होली में खलल डालेगा मौसम, 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट, हिमाचल-जम्मू में बर्फबारी

नई दिल्ली 05 मार्च, (एजेंसी)। होली से पहले एक बार उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। एकदम से गर्मी की शुरुआत के बाद अब फिर से भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

आईएमडी ने 10 राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है। खासकर पांच राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू कश्मीर में बर्फबारी जारी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और एनसीआर में भी मौसम बदल सकता है।

मौसम विभाग ने राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। साथ ही यह भी बताया है कि जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, अंडमान-निकोबार, सिक्किम और मेघालय में छिटपुट बारिश जारी रह सकती है। पिछले कुछ दिनों से यहां बारिश हो रही है।

आईएमडी का कहना है कि हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है। यहां अगले कुछ दिन तापमान बढऩे की संभावना कम है।

मौसम विभाग का कहना है कि जिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री तक रह सकता है।

दक्षिण राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री तक बढ़ोत्तरी हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री तक रह सकता है।

होली आने वाली है और दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदल रहा है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री तक रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमन 15 डिग्री तक रहेगा। अगले दो से तीन दिन मौसम ऐसे ही बना रह सकता है।

******************************

 

कर्नाटक के बीजेपी विधायक को गिरफ्तार करने के लिए सात टीमों का गठन

बेंगलुरू 05 मार्च, (एजेंसी)। कर्नाटक लोकायुक्त ने रिश्वतखोरी के मुख्य आरोपी भाजपा विधायक मदल विरुपाक्षप्पा को गिरफ्तार करने के लिए उपाधीक्षकों के नेतृत्व में सात टीमों का गठन किया है।

सूत्रों ने कहा कि टीमों ने राज्य भर में ट्रैकिंग और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सूत्रों ने यह भी कहा कि टीमों ने बेंगलुरु और दावणगेरे शहरों के विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली। साथ ही विधायक को लोकायुक्त पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए नोटिस जारी करने की भी तैयारी कर ली गई है।

नोटिस आरोपी विधायक के बेंगलुरु स्थित आवास, दावणगेरे, विधायक आवास और कर्नाटक सोप एंड डिटर्जेंट लिमिटेड (केएसडीएल) के कार्यालय को भेजा जाएगा। एमएलए विरुपक्षप्पा केएसडीएल के अध्यक्ष थे। घटना के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था।

लोकायुक्त के अधिकारी विधायक के बेटे प्रशांत मदल के आवास पर मिले 6 करोड़ रुपये से अधिक और निजी कार्यालय में 2 करोड़ रुपये से अधिक के स्रोत की भी जांच कर रहे हैं।

विधायक विरुपक्षप्पा के बेटे प्रशांत मदल को अपने पिता की ओर से केएसडीएल के लिए कच्चे माल की खरीद के लिए एक निविदा के आवंटन के लिए कथित रूप से 40 लाख रुपये नकद स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था।

प्रशांत मदल को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। अधिकारियों ने बाद में आवासों और कार्यालयों से 8 करोड़ रुपये जब्त किए हैं। इस घटनाक्रम को सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के लिए एक गंभीर झटके के रूप में देखा जा रहा है।

****************************

 

तुगलकी फरमान: इंटर-कास्ट मैरिज के लिए कपल पर 6 लाख का जुर्माना

*गांव वालों ने किया परिवार का बहिष्कार*

चामराजनगर 05 March (एजेंसी): कर्नाटक के चामराजनगर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां अंतर-जातीय विवाह करने पर एक जोड़े पर न केवल जुर्माना लगाया गया, बल्कि जोड़े को गांव से बहिष्कार का सामना करना पड़ा।

घटना कोल्लेगल तालुक के कुनागल्ली गांव में हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों की शादी पांच साल पहले हुई थी, लेकिन गांववालों को दोनों की अलग-अलग जाति के बारे में हाल ही में पता चला।

ग्रामीणों ने दंपति पर 6 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और उनका बहिष्कार कर दिया। दंपति इस अपमान को बर्दाश्त नहीं कर पाए और 1 मार्च को कोल्लेगल में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

उप्परा सेट्टी समुदाय के गोविंदराजू को अनुसूचित जाति की मांड्या की श्वेता से प्यार हो गया था। जब उन्होंने शादी करने का फैसला किया, तो लड़के और लड़की के परिवार बिना किसी विरोध के सहमत हो गए और सब-रजिस्ट्रार के कार्यालय में उनकी शादी हो गई।

गोविंदराजू मालवल्ली में बस गए, लेकिन अक्सर कुनागल्ली में अपनी पत्नी के साथ अपने माता-पिता से मिलने आते थे। जब दंपति पिछले महीने वहां आए तो श्वेता ने अपने पड़ोसी से बात की और खुलासा किया कि वह दलित हैं।

मामला गांव के बुजुर्गों तक पहुंचा और उन्होंने 23 फरवरी को बैठक की। उन्होंने दंपति के माता-पिता को बुलाकर उन पर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और 1 मार्च तक जुर्माना भरने को कहा।

दंपति द्वारा इस संबंध में गांव के 12 लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद जुर्माने की राशि बढ़ाकर 6 लाख रुपये कर दी और गोविंदराजू के परिवार का गांव से बहिष्कार कर दिया।

ग्रामीणों ने परिवार को गांव से बाहर भेज दिया है और फरमान सुनाया है कि वह गांव से राशन, सब्जी, दूध और पानी न खरीदें। अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।

**********************

 

यूपी में बनेगा नया विधानसभा भवन

लखनऊ 05 मार्च, (एजेंसी)।  उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश की राजधानी में नया विधानसभा भवन बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 18वीं विधानसभा, जिसका कार्यकाल 2027 में समाप्त हो रहा है, नए भवन में कुछ बैठकें कर पाएंगी।

अध्यक्ष ने कहा कि इस परियोजना के लिए धन अलग रखा गया है और जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।

यूपी सरकार नई विधानसभा को डिजाइन करने के लिए एक सलाहकार नियुक्त करेगी, जो तकनीकी विकास को ध्यान में रखते हुए मजबूत और अच्छी तरह से सुसज्जित होना चाहिए।

उत्तर प्रदेश सरकार ने इस उद्देश्य के लिए 50 करोड़ रुपए का सांकेतिक बजटीय प्रावधान किया है। सूत्रों ने कहा कि टोकन राशि से परियोजना की डिजाइन और अन्य बुनियादी जरूरतों का ख्याल रखा जाएगा।

नई विधानसभा के निर्माण के लिए उचित बजट की घोषणा बाद में की जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि नई इमारत के निर्माण के लिए जमीन की पहचान अभी नहीं की जा सकी है, लेकिन संभावना है कि सुल्तानपुर रोड पर चक गजरिया फार्म के पास अखिलेश यादव सरकार के दौरान लगभग 160 एकड़ जमीन की पहचान की गई थी।

