महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2023 समारोह का आयोजन 2 अक्टूबर को ….! 

10.09.2023  –  महाराष्ट्र की चर्चित समाजसेवी संस्था कृष्णा चौहान फाउंडेशन (केसीएफ) के संस्थापक/संचालक डॉ. कृष्णा चौहान आगामी 2 अक्टूबर को ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2023’ के तीसरे सीजन का आयोजन अंधेरी (पश्चिम) मुम्बई स्थित मेयर हॉल में करने जा रहे हैं। शिर्डी साईं बाबा के मंदिर में अपनी संस्था और मैगजीन से जुड़े लोगों के मंगल कामना के साथ अर्जी लगाकर लौटे डॉ. कृष्णा चौहान के अनुसार फ़िलवक्त अवार्ड समारोह की तैयारी बड़े जोरशोर से चल रही है।

अवार्ड समारोह में प्रतिष्ठित समाजसेवकों सहित उद्योगपति, डॉक्टर, पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, वकील, पत्रकार एवं बॉलीवुड से जुड़े कलाकार, टेक्नीशियन को भी सम्मानित किया जाएगा। विदित हो कि अभी हाल में ही बॉम्बे हॉस्पिटल में हड्डियों के स्पेशलिस्ट डॉक्टर के रूप में अपनी सेवाएं देते आ रहे डॉ एम एल सर्राफ का बर्थडे डॉ कृष्णा चौहान और समाजसेवी बी के पाठक ने संयुक्तरूप से मनाया। इस अवसर पर कृष्णा चौहान ने उन्हें भगवतगीता भेंट किया और बी के पाठक ने खाटू श्याम का दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। डॉ कृष्णा चौहान पिछले दो दशक से फिल्म जगत में फिल्ममेकर के रूप में क्रियाशील हैं।

इसके साथ ही वह सामाजिक कार्यों में भी हमेशा आगे रहते हैं। डॉ कृष्णा चौहान के द्वारा निर्मित व निर्देशित म्यूजिक वीडियो ‘ज़िक्र तेरा’ युवा दिलों को धड़काने में कामयाब साबित हुआ है। उनकी नवीनतम हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘आत्मा डॉट कॉम’ बहुत जल्द ही फ्लोर पर जाने वाली है। इस फिल्म में बॉलीवुड के चर्चित संगीतकार दिलीप सेन का संगीत है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए सामान्य रहने वाला है। आप किसी की मदद करेंगे, जिससे आपको ख़ुशी होगी। आप कुछ ऐसा करेंगे जिससे लोग आपसे प्रभावित होंगे और आपको फॉलो करेंगे। आप शाम तक किसी विशेष काम को पूरा करने में समय देंगे, काम का रिजल्ट भी आपके मन मुताबिक होगा। आपको किसी पुराने निवेश से काफी लाभ होगा। लवमेट्स की आज फोन पर देर तक बात होगी। अगर आप अपने बच्चें के लिए शादी का रिश्ता ढूंढ रहे हैं, तो आज आपको कोई अच्छा रिश्ता मिलेगा।

* लकी रंग – सफेद

* लकी नंबर – 1

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज का दिन आपके लिए नयी उमंग से भरा रहने वाला है। आपका विश्वास बढ़ेगा आप किसी दूसरे की बातों पर ध्यान न देकर खुद पर विश्वास करेंगे। आप कोई कर्ज उतारने में सफल होंगे, आपकी मानसिकउलझन कम होगी। इस राशि की जो महिलाएं कोई जॉब करना चाहती हैं उनके लिए घरवालों से सलाह-मशवरा करने का बढिय़ा दिन हैं। इस राशि के वकीलों के लिए आज का दिन बेहतर रहेगा, नए क्लाइंट के साथ मीटिंग होगी। दोस्तों के साथ किसी धार्मिक स्थान पर जा सकते हैं, आपका मन धार्मिक कार्यों में भी लगेगा।

* लकी रंग – लाल

* लकी नंबर – 8

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आप माता की कोई इच्छा पूरी करेंगे, जिससे उनका मन प्रसन्न होगा। आपके ननिहाल पक्ष से कोई खुशखबरी मिल सकती है। कोई करीबी व्यक्ति आपसे आर्थिकमदद मांगेगा आप उसकी हर-संभव मदद करेंगे। राजनीति से जुड़े लोग आज अपना संपर्क बढ़ाने में कामयाब होंगे। टेक्सटाइल का बिजनेस कर रहे लोगों का बिजनेस बढ़ेगा, अधिक धन लाभ होने के योग बन रहे हैं। प्राइवेट सेक्टर में जॉब कर रहे लोग आज अपने परिवार वालों से मिलने का समय निकालेंगे।

* लकी रंग – हरा

* लकी नंबर – 5

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। आपकी सामाजिक गतिविधि में रुचि रहेगी। आप किसी काम में बड़े-बुजुर्गों की सलाह लेंगे, आपको काफी फ़ायदा होगा। इस राशि के जो लोग प्राइवेट जॉब करतेहैं उनके लिए आज का दिन व्यस्तता से भरा हो सकता है। बिजनेस में सफलता प्राप्त करने के लिए आपको अधिक मेहनत करनी पड़ेगी। किसी मित्र की हेल्प करके आप खुद को बेहतर फील करेंगे। किसी समारोह का आयोजन होगा, जिसमें आप बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेंगे। अपने डेली रूटीन में ताजे फलों और हरी सब्जियों को शामिल करें, जिससे आपका स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।

* लकी रंग – गुलाबी

* लकी नंबर – 3

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। पिता जी आपको कोई जिम्मेदारी भरा काम सौपेंगे जिसे बखूबी पूरा करने पर आपको शाबाशी मिलेगी, साथ ही पिता जी आपसे कुछ मन की बाते भी शेयर करेंगे। आप किसी काम को करने के लिए उत्साहित रहेंगे। बिजनेस में अच्छा लाभ मिलने की वजह से आज आपके घर पर एक छोटी से पार्टी का आयोजन होगा, जिससे घर में हर्ष का माहौल बनेगा लेकिन साथ ही व्यस्तता भी बनी रहेगी। आपको कोई अच्छी खबर मिलेगी जिससे आपको बहुत खुशी होगी।

* लकी रंग – ब्लू

* लकी नंबर – 2

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन आपके लिए बेहतर रहने वाला है। आप कोई बिजनेस साझेदारी में शुरू करने का मन बनाएंगे। आपकी कोई पुरानी गलती के कारण आज आपको पछतावा होगा आप उस गलती को सुधारने का पूरा प्रयास करेंगे। माइग्रेन की समस्या के लिए आज आप किसी अच्छे डॉक्टर से सलाह लेंगे। आपको जल्द ही आराम मिलेगा। संतान की तरफ से आप निश्चिन्त रहेंगे। खेलकूद से जुड़े लोगों को लाभ के कई मौके मिलेंगे। पारिवारिक जीवन में खुशियां बरकरार रहेगी। आप किसी के साथ साझेदारी में कोई नया व्यापार शुरू कर सकते हैं। नवविवाहित दंपत्ति के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

* लकी रंग – काला

* लकी नंबर – 9

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहने वाला है। आपका पैसा खर्च होने की वजह से आपकी आर्थिक स्थिति पर प्रभाव पड़ेगा। बेहतर होगा सोच समझकर ही पैसे खर्च करें। किसी से चल रही अनबन को आज आप बातचीत करके दूर करने की कोशिश करेंगे, आपकी यह कोशिश रंग लाएगी। बिजनेस को दूर-दराज तक फैलाने के लिए आज आप अपने सहयोगियों के साथ मीटिंग करेंगे, इससे बिजनेस को आगे बढ़ाने में आ रही समस्याएं दूर होंगी। परिवार के साथ किसी मंदिर जाएंगे जिससे परिवार में खुशियां देखने को मिलेगी। बुजुर्गों के साथ समय बिताएंगे, जिससे उनका मन प्रसन्न होगा।

