नई दिल्ली 20 Jully (Rns/FJ): अग्निपथ योजना के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल याचिका पर सुनवाई 25 अगस्त टाल दी गई है। दिल्ली हाईकोर्ट ने सभी याचिकाओं को क्लब करने के लिए कहा है। दिल्ली हाईकोर्ट अग्निपथ स्कीम के खिलाफ दाखिल सभी याचिकाओं पर 25 अगस्त को सुनवाई करेगा।
बता दें कि अग्निपथ योजना को लेकर अलग-अलग अदालतों में याचिकाएं दाखिल की गईं हैं। इन याचिकाओं को सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट में ट्रांसफर कर दिया था। उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को उसके समक्ष लंबित सशस्त्र बलों में भर्ती से जुड़ी केंद्र सरकार की ‘अग्निपथ’ योजना को चुनौती देने वाली सभी जनहित याचिकाओं को दिल्ली उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया था।
न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति ए एस बोपन्ना की पीठ ने केरल, पंजाब एवं हरियाणा, पटना और उत्तराखंड उच्च न्यायालय से भी इस योजना के खिलाफ उनके यहां दायर सभी जनहित याचिकाओं को या तो दिल्ली उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने या फिर उन पर तब तक फैसला निलंबित रखने को कहा, जब तक दिल्ली उच्च न्यायालय अपना निर्णय नहीं कर लेता।
नई दिल्ली 20 Jully (एजेंसी): राष्ट्रमंडल खेलों में जाने वाले खिलाड़ियों को PM मोदी का मंत्र. इंग्लैंड के बर्मिंघम में 28 जुलाई से कॉमनवेल्थ गेम्स का आगाज होने वाला है। भारत का 322 सदस्यों का दल जल्द ही रवाना होगा। खिलाड़ियों के रवाना होने से पहले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे बात की हौंसला बढ़ाया। प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों से बात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान पीएम मोदी का अलग अंदाज़ भी देखने को मिला, जब खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने एक डायलॉग बोला और कहा कि कोई नहीं है टक्कर में, कहां पड़े हो चक्कर में।
पीएम मोदी ने वर्चुअल माध्यम से खिलाड़ियों को संबोधित किया, जिसमें अलग-अलग फील्ड के प्लेयर्स मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां खिलाड़ियों से कहा कि जो भी एथलीट पहली बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं, वो भी अपनी ज़बरदस्त छाप छोड़ेंगे। पीएम बोले कि आपको कैसे खेलना है, क्या रणनीति अपनानी है ये सब आपको पता ही है।
खिलाड़ियों को मंत्रा देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले कि मैं बस इतना ही कहूंगा कि जी भर के खेलिए, पूरी ताकत से खेलिए और बिना किसी टेंशन के खेलिएगा। पीएम ने इसी के साथ कहा कि आपने पुराना डायलॉग सुना होगा कि कोई नहीं है टक्कर में, कहां पड़े हो चक्कर में। इसी एटिट्यूड के साथ आपको वहां पर जाना है और खेलना है.
आपको बता दें कि इस साल कॉमनवेल्थ गेम्स का आगाज़ 28 जुलाई से हो रहा है, जो 8 अगस्त तक जारी रहेगा। इस बार कॉमनवेल्थ बर्मिंघम में हो रहा है। इस बार भारतीय दल में 300 से अधिक लोग शामिल हैं, ऐसे में भारत की कोशिश है कि अपने पुराने प्रदर्शन को सुधारा जाए।
नई दिल्ली ,20 जुलाई (एजेंसी)। स्प्रिंटर एस धनलक्ष्मी डोप में फंसीं राष्ट्रमंडल खेलों से पहले भारत को झटका. बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय एथलेटिक टीम के चार गुणा 100 मीटर रिले में पदक जीतने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। पिछले वर्ष दुती चंद और बीते माह हिमा दास को 100 और 200 मीटर में हराकर सुर्खियां बटोरने वाली तमिलनाडु की स्प्रिंटर एस धनलक्ष्मी डोप में फंस गई हैं।
वह वर्ल्ड एथलेटिक्स की एथलीट इंटीग्रिटी यूनिट (एआईयू) की ओर से कराई गई टेस्टिंग में पकड़ी गई हैं। एआईयू ने धनलक्ष्मी का देश से बाहर आउट ऑफ कंपटीशन सैंपल लिया था। उनके सैंपल में एनाबॉलिक स्टेरायड पाया गया है। उन्हें अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
वाहन चेकिंग के दौरान महिला सब-इंस्पेक्टर को कुचला ली जान
रांची 20 Jully (Rns/FJ): झारखंड की राजधानी रांची से एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां संध्या टोपनो नाम की एक महिला सब-इंस्पेक्टर की बीती रात वाहन चेकिंग के दौरान मौत हो गई। टोपनो तुपुदाना ओपी के प्रभारी के पद पर तैनात थीं। आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर लिया गया है। रांची के एसएसपी ने इसकी जानकारी दी।
यह घटना बुधवार की सुबह तीन बजे की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी पहुंचकर दरोगा के शव को अपने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक तुपुदाना में एंटी क्राइम चेकिंग चलाया जा रहा था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात दरोगा संध्या टोपनो पिकअप वैन को रुकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय दरोगा के ऊपर गाड़ी को चढ़ाते हुए फरार हो गया। हालांकि कुछ देर बाद ही चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
बता दें कि इससे पहले मंगलवार को हरियाणा में एक डीएसपी को खनन माफिया ने कुचल कर मार दिया था।
