स्वयं भी वृक्ष लगाएं, दूसरों को भी प्रेरित करें — श्री हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री

*झारखंड विधान सभा परिसर में आयोजित “74वाँ राज्यव्यापी वन महोत्सव 2023”

कार्यक्रम में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन।*

*प्राकृतिक व्यवस्थाओं के साथ छेड़छाड़ जलवायु परिवर्तन का मूल कारण*

रांची,31.07.2023 (FJ) – विधान सभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में आज झारखंड विधान सभा परिसर में “74वाँ राज्यव्यापी वन महोत्सव 2023” कार्यक्रम आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि प्रदेश में वन महोत्सव का राज्यव्यापी कार्यक्रम चल रहा है। यह कार्यक्रम राज्य के अलग-अलग जगहों पर निरंतर मनाया जा रहा है, इसी क्रम में आज हमसभी लोग झारखंड विधान सभा परिसर में पूर्व की भांति इस वर्ष भी वृक्षारोपण कार्यक्रम में उपस्थित हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन को लेकर देश और दुनिया में तेजी से चिंतन और मंथन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कहीं न कहीं प्राकृतिक व्यवस्थाओं के साथ बड़े पैमाने पर छेड़-छाड़ किया जाना अथवा दोहन होना जलवायु परिवर्तन का मूल कारण है। बढ़ती हुई क्लाइमेट चेंज से मानव जीवन हो, वन्य प्राणी हो, जल प्राणी हो, चाहे इस पृथ्वी पर पाए जाने वाले अन्य प्राणी हो, सभी प्रभावित होते हैं।

जागरूकता से ही आएगा बड़ा बदलाव

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि वर्तमान समय में यह जरूरी है कि पर्यावरण संतुलन को लेकर सिर्फ महोत्सव में ही नहीं बल्कि आम जीवन में भी प्रत्येक व्यक्ति को व्यक्तिगत तथा नीतिगत रूप से प्रभावी कदम उठानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज माननीय विधानसभा अध्यक्ष के नेतृत्व में झारखंड विधान सभा परिसर में यह वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ है, जहां हम सभी लोग एकत्रित हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने इस महोत्सव में उपस्थित सभी लोगों से अपील किया कि वे एक-एक वृक्ष अपनी और से जरूर लगाएं तथा उस वृक्ष को संरक्षित भी करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम सभी लोग वृक्ष लगाएंगे, दूसरों को भी वृक्ष लगाने को लेकर जागरूक करेंगे तब धीरे-धीरे ही सही पर एक बड़ा बदलाव निश्चित रूप से देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी लोग जलवायु परिवर्तन में सुधार हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे तभी पर्यावरण संतुलन में सकारात्मक प्रभाव दिखेगा।

इस अवसर पर झारखंड विधान सभा परिसर में विधान सभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो, मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन, मंत्री श्री आलमगीर आलम, मंत्री श्री चम्पई सोरेन, मंत्री श्रीमती जोबा मांझी, मंत्री श्री मिथिलेश ठाकुर, मंत्री श्री बादल पत्रलेख सहित उपस्थित सभी विधायकगण एवं अन्य अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग श्री एल०खियांग्ते, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री संजय श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्रीमती वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे सहित अन्य वरीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

************************

 

फर्जी खबरें और अफवाहें फैलाना देशद्रोह माना जाएगा : मणिपुर सरकार

इंफाल ,31 जुलाई (एजेंसी)। मणिपुर सरकार ने सोमवार को राज्य के लोगों और संगठनों से कहा कि वे मौजूदा हालात के बारे में फर्जी खबरें, झूठ, अफवाहें या गलत सूचना फैलाने, प्रकाशित करने और उत्पन्न करने से बचें, अन्यथा कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और इसे देशद्रोह माना जाएगा।

अधिकारियों ने सरकारी अधिसूचना का हवाला देते हुए कहा कि गलत सूचना फैलाने पर देशद्रोह के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। मुख्य सचिव विनीत जोशी द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है, सरकार शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सभी प्रयास कर रही है।

इसलिए गलत जानकारी उत्पन्न करना या फैलाना देशद्रोह माना जाएगा। अधिसूचना में कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति देश के कानूनों के तहत अभियोजन से छूट नहीं पा सकता, यदि वह गलत इरादे से झूठी खबरें, झूठ, अफवाहें या कोई प्रचार करता पाया जाता है, क्योंकि इससे मणिपुर में मौजूदा कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।

मुख्य सचिव ने अपनी अधिसूचना में कहा : जिम्मेदार पदों पर बैठे कई लोग और सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में अनुयायी मणिपुर में चल रही कानून और व्यवस्था की स्थिति के संबंध में जानकारी उत्पन्न करने और/या साझा करने में सीधे तौर पर शामिल पाए गए हैं।

ऐसी कई सूचनाएं फर्जी खबरें, झूठ, अफवाहें या गलत सूचना पाई गई हैं। इस तरह की गलत जानकारी उत्पन्न करने और फैलाने से जनता की राय को गुमराह करने, हिंसा भड़काने और हथियारों के साथ या उसके बिना राज्य के अधिकार के खिलाफ विद्रोह करने से राज्य में वर्तमान स्थिति खराब होने की आशंका है, जिससे किसी की मृत्यु हो सकती है, लोग हताहत हो सकते हैं। शव और संपत्तियों का विनाश और क्षति हो सकती है।

अधिसूचना में कहा गया है कि इसके द्वारा यह घोषणा की जाती है कि कोई भी व्यक्ति फर्जी समाचार, झूठ, अफवाहें या गलत सूचना उत्पन्न या फैलाते हुए पाए जाने पर देश के कानूनों के तहत अभियोजन से छूट नहीं पा सकता। इसमें कहा गया है कि राज्य सरकार उन लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने में संकोच नहीं करेगी, जो कोई भी गलत जानकारी तैयार करते या साझा करते या प्रकाशित करते पाए जाते हैं, जिससे मणिपुर में मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो सकती है।

अधिसूचना में कहा गया है कि व्यक्तिगत रूप से या मणिपुर में या बाहर स्थित व्यक्तियों के किसी समूह की ओर से कार्य करने वाला प्रत्येक व्यक्ति, किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर या किसी आभासी, दृश्य-श्रव्य या इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से या किसी भी उपकरण के माध्यम से भौतिक रूप से साझा करने या प्रकाशित करने से पहले किसी भी जानकारी को सत्यापित करेगा।

*********************

 

नहीं होने देंगे किसी के साथ अन्याय : योगी

गोरखपुर ,31 जुलाई (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले और कमजोरों को उजाडऩे वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान उन्होने कहा कि सरकार किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने देने और हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने को संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने आज लगे जनता दर्शन में करीब 400 लोगों से मुलाकात की।

गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक वह खुद पहुंचे और एक.एक करके सबकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सबको आश्वस्त किया कि उनके रहते किसी के साथ अन्याय नहीं होने पाएगा।

उन्होंने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीडि़त की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

योगी के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी।

उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को उन्होंने पूरी पारदर्शिता वह निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी नाइंसाफी नहीं होनी चाहिए।

हर पीडि़त के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए। जनता दर्शन में कुछ लोगों की रोजगार संबंधी समस्या पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक भरोसा देते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

****************************

 

