.बता दें कि डेजी शाह बॉलीवुड एक्ट्रेस हैं. अपने करियर की शुरुआत में डेजी शाह गणेश आचार्य की असिस्टेंट कोरिग्राफर थीं. उन्होंने कई तमिल फिल्मों में भी काम किया है.

डेजी शाह ने साल 2013 में आई फिल्म ब्लडी इश्क से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. हालांकि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं कर पाई. इसके बाद डेजी शाह को सलमान खान के साथ जय हो फिल्म में काम करने का मौका मिला और इसी के साथ उन्हें बी टाउन में पहचान भी मिल गई. डेजी शाह ने हाल ही में खतरों के खिलाड़ी 13 की शूटिंग भी पूरी की है. जल्द ही ये शो ऑनएयर होने वाला है.

***************************

 

बैकलेस गाउन में साक्षी मलिक ने कराया हुस्न का दीदार

30.07.2023 (एजेंसी)  –  बॉलीवुड एक्ट्रेस साक्षी मलिक आए दिन अपनी हॉटनेस भरे अंदाज में तस्वीरें शेयर कर फैंस को हैरान कर देती हैं। एक्ट्रेस जब भी अपनी फोटोज इंस्टाग्राम पर पोस्ट करती हैं तो फैंस का दिलों की धड़कनें तेज हो जाती हैं। हाल ही में साक्षी ने अपने लेटेस्ट फोटोशूट की तस्वीरें शेयर कर सोशल मीडिया का तापमान बढ़ा दिया है। इन तस्वीरों में उनकी स्टाइलिश अदाएं देखकर फैंस हैरान हो गए हैं।

एक्ट्रेस साक्षी मलिक हमेशा अपनी बोल्ड लुक्स की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर फैंस को दीवाना बना देती हैं। उनका हर एक लुक इंस्टाग्राम पर शेयर होते ही तेजी से वायरल होने लगता है। हाल ही में एक्ट्रेस ने अपनी बेहद ही सिजलिंग और हॉट फोटोज इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर फैंस के बीच खलबली मचा दी है। इन तस्वीरों में उनका सुपरबोल्ड लुक देखकर फैंस उनकी तारीफ करते हुए नहीं थक रहे हैं।

साक्षी मलिक ने अपने फोटोशूट के दौरान रेड कलर का स्टाइलिश बैकलेस गाउन पहना हुआ है। एक्ट्रेस अपने इस लुक में बेहद ही खूबसूरत और ग्लैमरस नजर आ रही हैं। साक्षी मलिक ने अपने इस कातिलाना और सेक्सी अंदाज से फैंस का दिल जीत लिया है। बताते चलें कि साक्षी मलिक आए दिन अपनी हॉट और बोल्ड फोटोज फैंस के बीच पोस्ट करती रहती हैं। उनका हर एक लुक इंटरनेट पर कहर ढा देता है।

**************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन खुशियों भरा रहने वाला है। आपको कोई बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। आपके पारिवारिक जीवन में खुशियों का माहौल बना रहेगा। किसी प्रिय मित्र से मिलने उनके घर जा सकते हैं, साथ ही जिन लोगों से आपकी अनबन पहले से हुई है उनसे बात करने का आज अच्छा दिन है। आपको नए स्रोतों से धन की प्राप्ति होगी। अगर आज आप बड़े भाई से सलाह लेकर किसी नए कामों को शुरू करते हैं तो निश्चित ही आपको सफलता प्राप्त होगी। छात्रों के लिए आज का दिन अनुकूल रहने वाला है।

*लकी रंग – ऑरेंज

*लकी नंबर – 6

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो)

