आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपकी सामाजिक क्षेत्र में मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। किसी कार्य के पूर्ण होने से मानसिक तनाव कम होगा। आप कोई नया व्यापार शुरू करने का मन बना सकते हैं। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल होंगे। नौकरी पेशा वाले लोगों को पदोन्नति मिलने के योग हैं। आप का आज का दिन बेहद शुभ नजर आ रहा है। घर परिवार की परेशानियों का समाधान निकल सकता है। मन हल्का रहेगा। कानूनी मामलों में लापरवाही मत कीजिए। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आपको रचनात्मक कार्यों का प्रतिफल प्राप्त होगा। व्यापार में उन्नति मिलने के योग हैं। कानूनी मामलों में सफलता मिल सकती है। पति-पत्नी के बीच बेहतर तालमेल बने रहेंगे। मानसिक रूप से थोड़े परेशान नजर आ रहे हैं तो आप अपने ऊपर नकारात्मक विचारों को हावी मत होने दीजिए। पारिवारिक जिम्मेदारियों का पूर्ण ध्यान रखें। जीवनसाथी आपकी भावनाओं को समझेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आपकी आज अचानक धन लाभ मिलने की संभावना नजर आ रही है। सामाजिक दायरा बढ़ेगा। आपका दिन भागदौड़ भरा रहेगा। गुप्त शत्रुओं से सतर्क रहने की आवश्यकता है क्योंकि यह आपके कामकाज बिगाडऩे की कोशिश कर सकते हैं। संतान की तरफ से हल्की चिंता रहेगी। नए-नए लोगों से दोस्ती हो सकती है लेकिन आप अनजान लोगों के ऊपर जरूरत से ज्यादा भरोसा मत कीजिए। स्वास्थ्य सही रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आप अपने प्रयासों से उन्नति पथ प्रशस्त करेंगे। जरूरतमंद लोगों की मदद करने का मौका मिल सकता है। नौकरी के क्षेत्र में बड़े अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बने रहेंगे। मेहनत का फल मिलेगा। आप अपनी अधूरी इच्छाओं को पूरा करने की हर संभव कोशिश करेंगे। पारिवारिक माहौल अच्छा रहेगा। परिवार के सभी सदस्य आपका पूरा सपोर्ट करेंगे। व्यापार के सिलसिले में आप यात्रा पर जा सकते हैं, आपके द्वारा की गई यात्रा सफल रहेगी। स्वास्थ्य लाभ होगा।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन आपके लिए मिलाजुला रहने वाला है। शादीशुदा जिंदगी में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है फिर भी जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। घर में किसी मांगलिक कार्यक्रम के आयोजन की चर्चा हो सकती है। माता-पिता के स्वास्थ्य में सुधार आएगा। विवाह योग्य लोगों को विवाह का रिश्ता मिल सकता है। आमदनी के अनुसार खर्चों पर कंट्रोल रखने की आवश्यकता है। आप अपने विरोधियों को परास्त करेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आप किसी लाभदायक यात्रा पर जा सकते हैं। नौकरी के क्षेत्र में लाभ मिलने की संभावना है। निवेश में फायदा मिल सकता है। किस्मत आपका पूरा साथ देगी। घरेलू सुख साधनों में बढ़ोतरी होगी। जीवनसाथी के साथ रोमांटिक समय व्यतीत करने का मौका मिल सकता है। गुप्त शत्रु आपको हानि पहुंचाने की कोशिश करेंगे परंतु यह सफल नहीं हो पाएंगे। धार्मिक कार्यों में आपका अधिक मन लगेगा। माता-पिता के साथ किसी मंदिर में दर्शन करने के लिए जा सकते हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आपका आज का दिन मिलाजुला नजर आ रहा है। बड़े अधिकारियों को प्रसन्न करना काफी कठिन हो सकता है। दोस्तों के साथ मिलकर आप कोई नया व्यापार शुरू करने का मन बना सकते हैं। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। घर-परिवार के लोगों के साथ अच्छा समय व्यतीत करेंगे। व्यापार की समस्याओं का हल निकल सकता है। दूसरों के कार्यों में हस्तक्षेप मत कीजिए। नौकरी के क्षेत्र में कार्यभार अधिक रहेगा। स्वास्थ्य लाभ होगा।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आपको आज धन से जुड़े हुए मामलों में काफी सतर्क रहना होगा। आप किसी को भी पैसा उधार मत दीजिए। आप किसी यात्रा पर जा सकते हैं। पुराने मित्रों से मिलना-जुलना हो सकता है। व्यवहार कुशलता से समस्या का समाधान संभव है। पारिवारिक वातावरण सामान्य रहेगा। अचानक आप किसी महत्वपूर्ण मामले में निर्णय ले सकते हैं। लाभ के मार्ग प्रशस्त होंगे। स्वास्थ्य सही रहेगा।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आप अपने प्रयासों से सफलता हासिल करेंगे। प्रभावशाली लोगों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। आपका मन प्रसन्न रहने वाला है। कार्यप्रणाली में सुधार आएगा। काफी लंबे समय से अधूरे पड़े कार्य पूरे हो सकते हैं, जिससे आपका मन हर्षित होगा। जीवनसाथी के साथ संबंधों में मधुरता आएगा। पिताजी से व्यापार के विषय में बातचीत कर सकते हैं। स्वास्थ्य सुधार होगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आपका आज का दिन पहले के दिनों की अपेक्षा अच्छा रहेगा। आपका मन धर्म-कर्म के कामों में अधिक लगेगा। सत्संग से लाभ मिल सकता है। व्यापार अच्छा चलेगा। आपका मन प्रसन्न रहने वाला है। दोस्तों की मदद से रुके हुए काम पूरे होंगे। आप किसी सुखद यात्रा पर जा सकते हैं। रचनात्मक कामों में सफलता हासिल होगी। आपका मन कार्यों में लगेगा। आपके अधूरे सपने पूरे हो सकते हैं। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन मिला जुला रहेगा। वाहन और मशीनरी के प्रयोग में सावधानी बरतने की आवश्यकता है। आप अपनी कीमती चीजों को संभाल कर रखें। कोई भी जोखिम लेने से बचना होगा। आमदनी के अनुसार खर्चा पर कंट्रोल रखने की आवश्यकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहने वाला है। परिवार में विवाद खत्म होगा और शांति एवं सुख बढ़ेगा। व्यापार में अच्छा मुनाफा मिलने के योग हैं। सवास्थ्य सही रहेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपको प्रेम संबंधित मामलों में सफलता हासिल होगी। कानूनी बाधा दूर हो सकती है। परोपकारी स्वभाव होने से दूसरों की मदद करेंगे। कामकाज के प्रति आप लापरवाही मत कीजिए। कुछ जरूरी कामों को लेकर आपको अधिक भागदौड़ और मेहनत करनी पड़ सकती है परंतु आखिर में आपको सफलता मिलने के योग हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

*****************************

 

नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एकमात्र लक्ष्य गरीब व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में शामिल करना: शाह

सतना , 24 फरवरी (एजेंसी)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मध्यप्रदेश के सतना में शबरी माता जन्मजयंती के अवसर पर आयोजित कोल जनजाति महाकुंभ को संबोधित करते हुए कहा कि एक जनजातीय माँ अपनी अनन्य राम भक्ति से युगों-युगों तक देश और करोड़ों लोगों के जीवन की प्रेरणा बन जाए – ऐसा जीवन, ऐसी भक्ति माँ शबरी थी। अमित शाह ने कहा कि  प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  के नेतृत्व में हमारा एकमात्र लक्ष्य है अंत्योदय के माध्यम से गरीब से गरीब व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में शामिल करना।

2014 में प्रधानमंत्री निर्वाचित होने के बाद अपने पहले उद्बोधन में  प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  ने कहा था कि उनकी सरकार गाँव, गरीब, किसान, आदिवासी, दलित, पीडि़त, पिछड़ों, युवाओं और महिलाओं की सरकार होगी। अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कन्या पूजन, दीप प्रज्ज्वलन एवं माता शबरी और प्रभु श्रीराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर ‘कोल जनजाति महाकुंभ’ कार्यक्रम का  शुभारंभ किया।अमित शाह  ने कार्यक्रम की शुरुआत में लगभग 532 करोड़ रुपये की लागत से विकास के 70 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया और लगभग 26 करोड़ रुपये के छोटे-छोटे विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया।

शाह ने कहा कि मैं कोल जनजाति के विकास के लिए शिवराज सिंह चौहान  को हार्दिक धन्यवाद देता हूँ। मैं जब पहले जबलपुर आया था तब शिवराज सिंह चौहान ने मुझसे 14 घोषणाएं करवाई थी। मुझे लगता था कि मेरी उपस्थिति में शिवराज घोषणाएं करा रहे हैं और यदि पूरी नहीं हुई तो क्या होगा लेकिन आज मुझे ख़ुशी है कि 14 की 14 घोषणा उन्होंने पूरी कर दी। यही भारतीय जनता पार्टी की पहचान है।

अमित शाह ने कहा कि जब पीछे मुड़ कर इन 9 वर्षों की यात्रा को देखता हूँ कि स्पष्ट हो जाता है।अमित शाह  ने कहा कि पिछले साढ़े 8 वर्षों में लगभग 9 करोड़ गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन दिया गया, लगभग 11 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराया गया, गरीबों के लिए लगभग तीन करोड़ से अधिक घर बनाए गए, देश के लगभग 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत का लाभ दिया गया, 10 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है, कोरोना काल में सभी देशवासियों के लिए मुफ्त में वैक्सीन की डबल डोज और बूस्टर डोज उपलब्ध कराई गई और पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत ढाई सालों से देश के लगभग 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में हर महीने पांच किलो गेहूं/चावल और एक किलो दाल उपलब्ध कराया जा रहा है।

