राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रसिद्ध सिख विद्वान डा. रतन सिंह जग्गी को पद्मश्री पुरस्कार से किया सम्मानित

नई दिल्ली 22 March, (एजेंसी): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज शाम यहाँ राष्ट्रपति भवन में करवाए गए एक विशेष समारोह के दौरान प्रसिद्ध शिक्षाविद् और सिख विद्वान डॉ. रतन सिंह जग्गी को प्रतिष्ठित पुरुस्कार पद्म श्री के साथ सम्मानित किया।

प्रसिद्ध सिख विद्वान डॉ. रतन सिंह जग्गी को राष्ट्रपति की तरफ से यह पुरस्कार भारत के उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कई केंद्रीय मंत्रियों की उपस्थिति में दिया गया।

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार डॉ. रतन सिंह जग्गी को शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में डाले अमूल्य योगदान के लिए दिया गया है। 90 साल से भी अधिक उम्र के डा. जग्गी हिंदी और पंजाबी के प्रसिद्ध विद्वान हैं और उनके पास गुरमति और भक्ति लहर साहित्य की विशेष महारत है।

*******************************

 

सपा विधायक इरफान के साथी हिस्ट्रीशीटर शौकत पहलवान की 30 करोड़ की संपत्ति को पुलिस ने किया जब्त

*मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा, मुनादी के बाद की गई कार्रवाई*

कानपुर 22 मार्च (एजेंसी )। महाराजगंज जेल में बंद समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी के साथी शौकत पहलवान की 30 करोड़ की संपत्ति को पुलिस ने जब्त कर लिया। बता दें कि इरफान पर प्लाट पर कब्जा करने और आगजनी मामले के साथ फर्जी दस्तावेजों पर फरारी काटने का मामला दर्ज है।

बुधवार को पुलिस टीम ग्वालटोली थाना क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित सीबीसीआईडी दफ्तर परिसर में शौकत के कब्जे वाले हिस्से को जब्त क?िया। शौकत पहलवान का सीबीसीआईडी दफ्तर वाले परिसर में शौकत के कब्जे वाले स्थान को पुलिस ने सील कर द?िया है। जब्त की जाने वाली संपत्ति 1162 वर्ग मीटर है। इसका बाजार मूल्य 30 करोड़ और सरकारी मूल्य 6.45 करोड़ है।

कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। मुनादी के बाद कार्रवाई की गई। विधायक इरफान और उनके परिवार की कुछ बेनामी संपत्ति सील करने के बाद पुलिस एक बार फिर से गैंगस्टर एक्ट में आरोपी उनके गुर्गे हिस्ट्रीशीटर शौकत पहलवान की ग्वालटोली स्थित संपत्ति को जब्त किया।

पुलिस अब तक कानपुर,गाजियाबाद और नोएडा में इरफान व उसके गैंग की तकरीबन 50 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त कर चुकी है। पुलिस ने सपा विधायक इरफान सोलंकी को गैंग लीडर बनाते हुए रिजवान सोलंकी, मोहम्मद शरीफ, इसराइल आटेवाला, शौकत पहलवान के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद इस मामले में अन्य तीन आरोपी हाजी अज्जन, मन्नू रहमान और मुर्सलीन उर्फ भोलू का नाम गैंगस्टर एक्ट में शामिल कर लिया गया था।

***********************************

 

अदाकारा शर्लिन चोपड़ा को मिला ‘दादासाहेब फाल्के आइकन अवार्ड’

22.03.2023  –  ‘टाइम पास’, ‘नॉटी बॉय’, ‘रेड स्वस्तिक’, ‘कामसूत्र’ ‘रक़ीब’, ‘गेम’ और ‘वजह तुम हो’ जैसी कई चर्चित फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर चुकी अदाकारा शर्लिन चोपड़ा को पिछले दिनों दुबई में ‘दादासाहेब फाल्के आइकन अवार्ड’ से नवाजा गया है।

शर्लिन चोपड़ा कई वर्षों से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री जुड़ी हैं और उन्हें उनके योगदान के लिए यह खिताब दिया गया है। इसके बाद वो बॉलीवुड में चर्चा का विषय बन गई हैं।

11फरवरी 1984 को हैदराबाद में जन्मी शर्लिन चोपड़ा बचपन में डॉक्टर बनना चाहती थीं, न केवल इसलिए क्योंकि उनके दिवंगत पिता एक डॉक्टर थे, बल्कि इसलिए भी क्योंकि वह मेडिकल साइंस में वो रूचि रखती थीं लेकिन जब उन्हें ‘मिस आंध्रा’ का ख़िताब मिला तो उन्होंने अपना ट्रैक चेंज किया और मॉडलिंग के क्षेत्र में एक्टिव हो गईं।

शर्लिन चोपड़ा एक भारतीय अभिनेत्री होने के साथ साथ एक सुपर मॉडल हैं, जो प्रसिद्ध ‘प्लेबॉय’ मैगज़ीन के कवर पर छपने वाली पहली भारतीय हैं। शर्लिन चोपड़ा कई तेलुगु फिल्म में भी काम कर चुकी हैं।

शर्लिन चोपड़ा ‘बिग बॉस 3’ में भी नजर आई थीं। शर्लिन ने एमटीवी स्प्लिट्सविला का ‘सीज़न 6’ को होस्ट किया था। शर्लिन चोपड़ा ने कई संगीत एल्बम में भी काम किया है।

शर्लिन चोपड़ा ‘बैड गर्ल’, ‘वोट डाल’ और ‘क़तार’ जैसी कई सुपर हिट म्यूज़िक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं। शर्लिन चोपड़ा ‘माया’, ‘द लास्ट विश’, ‘शी किल्स’ और ‘डर्टी लव’ सहित कई शॉर्ट फिल्मों में केंद्रीय भूमिका में दिखाई दी हैं।

फिलवक्त शर्लिन चोपड़ा अपने इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर काफी एक्टिव रहती हैं। उनकी शानदार तस्वीरों और वीडियोस् ने उन्हें एक ऑनलाइन स्टार बना दिया है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय 

*********************************

जम्मू-कश्मीर: सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दिखा पाकिस्तानी ड्रोन, BSF ने की गोलीबारी

जम्मू 22 March, (एजेंसी): सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के जवानों ने जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास उड़ रहे एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन पर बुधवार तड़के गोलीबारी की, जिसके बाद इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि रामगढ़ सब-सेक्टर में चमलियाल सीमा चौकी पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने मंगलवार देर रात ढाई बजे के आसपास पाकिस्तान की ओर आकाश में टिमटिमाती लाल रोशनी देखी, जो संभवत: ड्रोन थीा। जवानों ने उसे मार गिराने के लिए दो दर्जन से अधिक गोलियां चलाईं।

सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध ड्रोन पाकिस्तान की तरफ लौट गया, जिसके बाद चमलियाल, सपवाल और नारायणपुर सीमा चौकियों से सटे अग्रिम गांवों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ड्रोन के जरिये क्षेत्र में कोई हथियार या मादक पदार्थ तो नहीं गिराया गया है।

सूत्रों के अनुसार, अभियान के लिए बड़ी संख्या में तैनात बीएसएफ जवान दुग, चन्नी-सपवाल और आसमपुर गांवों के खुले मैदानों में तलाशी ले रहे हैं।

*********************************

 

कल से फिर होगी बारिश, ओले भी पड़ेंगे, IMD ने पंजाब-हरियाणा सहित कई राज्यों को किया अलर्ट

