पुलवामा में कश्मीरी पंडित की गोली मारकर हत्या

श्रीनगर 26 फरवरी, (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में रविवार को आतंकवादियों ने एक नागरिक की हत्या कर दी। पुलिस ने नागरिक की पहचान अचन गांव के काशीनाथ पंडित के बेटे संजय पंडित के रूप में की है। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन टीआरएफ ने ली है।

संजय को उसके गांव में आतंकवादियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। वह एक बैंक सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था।

पुलिस ने कहा, इलाके को तलाशी के लिए घेर लिया गया है।

भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि पुलवामा के आचन निवासी संजय शर्मा की हत्या की वह निंदा करते हैं। आतंकवादियों ने एक बार फिर दिखा दिया है कि उनके लिए मानव जीवन कोई मायने नहीं रखता है।

सुरक्षाबल दोषियों को उनके अंजाम तक पहुंचाएंगे। किसी को भी शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

*****************************

 

सड़क पर कचरा फेंका तो 50 की जगह 5,000 रुपए लगेगा फाईन

*नगर निगम ने 100 गुना बढ़ाया जुर्माना*

कोलकाता 26 फरवरी, (एजेंसी)। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने निकट भविष्य में शहर की सड़कों पर कचरा फेंकने पर जुर्माना 100 गुना बढ़ाने का फैसला किया है। इस संबंध में निर्णय शनिवार को केएमसी के मासिक सम्मेलन में लिया गया। रविवार को केएमसी के मेयर-इन-काउंसिल के सदस्य (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) देवब्रत मजूमदार ने इस बारे में जानकारी दी।

मजूमदार ने कहा, अब तक सड़क पर कचरा फेंकने पर जुर्माना 50 रुपये था। यहां तक कि इस पर आर्थिक दंड लगाने का काम भी ठीक से लागू नहीं किया गया था। इससे नागरिकों के बीच एक अनदेखी भरा रवैया देखा गया। केएमसी द्वारा शहर भर में कचरा-ड्रम स्थापित करने के बावजूद, लोग अभी भी सड़कों पर कचरा फेंक रहे हैं।

इसलिए, वर्तमान जुर्माना दर को 50 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये करने का निर्णय लिया गया है और अब से हमारी टीम इसे लागू करने में सख्ती करेगी। प्रस्ताव को केएमसी के मेयर फिरहाद हाकिम ने मंजूरी दे दी है।

मासिक सम्मेलन में हाकिम ने कहा कि आवासीय परिसरों या बहुमंजिला इमारतों के फ्लैटों में रहने वाले लोगों के एक वर्ग के बीच अपनी बालकनियों से सड़कों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति अभी भी शहर के कुछ हिस्सों में व्याप्त है। जब तक नागरिक इस संबंध में अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक नहीं होंगे, तब तक शहर को साफ रखने के निगम के सभी प्रयास बेकार रहेंगे।

मजूमदार के मुताबिक, शायद 50 रुपये की मौजूदा जुर्माना राशि नागरिकों में डर पैदा करने के लिए बहुत कम थी। उन्होंने कहा, अब जुर्माने की राशि को 100 गुना बढ़ाया जा रहा है, गलती करने वाले नागरिकों में डर पैदा होगा और वे सड़कों पर कचरा फेंकने से परहेज करेंगे।

*********************************

 

केडी सिंह बाबू जूनियर प्रतियोगिता 27 से लखनऊ में

लखनऊ 26 फरवरी (एजेंसी)।  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 27 फरवरी से खेली जाने वाली 33वीं आल इंडिया केडी सिंह बाबू सब जूनियर (अंडर 14) प्राइज मनी हाकी प्रतियोगिता में सात राज्यों की कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी।

पद्मश्री मोहम्मद शाहिद सिंथेटिक टर्फ हाकी स्टेडियम पर 11 लाख इनामी राशि वाली प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है। लीग कम नाकआउट आधार पर खेले जाने वाले टूर्नामेंट में हर टीम को तीन मैच मिलेंगे और हर ग्रुप की टाप दो टीमों को नाकआउट चरण में जाने का मौका मिलेगा।