खदान में काम कर रहे दंपति की चमकी किस्मत, मिला 8.01 कैरेट का कीमती हीरा

पन्ना ,31 जुलाई (एजेंसी)। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती से नोएडा निवासी एक दंपति को बेशकीमती हीरा मिला है। यहां की धरती की यही खूबी है, कब किसकी किसमत चमक जाए, इसका अंदाजा लगाना बड़ा मुश्किल होता है। कुछ इसी प्रकार नोएडा निवासी मीणा सिंह पति राणा प्रताप सिंह के साथ हुआ है। जिन्हें एक बार फिर 8.01 कैरेट वजन का बेशकीमती हीरा मिला है।

जेम क्वालिटी वाले इस हीरे की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके पहले भी इस दंपति को पन्ना की हीरा खदानों से हीरे मिल चुके हैं। हीरा कार्यालय पन्ना के हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि नोएडा उप्र के निवासी राणा प्रताप सिंह ने अपने कुछ दोस्तों के कहने पर वर्ष 2021 में पन्ना आकर हीरा खदान लगाने का काम शुरू किया था। इसके बाद उन्हें एक के बाद एक अब तक कई हीरे मिल चुके हैं।

एक बार फिर उन्हें 8.01 कैरेट का उज्ज्वल किस्म का बेशकीमती हीरा पन्ना के जरुआपुर गांव की उथली हीरा खदान से मिला है। यह खदान उन्होंने जरुआपुर गांव के निवासी किसान विमल सरकार के खेत में लगाई थी। इस खदान में खेत मालिक विमल सरकार भी पार्टनर हैं। करीब तीन माह की मेहनत के बाद यह हीरा मिला है। जिसे आज हीरा कार्यालय पहुँचकर यह हीरा जमा करवा दिया गया है।

***************************

 

बसपा की एकला चलो की घोषणा, लेकिन माहौल से तय होगा गठबंधन का रास्ता

लखनऊ 31 Jully (एजेंसी): आगामी लोकसभा चुनाव के लिए फूंक फूंक कर कदम रख रही मायावती इस बार कई नए फार्मूर्ले पर काम कर रही हैं। अभी तक वह न एनडीए में हैं और न ही विपक्ष इंडिया में शामिल हुई हैं। राजनीतिक जानकारों की मानें तो आगे आने वाले चार राज्यों के चुनाव में नतीजों के माहौल के बाद अकेले चलने या किसी गठबंधन में जाने का फैसला कर सकती हैं।

जानकारों की मानें तो लगातार चुनावों में हार का मुंह देख रही बसपा लोकसभा जीतने के लिए इस समय तीन फॉर्मूले पर काम कर रही है। मायावती ने पहले कहा था कि हम किसी गठबंधन में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने एनडीए के साथ दूरी बनाए रखी तो वहीं विपक्षी एकजुटता की पूरी कवायद से भी।

लेकिन कुछ दिनों बाद उनके रुख में बदलाव आया है और उन्होंने चुनाव बाद गठबंधन के संकेत दिए हैं तो इसके भी अपने मायने हैं। जिन चार राज्यों में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं, उनमें से तीन में भाजपा और कांग्रेस मुख्य प्रतिद्वंदी है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है।

इन राज्यों में सरकार भाजपा या कांग्रेस में किसी की सरकार बनेगी। ऐसे में बसपा जिसकी सरकार बनेगी उस ओर रुख कर सकती हैं।

अभी वह माहौल भांफ रही हैं। इसीलिए उन्होंने ‘बैलेंस ऑफ पावर’ का हवाला देते हुए संकेत दिया है कि भविष्य में वह किसी गठबंधन का हिस्सा जरूर बन सकती हैं।

बसपा के वरिष्ठ पदाधिकारी कहते हैं कि पार्टी को समझ में आ गया है कि सत्ता में रहने से लोग जुड़ते हैं, बाहर रहने पर लोग टूट जाते हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि बसपा चुनाव पूर्व गठबंधन के लिए भी अपना ऑफर दे रही है। इसके अलावा एक चर्चा ने और जोर पकड़ा है।

इंडिया और एनडीए के इतर तीसरा ऐसा मोर्चा बनाया जाए जो इतना मजबूत हो कि सरकार चाहे किसी की भी बने, उसे मजबूर कर दे। यानी राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए मायावती ने अपने नए फार्मूले पर काम शुरू कर दिया है।

माना जा रहा है कि इसके लिए मायावती औवेसी की पार्टी आईएमआईएमआई व अन्य किनारे खड़े दलों को साथ ले सकती हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो बसपा इन दिनों दलित मुस्लिम समीकरण को लेकर आगे बढ़ रही हैं। दलित उनके पाले में पहले से ही हैं। मुस्लिम वोटरों को लुभाने के लिए वह नया दांव चल रही है। राजनीतिक चर्चा है कि वह औवेसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (आईएमआईएमआई ) के साथ गठबंधन कर सकती हैं।

इसके अलावा अन्य और कई छोटे दलों को अपने पाले में लिया जा सकता है। यह यूपी में दोनों के लिए एक बड़ी उम्मीदों का मंच हो सकता है।

राजनीतिक विश्लेषक वीरेंद्र सिंह रावत कहते हैं कि मायावती ने सारे आप्शन खोले रखे हैं। वह भाजपा के खिलाफ ज्यादा मुखर नहीं होती है। वह अपने दल की स्थित भी देख रही है। अभी चुनाव में काफी देरी है। कई राज्यों में चुनाव भी होने हैं, इसीलिए वो सधे कदम से राजनीति कर रही हैं। जब आगे गठबंधन की ताकत उभर कर सामने आयेगी तब वह अपने पत्ते खोलेंगी।

एक अन्य वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक रतनमणि लाल ने कहा कि 2012 से बसपा सत्ता से बाहर है। मायवती किसी पार्टी के सामने अपने वर्करों के साथ एक जुट रखने का तरीका है कि आप सत्ता में आ जाएं। 2012 के बाद वो सारे कॉम्बिनेशन का प्रयोग कर चुकी हैं।

इन्होंने अपने तीनों ऑप्शन खोल रखे हैं। सपा, कांग्रेस और भाजपा के साथ जाने के दरवाजे खोल रखे हैं। जो पार्टी मजबूत होकर उभरेगी तो वह उसी ओर झुकाव करेंगी। पांच राज्यों के चुनाव के बाद ही यह अपने पत्ते खोलेंगे। इनका जो रुख आज दिख रहा है। यह अभी आने वाले चुनाव तक दिखेगा।

***************************

 

एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की तिरुवनंतपुरम में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

तिरुवनंतपुरम 31 Jully (एजेंसी): तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली से शारजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में तकनीकी खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। इसके बाद सोमवार को तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया।

सुबह 10.53 बजे 154 यात्रियों और चालक दल को लेकर तिरुचिरापल्ली से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद खबर आई कि इसे इमरजेंसी लैंडिंग कराने की जरूरत है। करीब 50 मिनट तक हवा में रहने के बाद यह तिरुवनंतपुरम हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतर गया। पूर्ण आपात स्थिति के अलावा हवाईअड्डे पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान की तिरुवनंतपुरम में लैंड कराने का एक कारण एयर इंडिया हैंगर की उपस्थिति भी थी। विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।

***************************

 

