बाल-बाल बचे 168 यात्री… उड़ान भरते ही Air Asia विमान में आई तकनीकी समस्या, कोच्चि में करवाई इमरजेंसी लैंडिंग

कोच्चि 11 Sep, (एजेंसी): एयर एशिया के एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग होने की बात सामने आई है। 168 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों को लेकर कोच्चि से बेंगलुरु जा रहे एयर एशिया का विमान यहां कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद वापस लौट आया।

हवाईअड्डे के सूत्रों ने बताया कि रविवार देर रात बेंगलुरु के लिए रवाना हुई कोच्चि-बेंगलुरु फ्लाइट में रात 11.15 बजे उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी समस्या आ गई। बाद में जांच में पता चला कि विमान में हाइड्रोलिक समस्या थी।

***************************

 

पूर्व सीएम नायडू की गिरफ्तारी के खिलाफ समर्थकों का प्रदर्शन, आज राज्य में बंद का आह्वान

विजयवाड़ा 11 Sep, (एजेंसी)- आंध्र प्रदेश की विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने कथित कौशल विकास घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।

विजयवाड़ा की एक अदालत ने एन. चंद्रबाबू नायडू को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके बाद तेदेपा के प्रदेश अध्यक्ष के. अत्चन नायडू ने बंद का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बंद का आह्वान चंद्रबाबू नायडू की ‘अवैध’ गिरफ्तारी, तेदेपा कैडरों पर क्रूर हमलों और मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की प्रतिशोध की राजनीति के विरोध में है।

तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के महासचिव नारा लोकेश ने अपने पिता और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी और न्यायिक रिमांड पर नाराजगी जताई। लोगों को लिखे एक खुले पत्र में लोकेश ने कहा कि अपने पिता को उस अपराध के लिए अन्यायपूर्ण तरीके से हिरासत में डाले जाने को देखकर उनका गुस्सा उबल पड़ा और उनका खून खौल उठा।

तेदेपा नेता ने लोगों, जन संगठनों और लोकतंत्र में विश्‍वास रखने वाले सभी लोगों से लोकतंत्र को बचाने के लिए बंद में स्वेच्छा से भाग लेने की अपील की है। तेदेपा नेता ने कहा कि चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी जगन मोहन रेड्डी की मानसिक प्रकृति का लेटेस्ट सबूत है। उन्होंने विश्वास जताया कि लोग जगन मोहन रेड्डी को सबक सिखाएंगे।

एन. चंद्रबाबू नायडू को सीआईडी ने  नंदयाल में गिरफ्तार किया था। एन. चंद्रबाबू नायडू को  सुबह विजयवाड़ा की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। तेदेपा नेता डी. नरेंद्र कुमार ने कहा कि रविवार लोकतंत्र के लिए काला दिन है। जनता के लिए काम करने वाले एक नेता को सरकार ने राजनीतिक साजिश के तहत जेल भेज दिया। नरेंद्र कुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से हिम्मत न हारने की अपील की और कहा कि पार्टी युवा नेता नारा लोकेश के नेतृत्व में कानूनी लड़ाई जारी रखेगी।

****************************

 

महर्षि दधीचि जन्मोत्सव पर होंगे त्रिदिवसीय भव्य आयोजन

उदयपुर 11 Sep, (एजेंसी): राजस्थान के उदयपुर में महर्षि दधीचि सेवा संस्थान द्वारा महर्षि दधीचि के जन्मदिवस पर 21 से 23 सितम्बर त्रिदिवसीय आयोजन किए जाएंगे। संस्थान के अध्यक्ष सुधीर जोशी ने बताया कि जन्मोत्सव कार्यक्रम की श्रृंखला में 17 सितम्बर को खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जा जाएगी, जिसका मुख्य आकर्षण 20-20 क्रिकेट मैच रहेगा। साथ ही कैरम, चेस एवं एथेलेटिक्स की विभिन्न प्रतियोगिताऐं एवं निबंध, सामान्य ज्ञान, मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

उन्होने बताया कि 21 सितम्बर को संस्थान के सेक्टर 4 स्थित भवन पर सुन्दरकाण्ड पाठ एवं सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 22 सितम्बर को सांय 6 बजे सेे एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया है जिसमें नृत्य, कविता पाठ एवं गीत-संगीत के कार्यक्रम आयोजित होंगे। दधीचि जयंती पर 23 सितम्बर को सांय 6 बजे से मुख्य समारोह आयोजित किया जायेगा, जिसमें पारितोषिक वितरण एवं वरिष्ठजन का सम्मान किया क्या जाएगा।

********************************

 

लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की

रांची 11 Sep, (एजेंसी): राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने आज देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की।

पूजा कर बाबा बैद्यनाथ मंदिर से निकले के बाद श्री यादव ने कहा कि उन्होंने बाबा के दरबार में माथा टेका है और देश दुनिया सबके लिए प्रार्थना की कि सबका भला हो।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के कल ही देवघर हवाई अड्डे पर पहुंचने पर राजद के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े , गाजे बाजे के साथ उनका स्वागत किया था।

******************************

 

PM मोदी के जन्मदिन को खास बनाने की योजना, केंद्र शुरू करेगा आयुष्मान भव कार्यक्रम, जानें किसे होगा लाभ

नई दिल्ली 11 Sep, (एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन इस साल आमजन के लिए काफी खास होने वाला है। दरअसल, केंद्र 17 सितंबर को यानी पीएम मोदी के जन्मदिन पर आयुष्मान भव कार्यक्रम शुरू करने वाला है। यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने दी। मंडाविया ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय अंतिम छोर पर मौजूद व्यक्तियों सहित हर वांक्षित लाभार्थी तक सभी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को पहुंचाने के लिए आयुष्मान भव नामक कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान शिविर लगाए जाएंगे और 60,000 लोगों को आयुष्मान भारत कार्ड दिए जाएंगे।

बता दें, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है, जो प्रति लाभार्थी परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य कवरेज प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हम स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर संतृप्ति के लिए इस कार्यक्रम को और अधिक चलाएंगे। पिछले साल हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ट्यूबरकुलोसिस (टीबी) के मुद्दे पर जोर दिया था।

उन्होंने कहा कि इससे पहले पीएम मोदी ने कहा था कि दुनिया का क्षय रोग (टीबी) को खत्म करने का लक्ष्य 2030 है, लेकिन भारत का लक्ष्य 2025 के अंत तक टीबी को खत्म करना है। पिछले वर्ष लगभग 70,000 लोग नि-क्षय मित्र बने और टीबी रोगियों को अपनाया जो अब बढ़कर एक लाख हो गया है। जिन लोगों ने यह अपनाया है उनमें गैर सरकारी संगठन, व्यक्तिगत लोग, राजनीतिक दल और कॉर्पोरेट क्षेत्र के रूप में है।

