भगवंत मान का एक्शनः PSTET प्रश्नपत्र मामले में दो प्रोफेसर सस्पेंड

चंडीगढ़ 14 March, (एजेंसी) – पंजाब राज्य शिक्षक एलिजिबिलिटी टेस्ट की परीक्षा को सोमवार को रद्द कर दिया गया परीक्षा के प्रश्नपत्रों में उत्तर हाईलाइट होने का मामला सामने आया था। इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कार्रवाई करते हुए गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के 2 प्रोफेसरों को सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा पंजाब पुलिस को पेपर लीक मामले की साजिश में शामिल लोगों की पहचान करके तुरंत ही गिरफ्तार करने के निर्देश भी दिया गया है। दरअसल इस मामले में परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों का दावा है कि कुल 60 से 57 प्रश्नों के विकल्प बोल्ड में थे। ये पुष्टि नहीं की जा सकी कि बोल्ड टेक्स्ट में साझा किए गए सभी उत्तर सही थे या नहीं।

हालांकि कई उम्मीदवारों ने सोशल मीडिया पर पेपर को शेयर कर अधिकांश बोल्ड विकल्पों को सही उत्तर बताया है। जीएनडीयू रजिस्ट्रार ने आदेश देकर कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रो. हरदीप सिंह और इलेक्ट्रॉनिक टेक्नोलॉजी विभाग के डॉ. रविंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया है। मुख्यमंत्री ने दोनों प्रोफेसरों के खिलाफ मामला दर्ज करने के भी आदेश दिए हैं। मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सुबह ट्वीट करके जानकारी दी थी- GNDU ने खेद व्यक्त किया है और बिना किसी शुल्क के परीक्षा फिर से आयोजित करेगा। भविष्य में ऐसा न हो, इसके लिए मैंने अपने विभाग को आदेश दिए हैं कि तीसरी पार्टी के साथ MOU साइन करते समय उम्मीदवारों के मुआवजे का क्लॉज भी रखा जाए। इसमें परीक्षार्थियों को परेशानी क्यों हो।

**************************

 

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी

वाराणसी 14 March, (एजेंसी): 23 साल पुराने एक मामले में वाराणसी कोर्ट ने कांग्रेस के सीनियर लीडर रणदीप सुरजेवाला के खिलाफ काफी कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट की तरफ से रणदीप सुरजेवाला के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है।

दरअसल, 23 साल पहले वाराणसी में कांग्रेस की तरफ से आयोजित किए गए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरजेवाला सहित कई लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

23 साल पुराने मामले को लेकर विशेष न्यायाधीश (एमपी एमएलए) अवनीश गौतम की अदालत ने मुकदमे की सुनवाई में उपस्थित न होने पर सोमवार को उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया गया। अब इस मामले में 18 मार्च को सुनवाई की जाएगी।

बहुचर्चित संवासिनी कांड में कांग्रेस नेताओं को फर्जी ढंग से आरोपी बनाए जाने के विरोध में 21 अगस्त 2000 को भारतीय युवा कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष रणदीप सुरजेवाला, प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं ने आयुक्त कार्यालय परिसर में जबरदस्ती घुसकर तोड़फोड़ और हंगामा किया था।

पुलिस ने मौके से सुरजेवाला, गोस्वामी आदि को गिरफ्तार किया था। मामले में सोमवार को आरोप तय किए जाने को लेकर सुनवाई होनी थी।

सुरजेवाला की ओर से संसद की कार्यवाही का हवाला देते हुए कोर्ट से कोई अन्य तारीख देने की अपील की गई थी। अदालत ने उनके प्रार्थना पत्र को निरस्त करते हुए कहा कि आरोपियों को व्यक्तिगत उपस्थिति का अंतिम अवसर प्रदान किया जा रहा है।

*****************************

 

जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर NIA की ताबड़तोड़ छापेमारी

श्रीनगर 14 March, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के प्रमुखों और सदस्यों की आतंकी गतिविधियों से संबंधित मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी कई स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, कुलगाम, पुलवामा, अनंतनाग और शोपियां में संदिग्धों के घरों की तलाशी ली जा रही है। प्रवर्तन निदेशालय ने टेरर फंडिंग को लेकर हुर्रियत नेता काजी यासिर और जम्मू-कश्मीर साल्वेशन मूवमेंट के अध्यक्ष जफर भट के घरों पर छापा मारा है।

सूत्रों के अनुसार छापे आतंकी फंडिंग और अन्य आतंकवादी गतिविधियों के मामलों से संबंधित हैं।

श्रीनगर के सौरा इलाके में जेल में बंद महिला अलगाववादी नेता आसिया इंद्राबी के घर की भी तलाशी ली गई। तिहाड़ जेल में बंद आसिया इंद्राबी की गिरफ्तारी के बाद साल 2019 में एनआईए ने घर को पहले ही कुर्क कर लिया था।

बता दें कि NIA ने पिछले साल 21 जून को स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था। एजेंसी ने पिछले साल 23 दिसंबर को कुलगाम, पुलवामा, अनंतनाग, सोपोर और जम्मू जिलों में जम्मू और कश्मीर में 14 स्थानों पर तलाशी भी ली थी।

तलाशी के दौरान, एजेंसी के अधिकारियों ने तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक सामग्री जैसे डिजिटल डिवाइस, सिम कार्ड और डिजिटल स्टोरेज डिवाइस बरामद किए थे।

****************************

 

बैतूल में हार्वेस्टर नदी में गिरा, 1 की मौत और 3 घायल

बैतूल 14 March, (एजेंसी) : मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में तेज रफ्तार से जा रहा हार्वेस्टर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए माचना नदी में जा गिरा। हार्वेस्टर पर सवार सभी चार लोग दब गए। जिसमें से एक की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। शाहपुर के अनुविभागीय अधिकारी, पुलिस (एसडीओपी) एच.एल. शर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे इटारसी से फसल कटाई के लिए हार्वेस्टर लेकर चार लोग बैतूल की ओर जा रहे थे। शाहपुर में माचना नदी के पुल पर हार्वेस्टर चालक नियंत्रण खो बैठा और पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए हार्वेस्टर नदी में गिरकर पलट गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। पोकलेन मशीन की मदद से दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया।

बताया गया है कि गंभीर चोट आने से हार्वेस्टर के चालक पंजाब निवासी कालासिंह (51) की मौत हो गई। इसके अलावा तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को शाहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इटारसी की ओर से हार्वेस्टर जैसे ही नदी के पुल के पहले मोड़ पर आया तभी चालक संतुलन खो बैठा और मोड़ नही पाया जिससे हार्वेस्टर सीधा पाइप की रेलिंग को तोड़ता हुआ नदी में करीब 10 फीट नीचे गिरकर पलट गया।

उसमें सवार सभी चार लोग फंस गए। हाईवे बना रही कंपनी की पोकलेन मशीन की मदद से हार्वेस्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया।

*******************************

 

 

आंध्र प्रदेश में मरीज को ले जा रही एंबुलेंस में लगी आग

अमरावती 14 March, (एजेंसी) : आंध्र प्रदेश के अमरावती में एक मरीज को ले जा रही एंबुलेंस में आग लग गई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं लपटों के चलते शेड में तंबाकू का स्टॉक नष्ट हो गया, जिसकी कीमत 40 लाख रुपये बतायी जा रही है। घटना सोमवार देर रात आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में हुई।

108 एंबुलेंस डायलिसिस के लिए एक मरीज को राजासाहेबपेटा गांव से अस्पताल ले जा रही थी। कुछ दूर जाने के बाद ड्राइवर तिरुपति राव ने धुंआ उठता देखा। उन्होंने तुरंत एंबुलेंस को रोक दिया और अपने सहयोगी मधुसूदन रेड्डी को इसकी जानकारी दी। बाद वाले ने मरीज और उसके साथ आई उसकी मां को नीचे उतरने में मदद की।

शार्ट सर्किट के कारण लगी आग जल्द ही पूरे वाहन में फैल गई। एंबुलेंस में रखा एक ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया और इसके प्रभाव से वाहन का कुछ जलता हुआ सामान पास के एक शेड पर गिर गया, जहां किसानों ने तंबाकू का भंडारण किया था। आग की लपटों में तंबाकू भंडारण भी राख हो गया।

