क्या आपके घुटने जवानी में ही देने लगे हैं जवाब, दिनचर्या में शामिल करें ये योग

26.06.2023 (एजेंसी)  – पहले के समय में घुटनों के दर्द की समस्या को उम्र से जोड़कर देखा जाता था। उम्र बढऩे के साथ जोड़ों और घुटनों का दर्द होना आम बात हैं। लेकिन आजकल यह समस्या जवानी में भी देखने को मिल रही हैं। जी हाँ, वर्तमान में कई युवा 30 की उम्र पार करते ही अर्थराइटिस या गठिया का शिकार हो जाते हैं। शुरुआत में ही इस पर ध्यान न दिया जाए तो आपका शरीर आने वाले समय में दूसरों के सहारे रहने पर मजबूर कर देगा। इसलिए आज इस कड़ी में हम आपको कुछ ऐसे योगासन के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें दिनचर्या में शामिल करते हुए घुटनों को मजबूती प्रदान करने की जरूरत हैं।

योग करने से पैरों का रक्त संचार बेहतर होता है और घुटनों के दर्द से राहत मिलती है। रोजाना योग करें ताकि घुटने मजबूत हों और पैरों में होने वाले असंतुलन को कम किया जा सके। आइये जानते हैं इन योगासन के बारे में…वीरासनघुटनों के दर्द के लिए योग में शामिल पहला नाम वीरासन का है। यह योग शरीर और मन दोनों को शक्ति दे सकता है। इसके लिए सबसे पहले समतल जमीन पर योग मैट बिछा लें।

अब योग मैट पर आप घुटनों के बल बैठ जाएं। अपने हाथों को सामान्य तरीके से अपने घुटनों पर रखें। अब अपने दोनों घुटनों को करीब लाएं। ऐसे करने से दोनों पैरों के बीच दूरी बन जाएगी। ध्यान रहे, दूरी इतनी होनी चाहिए कि दोनों पैरों के बीच आराम से आपके नितम्ब (हिप्स) आ सके। अब अपने दोनों टखनों को जांघों से बाहर की तरफ रखें। फिर धीरे-धीरे अपने नितम्ब को जमीन पर रखने की कोशिश करें। अगर पहली बार कोई यह योग मुद्रा कर रहा है, तो हिप्स के नीचे छोटा तकिया रख सकते हैं। जब आप पूरी तरह वीरासन योग मुद्रा में आ जाए, तो इसी मुद्रा में कम से कम 30 सेकंड तक रहने की कोशिश करें। फिर धीरे-धीरे सामान्य मुद्रा में आएं। इस पूरी प्रक्रिया को अपनी सुविधा के अनुसार दो से तीन बार दोहराएं।

धनुरासन

धनुरासन एक ऐसा आसन है जो ना केवल घुटनों के दर्द को खत्म करता है बल्कि इससे पीठ दर्द तनाव और मांसपेशियों की खिंचाव भी दूर होती है। इतना ही नहीं ये बंद नसों को भी खोलता है जिससे शरीर में फुर्ती बन जाती है। धनुरासन करने के लिए पहले पेट के बल सीधे लेट जाएं उसके बाद शरीर के अगले हिस्से को थोड़ा थोड़ा ऊपर उठाएं और पीछे से दोनों पैरों को ऊपर उठाएं और अपने आगे वाले दोनों हाथों से पीछे वाले पैरों के पंजों को पकड़ें, गर्दन को भी जितना हो सके ऊपर की ओर खींचे और धनुष का आकार ले लें। नियमित रूप से इस योग को करने से शरीर में दर्द से जुड़ी सारी परेशानियां दूर होती है।

त्रिकोणासन

इस योगासन के अभ्यास से मांसपेशियों का दर्द कम होता है। त्रिकोणासन करने के लिए सीधे खड़े हो जाएं। अब पैरों के बीच करीब दो फीट की दूरी रखें और लंबी गहरी सांस लेते हुए शरीर को दाईं ओर झुकाएं। फिर बाएं हाथ को ऊपर की ओर ले जाएं। अपनी नजरें भी बाएं हाथ की उंगलियों पर टिकाएं। कुछ देर इस मुद्रा में रहे और फिर सामान्य अवस्था में आ जाएं। अब दूसरी ओर से ये प्रक्रिया अपनाएं।

मलासन

इस आसन में मल त्याग करने की मुद्रा में बैठने का प्रयास किया जाता है। इसे अंग्रेजी में गारलैंड पोज कहा जाता है। माना जाता है कि मलासन पैरों में रक्तसंचार को बेहतर बनाने के साथ-साथ पीठ और कमर के लिए भी उपयोगी हो सकता है। इसके लिए सबसे पहले किसी साफ और शांत जगह पर योग मैट बिछा लें। अब उस पर सीधे खड़े हो जाएं। फिर दोनों पैरों के बीच थोड़ी दूरी बनाएं। उसके बाद दोनों हाथों को प्रार्थना की मुद्रा में ले आएं। हाथों को प्रार्थना की मुद्रा में रखते हुए सीने के सामने लाएं। ध्यान रहे इस दौरान आपके हाथ सीधे रहने चाहिए। अब धीरे-धीरे नीचे बैठें, यह मुद्रा मलत्याग करने की स्थिति जैसी होती है। इस स्थिति में आने के बाद सांस छोड़ते हुए आगे की ओर थोड़ा झुकें। ध्यान रहे, इस अवस्था में आने के बाद दोनों कोहनियों को दोनों जांघों के बीच 90 डिग्री एंगल पर रखें। अब थोड़ी देर इस अवस्था में रहकर सामान्य तरीके से सांस लेते रहें। फिर धीरे-धीरे सामान्य अवस्था में आने के बाद सीधे खड़े हो जाएं।

गरुड़ासन

गरुड़ासन को अंग्रेजी में ईगल पोज भी कहा जाता है। यह आसन घुटनों को मजबूत बनाने और दर्द को दूर करने के लिए एक बेहद फायदेमंद योग है। इस आसन को करने के लिए जमीन पर सीधा खड़े हो जाएं। इसके बाद दाएं घुटने को मोड़ें फिर बाएं पैर पर खड़े होने का प्रयास करें। फिर दाएं पैर को बाएं के सामने घुमाते हुए पीछे की ओर लेकर जाएं। इस दौरान दाईं जांघ बाईं पर रखें। इस मुद्रा में दोनों हाथों को आगे की ओर लेकर जाएं। दोनों बाजुओं की कोहनी को मोड़कर क्रॉस करें। हाथों को क्रॉस करने के दौरान दाएं बाजू को बाएं पर रखें।

जानु चक्रासन

इस आसन के लिए दंडासन में बैठें। अब दाहिने घुटने को मोड़ें और हिप्स के पास ले आएं। अब अपने हाथों को घुटनों या जांघ के नीचे ले जाकर लॉक कर लें। अब अपने पैर को ऊपर उठाते हुए बड़े से बड़ा गोला बनाएं। प्रयास करें की आपकी रीढ़ की हड्डी सीधी रहे। ध्यान रखें कि आप अपनी क्षमता के अनुसार ही पैर को मूव करें। आप अपने पैर को पहले क्लॉकवाइज और फिर एंटी-क्लॉक वाइज घुमाएं। पैर को ऊपर ले जाते हुए सांस लें और नीचे ले जाते हुए छोड़ें। अब अपने दूसरे पैर से भी यही प्रक्रिया दोहराएं। आप इसे 10 से 15 बार करें।

पर्श्वोत्तनासन

इस योग को पिरामिड पोज कहा जाता है। पर्श्वोत्तनासन का अभ्यास करने के लिए दाहिने पैर को आगे बढ़ाकर 45 डिग्री एंगल बना ले। अब आगे की ओर झुकते हुए हाथो को नीचे जमीन पर सटा लें। घुटनों को मोड़े नहीं। इस अवस्था में कुछ देर रहने के बाद सामान्य अवस्था में आ जाएं। अब यही प्रक्रिया बाएं पैर को आगे बढ़ाकर करें। आप इसे 10 से 15 बार करें।

***********************

 

 

क्या आप भी कर रहे किसी और के इयरफोन का इस्तेमाल… ये आदत कहीं गंभीर समस्या का कारण ना बन जाए!

