सानिया आरसीबी महिला खिलाडिय़ों को खेल के मानसिक पहलुओं से रूबरू करवाएंगी

मुंबई, 04 मार्च (एजेंसी) । दिग्गज टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा को क्रिकेट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है लेकिन महिला प्रीमियर लीग  (डब्ल्यूपीएल) के शुरुआती सत्र में वह खिलाड़ी के तौर पर वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के युवा क्रिकेटरों को मानसिक पहलुओं से निपटने के बारे में बतायेंगी।

सानिया को आरसीबी  ने डब्ल्यूपीएल के लिए अपना मार्गदर्शक (मेंटोर) बनाया है। आरसीबी का नेतृत्व भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना कर रही है और टीम रविवार को अपने अभियान का आगाज दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगी।

आरसीबी ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें सानिया टीम के खिलाडिय़ों से बातचीत करती दिख रही है।

सानिया ने इस वीडियो में कहा,  मैं क्रिकेट के बारे में कुछ नहीं जानती। मैंने सोचा (जब मुझे मेंटोर बनाया गया था) मैं क्या करने जा रही हूं, मैं लड़कियों से क्या बात करूंगी। मैं हाल ही में खेल को अलविदा कहा है। मैं सोचा कि जीवन में मेरा अगला कदम भारत की महिला खिलाडिय़ों को मदद करना होगा।

सानिया ने कहा,  किसी भी खेल में मैं मानसिक पहलू को लेकर मदद करने कर सकती हूं। मैंने पिछले 20 वर्षों से इसका सामना किया है।
सानिया ने एक खिलाड़ी ने पूछा कि उनके लिए संन्यास लेना कितना मुश्किल फैसला था। इसके जवाब में उन्होंने कहा,  मैं वास्तव में इसके लिए तैयार थी। मेरा एक बेटा है जो चार साल का है और ईमानदारी से कहूं तो पिछला एक साल संघर्षपूर्ण रहा है। मेरे तीन ऑपरेशन हुए। मैंने हालांकि शीर्ष रहते हुए खेल को अलविदा कहने का सोचा था।  मैं बस रुकना चाहती थी।

सानिया ने कहा कि मेंटोर के रूप में उनकी भूमिका आरसीबी को डब्ल्यूपीएल खिताब की ओर बढऩे में मदद करने की होगी।

उन्होंने कहा, मैं व्यक्तिगत खेल में थी, इसलिए फोटो शूट, मीडिया का ध्यान सब कुछ मैंने अपने दम पर संभाला। ऐसे में मैंने सोचा कि लड़कियों से इस तरह की चीजें साझा कर सकती हूं।

इस पूर्व खिलाड़ी ने कहा,  खेल में दबाव महसूस करना सामान्य है लेकिन आपको बस इससे निपटने का तरीका ढूंढना होगा। आपको बाहर की चर्चा को अनसुना करना होगा। ऐसे मामलों में  भारतीय मीडिया सख्त है।

संघर्ष को हर खिलाड़ी के जीवन का हिस्सा बताते हुए सानिया ने कहा, हर चीज में संघर्ष  है। हमें कोर्ट (टेनिस खेलने की जगह) नहीं मिलता था, हम ऐसे कोर्ट पर खेलते थे जिसे गोबर से लीपा जाता था।  हमारे पास कोच नहीं थे। जो कोच थे वे विशेषज्ञ नहीं थे। फिर लड़कियों का अपना एक अलग संघर्ष होता है।

उन्होंने कहा, एक एथलीट के रूप में हमारा काम अगली पीढ़ी को प्रेरित करना है। चैंपियन वह नहीं हैं जो हर समय जीत रहा हो, असली चैंपियन वह हैं जो खराब लय के होने के बाद भी जीतने का जज्बा दिखाता है।

उन्होंने कहा,  आपको यह याद रखना होगा कि आपने क्रिकेट खेलना क्यों शुरू किया, क्योंकि आप इस खेल से प्यार करते हैं।

*********************************

 

पत्नी अनुष्का के साथ कोहली ने महाकालेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना की

उज्जैन (मध्य प्रदेश) 4 मार्च (एजेंसी)। क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी अभिनेत्री पत्नी अनुष्का शर्मा ने शनिवार तड़के मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के महाकालेश्वर मंदिर में भगवान शिव की पूजा की।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और उनकी पत्नी ने सुबह चार बजे ‘भस्म आरती की। यह जोड़ा करीब 30 मिनट तक मंदिर के नंदी हॉल में बैठा रहा। उन्होंने गर्भगृह में ‘पंचामृत पूजा अभिषेक भी किया। कोहली इस दौरान धोती पहने हुए थे। वह गले में रुद्राक्ष की माला पहने थे जबकि और सिर पर चंदन का लेप लगा हुआ था।

अनुष्का ने यहां हल्के गुलाबी रंग की साड़ी पहनी हुई थी। उन्होंने मंदिर में एक घंटे से अधिक समय बिताया। मंदिर से निकलने के बाद अनुष्का ने पत्रकारों से कहा, ‘हम यहां दर्शन के लिए आए और सब कुछ अच्छे से हुआ। शुक्रया।

कोहली ने कहा, ‘जय महाकाल…आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की सीरीज के तीसरे मैच में शुक्रवार को भारतीय टीम को नौ विकेट से शिकस्त मिली थी। कोहली ने इस मैच की पहली पारी में 22 रन और दूसरी में 13 रन बनाए।

**********************

 

 

समुद्र स्तर में वृद्धि से चेन्नई और कोलकाता महागनगरों को विशेष रूप से खतरा

वाशिंगटन,04 मार्च (एजेंसी)। एक नए शोध में यह बात सामने आई है कि इस सदी में समुद्र का स्तर बढऩे से कुछ एशियाई महानगरों के साथ-साथ पश्चिमी उष्णकटिबंधीय प्रशांत द्वीप समूह और पश्चिमी हिंद महासागर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है ।

शोध दल ने कई एशियाई महानगरों की पहचान की, जो ग्रीनहाउस गैसों का उच्चस्तरीय उत्सर्जन जारी रहने की सूरत में सन् 2100 तक विशेष रूप से महत्वपूर्ण जोखिमों का सामना कर सकते हैं।

इन महानगरों में चेन्नई, कोलकाता, यांगून, बैंकॉक, हो ची मिन्ह सिटी और मनीला शामिल हैं।अध्ययन में जलवायु परिवर्तन के कारण समुद्र स्तर में अनुमानित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक उतार-चढ़ाव की पड़ताल की गई है।

अध्ययन में दुनिया भर में समुद्र के स्तर के जोखिम वाले क्षेत्रों का मानचित्रण करके प्रभावों के बारे में जानकारी जुटाई गई है।यह अध्ययन ‘नेचर क्लाइमेट चेंज’ पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।

वैज्ञानिक लंबे समय से जानते हैं कि समुद्र का तापमान बढऩे से इसका स्तर बढ़ता है। ऐसा इसलिए क्योंकि पानी गर्म होने पर फैलता है और बर्फ की परतें पिघलने से महासागरों में अधिक पानी आता है।