शेड के पास खड़ा एक व्यक्ति भी झुलस गया। उसे एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई। दमकल की गाड़ियां जब तक वहां पहुंची, तब तक पूरी एंबुलेंस और तंबाकू का स्टॉक जलकर खाक हो चुका था।

तंबाकू का स्टॉक के जलने पर किसानों ने कहा कि उन्हें 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

****************************

 

गाजियाबाद में डॉक्टर की बेटी के अपहरण की कोशिश, आरोपी की पिटाई

गाजियाबाद 14 March, (Rns) : गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित चार्म्स कैसल हाउसिंग सोसाइटी में सोमवार रात हंगामा हुआ। एक अज्ञात शख्स ने सोसाइटी के पार्क में खेल रही डॉक्टर की मासूम बेटी को उठा लिया। अपहरण के शक में भीड़ ने उसको पकड़ लिया। बच्ची को छुड़ाकर आरोपी की पिटाई की।

पुलिस ने बमुश्किल आरोपी को लोगों से छुड़ाया और अपनी कस्टडी में लिया। गुस्साए लोगों ने एक बार फिर से आरोपी को कस्टडी से छुड़ा लिया और पिटाई कर दी। 4 थानों की फोर्स को बुलाना पड़ा। इसके बाद हालात संभाल सके। फिलहाल हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ चल रही है।

सोसाइटी में रहने वाले डॉक्टर भावेश चौधरी की डेढ़ वर्षीय बेटी अद्विका सोमवार रात करीब 9 बजे अन्य बच्चों के साथ पार्क में खेल रही थी। इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे कुछ खाने का लालच देकर गोद में उठा लिया और चलने लगा।

सोसाइटी में घूम रहे अन्य लोगों ने उसे ऐसा करते देख लिया और बच्चा चोरी का शोर मचा दिया। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने संदिग्ध आरोपी को दबोचकर मासूम बच्ची को कब्जे में ले लिया।

इतने में सोसाइटी के वॉट्सएप ग्रुप पर मैसेज वायरल हो गया कि बच्चा चोर गैंग घुस आया है, सभी अपने-अपने बच्चों को देख लें। बस फिर क्या था, सोसाइटी में रहने वाले कई सौ रेजिडेंट्स अपने-अपने फ्लैट से बाहर सोसाइटी के कॉमन एरिया में इकट्ठा हो गए।

उन्होंने आरोपी को दबोच लिया और मारपीट शुरू कर दी। सबसे पहले नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित मोरटा चौकी के प्रभारी पहुंचे। उन्होंने भीड़ के कब्जे से संदिग्ध आरोपी को छुड़ाया।

पूछताछ में संदिग्ध ने बताया कि वो बच्चा चोरी नहीं कर रहा था, बल्कि उसको गोद में खिला रहा था। इस व्यक्ति ने ये भी बताया कि सोसाइटी में ही रहने वाले तीन लोग उसके साथ थे। वो किसी गलत इरादे से सोसाइटी में नहीं आया था।

इसी दौरान भीड़ ने संदिग्ध आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया और पिटाई शुरू कर दी। हंगामा बढ़ने की सूचना पर नंदग्राम, कोतवाली, सिहानी गेट और कोतवाली थाने के एसएचओ पुलिस फोर्स लेकर पहुंच गए।

इधर, डिजिटल वॉलंटियर फोर्स (डीवीएफ) के रामकुमार पंवार, अंकित गुप्ता, सौरभ चौधरी, राजीव झा और विजय नारायण भी आ गए। इन्होंने जैसे-तैसे भीड़ को समझाया और फिर पुलिस, आरोपी को लेकर नंदग्राम थाने पर गई।

पुलिस ने बताया कि अभी संदिग्ध आरोपी से पूछताछ चल रही है। वह बार-बार बयान बदल रहा है। ऐसा भी लग रहा है, जैसे वो नशे की हालत में हो।

****************************

 

यूपी में महिला ने की भगवान कृष्ण से शादी

औरैया 14 March, () : एक अनोखे विवाह समारोह में औरैया जिले में एक महिला भगवान कृष्ण के साथ परिणय सूत्र में बंध गई। सेवानिवृत्त शिक्षक रंजीत सिंह सोलंकी की बेटी 30 वर्षीया रक्षा ने स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी कर ली है और एलएलबी कर रही है।

रक्षा ने भगवान कृष्ण की मूर्ति के साथ गांठ बांधकर जीवन भर कान्हा से जुड़ी रहने का फैसला किया। भगवान कृष्ण से विवाह करने की उसकी इच्छा को पूरा करते हुए, उसके पिता ने समारोह की व्यवस्था की थी।

खूबसूरती से शादी का ‘मंडप’ बनाया गया था।

बाद में बारात भगवान कृष्ण की मूर्ति को लेकर विवाह स्थल पर पहुंची, जहां बारातियों ने डीजे की धुन पर डांस किया।

अतिथियों को आमंत्रित किया गया और उनके लिए भोजन, पेय और संगीत की भी व्यवस्था की गई।

रात भर चली शादी के बाद दुल्हन कृष्ण की मूर्ति को लेकर जिले के सुखचैनपुर इलाके में अपने रिश्तेदार के यहां चली गई।

बाद में, वह भगवान कृष्ण की मूर्ति को गोद में लेकर अपने मायके लौट आई।

*****************************

 

भोपाल गैस कांड पीड़ितों को बड़ा झटका

*7400 करोड़ के अतिरिक्त मुआवजे की मांग SC में खारिज*

नई दिल्ली 14 March, (एजेंसी) : भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने पीड़ितों को 7400 करोड़ के अतिरिक्त मुआवजे की मांग वाली केंद्र की क्यूरेटिव याचिका को खारिज कर दिया है।

कोर्ट ने केंद्र की याचिका खारिज करते हुए भोपाल गैस त्रासदी पीड़ितों के मुआवजे में घोर लापरवाही पर फटकार लगाई। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि लंबित दावों को पूरा करने के लिए भारत सरकार द्वारा RBI के पास पड़े 50 करोड़ रुपये की राशि का इस्तेमाल किया जाएगा।

1984 में दो दिसंबर की रात को भोपाल में मौत ने ऐसा तांडव मचाया कि आज तक उसके जख्म नहीं भर सके। भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड फैक्‍ट्री से हुई जहरीली गैस के रिसाव से रात को सो रहे हजारों लोग हमेशा के लिए मौत की नींद सो गए। इससे पूरे शहर में मौत का तांडव मच गया। मरने वालों की संख्या 16,000 से भी अधिक थी।

**********************

 

संभल नहीं रहा अपना देश तो हमें बदनाम कर रहा पाकिस्तान

*फैला रहा प्रोपेगेंडा- भारत ने पाक को लगाई लताड़*

नई दिल्ली 14 March, (एजेंसी) : भारत ने पाकिस्तान को एक बार फिर लताड़ा लगाई है। भारत ने कहा कि पाकिस्तान घरेलू राजनीतिक और आर्थिक विफलता से अपने लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भारत के खिलाफ शत्रुतापूर्ण और मनगढ़ंत प्रोपेगेंडा कर रहा है।

भारत के विदेश मंत्रालय ने 2022 के लिए अपनी वार्षिक रिपोर्ट में जोर देकर कहा है कि पाकिस्तान ने 26/11 मुंबई हमले में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए अभी तक गंभीरता नहीं दिखाई है।

13 मार्च को जारी वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत पाकिस्तान के साथ एक सामान्य पड़ोसी की तरह संबंध रखना चाहता है। बयान में कहा गया, ‘पाकिस्तान भारत को बदनाम करने, अपनी घरेलू राजनीतिक और आर्थिक विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए शत्रुतापूर्ण और मनगढ़ंत प्रोपेगेंडा में लगा हुआ है।’

विदेश मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर पाकिस्तान को निशाना बनाते हुए कहा कि देशों के बीच यह समझ है कि यह भारत का अभिन्न अंग है और इससे जुड़े मामले देश के आंतरिक मामले हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘भारत ने पूरी तरह से पाकिस्तान के उन सभी बयानों को खारिज कर दिया है, जो भारत के आंतरिक मामलों से जुड़े हैं।’

आतंकवाद के मुद्दे पर रिपोर्ट में कहा गया, ‘भारत के लगातार आग्रह के बावजूद कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवाद के लिए अपनी मिट्टी या क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देने की अपनी जनवरी 2004 की प्रतिबद्धता का सम्मान करे.