आज आपका दिन ठीक रहने वाला है। किसी पुरानी बात को लेकर आज आप उलझन में रहेंगे। आप अपने कामों में किसी मित्र का सहयोग लेंगे। ऑफिस के काम में आज आपके सामने कई चुनौतियां भी आएगी। धैर्य से निर्णय लेने पर सफलता के मार्ग खुलेंगे। आप अपने लक्ष्य से भ्रमित भी हो सकते हैं, किन्तु अपनों का साथ आपको सही दिशा में ले जाएगा। जॉब के कुछ अच्छे ऑफर भी आज आपको मिल सकते हैं। जहां जरूरत लगे, वहां समझौता करने के लिए तैयार रहें। लवमेट्स आज कहीं घूमने जाएंगे।

*लकी रंग – लाल

*लकी नंबर – 8

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। बहुत से अच्छे मौके आपका इंतजार कर रहे हैं। आपको उनके लिए लगातार कोशिशें करनी होंगी। परिवारवालों के साथ किसी खास समारोह के लिए रिश्तेदार के घर जाने की संभावना बन रही है। आप महंगी खरीदारी के बारे में भी अपना मन बना सकते हैं, लेकिन आखिरी समय में आपको निर्णय लेने में मुश्किल हो सकती है। लवमेट्स से उपहार मिलेगा, जिससे आपका मन प्रसन्न होगा। नव विवाहित दंपत्ति में मीठी नोक-झोंक होगी, रिश्ते और मजबूत होंगे।

*लकी रंग – ब्लू

*लकी नंबर – 5

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन बेहद खास पल लेकर आएगा। अपने जीवन में आ रही सभी समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए किसी अच्छे सलाहकार से सलाह लेंगे, आपको जल्द ही सोल्यूशन मिल जाएगा। किसी इवेंट में पार्टिसिपेट का मौका मिलेगा, जहां आप अपने विचार रखेंगे। आपके शत्रु भी आपकी योजनाओं से प्रभावित होंगे, आपसे दोस्ती का हाथ भी बढ़ा सकते हैं। आपके सभी रुके हुए काम पूरे होंगे। आप किसी सामजिक समारोह में हिस्सा लेंगे। छात्रों को परीक्षा के बेहतर परिणाम मिलेंगे।

*लकी रंग – मैरून

*लकी नंबर – 6

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। आज का दिन आपके लिए काफी भागदौड़ वाला रहेगा फिर भी आप अपना काम अपनी क्षमता के बल पर अच्छे तरीके से पूरा कर लेंगे। अपने दयालु स्वभाव के कारण किसी चतुर व्यक्ति का शिकार बन सकते हैं, थोड़ा सचेत रहें। प्राइवेट सेक्टर में जॉब कर रहे लोगों की सैलरी बढऩे के योग बन रहे हैं, अपना काम पूरी ईमानदारी व सत्यनिष्ठा के साथ करें। आपको माता-पिता से कार्यों में सहयोग मिलेगा, उनसे आपको ढेर सारा प्यार मिलेगा। लवमेट्स के लिए आज का दिन बढिय़ा रहने वाला है।

*लकी रंग – गुलाबी

*लकी नंबर – 4

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन मिला-जुला रहेगा। घर में माता जी आज कोई धार्मिक कार्यक्रम करेंगी, आपको काफ़ी भागदौड़ करनी पड़ सकती है। बड़े बुजुर्गों का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। अपने सरल व्यवहार से आप दूसरों के दिलों पर राज करेंगे। जो लोग नया बिजनेस स्टार्ट करना चाहते हैं उनके लिए आज का दिन अच्छा है। छात्र कंप्यूटर कोर्स ज्वाइन करने का मन बनाएंगे। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। किसी समारोह में हिस्सा लेंगे। दोस्तों के साथ घूमने का प्लान कुछ दिनों के लिए टालना पड़ सकता है।

*लकी रंग – हरा

*लकी नंबर – 9

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। आपके विचारों में महत्वपूर्ण बदलाव आएंगे। आप सभी चुनौतियों को दर किनार कर तरक्की की राह पर आगे बढ़ेंगे। व्यापार में उत्तम लाभ के योग बनेंगे। आपके खर्चों पर नियंत्रण बना रहेगा। साथ ही अचानक कहीं से धन लाभ हो सकता है। आप दोस्तों के साथ कहीं घूमने जाएंगे। आपको अपने परिवार का सहयोग मिलेगा। रिश्तेदारों के साथ रिश्ते मजबूत होंगे। स्वास्थ्य के लिहाज से आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। लवमेट्स के साथ आपकी अच्छी बॉन्डिंग रहेगी। साथ में लंच करने जाएंगे।

