Category Archives: news

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भेंट की

नई दिल्ली 06 Aug. (एजेंसी) । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भेंट की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मल्लिकार्जुन खरगे से राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य में बाढ़ से हुई क्षति से अवगत करवाया तथा राज्य सरकार द्वारा चलाए गए राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने लाहौल-स्पिति जिला में लगभग 14100 फुट की ऊंचाई पर स्थित चन्द्रताल में फंसे पर्यटकों के बचाव अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करने के लिए मंत्रिमण्डल के सहयोगियों ने स्वयं फील्ड में उतर कर सार्थक प्रयास किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए दृढ़ता से प्रयास कर रही है और बताया कि उन्होंने राज्य को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष भी मामला उठाया है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रभावित क्षेत्रों में स्वयं पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की।

सुक्खू ने उन्हें अवगत करवाया कि उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और वित्त मंत्री से भी भेंट कर राज्य के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

******************************

कुलगाम मुठभेड़ में शहीद कश्मीरी सैनिक सुपुर्द-ए-खाक

श्रीनगर 06 Aug. (एजेंसी) । कुलगाम मुठभेड़ में शहीद हुए जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के एक सैनिक को रविवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि बांदीपोरा के दाचीगाम इलाके से ताल्लुक रखने वाले सिपाही वसीम अहमद भट्ट को रविवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। शुक्रवार को कुलगाम जिले के हलाण वन क्षेत्र में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में ड्यूटी के दौरान भट्ट गोली लगने से शहीद हो गए थे।

31 वर्षीय भट्ट सेना के उन तीन जवानों में शामिल थे, जिन्हें कुलगाम जिले के हलाण ऑपरेशन के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद 92 बेस अस्पताल ले जाया गया था, जहां कुछ ही देर बाद उन सभी ने दम तोड़ दिया।

रविवार सुबह सैनिक का पार्थिव शरीर सैन्य अस्पताल श्रीनगर से उनके पैतृक गांव दाचीगाम बांदीपोरा ले जाया गया। सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के शीर्ष अधिकारियों के साथ सैकड़ों स्थानीय लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने और पूरे धार्मिक एवं सैन्य सम्मान के साथ आयोजित अंतिम संस्कार को देखने के लिए मिडिल स्कूल दाचीगाम में एकत्र हुए।

भट्ट के असामयिक निधन से समुदाय को गहरा दुख हुआ है और महिलाओं ने इस युवा सैनिक के निधन पर शोक व्यक्त किया है। भट्ट एक प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ी भी थे। उन्होंने लंबे समय तक दाचीगाम में ‘इकरा फुटबॉल क्लब’ का प्रतिनिधित्व किया था।

वसीम अपने पीछे अपनी पत्नी को छोड़ गए हैं। उन्होंने नवंबर 2021 में शादी की थी। अधिकारियों ने कहा कि ईद पर उनकी आखिरी घर यात्रा उनके परिवार के लिए यादगार रही थी। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि उनकी पत्नी छह महीने की गर्भवती हैं। उनके परिवार में पत्नी, छोटा भाई, माता-पिता और दो शादीशुदा बहनें हैं।

**************************

 

तेज रफ्तार कार ने दो लोगों को कुचला दोनों की हुई मौत, कार को पुलिस ने पकड़ा

भरतपुर 06 Aug. (एजेंसी) । भरतपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से चौकी दारी कर रहे दो व्यक्तियों की मौत हो गई। जिस पर कोतवाली थाना पुलिस ने मृतक के शवों का जिला अस्पताल मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले के अनुसंधान में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरजपोल निवासी बॉबी भारत एजेन्सी में चौकीदारी का कार्य करता था। वहीं मुरवारा निवासी राजेन्द्र भारत एजेन्सी के सामने स्थित सीताराम मार्केट में चौकीदारी का कार्य करता था। कल देर रात्रि दोनों व्यक्ति चौकीदारी का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान सडक के डिवाइडर पर बैठे हुए थे।

तभी एक तेज रफ्तार कार आई और कार चालक ने अनियंत्रित होकर दोनों व्यक्तियों को टक्कर मार दी। जिसमें बॉबी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस दोनों व्यक्तियों को जिला आरबीएम अस्पताल लेकर पहंुचे।

जहां दोनों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जिस पर कोतवाली थाना पुलिस ने मृतकों के शव का जिला आरबीएम अस्पताल मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले के अनुसंधान में जुटी हुई है।

*************************

 

बंगाल गवर्नर ने अब पीस ट्रेन शुरू करने को लेकर रेल विभाग से की बात

कोलकाता 06 Aug. (एजेंसी) । पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने इंट्रा-स्टेट ‘पीस ट्रेन’ शुरू करने के लिए रेलवे विभाग के साथ बातचीत शुरू कर दी है। पिछले दिनों पश्चिम बंगाल में हिंसा और खून-खराबे की शिकायतों के समाधान के लिए राज्यपाल ने राजभवन परिसर में ‘पीस रूम’ खोलने की पहल की थी।