भारत में नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार आतंकवाद, घुसपैठ और हथियारों की अवैध तस्करी में कोई कमी नहीं आई है। पाकिस्तान ने 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के परिवारों को न्याय दिलाने में अभी तक गंभीरता नहीं दिखाई है।’

विदेश मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया कि भारत ने सीमा पार आतंकवाद को खत्म करने के लिए पाकिस्तान को विश्वसनीय, अपरिवर्तनीय और सत्यापन योग्य कार्रवाई करने की आवश्यकता पर लगातार जोर दिया है।

इसमें कहा गया है, ‘भारत लगातार द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मंचों पर सीमा पार आतंकवाद और आतंकवादी घुसपैठ को पाकिस्तान के लगातार समर्थन का मुद्दा उठाता है। इस तरह के मामलों में पकड़े गए आतंकवादियों के पाकिस्तानी मूल के बारे में विश्वसनीय जानकारी भी हम साझा करते हैं।’

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत पाकिस्तान के साथ सामान्य पड़ोसी संबंधों की इच्छा रखता है। रिपोर्ट में कहा गया, ‘भारत पाकिस्तान के साथ सामान्य पड़ोसी की तरह संबंध रखने की इच्छा रखता है।

भारत की स्थिति हमेशा से यही रही है कि भारत और पाकिस्तान के बीच कोई भी मुद्दा आतंकवाद और हिंसा से मुक्त माहौल में द्विपक्षीय और शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाना चाहिए। ऐसा अनुकूल माहौल बनाने की जिम्मेदारी पाकिस्तान की है।’

विदेश मंत्रालय ने आगे कहा, ‘पाकिस्तान भारत के खिलाफ सीमा पार आतंकवाद को तो स्पॉन्सर करता है लेकिन व्यापार, कनेक्टिविटी और लोगों की आवाजाही को उसने प्रतिबंधित कर रखा है।’

***********************

 

भारत को वैश्विक कूटनीति में एक और बड़ी सफलता

*UNSC में स्थायी सीट के लिए ब्रिटेन का मिला समर्थन*

नई दिल्ली 14 March, (एजेंसी) : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की सदस्यता के लिए भारत को बड़ा समर्थन मिला है। ब्रिटिश सरकार ने भारत को सुरक्षा परिषद की स्थायी सीट दिए जाने की वकालत की है और अपने समर्थन का ऐलान किया है।

सोमवार को ब्रिटेन की संसद में पेश डिफेंस और फॉरेन पॉलिसी रिव्यू में यह बात कही गई है। ऋषि सुनक सरकार का कहना है कि हम चाहते हैं कि सुरक्षा परिषद में सुधार किया जाए और भारत को स्थायी सदस्यता मिले। सरकार ने कहा कि हम मानते हैं कि इंडो-पैसेफिक क्षेत्र हमारी विदेश नीति का अहम स्तंभ है। ब्रिटिश सरकार ने भारत के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए जाने पर भी प्रतिबद्धता जताई।

ब्रिटेन ने कहा कि हम चाहते हैं कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों में सुधार आए। इसके लिए यह जरूरी होगा कि सुरक्षा परिषद की व्यवस्था में भी बदलाव किया जाए। ब्रिटिश संसद में पेश रिव्यू में कहा गया, ‘हम सुरक्षा परिषद में ब्राजील, भारत, जापान और जर्मनी का स्वागत करते हैं।’

बता दें कि इससे पहले अमेरिका और फ्रांस कई बार भारत को सुरक्षा परिषद में शामिल किए जाने की मांग उठा चुके हैं। अब ब्रिटेन ने भी खुलकर भारत का समर्थन किया है। इस तरह सुरक्षा परिषद के 5 स्थायी सदस्यों में से 3 मेंबर भारत के पक्ष में आ गए हैं। वैश्विक कूटनीति के लिहाज से यह भारत के लिए बड़ी सफलता है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के विदेशी मामलों संबंधी प्रवक्ता ने कहा, ‘ऐसा पहली बार हुआ है, जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को लेकर हमने ब्रिटेन की नीति संबंधी दस्तावेज में बात की है। हमने पहली बार संसद के समक्ष यह बात रखी है कि हम यूएनएससी सुधारों का समर्थन करेंगे। यह ब्रिटेन के रुख में एक बदलाव है।

हम यह भी कहते हैं कि हम स्थायी अफ्रीकी सदस्यता का समर्थन करते हैं।’विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक राजनीति में बढ़ते चीन के कद से निपटने के लिए अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस जैसे देश भारत की स्थायी सदस्यता की वकालत कर रहे हैं।

इसके अलावा जर्मनी, ब्राजील और जापान जैसे देशों को भी सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता देने की वकालत की जा रही है। गौरतलब है कि फिलहाल सुरक्षा परिषद में 5 सदस्य स्थायी होते हैं, जबकि 10 अस्थायी मेंबर भी होते हैं।

ये अस्थायी मेंबर दो साल के लिए होते हैं और उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद नए सदस्यों को रोटेशन पर शामिल किया जाता है। हालांकि इन देशों को अहम मामलों में वीटो पावर नहीं होती है।

वीटो पावर सिर्फ 5 स्थायी सदस्यों को ही है। यदि वीटो पावर वाला कोई देश किसी प्रस्ताव के खिलाफ मतदान करता है तो वह पारित नहीं हो सकता।

**********************************

 

योगी के नेतृत्व में हिंदुस्तान का सबसे सुखी व समृद्ध प्रदेश बनेगा उत्तर प्रदेश : नितिन गडकरी

गोरखपुर, 13 मार्च (एजेंसी)!  केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश हिंदुस्तान का सबसे सुखी, समृद्ध व सम्पन्न प्रदेश बनेगा।

श्री गडकरी सोमवार को गोरखपुर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ;एनएचएआई की 18 परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  कानून व्यवस्था का आदर्श स्थापित किया है और  उत्तर प्रदेश की बदली तस्वीर और यहां बड़े पैमाने पर हो रहे निवेश से यह स्पष्ट है कि उनके नेतृत्व में यूपी हिंदुस्तान का सबसे सुखी, समृद्ध व सम्पन्न प्रदेश बनेगा।

केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कानून व्यवस्था एवं विकास के पैमाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुक्तकंठ से तारीफ करते हुए उनकी तुलना भगवान श्रीकृष्ण से की है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भागवत गीता में यह कहा है कि जब.जब दुष्ट प्रवृत्ति, समाज के लिए घातक, अन्यायी व अत्याचारी लोगों का प्रभाव बढ़ता है तो लोगों की रक्षा के लिए मैं अवतार लेता हूं उसी प्रकार उत्तर प्रदेश में योगी  ने सज्जनों के रक्षार्थ दुर्जनों के खिलाफ कठोर कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि योगी  के शासन में सज्जनों में आत्मविश्वास बढ़ा है। दुर्जनों पर प्रहार भगवान श्रीकृष्ण का संदेश था।

श्री गडकरी ने उत्तर प्रदेश की सड़कों को अमेरिका जैसी बनाने की अपनी पूर्व बात को याद करते हुए कहा कि 2014 के बाद उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई दोगुनी बढ़ गई है। वर्ष 2024 के समाप्त होने तक उत्तर प्रदेश में पांच लाख करोड़ रुपये के रोड पर काम किया जाएगा।

केंद्रीय सड़क, परिवहन मंत्री ने उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग की पूर्ण, निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं की सिलसिलेवार विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोदी जी.योगी जी के नेतृत्व में यूपी की सड़कें जैसी होंगी और अच्छी सड़कों से उत्तर प्रदेश भी अमेरिका जैसा समृद्ध बनेगा।

उन्होंने कहा कि बाबा गोरक्षनाथ जी की इस पावन भूमि पर लोकार्पित और शिलान्यास हो रही इन परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा एवं औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

नए रोजगार के अवसरों का सृजन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए हम कटिबद्ध हैं।

