चर्चाओं के बीच : नवोदित अभिनेत्री शुभ पांडेय

*बचपन से ही अभिनय में रुचि रखने वाली अभिनेत्री*

17.12.2022 –  – शुभ पांडेय ने अपना फिल्मी सफर 2016 में शुरू किया था। बॉलीवुड में संघर्ष के दौरान ही उन्हें एक साउथ की फिल्म मिली परंतु उस फिल्म से कोई खास फायदा नहीं हुआ परंतु साउथ फिल्म इंडस्ट्री को करीब से समझने का पूरा मौका मिला। इसी दरम्यान कुछ रीजनल फिल्म मेकरों के साथ संपर्क हुआ और शुभ ने मुम्बई लौट कर संघर्ष का सिलसिला जारी रखा। अब लंबे अंतराल के बाद

चर्चाओं के बीच : नवोदित अभिनेत्री शुभ पांडेय
https://finaljustice.in/among-the-discussions-debutant-actress-shubh-pandey/

गोरखपुर (उत्तरप्रदेश) की मूल निवासी अभिनेत्री शुभ पांडेय को एक पंजाबी म्यूजिक वीडियो के लिए अनुबंधित किया गया है जिसकी शूटिंग बहुत जल्द ही शुरू होने वाली है। इस म्यूजिक वीडियो के लिए सिलेक्ट

किये जाने के बाद से शुभ की चर्चा सर्वत्र होने लगी है। एक बड़े बैनर की फिल्म के लिए भी उनको अनुबंधित किया जाएगा बॉलीवुड में ऐसी चर्चा फिलवक्त हो रही है।

अंग प्रदर्शन की बढ़ते प्रचलन के सवाल पर वो कहती हैं ” यदि कहानी की मांग हो तो अंग प्रदर्शन में कोई बुराई नहीं है…।”

अभिनेत्री विद्या बालन और कैटरीना कैफ को अपना आदर्श मनाने वाली बेबाक और हसीन नवोदित अदाकारा शुभ पांडेय को फिल्में देखना, किताबें पढ़ना पसंद है। वह मुंशी प्रेमचंद की किताब ज्यादा पढ़ती हैं। इसके अलावा कुकिंग, योग, जिम में भी विशेष रुचि रखती हैं। फिलहाल वह एक्टिंग गुरु किशोर नमित कपूर के क्लास से ऑनलाइन जुड़ी हैं और रेगुलर क्लास भी शुरू करने वाली हैं। शुभ एक्टिंग के अलावा सोशल वर्क भी करना चाहती हैं। एक एनजीओ के माध्यम से वह अपने मन में सड़क पर रहने वाले बच्चों के लिए कुछ करने की ठानी है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

अमित शाह के सामने बीएसएफ अधिकारियों से बहस करने लगीं मुख्यमंत्री

कोलकाता ,17 दिसंबर(एजेंसी)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा वाले राज्यों की भी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ सीमा पार अपराधों की जांच करने की समान जिम्मेदारी है। उन्होंने पश्चिम बंगाल राज्य सचिवालय नबन्ना में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की।

बैठक में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और झारखंड के उनके समकक्ष हेमंत सोरेन और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भाग लिया। बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीएसएफ अधिकारियों के बीच बहस हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। ममता बीएसएफ को बॉर्डर के 50 किलोमीटर अंदर तक कार्रवाई के अधिकार देने से नाराज हैं।

ममता का कहना है कि इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। दरअसल केंद्र सरकार ने नए कानून के तहत क्चस्स्न को इंटरनेशनल बॉर्डर से 50 किलोमीटर तक के इलाके में कार्रवाई करने का अधिकार दिया है। इसके लिए मजिस्ट्रेट के आदेश या वारंट की जरूरत नहीं होगी। इससे पहले बीएसएफ 15 किमी अंदर तक ही कार्रवाई कर सकती थी।

ममता इसी बदलाव से नाराज हैं। उनका कहना है कि इससे आम लोग परेशान हो रहे हैं। बीएसएफ के पास ज्यादा पॉवर है, जो लोगों और अफसरों के बीच तालमेल नहीं बनने देता।

सचिवालय के सूत्रों ने कहा कि शाह ने कुछ राज्य सरकारों के इस तर्क को मानने से इनकार कर दिया कि बीएसएफ की लापरवाही के कारण अवैध घुसपैठ और तस्करी जैसे अपराध हो रहे हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक बैठक में शामिल नहीं हुए। उनके मंत्रिमंडल के दो सदस्य शामिल हुए।

केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। केंद्रीय गृह मंत्री ने दावा किया कि केंद्र आंतरिक सुरक्षा के मामले को सरकार गंभीरता से ले रही है। इस बिंदु पर उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों के बीच एक सहज समन्वय पर जोर दिया।

उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले शासन द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर कुछ खामियां थीं, जिन्हें वर्तमान केंद्र सरकार हल करने की कोशिश कर रही है। बैठक में उठाया गया एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा रेलवे भूमि का अतिक्रमण था। रेलवे बोर्ड के सदस्य (कार्य) बृजेश कुमार ने इस मुद्दे को उठाया और रेलवे भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए संबंधित राज्य सरकार से सहयोग मांगा।

हालांकि राज्य सचिवालय के सूत्रों ने कहा कि जब शाह ने राज्य सरकार पर इस गिनती पर कार्रवाई करने पर जोर दिया, तो ममता बनर्जी ने जोर देकर कहा कि भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना उचित मुआवजे और पुनर्वास के साथ संभव नहीं होगा।

************************************

 

राहुल गांधी कांग्रेस के लिए समस्या, देश के लिए शर्मिंदगी- रिजिजू

तवांग ,17 दिसंबर(एजेंसी)। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू शनिवार सुबह अरुणाचल प्रदेश के तवांग पहुंचे। वहां से उन्होंने भारतीय जवानों के साथ फोटो पोस्ट करते हुए लिखा कि हमारे सैनिक यहां पूरी तरह मुस्तैद हैं और तवांग पूरी तरह सुरक्षित है। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा, वह न केवल कांग्रेस के लिए एक समस्या है, बल्कि वह देश के लिए एक बड़ी शर्मिंदगी बन गए हैं।

वहीं, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के चीन को लेकर दिए गए बयान को लेकर आज कहा कि उन्हें पहले वर्ष 1962 की स्थिति देखनी चाहिए, इसके बाद बात करनी चाहिए, आज देश की ओर कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता है। चौहान ने यहां मीडिया द्वारा राहुल गांधी के चीन को लेकर दिए गए बयान को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में यह बात कही।

उन्होंने कहा कि वे राहुल गांधी से पूछना चाहते हैं कि वह वर्ष 1962 याद कर लें, तब देश की हालत क्या थी। चीन ने देश के कितने भू भाग पर कब्जा कर लिया था। जब राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री थे, तब हमें दुनिया के पिद्दी पिद्दी से देश डराते थे।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने शनिवार को इस बात पर हैरानी जताई कि चीन देश के भीतर घुस आया है और सीमा पर रणनीतिक महत्व के क्षेत्रों में निर्माण कार्य कर रहा है लेकिन सरकार इस बारे में चर्चा कराने को तैयार नहीं है।

खडग़े ने कहा कि पूर्वोत्तर की सीमा पर रणनीतिक महत्व के इलाकों में चीन जिस तरह से अपनी गतिविधियां चला रहा है वह देश की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है और सरकार को इस बारे में देश के साथ विचार विमर्श करना चाहिए।उन्होंने ट्वीट किया जम्फेरि रिज’ तक चीन का ढांचागत निर्माण का कार्य भारत के रणनीतिक ‘सिलीगुड़ी कॉरिडोर’ को खतरे में डाल रहा है  पूर्वोत्तर राज्यों का प्रवेश द्वार। यह हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अत्यंत चिंता का विषय है। नरेंद्र मोदी जी, देश में कब होगी. . चीन पर पर चर्चा।

