सनराइज प्रोडक्शन और सनराइज ट्रेड सॉल्यूशन्स के कार्यालय का उद्घाटन

कौन कहता है आसमां में

सुराख नहीं हो सकता,

एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों…!

28.12.2022 – इस कहावत को चरितार्थ करने की दिशा में सनराइज प्रोडक्शन के बैनर तले अग्रसर हैं अपनी पूरी टीम के साथ एकजुट होकर तीन महारथी चंद्रशेखर बोरा, गोविंद यादव और राजेश मण्डपल्ली और पूरी तन्मयता से इनका साथ दे रही हैं बतौर कार्यकारी प्रोड्यूसर कोमल अल्हाट।

हाल ही में न्यू लिंक रोड, अंधेरी(वेस्ट), मुंबई स्थित ‘क्रिस्टल प्लाजा’ में सनराइज प्रोडक्शन और सनराइज ट्रेड सॉल्यूशन्स के कार्यालय का उद्घाटन महाराष्ट्र पुलिस के अधिकारी दीपक राजवाड़े के द्वारा बॉलीवुड के वरिष्ठ पी आर ओ पुनीत खरे, एक्ट्रेस मॉडल शिल्पी चुग, पूनम लुबना, शालिनी सिंह, मधु मंदा, अभिनेता रवि शंकर, निशांत, कार्तिक व्यास, जीतेन्द्र झा और योगेंद्र श्रीवास्तव के अलावा बॉलीवुड के कई नामचीन शख्सियतों की उपस्थिति में किया गया।

फिल्म विधा से जुड़े विभिन्न्न क्षेत्रों में क्रियाशील नवोदित प्रतिभाओं को प्रकाश में लाने के उद्देश्य से फिल्म निर्माण व वितरण व्यवसाय की दिशा में गतिशील बैनर सनराइज प्रोडक्शन की प्रस्तावित निर्माण योजनाओं में शार्ट फ़िल्म, वेब सीरीज, म्यूजिक वीडियो, रियलिटी शोज, कॉमेडी शोज़, रीजनल व धार्मिक फिल्म के अलावा सामाजिक फीचर फिल्म शामिल हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************************

 

सीबीआई ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी को दी क्लीन चिट

*यौन उत्पीडऩ मामला*

तिरुवनंतपुरम,28 दिसंबर (एजेंसी)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने यहां मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में एक रिपोर्ट दाखिल कर केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी को यौन उत्पीडऩ के एक मामले में क्लीन चिट दे दी है। उन पर सौर ऊर्जा घोटाले की मुख्य आरोपी ने यह आरोप लगाया था। सूत्रों ने बताया कि सीबीआई ने मंगलवार को यहां अदालत में रिपोर्ट दाखिल की।

सीबीआई ने पिछले साल चांडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री के सी वेणुगोपाल और अन्य राजनीतिक नेताओं के खिलाफ आरोपी महिला की ओर से लगाए गए यौन उत्पीडऩ के आरोप से जुड़े मामलों की तफ्तीश अपने हाथ में ली थी। यूडीएफ सरकार के दौरान हुए कई करोड़ रुपये के सौर ऊर्जा पैनल घोटाले की मुख्य आरोपी महिला ने शिकायत देकर इल्ज़ाम लगाया था कि 2012 में चांडी और अन्य ने उसका यौन उत्पीडऩ किया था । इसके बाद चांडी और छह अन्य के खिलाफ पिछले कुछ वर्षों में मामले दर्ज किए गए थे जिनकी छानबीन केरल पुलिस की अपराध शाखा ने की। केरल की मौजूदा माकपा नीत एलडीएफ सरकार ने 2021 के शुरू में इन मामलों की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी।

विपक्षी कांग्रेस ने इस कदम को ‘राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा था कि एलडीएफ सरकार उसकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ कुछ पता नहीं लगा सकी जिसके बाद उसने मामलों को सीबीआई को सौंपने का निर्णय लिया। सूत्रों ने बताया कि सीबीआई की जांच में पाया गया है कि चांडी के खिलाफ महिला के आरोप का कोई आधार नहीं है और इस बात के भी कोई प्रमाण नहीं हैं कि वह उस दिन तत्कालीन मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास गई थी।

सूत्रों ने कहा कि सीबीआई ने यह भी पाया है कि मामला गढ़ा गया है। पुलिस आयुक्त को 19 जुलाई 2013 को लिखे पत्र में महिला ने चांडी, उनके कुछ मंत्री और दो पूर्व केंद्रीय मंत्रियों सहित कांग्रेस और यूडीएफ के कई नेताओं के खिलाफ यौन उत्पीडऩ और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था।

**************************

कांग्रेस ने मनाया 138वां स्थापना दिवस

*पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने किया ध्वजारोहण*

नईदिल्ली,28 दिसंबर (आरएनएस)। कांग्रेस ने बुधवार को अपना 138वां स्थापना दिवस मनाया और इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के अवसर पर कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। खडग़े ने ट्वीट किया, ‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने हमेशा भारत के लोगों की भलाई और प्रगति के लिए काम किया। हम संविधान में निहित राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों से जुड़ी, अवसर की समानता में विश्वास करते हैं। कांग्रेस के स्थापना दिवस पर मेरी शुभकामनायें।’ पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘मुझे गर्व है, मैं ऐसे संगठन का हिस्सा हूं जिसने हर परिस्थिति में सत्य, अहिंसा और संघर्ष का रास्ता चुना और हर कदम हमेशा लोकहित में उठाया।’ खडग़े आज ही मुंबई में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे जहां 1885 में कांग्रेस की स्थापना हुई थी। कांग्रेस के एक नेता के अनुसार, 1985 के बाद कांग्रेस के कोई अध्यक्ष 28 दिसंबर को पहली बार मुंबई के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने बुधवार को आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में भारत की मूल भावना पर लगातार प्रहार हो रहा है और नफरत की खाई खोदी जा रही है। उन्होंने पार्टी के 138वें स्थापना दिवस पर ध्वजारोहण के बाद यह भी कहा कि महँगाई, बेरोजग़ारी और नफऱत के ख़िलाफ़ लडऩे के लिए सबको साथ लेकर चलना होगा । खडग़े ने कहा, ‘भारत की आज़ादी के आसपास कई दूसरे देश भी आज़ाद हुए थे। लेकिन बहुत से देशों में सत्ता की बागडोर तानाशाही ने ले ली।

भारत न सिफऱ् सफल और मज़बूत लोकतंत्र बना, बल्कि कुछ ही दशकों में हम आर्थिक, परमाणु, मिसाइल, सामरिक क्षेत्र में महाशक्ति बन गये। कृषि, शिक्षा, मेडिकल, सूचना प्रौद्योगिकी और सेवा क्षेत्र में भारत, दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल हो गया।’ खडग़े ने कहा, ‘हमें कांग्रेस पार्टी को समावेशी बनाने के लिए युवाओं और महिलाओं को, वंचित तबकों को, बुद्धिजीवियों को जोडऩा होगा एवं महंगाई, बेरोजग़ारी और नफऱत के ख़िलाफ़ लडऩे के लिए सबको अपने साथ लेकर चलना होगा।’ उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का उल्लेख करते हुए कहा, ‘राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में इसकी शुरुआत हो चुकी है। देश भर में फैले हमारे करोड़ों कार्यकर्ताओं को एक बार फिर से संजीवनी मिली है। यात्रा ने दिखा दिया है कि कांग्रेस की विचारधारा को देश में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और इससे आज हमारे विरोधियों में घबराहट है।’