ED का बड़ा एक्शन, माहिरा ग्रुप के ठिकानों पर रेड कर जब्त की करोड़ों की संपत्ति

नई दिल्ली 31 Jully (एजेंसी): प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा कि उसने हाल ही में धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत धरम सिंह छोकर और परिवार के स्वामित्व एवं नियंत्रण वाले माहिरा इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड और माहिरा समूह की अन्य कंपनियों के समालखा (हरियाणा) और दिल्ली में 11 ठिकानों पर छापेमारी की है। तलाशी के दौरान लगभग चार करोड़ रुपये की चार लक्जरी कारें, 14.5 लाख रुपये के आभूषण, 4.5 लाख रुपये की नकदी और घर खरीददारों के पैसों की हेराफेरी से संबंधित सबूत जब्त किए गए।

ईडी ने माहिरा इंफ्राटेक के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस द्वारा धोखाधड़ी और जालसाजी के लिए दर्ज की गई प्राथमिकी के आधार पर पीएमएलए जांच शुरू की। कंपनी ने किफायती आवास योजना के तहत 1,497 घर खरीददारों से लगभग 360 करोड़ रुपये एकत्र किए थे, जिसमें गुरुग्राम के सेक्टर 68 में घर देने का वादा किया गया था। हालाँकि, वह मकान वितरित करने में विफल रही और कई समय सीमाओं से चूक गई।

घर खरीदार पिछले एक साल से माहिरा ग्रुप के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं और वादे के अनुसार घरों की जल्द से जल्द डिलीवरी की मांग कर रहे हैं। ईडी की जांच से पता चला कि उक्त इकाई ने समूह संस्थाओं में फर्जी निर्माण व्यय की बुकिंग करके घर खरीदारों के पैसे की हेराफेरी की। माहिरा समूह के निदेशकों/प्रमोटरों द्वारा नकली बिल/चालान प्रदान करने वाली संस्थाओं से नकली खरीद के बराबर नकद वापस प्राप्त किया गया था, जिसका उपयोग व्यक्तिगत लाभ के लिए किया गया था। कई व्यक्तिगत पारिवारिक व्ययों को भी समूह संस्थाओं में व्यावसायिक व्यय के रूप में दर्ज किया गया था।

निदेशकों ने व्यक्तिगत लाभ के लिए घर खरीदारों के पैसे को अन्य समूह संस्थाओं को ऋण के रूप में हस्तांतरित कर दिया। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि माहिरा समूह के निदेशकों ने अकेले माहिरा इंफ्राटेक (घर से संबंधित) के सेक्टर 68 हाउसिंग प्रोजेक्ट के खरीददारों से लगभग 107.5 करोड़ रुपये (57 करोड़ रुपये की सीमा तक फर्जी खर्च और समूह संस्थाओं को 50.50 करोड़ रुपये की सीमा तक ऋण की हेराफेरी की। ईडी के एक अधिकारी ने कहा, “अन्य चार किफायती हाउसिंग प्रोजेक्ट के वित्तीय लेनदेन के संबंध में जांच जारी है।

माहिरा ग्रुप के निदेशक धरम सिंह छोकर, सिकंदर सिंह और विकास छोकर तथा अन्य प्रमुख कर्मचारी ईडी की तलाशी के दौरान अनुपस्थित रहे और आज तक जांच में शामिल नहीं हुए हैं। तलाशी अभियान के दौरान माहिरा समूह के कार्यालयों और बैंक खातों के संबंध में रोक लगाने के आदेश जारी किए गए थे। मामले की आगे की जांच जारी है।

***************************

 

मणिपुर में महिलाओं के यौन उत्पीड़न का अकेला केस नहीं, CJI ने सुनवाई के दौरान सरकार से मांगा हिसाब

मणिपुर 31 Jully (एजेंसी): मणिपुर वायरल वीडियो मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने केंद्र और मणिपुर सरकार से हिसाब मांग लिया कि अब तक ऐसे कितने मामले सामने आए हैं। मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा वीडियो सामने आ गया है, लेकिन महिलाओं के उत्पीड़न का यह अकेला मामला नहीं है। कई और महिलाओं के साथ ऐसा हुआ है। यह अकेली घटना नहीं है।

उन्होंने केंद्र सरकार का पक्ष रख रहे सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से कहा कि हमें एक ऐसा मेकेनिज्म बनाना होगा, जिसमें महिलाओं के साथ हुई हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं का समाधान निकाला जा सके। इस मेकेनिज्म के तहत यह तय हो कि पीड़ितों को न्याय मिल जाए।

बता दें कि मामले की सुनवाई सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच कर रही है। मणिपुर की दो पीड़ित महिलाओं की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल का कहना है कि महिलाएं मामले की सीबीआई जांच और मामले को असम स्थानांतरित करने के खिलाफ हैं।

वहीं सरकार की तरफ से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता का कहना है कि हमने कभी भी मुकदमे का असम स्थानांतरित करने का अनुरोध नहीं किया है। हमने ये कहा है कि इस मामले को मणिपुर के बाहर स्थानांतरित किया जाए। सीजेआई ने इस दौरान कहा कि उन महिलाओं का जो वीडियो सामने आया सिर्फ वही एक घटना नहीं है।

ऐसी और भी कई घटनाएं हुई हैं। हमें उन सभी महिलाओं के साथ जो हिंसा हुई है उसको देखना है। महिलाओं के खिलाफ अपराध की कितनी FIR दर्ज हैं? वहीं कपिल सिब्बल ने कहा कि पुलिस ही उन महिलाओं को भीड़ के सामने लेकर गई।

उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों के साथ मिली हुई है। एक महिला के पिता और भाई की हत्या कर दी गई। उनकी बॉडी अब तक नहीं मिली। एक ऐसी एजेंसी इसकी जांच करे जिसपर पीड़ितों को भरोसा हो। CBI इसकी जांच कैसे करेगी? इस मामले की जांच के लिए SIT गठित की जानी चाहिए। केंद्र और राज्य सरकार को ये तक जानकारी नहीं है कि कितनी FIR दर्ज हैं।

तुषार मेहता ने सुनवाई के दौरान कहा कि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच पर केंद्र सरकार को कोई आपत्ति नहीं है। इंदिरा जयसिंह ने इस मामले पर कहा कि मणिपुर में करीब 5355 एफआईआर दर्ज हुई हैं। कई रेप पीड़ितों ने FIR भी दर्ज नहीं करवाई हैं। वह डरी हुई हैं, उन्हें भरोसा दिलाना होगा। महिलाओं की एक टीम बनाई जाए, जो पीड़ितों से बात करे। पीड़ितों की पहचान को गोपनीय रखी जाए। पुलिस के सामने पीड़ित महिलाएं डर जाती हैं। गवाहों को सुरक्षा दी जाए।

***************************

 

द्वारका एक्सप्रेसवे परियोजना जल्द पूरी होगी: गडकरी

गुरुग्राम 31 Jully (एजेंसी): केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि द्वारका एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही इस पर यातायात शुरू हो जाएगा। गुड़गांव के सेक्टर 9ए में इंटरनेशनल दिव्य परिवार सोसाइटी और चाणक्य वार्ता परिवार द्वारा स्थापित किए जाने वाले इंडिया इंटरनेशनल कल्चरल सेंटर के शिलान्‍यास और तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए गडकरी ने यह बात कही।