लीग मुकाबले 27 फरवरी से शुरू होकर दो मार्च तक चलेंगे जबकि क्वार्टर फाइनल तीन मार्च, सेमीफाइनल मैच चार मार्च को होंगे। प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला पांच मार्च को खेला जायेगा।

प्रतियोगिता में राजस्थान,हरियाणा,पंजाब,तमिलनाडु,उडीसा,मणिपुर,आंध्र प्रदेश,बंगाल और उत्तर प्रदेश समेत नौ राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के उदघाटन सत्र में सिओल एशियन गेम्स 1986 के कांस्य पदक विजेता और ओलंपियन आर एस रावत विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।

*****************************

 

क्षेत्रीय सब-जूनियर, जूनियर टूर्नामेंट करेगा हॉकी इंडिया

नयी दिल्ली 26 फरवरी (एजेंसी),। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि वह खेल को जमीनी स्तर पर विकसित करने के लिये देश भर में सब-जूनियर (अंडर-17) और जूनियर (अंडर-19) श्रेणियों में क्षेत्रीय टूर्नामेंट शुरू करने की योजना बना रहे हैं।

टिर्की ने हॉकी इंडिया के कार्यक्रम ‘हॉकी ते चर्चा’ पर कहा, किसी भी खेल को फलने-फूलने के लिये जमीनी स्तर पर विकास की जरूरत होती है। एक मजबूत नींव आपको अच्छे खिलाड़ी और एक मजबूत सीनियर एवं जूनियर टीम देती है। सब जूनियर (अंडर-17) और जूनियर (अंडर-19) श्रेणियों के खिलाडिय़ों को अतीत में पर्याप्त खेलने का समय नहीं मिला है। हम क्षेत्रीय स्तर पर जूनियर और सब-जूनियर प्रतियोगिताएं शुरू करके इस व्यवस्था को ठीक करने जा रहे हैं।

पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, व्यावहारिक रूप से बात करें तो हर कोई भारत के लिये नहीं खेलेगा लेकिन इस व्यवस्था में कम से कम खिलाड़ी को अपने संबंधित क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने में गर्व महसूस कर सकेंगे। यह उन्हें छोटी उम्र में प्रतिद्वंदिता का मज़ा देगा।

करीब 400 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके पद्म श्री टिर्की ने कहा कि यह व्यवस्था चयनकर्ताओं और प्रशासन को खिलाडिय़ों का एक समूह तैयार करने में मदद करेगी।

उन्होंने कहा, हम प्रतिभा की कतार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हर क्षेत्र से हमारे पास संभावित रूप से लगभग 50 खिलाडिय़ों का समूह हो सकता है। किसी भी समय हमें इस बात की जानकारी होनी चाहिये कि हमारे सब-जूनियर या जूनियर एथलीट किस स्तर पर हैं और इसलिए हम उन्हें आवश्यक संसाधन दे सकते हैं।

टिर्की ने बताया कि हॉकी इंडिया इस पहल के तहत एथलीटों और कोचों के लिये विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर रहा है।

उन्होंने कहा, क्षेत्रीय या राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के स्तर को देखकर हम ‘ड्रैग-फ्लिक कार्यक्रम’ या ‘गोलकीपर कार्यक्रमÓ जैसे प्रशिक्षण मॉड्यूल प्रदान कर सकते हैं। इन प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों की देखरेख में हो सकता है।

उन्होंने कहा, व्यक्तिगत विकास पर ध्यान देना बहुत महत्वपूर्ण है और यही कारण है कि हम एक साधारण अकादमी-आधारित मॉडल के बजाय युवा एथलीटों के लिये आवासीय सुविधाओं पर जोर दे रहे हैं। यह उन्हें बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिये आवश्यक प्रशिक्षण और पोषण संबंधी आवश्यकताओं से परिचित होने में सक्षम करेगा।