***************************************

 

हावड़ा में राजमार्ग पर लुटेरों ने झारखंड की अभिनेत्री की गोली मारकर की हत्या

हावड़ा (पश्चिम बंगाल),28 दिसंबर (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में बुधवार को तड़के राजमार्ग पर लुटेरों ने झारखंड की अभिनेत्री की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार रिया कुमारी अपने पति प्रकाश कुमार, जो खुद को फिल्म प्रोड्यूसर बताते हैं, अपनी 2 साल की बेटी के साथ कार से राष्ट्रीय राजमार्ग-16 से होकर रांची से कोलकाता जा रही थीं।

पुलिस ने बताया कि प्रकाश कुमार बागनान थाना क्षेत्र में महिषरेखा के पास शौच के लिए रुके। जल्द ही, तीन लोगों के एक गिरोह ने उन पर हमला कर दिया और उनका सामान लूटने लगे। जब रिया ने अपने पति को बचाने की कोशिश की तो लुटेरों ने उसे गोली मार दी और वहां से फरार हो गए। प्रकाश कुमार रिया को कार तक ले गया और मदद की तलाश में लगभग 3 किलोमीटर तक इधर-उधर भटकता रहा।

कुलगछिया-पिरताला में राजमार्ग के किनारे उसने कुछ लोगों को देखा तो उन्हें आपबीती सुनाई। पुलिस ने कहा कि स्थानीय लोगों ने प्रकाश की, उसकी पत्नी रिया को उलुबेरिया के एससीसी मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल ले जाने में मदद की, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि वह घटना की जांच कर रही है और रिया के पति प्रकाश से भी इस सिलसिले में पूछताछ कर रही है।

******************************

 

विधवा को स्त्रीधन से वंचित करना घरेलू हिंसा के समान : कलकत्ता हाईकोर्ट

कोलकाता ,27 दिसंबर(एजेंसी)। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने कहा कि विधवाओं को स्त्रीधन या संबंधित वित्तीय संपत्ति के अधिकार से वंचित करना उनके खिलाफ घरेलू हिंसा के बराबर है। कानून के अनुसार, स्त्रीधन सभी चल, अचल संपत्ति, उपहार आदि महिला को शादी से पहले, शादी के समय, बच्चे के जन्म के दौरान और विधवापन के दौरान प्राप्त होता है। स्त्रीधन से संबंधित एक मामले में फैसला सुनाते हुए, न्यायमूर्ति सुभेंदु सामंत की एकल-न्यायाधीश पीठ ने फैसला सुनाया कि स्त्रीधन सहित किसी भी वित्तीय संपत्ति के अधिकारों से विधवा को वंचित करना घरेलू हिंसा के बराबर है।

उन्होंने कहा- इस मामले में यह स्पष्ट है कि याचिकाकर्ता को प्रतिवादी द्वारा लंबे समय तक स्त्रीधन के अपने अधिकारों से वंचित रखा गया है। सुनवाई एक विधवा द्वारा अपने ससुराल वालों के खिलाफ याचिका पर थी, जिन्होंने कथित तौर पर 2010 में उसके पति की मृत्यु के दो दिन बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया था। याचिकाकर्ता ने हावड़ा जिले में निचली अदालत का रुख किया और आरोप लगाया कि जब उसे उसके ससुराल से बाहर कर दिया गया था, तो उसे स्त्रीधन सहित किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता से वंचित कर दिया गया।

हालांकि, हावड़ा की निचली अदालत ने उसकी याचिका को खारिज कर दिया और यह भी कहा कि उसके ससुर और सास को उसे किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता देने की आवश्यकता नहीं है। इसके बाद महिला ने फैसले को चुनौती देते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। मामले में लंबी सुनवाई के बाद जस्टिस सामंत की बेंच ने निचली अदालत के आदेश को खारिज करते हुए उनके पक्ष में फैसला सुनाया।

*************************

 

चुनाव प्रचार के लिए सात जनवरी को मेघालय, त्रिपुरा का दौरा करेंगी ममता

अगरतला ,27 दिसंबर(एजेंसी)। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सात जनवरी को मेघालय और त्रिपुरा का दौरा करेंगी और चुनाव प्रचार से जुड़े कई राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी, पार्टी नेताओं ने मंगलवार को यह जानकारी दी। तृणमूल के त्रिपुरा प्रदेश अध्यक्ष पीयूष कांति विश्वास ने कहा कि मेघालय और त्रिपुरा दोनों में, बनर्जी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी और कुछ राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी। बनर्जी ने इससे पहले अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और अन्य नेताओं के साथ 12-13 दिसंबर को मेघालय का दौरा किया था और पूर्वोत्तर राज्य में पार्टी का कायाकल्प करने के लिए कई कार्यक्रमों में भाग लिया।

विश्वास ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को हराने के लिए चुनावी गठबंधन बनाने के लिए समान विचारधारा वाले दलों के साथ चर्चा चल रही है। समान विचारधारा वाली पार्टी के साथ गठबंधन सामान्य न्यूनतम कार्यक्रम के आधार पर किया जाएगा और गठबंधन लंबे समय तक चलेगा। हमारा एकमात्र उद्देश्य किसी भी तरह भाजपा को हराना है। साथ ही उन्होंने मीडिया को बताया कि आगामी चुनावों के लिए उनके उम्मीदवारों की सूची तैयार है।

माकपा, भाजपा और टीआईपीआरए के कुछ नेता और कार्यकर्ता मंगलवार को तृणमूल में शामिल हो गए। पार्टी सूत्रों ने कहा कि पार्टी 60 आदिवासी आरक्षित सीटों में से 20 में राजनीतिक लाभ प्राप्त करने के लिए पूर्व शाही वंशज प्रद्योत बिक्रम माणिक्य देब बर्मन की अध्यक्षता वाली आदिवासी-आधारित पार्टी तिपराहा स्वदेशी प्रगतिशील क्षेत्रीय गठबंधन (टीआईपीआरए) के साथ बातचीत कर रही है।
फरवरी 2023 में मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है।

*****************************

 

मोतियाबिंद के असफल ऑपरेशन पर गुजरात को एनएचआरसी का नोटिस

गांधीनगर ,27 दिसंबर(एजेंसी)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने गुजरात के प्रधान सचिव, स्वास्थ्य को नोटिस जारी कर चार सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है कि अमरेली जिले में मोतियाबिंद के असफल ऑपरेशन के मामले में राज्य ने क्या कार्रवाई की है। दिसंबर के पहले सप्ताह में, अमरेली शहर के शांताबा जनरल अस्पताल में कई वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था, तब 25 लोगों ने जलन, धुंधलापन या पूरी तरह ²ष्टिहीन होने की शिकायत की थी। उनमें से कुछ को राजकोट, भावनगर और अहमदाबाद के सरकारी अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया लेकिन दूसरे ऑपरेशन के बाद भी उनकी रोशनी वापस नहीं आई।

