मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव ने सिंधिया-गांधी परिवार के बीच बढाई खटास

भोपाल 16 Nov, (एजेंसी): चुनाव में विरोधी दलों के एक दूसरे पर हमले आम बात है। व्यक्तिगत हमले काम ही होते हैं, मगर मध्य प्रदेश में ऐसे व्यक्तिगत हमले हुए कि उसने गांधी और सिंधिया परिवार के बीच खटास बढ़ाने का काम कर दिया है। राज्य में वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में राहुल, प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच गजब की कैमिस्ट्री देखने को मिली थी। इन चुनाव में कांग्रेस ने बढ़त पाई और सरकार भी बनाई। बाद में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया और वह भाजपा का हिस्सा बन गए परिणाम स्वरुप कांग्रेस की सरकार गिर गई वर्तमान में ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्रीय मंत्री हैं।

भले ही सिंधिया कांग्रेस के अलग हो गए, मगर उनके और गांधी परिवार के बीच खटास नजर नहीं आई थी। संसद से तो एक ऐसी तस्वीर सामने आई थी, जिसमें सिंधिया सोनिया गांधी के साथ बैठे हुए थे। आमतौर पर यही चर्चा थी कि भले ही सिंधिया कांग्रेस छोड़कर चले गए होंं, मगर दोनों परिवारों के बीच दूरियां नहीं बढ़ी हैं। प्रियंका गांधी का पिछले दिनों ग्वालियर आना हुआ, मगर उन्होंने सीधे तौर पर सिंधिया पर हमला नहीं किया। तब भी यही माना गया कि सियासी तौर पर भले ही दोनों अलग हो गए हैं, मगर रिश्तो में औपचारिकता अभी बची हुई है।

प्रियंका गांधी का बीते रोज दतिया आना हुआ और यहां उन्होंने जनसभा में सिर्फ ज्योतिरादित्य सिंधिया पर ही नहीं, बल्कि उनके खानदान तक पर हमला बोल दिया। विश्वासघात को उनके परिवार की परंपरा बताने में भी प्रियंका ने हिचक नहीं दिखाई। इतना ही नहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया को अहंकारी तक कह दिया।

प्रियंका के बयान के बाद सिंधिया ने भी गांधी परिवार पर हमला बोला और एक्स पर लिखा, प्रियंका की बात से एक बार फिर से प्रमाणित हुआ कि गांधी परिवार का अहंकार आसमान से भी ऊंचा है। यह परिवार भले ही अपने आप को शाही परिवार समझे, इसका मतलब यह नहीं की इनका विरोध करना राजद्रोह है। इस परिवार का अस्तित्व एक ही बिंदु पर खड़ा है, कि देश पर शासन करना एक ही परिवार के सदस्यों का जन्म सिद्ध अधिकार हैं। पहले प्रियंका गांधी का बयान और उसके बाद सिंधिया की प्रतिक्रिया ने यह जाहिर कर दिया है कि अब गांधी और सिंधिया परिवार के वैसे रिश्ते नहीं हैंं, जिसकी चर्चा लोग करते आ रहे हैं। दोनों परिवारों के सिर्फ सियासी रास्ते अलग नहीं हुए हैं, बल्कि रिश्तों में भी दूरी बढ़ गई है।

*****************************

 

शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट

रुद्रप्रयाग,15 नवंबर (एजेंसी)।  विश्व प्रसिद्ध भगवान केदारनाथ मंदिर के कपाट भैया दूज के पवित्र मौके पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। ब्रह्म मुहूर्त में समाधि पूजा के बाद गर्भ गृह बंद किया गया जबकि सुबह साढ़े 8 बजे मंदिर का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। सेना के बैंडों की मधुर धुनों और बम बम भोले, जय केदार के जयघोषों के बीच डोली को केदारनाथ मंदिर से ऊखीमठ ओंकारेश्वर मंदिर के लिए प्रस्थान कराया गया। कपाट बंद होने पर करीब ढाई हजार भक्त मौजूद थे।

कड़ाके की सर्दी के बीच बुधवार भैया दूज के मौके पर कार्तिक मास शुक्ल पक्ष द्वितीया, वृश्चिक राशि, ज्येष्ठा नक्षत्र में विश्व प्रसिद्ध भगवान केदारनाथ के कपाट बंद किए गए। सुबह मंदिर में नित्य पूजा अर्चना और दर्शन के बाद कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू की गई। स्वयंभू शिवलिंग से श्रृंगार अलग कर केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग की मौजूदगी में मुख्य पुजारी शिवलिंग द्वारा स्थानीय शुष्क पुष्पों, ब्रह्म कमल, कुमजा, राख से स्वयंभू लिंग को समाधि रूप दिया गया। सुबह 6 बजे मंदिर में समाधि पूजा संपन्न की गई। जबकि सभामंडप में स्थित छोटे मंदिरों को भी बंद किया गया। इसके बाद ठीक साढ़े 8 बजे केदारनाथ मंदिर के दक्षिण द्वार को बंद कर दिया गया। परम्परा के निर्वहन के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय के साथ ही जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण, मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह, तीर्थपुरोहित समाज के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

मंदिर को विशेष रूप से फूलों से सजाया: कपाट बंद होने को लेकर बीकेटीसी द्वारा मंदिर को विशेष रूप से फूलों से सजाया गया। सेना के बैंडों की भक्तिमय धुनों और ऊं नम: शिवाय एवं जय बाबा केदार के जयघोषों से सम्पूर्ण केदारपुरी गुंजायमान हो गई। यात्रा के पहले दिन भगवान केदार की डोली देर सांय रामपुर पहुंच गई। जबकि 16 नवम्बर को गुप्तकाशी और 17 नवम्बर को ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। जहां भगवान की डोली गर्भ गृह में विराजमान होगी और यहां छह महीने शीतकाल में बाबा केदार की पूजा अर्चना की जाएगी। कपाट बंद होने पर भारतीय सेना, आईटीबीपी तथा दानीदाताओं ने तीर्थयात्रियों के लिए भंडारा भी आयोजित किया।

ये लोग रहे मौजूद:  इस मौके पर बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व शर्मा की धर्मपत्नी मीडिया दिग्गज रिनिकी भुयान शर्मा, मंदिर समिति सदस्य श्रीनिवास पोस्ती, बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह, तहसीलदार दीवान सिंह राणा कार्याधिकारी आरसी तिवारी, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, थाना प्रभारी मंजुल रावत, प्रदीप सेमवाल, अरविंद शुक्ला, देवानंद गैरोला, उम्मेद नेगी, कुलदीप धर्म्वाण, ललित त्रिवेदी, बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ हरीश गौड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, तीर्थपुरोहित एवं भक्त मौजूद थे।

पीएम और सीएम के मार्गदर्शन में यात्रा का हुआ सफल समापन:  बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कपाट बंद होने के मौके पर कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में इस साल केदारनाथ यात्रा का सफलतापूर्वक समापन हो गया है। इस यात्रावर्ष में साढ़े उन्नीस लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने भगवान केदारनाथ के दर्शन किए हैं। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए आगामी वर्षो में और भी बेहतर तैयारी करने का आह्वान किया। बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि केदारनाथ धाम में 25 अप्रैल को कपाट खुलने की तिथि से 14 नवंबर रात्रि तक 1957850 (उन्नीस लाख सत्तावन हजार आठ सौ पचास) तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं।

सांभर आए खूब वीवीआईपी और वीआईपी:    इस साल केदारनाथ में बड़ी संख्या में वीवीआईपी और वीआईपी दर्शनों को पहुंचे। यात्रा शुरूआत से लेकर अंत तक अतिथियों का आवागमन जारी रहा। राजनेता से क्रिकेटर, उद्योगपति और फिल्ली हस्तियां केदारनाथ पहुंची। इनमें कांग्रेस पार्टी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे सहित कई नाम शामिल हैं। इस साल केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अंत तक कई बड़ी हस्तियां दर्शनों को पहुंची। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, देश के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अम्बानी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, फिल्म अभिनेता रजनीकांत, अभिनेत्री सारा अली खान, जैकलीन फर्नांडिस, एयरफोर्स चीफ वीआर चौधरी, क्रिकेटर ऋषभ पंत, सुरेश रैना, केदार जादव, बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री, कवि कुमार विश्वास, रवीना टंडन, बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र शास्त्री सहित उच्चतम न्यायालय के न्याधीश, सेना, वायु सेना और आईटीबीपी के कमांडिग आफीसर शामिल हैं।

******************************

 

भारत-मध्य पूर्व-यूरोप गलियारे की योजना के लिए चुनौती है इजरायल-हमास युद्ध

*सीतारमण ने माना*

नई दिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को स्वीकार किया कि इजरायल-हमास युद्ध प्रस्तावित भारत-मध्य पूर्व-यूरोप कनेक्टिविटी कॉरिडोर (आईएमईसी) के लिए एक चुनौती है, जिसका उद्देश्य कनेक्टिविटी में सुधार और उत्सर्जन में कटौती करना है।

आईएमईसी परियोजना के लिए समझौते पर इस साल सितंबर में भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली में हुई जी20 बैठक में हस्ताक्षर किए गए थे। रेल और बंदरगाह गलियारे की परिकल्पना मध्य पूर्व और दक्षिण एशिया को जोडऩे वाले गलियारे के रूप में की गई है जो इजऱाइल से होकर गुजरेगी। यह वैश्विक बुनियादी ढांचे पर चीन के बेल्ट एंड रोड दबाव का मुकाबला करने की अमेरिकी रणनीति का हिस्सा है।

सीतारमण ने यहां हिंद-प्रशांत क्षेत्रीय डायलॉग 2023 में कहा, गलियारे के सामने अपनी भू-राजनीतिक चुनौतियां हैं। इजराइल और गाजा में चल रहा संघर्ष इसकी एक चिंताजनक अभिव्यक्ति है।