मंडाविया ने कहा कि हर महीने पोषक तत्व किट दी जा रही है और उन मरीजों को हर संभव सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि ‘लोकभागीदारी’ की मदद से देश से टीबी को खत्म किया जाएगा। इससे पहले 2022 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश को क्षय रोग (टीबी) मुक्त बनाने के लिए एक साल का कार्यक्रम चलाया था, जिसके तहत हर कोई एक टीबी मरीज को गोद लेगा और एक साल तक उसकी देखभाल करेगा। गौरतलब है, पीएम मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था, जो उत्तरी गुजरात के मेहसाणा जिले का एक छोटा सा शहर है।

********************************

 

कार से अवैध गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ 11 Sep, (एजेंसी): छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की चक्रधरनगर थाना पुलिस ने एक कार से अवैध गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गांजा ओड़िशा से लाया जा रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार बैकुंठपुर कोरिया निवासी वरुण कल ओडिशा से कार द्वारा गांजा की अवैधरूप से तस्करी करते हुए ले जा रहा था। तभी ग्राम नवापाली में पुलिस की चेकिंग को देखकर वह भागने लगा।

पुलिस ने पीछा कर आरोपी को पकड़ और उसकी कार की तलाशी में 105 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसका मूल्य दस लाख पचास हजार रुपए बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी वरुण ने बताया कि दो वर्ष पहले उसने सेकंड एक कार क्रय किया था, जिसमें गांजा तस्करी का कार्य करता है। आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा के जयपुर से गांजा लेकर पहले बैकुंठपुर, कोरिया, मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों में विक्रय किया है। वह ओड़िशा जयपुर से गांजा लेकर ओड़िसा के रायगड़ा-बलांगीर-संबलपुर- झारसुगुड़ा-कनकपुरा होते रायगढ़ से आगे जाने वाला था और पकड़ा गया।

****************************

 

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का पूरे विश्व में होगा लाइव प्रसारण, दुनिया में मनेगा दीपोत्सव

अयोध्या 11 Sep, (एजेंसी) : विश्वहिंदू परिषद के देश भर के शीर्ष पदाधिकारी दो दिन से अयोध्या में जुटे हैं। विहिप की केंद्रीय टोली की बैठक में  रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई, महोत्सव को भी ऐतिहासिक बनाने पर मंथन हुआ। जिस दिन रामलला अपने नए मंदिर में विराजेंगे उस दिन पूरी दुनिया में दीपोत्सव मनेगा।

मठ-मंदिर, घर-घर में अनुष्ठान होगा। पूरा विश्व महोत्सव का साक्षी बन सके इसलिए लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि श्रीराम प्राणप्रतिष्ठा कार्यक्रम को संपूर्ण विश्व में आनंदोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। देश ही नहीं विदेशों में निवास करने वाले भी इस महाेत्सव में सहभागी हों।

बैठक में संघ के पूर्व सह सर कार्यवाह भैयाजी जोशी, विहिप के महामंत्री मिलिंद परांडे, श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, डॉ अनिल मिश्र, कामेश्वर चौपाल, विहिप के उपाध्यक्ष जीवेश्वर, संयुक्त मंत्री कोटेश्वर समेत कई प्रांतों के पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।

संघ के पूर्व सह सर कार्यवाह भैयाजी जोशी ने कहा, राममंदिर के उद्घाटन पर रामराज्याभिषेक जैसा माहौल होगा। देश-विदेश के रामभक्त मंदिर के उद्घाटन पर अयोध्या आने को आतुर हैं। विश्वास है कि लाखों लोग रामलला के दर्शन को आएंगे, बिना बुलाए आएंगे।

प्राण प्रतिष्ठा के लिए 120 देशों के कलाकारों को भी आमंत्रित करने की तैयारी है। ये देश ऐसे हैं जहां राम व रामलीला की संस्कृति आज भी कायम है। इन देशों के कलाकारों को महोत्सव में आमंत्रित करने पर विचार जल रहा है। हर देश से दस-दस कलाकारों की टीम बुलाई जा सकती है। ये सांस्कृतिक मंचों पर अपनी संस्कृति के अनुरूप राम गाथा प्रस्तुत करेंगे।

बांके बिहारी मंदिर में लगातार बढ़ रहे श्रद्धालुओं को देखते हुए वहां की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर सरकार काफी फोकस कर रही है। इसी के तहत विकास कार्य व कॉरिडोर निर्माण को लेकर ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने 505 करोड़ का विस्तृत प्लान तैयार किया है।

******************************

 

दिल्ली-यूपी सहित 21 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, राजस्थान में रेल लाइन धंसी, भूस्खलन से बदरीनाथ हाईवे बंद

नई दिल्ली 11 Sep, (एजेंसी): राजधानी दिल्ली समेत देश के 21 राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत पश्चिम से लेकर पूर्व और उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक भारी बारिश हुई। इस दौरान यूपी में रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। वहीं, उत्तराखंड में भूस्खलन से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया।

इसके अलावा राजस्थान में झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर के बीच झांसी-दिल्ली ट्रैक धंस गया। ट्रेक के नीचे से गिट्टी और मिट्टी धंस जाने के बाद ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया गया। इसके चलते करीब साढ़े चार घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। वहीं, वंदेभारत, शताब्दी, गतिमान और राजधानी समेत 20 ट्रेनें घंटों लेट रहीं। रेलवे ने दो पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया। वहीं, मुरादाबाद के अलावा गाजियाबाद में भी सड़कों पर पानी भर गया। कई कॉलोनियों में पानी घुस गया है। लोग घरों में कैद हो गए हैं। गाड़ियां पानी में डूूबी हुई चल रही थीं।

तीन दिनों से हो रही बारिश के साथ ही उत्तराखंड में ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई। चमोली में बारिश व बर्फबारी से बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब व फूलों की घाटी में ठंड शुरू हो गई है। केदारनाथ की पहाड़ियों के अलावा बदरीनाथ धाम के नीलकंठ, नर नारायण पर्वत सहित अन्य चोटियों पर हिमपात हुआ है।

******************************

 

लड़की के कंधे पर हाथ रखना, कपड़े खींचना… पॉक्सो मामले में गलत इरादे का सबूत

भोपाल 11 Sep, (एजेंसी)- मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने पॉक्सो एक्ट मामले में दोषी ठहराए गए एक व्यक्ति की सजा को बरकरार रखा है। हाईकोर्ट ने कहा कि एक व्यक्ति एक लड़की के कपड़े खींच रहा है और उसके कंधे पर हाथ रख रहा है, यह उसके यौन इरादे को दर्शाता है।

जस्टिस प्रेम नारायण सिंह की सिंगल जज बेंच ने कहा कि कानून के अनुसार, पॉक्सो एक्ट के तहत किसी भी अपराध के लिए आरोपी की ओर से दोषी मानसिक अवस्था की आवश्यकता होती है और इस प्रकार के अपराधों में विशेष अदालत द्वारा यही माना जाएगा। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने कहा, “जहां तक यौन इरादे की देरी का सवाल है, घटना के समय अपीलकर्ता 22 साल का व्यक्ति था।