*********************************

 

ट्रेन में ढाई साल की बेटी के लिए पेरेंट्स ने मंगाया आमलेट, निकला कॉकरोच

नई दिल्ली ,17 दिसंबर(एजेंसी)। राजधानी एक्सप्रेस रेलवे की सबसे भरोसेमंद मानी जाने वाली ट्रेन है, लेकिन इस ट्रेन के भी कैटरिंग डिपार्टमेंट की गलती ने रेलवे को फिर से सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। मामले के मुताबिक दिल्ली से मुंबई जा रही राजधानी एक्सप्रेस में एक ढाई साल की बच्ची के लिए उसके परिजनों ने एक आमलेट मंगवाया था। उस आमलेट में एक कॉकरोच निकला।

जिसकी फोटो लेकर परिजनों ने उसे रेलवे मंत्रालय समेत प्रधानमंत्री कार्यालय को भी टैग करते हुए ट्वीट कर दिया। जिस पर रेलवे सेवा ने यात्री से उसका पीएनआर नंबर और उसका मोबाइल नंबर सीधे मैसेज करने को कहा और यह भी लिखा कि असुविधा के लिए खेद है। योगेश मोरे नाम के एक व्यक्ति ने अपने ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट प्रधानमंत्री कार्यालय और रेलवे को ट्वीट करते हुए कुछ फोटो शेयर की है, जिसमें उसने लिखा है कि 16 दिसंबर 2022, मैं दिल्ली से ट्रेन नंबर 22222 से यात्रा कर रहा था। सुबह में हमने अपनी ढाई साल की बच्ची के लिए एक एक्स्ट्रा ऑमलेट आर्डर किया और जब ऑमलेट आया तो उसमें एक कॉकरोच मरा हुआ पड़ा था, जिसकी कंप्लेन हमने ट्रेन में भी की। उसने यह भी लिखा है कि अगर उसकी ढाई साल की बेटी को कुछ हो जाता तो उसके लिए कौन जिम्मेदार होता।

उसके इस ट्वीट के जवाब में रेलवे सेवा ने लिखा है असुविधा के लिए खेद है। सर, कृपया अपना पीएनआर नंबर और मोबाइल नंबर डायरेक्ट मैसेज करें। आईआरसीटीसी ऑफिशल। फिलहाल यह ट्वीट वायरल हो रहा है और इस पर तरह-तरह के कमेंट सोशल मीडिया पर किए जा रहे हैं।

*******************************

 

12वीं की स्टूडेंट बनी मां, गर्ल्स हॉस्टल में दिया बच्चे को जन्म

चिक्कमगलुरु ,17 दिसंबर(एजेंसी)। सरकार द्वारा संचालित गर्ल्स हॉस्टल में 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया है। कई संगठनों ने हॉस्टल वार्डन और जिला समाज कल्याण अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अन्य संगठनों का आरोप है कि यह घटना एक छात्रावास में हुई है, जहां लगभग 200 छात्राएं रहती हैं। सूत्रों के मुताबिक समाज कल्याण अधिकारी ने दावा किया कि युवती ने अपने पेट पर कपड़े लपेट रखा था, इसलिए गर्भावस्था की पहचान नहीं पाईं।

पुलिस ने इस संबंध में पॉक्सो का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरकार द्वारा संचालित छात्रावासों में लड़कियों की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कार्यकर्ताओं ने पूछा कि इन परिस्थितियों में माता-पिता अपने बच्चों को सरकारी छात्रावासों में कैसे भेज सकते हैं। उन्होंने कहा, हर तीन महीने में एक बार लड़कियों के स्वास्थ्य की स्थिति की जांच की जानी चाहिए।

यदि अधिकारियों ने इस नियम का पालन किया होता तो यह घटना बहुत पहले ही सामने आ जाती। इसके बजाय अधिकारियों ने छात्रावास में प्रसव की सुविधा दी।

संगठनों ने समाज कल्याण अधिकारी और छात्रावास वार्डन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने दोनों को बर्खास्त करने की मांग की।

****************************

 

भतीजे की हैवानियत, ताई की हथौड़ा मारकर हत्या

*शव के 10 टुकड़े कर इस तरह लगाया ठिकाने*

जयपुर 17 Dec, (एजेंसी): जयपुर के विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में श्रद्धा हत्याकांड जैसा मामला सामने आया हैं। यहां एक सनकी भतीजे ने अपनी ताई की हत्या कर दी और लाश को ठिकाने लगाने के लिए उसके कई टुकड़े कर दिए। किचन में टुकड़े किए और मौका देखकर शव के टुकड़े जंगल में फेंकता रहा। आरोपी ने लाश को तो ठिकाने लगा दिया लेकिन जब किचन में खून के दाग धो रहा था तो वहां मृतका की बेटी पहुंच गई। उसने पुलिस को इसकी सूचना दी और पुलिस ने मौके पर पहुंच हत्यारे अनुज को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने जब अनुज से पूछताछ की तो पुलिस भी चौंक गई। अनुज ने पुलिस को बताया कि वह ताई को पसंद करता था, लेकिन ताई का बार बार टोकना उसे जरा भी पसंद नहीं था। इस बारे में कई बार झगड़ा भी हो जाया करता था। अनुज ने पुलिस को बताया कि वह रोज-रोज की चिक-चिक से परेशान था और मौका तलाश रहा था। दस दिसम्बर को विवाद हुआ और उसके बाद ग्यारह दिसम्बर को मौका देखकर उसने अपनी ताई की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए श्रृद्धा हत्याकांड वाला तरीका अपनाया।

पुलिस ने बताया कि श्रद्धा हत्याकांड के बाद हुए इस मर्डर में आरोपी ने वही पैटर्न अपनाया है जो आफताब ने अपनाया था। पुलिस टीम को छानबीन में जंगल से शव के टुकड़े बरामद हुए हैं। जयपुर के विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में हुई इस दिल दहलाने वाली वारदात को के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की थी। शुरुआती जांच में पुलिस को मर्डर में किसी सगे संबंधी का हाथ होने की आशंका थी।

पुलिस जानकारी के अनुसार मृतक महिला के भतीजे अनुज ने हत्या के बाद अपनी ताई के शव के 10 टुकड़े कर दिए और उन्हें दिल्ली रोड के जंगलों में फेंक दिया। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पहले ताई के सिर पर हथौडे से वार किया और उसकी हत्या कर दी जिसके बाद चेहरे को भी हथौड़े से खराब कर दिया ताकि कोई पहचान न हो सके। फिर लाश के टुकड़े-टुकड़े करके आरोपी ने दिल्ली रोड जंगलों में अलग-अलग जगह ठिकाने लगा दिया।

**************************************

 

राजकोट में रेप पीडि़ता पर हमला, शिकायत वापस लेने को कहा

राजकोट ,17 दिसंबर(एजेंसी)। राजकोट में 37 वर्षीय बलात्कार पीडि़ता पर कथित तौर पर चाकू से हमला करने के एक दिन बाद पुलिस ने शनिवार को घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वारल होने के बाद तीनों बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की बात कही है। पीडि़ता के अनुसार, उसके पति ने इस साल फरवरी में अजीत सिंह चावड़ा नाम के एक निजी फाइनेंसर और उसके बिजनेस पार्टनर से 50,000 रुपये उधार लिए थे। पीडि़ता का पति, जो एक ऑटो-रिक्शा चालक है, ऋण राशि चुकाने में विफल रहने के बाद, चावड़ा को ब्याज के रूप में प्रतिदिन 1,500 रुपये देने के लिए कहा।