हालाँकि, उन्होंने कहा कि यह परियोजना सभी हितधारकों के लिए फायदेमंद होगी क्योंकि यह परिवहन की एक अधिक कुशल प्रणाली स्थापित करेगी जो रसद लागत को कम करेगी, आर्थिक एकता बढ़ाएगी, अधिक नौकरियां पैदा करेगी और कार्बन उत्सर्जन कम करेगी।
आईएमईसी मुख्यत: जलमार्ग होगा जो समुद्री से होकर गुजरेगा।

यह मुंबई, मुंद्रा और कांडला (गुजरात) में जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी जैसे भारतीय बंदरगाहों को संयुक्त अरब अमीरात में फ़ुजैरा और अबू धाबी सहित पश्चिम एशिया के बंदरगाहों और सऊदी अरब के दम्मम और घुवाइफ़त बंदरगाहों से जोड़ेगा।

एक रेल खंड भी होगा जो आईएमईसी के तहत सऊदी अरब के हराद और अल हदीथा शहरों को इजऱाइल में हाइफ़ा बंदरगाह से जोड़ेगा।
सीतारमण ने कहा, अंतिम खंड, जिसे कुछ लोग उत्तरी गलियारा कहते हैं, एक बार फिर हाइफ़ा के बंदरगाह को पीरियस के ग्रीक बंदरगाह और वहां से यूरोप तक जोडऩे वाला एक समुद्री खंड होगा।

***************************

 

समुद्री डकैती और ड्रग्स की तस्करी अभी भी एक चुनौती बनी हुई है: उपराष्ट्रपति

नई दिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के मुताबिक सभी तकनीकी प्रगति के बावजूद, समुद्री डकैती और नशीली दवाओं की तस्करी अभी भी एक चुनौती बनी हुई है। धनखड़ ने कहा कि इनसे उत्पन्न धन का उपयोग राज्येतर तत्वों द्वारा शांति और सद्भाव को बाधित करने के लिए किया जाता है।

धनखड़ ने कहा, वैश्विक शांति प्रयासों में राज्येतर तत्व सबसे बड़े नकारात्मक हस्तक्षेप के रूप में उभरे हैं। निजी प्रयास उन्हें बेअसर करने के लिए पर्याप्त नहीं हो सकते हैं। केवल राष्ट्रों के बीच एकजुटता और मज़बूत तंत्र के द्वारा इनसे निपटा जा सकता है।

वह नई दिल्ली में हिंद-प्रशांत क्षेत्रीय संवाद के 2023 संस्करण में बोल रहे थे। समुद्रों में अपार अप्रयुक्त संपदा वैश्विक भागीदारों के बीच प्रतिस्पर्धा के लिए नया फ्रंटिअर बन गया है। बुधवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने यह बात कही।

उन्होंने समुद्र और इसकी संपदा के वैश्विक भागीदारों के प्रतिस्पर्धी दावों को रोकने के लिए एक नियामक व्यवस्था और इसके प्रभावी कार्यान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में, भारत एक स्वतंत्र और शांतिपूर्ण नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र चाहता है, जिसमें वैध व्यापार का मुक्त और अप्रतिबंधित प्रवाह हो।

स्थापित अंतर्राष्ट्रीय कानूनों और समझौतों के अनुसार, नौवाहन और ओवर-फ्लाइट के लिए स्वतंत्रता का आह्वान करते हुए, धनखड़ ने जोर देकर कहा, हम एक न्यायसंगत वैश्विक नियामक व्यवस्था चाहते हैं, जो समुद्री संसाधनों और समुद्री तल के स्थायी और न्यायसंगत दोहन के लिए विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) पर अधिकार का सम्मान करता है।

उपराष्ट्रपति ने कहा, आप कमजोर हालात में शांति लागू नहीं कर सकते, शांति पर बातचीत नहीं कर सकते और शांति की आकांक्षा नहीं कर सकते। आपको मजबूत होना होगा और आपको सभी मौलिक तथ्यों पर मजबूत होना होगा। मौजूदा परिदृश्य में भारत इसके लिए बहुत उपयुक्त है।

अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति ने इस बात पर भी दुख और पीड़ा व्यक्त की कि भारत, एक ऐसा देश जिसमें सारी दुनिया की जनसंख्या का छठवां हिस्सा रहता है, को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया जाता है, जो निश्चित रूप से इस वैश्विक निकाय की प्रभावकारिता को कम करता है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि अब समय आ गया है, जब हमें इस पर भी ध्यान देने की जरूरत है। एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन और हाइपरसोनिक हथियारों जैसी परिवर्तनकारी प्रौद्योगिकियों का उल्लेख करते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा कि इन क्षेत्रों की महारत और उत्कृष्ट निपुणता भविष्य के स्ट्रटीजिक हैव और स्ट्रटीजिक हैव नॉट निर्धारित करेगा।

इस संबंध में, उन्होंने भारतीय कॉर्पोरेट क्षेत्र से आगे आने, नागरिक और सैन्य बलों के साथ समन्वय करने और ऐसी प्रौद्योगिकियों को विकसित करने के लिए काम करने का आग्रह किया, जैसा कि पश्चिमी देशों में किया जा रहा है।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने कहा कि हम एक अस्थिर वैश्विक परिदृश्य का सामना कर रहे हैं, जिसमें कई कठिन चुनौतिया सामने हैं जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में व्यापार और कनेक्टिविटी के रखरखाव को बाधित कर सकती हैं। उन्होंने रेखांकित किया, इन खतरनाक प्रवृत्तियों को रोकने के लिए और चुनौतियों से निपटने के लिए एक रणनीति का विकास पूरी मानवता के कल्याण के लिए प्राथमिकता है।

******************************

 

बिक्री प्रस्ताव के समझौते से स्वामित्व हस्तांतरण नहीं होता: सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि बेचने का समझौता करने से स्वामित्व अधिकार हस्तांतरित नहीं होता है या प्रस्तावित खरीददार को कोई स्वामित्व प्रदान नहीं होता है।

न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और राजेश बिंदल की पीठ ने कर्नाटक उच्च न्यायालय के एक आदेश के खिलाफ दायर एक विशेष अनुमति याचिका पर फैसला सुनाते हुये कहा, बेचने (के प्रस्ताव) का समझौता कोई स्थानांतरण नहीं है; यह स्वामित्व अधिकार हस्तांतरित नहीं करता है या कोई स्वामित्व प्रदान नहीं करता है।

1990 में, पार्टियों ने संपूर्ण बिक्री पर विचार करने के बाद बेचने का एक समझौता किया था और अपीलकर्ता द्वारा प्रस्तावित खरीदार को कब्ज़ा सौंप दिया गया था। इस समझौते के तहत, यह भी निर्धारित किया गया था कि कर्नाटक विखंडन निवारण और होल्डिंग्स समेकन अधिनियम के तहत प्रतिबंध हटने के बाद बिक्री विलेख निष्पादित किया जाएगा।

बाद में 1991 में, विखंडन अधिनियम को निरस्त कर दिया गया लेकिन उत्तरदाताओं ने बिक्री विलेख निष्पादित करने से इनकार कर दिया। इसके परिणामस्वरूप विशिष्ट निष्पादन के लिए एक मुकदमा दायर किया गया जिस पर प्रथम अपीलीय अदालत ने फैसला सुनाया।

अपील पर, उच्च न्यायालय ने 2010 के अपने फैसले में विशिष्ट प्रदर्शन के मुकदमे को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि विखंडन अधिनियम के तहत बिक्री विलेख के पंजीकरण पर लगाए गए प्रतिबंध के मद्देनजर बेचने का समझौता शून्य था।

किसी भी मुद्दे के अभाव में, और यह देखते हुए कि किसी भी पक्ष ने विखंडन अधिनियम की धारा 5 के उल्लंघन का दावा नहीं किया है, उच्च न्यायालय ने स्पष्ट रूप से यह मानने में गलती की कि बेचने का समझौता विखंडन अधिनियम की धारा 5 का उल्लंघन था, सुप्रीम कोर्ट ने कहा, पट्टे, बिक्री, हस्तांतरण या अधिकारों के हस्तांतरण पर रोक लगा दी गई है और विक्रय समझौते को 5 विखंडन अधिनियम के तहत वर्जित नहीं कहा जा सकता है।

अपील स्वीकार किये जाने योग्य है। उच्च न्यायालय के दिनांक 10.11.2010 के आक्षेपित आदेश और निर्णय को रद्द कर दिया गया है, और प्रथम अपीलीय न्यायालय के दिनांक 17.04.2008 के निर्णय, अपीलकर्ता के मुकदमे को डिक्री करते हुए, बहाल रखा गया है, शीर्ष अदालत ने कहा।

************************************

 

सिलक्यारा में चल रही है रेस्क्यू ऑपरेशन के पल-पल की अपडेट ले रहे मुख्यमंत्री धामी

*मुख्यमंत्री ने युद्ध स्तर पर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए संबंधित अधिकारियों तथा राहत एवं बचाव एजेंसियों का हौसला बढ़ाया*

देहरादून,15 नवंबर (एजेंसी)।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सिलक्यारा में चल रहे हैं रेस्क्यू ऑपरेशन पर निरंतर निगरानी बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कमिश्नर गढ़वाल, आईजी गढ़वाल तथा राहत एवं बचाव में लगी एजेंसियों से सिलक्यारा  में चल रहे  रेस्क्यू ऑपरेशन  तथा टनल में फंसे श्रमिकों  की कुशलक्षेम की पल-पल की अपडेट ले रहे हैं।