उद्देश्य को अंतिम रूप दिया जा सकता है। नई इमारत में व्यायामशाला और मनोरंजक सुविधाएं भी होने की संभावना थी।

*********************************

 

बीएचयू परिसर में होली पर पाबंदी का आदेश वापस

वाराणसी 05 मार्च, (एजेंसी)।  बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने छात्रों, शिक्षकों और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के विरोध के बाद परिसर के अंदर होली मनाने पर पाबंदी के आदेश को वापस ले लिया है।

बीएचयू के मुख्य प्रॉक्टर ने कहा, होली मनाने के लिए सार्वजनिक स्थान पर एकत्रित होने के संबंध में 28 फरवरी को जारी आदेश को सोशल मीडिया और संचार के अन्य माध्यमों से मिली प्रतिक्रिया के आलोक में वापस लिया जा रहा है।

28 फरवरी को बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर द्वारा एक फॉर्म जारी किया गया था, इसमें कहा गया था कि विश्वविद्यालय परिसर में सार्वजनिक स्थान पर होली खेलना या संगीत बजाना प्रतिबंधित है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सभी निदेशकों, संकाय प्रमुखों और प्रशासनिक प्रमुखों को आदेश के बारे में छात्रों को सूचित करने और आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। रंगों के त्योहार के जश्न पर अंकुश लगाने के लिए विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी विरोध किया था।

**************************

 

बीएसएफ ने एक बार फिर दिया मानवता का परिचय

*बांग्लादेश से भारत भागकर आई लड़की को उसके परिवार को सौंपा*

नई दिल्ली 05 March (एजेंसी): सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक बार फिर मानवता का परिचय देते हुए बांग्लादेश से सीमा पार कर भारत आई एक किशोरी को वापस उसके परिवार को सौंप दिया। जानकारी के मुताबिक ये किशोरी गायिका बनने का सपना लेकर बांग्लादेश से भागकर भारत की सीमा में दाखिल हो गयी थी। बीएसएफ की तरफ से ये जानकारी दी गई है।

बीएसएफ ने बताया कि दक्षिण बंगाल सीमांत के बीएसएफ जवानों ने बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड के माध्यम से एक बांग्लादेशी किशोरी को उसके माता-पिता को सद्भावना के रूप में सौंप दिया, जो कि बेहतर अवसरों की उम्मीद के साथ गायिका बनने के अपने सपने को पूरा करने के लिए अपने घर से भागकर भारत की सीमा में प्रवेश कर गई थी।

एक अधिकारी के मुताबिक ये किशोरी बांग्लादेश से भारत की सीमा में दाखिल हुई थी। इसके बाद बीएसएफ जवानों ने किशोरी से पूछताछ की तो उन्हें कुछ भी संदिग्ध नजर नहीं आया। इसके बाद बीएसएफ द्वारा बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड अधिकारियों से संपर्क कर उन्हें इसकी जानकारी दी गयी। फिलहाल किशोरी को उसके परिवार के हवाले कर दिया गया है।

***********************

 

मध्य प्रदेश को हराकर शेष भारत ने ईरानी कप जीता

ग्वालियर,05 मार्च (एजेंसी)। शेष भारत ने सत्र के अंतिम घरेलू मैच के आखिरी दिन रविवार को यहां ईरानी कप में मध्य प्रदेश को 238 रन से करारी शिकस्त देकर अपना दबदबा बनाये रखा। जीत के लिए 437 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पिछले सत्र की रणजी ट्रॉफी चैंपियन टीम दूसरी पारी में 198 रन पर आउट हो गयी।

मध्य प्रदेश की टीम ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 81 रन से की थी। उसे पहली बार ईरानी कप को जीतने के लिए और 356 रन की जरूरत थी। लेकिन कल के नाबाद बल्लेबाज हिमांशु मंत्री अपने 51 रन के स्कोर में बिना कोई इजाफ किये आउट हो गये।

शेष भारत के लिए सौरभ कुमार ने तीन जबकि मुकेश कुमार और पुलकित नारंग ने दो-दो विकेट लिये। इससे पहले भारतीय टीम में जगह बनाने के प्रबल दावेदार यशस्वी जायसवाल ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए दूसरी पारी में भी शतक जमाया था।

पहली पारी में 213 रन बनाने वाले जायसवाल ने दूसरी पारी में 144 रन का योगदान दिया जिससे शेष भारत इस पारी में 246 रन बनाने में सफल रहा। शेष भारत ने पहली पारी में 484 रन बनाए थे जिसके जवाब में मध्य प्रदेश 294 रन बनाकर आउट हो गया था।

************************

 

कप्तानी का दरोमदार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करता है: हरमनप्रीत

नवी मुंबई,05 मार्च (एजेंसी)। महिला प्रीमियर लीग के शुरुआती मुकाबले में अपने बल्ले से चमक बिखेरनी वाली मुंबई इंडियन्स की हरमनप्रीत कौर ने कहा कि कप्तानी का दरोमदार उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करता है।

हरमनप्रीत ने शनिवार को केवल 30 गेंदों पर 65 रन की पारी खेली जिसमें 14 चौके शामिल थे। उन्होंने इसके साथ ही एमिलिया केर (24 गेंदों पर नाबाद 45 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की जिससे मुंबई ने पांच विकेट पर 207 रन बनाने के बाद गुजरात जायंट्स की पारी को महज 64 रन पर समेट कर 143 रन की बड़ी जीत दर्ज की।

हरमनप्रीत ने मैच के बाद बाद कहा कि पिच से जल्दी से सामंजस्य बिठाना उनकी टीम की जीत के लिए महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा,  किसी भी मैच में आप यह सोच कर मैदान पर नहीं उतरते की यह एकतरफा मुकाबला होगा। आप हमेशा इस मानसिकता के साथ आते हैं कि आप विरोधी टीम को हल्के में नहीं ले सकते। हमारे गेंदबाजों ने जो किया वह काबिले तारीफ था। मुझे लगता है कि हमें अच्छी शुरुआत मिली और जब ऐसा होता है तो आप इसे जारी रख सकते हैं।

उन्होंने कहा,  हमारी गेंदबाजी के दौरान लगभग सभी गेंदें सही जगह टप्पा खा रही थी। जब हम बल्लेबाजी कर रहे थे तो यह पता लगाने में सक्षम थे कि किस क्षेत्र में गेंदबाजी करनी है। हमारे गेंदबाजों ने परिस्थितियों से जल्दी सामंजस्य बैठाया इस लिए यह एकतरफा मुकाबला लग रहा था।