पीडि़ता ने आरोप लगाया कि जब उसका पति ब्याज का भुगतान करने में विफल रहा, तो चावड़ा उनके घर में घुस गया, उसके साथ बलात्कार किया और इसका वीडियो बना लिया। उसी महीने, आरोपी कथित तौर पर पीडि़ता को एक मंदिर में ले गया और उसके माथे पर जबरदस्ती सिंदूर लगाया और उसे अपनी पत्नी घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी कई बार पीडि़ता के घर आया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
राजकोट तालुका पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज करने से इनकार करने के बाद, पीडि़ता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसने पुलिस को बलात्कार की शिकायत दर्ज करने का निर्देश दिया। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि गुरुवार को पुलिस ने पीडि़ता से बयान दर्ज कराने को कहा लेकिन साथ ही आरोपी को भी सूचित कर दिया।

जब चावड़ा को पता चला कि उसके खिलाफ शिकायत दर्ज की जाएगी, तो वह अपने दो साथियों के साथ कथित तौर पर बीती शाम पीडि़ता के पति के पास पहुंचा। चावड़ा ने शुरू में पैसे देने के साथ-साथ कर्ज की रकम चुकाने से छूट देने का झांसा दिया। जब आरोपी ने पीडि़ता को देखा, तो उसने अपने साथियों के साथ कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।

******************************

 

राज्यपाल ने सांसद बोहरा की दिवंगत माताजी को श्रद्धांजलि दी

जयपुर ,17 दिसंबर(एजेंसी)जयपुर ,17 दिसंबर(आरएनएस)। राज्यपाल कलराज मिश्र ने शनिवार को वाटिका रोड स्थित रंगमहल पहुंचकर सांसद रामचरण बोहरा की दिवंगत माता जी के तीये की बैठक में भाग लिया।

उन्होंने बोहरा की माता की छवि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

*******************************

 

भारत ने स्वदेशी अनुसंधान को बढ़ावा दिया, आखिरकार लाभ मिल रहा : मांडविया

नई दिल्ली ,17 दिसंबर(एजेंसी)। किसी भी समाज के आगे बढऩे के लिए रिसर्च और इनोवेशन अहम पहलू होते हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को कहा कि भारत ने स्वदेशी अनुसंधान को बढ़ावा दिया है और अब इसका लाभ हमें मिल रहा है। मांडविया ने शनिवार को हैदराबाद के जीनोम वैली में आईसीएमआर-एनएआरएफबीआर (नेशनल एनिमल रिसोर्स फैसिलिटी फॉर बायोमेडिकल रिसर्च) का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर बोलते हुए, स्वास्थ्य मंत्री ने स्वदेशी अनुसंधान और नवाचार के लिए सरकार के जोर पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा, कोविड महामारी के दौरान, प्रधान मंत्री ने स्वदेशी टीके बनाने पर जोर दिया। जब दुनिया टीकों की कमी से जूझ रही थी, भारत ने इस चुनौती को स्वीकार किया और हमारे वैज्ञानिक समुदाय ने उन टीकों को बनाकर अपनी क्षमता साबित की।

जब विदेशी टीकों के आयात में 5-10 साल लग जाते, तो राजनीतिक नेतृत्व के समर्थन और हितधारकों की लामबंदी के साथ, भारत के वैज्ञानिक समुदाय ने एक साल के समय में इन टीकों का उत्पादन किया।

उन्होंने कहा, आईसीएमआर-एनएआरएफबीआर में भारत को 21वीं सदी में जैव चिकित्सा अनुसंधान में एक प्रमुख वैश्विक खिलाड़ी बनाने की क्षमता है। मानव और नैतिक पशु देखभाल और उपयोग के लिए उच्चतम अंतरराष्ट्रीय मानकों के पालन के साथ जैव चिकित्सा अनुसंधान और प्रशिक्षण के समर्थन में गुणवत्ता सेवाओं के प्रावधान के माध्यम से, यह संसाधन सुविधा राष्ट्र के स्वास्थ्य और कल्याण को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

एनएआरएफबीआर एक शीर्ष सुविधा है जो अनुसंधान के दौरान प्रयोगशाला पशुओं की नैतिक देखभाल और उपयोग और कल्याण प्रदान करेगी। नवनिर्मित केंद्र न केवल नैतिक पशु अध्ययन के लिए अत्याधुनिक सुविधा के रूप में काम करेगा बल्कि बुनियादी से लेकर नियामक पशु अनुसंधान तक लागू होगा। यह नए शोधकर्ताओं की क्षमता निर्माण में मदद करेगा और गुणवत्ता आश्वासन जांच के साथ-साथ देश के भीतर नई दवाओं, टीकों और निदान के पूर्व-नैदानिक परीक्षण के लिए प्रक्रियाएं तैयार करेगा।

भारत की जनशक्ति और मस्तिष्क शक्ति की सराहना करते हुए मांडविया ने कहा कि भारतीय रचनात्मक क्षेत्रों में सबसे आगे रहे हैं, चाहे वह अनुसंधान संस्थान हों, प्रौद्योगिकी हो या फार्मा कंपनियां आदि। दुनिया की फामेर्सी के रूप में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि, दुनिया में बनने वाली हर चार गोलियों में से एक भारत में बनती है।

इस प्रकार, अब हम भारत को न केवल दवा निर्माण के लिए बल्कि फार्मा अनुसंधान के लिए भी हब बनाना चाहते हैं। ऐसा होने के लिए, हमें नैदानिक परीक्षणों के लिए मजबूत प्रक्रियाएं बनाने की जरूरत है, जिसके लिए पशु सुविधाओं की आवश्यकता होती है। इसलिए, एनएआरएफबीआर इस ²ष्टि को वास्तविक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा

******************************************

राहुल गांधी का बयान शर्मनाक, जवानों व जनता से माफी मांगें : मुख्यमंत्री

लखनऊ ,17 दिसंबर(एजेंसी।  यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान को निंदनीय व शर्मनाक करार दिया। सीएम ने कहा कि राहुल गांधी को देश की जनता व बहादुर जवानों से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बयान अत्यंत ही अमर्यादित, बचकाना और राष्ट्रविरोधी तत्वों को प्रेरित करने वाला है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और भारत की बहादुर सेना को अपमानित करने वाला है।

हम उनके बयान की निंदा करते हैं। देश व दुनिया इस बात को कह रही है कि भारत के बहादुर जवानों ने घुसपैठियों के कृत्यों को नाकाम किया। ऐसे में भारत के उन बहादुर जवानों के शौर्य व पराक्रम का सम्मान करने की बजाय कठघरे में खड़ा करना कोई भी भारतीय स्वीकार नहीं करेगा।

योगी ने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। डोकलाम में भी जब दोनों देशों के सेनाओं में तनातनी हुई थी, उस समय भी भारत के जवानों के शौर्य व पराक्रम का सम्मान करने की बजाय कांग्रेस व राहुल गांधी का चरित्र जगजाहिर हुआ था। वे चीनी दूतावास से मिलकर भारत विरोधी कृत्यों को प्रश्रय दे रहे थे। उनका बयान निंदनीय व शर्मनाक है।

जब भी देश के सामने संकट या चुनौती आती है, इनका यह चरित्र पूरा देश इसी रूप में देखता है। यह भारत को कटघरे में खड़ा करते हैं। बहादुर जवानों के शौर्य व पराक्रम पर अंगुली उठाते हैं।

हम कांग्रेस व राहुल गांधी की इस सोच की निंदा करते हैं। राहुल गांधी देश की जनता व बहादुर जवानों से माफी मांगें। देश को बार-बार कठघरे में खड़ा करने की बचकाना व अमर्यादित आचरण से उन्हें बचना चाहिए।