मंत्री ने कहा कि जैसे ही इस एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा हो जाएगा, द्वारका और पुराने गुरुग्राम क्षेत्र के निवासी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का उपयोग करके सोहना के माध्यम से केवल दो घंटे में जयपुर पहुंच सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से गुरुग्राम-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का बोझ होगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”दिल्ली में बन रही नई आउटर रिंग रोड का काम अगले छह महीने में पूरा हो जाएगा। इसके बाद पानीपत से आईजीआई एयरपोर्ट तक का सफर दो घंटे की जगह सवा घंटे में पूरा होगा। इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।” उन्होंने कहा कि दिल्ली में शिवमूर्ति के पास इस रोड पर आठ लेन जमीन के अंदर और आठ लेन जमीन के ऊपर मजबूत सड़क नेटवर्क तैयार किया जा रहा है।

गडकरी ने कहा, “यह सड़क विशेष रूप से गुरुग्राम, आईजीआई हवाई अड्डे, दक्षिण और पश्चिम दिल्ली से चंडीगढ़ और उससे आगे जाने वाले यातायात के लिए एक तेज़ लिंक सुनिश्चित करेगी। यह परियोजना रिंग रोड और बाहरी रिंग रोड सहित दिल्ली की सड़कों पर मौजूदा यातायात भार को कम करने में मदद करेगी क्योंकि जयपुर और चंडीगढ़ से आने वाले वाहन इसे बाईपास के रूप में उपयोग कर सकेंगे।”

वर्तमान में, ऐसे यातायात को धौला कुआं खंड, रिंग रोड और बाहरी रिंग रोड से गुजरना पड़ता है, जिसमें अधिक समय लगता है और राष्ट्रीय राजधानी में भीड़भाड़ और वायु प्रदूषण होता है।

***********************

 

होवार्ड काउंटी, मैरीलैंड और टेक्सास में मनाया जाएगा श्री श्री रविशंकर डे

बेंगलुरु 31 Jully (एजेंसी): ऐतिहासिक गर्व के क्षण में भारतीय आध्यात्मिक गुरु एवं मानवतावादी श्री श्री रविशंकर ऐसे पहले एवम् एकमात्र आध्यात्मिक गुरु हैं,जिन्हें 30 यूएस कैनेडियन सिटीज ने सम्मानित किया है।होवार्ड काउंटी, मैरीलैंड एवम् टेक्सास के राज्यों में श्री श्री रविशंकर डे मनाने की घोषणा की गई है।

इस घोषणा में,गुरुदेव के निर्देशन में,आर्ट ऑफ लिविंग संस्थान द्वारा सेवा करने,शांति एवं आनंद का प्रसार करने, विवाद समाधान ,पर्यावरण के लिए कार्य करने एवम् ध्रुवीकृत विश्व का निर्माण करने के लिए समुदायों को साथ लाने के अथक प्रयासों का सम्मान किया है एवं संज्ञान लिया है।

टेक्सास के गवर्नर,ग्रेग एबॉट ने कहा, गहरी प्रतिबद्धता एवम् उत्साह के साथ गुरुदेव और उनके अनुयायियों ने युद्ध में तबाह क्षेत्रों की यात्रा की, कठोर कैदियों को परामर्श दिया एवम् कट्टर विरोधियों के मतभेदों का समाधान किया।

साथ ही साथ, होवार्ड काउंटी और मैरीलैंड के द्वारा एक कार्यकारी घोषणा की गई,जिसमें कहा गया मानवतावादी,आध्यात्मिक गुरु,शांतिदूत एवम् विश्व में सबसे अधिक मान्यताप्राप्त परिवर्तनकारी,गुरुदेव श्री श्री रविशंकर हमारे समाज को एक ऐसे समय में एकसाथ लेकर आए,जब ध्रुवीकरण एवम् अलगाव की भावना चरम पर थी।

गुरुदेव व्यक्तिगत एवम् सामाजिक स्तर पर शांति,एकता,आशा एवम् आत्म नवीनीकरण के द्वारा हमारे समाज एवम् विश्व को एक साथ लेकर आए।

गुरुदेव एवम् संस्थान के अपार योगदान एवम् आध्यात्म और सेवा के द्वारा लोगों के जीवन में रूपांतरण लाने के लिए,होवार्ड काउंटी ने 22 जुलाई एवम् टेक्सास और बर्मिंघम ने 29 और 25 जुलाई को श्री श्री रविशंकर डे घोषित किया है। इन शहरों में गुरुदेव का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

****************************

 

कानपुर में कक्षा के बीच छात्र पर दूसरे छात्र ने किए चाकू से ताबड़तोड़ वार, मौत

कानपुर 31 Jully (एजेंसी): यहां न्यू आजाद नगर स्थित प्रयाग विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में एक छात्र की कक्षा में ही हत्या कर दी गई। मृतक छात्र 10वीं कक्षा में पढ़ता था। आरोपी और मृतक छात्र के बीच वारदात से एक दिन पहले किसी लड़क़ी से बातचीत को लेकर लड़ाई हुई थी।

मृतक नीलेंद्र तिवारी की उम्र 15 साल और आरोपी की उम्र 13 साल है। शनिवार को दोस्तों ने उनका झगड़ा शांत करा दिया था, लेकिन सोमवार को क्लास में उनके बीच फिर टकराव हो गया। गंगापुर कॉलोनी यशोदा नगर निवासी जितेंद्र तिवारी प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में 15 वर्षीय बेटा नीलेंद्र तिवारी, बेटी राधिका तिवारी, पत्नी पूनम हैं। नीलेंद्र पड़ोस के ही प्रयाग विद्या मंदिर में 10 ए का छात्र था।

सुबह करीब 10 बजे नीलेंद्र का अपनी ही कक्षा में पढऩे वाले सहपाठी से किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। इसी बीच दूसरे छात्र ने चाकू निकाली और नीलेंद्र के गले पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। एक के बाद एक कई वार होने से नीलेंद्र बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे घायलावस्था में अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों में उसे मृत करार दिया।

*************************

 

पूर्व की सरकारों की कुनीति व कुशासन से गरीब और बीमारू था उत्तर प्रदेश: योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर/ कुशीनगर 31 जुलाई ( एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष्ी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि संसाधनों से अमीर होने के बावजूद उत्तर प्रदेश पूर्व की गैर भाजपा सरकारों की कुनीति व कुशासन से गरीब और बीमारू राज्य बना हुआ था।

मुख्यमंत्री सोमवार को गोरखपुर में स्थित वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में आयोजित पीएम आवास योजना के लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि  भाजपा की डबल इंजन सरकार ने सुनीति और सुशासन से उत्तर प्रदेश को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया मानती है कि यूपी गरीब व बीमारू राज्य नहीं बल्कि वह प्रदेश है जहां छह साल में साढ़े पांच करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर उठे हैं।

इस अवसर पर उन्होंने सिंगल क्लिक से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 5100 लाभार्थियों के बैंक खातों में 51.52 करोड़ रुपये की धनराशि अंतरित की। 250 लाभार्थियों को 50 हजार रुपये की दर से प्रथम किस्त, 2602 लाभार्थियों को 1.50 लाख रुपये की दर से दूसरी किस्त तथा 2248 लाभार्थियों को 50 हजार रुपये की दर से तीसरी किस्त की धनराशि भेजी गई।