शाह ने कहा कि मैं कोल समाज के सभी भाई-बहनों को 1831 के कोल विद्रोह भी याद कराना चाहता हूं।  200 करोड़ रुपये की लागत से 10 ऐसे स्मारक बना रहे हैं। इन स्मारकों में सभी आदिवासी स्वातंत्र्य सेनानियों के योगदान को सामहित किया गया है। भगवान् बिरसा मुंडा जी के बारे में बात हो, गोंड महारानी की बहादुबा हो, रानी कमलापति का बलिदान हो, अमर सेनानी बुद्धू भगत हो, सभी आदिवासी समाज के स्वतंत्रता सेनानियों की यादों को संजोया गया है।अमित शाह  ने कहा कि पिछले 70 सालों तक कांग्रेस ने एक भी जनजाति समाज के बेटे या बेटी को राष्टपति पद पर प्रतिष्ठित नहीं किया।

ये प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  हैं जिन्होंने एक गरीब आदिवासी समाज की बीती  द्रौपदी मुर्मू  को राष्ट्रपति पद पर प्रतिष्ठित कर समग्र जनजाति समाज को सम्मानित किया।  शिवराज सिंह चौहान ने लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से वीर राजा रघुनाथ शाह और राजा शंकर साह जी का भी स्मारक बनाया। शाह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में अनुसूचित जनजाति के लिए महज 24,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया।  नरेन्द्र मोदी सरकार ने अनुसूचित जनजाति के लिए आम बजट में लगभग 89,000 करोड़ रुपये आवंटित किये हैं। पहले आदिवासी छात्रों के लिए केवल 167 एकलव्य मॉडल स्कूल स्वीकृत किये गए थे जबकि हमारी सरकार में ये संख्या लगभग 700 तक पहुँच गई है।

इस बजट में एकलव्य मॉडल स्कूलों में लगभग 38,800 शिक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव रखा गया है। कांग्रेस की सरकार में आदिवासी बच्चों को केवल हजार रुपये की छात्रवृत्ति दिया जाता था जिसे मोदी सरकार ने बढ़ा कर 2,833 रुपये कर दिया है।अमित शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश में बीच में थोड़े समय के लिए पंजे की सरकार आई, मतलब कांग्रेस की सरकार आई।

अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान  ने जनजाति कल्याण और गरीब कल्याण के लिए योजनायें शुरू की थी, कांग्रेस सरकार ने उन सभी योजनाओं को रोक दिया। हालांकि कांग्रेस की सरकार अपने ही क्रियाकलापों के कारण कुछ ही समय में खुद ही गिर गई और फिर से भाजपा की सरकार बनी। हमारी सरकार आते ही शिवराज जी ने उन सभी योजनाओं को फिर से शुरू किया।

अमित शाह ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान  की सरकार – मध्य प्रदेश की डबल इंजन वाली सरकार राज्य में गरीबों को हर सुख, सुविधा पहुंचाने में लगी है, उन्हें खुशहाल बनाने में लगी है।

मैं आज यहाँ मेडिकल कॉलेज भवन के उद्घाटन के लिए और आप लोगों के दर्शन के लिए आया हूँ। इसी वर्ष चुनाव होने वाला है। आगामी चुनाव में मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को फिर से बनाना है और यहाँ विकास की गति को और तेज करना है।

****************************

 

किसानों की समस्या को केवल नरेंद्र मोदी ने ही समझा: जेपी नड्डा

हनुमानगढ़ , 24 फरवरी ( एजेंसी)। राजस्थान के हनुमानगढ़ में सिख समाज द्वारा आयोजित ‘किसान संगत अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं। देश के किसानों के साथ लंबे समय तक छल हुआ। कई राजनीतिक लोग स्वयंभू किसान नेता बन गए। किसानों के लिए बड़े-बड़े नारे भी दिए, बातें की गई लेकिन किसानों की समस्या समझ कर उनके हित में योजनाओं को धरातल में लाने का कार्य केवल और केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है।

फसल बीमा तो पहले भी थी लेकिन बीमा कंपनियों से किसानों को केवल और केवल धोखा ही मिलता था। लड्ढा ने कहा कि  फसल क्षतिपूर्ति को लेकर किसानों के लगभग 1.20 करोड़ केस थे। नरेन्द्र मोदी सरकार ने उन सभी केसों का सेटलमेंट कराया। प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि के तहत हर साल देश के लगभग 11 करोड़ किसानों को छ:-छ: हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक एकाउंट में मिलती है। राजस्थान के भी लगभग 77 लाख किसान इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। अब तक 12 किस्तों में लगभग सवा दो लाख करोड़ रुपये किसानों के एकाउंट में पहुंचाए जा चुके हैं।

आप ही बताइये कि किस किसान नेता ने किसानों के लिए ये काम किये? किस प्रधानमंत्री ने किसानों के सम्मान की बात की? क्या कभी किसी किसान ने सोचा था कि उन्हें भी पेंशन मिलेगी? किसानों को मासिक पेंशन देने की व्यवस्था  नरेन्द्र मोदी सरकार ने की है। इस योजना से देश के लगभग 20 लाख किसान जुड़ चुके हैं। राजस्थान में लगभग 38,000 किसान इस योजना से जुड़े हैं। हालांकि ये संख्या कम है। मैं तो चाहूंगा कि यहाँ से लाखों किसान इस योजना से जुड़ें और इसका लाभ उठायें।

नड्डा ने कहा कि नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विगत साढ़े 8 वर्षों में किसानों के कल्याण के लिए उठाये गए क़दमों की विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  सतीश पूनिया, राजस्थान विधान सभा में उप-नेता  राजेंद्र राठौड़, राजस्थान की भाजपा प्रभारी  विजया राहटकर, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष सरदार अजय पाल सिंह, पूर्व मंत्री सरदार सुरेंद्र पाल सिंह, सरदार गुरचरण सिंह और सरदार कुलदीप सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित थे। नड्डा ने कहा कि ने कहा कि इस देश में आम नागरिकों के स्वास्थ्य की चिंता तक नहीं होती थी लेकिन आज मिट्टी के स्वास्थ्य की चिंता हो रही है।

देश में करोड़ों स्वायल हेल्थ कार्ड जारी किये गए हैं और किये जा रहे हैं। इसके माध्यम से देश में लगभग 93 प्रतिशत मिट्टी की जांच की जा चुकी है। पहले यूरिया और अन्य खाद ब्लैक किये जाते थे। यूरिया की किल्लत से किसान हमेशा परेशान रहते थे। यूरिया के लिए किसानों पर लाठीचार्ज होता था। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने नीमकोटेड यूरिया शुरू कर इसके ब्लैक मार्केटिंग पर अंकुश लगाया। अब किसानों को सही समय पर यूरिया मिलता है। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में कृषि क्षेत्र में आधारभूत संरचना के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया।

यहाँ के किसानों को भी इससे फायदा उठाना चाहिए। 2014 में कृषि का आम बजट महज 25 हजार करोड़ रुपये के आसपास था लेकिन नरेन्द्र मोदी सरकार में कृषि बजट लगभग पांच गुना बढ़ कर 1.25 लाख करोड़ रुपये हो गया है। प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के लिए लगभग 93,000 करोड़ रुपये आवंटित किये गए हैं ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके। 2014 में केवल दो मेगा फ़ूड पार्क थे, आज ये बढ़ कर 22 हो गए हैं। राजस्थान के रूपनगढ़ में मेगा फ़ूड पार्क का उद्घाटन हो चुका है। बीकानेर में भी मेगा फ़ूड पार्क जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा।

हमारी सरकार में लगभग 1,000 ई-मंडी बनायी गई है जिसमें लगभग 1.60 करोड़ किसान पंजीकृत हो चुके हैं। राजस्थान के भी लगभग 14 लाख किसान इसमें रजिस्टर्ड हैं। आज किसान अपने खेत से दुनिया के किसी भी जगह अपने उत्पादों को अच्छी कीमत पर भेज सकते हैं। जहां किसानों की ऊपज के अच्छे दाम मिलेंगे, वहां किसान अब अपने उत्पाद भेज कर बेच सकते हैं, ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है। मैं किसानों से आग्रह करता हूँ कि आप केवल पुरानी व्यवस्था पर भरोसा न करें, बल्कि आप ये देखें ई-मंडी और टेक्नोलॉजी से किस तरह आपको पता चल जाता है कि कहाँ आपकी ऊपज की कीमत कम है और कहा ज्यादा और आप इस आधार पर अपनी ऊपज अच्छी कीमत पर बेच सकते हैं।

इस साल आम बजट में कृषि शिक्षा एवं रिसर्च के लिए लगभग 1.25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। श्री नरेन्द्र मोदी सरकार किसानों के सशक्तिकरण के लिए कटिबद्ध है। नड्डा ने कहा कि हमारे सिख भाइयों ने देश की रक्षा के लिए जितना बलिदान दिया है, उसे देश कभी भी भूल नहीं सकता है। सिख गुरुओं ने हमें देश की रक्षा के लिए शिक्षा दी। दशम पिता गुरु गोबिंद सिंह सिंह जी ने देश के लिए शहादत दी। उनके वीर साहबजादों ने देश के लिए शहादत दी। अन्य सभी गुरुओं ने भी अपना सर्वोच्च बलिदान देकर देश को एक रखने का काम किया है और समाज को आगे बढऩे की प्रेरणा दी है।