26.06.2023 (एजेंसी) – आज के इस दौर में हम सब इयरफोन के इतने आदी हो चुके हैं कि अगर हम अपना इयरफोन कहीं भूल जाते हैं तो किसी और का इस्तेमाल करने लगते हैं. ऐसा करना आपके लिए घातक साबित हो सकता है. जी हां, दूसरे का इयरफोन इस्तेमाल करने से आप बेहरेपन के शिकार हो सकते हैं. तो अगर आप भी ऐसा कुछ कर रहें हैं तो सावधान हो जाइए. क्या कहते हैं जानकारइयरफोन को लेकर डब्ल्यूएचओ ने दावा किया है कि इयरफोन के ज्यादा इस्तेमाल के कारण दुनिया भर में लगभग 100 करोड़ युवाओं की सुनने की क्षमता पर बुरा असर पड़ता है.

इसके साथ ही स्टडी में बताया गया है कि अगर कोई भी इंसान दो घंटे से ज्यादा और 90 डेसिबल से अधिक इयरफोन में तेज आवाज में गाना सुनता है तो उसे सुनने में दिक्कत हो सकती है. सिर्फ इतना ही नहीं इयरफोन के ज्यादा इस्तेमाल से आपको दिल की बीमारियां भी हो सकती है और दिमाग पर इसका नेगेटिव असर पड़ सकता है. इन्फेक्शन का खतरा ऑनलाइन जर्नल ऑफ़ हेल्थ एंड एलाइड साइंसेज में प्रकाशित एक अध्ययन से पता चलता है कि इयरफोन का बराबर इस्तेमाल करना कान में बैक्टीरिया की संख्या को बढ़ा सकता है. कान में मौजूद मैल सिर्फ चिपचिपा नहीं होता बल्कि उसमें अत्यधिक बैक्टीरिया भी पाया जाता है.

ओआरएल हेड नेक नर्सिंग के एक अध्ययन ने ये साबित भी कर दिया कि अगर आपने किसी के साथ इयरफोन शेयर कर लिया तो इन्फेक्शन का खतरा बढ़ सकता है और ये एक इंसान से दूसरे इंसान तक फैल सकता है. इयरफोन में लगी रबड़ गंदगी को आसानी से निकलने नहीं देती है और उसी में फंसी रहती है जिसकी वजह से बैक्टीरिया बनने लगता है.

कानों में माइक्रोबियल फ्लोरा आमतौर पर स्यूडोमोनस और स्टेफिलोकोकस होते हैं. इसीलिए जब आप किसी के साथ इयरफोन शेयर करते हैं तो बैक्टीरिया आपके कान में फैल सकता है और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है. इसके अलावा अगर आपके कान में किसी भी प्रकार की चोट या कट लगा है तो आपको कई तरह के स्किन इन्फेक्शन हो सकता है.

इयरफोन से हो सकते हैं ये सारे भी खतरेंइसके अलावा जब आप आपने इयरफोन को बहुत सारे जगहों पर देते हैं तो इससे उसमें जर्म्स लग सकते हैं. किसी और का इयरफोन इस्तेमाल करने से आपको फंगस, ब्लैकहैड्स और स्पॉट जैसी समस्याएं हो सकती है. इसलिए अपने इयरफोन को समय-समय पर साफ करते रहें, ताकि इन्फेक्शन से बचा जा सके.

**********************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आप अपने आत्मविश्वास व कार्य क्षमता द्वारा स्थितियों को और अधिक बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे और सफलता भी हासिल होगी। जीवनसाथी का मन जीत पाएंगे। घर की जरूरतों को पूरा करने में भी आपका समय व्यतीत होगा। किसी निकट संबंधी से चल रही गलत फहमी भी आज दूर होगी। व्यस्त रहते हुए भी थकान कम हो जाएगी व स्वास्थ्य लाभ होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। व्यवसायिक गतिविधियां भी सामान्य ही रहेंगी। रखरखाव संबंधी कार्यों में खर्च बढ़ सकता है। आय होने के साथ-साथ खर्चे भी रहेंगे। नौकरी पेशा व्यक्तियों को आज घर पर भी ऑफिस का काम करना पड़ सकता है। तबीयत में सुधार होगा।मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज दिन का अधिकतर समय धार्मिक और आध्यात्मिक संस्थाओं या कार्यो में व्यतीत होगा। आप मानसिक रूप से बहुत अधिक सुकून महसूस करेंगे। आपका कोई महत्वपूर्ण कार्य भी संपन्न हो सकता है। युवा वर्ग अपनी मेहनत के अनुरूप परिणाम मिलने से खुशी महसूस करेंगे। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन मान सम्मान में वृद्धि करेगा। मन साफ व पवित्र विचार धारा की और अग्रसर होगा। मार्केटिंग संबंधी गतिविधियों में ज्यादा ध्यान दें। तथा संपर्क सूत्रों को भी और अधिक मजबूत करें। इस समय व्यापार से संबंधित विज्ञापन करने की आवश्यकता है। प्रभावशाली लोगों की मदद से कोई महत्वपूर्ण कार्य संपन्न होगा। सेहत सही रहेगी।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन उदारवादी रहेगा। जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। अपनी पिछली गलतियों से सीखकर अपने वर्तमान को बेहतर बनाएंगे। इस समय अधिकतर कार्य आपके मन मुताबिक तरीके से संपन्न होंगे। भाइयों के साथ चल रहा कोई वाद-विवाद आपसी सूझबूझ से हल हो जाएगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन मिला जुला रहेगा। धार्मिक कार्यों में प्रवृत्ति बढ़ेगी। कार्यक्षेत्र की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। किसी के हस्तक्षेप द्वारा आपकी योजनाएं व कार्य बिगड़ सकते हैं। बेहतर होगा कि अपनी कार्यप्रणाली संबंधी गतिविधियों को किसी के साथ शेयर ना करें। इस समय किसी भी प्रकार की व्यवसायिक यात्रा को स्थगित रखना उचित रहेगा। सेहत सही रहेगी।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपकी संतुलित दिनचर्या की वजह से अधिकतर काम समय पर पूरे होते जाएंगे। किसी धार्मिक व्यक्ति से मुलाकात आपकी विचारधारा में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी। मान सम्मान में बढोतरी होगी। विद्यार्थियों को भी इंटरव्यू व करियर संबंधी परीक्षा में सफलता मिलने की पूरी संभावना है। तबीयत ठीक रहेगी।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन मनोनुकूल रहेगा। नवीन कार्य प्रणाली संबंधी योजनाएं बनेगी तथा सफल भी होंगी। आध्यात्मिक उन्नति होगी। परिवार का सहयोग मिलेगा। इस समय कोई बड़ा अनुबंध मिलने की संभावना है। दैनिक आय में भी वृद्धि होगी। इस समय शेयर और स्टॉक मार्केट से संबंधित कार्यों में रुचि ना लें। सेहत बढिया रहेगी।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन भाग्यशाली रहेगा। किस्मत का सितारा बुलन्द रहेगा। धर्म-कर्म और अध्यात्म से जुड़े कार्यों में रुचि रहेगी। अगर इस समय पैतृक संपत्ति संबंधी कोई विवाद चल रहा है तो वह किसी की मध्यस्थता से आसानी से हल होने की संभावना है। घर के बड़े बुजुर्गों की सेवा व देखभाल करने से आपको आत्मिक शांति महसूस होगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन मिलाजुला रहेगा। बुजुर्गों का आशीर्वाद फलदायी होगा। जीवनसाथी का सहयोग सफलता दिलाएगा। व्यवसाय के विस्तार संबंधी कार्यों को आज स्थगित रखें। टैक्स संबंधी अपनी फाइलों को पूरी तरह व्यवस्थित रखें। दूसरों के सुझाव पर भी गंभीरता से विचार करें। सेहत बेहतर रहेगी।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन मनोहारी व लाभकारी रहेगा। किसी शुभ समाचार के मिलने से घर-परिवार में खुशी का माहौल रहेगा। अनुभवी तथा वरिष्ठ लोगों की सलाह व सहयोग आपके व्यक्तित्व को और अधिक निखारेंगे। जिससे आपके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी। घर पर किसी धार्मिक आयोजन की भी योजना बनेगी। स्वास्थ्य लाभ होगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन मध्यम सा रहेगा। कोई भी व्यवसायिक डील फाइनल करते समय समझदारी व सूझबूझ की आवश्यकता है। जल्दबाजी में निर्णय न लें तो बेहतर रहेगा। किसी को पैसा उधार ना दें। पारिवारिक वातावरण सकारात्मक व सहयोगात्मक रहेगा। जीवनसाथी पर भरोसा रखें। स्वास्थ्य सही रहेगा।