श्री  गडकरी ने कहा कि गरीबी दूर करने, लोक कल्याण के लिए आदर्श रामराज्य की स्थापना कर रहे हैं। देश और उत्तर प्रदेश की जनता इसे महसूस भी कर रही है। उनके नेतृत्व में देश और यूपी में बदलाव हो रहा है।

सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास के मंत्र से देश दुनिया की नम्बर वन महाशक्ति बनेगा।

केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कानून व्यवस्था एवं विकास के पैमाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुक्तकंठ से तारीफ करते हुए उनकी तुलना भगवान श्रीकृष्ण से की है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भागवत गीता में यह कहा है कि जब.जब दुष्ट प्रवृत्ति, समाज के लिए घातक, अन्यायी व अत्याचारी लोगों का प्रभाव बढ़ता है तो लोगों की रक्षा के लिए मैं अवतार लेता हूं उसी प्रकार उत्तर प्रदेश में योगी  ने सज्जनों के रक्षार्थ दुर्जनों के खिलाफ कठोर कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि योगी  के शासन में सज्जनों में आत्मविश्वास बढ़ा है। दुर्जनों पर प्रहार भगवान श्रीकृष्ण का संदेश था।

****************************

 

ईडी , सीबीआई भाजपा का हथियार -अखिलेश यादव

लखनऊ 13 मार्च (एजेंसी )। पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव  ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने घपले, घोटाले तथा भ्रष्टाचार और नाकामी छिपाने और विपक्षी दलों के नेताओं की छवि को खराब करने और बदनाम करने के लिए ईडी और सीबीआई को हथियार बना लिया है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में शहरों में कूड़े भरे पड़े हैं, सफाई नहीं है। इतने वर्ष सरकार चलाने के बाद भाजपा नगरों के सीवर सिस्टम को ठीक नहीं कर पायी, नालों में गन्दगी भरी पड़ी है।

नदियां साफ नहीं हुई। गंगा में नाले गिर रहे है वह साफ नही हुए। हाउस टैक्स, वाटर टैक्स बढ़ा दिया गया है। सरकार आम जनता से बिजली बिल महंगा ले रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। शहरों में सड़के खराब और टूटी हुई हैं। शहरों में हाउस टैक्स और वाटर टैक्स बढ़ा दिया गया है।

भाजपा ने सपना स्मार्ट सिटी का दिखाया था लेकिन शहरों में सांड घूम रहें है। जनता नगर निगम चुनाव में भाजपा को महंगाई, बेरोजगारी और अव्यवस्था का जवाब देगीश्री यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है।

भाजपा की सरकार में वाराणसी में वीवीआईपी संसदीय क्षेत्र में 25000 अवैध निर्माण हो गए जिनमें अधिकांश भाजपा के प्रश्रय प्राप्त लोगों की संलिप्तता है। जनता देख रही है कि अपराध के प्रति भाजपा की झूठी टॉलरेंस है।

छोटी छोटी मासूम बच्चियां तक सुरक्षित नहीं।अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा से भी ज्यादा मजबूत तैयारी करने में जुटे हैं।

देश में संविधान को बचाने की लड़ाई सबको मिलकर लडनी होगी।

उन्होने जनता को एकजुट करने पर जोर दिया और कहा कि संविधान बचाने के लिए लोगो को ज्यादा से ज्यादा वोट डालने होगे।

*****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपके कार्यों में लचरता रहेगी। किसी भी निर्णय पर ज्यादा देर नहीं टिकेंगे। आप अपने ही गैरजिम्मेदार व्यवहार के कारण कष्ट उठाएंगे। कार्यों में लापरवाही भी अधिक रहेगी। हर कार्य में शक करने के कारण परिवार अथवा कार्य क्षेत्र पर तनातनी हो सकती है। व्यवसाय विपरीत रहने से धन लाभ आज मुश्किल से ही हो पायेगा। किसी दूर रहने वाले रिश्तेदार से सुखद समाचार मिलेगा। परिवार में किसी की बीमारी पर खर्च होगा। सरकारी कार्यों के पीछे व्यर्थ की भाग दौड़ करनी पड़ेगी। सेहत का विशेष ध्यान रखें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज के दिन खर्च विशेष रहेंगे लेकिन धन लाभ के अवसर भी मिलने से तालमेल बना रहेगा। कार्य क्षेत्र के साथ साथ घरेलु कार्य अधिक रहने से व्यस्तता बढ़ेगी। मध्यान के समय धन लाभ के अवसर भी मिलेंगे परन्तु आशा के अनुसार सफलता नहीं मिल पाएगी। घर में सजावट एवं बदलाव लाने के लिए समय एवं धन खर्च होगा। सन्तानो की जिद के चलते थोड़े असहज रहेंगे। कार्य क्षेत्र पर प्रतिस्पर्धा अधिक रहने का लाभ नही उठा पाएंगे। प्रतिष्ठा को लेकर आज आप अधिक संवेदनशील रहेंगे। नौकरी पेशा जातको को थोड़ी परेशानी रहेगी। संध्या का समय एकांत वास में बिताना पसंद करेंगे।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आप पिछले कुछ दिनों की अपेक्षा बेहतर स्वास्थ्य अनुभव करेंगे। बड़े लोगो से व्यवहारिक ज्ञान मिलेगा। आज कुछ अलग करने का प्रयास करेंगे इसमें कुछ हद तक सफल भी रहेंगे परन्तु धन अथवा अन्य कारण से बाधा आएगी। सामाजिक कार्यो के प्रति रूचि लेने से प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। बड़बोलेपन के कारण मान हानि हो सकती है संयमित व्यवहार करें। किसी परिजन अथवा सहकर्मी का विपरीत व्यवहार रंग में भंग का कार्य करेगा क्रोध में आकर कोई गलत हरकत ना करें। संध्या के समय धन लाभ होने से आयवश्यक कार्य पूर्ण कर पाएंगे।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आपका आज का दिन भी थोड़ा उतार चढ़ाव वाला रहेगा। संबंधो में चाह कर भी मधुरता नहीं रख पाएंगे। परिजनों से बात-बात पर मतभेद बनेंगे। गलतफहमियां भी आज अधिक परेशान करेंगी। कार्य क्षेत्र पर प्रतिस्पर्धा अधिक रहने से अधिक ध्यान देना पड़ेगा। आज आपके हिस्से का लाभ कोई अन्य व्यक्ति ले सकता है। संभावित अनुबंध निरस्त होने से मन भारी रहेगा। धन लाभ के लिए किसी की मान गुहार करनी पड़ेगी फिर भी काम चलाऊ प्राप्ति हो जाएगी। लंबी यात्रा की योजना स्थगित करनी पड़ सकती है। पारिवारिक खर्च अधिक बढऩे से परेशानी होगी।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज के दिन सेहत में थोड़ी गिरावट रह सकती है। परंतु बाकि सब कार्य एवं व्यवहार यथावत चलते रहेंगे। कार्य क्षेत्र पर थोड़े समय में ही अधिक लाभ मिल जाएगा। समय निकाल कर पर्यटन की योजना बनाएंगे। पौरिणीक धार्मिक स्थलों की यात्रा हो सकती है। परिवार में भी आज भावनात्मकता अधिक रहने से एक दूसरे के विचारों की कद्र करेंगे। उगाही करने पर उधारी की वापसी हो सकेगी। संध्या के बाद स्थिति में परिवर्तन आने से क्रोध एवं नकारात्मक भावनाएं बढ़ेंगी।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आपको आज का दिन मिश्रित फल देगा। दिन के पूर्वार्ध में पूर्व में बनाई योजनाये सही दिशा में आगे बढ़ेगी परन्तु कुछ समय बाद किसी के विरोध अथवा अन्य कारणों से इनमे बदलाव करना पड़ेगा। आयवश्यक कार्यो में विलम्ब होने से निराशा होगी। यात्रा की में भी विघ्न आने से स्थगित करनी पड़ सकती है। पारिवारिक वातावरण स्वार्थ पर आधारित रहेगा। स्त्री एवं संतान के मध्य तालमेल बनाना मुश्किल खड़ी करेगा। धन लाभ के लिए आज अधिक बौद्धिक परिश्रम करना पड़ेगा। खर्च आय से अधिक रहेंगे। सन्तानो से कष्ट होगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आपका दिन आनंद से बीतेगा दिन के पूर्वार्ध में कार्य व्यवसाय बेहतर चलेगा इसमें व्यस्तता भी अधिक रहेगी मध्यान से पहले का समय घरेलू आवश्यकताओ की पूर्ति करने में बीतेगा। आज विपरीत लिंगीय आकर्षण से बच कर रहे अन्यथा धन एवं मान हानि भी होगी। सन्तानो के ऊपर आज गर्व होगा। लेकिन आपके किसी गलत आचरण के कारण सम्मान को ठेस पहुच सकती है। धन लाभ प्रचुर मात्रा में होगा परन्तु घरेलु खर्च अधिक रहने से बचत मुश्किल से ही कर पाएंगे। पुराने मित्रों एवं संबंधियों से मिलने पर खुशी होगी।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आप किसी के बहकावे अथवा प्रलोभन में ना आये संवेदनशीलता अधिक रहने से आँख बंद करके किसी भी कार्य के लिए सहमति ना दें अन्यथा भारी हानि हो सकती है। पैतृक सम्पति सम्बंधित मामले उलझने से पारिवारिक वातावरण बिगड़ेगा। सरकारी कार्य भेंट पूजा के बिना करना संभव नहीं रहेगा। पुराने मित्रों से आकस्मिक भेंट आनंदित करेगी। कार्य क्षेत्र अधिक सतर्क रहें चोरी अथवा अन्य कारणों से नुक्सान हो सकता है। पारिवारिक समस्याओं की लापरवाही करने से स्थिति विकट हो सकती है। धार्मिक अनुष्ठानों पर खर्च करेंगे।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आपका आज का दिन सामान्य से अधिक शुभ फल देने वाला रहेगा। सामाजिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुअवसर मिलेगा फिर भी इससे आर्थिक लाभ की आशा ना रखे सम्बन्ध प्रगाढ़ होंगे। धन लाभ के लिए आज थोड़ा अधिक बौद्धिक एवं शारीरिक परिश्रम करना पड़ेगा। धार्मिक कार्यो में भी सहभागिता देंगे। मध्यान के समय कार्य व्यवसाय में गति रहने से व्यस्तता रहेगी। शारीरिक रूप से थका हुआ अनुभव होगा। परिजनो की इच्छा पूर्ती पर खर्च करेंगे। गृहस्थ सुख सामान्य रहेगा। ऊपरी आय की भी संभावना है।