दायें हाथ की इस बल्लेबाज ने कहा कि कप्तानी की जिम्मेदारी उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करती है। उन्होंने कहा, जब से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया है, तब से मैं टीमों की कप्तानी कर रही हूं। इससे मुझ पर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं आता है बल्कि यह मुझे मैच से अधिक जुड़ा हुआ महसूस कराता है। इससे मुझे अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिलती है।

गुजरात जायंट्स की उपकप्तान स्नेह राणा ने कहा कि उनकी टीम को मुंबई ने हर विभाग में पछाड़ दिया लेकिन उन्हें अपना आत्मविश्वास बनाये रखना है। उन्होंने कहा,  यहां माहौल काफी अलग था और यह कई खिलाडिय़ों के लिए एक बड़ा मैच था। हमारे पास घरेलू स्तर के काफी खिलाड़ी हैं।

उन्होंने कहा, हमसे क्षेत्ररक्षण में कई बार चूक हुई और इसने आज के मैच में अहम भूमिका निभाई। मुझे लगता है कि यह हम सभी के लिए एक सबक है। कुछ खिलाड़ी जल्दी से माहौल में घुल जाते हैं, लेकिन कुछ लोग अपना समय लेते हैं।

उन्होंने कहा,  हम इस मैच में हुई गलतियों के बारे में बात करेंगे। लेकिन हमने सभी खिलाडिय़ों को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि उन्हें हर समय अपना आत्मविश्वास बनाये रखना है। टूर्नामेंट अभी शुरू हुआ है, हमें हौसला बढ़ाने की जरूरत है। हम और मजबूती से वापसी करेंगे।

**************************

 

वैश्विक रुझान, विदेशी कोषों के रुख से तय होगी बाजार की दिशा

नई दिल्ली,05 मार्च (एजेंसी)। शेयर बाजारों की दिशा इस सप्ताह वैश्विक रुझान तथा विदेशी कोषों के रुख से तय होगी. होली का अवकाश होने से सप्ताह के कारोबारी दिवस कम हो गए हैं. विश्लेषकों ने यह राय जताई है.

बीएसई तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने होली के अवसर पर सात मार्च (मंगलवार) को अवकाश घोषित किया है. हालांकि स्टॉक ब्रोकरों के संगठन एएनएमआई ने सरकार, शेयर बाजारों तथा सेबी से होली का अवकाश सात मार्च के बजाए आठ मार्च को देने का अनुरोध किया है.

स्वस्तिका इनवेस्टमार्ट लिमिटेड में वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौर ने कहा कि मुद्रास्फीति को काबू में करने के लिए अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में लगातार बढ़ोतरी करने की आशंका के बीच भारतीय बाजारों में अस्थिरता बनी रहेगी.

विदेशी संस्थागत निवेशक जो छोटे स्तर पर शुद्ध लिवाल बने हुए हैं उन पर भी नजर रहेगी. उन्होंने बताया कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका के व्यापक आर्थिक आंकड़े दस मार्च को जारी होने हैं, बैंक ऑफ जापान भी ब्याज दरों पर निर्णय लेने वाला है.

वहीं घरेलू स्तर पर भारत के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों को भी दस मार्च को जारी किया जाएगा. बाजार के निवेशकों की अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये के उतार-चढ़ाव पर और ब्रेंट कच्चे तेल पर भी नजर होगी.

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड में तकनीकी शोध के उपाध्यक्ष अजीत मिश्रा ने कहा, होली का त्योहार होने से इस सप्ताह में कारोबारी दिवस कम हो गए है. हमारा अनुमान है कि मिलेजुले संकेतों के बीच अस्थिरता अधिक रहेगी.

प्रतिभागियों को औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों का इंतजार है जो दस मार्च को जारी होंगे. इसके अलावा वैश्विक सूचकांकों विशेषकर अमेरिकी बाजारों के प्रदर्शन पर भी उनकी नजर होगी.

पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 345.04 अंक या 0.58 फीसदी चढ़ा था. भारी अस्थिरता के बावजूद शुक्रवार को बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे. तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स शुक्रवार 899.62 अंक या 1.53 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,808.97 पर बंद हुआ.

************************

 

बीते सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से पांच कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 88,605 करोड़ रुपये बढ़ा

नयी दिल्ली,05 मार्च (एजेंसी)। सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से पांच के बाजार पूंजीकरण में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 88,604.99 करोड़ रुपये की बढ़त हुई। सबसे अधिक फायदा भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक को हुआ।

एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी और भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन जहां बढ़ा है वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (टीसीएस), इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर तथा आईटीसी की बाजार हैसियत में गिरावट आई। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 345.04 अंक या 0.58 प्रतिशत चढ़ा।

शीर्ष दस कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक के मूल्यांकन में सबसे ज्यादा वृद्धि हुई है और यह 35,832.32 करोड़ रुपये बढ़कर 5,00,759.98 करोड़ रुपये हो गया।आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 20,360.13 करोड़ रुपये बढ़कर 6,06,514.71 करोड़ रुपये हो गई।

एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 15,236.59 करोड़ रुपये बढ़कर 9,01,307.58 करोड़ रुपये और एचडीएफसी का 13,051.48 करोड़ रुपये बढ़कर 4,84,417.42 करोड़ रुपये हो गया है। भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 4,124.47 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 4,26,158.52 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

हालांकि इंफोसिस का बाजार मूल्यांकन 30,150.9 करोड़ रुपये गिरकर 6,22,711.80 करोड़ रुपये रह गया जबकि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस का 20,966.36 करोड़ रुपये घटकर 12,23,129.40 करोड़ रुपये रह गया है।

हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 3,336.42 करोड़ रुपये गिरकर 5,80,360.79 करोड़ रुपये और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 507.03 करोड़ रुपये घटकर 16,13,602.63 करोड़ रुपये रह गया है। आईटीसी की बाजार हैसियत भी 24.72 करोड़ रुपये की कमी होने के साथ 4,77,886.13 करोड़ रुपये रह गई है।

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एसबीआई, एचडीएफसी, आईटीसी और भारती एयरटेल का स्थान रहा।

****************************

 

पीएम मोदी ने बीजू पटनायक को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की

नईदिल्ली,05 मार्च (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीजू पटनायक को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। अपने एक ट्वीट में, उन्होंने कहा कि मैं एक उल्लेखनीय नेता और संस्था निर्माता बीजू बाबू कोउनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देता हूं।

वह एक ऊर्जावान और बहुआयामी नेता थे, जिन्होंने ओडिशा की प्रगति में अद्वितीय योगदान दिया है। आपातकाल से लडऩे में उनकी भूमिका भी उल्लेखनीय है।

****************************

 

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग क्षेत्र में सबसे अधिक 460 परियोजनाओं में देरी