विभिन्न अध्ययनों में यह संकेत भी मिला है कि समुद्र स्तर में वृद्धि क्षेत्रीय रूप से भिन्न-भिन्न होगी, क्योंकि समुद्र की धाराओं में बदलाव से उत्तरपूर्वी अमेरिका समेत कुछ समुद्र तटों पर अधिक पानी होने की आशंका होगी।

*****************************

 

बांग्लादेश में अहमदिया समुदाय पर हमले में दो की मौत, 100 घायल

ढाका,04 मार्च (एजेंसी)। उत्तरी बांग्लादेश के पंचागढ़ जिले में अहमदिया समुदाय के खिलाफ इस्लामिक संगठनों सदस्यों के हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 100 अन्य घायल हो गए।

घायल हुए लोगों में नौ पुलिसकर्मी और दो पत्रकार भी शामिल हैं। हमले के दौरान अहमदिया समुदाय के सदस्यों के 30 से अधिक घरों में आग लगा दी गई और साथ ही एक यातायात पुलिस कार्यालय को भी आग के हवाले कर दिया गया। बीजीबी के अधिकारियों ने कहा कि बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के 17 प्लाटून पंचागढ़ शहर क्षेत्र में तैनात किए गए हैं।

अहमदिया समुदाय के तेईस वर्षीय जाहिद हसन की पांचागढ़ में आतंकवादियों ने हत्या कर दी। मृतक पीडि़त जाहिद नटौर के बनपारा इलाके में रहता था।

अहमदिया समुदाय के सलाना जलसा के संयोजक अहमद तबशेर चौधरी ने पुष्टि की कि इस्लामवादियों ने तीन दिवसीय समारोह का विरोध करते हुए जाहिद को करातोवा नदी के किनारे ले जाकर उसकी हत्या कर दी।

पंचगढ़ में, इस्लामवादियों द्वारा अहमदिया समुदाय के सालाना तीन दिवसीय समारोह को बंद करने की मांग करते हुए एक बड़ा हमला किया गया।

करीब छह घंटे तक चले इस्लामवादियों के हमले में अरिफुर रहमान (28) की मौत हो गई। इस दौरान कोरोटोआ पुल जाम हो गया था। जिला प्राधिकरण और पुलिस ने समारोह को स्थगित करने की घोषणा की।

पंचागढ़ में अहमदिया समुदाय की दुकानों और घरों को लूटने के बाद पुलिस और इस्लामवादियों के बीच झड़प हो गई। उग्रवादियों ने अहमदिया समुदाय पर हमला करने के लिए लोगों को एकत्रित किया।

इस्लामवादियों ने भीड़ के साथ हमले का नेतृत्व किया। ये लोग मिर्जा गुलाम अहमद द्वारा गठित इस्लाम के एक संप्रदाय अहमदिया के जमावड़े को रोकने की मांग कर रहे थे।

नगर पालिका के वार्ड-2 के पार्षद मजेदुर रहमान चौधरी ने पुष्टि की कि मृतक आरिफुर रहमान पंचागढ़ नगरपालिका के मस्जिदपारा इलाके का रहने वाला है।

पंचागढ़ में पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच झड़प हो गई।

शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे मारपीट हुई। पंचगढ़ शहर के चौरंगी चौराहे पर कई घंटों तक झड़प चली। पुलिस ने घटनास्थल से कई लोगों को हिरासत में लिया।

पुलिस अधीक्षक एस.एम. सिराजुल हुदा ने बताया कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है। पुलिस ने अहमदियों से संघर्ष से बचने के लिए जमात से हमले रोकने का आग्रह किया।

दोपहर की नमाज के बाद विभिन्न मस्जिदों से आए इस्लामवादी चौरंगी चौराहे पर जमा हो गए। इसके बाद उन्होंने एक रैली निकाली और शहर से लगभग दो किलोमीटर दूर अहमदनगर गांव की ओर बढऩे की कोशिश की। उस समय पुलिस ने उनके आंदोलन को रोक दिया, जिससे दोनों पक्षों में झड़प हो गई।

इस्लामवादियों ने पुलिस पर पथराव किया। उग्रवादी नेताओं ने भीड़ का नेतृत्व किया और शहर के इलाके में दुकानों को लूट लिया और उनमें आग लगा दी। इसके अलावा, उन्होंने अहमदनगर गांव में यातायात पुलिस के एक कार्यालय और अहमदिया समुदाय के कम से कम 50 घरों में आग लगा दी।

इससे पहले गुरुवार की सुबह इस्लामवादियों के अलग-अलग गुटों ने सभा को स्थगित करने की मांग को लेकर चौरंगी चौराहे पर अहमदिया समुदाय को गैर-मुस्लिम बताते हुए जाम लगा दिया और राजमार्ग जाम कर दिया।

************************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आपकी नये कार्यों में रुचि बढ़ेगी। जिससे आपको कुछ नया सिखने को मिलेगा। आप फिजूल के खर्च को कम करने का प्रयास करेंगे व सफल भी रहेंगे। आर्थिक पक्ष पहले से अधिक मजबूत रहेगा। मानसिक दवाब कम होगा। वकीलों के लिए आज का दिन बेहतरीन रहेगा। आपकी पुराने केस में जीत होगी। साथ ही नए केस मिल सकते हैं। यात्रा का अवसर मिलेगा। आप जीवनसाथी या मित्र से अपनी टेंशन शेयर करेंगे और भावनात्मक रुप से थोड़े हल्के भी हो जाएंगे। घर की सजावट पर ध्यान दें सकते हैं जिससे परिवार में माहौल भी अच्छा रहेगा। स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आर्थिक स्थिति सामान्य बनी रहेगी। बिजनेस करने वालों के लिए दिन सामान्य रहेगा। आप सामने आयी चुनौतियों को आसानी से निपटा लेंगे। आपके सुगम व्यवहार से लोग खुश रहेंगे। आप किसी दोस्त की मदद कर सकते हैं। किसी अजनबी पर भरोसा करने से बचें। छात्रों को अपनी पढ़ाई में कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आपका दिन पहले की अपेक्षा काफी अच्छा रहने वाला है। इस राशि वालों के लिए दिन उनके अनुकूल रहेंगे। आप जो भी चाहेगे वो सारे काम आपके मन-मुताबिक पूरे होंगे। नौकरीपेशा वाले लोगों के लिए दिन ऑफर भी आ सकता है। आप बच्चों के साथ कहीं पिकनिक पर जा सकते है। किसीकी गलत नसीहत आपको अपने तरक्की के मार्ग से विचलित कर सकती है। इस राशि के छात्र जो इंजीनियरिंग कर रहें है उनके लिए दिन शुभ है।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन बहुत महत्वपूर्ण रहने वाला है। आप किसी बड़ी योजना को शुरू कर सकते हैं। जिसका फायदा उन्हें आगे चलकर जरूर मिलेगा। आप नये वस्त्रों पर धन व्यय कर सकते हैं। आप अपने जीवनसाथी के साथ समय बिताने के लिए कहीं बाहर घूमने जा सकते हैं। कारोबार में आपको उम्मीद के मुताबिक थोड़े ही लाभ की प्राप्ति होगी। अगर नया वाहन को खरीदना चाहते हैं तो दिन शुभ है।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन फायदेमंद रहेगा। आपके रूके हुए कामों में आपके मित्र आपकी मदद करेंगे। आपके दुश्मन आपसे दूरियां बनाये रहेंगे। आपको किसी अपनों से खुशखबरी मिल सकती है। छात्र वर्ग किसी से बहस न करें, पढ़ाई के प्रति आपकी रूझान बनी रहेगी। आपके पास कुछ नयी जिम्मेदारियां भी आ सकती हैं। अपकी तीव्र बुद्धि के कारण आपको पुरूस्कार मिलने के योग नजर आ रहे हैं।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन आपके लिए बेहद खुशनुमा रहेगा। आप रिलेक्स महसूस करेंगे। आपको किसी मामले में बड़ा निर्णय लेना पड़ सकता है। आपकी आर्थिक स्थिति में पहले की अपेक्षा सुधार आएगा। प्यार के मामले में थोडी निगेटिविटि फील हो सकती है। अपने साथी के साथ समय बिताये। जो चीजें आपके लिए रूकावट बन रहीं हो उसे नजर अंदाज कर दें। आप अपनी सेहत के प्रति सावधान रहें। साथ ही खान-पान पर भी ध्यान रखने की जरूरत है।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहेगा। लोगों के सामने आपकी इमेज अच्छी बनी रहेगी। आप किसी ऐसे काम में रिस्क नहीं लेंगे जिसका नेगेटिव असर आपकी इमेज पर पड़ता हो। साथ ही पैसों की स्थिति को लेकर मानसिक उथल-पुथल होने के भी योग बन रहे हैं। इस राशि के जो लोग बिजनेस करते है उन्हें किसी न किसी तरह से फायदा हो सकता है। बिजनेस में किसी और की गलती का फायदा आपको मिल सकता है। पुराने दोस्तों से भी मुलाकात होने के योग बन रहे हैं।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन आपके लिए सामान्य रहेगा। बिजनेस से संबंधित किसी बड़े फैसले के लिए दिन अच्छा है। किसी महत्वपूर्ण कार्य में बदलाव कर सकते हैं। इस राशि के जो लोग बेरोजगार बैठे है उन्हें किसी अच्छी कंपनी से जॉब का ऑफर आ सकता है। किसी नये व्यवसाय में पैसा लगाने से आपको दोगुना धनलाभ हो सकता है। लवमेट के साथ आपके रिश्ते मजबूत होंगे।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