* लकी रंग – पीला

* लकी नंबर – 1

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन आपके लिए खास होने वाला है। आपका मनोबल बढ़ा हुआ रहेगा, जिससे आप नई-नई चीजें सीखने का प्रयास करेंगे। आप अपने खान-पान की आदतों में बदलाव करेंगे। किसी मेहमान के घर परआने से बच्चों में उत्साह दिखेगा। अपने बेटे के अच्छे करियर के लिए आपको अपना निवास स्थान बदलना पड़ सकता है। नए स्थान पर आपका बिजनेस ग्रो करेगा और आपके बेटे की करियर में उन्नति होगी। इस राशि के कांट्रेक्टर के लिए आज का दिन धन लाभ देने वाला है। लवमेट्स के साथ चल रही अनबन आज बात करके दूर करेंगे।

* लकी रंग – मैरून

* लकी नंबर – 1

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आपको एक से अधिक स्त्रोत से धन लाभ होगा, जिससे आपकी खुशियां दोगुनी हो जाएंगी। जीवनसाथी से बात करते समय मधुर भाषा का प्रयोग करने से आपके रिश्ते में मिठास आएगी। आप आपका मन किसी खाने के किसी नयी डिश को बनाने को करेगा और ऑनलाइन उस डिश की रेसिपी सीखेंगी। ऑफिस में आपके काम करने के तरीके को देखकर आपके विरोधी भी आश्चर्य होंगे। सब लोग आपके द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों की तारीफ करेंगे। बिजनेस में अच्छा लाभ कमाने के लिए आप नई से नई तकनीकी का उपयोग करेंगे।

* लकी रंग – पर्पल

* लकी नंबर – 1

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहने वाला है। आप किसी बात को लेकर गुस्सा होने से बचेंगे तो आपका काम अच्छे से पूरा हो जाएगा। ऑफिस में किसी काम को पूरा करने में आपको थोड़ी अधिकमेहनत करनी पड़ेगी। समाज में आपका दायरा बढ़ेगा, आपकी नई प्रतिभा लोगों के सामने आएगी, लोग आपका सम्मान करेंगे। नवविवाहित दंपत्ति आज कहीं घूमने का प्लान बनाएंगे। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। जॉब की तलाश कर रहे लोगों को आज किसी मल्टीनेशनल कंपनी से जॉब का ऑफर आएगा। नया घर लेने का मन बनाएंगे।

* लकी रंग – गोल्डन

* लकी नंबर – 2

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन आपके लिए फेवरेबल रहने वाला है। आपके बेटे को करियर से सम्बंधित कोई अच्छी सूचना मिलेगी आपके घर में रौनक बढ़ जाएगी। आपको गर्व महसूस होगा। आपके घर में कोई मांगलिक कार्यक्रम होगा, जिसको लेकर घर के सभी सदस्य उत्साहित होंगे। आप कार्यक्षेत्र में अपने अनुभव से किसी रुके हुए कार्य को पूरा कर लेंगे। आपकी मधुर भाषा के प्रयोग से लोग आपके कायल हो जाएंगे। आपके धन-धान्य में वृद्धि होगी। दोस्तों के साथ कहीं घूमने की प्लानिंग आज कैंसिल हो सकती है। लवमेट्स के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

* लकी रंग – पीच

* लकी नंबर – 4

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची):

आज का दिन आपके लिए सुनहरा रहने वाला है। आपका बहुत दिनों से रुका धन वापस मिलने से आर्थिक समस्याएं दूर होंगी। आपके ससुराल से कोई व्यक्ति आपसे मिलने घर आ सकता है। इस राशि के स्टूडेंटआज अपनी पढ़ाई में कुछ बदलाव करेंगे ये बदलाव आपकी सफलता का मार्ग खोलेगा। घर की जिम्मेदारी आज आपके कन्धों पर होगी जिसे आप ख़ुशी-ख़ुशी पूरा करेंगे। आप किसी इम्पोर्टेन्ट काम में बहुत हद तक सफल रहेंगे। ऑफिस के कार्य से आज आपको किसी यात्रा पर जाना पड़ सकता है।

* लकी रंग – ब्राउन

* लकी नंबर – 9

******************************

 

अयोध्या में इस दिन राम मंदिर के गर्भगृह में विराजेंगे रामलला, शुभ तारीख आई सामने- PM मोदी को भेजा गया न्योता

अयोध्या 09 Sep, (एजेंसी): अयोध्या में राम मंदिर का उद्धाटन अगले साल 22 जनवरी को किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, अयोध्या में चल रही बैठक में फैसला हुआ है कि 22 जनवरी 2024 को गर्भ गृह में राम लला विराजमान होंगे।

कार्यक्रम में पीएम मोदी भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस कार्यक्रम के लिए न्योता दिया जा चुका है। सूत्रों के मुताबिक समारोह के अंतिम दिन यानी 22 जनवरी को पीएम मोदी की मौजूदगी में राम मंदिर में रामलला को विराजमान किया जाएगा।

अयोध्या में भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर चल रही मैराथन बैठक में कई अहम फैसले भी लिए गए। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव प्रबंधन समिति की बागडोर आरएसएस नेता भैया जी जोशी के हाथ में रहेगी।प्रधानमंत्री मोदी के आगमन के पहले अयोध्या में खास तैयारी भी की जाएगी।

राम मंदिर के उद्घाटन में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई अन्य जाने-माने लोग और साधु-संत मौजूद रहेंगे। इससे पहले अभी हाल में ही सीएम योगी ने अध्योध्या जाकर राम मंदिर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया था। इससे पहले ही ऐसे खबरें थी कि मंदिर का उद्घाटन अगले साल लोकसभा चुनाव से पहले किया जा सकता है। लोकसभा चुनाव मई में प्रस्तावित हैं।

बता दें कि अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण तेजी से चल रहा है। मंदिर का प्रथम तल लगभग बनकर तैयार है। मंदिर के उद्धाटन के बाद मंदिर को सभी भक्तों के लिए हमेशा के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास ने बताया कि मंदिर में 42 दरवाजे लगाए जाएंगे। मंदिर के गर्भ गृह में सोने का एक छोटा सा दरवाजा भी लगाया जाएगा।

मंदिर के दरवाजों पर मोर, कलश, चक्र और फूल की नक्काशी उतारी जाएगी। गर्भ गृह में भगवान राम की दो बाल स्वरुप की मूर्तियां लगी होंगी। इनमें एक मूर्ति चल तो दूसरी अचल होगी।

********************************

 

महाकाल की पूजा-अर्चना के बाद मेहरबान हुए इंद्रदेव : शिवराज

मुरैना ,09 सितंबर (एजेंसी)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बारिश न होने के कारण फसलें सूखने के कगार पर थीं, लेकिन श्री महाकालेश्वर भगवान की पूजा के बाद इंद्रदेव मेहरबान हुए हैं। चौहान कल देर शाम सुमावली विधानसभा क्षेत्र के मुंगावली के समीप भारी बारिश के बीच आयोजित जन आशीर्वाद यात्रा की सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि किसानों की पीड़ा दुख दे रही थी। बरसात न होने से सोयाबीन से लेकर बाजरा सहित अन्य फसलें सूखने के कगार पर थीं। इसके बाद उन्होंने महाकाल मंदिर में पूजा अर्चना की, जिसके बाद इंद्रदेव प्रदेश पर मेहरबान हुये हैं। इसका प्रतिफल सबके सामने है। उन्होंने कहा कि बरसात अच्छी हो रही है, इससे खरीफ और रबी की फसल अच्छी पैदा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब अक्टूबर से प्रतिमाह 1250 रूपये मिलेंगे और पैसे की व्यवस्था के साथ-साथ इस योजना के तहत 3000 हजार रूपये तक देने का निर्णय सरकार का है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। इस मौके पर पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद विष्णुदत्त शर्मा और केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर भी उपस्थित थे।

******************************

 

राजस्थान में बड़ा सियासी उल्टफेर: कांग्रेस विधायक राजेन्द्र गुढ़ा ने थामा शिवसेना का दामन

