Category Archives: news

मायावती ने गठबंधन में शामिल होने से किया इनकार, बोलीं नो फेक न्यूज प्लीज़

लखनऊ 30 Aug. (एजेंसी): बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने एक बार फिर सत्तारूढ़ दल एनडीए या फिर विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल होने से मना किया है। साथ ही उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि नो फेक न्यूज प्लीज़।

बसपा सुप्रीमों मायावती ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से लिखा कि एनडीए व इंडिया गठबंधन अधिकतर गरीब-विरोधी जातिवादी, साम्प्रदायिक, धन्नासेठ-समर्थक व पूंजीवादी नीतियों वाली पार्टियां हैं, जिनकी नीतियों के विरुद्ध बीएसपी अनवरत संघर्षरत है और इसीलिए इनसे गठबंधन करके चुनाव लड़ने का सवाल ही पैदा नहीं होता। अतः मीडिया से अपील-नो फेक न्यूज प्लीज़।

उन्होंने आगे लिखा कि बीएसपी, विरोधियों के जुगाड/जोड़तोड़ से ज्यादा समाज के टूटे/बिखरे हुए करोड़ों उपेक्षितों को आपसी भाईचारा के आधार पर जोड़कर उनकेे गठबंधन से सन 2007 की तरह अकेले आगामी लोकसभा तथा चार राज्यों में विधानसभा का आमचुनाव लडे़गी। मीडिया बार-बार भ्रान्तियां न फैलाए।

मायावती ने कहा कि वैसे तो बीएसपी से गठबंधन के लिए यहां सभी आतुर हैं, किन्तु ऐसा न करने पर विपक्षी खिसयानी बिल्ली खंभा नोचे की तरह भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाते हैं। इनसे मिल जाएं तो सेक्युलर, न मिलें तो भाजपाई। यह घोर अनुचित तथा अंगूर मिल जाए तो ठीक वरना अंगूर खट्टे हैं, की कहावत जैसी है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, बीएसपी से निकाले जाने पर सहारनपुर के पूर्व विधायक कांग्रेस व उस पार्टी के शीर्ष नेताओं की प्रशंसा में व्यस्त हैं, इससे लोगों में यह सवाल स्वाभाविक है कि उन्होंने पहले यह पार्टी छोड़ी क्यों और फिर दूसरी पार्टी में गए ही क्यों? ऐसे लोगों पर जनता कैसे भरोसा करे?

**************************

 

Chandrayaan-3 की डिजाइन का दावा करने वाला शख्स गिरफ्तार

सूरत 30 Aug. (एजेंसी): इसरो के चंद्रयान -3 मिशन के लैंडर के डिजाइन बनाने का दावा करने मितुल त्रिवेदी को सूरत सिटी पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, त्रिवेदी के दावों को इसरो के अधिकारियों ने खारिज कर दिया है, इसके कारण उसकी गिरफ्तारी हुई। त्रिवेदी ने हाल ही में चंद्रयान -3 के लैंडर के डिजाइन के पीछे एक प्रमुख व्यक्ति होने के अपने दावे को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया, उन्होंने दावा किया कि इनोवेशन ने लैंडिंग पर धूल के बिखरने को रोका।

पुलिस ने शुरू में त्रिवेदी को वेरिफिकेशन के लिए बुलाया था, लेकिन अपने दावों को साबित करने में असमर्थता के चलते मामला क्राइम ब्रांच ने देखा। वहीं बेंगलुरु स्थित इसरो मुख्यालय ने अंतरिक्ष एजेंसी के साथ उसके इस दावे का खंडन किया। पुलिस ने त्रिवेदी की क्वालिफिकेशन की जांच की।

उनके दावे प्रतिष्ठित इंस्टीट्यूशन में एकेडमिक के दावों तक विस्तारित हुए, इनमें क्वांटम फिजिक्स के लिए कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी और एंथ्रोपोलॉजी और वेदांत के लिए ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी शामिल हैं, जिसका समापन पीएचडी में हुआ। त्रिवेदी ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण में सदस्यता और 45 प्राचीन भाषाओं को पढ़ने में असाधारण दक्षता का भी दावा किया था।

बाद में उन्हें सूरत पुलिस की स्पेशल ब्रांच के डीसीपी हेतल पटेल ने तलब किया। अधिकारियों ने उनके दावे के समर्थन में दस्तावेजों का अनुरोध किया था, जिसे पूरा करने में त्रिवेदी विफल रहे। यह पहली बार नहीं है जब त्रिवेदी ने असाधारण दावे किए हैं। इससे पहले उन्होंने दक्षिण गुजरात के ओलपाड के पास समुद्र में द्वारिका नाम की एक स्वर्ण नगरी के अस्तित्व पर दावा किया था।

****************************

 

जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य बना दिया जाएगा, 31 अगस्त को विस्तृत बयान देगी केंद्र सरकार

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी): उच्चतम न्यायालय ने केंद्र सरकार से कहा कि वह जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की किस समय सीमा के बारे में सोचता है, इसके बारे में उसे आधिकारिक तौर पर अवगत कराए।

मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति संजय किशन कौल, न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति सूर्य कांत की संविधान पीठ ने अटॉर्नी जनरल और सॉलिसिटर जनरल से कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य बनाने के लिए कोई समय सीमा है तो वे केंद्र से निर्देश प्राप्त कर शीर्ष अदालत को अवगत काराएं।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इस मुद्दे पर उच्चतम स्तर पर निर्देश प्राप्त करने के बाद अपना रुख स्पष्ट करने के लिए 31 अगस्त तक का समय मांगा। उन्होंने कहा कि वह 31 अगस्त को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की केंद्र शासित प्रदेश की स्थिति के भविष्य पर एक विस्तृत बयान देंगे। संविधान पीठ अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है।

संविधान पीठ ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बचाव में सॉलीसीटर जनरल तुषार मेहता की दलीलें सुनने के बाद उनसे केंद्र सरकार का जम्मू कश्मीर को फिर राज्य का दर्जा बहाल करने के संबंध में आधिकारिक बयान देने को कहा।

शीर्ष अदालत ने केंद्र से सवाल किया, क्या संसद के पास मौजूदा भारतीय राज्य को केंद्र शासित प्रदेश में बदलने की शक्ति है।