दिन आपके लिये अच्छे परिणाम लेकर आएगा। यह परिणाम व्यवसाय से जुड़ा हो सकता है। अगर आप नयी जमीन लेने की सोच रहे हैं तो शुभ महूर्त जरूर देख लें, इससे आपको भविष्य में फायदा जरूर होगा। ऑफिस के किसी जरूरी काम को पूरा करने के लिये पिछली कम्पनी का अनुभव आपके काम आ सकता है। उसका अच्छा परिणाम आपको जरूर मिलेगा। बॉस आपसे बहुत खुश रहने वाले हैं। स्वास्थ्य अच्छा होगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज अधिकारी आपके कामकाज से खुश हो सकते हैं। लोगों पर आपका अच्छा प्रभाव जमेगा।अपने स्वभाव को पूरी तरह लचीला रखें। परिवार से मधुर सम्बन्ध बनाए रखें। मन की बातों को अपने किसी करीबी से शेयर करे। ऐसा करने से आपको अच्छा महसूस होगा। भावनात्मक उतार-चढ़ाव पर कंट्रोल करना होगा। प्रॉपर्टी से जुड़े बड़े और खास मामले आपके सामने आ सकते हैं।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन आपके लिए उत्तम है। सभी काम आपके मन के मुताबिक पूरे होंगे। ऑफिस में सहकर्मी आपके काम की तारीफ करेंगे। आपके सकारात्मक विचारों से खुश होकर बॉस आपको उपहार स्वरूप कोई उपयोगी वस्तु गिफ्ट कर सकते हैं। आपकी मुलाकात किसी पुराने मित्र से हो सकती है। जो आगे चलकर आपके लिए फायदेमंद होगी। आपको व्यापार में अचानक से धनलाभ का अवसर प्राप्त हो सकता है। सेहत अच्छी बनी रहेगी।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आपका दिन सामान्य रहेगा। आप परिवार के सदस्यों से मधुर व्यवहार बनाएँ रखें। ऑफिस में अपनी कड़ी मेहनत के कारण पदोन्नत किया जा सकता है। फिजूल खर्च से बचें। आप अपनी किसी मीठी यादों को याद करके आनन्द की अनुभूति कर सकते हैं। आज व्यापार में उम्मीद से ज्यादा फायदा हो सकता है। आपको थोड़ी परेशानियों का सामना भी करना पड़ सकता है।

********************************

 

राष्ट्रपति ने स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान 2023 प्रदान किया

नईदिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को नई दिल्ली में स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान 2023 प्रदान किया और जल शक्ति अभियान: कैच द रेन -2023 का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में जल और स्वच्छता का विशेष स्थान है। लेकिन ये मुद्दे महिलाओं को सबसे अधिक प्रभावित करते हैं, क्योंकि आमतौर पर महिलाओं का ही उत्तरदायित्व होता है कि वे अपने घर में पीने के पानी की व्यवस्था करें। गांवों में उन्हें पीने के पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था।

पीने के पानी की व्यवस्था करने में न केवल उनका बहुत समय लगता था बल्कि उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य भी खतरे में पड़ जाता था। आमतौर पर स्कूल/कॉलेज जाने वाली लड़कियां भी अपने बड़ों के साथ पानी की व्यवस्था करने में लगी रहती थीं, जिससे उनकी पढ़ाई बाधित होती थी। इन समस्याओं को दूर करने के लिए भारत सरकार ने विशेष उपाय किए हैं।

सरकार जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी पहलों के माध्यम से स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता सुविधाएं प्रदान कर रही है। राष्ट्रपति ने बताया कि उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि आज 11.3 करोड़ से अधिक घरों को नल से पीने योग्य पानी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं पहले पानी लाने में समय लगाती थीं, अब उस समय का उपयोग वे अन्य उत्पादक कार्यों में कर रही हैं।

नल के स्वच्छ पानी से उन शिशुओं के स्वास्थ्य में भी उल्लेखनीय सुधार दिखा है जो प्रदूषित पानी के कारण डायरिया और पेचिश जैसी जल जनित बीमारियों के शिकार हो जाते थे।

राष्ट्रपति ने जल संरक्षण और जल प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यह सर्वविदित तथ्य है कि हमारे देश में जल संसाधन सीमित हैं और इसका वितरण भी असमान है। विश्व की लगभग 18 प्रतिशत आबादी भारत में निवास करती है, लेकिन यहां विश्व के केवल 4 प्रतिशत जल संसाधन उपलब्ध हैं।

इसके अतिरिक्त, इस पानी का अधिकांश भाग वर्षा के रूप में प्राप्त होता है, जो नदियों और समुद्रों में बह जाता है। इसलिए जल संरक्षण और इसका प्रबंधन हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण विषय है।