उसने पीड़िता के कपड़े खींचे और उसके कंधे पर हाथ रखा। यह आचरण स्पष्ट रूप से अपीलकर्ता की यौन प्रवृत्ति को दर्शाता है।” इसलिए, हाईकोर्ट भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354 (शील भंग करना) और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत अपीलकर्ता-अभियुक्त की सजा की पुष्टि करता है। कोर्ट ने दोषी पर 4,000 रुपये जुर्माना लगाने के साथ 3 साल की कैद की सजा भी बरकरार रखी है।

अभियोजन पक्ष का आरोप था कि 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली पीड़ित छात्रा जब अपने रिश्तेदार के घर से लौट रही थी, तब अभियुक्त ने गलत इरादे से उसका हाथ पकड़ा और उसके कपड़े खींचे। जब उसने शोर मचाया तो उसके चाचा मनीष वहां आ गए और अभियुक्त उसे धमकी देकर मौके से भाग गया। पुलिस की ओर से दायर किए गए आरोप पत्र के आधार पर दोनों पक्षों की लंबी कानूनी जिरह के बाद निचली अदालत ने अभियुक्त को दोषी पाया। कोर्ट ने उसे पॉक्सो एक्ट के तहत 3 साल के कठोर कारावास की सजा के साथ उस पर 4000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। अपीलकर्ता ने निचली अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का रुख किया था।

आरोपी के वकील ने तर्क दिया कि पीड़िता की उम्र की ठीक से जांच नहीं की गई और अपीलकर्ता की ओर से कोई यौन हमला नहीं किया गया। सभी मौजूद साक्ष्यों के गहन विश्लेषण के बाद हाईकोर्ट ने कहा कि पीड़िता के बयान की पुष्टि एक गवाह मनीष के बयान से होती है। कोर्ट ने कहा कि यह प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) में दिए गए विवरण के अनुरूप भी था।

इसके अतिरिक्त, अदालत ने इस तथ्य को भी ध्यान में रखा कि पीड़िता की मेडिकल जांच के दौरान एक चिकित्सा अधिकारी ने पीड़िता के बाएं हाथ के ऊपरी हिस्से पर एक खरोंच के निशान की पहचान की थी। इस सवाल के संबंध में कि क्या पीड़िता 18 वर्ष से कम उम्र की ‘बच्ची’ की परिभाषा के अंतर्गत आती है, हाईकोर्ट ने यह साफ किया कि घटना के समय, वह 15 वर्ष से कम उम्र की थी। .इसके अलावा, अभियोजक और अन्य गवाहों की गवाही में मामूली विरोधाभासों को स्वीकार करते हुए हाईकोर्ट ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसी विसंगतियां उनके बयानों की विश्वसनीयता को कम नहीं करेंगी।

****************************

 

दर्दनाक हादसा : सड़क किनारे खड़ी वैन को ट्रक ने मारी टक्कर, फुटपाथ पर बैठे लोगों को कुचला, 7 की मौत

चेन्नई 11 Sep, (एजेंसी) : तमिलनाडु के तिरुपथुर में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां फुटपाथ पर बैठे 7 लोगों की वैन से कुचलने के बाद मौत हो गई। बताया गया है कि जब यह वैन सड़क के किनारे खड़ी थी, ठीक उसी दौरान ट्रक ने इसे पीछे से टक्कर मार दी,

जिससे यह वैन फुटपाथ पर बैठे लोगों को कुचलती चली गई। पुलिस के मुताबिक, जिस वैन से यह हादसा हुआ, वह फुटपाथ पर बैठे लोगों को ही ले जा रही थी। हालांकि, रास्ते में कुछ खराबी आ जाने की वजह से वे सभी इससे उतरकर सड़क किनारे बैठ गए थे।

***************************

 

जम्मू-कश्मीर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: श्रीनगर-बारामूला हाईवे पर संदिग्ध IED बरामद, रोका गया ट्रैफिक

श्रीनगर 11 Sep, (एजेंसी)- श्रीनगर-बारामूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर हंजीवेरा पट्टन में संदिग्ध वस्तु आईईडी मिलने की जानकारी मिली है। इसकी सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने श्रीनगर बारामूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंद कर दिया। जांच के बाद संदिग्ध आईईडी को निष्क्रिय कर दिया गया है।

सोमवार की सुबह श्रीनगर-बारामूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर हंजीवेरा पट्टन में सुरक्षा बलों को संदिग्ध आईईडी होने की जानकारी मिली। जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और बीडीएस मौके पर पहुंचे। मौका संभालते हुए सुरक्षाबलों ने हाईवे पर ट्रैफिक रोका। इसके बाद संदिग्ध आईईडी की जांच की। जांच के बाद उसे निष्क्रिय कर दिया गया। फिलहाल इलाके में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चला रखा है।

******************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए बढिय़ा रहने वाला है। आज आपका काम आसानी से पूरा होगा। किसी काम को पूरा करने या किसी योजना की शुरुआत करने के लिए आज का दिन बढिय़ा है। आप जीवनसाथी के साथ किसी वैवाहिक उत्सव में शामिल होंगे। पारिवारिक सुख शांति बनी रहेगी। आज किसी मित्र से हुई गलतफहमी को बात करके दूर करेंगे। आज घर की कुछ नई जिम्मेदारियां आ सकती हैं, जिसे आप अच्छे से निभाएंगे । इस राशि के विवाहित लोगों के लिए आज का दिन ठीक है । जीवनसाथी को खुश करने के लिए नई गाड़ी गिफ्ट कर सकते हैं।

* शुभ रंग- पिच

* शुभ अंक- 7

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आपको अपने गुस्से पर काबू रखने की जरूरत है, नहीं तो कुछ लोग आपकी बातों का विरोध कर सकते हैं। आज काम से छुटकारा पाकर बच्चों के साथ समय बिताएंगे। इस राशि के कर्मचारियों को आज ऑफिस में बॉस से वाहवाही मिल सकती है। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन ठीक रहेगा। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा है, कहीं घूमने जाएंगे। आज आप किसी जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आएंगे।

* शुभ रंग- गोल्डन

* शुभ अंक- 3

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। इस राशि के सरकारी एग्जाम की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स को सफलता मिलने के योग बने हुए हैं। आज आप जहां जरूरत लगे, वहां समझौता करने के लिए तैयार रहेंगे। आप अपनी योग्यता से अपने परिवार का नाम रोशन करेंगे। आज के दिन कोई करीबी खुशियों को दोगुना कर देगा। लवमेट के साथ लॉग ड्राइव पर जाने का प्लान कैंसिल करना पद सकता है। नवविवाहित दंपत्ति के बीच मीठी नोकझोक होगी, इससे रिश्ते में और मधुरता आएगी।