बुधवार को एक कार्यक्रम में इंदौर, मध्य प्रदेश में होने के बावजूद मुख्यमंत्रीपुष्कर सिंह धामी कमिश्नर गढ़वाल तथा आईजी गढ़वाल से निरंतर संपर्क में हैं  तथा सिल्क्यारा में संचालित हो रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की निरंतर अपडेट ले रहे हैं।

इसके साथ ही राहत एवं बचाव के कार्यों में लगी एजेंसियों से भी मुख्यमंत्री हर पल की अपडेट ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने युद्ध स्तर पर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं राहत एवं बचाव एजेंसियों का हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्रीधामी ने कहा कि आज हमारे समक्ष बड़ी चुनौती आ खड़ी हुई है जिसका सामना हमें पूरी हिम्मत, हौसले और धैर्य से सफलतापूर्वक करना है।

राज्य सरकार, प्रशासन के साथ ही केंद्रीय एजेंसियों एवं केंद्र सरकार का हमें इसमें पूरा सहयोग मिल रहा है। केंद्र सरकार एवं केंद्रीय गृह मंत्री रेस्क्यू ऑपरेशन पर निरंतर निगरानी बनाए  हुए हैं। प्रधानमंत्रीनरेन्द्र मोदी ने स्वयं घटना एवं राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली है।

गौरतलब है कि सिल्क्यारा पोलगांव निर्माणाधीन रोड टनल में भूस्खलन की घटना के बाद से ही मुख्यमंत्रीपुष्कर सिंह धामी ने तत्काल मुख्यमंत्री आवास में शासन  के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिये कि मौके पर तैनात जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं वहां पर कार्य कर रही एजेंसियों से निरन्तर समन्वय बनाकर रखें, राहत सामग्री की किसी भी प्रकार की आवश्यकता पडऩे पर, शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन द्वारा सिल्क्यारा सुरंग में हुए भूस्खलन के अध्ययन एवं कारणों की जांच के लिए निदेशक उत्तराखंड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र की अध्यक्षता में गठित समिति में शामिल विशेषज्ञों ने स्थल का निरीक्षण कर जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है। राहत एवं बचाव के कार्य तेजी से चल रहे हैं।

**************************

 

सिंधिया ने कांग्रेस सरकार को गिराकर जनता की पीठ में छुरा घोंपा: प्रियंका गांधी

दतिया, 15 नवंबर (एजेंसी)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने  मध्य प्रदेश के दतिया और सीधी में जनसभाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि  मध्य प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, घोटाले और रिश्वत राज से मुक्ति पाने को तैयार है। कांग्रेस भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।

प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार गिराने का जिक्र करते हुए कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई है। सिंधिया ने ग्वालियर और चंबल की जनता के साथ विश्वासघात किया, कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को गिराकर जनता की पीठ में छुरा घोंपा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उन्हें सालों से संघर्ष कर रहे भाजपा व आरएसएस के कार्यकर्ताओं पर तरस आता है। मोदी जी ने दुनियाभर के कायरों और गद्दारों को इकट्टा कर अपनी पार्टी में ले लिया। भाजपा व आरएसएस के कार्यकर्ताओं की बजाय ये कायरों की सेना ही भाजपा को चलाने ना लगे। मोदी जी, देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो अपने ही दु:ख से दुखी रहते हैं, दिन भर रोते रहते हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान एक्टिंग में अमिताभ बच्चन से आगे हैं और काम की बात होती है तो असरानी बन जाते हैं। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री का काम कानून का पालन कराना है, लेकिन वो दिन भर फिल्में देखते हैं, कौन क्या पहनता है, उनको इसकी चिंता है। जनता की चिंता नहीं है। गृहमंत्री गुंडे, माफियाओं की सुरक्षा और संरक्षण कर रहे हैं।प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि भाजपा नेताओं ने मध्य प्रदेश में हजारों खोखली घोषणाएं की हैं। देश में पिछले 45 साल में सबसे अधिक बेरोजगारी भाजपा के शासन काल में है। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने बीते तीन साल में सिर्फ 21 लोगों को रोजगार दिया है। जबकि कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ में सबसे कम बेरोजगारी है। मध्य प्रदेश में सात हजार से अधिक स्कूल बंद हो चुके हैं। सरकारी अस्पतालों में उपचार नहीं मिलता। स्वास्थ्य सेवाओं में पद खाली पड़े हैं। युवा पढ़े लिखे हैं, मगर भर्ती परीक्षाओं में घोटाला होता है। रोजगार नहीं मिलता।

प्रियंका गांधी ने कहा कि महंगाई बढ़ती जा रही है। मध्य प्रदेश व केंद्र की सरकार केवल बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए काम कर रही हैं। अडानी जी के हजारों करोड़ रुपए माफ किए जा रहे हैं और उन्हें देश की संपत्तियां सौंपी जा रही हैं। इससे बड़ा भ्रष्टाचार और क्या होगा कि देश की संपत्ति उठाकर एक उद्योगपति के हाथ में रख दी गई। मध्य प्रदेश में किसानों को खाद नहीं मिल रहा। खाद के लिए किसानों की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं। इसका कारण है कि मध्य प्रदेश में चुनाव के समय खाद की बोरियों पर मोदी जी की फोटो चिपका दी गई, जिस कारण चुनाव आयोग ने खाद के वितरण पर रोक लगा दी। इसलिए मध्य प्रदेश के किसान त्रस्त हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपए दिए जाएंगे। 500 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा। 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट बिजली हाफ होगी। पुरानी पेंशन लागू होगी। हर महीने 3,000 रुपए बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। किसानों का कर्ज माफ होगा। एसएसपी की गारंटी मिलेगी, गेंहू के लिए 2,600 रुपए प्रति क्विंटल दिया जाएगा। पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।

जाति आधारित जनगणना कराई जाएगी। प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100 प्रतिशत छूट होगी। परिवार समेत 25 लाख तक का मुफ्त बीमा और 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा होगा। सिंचाई के लिए पांच हार्स पॉवर बिजली मुफ्त मिलेगी। पढ़ो-पढ़ाओ योजना के तहत कक्षा एक से 12वीं तक मुफ्त शिक्षा, कक्षा एक से आठवीं तक हर महीने 500 रुपए, कक्षा नौवीं से दसवीं तक 1000 रुपए, कक्षा 11वीं से 12वीं तक 1500 रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी।

**************************

 

रांची में पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक

*काफिले के सामने अचानक आई  !*

रांची,15 नवंबर (एजेंसी)।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रांची में सड़क मार्ग से गुजर रहे काफिले में एक महिला के अचानक दौड़कर गाड़ी के सामने आ जाने से हड़कंप मच गया। पीएम की गाड़ी को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा। पूरा काफिला रुक गया और एनएसजी एवं दूसरे सुरक्षा गार्ड्स ने अलर्ट मोड में पहुंचकर पोजिशन ले ली।

इसे पीएम की सुरक्षा में बड़ा चूक माना जा रहा है। पुलिस ने महिला को तत्काल हिरासत में ले लिया। हालांकि, पूछताछ के बाद उसे बांड पर छोड़ दिया गया है। यह घटनाक्रम बुधवार को उस वक्त सामने आया, जब पीएम का काफिला राजभवन से निकलकर रांची के रेडियम रोड होते हुए बिरसा मुंडा मेमोरियल म्यूजियम की तरफ जा रहा था।

काफिले में गाड़ी के सामने आई महिला की पहचान रेडियम रोड निवासी संगीता झा के रूप में हुई है। जब उसे जानकारी मिली कि मोदी रेडियम रोड होकर गुजरने वाले हैं, वह अचानक से दौड़कर गाड़ी के सामने पहुंच गई।

इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

इस पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच की जा रही है। पीएम की सुरक्षा में चूक का मामला होने पर इस पर जवाब-तलब हो सकता है।

*******************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज रुका हुआ धन वापस मिलेगा, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी। आज आप समाजिक कार्यों में सहयोग देने की सोचेंगे। व्यापार में योजनाबद्ध तरीके से काम करने से आपको लाभ की प्राप्ति होगी। ऑफिस के काम में आज आपके सामने कई चुनौतियां आएगी, धैर्य से निर्णय लेने पर सफलता मिलेगी। किसी जरूरी काम से की गई यात्रा सुखद रहेगी। इस राशि के आर्ट्स स्टूडेंट्स को पढ़ाई-लिखाई में शिक्षकों से मदद मिलेगी। लवमेट के साथ कहीं घूमने जाएंगे।

* शुभ रंग- भूरा

* शुभ अंक- 6

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो)

आज का दिन आपके लिए बेहतर रहने वाला है। आज ऑफिस में सहयोगी आपके विचारों से प्रभावित होंगे, लेकिन दूसरों के कामों में दखल देने से आपको बचना चाहिए। जीवनसाथी आज आपको खुशियां देंगे। आज कार्यों में माता-पिता का सहयोग प्राप्त होगा, जिससे आपके काम समय से पूरे हो जाएंगे। आज किसी से बातचीत करते समय आपको थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है। दोस्तों के साथ शाम को अच्छा समय बीतेगा। बिजनेस को आगे बढ़ाने के बारे में आप किसी से विचारविमर्श करेंगे। जहां तक संभव होगा जरूरतमंद की मदद करेंगे।

* शुभ रंग- पिच

* शुभ अंक- 2

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। आज आपका कोई महत्वपूर्ण काम पूरा होगा, जिससे आपको खुशी होगी। आज आप काम करने के नए तरीको पर विचार करेंगे। आज कार्यस्थल पर आपके कार्यक्षमता को देखकर लोग आपकी प्रशंसा करेंगे। आज लोगों की मदद करने की इच्छा मन में जागेगी। आज आप परिवार के साथ शॉपिंग करने जाएंगे। आज आपकी व्यापारिक योजनायें सफल रहेंगी। आज आपको रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। आज आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर बनेगी।