आज हम जलापूर्ति के लिए परंपरागत साधनों की अपेक्षा संस्थागत साधनों पर अधिक निर्भर हैं। लेकिन स्थायी जल आपूर्ति के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने के साथ-साथ जल प्रबंधन और जल संचयन के पारंपरिक तरीकों को पुनर्जीवित करना समय की मांग है। जल संरक्षण और इसके प्रबंधन के लिए सभी हितधारकों को एक साथ मिलकर काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमें यह प्रयास न केवल अपने लिए बल्कि अपनी आने वाली पीढिय़ों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए भी करने की आवश्यकता है।

राष्ट्रपति ने बताया कि उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि देश के लगभग दो लाख गांवों ने खुद को ओडीएफ प्लस गांव घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि इसका अर्थ है कि इन गांवों में ठोस और तरल कचरा प्रबंधन प्रणाली विद्यमान है। उन्होंने घरेलू कचरे के उचित और पर्यावरण के अनुकूल प्रबंधन की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने बताया कि अक्सर यह देखा जाता है कि घरों से निकलने वाला ठोस कचरा सार्वजनिक स्थान पर फेंक दिया जाता है और तरल कचरा जलाशयों में चला जाता है। उन्होंने कहा कि यह पर्यावरण और जीव-जंतुओं के लिए हानिकारक है। हमारे पास एक ऐसी प्रणाली होनी चाहिए जिसमें अधिकांश अपशिष्ट पदार्थों का पुनर्चक्रण हो; तरल अपशिष्ट भूमिगत जल को दूषित न करें और हम बचे हुए कचरे से खाद बना सकें।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत को एक स्वच्छ राष्ट्र बनाना न केवल सरकार की जिम्मेदारी है, बल्कि सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति के बिना जल शक्ति फलदायी नहीं हो सकती।

सामाजिक समृद्धि के लिए इन दोनों बलों की संयुक्त शक्ति के निर्माण की आवश्यकता है। जल जीवन मिशन का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है।

राष्ट्रपति ने कहा कि सभी पुरस्कार विजेताओं द्वारा जल संरक्षण, गांवों को ओडीएफ प्लस बनाने, अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन के क्षेत्र में किए जा रहे समर्पण और कड़ी मेहनत के कारण भारत जल प्रबंधन और स्वच्छता में विश्व समुदाय के सामने एक मिसाल प्रस्तुत करेगा।

उन्होंने पुरस्कार विजेताओं से आग्रह किया कि वे देश भर में स्वच्छता और जल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के बारे में अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जानकारी दें और उन्हें पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करें।

***********************************

 

कपिल सिब्बल ने भारत में अन्याय से लडऩे के लिए नए मंच की घोषणा की

नई दिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। राज्यसभा के सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत केंद्र सरकार के कार्यकाल में देश में मौजूद ‘अन्याय’ से लडऩे के लिए शनिवार को एक नये मंच की घोषणा की और इस काम में गैर-भाजपाई मुख्यमंत्रियों एवं नेताओं समेत सभी से उनका सहयोग करने की अपील की.

सिब्बल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह न्याय के खिलाफ लड़ाई में लोगों की मदद करने के लिए ‘इंसाफ’ मंच और ‘इंसाफ का सिपाही’ नामक वेबसाइट शुरू कर रहे है और इस पहल में वकील अग्रणी भूमिका निभाएंगे.

उन्होंने बताया कि वह 11 मार्च को जंतर-मंतर पर इस पहल के संबंध में एक बैठक करेंगे और भारत के लिए दृष्टिकोण पेश करेंगे. सिब्बल ने कहा कि इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए विपक्षी नेताओं और आम लोगों समेत सभी को खुला निमंत्रण है.

उन्होंने अपनी पहल के लिए गैर-भाजपाई मुख्यमंत्रियों और नेताओं से समर्थन देने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर का

एक मंच होगा, जिसमें वकील सबसे आगे होंगे. आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) की शाखाएं भी हर इलाके में अपनी विचारधारा का प्रसार कर रही हैं, जो अन्याय को जन्म देती है.

हम उस अन्याय से भी लड़ेंगे. वरिष्ठ अधिवक्ता ने इसे लोगों का मंच बताया और इन अटकलों को खारिज कर दिया कि वह किसी राजनीतिक दल की शुरुआत कर रहे हैं.

*************************

 

भारत में छठी जेडब्ल्यूजीएसीटीसी की बैठक हुई

नई दिल्ली , 04 मार्च (एजेंसी)। इंडो-यूएस डिफेंस टेक्नोलॉजी एंड ट्रेड इनिशिएटिव (डीटीटीआई) के तत्वावधान में गठित एयरक्राफ्ट कैरियर टेक्नोलॉजी को-ऑपरेशन (जेडब्ल्यूजीएसीटीसी) पर संयुक्त कार्य समूह की छठी बैठक 27 फरवरी से 3 मार्च तक भारत में आयोजित की गई थी।

आरएडीएम जेम्स डाउनी, कार्यक्रम कार्यकारी अधिकारी (पीईओ), कैरियर्स के नेतृत्व में एक 11 सदस्यीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली और कोच्चि में विभिन्न रक्षा/औद्योगिक प्रतिष्ठानों का दौरा किया। संयुक्त कार्य समूह की बैठक का उद्घाटन सत्र 27 फरवरी को नई दिल्ली में आयोजित किया गया था और इसकी सह-अध्यक्षता आरएडीएम संदीप मेहता, सहायक नियंत्रक कैरियर प्रोजेक्ट्स (एसीसीपी) ने की थी।

आरएडीएम डाउनी ने विमान वाहक के निर्माण में सक्षम बहुत कम देशों में से एक के रूप में भारत की स्थिति को स्वीकार किया और जहाज के चालू होने के बाद कम समय में स्वदेशी वाहक से स्वदेशी विमान, एलसीए के संचालन की भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की।

इसके अलावा, दोनों पक्षों ने संयुक्त कार्य समूह द्वारा अब तक किए गए अच्छे कार्यों पर प्रकाश डाला। विमान वाहक प्रौद्योगिकी के विभिन्न पहलुओं के तहत भविष्य के सहयोग की योजनाओं पर भी चर्चा की गई और एक संयुक्त बयान जारी किया गया।

यात्रा के हिस्से के रूप में, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली और कोच्चि दोनों में वरिष्ठ नेतृत्व के साथ बातचीत की।

बैठक ने विमान वाहक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच चल रहे सहयोग में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर चिह्नित किया।

******************************

 

भारतीय रेल ने फरवरी 2023 में 124.03 एमटी माल ढोकर अब तक का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड कायम किया

*अप्रैल 2022 से फरवरी 2023 तक संचयी माल ढुलाई 1367.49 एमटी दर्ज*

नईदिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। भारतीय रेल ने फरवरी 2023 में 124.03 एमटी माल ढोकर फरवरी माह में अब तक का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड कायम किया है। इस वर्ष फरवरी में 4.26 एमटी अधिक माल ढोया गया, जो फरवरी 2022 में हुई सर्वाधिक माल ढुलाई की तुलना में 3.55 प्रतिशत अधिक है।

इसी तरह, भारतीय रेल ने लगातार 30 महीने में अब तक की सर्वश्रेष्ठ मासिक माल ढुलाई की है।

भारतीय रेल ने कोयले में 3.18 मिलियन टन, उर्वरकों में 0.94  मिलियन टन, अन्य वस्तुओं के बकाये में 0.66  मिलियन टन, पीओएल में 0.28  मिलियन टन और कंटेनर में 0.27  मिलियन टन की क्रमिक वृद्धि वाली माल ढुलाई दर्ज की है।