नई दिल्ली 22 March, (एजेंसी): पिछले दिनों से लगातार मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। देश के कई हिस्सों में बादल और बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम के इस बदले ट्रेंड ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

सबसे अधिक परेशान किसान हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि 23 से लेकर 25 मार्च के बीच उत्तर-पश्चिम भारत, 24-25 मार्च को मध्य और उससे सटे पूर्वी भारत के अधिकांश इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी।

इस दौरान ओले पड़ने की भी संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल प्री-मानसून वाली बारिश जल्दी शुरू हो गई, जिसका कि अनुमान नहीं लगाया गया था।

आईएमडी के महानिदेशक एम महापात्रा ने बताया, “जब गर्मी अधिक होती है तो बादल बनते हैं। फरवरी महीने में तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

मिट्टी बहुत सूखी और गर्म थी। इसके कारण एक ट्रिगरिंग पॉइंट बना। बंगाल की खाड़ी और मध्य अरब समुद्र के ऊपर दो एंटी-साइक्लोन बने। इसके कारण नमी काफी बढ़ गई। एकनिम्न स्तर का साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना। साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ ने भी पश्चिमी हिमालय को प्रभावित किया।”

उन्होंने आगे कहा, “मार्च महीने में हो रही बारिश का सबसे बड़ा कारण ऊपरी सतह में 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली पछुआ हवाएं हैं। यह प्रायद्वीपीय भारत तक पहुंच रही हैं। इन ठंडी हवाओं ने मौसम को अचानक बदल दिया। इसके कारण ही देश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक रूप से बारिश शुरू हो गई।”

आईएमडी की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हुई।

वहीं, जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में ओलावृष्टि देखी गई। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में अधिकतम तापमान 22-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

23 मार्च से उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में फिर से बारिश शुरू हो सकती है। आईएमडी की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 23 मार्च को पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और अन्य हिस्सों में बारिश के साथ ओला पड़ने की भी संभावना है।

*********************************

 

अजमेर में 30 फीट की ऊंचाई से झूला गिरा, मची चीख-पुकार; घटना के बाद ऑपरेटर फरार

जयपुर 22 March, (एजेंसी): राजस्थान के अजमेर में 30 फीट की ऊंचाई से केबल टूटने से झूला गिर पड़ा। इस हादसे में 15 लोग घायल हो गए। अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे है। घटना मंगलवार शाम की है।

लोग हिंडोला की सवारी कर रहे थे। इस दौरान अचानक केबल टूटने से झूला नीचे आ गिरा। हादसे के चलते हर तरफ अफरातफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, शाम करीब सवा छह बजे हिंडोला में 25 लोग बैठे थे। अचानक केबल टूट गया और झूला 30 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। इससे अफरातफरी मच गई। सात बच्चों समेत 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें जेएलएन अस्पताल ले जाया गया।

सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद अचानक हड़कंप मच गया। दुकानें और स्टॉल को बंद करवा दिया गया। राइड ऑपरेटर और ऑर्गेनाइजर मौके से फरार हो गया।

अजमेर के कुंदन नगर इलाके में 27 फरवरी को लगे ‘डाबर डिज्नीलैंड’ नाम के मेले में लोगों के लिए झूले और कई मजेदार राइड थी। मेला 28 मार्च को समाप्त होना था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि झूला केबल के सहारे ऊपर चढ़ता है। उसी के सहारे नीचे उतरता है। ऐसी स्थिति में केबल के खुलने या टूटने के कारण यह हादसा हुआ है। हालांकि असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी।

एडीएम सिटी भावना गर्ग ने कहा, दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि यह दुर्घटना कैसे हुई, दुर्घटना का कारण क्या है आदि।

सिविल लाइन थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर मेले को सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

***********************************

 

मैरिटल रेप से जुड़ी याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट नौ मई को करेगा सुनवाई

नई दिल्ली 22 March, (एजेंसी): मैरिटल रेप यानी पत्नी से जबरन शारीरिक संबंध बनाने को अपराध करार देने की मांग और इससे जुड़ी अन्य याचिकाओं पर उच्चतम न्यायालय नौ मई 2023 को सुनवाई करेगा।

मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जय सिंह की गुहार पर मामले को नौ मई को सुनवाई के लिए सहमति व्यक्त करते हुए इसे सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया।

शीर्ष अदालत ने 16 जनवरी को केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर इस मामले में 15 फरवरी तक अपना पक्ष रखने को कहा था।

इस पर सॉलिसिटर जनरल मेहता ने शीर्ष अदालत के समक्ष कहा कि केंद्र सरकार का जवाब तैयार है।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने पिछले साल 11 मई को खंडित फैसला सुनाया था, जिसके खिलाफ शीर्ष अदालत में अपील की गई थी। इसके अलावा और कई याचिकाएं दायर की गई थी।

**********************************

 

5G हो गई पुरानी बात, अब आने वाला है 6G, PM नरेंद्र मोदी ने पेश किया विजन डॉक्यूमेंट

नई दिल्ली 22 March, (एजेंसी): 5G लॉन्चिंग में भले ही देश में देरी हुई, लेकिन 6G को लेकर तैयारी अभी से शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भारत 6G विजन डॉक्यूमेंट पेश किया है। इसके साथ ही उन्होंने 6G रिसर्च और डेवलपमेंट टेस्ट बेड लॉन्च किया है।उन्होंने ‘कॉल बिफोर यू डिग’ एप भी लॉन्च किया।

नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम के दौरान सरकार का 6G विजन डॉक्यूमेंट पेश किया। उन्होंने कहा, 5G रोलआउट के 6 महीने बाद ही आज हम 6G की बात कर रहे हैं। इससे भारत का कॉन्फिडेंस दिखता है। आज हमने अपना विजन डॉक्यूमेंट सामने रखा है। ये अगले कुछ वर्षों में 6G रोलआउट करने में बड़ा आधार होगा।

पीएम ने कहा कि पहले भारत टेलीकॉम टेक्नोलॉजी का सिर्फ यूजर था। अब भारत दुनिया में टेलीकॉम टेक्नोलॉजी का बड़ा निर्यातक होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

5G की शक्ति की मदद से पूरी दुनिया का वर्क कल्चर बदलने के लिए भारत कई देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है। यह दशक भारत का tech-ade है। भारत का टेलीकॉम और डिजिटल मॉडल स्मूथ, सुरक्षित, पारदर्शी, भरोसेमंद और परखा हुआ है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, ग्लोबल साउथ की यूनिक जरूरतों को देखते हुए टेक्नोलॉजी, डिजाइन और स्टैंडर्ड की भूमिका बहुत अहम है। ग्लोबल साउथ अब ट्रेक्नोलॉजी डिवाइड को तेजी से कम करने में जुटा है।

जब हम टेक्नोलॉजी डिवाइड को ब्रिज करने की बात करते हैं तो भारत से अपेक्षा करना बहुत स्वाभाविक है। भारत का सामर्थ्य, इनोवेशन कल्चर, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्किल्ड और इनोवेटिव मैनपावर, फेवरेबल पॉलिसी एनवायरनमेंट इस अपेक्षा का आधार हैं।

भारत के पास ट्रस्ट और स्केल की दो प्रमुख शक्तियां हैं। बिना ट्रस्ट और स्केल के हम टेक्नोलॉजी को कोने-कोने तक नहीं पहुंचा सकते। इस दिशा में भारत के प्रयासों की चर्चा पूरी दुनिया कर रही है।