* शुभ रंग- सिल्वर

* शुभ अंक- 7

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज आपका दिन नई उमंगो से भरा रहेगा। आप जितनी मेहनत करेंगे उसके अनुकूल आपको लाभ मिलेगा। आपके संतान की सफलता पर बाधाइयां देने लोग, आपके घर आएंगे। अगर काफी दिनों से आपका पैसा रुका है तो आज मिल जायेगा। आज आपके दैनिक कार्य आसानी से पूरे हो जाएंगे। आज घर में आप स्वादिष्ट भोजन का आन्नद उठाएंगे। आज आप दोस्तों के साथ खुशमिजाज और दोस्ताना स्वभाव रखेंगे। आज आपके पड़ोसी आपके कार्यों के लिए आपकी तारीफ करेंगे । आपके बच्चे बिजनेस में पूरा स्पोर्ट करेंगे। पुराने मित्रों के साथ अच्छा दिन बितेगा।

* शुभ रंग- सफेद

* शुभ अंक- 8

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन मिला-जुला रहेगा। इस राशि के लोगों को अपनी सेहत का ध्यान रखने की जरूरत है। साथ ही रिश्तेदारों के साथ अपने रिश्तों को फिर तरोताजा करने का दिन है। आज दफ्तर में मशीनों की खराबी परेशानी का सबब बन सकती है। अगर आप किसी परिस्थिति से घबराकर भागेंगे, तो वह आपका पीछा नहीं छोड़ेगी, बेहतर हैं उसको उसी टाइम सॉल्व करें। आज अचानक आपको खुशखबरी मिलने के आसार नजर आ रहे है, जो आपके और परिवार के जीवन में खुशियां भर देगा। परिवार के साथ रात को बाहर डिनर का प्लान बना सकते हो।

* शुभ रंग- लाल

* शुभ अंक- 2

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन ठीक-ठाक रहेगा। आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। आज के दिन किया गया निवेश आपकी समृद्धि और आर्थिक स्थिति में फायदा दिलाने वाला होगा। कार्यक्षेत्र में आपकी उन्नति होगी, कुछ नई योजना भी बनाएंगे। आपका वैवाहिक जीवन रंगों से भरा रहेगा। आज दोस्तों के साथ अपने रवैये पर कंट्रोल करने की जरुरत हैं। संगीत के क्षेत्र में रुझान को आज किसी शॉ में गाने का मौका मिलेगा, लोग आपकी तारीफ करेंगे। महिलाएं किचन में काम करते समय सावधानी बरतें।

* शुभ रंग- ग्रे

* शुभ अंक- 3

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। आज सोच-समझकर कदम बढ़ाने की जरूरत है। दिल की बजाय दिमाग का ज्यादा इस्तेमाल करना आपके लिए अच्छा होगा । इस राशि के जो लोग किसी नए बिजनेस की शुरुआत करना चाहते हैं, उनके लिए आज का दिन शुभ हैं। दांपत्य जीवन खुशनुमा बना रहेगा । यात्राओं से व्यावसायिक रिश्तो में सुधार होगा। जिस काम का आपको लम्बे समय से इंतजार था वो आज पूरा हो जाएगा। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, कंप्यूटर कोर्स ज्वाइन करने का मन बनाएंगे।

* शुभ रंग- बैंगनी

* शुभ अंक- 1

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन ठीक रहने वाला है। इस राशि के जो लोग व्यापार से जुड़े हैं, उन्हें आज निवेश करने और अनुमान के आधार पर पैसे लगाने से बचना चाहिए। आज आप परिवार के सदस्यों के साथ कुछ मनोरंजक पल बिताएंगे। व्यावसायिक साझीदार कार्यों में सहयोग करेंगे, जिससे रुके हुए कार्य पूरे होते जाएंगे । आज आपके विरोधी आपसे दूरी बनाकर रहेंगे। आज आपके प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। ऑफिस के कार्यों से भागदौड़ अधिक रहेगी। दोस्तों के साथ मनोरंजन भरी यात्रा हो सकती है। आज आपका दाम्पत्य जीवन अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 2

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। आप फैमिली के साथ कहीं घूमने का प्लान बनाएंगे, परिवार में उत्साह का माहौल बना रहेगा। आज के दिन आपको लेन-देन सम्बन्धी मामलों में थोड़ा एहतियात बरतने की जरूरत है। इस राशि के जो लोग राजनीति से जुड़े हैं वे लोग आज अपनी सभा आयोजित करेंगे, सभा में कुछ इम्पोर्टेन्ट टॉपिक पर चर्चा होगी। आज आपके सरकारी कार्यों में कागज पूरा न होनी पर थोड़ी रुकावट आ सकती है, लेकिन जल्द ही सारे काम हो सॉल्व होंगे। लवमेट्स आज आपकी खुशियों को दोगुना कर सकते हैं।

* शुभ रंग- काला

* शुभ अंक- 4

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन लाभ दिलाने वाला है। कई वर्षों की मेहनत का फल आज आपको मिल सकता है। आप दिनभर एनेर्जेटिक रहेंगे, काम में आपका मन लगा रहेगा। इस राशि के जो लोग स्टील के बिजनेस से जुड़े हैं उनके लिए आज ज्यादा लाभ के योग हैं। आपकी बातों से किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे इस बात का खास ख्याल रखेंगे। इस राशि के जो लोग कपड़े का व्यापार करते हैं आज का दिन उनके लिए अच्छा हैं। आज आपके व्यापार में दो गुना धनलाभ होने के आसार नजर आ रहे हैं।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 5

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आपका दिन अच्छा रहेगा। जो छात्र किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं उनके लिए सफलता के योग हैं। समाज में आपके द्वारा किये गये कामों की तारीफ होगी आपका सम्मान बढ़ेगा। आपकी अच्छी कार्यशैली से लोग आपसे बहुत कुछ सीखेंगे। आज परिवार में आपकी बातों को ज्यादा महत्व दिया जाएगा। आज आप किसी तरह की लापरवाही न बरतें। लवमेट्स से आज आपको उपहार मिलेगा, साथ में कहीं घूमने जाएंगे। दूर रहकर जॉब कर रहे लोगों को आज परिवार से मिलने का मौका मिलेगा।

* शुभ रंग- भूरा

* शुभ अंक- 5

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची):

आज आपका दिन आपके लिए ठीक ठाक रहेगा। आपका अच्छा व्यव्हार आपको लोगों का प्रिय बना देगा। आपके कुछ छिपे विरोधी आपके बारे में अफवाहें फैला सकते हैं आप उनकी बातों को इग्नोर करें। अगर आप किसी बिजनेस में इन्वेस्ट करना चाहते हैं तो किसी एक्सपर्ट से राय जरूर ले लें। ऑफिस में आपके काम की सराहना होगी, जूनियर आपके काम से बहुत कुछ सीखेंगे। अविवाहित लोगों के लिए आज शादी का अच्छा प्रपोजल आएगा । परिवार में सुख का वातावरण रहेगा । छात्रों के लिए दिन अच्छा है।

* शुभ रंग- मैहरुन

* शुभ अंक- 8

******************************

 

पं0 गोविन्द बल्लभ पंत महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे- मुख्यमंत्री

*भारत रत्न पं0 गोविन्द बल्लभ पंत की 136वीं जयन्ती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी*