राज्य सरकार ने पांच सदस्यीय समिति का गठन किया था, जिसे अपने निष्कर्षों की एक रिपोर्ट सरकार को सौंपनी थी। एक मरीज ने कहा, रिपोर्ट का क्या हुआ, कोई नहीं जानता। पीडि़त के परिवार के सदस्यों में से एक कांतिलाल परमार ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के साथ मामला उठाया, ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जिसमें कहा गया कि मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद 25 रोगियों की ²ष्टि चली गई है।

शिकायत में, उन्होंने आयोग का ध्यान संविधान के अनुच्छेद 21 की ओर आकर्षित किया, जो नागरिकों को जीवन के मौलिक अधिकार, जीवन की सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन सुनिश्चित करता है, उन्होंने कहा कि डॉक्टरों या चिकित्सा कर्मचारियों की लापरवाही के कारण, वह अपनी ²ष्टि खो चुके हैं। उन्होंने मांग की कि राज्य को प्रत्येक व्यक्ति को 50 लाख रुपये का मुआवजा देना चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

**************************************

 

ओडिशा में रूसी सांसद, उनके दोस्त की रहस्यमय मौत की जांच शुरू

भुवनेश्वर ,27 दिसंबर(एजेंसी)। ओडिशा पुलिस ने ओडिशा के रायगडा जिले में पावेल एंटोव नामक एक सांसद सहित दो रूसी पर्यटकों की रहस्यमय मौत की उच्च स्तरीय जांच शुरू की है।

ओडिशा के डीजीपी सुनील कुमार बंसल ने सीआईडी-अपराध शाखा को रायगढ़ जिले में दो रूसी नागरिकों की अप्राकृतिक मौत से जुड़े मामलों की जांच अपने हाथ में लेने का आदेश दिया है।

पुलिस ने कहा, एंटोव के करीबी दोस्त व्लादिमीर बिडेनोव 22 दिसंबर को अपने होटल के कमरे में बेहोशी की हालत में मिले थे। जब उन्हें रायगड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भारत में रूसी सत्ता की मंजूरी के बाद बिडेनोव के पार्थिव शरीर का रायगड़ा में अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस ने कहा कि एंटोव, जिसे व्लादिमीर पुतिन के शासन की विधान सभा का सदस्य बताया जाता है, 24 दिसंबर को उसी होटल के बाहर खून से लथपथ पाया गया था।

पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा पाई है कि एंटोव गलती से होटल की छत से गिर गया या उसने आत्महत्या की। पुलिस दोनों मामलों के दूसरे एंगल से भी जांच कर रही है।

एक ही स्थान पर कम समय के भीतर हुई इन दो मौतों ने ओडिशा पुलिस को सकते में डाल दिया है।

डीजीपी बंसल ने कहा कि चूंकि भारत में पर्यटन का मौसम चल रहा है, रूस से चार लोग रायगढ़ आए थे, जिनमें से एक व्यक्ति (व्लादिमीर बिडेनोव) की मौत दिल से संबंधित समस्या के कारण हुई थी।

उन्होंने कहा, अब तक हमें मामले में कोई साजिश नहीं मिली है।

बंसल ने कहा कि बिडेनोव की मृत्यु के दो दिन बाद, उनके दोस्त (एंटोव) की संदिग्ध आत्मघाती मामले में मृत्यु हो गई।

डीजीपी ने जानकारी देते हुए कहा, हमने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रहे हैं। पोस्टमॉर्टम किया गया है।

कोलकाता में रूसी प्राधिकरण हमारे संपर्क में है। हम इस मामले में उन्हें जो भी समर्थन देना चाहते हैं, दे रहे हैं।

इस बीच, जांच के तहत कोरापुट के डीआईजी पंडित राजेश उत्तमराव रायगड़ा के एसपी विवेकानंद शर्मा के साथ होटल पहुंचे।

पंडित ने कहा, हमारी वैज्ञानिक जांच चल रही है। हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट में डॉक्टरों की राय के अनुसार, हम आगे की जांच करेंगे।

रिपोर्टों के अनुसार, चार रूसी नागरिकों ने अपने गाइड जितेंद्र सिंह के साथ पहले दारिंगबाड़ी और फिर कंधमाल जिले की यात्रा की थी। बाद में, वे रायगढ़ गए और शहर के साईं इंटरनेशनल होटल में रुके।

उन्होंने कहा कि होटल के मालिक कौशिक ठाकुर ने कहा कि चार रूसी नागरिकों ने 21 दिसंबर को होटल में चेक इन किया था। उनमें से दो की मौत हो गई, जबकि एक रूसी जोड़े ने मंगलवार को चेक आउट किया। बिडेनोव की मौत के बाद एंटोव परेशान थे।

कई मीडिया रिपोटरें के अनुसार एंटोव वाल्दिमिर पुतिन की सत्तारूढ़ पार्टी से संबंधित थे और उन्होंने हाल ही में यूक्रेन में रूसी हमलों की आलोचना करते हुए एक संदेश भेजा था, लेकिन बाद में बयान वापस ले लिया था।

******************************

 

फैशन डिजाइनर अंजली फौगाट के बढ़ते कदम..!

28.12.2022  –  फैशन की दुनिया में अंजली फौगाट एक चर्चित नाम है और वो फिलवक्त अपने फैशन कला कौशल व निपुणता की वजह से विश्व विख्यात है और युवा फैशन डिजाइनरों के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गई हैं। टाइम्स 40 अंडर 40 अचीवर्स अवार्ड 2022 समारोह में ‘इमर्जिंग वुमेन एंटरप्रेन्योर्स इन फैशन’ अवार्ड प्राप्त कर चुकी फैशन ब्रांड ‘डिजाइनर ड्रीम कलेक्शन’ की संस्थापक और क्रिएटिव डायरेक्टर हैं।

अंजली फौगाट पूर्व में मिस यूनिवर्स हरनाज़ कौर संधू और कई अन्य बॉलीवुड हस्तियों को अपने वस्त्र पहनाए और मिस यूनिवर्स सोफिया डिपासियर को 71वें मिस यूनिवर्स सौंदर्य प्रतियोगिता के दौरान अपने खुद के डिजाइन किये वस्त्र पहनाने के लिए काफी उत्साहित थीं। अब खबर आ रही है कि अंजली फौगाट मिस यूनिवर्स चिल्ली सोफिया डेपासियर के लुक को डिजाइन करेगी।

चिल्ली सोफिया डेपासियर वर्तमान समय में बिग 5 रैंकिंग में 40वें स्थान पर है जो 2020 की तुलना में दो स्थान अधिक है। मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में, इसका अंतिम स्थान 2004 में था जब गैब्रिएला बैरोस तापिया ने शीर्ष 10 में जगह बनाई थी। 2007-2010 से चिली सोफिया डेपासियर ने मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया था।

सैंटियागो की राजधानी  में जन्मी, सोफिया डेपासियर कम उम्र में अमेरिका चली गई। वह एक पेशेवर मॉडल, ब्यूटीशियन और अभिनेत्री हैं। सोफिया 24 साल की है, 5’8.5” लंबी है और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कॉम्यूनिडाड एक्सट्रेंजेरा का प्रतिनिधित्व करती है। सोफिया डेपासियर मिस यूनिवर्स के 71वें संस्करण में चिली का प्रतिनिधित्व करेंगी। सौंदर्य प्रतियोगिता की दुनिया में कोई अजनबी नहीं है (उसने मिस टीन साउथ फ्लोरिडा 2004 में भाग लिया था जहाँ उसे मिस फोटोजेनिक से सम्मानित किया गया था, वह अपनी पूरी कोशिश करेगी और सेसिलिया बोलोको के नक्शेकदम पर चलेगी जिसे 1987 में मिस यूनिवर्स का ताज पहनाया गया था।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************************