वित्त वर्ष 2022-23 में मोटर वाहन लोडिंग में वृद्धि माल ढुलाई व्यवसाय का एक और उल्लेखनीय पक्ष रहा है और वित्त वर्ष 2022-23  में फरवरी तक 5015 रेक लोड किए गए हैं, जबकि पिछले साल की इसी अवधि के दौरान 2966 रेक लोड किए गए थे यानी इसमें 69 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

अप्रैल 2022  से फरवरी 2023 तक संचयी माल लदान 1367.49 मीट्रिक टन रहा है, जबकि 2021-22 1278.84 एमटी माल ढुलाई हुई। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में 6.93 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुये क्रमिक रूप से 88.65 एमटी माल ढुलाई में वृद्धि हुई।

फरवरी 2023 में  में माल भाड़ा एनटीकेएम (निवल टन किलोमीटर) बढ़कर 73 अरब हो गया है, जो फरवरी 2022 के 70 अरब की तुलना में 4.28 प्रतिशत अधिक है। अप्रैल 2022  से फरवरी 2023 के दौरान संचयी मालभाड़ा एनटीकेएम पिछले वर्ष के 74 अरब की तुलना में इस बार 10.81 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 82 अरब रहा।

विद्युत और कोयला मंत्रालयों के सतत प्रयासों के माध्यम से भारतीय रेल ने बिजली घरों को कोयले की आपूर्ति बढ़ाने के लिए फरवरी माह में माल ढुलाई निष्पादन की प्रमुख विशेषताओं में से एक रहे हैं।

बिजली में कोयले (घरेलू और आयातित दोनों) की लोडिंग जनवरी में 3.39 मिलियन टन बढ़ी, जिसमें 45.63 मीट्रिक टन कोयले को बिजली घरों में स्थानांतरित किया गया, जबकि पिछले साल यह 42.24 मिलियन टन था, यानी 8.02त्न की वृद्धि हुई। संचयी रूप से, वर्ष के पहले ग्यारह महीनों में, भारतीय रेलवे ने पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में बिजली घरों को 79.69 मिलियन टन से अधिक अतिरिक्त कोयला लोड किया है, जिसमें 15.44त्न से अधिक की वृद्धि हुई है।

************************************

 

सिसोदिया की सीबीआई रिमांड 6 मार्च तक बढ़ी,जमानत अर्जी पर सुनवाई 10 मार्च को

*आबकारी नीति घोटाला*

नई दिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। आबकारी नीति घोटाले के सिलसिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा गिरफ्तार दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद आज राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया।

राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई शुरू होने पर सीबीआई ने दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की और तीन दिन की रिमांड मांगी थी।राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया की सीबीआई रिमांड 6 मार्च तक बढ़ा दी है।

दिल्ली कोर्ट ने गिरफ्तार दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए 10 मार्च की तारीख तय की है. सिसोदिया की जमानत याचिका पर कोर्ट ने सीबीआई को नोटिस जारी किया है।

सूत्रों ने यह भी दावा किया है कि सीबीआई सिसोदिया की कस्टोडियल रिमांड की मांग करेगी।

सीबीआई सूत्रों ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं।

आप नेता संजय सिंह ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और पार्टी नेता मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

केंद्रीय जांच एजेंसी के सूत्रों ने कहा कि जनवरी में उन्होंने सिसोदिया के कार्यालय से एक कंप्यूटर जब्त किया था। जांच में पता चला कि कंप्यूटर से फाइलें और अन्य डेटा डिलीट कर दिए गए हैं। सीबीआई ने तब हटाए गए फाइलों को पुन: प्राप्त करने के लिए कंप्यूटर को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) में भेजा था। अब एफएसएल ने उन्हें रिपोर्ट देकर कंप्यूटर से डिलीट की गई फाइल को बरामद कर लिया है।

इसके अलावा सिसोदिया का सामना एक आईएएस अधिकारी के बयान से भी हुआ, जिसने उनके खिलाफ सरकारी गवाह बन कर बयान दर्ज कराया था।

अपनी गिरफ्तारी के एक दिन बाद सिसोदिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। जेल में रह रहे स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी उन्हीं के साथ इस्तीफा दे दिया था।

सीबीआई ने रिमांड पेपर में आरोप लगाया है कि सिसोदिया ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाले में अहम भूमिका निभाई थी।

सीबीआई ने मामले में पहले ही सात लोगों के खिलाफ चार्जशीट दायर कर दी है और वे मामले में एक सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल करने के लिए भी तैयार है।

************************************

 

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान धोनी का चेन्न्ई में हुआ जोरदार स्वागत

*आईपीएल को लेकर तैयारिया शुरू*

नईदिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन का आगाज 31 मार्च से होने जा रहा है। इसकों लेकर तैयारियां भी शुरू हो गई है। साथ ही साथ फटाफट क्रिकेट के दीवानों के लिए भी नया रोमांच आने वाला है।

16वें सीजन का पहला मैच चेन्नई सुपरकिंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच होगा।

आपकों बता दें की अब टूर्नामेंट के शुरू होने में एक महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे में ज्यादातर टीमों के खिलाडिय़ों ने अभ्यास भी शुरू कर दिया है। वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स टीम से जुड़े ज्यादातर खिलाड़ी भी चेन्नई पहुंच गए हैं।

कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी चेन्नई पहुंच चुके है।

धोनी पर फूलों की बारिश की गई और चेन्नई सुपरकिंग्स ने सोशल मीडिया पर वीडियो भी शेयर किया है।

कोरोना महामारी के कारण तीन साल तक चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम अपने होम ग्राउंड पर कोई आईपीएल मैच नहीं खेल पाई है।

*********************************

 

वुमन प्रीमियर लीग की आज से होगी शुरूआत, शाम को होगी ओपनिंग सेरेमनी

मुंबई,04 मार्च (एजेंसी)। वुमन प्रीमियर लीग के पहले संस्करण की शुरूआत आज से होने जा रही है। वुमन प्रीमियर लीग का उद्घाटन 4 मार्च यानी आज डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा।

महिला प्रीमियर लीग का उद्घाटन मैच मुंबई इंडियंस और गुजरात जाइंट्स के बीच होगा। इस समारोह को भव्य बनाने के लिए बीसीसीआई ने कोई कमी नहीं छोड़ी है।

जानकारी के अनुसार बीसीसीआई इसका आगाज आज धमाकेदार तरीके से करेगा। जानकारी के अनुसार वुमन प्रीमियर लीग का उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड सुपरस्टार कियारा आडवाणी और कृति सैनन हिस्सा लेंगी।

इसी के साथ सिंगर एपी ढिल्लों डब्ल्यूपीएल एंथम गाएंगे। इसका आयोजन भी डीवाई पाटिल स्टेडियम में ही होगा।

आपकों बता दें की जो जानकारी सामने आ रही है उसके अनुसार इस कार्यक्रम के लिए स्टेडियम के गेट शाम 4 बजे से खुल जाएंगे।