नयी दिल्ली,05 मार्च (एजेंसी)। सड़क परिवहन और राजमार्ग क्षेत्र में सबसे अधिक 460 परियोजनाएं लंबित हैं। इसके बाद रेलवे की 117 और पेट्रोलियम क्षेत्र में 90 परियोजनाएं देरी से चल रही हैं। सरकार की एक रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है।

बुनियादी ढांचा क्षेत्र की परियोजनाओं पर जनवरी, 2023 की रिपोर्ट के अनुसार, सड़क परिवहन और राजमार्ग क्षेत्र में 749 में से 460 परियोजनाओं में देरी हो रही है। रेलवे की 173 में से 117 परियोजनाएं अपने समय से पीछे चल रही हैं। वहीं पेट्रोलियम क्षेत्र की 152 में से 90 परियोजनाएं अपने निर्धारित समय से पीछे चल रही हैं।

अवसंरचना एवं परियोजना निगरानी प्रभाग (आईपीएमडी) 150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली केंद्रीय क्षेत्र की परियोजनाओं की निगरानी करता है। आईपीएमडी, सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत आता है।
रिपोर्ट से पता चलता है कि मुनीराबाद-महबूबनगर रेल परियोजना सबसे अधिक देरी वाली परियोजना हैं। यह अपने निर्धारित समय से 276 महीने पीछे है।

दूसरी सबसे देरी वाली परियोजना उधमपुर-श्रीनगर-बारापूला रेल परियोजना है। इसमें 247 माह का विलंब है। इसके अलावा बेलापुर-सीवुड शहरी विद्युतीकरण दोहरी लाइन परियोजना अपने निर्धारित समय से 228 महीने पीछे है।

जनवरी, 2023 की रिपोर्ट में 150 करोड़ रुपये या इससे अधिक की लागत वाली केंद्रीय क्षेत्र की 1,454 परियोजनाओं का ब्योरा है।
रिपोर्ट के अनुसार, 871 परियोजनाएं अपने मूल समय से पीछे हैं। वहीं 272 परियोजनाएं ऐसी हैं जिनमें पिछले माह की तुलना में विलंब की अवधि और बढ़ी है। इन 272 परियोजनाओं में से 59 विशाल यानी 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं हैं।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग क्षेत्र के बारे में रिपोर्ट में कहा गया है कि 749 परियोजनाओं के क्रियान्वयन की मूल लागत 4,09,053.84 करोड़ रुपये थी, जिसके अब बढ़कर 4,27,518.41 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। इस तरह इन परियोजनाओं की लागत 4.5 प्रतिशत बढऩे का अनुमान है।

जनवरी, 2023 तक इन परियोजनाओं पर 2,34,935.32 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जो मूल लागत का 55 प्रतिशत है।

इसी तरह रेलवे क्षेत्र में 173 परियोजनाओं के क्रियान्वयन की मूल लागत 3,72,761.45 करोड़ रुपये थी, जिसे बाद में संशोधित कर 6,26,632.52 करोड़ रुपये कर दिया गया। इस तरह इनकी लागत में 68.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

इन परियोजनाओं पर जनवरी, 2023 तक 3,72,172.64 करोड़ रुपये या परियोजनाओं की अनुमानित लागत का 59.4 प्रतिशत खर्च किया जा चुका है।

पेट्रोलियम क्षेत्र की 152 परियोजनाओं के क्रियान्वयन की मूल लागत 3,78,090.07 करोड़ रुपये थी, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 3,96,608.48 करोड़ रुपये कर दिया गया। इन परियोजनाओं की लागत में 4.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

जनवरी 2023 तक इन परियोजनाओं पर 1,49,364.38 करोड़ रुपये या उनकी अनुमानित लागत का 37.7 प्रतिशत खर्च हो चुका है।

*******************************

 

भारत में अवैध रूप से रहने वाले म्यांमा के नागरिक को तीन साल की कैद

मुजफ्फरनगर,05 मार्च (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के शामली जिले की एक अदालत ने अवैध रूप से भारत में रहने के दोषी म्यांमा के एक नागरिक को तीन साल की कैद की सजा सुनाई है।

सहायक अभियोजन अधिकारी आनंद भास्कर ने बताया कि म्यांमा के नागरिक अब्दुल मजीद को साल 2019 में शामली जिले के थाना भवन क्षेत्र में वीजा और पासपोर्ट के बगैर रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। और उसके कब्जे से फर्जी दस्तावेज की बरामद हुए थे। वह इसके बाद से ही जेल में था।

अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विजय वर्मा ने शनिवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मजीद को दोषी ठहराते हुए 3 साल की कैद और 23 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

***************************

 

राजकोषीय घाटे को काबू में रखने वित्त मंत्रालय मार्च में प्राप्तियों, व्यय पर दैनिक रूप से नजर रख रहा

नयी दिल्ली,05 मार्च (एजेंसी। वित्त मंत्रालय ने चालू वित्त वर्ष के दौरान राजकोषीय घाटे को काबू में रखने के उद्देश्य से एक मार्च से कर संग्रह सहित राजस्व प्राप्तियों के साथ-साथ व्यय की दैनिक निगरानी शुरू कर दी है।

हालांकि सरकार को संशोधित कर राजस्व अनुमानों को पूरा करने की उम्मीद है, लेकिन विनिवेश प्राप्तियों से 50,000 करोड़ रुपये के लक्ष्य को हासिल करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

अधिकारियों का कहना है कि कर और गैर-कर राजस्व संग्रह की दैनिक निगरानी से जरूरत पडऩे पर समय पर सही कदम उठाने में मदद मिलेगी।

वित्त मंत्रालय के तहत आने वाले लेखा महानियंत्रक ने एक मार्च की तारीख वाले एक परिपत्र में कहा, मार्च, 2023 में केंद्र सरकार की प्राप्तियों, व्यय और इनसे संबंधित राजकोषीय स्थिति पर करीब से नजर रखने के लिए, दैनिक आधार पर अद्यतन जानकारी होना आवश्यक है।

मंत्रालय ने केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड और केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमाशुल्क बोर्ड से भी आंकड़े देने को कहा है। इनके अलावा अन्य गैर-कर तथा विनिवेश प्राप्तियों की जानकारी भी दैनिक आधार पर देनी होगी। इसमें कहा गया कि रेलवे, रक्षा और पोत-पत्तन मंत्रालयों को भी ई-लेखा पोर्टल पर अपने लेखा आंकड़े प्रतिदिन अपलोड करने होंगे।

केंद्र सरकार ने 31 मार्च को खत्म होने जा रहे चालू वित्त वर्ष के लिए राजकोषीय घाटे का लक्ष्य 6.4 फीसदी तय किया है। जनवरी तक यह 11.91 लाख करोड़ रुपये के साथ बजट अनुमान के 68 फीसदी तक पहुंच गया। शुद्ध कर प्राप्तियां बढ़कर 16.89 लाख करोड़ रुपये हो गईं जबकि कुल व्यय 31.68 लाख करोड़ रुपये रहा।