पीएम ने कहा, भारत के लिए टेलीकॉम टेक्नोलॉजी मोड ऑफ पावर नहीं, बल्कि मिशन ऑफ इमपावर है। आज डिजिटल टेक्नोलॉजी भारत में यूनिवर्सल है, सबकी पहुंच में है।

अब गांवों में इंटरनेट यूजर्स की संख्या शहरों में रहने वाले इंटरनेट यूजर्स से अधिक हो गई है। ये इस बात का प्रमाण है कि डिजिटल पावर कैसे देश के कोने-कोने में पहुंच रही है।

********************************

 

मैकग्रा, हैरिस के अर्द्धशतकों से वॉरियर्स विजयी

मुंबई 22 मार्च(एजेंसी)। यूपी वॉरियर्स ने ग्रेस हैरिस (41 गेंद, 72 रन) और ताहलिया मैकग्रा (38 गेंद, 57 रन) के विस्फोटक अर्द्धशतकों की बदौलत विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में गुजरात जायंट्स को तीन विकेट से हराकर प्लेऑफ के लिये क्वालीफाई कर लिया।

जायंट्स ने ‘करो या मरो’ मुकाबले में दयालन हेमलता (57) और एशले गार्डनर (60) के अर्द्धशतकों की मदद से 178 रन बनाये। वॉरियर्स ने 179 रन का लक्ष्य 19.5 ओवर में हासिल करके जायंट्स को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

जायंट्स को शुरुआती झटके लगने के बाद हेमलता और गार्डनर ने चौथे विकेट के लिये 108 रन की साझेदारी करके टीम को संकट से निकाला। हेमलता ने 33 गेंद पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 57 रन बनाये, जबकि गार्डनर ने 39 गेंद पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 60 रन बनाकर जायंट्स को दमदार स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉरियर्स ने भी तीन विकेट जल्दी गंवा दिये, लेकिन हैरिस-मैकग्रा की जोड़ी एक बार फिर टीम को बचाने के लिये आगे आयी और चौथे विकेट के लिये 78 रन जोड़े।

वॉरियर्स ने लक्ष्य तक पहुंचने से पहले इन दोनों बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिये, हालांकि उसे आखिरी ओवर में जीत के लिये सात रन की जरूरत थी। सोफी एकलेस्टन (19 नाबाद) ने पहली चार गेंद पर पांच रन लेने के बाद पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर वॉरियर्स को यादगार जीत दिलाई।

वॉरियर्स ने सात मैच में आठ अंक के साथ डब्ल्यूपीएल तालिका में तीसरे स्थान पर है और उसने प्लेऑफ के लिये क्वालीफाई कर लिया है। जायंट्स ने आठ मैच में सिर्फ दो जीत के साथ अपना अभियान समाप्त किया, जबकि उसकी इस हार के साथ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (सात मैच, चार अंक) भी टूर्नामेंट से बाहर हो गयी है।

वॉरियर्स ने 179 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान एलीसा हीला और किरण नवगिरे का विकेट जल्दी गंवा दिया। हीली (12) ने मोनिका पटेल की गेंद पर हरलीन देओल को कैच पकड़ाया, जबकि नवगिरे को किम गार्थ ने आउट किया।

मैकग्रा ने क्रीज़ पर आने के बाद कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन पावरप्ले समाप्त होने से पहले देविका वैद्या भी उनका साथ छोड़कर पवेलियन लौट गयीं। वॉरियर्स के तीन विकेट 39 रन पर गिरने के बाद ग्रेस हैरिस ने मैकग्रा का साथ दिया।

इस जोड़ी ने एक बार फिर शतकीय साझेदारी करके वॉरियर्स को संकट से निकाला। इस साझेदारी में मैकग्रा ने मुख्यत: आक्रामक भूमिका निभाई, लेकिन हैरिस ने 12वें ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़कर वॉरियर्स को 100 रन के स्कोर के पार पहुंचाया। मैकग्रा ने अगले ओवर में चौका जड़कर अपना अर्द्धशतक पूरा किया।

यह साझेदारी वॉरियर्स को जीत की ओर ले जा रही थी लेकिन गार्डनर ने मैकग्रा को आउट करके मुकाबले को रोमांचक बना दिया। इससे पहले की वॉरियर्स इस झटके से संभलती, स्नेह राणा ने दीप्ति शर्मा को पवेलियन लौटा दिया। मैकग्रा ने 38 गेंद पर 11 चौकों की मदद से 57 रन बनाये, जबकि दीप्ति मात्र छह रन ही बना सकीं।

हैरिस दो लगातार झटके लगने के बावजूद नहीं रुकीं और 17वें ओवर में अपना अर्द्धशतक पूरा करते हुए तनुजा कंवर को दो चौके जड़े। हैरिस की आक्रामकता की मदद से वॉरियर्स 18वें और 19वें ओवर में 23 रन बनाकर लक्ष्य के करीब आ गया। किम गार्थ ने 19वें ओवर की चौथी गेंद पर हैरिस को आउट कर मैच का रोमांच दोबारा बढ़ाया, हालांकि एकलेस्टन ने दबाव में धैर्य का प्रदर्शन करते हुए चौका जड़कर वॉरियर्स को जीत दिलाई।

जायंट्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन आक्रामक शुरुआत के बाद तेजी से तीन विकेट गंवा दिये। सलामी बल्लेबाज लौरा वुलवार्ड और सोफिया डंकली ने पहले विकेट के लिये चार ओवर में 41 रन की साझेदारी की।

अंजली सरवानी ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर वुलवार्ड (13 गेंद, 17 रन) को आउट किया, जबकि छह गेंद बाद डंकली (13 गेंद, 23 रन) राजेश्वरी गायकवाड़ का शिकार बन गयीं। गायकवाड़ ने पावरप्ले समाप्त होने से पहले हरलीन देओल को भी चार रन के स्कोर पर आउट किया।

शुरुआती झटके लगने के बाद हालांकि दयालन हेमलता और एशले गार्डनर ने जायंट्स की पारी को संभाल लिया। गार्डनर को नजऱे जमाने में थोड़ा समय लगा लेकिन हेमलता ने शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी की और 30 गेंद में अपना अर्द्धशतक पूरा कर लिया।

हेमलता और गार्डनर ने चौथे विकेट के लिये विशाल साझेदारी करके जायंट्स को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

यह साझेदारी अंतिम ओवरों में वॉरियर्स पर भारी पड़ सकती थी लेकिन पार्शवी चोपड़ा ने दोनों बल्लेबाजों को आउट करके अपनी टीम को राहत दिलाई। इस साझेदारी की बदौलत हालांकि जायंट्स ने अंतिम पांच ओवर में 50 रन जोड़कर 178/6 का स्कोर खड़ा किया।

वॉरियर्स की ओर से पार्शवी ने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिये, जबकि गायकवाड़ ने चार ओवर में 39 रन देकर दो सफलताएं हासिल कीं। अंजलि और एकलेस्टन को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ।

***********************************

साक्षी, लवलीना क्वार्टरफाइनल में, प्रीति बाहर

नयी दिल्ली 22 मार्च (एजेंसी)। एशियाई चैंपियनशिप 2021 की कांस्य पदक विजेता साक्षी चौधरी और टोक्यो ओलंपिक मेडलिस्ट लवलीना बोर्गोहेन ने महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टरफाइनल में सोमवार को अपने-अपने मुकाबले सर्वसम्मति से जीतकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया।

साक्षी ने 52 किग्रा वर्ग के एकतरफा मुकाबले में कज़ाकस्तान की ज़जिऱा उराकबायेवा पर शुरू से ही दबाव बनाया और 5-0 से जीत दर्ज की। लवलीना ने 75 किग्रा वर्ग में मेक्सिको की वनेसा ओर्टिज़ को 5-0 से हराया।