लखनऊ  ,10 सितंबर (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री तथा भारत के पूर्व गृह मंत्री भारत रत्न पं0 गोविन्द बल्लभ पंत की 136वीं जयन्ती पर लोक भवन स्थित उनकी प्रतिमा के सम्मुख चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पं0 गोविन्द बल्लभ पंत का जन्म तत्कालीन उत्तर प्रदेश का हिस्सा रहे वर्तमान उत्तराखण्ड के कुमायूं अंचल में हुआ था। वह एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। उन्होंने उच्च शिक्षा अर्जित करने के दौरान ही देश के स्वाधीनता आन्दोलन में सक्रिय भूमिका निभायी थी। इस दौरान पंत जी ने अनेक दायित्वों का निर्वहन किया। स्वतंत्र भारत में और देश में प्रथम चुनाव के उपरान्त उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में पं0 गोविन्द बल्लभ पंत ने प्रदेश के विकास की आधारशिला रखी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पं0 गोविन्द बल्लभ पंत को भारत के गृह मंत्री के रूप में कार्य करने का भी अवसर प्राप्त हुआ। पंत जी ने विभिन्न पदों पर रहते हुए कर्मठता व निष्ठा के साथ देश और प्रदेश की सेवा की। देश व देश की स्वाधीनता के लिए प्रदेश के विकास, देश की आन्तरिक सुरक्षा के लिए उनके प्रयासों को स्मरण करते हुए देश ने अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रदेश के पूर्व मंत्री व विधान परिषद सदस्य डॉ0 महेन्द्र कुमार सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह व सूचना संजय प्रसाद, निदेशक सूचना शिशिर सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

***************************

 

इसरो के आदित्य-एल1 ने सूर्य की तरफ बढ़ाया अहम कदम, तीसरी कक्षा में किया प्रवेश

चेन्नई 10 Sep, (एजेंसी): सूर्य अध्ययन के लिए भेजे गये भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पहले सौर खोजी मिशन आदित्य-एल1 ने सफलतापूर्वक तीसरी कक्षा में प्रवेश कर लिया है। इसरो ने बताया कि रविवार तड़के 0230 बजे इसरो टेलीमेट्री, ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क (आईएसटीआरएसी) ने आदित्य एल 1 सफलतापूर्वक अगली कक्ष में पहुंचाया।

अभियान के दौरान मॉरीशस, बेंगलुरु, एसडीएससी-शार और पोर्ट ब्लेयर में इसरो के ग्राउंड स्टेशनों ने उपग्रह पर नजर बनाये रखी गई। उन्होंने बताया कि नयी कक्ष 296 किमी गुणा 71767 किलोमीटर है। अगली चौथी कक्ष में प्रवेश के लिए 15 सितंबर तड़के दो का समय निर्धारित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि भारत ने दो सितम्बर को अपने पहले सूर्य मिशन आदित्य एल1 को सूर्य और अंतरिक्ष के अध्ययन के लिए प्रक्षेपित किया था। यह सूर्य मिशन पृथ्वी के सबसे नज़दीक इस तारे की निगरानी करेगी और सोलर विंड जैसे अंतरिक्ष के मौसम की विशेषताओं का अध्ययन करेगा।

***************************

 

G20 Summit का तीसरा सत्र वन फ्यूचर शुरू, नेताओं ने PM मोदी को पौधा भेंट कर दिया शांति का संदेश

नई दिल्ली 10 Sep, (एजेंसी): राजधानी दिल्ली में G20 शिखर सम्मेलन की शुरुआत 9 सितंबर से हो चुकी है। आज यानी रविवार को G20 शिखर सम्मेलन का दूसरा दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने G20 की शुरुआत होने से पहले मोरक्को में आए भूकंप में हुई कई लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत हर संभव मदद करने के लिए तैयार है। भारत मंडपम में G20 ​समिट का तीसरा सत्र ‘वन फ्यूचर’ शुरू हो चुका है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। वहीं, बैठक से पहले नेताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी को पौधा भेंट कर शांति का संदेश दिया।

बता दें कि 10 सितंबर तक चलने वाले इस समिट के लिए दिल्ली में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली को दुल्हन की तरह सजाया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मेहमानों के स्वागत और उनकी सुरक्षा के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं। इस खास सम्मेलन के दौरान दुनियाभर की नजरें भारत पर हैं।

वहीं, G20 शिखर सम्मेलन की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते गुरुवार (8 सितंबर) को भी विभिन्न देशों के जनप्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय बैठक की थी। PM मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, मॉरीशस के पीएम प्रविंद कुमार जुगनाथ के साथ द्विपक्षीय वार्ता में शामिल हुए।

*********************

 

पत्नी संग अक्षरधाम मंदिर में नतमस्तक हुए ब्रिटेन के PM ऋषि सुनक, विजिटर डायरी में लिखा खास संदेश

नई दिल्ली 10 Sep, (एजेंसी): जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने रविवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच यहां प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर आकर दर्शन किए। ब्रिटिश प्रधानमंत्री के साथ उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति भी साथ आईं थीं। मंदिर पहुंचने पर वहां के पुजारियों ने उनका स्वागत किया। मंदिर में सुनक दंपति ने भगवान स्वामीनारायण की ‘पूजा’ भी की।

मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने विजिटर डायरी में लिखा कि वसुधैव कुटुंबकम की भावना में हम मंदिर समिति और उपस्थित लोगों के लिए प्रार्थना करते हैं। शिखर सम्मेलन पूरी दुनिया को शांति, धार्मिक समृद्धि और वैश्विक सद्भाव की दिशा में सामूहिक रूप से मदद करने में एक शानदार सफलता है।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के साथ राजघाट गये थे और वहां अहिंसा के सबसे बड़े शांतिदूत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इसके बाद सुनक अपनी पत्नी के साथ अक्षरधाम मंदिर पहुंचे।

सुनक शुक्रवार दोपहर नयी दिल्ली पहुंचे थे। पहले दिन उन्होंने यहां अपने प्रधानमंत्री निवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक की थी। उन्होंने शनिवार को यहां भारत मंडपम में जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लिया और वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भी शामिल हुए।

**********************************

 

जी20 शिखर सम्मेलन में सुरक्षा में चूक, बाइडेन के काफिले की कार यूएई क्राउन प्रिंस के होटल में घुसी

नई दिल्ली ,10 सितंबर (एजेंसी)। जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान उस समय सुरक्षा चूक की बात सामने आई जब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के काफिले का एक वाहन अनजाने में होटल ताज के परिसर में प्रवेश कर गया, जहां यूएई के क्राउन प्रिंस ठहरे हुए थे।

सूत्रों के अनुसार, बीती सुबह रिपोर्ट की गई इस सुरक्षा चूक ने शुरू में सुरक्षा एजेंसियों के बीच काफी चिंताएं पैदा कर दीं। हालाँकि, बाद की जांच से पता चला कि उल्लंघन इसलिए हुआ क्योंकि ड्राइवर ने राष्ट्रपति बाइडेन के आवास पर जाने से पहले किसी अन्य ग्राहक के अनुरोध पर होटल ताजा जाना स्वीकार कर लिया।