मकर : (भो, जा, , खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपको सरकारी कार्यो से आकस्मिक लाभ होगा। पिता से संबंध बेहतर होने का लाभ मिलेगा। घर में मांगलिक कार्य के कारण अथवा अन्य घरेलु कार्यो में अधिक व्यस्त रहेंगे। कार्य क्षेत्र पर भी आशा के अनुरूप व्यवसाय होने से धन लाभ होगा। सुख के ऊपर फिजूल खर्च भी अधिक रहेंगे। घर में मेहमानों के आने से चहल-पहल रहेगी। आज किसी के ऊपर अतिविश्वास ना करें। अतिक्रोध बने बनाये कार्य को चौपट कर सकता है ध्यान रहे। आय के नविन साधनों की प्राप्ति होगी। घर में आनंद का वातावरण रहेगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज के दिन आप लाभ-हानि की परवाह नही करेंगे। सामाजिक एवं पारिवारिक क्षेत्र पर आज आप भाग्यशाली माने जाएंगे। आपके अधिकांश कार्य सरलता से बनते चले जाएंगे। जायदाद सम्बंधित कार्यो को आज करना शुभ रहेगा। सरकार की तरफ से लाभदायक समाचार मिल सकता है। विदेश सम्बंधित कार्यो में भी सफलता सुनिश्चित रहेगी। धार्मिक क्षेत्र पर योगदान के लिए सम्मानित किए जाएंगे। परिवार में भी आज आपको विशेष स्नेह एव सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य भी उत्तम रहेगा। धन लाभ के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ेगी।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आपका आज का दिन शारीरिक रूप से अशुभ रहेगा। प्रात: काल से ही आँख में जलन अथवा अंगों में दर्द रहने से निष्क्रियता रहेगी। कार्यो में उत्साहहीनता रहने के कारण पूर्व निर्धारित योजनाएं टालनी पड़ सकती है। व्यवसायिक स्थल पर प्रतिस्पर्धा के कारण टकराव की स्थिति बनेगी। आज के दिन शालीनता के साथ व्यवहार करना फायदेमंद रहेगा। अधिक क्रोध एवं ईर्ष्या की प्रवृति धन के साथ-साथ प्रियजनों से आपसी व्यवहार बिगाड़ेगी। भाग्योन्नति में बाधाएं आएँगी।

************************************

 

मिस एंड मिसेज इंडिया एंड नारी शक्ति सम्मान 2023′ समारोह का आयोजन 15 मार्च को 

14.03.2023  –  मुम्बई महानगर के प्रसिद्ध उपनगर अंधेरी (पश्चिम) स्थित मेयर हॉल में चर्चित समाजसेवी व कृष्णा चौहान फाउंडेशन के संस्थापक डॉ कृष्णा चौहान के द्वारा ‘मिस एंड मिसेज इंडिया एंड नारी शक्ति सम्मान 2023’ समारोह का भव्य आयोजन 15 मार्च को किया जाएगा।

इस पुरस्कार समारोह में उन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने समाज सेवा और मानव सेवा का उल्लेखनीय कार्य किया है। साथ ही अपनी कला और व्यक्तित्व का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समाज को एक नई दिशा प्रदान की हैं।

डॉ कृष्णा चौहान द्वारा आयोजित इस अवार्ड समारोह में कई नामचीन फिल्मी हस्तियां मौजूद होंगी। डॉ कृष्णा चौहान कृष्णा चौहान पिछले 20 साल से फिल्म इंडस्ट्री में बतौर फिल्ममेकर काम कर रहे हैं। इसके साथ ही वह सामाजिक कार्यों में हमेशा आगे रहते हैं।

कोविड काल के दौरान उन्होंने न सिर्फ जरूरतमंदों को राशन वितरित किया बल्कि सबसे बड़ी बात यह रही कि उन्होंने भगवतगीता भी लोगों को भेंट किया। अवार्ड्स समारोह के आयोजन के मामले में वो अव्वल नम्बर पर माने जाते हैं।

डॉ कृष्णा चौहान अपनी नेक्स्ट हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘आत्मा डॉट कॉम’ की शूटिंग भी जल्द शुरू करने जा रहे हैं। इस फिल्म में प्रसिद्ध संगीतकार दिलीप सेन का संगीत होगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

देश में मजबूती के साथ हाइवे निर्माण हो रहा : नितिन गडकरी

गोरखपुर 13 मार्च (एजेंसी)! उत्तर प्रदेश गोरखपुर में केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शानदार रोड कनेक्टिविटी के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली 18 परियोजनाओं की सौगात दी।

श्री गडकरी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महंत दिग्विजय नाथ स्मृति पार्क में आयोजित समारोह में 12 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास व छह का लोकार्पण किया। ये सभी परियोजनाएं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ;एनएचएआई की हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट व्यापक निवेश की संभावनाएं बढ़ा रहा है।  योगी ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मिले 33.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के आने में सुरक्षा के माहौल के साथ बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर की बड़ी भूमिका है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के प्रस्तावों को आगे बढ़ाकर तीन वर्ष में हम एक करोड़ नौजवानों को नौकरी व रोजगार देने में सफल होंगे।  उन्होंने कहा कि युवाओं को पलायन के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से पूरे देश में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर का मजबूत नेटवर्क नजर आ रहा है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री  के मार्गदर्शन में केंद्रीय सड़क, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को जाता है। देश में मजबूती के साथ हाइवे निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि श्री गडकरी  ने इसकी रफ्तार को नई ऊंचाई तक पहुंचाया है। दुनिया अचंभित है कि कैसे  सदी की सबसे बड़ी महामारी के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था इतनी तेजी से उभरते हुए आगे बढ़ रही है। इसका आधार मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और श्री गडकरी ने इंफ्रास्ट्रक्चर की मजबूती में उत्तर प्रदेश  की भरपूर मदद की है। गडकरी जी ने गत दिनों बलिया में सात हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की सौगात दी तो आज गोरखपुर में आकर 10 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं को पूर्ण करने में राज्य सरकार हर संभव सहयोग करने को संकल्पित है।

उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण बात यह है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश का यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन का भी अहम पड़ाव है। भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर से लेकर उनके बचपन की स्थली कपिलवस्तु और श्रावस्ती को जोडऩे का कार्य हो रहा है। हजारों वर्षों की विरासत और जिस मार्ग से माता जानकी प्रभु श्रीराम के साथ अयोध्या गई थींएउस रामजानकी मार्ग को फोर लेन कर  गडकरी जी ने रामायण काल के संबंधों से जोडऩे का अभिनव प्रयोग किया है। अयोध्या छावनी से लेकर सीतामढ़ी, जनकपुर तक फोरलेन की सौगात भुला दिए गए विरासत का संरक्षण और सम्मान है।

योगी ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा महानगर गोरखपुर आसपास के जिलों समेत बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों तक के लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि यहां से बिहार और नेपाल तक की कनेक्टिविटी के लिए नए बाईपास की सौगात मिली है।

इस अवसर पर प्रदेश के मत्स्य विकास मंत्री डॉ संजय निषाद, सांसद रविकिशन शुक्ल, डॉ रमापति राम त्रिपाठी, जगदंबिका पाल, कमलेश पासवान, हरीश द्विवेदी, विजय दूबे, रविंदर कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती साधना सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह,डॉ विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, ज्ञानेंद्र सिंह, अनिल त्रिपाठी, ऋषि त्रिपाठी, दीपक मिश्र शाका, एमएलसी डॉ रतनपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि भी उपस्थित थे।

***********************************

 

जनता की समस्याओं पर संवेदनशीलता से दें ध्यान, कराएं संतुष्टिपरक समाधान : सीएम

*जनता दर्शन में 400 लोगों की समस्याएं सुनीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने*

*कहा, बिलकुल मत घबराइए, आपके साथ मैं हूं ना*

गोरखपुर, 13 मार्च(एजेंसी )। गोरखनाथ मंदिर में सोमवार सुबह आयोजित जनता दर्शन में आए लोगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्वस्त किया कि बिलकुल मत घबराइए, आपके साथ मैं हूं ना।

किसी को भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सबकी समस्या का समाधान हर हाल में किया जाएगा। उन्होंने पास में मौजूद प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और उनका संतुष्टिपरक समाधान कराएं ।

जरूरतमंदों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।गोरखनाथ मंदिर में दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 400 लोगों से मुलाकात की। कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे और समस्या सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए।

उनकी बात इत्मीनान से सुनने के बाद पास में खड़े अधिकारियों को समस्या समाधान हेतु आवश्यक दिशानिर्देश दिए।

अलग-अलग मामलों से जुड़े समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और सन्तुष्टिपरक होना चाहिए।

अपराध से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने का निर्देश दिया।

*इलाज के लिए हर किसी को मिलेगी मदद*जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए कई लोगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले इस भरोसे से बहुत संबल मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए।

इस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। जन स्वास्थ्य की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।बच्चों को दुलारा भी*जनता दर्शन में अपने परिजनों के साथ आये बच्चों को भी मुख्यमंत्री ने खूब दुलारा।

उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और चॉकलेट के साथ खूब पढऩे, आगे बढऩे का आशीर्वाद दिया।

जनता दर्शन में लोगों से मिलने के पूर्व उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन, पूजन करने के साथ ही अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर मत्था टेककर उनका आशीर्वाद लिया।

***************************

 

इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर से 3 महीने के अंदर हटाए मस्जिद, SC का सख्त आदेश

नई दिल्ली 13 March, (एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों को तीन महीने के भीतर इलाहाबाद हाईकोर्ट के परिसर से एक मस्जिद को हटाने का निर्देश दिया। शीर्ष अदालत ने मस्जिद हटाए जाने का विरोध करने वाले याचिकाकर्ताओं को बताया गया कि संरचना एक खत्म हो चुके पट्टे (लीज) पर ली गई संपत्ति पर है और वे अधिकार के रूप में इसे कायम रखने का दावा नहीं कर सकते।

याचिकाकर्ताओं, वक्फ मस्जिद उच्च न्यायालय और उप्र सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने नवंबर 2017 के इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती दी थी। उच्च न्यायालय ने उन्हें मस्जिद को परिसर से बाहर करने के लिए तीन महीने का समय दिया था। सर्वोच्च न्यायालय ने सोमवार को उनकी याचिका खारिज कर दी।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति को बेटी की शादी के लिए मिली एक हफ्ते की जमानत

न्यायमूर्ति एम आर शाह और न्यायमूर्ति सीटी रविकुमार की पीठ ने हालांकि, याचिकाकर्ताओं को मस्जिद के लिए पास में किसी जमीन के आवंटन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार को एक प्रतिवेदन करने की अनुमति दी।

पीठ ने याचिकाकर्ताओं को बताया कि भूमि एक पट्टे की संपत्ति थी जिसे समाप्त कर दिया गया था। वे अधिकार के तौर पर इसे कायम रखने का दावा नहीं कर सकते।

पीठ ने कहा, “हम याचिकाकर्ताओं द्वारा विचाराधीन निर्माण को गिराने के लिए तीन महीने का समय देते हैं और यदि आज से तीन महीने की अवधि के भीतर निर्माण नहीं हटाया जाता है, तो उच्च न्यायालय सहित अधिकारियों के लिए उन्हें हटाने या गिराने का विकल्प खुला रहेगा।”

मस्जिद की प्रबंधन समिति की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि मस्जिद 1950 के दशक से है और इसे यूं ही हटाने के लिए नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा, “2017 में सरकार बदली और सब कुछ बदल गया।

नई सरकार बनने के 10 दिन बाद एक जनहित याचिका दायर की जाती है। जब तक वे हमें जमीन उपलब्ध कराते हैं, तब तक हमें वैकल्पिक स्थान पर जाने में कोई समस्या नहीं है।” उच्च न्यायालय की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश द्विवेदी ने कहा कि यह पूरी तरह से धोखाधड़ी का मामला है।

उन्होंने कहा, “दो बार नवीनीकरण के आवेदन आए और कोई सुगबुगाहट तक नहीं हुई कि मस्जिद का निर्माण किया गया था और इसका उपयोग जनता के लिए किया गया था।

उन्होंने नवीनीकरण की मांग करते हुए कहा कि यह आवासीय उद्देश्यों के लिए आवश्यक है। केवल यह तथ्य कि वे नमाज पढ़ रहे हैं, इसे मस्जिद नहीं बना देगा।

उच्चतम न्यायालय या उच्च न्यायालय के बरामदे में सुविधा के लिए अगर नमाज की अनुमति दी जाए तो यह मस्जिद नहीं बन जाएगा।”

*************************

राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ उत्तराखंड का बजट सत्र, सदन के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन

भराड़ीसैंण 13 March, (एजेंसी): सोमवार से उत्तराखंड विधानसभा का 6 दिवसीय ग्रीष्म कालीन बजट सत्र शुरू हो गया। उत्तराखंड के राज्यपाल ले. ज. गुरमीत सिंह के अभिभाषण के साथ ही विधानसभा के बजट सत्र का आगाज हुआ।

राज्यपाल को विधानसभा पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।

विपक्ष सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहा है। इस बजट सत्र में विपक्ष सत्ता पक्ष को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी कर चुका है। विपक्षी विधायकों ने प्रदेश में हो रही परीक्षाओं में धांधली, महंगाई, अंकिता हत्याकांड जैसे कई मुद्दों पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस के विधायक विधानसभा भवन के मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन कर नारेबाजी कर रहे हैं। सत्र के लिए सत्ता और विपक्ष के कई विधायक भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में पहुंच गए हैं।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के लिए सरकार का विजन इस बजट में झलकता है। हमें उम्मीद है कि सभी नेता राज्य के विकास में योगदान देंगे।

ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी अपनी-अपनी परीक्षाओं से गुजरेंगे।

इस बार करीब आठ महीने बाद सत्र हो रहा है। इस अवधि में तीनों दिग्गजों ने अपने-अपने किस्म की राजकाज से लेकर सियासी उलटबासी देखी हैं।