इंदिरा गांधी खेल परिसर पर आयोजित चैंपियनशिप में लवलीना ने अपने मुकाबले की रक्षात्मक शुरुआत की और उन्हें लय हासिल करने में समय लगा। छोटे कद की ओर्टिज़ के विरुद्ध लवलीना को सूझबूझ से डिफेंस करना पड़ा लेकिन जैसे-जैसे बाउट आगे बढ़ता गया, लवलीना अपनी विपक्षी खिलाड़ी पर हावी हो गयीं।

लवलीना ने जीत के बाद कहा, विपक्षी मुक्केबाज का कद मुझसे छोटा था। मेरी कोशिश थी कि मैं आगे आकर खेलूं लेकिन छोटे मुक्केबाज के खिलाफ ऐसा करना आसान नहीं है। मैंने काफी सारी योजनाएं बनायी थीं लेकिन मैं सब पर अमल नहीं कर सकी। मैं बेहतर कर सकती थी। कोशिश होगी कि अगले बाउट में इससे भी बेहतर कर सकूं।

उन्होंने कहा, मैं पहली बार 75 किग्रा भार वर्ग में खेल रही हूं। अन्य मुक्केबाज पहले से ही इस वर्ग में हैं तो यह मेरे लिये मुश्किल होगा लेकिन मैं अपना 100 प्रतिशत प्रयास करूंगी।

दूसरी ओर, साक्षी ने अपनी पहुंच का शानदार इस्तेमाल किया और दोनों हाथों से लगातार मुक्के बरसाये। वह शुरुआत से ही पूरी तरह से नियंत्रण में दिखीं और पहले राउंड में जीत हासिल की।

दो बार की विश्व युवा चैंपियन ने अगले दोनों राउंड में अपने प्रतिद्वंद्वी को वापसी करने का मौका नहीं दिया और अपनी गति एवं चतुर आक्रमण रणनीति के साथ सर्वसम्मत निर्णय से आसानी से दर्ज कर ली।

साक्षी ने जीत के बाद कहा, काजाकिस्तान की मुक्केबाज (उराकबायेवा) मजबूत प्रतिद्वंदी थी इसलिए मैंने सोचा कि लड़ाई का स्कोर ऊपर या नीचे जा सकता है लेकिन कोचों और बीएफआई की रणनीति का पालन करने के बाद मैं अच्छा खेल सकी।

उन्होंने घरेलू समर्थन के बारे में कहा, इसके अलावा, जो लोग हमारा समर्थन करने आये उन्होंने मुझे जीतने के लिये प्रेरित किया। मैं पहली बार उसके खिलाफ खेल रही थी इसलिये मैंने और मेरे कोच ने उसके पिछले टूर्नामेंटों के 7-8 वीडियो देखकर और उनका विश्लेषण करके अपनी रणनीति बनाई। जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे मेरा आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है और मैं स्वर्ण जीतने पर ध्यान केंद्रित कर रही हूं।

इसी बीच, 54 किग्रा भार वर्ग की भारतीय मुक्केबाज प्रीति शीर्ष’6 मुकाबले में थाईलैंड की जितपोन्ग जुतामास से हार गयीं। प्रीति ने विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता को कड़ी टक्कर दी लेकिन उन्हें 3-4 के निर्णय से हार का सामना करना पड़ा।

गौरतलब है कि मौजूदा विश्व चैंपियन निखत जरीन (50 किग्रा), नीतू घनघास (48 किग्रा), मनीषा मौन (57 किग्रा), जैसमीन लम्बोरिया (60 किग्रा), शशि चोपड़ा (63 किग्रा) और मंजू बंबोरिया (66 किग्रा) सहित छह भारतीय मुक्केबाज मंगलवार को होने वाले क्वार्टरफाइनल में जगह बना चुके हैं।

*******************************

 

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने किया अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का आयोजन

नई दिल्ली 22 मार्च (एजेंसी)। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, आंचलिक कार्यालय, दिल्ली में केंद्रीय कार्यालय मुम्बई के तत्वावधान में अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का सफल आयोजन को किया गया।

इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर अंशुली आर्या, सचिव राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय उपस्थित हुई। केंद्रीय कार्यालय मुम्बई से कार्यपालक निदेशक राजीव पुरी जी भी उपस्थित थे।

आंचलिक कार्यालय दिल्ली से अंचल प्रमुख जेएससाहनी, केंद्रीय कार्यालय मुम्बई से सहायक महाप्रबंधक राजभाषा राजीव वार्ष्णेय, आंचलिक कार्यालय दिल्ली के मुख्य प्रबंधक राजभाषा अशोक तनेजा जी भी उपस्थित थे। इस सम्मेलन में बैंक के अन्य आंचलिक कार्यालयों के राजभाषा अधिकारी उपस्थित हुए।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि अंशुली आर्या द्वारा सभी राजभाषा अधिकारियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया एवं किए जा रहे कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में किए जा रहे नवोन्मेषी कार्यों की प्रशंसा की तथा राजभाषा कार्यान्वयन में श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।

कार्यपालक निदेशक राजीव पुरी ने अपने संबोधन में अंशुली आर्या का स्वागत करते हुए कहा की आपके आगमन से हमारे राजभाषा अधिकारियों को विशेष प्रोत्साहन मिला है तथा राजभाषा कार्यान्वयन और तीर्व गति से होगा।

************************************

 

रुपया तीन पैसे फिसला

मुंबई 22 मार्च (एजेंसी)। आयातकों और बैंकरों की लिवाली के दबाव में आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया तीन पैसे फिसलकर 82.60 रुपये प्रति डॉलर रह गया।

इसके पिछले कारोबारी दिवस रुपया 82.57 रुपये प्रति डॉलर रहा था।

शुरुआती कारोबार में रुपया एक पैसे सुधरकर 82.56 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और यही इसका दिवस का उच्चतम स्तर भी रहा।

हालांकि सत्र के दौरान लिवाली के दबाव में यह 82.70 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर पर भी रहा।

अंत में पिछले दिवस के 82.57 रुपये प्रति डॉलर की तुलना में तीन पैसे फिसलकर 82.60 रुपये प्रति डॉलर रह गया।

*****************************

 

भूकंप के झटकों से कांपे 9 देश, पाकिस्तान में सबसे ज्यादा तबाही- 9 लोगों की मौत

नई दिल्ली 22 March, (एजेंसी): बीती रात आए भूकंप का असर एशिया के कई देशों में देखा गया। भारत समेत 9 देशों में काफी देर तक भूकंप के झटके महसूस किए गए और 40 सेकंड तक धरती हिलती रही। दहशत की वजह से लोग घरों से बाहर आ गए।

रिक्टर स्केल पर 6।6 तीव्रता वाले भूकंप का एपिसेंटर अफगानिस्तान के फैजाबाद से 133 किमी दक्षिण पूर्व में बताया जा रहा है। भूकंप का केंद्र जमीन से 56 किलोमीटर की गहराई में था।

हिन्दूकुश पर्वत वाले इस इलाके में अक्सर भूकंप के झटके आते रहते हैं। भूकंप के झटके अफगानिस्तान और चीन समेत 9 देशों में महसूस किए गए।

भूकंप के केंद्र अफगानिस्तान में जान-माल के नुकसान की अब तक कोई खबर नहीं है, लेकिन पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में अब तक 9 लोगों की मौत की खबर है।