 

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को दी मौत

मेरठ ,27 दिसंबर(एजेंसी)। भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव किनानगर निवासी अनिल पुत्र करण सिंह कि उसी की पत्नी पूनम व प्रेमी भांजे राहुल पुत्र मनोज गांव अमहेडा निवासी ने सोमवार की रात गला घोट कर हत्या कर दी जिसके बाद अगले रोज शव का अंतिम संस्कार कर दिया था।
वहीं अंतिम संस्कार के बाद जब परिजनों ने राहुल से मृतक अनिल की मौत के कारण के बारे में सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंध के चलते अनिल की हत्या करना कबूल किया। सूचना पर भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी राहुल व मृतक की पत्नी पूनम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

हालांकि अभी तक परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। वहीं इस संबंध में सीओ सदर देहात ने बताया तहरीर आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

***************************

 

बुखार ने ली एक हफ्ते मे दो बहनो की जान

कुशीनगर 27 दिसम्बर (एजेंसी)। जनपद के मोतीचक विकास खंड के मुहम्मदा जमीन सिकटिया गांव के घोसीपुर टोला में एक सप्ताह के भीतर दो बहने बुखार के चपेट मे आकर असमय ही काल के गाल मे शमा गई। बताया जाता है कि तीसरी बहन भी पीडि़त है और उसका मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज चल रहा है।

काबिलेगौर है कि मोतीचक विकास खण्ड के सिकटिया गांव के निवासी योगेंद्र की नौ वर्षीय पुत्री सालू को एक सप्ताह पहले तेज बुखार के साथ शरीर में ऐंठन होने लगी तो घरवाले उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां स्थिति गंभीर देख चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। योगेंद्र की दूसरी पुत्री दो वर्षीय अमृता को भी बुखार एवं शरीर में ऐंठन शुरू हुई तो शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा ले जाया गया।

वहां के चिकित्सक ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रविवार की शाम उपचार के दौरान अमृता की भी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज की ओर से अमृता के मृत्यु प्रमाणपत्र में रोग का नाम सेप्सिस शाक एंड रेस्पायरेटरी फेलोर बताया गया है। योगेंद्र की तीसरी पुत्री एक वर्षीय प्रीति भी इसी रोग से पीडि़त है। उसका भी उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। रोग को लेकर गांव वाले भयभीत हैं, उन्हें डर सता रहा कि रोग महामारी का रूप न ले ले।

इस मामले में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के टीबी एवं चेस्ट विभाग के अध्यक्ष डॉ. अश्वनी मिश्रा ने कहा कि यह कोई नई बीमारी नहीं है। संक्रमण पूरे शरीर में फैल जाने से दिल और फेफड़ा काम करना बंद कर देता है। जिससे व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है। जब भी बुखार हो या फिर अन्य कोई तकलीफ तत्काल इलाज कराना जरूरी होता है।

******************************

 

आज का राशिफल

मेष: (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आप अपने अंदर भरपूर विश्वास व ऊर्जा महसूस करेंगे। आर्थिक पक्ष मजबूत होगा तथा अपने सभी कार्यों को समय पर पूरा करने की भी कोशिश करेंगे। सामाजिक दायरा बढेगा। मान-सम्मान मे वृद्धि होगी।किसी नजदीकी रिश्तेदार के घर जाने की भी योजना भी बन सकती है व समय मनोरंजन तथा हंसी खुशी में व्यतीत होगा। स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा ।वर्तमान व्यवसायिक गतिविधियों का विस्तार करने के लिए कुछ नई योजनाएं बनेंगी। इस समय बहुत ही उचित ग्रह स्थिति बनी हुई है, इसलिए इन योजनाओं को तुरंत ही क्रियान्वित करें। आर्थिक पक्ष भी मजबूत रहेगा। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज भाग्य आपके साथ है। आपके रुके हुए राजकीय काम किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से पूरे हो सकते हैं इसलिए प्रयासरत रहें। साथ ही बच्चों की समस्याओं को सुलझाने में भी आपका विशेष योगदान रहेगा व सफलता मिलेगी और आप श्रेष्ठ अभिभावक भी साबित होंगे। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा।व्यवसाय में गति लाने के लिए कुछ नई नीतियां बनाना जरूरी है। हालांकि वर्तमान नकारात्मक वातावरण की वजह से व्यापार मंद ही हैं। नौकरी में त्योहारों की वजह से कार्यभार की अधिकता रहेगी। धार्मिक विचारधारा सकारात्मक रहेगी। मनोबल बढेगा। स्वास्थ्य सही रहेगा।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आप दिन में व्यस्त रह सकते हैं। घर में कोई विवाह या सगाई संबंधी मांगलिक कार्य संपन्न होने जैसी योजनाएं बनेंगी तथा खुशी भरा वातावरण व्याप्त रहेगा। घर के सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह पूरी निष्ठा से करेंगे। बड़े बुजुर्गों का भी स्नेह व आशीर्वाद बना रहेगा। जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य लाभ होगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन खुशनुमा रहेगा।व्यवसायिक गतिविधियां पूर्ववत ही रहेंगी। अपने स्वभाव को नियंत्रित रखना आवश्यक है। जल्दबाजी न करें बनते काम बिगड़ भी सकते हैं। ऐसी ही सावधानी नौकरीपेशा लोगों को अपने ऑफिस में भी चाहिए। आध्यात्मिक विचार बनेंगे व सफलता भी मिलेगी। स्वास्थ्य सही रहेगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन मन खुश करने वाला रहेगा। कुछ समय से चल रही किसी विशेष कार्य के प्रति आपकी लगन व मेहनत के अप्रत्याशित लाभ प्राप्त होने वाले हैं। अपने काम पर पूरा ध्यान केंद्रित रखें। घर में किसी धार्मिक कार्य के आयोजन संबंधी योजना भी बनेगी। युवा वर्ग कोई उपलब्धि मिलने से गर्व महसूस करेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा।पब्लिक डीलिंग तथा मीडिया से संबंधित कार्यों में आज विशेष ध्यान दें। क्योंकि इनसे अच्छा मुनाफा मिलने की संभावना है। नौकरी पेशा लोगों के लिए भी ऑफिस का माहौल पॉजिटिव रहेगा। तथा सहयोगियों के साथ संबंध बेहतर बनेंगे। जीवन साथी का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य सही रहेगा।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपकी सकारात्मक विचारधारा दिन को बेहतर बनाएगी। धार्मिक तथा आध्यात्मिक कार्यों के प्रति आपकी आस्था व रुझान बढ़ेगा। जिससे आपके अंदर सकारात्मक दृष्टिकोण उत्पन्न होगा। आज दिन का अधिकतर समय किसी विशेष कार्य संबंधी योजनाओं को क्रियान्वित करने में व्यतीत होगा। स्वास्थ्य लाभ होगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज भाग्य आपके साथ है। कार्यक्षेत्र में आंतरिक रख-रखाव तथा नवीनीकरण जैसी योजना बनेगी। इस परिवर्तन में वास्तु सम्मत नियमों का अवश्य उपयोग करें, इससे सकारात्मक ऊर्जा व्याप्त होगी। बड़ो का आशीर्वाद प्राप्त होगा। नौकरीपेशा लोगों का अपने अधिकारियों के साथ किसी बात को लेकर हल्का मनमुटाव हो सकता है। स्वास्थ्य सही रहेगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन बढिया रहेगा। कार्यक्षेत्र में भावुकता की बजाय प्रैक्टिकल तरीके से सबके साथ व्यवहार करें। क्रोध पर नियंत्रण रखें। सहयोगियों तथा कर्मचारियों के साथ दोस्ताना व्यवहार रखें। परिवार का सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी के कारण खुशनुमा माहौल बनेगा। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका सकारात्मक दृष्टिकोण किसी भी परिस्थिति में ऊर्जावान व मानसिक रूप से मजबूत बनाकर रखेगा। अगर पुश्तैनी प्रॉपर्टी संबंधी कोई वाद-विवाद चल रहा है, तो उसे हल करने के लिए आज का दिन बहुत ही उचित है। धार्मिक विचार उतपन्न होगे। बच्चों का साथ माहौल खुश बनाएगा। स्वास्थ्य सही रहेगा।