जबकि वीमेंस प्रीमियर लीग की ओपनिंग सेरेमनी शुरुआत शाम 5:30 बजे से हो जाएगी।

******************************

एमेजॉन पे पर लगा तीन करोड़ रुपये जुर्माना

*ओला फाइनैंसियल और ओबोपे मोबाइल पर भी कार्रवाई*

नईदिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। भारतीय रिजर्व बैंक ने एमेजॉन पे (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड पर 3.06 करोड़ रुपये जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स मानकों और अपने ग्राहक को जानें मानकों के कुछ प्रावधानों का अनुपालन न करने की वजह से लगाया गया है।

इसके अलावा ओला फाइनैंसियल सर्विसेज, ओबोपे मोबाइल टेक्नोलॉजिज और मणप्पुरम फाइनैंसियल सर्विसेज पर भी इन्हीं मानकों का पालन न करने के कारण जुर्माना लगाया गया है। ओबोपे पर 5.93 करोड़ रुपये, ओला फाइनैंसियल सर्विसेज पर 1.67 करोड़ रुपये और मणप्पुरम फाइनैंस लिमिटेड पर 17.63 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।

एक बयान में केंद्रीय बैंक ने कहा है, ‘ऐसा पाया गया कि इकाई (एमेजॉन पे) रिजर्व बैंक द्वारा जारी केवाईसी की जरूरतों संबंधी दिशानिर्देश का अनुपालन नहीं कर रही है। इसी को देखते हुए इकाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया कि दिशानिर्देशों का पालन न करने पर क्यों न जुर्माना लगा दिया जाए।’

केंद्रीय बैंक ने कहा कि इकाई द्वारा दिए गए जवाब पर विचार करने के बाद पाया गया कि इकाई पर मौद्रिक दंड लगाने की पर्याप्त वजह है।
रिजर्व बैंक के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए एमेजॉन पे के प्रवक्ता ने कहा, ‘हम नियामकीय दिशानिर्देशों के मुताबिक कामकाज करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं और अनुपालन के उच्च मानकों का पालन करते हैं।

हम अपने ग्राहकों की जरूरतों के मुताबिक नवाचार करते हैं, जिससे उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक भुगतान का अनुभव मिल सके। हम प्राधिकारियों के साथ मिलकर काम जारी रखेंगे और अपनी प्रतिबद्धताएं उनसे साझा करेंगे।’

उद्योग जगत के सूत्रों के मुताबिक एमेजॉन पे सहित फिनटेक कारोबारियों को रिजर्व बैंक ने 2017 में कहा था डोर टु डोर जाकर फिजिकल केवाईसी लेने की जगह वीडियो केवाईसी को सामान्य बनाया जाना चाहिए। उनसे यह भी कहा गया था कि किसी थर्ड पार्टी से केवाईसी कराने की जगह फिनटेक कारोबारियों द्वारा वीडिओ केवाईसी किया जाना चाहिए।

सूत्रों के मुताबिक एमेजॉन पे ने तकनीक का इस्तेमाल बढ़ा दिया और वीडियो केवाईसी करना शुरू कर दिया और अभी उसके सभी केवाईसी वीडियो आधारित हैं। बहरहाल शुरुआती चरण में वीडियो केवाईसी अपनाने में तमाम फिनटेक को वक्त लग रहा है।

********************************

 

भारत की अर्थव्यवस्था में चीन की अर्थव्यवस्था की तुलना में लगातार दूसरे वर्ष तेज गति से वृद्धि

नईदिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। भारत की अर्थव्यवस्था में चीन की अर्थव्यवस्था की तुलना में लगातार दूसरे वर्ष तेज गति से वृद्धि हो रही है। इस वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था की 7 फीसदी वृद्धि दर होने का अनुमान जताया गया है जबकि चीन की अर्थव्यवस्था के महज 3 फीसदी वृद्धि हासिल करने का अनुमान है।

इसी प्रकार गत वर्ष भारत की 9.1 फीसदी की वृद्धि दर चीन की 8.1 फीसदी की वृद्धि दर से अधिक थी। इससे भी पहले की बात करें तो कोविड महामारी के आगमन के किसी भी संकेत से पांच वर्ष पहले यानी 2014-18 के दौरान भारत की औसत वृद्धि दर 7.4 फीसदी थी जबकि चीन की वृद्धि दर केवल 7 फीसदी थी।

वहीं से भारत के सबसे तेज गति से विकसित होती बड़ी अर्थव्यवस्था की बात शुरू हुई। इसके साथ ही चीन की कुछ दशकों की तेज विकास यात्रा पर पहली बार विराम लगा।

परंतु जैसा कि इन आंकड़ों के साथ अक्सर होता है, अगर आप अध्ययन के लिए चयनित समय में बदलाव करें तो यह कहानी बदल सकती है। पिछले पैराग्राफ में जो तस्वीर पेश की गई है उसमें वर्ष 2019 और 2020 नदारद हैं।

इन दोनों वर्षों में चीन का प्रदर्शन भारत से बेहतर रहा।

दोनों सालों के दौरान चीन का प्रदर्शन भारत से इतना अधिक बेहतर रहा कि दीर्घावधि के वृद्धि के औसत में भी वह भारत से बेहतर हो गया। 2019 में चीन ने 6 फीसदी की दर से वृद्धि हासिल की जबकि भारत की वृद्धि दर 3.9 फीसदी रही।

कोविड के पहले वर्ष में भारत का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 5.8 फीसदी घटा और वृद्धि दर में 2.2 फीसदी की गिरावट आई। 2014 से 2022 तक की नौ वर्ष की अवधि को मिलाकर देखें तो चीन की औसत वृद्धि 6 फीसदी से अधिक रही जबकि भारत बमुश्किल 5.7 फीसदी की दर से वृद्धि हासिल कर सका।

अगर कोविड के पहले के वर्ष से लेकर बीते चार वर्षों पर ही नजर डाली जाए चीन ने भारत को पीछे छोड़ दिया।

दुनिया की सबसे तेज गति से विकसित होती बड़ी अर्थव्यवस्था का आकलन करने की कोशिश में परिणाम एक तरह से अनिश्चित नजर आते हैं। ऐसे में भविष्य के संभावित परिदृश्य को लेकर सतर्क रहना ही चाहिए।

अभी हाल तक अधिकांश पूर्वानुमान लगाने वाले कह रहे थे कि 2023-24 में भारत का प्रदर्शन चीन की तुलना में काफी बेहतर रहेगा।

उदाहरण के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने कहा कि चीन की वृद्धि दर 4.4 फीसदी जबकि भारत की वृद्धि दर 6.1 फीसदी रहेगी। परंतु हालिया सप्ताहों में इस परिदृश्य में बदलाव आया है क्योंकि चीन में कुछ नाटकीय बदलाव आए हैं। उसने कोविड शून्य की नीति त्याग दी है और अब पहले जैसी बंदी और उथलपुथल के हालात नहीं हैं।

इसके परिणामस्वरूप एक के बाद एक अनुमान जताने वालों ने 2023 में चीन की संभावित वृद्धि के आंकड़ों में सुधार किया। अधिकांश ने चीन की संभावित वृद्धि को 5.5 फीसदी के आसपास बताया है जबकि अधिक आशावादी लोगों ने वृद्धि दर को इससे कुछ अधिक बताया है।