तेज झटके आने के बाद खैबर पख्तूनख्वा में इमारत गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। यहां अबतक 11 की मौत हो चुकी है और 150 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। एशिया के तुर्कमेनिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान में भी भूकंप वाला हड़कंप देखा गया। इन देशों में भूकंप से भारी नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।

भारत में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, और मध्य प्रदेश में भूकंप के झटके महसूस किये गए। बता दें कि रात के भूकंप के झटके के बाद हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में रात 12:51 पर एक बार फिर से भूकंप का मामूली झटका महसूस किया गया।

रिएक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.8 आंकी गई। एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप के बाद जम्मू कश्मीर के कुछ इलाकों में मोबाइल सेवा भी बंद हो गई।

***************************

 

प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को नवरात्रि के अवसर पर दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली 22 March, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देशवासियों को नव संवत्सर, नवरात्रि, चेती चांद, गुड़ी पड़वा, नवरेह, उगादि और साजिबू चेरोबा त्योहार की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में खुशहाली की कामना की है।

प्रधानमंत्री ने नव संवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट कर कहा, देशवासियों को नव संवत्सर की असीम शुभकामनाएं। उन्होंने सभी को नववर्ष विक्रम संवत 2080 की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह नव संवत्सर देशवासियों के लिए नए नए अवसर लेकर आएं और हमारा भारतवर्ष उन्नति की नित नई ऊंचाइयों को छुए।

नवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर सभी के जीवन में सुख-संपदा और सौभाग्य की कामना करते हुए प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, नवरात्रि की आप सभी को अनंत शुभकामनाएं। श्रद्धा और भक्ति का यह पावन-पुनीत अवसर देशवासियों के जीवन को सुख-संपदा और सौभाग्य से रोशन करे। जय माता दी!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग ट्वीट कर देश के अलग-अलग हिस्सों में हिंदू नववर्ष की शुरूआत के अवसर पर मनाए जाने वाले पारंपरिक त्योहारों- चेती चांद, गुड़ी पड़वा, नवरेह, उगादि और साजिबू चेरोबा त्योहार की भी लोगों को शुभकामनाएं दी।

****************************

दिवालिया की श्रेणी में 15 बिल्डर के प्रोजेक्ट, प्राधिकरण ने ऑनलाइन की सभी प्रोजेक्ट की सूची

नोएडा 22 March, (एजेंसी): नोएडा में ग्रुप हाउसिंग बनाने वाले 15 बिल्डर के प्रोजेक्ट वर्तमान में नेशनल कंपनी ऑफ लॉ की देखरेख में हैं। इन प्रोजेक्ट की दिवालिया प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।

इसके साथ ही ग्रुप हाउसिंग के सात प्रोजेक्ट ऐसे भी हैं, जिन्होंने बायर्स से पूरे पैसे तो वसूल लिए हैं लेकिन उनका निर्माण कार्य अब तक अधूरा है। हाल ही में शहर के 115 बिल्डर प्रोजेक्ट की ऑनलाइन की गई सूची में इस बात का खुलासा हुआ है।

इस बात को लेकर अब बिल्डरों में हड़कंप मचा हुआ है। प्राधिकरण ने हाल में ही अपनी वेबसाइट पर नोएडा के 115 बिल्डर के प्रोजेक्ट की सूची को ऑनलाइन किया है और उसमें उनकी यथास्थिति भी बताई गई है।

शहर के किस बिल्डर प्रोजेक्ट को फिलहाल डिफाल्टर की श्रेणी में रखा गया है, किस बिल्डर को अभी तक ओसी सीसी सर्टिफिकेट और कंपलीशन सर्टिफिकेट जारी नहीं किया गया है।

किसकी रजिस्ट्री पर रोक लगी है और कितने मामले एनसीएलटी में चल रहे हैं। इसके साथ ही ऐसे बिल्डरों के प्रोजेक्ट की सूची भी जारी की गई है, जहां ओसीसीसी रजिस्ट्री खुल गई है।

प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था आम जनता के हित को ध्यान में रखकर की गई है। आए दिन बिल्डर और बायर के बीच हो रहे विवाद को देखते हुए प्राधिकरण ने बिल्डर की सूची को अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर साझा कर दिया है।

अब एक क्लिक के माध्यम से यह जानकारी हासिल की जा सकती है कि किस प्रोजेक्ट में अपने सपनों के आशियाने को खरीदना सही रहेगा या नहीं।

जिन बिल्डरों की सूची जारी की गई है उनके नाम इस प्रकार हैं। मेसर्स सुपरटेक लिमिटेड विद इंक्लूड ओआरबी, मेसर्स अजनारा इंडिया लिमिटेड, मैसर्स रेड फोर्ट जहांगीर प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स ग्रेनाइट गेट प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड, आईवीआरसीएल इंफ्रास्ट्रक्च र एंड प्रोजेक्ट लिमिटेड, मेसर्स शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड, मैसर्स लॉजिक सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, मैसर्स 3जी प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स टुडे होम्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स सुपरटेक लिमिटेड, मेसर्स जीएसएस प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड, मैसर्स अपूलेंट इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, मैसेज होसिंडा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स लोजिक्स इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, मैसर्स डोसाइल बिल्डटेट प्राइवेट लिमिटेड हैं।

******************************

 

अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में आसमान साफ रहने के साथ शुष्क मौसम रहने की संभावना

श्रीनगर 22 March, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों के दौरान बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने बुधवार को कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान आसमान साफ रहने के साथ शुष्क मौसम रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान (एमईटी) विभाग के एक अधिकारी ने कहा, अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में आसमान साफ रहने के साथ मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।

श्रीनगर में 4, पहलगाम में माइनस 0.9 और गुलमर्ग में माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

लद्दाख क्षेत्र के द्रास शहर में न्यूनतम तापमान माइनस 7.6, कारगिल में माइनस 3.2 और लेह में माइनस 4.2 रहा।

जम्मू में 13.1, कटरा में 11.1, बटोटे में 5.6, बनिहाल में 4.2 और भद्रवाह में 4.3 न्यूनतम तापमान रहा।

************************

 

काशी में रोप-वे करेगा सफर आसान, प्रधानमंत्री रखेंगे आधारशिला

वाराणसी 22 March, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में देश की पहली पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे परियोजना की आधारशिला 24 मार्च को रखेंगे। इसके साथ ही कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया के बीच रोपवे का काम शुरू हो जाएगा।

यह परियोजना 644.49 करोड़ रुपए की है। रोपवे कैंट रेलवे स्टेशन (वाराणसी जंक्शन) से गोदौलिया चौराहे तक चलेगा। इस योजना से काशी विश्वनाथ मंदिर, दशाश्वमेध घाट जाना आसान हो जाएगा।

वाराणसी में नेशनल हाईवे, रिंग रोड, फ्लाईओवर, आरओबी के बाद अब भीड़-भाड़ वाले इलाके में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए रोप वे चलने से वाराणसी में आने वाले देशी -विदेशी पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी काफी राहत मिलेगी।

इस रोपवे के बनने के बाद काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुविधा होगी, उनके पास ऑटो, टेम्पो और रिक्शा के अलावा एक और विकल्प मौजूद रहेगा। श्रद्धालु स्टेशन से उतरकर सीधा मंदिर के करीब तक जा सकेंगे।

वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल ने बताया कि देश का पहला पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोप-वे पहले चरण में वाराणसी कैंट से गोदौलिया के बीच चलाया जाएगा। काशी के पुराने इलाकों की सड़के सकरी होने और ट्रैफिक का दबाव निरंतर बढ़ने से अ़क्सर यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे देशी विदेशी पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि बोलीविया के लापाज और मेक्सिको के बाद भारत विश्व में तीसरा देश और वाराणसी पहला शहर होगा, जहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए रोप-वे का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ये पायलट प्रोजेक्ट है और इसका निर्माण स्विट्जरलैंड की कंपनी बथोर्लेट और नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड (एनएचएलपीएल) मिलकर करेंगी।

प्रोजेक्ट डायरेक्टर बताया कि वाराणसी कैंट स्टेशन से गोदौलिया चौराहे तक कुल पांच स्टेशन होंगे। जिनमें कैंट रेलवे स्टेशन, काशी विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरजाघर और गोदौलिया चौराहे पर स्टेशन बनाया जाएगा।

रोपवे की कुल दूरी 3.8 किलोमीटर होगी, जो करीब 16 मिनट में तय होगी। लगभग 50 मीटर की ऊंचाई से करीब 150 ट्रॉली कार चलेगी। एक ट्रॉली में 10 पैसेंजर सवार हो सकते हैं। हर डेढ़ से दो मिनट के अंतराल पर यात्रियों के लिए ट्रॉली उपलब्ध रहेगी।

एक दिशा में एक घंटे में 3000 लोग यात्रा कर सकेंगे। यानि 6000 लोग दोनों दिशा से एक घंटे में आ जा सकेंगे। रोप वे का संचालन 16 घंटे होगा। रोप वे 2 साल के अंदर बन कर तैयार हो जाएगा। उन्होंने बताया की भूमि अधिग्रहण, तार व पाइप शिफ्टिंग का काम तेजी से चल रहा है।

रोप-वे के लिए बनने वाले सभी स्टेशन पर काशी की कला, धर्म और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। रोप वे की ट्रॉली पर भी काशी की थांती देखने को मिल सकती है।

कैंट रेलवे स्टेशन के पास ही रोडवेज बस अड्डा है इसलिए कैंट स्टेशन पर रोप-वे स्टेशन बनने से ट्रेन और बस से यात्रा करने वाले दोनों यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।

**********************

 

चैत्र नवरात्रि के आगमन पर हिमाचल के मंदिरों में उमड़ी भीड़

शिमला 22 March, (एजेंसी): नौ दिवसीय चैत्र नवरात्रि की शुरूआत के मौके पर बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बृजेश्वरी देवी के एक अधिकारी ने बताया कि उत्सव के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि वे हर दिन 20,000-25,000 लोगों के आने की उम्मीद कर रहे हैं। उत्सव के अंतिम दो दिनों में, मंदिर देर रात तक भक्तों के लिए खुला रहेगा।

मां दुर्गा के नौ अवतारों की पूजा को समर्पित इस उत्सव का समापन 30 मार्च को रामनवमी के साथ होगा।

उत्तर भारत में सबसे सम्मानित मंदिरों में से एक, कांगड़ा शहर में ब्रजेश्वरी देवी मंदिर भी पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अधिकांश तीर्थयात्रियों को देखता है।

ऊना जिले में चिंतपूर्णी मंदिर, हमीरपुर जिले में बाबा बालक नाथ मंदिर, बिलासपुर जिले में पहाड़ी की चोटी नैना देवी मंदिर, कांगड़ा जिले में ज्वालाजी और चामुंडा देवी मंदिर, और शिमला जिले में भीमाकाली और हतेश्वरी मंदिर भी हजारों भक्तों को आकर्षित कर रहे हैं।

*******************************

 

नवरात्रि में पर्यटकों की भारी भीड़ के लिए तैयार अयोध्या

अयोध्या 22 March, (एजेंसी): बुधवार से शुरू हो रहे नौ दिवसीय भव्य नवरात्रि समारोह के दौरान पर्यटकों की भारी भीड़ के लिए तैयार है। अयोध्या प्रशासन को इस साल खासकर रामनवमी पर भारी संख्या में पर्यतकों के आने की उम्मीद है।

श्री राम जन्मभूमि तीरथ क्षेत्र ट्रस्ट ने भी उत्सव के अवसर के लिए सुरक्षा व्यवस्था की है।

ट्रस्ट राम जन्मभूमि के अलावा राम की पैड़ी भजन संध्या स्थल और राम कथा पार्क में विशेष आयोजन करेगा।

हिंदू कैलेंडर के अनुसार, राम नवमी, जो भगवान राम के जन्म का प्रतीक है, 30 मार्च को दोपहर 12 बजे राम जन्मभूमि पर मनाई जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि सरयू नदी के तट पर सभी घाटों और मंदिर नगरी के सभी मंदिरों को श्रद्धालुओं के लिए सजाया गया है।

ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने कहा, सुरक्षा कारणों से रामनवमी पर सीमित संख्या में ही श्रद्धालुओं को राम जन्मभूमि परिसर में प्रवेश की अनुमति है। इसलिए अन्य जगहों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु इसमें शामिल हो सकें।

***************************

 

उरी की अभिनेत्री रीवा अरोड़ा ने 10 मिलियन इंस्टा फॉलोअर्स को पार किया

22.03.2023 (एजेंसी)  –  उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक की अभिनेत्री रीवा अरोड़ा के पास जश्न मनाने के कई कारण हैं, इंस्टाग्राम पर 10 मिलियन फॉलोअर्स होने के बाद उन्हें अपनी मां निशा अरोड़ा से 44 लाख रुपये से अधिक कीमत की शानदार काली ऑडी कार मिली है।

रीवा ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह लाल रंग की पोशाक में बेहद खूबसूरत लग रही हैं, अपनी ब्रांड नई कार के साथ अपने परिवार के सदस्यों के साथ पोज दे रही हैं, जबकि उनकी मां पूजा करने में व्यस्त हैं।उसने वीडियो को कैप्शन दिया: घर में नया बच्चा।

अभिनेत्री ने फूलों से सजी अपनी ऑडी क्यू3 की एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें 10एम प्रदर्शित करने वाला सुनहरा गुब्बारा था।रीवा ने कैप्शन में लिखा है: मुझे पता है कि मुझे देर हो गई है लेकिन आखिरकार मैंने 10 मिलियन इंस्टा फैमिली का जश्न मेरे नए उपहार के साथ मनाया।

बहुत-बहुत धन्यवाद मैं आप लोगों से बहुत प्यार करती हूं, मैं अपनी खुशी को अपने शब्दों में बयां नहीं कर सकती। आपके बिना शर्त प्यार और समर्थन के लिए मेरे 10.6 मिलियन इंस्टा परिवार को धन्यवाद।

इतने बड़े सरप्राइज के लिए और विशेष रूप से सजावट के साथ मेरे दिन को इतना खास बनाने के लिए ऑडी मुंबई वेस्ट को धन्यवाद। यह वास्तव में मेरे लिए एक अविस्मरणीय क्षण है।

***********************************

 

डीप नेक ब्लाउज पहने शरवरी वाघ ने शेयर किया लुक

22.03.2023 (एजेंसी)  –  बॉलीवुड एक्ट्रेस शरवरी वाघ इन दिनों अपनी बोल्ड और सिजलिंग अदाओं से फैंस को अपना कायल करने में लगी हुई हैं। अभिनेत्री जब भी अपनी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर करती हैं तो फैंस के दिलों पर खंजर चलने लग जाते हैं।