सूत्रों ने कहा कि ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि उसे सुबह 9.30 बजे तक आईटीसी मौर्य पहुंचने का निर्देश दिया गया था, जहां राष्ट्रपति बाइडेन जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान रह रहे थे। इससे पहले सुबह कुछ खाली समय होने के कारण् वह एक अन्य यात्री को सुबह 8 बजे तक होटल ताज छोडऩे पर सहमत हो गया। जब सुरक्षा एजेंसियों ने उसे होटल में रोका तो कार में एक व्यापारी भी था, जो यात्री था।

ड्राइवर ने स्वीकार किया कि उसे सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में जानकारी नहीं थी। उससे पूछताछ की गई और बाद में रिहा कर दिया गया। हालाँकि, उल्लंघन के परिणामस्वरूप, सुरक्षा एजेंसियों ने ड्राइवर को जो बाइडेन के काफिले से हटा दिया।

जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान, दिल्ली पुलिस ने सप्ताहांत में यातायात प्रतिबंधों की एक श्रृंखला लागू की, क्योंकि शहर ने कई प्रमुख वैश्विक नेताओं की मेजबानी की थी। शिखर सम्मेलन ने दुनिया की कुछ सबसे महत्वपूर्ण वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने के उद्देश्य से व्यापक चर्चाओं और द्विपक्षीय बैठकों के लिए एक मंच के रूप में कार्य किया।

**********************************

 

एमपी में बीजेपी को बड़ा झटका : पूर्व विधायक गिरिजा शंकर कांग्रेस में शामिल, कमलनाथ ने दिलाई सदस्यता

भोपाल ,10 सितंबर (एजेंसी)। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले दल-बदल का खेल जारी है। राज्य में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। नर्मदापुरम के पूर्व विधायक गिरिजा शंकर शर्मा व टीकमगढ़ जिले के भाजपा नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में रविवार को आयोजित समारोह में नर्मदापुरम जिले से दो बार विधायक रहे शर्मा ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। पिछले दिनों शर्मा ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इस मौके पर शर्मा ने कहा, प्रदेश पिछड़ रहा है। जो दुर्व्यवस्था का आलम है, इस पर रोक लगाना जरुरी है। मगर भाजपा ने लोकतंत्र को ही छोड़ दिया है।

शर्मा के भाई सीताशरण शर्मा भाजपा में है और विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने भाजपा में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का भी आरोप लगाया। इस मौके पर उनके साथ सैकड़ों वाहनों में सवार होकर भोपाल पहुॅचे कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली। टीकमगढ़ जिले के जिला पंचायत उपाध्यक्ष भक्ति तिवारी ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। तिवारी लंबे अरसे तक भाजपा में रहे हैं।

इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चैहान की झूठ बोलने की मशीन दो गुनी रफ्तार से चल रही है।

******************************

 

विश्व नेताओं ने बूंदाबांदी के बीच राजघाट पर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली 10 Sep, (एजेंसी) । जी20 शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन रविवार को विश्व नेताओं ने बूंदाबांदी के बीच राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पर विश्व नेताओं का स्वागत खादी का उपहार देकर किया।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल, जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट पहुंचे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कनाडाई समकक्ष जस्टिन ट्रूडो, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज, स्पेन के उपराष्ट्रपति नादिया कैल्विनो सांतामारिया, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग, नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रूट, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जुगनौथ, ओमान के उप प्रधानमंत्री असद बिन तारिक बिन तैमूर अल सैद, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा, महानिदेशक विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) टेड्रोस एडनोम का स्वागत किया।

विश्व नेताओं ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और पुष्पांजलि अर्पित की।

******************************

 

पेरिस में राहुल गांधी बोले, संविधान में लिखा है : इंडिया यानि भारत

पेरिस ,10 सितंबर (एजेंसी)। अंग्रेजी में भी इंडिया की जगह भारत शब्द के इस्तेमाल को लेकर विपक्ष और सत्तारूढ़ भाजपा के बीच जारी विवादों के संदर्भ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि संविधान में देश के नाम के बारे में लिखा है ‘इंडिया, यानि भारत राज्यों का एक संघ होगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि किसी भी आवाज को दबाया या धमकाया नहीं जाए।

फ्रांस की राजधानी पेरिस में साइंसेज पो विश्वविद्यालय में छात्रों और संकाय के साथ बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, हमारे संविधान में, भारत को ‘इंडिया, यानि भारत- राज्यों का एक संघÓ के रूप में परिभाषित किया गया है। इसलिए, ये राज्य एक साथ आकर इंडिया या भारत बने हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इन राज्यों में शामिल सभी लोगों की आवाज़ जोर से और स्पष्ट रूप से सुनी जाती है और किसी भी आवाज को कुचला या धमकाया नहीं जाता है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार हमारे गठबंधन (आई.एन.डी.आई.ए.) के नाम से चिढ़ गई है। अब, उन्होंने देश का नाम बदलने का फैसला किया है। लोग अजीब तरीके से व्यवहार करते हैं।

केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद ने कहा, मेरा अनुभव यह है कि चाहे लोग गरीब हों या अमीर, उन्हें इस बात की समझ है कि भारत को क्या करना चाहिए, भारत को कहां जाना चाहिए। मेरे लिए पहला कदम उस आवाज की रक्षा करना है, और यह सुनिश्चित करना कि आवाज की रक्षा करने वाली संस्थाएं, संरचनाएं काम कर रही हैं और उनकी रक्षा की जा रही है।

उन्होंने कहा, जब हम ‘लोकतंत्रÓ जैसे शब्दों का उपयोग करते हैं, तो हम वास्तव में लोगों की आवाज़ के बारे में बात कर रहे होते हैं। और उस आवाज़ को प्रभावी ढंग से सुनना, उस आवाज़ की अभिव्यक्ति को अनुमति देना किसी भी सफलता के मूल में है। इसका आधार यह विचार है कि हम हमारे सभी लोगों की आवाज़ों की रक्षा करते हैं ।

सांसद ने कहा, महात्मा गांधी ने कहा था कि सबसे महत्वपूर्ण आवाज वह है जो पंक्ति में अंतिम है, उसे सुनने वाला राष्ट्र सफल होगा।
यह पूछे जाने पर कि अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में भारत किसके पक्ष में है, गांधी ने कहा, इसलिए, जब आप भारत जैसे बड़े देश की बात कर रहे हैं तो हमें कई अलग-अलग देशों के साथ संबंध बनाने होंगे। मुझे लगता है कि यह कहना सरलीकरण है कि आप किसके पक्ष में हैं। इसका सीधा जवाब यह है कि हम अपने पक्ष में हैं। एक राष्ट्र के रूप में हम अपने हित में काम करते हैं और अपने हित के संबंध में जो भी हमें उपयुक्त लगता है, हम वही करते हैं।

उन्होंने आगे कहा, हमारे जैसे बड़े देश के लिए इसका उत्तर देना बहुत मुश्किल हो जाता है। लेकिन, हमारा दृढ़ विचार है कि आवाज और लोकतंत्र महत्वपूर्ण हैं। भारतीय लोगों बुनियादी रूप से बहुत सी जटिलताओं से निपटने के लिए बने हैं।