* शुभ रंग- ग्रे

* शुभ अंक- 7

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन शानदार रहने वाला है। अचानक हुए धन लाभ से आज अपनी जरूरत का सामान खरीदेंगे। दांपत्य जीवन में और मधुरता आएगी। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन काफी अच्छा रहने वाला है। पार्टी में कोई नयी जिम्मेदारी मिलेगी। समाज में आज आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल होगी। ऑफिस में पदोन्नति के साथ-साथ इन्क्रीमेंट मिलने से आप काफी उत्साहित होंगे। लवमेट के साथ चल रही अनबन आज समाप्त होगी, रिश्ते में नयापन लाने के लिए एक दूसरे को उपहार देंगे।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 9

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज कार्यक्षेत्र में आपके सहकर्मी और सीनियर आपकी परफॉरमेंस से खुश रहेंगे और आपकी तारीफ करेंगें। आज सभी जरुरी काम आसानी से पूरा कर लेंगे। पिता ने व्यापार में जो जिम्मेदारिया दी हुई हैं उसे आप आसानी से निभा लेंगें। इस राशि के जो लोग फर्नीचर का कार्य कर रहे है, उन्हें उम्मीद से अधिक फायदा होगा। परिवार में सभी आपके व्यवहार से खुश रहेंगे। स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें। आज आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। दांपत्य जीवन में खुशियां आएंगी। नन्हें मेहमान के आने से घर का माहौल खुशनुमा रहेगा।

* शुभ रंग- पिच

* शुभ अंक- 4

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन आपके लिए नयी उमंग से भरा रहने वाला है। आज आपकी आर्थिक स्थित मजबूत बनी रहेगी। आज आप घर के लिए सामान की खरीददारी करने मार्केट जाएंगे। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों का समय अनुकूल है मेहनत के अच्छे परिणाम हासिल होंगे। आज शाम को किसी मित्र की बर्थडे पार्टी में जाएंगे जहां आपके अन्य दोस्त भी होंगे। ऑफिस में किसी काम को लेकर थोड़ा विचारविमर्श करना पड़ सकता है। इस राशि के जो लोग मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते हैं, उनके लिए आज का दिन बेहद खास है।

* शुभ रंग- बैंगनी

* शुभ अंक- 5

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज का दिन आपके लिए सुनहरा रहने वाला है। आपका विनम्र स्वभाव लोगों को काफी पसंद आयेगा। आज आप अपने खर्चे पर नियंत्रण लगाने का प्लान बनाएंगे। आज आपको बेवजह किसी बात को लेकर ज्यादा सोच विचार करने से बचना चाहिए। आज आप व्यस्त दिनचर्या के बावजूद भी अपने लिए समय निकाल लेंगे। जीवनसाथी आज आपको कोई सरप्राइस देंगे। बच्चे आज खेल-कूद में व्यस्त रहेंगे। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- मैजेंटा

* शुभ अंक- 8

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज आपके मकान, प्लॉट, दुकान को खरीदने की इच्छा पूरी होगी। संतान को अच्छी नौकरी मिलने से आप काफी खुश नजर आएंगे, घर पर पार्टी करने का मन बनायेंगे। काफी समय से चल रही किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या से आज आपको छुटकारा मिलेगा। आप ऑफिस से घर आकर अपना पसंदीदा काम कर सकते हैं, इससे आपके मन को शांति मिलेगी। जीवनसाथी के साथ आज कहीं घूमने जाएंगे। छात्रों के लिए आज का समय अनुकूल रहने वाला है, सफलता मिलने के योग बने हुए हैं।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 4

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज का दिन तरक्की के नए नये मार्ग खोलेगा। विद्यार्थी अपनी पढ़ाई पर पूरा फोकस बनाए रखें, जल्द ही आपको सफलता मिलने वाली है। प्राइवेट जॉब कर रहे लोगों को आज प्रमोशन मिल सकता है। परिवार के सदस्यों के साथ आप किसी मांगलिक उत्सव में सम्मिलित हो सकते हैं। स्पोर्ट से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आज ऑफिस में किसी कार्य की जिम्मेदारी आपको दी जाएगी, आप उसे पूरा करने में सफल होंगे।

* शुभ रंग- केसरिया

* शुभ अंक- 9

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए ठीकठाक रहने वाला है। आज आप खुद को बदली हुई भूमिका में महसूस करेंगे। इस राशि के जो जिम ट्रेनर है उनके लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आपके व्यावसायिक कौशल में तेजी आएगी और आप एक मजबूत भावना के साथ पेशेवर दौड़ में खुद को आगे पाएंगे। आपको अपने पद और आय को एक समान या बढ़ाने के अवसर प्राप्त होंगे। जीवन में खुशियों की प्राप्ति होगी। आज आप कई तरह की गतिविधियों में दिन बिताएंगे इसके साथ ही कठिन से कठिन काम को पूरे निश्चय के साथ पूरे कर लेंगे।

* शुभ रंग- लाल

* शुभ अंक- 7

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। व्यापार में अच्छा लाभ मिलने से आपकी प्रसन्नता का ठिकाना नहीं रहेगा। आपका किसी नए वाहन को खरीदने का सपना आज पूरा होगा। आज आप दोस्त से अपने मन की बात शेयर करेंगे, वह आपकी बातों को अहमियत देंगे। परिवार में लोग आपकी बातों का पूरा मान रखेंगे। संतान की ओर से आपको कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है। नवविवाहित दंपत्ति आज कहीं घूमने जाएंगे। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- सफेद

* शुभ अंक- 3

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज का दिन जीवन में एक नई दिशा लेकर आएगा। आज आप अपना ध्यान किसी रचनात्मक कार्य में लगायेंगे जिससे आपका अनुभव और अधिक बढ़ेगा। आप ऐसे लोगों से मिलेंगे, जो भविष्य में आपकी मदद करेंगे। आज अपने महत्वपूर्ण काम को पूरा करने में सफल होंगे, जिससे आप रिलैक्स महसूस करेंगे। जीवनसाथी के साथ चल रही अनबन आज समाप्त हो जाएगी, परिवार में खुशी का माहौल रहेगा। आज आप व्यापार को बढ़ाने के लिए किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेंगे।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 2

******************************

 

छठ महापर्व के अवसर पर रिलीज होगी भोजपुरी फिल्म ‘विवाह 3’

15.11.2023  –  यशी फिल्म्स और रेणु विजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित बहुप्रतीक्षित भोजपुरी फिल्म ‘विवाह 3’ 20 नवम्बर को छठ महापर्व के अवसर पर पूरे बिहार में प्रदर्शित होगी। वहीं, 24 नवम्बर को यह फिल्म सम्पूर्ण भारत में रिलीज होगी। इस फिल्म का पार्ट 1 और पार्ट 2 सुपर डुपर हिट रहा है, जिसके बाद अब सबों की नज़र इसके तीसरे संस्करण पर है।

रजनीश मिश्रा द्वारा निर्देशित इस भोजपुरी फिल्म के छायाकार महेन्द्र शेरला, एक्शन डायरेक्टर एस मल्हेश, गीतकार रजनीश मिश्रा, प्रफुल तिवारी और अभिजीत मिश्रा, संगीतकार रजनीश मिश्रा, कोरियोग्राफर मोना शेख, मनोज गुप्ता व लक्की विश्वकर्मा, पीआरओ रंजन सिन्हा और सह निर्माता डॉ संदीप व सुशांत उज्जवल हैं।

भोजपुरी फिल्म  “विवाह 3” में प्रदीप पांडेय चिंटू और आम्रपाली दुबे के साथ संयुक्ता राय, अवधेश मिश्रा, संजय पांडेय, रोहित सिंह मटरू, सुजान सिंह, अनिता रावत, मनोज द्विवेदी, रजनीश झा,  निशा सिंह, अविनाश तिवारी, स्पेशल गाना यामिनी सिंह, अजय कुमार निरहुआ  और बबलू खान प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय 

********************************

 

बोकारो जिले में एक ऐसा प्राचीन मंदिर है जहां 163 सालों से मां काली की पूजा होती है

बोकारो,15 नवंबर (एजेंसी)। बोकारो इस्पात नगरी जो अपने आप में भी कई प्राचीन इतिहास को समेटे हुए हैं उसी में से एक ऐसा इतिहास जो प्राचीन काल से चल रही है और आज भी स्थापित है। जी हां बोकारो जिले में एक ऐसा मंदिर है जो 163 सालों से विराजमान है और इस मंदिर में भक्तो की आस्था जुड़ी हुई है आज भी इस मंदिर में भक्त श्रध्दा पूर्वक अपनी मनोकामना को लेकर दर्शन करने आते है। और माता का दर्शन कर लाभान्वित होते है। बता दें की जब बोकारो इस्पात का निमार्ण नही हुआ था तब इस नगर के मध्य में एक काफी बड़ा एक झील हुआ करता था और तब इस झील की भूमी में प्रतापपुर नामक एक गाँव हुआ करता था इसी गाँव में फागुगोप नामक एक ब्यक्ति रहा करता था जब फागुगोप का परिवार बडा हो गया तो वह दुन्दीबाग मौजा में जमीन की व्यवस्था कर फागुगोप वहा रहने लगा इस परिवार के सभी लोग माँ काली की पूजा अर्चना करते आ रहे थे क्योंकि माता काली इस परिवार की कुल देवी थी।