*****************************

 

इरफान खान की आखिर फिल्म ‘अपनों से बेवफाई’ 29 जून को रिलीज होगी

26.06.2023  –  बॉलीवुड के शानदार अभिनेता इरफान खान भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके बेहतरीन अभिनय से सजी शानदार फिल्मों ने उन्हें फैंस के दिलों में जिंदा रखा है। ‘द सॉन्ग ऑफ स्कॉर्पियन्स’ के बाद अब अष्ठविनायक इन्टरप्राइजेज के बैनर तले पीयूष शाह द्वारा निर्मित फिल्म ‘अपनों से बेवफाई’ 29 जून को रिलीज होगी। इस फिल्म में इरफान खान दमदार भूमिका में नज़र आएंगे। फिल्म की कहानी एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर पर आधारित है। पैसा ज़िंदगी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है उसके  बिना ढंग से जीवन यापन नहीं किया जा सकता इस कटु सच्चाई को हम झुठला नहीं सकते।

मगर कम समय में और गलत तरीकों से ज्यादा पैसा कमाए जाने के बाद कभी कभी इतना बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ता है कि सारी दुनियां और अपने भी बेगाने हो जाते हैं। इसी बात को फिल्म की कथावस्तु का आधार बनाया गया है। फिल्म का कैरेक्टर विशाल मुम्बईया फिल्मों का एक बेहतरीन एक्टर है मगर उसके बड़े बड़े ख्वाब हैं और कम समय में सुपर स्टार बनने की चाह और झटके में अमीर बनने के नशे को कुदरत का ग्रीन सिंग्नल नहीं मिल पाता है लम्बे चौड़े खर्चों की वजह से उसकी ज़िंदगी एक हाशिये पर आकर रुक जाती है जिसकी वजह से उसका फ्रस्टेशन बढ़ जाता है।

आखिरकार ज्यादा पैसा कम समय में कमाने की लत में वो गलत रास्ता इख्तियार कर लेता है। विशाल की पत्नी और बच्चे उसे गलत काम करने से रोकते हैं मगर वह किसी की नहीं सुनता जिसके परिणाम स्वरुप उसे अपने हँसते खेलते परिवार को छोड़ना पड़ता है, लगातार बीमार रहने के क्रम में लकवाग्रस्त हो जाता है और अंततः उसे यह महसूस होने लगता है कि ‘अपनों की बेवफाई’ ही उसे जीवन में हाथ लगी। इस फिल्म में इरफान खान के अपोजिट एक्ट्रेस महिमा चौधरी नजर आएंगी।

साथ में आर्यन ,पायल ,राज गौतम और ऐनी वसंशिका की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रकाश भालेकर द्वारा निर्देशित इस फिल्म के गीतकार इब्राहिम अश्क़ और संगीतकार बप्पी लाहिरी हैं। बता दें कि  29 अप्रैल 2020 को अभिनेता इरफान खान ने कैंसर की वजह से 54 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया था। ‘द सॉन्ग ऑफ स्कॉर्पियन्स’ के बाद इरफान खान के चाहने वाले इस फिल्म के बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उम्मीद की जा रही है कि यह मूवी 29 जून को इरफान की आखिरी फिल्म के तौर पर पर्दे पर धमाल मचाएगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय 

**************************

 

नीतीश का कद बढ़ना, लालू की राजनीति में वापसी भाजपा के लिए शुभ संकेत नहीं

पटना 25 June (एजेंसी): पटना में 20 राजनीतिक दलों की बैठक के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कद राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ गया है। इसके अलावा, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव एक बार फिर राजनीति में जोरदार वापसी कर रहे हैं। इन दोनों नेताओं ने जिस तरह से बैठक में सूत्रधार की भूमिका निभाई, वह बिहार और देश में भाजपा के लिए अच्छा संकेत नहीं है। इन दोनों नेताओं का राज्य की जनता से जुड़ने का अनोखा अंदाज है। यह 2015 के विधानसभा चुनाव में देखा गया था, जब उन्होंने बिहार में नरेंद्र मोदी के ‘विजय रथ’ को रोक दिया था।

2024 में स्थिति भाजपा के लिए और भी खराब है, क्योंकि सत्ता विरोधी लहर भी चरम पर है। केंद्र की भाजपा सरकार को 2014 में किए गए वादों को पूरा करने में विफल रहने के लिए काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लालू प्रसाद और नीतीश कुमार की जोड़ी उन्हें भाजपा के लिए एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी बना देगी।

नीतीश कुमार ही थे, जिन्होंने अपने बुलावे पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को पटना आने का निमंत्रण देने में अहम भूमिका निभाई थी। इससे यह भी साबित हो गया कि विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच नीतीश कुमार की स्वीकार्यता सबसे ज्यादा है। उनकी छवि साफ-सुथरी है और उनके खिलाफ कोई कानूनी या भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है। उन्हें इन पार्टियों का संयोजक भी घोषित किया गया, जिसका मतलब है कि वह लोकसभा चुनाव के लिए दो या दो से अधिक पार्टियों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत के दौरान मध्यस्थ की भूमिका निभाएंगे। पटना की बैठक की शानदार सफलता के बाद जद-यू विधायक शालिनी मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट अपलोड किया, जिसमें नीतीश कुमार की तस्वीर और ‘देश मांगे नीतीश’ का नारा था।

बिहार सरकार में भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, हर जन आंदोलन के पीछे एक मजबूत व्यक्ति का हाथ होता है। बिहार अतीत में कई जन आंदोलनों का गवाह रहा है, जिसने देश में सत्तारूढ़ दलों को हिलाकर रख दिया था। चौधरी ने कहा, लोकतंत्र में एक मजबूत विपक्ष का होना जरूरी है और यह नीतीश कुमार के प्रयासों से संभव है। जद-यू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा, जेपी नड्डा और अमित शाह के पास हमसे कहने के लिए कुछ नहीं बचा है। इसलिए, वे कांग्रेस और शिवसेना के एक ही मंच पर आने की बात करते हैं जहां हम हैं। यह एक गैर-जिम्मेदाराना कदम है।

*****************************

 

देहरादून डबल मर्डर मिस्ट्री मामला : भाई ने ही जीजा और बहन को उतारा था मौत के घाट

देहरादून 25 June (एजेंसी): क्लेमेनटाउन सी-13 स्थित एक घर में मृत मिले पति-पत्नी की मौत का पदार्फाश हो गया है। दोनों ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनकी हत्या की गई है। हत्या की घटना को अंजाम मृतक महिला के भाई ने दिया था। क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने आरोपित शहवाज निवासी ग्राम चहलोली, थाना नागल, जिला सहारनपुर, यूपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि मृतक काशिफ और आरोपित शहवाज दोनों एक ही गांव से हैं और पूर्व में आपस में दोस्त थे। कुछ वर्ष पहले शहवाज ने अपनी मौसी की लड़की को भगा दिया था। ऐसे में वह और उसका बड़ा भाई शादाब जेल चले गए। उनकी अनुपस्थिति में काशिफ उनके घर आने जाने लगा और उसकी बहन अनम को अपने प्रेमजाल में फंसा दिया।

अनम के नाम पर तीन बीघा पुश्तैनी जमीन थी जो कि काशिफ ने कोर्ट मैरिज के बाद गिरवी रख दी। सब कुछ हाथ से जाते देख आरोपित शहवाज ने अपने जीजा को ठिकाने लगाने की योजना बनाई, और मौके की तलाश करने लगा। सात जून को काशिफ ने शहवाज को उत्तरकाशी में अपनी हाइड्रा मशीन पलटने तथा उसके साथ उत्तरकशी चलने की बात कही, जिस पर आरोपित बीते सात जून को अपनी मोटरसाइकिल से सहारनपुर से देहरादून आया और देहरादून से स्विफ्ट डिजायर से दोनों उत्तरकाशी के लिए निकले। उत्तरकाशी पहुंचने पर काशिफ को अनम ने फोन कर बताया कि उसे दर्द उठ रहा हैं, क्योंकि उसकी डिलीवरी होनी थी।