चीन पर हमला करते हुए सांसद ने कहा, आज, अधिकांश उत्पादन, विनिर्माण और मूल्यवर्धन चीन में किया जाता है। यह एक वैश्विक समस्या है। यह भारत, यूरोप और संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए एक समस्या है। मेरे विचार में जिस तरह से चीन ने इसे हासिल किया है, उसमें एक समस्या है।

हमें लोकतांत्रिक और गैर-जबरन माहौल में उत्पादन के बारे में सोचने की ज़रूरत है। हमें अपने लोगों को राजनीतिक और आर्थिक स्वतंत्रता देकर चीन के साथ प्रतिस्पर्धा करनी होगी। इसलिए यह चुनौती है। मैं इसे चीन के साथ टकराव के रूप में नहीं देखता।
गांधी रविवार को नीदरलैंड पहुंचे। वह लीडेन विश्वविद्यालय में एक इंटरैक्टिव सत्र आयोजित करेंगे।

********************************

 

जी20 समिट : जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए कि सबसे बड़ी फंडिंग, 2 अरब डॉलर की सहायता की घोषणा

नई दिल्ली ,10 सितंबर (एजेंसी)। दुनिया को जलवायु परिवर्तन से निपटने में मदद करने के लिए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने जी20 शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन ग्रीन क्लाइमेट फंड में 2 बिलियन डॉलर के योगदान की घोषणा की। यह वैश्विक स्तर पर जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए यूके की सबसे बड़ी फंडिंग है। भारत में ब्रिटिश उच्चायोग ने एक बयान में कहा, भारत में जी20 नेताओं की एक सभा आज (रविवार) समाप्त हो रही है। प्रधानमंत्री ने दुनिया पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने के लिए 2 बिलियन डॉलर के सबसे बड़े वित्तीय योगदान की घोषणा की है।

इसमें कहा गया है: यूनाइटेड किंगडम ग्रीन क्लाइमेट फंड (जीसीएफ) में 1.62 बिलियन डॉलर (2 बिलियन डॉलर) का योगदान देगा, जिसे सीओपी15 में कोपेनहेगन समझौते के बाद 194 देशों द्वारा स्थापित किया गया था।

बयान में कहा गया है कि जीसीएफ वैश्विक उत्सर्जन को कम करने और समुदायों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के अनुकूल होने में मदद करने और विकासशील देशों का समर्थन करने के लिए यह सबसे बड़ी वैश्विक सहायता है।

इसमें आगे कहा गया कि आज की घोषणा 2020-2023 की अवधि के लिए जीसीएफ में यूके के पिछले योगदान पर 12.7 प्रतिशत की वृद्धि का प्रतिनिधित्व करती है। जो 2014 की शुरुआती फंडिंग से दोगुनी है।

ब्रिटिश उच्चायोग ने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने नेताओं से इस दिसंबर में सीओपी28 शिखर सम्मेलन से पहले देशों के कार्बन उत्सर्जन को कम करने और जलवायु परिवर्तन के परिणामों से निपटने को लेकर कमजोर अर्थव्यवस्थाओं का समर्थन करने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया है।

बयान के अनुसार, जी20 नेताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, यूके आगे बढ़ रहा है और अपनी अर्थव्यवस्था को डीकार्बोनाइज कर और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से निपटने के लिए दुनिया के सबसे कमजोर लोगों का समर्थन कर अपनी जलवायु प्रतिबद्धताओं को पूरा कर रहा है।

पीएम सुनक ने कहा, यह उस तरह का नेतृत्व है जिसकी दुनिया जी20 देशों से उम्मीद करती है, और यह सरकार यूके और दुनिया को और अधिक समृद्ध और सुरक्षित बनाने में उदाहरण पेश करती रहेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि यूके ने विकासशील देशों को जलवायु परिवर्तन से निपटने में मदद करने के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रयासों का नेतृत्व किया है, जिसमें 2021 और 2026 के बीच अंतरराष्ट्रीय जलवायु वित्त पर 11.6 बिलियन पाउंड खर्च करने का वादा भी शामिल है।
इसमें कहा गया है, आज की घोषणा इस प्रतिबद्धता की दिशा में एक बड़ा योगदान दर्शाती है। यह ‘सीओपी 27Ó में जलवायु अनुकूलन के लिए हमारी फंडिंग को तीन गुना कर देगा।

इसमें यह भी कहा गया है कि 2011 के बाद से यूके के जलवायु सहायता खर्च ने 95 मिलियन से अधिक लोगों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने में मदद की है और 68 मिलियन टन से अधिक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम किया है।

बयान में कहा गया है, यह यूके के घरेलू नेतृत्व द्वारा ऊर्जा के स्वच्छ रूपों में परिवर्तन के साथ-साथ चलता है। यूके ने किसी भी अन्य जी7 देश की तुलना में उत्सर्जन में तेजी से कटौती की है, कम कार्बन स्रोत अब हमारी आधे से अधिक बिजली के लिए जिम्मेदार हैं।

हमने देखा कि नवीकरणीय ऊर्जा ने 2023 के पहले तीन महीनों में यूके की बिजली का रिकॉर्ड 47.84 प्रतिशत उत्पादन किया और पवन, सौर और पनबिजली से उत्पादन पिछले साल रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। पिछले साल, हमने अपतटीय पवन की स्थापना में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि देखी। ब्रिटेन में दुनिया के चार सबसे बड़े कार्यशील पवन फार्म हैं।

आगे कहा गया, जीसीएफ में यूके के योगदान से इस वृद्धि के साथ-साथ उम्मीद है कि हम फिर से फंड के सबसे बड़े दानदाताओं में से एक बन जाएंगे, यूके सरकार जीसीएफ के महत्व पर जोर देना जारी रखेगी, जिससे अधिक गति के साथ परिणाम मिलेंगे। इसमें जीसीएफ से कम विकसित देशों और छोटे द्वीप विकासशील राज्यों के लिए अपनी डिलीवरी में सुधार करने के लिए कहना शामिल है, जो जलवायु परिवर्तन के प्रति सबसे अधिक संवेदनशील हैं।

इससे पहले दिन में पीएम सुनक ने अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया और फिर राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। विश्व नेताओं ने एक मिनट का मौन रखा और राजघाट पर पुष्पांजलि अर्पित की। रविवार को दुनिया भर के नेता ‘वन फ्यूचरÓ पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को कई देशों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।

********************************

 

पीएम मोदी ने की जी20 सम्मेलन के समापन की घोषणा, ब्राजील को सौंपी अध्यक्षता; दिया बड़ा संदेश