जमींदारी प्रथा उस समय चल रही थी। एक बार की बात हैं की दुन्दीबाग गाँव में कोलरा नामक माहामारी का प्रकोप हुआ इस माहामारी की चपेट में इस गाँव के लोग प्रतिदिन मौत के मुंह में जाने लगे तो फागु गोप को कुल देवी काली माँ ने एक रात को सपने मे दर्शन देकर आदेश दिया की दुन्दीबाग गाँव के मध्य में मेरा भव्य मंदिर बनाओ तथा सामुहिक रूप से पूजा अर्चना करो तो अभी जो माहामारी आया है उसे मुक्ति मिल जायेगी। तदनुसार समस्त ग्रामवासियों ने मिल जुल कर बंगला तिथी सन् 1272 तथा अंग्रेजी सन् 1860 में इस मंदिर की स्थापना कर दी। स्थापना होते ही मौत की काली छाया जो कोलरा का प्रकोप था वह धीरे-धीरे खत्म हो गया तथा किसी की भी मौत नही हुई इस तरह पूरे दुन्दीबाग गाँव की रक्षा हो गयी।

फागु गोप के मृत्यु के बाद उनका लड़का भीखु गोप और अनु गोप ने आम का बगीचा लगाकर मंदिर को सुंदरता प्रदान किया। उस समय पास के गाँव दुन्दीबाग काकवॉटॉड हरला, तिलावन्नी, जोलहाबाद, दुईला, भुचुन्डी, लकड़ाखन्दा आदि गाँव के लोग इस प्रचीन काली मंदिर में पुजा अर्चना करने आते रहते थे। सन् 1964 में भीखू गोप ने लाल बाबा को मंदिर का पुजारी बनाया। लाल बाबा उर्फ बैद्यनाथ तिवारी जो वर्तमान गोपाल गंज जिला के रहने वाले थे और ये हथुआ राज्य के पुजारी थे। उन्होंने लगभग 40 सालो तक मंदिर में माँ काली की पुजा अर्चना करते रहें। वर्तमान समय में लाल बाबा के पपोत्र पंडित बद्रीनाथ एवं गोप के वंशज फलहारी माता प्रभावती देवी के द्वारा धार्मिक कार्य किया जा रहा हैं।

आज भी भक्त अपनी मनोकामना लेकर इस मंदिर में आते हैं और मनोकामना पूरी होने पर अपनी क्षमता अनुसार लोगों को प्रसाद खिलाने का लंगर का आयोजन करते हैं। 3 दिन फलाहारी माता दुन्दीबाग के काली मंदिर में रहती है और दुख तकलीफ से आए हुए भक्तों को अड़हुल फूल से उसका निदान कर उपाय बताती है बता दे की फलहारी माता के द्वारा सिजुआ धाम में भी भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया है

जिसमें चार दिन सिजुआ धाम में बैठ कर वहां आए हुए भक्तों के दुख तकलीफों का निदान करती है। प्राचीन काली मंदिर में माँ काली की प्रतिमा के साथ भगवान भोलेनाथ का मंदिर भी विराजमान है जिसकी रोज पूजा अर्चना की जाती है वही लाल बाबा के पपोत्र पंडित बद्रीनाथ के द्वारा मंदिर में हर रविवार को लंगर का आयोजन किया जाता है।

****************************

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जबलपुर उत्तर मध्य और पूर्व विधानसभा में किया रोड शो

*हजारों कार्यकर्ताओं सहित जनता ने किया स्वागत*

जबलपुर,15 नवंबर (एजेंसी)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तर मध्य एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करते हुए जनता का अभिवादन किया एवं भाजपा के पक्ष में  वोट करने की अपील की।

रोड शो में हजारों कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति ने पैदल चलकर आमजन का उत्साहवर्धन किया । जगह-जगह आम जनों ने पुष्प वर्षा कर केंद्रीय गृहमंत्री का स्वागत अभिनंदन किया।  महिलाओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की तख्ती लेकर स्वागत किया।

रोड शो में  केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के साथ पश्चिम विधानसभा प्रत्याशी सांसद राकेश सिंह, उत्तर प्रत्याशी अभिलाष पांडे, पूर्व प्रत्याशी अंचल सोनकर,भाजपा नगर अध्यक्ष प्रभात साहू, धीरज पटेरिया  जनता का अभिवादन कर रहे थे।

******************************

 

विकराल प्रदूषण में दिल्ली और केन्द्र सरकार के कैबिनेट मंत्रियों की नाकामियों के चलते: कांग्रेस

नई दिल्ली, 15 नवम्बर (एजेंसी)।केन्द्र और दिल्ली की कैबिनेट मंत्रियों की निष्क्रियता के चलते दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और दिल्ली की बदहाल स्थिति से चिंताग्रस्त दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  अरविन्दर सिंह लवली ने कांग्रेस की शीला दीक्षित सरकार के पूर्व मंत्रियां की शैडो केबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में दोनो सरकारां की नाकामियों पर एक स्वेत पत्र जारी किया, जिस पर प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विस्तृत रुप से जानकारी दी और खतरनाक प्रदूषण को लेकर बढ़ती समस्याओं और उसके सुझावों के बारे में चर्चा हुई।

अरविन्दर सिंह लवली के अलावा पूर्व मंत्री  हारुन युसूफ,  राजकुमार चौहान,  मंगतराम सिंघल,  कृष्णा तीरथ, डा0 नरेन्द्र नाथ,  रमाकांत गोस्वामी और प्रो0 किरण वालिया के साथ निगम में सदन के पूर्व नेता  जितेन्द्र कुमार, कोचर,  जगजीवन शर्मा और अनुज आत्रेय भी मौजूद थे। अरविन्दर सिंह लवली ने बैठक में दो प्रस्ताव पारित किये कि प्रत्येक वर्ष बढ़ते प्रदूषण से दिल्लीवासियों को राहत पहुचाने के लिए मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल तुरंत सर्वदलीय बैठक बुलाए और सुप्रीम कोर्ट के न्यायधीश कि निगरानी में एक कमेटी बनाई जाए जिसमें पर्यावरण एक्पर्ट भी शामिल हो, यह कमेटी नवम्बर के महीने में प्रदूषण बढऩे के कारण और प्रदूषण से होने वाले नुकसान पर नजर रखे।लवली ने मांग की कि प्रदूषण नियंत्रण करने और लोगों को बचाने के लिए प्रदेश कांग्रेस की भांति केन्द्र सरकार भी श्वेत पत्र जारी करें।

राजधानी में 20,000 बसें परिवहन व्यवस्था को दुरस्त करने होनी चाहिए, जिससे लोग स्कूटर और मोटर साईकल का कम से कम प्रयोग करें, वेस्ट मेनेजमेंट पर पर्याप्त योजना बनाकर काम होना चाहिए, अनाधिकृत कालोनियों में कम्पलीट सीवर सिस्टम बनाना चाहिए, बी0आर0टी0 सिस्टम, साईकिल ट्रेक और इन्फ्रास्टक्चर सुधारने के लिए फुटपाथ बनाए जाऐ। उन्होंने मांग की कि मेट्रो एक्सटेंशन का काम केन्द्रीय गृह मंत्री की देखरेख में होना चाहिए, क्योंकि लंबे समय से मेट्रो का समय अवधि में पूरा नही हो रहा है।

अरविन्दर सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली में खतरनाक दमघोटू प्रदूषण से राहत देने की बजाय केन्द्र और दिल्ली सरकार आरोप प्रत्यारोप की राजनीति कर रही हैं, जबकि कांग्रेस की शीला दीक्षित सरकार के समय हम जनता से जुड़ी हर समस्या के समाधान के लिए काम करते थे और 2003 के चुनाव में दिल्ली की बिजली समस्याओं को दूर करना, मेट्रो लाना, फ्लाई ओवरों का जाल बिछाना और दिल्ली को विश्व की क्लीन सिटी बनाने के नाम पर दिल्ली की जनता ने कांग्रेस को जिताया। जिसके बाद विश्व की सबसे ग्रीन सिटी का अवार्ड भी कांग्रेस की दिल्ली सरकार को मिला।

अरविन्दर सिंह लवली ने बताया कि सभी पूर्व मंत्रियों अपने-अपने संबधित विभागों के संबध में दिल्ली की जटिल समस्याओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की, क्योंकि इन सभी को दिल्ली को विकसित करने का अनुभव श्रीमती शीला दीक्षित के साथ काम करने से मिला था। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकाल में रिज़ क्षेत्र की बाउडरी वाल बनाई गई थी और ग्रीन कवर क्षेत्र बढ़ाने पर काम किया गया और पेड़ लगाने का अभियान निरंतर चलाया जाता था। उन्होंने कहा कि आज ध्वस्त परिवहन व्यवस्था, प्रदूषण, खस्ता हाल सड़के, कूड़ा कचरा ग्रस्त गलियां, भरी नालियां और ओवर फ्लो सीवर, सीवेज प्लांटों की कमी, ध्वस्त सीवर सिस्टम, लैंड फिल साईटों पर कूड़े के पहाड़ बनना आदि कुछ ऐसी जटिल समस्याऐं हैं जिन पर नियंत्रण करने के में दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम में 15 वर्ष का भाजपा का शासन भ्रष्टाचार से परिपूर्ण था जिसमें पर्यावरण दुरस्त करने व प्रदूषण नियंत्रण के लिए कोई काम नही किया, वहीं स्थिति आम आदमी पार्टी की निगम में सत्तासीन होने के बाद है।

लवली ने कहा कि कांग्रेस की शीला सरकार के दौरान कभी भी प्रदूषण खतरनाक स्थिति में नही हुआ, जो स्थिति वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पिछले 9 वर्षों से है। उन्हांने कहा कि शीला जी पर्यावरण के प्रति इतनी संवेदनशील थी कि उन्होंने 12-13 साल पर्यावरण विभाग अपने पास ही रखा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बढ़ते प्रदूषण से न केवल लोगों की 10-12 वर्ष आयु कम हो रही है बल्कि प्रतिवर्ष 10 हजार बच्चे दुनिया में आने से पहले ही कोख में दम तोड़ रहे है और देश का भविष्य 5-11 वर्ष के बच्चे सांस और फैंफड़ों की बीमारी से ग्रस्त हो रहे है जबकि 14000 बच्चे प्रतिवर्ष सांस व अन्य बीमारियों से मर रहे है।