19.07.2022 (FJ) – मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज फेमिना मिस इंडिया -2022 के ग्रैंड फिनाले में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाली सुश्री रिया तिर्की ने शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में यह मुकाम हासिल करने के लिए सुश्री तिर्की को बधाई दी और मोमेंटो एवं अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया । मुख्यमंत्री ने कहा कि आप झारखंड की पहली आदिवासी बेटी है, जिन्होंने अपनी प्रतिभा, लगन और मेहनत की बदौलत फेमिना मिस इंडिया -2022 के ग्रैंड फिनाले तक का सफर तय किया है । पूरी प्रतियोगिता में आप का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। आपकी इस उपलब्धि पर पूरा झारखंड गौरवान्वित है । आगे आप और बुलंदियों को हासिल करें। इसके लिए ढेरों शुभकामनाएं।।
जनजातीय और क्षेत्रीय कलाकारों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के जनजातीय और क्षेत्रीय कलाकारों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। वे अपनी प्रतिभा का लगातार प्रदर्शन करते आ रहे हैं । उन्हें दर्शकों का भी भरपूर प्यार मिल रहा है। लेकिन, कुछ समस्याओं की वजह से उन्हें बड़े प्लेटफार्म पर अपने को स्थापित करने में दिक्कतें आ रही हैं। सरकार के संज्ञान में ये बातें हैं । अपने कलाकारों को हर तरह से सहयोग करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है । उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे अपने परफॉर्मेंस से राज्य का नाम रोशन कर सकें।
आर्ट गैलरी बनाने की हो रही तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रतिभावान चित्रकारों की कोई कमी नहीं है । विशेषकर चित्रकारी के प्रति बच्चों में काफी रुझान देखने को मिल रहा है । उनकी खूबसूरत स्केचिंग बरबस ही मन मोह लेती है । उनके द्वारा बनाए गए पेंटिंग्स को संजोने के लिए सरकार आर्ट गैलरी बनाने पर विचार कर रही है ।इतना ही नहीं, इन कलाकारों को आगे बढ़ने में जो भी सहयोग की जरूरत होगी उन्हें उपलब्ध कराया जाएगा।
सपोर्ट के लिए मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
सुश्री तिर्की ने मुख्यमंत्री द्वारा मिले सपोर्ट के लिए आभार जताया। उसने कहा कि मैंने फेमिना मिस इंडिया -2022 के ग्रैंड फिनाले तक के सफर में समर्थन के लिए जो ट्वीट किया था, उसे आपके द्वारा री- ट्वीट करने का नतीजा रहा कि मेरे फॉलोवर्स काफी बढ़ गए। झारखंड समेत पूरे देश का मुझे भरपूर प्यार मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि वे झारखंड में काम करने की इच्छुक है। अगर वैसा मौका मिलेगा तो वह निश्चित तौर पर इसे निभाने के लिए अपनी को खुशनसीब मानूंगी।
इस अवसर पर सुश्री रिया तिर्की के परिजन श्री वीरेंद्र कुमार परधिया, श्रीमती संजू परधिया, श्री विजय कुमार परधिया, श्रीमती सरिता परधिया के अलावा डॉक्यूमेंट्री मेकर और झारग्राम के श्री पवन बाड़ा, जुंबा इंस्ट्रक्टर (वियतनाम) के श्री सुजीत तिग्गा, झारखंड ट्राईबल आर्टिस्ट के श्री एस उरांव तथा जोहार ग्रुप एंड खादी वाला के फाउंडर श्री आशीष सत्यव्रत साहू मौजूद थे।
नई दिल्ली, 19 जुलाई (आरएनएस/FJ) । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि भारतीय सेना की नई भर्ती प्रक्रिया में जाति एवं धर्म की कोई भूमिका नहीं है। पात्रा ने कहा कि भारतीय सेना में भर्ती प्रक्रिया के फॉर्म में अभ्यर्थियों के जाति एवं धर्म की जानकारी लेना सेन के लिए एक प्रशासनिक अर्थात एडमिनिस्ट्रेटिव और परिचालन अर्थात ऑपरेटीव जरूरत होती है।
संबित पात्रा ने कहा कि 2013 मे सुप्रीम कोर्ट मे दायर एक याचिका के मामले में भारतीय सेना ने एक शपथ पत्र दायर कर स्पष्ट कहा था कि हमारे रिक्रूटमेंट प्रोसेस में धर्म का कोई आधार नहीं हैं। दुर्भाग्यवश, कर्मक्षेत्र या युद्ध के दौरान कोई जवान बलिदान को प्राप्त होता है, तो उसकी अंत्येष्टि किस तरह से की जाएगी, इसके लिए उस जवान के धर्म की जानकारी रखना आवश्यक होता है। इसलिए भर्ती हेतु फार्म में धर्म का कॉलम होता है। संबित पात्रा ने कहा किउस वक्त 2013 में यूपीए कांग्रेस की सरकार की थी।
सुप्रीम कोर्ट में दायर शपथ पत्र के बारे में क्या कांग्रेस और आम आदमी पार्टी नहीं जानती है? इसके बावजूद इंडियन आर्मी को राजनीतिक के अखाड़े में घसीटना चाहते है। ये लोग इतने निचले स्तर की राजनीति करने लगे हैं और देश के आर्मी को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। संबित पात्रा ने कहा कि धर्म का कॉलम क्यो मांगा जाता है और
इंडियन आर्मी में रिक्रूटमेंट की एक प्रक्रिया है जो आजादी से पहले की बनी हुई है। यह पूरी प्रक्रिया स्पेशल आर्मी आर्डर के तहत रिक्रूटमेंट प्रोसिजर बनाया गया था, जो आजादी के बाद उसमें थोड़ा बहुत बदलाव किया गया। वही भर्ती प्रक्रिया अभी भी चल रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के दौरान उस भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
फिर भी जानबूझकर आमा आदमी पार्टी और कुछ राजनेताओं ने इसे मुद्दा बनाकर सड़क पर आगजनी करवाने की कोशिश कर रहे हैं। युवाओं के बीच में अफवाह और भ्रम की स्थिति फैलाने की कोशिश हो रही है कि इंडियन आर्मी उन्हें रिक्रूट नहीं करना चाहती है। समाज में भेदभाव की नीति अपना कर सड़कों पर आगजनी कराने की पूरी कोशिश हो रही है। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस पार्टी और कुछ नेता यह सब करके अपना-अपना राजनीतिक फायदा उठाना चाहते हैं।संबित पात्रा ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल उन्हीं लोगों में से हैं, जो सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाए थे।