झुंझुनूं ,09 सितंबर (एजेंसी)। राजस्थान में अपने बयानों के चलते अक्सर चर्चा में रहने वाले पूर्व मंत्री एवं उदयपुरवाटी से कांग्रेस विधायक राजेन्द्र सिंह गुढ़ा ने आज शिवसेना का दामन थाम लिया।

गुढ़ा झुंझुनूं जिले में अपने गांव गुढ़ा में अपने पुत्र शिवम गुढ़ा के जन्म दिन के अवसर पर आयोजित जनसभा में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हो गए। शिंदे गुढ़ा को शिवसेना का दुपट्टा पहनाकर उनको शिवसेना में शामिल किया। गुढ़ा इससे पहले वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर दयपुरवाटी विधानसभा सीट से चुनाव जीतने के बाद बसपा के सभी छह विधायकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

इस मौके पर शिंदे ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा उन्होंने एक साल पहले यहीं पर कहा था कि गुढ़ा के कारण मैं मुख्यमंत्री हूं, फिर उन्हीं को बर्खास्त कर दिया गया। गहलोत ने जो किया उसका जवाब जनता देगी। गुढ़ा ने क्या गलती की, सच्चाई का साथ देना गुनाह है क्या। गुढ़ा ने राजस्थान में कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की ही तो आवाज उठाई थी।
उन्होंने कहा कि गुढ़ा ने मंत्री पद छोड़ा, सच्चाई नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि गुढ़ा का शिवसेना में स्वागत है। राजस्थान की वीरता और महाराष्ट्र की वीरता का मिलन सुखद है। गुढ़ा जब भी महाराष्ट्र आते थे तो वहां रह रहे राजस्थानियों की चिंता करते थे। महाराष्ट्र में रहने वाले हर राजस्थानी का हम ध्यान रखेंगे।

शिंदे ने कहा  गुढ़ा की तरह ही मैंने भी मंत्री पद छोड़ा था। मैंने बाला साहेब के विचारों-आदर्शों के लिए मंत्री पद छोड़ा था। राजेंद्र गुढ़ा ने सचाई के लिए मंत्री पद छोड़ा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कानून-व्यवस्था अच्छी होनी चाहिए और राजस्थान का विकास होना चाहिए। गुढ़ा ने गत जुलाई में विधानसभा में कानून-व्यवस्था को लेकर मंत्री रहते हुए सवाल उठाए थे। उन्होंने राजस्थान में दुष्कर्म मामलों की चर्चा करते हुए कहा था कि हमें मणिपुर पर बात करने से पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। इसके बाद गुढ़ा को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया था। मंत्री पद से बर्खास्त होने के बाद गुढ़ा ने लाल डायरी का मुद्दा भी उठाया।

*******************************

 

उम्मीद और विश्वास का नया नाम भारत : स्मृति ईरानी

नई दिल्ली ,09 सितंबर (एजेंसी)।  केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम के आगे लगी देश की नेमप्लेट पर ‘भारत’ लिखे होने पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा है कि उम्मीद और विश्वास का नया नाम ‘भारत’ है।

स्मृति ईरानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके आगे लगी ‘भारत’ के नाम वाली नेम प्लेट की तस्वीर को शेयर करते हुए एक्स (पहले ट्विटर ) पर लिखा, उम्मीद और विश्वास का नया नाम भारत।

दरअसल, दिल्ली के प्रगति मैदान के भारत मंडपम में भारत की मेजबानी में चल रहे जी-20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन भाषण के दौरान उनके आगे रखी नेम प्लेट ने सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगे रखी नेम प्लेट पर अंग्रेजी भाषा में ‘भारत’ लिखा हुआ था। इस तरह के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में नेताओं के नाम के आगे उस देश के नाम की नेम प्लेट लगी होती है, जिस देश का वह नेता प्रतिनिधित्व करता है।

देश का नाम बदलने की कवायद और देश के अंदर भारत बनाम इंडिया को लेकर जारी बहस के बीच यह पहला मौका है, जब जी-20 जैसे प्रतिष्ठित और प्रभावशाली अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगे ‘इंडिया’ की बजाय अंग्रेजी भाषा में लिखे गए ‘भारत’ के नाम की नेम प्लेट लगी दिखाई दी हो।

********************************

मुंबई : जलती हुई पांच मंजिला इमारत से दो नवजात समेत 33 लोगों को सुरक्षित निकाला

मुंबई ,09 सितंबर (एजेंसी)। मुंबई फायर ब्रिगेड ने एक पांच मंजिला इमारत में आग लगने के बाद दो नवजात शिशुओं सहित 33 लोगों को सुरक्षित निकाला।

बीएमसी आपदा नियंत्रण ने बताया कि सुबह लगभग 9 बजे अंधेरी पूर्व के साकीनाका में साकी सोसाइटी में आग लगने की सूचना मिली। विभिन्न मंजिलों पर कई लोग आग में फंसे हुये थे।

आग स्पष्ट रूप से भूतल पर स्थित एक इलेक्ट्रिक मीटर बॉक्स केबिन में लगी, जिसने वायरिंग, इंस्टॉलेशन, इलेक्ट्रिकल पैनल बोर्ड और अन्य वस्तुओं को अपनी चपेट में ले लिया और तेजी से आवासीय भवन की ऊपरी मंजिलों तक फैल गई।

चारों तरफ चीख-पुकार मची हुई थी। लोग अलग-अलग मंजिलों पर फंस गए थे। घने जहरीले धुएं के कारण वे सीढिय़ों से भी नहीं उतर पा रहे थे। छत पर ताला लगा हुआ था।

अत्याधुनिक उपकरणों और सीढिय़ों से लैस मुंबई फायर ब्रिगेड की एक टीम इमारत में पहुंची और आग से लड़ते हुए निकासी अभियान शुरू किया।

एक घंटे के भीतर, उन्होंने एंगस लैडर और इमारत की सीढिय़ों का उपयोग करके पहली मंजिल से 7 लोगों को, दूसरी मंजिल से दो नवजात सहित 16 लोगों को और तीसरी तथा चौथी मंजिल से 10 और लोगों को निकाला।

बीएमसी आपदा नियंत्रण ने कहा, आखिरकार, सुबह 10:45 बजे के आसपास आग बुझ गई और अब कूलिंग ऑपरेशन चल रहा है। इस त्रासदी में कोई घायल नहीं हुआ है।

*********************************

 

डीआरआई को बड़ी कामयाबी, 47 करोड़ की मेथ गोलियों समेत दो तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली ,09 सितंबर (एजेंसी)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने असम के कछार जिले में एक ट्रक में 47 किलोग्राम मेथमफेटामाइन टैबलेट (4.70 लाख टैबलेट) की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जब्त टैबलेट की वैश्विक अवैध बाजार में कीमत 47 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

निदेशालय के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने 7 सितंबर को ड्रग्स जब्त किया था। अधिकारी ने कहा, खुफिया जानकारी के आधार पर, खेप का पता लगाने के लिए 10 से 13 दिन तक निगरानी रखी गई। डीआरआई टीम ने 7 सितंबर को ड्रग्स ले जा रहे एक ट्रक को रोका। गहन निरीक्षण और जांच करने पर डिब्बों में बड़ी मात्रा में ड्रग्स छिपा हुआ पाया गया।

अधिकारी ने कहा कि दोनों आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपी व्यक्तियों को एक विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले की आगे की जांच जारी है।

*******************************

 

जी20 शिखर सम्मेलन : भारत ने यूक्रेन संदर्भ पर रूस, चीन को सहमत कराया

नई दिल्ली , 09 सितम्बर (एजेंसी)। भारत ने जी 20 शिखर सम्मेलन में यूक्रेन मुद्दे को लेकर रूस, चीन और पश्चिमी देशों के बीच दूरियों को पाटते हुए एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक उपलब्धि हासिल की है। दोनों पक्ष शांतिपूर्ण समाधान पर ध्यान केंद्रित करते हुए घोषणा में यूक्रेन का उल्लेख करने पर सहमत हुए हैं। यूक्रेन संघर्ष से संबंधित पैराग्राफ पर आम सहमति नहीं होने के कारण भारत ने शुक्रवार को भू-राजनीतिक मुद्दे से संबंधित पैराग्राफ के बिना ही सदस्य देशों के बीच शिखर सम्मेलन के संयुक्त घोषणापत्र का एक मसौदा साझा किया था ताकि सकारात्मक परिणाम निकल सके।