लवली ने कहा कि आज दिल्ली को 20,000 बसों की जरुरत है जबकि हमारी सरकार ने दिल्ली के परिवहन सिस्टम में एक साथ सीएनजी बसों में तबदील करके प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम उठाया था, वर्तमान में केवल 5 हजार के करीब ही डीटीसी की बसें है जिनमें से आधी से अधिक की लाईफ पूरी हो चुकी है, मतलब जो बसे चल रही है वो भी प्रदूषण फैला रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट और लास्ट माईल कनेक्टिविटी देने की सुविधा को पूरी तरह नजरअंदाज करने के साथ स्मॉग टावर और मेट्रो प्रोजेक्ट को समय पर पूरा नही कर पाई है, जिसके कारण राजधानी में प्रदूषण में बढ़ोत्तरी हो रही है।

लवली ने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकार की विफलाओं के बाद कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य की रक्षा और कल्याण के लिए तत्काल व्यापक और सक्रिय रणनीति बनाने की आवश्यकता है जिस कड़ी में काम शुरु करने लिए शीला सरकार कैबिनेट के पूर्व मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई।

******************************

 

केरल पवेलियन में औषधि स्टॉल से आयुर्वेद उत्पादों से अपने शरीर, मन और आत्मा को रखें स्वस्थ

*केरल पवेलियन में औषधि स्टॉल पर जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों सहित 800 से अधिक दवाएं उपलब्ध* 

*45 रुपये से लेकर 250 रुपये तक की कीमत पर पा सकते ये आयुर्वेदिक दवाएं*

नई दिल्ली, 15 नवंबर (एजेंसी)। भारत अंतरराष्ट्रीय मेले में आने वाले आगंतुक केरल पवेलियन में औषधि स्टॉल पर मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों का समाधान खोज सकते हैं।  जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों सहित 800 से अधिक दवाएं 45 से 250 रुपए की कीमत पर  10 प्रतिशत छूट के साथ केरल पवेलियन में उपलब्ध कराई गई हैं। दिल्ली की 65 वर्षीय नीलम शर्मा, पुराने घुटने के दर्द के लिए हर्बल तेल की प्रभावशीलता की पुष्टि करते हुए, दोस्तों और रिश्तेदारों के लिए औषधि स्टॉल का समर्थन करती हैं।

केरल पवेलियन का दौरा करने वाली कोलकाता की महिला नीलम शर्मा का कहना है कि वह न केवल हर साल औषधि के स्टॉल पर जाती हैं, बल्कि अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को भी दवा की सलाह देती हैं क्योंकि यह बहुत प्रभावी है और इससे उन्हें घुटने के दर्द से राहत पाने में मदद मिली है।हरियाणा के मूल निवासी मनोज कुमार व्यस्त काम के दौरान मधुमेह के प्रबंधन और अम्लता को कम करने के लिए हर्बल दवा की प्रशंसा करते हैं। ट्रक ड्राइवर शाद कबीर ने भी कहा कि वह अपने मधुमेह को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से हर्बल दवा प्रमेह औषधि ले रहे हैं।  उन्होंने कहा कि व्यस्त काम के दौरान होने वाली एसिडिटी को कम करने में हर्बल दवाएं प्रभावी हैं।

केरल आयुर्वेदिक उपचार और औषधियों के लिए प्रसिद्ध राज्य है।  आयुर्वेदिक चिकित्सा का विज्ञान हमें विस्तार से और व्यापक रूप से सिखाता है कि प्रत्येक व्यक्ति को दिए गए जीवन काल को कैसे संरक्षित किया जाए और यदि कोई बीमारी हो तो उसे कैसे खत्म किया जाए।  इन सभी गुणों की उपस्थिति के कारण, हर साल लाखों स्थानीय और विदेशी लोग आयुर्वेदिक उपचार के लिए केरल आते हैं। इसलिए आयुर्वेदिक उपचारों के लिए प्रसिद्ध केरल व्यापक स्वास्थ्य देखभाल चाहने वाले स्थानीय लोगों और विदेशियों को आकर्षित करता है।

केरल सरकार की  औषधि केरल में आयुर्वेदिक दवाओं के लिए आखिरी शब्द है। औषधि दो श्रेणियों, 39 पेटेंट उत्पादों और 800 क्लासिक उत्पादों की मार्केट करती है। लगभग 800 उत्पादों का निर्माण फिलहाल किया जा रहा है।  इनमें क्लासिक उत्पादों में असावरिष्ट, थाइलम्स, कृतम्स, चूर्ण, सुषमाचूर्ण और भस्म शामिल हैं।  पेटेंट उत्पादों में मधुमेह को नियंत्रित करने के लिए प्रमेह औषधि, कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने के लिए लिपोकेयर और रक्तचाप को नियंत्रित करने के लिए कार्डोकेयर शामिल हैं।

इनमें सोरसी तेल, त्वचा की देखभाल के लिए सोरसी मरहम, सौंदर्य देखभाल के लिए फेस पैक, रूमाजिथ-घाव मरहम और घुटने के दर्द जैसी बीमारियों को रोकने के लिए मलहम शामिल हैं।फार्मास्युटिकल कॉर्पोरेशन केरल लिमिटेड, जिसे लोकप्रिय रूप से औषधि के नाम से जाना जाता है, एक आयुर्वेदिक दवा निर्माण इकाई है जिसका पूर्ण स्वामित्व केरल सरकार के पास है।  यह देश में आयुर्वेदिक दवाओं का सार्वजनिक क्षेत्र का सबसे बड़ा निर्माता है।  औषाधि केरल और 19 अन्य राज्यों में सरकारी अस्पतालों और औषधालयों में दवाओं का एकमात्र आपूर्तिकर्ता है।  ओषधि के पास केरल के त्रिशूर जिले के कुट्टानेल्लूर में अत्याधुनिक तकनीक से युक्त एक आधुनिक संपूर्ण कारखाना है।  भारत-अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में स्टालों के माध्यम से औषधि की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों को करीब से देखने और विभिन्न आयुर्वेदिक उत्पादों को उचित दर पर खरीदने का सुनहरा अवसर है।

*****************************

 

महाराजगंज में तरैयां के हसनपुर बनिया से सगुनी तक तटबंध निर्माण की निविदा जारी

* तरैयां के लोगों को रुडी का तोहफा, 41 करोड़ की लागत से बनेगा तटबंध 

* तरैया विधायक जनक सिंह ने तटबंध निर्माण का किया था आग्रह

* रुडी ने अप्रैल में योजना को कराया था स्वीकृत

* बांध किनारे दियारा क्षेत्र के निवासियों के लिए बड़ी योजना है

* बाढ़ की समस्या का निदान और किसानों की फसलों का होगा बचाव

* महाराजगंज के तरैयां से रुडी का है अटूट रिस्ता, यहीं से किया था संसदीय राजनीति की शुरूआत 

पटना , 15 नवम्बर (एजेंसी) । तरैयां की हजारों हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि अब बाढ़ के प्रकोप से बचाव हो सकेगा और किसानों की कृषि के प्रभावित नहीं करेगा। तरैयां प्रखण्ड के हसनपुर बनिया से सगुनी तक 8.330 किलोमीटर तक नये तटबंध का निर्माण होने जा रहा है। 41 करोड़ से अधिक की लागत वाली इस योजना का टेंडर आमंत्रित किया गया है। अप्रैल माह में इसकी स्वीकृति सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव प्रताप रुडी ने राज्य सरकार के जल संसाधन विभाग से कराई थी।

अब सारण सांसद रुडी की पहल पर नये तटबंध का निर्माण होने वाला है। इस संदर्भ में सांसद रुडी ने बताया कि तरैयां से उनका अटूट नाता है, वहां के लोगों से उनको अपार स्नेह और प्रेम मिलता है। रुडी ने बताया कि तरैयां के स्थानीय विधायक जनक सिंह और स्थानीय लोगों में  रामचन्द्र तिवारी, ध्रुपनाथ सिंह, विजय सिंह, मंटू सिंह, स्व: गंगेश्वर सिंह, स्व: शत्रुघ्न सिंह, शेखर सिंह, ओमप्रकाश सिंह, फरिदनपुर मठिया के रामनारायण सिंह आदि ने यह समस्या बताई थी जिसपर गंभीरता से ध्यान दिया और वर्षों के प्रयास का परिणाम यह है कि स्थानीय लोगों को अब 41 करोड़ 70 लाख़ की लागत से एक नये तटबंध का लाभ मिलने वाला है।

विदित हो कि सारण सांसद ने जल संसाधन विभाग के मंत्री श्री संजय झा एवं विभाग के सचिव से पत्राचार के साथ-साथ व्यक्तिगत मुलाकात कर जनता की कठिनाइयों को देखते हुए उक्त स्थान पर तटबंध निर्माण कराने की बात कही थी जिसके बाद अप्रैल माह में योजना को कैबिनेट से स्वीकृति प्रदान की गई थी। उन्होंने कहा कि वे संसदीय राजनीति में तरैयां विधानसभा क्षेत्र से जीतकर बिहार विधानसभा के सदस्य बने थे।

अभी वे सारण लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व लोकसभा में कर रहे है, बावजूद इसके उन्हें तरैया के लोगों का अपार स्नेह मिलता रहता है। रुडी ने कहा कि बिहार राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद द्वारा सारण जिला के तरैया प्रखण्ड में हसनपुर बनिया से सगुनी तक कुल 8.23 किलोमीटर की लंबाई में सुरक्षात्मक कार्य सहित नये तटबंध का निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि उनका मानना है कि जन सेवा के लिए चुनाव क्षेत्र मायने नहीं रखते, जनता कहीं कि भी हो यदि आप सक्षम है तो उनकी सेवा में चूक न करें।