राजभवन के सूत्रों ने कहा कि राज्यपाल ने इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी अनुरोध किया है। सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल के प्रस्ताव में कहा गया है कि ‘पीस ट्रेन’ कोलकाता के सियालदह स्टेशन से दार्जिलिंग जिले के न्यू जलपाईगुड़ी के बीच दक्षिण बंगाल और उत्तर बंगाल दोनों को कवर करते हुए शांति का संदेश देगी।

हाल ही में, राज्यपाल ने मीडियाकर्मियों से कहा कि “भ्रष्टाचार” और “हिंसा” पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए दो सबसे बड़े दुश्मन हैं। राज्यपाल ने हाल ही में राज्य में विश्वविद्यालय स्तर की शिक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार पर जनता की शिकायतों के समाधान के लिए राजभवन परिसर में एक ‘भ्रष्टाचार विरोधी कक्ष’ खोलने की पहल की है।

‘पीस रूम’ और ‘भ्रष्टाचार निरोधक कक्ष’ की पहल के फैसले के लिए राज्यपाल पहले ही सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की तीखी आलोचना का शिकार हो चुके हैं। सत्तारूढ़ पार्टी नेतृत्व का दावा है कि ये राज्यपाल द्वारा राज्य में समानांतर प्रशासन चलाने का प्रयास है।

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि ‘पीस ट्रेन’ की ताजा पहल निश्चित रूप से गवर्नर हाउस और राज्य सचिवालय के बीच झगड़े का एक और दौर शुरू कर देगी।

तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डॉ शांतनु सेन ने कहा कि राज्यपाल अब राज्य की छवि खराब करने के लिए रेलवे के मंच का इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। सेन ने कहा, “उन्हें पता होना चाहिए कि पश्चिम बंगाल की स्थिति भाजपा शासित राज्यों की तुलना में काफी बेहतर है।”

हाल ही में, राज्यपाल ने उन कैदियों की एक सूची भी वापस भेजी थी, जिन्हें इस साल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रिहा किया जाना था, जिसे राज्य सचिवालय ने गवर्नर हाउस को भेजा था।

***************************

 

नूंह में बुलडोजर एक्शन जारी, जिस होटल से हुई थी पत्थरबाजी वो भी हुआ जमींदोज

नूंह 06 Aug. (एजेंसी): हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा को लेकर आज भी बुलडोजर एक्शन जारी है। प्रशासन ने नूंह में एक अवैध होटल कम रेस्तरां को रविवार सुबह बुलडोजर की मदद से तोड़कर जमींदोज कर दिया गया। जिला प्रशासन का कहना है कि यह होटल अवैध रूप से बनाया गया था और हाल ही में हुई हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने इसकी छत पर चढ़कर धार्मिक यात्रा में शामिल लोगों पर पत्थर फेंके थे।

जिला नगर योजनाकार विनेश कुमार ने बताया कि यह इमारत पूरी तरह से अनधिकृत थी और इसे सरकार और विभाग द्वारा पहले ही नोटिस भेज दिया गया था। उसी के तहत आज यह कार्रवाई की जा रही है। यह एक होटल कम रेस्तरां है और पूरी तरह से अनधिकृत है। यहां से बृजमंडल यात्रा पर दंगाइयों ने पथराव किया था, इसलिए यह कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने शनिवार को नलहर मेडिकल कॉलेज के आसपास की 2.6 एकड़ जमीन समेत 12 अलग-अलग स्थानों पर अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया था।

बता दें, नूंह में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ अभियान दो समुदायों के बीच नए विवाद का कारण बन गया है। शनिवार को, हरियाणा के अधिकारियों ने हिंसा प्रभावित नूंह जिले में तोड़फोड़ अभियान के तीसरे दिन दर्जनों अवैध निर्माणों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि उनमें से कुछ निर्माण उन लोगों के भी थे जो कथित तौर पर हाल की हिंसा में शामिल थे।

****************************

 

Indian Railway के लिए ऐतिहासिक दिन बना 6 अगस्त, PM मोदी ने रखी 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की नींव

नई दिल्ली 06 Aug. (एजेंसी): भारतीय रेलवे के इतिहास का आज एतिहासिक दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये देश भर में 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की नींव रख दी है। ये 508 स्टेशन 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैले हुए हैं। इनमें उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 55-55 स्टेशन हैं।

बिहार में 49, महाराष्ट्र में 44, पश्चिम बंगाल में 37, मध्य प्रदेश में 34, असम में 32, ओडिशा में 25, पंजाब में 22, गुजरात और तेलंगाना में 21-21, झारखंड में 20, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 18-18, हरियाणा में 15 और कर्नाटक में 13 स्टेशन परियोजना में शामिल हैं। रेल विभाग का लक्ष्य इन रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास काम को 2025 तक पूरा करना है। पीएम मोदी खुद काम की निगरानी कर रहे हैं।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ‘इन स्टेशनों का विकास हमारी सरकार का एक प्रमुख फोकस है। हमारे प्रधानमंत्री निजी रूप से इन रेलवे स्टेशनों की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि रेलवे देश भर में लोगों के परिवहन का पसंदीदा साधन है। उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के महत्व पर जोर दिया है।

*************************

 