यूक्रेन पर भारत की ओर से घोषणापत्र में नया पाठ तब साझा किया गया जब जी20 नेताओं ने शिखर सम्मेलन के पहले दिन गंभीर वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श शुरू किया। भारत के लिये एक बड़ी उपलब्धि है क्योंकि भारत ने पूर्व और पश्चिम को एक ही मेज पर रखने का असंभव कार्य पूरा कर लिया है, जिसमें दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात मान रहे हैं। एक तरफ, रूस और चीन – जिन्होंने 2022 बाली घोषणाओं से खुद को अलग कर लिया था – अब 2023 नई दिल्ली घोषणाओं में यूक्रेन के संदर्भ पर सहमत हो रहे हैं, जबकि पश्चिमी देश आक्रामक की निंदा को उतना ही कठोर मानता है जितना कि पिछले साल बाली में किया गया था।  जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारी से जुड़े एक अधिकारी ने एशियानेट न्यूजएबल को बताया, “हम नई दिल्ली घोषणाओं पर आम सहमति की ओर बढ़ रहे हैं।

पिछले साल बाली घोषणा के दौरान इस पर कोई सहमति नहीं थी क्योंकि मॉस्को और बीजिंग ने यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर खुद को अलग कर लिया था। रूस और चीन जी20 को एक आर्थिक मंच बनाने पर जोर दे रहे थे और मांग कर रहे थे कि मॉस्को-कीव संघर्ष का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) पर छोड़ दिया जाए। सूत्र ने कहा कि दोनों पक्ष अब इस पर सहमत हो गए हैं और युद्ध से संबंधित “कठोर शब्दों का कोई उल्लेख नहीं होगा।

इसमें यूक्रेन का संदर्भ होगा और इसका शांतिपूर्ण समाधान होगा। ध्यान देने की बात है कि भारत इस बात को दोहराता रहा है यह युद्ध का युग नहीं है, बल्कि संवाद और कूटनीति का युग है। परिणाम दस्तावेज़।जी20 के परिणाम दस्तावेज़ में, भारत के फोकस बिंदुओं को अपनाया जा रहा है। अपनी अध्यक्षता के तहत, भारत ने 2016 जी20 शिखर सम्मेलन में अपनाए गए सतत विकास लक्ष्यों पर प्रगति के लिए जोर दिया है।

चुनौतियाँ और संकट जैसे कि कोविड-19 महामारी, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता हानि, मरुस्थलीकरण और भूमि क्षरण, पर्यावरणीय क्षरण और प्रदूषण, सीखने का संकट, आर्थिक मंदी, बढ़ती ऋण भेद्यता, बढ़ती गरीबी और लिंग असमानता, खाद्य असुरक्षा और कुपोषण सहित असमानता।

स्वास्थ्य तक पहुंच में पीछे कदम, ऊर्जा असुरक्षा और ऊर्जा बाजारों में अस्थिरता, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान और आपदाएं लाखों लोगों की दीर्घकालिक आजीविका और भलाई के लिए खतरा पैदा कर रही हैं, जिससे 2030 तक एसडीजी हासिल करने में प्रगति बाधित हुई है।

 

2023 में, भारत ने विशेष रूप से ऋण-ग्रस्त देशों में विकास के लिए संसाधनों को पुनः प्रतिबद्ध करके 2030 सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के प्रयास में उन अंतरालों को भरने का लक्ष्य रखा।

 

कुछ अन्य पहलू जो नई दिल्ली में 2023 जी20 शिखर सम्मेलन का हिस्सा होंगे:

 

* G20 में सदस्य के रूप में अफ्रीकी संघ को भी शामिल किया जाएगा।

 

* जी20 नेता आर्थिक अपराधियों को सौंपने पर सहमत होंगे।

 

* लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट (LiFE) पर भी सहमति बनेगी। LiFE का उद्देश्य 2022-28 की अवधि में पर्यावरण की रक्षा और संरक्षण के लिए व्यक्तिगत और सामूहिक कार्रवाई करने के लिए कम से कम एक अरब भारतीयों और अन्य वैश्विक नागरिकों को एकजुट करना है।

 

* बैठक के दौरान नेता क्रिप्टो-मुद्रा के नियमन के मुद्दे पर चर्चा करेंगे।

*****************************

 

जी-20 शिखर सम्मेलन में -1भारत मंडपम-1 में बिहारी सस्ंकृति से रू-ब-रू हो सकेंगे मेहमान

नई दिल्ली , 09 सितम्बर(एजेंसी)।  जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन केंद्र ‘भारत मंडपम’ अतिथियों के लिए मिनी बाजार में तब्दील हो गया है। यहां मिलने वाली हर चीज अपने आप में भारतीय संस्कृति और कला को संजोए है। इसके तहत ही बिहारी संस्कृति से मेहमानों को रू-ब-रू कराने के लिए बिहार सरकार और  इंडस्ट्री बिहार द्वारा क्रॉफ्ट बाजार में बिहार के हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया जा रहा है। ‘भारत मंडपम’ में तीन दिनों के लिए लगाए गए बिहार के स्टॉल में बिहारी संस्कृति और बिहार की मिट्‌टी की महक साफ तौर पर नज़र आ रही है।

बिहार की ओर से क्रॉफ्ट बाजार में मधुबनी पेंटिंग्स, भागलपुरी सिल्क, टिकुली, मंजुषा और सिक्की आर्ट्स के उत्पादों को यहां पर मेहमानों के लिए प्रदर्शित किया गया है। बिहार की इन कलाओं को आधुनिक परिधान में आधुनिक तरीकों से सजाया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इनको समझ सके और बिहार की कला संस्कृति विदेशों में भी फेमस हो सके। बिहार के दिल्ली में रेजीडेंट कमिश्नर श्री कुंदन कुमार ने कहा,  “बिहार का एक गौरवशाली अतीत रहा है और इस स्टॉल के माध्यम से हमने मेहमानों के लिए बिहार के रिच कल्चर को शो-केस किया है।

उम्मीद है कि मेहमान बिहार की संस्कृति से रू-ब-रू हो सकेंगे और बिहार के कल्चर को हम इस आयोजन से विदेशों में भी फेमस कर सकेंगे। ‘भारत मंडपम’ में क्रॉफ्ट्स बाजार हॉल नंबर 3 में सेटअप किया गया है और इसका फोकस देश की संस्कृति को दर्शाते हुए हर राज्य के खास उत्पादों का मेहमानों के आगे प्रदर्शन करना है। क्रॉफ्ट बाजार में एक से बढ़कर एक साड़ी, कुर्ते, बैग्स, मूर्तियां व हैंडमेड आइटम्स विभिन्न राज्यों के द्वारा प्रदर्शित किए गए हैं। ‘भारत मंडपम’ का ये एग्जीबिशन हर राज्य की संस्कृति और कलाकृति का बेहतर नमूना पेश कर रहा है…देखने में ऐसा लग रहा है मानो सारा देश ही ‘भारत मंडपम’ की खिड़की से झांक रहा हो और दुनिया को विविधता में एकता की मिसाल दे रहा हो।

*******************************

 

अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने भारत की स्थायी सदस्यता को लेकर फिर से समर्थन देने को दोहराया

नई दिल्ली , 09 सितम्बर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच घनिष्ठ एवं चिरस्थायी साझेदारी की पुष्टि करते हुए आज संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति जोसेफ आर. बाइडेन, जूनियर का भारत में स्वागत किया। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री  मोदी की जून 2023 की ऐतिहासिक अमेरिका यात्रा की अभूतपूर्व उपलब्धियों को कार्यान्वित करने की दिशा में हो रही महत्वपूर्ण प्रगति की सराहना की।