***********************************

 

म्यूजिक वीडियो ‘बेबी दे एक चांस’ जारी

17.12.2022 – शान से एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्माता शांतनु भामरे द्वारा निर्मित म्यूजिक वीडियो ‘बेबी दे एक चांस’ को रिलीज कर दिया गया है। अलीबाग बीच पर फिल्माई गई इस म्यूजिक वीडियो में अभिनेता शांतनु भामरे (Shantanu Bhamare) के साथ नवोदित माधुरी पवार, अभिलाषा सूर्यवंशी, अश्विनी भागवत, अंजली दलवी, साक्षी काची, सरोज धोड़ी आदि ने भी अपने अभिनय का जलवा बिखेरा है।

उद्धव खरड द्वारा निर्देशित  रोमांटिक और सेंसेशनल म्यूजिक वीडियो ‘बेबी दे एक चांस’ के लिये राहुल सूर्यवंशी द्वारा लिखे गए गीत को हृषी (रायसेस्ट्रॉम) ने संगीतबद्ध और स्वरबद्ध किया है। इस म्यूजिक वीडियो के कोरियोग्राफर मानसी मोहोल, सिनेमैटोग्राफर सुनील गायकवाड़, मेकअप आर्टिस्ट अश्विनी काले व हर्षु शिंदे और स्टिल फोटोग्राफर प्रवीण कोल्टे, मयूर गायकवाड़ हैं। अभिनेता शांतनु भामरे की अतिमहत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘बेबी दे एक चांस’ को वीडियो के अलावा ऑडियो के रूप में भी अलग अलग प्लेटफॉर्म में रिलीज़ किया गया है ।

इस ऑडियो गीत को यूट्यूब म्यूजिक, गाना, जीओ सावन, स्पॉटीफाई, हंगामा म्यूजिक, जिओ सावन, आई ट्यून स्टोर, साउंड क्लाउड, विंक आदि पर संगीत प्रेमी सुन सकते हैं। यह एल्बम एमएक्सप्लेयर, हंगामा, वन प्लस टीवी, टीसीएल टीवी, एमआई टीवी, अमेज़ॅन फायरस्टीक, आदि जैसे कई ओटीटी पर भी जारी किया जाएगा। कला और वाणिज्य के क्षेत्र में एक्टिव रहने वाले शख़्सियत शांतनु भामरे ने हिंदी फीचर फिल्म ‘रेड’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया है।

हाल ही में शांतनु भामरे का रोमांटिक वीडियो सॉन्ग एल्बम ‘तेरी आशिकी में’ को दर्शकों द्वारा बहुत अच्छी तरह से पसंद किया गया है और इसे अबतक 1 मिलियन से अधिक ऑर्गेनिक व्यू मिले हैं।

शांतनु भामरे हाल ही में पीपिंग टॉम प्रोडक्शंस/क्लिक टीवी इंडिया के बैनर तले बनी दो हिंदी वेब सीरीज़ ‘स्कूटर रिस्टन का’ और ‘फुल मैरिज हाफ मैरिज नो मैरिज’ में काम किया है, दोनों जल्द ही डिज्नी हॉटस्टार पर रिलीज़ होंगी। साथ ही साथ शांतनु भामरे बॉलीवुड हिंदी फिल्म ‘शक- द डाउट’, ‘न्यूयॉर्क से हरिद्वार’, ‘ब्रेकिंग न्यूज’, ‘भगवा’ और ‘सॉरी मदर में भी नज़र आएंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