यह दर 6 से 6.8 फीसदी की उस संभावित वृद्धि दर से कम है जिसे एक माह पहले भारत की आर्थिक समीक्षा में उल्लिखित किया गया है। मध्यम स्तर पर इसे 6.5 फीसदी बताया गया है। सवाल यह है कि क्या अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में भारत की जीडीपी वृद्धि दर केवल 4.4 फीसदी रह जाने के बाद क्या भारत के आंकड़े और खराब होंगे। संभव है दोनों देश इस होड़ में बराबरी पर रहें।
सरकार की दलील है कि ताजा तिमाही के आंकड़े इसलिए कमजोर हैं क्योंकि पिछले तीन वर्षों के वृद्धि के आंकड़ों में संशोधन करके उन्हें

सुधारा गया है। शायद, लेकिन जनवरी-मार्च तिमाही के लिए अनुमान 5.1 फीसदी से अधिक नहीं हैं। मुख्य आर्थिक सलाहकार ने भी स्पष्टता के साथ स्वीकार किया है कि फिलहाल गिरावट की आशंका अधिक है।

संशोधित परिदृश्य की बात करें तो फरवरी का वस्तु एवं सेवा कर संग्रह भी उसे दर्शाता है। 1.49 लाख करोड़ रुपये के साथ यह दर्शाता है कि हाल के महीनों में बहुत कम या न के बराबर वृद्धि हुई है।

दूसरे शब्दों में कहें तो ऐसी वृद्धि के कोई संकेत नहीं हैं जो अर्थव्यवस्था को 5 फीसदी से 6 फीसदी या उससे अधिक के दायरे में ले जाए। ऐसे में भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अल्पावधि का परिदृश्य चीन से बहुत अलग नहीं दिख रहा।

यह दलील दी जा सकती है कि भारत चीन की तरह मुश्किल में नहीं है। यहां न तो आबादी घट रही है और न ही अचल संपत्ति, विनिर्माण या वित्त की कोई समस्या है। परंतु भारत के व्यापार और राजकोष में असंतुलन है।

हम सरकार के पूंजीगत व्यय पर बहुत अधिक निर्भर हैं। संदेश एकदम साफ है: यदि भारत और चीन के बीच वृद्धि को लेकर होड़ है तो अब तक दोनों में से कोई विजेता नहीं है।

********************************

 

ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीस 8 से 11 मार्च तक भारत की यात्रा करेंगे

नयी दिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस आठ मार्च से चार दिन की भारत यात्रा करेंगे, जिसका मकसद व्यापार, निवेश और महत्वपूर्ण खनिजों सहित कई क्षेत्रों में समग्र द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देना है।

पिछले साल मई में प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी।विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शनिवार को कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस आठ से 11 मार्च तक भारत की राजकीय यात्रा करेंगे।

अल्बनीस के साथ व्यापार एवं पर्यटन मंत्री डॉन फैरेल और संसाधन एवं उत्तरी ऑस्ट्रेलिया मामले की मंत्री मेडेलीन किंग के अलावा एक उच्च-स्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि अल्बनीस होली के दिन आठ मार्च को अहमदाबाद पहुंचेंगे। इसके बाद वह नौ मार्च को मुंबई जाएंगे और फिर उसी दिन दिल्ली आएंगे।ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री का 10 मार्च को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में रस्मी स्वागत किया जाएगा।

इसके बाद मोदी और अल्बनीस वार्षिक शिखर वार्ता करेंगे, जिसमें भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही दोनों आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर भी विचार विमर्श करेंगे।

पिछले कुछ वर्षों में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। जून 2020 में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बदल दिया गया। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, प्रधानमंत्री अल्बनीस की यात्रा से व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गति मिलने की उम्मीद है।

*********************************

 

अवैध तरीके से रहने के आरोप में 18 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

ठाणे,04 मार्च (एजेंसी)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने 10 महिलाओं समेत 18 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. उन पर देश में अवैध तरीके से रहने का आरोप है.

एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि नवी मुंबई पुलिस ने एक और दो मार्च की मध्यरात्रि को यह गिरफ्तारी की.

रबाले पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा कि पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक नवी मुंबई के घनसोली इलाके की एक इमारत में उनमें से एक की शादी की वर्षगांठ का जश्न मनाने के लिए इक_ा होंगे.

इसके बाद नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों ने रात में इमारत पर छापा मारा.

उन्होंने बताया कि इस दौरान 10 महिलाओं और आठ पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया गया, जो पिछले एक साल से बिना किसी वैध दस्तावेज के इस इलाके में रह रहे थे.

पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ विदेशी कानून, 1946 और पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) नियम, 1950 के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है.

**************************

 

झपटमारी की वारदात के दौरान ट्रैक्टर-ट्रेलर से कुचलकर 2 लोगों की मौत

होशियारपुर,04 मार्च (एजेंसी)। पंजाब में होशियारपुर के निकट झपटमारी की वारदात के दौरान स्कूटर से गिर जाने के कारण एक महिला के आठ वर्षीय बेटे और 21-वर्षीय भतीजी की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी.

पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को यहां से लगभग 40 किलोमीटर दूर मिआनी के पास हुई.

उन्होंने कहा कि 40-वर्षीय महिला घायल हो गई, जबकि उसका बेटा और भतीजी ट्रैक्टर के पहियों के नीचे कुचल गए. टांडा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कुलवंत सिंह ने कहा कि महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा में भर्ती कराया गया है.

उन्होंने बताया कि महिला एक बच्चे और युवती को स्कूटी पर ले जा रही थी. इस दौरान दो अज्ञात झपटमारों ने युवती का पर्स छीन लिया, जिसके कारण महिला का स्कूटी पर से नियंत्रण खो गया और स्कूटी ट्रैक्टर ट्रेलर से टकरा गई.

पुलिस ने कहा कि स्कूटी पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गये और महिला के बेटे व भतीजी की ट्रैक्टर-ट्रेलर के पहियों के नीचे कुचलकर मौत हो गई. डीएसपी कुलवंत सिंह ने कहा कि झपटमार रारा गांव की ओर भाग गये.

वारदात स्थल के निकट लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है.

*******************************

 

देश में 97 दिन बाद कोविड-19 के 300 से अधिक नए मामले आए सामने

*3 और लोगों ने गवाईं जान*

नई दिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। भारत में 97 दिन बाद कोरोना वायरस संक्रमण के 300 से अधिक नये मामले सामने आए हैं और उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 2,686 हो गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में एक दिन में संक्रमण के 334 नये मामले पाए गए.

पिछले 24 घंटों में इस संक्रमण से तीन और लोगों की मौत की जानकारी मिलने के बाद मृतकों की कुल संख्या 5,30,775 हो गई. इनमें से दो लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई और केरल में आंकड़ों के मिलान के दौरान एक व्यक्ति की मौत का मामला दर्ज किया गया. देश में संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,87,496 हो गई है.

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.80 प्रतिशत है. अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 4,41,54,035 लोग संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.63 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं.