ये लोग भारतीय सेना पर संदेह उत्पन्न कराने और देश के लोगों को भारतीय सेना के विरूद्धं खड़ा कराने की कोशिश करते हैं। कुछ लोग अपनी स्वार्थ के लिए ये सब काम कर रहे हैं, लेकिन देश के लोगों को भारतीय सेना पर पूर्ण विश्वास है।
नई दिल्ली ,19 जुलाई (आरएनएस)। यहां न्यू अशोक नगर इलाके में मंगलवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत में आग लग गई। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 12 लोगों को बचा लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि दोपहर 3.34 बजे आग लगने की घटना की सूचना मिली। 5 फायर टेंडर को तुरंत सेवा में लगाया गया।
दिल्ली दमकल सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने आईएएनएस को बताया, हमने अब तक इमारत से 12 लोगों को बचाया है। आग मुख्य रूप से इमारत की पहली मंजिल पर लगी थी।
आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
घटनास्थल से इमारत से धुएं के घने गुब्बार निकलते दिखाई दे रहे हैं।
शिमला ,19 जुलाई (आरएनएस/FJ)। हिमाचल प्रदेश में किन्नौर जिले के शलखर गांव में बादल फटने से आठ नालों में बाढ़ आ गई। जिससे इलाके के कई घर और वाहन पानी में डूब गए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बादल फटने की घटना को चिंताजनक बताया और प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए।
ठाकुर ने कहा कि प्रशासन को बारिश के मौसम के चलते पूरे हिमाचल में अलर्ट रहने को कहा गया है। उन्होंने कहा, किन्नौर में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं जो चिंता का विषय है।
रास्ते बंद होने के कारण इलाके के लोग सुरक्षित स्थान पर नहीं जा पा रहे हैं। इसे देखते हुए ग्रामीणों ने आपदा प्रबंधन अधिकारियों, जिला प्रशासन और राज्य सरकार से बचाव कार्य शुरू करने की अपील की है।
लखनऊ ,19 जुलाई (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लुलु मॉल विवाद को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शन को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन को फटकार लगाई। सीएम योगी ने कहा, इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और इस तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मॉल में तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बीती शाम को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठान लुलु मॉल को सियासी गढ़ में तब्दील कर दिया गया है। कुछ लोगों द्वारा अनावश्यक बयान दिए जा रहे थे और मॉल में आने वाले लोगों की आवाजाही में बाधा डालने के लिए प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे थे। किसी को भी प्रार्थना या अन्य कार्यक्रम आयोजित करके सड़क पर यातायात बाधित करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
इस बीच, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि 12 जुलाई को लुलु मॉल में कथित तौर पर नमाज अदा करने वाले चार लोगों का वीडियो फर्जी था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 15 जुलाई को वायरल हुआ यह वीडियो असल में उन लोगों का है, जिन्हें पुलिस ने 15 जुलाई को मॉल के अंदर हनुमान चालीसा पढऩे और नमाज पढऩे के प्रयास में गिरफ्तार किया था।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से अपने-अपने जिलों में स्थिति की समीक्षा करने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने को कहा।
लखनऊ ,19 जुलाई (आरएनएस/FJ)। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने बाबरी विध्वंस मामले में पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, विनय कटियार, साध्वी ऋतंभरा, बृजभूषण शरण सिंह समेत सभी 32 आरोपियों को बरी किए जाने के फैसले को चुनौती देने वाली पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई की। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने याचिका को आपराधिक याचिका में बदलने का आदेश दिया सुनवाई की अगली तारीख 1 अगस्त तय की।
यह आदेश न्यायमूर्ति दिनेश कुमार सिंह की पीठ ने दिया।
हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति दिनेश कुमार सिंह ने आदेश में कहा कि सभी 32 आरोपियों को बरी करने के खिलाफ दायर पुनरीक्षण याचिका सुनवाई योग्य नहीं थी, इसलिए उन्होंने अपने कार्यालय को संशोधन कर याचिका को आपराधिक अपील के रूप में बदलने का निर्देश दिया।
इस याचिका पर सुनवाई पहले 11 जुलाई को होनी थी, लेकिन वकीलों ने स्थगन का अनुरोध किया था।
पीठ ने अनुरोध स्वीकार करते हुए इसे सोमवार के लिए सूचीबद्ध किया, साथ ही आगाह किया था कि वह सुनवाई दोबारा स्थगित नहीं करेगी।
पीठ अयोध्या के दो निवासियों हाजी महमूद अहमद और सैयद अखलाक अहमद की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई करेगी।
याचिका में कहा गया है कि दोनों याची इस मामले में न सिर्फ गवाह थे, बल्कि घटना के पीडि़त भी हैं।
कारसेवकों ने 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद को गिरा दिया था।
सीबीआई की विशेष अदालत ने इस मामले में 30 सितंबर 2020 को आरोपी के रुप पर नामजद सभी 32 आरोपियों को बरी कर दिया था।