*लकी रंग – ग्रे

*लकी नंबर – 6

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन आपके लिए खुशियां लेकर आया है। आप खुद के विश्वास के दम पर बहुत कुछ कर पाएंगे। घर में कोई बड़ा उत्सव होगा, इससे पारिवारिक माहौल धार्मिक और शांतिपूर्ण रहेगा। जॉब की तलाश कर रहे लोगों को किसी दोस्त की मदद से जॉब मिलेगी। वकीलों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, किसी केस का फैसला आपके पक्ष में आएगा। आपको संतान पक्ष से सुखद समाचार मिलेंगे। आर्थिक स्थिति पहले से मजबूत बनेगी। व्यापार में रोज की अपेक्षा आज ज्यादा मुनाफा होगा।

*लकी रंग – मैरून

*लकी नंबर – 5

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आपके लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। आपको कार्यक्षेत्र में विशेष सफलता मिलेगी। दोस्तों के साथ इंज्वॉय करेंगे। यदि आप साझेदारी में कोई व्यापार कर रहे हैं तो थोड़े उतार-चढ़ाव की स्थिति बनेगी। लवमेट्स के बीच कुछ अनबन होगी लेकिन आपसी बातचीत से सब ठीक हो जाएगा। आप ऑफिस के काम से कहीं यात्रा पर जा सकते हैं, यात्रा लाभदायक सिद्ध होगी। आपको किसी अनुभवी से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। अन्य स्रोतों से आमदनी बढऩे की संभावना है। कोई भी निर्णय लेने से पहले परिवार वालों की राय लेना कारगर साबित होगी।

*लकी रंग – क्रीम

*लकी नंबर – 8

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आपके लिए आज का दिन रोज से अच्छा रहेगा। आपके पारिवारिक जीवन में अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे। घर के सदस्यों में आपसी सौहार्द बना रहेगा। छात्र अपने करियर को बेहतर बनाने के लिए कोई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं। जो लोग मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते हैं, उनके प्रमोशन के योग बने हुए है। आप कोई व्यापारिक निर्णय लेंगे, जिससे आपको आर्थिक स्थिति में काफी सुधार देखने को मिलेगा। सोच समझकर कोई भी निवेश करें। वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा। बच्चे आज खेल-कूद में व्यस्त रहेंगे।

*लकी रंग – पर्पल

*लकी नंबर – 8

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आपके घर में कोई शुभ कार्य संपन्न हो सकता है। जिसमें आप अपने सभी सगे संबंधियों से मिलेंगे। कार्यक्षेत्र में आपकी योजनाएं अच्छे परिणाम लेकर आएंगी। बिजनेस में अच्छी उन्नति के योग हैं। अचानक धन लाभ के योग बने हुए है। किन्हीं कारणों से आज आप आलस्य महसूस करेंगे। आप अपने मन को शांत रखें और क्रोध करने से बचें। अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। लवमेट्स के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है, कहीं घूमने का प्लान बनाएंगे।

*लकी रंग – पीला

*लकी नंबर – 3

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज का दिन आपके लिए अनुकूल रहेगा। आप अपने कार्यक्षेत्र में अपनी काबिलियत से बेहतर परफॉर्म करेंगे। आमदनी बढ़ेगी जिससे आपका बैंक बैलेंस और मजबूत होगा। ऑफिस में सीनियर्स का सपोर्ट मिलेगा, जिससे आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। जीवनसाथी के साथ मिलकर कोई नया व्यापार शुरू करने का प्लान करेंगे। इससे आपको काफी लाभ हो सकता है। अध्यात्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। छात्रों को परीक्षा के बेहतर परिणाम हासिल होंगे। करियर को बेहतर बनाने के लिए किसी अनुभवी की सलाह लेंगे।