**************************

 

त्रिपुरा में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होंगे पीएम मोदी

अगरतला,04 मार्च (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ मार्च को त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी और इसके सहयोगी दल इंडिजीनियस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा के गठबंधन की नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

हाल ही में संपन्न त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 60 में से 32 सीट पर जीत हासिल की है, जबकि इसके सहयोगी दल आईपीएफटी ने एक सीट जीती है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने प्रधानमंत्री के राज्य के दौरे को लेकर मुख्य सचिव एस. के. सिन्हा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। एसपीजी की एक टीम भी आज आ रही है।

प्रधानमंत्री आठ मार्च को नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शुक्रवार को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को अपनी सरकार का इस्तीफा सौंप दिया था। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि नयी सरकार आठ मार्च को शपथ लेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस समोराह में शामिल होने की उम्मीद है।

नयी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह यहां विवेकानंद मैदान में होगा।

*****************************

 

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

नयी दिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।

विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाये रहने का भी अनुमान जताया है।

मौसम कार्यालय ने कहा कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 94 प्रतिशत दर्ज की गई। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे के आसपास 120 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

मालूम हो कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

*****************************

मुंबई-गोवा मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन शुरू करेगा रेलवे: केंद्रीय मंत्री दानवे

ठाणे ,04 मार्च (एजेंसी)। रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे ने महाराष्ट्र के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल को सूचित किया है कि जल्द ही मुंबई-गोवा मार्ग पर वंदे भारत सेमी-हाई स्पीड एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी।

यह जानकारी कोंकण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य निरंजन दावखरे ने साझा की।
दावखरे ने एक विज्ञप्ति में कहा कि शुक्रवार को विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने दानवे से मुलाकात की थी।

इस दौरान दानवे ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि मुंबई और गोवा के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी।

विज्ञप्ति के अनुसार दानवे ने कहा कि मुंबई-शिरडी और मुंबई-सोलापुर मार्गों पर हाल ही में शुरू की गई एक्सप्रेस ट्रेन की तर्ज पर मुंबई और गोवा के बीच भी ट्रेन चलाई जाएगी।

मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि मुंबई-गोवा रेल मार्ग का विद्युतीकरण पूरा हो गया है और निरीक्षण के बाद नयी ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के दौरान मंत्री के साथ ठाणे और कोंकण क्षेत्र में रेलवे से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की।

विधायकों ने यह मांग भी की कि ठाणे के मुंब्रा स्टेशन का नाम बदलकर मुंब्रा देवी स्टेशन किया जाए। दानवे ने उन्हें आश्वासन दिया कि राज्य सरकार द्वारा इस आशय का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के बाद निर्णय लिया जाएगा।

************************

बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास अर्थव्यवस्था के लिए प्रेरक शक्ति: पीएम मोदी

नईदिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि सरकार बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को अर्थव्यवस्था के लिए प्रेरक शक्ति मानती है और इससे भारत को 2047 तक एक विकसित देश बनने में मदद मिलेगी।

मोदी ने बजट के बाद बुनियादी ढांचे और निवेश के विषय पर आयोजित एक वेबिनार में कहा कि इस साल का बजट देश में बुनियादी ढांचा क्षेत्र के विकास को नई ऊर्जा प्रदान करता है।

उन्होंने कहा, ‘हम बुनियादी ढांचे के विकास को अर्थव्यवस्था के लिए प्रेरक शक्ति मानते हैं। भारत इस रास्ते पर चलकर 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य हासिल कर लेगा।’

मोदी ने कहा कि अब इस विकास की गति को तेज करने और ‘टॉप गियर’ में ले जाने की जरूरत है और इसमें ‘प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान’ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार सड़क, रेलवे, बंदरगाह और हवाई अड्डा जैसे सभी क्षेत्रों में आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि इससे व्यवसायों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ाने और ‘लॉजिस्टिक’ (माल की ढुलाई एवं आपूर्ति प्रबंधन) लागत को कम करने में मदद मिलेगी।

************************************

 

आज केजरीवाल कर्नाटक में करेंगे जनसभा को संबोधित

बेंगलुरू,04 मार्च (एजेंसी)। आम आदमी पार्टी (आप) शनिवार को दावणगेरे शहर में एक मेगा कार्यक्रम के साथ कर्नाटक में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी, जहां दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

आप कर्नाटक में अपनी उपस्थिति जताने की कोशिश कर रही है। रैली का आयोजन दावणगेरे शहर के गवर्नमेंट हाई स्कूल ग्राउंड में किया गया है।

केजरीवाल और उनके पंजाब समकक्ष भगवंत मान पहले हुबली पहुंचेंगे और फिर हेलिकॉप्टर से दावणगेरे पहुंचेंगे।

राज्य के हर जिले, तालुक, ब्लॉक, सर्कल और बूथ स्तर के आप पदाधिकारी दावणगेरे सम्मेलन में भाग लेंगे।

राज्य की पार्टी इकाई का कहना है कि कर्नाटक में भाजपा, कांग्रेस और जेडीएस दिल्ली में आप सरकार द्वारा व्यवस्थित रूप से लागू की गई योजनाओं की नकल कर रहे हैं और लोगों को झूठे आश्वासन दे रहे हैं।

आप के प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वी रेड्डी ने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने पार्टी द्वारा दिल्ली और पंजाब में लाए गए सुधारों को करीब से देखा है.
लोगों का मानना है कि 10 प्रतिशत/40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकारों से कोई परिवर्तन नहीं हो सकता है और केवल आप की शून्य प्रतिशत कमीशन वाली सरकारें ही लोगों के कर के पैसे का कुशलता से उपयोग कर सकती हैं।

**************************

 

दिल्ली सरकार महिलाओं को देगी 50 फीसदी ड्राइविंग प्रशिक्षण शुल्क

नई दिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। दिल्ली सरकार ने महिलाओं को ड्राइविंग का प्रशिक्षण देने के लिए एक नई योजना चलाई है। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की कड़ी में चलाई गई इस योजना के अनुसार दिल्ली सरकार की तरफ से महिलाओं को ड्राइविंग सीखने के लिए ड्राइविंग प्रशिक्षण में लगने वाले कुल शुल्क का 50 प्रतिशत प्रशिक्षण का भुगतान खुद दिल्ली सरकार करेगी।

गौरतलब है कि दिल्ली में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए और महिला सशक्तिकरण के लिए बहुत सारी योजनाएं चलाई जा रही है। इसी कड़ी में दिल्ली सरकार ने एक नई योजना चलाई है। इस योजना के तहत दिल्ली में जो भी महिलाएं ड्राइविंग प्रशिक्षण के लिए इच्छुक हैं, वित्तीय सहायता मुहैया करा रही है।

इसके तहत दिल्ली सरकार 50 प्रतिशत प्रशिक्षण की फीस का भुगतान दिल्ली सरकार खुद करेगी। यह प्रशिक्षण दिल्ली के लोनी, सराय काले खां, बुराड़ी और सरकार की ओर से स्थापित अन्य इन हाउस ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र से होगा।

दिल्ली सरकार की यह योजना महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की कड़ी में एक अच्छी योजना है।

जो भी महिलाएं इस योजना के तहत ड्राइविंग का प्रशिक्षण लेना चाहती हैं।

वे दिल्ली सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए जरूरी शर्त यह होगी कि आवेदनकर्ता दिल्ली का निवासी होना चाहिए।

*****************************