नई दिल्ली ,18 जुलाई (आरएनएस)। उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार जगदीप धनखड़ ने नामांकन दाखिल कर दिया है। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह और भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उनके साथ मौजूद थे। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत भाजपा के कई और सीनियर नेता इस मौके पर नजर आए। यही नहीं एनडीए की ओर से इस मौके पर एकता का भी इजहार किया गया।
नामांकन के मौके पर अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल और रिपब्लिकन पार्टी के नेता रामदास आठवले भी पहुंचे थे। इस तरह भाजपा ने उपराष्ट्रपति के लिए धनखड़ के नामांकन के मौके पर शक्ति प्रदर्शन भी किया। शनिवार को ही भाजपा की ओर से जगदीप धनखड़ को उपराष्ट्रपति उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया गया था।
वह फिलहाल बंगाल के गवर्नर हैं और राजस्थान के झुंझुनू के रहने वाले हैं। नामांकन के बाद जगदीप धनखड़ ने कहा कि मैं हमेशा देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाकर रखूंगा। उन्होंने कहा कि मैंने तो कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मेरे जैसे व्यक्ति को कभी इस तरह का अवसर मिलेगा।
नामांकन से पहले जगदीप धनखड़ ने अलग-अलग दलों के सांसदों से भी मुलाकात की। इसके बाद नामांकन के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं के साथ निकले। इस मौके पर बीजू जनता दल और लोक जनशक्ति पार्टी के नेता भी मौजूद थे। विपक्ष की ओर से महिला नेता मार्गरेट अल्वा को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है।
नई दिल्ली ,18 जुलाई (आरएनएस)। आज देशभर में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान हुए। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी लोकतांत्रिक धर्म का निर्वहन करते हुए मतदान करने व्हीलचेयर पर पहुंचे।
बता दें कि आज भारत के नए राष्ट्रपति के चुनाव के लिए देश भर में संसद और राज्य विधानसभाओं में गुप्त मतदान द्वारा वोटिंग हुई। झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की उम्मीदवार हैं, जबकि उनके विपक्षी प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा हैं। आज पहली बार 89 वर्षीय मनमोहन सिंह को संसद भवन में व्हीलचेयर पर देखा गया।
पूर्व प्रधानमंत्री ने चार सरकारी अधिकारी की मदद से अपना वोट दिया। कांग्रेस के कई नेताओं ने मनमोहन सिंह के लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी निर्वहन को प्रेरणास्रोत बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने वोटिंग शुरू होने के पहले घंटे में अपना वोट दिया।
मुंबई ,18 जुलाई (आरएनएस)। महाराष्ट्र में शिवसेना को एक और बड़ा झटका लगने जा रहा है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष और मंत्री रहे रामदास कदम ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। वह उद्धव ठाकरे के गुट में थे। इससे पहले उनके बेटे और विधायक योगेश कदम भी शिंदे खेमे में शामिल हो गए थे। मालूम हो कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना विधायकों की बगावत के बाद उद्धव ठाकरे से मुख्यमंत्री पद छिन गया था।
रत्नागिरी में खेड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राम कदम शिवसेना के उन कई बागी नेताओं में शामिल हैं, जिन्हें शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे का पक्ष लेते देखा गया है। रामदास कदम का पिछले महीने परिवहन मंत्री अनिल परब के साथ अनबन हो गई थी और उन्होंने शिवसेना में दरकिनार किए जाने की शिकायत की थी। वहीं ऐसी अटकलें थीं कि परब के साथ विवाद के बाद कदम शिवसेना छोड़ देंगे, उन्हें पार्टी सांसद और प्रवक्ता संजय राउत से मिलने के बाद मना लिया गया था।
नई दिल्ली ,18 जुलाई (आरएनएस)। सुप्रीम कोर्ट सोमवार को शिवलिंग के कथित तौर पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा पूजा, दर्शन, ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) सर्वेक्षण और कार्बन डेटिंग की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करने पर सहमत हो गया है। अदालत के आदेश पर पहले कराए गए सर्वेक्षण के दौरान ज्ञानवापी मस्जिद के वजूखाना क्षेत्र में शिवलिंग खोजा गया था। अधिवक्ता विष्णु जैन ने मुख्य न्यायाधीश एन.वी. रमना की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष सात हिंदू महिलाओं द्वारा दायर याचिकाओं का उल्लेख किया।
जैन ने कहा कि याचिका ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के अंदर पाए गए शिवलिंग की पूजा और दर्शन के लिए है, और शिवलिंग की डेटिंग के लिए भी है और शीर्ष अदालत से मामले को तत्काल सूचीबद्ध करने का आग्रह किया।
जैन ने कहा कि सर्वेक्षण को चुनौती देने वाली मुस्लिम पक्ष की अपील 21 जुलाई को आ रही है और अदालत से इस याचिका को इसके साथ सूचीबद्ध करने का अनुरोध किया। शीर्ष अदालत ने मामले को 21 जुलाई को सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई।
हाईकोर्ट ने 20 मई को ज्ञानवापी मस्जिद में पूजा के अधिकार की मांग करने वाले हिंदू पक्षों द्वारा वाद की कार्यवाही वाराणसी के जिला न्यायाधीश को स्थानांतरित कर दी थी। हालांकि, शीर्ष अदालत ने कहा कि उसका 17 मई का अंतरिम आदेश ‘शिवलिंग’ की सुरक्षा का निर्देश देता है। ‘शिवलिंग’ को कथित तौर पर वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद में सर्वेक्षण के दौरान खोजा गया था। मुसलमानों को नमाज अदा करने की अनुमति जिला न्यायाधीश के फैसले के बाद आठ सप्ताह तक रहेगी।