चालू वित्त वर्ष में अब तक विनिवेश के जरिए 31,106 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जबकि पूरे वर्ष के लिए यह अनुमान 50,000 करोड़ रुपये है।

***************************

 

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

नईदिल्ली,05 मार्च (एजेंसी)। दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 94 प्रतिशत दर्ज की गई।

विभाग ने आज आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

****************************

 

ई-अभियोजन पोर्टल के मामले में उत्तर प्रदेश फिर अव्वल

*डिजिटल इंडिया मिशन*

नईदिल्ली,05 मार्च (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश लगातार दूसरे साल ई-अभियोजन पोर्टल के माध्यम से सबसे अधिक संख्या में प्रकरणों को दर्ज करने और उनके निस्तारण के मामले शीर्ष पर रहा।

अधिकारिक जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में सजा देने की दर को लेकर अग्रणी राज्य बना है।

अपर पुलिस महानिदेशक (अभियोजन) आशुतोष पाण्डेय ने रविवार को बताया कि ई-अभियोजन पोर्टल के जरिये सबसे ज्यादा संख्या में मामले दर्ज करने और उनके निस्तारण में उत्तर प्रदेश वर्ष 2021 के बाद 2022 में भी शीर्ष पर रहा।

अधिकारी ने कहा, हमें 2022 के लिए हाल में जो ट्रॉफी मिली है, उसे जिलों में भी भेजा जाएगा ताकि हमारे अभियोजकों और पुलिस अधिकारियों के अंदर मामलों में सजा सुनिश्चित करने में उनकी कड़ी मेहनत को लेकर गर्व की भावना पैदा हो सके।

उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया मिशन के तहत केंद्र द्वारा प्रबंधित यह पोर्टल इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) के तहत पुलिस विभाग और अभियोजन निदेशालय के बीच संवाद सुनिश्चित करता है।

उन्होंने बताया कि यह पोर्टल अदालतों, पुलिस, कारागारों और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाओं के बीच जानकारी का आदान-प्रदान करता है। इसका उद्देश्य पीडि़तों और उनके परिवारों को समय पर न्याय प्रदान करना है।

पाण्डेय ने बताया कि फरवरी तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश में पोर्टल पर 1,11,86,030 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद मध्य प्रदेश में 29,31,335, बिहार में 11,89,288, गुजरात में 5,16,310 और छत्तीसगढ़ में 4,71,265 मामले दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 2021 में उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध से संबंधित मामलों में सजा की दर राष्ट्रीय औसत 26.5 प्रतिशत के मुकाबले 59.1 प्रतिशत थी। अपर पुलिस महानिदेशक ने बताया कि आपराधिक मामलों में सजा सुनिश्चित करने में भी उत्तर प्रदेश ने लगातार सुधार किया है।

बलात्कार के मामलों में, 2020 में 177 की तुलना में 2022 में 671 मामलों में सजा हुई। इसी तरह, पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में जहां वर्ष 2020 में 535 प्रकरणों में सजा दिलाई गई वहीं 2022 में यह आंकड़ा बढ़कर 2,313 हो गया है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में दहेज हत्या, अपहरण और यौन उत्पीडऩ के मामलों में सजा दिलाने की दर क्रमश: 220 प्रतिशत, 475 प्रतिशत और 2,075 प्रतिशत बढ़ी है।

पाण्डेय ने कहा, हमने समय पर न्याय सुनिश्चित करने के लिए अभियोजन पक्ष से संबंधित हर पक्ष को एक साथ लाने की कोशिश की है। ई-अभियोजन पोर्टल इसे सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा, हमने सरकारी वकीलों, पुलिस और न्यायिक अधिकारियों के रवैये को बदलने की कोशिश की है ताकि वे मुकदमों के त्वरित निस्तारण के लिए मिलकर काम कर सकें।

वरिष्ठ अधिवक्ता रोहित कांत ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधिक मामलों में सजा की दर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा, इन मामलों में मुकदमे की अवधि भी कम हो गई है जो अभियोजन पक्ष में शामिल लोगों की मानसिकता में बदलाव का संकेत है।

***********************************

 

देश में कोविड के 324 नए मामले आए सामने

*उपचाराधीन मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी*

नई दिल्ली,05 मार्च (एजेंसी)। भारत में कोविड-19 के 324 नये मामले सामने आए, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 2,791 हो गयी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, मृतकों की संख्या 5,30,775 पर स्थिर है.
संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4,46,87,820 हो गयी है. स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.80 प्रतिशत दर्ज की गयी.

इस बीमारी से उबर चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,41,54,254 दर्ज की गयी, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गयी. आंकड़ों के अनुसार, देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत 220.64 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं.

*************************

 

मार्च अंत तक संचालन के लिए तैयार हो जाएगा गुजरात में हीरासर हवाई अड्डा

राजकोट,05 मार्च (एजेंसी)। गुजरात के राजकोट जिले में हीरासर स्थित हवाई अड्डा इस महीने के अंत तक संचालन के लिए तैयार हो जाएगा और इसका रनवे राज्य में सबसे लंबा होगा. यह जानकारी एक अधिकारी ने दी.

अधिकारी ने कहा कि राजकोट शहर के बाहरी इलाके स्थित हवाई अड्डे पर विभिन्न परीक्षण शनिवार को शुरू हुए. जिलाधिकारी अरुण महेश बाबू ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हवाई अड्डे के पास 3.5 किलोमीटर लंबा रनवे है, जो गुजरात में सबसे लंबा है. उन्होंने कहा कि रनवे के नीचे 700 मीटर लंबी पानी की सुरंग भी है, जो एशिया में सबसे लंबी है.

बाबू ने कहा, यह राजकोट के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि यह पूरे सौराष्ट्र क्षेत्र के लिए मुख्य हवाई अड्डा होगा. यह गुजरात के सबसे बड़े हवाई अड्डे के रूप में भी उभर सकता है. हवाई अड्डे के लिए इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग का परीक्षण आज से शुरू हुआ.

उन्होंने कहा कि हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) के जरिए विमान के उतरने और ‘सिस्टम कैलिब्रेशन (व्यवस्थागत तालमेल)’ दो दिनों तक चलेगा.

जिलाधिकारी ने कहा कि निन्यानबे प्रतिशत काम पूरा हो गया है. सात पवन चक्कियों (क्षेत्र में स्थित) को हटाया जा रहा है और मुख्य सड़क से संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य इस महीने पूरा हो जाएगा. हमें उम्मीद है कि हवाई अड्डा मार्च के अंत तक तैयार हो जाएगा.