**********************************

 

अनुब्रत मंडल की पुलिस हिरासत सात दिन और बढ़ाने की याचिका खारिज

कोलकाता ,27 दिसंबर(एजेंसी)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले की निचली अदालत ने हत्या के प्रयास के मामले में तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता अनुब्रत मंडल की पुलिस हिरासत सात दिन के लिए और बढ़ाने की राज्य पुलिस की याचिका को मंगलवार को खारिज कर दिया। अदालत ने न केवल याचिका खारिज कर दी, बल्कि 2,000 रुपये के जमानत मुचलके के खिलाफ मंडल की जमानत अर्जी भी मंजूर कर ली। हालांकि, जमानत मिलने के बाद भी, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा जांच की जा रही करोड़ों रुपये के मवेशी तस्करी घोटाले में कथित संलिप्तता के सिलसिले में मंडल को न्यायिक हिरासत के तहत आसनसोल विशेष सुधार गृह वापस जाना होगा।

मंडल को हत्या के प्रयास के मामले में 10 जनवरी को फिर से अदालत में पेश होना होगा। अदालत के निर्देशानुसार मंगलवार को राज्य पुलिस ने हत्या के प्रयास के नए मामले से संबंधित दस्तावेज और केस डायरी भी ईडी को सौंप दी। इसके साथ ही पशु तस्करी घोटाले के सिलसिले में एजेंसी के मुख्यालय में पूछताछ के लिए मंडल को दिल्ली ले जाने की ईडी की पहल पर फिर से अटकलें शुरू हो गई हैं।

ताजा मामला 19 दिसंबर को शिकायत दर्ज करने के बाद शुरू हुआ, दिल्ली में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा ईडी को मंडल को राष्ट्रीय राजधानी ले जाने की अनुमति देने के प्रोडक्शन वारंट को मंजूरी देने के कुछ ही घंटों बाद नया मामला दर्ज किया गया। शिकायत में, बीरभूम जिले के पूर्व तृणमूल कांग्रेस पंचायत सदस्य ने मंडल पर 2021 में विधानसभा चुनाव से पहले उनका गला दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। प्राथमिकी के आधार पर, निचली अदालत ने मंडल को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था, इस फैसले ने ईडी को दिल्ली ले जाने की पहल को झटका दिया था।

घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए सीपीआई-एम नेता सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि शुरू से ही यह स्पष्ट था कि ताजा मामला राज्य पुलिस और तृणमूल कांग्रेस की संयुक्त साजिश थी ताकि ईडी को मंडल को दिल्ली ले जाने से रोका जा सके। उन्होंने कहा, लेकिन पुलिस हिरासत बढ़ाने से इनकार करने वाले अदालत के आदेश ने प्रक्रिया को लंबा करने के प्रयासों को विफल कर दिया है।

तृणमूल के प्रवक्ता कुणाल घोष ने यह कहते हुए इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि यह अनिवार्य रूप से एक अदालती मामला है और इस पर कोई टिप्पणी करना अनुचित होगा।

*****************************

 

लोन फ्रॉड मामले-सीबीआई ने धूत, कोचर परिवार से की एक साथ पूछताछ

नई दिल्ली ,27 दिसंबर(एजेंसी)।  केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने वीडियोकॉन ग्रुप के एमडी वी.एन. धूत, आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व सीईओ चंदा कोचर और उनके पति व व्यवसायी दीपक कोचर से लोन फ्रॉड मामले में एक साथ पूछताछ की। तीनों वर्तमान में तीन दिनों के लिए सीबीआई की हिरासत में हैं, और मामले में नए खुलासे के लिए उनसे एक साथ पूछताछ की गई।

सीबीआई सूत्रों ने कहा कि तीनों से एक ही तरह के सवाल पूछे गए। जिनमें से कुछ सवालों पर वे टालमटोल कर रहे थे। उन्होंने पूछताछ की कार्रवाई में सहयोग नहीं किया।

26 अगस्त, 2009 को, चंदा कोचर की अध्यक्षता वाली तत्कालीन आईसीआईसीआई बैंक स्वीकृति समिति ने बैंक के नियमों और नीतियों का उल्लंघन करते हुए वीडियोकॉन इंटरनेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (वीआईईएल) को 300 करोड़ रुपये का टर्म लोन मंजूर किया, जिसमें सह-आरोपी व्यक्तियों के साथ बेईमानी से लोक सेवक के रूप में उसकी आधिकारिक स्थिति का दुरुपयोग करके आपराधिक साजिश रची गई।

लोन 7 सितंबर, 2009 को वितरित किया गया था और अगली तारीख 8 सितंबर, 2009 को, धूत ने अपनी कंपनी सुप्रीम एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (एसईपीएल) के माध्यम से वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज लिमिटेड से दीपक कोचर द्वारा प्रबंधित एनआरएल को 64 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए।

सीबीआई को पता चला है कि चंदा कोचर वीडियोकॉन ग्रुप के लोन प्रस्ताव की अवधि के दौरान एक फ्लैट में रह रही थी, जबकि फ्लैट वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज लिमिटेड और दीपक कोचर के बीच कब्जे के लिए मुकदमेबाजी के तहत था। इसके बाद, फ्लैट (1996 में 5.25 करोड़ रुपये की कीमत) को 2016 में 11 लाख रुपये की मामूली राशि पर दीपक कोचर के पारिवारिक ट्रस्ट क्वालिटी एडवाइजर को हस्तांतरित कर दिया गया।

********************************

 

इतिहास को तोड़ मरोड़ कर पेश करना खतरनाक घटना : स्टालिन

चेन्नई ,27 दिसंबर (एजेंसी)।  तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने कहा कि इतिहास को विकृत करना खतरनाक था, और लोगों को इतिहास के रूप में कुछ व्यक्तियों द्वारा बनाई गई कुछ काल्पनिक कहानियों में नहीं पडऩा चाहिए। मुख्यमंत्री मंगलवार को भारतीय इतिहास कांग्रेस के 81वें वार्षिक अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग काल्पनिक कहानियों को इतिहास बता रहे हैं, लोगों को इन कहानियों पर विश्वास करके मूर्ख नहीं बनना चाहिए।