याचिकाकर्ताओं ने शीर्ष अदालत से अनुरोध किया कि वह 16 मई, 2022 को अधिवक्ता आयुक्त के सर्वेक्षण में खोजे गए पुराने मंदिर परिसर के भीतर मौजूद शिवलिंग की पूजा का लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग के लिए श्री काशी विश्वनाथ ट्रस्ट की वेबसाइट पर उपकरण स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार को निर्देश दे। याचिका में यह भी मांग की गई है कि भक्तों को वर्चुअल दर्शन और प्रतीकात्मक पूजा करने की अनुमति देने का निर्देश दिया जाए।
रांची,17.07.2022 (FJ)। माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि हम आजादी के 75वें वर्षगांठ को मानने की तैयारी कर रहें हैं। इसके तहत “हर-घर तिरंगा” कार्यक्रम का आयोजन 13 अगस्त से 15 अगस्त तक किया जा रहा है। जिसके तहत सभी लोगों के घरों में तिरंगा झंडा जन सहभागिता से लगाने का काम किया जाना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से हम देश के सभी लोगों के बीच देश के प्रति गौरव, स्वाभिमान और देशभक्ति के भाव को जगाने का काम करेंगे। यह काम अकेले नहीं हो सकता इसके लिए हर राज्य, राज्य की समस्त जनता को साथ मिलकर काम करना होगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार एवं आम जनता “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के लिए झंडे को ऑनलाइन माध्यम के साथ-साथ नजदीकी डाकघरों से भी खरीद सकते हैं।
“हर घरतिरंगा” कर्यक्रम हेतु केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, केंद्रीय संस्कृति मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी, सभी केंद्र शासित प्रदेश के राज्यपाल, सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
“हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के माध्यम से हम हर घर तक आजादी की खुशी को पहुंचाने का करेंगे काम
बैठक में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज हम आजादी के 75वां वर्षगांठ मनाने की तैयारी एकत्रित हुए है, यह काफी खुशी का दिन है। इसी के तहत “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के माध्यम से हम हर घर तक आजादी की खुशी को पहुंचाने का काम करने का काम करने जा रहें है। आने वाले 13 से 15 अगस्त तक राज्य के हर घर तक यह कार्यक्रम कैसे पहुंचे इस हेतु नोडल पदाधिकारी नियुक्त कर दिया गया है। कल इस हेतु मुख्य सचिव के नेतृत्व में एक बैठक आयोजित की गई है। जिसमें इस कार्यक्रम से संबंधित पूरी रूपरेखा तैयार कर ली जाएगी।
ग्रामीण स्तर की महिला समूह, सहिया की भागीदारी से बने झंडा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम हेतु भारत सरकार से झंडा की उपलब्धता हेतु पत्र भेजे जाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि इस कार्यक्रम से आम लोगों को जोड़ने के लिए ग्रामीण स्तर की महिला समूह, सहिया की भागीदारी कराई जाए, उन्हें भी झंडा बनाने के काम मे जोड़ा जाए। जिससे गाँव स्तर पर लोगों को इसकी जानकारी और बृहत स्तर पर मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से माननीय मंत्री, पर्यटन, कला संस्कृति, श्री हफीजुल हसन, प्रभारी मुख्य सचिव श्री अरुण कुमार सिंह, , मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे, पर्यटन, कला संस्कृति विभाग के सचिव श्री अमिताभ कौशल एवं सचिव श्री राहुल शर्मा उपस्थित रहे।
बेंगलुरू ,16 जुलाई (Rns/FJ)। भारतीय डाक विभाग ने लोगों को राहत देने के लिए एक सर्विस शुरू की है। इस नई सेवा के तहत भारतीय डाक भोजन वितरण सेवा ने इडली और डोसा के आटे सहित भोजन तैयार करने के लिए जरूरी सामानों को घर-घर पहुंचाना शुरू कर दिया है। फिलहाल डाक विभाग ने यह सेवा कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में ही शुरू की है। डाक विभाग ने बेंगलुरु के कुछ घरों में पैकेट के पहले बैच को डिलीवर किया है। जानकारों का कहना है कि अगर इस कारोबार का विस्तार कर्नाटक और अन्य राज्यों में किया जाता है तो विभाग को भविष्य में भारी राजस्व की प्राप्ति होगी। अब तक डोसा का आटा सहित घी, पोंगल खाने के लिए तैयार मिश्रण, चटनी पाउडर, इडली के आटे की डिलीवरी हो चुकी है।
सोमवार तक बुक किए गए 22 पार्सल में से केवल एक पार्सल डिलीवर नहीं हो पाया। बाकी पार्सल पूर्वी बेंगलुरु, दक्षिण बेंगलुरु और पश्चिम बेंगलुरु के घरों में पहुंचा दिये गए हैं। मीडिया से बात करते हुए, कर्नाटक सर्किल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल (सीपीएमजी) एस राजेंद्र कुमार ने कहा कि खाने के सामाग्री की डिलीवरी पूरे बेंगलुरु में पायलट आधार पर शुरू हो गई है। उन्होंने कहा सोमवार को बैटर और विभिन्न इंस्टेंट मिक्स वाले कुल 22 पार्सल बुक किए गए थे। हम अभी उन्हें बिजनेस पार्सल के रूप में बुक कर रहे हैं। डिलीवरी उसी दिन होगी भले ही विभाग के मुताबिक तय समय पूरा हो जाए। इसे अभी एक छोटे से तरीके से शुरू किया गया है, लेकिन अगर इसकी लोकप्रियता बढ़ती है तो हम खाद्य व्यवसाय में शामिल अलग-अलग फर्मों से बड़ी मात्रा में ऑर्डर देख रहे हैं।
बेहद लोकप्रिय डाक विभाग ने पहले ही बेंगलुरु में एक छोटी फास्ट फूड डिलीवरी सेवा शुरू कर दी है। साथ ही कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में अपार लोकप्रियता मिलने की भी संभावना है। वर्तमान में यह सेवा नियमित डाक वितरण कर्मचारियों द्वारा प्रदान की जा रही है। एस। राजेंद्र कुमार ने कहा कि अगर भविष्य में लोगों की ओर से इसकी अच्छी मांग आती है तो फूड डिलीवरी के लिए विशेष टीम का गठन किया जाएगा।