डीजीसीए की अनुमति के लिए प्रक्रिया भी चल रही है. एक बार इसे अनुमति मिल जाने के बाद, केंद्र इसके संचालन की तारीख तय करेगा. केंद्र ने 2017 में राजकोट से लगभग 28 किलोमीटर दूर हीरासर में 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से हवाई अड्डे की परियोजना के लिए हरी झंडी दी थी.

********************************

 

आईएमडी ने होली से पहले पश्चिमी, मध्य भारत में बारिश, ओलावृष्टि की संभावना जतायी

नई दिल्ली,05 मार्च (एजेंसी)। मौसम विभाग ने होली से पहले राजस्थान और पश्चिमी तथा मध्य भारत के बड़े हिस्से में गरज के साथ बौछारें पडऩे और ओलावृष्टि की संभावना जताई है. देश भर में सात और आठ मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उष्णकटिबंधीय मौसम प्रणालियों के कारण शनिवार से लेकर बुधवार तक गरज के साथ बौछारें पडऩे और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जताया है.

आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में शनिवार और रविवार को छिटपुट बारिश या बर्फबारी की भी संभावना है. इसने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात में 4-8 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को दक्षिण हरियाणा में और रविवार तक पश्चिम राजस्थान में मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसने कहा कि आठ मार्च तक पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है.

********************************

 

केंद्र केरल के समग्र विकास पर ध्यान देगा – मंडाविया

नई दिल्ली,05 मार्च (एजेंसी)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से कहा कि केंद्र सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मंत्र के आधार पर केरल के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया है। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, कोझिकोड में नए सर्जिकल सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के उद्घाटन में भाग ले रहे हैं।

मंडाविया ने कहा, कोझिकोड के सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तीसरे चरण के तहत स्थापित इस सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का पूरा होना केंद्र सरकार और राज्य सरकार के बीच इस जीवंत सहकारी संघवाद का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।

केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि देश भर में चिकित्सा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए चिकित्सा बुनियादी ढांचे के साथ-साथ केंद्र और राज्य के बीच गतिशील सहयोग महत्वपूर्ण है, क्योंकि ये स्वास्थ्य सुरक्षा के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। यह देश में सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने की नींव रखता है।

नए सर्जिकल सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के बारे में बात करते हुए मंडाविया ने कहा कि यह सुविधा न केवल कोझिकोड, बल्कि पड़ोसी जिलों की तृतीयक स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को भी पूरा करेगी।

2.57 लाख वर्ग फुट के क्षेत्र में सुपरस्पेशियलिटी भवन 195.93 करोड़ रुपये की परियोजना लागत के साथ 273 एकड़ के कॉलेज परिसर में स्थापित किया गया है, जिसमें केंद्र सरकार के हिस्से के रूप में 120 करोड़ रुपये और राज्य सरकार के हिस्से के रूप में 75.93 करोड़ रुपये शामिल हैं।

सात मंजिला अस्पताल में 500 बिस्तर हैं जिसमें 19 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और सी-आर्म, एमआरआई, सीटी स्कैन और बहु-अंग प्रत्यारोपण सुविधाओं जैसे 190 आईसीयू बिस्तर शामिल हैं।

इससे पांच सर्जिकल सुपरस्पेशियलिटी विभागों, आपातकालीन चिकित्सा और एनेस्थिसियोलॉजी सहित अन्य सुविधाओं में इजाफा होगा।

****************************

 

नौसेना कमांडरों का सम्मेलन पहली बार समुंद्र में आईएनएस विक्रांत पर

*राजनाथ सिंह स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर पर सवार नौसेना कमांडरों को संबोधित करेंगे*

नई दिल्ली,05 मार्च (एजेंसी)।  नौसेना कमांडरों का सम्मेलन कल से शुरू होने वाला है।रक्षा मंत्री  राजनाथ सिंह सम्मेलन के उद्घाटन के दिन आईएनएस विक्रांत पर नौसेना कमांडरों को संबोधित करेंगे। पहली बार भारत के पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर आयोजित किया जा रहा है। पहली बार भारत के पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर आयोजित किया जा रहा है।

इस वर्ष के सम्मेलन की नवीनता इस तथ्य में निहित है कि कमांडरों के सम्मेलन का पहला चरण समुद्र में आयोजित किया जा रहा है। यह सम्मेलन सैन्य-रणनीतिक स्तर पर महत्वपूर्ण सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा करने के साथ-साथ वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ बातचीत करने के लिए नौसेना कमांडरों के लिए एक मंच के रूप में होता है।

रक्षा स्टाफ के प्रमुख और भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना के प्रमुख भी बाद के दिनों में नौसेना के कमांडरों के साथ बातचीत करेंगे, ताकि तीन सेवाओं के अभिसरण के साथ-साथ सामान्य परिचालन वातावरण और त्रि-सेवा को बढ़ाने के रास्ते को संबोधित किया जा सके। देश की रक्षा और भारत के राष्ट्रीय हितों के प्रति तालमेल और तत्परता। पहले दिन की गतिविधियों के हिस्से के रूप में समुद्र में परिचालन प्रदर्शन की भी योजना है।

नौसेनाध्यक्ष, अन्य नौसेना कमांडरों के साथ पिछले छह महीनों में भारतीय नौसेना द्वारा किए गए प्रमुख परिचालन, सामग्री, रसद, मानव संसाधन विकास, प्रशिक्षण और प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और महत्वपूर्ण गतिविधियों और पहलों के लिए भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे। . सम्मेलन के दौरान, नौसेना कमांडरों को 22 नवंबर को भारतीय नौसेना में निष्पादित ‘अग्निपथ योजना’ पर अपडेट भी प्रदान किया जाएगा।

जबकि ग्नीवीरों का पहला बैच, जिसमें भारतीय सशस्त्र बलों की महिला अग्निवीरों का पहला बैच भी शामिल है, 23 मार्च के अंत में आईएनएस चिल्का से पास आउट होने वाला है। इस क्षेत्र में मौजूदा भू-रणनीतिक स्थिति के कारण सम्मेलन का अपना महत्व और प्रासंगिकता है।

नौसेना ने भारत के बढ़ते समुद्री हितों के अनुरूप पिछले कुछ वर्षों में अपने परिचालन कार्यों में महत्वपूर्ण वृद्धि देखी है। कमांडर हमारे समुद्री हितों की चुनौतियों का समाधान करने के लिए नौसेना की तैयारी पर भी विचार-विमर्श करेंगे।

भारतीय नौसेना एक युद्ध-तैयार, विश्वसनीय, एकजुट और भविष्य-प्रूफ बल होने पर केंद्रित है और देश के समुद्री सुरक्षा गारंटर के रूप में अपने जनादेश को परिश्रम से निष्पादित करना जारी रखती है।

*****************************

 