स्टालिन ने कहा कि खुद को जानने के लिए इतिहास का अध्ययन करना चाहिए और जिन्होंने अतीत का अध्ययन किया है वही वर्तमान में इतिहास रच सकते हैं और भविष्य की भविष्यवाणी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास को वैज्ञानिक तथ्यों द्वारा समर्थित किया जाना चाहिए, वर्तमान समय में देश पर जो खतरा मंडरा रहा है, वह इतिहास का विरूपण है। उन्होंने यह भी कहा कि इतिहास को सभी क्षेत्रों के लोगों को प्रतिबिंबित करना चाहिए, न कि केवल राजाओं और उनकी वीरता और जीवन शैली को।

स्टालिन ने कहा- शिक्षा, भाषा, संस्कृति, अधिकार, अर्थव्यवस्था और प्रशासन में संविधान की गरिमा की रक्षा की जानी चाहिए। भारतीय परि²श्य एक समय में पूरी तरह से धर्मनिरपेक्ष था और कुछ लोगों द्वारा बाद के चरण में मतभेद पैदा किए गए थे। तमिलनाडु के लोग वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर ऐतिहासिक विशिष्टताओं पर गर्व से बात करते थे, साथ ही राज्य के कीलाड़ी और अन्य स्थानों पर हो रही पुरातत्व खुदाई का भी जिक्र किया।

स्टालिन ने यह भी कहा कि कीलाडी से पुरातात्विक खुदाई से पता चला है कि शहरीकरण और साक्षरता तमिल भूमि में 6वीं शताब्दी ईसा पूर्व में प्रचलित थी। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 2021 में डीएमके सरकार के सत्ता में आने के बाद से राज्य भर में सात स्थानों पर पुरातत्व अध्ययन किया जा रहा है।

********************************

 

जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2023 में ग्लोबल जियोपॉलिटिक्स पर होगी चर्चा

जयपुर ,27 दिसंबर(आरएनएस)। अपने 16वें संस्करण में, आइकोनिक जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल19 से 23 जनवरी को होटल क्लार्क्स आमेर, जयपुर में,वैश्विक साहित्य को मंच पर प्रस्तुत करेगा7 फेस्टिवल के प्रोग्राम का स्तर हमेशा की तरह इस बार भी शानदार रहने वाला है, धरती के

‘महानतम’ साहित्य शो में वर्तमान समय के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी, जिनमें जिओपॉलिटिक्स प्रमुख है ।

बेहतरीन वक्ताओं की सूची के साथ, फेस्टिवल में एक सत्र भारत-चीन के सम्बन्धों पर आधारित रहेगा, भारत-चीन के आपसी रिश्तों ने बहुत से उतार-चढ़ाव देखे हैं, इस विषय पर बातचीत करने के लिए मौजूद रहेंगे, पत्रकार और कमेंटेटर, मनोज जोशी; भूतपूर्व विदेश सचिव व चीन के राजदूत विजय गोखले; और भूतपूर्व विदेश सचिव श्याम सरन, इनके साथ संवाद करेंगी पत्रकर और विदेश नीति की एक्सपर्ट सुहासिनी हैदर, सत्र के दौरान, जोशी एलएसी से जुड़े अनसुलझे तनाव पर बात करेंगे,

एक अन्य सत्र में, सरन यूएन रेजिडेंट कोआर्डिनेटर फॉर इंडिया शोम्बी शार्प; लेखक त्शेरिंग ताशी; भारत और भूटान में यूरोपियन यूनियन के एम्बेसडर उगो अस्तुतो; भूतपूर्व आईएफएस ऑफिसर और एम्बेसडर लक्ष्मी पुरी; और लेखक अवय शुक्ल से जलवायु संकट पर बात करेंगे, सत्र के दौरान, एक्सपर्ट पैनल के बादके हालात और सस्टेनेबल विकास, क्लाइमेट प्रोग्रेस, क्लाइमेट जस्टिस और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे,

फेस्टिवल में, सरन भूतपूर्व आईएफएस ऑफिसर और एम्बेसडर लक्ष्मी पुरी; अकादमिक और पर्यावरणविद जैसन स्कोर्स; और भूतपूर्व राजनयिक नवदीप सूरी से संवाद करेंगे, एक सत्र ‘गवर्निंग द डेप्थ: द पॉलिटिक्स ऑफ़ द ओसियन’, में जिओपॉलिटिकल एक्सपर्ट्स का एक ग्रुप मौजूदा समुद्रीय शासन व्यवस्था, चुनौतियों, संसाधन और सुरक्षा के उपायों पर चर्चा करेगा,

चीन और भारत सदियों तक दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक शक्तिबनने की संभावनाएं दिखाते रहे हैं, और 21वीं सदी में उनकी संयुक्त शक्ति से यह सम्भावना वास्तविकता बन सकती है, लेकिन अपने इतिहास और सभ्यता के चलते वर्तमान में ये एक-दूसरे के लिए अजनबी हैं, और उनके रिश्ते को ग़लतफ़हमी और सैन्य तनाव से खासी क्षति पहुंची है,

चीन पर बारीकी से नजऱ रखने वाले भारत के तीन प्रतिष्ठित विशेषज्ञ अकादमिक तानसेन सेन; अरुणाचल प्रदेश के भूतपूर्व गवर्नर जेजे सिंह और भारत के भूतपूर्व विदेश सचिव श्याम सरनअतीत में गहरे उतरकर भविष्य की संभावनाओं पर विचार करेंगे, सत्र संचालन करेंगे इतिहासकार और फेस्टिवल डायरेक्टर विलियम डेलरिम्पल,एक सत्र ‘द ग्रेट गेम ऑफ़ टेक मोरालिटी’, में अकादमिक और लेखक टोबी वाल्श और टेक उद्यमी व लेखक अनिरुद्ध सूरी, संग संवाद करेंगे पत्रकार प्रवीण स्वामी सत्र में वक्ता सूरी की नई किताब, द ग्रेट टेक गेम शेपिंग जिओपॉलिटिक्स एंड द डेस्टिनी ऑफ़ नेशंस, पर चर्चा करते हुए, डिजिटल युग और हमारे आदर्शों में तकनीक के योगदान पर प्रकाश डालेंगे

एक अन्य सत्र में, स्वामी पत्रकार और कमेंटेटर मनोज जोशी; पत्रकार निष्ठा गौतम; और अकादमिक, पत्रकार और विदेश नीति विशेषज्ञ सी. राजा मोहनसे भारत में विषम परिस्थितियों में राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति पर चर्चा करेंगे वे भारत में कोविड महामारी के बाद उपजे संकट और वर्तमान में दुनिया पर छाए आर्थिक संकट पर चर्चा करेंगे

***********************************

 

 

‘लव गुरु’ जीवीजी प्राइम टाइम चैनल पर जारी 

27.12.2022  –  कनौजिया फिल्म्स के बैनर तले निर्मित फिल्म ‘लव गुरु’ जीवीजी प्राइम टाइम के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल पर जारी कर दिया गया है।