टिर्की ने कहा कि अप्रैल में ओडिशा में होने वाली आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खिलाड़ी विश्व स्तरीय व्यवस्था की उम्मीद कर सकते हैं, जहां मैच दूधिया रोशनी में खेले जाएंगे। टिर्की ने कहा, एक बार जब हम अपने जूनियर एथलीटों को कम उम्र से ही जिम्मेदारी और अनुभव दे देंगे तो उनके लिये अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिये खेलने के साथ आने वाली चुनौतियों का सामना करना आसान हो जाएगा।

******************************

 

सीतारमण ने फ्रांस और दक्षिण कोरिया के वित्त मंत्रियों से की द्विपक्षीय चर्चा

बेंगलुरु 26 फरवरी (एजेंसी)। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज से यहां शुरू हुयी जी 20 वित्त मंत्री एवं केन्द्रीय बैंक गवर्नरों की पहली बैठक के इतर फ्रांस के आर्थिक ,वित्त, औद्योगिक एवं डिजिटल संप्रभुता मंत्री ब्रुनो ली मैरी और दक्षिण कोरिया के उप प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री चू क्यूंग हो के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।

वित्त मंत्रालय ने ट्विट के माध्यम से यह जानकारी देते हुये कहा कि इस दौरान आपसी हितों के साथ ही भारत की अध्यक्षता में हो रही जी 20 बैठक के बारे में विचार विमर्श किया गया। श्री चू के साथ श्रीमती सीतारमण ने ऊर्जा सुरक्षा और इस संबंध में स्थिर आपूर्ति श्रृखंला को लेकर विचार विमर्श भी किया।

फ्रांस के मंत्री ने टाटा एयरबस के साथ हुये सौदे को लेकर श्रीमती सीतारमण को धन्यवाद दिया और दोनों नेता बढ़ते आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाने और नवीनीकरण ऊर्जा , इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रीन सिटी जैसे मुद्दों पर भी सहयोग बढ़ाने की बात की।

*****************************

 

रुपया 14 पैसे लुढ़का

मुंबई 26 फरवरी (एजेंसी)। दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के सात सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचने और घरेलू शेयर बाजार में लगातार जारी गिरावट के दबाव में आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 14 पैसे लुढ़ककर 82.79 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया।
इसके पिछले कारोबारी दिवस रुपया 82.65 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था।

शुरुआती कारोबार में रुपया तीन पैसे फिसलकर 82.68 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और सत्र के दौरान लिवाली होने से यह 82.81 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर तक लुढ़क गया। इस दौरान बिकवाली होने से यह 82.67 रुपये प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर पर भी रहा। अंत में पिछले दिवस के 82.65 रुपये प्रति डॉलर की तुलना में 14 पैसे लुढ़ककर 82.79 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया।

*******************************

 

जल्द निपटा लें बैंक से जुड़े जरूरी काम, मार्च में 12 दिन बंद रहेंगे बैंक

नई दिल्ली 26 फरवरी (एजेंसी)।  फरवरी का महीना जल्द ही खत्म होने वाला है यानि मार्च, 2023 में प्रवेश करने वाले हैं। दूसरी ओर अगर आपका काम बैंक में है तो उसे जल्द से जल्द निपटाने की कोशिश करें क्योंकि मार्च के महीने में त्यौहारों और और अन्य अवकाशों की वजह से बैंक 12 दिन के लिए बंद रहने वाले हैं।

इसलिए हम आपको मार्च, 2023 में बैंकों में पडऩे वाले अवकाशों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देंगे।

बता दें, मार्च के महीने में भारत में होली का पर्व मनाया जाना है, वहीं यज त्यौहार बड़े उल्लास के साथ भारत में मनाया जाता है।

वहीं बैंकों में होली की छुट्टियां 3-4 दिन की रहने वाली है, जिस दौरान बैंक बन्द रहेंगे।