देश के विकास में महान सिख गुरुओं के योगदान को हम कभी भूल नहीं सकते। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  के नेतृत्व में भाजपा को छोड़ कर सिख भाइयों के साथ लगभग सभी राजनीतिक दलों ने केवल और केवल राजनीति की। सिख भाइयों ने विवाह के मामले में कहा था कि क़ानून में बदलाव आना चाहिए। यह बात तो छोटी थी किंतु किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। प्रधानमंत्री ने इस पर ध्यान देकर क़ानून में बदलाव किया। पहले की सरकारों में और यहाँ तक कि 10 वर्षों तक एक सिख प्रधानमंत्री के काल में भी श्री श्री तख़्त हरमंदिर साहब के लंगर पर भी टैक्स लगता था। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  ने लंगर पर से टैक्स को ख़त्म कराया।

श्री श्री हरमंदिर साहिब को फॉरेन कंट्रीब्यूशन लेने का पहले कोई प्रावधान नहीं था लेकिन  प्रधानमंत्री  की प्रेरणा से एफसीआरए रजिस्ट्रेशन ग्रांट हुआ और अब श्री श्री हरमंदिर साहिब को विदेशी योगदान मिलना शुरू हो गया है। आजादी से लेकर 70 सालों तक डेरा नानक साहब और करतारपुर साहिब का दर्शन करने का अवसर हमारे सिख भाइयों को नहीं मिल पाया था, यह रास्ता अब तक नहीं मिल पाया था लेकिन  प्रधानमंत्री  की प्रेरणा से यह कॉरिडोर बन कर तैयार हुआ और सिख भाइयों को डेरा नानक साहब और करतारपुर साहिब का दर्शन करने का मार्ग प्रशस्त हुआ। नड्डा ने कहा कि गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के आयोजन पर लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च करके सुल्तानपुर लोधी शहर को विकसित किया गया और रेलवे स्टेशन को तैयार कराया गया।

सिख श्रद्धालुओं के लिए विशेष ट्रेन चलाई गई। गुरु गोविंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व को धूमधाम के साथ पूरे देश में मनाया गया। इसके लिए  नरेन्द्र मोदी सरकार ने 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था की। गुजरात के जामनगर में  प्रधानमंत्री  ने 750 बेड का एक अस्पताल सिख भाइयों को समर्पित किया। गुरबानी पर रिसर्च करने के लिए लगभग 67 करोड़ रुपये की लागत से गुरुनानक यूनिवर्सिटी में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंटरफेथ स्टडीज की भी शुरुआत की गई है। इतना ही नहीं, गुरबानी को देश की 15 भाषाओं में अनुवाद करके पढ़ाने का काम शुरू किया गया है। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  ने यूनेस्को में आग्रह किया है कि विदेशी भाषाओं में गुरबानी का अनुवाद होना चाहिए ताकि पूरी दुनिया इसे पढ़ कर प्रेरणा ले सके। नड्डा ने कहा कि  प्रधानमंत्री  की दृढ़ इच्छाशक्ति से ब्लैकलिस्ट से 314 नाम हटाये जा चुके हैं, अब उसमें केवल दो नाम रह गए हैं।

हमारे सिख भाइयों के आंसू बह-बह के सूख गए लेकिन कांग्रेस की सरकारें 1984 के दंगों के दोषियों को सजा नहीं दिलवा पाई।  प्रधानमंत्री  ने एसआईटी बनाई और दोषियों को सलाखों के पीछे डालने का कार्य किया। दंगा पीडि़त परिवारों की भी मदद  नरेन्द्र मोदी सरकार में की गई। स्वदेश दर्शन योजना विकसित की जा रही है। जालियांवाला बाग़ को विकसित कराया गया है। आखिर क्यों पहले की सरकारों ने इस दिशा में कोई पहल नहीं की? क्यों इसके लिए श्री नरेन्द्र मोदी जी का इंतजार करना पड़ा?

क्योंकि  प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी को सिख भाइयों के लिए दर्द है दिल में, प्यार है उनके प्रति। आखिर क्यों पहले की सरकारों को वीर बाल दिवस मनाने की याद नहीं आई? क्यों गुरु गोबिंद सिंह जी के शहजादों की शहादत याद नहीं आई? आज वीर बाल दिवस के दिन दुनिया बहादुर बलिदानी साहेबजादों को याद करती है, उनकी बहादुरी के इतिहास को याद करती है। नड्डा ने कहा कि आज रेलवे का बजट लगभग दौ गुना बढ़ गया है। एक समय राजस्थान में रेलवे के लिए बजट केवल 682 करोड़ रुपये होते थे, इस साल यह बढ़ कर 9,532 करोड़ रुपये हो गया है। देश के लगभग 1.72 लाख गांवों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा गया है जिसमें राजस्थान के भी लगभग 8770 गाँव हैं। यह परिवर्तन है। यह भारत के विकास की कहानी है।

नड्डा ने कहा कि राजस्थान में यह देख कर बहुत दु:ख होता है कि यहाँ चुनाव से पहले किसानों की कर्ज माफी के दावे तो कांग्रेस द्वारा बहुत किये गए लेकिन आज तक ये नहीं हुआ। कहाँ गई वो बातें? क्यों यहाँ किसानों के साथ कांग्रेस की सरकार ने छल किया? वहीं, दूसरी ओर,  प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  ने किसानों के खाते में केवल पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत लगभग सवा दो लाख रुपये पहुंचाए जा चुके हैं।

चुनाव आने पर लोग राजस्थान में जादूगरी करते हैं कि ये करूंगा, वो करूंगा लेकिन करते कुछ नहीं। इसलिए इनलोगों को आराम दीजिये और भाजपा को सेवा का अवसर दीजिये।

*****************************

 

सीडब्ल्यूसी का चुनाव नहीं होगा, खडग़े करेंगे नॉमिनेट

*कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन आरंभ*

रायपुर, 24 फरवरी (एजेंसी)। अखिल भारतीय कांग्रेस का राष्ट्रीय महा अधिवेशन शुरू हो गया है। राष्ट्रीय महा महाधिवेशन के पहले दिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के की मौजूदगी में स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई।

बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि सीडब्ल्यूसी का चुनाव नहीं होगा।सर्वसम्मति से तय किया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष सीडब्ल्यूसी नॉमिनेट करेंगे।

जयराम रमेश ने कहा कि ढाई घंटे चली कमेटी की बैठक में खुली बातचीत हुई। सभी सदस्यों ने अपनी बातें रखीं। कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षों को सीडब्ल्यूसी में प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि पार्टी के नेता, सभी पीसीसी डेलीगेट्स इसका समर्थन करेंगे।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी के स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में शामिल नहीं होने पर कहा कि बैठक में 45 सदस्य बैठे थे। गांधी परिवार से किसी तरह की जूम मीटिंग नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि प्लिनरी सेशन में पार्टी के संविधान में संशोधन के प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी। करीब 16 प्रावधानों में संशोधन और 32 नियमों में संशोधन पर प्लिनरी सेशन में चर्चा होगी। संशोधन में सबसे महत्वपूर्ण यह है कि दलित, आदिवासी, महिला, युवाओं का प्रतिनिधित्व पार्टी में निश्चित किया जा रहा है।

***************************

 

मोदी ने वैश्विक चुनौतियों से निपटने बहुपक्षीय विकास बैंकों को मजबूत करने का किया आह्वान

बेंगलुरु,24 फरवरी (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को उम्मीद जताई कि जी-20 भारतीय अर्थव्यवस्था की जीवंतता से प्रेरणा लेगा और वैश्विक परिदृश्य पर स्थिरता, भरोसा और वृद्धि को वापस लाने की दिशा में काम करेगा। वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों की जी-20 बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने अपने वीडियो संदेश में जलवायु परिवर्तन और उच्च ऋण स्तर जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बहुपक्षीय विकास बैंकों को मजबूत करने की आवश्यकता को रेखांकित किया।

वैश्विक अर्थव्यवस्था पर अभी भी महामारी के बाद के प्रभावों और व्यापक भू-राजनीतिक तनावों के असर का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि इन घटनाक्रमों ने कई देशों की वित्तीय व्यवहार्यता को खतरे में डाल दिया है। भारत की अध्यक्षता में आयोजित जी-20 के पहले बड़े कार्यक्रम में मोदी ने कहा, यह अब आप (जी-20 के सदस्य देशों) पर निर्भर करता है जो दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं और मौद्रिक प्रणालियों के संरक्षक हैं कि वे वैश्विक अर्थव्यवस्था में स्थिरता, भरोसा और वृद्धि वापस लाएं।

यह आसान काम नहीं है। भारत ने पिछले साल दिसंबर में विकसित और विकासशील देशों के समूह जी-20 की अध्यक्षता संभाली थी। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि प्रतिभागी भारतीय अर्थव्यवस्था की जीवंतता से प्रेरणा लेंगे। उन्होंने कहा, भारतीय उपभोक्ता और उत्पादक भविष्य को लेकर आशावादी और आश्वस्त हैं। हमें उम्मीद है कि आप वैश्विक अर्थव्यवस्था में उसी सकारात्मक भावना को प्रसारित करने में सक्षम होंगे। मोदी ने सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपनी चर्चा को दुनिया के सबसे कमजोर नागरिकों पर केंद्रित करें।