फिर काशिफ ने मोहल्ले की आशा को फोन कर उसके साथ अनम को अस्पताल भेज दिया और दोनों उत्तरकाशी से वापस देहरादून आ गए। उस दिन भी आरोपित काशिफ को मारने की फिराक में था लेकिन उस दिन अनम को पता था कि काशिफ व शहवाज दोनों साथ हैं। देहरादून से आरोपित अपने गांव चला गया। गांव के लोग शहवाज को मामा बनने की तरह-तरह की बातें बना रहे थे जिससे वह और अधिक गुस्से में आ गया। नौ जून को काशिफ ने शहवाज को फोन कर 10 जून को उत्तरकाशी चलने की बात कहीं जिस पर शहवाज ने उसे इस बार मारने की ठान ली।

******************************

 

दूध फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव से मचा हड़कंप, एक की मौत; 40 मजदूरों की हालत बिगड़ी

पटना 25 June (एजेंसी): बिहार के हाजीपुर शहर में एक दूध सह आइसक्रीम संयंत्र से अमोनिया गैस के रिसाव के कारण एक मजदूर की मौत हो गई और 40 मजदूर बीमार पड़ गए। घटना शनिवार देर रात की है। मृतक दीनानाथ सिंह हाजीपुर शहर में राज दूध और डेयरी उत्पाद संंयंत्र के कर्मचारी थे और पटना जिले के मनेर के निवासी थे।

संयंत्र में रिसाव रात करीब पौने नौ बजे शुरू हुआ। वहां मौजूद करीब 40 कर्मचारी सांस लेने में दिक्कत के कारण वे बेहोश हो गये। हादसे के बाद स्थानीय निवासी वहां से भागने लगे। कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, लेकिन जिला प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण कर लिया।

वैशाली के जिला मजिस्ट्रेट यशपाल मीना ने कहा, हमें संयंत्र से अमोनिया गैस के रिसाव के बारे में पता चला और तुरंत बचाव अभियान चलाया गया। फायर ब्रिगेड और पटना की क्यूआरटी के साथ जिला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बेहोश कर्मचारियों को बाहर निकाला। उन्हें सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया गया।

जिला अग्निशमन अधिकारियों ने अमोनिया गैस के प्रभाव को कम करने के लिए प्रभावित क्षेत्र में पानी का छिड़काव किया। वैशाली के सिविल सर्जन ने दावा किया कि स्थिति नियंत्रण में है और बीमार व्यक्तियों का इलाज किया जा रहा है।

**************************

 

सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाईः पुंछ में एलओसी के पास तीन आतंकियों को किया ढेर

जम्मू 25 June (एजेंसी): जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तीन आतंकवादियों को मार गिराया है , जबकि एक सैनिक घायल हो गया है। सेना ने शनिवार को यह जानकारी दी। रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि ऑपरेशन रेशम के तहत, भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा एक जानकारी के आधार पर काउंटर घुसपैठ अभियान शुरू किया गया था।

उन्होंने कहा कि 23-24 जून की मध्यरात्रि को कृष्णा घाटी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को विफल कर दिया गया, जिसके बाद सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरु हो गयी। मुठभेड़ में एक सैनिक गोली लगने से घायल हो गया। उसे सुरक्षित निकाल लिया गया। प्रवक्ता ने कहा कि नियंत्रण रेखा की ओर भाग रहे तीन घुसपैठियों को भारतीय सैनिकों ने मार गिराया। उन्होंने बताया कि इस बीच इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और तलाश अभियान जारी है।

***************************

 

बंगाल में बड़ा हादसा: आपस में टकराई दो मालगाड़ियां, 8 बोगी बेपटरी- 14 ट्रेनें रद्द

बांकुरा 25 June (एजेंसी): पश्चिम बंगाल के बांकुरा में ओंडा रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह दो मालगाड़ियों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे दोनों मालगाड़ियों के इंजन समेत 8 डिब्बे पटरी से उतर गए। यह हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे हुआ है। यहां एक मालगाड़ी ने दूसरी को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, एक मालगाड़ी के ड्राइवर को मामूली चोटें आईं। हालांकि हादसे से रेलवे ट्रैक और मालगाड़ियों को हुए भारी नुकसान पहुंचा है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दोनों खाली मालगाड़ियां थीं। रेल हादसे से रेलवे के एडीआरए डिवीजन में ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।शुरुआती तौर पर हादसा सिग्नलिंग से जुड़ा लग रहा है। इसके कारण रूट का ट्रैफिक बाधित हो गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने कहा कि एडीआरए डिवीजन के ओंडाग्राम स्टेशन पर मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण 14 ट्रेनें रद्द कर दी गईं। तीन का रूट बदला गया और 2 को कम समय के लिए निलंबित किया है।

***************************

 

प्रधानमंत्री मोदी ने मिस्र में ग्रैंड मुफ्ती से की मुलाकात, कट्टरपंथ और उग्रवाद से निपटने पर चर्चा

नई दिल्ली/काहिरा 25 June (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काहिरा में भारतीय प्रवासियों के साथ-साथ मिस्र के ग्रैंड मुफ्ती प्रोफेसर शॉकी इब्राहिम अल्लम से मुलाकात की है। मोदी मिस्र की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर है। मोदी ने ग्रैंड मुफ्ती के साथ अपनी मुलाकात के दौरान, दोनों देशों के बीच मजबूत सांस्कृतिक और लोगों के संबंधों के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक सद्भाव और चरमपंथ का मुकाबला करने से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक ट्वीट में कहा, पीएम नरेंद्र मोदी ने मिस्र के ग्रैंड मुफ़्ती, प्रोफेसर शॉकी इब्राहिम अल्लम से मुलाकात की। उन्होंने भारत और मिस्र के बीच मजबूत सांस्कृतिक और लोगों के बीच संबंधों पर चर्चा की। चर्चा समाज में सामाजिक और धार्मिक सद्भाव और उग्रवाद और कट्टरपंथ का मुकाबला करने से संबंधित मुद्दों पर भी केंद्रित थी। ग्रैंड मुफ्ती ने समावेशिता और बहुलवाद को बढ़ावा देने में प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की। ‘प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत मिस्र के सामाजिक न्याय मंत्रालय के तहत दार-अल-इफ्ता में आईटी में उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करेगा।’

उल्लेखनीय है कि ग्रैंड मुफ़्ती दोनों पक्षों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को गहरा करने और अंतरधार्मिक समझ को बढ़ावा देने के लिए भारतीय वार्ताकारों के साथ बैठकों के लिए एक आधिकारिक निकाय के निमंत्रण पर छह दिवसीय यात्रा पर मई की शुरुआत में भारत में थे। प्रधानमंत्री ने अलग से काहिरा में प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात की।

प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, मिस्र में भारतीय प्रवासियों के गर्मजोशी से स्वागत से मैं बहुत प्रभावित हूं। उनका समर्थन और स्नेह वास्तव में हमारे राष्ट्रों के शाश्वत बंधन का प्रतीक है। यह भी उल्लेखनीय है कि मिस्र के लोग भारतीय पोशाक पहनते है। सचमुच, यह हमारे साझा सांस्कृतिक संबंधों का उत्सव है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काहिरा में भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। पीएम ने बातचीत में भारत-मिस्र संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए समुदाय की सराहना की।

*****************************

 

मणिपुर में महिलाओं के आगे सेना हुई मजबूर, 12 उग्रवादियों को छोड़ना पड़ा- केवल हथियार लेकर लौटे वापस