उन्होंने कहा कि कृषि योग्य भूमि और किसानों की फसलों को बचाने के लिए यह आवश्यक हो गया था कि उक्त स्थान पर तटबंध का निर्माण हो जिसकी स्वीकृति कराने के बाद अब निविदा भी आमंत्रित हो गई है।

*********************************

 

केजरीवाल सरकार ने राज्यपाल से की मुख्य सचिव को बर्खास्त करने की सिफारिश

*दिल्ली जमीन घोटाला*

नईदिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एक कथित जमीन घोटाले में प्रारंभिक जांच के बाद सतर्कता मंत्री आतिशी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्राथमिक रिपोर्ट सौंप दी है।इसमें आतिशी ने मुख्य सचिव को तुरंत पद से हटाने और बर्खास्त करने की सिफारिश की है। केजरीवाल ने इस रिपोर्ट को राज्यपाल के पास भेज दिया है। अब राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना इस पर अंतिम फैसला लेंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतिशी ने मुख्यमंत्री को 650 पन्नों की प्राथमिक रिपोर्ट सौंपी है। इसमें नरेश पर अपने बेटे को गलत तरीके से फायदे पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं।रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मामले में 850 करोड़ रुपए का अनुचित लाभ कमाया गया है। नरेश के बेटे की कंपनी को 850 करोड़ रुपए का फायदा पहुंचाने के लिए महंगे दाम पर भूमि अधिग्रहण हुआ है।

रिपोर्ट में मुख्य सचिव और डिविजनल कमिश्नर अश्विनी कुमार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की बात कही गई है।आतिशी ने अपनी रिपोर्ट को केंद्रीय जांच ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय को भी भेजे जाने को कहा है, ताकि वो भी मामले की जांच कर सके।जांच जारी रहने तक नरेश और अश्विनी को सर्विस नियमों के तहत निलंबित किया जाए। रिपोर्ट में कहा गया है कि नरेश और जमीन मालिकों के संबंधों को खारिज नहीं किया जा सकता।

इस मामले में अश्विनी कुमार ने प्रेस वार्ता कर मुख्य सचिव पर लगे आरोपों से इनकार किया है और इसे गंदी राजनीति करार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव को इसलिए फंसाया जा रहा है, क्योंकि वह दिल्ली सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों में हो रही गड़बडिय़ों का खुलासा करते रहे हैं।मुख्य सचिव नरेश कुमार ने भी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें उनके बेटे के कथूरिया से संबंध की कोई जानकारी नहीं थी।

दरअसल, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा द्वारका एक्सप्रेसवे के लिए दिल्ली के बामनोली में जमीन का अधिग्रहण किया गया था। इस दौरान 19 एकड़ जमीन की कीमत दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के जिला अधिकारी हेमंत कुमार ने 41 करोड़ से 353 करोड़ रुपए कर दी थी।आरोप है कि नरेश के बेटे को एक ऐसे व्यक्ति ने नौकरी पर रखा, जिसके रिश्तेदारों को सड़क परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन के लिए बढ़ा हुआ मुआवजा मिला।

******************************

 

मौसम का बदला मिजाज, कई राज्यों में भारी बारिश के आसार

*आईएमडी ने दिया बड़ा अपडेट*

नईदिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। देश के कई राज्यों में इस हफ्ते जोरदार बारिश के अनुमान जताए गए हैं। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से तटीय इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। अलगे 24 घंटे में जहां तमिलनाडु के कई हिस्से में बारिश के आसार हैं, वहीं पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में आज से भारी बारिश की भविष्वाणी की गई है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा दिल्ली में भी आज से बूंदाबांदी का अनुमान है।

आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक सोमा सेन ने कहा, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। यह सिस्टम तेज हो जाएगा और उत्तर की ओर चला जाएगा। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में 15, 16 और 17 नवंबर को बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों और उत्तरी-तटीय ओडिशा के जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। उत्तरी जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और हल्की बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु में बारिश पर चेन्नई क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक बालाचंद्रन ने बताया, हमारे यहां बहुत अच्छी वर्षा हुई, खासकर तटीय क्षेत्रों में। लगभग 36 जगहों पर भारी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें सबसे अधिक लगभग 90 सेमी वर्षा चेन्नई डीजीपी कार्यालय में दर्ज की गई। जहां तक पूर्वानुमान का सवाल है, अगले 24 घंटों में तटीय क्षेत्रों के कई स्थानों और आंतरिक क्षेत्रों के कुछ हिस्से में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने ओडिशा के 6 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें भद्रक, केंद्रापड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी और गंजाम हैं, जबकि 17 नवंबर को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। वहीं, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी धीरे-धीरे ठंड का आगमन हो रहा है। सुबह के वक्त कोहरा और शाम में सर्दी बढऩे लगी है। दिल्ली में 15 नवंबर से बूंदाबांदी का अनुमान है। जम्मू कश्मीर में भी हल्की बारिश की संभावना है।

इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों को कवर कर लेंगी। 15 नवंबर को दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब रहेगी।

******************************

 

उरी सेक्टर के पास घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम, सेना ने दो आतंकियों को किया ढेर

श्रीनगर,15 नवंबर (एजेंसी)। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उरी सेक्टर में भारतीय सेना को एक बड़ी सफलता मिली है। उरी सेक्टर के एलओसी पर कुछ आतंकवादियों ने घुसपैठ करने की कोशिश की। इस दौरान भारतीय सेना के साथ उनकी मुठभेड़ हुई जिसमें सेना ने 2 आंतकियों को मार गिराया है। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक खराब मौसम का फायदा उठाते हुए आंतकवादियों ने घुसपैठ करने की कोशिश की। मगर सेना को उनके हलचल की जानकारी मिल गई। इसके बाद आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हुआ जिसमें दो आंतकी मारे गए हैं।

ऐसा पहली बार नहीं है कि पाकिस्तान की तरफ से आतंकवादियों ने भारत में घुसपैठ करने की कोशिश की हो। इससे पहले अक्टूबर महीने में भी आतंकियों ने उरी सेक्टर के एलओसी पर घुसपैठ करने की कोशिश की थी। उस समय भी भारतीय सेना ने आतंकियों के इरादे पर पानी फेरा था। अक्टूबर में भी सेना ने 2 आतंकियों को मार गिराया था। इसके अलावा 2 एके सीरीज की राइफल और 4 हैंड ग्रेनेड भी बरामद किया था।

*****************************

 

पीएम मोदी ने बिरसा की जन्मभूमि से शुरू की विकसित भारत संकल्प यात्रा

*50 हजार करोड़ की योजनाएं देश को समर्पित*

रांची,15 नवंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती पर झारखंड के खूंटी में उनकी जन्मस्थली उलिहातू से बुधवार को 50 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं देश को समर्पित की। उन्होंने आगामी 26 जनवरी तक चलने वाली विकसित भारत संकल्प यात्रा और प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी महान्याय अभियान पीएम जन मन की शुरुआत की। पीएम ने प्रधानमंत्री किसान योजना की 15वीं किस्त की 18 हजार करोड़ रुपए की राशि भी जारी की।

रांची के बिरसा मुंडा म्यूजियम और उलिहातू में बिरसा मुंडा के गांव में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद खूंटी जिला मुख्यालय में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अगले 25 सालों के कालखंड को विकास का अमृत काल के रूप में निर्धारित किया है और इसके लिए चार अमृत स्तंभ तय किए हैं।

उन्होंने भारत की महिलाओं, किसानों-पशुपालकों, नौजवानों और मध्यम-गरीब वर्ग को चार स्तंभ बताते हुए कहा कि इन चारों को हम जितना मजबूत करेंगे, विकास की इमारत उतनी ही ऊंची होगी।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के उद्देश्यों का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इसके जरिए हमारी सरकार मिशन मोड में देश के गांव-गांव जाएगी। हर गरीब और वंचित को सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम उस भारत के संकल्प के लेकर काम कर रहे हैं, जहां हर गरीब के पास मुफ्त राशन वाला कार्ड, नल से जल, पांच लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज का आयुष्मान कार्ड, गरीब के पास अपना पक्का घर, हर किसान और मजदूर को पेंशन और हर हकदार नौजवान को मुद्रा योजना का लाभ गारंटी के साथ मिले।

24 हजार करोड़ की लागत से शुरू की गई पीवीटीजी मिशन की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 22 हजार गावों में रह रही ऐसी 75 जनजातीयों की पहचान की है, जो पिछड़ों में भी अतिपिछड़े हैं। ये आदिवासियों में भी सबसे पीछे रह गए आदिवासी हैं। इनकी संख्या लाखों में है और विलुप्त होने के कगार पर हैं। यह योजना इनकी जिंदगी में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी।

देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई देते हुए मोदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की संघर्ष गाथा हर देशवासी को प्रेरणा से भर देती है। तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, नीलाबंर-पीतांबर, फूलो-झानो जैसे अनेक वीर-वीरांगनाओं ने देश का गौराव बढ़ाया है। देश का कोई ऐसा कोना नहीं है, जहां आदिवासी नायकों ने ब्रिटिश साम्राज्य से लोहा नहीं लिया। देश इनका आज भी ऋणी है। आजादी के बाद ऐसे वीर-वीरांगनाओं के साथ न्याय नहीं हुआ। अमृत महोत्सव के दौरान हमने ऐसे वीर-वीरांगनाओं को याद किया और उनकी स्मृतियों को जन-जन तक पहुंचाया।