मुख्यमंत्री धामी के सामने उनकी सरकार को विपक्ष के हमले से बचाने की चुनौती है। उन्हें रोजगार, भर्ती घोटाला और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर न सिर्फ विपक्ष के प्रश्नों के उत्तर देने हैं, बल्कि विपक्षी हमलों को नाकाम करने का दबाव भी उन पर रहेगा।

गैरसैंण में आज होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य आंदोनकारियों को नौकरी में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का प्रस्ताव आ सकता है। मंजूरी के लिए दूसरी बार राजभवन भेजने पर इसे मंजूर किया जाना राजभवन की सांविधानिक बाध्यता होगी।

राज्य आंदोलनकारियों को नौकरी में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का वर्ष 2011 से लाभ नहीं मिल पा रहा है। पूर्व में इस विधेयक को मंजूरी के लिए राजभवन भेजा गया था, लेकिन राजभवन की ओर से कुछ आपत्ति के बाद इसे वापस लौटा दिया गया।

उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद के पूर्व अध्यक्ष रवींद्र जुगरान के मुताबिक उन्होंने इस मसले पर मंत्री एवं सब कमेटी के चेयरमैन सुबोध उनियाल से बात की।

मंत्री का कहना है कि इस सत्र में इस पर सकारात्मक कार्यवाही होगी। जुगरान ने कहा, पिछले 11 साल में हजारों की संख्या में जो भर्ती परीक्षाएं हुईं उनमें आंदोलनकारी क्षैतिज आरक्षण कोटे से एक भी भर्ती नहीं हो पाई है।

जुगरान ने कहा कि शहीदों, गोलीकांड में घायल आंदोलनकारियों, जेल गए आंदोलनकारियों और सक्रिय आंदोलनकारियों के आश्रितों को यह सम्मान मिलना चाहिए था, लेकिन उन्हें नहीं मिला।

************************

 

ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में भारतीय बैडमिंटन खिलाडिय़ों के सामने कड़ी चुनौती

बर्मिंघम, 13 मार्च। चोट से वापसी कर रहे और खराब फार्म से जूझ रहे भारतीय बैडमिंटन खिलाडिय़ों को मंगलवार से यहां शुरू हो रही ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में खिताब के लिए देश का इंतजार खत्म करने के लिए पूरे दमखम के साथ खेलना होगा।

किसी भारतीय खिलाड़ी को इस प्रतिष्ठित खिताब को जीते हुए 22 साल हो गये हैं। पुलेला गोपीचंद (2001) ने महान प्रकाश पादुकोण (1980) का अनुसरण किया था और यह खिताब जीतने वाले दूसरे भारतीय बने थे।

लक्ष्य सेन पिछले सत्र में और साइना नेहवाल 2015 में फाइनल में पहुंचे थे लेकिन वे खिताब के सूखे को खत्म करने में विफल रहे।  दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू इस टूर्नामेंट में सेमीफाइनल की बाधा को पार नहीं कर सकी।

भारतीय खिलाडिय़ों के लिए परिस्थितियां इस बार भी मुश्किल होगी। सेन और सिंधु दोनों चोट के कारण लंबे समय तक खेल से दूर रहने के बाद वापसी पर नये सत्र की खराब शुरुआत की है। दोनों मलेशिया और इंडिया ओपन में जल्दी बाहर हो गये थे।

विश्व रैंकिंग में 12वें स्थान पर काबिज सेन जर्मनी ओपन के पहले दौर में दुनिया के 41वें नंबर के खिलाड़ी फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव से करारी शिकस्त के बाद इस टूर्नामेंट में उतर रहे हैं जबकि सिंधू अपने कोरियाई कोच पार्क ताए-संग कुछ सप्ताह पहले ही अगल हुई है।

सेन के सामने शुरुआती दौर में पांचवीं वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे के चाउ टिएन चेन की चुनौती होगी जबकि सिंधू को चीन की झांग यी मान से भिड़ेंगी।

शीर्ष रैंकिंग की पूर्व खिलाड़ी साइना नेहवाल के सामने शुरुआती दौर में चीन की हान यूई की चुनौती होगी।

पिछले कुछ समय में शीर्ष रैंकिंग के कई खिलाडिय़ों को शिकस्त देने वाले नौवें स्थान के खिलाड़ी एचएस प्रणय से उलटफेर की उम्मीद होगी। प्रणय ने हाल ही में बैडमिंटन एशिया मिश्रित टीम चैम्पियनशिप में विश्व रैंकिंग के चौथे नंबर के खिलाड़ी ली जी जिया को हराया था।

प्रणय अपने अभियान की शुरुआत चीनी ताइपे के वांग जू वेई के खिलाफ करेंगे जबकि पिछले कुछ समय से संघर्ष कर रहे किदांबी श्रीकांत फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव के खिलाफ उतरेंगे।

इस बार एकल वर्ग में किसी भी भारतीय खिलाड़ी को वरीयता नहीं दी गई है ऐसे में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की छठी वरीयता प्राप्त पुरुष युगल जोड़ी अपने अभियान को आगे तक ले जाना चाहेगी।

सात्विक को जनवरी में इंडिया ओपन के दौरान कूल्हे में चोट लगी थी और वह इससे वापसी कर चिराग के साथ मलेशिया ओपन के फाइनल में पहुंचे थे।

अन्य भारतीय में एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला की पुरुष जोड़ी चीन के रेन शियांग यू और तान कियांग की जोड़ी से पहले दौर में भिडेगी।
त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला युगल जोड़ी ने 2022 सत्र में सेमीफाइनल में पहुंच कर चौंकाया था और यह भारतीय जोड़ी इस बार अपने प्रदर्शन में और सुधार करना चाहेगी। उनके सामने पहले दौर में जोंगकोलफान किटीथाराकुल और राविंदा प्राजोंगजई की थाइलैंड की जोड़ी होगी।

ईशान भटनागर और तनीषा क्रास्टो की मिश्रित जोड़ी और अश्विनी भट्ट के और शिखा गौतम की महिला जोड़ी भी मैदान में है।

***************************

एमेच्योर एशिया पैसिफिक चैम्पियनशिप: अवनी संयुक्त 24वें और निश्ना संयुक्त 35वें स्थान पर

सिंगापुर, 13 मार्च (एजेंसी)। भारतीय गोल्फर अवनी प्रशांत और निश्ना पटेल ने रविवार को महिला एमेच्योर एशिया पैसिफिक चैम्पियनशिप (डब्ल्यूएएपी) के अंतिम दौर में तीन ओवर 75 के कार्ड खेले जिससे दोनों ने क्रमश: संयुक्त 24वां और संयुक्त 35वां स्थान हासिल किया।

क्वीन सिरिकिट कप की व्यक्तिगत चैम्पियन अवनी ने 73-71-74-75 के कार्ड से कुल 5 ओवर 289 का स्कोर हासिल किया।
वहीं तीसरी बार डब्ल्यूएएपी में हिस्सा ले रहीं निश्ना 71-72-77-75 के कार्ड से सात ओवर 291 का कुल स्कोर बनाने के बाद संयुक्त 35वें स्थान पर रहीं।

सिर्फ ये दोनों भारतीय गोल्फ ही कट हासिल कर सकी थीं।

अनिका वर्मा, विधात्री उर्स, मन्नत बरार और लावण्य जादोन कट से चूक गयी थीं।

कनाडा की एलिया गालिटस्काई ने अंतिम दौर में चार अंडर 68 का कार्ड खेला जिससे वह खिताब जीतने में सफल रहीं।

**************************

 

अदाणी समूह ने समय से पहले चुकाया 2.15 अरब डॉलर का लोन, अंबुजा फाइनेंसिंग में इक्विटी बढ़ाई

मुंबई 13 मार्च (एजेंसी)। प्रमोटर लीवरेज चुकाने के लिए अपने प्रमोटरों की प्रतिबद्धता को जारी रखते हुए अडानी समूह ने 31 मार्च की प्रतिबद्ध समय-सीमा से काफी पहले मार्जिन लिंक्ड शेयर समर्थित वित्तपोषण का पूर्ण पूर्व भुगतान पूरा कर लिया है, जो कुल मिलाकर 2.15 अरब डॉलर है।