इस पर मेहता ने जवाब दिया कि जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाने का फैसला स्थायी नहीं है। उन्होंने कहा, “जब चीजें सामान्य हो जाएंगी तो जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य बना दिया जाएगा।”

सॉलिसिटर जनरल ने संविधान पीठ को बताया कि सदन (सांसद) में भी एक बयान दिया गया है और प्रयास किए जा रहे हैं। ‘एक बार प्रयास सफल हो जाएं और स्थिति सामान्य हो जाए तो हम इस ( राज्य बनाने) पर विचार करेंगे।’

मेहता ने कहा, हम हमेशा राष्ट्रीय एकता के पक्ष में हैं। मैं चुनाव और राजनीति की बात नहीं करूंगा। मैं राष्ट्रीय एकता के मुद्दे पर बात करूंगा। इसमें लोगों की भलाई का ध्यान रखा जा रहा है।

इस पर पीठ ने कानून अधिकारी से कहा कि लोकतंत्र की बहाली भी महत्वपूर्ण है।

पीठ ने कहा, लोकतंत्र की बहाली भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। हमारे पास ऐसी स्थिति नहीं हो सकती, जहां …कुप्रबंधन (अव्यवस्था) हो।

मेहता ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के केंद्र के 5 अगस्त 2019 के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि 2020 में दशकों में पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव हुए और कोई हड़ताल, कोई पथराव, कोई कर्फ्यू नहीं लगाना पड़ा।

उन्होंने विकास कार्यों का हवाला देते हुए शीर्ष अदालत को बताया, नए होटल बनाए जा रहे हैं। फैसले (अनुच्छेद 370 को निरस्त करने) से सभी को फायदा हुआ है।

सॉलिसिटर जनरल ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर को दो केंद्रशासित प्रदेशों में पुनर्गठित करना उसी पैटर्न का पालन करता है, जैसा 1966 में सरकार ने पंजाब को विभाजित करके हरियाणा और चंडीगढ़ केंद्रशासित प्रदेश बनाने के लिए अपनाया था, जब यह राष्ट्रपति शासन के अधीन था।

*****************************

 

चैंबर में घुसकर वकील की हत्या, खाना खाते वक्त मारी गोली

गाजियाबाद 30 Aug. (एजेंसी)-उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में तहसील परिसर में वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब वकील खाना खा रहे थे। मृत वकील का नाम मनोज चौधरी है। ये घटना चेंबर नंबर-95 में हुई। दरअसल, वकील खाना खाने के लिए टेबल पर बैठे थे तभी अज्ञात हमलवार ने उन्हें गोली मार दी और फरार हो गया।

गाजियाबाद सिटी के डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि आज दोपहर लगभग सवा दो बजे थाना सिंहनी गेट को इस घटना की जानकारी मिली थी। जब मोनू चौधरी उर्फ मनोज चौधरी अपने चेंबर में बैठे हुए थे तभी दो अज्ञात हमलावर आए और गोली मारकर इनकी हत्या कर दी।

तुरंत मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। लाश को पोस्टपोटर्म के लिए भेजा दिया गया है। अधिवक्ता की हत्या किस वजह से की गई है। इस बात का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक जांच में बहन के ससुराल पक्ष का विवाद सामने आ रहा है।

****************************

 

वक्फ बोर्ड से वापस ली जाएंगी 123 संपत्तियां, केंद्र सरकार की सूची में जामा मस्जिद भी शामिल

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी): केंद्र सरकार अहम फैसले के तहत वक्फ बोर्ड की 123 संपत्तियों वापस लेने जा रही है। ये संपत्तियां शहरी विकास मंत्रालय के पास आने की संभावना है और इस संबंध में मंत्रालय ने नोटिस भी जारी कर दिया है। जिन संपत्तियों को वापस लिया जा रहा है उसमें दिल्ली की प्रसिद्ध जामा मस्जिद भी शामिल है।

दरअसल पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार के दौरान जामा मस्जिद को वक्फ बोर्ड को दिया गया था। इस साल की शुरुआत में आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के भूमि एवं विकास कार्यालय (L&DO) ने दो सदस्यीय समिति की रिपोर्ट के आधार पर बोर्ड से 123 संपत्तियों का नियंत्रण अपने हाथों में लेने का फैसला लिया था, जिसमें मस्जिदें, दरगाह और कब्रिस्तान शामिल हैं। अप्रैल में केंद्र सरकार ने दिल्‍ली हाई कोर्ट को बताया था कि 1911 से 1914 के बीच उसने दिल्‍ली वक्‍फ बोर्ड के दावे वाली 123 संपत्तियों का अधिग्रहण किया था।

****************************

 

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को राहत, रद्द होगा लोकसभा से निलंबन

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी)-कांग्रेस नेता अधीर रंजन चाैधरी के लिए राहतभरी खबर है। खबर यह है कि अधीर रंजन का संसद से निलंबन निरस्त होगा। इस संबंधी प्रस्ताव को मंजूदी दे दी गई। यह मंजूरी लोकसभा की प्रिवलेज कमेटी (विशेषाधिकार समिति) ने दी। अधीर रंजन को मानसून सत्र के दौरान निलंबित किया गया था। अधीर रंजन आज विशेषाधिकार समिति के सामने पेश हुए और कहां कि उनका मकसद किसी की भावना को आहत करना नहीं था।

सूत्रों के मुताबिक जब समिति के सामने अपनी बात रख कर अधीर रंजन जाने लगे तो समिति के चेयरमैन ने हल्के फुल्के अंदाज में कहा कि सजा तो सुनते जाइए। जब अधीर रंजन ने कहा कि सजा सुनाईए तो समिति के अध्यक्ष ने कहा कि आपको हमारे साथ लंच करना पड़ेगा, फिर अधीर रंजन चौधरी ने समिति के सदस्यों के साथ लंच किया। अपने निलंबन के बाद चौधरी ने कहा था कि सदन से निलंबन अनावश्यक था, और उनका किसी को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। चौधरी ने यह भी तर्क दिया था कि यदि उनकी टिप्पणियां अनुचित थीं, तो उन्हें हटाया जा सकता था। भाजपा विधायक सुनील सिंह के नेतृत्व वाली लोकसभा विशेषाधिकार समिति ने भी चौधरी के खिलाफ मामले पर चर्चा करने के लिए पिछले सप्ताह बैठक की थी।