राष्ट्रीय वैस्कुलर दिवस पर एक मील – एक मुस्कान का आयोजन

नई दिल्ली 06 Aug. (एजेंसी): राष्ट्रीय वैस्कुलर दिवस के अवसर पर रविवार को देश के 26 शहरों में एक साथ राष्ट्रव्यापी वॉकथॉन ‘एक मील एक मुस्कान ’का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो एस पी सिंह बघेल ने हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी, सांसद मनोज तिवारी, रवि किशन शुक्ल, लेफ्टिनेंट जनरल दलजीत सिंह, एवीएसएम, वीएसएम, पीएचएस चिकित्सा सेवा महानिदेशक (भारतीय सेना), सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन, वीएसएम चिकित्सा सेवा महानिदेशक (नौसेना) और लेफ्टिनेंट जनरल एके जिंदल, वाईएसएम, एवीएसएम कमांडेंट, आर्मी हॉस्पिटल (आर एंड आर) तथा उनके साथ कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। प्रो. बघेल ने कहा कि ‘एक मील चलो, एक मुस्कान के साथ जियो’ के शानदार संदेश के साथ यह वाकथान जागरूकता बढ़ाएगी।

***************************************

 

जम्मू कश्मीर: कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सुरक्षाबलों ने मार गिराया घुसपैठिया

कुपवाड़ा 06 Aug. (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया गया है। एक घुसपैठिए को मारा गया है। सुरक्षाबलों का इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

आपको बता दें, कुछ दिन पहले (31 जुलाई) को जम्मू कश्मीर के आरएस पुरा के अरनिया सेक्टर में देर रात अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रात घुसपैठ की कोशिश की गई थी। करीब 1.50 बजे एक घुसपैठिये को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने मार गिराया था।

*************************

 

ना खुद कुछ करेंगे और ना दूसरों को करने देंगे… PM मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना

नई दिल्ली 06 Aug. (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि वह न तो कुछ रचनात्मक करना चाहता है और न ही पिछले कुछ वर्षों में किए गए विकास कार्यों की सराहना करता है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखने के बाद अपने वर्चुअल संबोधन में मोदी ने कहा, “दुर्भाग्य से, विपक्ष का एक गुट आज भी पुराने तरीकों पर चल रहा है। वे न तो खुद कोई काम करेंगे और न ही दूसरों को कुछ करने देंगे।”

उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, “देश ने एक आधुनिक संसद भवन बनाया, लेकिन इस गुट ने नए संसद भवन का विरोध किया। हमने कर्तव्य पथ का पुनर्विकास किया, लेकिन उन्होंने उसका भी विरोध किया। जब हमने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक बनाया, तो उन्होंने इसकी भी आलोचना की।”

प्रधान मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल के सम्मान में, गुजरात में “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” बनाई गई थी, लेकिन किसी भी विपक्षी नेता ने कभी भी इसका दौरा नहीं किया और स्वतंत्रता सेनानी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित नहीं की।

उन्होंने कहा, “उन्हें सरदार पटेल केवल चुनाव के दौरान याद आते हैं। हमें विकास की अपनी सकारात्मक राजनीति के साथ आगे बढ़ने और नकारात्मक राजनीति को पीछे छोड़ने की जरूरत है।” प्रधानमंत्री ने बताया कि 7 अगस्त को भारत स्वदेशी आंदोलन को समर्पित राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाएगा। मोदी ने कहा, “यह दिन हर भारतीय के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ की याद दिलाता है। कुछ दिनों बाद, गणेश चतुर्थी के अवसर पर, हमें पर्यावरण-अनुकूल उत्सव का विकल्प चुनना चाहिए।”

*******************************

 

रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के पक्ष में है भारत: डोभाल

नई दिल्ली 06 Aug. (एजेंसी): राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने कहा है कि जब से दोनों देशों के बीच संघर्ष शुरू हुआ है, तब से भारत शीर्ष स्तर पर नियमित आधार पर रूस और यूक्रेन के साथ जुड़ा हुआ है। .

डोभाल ने जेद्दा में एनएसए के शिखर सम्मेलन के दौरान ये टिप्पणियां कीं, जिसकी मेजबानी यूक्रेन-रूस संघर्ष पर चर्चा के लिए सऊदी अरब ने की है।

भारत, अमेरिका और चीन समेत करीब 40 देशों के शीर्ष अधिकारियों ने शनिवार को सऊदी अरब के जेद्दा में बातचीत की।

उम्मीद की जा रही है कि बातचीत में युद्ध की शांतिपूर्ण परिणति सुनिश्चित करने के लिए कुछ सिद्धांतों पर सहमति बन सकती है।

इस बीच, रिपोर्टों में डोभाल को शिखर सम्मेलन में यह कहते हुए उद्धृत किया गया कि भारत संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों पर बनी वैश्विक व्यवस्था का समर्थन करता है।

रिपोर्ट में उनके हवाले से कहा गया है कि उन्होंने सभी देशों को एक-दूसरे की क्षेत्रीय संप्रभुता का सम्मान करने पर जोर दिया और कहा कि दोनों देशों के बीच चल रहे संघर्ष का शांतिपूर्ण अंत खोजने के लिए शांति बनाए रखने के प्रयास किए जाने चाहिए।