मुख्यमंत्री ने पीएम आवास योजना के 12 लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों को सवालों के घेरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस, सपा और बसपा की सरकारों ने जनता को योजनाओं के लाभ से वंचित रखा। कांग्रेस नारा देकर भी गरीबी नहीं हटा पाई। सपा के नारे जातिवाद, परिवारवाद के शिकंजे में भ्रष्टाचार के प्रतीक बन गए। बसपा के हाथी के पेट मे पूरा प्रदेश ही समा जा रहा था। इन सबका परिणाम यह रहा कि यूपी पिछड़ता चला गया। उन्होंने कहा कि यदि जनता गरीब रहेगी तो प्रदेश व देश समृद्ध नहीं हो सकता।

योगी ने कहा कि छह साल से यूपी में दिख रहा विकास और जनकल्याण के कार्य पहले भी हो सकते थे पर पूर्व की सरकारों में इच्छाशक्ति का अभाव था।

समाजवादी पार्टी का बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि उनके एजेंडे में ..मैं.. और मेरा परिवार ही था। प्रदेश के संसाधनों को लूटने के लिए महाभारत के सभी रिश्ते जुड़ जाते थे। उन्होंने किसानों, व्यापारियों का शोषण किया, युवाओं से अन्याय किया तथा  महिलाओं की सुरक्षा खतरे में डाली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में 15 जुलाई से 15 नवंबर तक का समय इंसेफेलाइटिस की दहशत के नाम रहता था। 40 वर्षों में 50 हजार बच्चों की मौत हो गई थी। डबल इंजन की सरकार ने इंसेफेलाइटिस का समूल कर दिया है। इंसेफेलाइटिस पूरी तरह नियंत्रित है बस उन्मूलन की घोषणा ही बाकी है।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर में स्थित  बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सुदृढ़ीकरण और एम्स की स्थापना हो जाने से सर्दी हो या गर्मी,  बरसात हो या बसंत, कोई भी बीमारी बच्चों का बाल बांका नहीं कर सकती।

योगी ने कहा कि पीएम मोदी का सपना है कि हर व्यक्ति के पास अपना घर हो। हर व्यक्ति की भी यही कामना होती है कि उसके पास अपना घर, उसमें बिजली पानी,रसोई गैस, राशन कार्ड, स्वास्थ्य बीमा आदि की सुविधा हो। आजादी के बाद पहली बार डबल इंजन की सरकार ऐसी सभी योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने पीएम आवास योजना को प्रधानमंत्री की तरफ से गिफ्ट बताते हुए कहा कि किस्त की रकम से समय पर मकान बनवाइए। यदि कोई पैसा मांगे तो सीधे मुझे सूचना दीजिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को राशन कार्ड, बिजली कनेक्शन,रसोई गैस कनेक्शन, आयुष्मान योजना का लाभ भी दिया जाएगा। उन्होंने आवास बन जाने पर गृह प्रवेश में जनप्रतिनिधियों को भी बुलाने और जो खुद खाते हों वही जनप्रतिनिधियों को भी खिलाने की बात भी कही। उन्हों बताया कि यूपी में पीएम आवास योजना शहरी के तहत 54 लाख गरीबों को आवास मिले हैं। गोरखपुर में 43600 आवास स्वीकृत हैं। इसमें से 35500 आवास पूर्ण हो चुके हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले छह वर्षों में 61184 आवास उपलब्ध कराए गए।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में विकास के साथ ही जनकल्याण की रफ्तार निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यहां से संगठित अपराध और गैंगवार का सफाया हो चुका है। मच्छर और इंसेफेलाइटिस की समस्या का समाधान हो गया है। गोरखपुर तो अब सभी बीमारियों का समाधान करने वाला क्षेत्र बन गया है। दुनिया के निवेशक यहां निवेश करने आना चाहते हैं। गोरखपुर चार विश्वविद्यालय से शिक्षा का आधुनिक हब बन गया है। जल्द ही सहजनवा में अटल आवासीय विद्यालय में सत्र प्रारंभ होने जा रहा है। बेसिक स्कूलों का कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो संकीर्ण सोच वाला होगा उसे ही विकास नजर नहीं आ रहा होगा।  जनकल्याण का पक्ष देखें तो कोरोना काल से देश मे 80 करोड़ और यूपी में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा मिल रही है जबकि पहले सत्ताधारी पार्टी से जुड़े लोग गरीबों का राशन हड़प जाते थे। आज किसी ने ऐसा किया तो जेल उसके इंतजार में है। पहले नौकरी के नाम पर डकैती होती थी आज नौकरी में सेंधमारी करने वाले जेल में मिलेंगे। डीबीटी से पेंशन में कमीशनखोरी को खत्म कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से विकास की सोच से जुड़ने, नागरिक दायित्व का निर्वहन करते हुए स्वच्छता को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास की सोच से ही कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा।

योगी आदित्यनाथ ने सभी लोगों से मेरी माटी, मेरा देश अभियान से जुड़ने की अपील की और  कहा कि हमारा देश व इसकी माटी के प्रति दायित्व होता है कि हम गंदगी न फैलाएं, अराजकता का प्रतिकार करें  और भ्रष्टाचार को पनपने न दें। अराजकता, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार की सूचना शासन- प्रशासन को दें। प्रशासन इसका इलाज कर देगा।

लाभार्थी सम्मेलन को प्रदेश सरकार के मत्स्य विकास मंत्री डॉ संजय निषाद, सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह श्रीराम चौहान ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक महेंद्रपाल सिंह,  विपिन सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंहऔर  महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

******************************

 

दीपक कुमार गोस्वामी ने नौसेना डॉकयार्ड, मुंबई के एडमिरल अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाला

नई दिल्ली , 31 जुलाई (एजेंसी)। रियर एडमिरल दीपक कुमार गोस्वामी ने  रियर एडमिरल केपी अरविंदन, एवीएसएम, वीएसएम से एडमिरल अधीक्षक, नौसेना डॉकयार्ड (एएसडी), मुंबई के रूप में कार्यभार संभाला।आरएडीएम दीपक कुमार नेवल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, आईएनएस शिवाजी के पूर्व छात्र हैं और उन्हें नवंबर 1988 में भारतीय नौसेना में नियुक्त किया गया था।

उनके पास आईआईटी मद्रास से मरीन इंजीनियरिंग में बी-टेक डिग्री और कंप्यूटर साइंस में एम-टेक डिग्री है। वह कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट (सीडीएम), सिकंदराबाद और नेशनल डिफेंस कॉलेज, दिल्ली से भी स्नातक हैं।35 वर्षों के अपने करियर में, आरएडीएम दीपक कुमार ने विभिन्न क्षमताओं में भारतीय नौसेना की उत्कृष्टता के साथ सेवा की है, जिसमें आईएचक्यू एमओडी (नौसेना), कमांड मुख्यालय, नौसेना डॉकयार्ड, मुंबई और नौसेना जहाज मरम्मत यार्ड में नियुक्तियां शामिल हैं।

उन्होंने गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट्स गोदावरी, गोमती और ब्यास पर काम किया है। उनकी स्टाफ नियुक्तियों में सूचना प्रौद्योगिकी निदेशालय और कार्मिक निदेशालय में कार्यकाल शामिल हैं। फ्लैग ऑफिसर ने नौसेना डॉकयार्ड, मुंबई में प्रबंधक और उप महाप्रबंधक के रूप में, एचक्यूईएनसी में कमांड इंजीनियर अधिकारी के रूप में, एचक्यूडब्ल्यूएनसी में कमांड रिफिट अधिकारी के रूप में और कमोडोर अधीक्षक यार्ड, नौसेना जहाज मरम्मत यार्ड, पोर्ट ब्लेयर के रूप में कार्य किया है।