****************************

 

Smile Please…चांद पर प्रज्ञान रोवर ने विक्रम लैंडर की खींची तस्वीर, ISRO ने शेयर की फोटो

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी): भारत का चंद्रयान-3 मिशन पूरी तरह से सफल रहा है। भारत द्वारा चंद्रमा के सतह पर उतारा गया प्रज्ञान रोवर रोजाना नई-नई तस्वीरें उतार रहा है। इस कड़ी में ‘प्रज्ञान’ रोवर ने आज ‘विक्रम’ लैंडर की एक तस्वीर खींची है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने यह जानकारी दी। ISRO ने कैप्शन दिया है कि Smile Please।

इसरो ने बुधवार को ट्वीट किया, ‘Smile Please। प्रज्ञान रोवर ने आज सुबह विक्रम लैंडर की तस्वीरें क्लिक की हैं। ये फोटो प्रज्ञान रोवर के नेविगेशन कैमरे (NavCam) द्वारा क्लिक की गई हैं। इस NavCam कैमरे को Laboratory for Electro-Optics Systems (LEOS) द्वारा तैयार किया गया है। इसरो के मुताबिक, ये तस्वीरें 30 अगस्त को भारतीय समयानुसार सुबह 7 बजकर 35 मिनट पर क्लिक की गई हैं।

आपको बता दें कि भारत द्वारा 14 जुलाई को चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च किया गया था, 23 अगस्त को चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने चांद के साउथ पोल में सॉफ्ट लैंडिंग की. भारत इसी के साथ चांद के इस हिस्से पर लैंड करने वाला दुनिया का पहला देश बना था, साथ ही चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला दुनिया का चौथा देश था। भारत से पहले अमेरिका, चीन और सोवियत संघ सफलतापूर्वक चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग कर चुके हैं।

****************************

 

कंटेनर और स्काॅर्पियो के बीच भीषण भिड़ंत, सात लोगों की मौत, चार की हालत गंभीर

सासाराम 30 Aug. (एजेंसी): बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक कंटेनर और स्काॅर्पियो की टक्कर में सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। बताया जाता है कि कुछ लोग एक स्काॅर्पियो पर सवार होकर झारखंड की ओर से आ रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर पखनारी के समीप स्कॉर्पियो और कंटेनर की टक्कर हो गयी। कंटेनर सड़क के किनारे पहले से खड़ी थी और तेज गति से आ रही स्काॅर्पियो इससे टकरा गई।

शिवसागर के थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य में जुट गई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मृतकों में कुछ की पहचान हुई है, जबकि कुछ अन्‍य की पहचान नहीं हो पाई है।

सभी घायलों को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल सासाराम से हायर सेंटर अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों में तीन किशोरी, दो महिला, एक पुरुष, एक किशोर शामिल है। पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, सासाराम पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है।

*****************************

 

Chandrayaan-3 के रोवर को मिली रासायनिक वस्तुएं, हाइड्रोजन की तलाश जारी

चेन्नई 30 Aug. (एजेंसी): चंद्रयान-3 को प्राप्त एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में अंतरिक्ष यान के पेलोड ने चंद्रमा के दक्षिण ध्रुवीय क्षेत्र में एल्यूमीनियम, सल्फर, कैल्शियम, लोहा, क्रोमियम और टाइटेनियम सहित कई रासायनिक पदार्थों की उपस्थिति का पता लगाया है और हाइड्रोजन की खोज जारी है।

अंतरिक्ष यान पर लैंडर मॉड्यूल द्वारा चंद्रमा की सतह पर 23 अगस्त को स्थापित किए गए रोवर के कैमरों द्वारा कैप्चर किया गया यह पहला बड़ा खुलासा है। इसरो ने कहा कि चंद्रयान-3 के रोवर पर लगे लेजर प्रेरित ब्रेकडाउन स्पेक्ट्रोस्कोपी (एलआईबीएस) उपकरण ने दक्षिणी ध्रुव के समीप चंद्रमा की सतह पर पहली बार इन-सीटू माप किया है।
इसने कहा कि ये माप स्पष्ट रूप से इस क्षेत्र में सल्फर) की मौजूदगी की पुष्टि करते हैं, जो ऑर्बिटर पर लगे उपकरणों द्वारा संभव नहीं था।

इसरो ने एक्स में पोस्ट किया “चंद्रयान-3 मिशन: इन-सीटू वैज्ञानिक प्रयोग जारी… रोवर पर लगे एलआईबीएस उपकरण ने पहली बार इन-सीटू माप के माध्यम से दक्षिणी ध्रुव के समीप चंद्रमा की सतह में सल्फर की उपस्थिति की स्पष्ट रूप से पुष्टि की है। एल्यूमीनियम, सल्फर, कैल्शियम, लोहा, क्रोमियम और टाइटेनियम सहित कई रासायनिक पदार्थों की उपस्थिति का पता चला है और हाइड्रोजन की खोज जारी है।”

ग्राफ़िक रूप से दर्शाए गए प्रारंभिक विश्लेषणों से चांद की सतह पर एल्युमीनियम, सल्फर, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम और टाइटेनियम की उपस्थिति का पता चला है। आगे के मापों से मैंगनीज, सिलिकॉन, और ऑक्सीजन की उपस्थिति का पता चला है। हालांकि, हाइड्रोजन की उपस्थिति के बारे में गहन जांच चल रही है। एलआईबीएस पेलोड को इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम (एलईओएस)/इसरो, बेंगलुरु के लिए प्रयोगशाला में विकसित किया गया है।

************************

 

राजीव गांधी शहरी एवं ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के आयोजन की तैयारियां हुई तेज

जयपुर 30 Aug. (एजेंसी): राजस्थान के शहरों एवं गांवों में खेल प्रतिभाओं को तलाशने एवं तराशने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा एक सितम्बर से शुरू की जा रही जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हो गई है।