उन्होंने जोर देकर कहा कि वैश्विक आर्थिक नेतृत्व केवल एक समावेशी एजेंडा बनाकर फिर से दुनिया का भरोसा जीत सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा, हमारी जी-20 अध्यक्षता का विषय इस समावेशी दृष्टिकोण-एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य को बढ़ावा देता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्व की जनसंख्या आठ अरब को पार कर चुकी है लेकिन ऐसा लग रहा है कि सतत विकास लक्ष्यों को लेकर प्रगति धीमी पड़ रही है। उन्होंने कहा, हमें जलवायु परिवर्तन और उच्च ऋण स्तर जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बहुपक्षीय विकास बैंकों को मजबूत करने के लिए सामूहिक रूप से काम करने की आवश्यकता है।

वित्त की दुनिया में प्रौद्योगिकी के बढ़ते प्रभुत्व को रेखांकित करते हुए मोदी ने कहा कि कैसे डिजिटल भुगतान ने महामारी के दौरान संपर्क रहित और निर्बाध लेनदेन को सक्षम किया। उन्होंने जी-20 के सदस्य प्रतिभागियों से डिजिटल वित्त में अस्थिरता और दुरुपयोग के संभावित जोखिम को विनियमित करने के लिए मानकों को विकसित करते समय प्रौद्योगिकी की शक्ति का पता लगाने और उसका उपयोग करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अपने डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र में एक अत्यधिक सुरक्षित, भरोसेमंद और प्रभावी सार्वजनिक डिजिटल बुनियादी ढांचा बनाया है।

मोदी ने कहा, हमारे डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र को एक मुक्त सार्वजनिक वस्तु के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने रेखांकित किया कि इसने देश में शासन, वित्तीय समावेशन और जीवन की सुगमता को मौलिक रूप से बदल दिया है। यह देखते हुए कि बैठक भारत की प्रौद्योगिकी राजधानी बेंगलुरु में हो रही है, उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को प्रत्यक्ष अनुभव मिल सकता है कि भारतीय उपभोक्ताओं ने डिजिटल भुगतान को कैसे अपनाया है।

उन्होंने भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान बनाई गई नयी प्रणाली के बारे में भी बताया जो जी-20 मेहमानों को भारत के यूपीआई का उपयोग करने की अनुमति देता है। उन्होंने कहा, यूपीआई जैसे उदाहरण कई अन्य देशों के लिए भी आदर्श हो सकते हैं। हमें दुनिया के साथ अपने अनुभव साझा करने में खुशी होगी और जी-20 इसके लिए एक माध्यम हो सकता है।

भारत की अध्यक्षता में शुक्रवार से शुरू हुई पहली बड़ी जी-20 बैठक के दौरान वैश्विक ऋण कमजोरियों, यूरोप में चल रहे युद्ध से विश्व अर्थव्यवस्था के लिए जोखिम और महामारी के फिर उभरने की आशंकाओं के साथ-साथ आईएमएफ और विश्व बैंक सुधारों पर चर्चा की जाएगी। क्रिप्टो मुद्राओं के विनियमन के लिए वैश्विक ढांचे से संबंधित मुद्दे जिन पर गुरुवार को जी-20 देशों के वित्त और केंद्रीय बैंक के प्रतिनिधियों द्वारा पहले ही विचार-विमर्श किया जा चुका है, मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान भी उठ सकते हैं।

बैठक में जी-20 के सदस्यों के वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंकों के गवर्नर, आमंत्रित सदस्य और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख भाग लेंगे। कुल मिलाकर, बैठक में भाग लेने वाले 72 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल होगा। जी-20 की अध्यक्षता भारत ऐसे समय में कर रहा है जब वैश्विक अर्थव्यवस्था साल भर चले रूस-यूक्रेन युद्ध के प्रभाव से जूझ रही है।

*****************************

 

एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया

*तिरुवनंतपुरम में आपात स्थिति में उतरा*

तिरुवनंतपुरम (केरल),24 फरवरी (एजेंसी)। कालीकट से दम्मम जा रहे एअर इंडिया के एक विमान के पिछले हिस्से के उड़ान भरने के दौरान ‘संदिग्ध रूप से रनवे से टकरा जाने के बाद उसे यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। एअर इंडिया एक्सप्रेस उड़ान आईएक्स 385 दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर 168 यात्रियों के साथ तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी जिसके बाद हवाई अड्डा प्राधिकारियों ने पहले घोषित पूर्ण आपात स्थिति हटा दी।

एअर इंडिया ने कहा कि कालीकट हवाई अड्डे से उड़ान भरते हुए विमान का पिछला हिस्सा संदिग्ध रूप से टकरा गया जिसके कारण कोझीकोड-दम्मम उड़ान का मार्ग तिरुवनंतपुरम की ओर मोड़ दिया। एअरलाइन ने एक अन्य विमान से यात्रियों को दम्मम भेजने की व्यवस्था की। इस विमान के आज शाम को ही तिरुवनंतपुरम से उड़ान भरने की संभावना है। एअर इंडिया ने एक विज्ञप्ति में कहा, एअरलाइन कर्मी तिरुनवंतपुरम में यात्रियों की सभी आवश्यकताओं का ध्यान रख रहे हैं।

इस बीच, विमानन नियामक डीजीसीए ने कहा कि वह घटना की जांच करेगा। तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का प्रबंधन करने वाले अडाणी समूह ने कहा कि उन्होंने कालीकट पर घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद आपात स्थिति की घोषणा कर दी थी। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने कहा, शुरुआत में विमान को सुबह 11 बजकर तीन मिनट पर उतरना था लेकिन बाद में इसका समय बदलकर दोपहर 12 बजकर 15 मिनट कर दिया गया।

सुबह 11 बजकर 36 मिनट पर हमने हवाई अड्डे पर पूर्ण आपात स्थिति की घोषणा कर दी और सभी आपात सेवाओं को तैयार रहने को कहा। हवाई अड्डे पर सभी एम्बुलेंस और तीन क्रैश फायर टेंडर तैयार थे और आपात द्वार खुले थे। एहतियातन तौर पर नजदीकी अस्पतालों से एम्बुलेंस और पुलिसकर्मियों को लेकर तीन बस हवाई अड्डे पर पहुंची।

हवाई अड्डा प्राधिकरण ने कहा, बहरहाल, अन्य विमानों का संचालन सामान्य रहा। विमान एहतियात के तौर पर अतिरिक्त ईंधन को खपाने के लिए करीब ढाई घंटे तक हवा में चक्कर काटने के बाद दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर हवाई अड्डे पर उतरा। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने रनवे का निरीक्षण किया और बाद में आपात स्थिति का निर्देश वापस ले लिया।

****************************

 

85 प्रतिशत से अधिक पार्षदों ने किया मतदान

*एमसीडी स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव*

नयी दिल्ली,24 फरवरी (एजेंसी)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के छह सदस्यों के चयन के लिए नए सिरे से कराए जा रहे मतदान के दौरान शुक्रवार को अपराह्न दो बजे तक 250 पार्षदों में से 85 प्रतिशत से अधिक ने मतदान किया।

मतदान पूर्वाह्न करीब सवा 11 बजे आरंभ हुआ और अपराह्न दो बजे तक करीब 220 पार्षदों ने अपना वोट डाल दिया था। दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय के आदेश पर स्थायी समिति के छह सदस्यों के चुनाव के लिए शुक्रवार को नए सिरे से मतदान हुआ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए पुन: मतदान कराए जाने की मांग की थी।

‘आप के बागी नेता पवन सहरावत ने भी मतदान किया। इस बीच उनके पूर्व पार्टी सहयोगियों ने उनका मजाक उड़ाया और कई ने उन्हें ‘विश्वासघाती कहा। आप के सदन के नेता मुकेश गोयल, उप महापौर आले मोहम्मद इकबाल, महापौर के चुनाव में ओबेरॉय से हारने वाली भाजपा की पार्षद रेखा गुप्ता, दक्षिण दिल्ली के पूर्व महापौर कमलजीत सहरावत और ट्रांसजेंडर समुदाय के पहले पार्षद एवं आप सदस्य बोबी ने वोट डाला। सीलमपुर वार्ड से पार्षद शकीला बेगम ने भी मतदान किया।

स्थायी समिति के 6 सदस्यों के लिए सात प्रत्याशी मैदान में हैं। आप ने आमिल मलिक (श्री राम कॉलोनी वार्ड), रमिंदर कौर (फतेह नगर वार्ड), मोहिनी जीनवाल (सुंदर नगरी वार्ड) और सारिका चौधरी (दरियागंज वार्ड) को उम्मीदवार बनाया है।

कमलजीत सहरावत (द्वारका-बी वार्ड) और पंकज लूथरा (झिलमिल वार्ड) भाजपा की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। निर्दलीय पार्षद गजेंद्र सिंह दराल भी उम्मीदवार हैं। वह बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। ओबेरॉय ने बीच-बीच में पार्षदों को याद दिलाया कि मतदान केंद्र में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है। स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव कराने की एक और कोशिश करने के लिए एमसीडी की बैठक शुक्रवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे पुन: शुरू हुई।

इससे एक दिन पहले सदन की कार्यवाही आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पार्षदों के बीच झड़प और हंगामे के कारण दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई थी।