जयपुर 16 Jully (Rns/FJ) ।दुर्भाग्य से देश में विपक्ष के लिए जगह कम हो रही है. भारत के प्रधान न्यायाधीश एन.वी. रमण ने शनिवार को कहा कि एक मजबूत, जीवंत और सक्रिय विपक्ष शासन को बेहतर बनाने में मदद करता है और सरकार के कामकाज को सही करता है, लेकिन दुर्भाग्य से देश में विपक्ष के लिए जगह कम होती जा रही है। राजस्थान विधानसभा में ‘संसदीय लोकतंत्र के 75 वर्ष’ पर एक कार्यक्रम में अपने संबोधन में उन्होंने कहा: “विशेष रूप से, विपक्ष के नेता एक तारकीय भूमिका निभाते थे। सरकार और विपक्ष के बीच बहुत अधिक आपसी सम्मान हुआ करता था। दुर्भाग्य से, विपक्ष के लिए जगह कम हो रही है। हम विस्तृत विचार-विमर्श और जांच के बिना कानूनों को पारित होते देख रहे हैं।”
मुख्य न्यायाधीश रमण ने कहा कि मजबूत, जीवंत और सक्रिय विपक्ष शासन को बेहतर बनाने में मदद करता है और सरकार के कामकाज को ठीक करता है। उन्होंने कहा, “एक आदर्श दुनिया में, यह सरकार और विपक्ष की सहकारी कार्यप्रणाली है जो एक प्रगतिशील लोकतंत्र की ओर ले जाएगी। आखिरकार, प्रोजेक्ट डेमोक्रेसी सभी हितधारकों का संयुक्त प्रयास है।”
प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि शांतिपूर्ण और समावेशी समाज का निर्माण केवल लोक प्रशासन का मामला नहीं है, बल्कि एक राजनेता का भी कर्तव्य है।
प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि एक साल पहले, स्वतंत्रता दिवस पर, उन्होंने बहस की गुणवत्ता में गिरावट और कई बार विधायी निकायों में बहस की कमी पर भी विचार व्यक्त किए थे।
उन्होंने कहा, “इस अवसर पर, मुझे एक सुझाव देना है। कानून बनाना एक जटिल प्रक्रिया है। प्रत्येक विधायक की कानूनी पृष्ठभूमि की अपेक्षा नहीं की जा सकती है। यह आवश्यक है कि विधायिका के सदस्यों को कानूनी पेशेवरों से गुणवत्तापूर्ण सहायता प्राप्त हो, ताकि वे वाद-विवाद में सार्थक योगदान करने में सक्षम हो।
नई दिल्ली ,16 जुलाई (RNS/FJ)। जगदीप धनखड़ एनडीए के उपराष्ट्रपति कैंडिडेट. भाजपा की संसदीय बोर्ड की बैठक में उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में धनखड़ के नाम का ऐलान किया गया। दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके नाम का ऐलान किया।
जगदीप धनखड़ पश्चिम बंगाल के गवर्नर हैं। आज दोपहर में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इसके अलावा गृहमंत्री अमित शाह से भी उनकी मुलाकात हुई थी।
छह अगस्त को होगी वोटिंग
गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवारों का नामांकन 19 जुलाई तक होगा। इसके बाद 20 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 22 जुलाई तक नामांकन करने वाले उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। वहीं 6 अगस्त को उपराष्ट्रपति चुनाव की वोटिंग होगी।
इससे पहले दिल्ली में भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक आयोजित हुई थी। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी भाजपा के दिल्ली हेडक्वॉर्टर पहुंचे।
रांची, 16.07.2022(FJ) – राष्ट्रपति पद के लिए यूपीए प्रत्याशी श्री यशवंत सिन्हा ने आज मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात की। श्री सिन्हा ने मुख्यमंत्री से राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव में अपने पक्ष में समर्थन की अपील की ।
इस मौके पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी श्री अविनाश पांडेय, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजेश ठाकुर और ग्रामीण विकास मंत्री श्री आलमगीर आलम मौजूद थे।
नयी दिल्ली,15 जुलाई (आरएनएस) बच्चे 7 बजे स्कूल जा सकते हैं तो हम 9 बजे कोर्ट क्यों नहीं आ सकते । सुप्रीमकोर्ट की एक पीठ ने शुक्रवार को आम दिन की तुलना में एक घंटा पहले काम शुरू कर दिया। जस्टिस यूयू ललित, जस्टिस एस रविंद्र भट अैर जस्टिस सुधांशु धूलिया की पीठ ने सुबह साढ़े नौ बजे मामलों की सुनवाई आरंभ कर दी, जबकि आमतौर पर यह सुनवाई पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे शुरू होती है। जस्टिस ललित अगला प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) बनने के लिए वरिष्ठता के क्रम के सबसे ऊपर हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरे हिसाब से, हमें आदर्श रूप से सुबह नौ बजे (काम के लिए) बैठ जाना चाहिए। मैंने हमेशा कहा है कि यदि बच्चे सुबह 7 बजे स्कूल जा सकते हैं, तो हम सुबह 9 बजे क्यों नहीं आ सकते।
जमानत के एक मामले में पेश हुए वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने मामले की सुनवाई समाप्त होने पर, सामान्य समय से पहले बैठने के लिए पीठ की सराहना की, जिसके बाद जस्टिस ललित ने उक्त टिप्पणी की। जस्टिस ललित ने कहा, ‘मुझे यह कहना होगा कि अदालतों का काम शुरू करने का अपेक्षाकृत उपयुक्त समय सुबह साढ़े नौ बजे हैं। उन्होंने कहा कि यदि अदालतों का काम जल्दी शुरू होता है, तो इससे उनका दिन का काम भी जल्दी समाप्त होगा और न्यायाधीशों को अगले दिन के मामलों की फाइल पढऩे के लिए शाम को और समय मिल जाएगा। जस्टिस ललित ने कहा, ‘अदालतें सुबह नौ काम करना शुरू कर सकती हैं और पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे एक घंटे के ब्रेक के साथ अपराह्न दो बजे तक दिन का काम खत्म कर सकती हैं।