संस्थान में उच्च रक्षा प्रबंधन पाठ्यक्रम पूरा होने पर उन्हें सीडीएम में निदेशक स्टाफ के रूप में नियुक्त किया गया था।फ्लैग रैंक पर पदोन्नत होने पर, अधिकारी को 19 मार्च 2021 को एडमिरल अधीक्षक, नौसेना जहाज मरम्मत यार्ड, कारवार के रूप में नियुक्त किया गया और इसके बाद उन्होंने एएसडी के रूप में नौसेना डॉकयार्ड, मुंबई की बागडोर संभाली।

रियर एडमिरल केपी अरविंदन, भारतीय नौसेना में 36 साल की कमीशन सेवा के शानदार करियर के पूरा होने पर सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

***************************

 

टेस्ट क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने की आखिरी बार बल्लेबाजी, मिला गार्ड ऑफ ऑनर

लंदन ,31 जुलाई (एजेंसी) । इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को रविवार को ओवल में पांचवें और अंतिम एशेज टेस्ट के चौथे दिन टेस्ट क्रिकेट में आखिरी बार बल्लेबाजी करने के लिए बाहर निकलते समय ऑस्ट्रेलिया की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर मिला।

37 वर्षीय ब्रॉड ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद घोषणा की थी कि वह खेल के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लेंगे। उन्होंने 602 टेस्ट विकेट के साथ अपना करियर समाप्त किया और 600 से अधिक टेस्ट विकेट लेने वाले सिर्फ दो तेज गेंदबाजों में से एक बन गए, उनके साथ लंबे समय तक गेंदबाजी साथी रहे जेम्स एंडरसन भी यह कारनामा कर चुके हैं जो मैच के चौथे दिन ब्रॉड के साथ बल्लेबाजी करने आए थे।

जैसे ही ब्रॉड और एंडरसन अपनी दूसरी पारी में इंग्लैंड की पारी को 389/9 से आगे बढ़ाने के लिए बाहर निकले, ऑस्ट्रेलिया टीम की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर और ओवल में दर्शकों की खचाखच भीड़ ने खड़े होकर तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने बताया, जिस क्षण ब्रॉड और एंडरसन एक साथ बाहर निकले, मैं और मेल जोन्स लगभग स्वस्थ हो गए! ब्रॉडी ने जिमी के चारों ओर अपना हाथ रखा और कहा, ‘आइए एक साथ गार्ड ऑफ ऑनर से गुजरें, हम ज्यादातर चीजों से एक साथ गुजरे हैंÓ लेकिन जिमी ने स्थिति को पूरी तरह से समझ लिया। यहां तक कि कुछ ऑस्ट्रेलियाई खिलाडिय़ों ने ब्रॉडी के अंतिम मैच में तालियां भी बजायीं। यह भावनात्मक क्षण था।

ब्रॉड मिशेल स्टार्क की पहली पांच गेंदों पर रन नहीं बना सके, लेकिन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को मिडविकेट के ऊपर से छक्का मारने में सफल रहे। यह टेस्ट क्रिकेट में ब्रॉड की आखिरी गेंद साबित हुई, क्योंकि एंडरसन, जो रविवार को 41 साल के हो गए, अगले ओवर में ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए।

एंडरसन के आउट होने का मतलब था कि इंग्लैंड 81.5 ओवर में 395 रन पर आउट हो गया, जिससे ऑस्ट्रेलिया को 384 रन का लक्ष्य मिला, ब्रॉड का लक्ष्य अपने अंतिम टेस्ट मैच में अधिक विकेट लेना और मेजबान टीम को मौजूदा एशेज श्रृंखला 2-2 से बराबर करने में मदद करना है।

**********************

 

भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेजबान स्पेन को 3-0 से हराकर खिताब जीता

बार्सिलोना ,31 जुलाई (एजेंसी) । भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेजबान स्पेन को 3-0 से हराकर स्पेनिश हॉकी फेडरेशन की 100वीं वर्षगांठ पर आयोजित तीन देशों का इंटरनेशनल टूर्नामेंट जीत लिया। वंदना कटारिया (22′), मोनिका (48′) और उदिता (58′) ने गोल किये जिससे टीम टूर्नामेंट में अपराजित रही। भारत ने अपने पिछले मैचों में इंग्लैंड के साथ 1-1 और स्पेन के साथ 2-2 से ड्रा खेला था।

टेबल टॉपर्स भारत ने मजबूत शुरुआत की क्योंकि उन्होंने छोटे, सटीक पास के साथ एक अनुशासित संरचना पर काम किया जिससे उन्हें सर्कल में जगह बनाने में मदद मिली। लेकिन पहले क्वार्टर में एक भारतीय गोल नहीं हो सका।
इस बीच, मेजबान टीम ने पहले क्वार्टर के अंतिम पांच मिनटों में कुछ अच्छे मौके बनाए, लेकिन भारत की कप्तान और गोलकीपर सविता ने पोस्ट की रक्षा करते हुए शानदार बचाव किया, जब 11वें मिनट में स्पेन को पीसी मिला और उन्होंने एक संभावित खतरे को भी टाल दिया।

भारत ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत दमदार अंदाज में की। उन्होंने एक मजबूत हमला किया, जिसमें सुशीला को 22वें मिनट में एक बेहतरीन फील्ड गोल का मौका मिला। उन्होंने सर्कल में तेजी से पास देकर नेहा गोयल की मदद की, लेकिन गोल पर नेहा का शॉट स्पेनिश गोलकीपर क्लारा पेरेज़ के पैड से टकराकर उछल गया।

इसके बाद लालरेम्सियामी ने रिबाउंड उठाया और उसे गोलकीपर के पास पहुंचा दिया। यह सुनिश्चित करने के लिए कि यह नेट में पहुंचे, वंदना ने इसे गोल रेखा से आगे बढ़ाने के लिए हल्का सा स्पर्श किया।

भारत ने 48वें मिनट में बढ़त 2-0 कर दी जब उन्होंने पीसी हासिल करने के लिए मिलकर काम किया। शॉट लेते हुए, मोनिका गेंद को मारिया रुइज़ के पास भेजने के लिए निशाने पर थी, जिन्होंने स्पेनिश गोल पोस्ट में पेरेज़ की जगह ली थी।

2-0 की आरामदायक बढ़त के साथ भारत अच्छा प्रदर्शन करना चाह रहा था। टीम ने बचाव किया, अनुभवी दीप ग्रेस एक्का, निक्की प्रधान और सुशीला चानू ने स्पेनिश हमले को रोके रखा, जबकि फॉरवर्ड ने तीसरे गोल के लिए जोर लगाया।

मौका 58वें मिनट में आया जब आत्मविश्वास से भरी उदिता ने स्कोर करने के लिए अच्छे ड्रिब्लिंग कौशल के साथ धैर्य दिखाया और इस तरह भारत का अभियान 3-0 की शानदार जीत के साथ समाप्त हुआ।

*****************************

 