प्रधानमंत्री  मोदी और राष्ट्रपति  बाइडेन ने स्वतंत्र, खुले, समावेशी और लचीले हिंद-प्रशांत का समर्थन करने में क्वाड के महत्व की पुन: पुष्टि की। प्रधानमंत्री मोदी ने 2024 में भारत की मेजबानी में आयोजित होने वाले क्वाड नेताओं के अगले शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति  बाइडेन का स्वागत करने के प्रति उत्सुकता व्‍यक्‍त की। भारत ने जून 2023 में हिंद-प्रशांत महासागर पहल (आईपीओआई) में शामिल होने के अमेरिकी निर्णय के बाद व्यापार कनेक्टिविटी और समुद्री परिवहन से संबंधित आईपीओआई पहल स्तंभ का सह-नेतृत्व करने के अमेरिकी फैसले का स्वागत किया।

वैश्विक शासन व्‍यवस्‍था के अधिक समावेशी और प्रतिनिधित्‍व पर आधारित होने संबंधी अपने दृष्टिकोण को साझा करते हुए राष्ट्रपति  बाइडेन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार किए जाने और उसमें भारत की स्थायी सदस्यता होने के प्रति अपना समर्थन दोहराया। साथ ही इस संदर्भ में, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 2028-29 में गैर-स्थायी सीट के लिए भारत की उम्मीदवारी का एक बार फिर से स्वागत किया। नेताओं ने बहुपक्षीय प्रणाली को मजबूत बनाने और उसमें सुधार लाने की आवश्यकता को एक बार फिर रेखांकित किया ताकि यह समकालीन वास्तविकताओं को बेहतर ढंग से प्रतिबिंबित कर सके और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की सदस्यता की स्थायी और गैर-स्थायी श्रेणियों में विस्तार सहित व्यापक संयुक्त राष्ट्र सुधार एजेंडे के लिए प्रतिबद्ध रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति श्री बाइडेन ने हमारी रणनीतिक साझेदारी को व्‍यापक बनाने में प्रौद्योगिकी की महत्‍वपूर्ण भूमिका की पुष्टि की तथा हमारे साझा मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूती प्रदान करने वाले परस्‍पर विश्वास और भरोसे पर आधारित मुक्‍त, सुलभ, सुरक्षित और लचीले प्रौद्योगिकी इकोसिस्‍टम और मूल्य श्रृंखलाएं बनाने के लिए भारत-अमेरिकी क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी (आईसीईटी) पहल के माध्यम से जारी प्रयासों की सराहना की। संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत, सितंबर 2023 में आईसीईटी की मध्यावधि समीक्षा करने के इच्‍छुक हैं। ताकि 2024 की शुरुआत में दोनों देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के सह-नेतृत्व में अगली वार्षिक आईसीईटी समीक्षा की दिशा में गति बरकरार रह सके।

दोनों नेताओं ने लचीली वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण के लिए अपना समर्थन दोहराते हुए इस संबंध में भारत में अपने अनुसंधान और विकास की उपस्थिति का विस्तार करने के लिए माइक्रोचिप टेक्नोलॉजी, इंक. की लगभग 300 मिलियन डॉलर का निवेश करने की एक बहु-वर्षीय पहल और भारत में अनुसंधान, विकास और इंजीनियरिंग संचालन का विस्तार करने के लिए एडवांस्ड माइक्रो डिवाइस की अगले पांच वर्षों में भारत में 400 मिलियन डॉलर का निवेश करने की घोषणा का उल्‍लेख किया।

दोनों नेताओं ने अमेरिकी कंपनियों, माइक्रोन, एलएएम रिसर्च और एप्लाइड मैटेरियल्स द्वारा जून 2023 में की गई घोषणाओं के कार्यान्वयन पर संतोष व्यक्त किया।प्रधानमंत्री  मोदी और राष्ट्रपति  बाइडेन ने सुरक्षित और विश्वसनीय दूरसंचार, लचीली आपूर्ति श्रृंखला और वैश्विक डिजिटल समावेशन के दृष्टिकोण को साझा करते हुए भारत 6जी एलायंस और एलायंस फॉर टेलीकॉम इंडस्ट्री द्वारा संचालित नेक्स्ट जी एलायंस के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने का विक्रेताओं और ऑपरेटरों के बीच सार्वजनिक-निजी सहयोग को गहरा बनाने की दिशा में पहले कदम के रूप में स्वागत किया। उन्होंने ओपन रैन तथा 5जी/6जी प्रौद्योगिकियों में अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में सहयोग पर केंद्रित दो संयुक्त कार्य बलों की स्थापना को भी स्वीकार किया।

फील्ड में तैनाती से पहले एक अमेरिकी ओपन रैन निर्माता द्वारा एक प्रमुख भारतीय दूरसंचार ऑपरेटर में 5जी ओपन रैन पायलट शुरू किया जाएगा। नेताओं ने यूएस रिप एंड रिप्लेस प्रोग्राम में भारतीय कंपनियों की भागीदारी के लिए उत्‍सुकता प्रकट की; राष्ट्रपति श्री बाइडेन ने संयुक्त राज्य अमेरिका में रिप एंड रिप्लेस पायलट के लिए भारत के समर्थन का स्वागत भी किया।दोनों नेताओं ने कम से कम 10 मिलियन डॉलर की संयुक्त प्रारंभिक प्रतिबद्धता के साथ इंडिया-यूएस ग्‍लोबल चैलेंजिस इंस्‍टीट्यूट की स्थापना के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान परिषद (आईआईटी काउंसिल) के प्रतिनिधित्व वाले भारतीय विश्वविद्यालयों और एसोसिएशन ऑफ अमेरिकन यूनिवर्सिटीज (एएयू) के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षरों का स्वागत किया।

ग्‍लोबल चैलेंजिस इंस्‍टीट्यूट दोनों देशों के अग्रणी अनुसंधान और उच्च-शिक्षा संस्थानों को एक साथ लाएगा, जिनमें एएयू और आईआईटी सदस्यता से परे, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में नई सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए, स्थायी ऊर्जा और कृषि, स्वास्थ्य और महामारी की तैयारी, सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी और विनिर्माण, उन्नत सामग्री, दूरसंचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम विज्ञान में सहयोग शामिल है।

दोनों नेताओं ने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी-टेंडन और आईआईटी कानपुर एडवांस्ड रिसर्च सेंटर और बफ़ेलो में स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ़ न्यूयॉर्क के जॉइन्‍ट रिसर्च सेंटर्स और आईआईटी दिल्ली, कानपुर, जोधपुर, और बी.एच.यू., के बीच महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में साझेदारी सहित बहु-संस्थागत सहयोगात्मक शिक्षा साझेदारियों की बढ़ती संख्या का भी स्वागत किया।दोनों नेताओं ने 2030 तक डिजिटल जेंडर गैप को आधा करने की जी-20 की प्रतिबद्धता का उल्‍लेख करते हुए डिजिटल अर्थव्यवस्था में जेंडर डिजिटल डिवाइड को कम करने के प्रयासों के महत्व की पुष्टि की तथा डिजिटल अर्थव्यवस्था पहल में महिलाओं के प्रति समर्थन व्यक्त किया, जो डिजिटल जेंडर डिवाइड को कम करने की दिशा में प्रगति में तेजी लाने के लिए सरकारों, निजी क्षेत्र की कंपनियों, प्रतिष्‍ठानों, सिविल सोसाइटी और बहुपक्षीय संगठनों को एक साथ लाता है।

दोनों नेताओं ने कैंसर अनुसंधान, रोकथाम, नियंत्रण और प्रबंधन में हमारे बढ़ते द्विपक्षीय सहयोग का स्वागत किया और नवंबर 2023 में भारत-अमेरिका कैंसर संवाद के आरंभ होने के प्रति उत्‍सुकता प्रकट की। यह संवाद कैंसर जीनोमिक्स में ज्ञान बढ़ाने, वंचित शहरी और ग्रामीण समुदायों के लिए कैंसर की देखभाल को बढ़ाने और मजबूत करने के लिए नए निदान और उपचार विकसित करने पर केंद्रित होगा।