ऐसा करके, न्यायाधीशों को शाम में और काम करने का अधिक समय मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था तभी काम कर सकती है, जब केवल नए और ऐसे मामलों की सुनवाई होनी हो, जिनके लिए लंबी सुनवाई की आवश्यकता नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश सप्ताह के कामकाजी दिन में पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे से शाम 4 बजे तक मामलों की सुनवाई करते हैं।
गौर हो कि चीफ जस्टिस एनवी रमण 26 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। जस्टिस ललित उनके बाद यह प्रभार संभालेंगे तथा इस साल 8 नवंबर तक इस पद पर रहेंगे।
नई दिल्ली,15 जुलाई (आरएनएस)। नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार ने कहा है कि प्रोजेक्ट 17ए के तहत बनाए जा रहे उन्नत स्टील्थ विशेषताओं और स्वदेशी हथियार से लैस जहाज हमारे बेड़े की क्षमता को और बढ़ाएंगे। ये जहाज बहुमुखी और शक्तिशाली प्लेटफॉर्म होंगे और व्यापक राष्ट्रीय दृष्टि का समर्थन करेंगे। साथ ही सभी के लिए सुरक्षित और समृद्ध वैश्विक साझाकरण सुनिश्चित करेंगे। अगली पीढ़ी के चौथे जहाज को तीन साल की अवधि के भीतर लॉन्च करने से युद्धपोतों के निर्माण की क्षमता के मामले में भारत की स्थिति मजबूत हुई है।
एडमिरल आर. हरि कुमार शुक्रवार को प्रोजेक्ट 17ए फ्रिगेट्स श्रेणी के चौथे पोत दूनागिरी को हुगली नदी में जलावतरण किये जाने के समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस शक्तिशाली युद्धपोत को जल्द ही दूनागिरी नाम विरासत में मिलेगा, जो पूर्ववर्ती लिएंडर क्लास के चौथे जहाज का पुनर्जन्म है। अपने पिछले अवतार में आईएनएस दुनागिरी को मई, 1977 में कमीशन किया गया था और अपनी तैंतीस वर्षों की शानदार सेवा के दौरान उसने कई बहुराष्ट्रीय अभ्यासों में भाग लिया और कई अंतरराष्ट्रीय बंदरगाहों पर गर्व से तिरंगा लहराया।
उन्होंने कहा कि दूनागिरी ने अपने सेवा के अंतिम वर्ष में 154 दिन की यात्रा की और उसे सर्वश्रेष्ठ पोत ट्राफी से सम्मानित किया गया। दूनागिरी नौसेना का वह जहाज था, जिसे मैंने पहली बार 1981 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी से नौसेना कैडेट के रूप में रवाना किया था। इसकी कमान कैप्टन आईजेएस खुराना ने संभाली थी, जो बाद में वाइस एडमिरल के रूप में सेवानिवृत्त हुए। 2010 में जहाज की सेवामुक्ति को भारतीय डाक ने जहाज की विशेषता वाले एक विशेष डाक टिकट कवर और जहाज के शिखर की विशेषता वाले एक विशेष रद्दीकरण चिह्न के साथ मनाया था। लगभग पांच दशक बाद नए गिरी का शुभारंभ नौसेना के लिए मील का पत्थर है, क्योंकि यह जहाजों के निर्माण में हमारे युग के आने का प्रतीक है।
नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारतीय नौसेना का प्राथमिक उद्देश्य समुद्री हितों को संरक्षित करके बढ़ावा देना है, हम राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। प्रोजेक्ट 17ए के तहत सात जहाज़ों का निर्माण किया जा रहा है जिसमें से आज लॉन्च किया गया पोत चौथा है। इस परियोजना ने 3000 से अधिक स्थानीय रोजगार उत्पन्न किए हैं। इसके अलावा देशभर में एमएसएमई के साथ 29 देशी भारतीय ओईएम इस परियोजना में योगदान दे रहे हैं। पी-17ए प्रोजेक्ट के पहले दो पोत 2019 और 2020 में क्रमश: एमडीएल और जीआरएसई में लॉन्च किए गए थे। तीसरा पोत उदयगिरी इसी साल 17 मई को एमडीएल में लॉन्च किया गया था। इस चौथे पोत का इतने कम समय में लॉन्च किया जाना पोत निर्माण की दिशा में भारत के आत्मनिर्भर होने का प्रमाण है।
उन्होंने कोलकाता के गार्डेन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर लिमिटेड के सीएमडी, उनके कर्मचारियों, महानिदेशक नौसेना डिजाइन, युद्धपोत उत्पादन अधीक्षक और उनकी टीमों को इस महत्वपूर्ण मील के पत्थर को हासिल करने के लिए बधाई दी। मुझे विश्वास है कि शिपयार्ड जहाज की समय पर कमीशनिंग सुनिश्चित करके विश्वसनीय, उच्च-गुणवत्ता और युद्ध-योग्य युद्धपोतों को वितरित करने में नौसेना का समर्थन करना जारी रखेगा। मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्षों में एक बार कमीशन होने के बाद दूनागिरी गर्व के साथ महासागरों के पार तिरंगा फहराएगा, बल्कि एक ऐसा जहाज भी होगा जिससे हमारे विरोधी डरते हैं।
लखनऊ ,14 जुलाई (आरएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जन सहयोग और सरकार के स्तर पर विकास के कायर्क्रमों को
आगे बढ़ाया जा सकता है लेकिन उसके संरक्षण का दायित्व आमजन को स्वयं उठाना पड़ेगा। हमारे विरासत को,इसके सौंदर्यीकरण को यदि कोई नुकसान पहुंचाता है, यहां गंदगी फैलाता है उसे समझाएं। इसके बाद भी वह उदंडता पर उतरता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने में भी नागरिकों को संकोच नही करना चाहिए।
सीएम योगी पावन सावन माह के पहले दिन गुरुवार को पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व वाले प्राचीन मानसरोवर शिव मंदिर तथा मंदिर के पास स्थित रामलीला मैदान के पर्यटन विकास कार्यों का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा किमानसरोवर मंदिर का विकास जन भावनाओं के अनुरूप कराया गया है। बेहतरीन पयर्टन सुविधाओं का विकास होने के साथ ही यहां पर सौंदर्यीकरण के सभी कार्य पूरे हो चुके हैं।
‘पूजा के नाम नया स्ट्रक्चर न खड़ा करें, गंदगी न फैलाएं’