एनएसए ने यह भी कहा कि संपूर्ण दक्षिणी गोलार्ध संघर्ष के परिणामों को भुगत रहा है, हालांकि भारत यूक्रेन को मानवीय सहायता प्रदान कर रहा है, क्योंकि वह हमेशा बातचीत और कूटनीति को बढ़ावा देने में विश्वास करता है।

डोभाल ने कहा कि एनएसए की बैठक में दोहरी चुनौती है – स्थिति का समाधान और संघर्ष के परिणामों को नरम करना, और दोनों मोर्चों पर प्रयासों की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि इसके लिए बहुत अधिक जमीनी काम की आवश्यकता होगी, क्योंकि दोनों देशों को शांतिपूर्ण समाधान प्रदान करने के प्रयासों के बावजूद, कोई भी परिणाम नहीं निकला है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि डोभाल ने कहा कि जेद्दा बैठक में ऐसे समाधान की तलाश की जानी चाहिए, जो सभी हितधारकों को स्वीकार्य हो।

****************************

 

नूंह हिंसा को लेकर आप के हरियाणा संयोजक पर हत्या का केस

चंडीगढ़ 06 Aug. (एजेंसी): हरियाणा में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक अहमद जावेद के खिलाफ नूंह हिंसा मामले में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर के मुताबिक, 31 जुलाई को सोहाना में हुई हिंसा के दौरान जावेद ने भीड़ को बजरंग दल नेता प्रदीप कुमार की हत्या के लिए उकसाया था।

प्रत्यक्षदर्शी पवन कुमार, एक अन्य बजरंग दल कार्यकर्ता, जो हमले के समय प्रदीप कुमार के साथ थे, ने पुलिस को बताया कि जावेद ने लोगों के एक समूह के साथ उनके वाहन को रोका और उनसे प्रदीप पर हमला करने के लिए कहा, जो नलहर मंदिर से पुलिस द्वारा बचाए जाने के बाद घर जा रहे थे।

इस बीच, नूंह में रविवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई।नूंह में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर निलंबन 8 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। नूंह में तोड़फोड़ अभियान चौथे दिन भी जारी रहा। होटल सहारा को बुलडोजर ने ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि हिंसा के दौरान होटल की छत से पत्थर फेंके गए थे।

राज्य के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि 104 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 216 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 80 लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है।

*************************

 

केन-बेतवा लिंक परियोजना का कार्य जल्द ही होगा शुरू: शिवराज

छतरपुर 06 Aug. (Rns): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना का कार्य जल्द ही शुरू होगा, जिससे किसानों के खेतों को पानी मिलेगा और छतरपुर (नौगाँव) जिले में समृद्धि आएगी। चौहान ने जिले के नौगाँव में रोड-शो के बाद कल 431 करोड़ 57 लाख रुपये के 20 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह में जनता को संबोधित किया। समारोह में 353 करोड़ 24 लाख रुपये के 11 कार्यों का लोकार्पण और 78 करोड़ 33 लाख रुपये के 9 कार्यों का भूमि-पूजन किया गया।

समारोह में केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेन्द्र कुमार, विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी, राजेश प्रजापति, राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री ललिता यादव, नगरपालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, मलखान सिंह, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह सहित अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक शामिल थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का बेहतर भविष्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना 13 अगस्त से शुरू की जा रही है।

योजना के हितग्राहियों को सीखने के दौरान प्रतिमाह 8 से 10 हजार रुपये स्पाईपेंड भी मिलेगा। युवाओं के लिए सरकारी पदों पर एक लाख पदों की भर्ती प्रक्रिया जारी है और इसके बाद 50 हजार और पदों पर भर्ती होगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में माँ-बहन-बेटी के सम्मान में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान के लिए अनेक योजनाओं संचालित की जा रही हैं।

*********************

करौली जिले में भारी बारिश का दौर, पांचना बांध के गेट खोले

भरतपुर  06 Aug. (एजेंसी): पश्चिम बंगाल में बने विशेष सिस्टम के कारण राजस्थान के करौली में भारी बारिश का दौर जारी रहने से पांचना बांध के गेट खोलकर गम्भीर नदी के रास्ते 5 हजार क्यूसेक पानी की निकासी शुरू की गई है।  भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर सड़क और निचले इलाकों में जलभराव के साथ मामचारी बांध और कालीसिल बांध पर चादर चल रही है। शानिवार रात को पांचना बांद के दो गेटों को 2-2 फुट खोल दिये गये है।

जिले में अधिकतर स्थानों पर पिछले 6 घंटे से अधिक समय से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गलियां, सड़कें और नालियां बरसाती पानी से लबालब है। बारिश के कारण वाहन ड्राइवरों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश से नदी नालों, बांध तालाब में पानी की जबरदस्त आवक हुई है। क्षेत्र के टोडाभीम, सपोटरा, हिंडौन, मंडरायल, करौली, सहित पूरे जिले में बारिश से तालाब, नदी, नाले उफान पर हैं। बारिश के कारण जिला मुख्यालय पर कई क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।