दोनों नेताओं ने, दोनों देशों के बीच वैज्ञानिक, विनियामक और स्वास्थ्य संबंधी सहयोग को मजबूत और सुविधाजनक बनाने के प्रति अपनी साझा संकल्‍पबद्धता को रेखांकित करते हुए अक्टूबर 2023 में वाशिंगटन डी.सी. में होने वाले आगामी अमेरिका- भारत स्वास्थ्य संवाद पर भी प्रकाश डाला।प्रधानमंत्री  मोदी और राष्ट्रपति  बाइडेन ने हमारी सरकारों, उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच उच्च-स्तरीय संबद्धता बनाए रखने तथा उज्ज्वल एवं समृद्ध भविष्य के लिए हमारे लोगों की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने, वैश्विक कल्‍याण के लिए कार्य करने तथा मुक्‍त,  खुले, समावेशी और लचीले हिंद-प्रशांत में योगदान देने वाली चिरस्थायी भारत-अमेरिका साझेदारी के महत्वाकांक्षी विजन को साकार करने का संकल्प लिया।

*****************************

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति बाइडेन से मुलाकात की

*राष्ट्रपति बाइडेन ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के निकट चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक लैंडिंग पर भारत को बधाई दी*

*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी20 की भारत की अध्यक्षता को संयुक्त राज्य अमेरिका के निरंतर समर्थन के लिए राष्ट्रपति बाइडेन को धन्यवाद दिया*

नई दिल्ली , 09 सितम्बर (एजेंसी) । प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने  संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति महामहिम  जोसेफ आर. बाइडेन से मुलाकात की। राष्ट्रपति बाइडेन। राष्ट्रपति के रूप में पहली बार भारत के दौरे पर आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के प्रति राष्ट्रपति बाइडेन के दृष्टिकोण और प्रतिबद्धता की सराहना की, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, रणनीतिक समन्वय और दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत पारस्परिक संबंधों पर आधारित है।
दोनों नेताओं ने जून 2023 में प्रधानमंत्री की संयुक्त राज्य अमेरिका की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा के भविष्योन्मुखी और व्यापक परिणामों को लागू करने की दिशा में हुई प्रगति की सराहना की, जिसमें महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकी (आईसीईटी) के लिए भारत-संयुक्त राज्य अमेरिका पहल भी शामिल है।दोनों नेताओं ने रक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुसंधान, नवाचार, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच पारस्परिक संबंधों सहित द्विपक्षीय सहयोग में निरंतर गति का स्वागत किया।
राष्ट्रपति बाइडेन ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के निकट चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक लैंडिंग पर प्रधानमंत्री और भारत के लोगों को हार्दिक बधाई दी तथा अंतरिक्ष में दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सहयोग पर प्रकाश डाला।दोनों नेताओं ने कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि भारत-अमेरिका साझेदारी न केवल दोनों देशों के लोगों के लिए बल्कि वैश्विक कल्याण के लिए भी लाभदायक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी20 की भारत की अध्यक्षता की सफलता सुनिश्चित करने में संयुक्त राज्य अमेरिका से प्राप्त निरंतर समर्थन के लिए राष्ट्रपति बाइडेन को धन्यवाद दिया।
***************************

बरसों पुरानी चुनौतियां हमसे नए समाधान मांग रही : नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली ,09 सितम्बर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में अपनी मेजबानी में जी-20 समिट की शुरुआत की और अपने संबोधन में मोरक्को के भूकंप से लेकर 21वीं सदी में दुनिया की आकांक्षाओं तक पर बात की। मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का यह समय दुनिया को नई दिशा दिखाने वाला समय है। यह वह समय है जब बरसों पुरानी चुनौतियां हमसे नए समाधान मांग रही है। हमें मानवता वादी केंद्रित होकर इन समस्याओं को सुलझाना है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने अफ्रीकी यूनियन की सदस्यता को लेकर भी दुनियाभर की सहमति जुटाने को लेकर पहल करने की बात कही। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा कि जी-20 के अध्यक्ष के तौर पर भारत आपका स्वागत करता है। जिस स्थान पर हम एकत्रित हैं, वहां से कुछ ही किमी के फासले पर करीब 2,500 साल पुराना एक स्तंभ लगा है। इसमें पारकृत भाषा में लिखा है- मानवता का कल्याण और सुख सुनिश्चित किया जाए। ढाई हजार साल पहले भारत की भूमि ने यह संदेश पूरे विश्व को दिया था। आइये इस संदेश को याद कर के जी-20 का हम शुभारंभ करें। मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का यह समय दुनिया को नई दिशा दिखाने वाला समय है।

यह वह समय है जब बरसों पुरानी चुनौतियां हमसे नए समाधान मांग रही है। हमें मानवता वादी केंद्रित होकर इन समस्याओं को सुलझाना है। मोरक्को में आए भूकंप से प्रभावित लोगों के प्रति मैं अपनी संवेदना प्रकट करना चाहता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि इस कठिन समय में पूरा विश्व समुदाय मोरक्को के साथ है। हम उन्हें हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि कोरोना के बाद विश्व में एक बहुत बड़ा संकट विश्वास के अभाव का आया है।

युद्ध ने इस विश्वास के संकट को और गहरा किया है। जब हम कोविड को हरा सकते हैं तो हम आपसी विश्वास पर आए इस संकट पर भी विजय प्राप्त कर सकते हैं। आज जी-20 के अध्यक्ष के तौर पर भारत पूरी दुनिया का आह्वान करता है कि हम मिलकर सबसे पहले वैश्विक तौर पर इस संकट को एक विश्वास और भरोसे में बदलें। यह हम सभी के साथ मिलकर चलने का समय है। इसलिए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास का मंत्र हम सभी के लिए एक पथ प्रर्दशक बन सकता है।

********************************

 

दिल्ली में जी-20 समिट के बीच ऑटो में बम-बारूद की सूचना, पुलिस जांच में ये सब आया सामने

नई दिल्ली 09 Sep, (एजेंसी)- दिल्ली में जी-20 समिट को लेकर राजधानी पूरी सुरक्षा के घेरे में है। इस दौरान एक ऐसी खबर आई जिसने दिल्ली पुलिस के होश उड़ा दिए। दरअसल, सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली पुलिस को मैसेज आया कि एक ऑटो में बम-बारुद और गन की खेप प्रगति मैदान पहुंचने वाली है। जिसके बाद इस सूचना से हड़कंप मच गया।

प्रगति मैदान की तरफ जब दिल्ली पुलिस ने चैकिंग की तो उस दौरान कुछ बरामद नहीं हुआ। जिसके बाद पुलिस ने सूचना देने वाले को ट्रैस किया। इसमें पता चला कि यह महज शरारत है। सूचना देने वाले ने यह हरकत अपने पड़ोसी को फंसाने के लिए की थी। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है।

मामला दिल्ली आउटर नॉर्थ जिले का हैष दरअसल जिले के डीसीपी को टैग कर एक युवक ने ट्वीट किया था। इसमें लिखा था कि एक ऑटो में गन और विस्फोटक भरा है और इसे प्रगति मैदान की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना देने वाले ने ऑटो का नंबर भी लिखा था। चूंकि जी-20 की बैठक प्रगति मैदान में ही हो रही है। डीसीपी ने तत्काल चेकिंग के आदेश दिए और फिर पूरी दिल्ली में ऑटो रिक्शा की चेकिंग शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस ऑटो नंबर को ट्रैस करते हुए उसके मालिक के घर पहुंची।

वहां पता चला कि ऑटो तो वहीं घर पर ही खड़ा है। ऐसे में पुलिस ने सूचना देने वाले को ट्रैस किया। उसकी पहचान कुलदीप शाह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें पता चला कि आरोपी ने ऑटो मालिक से रंजिश में उसे फंसाने के लिए ट्वीट किया था। आरोपी ने बताया कि ऑटो मालिक के साथ पार्किंग को लेकर विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