************************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए आनंददायक रहेगा। आज प्रत्येक क्षेत्र में विरोधी परास्त होंगे। सामाजिक मान-सम्मान बढेगा। व्यापार विस्तार अथवा नए कार्य का आरंभ समय अनुकूल रहने पर भी आज ना करें। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। किसी परिचित से लंबे समय बाद भेंट से हर्ष एवं लाभ होगा। स्त्री एवं संतान के ऊपर खर्च करेंगे। किसी मार्गदर्शक से बात होने की पूरी संभावना है। दाम्पत्य का पूर्ण सुख मिलेगा। दुर्व्यसनों के कारण परिवार का वातावरण खऱाब न हो इसका ध्यान रखें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज का दिन आपके लिए आनंददायक रहेगा। आज दिन भर शारीरिक रूप से चुस्त बने रहेंगे। कार्य क्षेत्र पर आपके कार्यों की प्रशंसा होगी। सरकारी कार्यों में सफलता मिलेगी सामाजिक मान-सम्मान मिलेगा। किसी स्वजन के सहयोग से कर्ज से मुक्ति मिलेगी। विरोधी आज शांत रहेंगे। परिजनों के साथ धार्मिक यात्रा के योग है। संतान से सुख-सहयोग मिलेगा। फिर भी सरकार विरोधी अथवा अनैतिक क्रियाओं से दूरी बना कर रहें। आय-व्यय में संतुलन नहीं रहने से आर्थिक समस्या बन सकती है।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आपका आज के दिन का अधिकांश समय आराम से व्यतीत होगा। सामाजिक एवं धार्मिक कार्यो में योगदान देने से यश एवं सम्मान की प्राप्ति होगी। आप अपने पराक्रम से बिगड़े कार्यो को बना लेंगे प्रतिस्पर्धी नतमस्तक होंगे। धन लाभ संतोषजनक रहेगा। जायदाद एवं कानूनी कार्यो को जल्दबाजी में ना करे नुक्सान उठाना पड़ सकता है। गृहस्थ जीवन की जटिलताएं हल होंगी संतान की प्रगति से हर्ष होगा। महिला मित्रो से ज्यादा निकटता के कारण परेशानी हो सकती है।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आपका आज का दिन सामान्य रहेगा फिर भी सेहत की अनदेखी न करें। पेट सम्बंधित समस्या बड़ा रूप ना ले इसका ध्यान रखे। कार्य क्षेत्र पर अधिकांश समय उबन में बीतेगा। व्यवसाय में निवेश एवं जोखिम के कार्य हाथ में लेना हानिकर रहेगा। आलस्य न करें। कारोबारी कार्य से यात्रा के योग है। अल्प लाभ से संतोष करना पड़ेगा। पारिवारिक मामलो को ज्यादा महत्त्व दें। सेहत का विशेष ध्यान रखें।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आपका आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। व्यवसाय नौकरी में मनचाही उन्नति मिलने से दिन भर प्रसन्न रहेंगे। आज आपके विचारो से सभी प्रभावित रहेंगे। दलाली के व्यवसाय में निवेश से विशेष लाभ की सम्भवना है। आपके सभी कार्य सहजता से पूर्ण होंगे जिससे उत्साह बढ़ेगा। परिजनों के साथ किसी मांगलिक कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकते है। संध्या का समय सगे-सम्बंधियों और मित्रों के साथ सुख में व्यतीत होगा। परन्तु लापरवाही अथवा व्यवहारिकता की कमी के कारण सम्बन्धों में खटास आ सकती है।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज के दिन आप ज्यादा मेहनत करने के मूड में नहीं रहेंगे परन्तु पुराने कार्यो अथवा कार्य क्षेत्र पर व्यवस्था बनाने में काफी परिश्रम करना पड़ेगा। मन में यात्रा के विचार दुविधा में डालेंगे। कार्य क्षेत्र पर किसी की लापरवाही के कारण नोंकझोंक हो सकती है। लोग आज स्वार्थ सिद्धि के कारण आपकी गलतियों को भी नजर अंदाज करेंगे। धन लाभ होते होते किसी विघ्न आने से टल सकता है। जल्दबाजी में किया गया कार्य बिगड़ सकता है धैर्य रखें।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आपका आज का दिन सामान्यत: शुभ ही रहेगा। सेहत छोटी मोटी तकलीफों को छोड़ अनुकूल बनी रहेगी। अधिकारियो के आपके प्रति विश्वास एवं लक्ष्य के प्रति दृढ इच्छाशक्ति से कार्य करने पर मनचाही सफलता मिल सकती है। कार्य क्षेत्र पर सहयोगियों से किसी कारण मतभेद भी रहेंगे। किसी अप्रत्याशित सुख मिलने से परिवार में आनंद का वातावरण रहेगा। आवश्यक काम से यात्रा हो सकती है। अत्याधिक काम वासना के कारण सम्मान हानि की सम्भवना है। विदेश सम्बंधित मामलो में शुभ समाचार मिलेंगे।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आपका आज का दिन मिलाजुला फलदायी रहेगा। आलस्य एवं शिथिलता के कारण कार्य के प्रति उत्साह नहीं रहेगा। किसी अरिष्ट की चिंता सताएगी। शेयर सट्टे में भारी हानि के योग है अनुभवी की सलाह लेकर ही निवेश करें। उधारी वाले व्यवहार परेशान कर सकते हैं। संध्या के समय स्थिति में सुधार आने से कुछ राहत मिलेगी। किसी महिला के द्वारा भाग्योदय होगा। दिन भर की क्रियाएं शुभ फल देने लगेंगी। धर्म-कर्म के गूढ़ रहस्यों को। जानने का सौभाग्य मिलेगा।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपके अनुकूल बीतेगा। प्रात: काल से ही हर परिस्थिति पर आपकी पकड़ रहेगी। बड़ो के मार्गदर्शन से व्यवसाय एवं पैतृक सम्बंधित लगभग सभी समस्याओं का समाधान होने से आय के नविन स्त्रोत्र बनेंगे। सरकारी कार्य भी थोड़े परिश्रम के बाद बन जाएंगे। पुराने अटके धन की प्राप्ति होगी। सामाजिक व्यवहार बढ़ेगा। आकस्मिक छोटी यात्रा के योग है। दाम्पत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। घरेलु वस्तु एवं संतानों के ऊपर खर्च करेंगे। धन की अपेक्षा आज संबंधो को महत्त्व दें।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज के दिन आपको प्रारब्ध अनुसार जितना मिले उसी में संतोष कर लेंगे। परन्तु फिर भी अंदरूनी तौर पर मन में कुछ ना कुछ कमी बनी रहेगी। कुंवारे जातको को योग्य जीवन साथी मिलने की सम्भवना रहेगी। परिजनों के साथ खरीददारी करेंगे। दैनिक रोजगार में आज अल्प लाभ से संतोष करना पड़ेगा। खर्च अधिक रहने से आर्थिक स्थिति प्रभावित होगी। सरकारी कार्य करने के लिए आज का दिन अनुकूल है। व्यसन एवं फिजूल खर्ची से बचें। किसी को मन की बात ना बताएं ना ही किसी के ज्यादा निकट रहें।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आपका आज का दिन शुभ रहेगा। आज कार्य क्षेत्र पर अनुकूल वातावरण मिलने से उत्साह में वृद्धि होगी। सहकर्मियों एवं अधिकारियो का अपेक्षित व्यवहार मिलने से आशानुकूल लाभ अर्जित करेंगे। पुरानी देनदारी से परेशानी भी हो सकती है। विरोधियों का षड्यंत्र असफल होगा। पारिवारिक दायित्वों की पूर्ति पर अधिक खर्च करेंगे। स्त्री संतान का सहयोग मिलेगा। सुख के साधनों में वृद्धि करना आज आपकी प्राथमिकता रहेगी। सेहत में थोड़ा उतार चढ़ाव रहेगा फिर भी इसका दैनिक कार्यो पर असर नहीं पड़ेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज के दिन क्रोध अथवा अहम् की भावना बने बनाये कार्यो पर पानी फेर सकती है इसलिए ख़ास कर व्यावसायिक एव सामाजिक क्षेत्र पर विवेक पूर्ण व्यवहार रखे। कार्यो में प्रारंभिक विलम्ब या असफलता से घबराए नहीं प्रयास जारी रखें सफलता अवश्य मिलेगी। आज स्त्री पक्ष का सहयोग करें, काम के समय यही साथ देगी इस बात को ध्यान में रखकर चलें। दोपहर के बाद मेहनत का फल धन लाभ के रूप में मिल जाएगा। सन्तानों अथवा भाई बंधुओ से किसी भी प्रकार के सहयोग की उम्मीद सहयोगी सिद्ध होगी।

********************************

 

‘श्लोक-द देसी शेरलॉक’ की शूटिंग कम्प्लीट

16.12.2022 – कुणाल कोहली  की नवीनतम स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘श्लोक – द देसी शेरलॉक’ में अभिनेता बॉबी देओल बिल्कुल नए अवतार में नज़र आएंगे। इस फिल्म की शूटिंग कंप्लीट हो चुकी है।

अभिनेत्री अनन्या बिरला इस फिल्म से  बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं।

वर्ष 2022 अभिनेता बॉबी देओल के लिए बहुत ही खास रहा है, ‘आश्रम’ सीजन 2 में उनके दमदार परफॉरमेंस को भुलाया नहीं जा सकता है।

‘श्लोक-द देसी शेरलॉक’ के अलावा बॉबी जल्द ही रणबीर कपूर की ‘एनिमल’, ‘आश्रम’ सीजन 3 और ‘पेंटहाउस’ में नजर आएंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**********************************

 

हॉकी के गौरव को बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा : मुख्यमंत्री भगवंत मान

चंडीगढ़  ,15 दिसंबर(एजेंसी)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में हॉकी के गौरव को बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प लिया। अपने आवास पर मेन्स हॉकी वल्र्ड कप की ट्राफी का स्वागत करने वाले मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबियों ने हॉकी के क्षेत्र में हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और राज्य के लिए कई उपलब्धियां हासिल की हैं।

अपने देशव्यापी दौरे के तहत 13 जनवरी, 2023 से ओडिशा में शुरू होने वाले पुरुष हॉकी विश्व कप की ट्रॉफी बुधवार को अमृतसर (पंजाब) पहुंची।

उन्होंने कहा कि, यह सम्मान और गर्व की बात है कि टोक्यो में खेल स्पर्धा के दौरान 41 साल बाद ओलंपिक में पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम में कप्तान मनप्रीत सिंह सहित 11 खिलाड़ी राज्य के हैं।

मान ने कहा कि इसी तरह 1975 में देश के लिए एकमात्र विश्व कप जीतने वाले भारतीय दल का नेतृत्व भी पंजाब के बेटे अजीतपाल सिंह ने किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह ट्रॉफी देखकर अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि आने वाले विश्व कप हॉकी में भाग लेने वाली भारत की टीम में आधे से ज्यादा पंजाब से हैं।

उन्होंने कहा कि इस गति को बनाए रखने की जरूरत है ताकि आने वाले समय में और पदक हासिल किए जा सकें।

हालांकि, मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की लगातार उपेक्षा के कारण राष्ट्रीय खेल होने के बावजूद हॉकी खेलों में पिछड़ गया है।

न्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार हॉकी को खेल के क्षेत्र में उचित स्थान दिलाने के लिए भरसक प्रयास कर रही है।

मान ने कहा कि उनकी सरकार खेलों विशेषकर हॉकी को बढ़ावा देकर नशे के अभिशाप को खत्म करने के लिए ठोस प्रयास करेगी

*************************************

 

गुजरात विधानसभा के सत्र में सोमवार को अध्यक्ष का चयन होगा

गांधीनगर ,15 दिसंबर(एजेंसी)।  गुजरात सरकार ने नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए सोमवार को एक दिवसीय विधानसभा सत्र बुलाया है। प्रोटेम स्पीकर योगेश पटेल सत्र की कार्यवाही की अध्यक्षता तब तक करेंगे जब तक कि उस दिन स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का चयन नहीं हो जाता।