जिले के सबसे बड़े पांचना बांध का जलस्तर 258.62 के मुकाबले 257.85 मीटर से ऊपर पहुंच गया, जबकि सपोटरा के कालीसिल बांध पर 2 फीट 8 इंच और मामचारी बांध पर 1 फीट 8 इंच की चादर चल रही है। करौली में 57 एमएम, हिंडौन सिटी में 17 एमएम, सपोटरा में 144 एमएम, टोडाभीम में 9 एमएम, नादौती 25 एमएम, मंडरायल 19 एमएम, श्रीमहावीरजी 61 एमएम, पांचना बांध पर 85 एमएम, कालीसिल बांध पर 175 एमएम और जगर बांध पर 7 एमएम बारिश दर्ज की गई है। जिले में शनिवार रात तक औसत कुल 59.9 एमएम बारिश हुई थी।

******************************

 

सड़क दुर्घटना में घायल एएसआई की मौत

नरसिंहपुर 06 Aug. (एजेंसी): मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के सिंहपुर पुलिस चौकी में पदस्थ एक एएसआई की जबलपुर में इलाज के दौरान मृत्यु हो गयी। वह एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार नरसिंहपुर जिले के राजमार्ग 44 फोरलेन पर कल दोपहर एक कंटेनर से कार टकरा गयी। कार में सिंहपुर पुलिस चौकी के चार पुलिस कर्मचारी सवार थे, जिसमें एएसआई अनिल टेकाम भी शामिल थे। दुर्घटना में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को उपचार के लिए जबलपुर ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान कल रात एएसआई अनिल टेकाम ने दमतोड दिया। कार सवार पुलिस कर्मचारी नरसिंहपुर आ रहे थे। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

***************************

 

100 करोड़ रुपये के तस्करी रैकेट का खुलासा, DRI ने 3 मास्टरमाइंडों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली 06 Aug. (एजेंसी): राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) अहमदाबाद ने मुंद्रा विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) के जरिए संचालित एक तस्करी रैकेट के तीन मास्टरमाइंडों को गिरफ्तार किया और 100 करोड़ रुपये मूल्य का तस्करी का सामान बरामद किया।

डीआरआई ने कहा कि ये तीनों आरोपी मुंद्रा एसईजेड के माध्यम से ई-सिगरेट, ब्रांडेड मोबाइल एक्सेसरीज, प्रीमियम ब्रांडेड जूते, बैग, परफ्यूम और इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तुओं की तस्करी में शामिल थे। इसमें कहा गया कि सामान को भारत में आयात करने का प्रयास किया गया।

डीआरआई ने कहा कि वह इस मामले में जनवरी 2023 में ही 100 करोड़ का सामान जब्त कर चुका है, जिसमें ई-सिगरेट, ब्रांडेड मोबाइल एक्सेसरीज, प्रीमियम ब्रांडेड जूते, बैग, परफ्यूम और इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम शामिल हैं।

इसमें कहा गया है कि जिन बिचौलियों ने भारतीय सीमा शुल्क से खेप की निकासी में कार्टेल की सहायता करने का प्रयास किया था, उन्हें पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

अधिकारी ने कहा कि तीन आरोपियों ने तस्करी में अपनी सक्रिय भूमिका स्वीकार कर ली है और उन्हें भारतीय सीमा शुल्क अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। डीआरआई ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

***************************

 

पति का रिश्वत लेना जयपुर की मेयर को पड़ा भारी, अशोक गहलोत सरकार ने किया बर्खास्त

जयपुर 06 Aug. (एजेंसी): राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने जयपुर की मेयर मुनेश गुर्जर को पद से बर्खास्त कर दिया है। गहलोत सरकार ने यह कार्रवाई मेयर मुनेश के पति को रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार करने के बाद की है। सूत्रों के अनुसार पति के रिश्वत लेने के मामले में मेयर मुनेश भी जांच के घेरे में है ।

दरअसल, अशोक राजस्थान सरकार ने शनिवार देर रात जयपुर हेरिटेज नगर निगम की मेयर मुनेश गुर्जर को निलंबित करने का आदेश जारी किया है। बता दें कि जयपुर की मेयर के पति सुशील गुर्जर को बीते दिन भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने भूमि पट्टा जारी करने के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। मेयर को नगर निकाय सीट – वार्ड संख्या 43 से भी निलंबित कर दिया है।

*********************************

 

बेसहारा पशु को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, 6 लोगों की मौत

इकौना 06 Aug. (एजेंसी): बौद्ध परिपथ पर अढुआपुर के निकट एक कार पेड़ से टकराकर खाई में पलट गई। इस हादसे में दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि घायल चालक का इलाज इकौना सीएचसी में चल रहा है। जानकारी के अनुसार नेपाल गंज के त्रिभुवन चौक निवासी वैभव गुप्ता सात लोगों के साथ कार से बलरामपुर शहर स्थित रिश्तेदारी में आए थे।