*********************************

 

पूर्व CM की गिरफ्तारी पर बवालः सड़कों पर उतरे TDP कार्यकर्ता, नायडू का बेटा व कई विधायक हिरासत में

अमरावती 09 Sep, (एजेंसी): आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बाद से सियासी घमासान मच गया है। पार्टी कार्यकर्ता टीडीपी नेता सड़कों पर जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे है। कहीं, सड़कों पर टायर जलाए गए तो कहीं, कार्यकर्ता सड़कों पर बैठकर धरना प्रदर्शन दे रहे हैंं।

पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश को भी अपने पिता की गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए हिरासत में लिया गया हैं। “युवागलम पदयात्रा” कर रहे टीडीपी महासचिव नारा लोकेश अपने पिता की गिरफ्तारी के बाद विरोध में धरने पर बैठ गए थे। पूर्वी गोदावरी जिले में उनके साथ प्रदर्शन कर रहे कई विधायकों को भी हिरासत में लिया गया।

टीडीपी ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने नारा लोकेश को उनके पिता से मिलने से रोकने के लिए रोका। नायडू के वकील ने कहा कि वे जमानत के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, नायडू को उच्च रक्तचाप और मधुमेह का पता चला है। टीडीपी ने सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी सरकार पर नायडू को अवैध रूप से गिरफ्तार करने का आरोप लगाया, जब वह बस में आराम कर रहे थे।

पार्टी प्रवक्ता कोम्मारेड्डी पट्टाभिराम ने आरोप लगाया कि राज्य पुलिस और सीआईडी ने नायडू को अवैध रूप से गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।

सैकड़ों पुलिस कर्मियों ने उस शिविर स्थल को घेर लिया, जहां नायडू आराम कर रहे थे और उनके साथ सभी नेताओं को अवैध रूप से हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि नायडू ने पुलिस से पूछा कि उन्हें किस आधार पर गिरफ्तार किया गया है, लेकिन पुलिस उन्हें कोई जवाब नहीं दे सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि लोग जानते हैं कि गिरफ्तारी के पीछे मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी हैं। उन्होंने उन्हें देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री करार दिया।

टीडीपी ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में अपने सुप्रीमो की गिरफ्तारी की निंदा की। एक पोस्ट में कहा गया, “क्या आप एक पूर्व सीएम को यह बताए बिना गिरफ्तार करेंगे कि उन्हें क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है? हम आपके साथ हैं सर..जनता आपका किला है। हम लड़ेंगे। हम जीतेंगे।”

***********************************

 

राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेंगी एक हजार इंदिरा रसोइयां: गहलोत

जयपुर 09 Sep, (एजेंसी): राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रदेश के हर व्यक्ति को महंगाई की मार से राहत देने तथा भरपेट भोजन उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी एक हजार इन्दिरा रसोइयां खोलने का निर्णय लिया है। गहलोत मुख्यमंत्री निवास पर इन्दिरा रसोई योजना के संबंध में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इसका शुभारंभ दस सितम्बर को टोंक जिले में निवाई के पास झिलाय से होगा और इन सभी एक हजार रसोइयों का संचालन राजीविका समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इससे 10 हजार से अधिक महिलाओं को रोजगार भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित इन्दिरा रसोई योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को मात्र आठ रुपए में सम्मानपूर्वक पौष्टिक भोजन मिल रहा है। इस योजना से ‘कोई भूखा ना सोए’ का संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इस योजना से सुविधापूर्ण वातावरण में सम्मानपूर्वक मात्र आठ रुपए में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना का लाभ विद्यार्थियों एवं श्रमिकों सहित सभी वर्ग के लोगों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में इंदिरा रसोई के संचालकों एवं कर्मचारियों द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। गहलोत ने कहा कि ‘कोई भूखा ना सोए’ के संकल्प के साथ शुरू की गई इस योजना के माध्यम से कोरोना काल में 72 लाख लोगों को सरकार द्वारा निःशुल्क पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया। कोरोना के दौर में राज्य सरकार के प्रयासों के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी सेवा भाव से आगे बढ़कर सहयोग किया। प्रदेश में वंचित तबके के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही इस योजना के लिए आर्थिक रूप से किसी भी तरह की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

बैठक में बताया गया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के विभिन्न जिलों के इंदिरा रसोई संचालकों को सम्मानित भी किया जा रहा है। गहलोत ने इंदिरा रसोई योजना में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं योजना में पारदर्शिता की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को भी प्रतिमाह रसोईयों में जाकर भोजन करना चाहिए ताकि गुणवत्ता की सुनिश्चितता हो सके। इससे यहां नियमित भोजन करने आने वाले लोगों का मान-सम्मान बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह योजना आज महंगाई के दौर में बाहर से आने वाले विद्यार्थियों एवं कार्मिकों के लिए एक वरदान साबित हो रही है।

**************************

 

मणिपुर में लूटे गए 4 हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद

इंफाल 09 Sep, (एजेंसी)- मणिपुर में संयुक्त सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व और चुराचांदपुर जिलों से लूटे गए चार हथियार और चार अलग-अलग प्रकार के गोला-बारूद के साथ कुछ विस्फोटक भी बरामद किए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मणिपुर पुलिस ने एक बयान में कहा कि पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में गोलीबारी, आगजनी और प्रदर्शनकारियों के एकत्र होने की छिटपुट घटनाओं से स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। बयान में कहा गया है कि हालांकि, आवश्यक वस्तुओं के साथ इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) पर 450 माल से भरे वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई है। इसमें कहा गया है कि सभी संवेदनशील स्थानों पर सख्त सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं और वाहनों की स्वतंत्र और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील हिस्सों में सुरक्षा एस्कॉर्ट प्रदान किया गया है।

कुल मिलाकर, मणिपुर के विभिन्न जिलों में पहाड़ी और घाटी दोनों क्षेत्रों में 128 नाके/चौकियां स्थापित की गईं, जबकि पुलिस ने राज्य के विभिन्न जिलों में विभिन्न कानूनों के उल्लंघन के संबंध में 977 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के बयान में यह भी कहा गया है कि एक 85 वर्षीय कुकी महिला को पल्लेल में मणिपुर पुलिस के साथ एक नागरिक समाज संगठन ने बचाया था, जिसे सुरक्षित रूप से तेंगनौपाल जिले के अधिकारियों को सौंप दिया गया था।

*****************************

 

जी-20 : राष्ट्रपति मुर्मू ने मेहमानों का स्वागत करते हुए शिखर सम्मेलन की सफलता को दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली 09 Sep, (एजेंसी)- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत आए जी 20 देशों के सभी प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों, अतिथि देशों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों का हार्दिक स्वागत किया है। राष्ट्रपति ने समावेशी और व्यक्ति आधारित विकास के लक्ष्य को पूरा करने की कामना के साथ 18वें जी20 शिखर सम्मेलन की सफलता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं भी दी है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स (पहले ट्विटर ) कर भारत आए मेहमानों का स्वागत करते हुए लिखा,” नई दिल्ली में 18वें जी 20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले जी 20 देशों के सभी प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों, अतिथि देशों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों का हार्दिक स्वागत है।”

राष्ट्रपति ने जी-20 शिखर सम्मेलन की सफलता की कामना करते हुए और अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए आगे कहा,” भारत की जी 20 प्रेसीडेंसी थीम, ‘वसुधैव कुटुंबकम – एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’, टिकाऊ, समावेशी और मानव-केंद्रित विकास के लिए एक वैश्विक रोडमैप है। मैं जी 20 शिखर सम्मेलन के प्रतिभागियों को इस दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में उनके प्रयासों में सफलता की कामना करती हूं।

*************************

 

बॉलीवुड सिंगर सौमी शैलेश के बढ़ते कदम..!