अडानी के डूबते शेयरों को बचाने के प्रयास में केंद्र : जयराम रमेश

नई दिल्ली,04 मार्च (एजेंसी)। कांग्रेस महासचिव, जयराम रमेश ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि उद्योगपति अडानी के डूबते हुए शेयरों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस महासचिव ने शनिवार को कहा कि लखनऊ में अडानी द्वारा संचालित भारत के 11वें सबसे व्यस्त हवाईअड्डे, चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे ने यात्रियों द्वारा भुगतान किए जाने वाले उपभोक्ता विकास शुल्क (यूडीएफ) में भारी वृद्धि का प्रस्ताव दिया है।
यदि हवाईअड्डा आर्थिक नियामक प्राधिकरण (एईआरए) द्वारा इस प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया जाता है, तो वित्तीय वर्ष 2025-26 तक घरेलू यात्रियों के लिए उपभोगकर्ता शुल्क 192 रुपये से बढ़कर 1,025 रुपये और अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों के लिए 561 रुपये से बढ़कर 2,756 रुपये हो जाएगा। अडानी द्वारा संचालित अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले घरेलू यात्रियों के लिए 2025-26 तक इस शुल्क में 6 गुना वृद्धि और अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों के लिए 12 गुना वृद्धि को पहले ही एईआरए द्वारा मंजूरी दे दी गई है।

उन्होंने दावा कहा कि एईआरए ने अडानी द्वारा संचालित मंगलुरु हवाई अड्डे के मामले में न केवल प्रस्थान करने वाले यात्रियों के लिए उपभोक्ता शुल्क में वृद्धि की है, बल्कि आने वाले यात्रियों पर भी शुल्क लगाया है। क्या नीति आयोग और वित्त मंत्रालय की आपत्तियों के बावजूद उद्योगपति गौतम अडानी को छह में से छह हवाईअड्डे सौंपकर उसे हवाईअड्डों का एकाधिकार देने निर्णय का यह अपरिहार्य परिणाम हवाई यात्रा करने वाले लोगों को नहीं भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या चुनावी बांड के रूप में भाजपा के खजाने में डाले जा रहे पैसे का भुगतान भी सामान्य हवाई यात्रियों को अपनी जेब से करना होगा।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि साल 2008 में, अडानी पावर ने हरियाणा की सरकारी बिजली वितरण कंपनियों के साथ 2.94 रुपये प्रति यूनिट की अपरिवर्तनीय दर पर 25 साल के लिए 1,424 मेगावाट बिजली की आपूर्ति करने के बिजली खरीद समझौते (पीपीए) पर हस्ताक्षर किए थे।

इसके बाद इंडोनेशियाई कोयले की कीमतें बढऩे के बाद, अडानी ने अपरिवर्तनीय टैरिफ को बढ़ाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी, जो तब समाप्त हो गई, जब सुप्रीम कोर्ट ने 11 अप्रैल 2017 को अपने निर्णय में कहा कि इंडोनेशियाई कोयले के नियमों में बदलाव को पीपीए संशोधन को उत्प्रेरित करने वाले कानून में बदलाव के रूप में नहीं देखा जा सकता है।

इतना ही नहीं साल 2020 में हरियाणा को 11.55 रुपये प्रति यूनिट पर तत्काल बिजली खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ा। मनोहर लाल खट्टर सरकार द्वारा अपनी आधिकारिक आपूर्ति प्राप्त करने की बजाय, 27 जून 2022 को एक पूरक पीपीए को मंजूरी देने का फैसला किया गया, जिसके द्वारा अडानी से 3.54 रुपये प्रति यूनिट की दर से 1,200 मेगावाट की कम बिजली खरीद का निर्णय हुआ और शेष 224 मेगावाट बिजली अत्यधिक बढ़ी हुई कीमतों पर अडानी से खरीदने का निर्णय हुआ।

उन्होंने क्या इसके लिए सीएम खट्टर पर दबाव डाला गया, अडानी द्वारा भाजपा के चुनावी बांड के भुगतान के लिए हरियाणा के उपभोक्ताओं से कितने हजारों करोड़ रुपये की लूट की जाएगी।

एक अन्य आरोप में जयराम रमेश ने कहा कि 1 मार्च को, अडानी पावर ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के समक्ष ये खुलासा किया कि उसने हरियाणा की दो बिजली वितरण कंपनियों के साथ पूरक पीपीए पर हस्ताक्षर किए हैं।

हालांकि, उस समय तक ऐसे किसी पीपीए पर हस्ताक्षर नहीं किए गए थे। क्या यह अडानी के डूबते हुए शेयरों को बचाने का प्रयास नहीं था क्या यह एक और ऐसा मामला होगा, जिसमें सेबी पीएम के पसंदीदा व्यवसाय समूह द्वारा घोर उल्लंघनों और धोखाधड़ी से आंखें मूंद लेगा।

**************************

 

घुटनों को मजबूती देने में मदद कर सकती हैं ये 5 एक्सरसाइज

05.03.2023 (एजेंसी)  –  घुटने की अधिकतर समस्याएं मोटापा, चोट, खराब मुद्रा, अर्थराइटिस, आराम की कमी या एक्सरसाइज से पहले और बाद में वार्मअप या कूल डाउन न होने के कारण हो सकती हैं। यह समस्या काफी तकलीफदेय होती है। ऐसे में आपको डॉक्टर की अनुमति लेने के बाद घुटने को तेजी से ठीक करने और मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज शुरू कर देनी चाहिए।

आइए आज हम आपको घुटनों को मजबूती देने वाली 5 एक्सरसाइज बताते हैं।

लेग रेज इसके लिए सबसे पहले एक्सरसाइज मैट पर सीधे लेट जाएं। इस दौरान दोनों हाथों को सीधा फर्श से चिपका के रखें, जिसमें हथेली नीचे के तरफ जमीन से जुड़ी रहें। अब सांसों को सामान्य रखते हुए दोनों पैरों को ऊपर की ओर ऐसे सीधा करें कि शरीर से 90 डिग्री का कोण बन जाएं। दोनों पैरों को इस स्थिति में 15 से 20 सेकंड के लिए रोक कर रखें और फिर प्रारंभिक स्थिति में आ जाएं।

हैमस्ट्रिंग स्ट्रेच सबसे पहले एक स्टूल लें और उसके आगे एकदम सीधे खड़े हो जाएं। अब बाएं पैर की एडी को स्टूल के ऊपर रख लें और बाएं हाथ को बाएं पैर की उंगलियों तक पहुंचाएं। ऐसा करते वक्त पीठ सीधी होनी चाहिए और नितंब के पीछे हल्का स्ट्रेच महसूस होना चाहिए। कुछ देर के लिए इसी अवस्था में रहें और फिर सामान्य हो जाएं। दोनों पैरों से 20-30 सेकंड तक इस प्रक्रिया को दोहराएं।