देर रात वह नेपालगंज जा रहे थे। इस दौरान इकौना क्षेत्र के अढुआपुर के निकट बौद्ध परिपथ पर बेसहारा मवेशी को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक महिला नाथ उपाध्याय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कटर से कार का दरवाजा कटवाकर घायलों को बाहर निकलवाया।

घायलों की एंबुलेंस की मदद से इकौना सीएचसी उपचार के लिए भिजवाया गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने दो बच्चों, एक महिला, युवती नीति, नीलांश गुप्ता समेत पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। हालत नाजुक देख वैभव को जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया, जहां उसकी भी मौत हो गई। घायल चालक अजय मिश्रा निवासी बरोहरा, नानपारा बहराइच का इलाज सीएचसी में चल रहा है।

************************

 

अमरनाथ यात्रा के लिए 1,626 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था जम्मू से रवाना

श्रीनगर 06 Aug. (एजेंसी): एक दिन तक निलंबित रहने के बाद, 1,626 तीर्थयात्रियों का एक काफिला रविवार को अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू से रवाना हुआ।

शनिवार को यात्रा स्थगित कर दी गई थी। अधिकारियों ने बताया कि 1303 पुरुषों, 252 महिलाओं, सात बच्चों, 51 साधुओं और 13 साध्वियों सहित 1626 तीर्थयात्रियों का जत्था एक सुरक्षा काफिले में रविवार को जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से घाटी के लिए रवाना हुआ।

1 जुलाई से शुरू होने के बाद से अब तक इस साल 4 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं। इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा के दौरान बीमारी और अन्य प्राकृतिक कारणों से 36 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है। इस वर्ष की 62 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई को शुरू हुई और 31 अगस्त को रक्षा बंधन त्योहार के साथ श्रावण पूर्णिमा पर समाप्त होगी।

*****************************

 

भविष्यवक्ता पंडित रविंद्र आचार्य ने डॉ कृष्णा चौहान को सम्मानित किया

06.08.2023  –  कृष्णा चौहान फाउंडेशन (केसीएफ) के संस्थापक व संचालक डॉ कृष्णा चौहान को तारा ज्योतिष साधना केंद्र (राजस्थान) के अध्यक्ष और अंतर्राष्ट्रीय भविष्यवक्ता पंडित रविंद्र आचार्य ने मुम्बई प्रवास के  दौरान खाटूश्यामजी का दुपट्टा पहना कर और मोर पंख देकर सम्मानित किया। पं.रवीन्द्र आचार्य ने कहा कि डॉ कृष्णा चौहान समाज हित के लिए काफी काम कर रहे हैं।

उनसे मिलना बहुत सुखद क्षण रहा। वह बड़ी श्रद्धा के साथ समाज के लिए काम कर रहे हैं, उन्होंने जनहित में बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। विदित हो कि समाजसेवी  डॉ कृष्णा चौहान को हेल्थ एंड मीडिया एक्सेलेन्स अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

गोरखपुर यूपी के मूल निवासी  डॉ कृष्णा चौहान पिछले  21 वर्षों से बॉलीवुड में सक्रिय हैं। इन्होंने अपना फिल्मी सफर बतौर सहयक निर्देशक शुरू किया था। इन्होंने कई एड फिल्म्स, म्यूजिक वीडियो बनाया है और अब बहुत जल्द इनकी हॉरर थ्रिलर फ़िल्म ‘आत्मा डॉट कॉम’ फ्लोर पर जाने वाली है।

मुम्बई की धरती पर डॉ कृष्णा चौहान  अपनी संस्था केसीएफ के तत्वाधान में बॉलीवुड लीजेंड अवॉर्ड, बॉलीवुड आइकोनिक अवार्ड, लीजेंड दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड और महात्मा गांधी रत्न अवार्ड का आयोजन पिछले कई वर्षों से करते चलेआ रहे हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

चांद की चाैखट पर चंद्रयान 3, कक्षा में प्रवेश-अब सिर्फ लैंडिंग बाकी

नई दिल्ली 05 Aug, (एजेंसी)-भारतवासियों के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। चांद की चाैखट पर चंद्रयान 3 पहुंच गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान (ISRO) की ओर से 14 जुलाई को रवाना किया गया चंद्रयान-3 अब तक करीब दो-तिहाई दूरी तय कर चुका है। Chandrayaan-3 ने चंद्रमा की बाहरी कक्षा में प्रवेश कर लिया है।

अब चंद्रयान-3 चंद्रमा के चारों तरफ 166 km x 18054 किलोमीटर की अंडाकार कक्षा में चक्कर लगाएगा। इसरो ने चंद्रयान-3 को चंद्रमा के ऑर्बिट को पकड़ने के लिए करीब 20 से 25 मिनट तक थ्रस्टर्स ऑन रखा। इसी के साथ चंद्रयान चंद्रमा की ग्रैविटी में फंस गया। अब वह उसके चारों तरफ चक्कर लगाता रहेगा।