बारिश के बाद टमाटर फिर हुआ लाल, थोक बाजार में 200 रुपए किलो हुए भाव

चेन्नई ,31 जुलाई (एजेंसी)। तमिलनाडु में टमाटर की बढ़ती कीमतों से लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। सोमवार को राज्य की राजधानी और कई शहरों में इसकी थोक कीमत 200 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई।चेन्नई के कोयम्बेडु थोक बाजार में टमाटर की कमी के कारण दाम तेजी से बढ़े हैं।

कोयम्बेडु बाजार में थोक सब्जी विक्रेता पी.वी. अहमद ने कहा, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण फसल को हुए भारी नुकसान से दोनों राज्यों से टमाटर की आवक कम हुई है। भारी बारिश के कारण फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है और इसलिए टमाटर की आवक में कमी आ गई है। इससे बाजार में टमाटर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। व्यापारियों ने यह भी कहा कि एक सप्ताह में कीमत 250 रुपये प्रति किलोग्राम तक बढऩे की संभावना है।

कोयम्बेडु होलसेल मर्चेंट्स एसोसिएशन के सचिव पी. सुकुमारन ने कहा, इस बाजार के इतिहास में पहली बार टमाटर की कीमत 200 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। यह अभूतपूर्व है। हम उम्मीद कर रहे थे कि 20 जुलाई तक दरें स्थिर हो जाएंगी, लेकिन अचानक बारिश के कारण फसल बर्बाद हो गई और आंध्र तथा कर्नाटक में 50 फीसदी से ज्यादा टमाटर की खेती बारिश के कारण बर्बाद हो गई। जहां थोक बाजार में टमाटर 200 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है, वहीं कुछ खुदरा दुकानों में इसकी कीमत 185 रुपये प्रति किलोग्राम भी है।

चेन्नई के पम्मल में एक सब्जी विक्रेता कुप्पुसामी ने बताया, हम जो टमाटर खरीदते हैं उससे कम दाम पर बेच रहे हैं क्योंकि हम बर्बादी से बचना चाहते हैं। बिक्री की मात्रा में भी भारी कमी आई है और लोग टमाटर नहीं खरीद रहे हैं। इसकी बजाय वे दूसरी सब्जियां खा रहे हैं।

***************************

 

साइबर सिक्योरिटी फर्म केप टेक्नोलॉजीज ने की लगभग 200 कर्मचारियों की छंटनी

नई दिल्ली ,31 जुलाई (एजेंसी) । साइबर सिक्योरिटी फर्म केप टेक्नोलॉजीज ने कथित तौर पर सभी विभागों से लगभग 200 कर्मचारियों को निकाल दिया है और कंपनी के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी डैन गेरिक ने अपना पद छोडऩे का फैसला किया है।

एक्सप्रेसवीपीएन, साइबरघोस्ट और प्राइवेट एक्सेस इंटरनेट (पीआईए) सहित कई पॉपुलर वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) सर्विस के लिए केप टेक्नोलॉजीज काम करता है।

टेकराडार की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ प्रभावित विभागों में एक्सप्रेसवीपीएन, प्राइवेट इंटरनेट एक्सेस (पीआईए) और साइबरघोस्ट शामिल हैं।

नौकरी से निकाले गए कई कर्मचारियों ने पेशेवर नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर ओपन टू वर्क नोटिफिकेशन के साथ अपनी बर्खास्तगी के बारे में बात की।

गेरिक ने एक लिंक्डइन पोस्ट में लिखा है कि जैसा कि आप में से बहुत से लोग जानते होंगे, केप टेक्नोलॉजीज (जिसमें एक्सप्रेसवीपीएन, साइबरघोस्ट और पीआईए वीपीएन ब्रांड शामिल हैं) को 1 जून को निजीकृत कर लिया गया और इस हफ्ते उन्होंने अपने ग्लोबल वर्कफोर्स के लगभग 30 प्रतिशत की छंटनी करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने उल्लेख किया, मैंने अपने कई अद्भुत सहयोगियों के साथ अपना पद छोडऩे का फैसला किया। मैं आधिकारिक तौर पर एक्सप्रेसवीपीएन और केप प्राइवेसी डिवीजन के सीटीओ के रूप में अपने प्रस्थान की घोषणा कर रहा हूं।

लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, केप के यूके, इजराइल, जर्मनी, रोमानिया, फ्रांस, फिलीपींस, अमेरिका, सिंगापुर, हांगकांग और साइप्रस समेत 10 ग्लोबल लोकेशन पर 1,000 से अधिक कर्मचारी हैं।

वेबसाइट के अनुसार, पिछले कुछ सालों में हम अपने कस्टमर बेस को 7 मिलियन भुगतान करने वाले यूजर्स और दुनिया भर में 100 मिलियन से ज्यादा रिडर्स तक बढ़ाने में सक्षम हुए हैं।

****************************

आधी रात भारतीय सीमा क्रॉस करने की कोशिश, BSF ने अरनिया सेक्टर में ढेर किया घुसपैठिया

जम्मू 31 Jully (एजेंसी): बीएसएफ ने सोमवार को कहा कि जम्मू के अरनिया सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया गया। बीएसएफ जवानों ने 30-31 जुलाई की मध्यरात्रि में, अरनिया सीमा क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार संदिग्ध गतिविधि देखी और एक घुसपैठिए को बीएसएफ बाड़ की ओर आते देखा गया। बीएसएफ ने कहा, जवानों ने घुसपैठिए को मार गिराया और घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।

इससे एक दिन पहले सुरक्षाबलों ने माछिल सेक्टर के काला जंगल में चार आतंकियों को ढेर कर दिया था। ये आतंकी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर यानी PoK से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। जम्मू कश्मीर पुलिस ने बताया कि सेना और पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन मे चारों आतंकियों को ढेर कर दिया। आतंकी किस संगठन के थे और कौन थे, अभी इसकी पहचान नहीं हो सकी है। सुरक्षाबल इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

************************

 

चलती ट्रेन में भिड़े RPF के जवान, फायरिंग में ASI समेत चार यात्रियों की मौत

मुंबई 31 Jully (एजेंसी): महाराष्ट्र के पालघर में एक बड़ी वारदात हुई है। यहां जयपुर-मुंबई एक्सप्रेस में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक कांस्टेबल ने अपने सहकर्मी और तीन यात्रियों की गोली मारकर हत्या कर दी। जीआरपी कंट्रोल के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब 5.30 बजे विरार और मीरा रोड रोड स्टेशनों के बीच हुई।

ऑन-ड्यूटी आरपीएफ के दो कांस्टेबलों के बीच हुए झगड़े में एक ने दूसरे पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोलीबारी में एक कांस्टेबल और एक महिला समेत तीन अन्य यात्रियों की मौत हो गई। पुलिस और आरपीएफ अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं।

मीरा रोड बोरीवली के बीच GRP मुम्बई के जवानों ने आरोपी कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बोरीवली पुलिस स्टेशन में लाया गया। जानकारी के अनुसार दोनों आरपीएफ कर्मी ऑन ड्यूटी पर थे और ऑफिशियल काम से मुंबई आ रहे थे। इस दौरान आरोपी जवान ने अपनी सर्विस गन से फायरिंग कर दी।

**************************

 

मुहर्रम जुलूस के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के साथ छेड़छाड़, 18 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