इसके अलावा, प्रमोटरों ने अंबुजा अधिग्रहण वित्तपोषण के लिए ली गई 50 करोड़ डॉलर की सुविधा का प्रीपेड भी लिया है। यह इक्विटी अंशदान बढ़ाने के लिए प्रवर्तकों की प्रतिबद्धता के अनुरूप है और प्रवर्तकों ने अब अंबुजा और एसीसी के लिए 6.6 अरब डॉलर के कुल अधिग्रहण मूल्य में से 2.6 अरब डॉलर का निवेश किया है।

बयान में कहा गया है कि 2.65 अरब डॉलर का पूरा पूर्व भुगतान कार्यक्रम 6 सप्ताह के भीतर पूरा हो गया है, जो मजबूत तरलता प्रबंधन और प्रायोजक स्तर पर पूंजी तक पहुंच को प्रमाणित करता है, जो सभी पोर्टफोलियो कंपनियों में अपनाई गई ठोस पूंजी विवेकशीलता का पूरक है।

*************************

 

महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों के लिए नई जमा योजना की सीमा बढ़ी

नई दिल्ली 13 मार्च (एजेंसी)। आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए एक बार की नई छोटी बचत योजना, महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र मार्च 2025 तक उपलब्ध कराया जाएगा। यह घोषणा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को केंद्रीय बजट 2023-24 पेश करते हुए की। यह आंशिक निकासी विकल्प के साथ 7.5 प्रतिशत की निश्चित ब्याज दर पर दो साल की अवधि के लिए महिलाओं या लड़कियों के नाम पर 2 लाख रुपये तक की जमा सुविधा प्रदान करेगा।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना के तहत अधिकतम जमा सीमा 15 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये की जाएगी।
मासिक आय खाता योजना के लिए अधिकतम जमा सीमा एकल खाते के लिए 4.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 9 लाख रुपये और संयुक्त खाते के लिए 9 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये की जाएगी।

बजट में कुल कैपेक्स परिव्यय को 33 प्रतिशत बढ़ाकर 7.5 लाख करोड़ रुपये से 10 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है।
अपने संबोधन में सीतारमण ने घोषणा की कि पूंजी निवेश परिव्यय को लगातार तीसरे वर्ष 33 प्रतिशत बढ़ाकर 10 लाख करोड़ रुपये किया जा रहा है, जो कि सकल घरेलू उत्पाद का 3.3 प्रतिशत होगा।

यह 2019-20 में परिव्यय का लगभग तीन गुना होगा।

केंद्र द्वारा प्रत्यक्ष पूंजी निवेश राज्यों को सहायता अनुदान के माध्यम से पूंजीगत संपत्ति के निर्माण के लिए किए गए प्रावधान द्वारा पूरक है। केंद्र के प्रभावी पूंजीगत व्यय का बजट 13.7 लाख करोड़ रुपए रखा गया है, जो जीडीपी का 4.5 फीसदी होगा।

एक्यूइट रेटिंग्स एंड रिसर्च के कार्यकारी निदेशक और मुख्य विश्लेषणात्मक अधिकारी सुमन चौधरी ने कहा कि बाजार सरकार से सार्वजनिक पूंजीगत व्यय के लिए एक और प्रतिबद्धता की उम्मीद कर रहा था और इसने निराश नहीं किया है।

केंद्रीय बजट में कुल कैपेक्स परिव्यय को 33 प्रतिशत बढ़ाकर 7.5 लाख करोड़ रुपये से 10.0 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो इसे सकल घरेलू उत्पाद के 3 प्रतिशत के सर्वकालिक उच्च स्तर पर ले जाता है।

यह न केवल बुनियादी ढांचा क्षेत्र को बढ़ावा देगा बल्कि रोजगार और विकास के लिए भी सकारात्मक होगा।

आनंद राठी समूह के संस्थापक और अध्यक्ष आनंद राठी ने कहा कि पूंजीगत व्यय में 33 प्रतिशत की वृद्धि से यह 10 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जो सड़कों, बंदरगाहों और हवाईअड्डों के निर्माण में सबसे ज्यादा लंबा रास्ता तय करेगा।

रेलवे में 2.4 लाख करोड़ रुपये का निवेश सराहनीय है।

राठी ने कहा कि अगले साल के लिए 15.43 लाख करोड़ रुपये की सकल उधारी का अनुमान सर्वेक्षण के 15.77 लाख करोड़ रुपये के अनुमान से कम है। उम्मीद है, इससे बॉन्ड बाजारों को खुशी मिलेगी।

****************************

 

सीएआईटी का केंद्र सरकार के आग्रह, भारत में चीनी सीसीटीवी पर लगाएं प्रतिबंध

तिरुवनंतपुरम 13 March, (एजेंसी): कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) ने केंद्र सरकार से देश में चीनी सीसीटीवी कैमरों पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया है और आरोप लगाया कि इससे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है।

सीएआईटी के राष्ट्रीय सचिव एसएस मनोज ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि डेटा संरक्षण कानून या निगरानी तंत्र के अभाव में ऐसे सीसीटीवी उपकरण किसी के डाटा की जानकारी दुनिया में कहीं भी आसानी से भेज सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यह गौर करने योग्य है कि सीसीटीवी नेटवर्क में इंटरनेट प्रोटोकॉल (आईपी) कैमरों का उपयोग होता है और सीसीटीवी के इंटरनेट द्वारा संचालित डिजिटल वीडियो रिकॉर्डिंग (डीवीआर) को कभी भी अपने मन मुताबिक किसी भी स्तर पर परिवर्तित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इसलिए केंद्र सरकार को चीनी सीसीटीवी के उपयोग पर प्रतिबंध लगाना चाहिए जैसा कि इससे पहले चीनी एप पर प्रतिबंध लगाया गया था।

उन्होंने कहा कि ऐसा माना जाता है कि चीन सरकार द्वारा नियंत्रित या आंशिक स्वामित्व वाले चीनी सीसीटीवी कैमरों का भारत में बहुत बड़े स्तर में उपयोग किया जा रहा है, जबकि अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन जैसे देशों ने राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चीनी सीसीटीवी के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है।

सीएआईटी के राष्ट्रीय सचिव यह भी कहा कि सीएआईटी ने अपनी एक राष्ट्रीय बैठक में इस विषय पर केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्याेगिकी मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा है जिसमें चीनी सीसीटीवी के उपयोग पर चिंता व्यक्त की गई है और भारत में इसपर तत्काल प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया गया है।

उन्होंने केंद्र सरकार से देश में सीसीटीवी के निर्माण को प्रोत्साहित करने और डेटा सुरक्षा के लिए डेटा संरक्षण अधिनियम लाने का आग्रह किया।

मनोज ने कहा कि बैठक में देश में छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा करने के लिए एक राष्ट्रीय खुदरा व्यापार नीति बनाने की भी मांग की गई।

******************************

 

एलीफेंट व्हिसपर्स को ऑस्कर मिलने पर खड़गे, वेणुगोपाल ने दी बधाई

नई दिल्ली 13 March, (एजेंसी): कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे तथा पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भारतीय लघु फिल्म द एलिफेंट व्हिस्पर्स के शॉर्ट फिल्म डॉक्यूमेंट्री कैटेगरी में ऑस्कर अवॉर्ड हासिल करने पर बधाई दी है।

खडगे ने कहा , “मदुमलाई वन्य क्षेत्र से हाथियों के संरक्षण में भारत के प्रयासों की दिल को छू लेने वाली कहानी ने देश का सम्मान बढ़ाया है और हर भारतीय को गौरवान्वित किया है।सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र, लघु फिल्म के लिए ऑस्कर जीतने के लिए गुनीत को बधाई। सचमुच, इसके योग्य हैं।”

वेणुगोपाल ने कहा , “2023 के ऑस्कर अवार्ड्स में सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री (लघु फिल्म) का पुरस्कार जीतने के लिए गुनीत मोंगा, कार्तिकी गोंजाल्विस और द एलिफेंट व्हिस्परर्स की पूरी टीम को बधाई। आपने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।”

गौरतलब है कि निर्माता गुनीत मोंगा की लघुफिल्म ‘द एलीफेंट व्हिस्परर्स’ को फिल्मी दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित ऑस्कर पुरस्कार से नवाजा गया है। फ़िल्म के निर्देशक कार्तिकी गोंसालविज़ हैं।

***************************