हाल ही में शरवरी वाघ ने लेटेस्ट फोटोशूट करवाया है जिसमें उन्होंने ट्रेडिशनल आउटफिट में ओवरडोज तड़का लगाया है। एक्ट्रेस शरवरी वाघ का फैशन स्टेटमेंट हमेशा से ही ऑन प्वाइंट रहा है। वो जब भी अपनी फोटोज इंस्टाग्राम पर शेयर करती हैं तो वो फैंस के बीच वायरल होने लगती हैं।

हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने लेटेस्ट फोटोशूट में एथनिक का ओवरडोज तड़का लगाया है। इन फोटोज में शरवरी वाघ ने बेहद ही सिजलिंग लहंगा पहना हुआ है जिसमें वो अपना डीपनेक ब्लाउज फ्लॉन्ट करती हुई दिखाई दे रही हैं। सिल्वर कलर के लहंगे में अपनी पतली कमर का जादू फैंस के दिलों में चला कर अभिनेत्री ने एक बार फिर से लाइमलाइट लूट ली है।

अपने बालों को स्टाइलिश लुक में ओपन कर के और साथ ही न्यूड मेकअप कर के शरवरी ने अपने आउटलुक को कंप्लीट किया है। एक्ट्रेस के इस लुक को देखकर फैंस की सासें थम गई हैं। बता दें कि शरवरी वाघ का हर लुक लोगों के बीच काफी ट्रेंड करता है।

कानों में इयरिंग्स और कातिलाना निगाहों से किलर पोज देते हुए एक्ट्रेस अपनी इन तस्वीरों पर चार चांद लगा रही हैं। एक्ट्रेस की इन तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर शेयर किए कुछ ही घंटे हुए हैं और अब तक 1 लाख से भी ज्यादा यूजर्स ने लाइक कर दिया है

**************************

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

जीविका क्षेत्र में लाभ के अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। मधुरवाणी से सगे-संबंधियों के बीच प्रगाढ़ता बढ़ाएंगे। कोई महत्वपूर्ण कार्य सार्थक होने का योग है। जीवन साथी का सहयोग मिलेगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आर्थिक सुदृढ़ता हेतु मन प्रयत्नशील होगा। महत्वाकांक्षाओं को फलित करने में असमर्थता संभव। आर्थिक क्षेत्र में परिश्रम का लाभ प्राप्त होगा। अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

ईश्वरीय आस्था में वृद्धि होगी। असमाजिक तत्वों से दूरी बनाये रखें। राजनीतिज्ञों के लिए लाभप्रद स्थितियों के आसार हैं। नौकरी का वातावरण सुखद होगा। जीवन साथी का सहयोग मिलेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

भौतिक आकांक्षाएं मन को उद्वेलित करेंगी। भविष्य की चिंता छोड़ वर्तमान में केंद्रित हों। निकट संबंधों में कुछ अप्रिय बातें दूरी पैदा करेंगी। मूल्यवान समय को व्यर्थ में जाया न करें।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे

किसी इच्छित कार्य की पूर्ति से प्रसन्नता संभव। नई आकांक्षाएं मन को उद्वेलित करेंगी। पूरा दिन अध्यात्मिक व पारंपरिक कार्यों में ब्यतीत होगा। रोजगार में लाभकारी स्थिति रहेगी।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

निराशावादी विचारों का त्याग करें। परिजनों की छोटी-छोटी बातों का बुरा न मानें। जीवनसाथी से वैचारिक मतभेद संभव। माता के स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें। घर में खुशहाली रहेगी।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

अत्याधिक कार्यों के बोझ से मन परेशान होगा। शासन-सत्ता व राजकीय क्षेत्र के लोगों के साथ क्रियाशीलता बढ़ेगी। जीवनसाथी के भावनात्मक सहयोग उत्साह का संचार करेगा।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

उच्च महत्वाकांक्षा जल्द ऊंची प्रगति के लिए प्रेरित करेगी। किसी नई योजना पर विचारमग्न होंगे। दायित्वों की समयानुकूल पूर्ति हेतु प्रयत्नशील होंगे। जरूरी कार्यों में आलस्य का त्याग करें।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

पुराने संबंधों में प्रगाढ़ता बढ़ेगी। सब कुछ सामान्य होते हुए भी मन अरुचितकर का शिकार होगा। महत्वपूर्ण दायित्व अपनी पूर्ति हेतु मन पर दबाव बनाएंगे।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

अच्छे आचार-विचार से संबंधों में लोकप्रिय होंगे। सामान्य दिनचर्या के साथ बीत रहे जीवन में उत्साह का अभाव रहेगा। जीवन साथी के स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखें।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

सगे-संबंधियों के बीच नैतिक कत्तव्यों से विमुख न हों। नये कार्यों में संलग्नता से लाभ संभव। भावुकता व्यावहारिक जगत के अनुकूल चलने में बाधक होगी।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

पारिवारिक चिंताएं मन को परेशान करेंगी। नये कार्यों में ब्यस्तता बढ़ेगी। आलस्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अवरोधक होगा। किसी संबंधी अथवा खुद की अस्वस्थता से परेशान हो सकते हैं।

*********************************

 

चोकसी रेड नोटिस मामला: CBI ने कहा, मेहुल को वापस लाने के हर संभव प्रयास जारी

नई दिल्ली 21 March, (एजेंसी): पंजाब नेशनल बैंक में 13,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में अपराधी हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी की याचिका को इंटरपोल ने पहले कई मौकों पर खारिज कर दिया था। सीबीआई ने एक बयान में यह जानकारी दी।

एजेंसी ने कहा, एंटीगुआ और बारबुडा से आसन्न प्रत्यर्पण की संभावनाओं का सामना करते हुए, चोकसी ने फिर से चल रही प्रक्रिया को रोकने और प्रत्यर्पण कार्यवाही को बाधित करने के लिए झूठे दावों, मनगढ़ंत कहानियों के साथ विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों से संपर्क किया और 2020 के अपने पहले के फैसले को संशोधित करने के लिए जुलाई 2022 में कमिशन फॉर कंट्रोल ऑफ इंटरपोल फाइल्स (सीसीएफ) से भी संपर्क किया। सीसीएफ ने इस मामले पर सीबीआई और ईडी से परामर्श किया और चोकसी के बयान पर तथ्यात्मक स्थिति पूरी तरह से निराधार और बिना सबूत के सीसीएफ के सामने रखी गई। यह स्पष्ट किया गया कि चोकसी भारत में कानून की प्रक्रिया से बचने के लिए एंटीगुआ और बारबुडा में चल रही प्रत्यर्पण कार्यवाही को बाधित करने की हर संभव कोशिश कर रहा है।

वरिष्ठ सीबीआई अधिकारी ने कहा, हालांकि, केवल काल्पनिक अनुमानों और अप्रमाणित अनुमानों के आधार पर, पांच सदस्यीय सीसीएफ चेंबर ने रेड नोटिस को हटाने का निर्णय लिया है, जिसकी सूचना नवंबर, 2022 में दी गई थी। इसके बाद, सीबीआई ने इस निराधार और लापरवाह फैसले तक पहुंचने के तरीके में सीसीएफ द्वारा की गई गंभीर कमियों, प्रक्रियात्मक उल्लंघनों, शासनादेश के उल्लंघन और सीसीएफ द्वारा की गई गलतियों को सीसीएफ के साथ उठाया।

सीबीआई ने पहले ही चोकसी और अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 120-बी के साथ 409, 420, 477ए, 201 और पीसी की 13(1)(सी) और (डी) के साथ पढ़ी जाने वाली धारा 7 और 13(2) के तहत दो आरोप पत्र दायर किए हैं।