जयपुर में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सवाई मानसिंह स्टेडियम एवं राजस्थान विश्वविद्यालय में किया जाएगा। खेलों के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है।

जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेलों के आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यापक दिशा निर्देश भी दिये। कलक्टर ने जिला स्तरीय खेलों के सफल आयोजन के लिए उच्च अधिकारियों की अध्यक्षता में 9 समितियों का गठन किया है।

******************************

 

राष्ट्रपति मुर्मू, उपराष्ट्रपति धनखड़ व पीएम मोदी ने दीं रक्षाबंधन की शुभकामनाएं

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति ने एक्स (पूर्व में) ट्विटर पर लिखा, “रक्षा बंधन के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। यह त्योहार भाई-बहन के अटूट प्यार का प्रतीक है।”

उन्होंने देश में महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित माहौल बनाने का संकल्प लेने की भी अपील की।

अपनी शुभकामनाएं देते हुए, उपराष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, “रक्षा बंधन पर हार्दिक शुभकामनाएं! रक्षाबंधन प्यार के खूबसूरत बंधन का प्रतीक है जो भाइयों और बहनों को बांधता है।”

धनखड़ ने कहा, “इस शुभ अवसर पर, आइए हम अपनी ‘नारी शक्ति’ के साथ खड़े होने का संकल्प लें क्योंकि वे भारत को और अधिक गौरव पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह त्योहार हमारे जीवन में खुशियां बढ़ाए।”

एक्स पर प्रधानमंत्री ने लिखा, “मेरे परिवार के सभी सदस्यों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं। बहन और भाई के बीच अटूट विश्वास और अपार प्रेम को समर्पित यह शुभ त्योहार हमारी संस्कृति का पवित्र प्रतिबिंब है।”

उन्होंने कहा, ”मैं कामना करता हूं कि यह त्योहार हर किसी के जीवन में स्नेह, सद्भाव और सौहार्द की भावना को और गहरा करे।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

शाह ने कहा, “सभी देशवासियों को रक्षा बंधन की हार्दिक शुभकामनाएं। भाई-बहन के अटूट रिश्ते और प्यार का प्रतीक यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख और समृद्धि लाए।

******************************

 

बिहार के स्कूलों में दुर्गा पूजा व छठ की छुट्टियों में कटौती, भाजपा नेता भड़के

पटना 30 Aug. (एजेंसी): बिहार शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों की छुट्टियों में कटौती कर दी है। अब से दिसम्बर तक विभिन्न पर्व त्योहारों पर स्कूलों में 23 छुट्टियां थी, जिसे घटाकर 11 कर दिया गया है। इस पर भाजपा के नेता भड़के नजर आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अब शरिया लागू कर दिया जाय।

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक के निर्देश पर प्रारंभिक से उच्च विद्यालयों तक की छुट्टियों में कटौती करने का आदेश जारी किया गया है। इसके तहत दुर्गा पूजा के पहले स्कूलों में छह दिनों की छुट्टी थी, जिसे अब घटाकर रविवार जोड़कर तीन दिनों का कर दिया गया है।

इसी तरह दिवाली, चित्रगुप्त पूजा, भैया दूज और छठ पूजा का 13 से 21 नवंबर तक छुट्टी घोषित की गई थी। लेकिन अब इसमें कटौती करते हुए मात्र चार दिन कर दिया गया है।

विभाग ने हालांकि यह कहा है कि यदि किसी जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी विशेष परिस्थिति में अवकाश घोषित करना चाहेंगे, तो पूर्वानुमति लेकर अवकाश घोषित कर सकते हैं।

इस आदेश के बाद केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा कि शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। कल संभव है कि बिहार में शरिया लागू कर दी जाये और हिंदू त्योहार मनाने पर रोक लग जाये।

भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार भाजपा प्रवक्ता डॉ. निखिल आनंद ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को पीएफआई का चारागाह पहले ही बना दिया है। अब जितने भी हिंदू सनातन धर्म के पर्व- त्योहार हैं, उन अवसर पर मिलने वाली छुट्टियों को रद्द किया जा रहा है और कटौती की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार सिर्फ अपराध और आतंक का अड्डा ही नहीं बनता जा रहा है, बल्कि नीतीश कुमार की मुस्लिमपरस्ती और पाकिस्तानपरस्ती का खामियाजा बिहार का आम नागरिक और हिंदू सनातन धर्म के मानने वाले लोग भुगतने जा रहे हैं।

*******************************

 

बिजली की दुकान में लगी भीषण आग की चपेट में आई आवासीय इमारत, चार लोग जिंदा जले

महाराष्ट्र 30 Aug. (एजेंसी): पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित पूर्णानगर इलाके में बुधवार सुुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक दुकान में भीषण आग गई। आग की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, आग आज सुबह करीब 5 बजे एक आवासीय इमारत के भूतल पर स्थित एक बिजली की दुकान में लगी थी, जिसने देखते ही देखते इमारत के कई तल को अपनी चपेट में ले लिया।

दुकान से उठती आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देख आसपास के लोगों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को दी गई।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। वहीं, पुलिस और बचाव दलों ने भी मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

*****************************

 

भाजपा का 2024 में कमल खिलाने को लेकर ब्लूप्रिंट तैयार, देश भर में कॉल सेंटर खोलने की तैयारी

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी) : 2024 के लोकसभा चुनाव और इस साल होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने एक्सरसाइज शुरू कर दी है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के महासचिव के साथ बैठक कर चुनावी जंग फतह करने के लिए प्लानिंग की है। इस दौरान देशभर में कॉल सेंटर खोलकर मतदाताओं को साधने का प्लान बनाया गया है, तो नगर पंचायत अध्यक्षों और मेयरों के सम्मेलन शुरू करने की रणनीति बनाई गई है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोकसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्रियों के साथ एक घंटे से ज्यादा देर तक बैठक किया। इसके बाद पार्टी के महासचिवों के साथ चार घंटे तक मैराथन बैठक हुई, जिसमें 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया गया। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चलाएं जाने वाले पार्टी के कार्यक्रमों की भी रूपरेखा बनाई गई है। इस तरह से बीजेपी पूरी तरह से चुनावी मोड में उतर चुकी है।