मेदिनीनगर 31 Jully (एजेंसी): झारखंड के पलामू जिले में मुहर्रम के जुलूस के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप लगे हैं। इस मामले में 18 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक यह घटना चैनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम को उस समय हुई जब मुहर्रम का एक जुलूस शाहपुर, कल्याणपुर और कंकारी जैसे इलाकों से होकर गुजरा। यह क्षेत्र राजधानी रांची से करीब 175 किलोमीटर दूर स्थित है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऋषभ गर्ग ने कहा कि जुलूस के दौरान संगीत बजाया गया और राष्ट्रीय ध्वज लहराया गया, ध्वज के साथ कथित छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की। उन्होंने कहा कि ध्वज के रंग राष्ट्रीय ध्वज के समान ही थे, लेकिन उसमें अशोक चक्र गायब था।

एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा, अशोक चक्र के स्थान पर उर्दू में कुछ शब्द लिखे थे और नीचे तलवार का निशान था। 13 नामजद समेत 18 लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

***************************

 

यात्रा के 30वें दिन लगभग सात हजार श्रद्धालु पहुंचे अमरनाथ

श्रीनगर 31 Jully (एजेंसी): अमरनाथ यात्रा के 30वें दिन करीब 7,000 तीर्थयात्रियों ने यात्रा की, जबकि 1,550 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था सोमवार को जम्मू से घाटी के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को अमरनाथ यात्रा के 30वें दिन लगभग 7,000 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा के अंदर दर्शन किए, जबकि 1,550 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था सोमवार को सुरक्षा काफिले में जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से घाटी के लिए रवाना हुआ।

“1,550 तीर्थयात्रियों का आज का जत्था 1 जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से घाटी के लिए रवाना होने वाला सबसे छोटा जत्था है।”

अधिकारियों ने कहा, “जत्थे में 1,165 पुरुष, 354 महिलाएं, सात बच्चे, 19 साधु और पांच साध्वियां शामिल हैं।”

इस साल की यात्रा के दौरान अब तक 36 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है।

इस साल की 62 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई को शुरू हुई और 31 अगस्त को रक्षा बंधन के साथ श्रावण पूर्णिमा पर समाप्त होगी।

**************************

 

अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत

नरसिंहपुर 31 Jully (एजेंसी): मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में वाहन की टक्कर से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि नरसिंहपुर-गोटेगांव जबलपुर सडक मार्ग पर थाना ठेमी क्षेत्र के मानेगांव के पास देर रात एक अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी।

इस घटना में कार में सवार ओकार अग्रवाल सहित उनके दो पुत्र संजय और संदीप अग्रवान की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं कार में सवार हनी और यश अग्रवाल को गंभीर हालत में जबलपुर में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि जबलपुर निवासी ओकार अग्रवाल (84) परिवार के साथ करेली में अपनी पुत्री से मिलने के लिये गये, जबलपुर लौटते समय यह घटना घटित हुई।

************************

 

वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के कलेक्टर भी बदले गए

भोपाल 31 Jully (एजेंसी): मध्यप्रदेश सरकार ने आज रात भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के लगभग डेढ़ दर्जन अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए, जिससे कुछ जिलों के कलेक्टर भी प्रभावित हुए हैं। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच ये तबादले काफी अहम माने जा रहे हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल के सचिव श्रीकांत बनोठ को श्रम आयुक्त इंदौर के रूप में पदस्थ किया गया है। मध्यप्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड भोपाल के प्रबंध संचालक तरुण राठी को गुना कलेक्टर पद की जिम्मेदारी दी गयी है।

भोपाल नगर निगम आयुक्त वी एस चौधरी कोलसानी को नगरीय विकास एवं आवास विभाग में उप सचिव और मध्यप्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट भोपाल के परियोजना संचालक हरजिंदर सिंह को पन्ना जिला कलेक्टर के रूप में स्थानांतरित किया गया है। मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजीव श्रीवास्तव को भिंड कलेक्टर और महिला एवं बाल विकास विभाग के उप सचिव मनोज पुष्प को छिंदवाड़ा कलेक्टर पदस्थ किया गया है।

पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा को राज्य मंत्रालय में उप सचिव बनाया गया है। उमरिया कलेक्टर कृष्ण देव त्रिपाठी को माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश भोपाल में सचिव और भिंड कलेक्टर सतीश कुमार एस को मध्यप्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड भोपाल में प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
गुना कलेक्टर फैंक नोबल ए को नगर निगम भोपाल के आयुक्त पद की जिम्मेदारी दी गयी है। छिंदवाड़ा कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले को मध्यप्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट भोपाल के परियोजना संचालक की जिम्मेदारी दी गयी है। भोपाल विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बुद्धेश कुमार वैद्य को उमरिया कलेक्टर और नगर निगम भोपाल के अपर आयुक्त संदीप केरकेट्टा को भोपाल विकास प्राधिकरण में मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है।

इंदौर संभाग आयुक्त पवन कुमार शर्मा को भोपाल संभाग आयुक्त बनाया गया है। उज्जैन संभाग आयुक्त संदीप यादव को राजस्व विभाग में सचिव पदस्थ किया गया है। प्रमुख राजस्व आयुक्त डॉ संजय गोयल को उज्जैन संभाग आयुक्त के रूप में स्थानांतरित किया गया है। भोपाल संभाग आयुक्त माल सिंह भयडिया को इंदौर संभाग आयुक्त पदस्थ किया गया है। नर्मदापुरम संभाग आयुक्त श्रीमन शुक्ला को कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

*****************************

 

मणिपुर दौरे के बाद, इंडिया के सांसदों ने संसद में विपक्षी नेताओं को हालात की दी जानकारी

नई दिल्ली 31 Jully (एजेंसी): हिंसा प्रभावित मणिपुर का दौरा करने वाले भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (इंडिया) के 21 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को संसद में विपक्षी दलों के फ्लोर नेताओं को जानकारी दी। 21 सांसदों की संसद में बैठक हुई। बैठक में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।

सांसदों ने मणिपुर की अपनी दो दिवसीय यात्रा का अनुभव साझा किया, जहां उन्होंने राहत शिविरों में पीड़ितों और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।

लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को पूर्वोत्तर राज्य की स्थिति पर मणिपुर की भाजपा सरकार के साथ-साथ केंद्र की भी आलोचना की और कहा कि दोनों सरकारों ने इस मामले पर अपनी आंखें बंद कर ली हैं।

विपक्षी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे चौधरी ने कहा, “चाहे वह राज्य सरकार हो या केंद्र सरकार, वे (मणिपुर मुद्दे पर) कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। किसी को कोई परेशानी नहीं है। दोनों सरकारों ने अपनी आंखें बंद कर ली हैं।” मणिपुर का दौरा करने वाले इंडिया के सदस्यों वहां से लौटने के बाद यहां संवाददाताओं से यह बात की।

दिल्ली रवाना होने से पहले विपक्षी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने इम्फाल के राजभवन में मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके से मुलाकात की और उन्‍हें एक ज्ञापन सौंपा। इसमें पूर्वोत्तर राज्य में शांति बहाली का आग्रह किया गया।

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल मणिपुर में मौजूदा संकट के लिए मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं और उन्हें बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं।

मणिपुर में तीन मई को जातीय संघर्ष भड़क उठा और तब से अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है, जबकि हजारों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

****************************