मणिपुर 25 June (एजेंसी): मणिपुर में पिछले महीने से चली आ रही हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। हिंसा को कंट्रोल करने के लिए कई जिलों में कर्फ्यू लगा हुआ है। सरकार शांति बहाली के लिए सेना को मोर्चे पर लगा रखी है। इस बीच शनिवार को एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। जहां, सुरक्षाबलों को कांगलेई यावोल कन्ना लुप (KYKL) के 12 उग्रवादियों को महिलाओ की भीड़ की वजह से मजबूरन छोड़ना पड़ गया।

सुरक्षा बलों ने कांगलेई यावोल कन्ना लुप के 12 उग्रवादियों को एक गांव में घेर लिया था तभी महिलाओं की अगुवाई में करीब 1500 लोगों की भीड़ सामने आई गई। भीड़ को देखते हुए मजबूरी में सुरक्षाबलों को उन 12 उग्रवादियों को छोड़ना पड़ा जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा था। 12 उग्रवादियों में मोइरंगथेम तम्बा उर्फ ​​उत्तम भी शामिल था। तम्बा को साल 2015 में हुए उस हमले का मास्टरमाइंड था जिसमें सुरक्षा बलों के 18 जवानों की मौत हुई थी।

इम्फाल में डिफेंस पीआरओ ने बताया कि सुरक्षा बलों के जवानों ने भीड़ को हटने के लिए बार-बार अपील की लेकिन लोग पीछे नहीं हटे। अंत में मजबूरन उग्रवादियों को छोड़ना पड़ गया। हालांकि, सुरक्षाबलों ने उग्रवादियों के पास से मिले बड़ी मात्रा में हथियार को जब्त कर लिया है। ऐसा पहली बार नहीं है जब उग्रवादियों को बचाने के लिए महिलाएं सामने आई। इससे पहले भी इस तरह का मामला सामने आ चुका है।

******************************

 

PM मोदी को मिला मिस्र का सर्वोच्च सम्मान, अब तक 13 देश कर चुके सम्मानित

नई दिल्ली 25 June, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिस्र के सर्वश्रेष्ठ सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द नील’ से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति अब्देल फतह एल-सिसी ने उन्हें अपने हाथों से ये सम्मान दिया। पीएम मोदी को अबतक 13 देशों ने सर्वश्रेष्ठ सम्मान दिया है। इससे पहले उन्होंने बोहरा समुदाय की एक मस्जिद अल-हकीम का दौरा किया।

काहिरा में वह हेलियोपोलिस कॉमनवेल्थ वॉर मेमोरियल भी पहुंचे। यहां भारतीय सेना के शहीद जवानों को उन्होंने श्रद्धांजिली दी। 26 साल में नरेंद्र मोदी भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं जो द्विपक्षीय दौरे पर मिस्र गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने मिस्र के राष्ट्रपति अल-सीसी से द्विपक्षीय वार्ता भी की।

अल-सिसी का सितंबर में जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत की यात्रा करने का भी कार्यक्रम है जहां मिस्र को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। बताते चलें कि इमाम अल-हकीम बी अम्र अल्लाह मस्जिद मिस्र की राजधानी काहिरा के मध्य में लगभग 1,000 साल पुरानी इमारत है।

अपने दौरे के दौरान प्रधान मंत्री ने मस्जिद की दीवारों और दरवाजों पर जटिल नक्काशीदार शिलालेखों की सराहना भी की। 13,560 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली इस मस्जिद का पुनर्निर्माण भारत के दाऊदी बोहरा समुदाय की मदद से किया गया है। उन्होंने 1970 के बाद इस मस्जिद का जीर्णोद्धार किया और तब से इसका रखरखाव कर रहे हैं।

*************************

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आपातकाल को किया याद, कहा- कांग्रेस पार्टी का ये कलंक कभी नहीं मिटेगा

नई दिल्ली 25 June, (एजेंसी): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आपातकाल के दौर को याद करते हुए कहा कि यह कांग्रेस पार्टी पर एक ‘कलंक’ है जिसे कभी नहीं हटाया जा सकता। अमित शाह ने ट्वीट कर कांग्रेस पार्टी पर सत्ता खोने के डर से देश पर आपातकाल थोपने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वास्तव में यह कांग्रेस द्वारा की गई लोकतंत्र की हत्या थी। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि, 1975 में आज ही के दिन, सत्ता खोने के डर से प्रेरित एक परिवार ने देश में आपातकाल लगा दिया, लोगों को उनके अधिकारों से वंचित कर लोकतंत्र की हत्या कर दी।

शाह ने उल्लेख किया कि आपातकाल अभी भी कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को दर्शाता है, कि वे सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि यह कांग्रेस पर एक ऐसा धब्बा है जो कभी नहीं मिटेगा।
उन्‍होंने क‍हा कि सत्ता में बैठे लोगों के स्वार्थ से प्रेरित होकर लगाया गया आपातकाल, कांग्रेस की सत्तावादी मानसिकता का प्रतीक है और एक अमिट दाग बना हुआ है, जो कभी नहीं मिटेगा।

शाह ने कहा, मैं उन सभी देशभक्तों को श्रद्धांजलि देता हूं, जिन्‍होंने उस कठिन समय के दौरान लोकतंत्र को पुनर्जीवित करने के लिए संघर्षों का सामना किया। उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों ने तमाम कठिनाइयों को सहते हुए आपातकाल के खिलाफ लड़ाई लड़ी, उन्हें हमेशा नायक और सच्चे देशभक्त के रूप में याद किया जाएगा।

***************************

 

मोदी के इस कदम से चीन की चिंता बढ़ी, पड़ोसी को खतरे में लगने लगा वर्चस्व

नई दिल्ली 25 June (एजेंसी)-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा ने चीन की चिंता बढ़ा दी है। यह चिंता उन अहम समझाैतों और करारों को लेकर है जोकि भारत और अमेरिका में मोदी के दाैरे के बाद हुए हैं या होने जा रहे हैं। भारत ने यूएस के साथ डिफेंस से लेकर चिप टेक्नोलॉजी तक कई डील साइन की हैं, जिससे चीन का सिरदर्द लगातार बढ़ता रहा।

टेलीकॉम टेक्नोलॉजी पर अमेरिका और भारत के बीच सहमति बनी है, उसमें चीन को ग्लोबल लेवल पर महारथी माना जाता है। अगर अमेरिका भारत की इस मोर्चे पर मदद करता है तो चीन के होश उड़ना लाजमी है। राजकीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी दो अवसरों पर अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करने वाले पहले भारतीय नेता बने।

दर्जनों बहुराष्ट्रीय कंपनियों के सीईओ से मिलने के अलावा, पीएम मोदी ने न्यूयॉर्क और वाशिंगटन में दो बार भारतीय प्रवासियों को भी संबोधित किया। , चीन की वैश्विक महत्वाकांक्षाएं हैं, चीन की विस्तारवादी नीति है, अगर भारत को चीन का मुकाबला करना है तो अमेरिका के समर्थन की जरूरत होगी। इसको नकारने से कोई फायदा नहीं होगा।

हमारी सशस्त्र सेनाओं को अगर चीन का बेहतर तरीके से मुकाबला करना है तो हथियारों का आधुनिकीकरण करना होगा, बेहतर इक्यूप्मेंट और बेहतर इंटेलिजेंस की जरूरत होगी। वैसे चीन को लेकर यह बात मशहूर है कि वह हमेशा पड़ोसियों की उन्नति से जलता है औऱ उसे लगता है कि उसका वर्चस्व खतरे में है।

***************************

 

उत्तराखंड पहुंच गया मानसून, बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा पर लगी रोक

रुद्रप्रयाग 25 June, (एजेंसी): उत्‍तराखंड में रविवार तड़के से उत्‍तराखंड के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश जारी है। बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा बाधित हुई। सोनप्रयाग में यात्रियों को केदारनाथ जाने से रोका गया है। वहीं उत्तरकाशी में अनुसूचित जाति बहुल्य क्षेत्र ज्ञानसू पाडुली में शनिवार सुबह की वर्षा से भूस्खलन होने से आवासीय मकान को खतरा हो गया है। इस संबंध में प्रभावित ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। प्रभावित परिवार ने कहा कि उनके घर हो जोड़ने वाला रास्ता भी टूट गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिसे देखते हुए रविवार से देहरादून समेत सात जनपदों में अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया किया गया है। इस दौरान देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, पिथौरागढ़, नैनीताल व बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा हो सकती है।