09.08.2023  –  बॉलीवुड सिंगर सौमी शैलेश उर्फ सम्हिता देवनाथ को अभी हाल ही में छत्तीसगढ़ के प्रोड्यूसर ने बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक उदित नारायण के साथ युगल गीत गाने के लिये अपने प्रोडक्शन हाउस के लिये अनुबंधित किया है। इसके बाद से वो काफी चर्चा में हैं। इसके पहले भी ज़ी म्यूजिक, अल्ट्रा और कई म्यूजिक कंपनी द्वारा उनके गानो को रिलीज किया है।

कुमार शानू, कैलाश खेर, जावेद अली, अमित मिश्रा, राजा हसन, विजय येसुदास, राहुल वैद्य जैसे कई प्रभावशाली गायकों के साथ उनका गाना रिलीज हुआ है। अपनी गायन प्रतिभा के बदौलत वो आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। सौमी शैलेश के इस सरगम के सफर की शुरुआत भारत के खूबसूरत प्रांत त्रिपुरा के एक छोटे से गाँव में हुआ। सौमी का शास्त्रीय संगीत प्रशिक्षण छः वर्ष की उम्र में प्रारंभ हुआ। सौमी की प्रथम गुरु उनकी माँ सुप्ता देवनाथ है।

इनको गायन की प्रेरणा अपनी माँ से प्राप्त हुआ, मुम्बई आने के बाद गौतम मुखर्जी के सान्निध्य में अपने गायन का प्रशिक्षण जारी रखा। सौमी के निन्तर प्रयास ने उनको मुम्बई में धीरे-धीरे प्रतिष्ठापित कर दिया है। सौमी शैलेश का नाम पंजाबी एवं मराठी श्रेष्ठ गायिका के रूप में नामांकित किया गया है। 2022 में रेडियो सिटी मराठी के तरफ से उनको सर्वश्रेष्ठ गायिका का पुरष्कार भी मिला है।

टी-सीरीज केद्वारा रिलीज की गई फिल्म ‘भारतीयन्स’ का गाना ‘मैं आ रहा रे….’ गाने को सौमी ने विशाल मिश्रा के साथ गाया और यह गाना लोगो को बेहद पसंद आ रहा है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*********************************

 

जी20 सम्मेलन में शामिल होने दिल्ली पहुंचे लूला, मोदी ने जतायी खुशी

नई दिल्ली 09 Sep, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला डि सिल्वा जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए यहां पहुंचने पर खुशी जतायी है।

मोदी ने आज एक्स पर लिखा , “राष्ट्रपति लूला का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। मैं हाल ही में जोहान्सबर्ग में उनसे मिला था और जी20 शिखर सम्मेलन में उनसे दोबारा मिलने का अवसर पाकर मैं खुश हूं। विभिन्न विषयों पर उनके विचारों का बेसब्री से इंतजार रहेगा।”

*****************************

 

मोदी ने मोरक्को में भूकंप की घटना पर संवेदना जतायी

नई दिल्ली 09 Sep, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मोरक्को में बीती रात आये शक्तिशाली भूकंप में मारे गये लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए संकट की इस घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिया है। मोदी ने आज सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “मोरक्को में भूकंप के कारण हुई जानमाल की हानि से अत्यंत दुख हुआ।

इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के लोगों के साथ हैं। उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। भारत इस कठिन समय में मोरक्को को हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।” उल्लेखनीय है कि मोरक्को में बीती रात आये शक्तिशाली भूकंप से करीब 300 लोगों की मौत हो गयी और कई लोगों के घायल होने तथा इमारते ध्वस्त होने की रिपोर्ट है।

******************************

 

अफ्रीकी यूनियन बना G20 का सदस्य, PM मोदी ने किया ऐलान

नई दिल्ली 09 Sep, (एजेंसी)- जी20 शिखर सम्मेलन के पहले दिन पहले सेशन की शुरुआत हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक नेताओं का स्वागत किया। पीएम ने सबसे पहले मोरक्को भूकंप पर बात की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा विश्व मोरक्को के साथ है। पीएम मोदी ने अफ्रीकी यूनियन के आधिकारिक रूप से जी20 ग्रुप में शामिल करने का ऐलान किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया कि आप सभी की सहमति के साथ आज से अफ्रीकी यूनियन जी20 का स्थायी सदस्य बनने जा रहा है। उनके इस ऐलान के साथ ही तमाम नेताओं ने तालिया बजाई। विदेश मंत्री एस जयशंकर अफ्रीकी यूनियन के अध्यक्ष अजाली असौमनी को साथ लेकर आए और पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाकर इसके लिए बधाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी के बाद बारी-बारी सभी वैश्विक नेता अपनी बात रखेंगे। मोरक्को भूकंप पर पीएम ने कहा कि जी20 की कार्यवाही शुरू करने से पहले, मैं मोरक्को में भूकंप के कारण हुई जानमाल के नुकसान पर अपनी संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं। हम प्रार्थना करते हैं कि सभी घायल जल्द से जल्द स्वस्थ्य हों। भारत इस कठिन समय में मोरक्को को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।”

*************************

 

चीन को झटका देने की तैयारीः भारत, अमेरिका, सऊदी अरब और यूरोप मिलकर बनाएंगे रेल और जहाज कॉरिडोर

नई दिल्ली 09 Sep, (एजेंसी): राजधानी दिल्ली में जी-20 समिट का आयोजन किया जा रहा है। जी-20 समिट में हिस्सा लेने के लिए दुनियाभर के दिग्गज नेता नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। भारत, अमेरिका, सऊदी अरब और यूरोप मिलकर एक रेल और जहाज कॉरिडोर बनाने की तैयारी में है। ये देश जी20 सम्मेलन में वाणिज्य, ऊर्जा और डिजिटल कनेक्टिविटी को भी बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। इसकी जानकारी अमेरिका के उपराष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन फाइनर ने दी है।

ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि रेल और जहाज कॉरिडोर बनाकर चीन को किनारे लगाने की तैयारी की जा रही है। सूत्रोंं के अनुसार रेल और जहाज कॉरिडोर को मिडिल ईस्ट कॉरिडोर का नाम भी दिया जा सकता है। अमेरिका के उपराष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन फाइनर ने बताया कि यह परियोजना एक प्रमुख बुनियादी ढांचे की कमी को पूरा करेगी। उन्होंने इसे उच्च मानक, पारदर्शी और टिकाऊ करार दिया है।

फाइनर ने कहा कि यह पहल पश्चिम एशिया में जो बाइडेन प्रशासन की बड़ी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के तीन क्षेत्रों को जोड़ने वाले कॉरिडोर से समृद्धि बढ़ेगी। यह कम और मध्यम आय वाले देशों के बीच व्यापक बुनियादी ढांचे के अंतर को भर देगा।

*********************************

 

जी20 शिखर सम्मेलन के लिए प्रमुख सड़कों पर हो रही इको फ्रेंडली सजावट

नई दिल्ली,08 सितंबर (एजेंसी)। जी20 शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर इको फ्रेंडली सजावट की जा रही है। यह सम्मेलन शनिवार को शुरू होने वाला है।

यह उपराज्यपाल वीके सक्सेना के निर्देश के बाद ऐसा किया गया है।

एक सरकारी बयान में कहा गया है, वायु सेना स्टेशन, पालम से सरदार पटेल मार्ग से राजघाट तक सभी सड़कों पर, जहां वे जाएंगे, गेंदे के फूलों से सजे पेड़ जी20 का स्वागत करेंगे।

इसमें कहा गया है कि दिल्ली छावनी बोर्ड द्वारा पालम तकनीकी क्षेत्र (थिम्मैया रोड और परेड रोड) के आसपास लगभग 400 पेड़ों को दो रंगीन गेंदे के फूलों की माला पहनाई जा रही है।

बयान में आगे कहा गया, राजघाट के पास किसान घाट क्षेत्र के आसपास लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 200 पेड़ों और 100 खंभों पर माला लगाई जा रही है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद द्वारा सरदार पटेल रोड और महत्वपूर्ण चौराहों के आसपास लगभग 1,200 पेड़, दिल्ली नगर निगम द्वारा लगभग 300 पेड़ लगाए जा रहे है।

*********************************