*लकी रंग – सैफरन

*लकी नंबर – 3

****************************

 

तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 8 लोगों की मौके पर मौत; पास का होटल भी ढहा

चेन्नई ,29 जुलाई (एजेंसी)। तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की खबर सामने आई है। इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, विस्फोट की तीव्रता इतनी तेज थी कि फैक्ट्री का एक हिस्सा ढह गया। इतना ही नहीं धमाके के कारण फैक्ट्री के पास एक होटल भी ढह गया। आसपास के चार घर भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने बताया कि विस्फोट में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। 12 लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकलकर्मी और बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की। क्षतिग्रस्त होटलों और घरों में फंसे लोगों को बचाने की कोशिशें जारी हैं।

कृष्णागिरी के जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि विस्फोट की तीव्रता ने होटल को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में कई लोग फंसे हुए हैं। लेकिन बचाव दल ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि कितने लोग फंसे हुए हैं। पुलिस विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है।

**********************

 

मणिपुर के वायरल वीडियो मामले में सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर, अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली ,29 जुलाई (एजेंसी)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को बताया की कि उसने मणिपुर में भीड़ द्वारा दो युवा आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाए जाने के वायरल वीडियो के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की है। सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामला बीती रात दर्ज किया गया। मणिपुर सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मामले को आगे की जांच के लिए सीबीआई को स्थानांतरित कर दिया था।
घटना के सिलसिले में मणिपुर पुलिस ने सात संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। हालाँकि यह घटना मणिपुर में व्यापक जातीय हिंसा भड़कने के एक दिन बाद 4 मई को हुई थी, लेकिन वीडियो इसी महीने वायरल हुआ था। केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि घटना की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। उसने मुकदमे सहित पूरे मामले को मणिपुर के बाहर किसी भी राज्य में स्थानांतरित करने का भी अनुरोध किया।

फिलहाल, मणिपुर में जारी हिंसा के सिलसिले में सीबीआई ने छह अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की हैं। वायरल वीडियो की प्राथमिकी सातवीं है। इस वीडियो की देश भर में निंदा हुई थी और विपक्ष संसद में इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान की मांग कर रहा है।

**************************

 

वनकर्मियों को भी मिले राष्ट्रपति पदक पुरस्कार : अश्विनी चौबे

*भारत मे बाघों की स्थिति से संबंधित पुस्तक का किया लोकार्पण*

रामनगर , 29 जुलाई (एजेंसी)। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य व सार्वजनिक वितरण  तथा पर्यावरण, वन व राज्यमंत्री  अश्विनी चौबे ने कहा कि पुलिस व सैन्यकर्मियों की तरह वन रक्षा के लिए वनकर्मियों को भी राष्ट्रपति पदक मिले, इसके लिए प्रयास किया जाएगा। वन संपदा की रक्षा की लिए वनकर्मी जान की बाजी लगा देते हैं। उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च पुरस्कार मिले, इसे ध्यान में रख मंत्रालय स्तर पर प्रयास होगा। केंद्रीय मंत्री  चौबे विश्व बाघ दिवस पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व उत्तराखंड रामनगर में आयोजित कार्यक्रम में अदम्य साहस, साहसी बलिदान, कर्त्तव्य परायण के लिए वनकर्मियों व उनके साथियों को सम्मानित करने के उपरांत कही।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि वन्य जीवों का शिकार न हो। इसके लिए नियमित रूप से अभियान चलाते रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने मन की बात में एयर गन सरेंडर अभियान का जिक्र किया था। इस अभियान को गति देने की आवश्यकता है। केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे ने केंद्रीय पर्यटन व रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट तथा अन्य अधिकारियों के साथ देश मे बाघों की अद्दतन स्थिति से संबंधित पुस्तक का लोकार्पण किया।