********************************

 

आदिपुरुष जैसी फिल्में, हिंदुओं की सहिष्णुता का दुरुपयोग: निश्चलानंद

प्रयागराज 25 June, (एजेंसी): गोवर्धनमठ पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने कहा कि “आदिपुरुष” जैसी फिल्में हिंदुओं की सहिष्णुता का दुरुपयोग है, यह सर्वदा अनुचित है।

पुरी पीठाधीश्वर ने कहा कि अगर दूसरे धर्मों को लेकर इस तरह की फिल्म बने तो समझा जा सकता है कि पूरे देश में क्या स्थिति उत्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्माता और निर्देशकों इस बात का हमेशा ध्यान रखना चाहिए कि फिल्मों का फिल्मांकन इस प्रकार से होना चाहिए कि उससे किसी भी धर्म के अनुयायियों को ठेस नहीं पहुंचे। इस तरह की फिल्मों के बनने पर सरकार को विशेष ध्यान देना चाहिए।

स्वामी निश्चलानंद ने कहा कि सेवा के नाम पर राजनेता गरीबी पालते हैं। जनता की गरीबी का लाभ राजनेता लेते हैं। इसलिए मै कहता हूं कि हर हिन्दू परिवार से रोज एक घंटा और एक रुपये निकलना चाहिए। फिर अपने को हर प्रकार से व्यवस्थित करने में उसी पैसे और समय का उपयोग हो। इससे ही हिन्दुओं की 80 प्रतिशत समस्या का समाधान अपने आप हो जाएगा। स्वामी निश्चलानंद ने झूंसी स्थित शिवगंगा आश्रम में शनिवार को यह बातें कही।

एक अन्य सवाल के जवाब में पुरी पीठाधीश्वर ने कहा कि समलैंगिकता स्वैच्छचारिता की जनक है। इसे किसी भी सूरत में बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। समलैंगिक विवाह मानवता के लिए कलंक है। पूरे विश्व में समलैंगिक विवाह अनिवार्य हो जाए तो वंश परंपरा का लोप हो जाएगा। समलैंगिकता समाज के लिए बेहद घातक है।

केंद्र सरकार के नौ साल के कार्यकाल के सवाल पर पुरी शंकराचार्य ने कहा कि सीमा की सुरक्षा की दृष्टि से शासनकाल को उत्तम कह सकते हैं। व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री मोदी घर भरने वालों में से नहीं है। प्रधानमंत्री कूटनीति के पांच प्रभेद नमन, मिलन, दमन, अंकन और अनुगमन की नीति पर चलते हैं। कूटनीति में प्रधानमंत्री माहिर हैं। इसलिए उनका नाम विश्व स्तर पर है।

****************************

 

राहुल गांधी नहीं होंगे PM फेस, विपक्षी एकता को लेकर AAP ने कांग्रेस के समक्ष रखी शर्त

नई दिल्ली 25 June (एजेंसी) : आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी ने विपक्षी एकता पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि कांग्रेस को राहुल गांधी को तीसरी बार नेता के तौर पर प्रोजेक्ट नहीं करना चाहिए। प्रियंका ने विपक्षी एकता को लेकर कहा कि अगर देश को बचाना है तो कांग्रेस को यह घोषणा करनी चाहिए कि वह तीसरी बार राहुल गांधी पर दांव नहीं लगाएगी और विपक्ष को मजबूर नहीं करेगी।

बता दें कि 23 जून को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से पटना में बुलाई विपक्षी दलों की बैठक में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भाग लिया। इसके बाद आप ने बयान जारी कर कहा था कि अगर कांग्रेस दिल्ली अध्यादेश के मुद्दे पर AAP का समर्थन नहीं करती है तो कांग्रेस के साथ कोई भी गठबंधन करना बहुत मुश्किल होगा।

*****************************

 

मुख्तार अंसारी के सहयोगी पर बड़ा एक्शन, डेढ़ करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त

गाजीपुर 25 June (एजेंसी): उत्तर प्रदेश में गाजीपुर के माफिया मुख्‍तार अंसारी गिरोह 191 के सदस्‍य जाकीर हुसैन उर्फ विक्‍की की सदर कोतवाली क्षेत्र के मुस्‍तफाबाद में स्थित डेढ़ करोड़ की भूमि भवन को प्रशासन ने कुर्क कर दिया। तहसीलदार सदर और सीओ सिटी के नेतृत्‍व में भारी सुरक्षा बल के साथ मुनादी करा कर भूमि भवन को कुर्क किया गया।

इस संदर्भ में सीओ सिटी ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में गैंगेस्‍टर के तहत यह कार्रवाई की गयी है।

जाकीर हुसैन उर्फ विक्‍की मुख्‍तार अंसारी का सहयोगी था और उनके गैंग में शामिल होकर अनेक अपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था। इस भूमि भवन में मदरसा का भी संचालन करता था। इस भूमि भवन की कीमत 41 लाख 29 हजार है जिसकी बाजार कीमत डेढ़ करोड़ रुपया है।

************************

‘ग्लोबल मार्शल आर्ट्स यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन’ ने चीता यज्ञेश शेट्टी को पीएचडी की डिग्री से सम्मानित किया

25.06.2023 – भारतीय फिल्म जगत के चर्चित मार्शल आर्ट गुरु चीता यज्ञेश शेट्टी को ग्लोबल मार्शल आर्ट्स यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन द्वारा ‘मार्शल आर्ट्स प्योर साइंस में डॉक्टरेट ऑफ फिलैंथरोपी (पीएचडी)’ की डिग्री से सम्मानित किया गया है।

अब वो प्रोफेसर डॉ. चीता यज्ञेश शेट्टी बन गए हैं। भारत के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने चीता यज्ञेश शेट्टी को इस सम्मान से सम्मानित किया और ढेर सारी शुभकामनाएं दी। मार्शल आर्ट के जरिए युवाओं को चीता यज्ञेश शेट्टी

प्रेरित करते रहे हैं। इसके लिए बॉलीवुड स्टार सोनू सूद ने भी चीता यज्ञेश शेट्टी को इस उपलब्धि पर बधाई दी हैै।

प्रोफेसर डॉ चीता यज्ञेश शेट्टी पिछले कई वर्षों से महिलाओं को भी मार्शल आर्ट और आत्मरक्षा के तरीके सिखा रहे हैं और उनमें आत्मविश्वास पैदा कर रहे हैं।

मार्शल आर्ट के जरिए उन्होंने न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में प्रसिद्धि हासिल की है। अमेरिकी मार्शल आर्ट काउंसिल ने उन्हें सबसे मूल्यवान जेकेडी प्रशिक्षक के रूप में यूनाइटेड स्टेट मार्शल आर्ट हॉल ऑफ फेम से सम्मानित किया इसके साथ ही उन्हें श्रीलंका के गुरु प्रेमासिरी द्वारा STIMA पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है और मार्शल आर्ट और मानव कल्याण के प्रति उनके बहुमूल्य योगदान के लिए उन्हें कई बार सम्मानित किया गया है।

‘चीता जीत कुने दो ग्लोबल स्पोर्ट्स फेडरेशन’ के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ चीता यज्ञेश शेट्टी देश भर में ‘महिला सशक्तिकरण और आत्मरक्षा कार्यक्रम’ में शामिल हैं। ‘निर्भय महिला अधिकारिता एवं प्रशिक्षण’ कार्यक्रम के तहत वो अब तक करीब 10 लाख महिलाओं को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दे चुके हैं। कर्नाटक के मैंगलोर के रहने वाले और मुंबई आकर होटल सी रॉक में एक प्रबंधक के रूप में उन्होंने अपना करियर शुरू किया था, लेकिन मार्शल आर्ट के प्रति उनके जुनून ने उन्हें एक प्रसिद्ध मार्शल आर्ट गुरु और विश्व प्रसिद्ध ग्रैंड मास्टर बना दिया।