भाजपा राज्य मीडिया सेल के प्रेस बयान के अनुसार, पार्टी ने थराद विधायक शंकर चौधरी को स्पीकर और शेहरा विधायक जेठाभाई भरवाड़ को उपाध्यक्ष नामित किया है।

दूसरी सभा राज्यपाल आचार्य देवव्रत के विधानसभा में अभिभाषण के साथ शुरू होगी। इसके बाद हाल ही में जिन सदस्यों का निधन हो चुका है उनको श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद शोक प्रस्ताव पेश किया जाएगा, जिसके बाद कुछ सरकारी विधेयकों पर चर्चा की जाएगी

***************************

 

लोकसभा में संविधान (एसटी) आदेश (दूसरा संशोधन) विधेयक, 2022 पारित

नई दिल्ली ,15 दिसंबर(एजेंसी)। लोकसभा ने गुरुवार को संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (दूसरा संशोधन) विधेयक, 2022 पारित कर दिया, इस विधेयक का उद्देश्य तमिलनाडु के संबंध में अनुसूचित जनजाति आदेश, 1950 में संशोधन करते हुए नारिकोरवन और कुरिविकरण समुदायों को भी अनुसूचित जनजातियों की श्रेणी में शामिल करना है। यह आदेश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अनुसूचित जनजाति माने जाने वाले जनजातीय समुदायों को सूचीबद्ध करता है। इस कानून में तमिलनाडु में अनुसूचित जनजातियों की सूची में नरिकोरवन और कुरिविकरण समुदाय शामिल हैं।

निचले सदन में विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए आदिवासी मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि सरकार गरीब से गरीब व्यक्ति के उत्थान के लिए चिंतित है और उन्हें सामाजिक न्याय के साथ शासन प्रदान करना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने लगभग 27,000 की आबादी वाले समुदाय तक पहुंचने का प्रयास किया है और यह इसके नेक इरादों की व्याख्या करता है।

मुंडा ने आदिवासियों के लिए छात्रवृत्ति के बारे में चिंताओं को दूर करते हुए कहा कि कोई प्रतिबंध नहीं होगा और सरकार सभी आवेदनों पर विचार करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रवृत्ति पर खर्च बढ़ाया गया है।

तृणमूल कांग्रेस के सौगत रे, शिवसेना के विनायक राउत और बसपा के मलूक नागर समेत कई सदस्यों ने विधेयक पर चर्चा में हिस्सा लिया।

*****************************

 

दिल्ली हाईकोर्ट ने अग्निपथ योजना से संबंधित याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित रखा

नई दिल्ली ,15 दिसंबर(एजेंसी)।  दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को केंद्र की अग्निपथ योजना को चुनौती देने वाली याचिकाओं के तीन बैचों पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। अदालत ने वकीलों से छुट्टियों से पहले अपनी लिखित दलीलें पेश करने को कहा है। केंद्र ने कहा है कि वह अग्निवीरों की भूमिका, जिम्मेदारियों और पदानुक्रम पर एक हलफनामा दाखिल करेगा।

हाईकोर्ट ने भारतीय सेना में अग्निवीरों और नियमित सिपाहियों (सैनिकों) के लिए अलग-अलग वेतनमान के केंद्र सरकार के फैसले पर सवाल उठाया था, क्योंकि दोनों कैडरों का कार्यक्षेत्र समान है।

केंद्र का प्रतिनिधित्व करते हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने कहा कि अग्निवीर नियमित कैडर से अलग कैडर है।
मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद की खंडपीठ ने जवाब में कहा, अलग-अलग कैडर जॉब प्रोफाइल का जवाब नहीं देते, सवाल काम और जिम्मेदारी का है।

हाईकोर्ट ने कहा, यदि जॉब प्रोफाइल समान है, तो आप अलग-अलग वेतन को कैसे उचित ठहरा सकते हैं? बहुत कुछ जॉब प्रोफाइल पर निर्भर करेगा। इस पर निर्देश प्राप्त करें और इसे एक हलफनामे पर रखें।

भाटी ने कहा कि अग्निवीरों के लिए नियम, शर्ते और जिम्मेदारियां सैनिकों से अलग होती हैं।

उन्होंने कहा, अग्निवीर कैडर को एक अलग कैडर के रूप में बनाया गया है। इसे एक नियमित सेवा के रूप में नहीं गिना जाएगा। चार साल तक अग्निवीर के रूप में सेवा करने के बाद यदि कोई स्वेच्छा से काम करता है और फिट पाया जाता है, तो उसे नियमित कैडर में भेज दिया जाएगा।

केंद्र ने कहा कि यह योजना जल्दबाजी में नहीं बनाई गई है, बल्कि युवाओं के मनोबल को बढ़ाने और अग्निवीरों की स्किल मैपिंग के लिए काफी अध्ययन के साथ तैयार की गई है।

एएसजी ने कहा कि अग्निवीर योजना पर फैसला लेने में पिछले दो वर्षो के दौरान बहुत कुछ किया गया है, जैसे कई आंतरिक और बाहरी परामर्श, कई बैठकें हुई। हितधारकों के साथ भी परामर्श किया गया।

भाटी ने यह भी तर्क दिया कि चूंकि भारतीय सशस्त्र बल दुनिया में सबसे अधिक पेशेवर सशस्त्र बल हैं, इसलिए जब वे इस तरह के बड़े नीतिगत फैसले ले रहे हों, तो उन्हें बहुत अधिक छूट दी जानी चाहिए।

इस योजना की शुरुआत के साथ देशभर में विरोध प्रदर्शन किए गए। बाद में इस योजना के तहत भर्ती प्रक्रिया और उम्मीदवारों की नियुक्ति को चुनौती देते हुए याचिकाओं के तीन बैच दायर किए गए।

युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती करने के लिए बनाई गई इस योजना के तहत चार साल की अवधि के बाद चयनित उम्मीदवारों में से केवल 25

प्रतिशत को ही सेना में रखा जाएगा।
याचिकाकर्ताओं ने दावा किया कि चार साल के बाद बाकी 75 प्रतिशत उम्मीदवार बेरोजगार हो जाएंगे और उनके लिए कोई योजना भी नहीं है।

याचिकाकर्ताओं में से एक ने सोमवार को तर्क दिया था, छह महीने में मुझे शारीरिक सहनशक्ति विकसित करनी है और इन हथियारों का उपयोग करना सीखना है। छह महीने बहुत कम समय है। लगता है, हम राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने जा रहे हैं।

इस बारे में भी तर्क दिए गए कि जब इनमें से एक चौथाई सेना में शामिल हो जाएंगे, तब क्या अग्निवीरों के चार साल के कार्यकाल को उनकी समग्र सेवा में गिना जाएगा? केंद्र की ओर से पेश ऐश्वर्या भाटी ने कहा कि उन्हें इस बारे में निर्देश मिलेंगे।

**********************************

 

भारत ने किया परमाणु संपन्न बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का सफल परीक्षण

बालासोर ,15 दिसंबर(एजेंसी)। भारत ने आज जमीन से जमीन पर मार करने की क्षमता वाली परमाणु संपन्न बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का रात्रि परीक्षण सफलतापूर्वक किया। ये मिसाइल पांच हजार किलोमीटर तक सटीक मार करने की क्षमता रखती है। यह परीक्षण ओडिशा के बालासोर तट स्थित अब्दुल कलाम परीक्षण केंद्र पर किया गया।