2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर ग्रामीण से शहरी वोटों तक को साधने का बीजेपी ने प्लान बना रखा है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर देशभर के जिला पंचायत अध्यक्षों को चुनाव प्रबंधन में माहिर बीजेपी नेता उनको ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं को साधने की ट्रेनिंग दी गई है। इस कड़ी में अब नगर पंचायत अध्यक्ष, मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष के सम्मलेन करने और उन्हें चुनावी टिप्स देने की रणनीति बनाई गई है। शहरी क्षेत्र में बीजेपी शुरू से मजबूत मानी जाती रही है, जिस पर विपक्षी दलों की भी नजर है।

बीजेपी शहरी वोटों पर अपनी पकड़ को बनाए रखने के लिए स्थानीय शहरी निकाय सदस्यों के ट्रेनिंग देने की विस्तृत रणनीति बनाई गई ताकि लोकसभा चुनाव में बीजेपी से जुड़े स्थानीय शहरी निकाय और ब्लॉक स्तर तक के पंचायत सदस्यों को चुनावी कार्यक्रमों में सक्रिय हिस्सेदारी और भूमिका तय की जा सके। सूत्रों की माने ब्लॉक प्रमुख, बीडीसी को ट्रेनिंग देने के प्रोग्राम की रिपोर्ट राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक में रखी। इसके साथ ही जिला पंचायत सदस्यों के प्रशिक्षण वर्ग रिपोर्ट पेश की गई और ब्लॉक पंचायत स्तर के सदस्यों के ट्रेनिंग की योजना बनाई गई।

सूत्रों के मुताबिक जेपी नड्डा के साथ हुई महासचिवों की बैठक में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर देश भर में कॉल सेंटर खोले जाने को लेकर भी चर्चा की गई। मौजूदा समय में कॉल सेंटर्स के जरिए वोटरों तक पहुंचने के लिए एक विस्तृत योजना के बारे में गहरी चर्चा की गई। देश भर में कॉल सेंटर्स खोलने और उसकी कार्यपद्धति को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता जल्द एक ब्लूप्रिंट तैयार कर इसको अमलीजामा पहनाएंगे। 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए देश में कॉल सेंटर्स खोलने को लेकर जल्दी ही बीजेपी एक बड़ी बैठक करेगी।

****************************

 

मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की मुश्किलें बढ़ीं, हिन्दुवादी संगठनों की शिकायत पर FIR दर्ज

दमोह 30 Aug. (एजेंसी): मध्यप्रदेश के दमोह की कोतवाली थाना पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल कुंडलपुर को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट के मामले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हिन्दुवादी संगठनों द्वारा पुलिस अधीक्षक को इस मामले को लेकर एक ज्ञापन सौपा गया था। इसके बाद कल रात्रि कोतवाली थाना पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

दरअसल, दिग्विजय सिंह द्वारा प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल कुंडलपुर को लेकर एक्स पर एक पोस्ट डाली, जिसके बाद प्रशासन द्वारा इस मामले की जांच की गयी, जिसमें किसी प्रकार की घटना घटित होना नहीं पाया गया था।

****************************

 

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी अस्पताल में भर्ती

बेंगलुरु 30 Aug. (एजेंसी): पूर्व मुख्यमंत्री और जद (एस) के वरिष्ठ नेता एच.डी. कुमारस्वामी को बुधवार सुबह बुखार की शिकायत के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके करीबी सूत्रों ने कहा कि कुमारस्वामी को पिछले सप्ताह व्यस्त गतिविधि के चलते बुखार और थकान हो गई।

वह लगातार बैठकों में शामिल रहे और पिछले हफ्ते उन्होंने अपने अभिनेता से नेता बने बेटे निखिल कुमारस्वामी के लिए एक फिल्म बनाने की घोषणा की थी। पार्टी कार्यकर्ता और परिवार के सदस्य चिंतित हैं क्योंकि कुमारस्वामी की पहले एक बड़ी हार्ट सर्जरी हुई थी। डॉक्टरों ने आश्वासन दिया है कि चिंता की कोई बात नहीं है और वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे।

************************

 

भारत ने निकाली चीन की हेकड़ी, मानक मानचित्र को किया सिरे से खारिज

नई दिल्ली 29 Aug. (एजेंसी)-भारत ने चीन द्वारा जारी तथाकथित 2023 ‘ मानक मानचित्र ’ को निराधार और भारतीय क्षेत्र का अतिक्रमणकारी बताते हुए चीन सरकार से कड़ा विरोध व्यक्त किया है। चीन के इस तथाकथित मानचित्र के बारे में मीडिया के सवालों के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, “ हमने आज चीन के उस तथाकथित 2023 ‘ मानक मानचित्र ’ पर चीनी पक्ष के साथ राजनयिक चैनलों के माध्यम से कड़ा विरोध दर्ज कराया है जो भारत के क्षेत्र पर दावा करता है। ” बागची ने कहा, “ हम इन दावों को खारिज करते हैं क्योंकि इनका कोई आधार नहीं है। चीनी पक्ष के ऐसे कदम केवल सीमा प्रश्न के समाधान को जटिल बनाते हैं। ”

इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि चीन को ऐसे नक्शे जारी करने की आदत है। उन्होंने कहा कि ऐसे दावे करने से दूसरों का एरिया उनका नहीं हो जाता। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत के कुछ हिस्सों के साथ नक्शा जारी करने से कुछ भी नहीं बदलेगा। सरकार को पता है कि हमें अपने एरिया में क्या करना है।

******************************

 

इमरान मसूद पर एक्शन से सियासत गरमाई, कभी बसपा को बताया था लुटेरों का गिरोह, नौ माह में ही छोड़ी थी सपा

सहारनपुर ,29 अगस्त (एजेंसी)। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इमरान मसूद के बसपा से निष्कासन के बाद सियासी चर्चाओं को हवा मिल गई है। मंगलवार को बसपा प्रमुख मायावती के आदेश के बाद इमरान के निष्कासन का पत्र जारी कर दिया गया। बता दें कि कांग्रेस छोड़कर पहले सपा और फिर बसपा में शामिल हुए इमरान के अब फिर से कांग्रेस में जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। वहीं इमरान ने अभी निष्कासन को लेकर सिर्फ इतना ही कहा है कि वह सलाह लेने के बाद आगे का फैसला करेंगे।