विदित हो कि फिल्म उद्योग में चिता यज्ञेश शेट्टी ने 150 से अधिक अभिनेताओं, अभिनेत्रियों और सुपरस्टारों को एक्शन और मार्शल आर्ट सिखाया है, जिसमें अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, अक्षय कुमार, रितिक रोशन, गोविंदा, जूही चावला, प्रियंका चोपड़ा, ईशा कोप्पिकर, करिश्मा कपूर और फरहान अख्तर आदि के नाम उल्लेखनीय हैं।

चीता यज्ञेश शेट्टी का कहना है कि उनके परिवार के सपोर्ट के बिना यह सब हासिल करना काफी मुश्किल होता। उन्होंने अपनी पत्नी अमरजीत कौर शेट्टी और बेटे त्रिशान शेट्टी के समर्थन और योगदान का भी जिक्र किया।

चीता यज्ञेश शेट्टी आगे कहते हैं कि महिलाओं को मार्शल आर्ट और आत्मरक्षा के तरीके सीखने की ज़रूरत है, इससे महिलाओं का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ता है और वे किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहती हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

********************************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज परिस्थिति तथा समय में तालमेल बिठाकर कार्य करने में सक्षम रहेंगे। माता-पिता बुजुर्गों तथा जीवन साथी के प्रति मन में सेवा भाव बना रहेगा। विद्यार्थी तथा युवा अपने अध्ययन तथा कैरियर के प्रति पूरी तरह फोकस रहेंगे। उन्नति से संबंधित कोई शुभ समाचार मिल सकता है। हल्की थकान महसूस करेंगे। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज कार्यक्षेत्र में उन्नति से संबंधित कोई शुभ समाचार मिल सकता है। किसी प्रकार का ठोस निर्णय लेते समय उस पर गंभीरता से विचार विमर्श करना अति आवश्यक है। कामकाज को लेकर की गई यात्राएं सफल रहेंगी। नौकरी से संबंधित परीक्षा का परिणाम आपके पक्ष में आएगा। मान सम्मान बढेगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज जो काम पिछले कुछ समय से रुका हुआ या अटका हुआ था, उसे पूरा करने का उचित समय है। इस समय कोई नई उपलब्धि आपका इंतजार कर रही है और आप अपनी योग्यता व प्रतिभा द्वारा उसे पूरा करने में सक्षम भी रहेंगे। धर्म कर्म में रूचि बढेगी।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज का दिन मनोनुकूल रहेगा। व्यापार में विस्तार की योजनाओं को मूर्तरूप देने का उचित समय है। फिजूलखर्ची पर जरूर नियंत्रण रखें। किसी अपरिचित इंसान की बातों में आने से आपकी परेशानी बढ़ सकती है। नौकरी में पदोन्नति के योग बने हुए हैं। घर – सामाज मे इज्जत बढेगी।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज संतान की शिक्षा या कैरियर से संबंधित कोई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं। पैतृक संपत्ति या किसी भी प्रकार का विवाद आज किसी की मध्यस्थता से सुलझाने का उचित समय है। घर के सदस्य की दिक्कतों को हल करने में आपका महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। जीवन साथी का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन मिला जुला रहेगा। कार्यक्षेत्र में कोई चुनौती सामने आ सकती है। खुद को साबित करने के लिए मेहनत की जरूरत हो सकती है। इस समय बिजनेस को लेकर जो योजना चल रही थी, वो और टल सकती है। नौकरी में अपने उसूलों और सिद्धांतों के साथ बिल्कुल भी समझौता ना करें। धन लाभ की पूरी सम्भावना है।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आप अपने सकारात्मक दृष्टिकोण द्वारा किसी भी समस्या का हल ढूंढने में सक्षम रहेंगे। संतान संबंधी भी कोई शुभ समाचार प्राप्त हो सकता है। बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद व कृपा प्राप्त होगी। घर की देखरेख और पारिवारिक लोगों के साथ में उचित समय व्यतीत होगा। स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज कार्यक्षेत्र में विस्तार की योजना पर काम शुरू करने से काफी हद तक सफलता मिल सकती है। अपने टैक्स संबंधी सभी कामों को पूरा रखें। अगर आप राजकीय सेवा क्षेत्र में है तो पब्लिक के साथ व्यवहार करते समय सावधानी रखने की आवश्यकता है। बड़ो का आशीर्वाद मिलेगा। पारिवारिक सदस्यों के सम्बन्धों में मधुरता आएगी।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आय के नए स्रोत बनने के उचित योग बन रहे हैं। कारोबार में कोई उपलब्धि मिलने पर ज्यादा सोच-विचार ना करके तुरंत उस पर अमल करें। नौकरी में छोटी-मोटी समस्याएं आ सकती है। बॉस तथा वरिष्ठ अधिकारियों की मदद से उन्हें सुलझाने में सक्षम रहेंगे। आध्यात्मिक विषयो में वृद्धि होगी।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आप किसी भी परिस्थिति में कार्य को पूरा करने की क्षमता रखेंगे। समाज तथा परिवार में मान-सम्मान तथा प्रतिष्ठा में इजाफा होगा। व्यवहार कुशलता का सकारात्मक प्रभाव सम्मान में बढोतरी करेगा तथा परिवार में परस्पर प्रेम व सौहार्द बना रहेगा। स्वास्थ्य लाभ होगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज योजना अनुसार कार्य करने में सफलता मिलेगी। मशीनरी तथा तकनीकी कार्यों से संबंधित व्यवसाय में कामयाब रहोगे। अपनी कार्यप्रणाली तथा व्यस्तता संबंधी योजनाओं को किसी के समक्ष जाहिर ना करे। ऑफिस में आपकी किसी परेशानी में सहकर्मियों का पूरा सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज घर में किसी नजदीकी रिश्तेदार के आगमन से खुशी का माहौल रहेगा। तथा किसी महत्वपूर्ण मुद्दे पर सलाह-मशविरा होने से कोई समाधान भी मिलेगा। कोर्ट-कचहरी संबंधी जो मामले पिछले काफी समय से लंबित चल रहे थे, उन पर आज काम करने का उचित समय है। सामाजिक दायरा बढेगा। स्वास्थ्य सही रहेगा।

************************************

 

विपक्ष की 15 पार्टियों का ऐलान, एकजुट होकर लड़ेंगी 2024 का लोकसभा चुनाव

पटना 24 June (एजेंसी)- विपक्षी पार्टियों की पहली बैठक पटना में शुक्रवार को खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग में ढाई घंटे चली बैठक में 15 पार्टियों के नेता मौजूद रहे। विपक्षी एकता की दूसरी बैठक शिमला में होगी। यह बैठक 10 से 12 जुलाई के बीच हो सकती है। इधर, आम आदमी पार्टी ने कहा कि अध्यादेश पर कांग्रेस अपना रुख साफ करे नहीं तो उसके साथ किसी बैठक में शामिल नहीं होंगे।

पार्टियों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीतीश कुमार ने कहा कि एक साथ चलने की बात हुई है। एक साथ चुनाव लड़ने की सहमति बन गई है। अगली मीटिंग सब पार्टियों की एक और जल्द की जाएगी। इस मीटिंग में अंतिम रूप दिया जाएगा, कौन कहां से, कैसे लड़ेगा।

राहुल गांधी ने कहा, हिंदुस्तान की नींव पर हमला हो रहा है। बीजेपी-आरएसएस आक्रमण कर रही है। मैंने मीटिंग में कहा कि हम सब एक साथ खड़े हैं। सभी पार्टी में थोड़े-थोड़े डिफ्रेंसेज है, लेकिन एक साथ काम करेंगे। आज जो बातचीत की है, उसे अगली मीटिंग में और आगे बढ़ाएंगे।

ममता बनर्जी ने कहा- नीतीश कुमार ने बहुत अच्छे तरीके से मीटिंग का आयोजन किया है। पटना से ही जनआंदोलन शुरू होता है। दिल्ली में कई बार मीटिंग हुई, लेकिन उसका कोई निष्कर्ष नहीं निकला। आज की मीटिंग में तीन चीजें क्लियर हुई। पहला हम एक है। दूसरी हम एक साथ लड़ेंगे। तीसरी जो भी पॉलिटिकल एजेंडा बीजेपी लाए, हमलोग साथ मिलकर उसका विरोध करेंगे। इस लड़ाई में अपना खून बहाना पड़ा तो बहाएंगे। आज इतिहास का बड़ा दिन है।