हैमस्ट्रिंग कर्ल सबसे पहले एक कुर्सी के पीछे खड़े होकर दोनों हाथ बैकरेस्ट पर रखें। अब दाएं पैर को फर्श से ऊपर उठाएं और थोड़ा रूककर पैर को वापस फर्श पर रखें। ऐसा ही बाएं पैर से भी करें। इस अभ्यास को 15 बार दोहराएं। कुछ दिनों या हफ्तों तक अपने हाथों को बैकरेस्ट पर टिकाकर यह एक्सरसाइज करें। एक बार जब आप इसमें सहज हो जाएं तो संतुलन सुधारने के लिए हाथों को बैकरेस्ट से हटा लें।

वॉल सिटइसके लिए सबसे पहले एक चिकनी दीवार से पीठ के सहारे सटकर सीधे खड़े हो जाएं। अब दोनों पैरों को दीवार से लगभग 1.5 फुट की दूरी पर रखें और दोनों हाथों को सामने की ओर सीधा कर लें। इसके बाद धीर-धीरे पैरों को घुटनों से मोड़कर अपने कूल्हों को थोड़ा नीचे की ओर लाएं। इस स्थिति में आप एक कुर्सी पर बैठे हुए दिखाई देंगे। 20 से 30 सेकेंड इस स्थिति में रहने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं।

ब्रिजसब से पहले एक्सरसाइज मैट पर सीधे लेट जाएं। इसके बाद पैरों को इस तरह से मोड़ें जिससे शरीर का निचला हिस्सा ब्रिज जैसा दिखने लगे। इस दौरान दोनों हाथों को एडिय़ों के करीब लाने की कोशिश करें। अब नितंबों को धीरे-धीरे एक मिनट तक ऊपर-नीचे करें। यह ब्रिज एक्सरसाइज का एक रेप्स है। ऐसे कम से कम 5 रेप्स करें। आप चाहें तो अपनी सुविधा के लिए सिर के नीचे एक तौलिए को लपेटकर रख सकते हैं।

*******************************

 

होली खेलने के लिए घर पर इस तरह बनाएं रंग

*त्वचा संबंधित समस्याओं से रहेंगे दू*

05.03.2023 (एजेंसी)  –  होली रंगों का त्योहार है और इस साल यह 8 मार्च को मनाई जाएगी। हर इंसान को होली का बेसब्री से इंतेजार होता है, क्योंकि इसमें रंगों से खेलने का मजा भी अलग होता है। हालांकि, बाजारों में मिलने वाले रसायन युक्त रंगों से त्वचा संबंधित समस्याएं हो सकती हैं। इस कारण इनकी जगह घर पर प्राकृतिक रंग बनाना एक बढिय़ा विकल्प है।

आइए आज हम आपको होली खेलने के लिए 6 रंग बनाने के कुछ तरीके बताते हैं।

होली के लिए इस तरह बनाए लाल रंग तरीका 1: सबसे पहले लाल गुलाब की पंखुडिय़ों को अच्छे से धूप में सुखा लें। इसके बाद सभी पंखुडिय़ों को मिक्सर में डालकर पाउडर बना लें। इसके लिए आप गुलाब की पंखुडिय़ों की जगह लाल गुड़हल की पंखुडिय़ां भी चुन सकते हैं।

तरीका 2: पानी आधारित प्राकृतिक लाल रंग तैयार करने के लिए लाल रंग की गुलाब की पंखुडिय़ों या अनार के छिलकों को पानी में लाल होने तक अच्छे से उबालें। इसके बाद पानी को छान लें।

होली के लिए पीला रंग बनाने का तरीका तरीका 1: सबसे पहले बेसन और हल्दी को 1:2 के अनुपात में मिलाएं। इस मिश्रण को समान रूप से मिलाने के लिए दोनों हथेलियों से रगड़ें। इसका बारीक पाउडर बनाने के लिए इस मिश्रण को 2-3 बार छान लें। तरीका 2: यदि आप पानी आधारित पीला रंग बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए पानी में कुछ गेंदे के फूलों को उबालें या पानी में हल्दी मिलाएं।

इस तरह बनाए नीला रंगहोली खेलने के लिए नीला रंग बनाने के लिए जकरांदा के फूलों (नील गुलमोहर) या नीले मटर के फूल की कुछ पंखुडिय़ों को सुखा लें। जब सभी पंखुडिय़ां अच्छे से सूख जाएं, तो उन्हें पीसकर पाउडर बना लें। इस पाउडर में आप आटा भी मिला सकते हैं। जकरांदा का फूल गर्मी के मौसम में खिलता है और आसानी से मिल जाता है।इससे तैयार मिश्रण त्वचा को नमी देने का काम करेगा।

इन तरीकों से बनाए हरा रंग तरीका 1: हरा रंग बनाने के लिए मेंहदी पाउडर और आटे को बराबर मात्रा में मिलाएं। इस बात का ध्यान रखें कि आप जिस मेंहदी पाउडर का इस्तेमाल कर रहे हैं वह रासायनिक के बजाय प्राकृतिक हो। तरीका 2: यदि आप पानी आधारित हरा रंग बनाना चाहते हैं तो इसके लिए पानी में कुछ ताजे पुदीने के पत्ते डालकर अच्छे से उबालें।जब यह पानी ठंडा हो जाए तो होली खेलने के लिए इसका इस्तेमाल करें।

नारंगी रंग बनाने के लिए अपनाएं ये तरीकेतरीका 1: होली के लिए नारंगी रंग बनाने के लिए टेसू के फूल की कुछ पंखुडिय़ां लें और उन्हें सुखा लें। पंखुडिय़ों के पूरी तरह से सूख जाने और करारे होने पर उन्हें पीसकर बारीक पाउडर बना लें।तरीका 2: टेसू के फूलों की जगह आप संतरे के कुछ छिलके भी सुखा सकते हैं और फिर उन्हें मकई के आटे और हल्दी के साथ पीसकर पाउडर बना लें। पाउडर को चिकना करने के लिए 2-3 बार छान लें।

घर पर इस तरह बनाए गुलाबी रंगगुलाबी रंग बनाने के लिए 2 चुकंदर को कद्दूकस करके 1 कप पानी में मिला लें। अब इसे छान लें और फिर इसमें 1 बड़ी चम्मच गुलाब जल मिलाएं। इसके बाद छाने हुए पानी में टेलकम पाउडर या 3 कप मकई का आटा डालकर अच्छे से मिलाएं ताकि इसमें कोई गांठ न रह जाए। जब यह अच्छे से मिल जाए तो इसे धूप में सूखने के लिए रख दें और फिर से अच्छी तरह मिलाकर इस्तेमाल करें।

*****************************