मोदी ने वर्ष 2014 से लेकर अब तक अपनी सरकार की उपलब्धियां विस्तारपूर्वक गिनाईं। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले गांवों में स्वच्छता का दायरा 40 प्रतिशत से कम था। आज हम शत-प्रतिशत के लक्ष्य के करीब हैं। एलपीजी कनेक्शन 50-55 प्रतिशत घरों में था, 100 प्रतिशत घरों को धुएं से मुक्ति के लक्ष्य के पास है। पहले मात्र 55 प्रतिशत बच्चों को ही जीवन रक्षक टीके लग पाते थे, शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण हो रहा है। सात दशकों में 17 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों तक नल से जल की सुविधा थी। जल जीवन मिशन से आज 70 प्रतिशत तक नल का पानी पहुंच रहा है।

जनसभा को सीएम हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व सांसद कडिय़ा मुंडा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी मौजूद रहे।

******************************

 

खाई में बस गिरने से 38 यात्रियों की मौत, पीएम ने जताया शोक

*जम्मू-कश्मीर के डोडा में भीषण सड़क हादसा*

डोडा,15 नवंबर (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के डोडा से भयानक बस हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां एक यात्रियों से पूरी भरी बस ही खाई में जा गिरी है। इस हादसे में अब तक बस में यात्रा कर रहे 38 लोगों की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन द्वारा लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई बस में 55 यात्री सवार थे और यह बस जम्मू से किश्तवाड़ की ओर जा रही थी। हालांकि, रास्ते में असर क्षेत्र में ही बस भयानक हादसे का शिकार हो गई। प्रशासन द्वारा घायल यात्रियों को डोडा जिले के सरकारी अस्पताल और किश्तवाड़ जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

डोडा में हुए बस हादसे पर पीएम मोदी ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुई बस दुर्घटना दुखद है। उन परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। पीएम ने आगे बताया कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये और घायलो को 50 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस बस हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा कि अस्सर क्षेत्र में बस दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद डोडा के डीसी हरविंदर सिंह से बात की है। घायलों को आवश्यकता के अनुसार जिला अस्पताल किश्तवाड़ और जीएमसी डोडा में स्थानांतरित किया जा रहा है। अधिक घायलों को स्थानांतरित करने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की व्यवस्था की जाएगी। आवश्यकतानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। मैं लगातार संपर्क में हूं। डोडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अब्दुल कयूम ने कहा कि घटना में अब तक 38 लोगों की मौत हो चुकी है।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे की वजह बस का ओवरलोड होना था इसके अलावा बस चालक के नियंत्रण खो देने की भी खबर सामने आ रही है। इस बस हादसे में मौत का आंकड़ा और अधिक बढ़ सकता है। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।

*******************************

 

सेप्टिक टैंक के अंदर दम घुटने से 4 मजदूरों की मौत

सूरत,15 नवंबर (एजेंसी)। गुजरात के सूरत में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां सेप्टिक टैंक के अंदर काम करने के दौरान दम घुटने से 4 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई।ये घटना पलसाना-कटोदरा रोड पर स्थित एक कपड़ों के रंगाई के कारखाने में हुई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कारखाने में मौजूद सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान यह हादसा हुआ।

रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार देर शाम सूरत के पलसाना स्थित कारखाने में मौजूद सेप्टिक टैंक की सफाई करने के दौरान 2 प्रवासी मजदूर दम घुटने से बेहोश हो गए थे।इस बीच उन्हें बचाने के लिए 2 अन्य मजदूर भी टैंक में उतरे, लेकिन उनकी भी हालत बिगडऩे लगी और वो भी बेहोश होकर वहीं गिर गए।सभी को आनन-फानन में टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गुजरात पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह 6:00 बजे हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद बाद एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और पता चला कि 4 मजदूरों की टैंक में दम घुटने से मौत हो गई।बारडोली डिवीजन के पुलिस उपाधीक्षक एच एल राठौड़ ने कहा, चारों मृतक बिहार के रहने वाले हैं। हम कारखाना के वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ कर रहे हैं और मामले की जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

*************************

 

पंजाब में बीएसएफ ने ड्रोन को मार गिराया, नशीले पदार्थों के साथ एक और ड्रोन जब्त

चंडीगढ़,15 नवंबर (एजेंसी)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक ड्रोन को मार गिराया और नशीले पदार्थों के पैकेट के साथ एक दूसरे ड्रोन को जब्त कर लिया।

मंगलवार की रात को पहली घटना में, बीएसएफ के जवानों ने तरनतारन सेक्टर के मियांवाली गांव के पास एक ड्रोन को मार गिराया।
बुधवार सुबह पंजाब पुलिस के साथ चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान गांव से सटे खेतों से दो बैटरियों के साथ ड्रोन को टूटी हालत में बरामद किया गया।

एक अलग घटना में, बीएसएफ के जवानों ने सीमा बाड़ के आगे एरिया डोमिनेशन गश्त के दौरान अमृतसर सेक्टर के रोरनवाला खुर्द गांव के पास खेतों में एक संदिग्ध वस्तु पड़ी देखी।

जांच करते समय, सैनिकों ने पीले टेप में लिपटे लगभग 500 ग्राम हेरोइन वाले पैकेट के साथ एक ड्रोन भी बरामद किया। बीएसएफ ने कहा कि जब्त किए गए दोनों ड्रोन चीन निर्मित डीजेआई माविक-3 क्लासिक क्वाडकॉप्टर हैं।

***************************

 

विकसित एमपी और विकसित भारत के लिए भाजपा को चुनें

*पीएम मोदी ने मप्र के मतदाताओं से कहा*

नई दिल्ली,15 नवंबर (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के मतदाताओं से विकसित मध्य प्रदेश और विकसित भारत के लिए भाजपा को चुनने और कमल के चुनाव चिन्ह पर वोट करने का अनुरोध किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव के लिए इस बार का प्रचार अभियान बल्कि जनता-जनार्दन से आशीर्वाद लेने का अभियान बहुत ही खास रहा। मैं राज्य के कोने-कोने में गया, अनेकों लोगों से मिला, संवाद किया। लोगों में भाजपा के प्रति जो स्नेह है, भाजपा पर जो आस्था है, वो हमारी बहुत बड़ी पूंजी है।

राज्य की महिला शक्ति और युवाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, मध्य प्रदेश की नारीशक्ति, इस चुनाव में आगे बढ़कर भाजपा का झंडा बुलंद कर रही है। जिस तरह महिला सशक्तिकरण भाजपा की प्राथमिकता है, उसी तरह महिलाओं ने भाजपा सरकार की वापसी को अपनी प्राथमिकता बना लिया है। आज की नई पीढ़ी, भारत के अगले 25 वर्षों और अपने 25 वर्षों को एक साथ जोड़कर देख रही है। और इसलिए विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के दायित्व को निभाने के लिए हमारे नौजवान भी कंधे से कंधा मिलाकर आगे आ रहे हैं।

मध्य प्रदेश के लोगों में कांग्रेस के प्रति लोगों की नाराजगी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने आगे कहा, लोग का ये अटूट विश्वास है कि 21वीं सदी का विकसित मध्य प्रदेश सिर्फ भाजपा ही बना सकती है। एमपी के लोग डबल इंजन की सरकार के लाभ को देख भी रहे हैं और इसकी जरूरत को समझते भी हैं। रैलियों में मैंने ये भी देखा कि एमपी के लोग कांग्रेस की परिवारवादी राजनीति और नकारात्मकता से कितने ज्यादा नाराज हैं। कांग्रेस के पास एमपी के विकास के लिए कोई विजन नहीं है, कोई रोडमैप नहीं है।

प्रधानमंत्री ने भाजपा को चुनने की अपील करते हुए राज्य के मतदाताओं से आग्रह किया कि, मेरा एमपी के सभी मतदाताओं से आग्रह है कि विकसित एमपी के लिए, विकसित भारत के लिए, भाजपा को चुनें, कमल को चुनें।

आपको बता दें कि, मध्य प्रदेश की सभी 230 विधान सभा सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होना है और बुधवार को राज्य में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है।

****************************

 

कांग्रेस ने पीएम-किसान की किस्त जारी करने के समय पर सवाल उठाया

नई दिल्ली,15 नवंबर (एजेंसी)। कांग्रेस ने पांच राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनावों के दौरान किसानों को पीएम-किसान की किस्?त करने के समय पर बुधवार को सवाल उठाया और पूछा कि क्या यह जानबूझकर किया गया है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, पीएम-किसान की छठी किस्त 1 अगस्त, 2020 को, नौवीं किस्त 9 अगस्त, 2021 को और 12वीं किस्त 17 अक्टूबर, 2022 को जारी की गई थी।

अब पीएम-किसान की 15वीं किस्त आज 15 नवंबर 2023 को आ रही है, जब दो दिन में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव होने हैं और अगले 10 दिन में राजस्थान और 15 दिन में तेलंगाना में चुनाव होने हैं।

रमेश ने पूछा, क्या यह देरी जानबूझकर नहीं की गई?

उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुधवार को झारखंड में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 15वीं किस्त जारी करने से पहले आई है।

केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि पीएम मोदी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और राष्ट्रीय गौरव, वीरता और आतिथ्य के भारतीय मूल्यों को बढ़ावा देने में आदिवासियों के प्रयासों को मान्यता देने के लिए जनजातीय गौरव दिवस के दौरान योजना का पैसा जारी करेंगे। भाजपा की पसंदीदा योजना की इस किस्त में आठ करोड़ से अधिक किसानों को कुल 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलेगी।

मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 और छत्तीसगढ़ (दूसरा चरण) की 70 सीटों के लिए मतदान 17 नवंबर को होना है। राजस्?थान विधानसभा की 200 सीटों के लिए मतदान 25 नवंबर को और तेलंगाना की 119 सीटों के लिए 30 नवंबर को होना है। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।

****************************