बैठक में 15 पार्टियों के 27 नेता शामिल

बैठक में JDU, RJD, AAP, DMK, TMC, CPI, CPM, CPI (ML), PDP, नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट), सपा, JMM और NCP आदि पार्टियां शामिल थी।

वहीं मीटिंग में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके के नेता एम के स्टालिन, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी की नेता ममता बनर्जी, उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप नेता अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राघव चड्ढा, संजय सिंह, लेफ्ट से डी राजा, दीपांकर भट्टाचार्य, सीताराम येचुरी और पीडीपी की महबूबा मुफ्ती। कांग्रेस से मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी, NCP से शरद पवार, सुप्रीया सुले, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, सपा के अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी ) के उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, संजय राऊत, JMM के हेमंत सोरेन, बिहार से JDU से नीतीश कुमार, संजय झा, ललन सिंह और RJD के तेजस्वी यादव और लालू यादव मौजूद रहे।

*******************************

 

केरल में मानसून के बीच नौसेना के पायलटों ने भरी साहसिक उड़ान, तूफान से लड़कर बच्ची की बचाई जान

तिरुवनंतपुरम 24 June (एजेंसी)- अरब सागर के पास शहर में मानसून में तेज तूफान के बीच भारतीय वायु सेना ने अभियान चलाकर एक दो साल की बच्ची को बचाने में सफलता की उड़ान भरी। दरअसल, दो साल की एक बच्ची गंभीर रूप से बीमार थी। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती किए जाने की आवश्यकता थी। तभी, भारतीय नौसेना के पायलट देवदूत बनकर सामने आए और उन्होंने उसे बचाने के लिए साहसिक अभियान चलाया। बच्ची को देर रात डोर्नियर विमान के जरिए लक्षद्वीप के अगत्ती द्वीप से केरल के कोच्चि शहर लाया गया।

बच्ची को एस्पिरेशन निमोनिया है। जिस कारण उसे सांस लेने में दिक्कत आ रही थी और ज्वर के दौरे पड़े थे। उसके साथ उसकी मां, चाचा और एक मेडिकल डॉक्टर भी थे। उसे एर्नाकुलम के मेडिकल ट्रस्ट अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया कि बच्ची को आईसीयू में भर्ती कराया गया है और उसका रक्तचाप गिरने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। एक रक्षा सूत्र ने बताया कि कोच्चि में दक्षिणी नौसेना कमान (एसएनसी) के मुख्यालय में बुधवार शाम फैक्स मिला। इसमें केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन के अनुरोध पर लक्षद्वीप में एक नौसेना अधिकारी से चिकित्सा निकासी के लिए सहायता मांगी गई थी। इसके बाद नौसेना ने तुरंत चिकित्सा निकासी मिशन शुरू किया। कोच्चि से उड़ान भरने वाला विमान एक घंटे से ज्यादा समय बाद अरब सागर में तटीय शहर से 450 किलोमीटर पश्चिम में स्थित अगत्ती हवाई क्षेत्र में उतरा। इसके बाद डोर्नियर ढाई साल की बच्ची को लेकर कोच्चि लौटा और करीब तीन घंटे का मिशन पूरा करते हुए रात 9 बजकर 50 मिनट पर कोच्चि पहुंचा। बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

एक रक्षा विज्ञप्ति में कहा गया, मरीज को अगत्ती द्वीप से एयरलिफ्ट किया गया था। मौजूदा मानसून के कारण चुनौतीपूर्ण मौसम की स्थिति थी। ऐसे में आईएनएस गरुड़ के डोर्नियर द्वारा बच्ची कोच्चि ले जाया गया। बच्ची को तुरंत कोच्चि के एक सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसकी हालत में सुधार हो रहा है।

नौसेना के एक अधिकारी से जब खराब मौसम में जोखिम भरे मिशन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, पायलटों के लिए मानसून का मौसम हमेशा चुनौती भरा होता है। हम इसी के लिए प्रशिक्षित हैं।’ बच्ची के पिता सुलेमान ने मदद के लिए लक्षद्वीप प्रशासन और भारतीय नौसेना का आभार जताया। रक्षा सूत्र ने कहा कि रात के अभियानों के लिए अगत्ती हवाई क्षेत्र को संचालित करने की दिशा में चल रहे प्रयासों ने त्वरित मानवीय सहायता और हताहतों को निकालने के मिशन का मार्ग प्रशस्त किया है। पिछले साल अक्तूबर में अगत्ती एयरफील्ड में सफल रात्रि परीक्षण किया गया था।

*****************************

 

केदारनाथ जा रहे यात्रियों की वैन खाई में गिरी, 1 की मौत और 7 घायल

पौड़ी गढ़वाल 24 June (एजेंसी): उत्तराखंड के श्रीनगर में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मलेथा- टिहरी राजमार्ग पर डांगचौरा पाली के समीप एक ओमनी वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। जबकि चालक सहित सात लोग घायल गए हैं। सभी घायल केदारनाथ धाम के दर्शनों के लिए जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को उत्तरकाशी हरेती ब्रह्मखाल के दो परिवारों के सात सदस्य केदारनाथ धाम के दर्शनों के लिए ओमनी वैन में निकले थे। मलेथा- टिहरी राजमार्ग पर डांगचौरा पाली के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।

जिसके बाद लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस एवं एसडीआरएफ श्रीनगर की टीम ने मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। हादसे में वैन सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि चालक सहित सात लोग घायल हो गए। घायलों को 108 की मदद से बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया।

डाक्टरों ने सभी को खतरे से बाहर बताया है। कोतवाल कीर्तिनगर कमल मोहन भंडारी ने बताया कि हादसे में बिजेंद्र सिंह राणा पुत्र तेग सिंह निवासी हरेती ब्रह्मखाल की मौत हुई है। मणिका देवी पत्नी बिजेंद्र सिंह, उनके नाती आदर्श व कल्पना निवासी हरेती ब्रह्मखाल और जवाई मंगल सिंह निवासी खटूखाल घायल हैं। चालक धीरज कुमार निवासी उत्तरकाशी भी घायल है।

*****************************

 

रेड अलर्ट के बीच कई इलाकों में झमाझम बारिश, हेल्पलाइन नंबर भी जारी

देहरादून 24 June (एजेंसी): उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में प्री-मानसून शावर तेज हो गए हैं। शनिवार से सोमवार तक प्रदेश में मौसम को लेकर रेड अलर्ट है।

शनिवार को प्रदेश में गरज-चमक के साथ कई स्थानों पर तीव्र बौछार और झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी वर्षा हो सकती है। साथ ही कहीं-कहीं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। आपदा की आशंका के चलते संबंधित जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून उड़ीसा, बंगाल व झारखंड पहुंच चुका है। अगले दो-तीन दिन में मानसून के छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पहुंचने की संभावना है।

उत्तराखंड में मौसम विज्ञान विभाग ने 24 से 27 जून तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से जिलों को दिशा- निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत सभी लाइन विभागों के अधिकारी-कर्मचारी 24 घंटे अलर्ट रहेंगे। इस दौरान कोई भी कर्मचारी और अधिकारी अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं करेगा। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के संयुक्त सचिव व ड्यूटी ऑफिसर विक्रम सिंह यादव की ओर से जारी दिशा-निदेशरें के अनुसार, राज्य में अगले चार दिनों में कहीं- कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, बहुत तीव्र से अत्यधिक तीव्र बौछारें पड़ने के साथ भारी बारिश हो सकती है।

वहीं तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके लिए सभी लाइन विभागों के अधिकारी कर्मचारी इस दौरान विशेष एहतियात बरतेंगे। आईआरएस प्रणाली के नामित सभी अधिकारी एवं विभागी नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे। किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने पर संबंधित विभाग तुरंत उसे खोलने की कार्रवाई करेंगे। सभी राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी अपने क्षेत्रों में बने रहेंगे। विद्यालयों में भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

आपदा की दृष्टि से जारी किए गए नंबर:

0135-2710335

-0135-2664314

-0135-2664315

-0135-2664316

-0135-2710334

-0135-2664317

-1070

-9058441404

-8218867005

*******************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version