बता दें कि इमरान मसूद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही जनवरी में कांग्रेस छोड़कर पहले सपा के सारथी बने थे, लेकिन नौ माह के भीतर ही उनका पार्टी से मोह भंग हो गया और उन्होंने सपा को अलविदा कह दिया। विधानसभा चुनाव में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें कोई तवोज्जो नहीं दी, जिस कारण वह विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ सके।

विधान परिषद चुनाव में भी उन्हें नजर अंदाज किया गया। सपा में कोई तरजीह नहीं मिलने से वह काफी समय से बसपा में जाने की तैयारी में लगे थे। इसी बीच उन्होंने दिल्ली में बसपा सुप्रीमो पूर्व मख्यमंत्री मायावती से भेंट की थी। 10 माह पहले वह बसपा में शामिल हुए थे।

कद्दावर नेता पूर्व विधायक इमरान मसूद बसपा को भाजपा का विकल्प बताते हुऐ, साईकिल की सवारी छोड़कर बसपा के हाथी पर सवार हो गए थे। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि सपा में कोई तरजीह नहीं मिली। इसी कारण वह काफी समय से बसपा में जाने की तैयारी में लगे हुऐ थे। वहीं पार्टी प्रमुख मायावती ने उन्हें लखनऊ बुलाकर आशीर्वाद दिया और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी।
कभी बसपा को बताया था लुटेरों का गिरोह

पूर्व विधायक इमरान मसूद को बसपा में आने में भी नौ माह ही लग गए। पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कांग्रेस में रहते हुए बसपा को पार्टी की बजाय लुटेरों का गिरोह बताया था। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल भी हुआ था, जिसमें वह कह रहे थे कि बसपा को वह पार्टी नहीं मानते, बसपा पैसे लूटने वालों का गिरोह है, जिसमें पैसे लेकर टिकट दिया जाता है। वहीं खुद  बसपा का दामन थामने के बाद अपने इस बयान को लेकर इमरान काफी ट्रोल भी हुए थे।

बसपा का दामन थामते ही मिली थी बड़ी जिम्मेदारी

पार्टी में शामिल होते ही बसपा सुप्रीमो मायावती ने इमरान के पार्टी में आने पर अपने ट्वीटर एकाउंट पर ट्वीट किया था। जिसमें उन्होंने लिखा है कि उप्र खासकर पश्चिमी यूपी की राजनीति में इमरान मसूद एक जाना पहचाना नाम हैं। वह अपने सहयोगियों के साथ सपा छोड़ कर बीएसपी में शामिल हो गए हैं, जिनका तहेदिल से स्वागत है, साथ ही मायावती ने इमरान को पश्चिमी यूपी बीएसपी का संयोजक बना कर पार्टी को हर स्तर पर मजबूत बनाने और खासकर अकलीयत समाज को पार्टी से जोडऩे की विशेष जिम्मेदारी सौंपी थी।

कांग्रेस से वाया सपा होते हुए बसपा का दामन थामने वाले इमरान मसूद को बसपा ने बाय-बाय बोल दिया है। बसपा ने इमरान को अनुशासनहीनता के कारण पार्टी से निकाले जाने की बात कही है। अब सियासी गलियारे में चर्चा है कि वह कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
इमरान ने कहा कि वह जहां भी रहते हैं उस पार्टी की भलाई की बात करते हैं। किसी को बुरा लगे तो इसमें उनका कोई दोष नहीं है। उन्होंने कहा कि अपने लोगों से बातचीत करेंगे। सभी की राय होगी तो राहुल गांधी के नेतृत्व में देश से संविधान विरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए काम करेंगे।

**************************

 

हेमकुंड साहिब में 11 अक्टूबर को बंद होंगे कपाट, अब तक 2.27 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून ,29 अगस्त (एजेंसी)। सिखों के प्रमुख तीर्थ स्थल विश्व प्रसिद्ध हेमकुंड साहिब के कपाट बंद करने की तिथि घोषित कर दी गई है। इस साल 11 अक्टूबर को दोपहर एक बजे हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। गुरुद्वारा हेमकुंड ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 20 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। अभी तक 2 लाख 27 हजार 500 श्रद्धालुओं ने हेमकुंड गुरुद्वारे में मत्था टेका है।

इस वर्ष कपाट खुलने के समय से ही हेमकुंड में भारी बर्फबारी थी। वहीं, सेना के जवानों ने बर्फ के बीच से श्रद्धालुओं के लिए रास्ता बनाया था। अभी तक यहां मौसम खराब ही चल रहा है। हालांकि, अब यहां बर्फ जमा नहीं है, लेकिन बारिश का दौर जारी है।

नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि बारिश कम होने के बाद अब गोविंदघाट से घांघरिया तक एक बार फिर से हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू हो गई है। तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रुद्रप्रयाग में एक गुरुद्वारा और धर्मशाला का निमार्ण किया जा रहा है।

हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर इन दिनों ब्रह्मकमल खिले हुए हैं। हेमकुंड जाने वाले यात्रियों के लिए यह फूल आकर्षण का केंद्र बने हैं। राज्य पुष्प ब्रह्मकमल 13 हजार फीट की ऊंचाई पर खिलता है। ब्रह्मकमल हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर अटलाकोटी से हेमकुंड साहिब तक जगह-जगह पर खिला हुआ है।

जुलाई से सितंबर के बीच खिलने वाला ब्रह्मकमल धार्मिक महत्व का पुष्प है। नंदा अष्टमी मेले के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्र से ब्रह्मकमल को लाकर नंदा को अर्पित किया जाता है। हेमकुंड यात्रा मार्ग पर ब्रह्मकमल के साथ अन्य प्रजाति के फूल भी खिले हुए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र की खूबसूरती और भी निखर रही है।

*******************************

 

सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को किया नाकाम, 13,800 डेटोनेटर समेत आईईडी और गोला-बारूद बरामद

गया ,29 अगस्त (एजेंसी)। बिहार के गया जिले के जंगली क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश नाकाम कर दिया। तलाशी अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने 13,800 डेटोनेटर, हथियार, गोला बारूद, आईईडी बरामद की है।