निर्माता व निर्देशक अभय कनौजिया की इस फिल्म के सह निर्माता यास्मीन शेख व आशीष पी पोरिया, लेखक हुसैन सिद्दीकी, एडिटर सरफराज और डीओपी रणविजय सिंह हैं। सेक्स एजुकेशन की आवश्यकता के प्रति आवाज़ बुलंद करती इस फिल्म के मुख्य कलाकार अभिषेक शुक्ला, खुशी शर्मा, मुस्ताक शेख, पलक यादव, सुषमा बिरुआ और सरफराज खान आदि हैं।

सेक्स जागरूकता अभियान के तहत इस संदेशपरक फिल्म के निर्माण के बाद बहुत जल्द ही निर्माता निर्देशक अभय कनौजिया एक वेब सीरीज और हिंदी फीचर फिल्म की घोषणा करने वाले हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************

 

लवलीना, निखत ने राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में जीता सोना

भोपाल ,27 दिसंबर (एजेंसी)। टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोर्गोहेन और मौजूदा विश्व चैम्पियन निकहत जरीन ने सोमवार को छठी एलीट महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीते जबकि रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (आरएसपीबी) ने दस पदकों के साथ टीम ट्राफी अपने नाम की।

असम की मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहेन ने सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) की अरुंधति चौधरी को 75 किग्रा के फाइनल में 5-0 से हराया जबकि जऱीन को 50 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक के लिये आरएसपीबी की अनामिका से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा हालांकि विश्व चैंपियन ने अपने खिताब का बचाव करते हुये मैच को 4-1 से अपने पक्ष में कर लिया।

2019 विश्व चैंपियनशिप मंजू रानी ने 48 किग्रा फाइनल में तमिलनाडु की एस कलैवानी को 5-0 से हराकर आरएसपीबी को अपना पहला स्वर्ण दिलाया। शिक्षा (54 किग्रा), पूनम (60 किग्रा), शशि चोपड़ा (63 किग्रा) और नूपुर (+81 किग्रा) आरएसपीबी के अन्य स्वर्ण पदक विजेता थे, जिन्होंने तीन रजत और दो कांस्य पदक भी जीते।

एक स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य के साथ मध्य प्रदेश ने दूसरा और दो स्वर्ण और दो कांस्य के साथ हरियाणा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
2021 यूथ वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली मणिपुर की युवा मुक्केबाज सनामाचा थोकचोम चानू ने भी रोमांचक फाइनल में मध्य प्रदेश की श्रुति यादव को 3-2 से हराकर 70 किग्रा वर्ग का खिताब जीता।

***************************************

 

वायकॉम18 करेगा टाटा ओपन महाराष्ट्र के पांचवें संस्करण का प्रसारण

पुणे ,27 दिसंबर (एजेंसी)। देश का सबसे नया खेल नेटवर्क वायकॉम18 स्पोर्ट्स भारत के प्रमुख टेनिस टूर्नामेंट टाटा ओपन महाराष्ट्र के पांचवें संस्करण का आधिकारिक प्रसारण करेगा।

टाटा ओपन महाराष्ट्र 31 दिसंबर से सात जनवरी के बीच यहां बालेवाड़ी स्टेडियम में खेला जायेगा जिसमें पूर्व ग्रैंड स्लैम चैंपियन मारिन सिलिक और पिछले साल के फाइनलिस्ट एमिल रुसुवुओरी समेत एटीपी टूर के कुछ बड़े सितारे शामिल होंगे। क्वालीफाइंग राउंड 31 दिसंबर और एक जनवरी को आयोजित किए जाएंगे जबकि मुख्य ड्रॉ दो जनवरी से शुरू होगा।

टाटा ओपन महाराष्ट्र के टूर्नामेंट निदेशक प्रशांत सुतार ने कहा  हम वायकॉम 18 स्पोर्ट्स का बोर्ड पर स्वागत करने के लिए रोमांचित हैं। अल्प अवधि में स्पोर्ट्स 18 और जियोसिनेमा ने विश्व स्तरीय खेल के प्रसारण को लेकर खेल प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया है। मुझे विश्वास है कि यह सहयोग टूर्नामेंट को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

***********************************

 

संतोष ट्रॉफी : जयदीप की हैट्रिक से दिल्ली को मिली बड़ी जीत, कर्नाटक व गुजरात भी जीते

नई दिल्ली ,27 दिसंबर (एजेंसी)। जयदीप सिंह की हैट्रिक ने मेजबान दिल्ली को हीरो संतोष ट्रॉफी 76वीं राष्ट्रीय सीनियर पुरुष फुटबॉल चैंपियनशिप के ग्रुप एक में पहली जीत दिलाई। कर्नाटक और गुजरात ने भी रविवार को इस क्लस्टर में अपने मैच जीते। त्रिपुरा के साथ अपने पहले मैच में गोल रहित ड्रा खेलने वाली दिल्ली के तेवर रविवार को खतरनाक नजर आए। डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में खेले गए एकतरफा मुकाबले में दिल्ली ने लद्दाख को 7-0 से हराया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए अन्य मैचों में कर्नाटक ने कड़े संघर्ष के बाद उत्तराखंड को 3-1 से जबकि गुजरात ने त्रिपुरा को 6-0 से हराया।

दिल्ली की जीत के हीरो रहे स्ट्राइकर जयदीप सिंह ने तीन गोल किए। अपने पिछले मैच की तुलना में दिल्ली का खेल बिल्कुल अलग नजर आया। विशेष रूप से, अग्रिम पंक्ति के खिलाडिय़ों ने लगभग आधा दर्जन मौके गंवाने के बावजूद मेजबान टीम को बड़े अंतर से जीत दिलाई। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे जयदीप ने 47वें, 88वें और 90/1 मिनट में अपने तीन गोल किए। अनुभवी स्ट्राइकर अजय सिंह रावत (35वें और 90/4वें मिनट) के दोनों गोल भी काबिले तारीफ रहे।

जीत के साथ दिल्ली ग्रुप एक में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। उसके दो मैचों में एक जीत और एक ड्रॉ से चार अंक हैं। कर्नाटक ग्रुप-1 में छह अंकों के साथ शीर्ष पर है। कर्नाटक ने रविवार को अपना लगातार दूसरा मैच जीता। वहीं गुजरात दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। उत्तराखंड, त्रिपुरा और लद्दाख के दो मैचों में एक-एक ड्रॉ से एक-एक अंक हैं।

इससे पहले जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए दिन के पहले मैच में कर्नाटक ने कड़े मुकाबले के बाद उत्तराखंड को 3-1 से हराया। जैकब जॉन कट्टुकरेन ने मैच का पहला गोल 21वें मिनट में कर कर्नाटक को बढ़त दिलाई। लेकिन 44वें मिनट में उत्तराखंड के लिए अजय बिष्ट ने बराबरी कर ली (1-1)। लेकिन स्टॉपेज टाइम के दौरान, शजान फ्रैंकलिन ने 45/3वें मिनट में गोल करके कर्नाटक को 2-1 से आगे कर दिया। दूसरे हाफ में उत्तराखंड ने आक्रामक फुटबॉल खेली, लेकिन मैच खत्म होने से ठीक पहले अंकित पी. ने 90/3वें मिनट में गोल दागकर कर्नाटक को 3-1 से जीत दिला दी।