नई दिल्ली ,10 सितंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन को समाप्त करने की घोषणा की और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को अध्यक्षता सौंपी। उन्होंने सम्मेलन का समापन करते हुए भी वसुधैव कुटुंबकम का संदेश दिया। ब्राज़ील अगले एक वर्ष जी20 की अध्यक्षता करेगा। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि ब्राजील की अध्यक्षता में जी20 समूह साझा एजेंडे को और आगे बढ़ाएगा। उन्होंने इस अवसर पर ब्राजील के राष्ट्रपति को भी बधाई दी।

जी20 शिखर सम्मेलन के समापन की घोषणा करते हुए पीएम मोदी ने कहा, जैसा कि आप सभी जानते हैं कि भारत के पास नवंबर 2023 तक जी20 अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी है। इन दो दिनों में आप सभी ने बहुत सारे सुझाव दिए और प्रस्ताव रखे। यह हमारा कर्तव्य है कि हमें जो सुझाव मिले हैं उनकी एक बार फिर से समीक्षा की जाए ताकि यह देखा जा सके कि उनकी प्रगति को कैसे गति दी जा सकती है। मेरा प्रस्ताव है कि नवंबर के अंत में हम जी20 का एक वर्चुअल सत्र आयोजित करें।

उन्होंने आगे कहा, हम इस शिखर सम्मेलन में तय किए गए विषयों की समीक्षा उस वर्चुअल सत्र में कर सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि आप सभी वर्चुअल सत्र में जुड़ेंगे। इसके साथ ही मैं जी20 शिखर सम्मेलन के समापन की घोषणा करता हूं। भारत ने पिछले साल बाली शिखर सम्मेलन के दौरान इंडोनेशिया से जी20 की अध्यक्षता ली थी।

वित्तीय समावेशन को बढ़ाना और डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ उभरती अर्थव्यवस्थाओं के लिए बहुपक्षीय विकास बैंकों (एमडीबी) का विस्तार करना, ग्लोबल साउथ की आवाज को बढ़ाना और पर्यावरण स्थिरता सुनिश्चित करना भारत की जी20 अध्यक्षता के कुछ प्रमुख लक्ष्य रहे हैं।

******************************

 

कलकत्ता हाईकोर्ट ने दी बंगाल के दुर्गापुर में सरकारी भूमि पर गणेश पूजा की अनुमति

कोलकाता ,10 सितंबर (एजेंसी)। कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सब्यसाची भट्टाचार्य की एकल-न्यायाधीश पीठ ने पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के औद्योगिक टाउनशिप दुर्गापुर में एक सरकारी भूमि पर गणेश पूजा आयोजित करने के लिए एक सामुदायिक पूजा समुदाय को मंजूरी दे दी है।

हालांकि 2014 से, गणेश पूजा का आयोजन चतुरंग मैदान में किया जाता रहा है, जो आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) के अधिकार क्षेत्र में आता है, इस वर्ष प्राधिकरण ने सामुदायिक पूजा समिति को इस आधार पर अनुमति देने से इनकार कर दिया कि सरकारी भूमि का उपयोग केवल किसी भी राजकीय समारोह या दुर्गा पूजा प्रयोजन के लिए किया जा सकता है।

आयोजकों ने न्यायमूर्ति भट्टाचार्य की पीठ से संपर्क किया, जिन्होंने गणेश पूजा की अनुमति देने से इनकार करने के पीछे के तर्क पर सवाल उठाया, जबकि दुर्गा पूजा के लिए अनुमति दी गई। उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या ऐसी दोहरी नीति देवी-देवताओं को भी शामिल करते हुए लिंग-पूर्वाग्रह का प्रयास है।

एडीडीए के वकील का यह तर्क कि दुर्गा पूजा एक अर्ध-धर्मनिरपेक्ष त्योहार है, सरकारी भूमि पर इसे आयोजित करने की अनुमति ने न्यायमूर्ति भट्टाचार्य को और अधिक आश्चर्यचकित कर दिया। उन्होंने सवाल किया,आपकी यह धारणा बनने का क्या कारण है कि गणेश पूजा एक अर्ध-धर्मनिरपेक्ष त्योहार नहीं है? .

अंतत: उन्होंने सामुदायिक पूजा समिति को अनुष्ठान के अनुसार उस जमीन पर गणेश पूजा की व्यवस्था करने की अनुमति दी और उन्हें 22 सितंबर तक जमीन एडीडीए को वापस लौटाने का भी आदेश दिया।

एक महीने से भी कम समय के अंतराल में यह दूसरी बार है जब कलकत्ता उच्च न्यायालय को सरकारी भूमि पर पूजा करने की अनुमति नहीं मिलने के बाद सामुदायिक पूजा आयोजकों को पूजा आयोजित करने की अनुमति देनी पड़ी।

पिछले महीने न्यायमूर्ति भट्टाचार्य की पीठ ने उत्तर 24 परगना जिले में न्यू टाउन डेवलपमेंट अथॉरिटी को आदेश दिया कि वह सामुदायिक पूजा आयोजक को प्राधिकरण के स्वामित्व वाली भूमि पर दुर्गा पूजा आयोजित करने की अनुमति दे। आदेश पारित करते समय, न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने कहा कि एक त्योहार के रूप में दुर्गा पूजा सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों को जोडऩे वाला एक व्यापक धर्मनिरपेक्ष अर्थ है।

****************************

 

प्रधानमंत्री मोदी ने जो बाइडन से करवाया नीतीश कुमार का परिचय, पीएम ने खुद शेयर की तस्वीरें

नई दिल्ली ,10 सितंबर (एजेंसी)। जी20 समिट के पहले दिन यानी बीती शाम को डिनर पर पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पीएम मोदी का आमना-सामना हुआ। इस दौरान पीएम मोदी खुद नीतीश कुमार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के पास ले गए और उनका परिचय कराया। नीतीश कुमार और जो बाइडेन के परिचय के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे।

बता दें कि बीती शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विदेशी मेहमानों के लिए डिनर का आयोजन किया था। डिनर के लिए भारत सरकार के केंद्रीय मंत्रियों समेत राज्यों के मुख्यमंत्रियों को न्योता भेजा गया था। इन्विटेशन के बाद नीतीश कुमार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से आयोजित डिनर में पहुंचे।

कहा जा रहा है कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डिनर में इसलिए शामिल नहीं हुए, क्योंकि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को न्योता नहीं दिया गया था। कांग्रेस शासित राज्यों में एकमात्र हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू डिनर में पहुंचे थे।

पीएम मोदी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से डिनर की कुछ तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की। एक तस्वीर में पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से नीतीश कुमार और हेमंत सोरेन का परिचय कराते दिख रहे हैं। इस पोस्ट की अन्य तस्वीरों में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीस, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो दिख रहे हैं।

बता दें कि जी20 समिट के दूसरे दिन यानी रविवार को पीएम मोदी ने राजघाट पर विदेशी मेहमानों की आगवानी की। अमेरिकी राष्ट्रपति से लेकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक तक ने महात्मा गांधी को राजघाट पर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वाले अन्य नेताओं में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुटेरस, ढ्ढरूस्न चीफ क्रिस्टालिना जॉर्जीवा, बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना, सिंगापुर के पीएम ली सेन लूंग शामिल रहे।

*****************************