ज्ञात हो कि 9 अप्रैल, 2022 को, मैसूरु में  प्रोजेक्ट टाइगर के 50 साल पूरे होने के जश्न के दौरान, प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने बाघों की न्यूनतम आबादी 3167 की घोषणा की थी। जो कि कैमरा-ट्रैप क्षेत्र से जनसंख्या का अनुमान है । अब, कैमरा-ट्रैप्ड और गैर-कैमरा-ट्रैप्ड बाघ उपस्थिति क्षेत्रों दोनों से भारतीय वन्यजीव संस्थान द्वारा किए गए डेटा का आगे का विश्लेषण, बाघों की आबादी की ऊपरी सीमा 3925 और औसत संख्या 3682 बाघ होने का अनुमान है ।

प्रति वर्ष 6.1त्न की सराहनीय वार्षिक वृद्धि दर को दर्शाता है। केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे ने इस मौके पर बच्चों में बाघ के संरक्षण व संवर्धन विषय पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में बेहतर करने वाले स्कूल बच्चों को सम्मानित किया।

******************************

 

मिशन 2024 के लिए जेपी नड्डा ने बनाई अपनी नई टीम

नई दिल्ली ,29 जुलाई (एजेंसी)। साल 2024 में होने वाले आम चुनाव और इसी साल के आखिरी में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सियासी हलकों मे तैयारियां दिखना शुरू हो गई हैं. बीजेपी में भी चुनावी कार्यक्रमों को लेकर हलचल है और इसी की एक बानगी दिखाई दी, जब बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपनी नई टीम के साथ नावी अभियानों को लेकर मिशन मोड में आई बीजेपी ने तैयारियों को लेकर कमर कस ली है।

जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को राष्ट्रीय टीम में फेरबदल किया है। जगत प्रकाश नड्डा ने अपने संगठन के पदाधिकारियों की नई टीम बनाई जिसमें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जिनकी संख्या 13 है उनमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास तो वही सौदान सिंह बैजयंत पांडा सरोज पांडे रेखा वर्मा डीके अरूणा , एम चौबा एओ, अब्दुल्ला कुट्टी, लक्ष्मीकांत बाजपेई, लता उसेंडी, तारिक मंसूर बनाए गए हैं।

8 महामंत्री जिनमें अरुण सिंह,  कैलाश विजयवर्गीय, दुष्यंत कुमार गौतम, तरुण चुंग,  विनोद तावडे , सुनील बंसल,  संजय बंदी और राधा मोहन अग्रवाल बनाए गए हैं।  राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष तो राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश बनाए गए हैं।

भारतीय जनता पार्टी के 13 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं जिनमे विजया राहटकर , सत्या कुमार, अरविंद मेनन, पंकजा मुंडे, नरेंद्र सिंह रैना, अलका गुर्जर, अनुपम  हाजरा, ओम प्रकाश धुर्वे, ऋतुराज सिन्हा, आशा लकड़ा, कामाख्या प्रसाद तासा, सुरेंद्र सिंह नागर और अनिल अंटोनी बनाए गए हैं वहीं भारतीय जनता पार्टी के कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल और सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल बनाए गए हैं।

******************************

 

दिल्ली में खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना

नई दिल्ली ,29 जुलाई (एजेंसी)। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के अनुसार, दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और शनिवार सुबह 10 बजे जल स्तर 205.34 मीटर दर्ज किया गया। सीडब्ल्यूसी ने कहा कि बढ़ोतरी का एक कारण बीती रात की भारी बारिश को माना जा रहा है। बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए यमुना के आसपास के इलाकों के ज्यादातर लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। यमुना ने 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया और 13 जुलाई को अपने उच्चतम स्तर 208.65 मीटर पर पहुंच गई, जिससे कई निचले इलाके जलमग्न हो गए और सड़कों पर पानी भर गया।