2022 में, सीबीआई ने चोकसी और अन्य के खिलाफ बैंकों और वित्तीय संस्थानों को धोखा देने के लिए पांच और आपराधिक मामले दर्ज किए।

अधिकारियों ने कहा, इंटरपोल के लिए राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में सीबीआई ने फरवरी 2018 में चोकसी का पता लगाने के लिए नया पैंतरा अजमाया था। विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सीधे समन्वय में सीबीआई द्वारा अपराधी की गतिविधियों पर नजर रखी गई और वह एंटीगुआ और बारबुडा में जियो-लोकेटिड था। चोकसी के खिलाफ प्रत्यर्पण अनुरोध अगस्त 2018 में एंटीगुआ और बारबुडा के सक्षम अधिकारियों को राजनयिक चैनलों के माध्यम से भेजा गया था।

सीबीआई ने इंटरपोल के लिए राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में फरवरी 2018 में चोकसी का पता लगाने के लिए एक प्रसार जारी किया था। अपराधी की गतिविधियों को सीबीआई द्वारा विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सीधे समन्वय में ट्रैक किया गया था और वह एंटीगुआ और बारबुडा में भू-स्थित था। चोकसी के खिलाफ प्रत्यर्पण अनुरोध राजनयिक माध्यमों से अगस्त 2018 में एंटीगुआ और बारबुडा के सक्षम अधिकारियों को भेजा गया था।

2018 में चोकसी ने सीसीएफ से संपर्क कर रेड नोटिस को प्रकाशित न करने का अनुरोध किया था। सीसीएफ इंटरपोल के भीतर एक अलग निकाय है जो इंटरपोल सचिवालय के नियंत्रण में नहीं है और मुख्य रूप से विभिन्न देशों के निर्वाचित वकीलों द्वारा कार्यरत है। सीसीएफ ने उनके अनुरोध का अध्ययन किया और सीबीआई से परामर्श किया था। सीसीएफ ने चोकसी के अभ्यावेदन को खारिज कर दिया और इंटरपोल ने एक रेड नोटिस प्रकाशित किया।

इंटरपोल ने सीबीआई और ईडी के अनुरोध पर दिसंबर 2018 में चोकसी के खिलाफ रेड नोटिस प्रकाशित किया था। यह वांछित अपराधी की सीबीआई द्वारा जियो-लोकेशन के बाद और प्रत्यर्पण अनुरोध की शुरूआत के बाद था। इंटरपोल द्वारा जारी रेड नोटिस का मकसद किसी वांछित व्यक्ति के ठिकाने की तलाश करना और प्रत्यर्पण, आत्मसमर्पण या इसी तरह की कार्रवाई के उद्देश्य से उनकी हिरासत, गिरफ्तारी या आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की मांग करना था।

इंटरपोल रेड नोटिस के प्रकाशन से पहले ही चोकसी का पता लगा लिया गया था और उसके प्रत्यर्पण के लिए कदम भी उठाए गए थे। हालांकि रेड नोटिस का प्राथमिक उद्देश्य पहले ही हासिल कर लिया गया था, लेकिन एहतियाती उपाय के रूप में इसे बरकरार रखा गया था।

चूंकि चोकसी के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्यवाही एंटीगुआ और बारबुडा में चल रही थी, चोकसी रुकावटें पैदा करने के लिए पूरी तरह से मनगढ़ंत और काल्पनिक कहानियों के साथ विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों से संपर्क कर रहा है। 2019 में, चोकसी ने फिर से सीसीएफ से रेड नोटिस हटाने की मांग की। सीसीएफ ने उनके अनुरोध का अध्ययन किया, सीबीआई से परामर्श किया और इनपुट्स के आधार पर 2020 में फिर से उनकी याचिका खारिज कर दी।

बाद में जब वह दोबारा इंटरपोल और संबंधित अधिकारियों के पास पहुंचा तो फैसला उसके पक्ष में आया। इसके बाद, सीबीआई ने इस निराधार और लापरवाह निर्णय तक पहुँचने के तरीके में सीसीएफ द्वारा की गई गंभीर कमियों, प्रक्रियात्मक उल्लंघनों, शासनादेश के उल्लंघन और सीसीएफ द्वारा की गई गलतियों को सीसीएफ के साथ उठाया। सीबीआई इस दोषपूर्ण निर्णय को सुधारने और रेड नोटिस की बहाली के लिए इंटरपोल के भीतर उपलब्ध उपचारात्मक और अपीलीय विकल्पों का प्रयोग करना जारी रखे हुए है।

सीबीआई ने बताया कि एंटीगुआ के अधिकारियों का मानना है कि यह साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं कि आवेदक ने अपनी एंटीगुआ और बारबुडा नागरिकता के लिए आवेदन करते समय भौतिक तथ्यों को छुपाया या झूठा प्रतिनिधित्व किया, एक ऐसा तथ्य जो इस अपराधी के पिछले आचरण को दर्शाता है।

सीबीआई इस मामले से संबंधित चल रही प्रक्रिया में सीसीएफ और इंटरपोल में अन्य निकायों के साथ बातचीत करती रहती है।

सीबीआई का ग्लोबल ऑपरेशंस सेंटर मेहुल चोकसी जैसे वांछित अपराधियों के आंदोलनों की बारीकी से निगरानी करना जारी रखता है, विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सीधे समन्वय में और केवल इंटरपोल चैनलों पर निर्भर नहीं है। भारत द्वारा किया गया प्रत्यर्पण अनुरोध एंटीगुआ और बारबुडा में अधिकारियों के समक्ष सक्रिय रूप से विचाराधीन है और इंटरपोल के साथ रेड नोटिस संबंधी संचार से पूरी तरह प्रभावित नहीं है।

सीबीआई आपराधिक न्याय की प्रक्रिया का सामना करने के लिए भगोड़ों और अपराधियों को भारत वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है। वांछित अपराधियों और आर्थिक अपराधियों की जियो-लोकेटिंग और वापसी के लिए विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय में व्यवस्थित कदम उठाए गए हैं। पिछले 15 महीनों में 30 से अधिक वांछित अपराधी भारत लौट आए हैं।

************************

 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर और दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस मामले की जांच में जुटी

नागपुर 21 March, (एजेंसी): केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को एक बार फिर धमकी मिली है। फोन करने वाले शख्स ने उनका घर और ऑफिस उड़ाने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक फोन करने वाले शख्स ने अपना नाम जयेश पुजारी बताया है। उसने कहा है कि पिछली बार उसने 100 करोड़ रुपए मांगे थे। लेकिन इस बार केंद्रीय मंत्री को कम से कम 10 करोड़ रुपए देने होंगे। पश्चिमी नागपुर इलाके के खामला में स्थित नितिन गडकरी की ऑफिस ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद नागपुर पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार यह फोन गडकरी की खामला ऑफिस में आया था। कॉल करने वाले ने इस बार गडकरी के बजाए उनके घर और ऑफिस को उड़ाने की धमकी दी है। इस कॉल के लिए जिस नंबर का इस्तेमाल हुआ है, वह बेंगलुरू की एक लड़की का है। लड़की इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करती है और उसका दोस्त जेल में है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह फोन कॉल्स आखिर किसने किए थे।

गडकरी की खामला ऑफिस में बैठने वाले एडिशनल प्राइवेट सेक्रेट्री ने कहा कि मंगलवार को हमने दो धमकी भरे फोन रिसीव किए। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री फिलहाल संसद सत्र को अटेंड करने के लिए दिल्ली में हैं। हमने धमकी भरे फोन आते ही स्थानीय पुलिस के यहां मामला दर्ज कर दिया है।

******************************