इस मिसाइल की रेंज में इसमें पाकिस्तान और चीन तो आ ही रहे हैं, साथ ही रूस, यूक्रेन और इंडोनेशिया जैसे देश भी इसकी जद में हैं। यह मिसाइल डीआरडीओ और भारत डायनेमिक्स लिमिटेड ने मिलकर बनाई है। इसका वजन 50 हजार किग्रा है। इसकी लंबाई 17.5 मीटर लंबी है और इसका व्यास 2 मीटर है। अग्नि-5 मिसाइल में 1500 किलो के परमाणु हथियार लगाए जा सकते हैं। इसमें जो रॉकेट बूस्टर हैं, वह तीन स्टेज पर लगाए गए हैं। यह ध्वनि की गति से 24 गुना तेज है।

यह एक सेकंड में 8.16 किमी की दूरी तय करती है। अग्नि-5 मिसाइल 29,401 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दुश्मन पर हमला करती है। इसमें रिंग लेजर गाइरोस्कोप इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम, जीपीएस, नवलसी सैटेलाइट गाइडेंस सिस्टम लगा हुआ है। अग्नि-5 मिसाइल टारगेट पर सटीकता से हमला करता है।

अगर टारगेट अपनी जगह से हटकर 10 से 80 मीटर तक भी जाता है तो उसका बचना मुश्किल है।

******************************

सरकार का फरमान, बच्चों के लिए जरूरी नहीं है पिता का नाम

*मां के नाम से ही बन जाएंगे सभी सटीर्फिकेट*

बेंगलुरू ,15 दिसंबर(एजेंसी)। कर्नाटक सरकार ने आज देवदासियों के बच्चों से उनके पिता का नाम नहीं पूछने की राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सिफारिश को मान लिया है। इसी के साथ अब देवदासियों के बच्चों के लिए पिता का नाम अनिवार्य नहीं होगा। अधिकार संरक्षण आयोग ने फैसला लिया है कि बच्चों के लिए मां का नाम ही अंतिम है। स्कूल में दाखिले, जाति, आय प्रमाण पत्र के आवेदन और अन्य दस्तावेजों में भी सिर्फ मां का ही नाम लेने का निर्णय किया गया है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कर्नाटक में लगभग 45 हजार बच्चे देवदासी महिलाओं से पैदा हुए हैं। पिता के नाम को लेकर प्रताडऩा, जबरदस्ती और अधिकारियों द्वारा आवेदन खारिज करने की शिकायतें आयोग को मिली थीं। अब देवदासी महिलाओं के बच्चों के लिए पिता का नाम वैकल्पिक कर दिया गया है। राज्य के महिला और बाल विकास मंत्री ने पहले कहा था कि देवदासी बच्चों के लिए पिता के नाम का उल्लेख करना अनिवार्य है, इस नियम को खत्म करने के लिए सरकार ने एक आदेश जारी करने का निर्णय लिया था।

देवदासी महिलाओं और उनके बच्चों को उनके पिता के नाम के बिना उनके आवेदनों को अस्वीकार करने के खिलाफ सरकारी सुविधाएं प्राप्त करने में सक्षम नहीं होने के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने सर्वेक्षण में लिस्ट से बाहर रह गई देवदासियों के 12 हजार नामों को शामिल करने के लिए भी कदम उठाए हैं।

*******************************

 

विजय दिवस समारोह में 1971 की जीत को किया याद

नई दिल्ली ,15 दिसंबर(एजेंसी)। पाकिस्तान पर 1971 की लड़ाई में जीत के उपलक्ष्य में सेना ने गुरूवार को यहां विजय दिवस मनाया जिसमें तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।

श्रीमती मुर्मू और मोदी ने वहां मौजूद अधिकारियों से मुलाकात की और कुछ देर उनके साथ बात की। मोदी ने इस मौके पर लगायी गयी एक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और इसमें हिस्सा लेने वाले लोगों से भी बातचीत की।

देश के प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति वाई वी चन्द्रचूड़, केन्द्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत) वी के सिंह , मीनाक्षी लेखी , सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे और वायु सेना प्रमुख तथा दिल्ली के उप राज्यपाल वी के सक्सेना भी मौजूद थे। श्री मोदी ने कुछ देर तक प्रधान न्यायाधीश के साथ भी बात की।

********************************

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज मन खुश रहेगा व भरपूर सहयोग मिलेगा। नौकरी में पदोन्नति या कुछ सीखने के आसार हैं लेकिन आपको थोड़ा संयम से रहने की आवश्यकता होगी। आपके परिवार का कोई सदस्य या मित्र आज अचानक आपके लिये मार्गदर्शक बनकर सामने आ सकता है। मनोरंजन के लिए समय मिलेगा लेकिन व्यस्तता भी रहेगी व थकान भी महसूस होगी। स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो)

आज आपका दिन मिलाजुला रहेगा। स्वास्थ्य को लेकर आपको थोड़ा सचेत रहने की आवश्यकता होगी। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य हासिल करने में थोड़ी अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है लेकिन उन्हें इस कड़ी मेहनत का अपेक्षित परिणाम भी हासिल होगा। दिन की शुरुआत में आपको थोड़ा सचेत रहने की आवश्यकता है। धर्म-कर्म के प्रति विचार सकारात्मक रहेंगे।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। अपने स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा चिंता न करें, क्योंकि इससे आपकी बीमारी और बिगड़ सकती है। पैसे कमाने के नए मौके मुनाफा देंगे। सामाजिक दायरा बढेगा। घर में कोई काम या सामाजिक मेल-मिलाप आपको व्यस्त रखेगा। व्यापारियों के लिए अच्छा दिन है।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। विरोधी की ताकत का अंदाजा लगाए बिना उलझना ठीक नहीं रहेगा। संयम से विरोधी परास्त होंगे। जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। नहीं तो अपने प्रेमी या जीवनसाथी की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है। धर्म-कर्म में आस्था बढ़ेगी। महत्वपूर्ण कार्य में विलंब संभव है। लाभ होगा।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज पुरानी गलतियों को लेकर भय बना रहेगा। साझेदारी में चल रहा गतिरोध दूर होने के आसार है। आयात-निर्यात के कारोबार में बड़ा लाभ संभव है। समान विचारधारा वाले लोगों के साथ काम करना आसान रहेगा। दूसरों की गलती अपने पर मत आने दें। काम में देरी से लाभ की मात्रा सीमित होगी। स्वास्थ्य लाभ होगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज के दिन आपको सुख-समृद्धि, कार्यक्षेत्र में उन्नति, सुखद सफल यात्राएं, परिवार और जीवन साथी का सहयोग सब मिलने के आसार हैं। विवाहित व्यक्ति अपने जीवनसाथी में पूर्णतया विश्वास जतायें अन्यथा संबंधों में खटास पैदा हो सकती है। आपके कर्मक्षेत्र, आपके सम्मान व आपके नाम पर पडऩे के आसार हैं।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज भाग्य आपके साथ है। लंबे समय से चले आ रहे प्रेम संबंधों को नया रूप देने के लिए अच्छा मौका है। आज स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें। अचानक सेहत बिगड़ सकती है और कई जरूरी काम भी रुक सकते हैं। परिवार के लोग आपसे थोड़े नाराज हो सकते हैं। आपके कार्य कुशलता व बुद्धि आपको उलझनों से दूर रखेगी।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन अनमना सा रह सकता है। आप अकेलापन महसूस कर सकते हैं, इससे बचने के लिए कहीं दोस्तों के साथ कुछ समय बिताएं। आज जिस नए समारोह में आप शिरकत करेंगे, वहाँ से नयी दोस्ती की शुरुआत होगी। आज आपका प्रिय आपके साथ में समय बिताने और तोहफे की उम्मीद कर सकता है।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन बेहतर रहेगा। आपके परिश्रम से किए गए कार्य में सिद्धि होगी। नौकरी में आप का सम्मान बढेगा। यात्रा के दौरान आप नयी जगहों को जानेंगे और महत्वपूर्ण लोगों से मुलाक़ात होगी। आप अपने प्रिय द्वारा कही गयी बातों के प्रति काफ़ी संवेदनशील होंगे। अगर आप सूझ-बूझ से काम लें, तो आज अतिरिक्त धन कमा सकते हैं।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन उत्तम रहेगा। आपके आय के नए स्रोत बनेंगे। आकस्मिक धन के अवसर मिलेंगे। मित्रों और जीवनसंगिनी के सहयोग से राह आसान होगी। आध्यात्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। दफ़्तर का तनाव आपकी सेहत खऱाब कर सकता है। अपने जज्बात पर काबू रखें। आज आपको अपने प्रिय/प्रियतम की याद सताएगी।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आप निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र रहेंगे। आप करिअर से जुड़े फैसले खुद करें, बाद में इसका लाभ आपको मिलेगा। सहकर्मियों और कनिष्ठों के चलते चिंता और तनाव के क्षणों का सामना करना पड़ सकता है। माता-पिता की मदद से आप आर्थिक तंगी से बाहर निकलने में कामयाब रहेंगे। आज दोस्तों के साथ बाहर घूमना आपके मन को खुशी देगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आप परिश्रम करने में विश्वास रखेंगे। भाग्य पर निर्भर न रहें और अपनी सेहत को सुधारने की कोशिश करें। आप उन लोगों की तरफ वादे का हाथ बढ़ाएंगे, जो आपसे मदद की गुहार करेंगे। यह दिन आपके सामान्य वैवाहिक जीवन से कुछ हटकर होने वाला है। परिवार के साथ समय बिताना फलदायक होगा। सहयोग मिलेगा। सामाजिक दायरा बढेगा।