सीएम योगी ने कहा कि मानसरोवर मंदिर के तालाब को आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में अमृत सरोवर के रूप में भी इसकी पहचान दिला सकते है। यहां पर ढेर सारी सुविधाएं यहां से जुड़े हुए लोगों को प्राप्त होंगी। पर,पूजा करते समय इस बात का ध्यान रखें कि पूजा के नाम पर हम लोंग कोई नया स्ट्रक्चर न खड़ा करें। गंदगी न फैलाएं। कहा कि गोरखपुर में पयर्टन विकास की सुविधाओं को लेकर अनेक कायर्क्रम किए जा रहे हैं। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, विधायक विपिन सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह आदि प्रमुख रूप से
उपस्थित रहे।
6.01 करोड़ रुपये से संवरा मानसरोवर मंदिर
मानसरोवर शिव मंदिर को सजाने-संवारने में 6.01 करोड रुपए खर्च किए गए हैं। मंदिर परिसर में मल्टीपरपज हॉल, प्रसाधन, 50 लोगों की क्षमता का रैन बसेरा, दो टूरिस्ट शेल्टर, परिसर स्थित सरोवर पर रेड स्टोन रेलिंग,हवन कुंड, रेड स्टोन पाथवे, उद्यान, महिला-पुरुष व दिव्यांगजन के लिए टॉयलेट ब्लॉक, पार्किंग, बाउंड्री वाल का निर्माण, लैंडस्कैपिंग, प्रवेश द्वार, पार्किंग के निर्माण के साथ ही सोलर पैनल तथा विक्टोरिया व गार्डन लाइट लगाएगए हैं।मानसरोवर शिव मंदिर के पास स्थित रामलीला मैदान का जीर्णोद्धार तथा सुंदरीकरण 1. 64 करोड़ रुपए की लागत से कराया गया है। रामलीला के लिए मंच,ग्रीन रूम, बाउंड्रीवाल, टॉयलेट ब्लॉक, उद्यान, दो प्रवेश द्वार बनाने के साथ ही लैंडस्कैपिंग भी कराई गई है। रामलीला मैदान में स्थित डॉ बीआर अंबेडकर की प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण भी कराया गया है।
ओटावा ,14 जुलाई(एजेंसी) । कनाडा के रिचमंड हिल में स्थित एक हिंदू मंदिर में महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़े जाने से व्यथित वहां के भारतीय दूतावास ने गुरुवार को मामले पर तत्काल जांच की मांग की है।
सीबीसी ने यॉर्क रीजनल पुलिस के हवाले से बताया कि पांच मीटर ऊंची इस प्रतिमा को योंग स्ट्रीट और गार्डन एवेन्यू इलाके के एक विष्णु मंदिर में बुधवार को तोड़ दिया गया।
पुलिस ने कहा है कि वे जांच कर रहे हैं कि इस घटना को किस घृणित पूर्वाग्रह के आधार पर अंजाम दिया गया।
यॉर्क रीजनल पुलिस की प्रवक्ता कॉन्स्टेबल एमी बौद्रेउ ने कहा कि प्रतिमा पर ‘रेपिस्ट और ‘खालिस्तान जैसे आपत्तिजनक शब्द भी लिखे गये।
उन्होंने कहा, ‘यॉर्क रीजनल पुलिस किसी भी रूप में घृणा पूर्वाग्रह से प्रेरित घटना को बर्दाश्त नहीं करेगी। जो लोग जाति, राष्ट्रीयता, भाषा, रंग, धर्म, उम्र, लिंग के आधार पर दूसरों को पीडि़त करते हैं, उन पर कानून द्वारा अनुमत अधिकतम सीमा तक मुकदमा चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘हम मानते हैं कि घृणा अपराधों का समुदायों पर प्रभाव व्यापक स्तर पर होता है और हम घृणा अपराधों की सभी घटनाओं की सख्ती से जांच करते हैं।
मंदिर के अध्यक्ष डॉ बुधेंद्र दुबे ने कहा कि इस घटना ने भारतीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है क्योंकि यह प्रतिमा यहां पिछले 30 सालों से मौजूद है जिसके साथ कभी छेडख़ानी नहीं की गई। घटना के बाद टोरंटो में भारत के महावाणिज्य दूतावास और ओटावा में भारतीय उच्चायोग ने इस बर्बरता की निंदा की और कनाडा के संबंधित अधिकारियों संग इसे लेकर संपर्क किया।
कनाडा में भारत ने ट्वीट किया, ‘भारतीय समुदाय को भयभीत करने की कोशिश करने के मकसद से किए गए इस घृणा अपराध से हम बहुत दुखी हैं। इससे यहां के भारतीय समुदाय में चिंता और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। हमने जांच के लिए कनाडा की सरकार से संपर्क किया है और सुनिश्चित किया है कि अपराधियों को शीघ्र न्याय के कटघरे में लाया जाए।
बोधगया 14 जुलाई ( आरएनएस) ।नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व से देश की लगातार बढ़ रही ताकत . भारतीय जनता पार्टी के तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का बोधगया स्थित बुद्धा रिसॉर्ट के कैलाशपति मिश्र सभागार में शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण शिविर में बिहार भाजपा के सभी जिलों के अध्यक्ष, महासचिव सहित देश प्रदेश के दिग्गज नेता शामिल हुए है।
सारण से लोकसभा सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी भी बोध गया में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए है। रूडी ने बताया कि देश को प्रखर नेतृत्व देनेवाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और अमित शाह व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कुशल नेतृत्व में दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है भाजपा। बिहार में पार्टी को और मजबूती देने, सबल एवं सामर्थ्यवान बनाने को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजन किया जा रहा है।
संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने पर चर्चा होगी।तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के आज पहले दिन के कार्यक्रम में शमी होने आए पूर्व केंद्रीय मंत्री रूडी ने प्रधानमंत्री को सबसे बड़े लोकतंत्र के सबसे मजबूत नेतृत्वकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत मे सकारात्मक नीतिगत परिवर्तन हो रहे है।
अर्थ नीति, राजनीति, सांस्कृतिक नीति और सामाजिक विकास की नीतियों के साथ-साथ विदेश नीति में भारत की ताकत बढ़ी है एयर बढ़ती ही जा रही है।