पिछले शुक्रवार को यह 208.35 मीटर पर बह रही है। बाढ़ की स्थिति में सुधार के साथ, नदी के पास की सड़कों पर यातायात फिर से शुरू हो गया है और जलजमाव वाले क्षेत्रों में पानी कम हो गया है। लेकिन बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है।

****************************

 

सेफ सिटी परियोजना के लिए 12 विभागों का होगा समन्वय

लखनऊ ,29 जुलाई (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश सरकार ने 12 प्रमुख विभागों के जरिए सेफ सिटी परियोजना को धरातल पर उतारने की तैयारी कर ली है। इसके लिए शासन स्तर पर विभिन्न विभागों को परियोजना के पहले चरण का काम पूरा करने के लिए डेडलाइन भी जारी कर दी गयी है।
पहले चरण का काम तीन माह में पूरा किया जाना है। मालूम हो कि प्रदेश में सेफ सिटी परियोजना तीन फेज में परवान चढ़ेगी। इसमें पहले फेज में 17 नगर निगमों के साथ गौतमबुद्धनगर भी शामिल है। वहीं दूसरे चरण में 57 जनपद मुख्यालय की नगर पालिकाओं और तीसरे चरण में 143 नगर पालिकाओं को सेफ सिटी परियोजना से जोड़ा जाएगा। इस परियोजना में मुख्य रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों पर फोकस किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी समय-समय पर विभिन्न मंचों से शहरों को स्मार्ट बनाने के साथ-साथ सुरक्षित बनाने पर भी जोर दिया है।

सेफ सिटी परियोजना पर मुख्यमंत्री की इसी मंशा के अनुरूप तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी द्वारा प्रदेश को सेफ सिटी बनाने का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के लिए एक सुरक्षित, संरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान करना है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि परियोजना के तहत पहले चरण में सरकारी और निजी सीसीटीवी, अंधेरे वाले स्थानों, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था वाले स्थानों एवं टॉयलेट बनाने के लिए स्थानों की पहचान का काम डेडलाइन के तहत पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों जैसे कोर्ट, जेल, वाइन शॉप, गर्ल्स कॉलेज, पार्क एवं हॉट स्पॉट की पहचान का काम भी डेडलाइन के अनुसार पूरा कर लिया गया है ताकि इन स्थानों पर सीसीटीवी लगाने के साथ पेट्रोलिंग को बढ़ाया जा सके।

वहीं नगर विकास विभाग की ओर से नागरिकों की सहायता के लिए सेफ सिटी एप तैयार किया जा रहा है, जिसे स्मार्ट सिटी एप में समाहित किया जाएगा। इसके अलावा परिवहन विभाग हर नागरिक को सुरक्षित सफर का अहसास कराने के लिए नयन एप तैयार कर रहा। इसी तरह यूपी पुलिस द्वारा बुजुर्गों की हर संभव मदद करने और उन्हे उनकी सुरक्षा के प्रति आश्वस्त के लिए सवेरा स्कीम लागू किया जा रहा है। इसके तहत यूपी पुलिस के बीट सिपाही अपने इलाकों के बुजुर्गों का डाटा तैयार करने के साथ समय-समय पर उनके घर पहुंचकर उनका हाल चाल जानेंगे। वहीं उन्हे कोई समस्या होने पर तत्काल मदद करने के साथ उच्च अधिकारियों को अवगत कराएंगे।

इसको लेकर यूपी-112 एसओपी को तैयार कर रही है। मालूम हो कि यूपी पुलिस के रिकॉर्ड में प्रदेश में कुल 9,64,168 बुजुर्ग रजिस्टर्ड हैं। 12 प्रमुख विभागों 1. कानून एवं व्यवस्था 2. यूपी-112 3. महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन 4. नगर विकास 5. परिवहन विभाग 6. महिला एवं बाल विकास विभाग 7. सूचना एवं जनसंपर्क विभाग 8. न्याय विभाग 9. शिक्षा विभाग 10. दिव्यांग एवं सशक्तिकरण विभाग 11. लोक निर्माण विभाग 12. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गयी।

******************************