**************************************

 

बॉलीवुड में दस्तक देने वाली है अभिनेत्री रितिका पाण्डेय

15.12.2022 – बॉलीवुड में चर्चित मॉडल रितिका पाण्डेय मॉडलिंग के क्षेत्र में और साउथ की फिल्मों में अपनी प्रतिभा कौशल का प्रदर्शन करने के बाद बॉलीवुड में दस्तक देने वाली है। बहुत जल्द ही एक बड़े बैनर के तहत उनकी फिल्म की घोषणा होने वाली है। हर तरह के रोल निभाने की चाहत रखने वाली नवोदित हँसमुख बिंदास अदाकारा रितिका गुजरे जमाने की मशहूर अदाकारा मधुबाला और इस दौर की अदाकारा आलिया भट्ट को अपना आदर्श मानती हैं।

डिजिटल युग में ओटीटी प्लेटफार्म के प्रसार को रितिका बॉलीवुड के लिए एक शुभ संकेत मानती है। ओटीटी प्लेटफार्म के प्रचलन की तारीफ करते हुए वो कहती हैं  “विगत दो वर्षों में ओटीटी प्लेटफॉर्म की संख्या काफी बढ़ी है और इससे नवोदित प्रतिभाओं को काफी लाभ मिल रहा है। छोटे बड़े बैनरों की फिल्में भी ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हो रही है।

हाल के दिनों में ‘मास्क टीवी’ ओटीटी प्लेटफॉर्म के लॉन्च होने की खबर मिली है। मनोरंजन, खेल, व्यवसाय, जीवन शैली, स्वास्थ्य, यात्रा, अवकाश और अन्य महत्वपूर्ण पहलू से जुड़े कार्यक्रम ‘मास्क टीवी’ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नियमित रूप से स्ट्रीम होंगे। इससे नवोदित प्रतिभाओं को काम मिलने की संभावना बढ़ गई है।

“उत्तरप्रदेश की धरती से जुड़ी अभिनेत्री रितिका पाण्डेय अपने तीन वर्षों के फिल्मी सफर में बॉलीवुड में अपनी विशिष्ट छवि कायम कर चुकी हैं। वर्तमान समय में बॉलीवुड में रितिका प्रसिद्ध फिल्म निर्देशकों के साथ बड़े बड़े बैनरों की फिल्मों में अपनी अभिनय कौशल का प्रदर्शन करने के लिए बेकरार है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************************

कश्मीर में हाड कंपाने वाली सर्दी जारी, पहलगाम में सबसे अधिक ठंड

श्रीनगर ,15 दिसंबर(एजेंसी)। केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के कश्मीर घाटी में शुष्क मौसम के बीच हाड कंपाने वाली ठंड का प्रकोप जारी है जिससे लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार घाटी का पर्यटन स्थल पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जहां बीती रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी जब न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

घाटी के प्रमुख पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.0 रिकॉर्ड किया गया, जहां बीती रात का तापमान शून्य से नीचे 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा काजीगुंड, जिसे गेटवे ऑफ कश्मीर के रूप में जाना जाता है, में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के कारगिल जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लेह जिले में शून्य से नीचे 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 21 दिसंबर तक घाटी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस दौरान घाटी में शाम के तापमान में गिरावट आ सकती है, जबकि दिन के तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है। इस बीच, घाटी में आज भी मौसम शुष्क रहा और हल्की धूप निकली, जिससे लोग पार्कों, दुकानों आदि स्थानों पर आनंद लेते दिखे।

**************************

 

देश में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों की संख्या बढ़कर 30 हुई : केंद्र सरकार

नई दिल्ली ,15 दिसंबर(एजेंसी)। लोकसभा में बताया गया कि छह और हवाईअड्डों के एलिवेटेड या निर्माण के साथ, देश में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों की संख्या पिछले सात वर्षो में बढ़कर 30 हो गई है।

नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वी. के. सिंह ने एक लिखित उत्तर में कहा कि पिछले सात वर्षो के दौरान, चार ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों (केरल में कन्नूर, महाराष्ट्र में शिरडी, उत्तर प्रदेश में कुशीनगर और गोवा में मोपा) का निर्माण अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों के रूप में किया गया है।
इसके अलावा, दो मौजूदा हवाईअड्डों, आंध्र प्रदेश में विजयवाड़ा और तिरुपति को वर्ष 2017 में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों के रूप में घोषित किया गया था।

मार्च 1994 में वायु निगम अधिनियम को निरस्त करने के बाद, भारतीय घरेलू विमानन बाजार को नियंत्रण मुक्त कर दिया गया था। नतीजतन, एयरलाइंस इस संबंध में मौजूदा दिशानिर्देशों के अनुपालन के अधीन देश भर में सेवा और संचालन करने की इच्छा रखने वाले किसी भी बाजार और नेटवर्क का चयन करने के लिए किसी भी प्रकार के विमान के साथ क्षमता शामिल करने के लिए स्वतंत्र हैं।

मंत्रालय ने कहा कि इस प्रकार, यह एयरलाइनों पर निर्भर है कि वे मौजूदा दिशा-निर्देशों के अनुपालन में यातायात की मांग और उनकी व्यावसायिक व्यवहार्यता के आधार पर विशिष्ट स्थानों पर हवाई सेवाएं प्रदान करें।

इसके अलावा, जहां तक इन हवाईअड्डों से अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाओं का संबंध है, भारतीय वाहक संबंधित द्विपक्षीय हवाई सेवा व्यवस्था के अनुसार भारत में किसी भी बिंदु से विदेशी गंतव्यों के लिए सेवाओं को माउंट करने के लिए स्वतंत्र हैं। विदेशी एयरलाइंस द्विपक्षीय व्यवस्था के तहत उपलब्ध कॉल के निर्दिष्ट बिंदुओं पर काम कर सकती हैं।

********************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version