बताया जाता है कि नक्सली संगठन सुरक्षा बलों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने के फिराक में थे। सूचना के आधार पर गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) के नेतृत्व में सीआरपीएफ, एसटीएफ और जिला पुलिस को मिलाकर विशेष टीम का गठन किया। गठित सुरक्षा बलों की विशेष टीम ने लुटुआ के इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लुटुआ थाना के पंडरा के पहाड़ी और जंगली क्षेत्र में अभियान चलाया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान एक स्थान पर छुपाकर रखे गए एक राइफल, 100 कारतूस को बरामद किया। सुरक्षा बलों ने इनपुट के आधार पर कार्रवाई जारी रखी और पंडरा पहाड़ी के ही दूसरे छोर पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान तीन शक्तिशाली आईईडी भी मिले, जिसे डिफ्यूज कर दिया गया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने पांच प्लास्टिक की बोरी में रखे विस्फोटक और पिठू बैग बरामद किया।

प्लास्टिक के बोरी से 13,800 विस्फोटक (डेटोनेटर) मिले, जो 46 पॉकेट में थे। इसके अलावा मौके से कोर्डेक्स तार (चार बंडल), नक्सलियों की काली वर्दी, गोला बारूद की थैली भी बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के ठिकाने से दो बेसिक फोन और दो वॉकी-टॉकी सेट भी जब्त किए हैं।

****************************

 

लैंडिंग से पहले बंद हुआ इंडिगो के विमान का एक इंजन, बड़ा हादसा टला

नई दिल्ली ,29 अगस्त (एजेंसी)। मदुरै से मंगलवार को मुंबई आ रहे इंडिगो के एक विमान का एक इंजन लैंडिंग से पहले अचानक बंद हो गया, हालांकि इसके बावजूद विमान मुंबई हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। दो इंजन वाला एयरबस ्र321 विमान एक इंजन के दम पर सुरक्षित लैंडिंग करने में कामयाब रहा।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा, मदुरै से मुंबई जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-2012 में मुंबई में उतरने से पहले तकनीकी समस्या आ गई थी। पायलट ने मुंबई में प्रायोरिटी लैंडिंग की। विमान को मुंबई में रखा गया है और आवश्यक रखरखाव के बाद यह परिचालन में वापस आ जाएगा।

*******************************

 

जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित बनाने का फैसला अस्थायी, सुप्रीमकोर्ट ने पूछा चुनाव कब कराओगे

नई दिल्ली ,29 अगस्त (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को खत्म करने के खिलाफ दाखिल याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में आज (29 अगस्त) 12वें दिन की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान केंद्र ने कोर्ट को बताया कि जम्मू-कश्मीर को दो अलग यूनियन टेरिटरी (जम्मू-कश्मीर और लद्दाख) में बांटने का कदम अस्थायी है। जल्द ही दोनों केंद्र शासित प्रदेशों को वापस एक राज्य बना दिया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी पूछा कि चुनाव कब करवाए जाएंगे।

सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने पूछा कि आखिर किस तरह अनुच्छेद-367 में संशोधन कर जम्मू-कश्मीर का स्पेशल स्टेटस हटाया जा सकता हैज् क्या जम्मू-कश्मीर राज्य की सहमति जरूरी नहीं थी? जब दूसरा पक्ष ( जम्मू-कश्मीर विधानसभा) मौजूद नहीं था, तब सहमति कैसे मिली! क्या अनुच्छेद-370 को हटाने के लिए एक तरीके से अनुच्छेद-370 का इस्तेमाल किया जा सकता हैज्? सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि अनुच्छेद-370 का प्रावधान हटने से मनोवैज्ञानिक असमानता दूर हो गई है, एकता लाने के किसी भी कदम का स्वागत किया जाना चाहिए। संशोधन संसद की इच्छा के माध्यम से व्यक्त की गई लोगों की इच्छा है।

*******************************

 

नितिन गडकरी ने दुनिया की पहली प्रोटोटाइप कार का किया अनावरण, कहा अन्नदाता को ऊर्जादाता बनाना लक्ष्य

नई दिल्ली ,29 अगस्त (एजेंसी)। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बीएस6 स्टेज सेकण्ड’इलेक्ट्रिफाइड फ्लेक्स फ्यूल व्हीकल’ की दुनिया के पहले प्रोटोटाइप का अनावरण किया। इसे टोयोटा किर्लोस्कर मोटर्स ने विकसित किया है। यह 85 प्रतिशत तक इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चल सकता है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बायो-फ्यूल (जैव ईंधन) से पराली जलाने की समस्या लगभग 100 फीसदी खत्म हो जाएगी। इससे किसानों की आय दोगुनी करने में भी मदद मिलेगी।

फ्लेक्स-फ्यूल टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस हाइब्रिड के प्रोटोटाइप के अनावरण समारोह में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया के लिए एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि पहला प्रोटोटाइप अनावरण होने जा रहा है। इससे पहले विक्रम किर्लोस्कर थे और मैं आमतौर पर उनसे हर बार प्रोटोटाइप के बारे में जानकारी लेता था। लेकिन, उनका निधन हमारे लिए एक बड़ी क्षति है।

उन्होंने बताया कि भारत फिलहाल 16 लाख करोड़ रुपये का ईंधन आयात कर रहा है। अगर हम प्रदूषण का ग्राफ देखें तो 40 प्रतिशत प्रदूषण ईंधन के कारण उत्पन्न होता है। मैं मुश्किल से दो या तीन दिन दिल्ली में रहता हूं। जब मैं अपने मूल स्थान पर वापस लौटता हूं तो संक्रमण से पीडि़त होता हूं। दिल्ली की स्थिति और प्रदूषण के स्तर के बारे में हर कोई जानता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का पानीपत संयंत्र इथेनॉल पैदा कर रहा है, जो जैव-कचरे से उत्पन्न होता है।