दिन के तीसरे मैच में गुजरात ने त्रिपुरा को 6-0 से रौंद दिया, जिसमें जय कनानी ने 20वें, 67वें, 90/2वें और 90/5वें मिनट में हैट्रिक सहित चार गोल किए। उसके लिए कप्तान मोइनुद्दीन और धर्मेश परमार अन्य स्कोरर रहे।

*************************

 

ईपीएफओ का अलर्ट, बिल्कुल भी न करें ये काम

नई दिल्ली ,27 दिसंबर (एजेंसी)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने अपने 6 करोड़ से अधिक सदस्यों को अलर्ट करते हुए कहा कि पीएफ के रूप में कटने वाली कर्मचारियों की राशि को मैनेज करता है। इसी के मद्देनजर, अपने सदस्यों को साइबर अपराध को लेकर सतर्क किया है। अगर आप भी ईपीएफओ के मैंबर हैं, तो आपके लिए यह बेहद जरूरी खबर है। पीएफ अकाउंट के नाम पर कई धोखाधड़ी के मामले सामने आ चुके हैं। धोखाधड़ी करने वाले फोन और मैसेज से ईपीएफओ के नाम पर लोगों की पर्सनल जानकारी मांग रहे हैं और फ्रॉड का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में ईपीएफओ ने सचेत रहने की सलाह दी है।

ईपीएफओ ने ट्वीट कर ‘फर्जी कॉल और एसएमएस से सावधान रहने के लिए कहा कि ईपीएफओ कभी भी अपने सदस्यों से फोन, ई-मेल या सोशल मीडिया पर पर्सनल डिटेल्स शेयर करने के लिए नहीं कहता है। ईपीएफओ और इसके कर्मचारी कभी भी ऐसी जानकारियां नहीं मांगते हैं।

ईपीएफओ ने अपने सदस्यों से अपना यूएन, पैन, पासवर्ड, बैंक अकाउंट डिटेल्स, ओटीपी, आधार और फाइनेंसियल डिटेल्स किसी से भी शेयर नहीं करने की सलाह दी है। साइबर अपराधी ईपीएफओ सदस्यों की पर्सनस डिटेल्स का इस्तेमाल अवैध तरीके से कर सकते हैं और सदस्यों को वित्तीय नुकसान भी झेलना पड़ सकता है।

**********************************

 

रुपये में 17 पैसे की तेजी

मुंबई ,27 दिसंबर (एजेंसी)।  शेयर बाजार में लौटी तेजी के साथ ही आयातकों एवं बैंकरों की बिकवाली की बदौलत आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 17 पैसे मजबूत होकर 82.65 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

वहीं, पिछले कारोबारी दिवस रुपया तीन पैसे की गिरावट लेकर 82.82 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था।

कारोबार की शुरुआत में रुपया तीन पैसे की बढ़त लेकर 82.79 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और सत्र के दौरान बिकवाली होने से यह 82.63 रुपये प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। हालांकि लिवाली होने से यह 82.83 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर पर भी रहा। अंत में पिछले दिवस के 82.82 रुपये प्रति डॉलर की तुलना में 17 पैसे की बढ़त लेकर 82.65 रुपये प्रति डॉलर हो गया।

********************************

 

जियो ने आंध्र प्रदेश में लॉन्च की जियो ट्रू 5जी सेवा

मुंबई ,27 दिसंबर। जियो ने आंध्र प्रदेश में अपनी जियो ट्रू 5जी सेवा शुरू कर दी है। प्रदेश के तिरुमला, विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा और गुंटूर जियो के 5जी नेटवर्क से जुड़ गए हैं।

विजयवाड़ा में आयोजित लॉन्च कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के उद्योग, इन्फ्रास्ट्रक्चर, निवेश एवं वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी, हथकरघा एवं कपड़ा मंत्री गुडीवाडा अमरनाथ और राज्य के मुख्य सचिव डॉ. के.एस. जवाहर रेड्डी ने सोमवार को जियो ट्रू 5जी और जियो ट्रू 5जी से चलने वाली वाई-फाई सेवाओं का शुभारंभ किया।

इस मौके पर कंपनी ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में ‘जियो कम्युनिटी क्लिनिकÓ, एआर-वीआर डिवाइस और जियो-ग्लास का डेमो भी दिया। साथ ही बताया कि कैसे इन नई क्रांतिकारी तकनीकों के जरिए आंध्र प्रदेश के लोगों के जीवन में बदलाव आएगा।

वहीं श्री अमरनाथ ने कहा, आंध्र प्रदेश में जियो की ट्रू 5जी सेवा लॉन्च करके मैं बेहद खुश हूं। वक्त के साथ 5जी सेवाएं आंध्र प्रदेश के आम लोगों के जीवन में बड़े बदलाव लेकर आएंगी।

उन्होंने कहा कि जियो ने 26,000 करोड़ रुपये के मौजूदा निवेश के अलावा आंध्र प्रदेश में 5त्र नेटवर्क लगाने के लिए 6,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। यह निवेश हमारे राज्य के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दिखाता है। दिसंबर 2023 तक जियो ट्रू 5जी सेवाएं आंध्र प्रदेश के हर शहर, हर तालुका, हर मंडलम और हर गांव में उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर श्री रेड्डी ने कहा, जियो की ट्रू 5जी सेवाओं के लॉन्च के साथ ही आंध्र प्रदेश को न केवल सबसे अच्छा दूरसंचार नेटवर्क मिल रहा है, बल्कि इससे ई-गवर्नेंस, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी (आईटी) और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एसएमई)के क्षेत्रों में विकास के नए दरवाजे खुलेंगे। जियो ट्रू 5जी से आम नागरिक रियल-टाइम में सरकार के साथ जुड़ सकेंगे, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को बल मिलेगा और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचेगा।

**********************************

 

मदर डेयरी ने एक बार फिर दूध के दाम बढ़ाए, कल से इतने रुपए प्रति लीटर महंगा मिलेगा दूध

नई दिल्ली ,27 दिसंबर (एजेंसी)। मदर डेयरी ने एक बार फिर अपने दूध के दाम में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने दूध को 2 रुपए प्रति लीटर महंगा करने का ऐलान किया है। नई कीमत मंगलवार यानी कि कल से लागू हो जाएंगी।

मदर डेयरी का दूध 2 रुपए प्रति लीटर की दर से महंगा किया गया है। ये नए प्राइस मदर डेयरी के दूध के सभी वेरिएंट्स पर लागू होंगे। इसमें फुल क्रीम, टोंड और डबल टोंड सभी तरह के दूध वेरिएंट्स शामिल हैं। बता दें कि इस साल में मदर डेयरी ने पांचवीं बार दूध के दाम बढ़ाए हैं।

मदर डेयरी के फुल क्रीम वाले दूध में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद अब इसकी कीमत बढ़कर 66 रुपए प्रति लीटर हो गई है। इसके अलावा मदर डेयरी की कीमत जो पहले 51 रुपए प्रति लीटर हुआ करती थी, वो अब 53 रुपए प्रति लीटर हो गई है।

वहीं टोन मिल्क की कीमत 45 रुपए से बढ़कर 47 रुपए हो गई है। बता दें कि अगर आप मदर डेयरी का काओ मिल्क लेते हैं तो वहां ग्राहकों को राहत मिली है। क्योंकि कंपनी ने काओ मिल्क और टोकन के जरिए लेने वाले दूध के प्राइस में इजाफा नहीं किया है।

*******************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version