‘आप की नेता शैली ओबेरॉय को दिल्ली का नया महापौर चुने जाने के कुछ ही घंटों बाद एमसीडी के निर्णय लेने वाले सर्वोच्च निकाय- स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव कराने के लिए सदन की कार्यवाही बुधवार शाम सवा छह बजे शुरू हुई थी, लेकिन इस दौरान भाजपा सदस्यों के कड़े विरोध, ‘हाई-वोल्टेज ड्रामा, नारेबाजी और 12 से अधिक बार स्थगन के बाद महापौर ने इसे दिनभर के लिए स्थगित कर दिया था।

******************************

 

कांग्रेस ने पूर्वोत्तर के राज्यों को एटीएम की तरह इस्तेमाल किया, हम अष्टलक्ष्मी मानते हैं: मोदी

दीमापुर,24 फरवरी (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को दावा किया कि कांग्रेस पूर्वोत्तर को एटीएम की तरह इस्तेमाल करती थी जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) क्षेत्र के आठ राज्यों को ‘अष्टलक्ष्मी मानती है और यहां शांति एवं विकास के लिए काम कर रही है।

दीमापुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नगालैंड में स्थायी शांति लाने का प्रयास कर रहा है ताकि राज्य से सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम, 1958 को पूरी तरह से हटाया जा सके। उन्होंने कहा, ”देश अपने ही लोगों पर अविश्वास करके नहीं, बल्कि अपने लोगों का सम्मान करके और उनकी समस्याओं का समाधान करके चलता है।

पहले पूर्वोत्तर में विभाजन की राजनीति थी, अब हमने इसे दिव्य शासन में बदल दिया है। भाजपा धर्म और क्षेत्र के आधार पर लोगों के साथ भेदभाव नहीं करती है। कांग्रेस शासन के दौरान नगालैंड में राजनीतिक अस्थिरता का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि देश की सबसे पुरानी पार्टी ने पूर्वोत्तर को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल से नियंत्रित किया और दिल्ली से दीमापुर तक वंशवाद की राजनीति को प्राथमिकता देते हुए इसके विकास के लिए आवंटित धन की हेराफेरी की।

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भाजपा नीत राजग ने नगालैंड को चलाने के लिए तीन मंत्र अपनाए हैं- शांति, प्रगति और समृद्धि। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रौद्योगिकी का उपयोग करके भ्रष्टाचार में एक बड़ी सेंध लगाई है, जिसके परिणामस्वरूप दिल्ली से भेजा गया पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा किया जाता है।

********************************

 

वनोत्पाद से किसानों के स्वावलंबन को सुनिश्चित करने की दिशा में बढ़ते ठोस कदम

https://finaljustice.in/wp-content/uploads/2023/02/Untitled-video-Made-with-Clipchamp-2.mp3?_=1

*सिदो-कान्हू कृषि एवं वन उत्पाद संघ कृषि एवं वन उत्पाद के क्षेत्र में मजबूत ब्रांड बनाने की ओर अग्रसर*

*राज्य सरकार द्वारा पहली बार वनोत्पाद को बढ़ावा देने का हो रहा संगठित प्रयास*

रांची, 24.02.2023 (FJ) – वन उत्पाद के मामले में झारखण्ड पर प्रकृति की विशेष मेहरबानी है। लाह, तसर, शहद, ईमली, चिरौंजी, साल बीज, महुआ आदि झारखण्ड के वनों में प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। राज्य गठन के बाद से राज्य के किसानों को वन उत्पाद का सही मूल्य दिलवा पाना चुनौती का विषय बना हुआ था। लेकिन इस चुनौती को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने वीर शहीद सिद्दो-कान्हो के नाम से सिदो-कान्हू कृषि एवं वन उत्पाद संघ का निर्माण किया, जिसके तहत राज्य के सभी किसानों एवं वन उत्पाद संग्राहकों को संगठित करते हुए उनके विकास के कार्यों को आगे बढ़ाने की योजना तैयार की गयी है। ताकि वनोत्पाद के माध्यम से भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती हेतु नव ऊर्जा का संचार किया जा सके।

पैक्स लैंपस को किया जा रहा सशक्त, कार्यशाला का हो रहा आयोजन

किसानों के वनोपज को उचित मूल्य और बाजार उपलब्ध कराने के उदेश्य से सभी PACS/LAMPS को आधुनिक स्वरूप देने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश के तहत धरातल पर अब सकारात्मक प्रयास प्रारम्भ हुए हैं। इस कड़ी में सहकारिता के माध्यम से कृषि और वन उपज में आजीविका संवर्धन पर सभी जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत रांची से 17 फरवरी 2023 को की गयी। प्रत्येक जिले में कार्यशाला के आयोजन के बाद जल्द ही सभी PACS / LAMPS को जोड़ते हुए सदस्यता अभियान प्रारंभ किया जाएगा। राज्य भर में LAMPS/PACS के सदस्यों को उनकी कृषि और उपज के लिए प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान करने की योजना भी सरकार की है।

एक मजबूत ब्रांड को खड़ा करने का प्रयास

मुख्यमंत्री के निर्देश के तहत पलाश ब्रांड की ही तरह सिदो-कान्हू कृषि एवं वन उत्पाद संघ के विभिन्न उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की जिम्मेवारी निभाई जाएगी। इसका मूल उद्देश्य जिले के सभी लैम्प्स -पैक्स को उचित बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करना, क्षमता निर्माण, प्रसंस्करण और एक मजबूत ब्रांड को खड़ा करना है। सिदो-कान्हू कृषि एवं वन उत्पाद संघ में त्रिस्तरीय संरचना का गठन किया जा रहा है। पंचायत स्तर पर लैम्प्स -पैक्स, जिला स्तर पर संघ एवं राज्य स्तर पर महासंघ कार्य करेगा। पंचायत स्तरीय समिति उत्पादन एवं संग्रहण का जिम्मा एवं जिला स्तरीय संघ प्रसंस्करण की जिम्मेवारी निभाएगी। विभिन्न सुविधाओं से जोड़ते हुए वनोत्पाद के साथ आगे बढ़ने की जो परिकल्पना की गयी है, उससे प्रतीत होता है कि आने वाले दिनों में सिदो-कान्हू कृषि एवं वन उत्पाद संघ कृषि एवं वन उत्पाद के क्षेत्र में देश में अपनी एक अलग पहचान बनाने में सफल होगा।

*************************************

 

महिलाओं को पीरियड्स लीव की याचिका पर SC का जवाब, यह पॉलिसी मैटर- सरकार के आगे रखें मांग

नई दिल्ली 24 Feb, (एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में सभी कामकाजी महिलाओं और छात्रों को पीरियड्स लीव दिए जाने की मांग वाली जनहित याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह पॉलिसी मैटर है इसलिए याचिकाकर्ता को सरकार के पास जाना होगा और अपनी मांग के साथ ज्ञापन देना होगा।

सुप्रीम कोर्ट में यह जनहित याचिका दिल्ली के रहने वाले शैलेंद्र मणि त्रिपाठी की ओर से दायर की गई थी। याचिका में मातृत्व लाभ अधिनियम, 1961 की धारा 14 के अनुपालन के लिए केंद्र और सभी राज्यों को निर्देश देने की भी मांग की गई थी।

याचिकाकर्ता के अधिवक्ता विशाल तिवारी ने पिछले हफ्ते याचिका को तत्काल सूचीबद्ध करने की मांग की थी। याचिका में कहा गया था कि यूनाइटेड किंगडम, चीन, वेल्स, जापान, ताइवान, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, स्पेन और जाम्बिया जैसे देशों में पहले से ही किसी न किसी रूप में पीरियड्स लीव दिया जा रहा है।

******************************

 

अडानी ग्रुप को सुप्रीम झटका, मीडिया रिपोर्टिंग पर बैन की मांग वाली याचिका खारिज

नई दिल्ली 24 Feb, (Rns): संकटों का सामना कर रहे अडानी ग्रुप को सुप्रीम कोर्ट से भी झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने अडानी ग्रुप को लेकर आई हिंडनबर्ग रिपोर्ट से जुड़ी मीडिया कवरेज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। इस संबंध में दायर याचिका को खारिज करते हुए अदालत ने कहा कि हम मीडिया पर रोक नहीं लगा सकते। हम अपना फैसला सुनाएंगे।

वकील एमएल शर्मा ने याचिका दायर की थी। इसपर सुप्रीम कोर्ट ने कहा हम ऐसा कोई आदेश नहीं जारी करेंगे, जो मीडिया पर रोक लगाने संबंधी है। अडानी संबंधी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले भी सख्ती दिखाई थी। कोर्ट ने केंद्र के उस पेशकश को खारिज किया था, जिसमें सरकार ने जांच पैनल की रिपोर्ट सील्ड कवर में पेश की थी। अडानी ग्रुप की तरफ से एक और याचिका दायर है, जिसमें हिंडनबर्ग के खिलाफ एक जांच के आदेश देने की मांग की गई है।

अडानी ग्रुप की तरफ से याचिका दायर करने वाले वकील एमएल शर्मा ने कोर्ट में कहा कि मामले की रिपोर्टिंग करके मीडिया सेंशेसन पैदा कर रही है। केस की सुनवाई कर रहे चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि ‘वाजिब बात कीजिए, मीडिया रिपेर्टिंग पर रोक लगाने की बात मत कीजिए।’ चीफ जस्टिस ने यह भी कहा कि बेंच इस मामले में जल्द ही एक आदेश जारी करेगी।