उन्होंने उदाहरण दिया कि कैसे दो अलग-अलग फ्लाइट्स में 50 प्रतिशत जैव-विमानन ईंधन का उपयोग किया जा रहा है। हमारे देश की जीडीपी का 65 फीसदी हिस्सा कृषि पृष्ठभूमि से है और मैं किसानों की स्थिति के बारे में जानता हूं। केंद्रीय मंत्री ने कहा, मेरा सपना ‘अन्नदाता’ को ‘ऊर्जादाता’ (सौर ऊर्जा उत्पादक) में बदलना है। उन्होंने कहा कि वह खुद किसान परिवार से हैं और जानते हैं कि इससे किसानों को कितना फायदा होगा। बायो-फ्यूल से पराली जलाने की समस्या लगभग 100 फीसदी तक खत्म हो जाएगी।

किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि इथेनॉल एक स्वदेशी, पर्यावरण-अनुकूल और नवीकरणीय ईंधन है। यह भारत के लिए आशाजनक संभावनाएं रखता है। उन्होंने कहा, इथेनॉल पर मोदी सरकार का जोर ऊर्जा आत्मनिर्भरता हासिल करने, किसानों की आय दोगुनी करने, उन्हें अन्नदाता के रूप में समर्थन जारी रखते हुए ऊर्जादाता में परिवर्तित करने और पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव डालने के उद्देश्यों के अनुरूप है।

उन्होंने यह भी कहा कि जलवायु परिवर्तन के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक मिशन के साथ, टोयोटा उत्साहपूर्वक स्वच्छ ऊर्जा समाधानों में बदलाव कर रही है। उन्होंने कहा, पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी मजबूत प्रतिबद्धता उनकी उन्नत तकनीकों, जैसे हाइड्रोजन वाहन और इलेक्ट्रिफाइड फ्लेक्स ईंधन वाहन, में स्पष्ट है।

बीएस6 स्टेज ढ्ढढ्ढ ‘इलेक्ट्रिफाइड फ्लेक्स फ्यूल व्हीकल’ वाहन टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस पर आधारित है। इसे भारत के सख्त उत्सर्जन मानकों का पालन करने के लिए इंजीनियर किया गया है। इसे विश्व स्तर पर पहले बीएस 6 (स्टेज ढ्ढढ्ढ) इलेक्ट्रिफाइड फ्लेक्स ईंधन वाहन प्रोटोटाइप के रूप में बताया जाता है।

*******************************

 

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने मुस्तफा युसूफ अली गोम को डॉ.बीआर अंबेडकर अवार्ड से सम्मानित किया…!

29.08.2023  –  केयर टेकर्स एक्सटीरियर एंड इंटीरियर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ.मुस्तफा युसूफ अली गोम को डॉ.बीआर अंबेडकर अवार्ड से सम्मानित किया गया उन्हें यह सम्मान वेस्ट बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बॉस द्वारा राजभवन में आयोजित एक समारोह में दिया गया। डॉ.मुस्तफा युसूफ अली गोम को उनके उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों को देखते हुए दिया गया। बता दें कि पश्चिम बंगाल के राजभवन में मैत्री पीस फ़ाउंडेशन द्वारा डॉ.बीआर अंबेडकर अवार्ड तथा इंटरनैशनल बुद्धा पीस अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया था।

जिसमें राज्यपाल डॉ. सी.वी, आनंद बॉस ने लोक सभा सांसद मुकेश राजपूत, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य और मंत्री डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल, पद्मभूषण एवं गायक उदित नारायण और केयर टेकर्स एक्सटीरियर एंड इंटीरियर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ.मुस्तफा युसूफ अली गोम को डॉ.बीआर अंबेडकर अवार्ड से सम्मानित किया।

इसके अतिरिक्त मुस्तफ़ा युसूफ अली गोम को हिंदी सिनेमा जगत के जाने माने कलाकार मुकेश ऋषि द्वारा भी मुक्ति सभागार में आयोजित ‘फेस ऑफ़ इंडिया’ सम्मान दे कर उन्हें सम्मानित किया गया।  यह कार्यक्रम मुंबई अँधेरी में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर महिमा चौधरी ने सभी सम्मानित व्यक्तियों को शुभकामनाएं दी और उनको प्रोत्साहित किया। अभिनेता मुकेश ऋषि ने कहा कि हर अवार्ड के पीछे एक सोच और मेहनत होती है।

ग़ौरतलब है कि केयर टेकर्स एक्सटीरियर एंड इंटीरियर प्राइवेट लिमिटेड बिल्डिंग रिपेयरिंग के क्षेत्र में बहुत ही सराहनीय भूमिका निभा रही है। बहुत कम समय में केयर टेकर्स एक्सटीरियर एंड इंटीरियर प्राइवेट लिमिटेड ने एक बड़ी क़ामयाबी हासिल की है। डॉ.मुस्तफ़ा युसूफ अली गोम को यह सम्मान उनके द्वारा किये जा रहे सामाजिक कार्यो मद्देनज़र रखते हुए दिया गया।

ज्ञात हो कि श्री गोम मुंबई के कांदिवली में एक सामूहिक किचन चलाते है जिससे लोगो को काफी लाभ मिल रहा है। कोलकाता के राजभवन में हुए इस कार्यक्रम के आयोजक बुद्धिस्ट मोंक सुरजीत बरुआ थे जो सिक्किम में कई अनाथआश्रम का संचालन करते हैं। श्री गोम को अब तक उनके अच्छे सामाजिक कामो के लिए बहुत से सम्मान मिल चुके हैं।

महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उन्हें  ‘गऊ भारत भारती’ के सर्वोत्तम सम्मान से सम्मानित किया साथ ही साथ केरल के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान ने वाग्धारा सम्मान से भी सम्मानित किया है। विशाल विचार नेतृत्व के कारण उन्हें डॉक्टरेट की उपाधि से भी सम्मानित किया गया है ।

इंस्टीट्यूट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट (आईईएमएस) ने मरम्मत बहाली और रखरखाव उद्योग में उनके 30 वर्षों के अनुभव और मुंबई शहर में 500 से अधिक इमारतों के मरम्मत करने में उनके जबरदस्त काम के लिए डॉ. मुस्तफा युसुफ अली गोम को वेस्ट बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बॉस द्वारा राजभवन में आयोजित एक समारोह में आमंत्रित कर उन्हें यह सम्मान दिया गया।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************