चंद्रयान चांद के पांच चक्कर लगाएगा। फिलहाल पहले चक्कर में ये यान 40 हजार किमी वाले कक्षा में स्थापित होगा, इसके बाद कल 6 अगस्त को दूसरे 20 हजार वाले कक्षा और फिर 9 अगस्त को तीसरे में 5 हजार किमी वाले कक्षा में स्थापित होगा। इसके बाद चंद्रयान 14 अगस्त को चौथे कक्षा में 1000 किमी और फिर अतिम 16 अगस्त को 100 किमी वाले कक्षा में स्थापित होकर चक्कर लगाएगा।

*****************************

 

सोनपुर सहित बिहार के 92 स्टेशनों का होगा कायाकल्प : राजीव प्रताप रूडी

*देशभर के 500 स्टेशनों के उन्नयन योजना की रविवार को आधारशिला रखेंगे प्रधानमंत्री*

*प्रधानमंत्री ऑनलाइन करेंगे संबोधन और शिलान्यास *

*पूर्व मध्य रेलवे में सभी पांच मंडलों को स्टेशन विकास के लिए 781.52 करोड़ *

*सोनपुर मंडल के 15 स्टेशनों के विकास के लिए 235 करोड़ रूपये*

*सोनपुर स्टेशन परिसर में रेलवे द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन*

*स्टेशनों के लंबे समय के विकास की परिकल्पना पर आधारित है अमृत भारत स्टेशन योजना*

पटना, 5 अगस्त (एजेंसी)। देश में आम आदमी को रेलवे की बेहतर कनेक्टिविटी और स्टेशनों पर हाईटेक सुविधाओं को देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साथ 500 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प करने के लिए अमृत भारत स्टेशन स्कीम का शिलान्यास करने जा रहे है।

सारण सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता  राजीव प्रताप रुडी ने उक्त बाते कहते हुए आगे बताया कि यह योजना स्टेशनों के लंबे समय के विकास की परिकल्पना पर आधारित है। योजना के तहत ही सोनपुर मंडल के 15 स्टेशनों का कायाकल्प होगा।

उन्होंने कहा कि पूर्व मध्य रेलवे में पड़ने वाले पांच रेल मंडलों के लिए 781.52 करोड़ रूपया आवंटित किया गया है जिसमें से केवल सोनपुर मंडल के लिए 235 करोड़ रूपये दिये गये है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के शिलान्यास की पूर्व संध्या पर प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम सांसद ने आमजनों का आह्वान करते हुए कहा की आप सभी हमारे साथ सोनपुर स्टेशन उन्नयन परिकल्पना पर अपने सुझाव एवं विचार दें क्योंकि अभी भी सड़क मार्ग की अपेक्षा रेल मार्ग से यात्रा काफी सुविधाजनक और सस्ती है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री रुडी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार चुनाव, जाति, धर्म या क्षेत्र को देखकर विकास की योजना को लागू करने में कोई भेदभाव नहीं करती। माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मोदी सरकार का एक मात्र ध्येय आजादी के अमृतकाल में पिछली सरकारों की भूल के कारण करोड़ों लोग जो विकास की धारा से दूर हो गये है, कट गये है उनको विकास की मुख्य धारा से जोड़ना, उन तक विकास की हर योजना का लाभ पहुंचाना, इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए हर क्षेत्र में निरंतर प्रयास जारी है।

चुनावी लाभ या क्षणिक लाभ लेने के लिए मोदी जी के नेतृत्व में न तो पार्टी काम करती है और न ही सरकार। हमारा काम सबके प्रयास से, सबके विश्वास से और सबके साथ, सबका विकास है, हम इससे अलग नहीं हो सकते।

इसी संदर्भ में आजादी के अमृतकाल में रेलवे को भी योजनगत लाभ मिला है जिसका प्रतिफल आमजनता को प्राप्त होगा। बता दें कि आजादी के अमृतकाल में देश के स्टेशनों का चयन किया गया है।

इसमें बिहार के भी 92 रेलवे स्टेशन शामिल है। 6 अगस्त को सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाईन इसका शिलान्यास करेंगे। योजना में स्टेशन तक पैसेंजर्स की पहुंच, सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग हॉल, शौचालय, आवश्यकतानुसार लिफ्ट/एस्केलेटर, स्वच्छता, मुफ्त वाई-फाई, स्थानीय उत्पादों के लिए कियोस्क जैसी सुविधाओं में सुधार के लिए मास्टर प्लान तैयार करना और उन्हें लागू करना शामिल है।

प्रत्येक स्टेशन पर आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’, बेहतर यात्री सूचना प्रणाली, कार्यकारी लाउंज, व्यावसायिक बैठकों के लिए नामांकित स्थान, भूनिर्माण आदि जैसी योजनाएं भी शामिल है।

***************************

 

बिहार में दिनदहाड़े स्वर्ण आभूषण कारोबारी की गोली मारकर हत्या, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित

गोपालगंज ,05 अगस्त (एजेंसी)। बिहार के गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक स्वर्ण आभूषण कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी और आसानी से चलते बने।

इस मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

पुलिस ने बताया कि नरैनिया मोहल्ले के रहने वाले कारोबारी प्रिंस कुमार शनिवार को घर से कुछ आभूषण लेकर अपनी मोटरसाइकिल से निकले थे। इसी दौरान जिगना ढाला के पास अपराधियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक एक बाइक पर सवार होकर तीन लोग आए थे और घटना को अंजाम देकर निकल गए।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। घटना के बाद से व्यवसायियों में आक्रोश है।

गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि घटना के बाद से ही अपराधियों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। पूरे मामले की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए हथुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है।

*************************

 

कर्नाटक में दूषित पानी पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हो गई, 36 और अस्पताल में भर्ती

चित्रदुर्ग 05 Aug, (एजेंसी): कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में दूषित पानी पीने से मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 6 हो गई, जबकि 36 और लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिससे भर्ती हुए कुल मरीजों की संख्या 185 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह घटना 31 जुलाई को जिले के कवाडीगरहट्टी इलाके में दर्ज की गई।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, जिन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है उनमें से कई की हालत गंभीर है।

पीड़ितों में से, 22 वर्षीय महिला उषा ने दूषित पानी पीने के बाद अपने बच्चे को खो दिया।

अधिकारियों ने कहा कि उषा अपनी डिलीवरी के लिए कवाडीगरहट्टी में अपने माता-पिता के घर आई थी, इस दौरान उसने पानी पी लिया।

उसे तुरंत उल्टी होने लगी और दस्त के लक्षण दिखे जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। लाख कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उसके बच्चे को नहीं बचा सके।

उल्टी और दस्त के गंभीर लक्षणों के बाद चित्रदुर्ग के बसवेश्वरा अस्पताल में भर्ती कराए गए 50 वर्षीय रुद्रप्पा की शुक्रवार को मौत हो गई।

कवाडीगरहट्टी निवासी मंजुला (23) और रघु (27) की भी मौत हो गई।

शुक्रवार को भी, समान लक्षणों के साथ 36 नए अस्पताल में भर्ती हुए।

केंद्रीय राज्य मंत्री, ए. नारायणस्वामी, जो चित्रदुर्ग सांसद सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं, ने अस्पताल का दौरा किया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

चित्रदुर्ग में स्थानीय लोगों ने प्रशासन और स्थानीय कांग्रेस विधायक के.सी. वीरेंद्र पप्पी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था।

धार्मिक गुरु श्री शिवशरण हरलैया और दलित नेताओं के विरोध के बाद, पप्पी ने बसवेश्वर अस्पताल का दौरा किया।

115 लोगों को बसवेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और 34 लोगों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है।

पानी के सैंपल की एफएसएल रिपोर्ट में कहा गया है कि इसमें कोई जहरीला रसायन नहीं है।

पहले यह आरोप लगाया गया था कि एक स्थानीय निवासी के खिलाफ पोस्को अधिनियम का मामला दर्ज होने के बाद बदमाशों ने पानी में जहर मिला दिया होगा।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और जिला अधिकारियों को दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है।

अधिकारियों ने चित्रदुर्ग नगर पालिका से जुड़े एईई आर. मंजूनाथ गिराड्डी और जेई एसआर किरण कुमार को निलंबित करने की सिफारिश करते हुए एक रिपोर्ट भेजी है।

कवाडीगरहट्टी में वॉल्व ऑपरेटर के रूप में काम करने वाले प्रकाश को भी जिला आयुक्त ने निलंबित कर दिया था।

********************************

 

मौसम विभाग ने की पूरे भारत में बारिश की भविष्‍यवाणी

नई दिल्ली 05 Aug. (एजेंसी): भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को कहा कि अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तराखंड, उत्तरी उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि आगामी चार-पांच दिनों में पूर्वोत्तर में वर्षा में वृद्धि की उम्मीद है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी द्वारा जारी बुलेटिन में कहा गया है कि उत्तर पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश, काफी दूर-दूर तक छिटपुट बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश में शनिवार से 9 अगस्त तक, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा-चंडीगढ़ में शनिवार और रविवार को, पंजाब, पूर्वी राजस्थान और जम्मू में शनिवार को बारिश की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त, पूर्वी उत्तर प्रदेश में रविवार से 8 अगस्त तक और उत्तराखंड में रविवार से 9 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा की संभावना है।

मध्य भारत में, हल्की से मध्यम और व्यापक वर्षा होगी, पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होगी, और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी वर्षा होगी, विशेष रूप से शनिवार को। आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि पूर्वी भारत में, शनिवार से 8 अगस्त तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में छिटपुट भारी वर्षा के साथ, 6 और 7 अगस्त को झारखंड में हल्की से मध्यम और काफी व्यापक वर्षा होगी। 7 और 8 अगस्त को गंगीय पश्चिम बंगाल में बारिश होगी।

आईएमडी ने कहा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7 और 8 अगस्त को और बिहार में 8 अगस्त तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर के लिए, हल्की से मध्यम और व्यापक रूप से व्यापक वर्षा की उम्मीद है, साथ ही अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होगी।

आईएमडी ने कहा, अगले पांच दिनों में कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में जारी रहने की संभावना के साथ, पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम छिटपुट से लेकर काफी व्यापक वर्षा होगी। शनिवार और रविवार को मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में, अगले पांच दिनों के दौरान कम वर्षा की उम्मीद है।

*******************************