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते चीफ जस्टिस की ही एक बेंच ने हिंडनबर्ग-अडानी मामले में इन्वेस्टर्स और स्टॉक मार्केट को सुरक्षित रखने के लिए एक एक्सपर्ट पैनल बनाने की मांग वाली याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा था।

इसी मामले में केंद्र सरकार ने एक सील्ड कवर में अपने सुझाव दिए था और कुछ नाम सुझाए थे, जिन्हें एक्सपर्ट पैनल में शामिल किया जा सकता था। सीजेआई की बेंच अडानी केस में कई याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई कर रही है, जिसमें दो याचिकाओं में हिंडनबर्ग के खिलाफ जांच के आदेश की मांग और दो याचिकाएं अडानी ग्रुप के खिलाफ जांच के आदेश की मांग के लिए दायर हैं।

*****************************

 

कश्मीर के बच्चे आठ दिवसीय भारत दर्शन दौरे पर, लूलू मॉल का किया दौरा

लखनऊ 24 Feb, (एजेंसी): श्रीनगर के एक सरकारी स्कूल के 23 बच्चे, जो आठ दिवसीय भारत दर्शन दौरे पर हैं, बड़ा इमामबाड़ा पहुंचे और बाद में लखनऊ के लूलू मॉल गए। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) फ्रंटियर यूनिट द्वारा आयोजित यात्रा चंडीगढ़ से उत्तर प्रदेश राज्य की राजधानी पहुंची।

बड़ा इमामबाड़ा का भूल भुलैया देख बच्चे चकित रह गए।

बाद में वे एक मॉल में गए, जहां उनका स्वागत लाल गुलाब से किया गया। मॉल के गेमिंग जोन में बच्चों ने खूब मस्ती की।

छात्रों ने राज्य मंत्री संजय गंगवार की उपस्थिति में लू लू फार्म फ्रेश के उद्घाटन समारोह में भी भाग लिया। उनके साथ उनके शारीरिक शिक्षा शिक्षक वकील अहमद भी थे।

उन्होंने कहा, ये बच्चे साधारण परिवारों से हैं। इस दौरे से पहले वे श्रीनगर से बाहर कभी नहीं गए थे। बच्चे अब ताजमहल देखने आगरा जाएंगे।

एसएसबी लखनऊ फ्रंटियर के डीआईजी महेश कुमार ने कहा कि बच्चों को दूसरे राज्यों की संस्कृति और पर्यटन स्थलों को दिखाना चाहिए।

उन्होंने कहा, मॉल में उन्हें बदलती तकनीक और बाजार से अवगत कराया गया। कुमार ने कहा कि ये बच्चे कश्मीर के उन इलाकों से आते हैं, जहां आतंकी घटनाएं होती हैं।

उन्होंने कहा, लेकिन अब कश्मीर में स्थिति बदल रही है। वे देश के हर शहर में जाकर और उनकी जीवन शैली देखकर खुद को मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

****************************

 

लखनऊ के क्रिकेटर से आईपीएल में ब्रेक दिलाने के नाम पर ठगी

लखनऊ 24 Feb, (एजेंसी): लखनऊ के क्रिकेट खिलाड़ी अभिलेख सिंह से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में ब्रेक दिलाने में मदद करने के नाम पर पांच लाख रुपए की ठगी की गई। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात के बाद गौतमपल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

लखनऊ के स्पोर्ट्स कॉलेज से पासआउट अभिलेख ने अपनी प्राथमिकी में कहा है कि 2019 में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में एक अभ्यास मैच के दौरान उसकी मुलाकात कृष्ण कुमार झा से हुई थी।

उसने पहले मुझे आईपीएल में खेलने का लालच दिया और 17 लाख रुपए की मांग की। मैंने इतनी बड़ी राशि का भुगतान करने में असमर्थता व्यक्त की। उसने मुझे एक राज्य के लिए खेलने के लिए 5 लाख रुपए के एक और सौदे में फंसाया।

किसी तरह, मैंने अपने माता-पिता से पैसे लेने में कामयाबी हासिल की और फिर चेक के माध्यम से भुगतान किया। मुझे प्रतीक्षा के लिए बोला गया और मैंने कुछ दिनों के लिए अरुणाचल प्रदेश में एक अतिरिक्त के रूप में डेरा डाला, लेकिन टीम में खेलने का मौका नहीं मिला, जो आईपीएल खेलने के लिए एक आवश्यकता है।

बाद में, जब पीड़ित को खेलने का कोई मौका नहीं मिला, तो उसने अपने पैसे वापस मांगे, जिस पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

एडिशनल डीसीपी, पुलिस मुख्यालय, अखिलेश सिंह ने कहा कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा, हमने आरोपी का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली है।

***************************

 

मथुरा जेल के कैदी तैयार कर रहे हर्बल गुलाल

मथुरा 24 Feb, (एजेंसी): मथुरा की जेल के कैदी ब्रज क्षेत्र की होली के लिए विशेष हर्बल गुलाल तैयार कर रहे हैं। मथुरा जिला जेल के छह कैदियों ने पर्यावरण के अनुकूल हर्बल रंग तैयार किए हैं।

एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार की पहल से भी कैदियों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली है।

कौशल विकास मिशन के माध्यम से प्रदेश भर की जेलों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

जेल में अरारोट पाउडर और सब्जियों की मदद से हर्बल गुलाल बनाया जा रहा है। इस कड़ी में पालक को पीसकर उसका हरा रंग निकाल कर तैयार किया जाता है। इसी तरह मेथी को पीसकर हल्का हरा रंग, चुकंदर को पीसकर लाल रंग, हल्दी पाउडर से पीला गुलाल तैयार किया जा रहा है। साथ ही इसमें खुशबू बरकरार रखने के लिए इत्र का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि जेल में हर साल क्विंटल में गुलाल तैयार किए जाते है।

*************************

मार्च आते ही गर्मी तोड़ेगी रिकॉर्ड, IMD का अलर्ट- 40 डिग्री तक जाएगा तापमान

नई दिल्ली 24 Feb, (एजेंसी):  भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले पांच दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री अधिक दर्ज किए जाने का अनुमान है। देश के कई हिस्सों में पहले से ही अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है जो आमतौर पर मार्च के पहले सप्ताह में दर्ज किया जाता है। इसने इस साल तीव्र गर्मी और लू को लेकर चिंताओं को बढ़ा दिया है।

आईएमडी ने कहा कि अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद पारा दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि मार्च के पहले पखवाड़े में उत्तर पश्चिमी भारत के एक या दो मौसम संबंधी उपखंडों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक तक बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने फरवरी में असामान्य रूप से गर्म मौसम के लिए कई कारकों को जिम्मेदार ठहराया है, जिसमें मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति प्राथमिक कारण है।

मजबूत पश्चिमी विक्षोभ वर्षा लाते हैं और तापमान को कम रखने में मदद करते हैं। सोमवार को उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पश्चिम भारत के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

****************************

 

पुलिस की वर्दी में आतंकी कर सकते हैं अयोध्या में राम मंदिर पर हमला, पुलिस ने बनाया अभेद्य किला

अयोध्या 24 Feb, (एजेंसी)- श्रीराम मंदिर पर आत्मघाती हमला होने की आशंकाएं बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच खबर आई है कि मंदिर परिसर को ‘नो-फ्लाइंग जोन’ घोषित करने की पूरी तैयारी हो चुकी है। इसके बाद ड्रोन, हवाई जहाज या चॉपर, कोई भी यहां से नहीं गुजर सकेगा। ऐसी सूचना है कि नया खतरा आत्मघाती हमले का है।

सूत्रों के अनुसार, मंदिर में ‘पुलिस और फौज’ की वर्दी में घुसकर हमला हो सकता है। ऐसे हमले में आतंकी पहले धमाका करते हैं और उसके बाद फायरिंग होती है। इस तरह के संभावित हमलों के मद्देनजर मंदिर परिसर की सुरक्षा को और ज्यादा पुख्ता बनाया जा रहा है।|

सूत्रों के हवाले से कुछ दिन पहले एक मीडिया रिपोर्ट सामने आई थी कि 2024 में मंदिर के तैयार होने से पहले राम जन्मभूमि पर हमला करना अब इन आतंकी संगठनों का प्रमुख टारगेट बन गया है।

इन आतंकवादी संगठनों की मंशा इस हमले की साजिश को अंजाम देने के साथ ही इसे एक बड़ी हिंदू-मुस्लिम सांप्रदायिक हिंसा के रूप में दुनिया के सामने पेश करने की भी है।

खुफिया सूत्रों का मानना है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की इस बारे में कुछ मजबूरियां भी सामने आई हैं. पाकिस्तान की आईएसआई कश्मीर में धारा- 370 को सफलता से हटाए जाने के बाद से हिंसा भड़काने में साफ तौर से विफल रही है।

****************************

 

अखिल भारतीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप आज से

नयी दिल्ली 24 फरवरी (एजेंसी)। कोरियाई सांस्कृतिक केंद्र भारत और कोरिया के राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने पर भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और कोरिया राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय के साथ मिलकर अखिल भारतीय अंतर साई ताइक्वांडो चैंपियनशिप की सह-मेजबानी करेगा जिसकी शुरुआत शुक्रवार को होगी।

दोनों देशों के बीच खेल विनिमय कार्यक्रम के रूप में होने वाला यह तीन दिवसीय आयोजन इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के केडी जाधव हॉल में होगा।

खेल मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस चैंपियनशिप की योजना कोरिया और भारत के बीच राजनयिक संबंधों के 50वें वर्ष को मनाने और ताइक्वांडो को पुनर्जीवित करने के लिये बनाई गई है। मंत्रालय ने कहा कि यह खेल दोनों देशों के बीच एक प्रमुख खेल आयोजन के रूप में भविष्य की नींव रखता है।

चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, भारत में कोरियाई राजदूत चांग जे बोक, उप मंत्री एवं कोरियाई विदेश मंत्रालय के सार्वजनिक कूटनीति के राजदूत ली सांग हवा और कोरिया राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय के चांसलर अहं योंग क्यू बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

तीन दिवसीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप प्रतियोगिता ‘पूमसे’ और ‘क्योरुगी’ सहित दो भागों में होगी। क्योरुगी डिवीजन को विश्व ताइक्वांडो महासंघ के प्रतियोगिता नियमों (खिलाडिय़ों की उम्र, वजन) के अनुसार विभाजित किया गया है जबकि पूमसे डिवीजन को केवल पुरुषों और महिलाओं के आधार पर विभाजित किया जायेगा।

भारतीय खेल प्राधिकरण के 79 क्षेत्रीय केंद्रों और क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्रों में पंजीकृत केवल विशिष्ट ताइक्वांडो खिलाड़ी ही क्योरुगी श्रेणी में भाग लेंगे। पूमसे श्रेणी आम जनता के लिये खुली रहेगी। कोई भी कुक्कीवोन-प्रमाणित ताइक्वांडो डैन प्रमाणपत्र के साथ भाग ले सकता है।

मंत्रालय के अनुसार, 10 क्योरूगी और दो पूमसे विजेता कोरियाई सरकार के समर्थन से कोरिया राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय का दौरा करेंगे और पुरस्कार के रूप में तीन सप्ताह के लिये सर्वश्रेष्ठ प्रोफेसरों के अधीन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

****************************

 

निगरानी समिति का कार्यकाल दो हफ्ते के लिए बढ़ाया गया

नयी दिल्ली 24 फरवरी (एजेंसी)। केंद्रीय खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती महासंघ पर लगे आरोपों की जांच के लिये गठित निगरानी समिति का कार्यकाल दो हफ्तों के लियेे बढ़ा दिया है।

मंत्रालय ने विज्ञप्ति में बताया कि निगरानी समिति ने अपनी रिपोर्ट जमा करने की आखिरी तिथि बढ़ाने का निवेदन किया था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। इस फैसले के आधार पर यह समिति कुश्ती महासंघ का दैनिक कामकाज भी जारी रखेगी।

गौरतलब है कि विश्व चैंपियनशिप मेडलिस्ट बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक सहित कई सुसज्जित पहलवानों ने जनवरी में कुश्ती महासंघ के विरुद्ध धरना प्रदर्शन करते हुए अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों के यौन उत्पीडऩ और जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन आरोप लगाये थे।

खेल मंत्रालय ने इन आरोपों की जांच के लिये 24 जनवरी को एमसी मैरीकॉम की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय निगरानी समिति का गठन किया और बृजभूषण को जांच पूरी होने तक अध्यक्ष पद से हटने के आदेश दिये गये थे। तत्कालीन सूूचना के अनुसार इस समिति को जांच पूरी करने के लिये एक महीने का समय दिया गया था।

मंत्रालय ने बयान में कहा था, निगरानी समिति विश्व चैंपियन मैरी कॉम की अध्यक्षता में होगी। उनके साथ, योगेश्वर दत्त, द्रोणाचार्य अवार्डी तृप्ति मुर्गुंडे, पूर्व टॉप्स सीईओ राजगोपालन और साई टीम की पूर्व कार्यकार अध्यक्ष राधिका श्रीमान समिति का हिस्सा होंगे।

मंत्रालय ने बाद में इस समिति में राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता बबीता फोगाट को भी शामिल किया। गौरतलब है कि मैरी कॉम और योगेश्वर दत्त को मामले की जांच के लिये भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) द्वारा गठित सात-सदस्यीय समिति का हिस्सा भी हैं।

****************************

 

सेमीफाइनल से चंद घंटे पहले टीम इंडिया को तगड़ा झटका, ये ऑलराउंडर बाहर; कप्तान पर भी संशय

नई दिल्ली 24 फरवरी (एजेंसी)। टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल से पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। टीम इंडिया को ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर के रूप में बड़ा झटका लगा है, जो टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। हालांकि, अच्छी बात ये है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट ने रिप्लेसमेंट मांग लिया है, जिसकी पुष्टि खुद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने कर दी है।

24 /20 इंटरनेशनल मैचों समेत कुल 47 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी स्नेह राणा को भारत की टीम में शामिल किया गया है। पूजा वस्त्राकर को ऊपरी श्वसन पथ के संक्रमण के कारण साउथ अफ्रीका में जारी टी20 विश्व कप 2023 से बाहर होना पड़ा है। उन्हीं के रिप्लेसमेंट के तौर पर स्नेह राणा भारत की फाइनल फिफ्टीन का हिस्सा होंगी।

भारतीय टीम को आज यानी 23 फरवरी 2023 को ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत और मौजूदा चैंपियन टीम के खिलाफ आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2023 का सेमीफाइनल मुकाबला खेलना है। पूजा वस्त्राकर लय में नजर आ रही थीं, लेकिन अब वे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। आईसीसी की इवेंट टेक्निकल कमिटी ने पूजा वस्त्राकर के रिप्लेसमेंट को अप्रूवल दिया है। ऐसे में स्नेह राणा सेमीफाइनल मैच में खेलने योग्य हो गई हैं।

कप्तान भी बीमार

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी बीमार बताई जा रही हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो हरमनप्रीत कौर और पूजा वस्त्राकर बुधवार की शाम को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हुई हैं। वस्त्राकर बाहर हो गई हैं, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर पर मैच से पहले फैसला लिया जाएगा। अगर वे पूरी तरह फिट नहीं होती हैं तो स्मृति मंधाना कप्तानी करती नजर आएंगी और भारतीय टीम में कई बदलाव देखने को मिलेंगे।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), यस्तिका भाटिया, हरलीन देओल, राजेश्वरी गायकवाड़, ऋचा घोष, शिखा पांडे, जेमिमा रोड्रिग्स, अंजलि सरवानी, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह, देविका वैद्य, पूजा वस्त्रकार, शैफाली वर्मा और राधा यादव।

********************

 

सीतारमण ने जी-20 वित्त मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं

बेंगलुरु 24 फरवरी (एजेंसी)।  वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज जी 20 बैठक से पहले अमेरिका और जापान सहित अन्य देशों के वित्त मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।

इस दौरान उन्होंने क्रिप्टोकरेंसी को विनियमित करने के लिए वैश्विक ढांचा बनाने, वैश्विक ऋण जोखिमों से निपटने के उपायों और बहुपक्षीय विकास बैंक को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की। जी20 देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की बैठक यहां कल से शुरू होगी। जी20 विकसित और विकासशील देशों का एक समूह है।

श्रीमती सीतारमण इस दो दिवसीय बैठक में भाग लेने के लिए यहां आई हैं। उन्होंने अब तक अमेरिकी वित्त मंत्री जेनेट येलेन, जापान के वित्त मंत्री शुनिची सुजुकी और इटली के वित्त मंत्री जियानकार्लो जियोरगेट्टी के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें की हैं। उनकी ऐसी 10 से अधिक बैठकें हुयी है।

वित्त मंत्री ने सुश्री येलन के साथ अपनी बैठक में क्रिप्टोकरेंसी को विनियमित करने और बहुपक्षीय विकास बैंकों को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की। वित्त मंत्रालय ने बैठक के बाद ट्वीट किया, दोनों नेताओं ने 2023 में जी20 की भारत की अध्यक्षता के तहत वित्तीय प्राथमिकताओं पर विचार विमर्श किया।

उन्होंने बहुपक्षीय विकास बैंकों को मजबूत करने, वैश्विक ऋण की कमजोरियों, क्रिप्टोसंपत्तियों को विनियमित करने और स्वास्थ्य को मजबूत करने के अलावा ‘जस्ट एनर्जी ट्रांजिशन पार्टनरशिपÓ (जेईटीपी) पर चर्चा की।

एक अलग ट्वीट में मंत्रालय ने कहा कि श्रीमती सीतारमण ने अपनी जापानी समकक्ष के साथ ‘जी20 वित्त ट्रैक 2023Ó के तहत प्राथमिकताओं पर चर्चा की। मंत्रालय ने कहा कि इटली के वित्त मंत्री ने बैठक के दौरान 2023 में भारत की सफल अध्यक्षता के लिए अपना पूरा समर्थन देने की बात कही।

मंत्रालय के अनुसार श्रीमती सीतारमण ने नेपाल के उप प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री विष्णु प्रसाद पौडेल, ब्रिटेन के वित्त मंत्री जेरेमी हंट, यूरोपीय आयोग के आयुक्त पाओलो गेंटिलोनी, बैंक फार इंटरनेशनल सेटेलमेंट के महा प्रबंधक ऑस्टिन कास्टेंस, इंडोनेशिया की वित्त मंत्री श्रीमुलयानी इंद्रावती, स्पेन की उप राष्ट्रपति एवं आर्थिक मामलों व डिजिटल ट्रांसफोर्मेंसन मंत्री नाडिया काल्विनो, अर्जेंटिना के आर्थिक मामलों के मंत्री ला सेरगिओ टाम्स के साथ द्विपक्षीय बैंठकें भी की है।

************************************

 

शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला जारी

मुंबई 24 फरवरी (एजेंसी)। वैश्विक बाजार के कमजोर रुख के साथ ही स्थानीय स्तर पर फरवरी माह के वायदा सौदा निपटान को लेकर यूटिलिटीज, पावर, रियल्टी, कैपिटल गुड्स और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स समेत चौदह समूहों में हुई बिकवाली से आज शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन भी गिरावट रही।

बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 139.18 अंक का गोता लगाकर 59605.80 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 43.05 अंक उतरकर 17511.25 अंक पर आ गया। इस दौरान बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली कंपनियों में बिकवाली हुई वहीं छोटी कंपनियों में तेजी का रुख रहा, जिससे मिडकैप 0.40 प्रतिशत टूटकर 24,220.34 अंक रहा जबकि स्मॉलकैप 0.06 प्रतिशत की बढ़त लेकर 27,626.56 अंक हो गया।

इस दौरान बीएसई में कुल 3599 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1861 में गिरावट जबकि 1584 में तेजी रही वहीं 154 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में 26 कंपनियों में बिकवाली जबकि शेष 24 में लिवाली हुई।

बीएसई के 14 समूहों में गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान कमोडिटीज 0.07, सीडी 0.37, ऊर्जा 0.03, वित्तीय सेवाएं 0.11, हेल्थकेयर 0.20, इंडस्ट्रियल्स 0.59, आईटी 0.09, दूरसंचार 0.30, यूटिलिटीज 1.29, कैपिटल गुड्स 0.84, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.95, पावर 1.19, रियल्टी 1.60 और टेक समूह के शेयर 0.37 प्रतिशत गिर गए।

विदेशी बाजारों का रुख नकारात्मक रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.39, जापान का निक्केई 1.34, हांगकांग का हैंगसेंग 0.35 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.11 प्रतिशत उतर गया जबकि जर्मनी के डैक्स में 0.35 प्रतिशत की बढ़त रही।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 33 अंक बढ़कर 59,777.64 अंक पर खुला लेकिन भारी बिकवाली के दबाव में थोड़ी देर बाद ही 59,406.31 अंक के निचले स्तर तक लुढ़क गया। वहीं लिवाली होने से यह दोपहर से पहले 59,960.04 अंक के उच्चतम स्तर पर भी रहा। इसके बाद उतार-चढ़ाव से गुजरता हुआ अंत में यह पिछले दिवस के 59,744.98 अंक के मुकाबले 0.23 प्रतिशत गिरकर 59,605.80 अंक पर आ गया।

इसी तरह निफ्टी भी 20 अंक की बढ़त लेकर 17,574.65 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 17,455.40 अंक के निचले जबकि 17,620.05 अंक के उच्चतम स्तर पर भी रहा। अंत में पिछले दिवस के 17,554.30 अंक की तुलना में 0.25 प्रतिशत टूटकर 17,511.25 अंक पर रहा।

इस दौरान सेंसेक्स की नुकसान उठाने वाली कंपनियों में एशियन पेंट 3.20, एलटी 1.40, इंडसइंड बैंक 1.30, भारती एयरटेल 1.29, टाइटन 1.23, बजाज फिनसर्व 1.01, इंफोसिस 0.71, एचडीएफसी बैंक 0.69, पावरग्रिड 0.61, एचडीएफसी 0.48, रिलायंस 0.48, एनटीपीसी 0.41, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.39, विप्रो 0.32, अल्ट्रासिमको 0.32, हिंदुस्तान यूनीलीवर 0.25 और नेस्ले इंडिया 0.11 प्रतिशत शामिल है।

वहीं, मुनाफा कमाने वाली कंपनियों में एक्सिस बैंक 1.44, आईटीसी 0.98, एसबीआई 0.86, टाटा मोटर्स 0.86, टाटा स्टील 0.67, सन फार्मा 0.52, मारुति 0.42, टीसीएस 0.40, कोटक बैंक 0.38, एचसीएल टेक 0.38, टेक महिंद्रा 0.24, आईसीआईसीआई बैंक 0.21 और बजाज फाइनेंस 0.07 प्रतिशत शामिल रही।

***********************

 

कृत्रिम हीरा प्रौद्योगिकी पर अनुसंधान के लिए आईआईटी मद्रास को 243 करोड़ रु का अनुदान

नयी दिल्ली 24 फरवरी (एजेंसी)।  प्रयोगशाला में उत्पन्न हीरों (एलडीजी) के कारोबार और निर्यात प्रोत्साहित करने के लिए इस बार के बजट में प्रस्तावित योजना के तहत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-मद्रास (आईआईटी-मद्रास) को शोध केंद्र विकसित करने के लिए 242.96 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार अनुदान की यह राशि पांच वर्ष में दी जाएगी । इससे आईआईटी मद्रास में भारतीय प्रयोगशाला उत्पन्न हीरा केंद्र (इनसेंट-एलडीजी) स्थापित किया जाएगा।

सरकार और रत्न-आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की संयुक्त समिति द्वारा आईआईटी-मद्रास की क्षमता के आकलन के बाद वहां लैब उत्पन्न हीरा प्रौद्योगिकी विकास केंद्र स्थापित किए जाने का निर्णय किया गया है।

इस संबंध में वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल की अध्यक्षता में परियोजना आकलन समिति की सिफिरिश को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंजूरी दी।

इस माह में शुरू में प्रस्तुत वर्ष 2023-24 के बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एलजीडी मशीनरी, सीड तथा सामग्री के घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहन देने देश के किसी एक आईआईआई को इस क्षेत्र में अनुसंधान केंद्र स्थापित करने के लिए अनुदान दिए जाने की घोषणा की थी।

मंत्रालय ने कहा है कि इस परियोजना का उद्येश्य घरेलू उद्योगों और उद्यमियों को मिशन के रूप में प्रौद्योगिकी केमिकल वेपर डिपॉजिशन (रासायनिक वाष्प निक्षेप) वीसीडी और हाई प्रेसर एंड हाई टेम्प्रेचर (उच्च दाब एवं उच्च ताप) एचपीएचटी -दोनों प्रकार की प्रणालियों के साथ साथ एलजीडी हीरे के लिए सामग्री के देश में ही विकास के माध्यम से घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहित करना है।

*****************************

भोजपुरी फिल्म ‘प्यार भईल हिंदुस्तान से’ प्रदर्शन के लिए तैयार 

24.02.2023 – आशुतोष इंटरप्राइजेज की नवीनतम प्रस्तुति भोजपुरी फिल्म ‘प्यार भईल हिंदुस्तान से’ अब बहुत जल्द ही सिनेदर्शकों तक पहुँचने वाली है। प्रदर्शन के लिए तैयार इस भोजपुरी फिल्म का फर्स्ट लुक पिछले दिनों जारी किया जा चुका है।

फिल्म के फर्स्ट लुक और टाइटल से यह प्रतीत होता है कि फिल्म देशभक्ति से प्रेरित है जिसमें एक अनोखी प्रेम कथा भी शामिल है। मुन्ना दुबे के गीत संगीत से सजी इस फिल्म के लेखक अनिल विश्वकर्मा, एक्शन डायरेक्टर जनक व शंकर, कैमरामैन महेन्द्र थापा, आर्ट डायरेक्टर राम बाबु ठाकुर, एडिटर  राजेश शाह, नृत्य निर्देशक अशोक मईती और कार्यकारी निर्माता राजीव रंजन कुमार व प्रियरंजन कुमार यादव हैं। इस फिल्म के मुख्य कलाकार विराज भट्ट ,गुंजन पंत, प्राची सिंह, बृजेश त्रिपाठी, गिरीश शर्मा और हेमंत बिरजे आदि हैं। संजय कुमार यादव द्वारा निर्मित और गोपाल पाठक द्वारा निर्देशित इस फिल्म की शूटिंग नेपाल में हुई है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***********************

 

मार्क एंटनी के सेट पर बाल-बाल बचे कलाकार

24.02.2023  (एजेंसी)  –  तमिल अभिनेता विशाल अपनी फिल्म मार्क एंटनी की शूटिंग के दौरान बाल-बाल बच गए। यह तब हुआ जब सेट पर एक ट्रक नियंत्रण खो बैठा और अभिनेता और उनके सह-अभिनेताओं की ओर बढ़ गया।

ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने के कगार पर था, जहां विशाल सहित अभिनेता मौजूद थे। गनीमत रही कि उनमें से हर एक बाल-बाल बच गया।योजना के अनुसार, ट्रक को एक दीवार से टकराना था और फिर रुकना था, लेकिन दीवार गिर गई और ट्रक नियंत्रण खो बैठा और उस क्षेत्र की ओर बढ़ गया जहां कलाकार मौजूद थे।

विशाल ने अपने ट्वीट में कहा, बस कुछ सेकंड और कुछ इंच से मेरी जान बची, ईश्वर को धन्यवाद। इस घटना के बाद मैंने शूटिंग में वापसी की।अधिक रविचंद्रन द्वारा निर्देशित फिल्म में एसजे सूर्या ने एक शानदार भूमिका निभाई है, जिसके बारे में अभी जानकारी नहीं दी गई है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध स्टंट निर्देशक पीटर हेन, ढिलिप सुब्बारायण, कमल कन्नन और रवि वर्मा के साथ मिलकर एक्शन सीन कर रहे हैं।विशाल और एसजे सूर्या के अलावा, कलाकारों में अभिनय, रितु वर्मा और सुनील वर्मा शामिल हैं।

***************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version