इसके साथ ही मार्च, 2023 में ही चैत्र नवरात्र, गुड़ी पाड़वा, रामनवमी जैसे त्यौहार भी पडऩे वाले हैं, इस दौरान भी बैंक कुछ दिनों के लिए बंद होंगे।

मार्च 2023 में इतने दिन बंद रहेंगे बैंक

05 मार्च, 2023- रविवार अवकाश

07 मार्च, 2023- होली, होलिका दहन

08 मार्च, 2023- होली, धुलेटी, डोल जात्रा

09 मार्च, 2023- बिहार के पटना में होली मनाने की वजह से बैंक रहेंगे बंद।

11 मार्च, 2023- दूसरे शनिवार का अवकाश

12 मार्च, 2023- रविवार अवकाश

19 मार्च, 2023- रविवार अवकाश

22 मार्च, 2023- गुड़ी पाड़वा, उगाडी, बिहार दिवस, प्रथम नवरात्र/ तेलगु नववर्ष के चलते बंद रहेंगे बैंक।

25 मार्च, 2023- मार्च महीने का चौथा शनिवार

26 मार्च, 2023- रविवार का अवकाश

30 मार्च, 2023- रामनवमी के चलते देश के प्रमुख शहरों में बैंक रहेंगे बंद।

********************************

 

अपना जमा पैसा नहीं निकाल पाएंगे ग्राहक, आरबीआई ने 5 बैंकों पर 6 महीनों तक लगाई रोक

नई दिल्ली 26 फरवरी,।  भारतीय रिजर्व बैंक ने बिगड़ती वित्तीय स्थिति को देखते हुए 5 सहकारी बैंकों पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए हैं। इन प्रतिबंधों में पैसे निकासी पर रोक भी शामिल है। इन बैंकों पर प्रतिबंध 6 महीनों तक जारी रहेंगे। बैंक के ग्राहक जहां बैंक में जमा अपना पैसा नहीं निकाल पाएंगे, वहीं ये बैंक आरबीआई की पूर्व अनुमति के बिना न तो किसी को नया कर्ज दे सकेंगे और न ही ऋण ले सकेंगे। इसके अलावा अपनी किसी संपत्ति का ट्रांसफर या निपटान भी नहीं कर सकेंगे।

भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा है कि ये प्रतिबंध समीक्षाधीन है। इसका मतलब है कि केंद्रीय बैंक आगे भी बैंकों के कामकाज की समीक्षा कर ही प्रतिबंध हटाने या बढ़ाने का निर्णय लेगा। अगर बैंकों की वित्तीय स्थिति में आरबीआई को सुधार नजर आएगा तो बैन हटा लिया जाएगा। आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि इन बैंकों का लाइसेंस निरस्त नहीं किया गया है।

जिन पांच बैंकों पर भारतीय रिजर्व बैंक ने प्रतिबंध लगाया है, उनमें सहकारी बैंक लखनऊ (यूपी), आदर्श महिला नगरी सहकारी बैंक मर्यादित औरंगाबाद (महाराष्ट्र), शिमशा सहकारी बैंक नियमिथा मद्दुर, (कर्नाटक) उरावकोंडा को-ऑपरेटिव टाउन बैंक, उरावकोंडा, (आंध्र प्रदेश) और शंकरराव मोहिते पाटिल सहकारी बैंक, अकलुज (महाराष्ट्र) शामिल है। सहकारी बैंक लखनऊ (यूपी), आदर्श महिला नगरी सहकारी बैंक मर्यादित औरंगाबाद (महाराष्ट्र), और शिमशा सहकारा बैंक नियमिथा मद्दुर, (कर्नाटक) के ग्राहक वर्तमान लिक्विडिटी की कमी के कारण अपने अकाउंट से पैसा नहीं निकाल सकेंगे।

इसी तरह उरावकोंडा को-ऑपरेटिव टाउन बैंक, उरावकोंडा, (आंध्र प्रदेश) और शंकरराव मोहिते पाटिल सहकारी बैंक, अकलुज (महाराष्ट्र) के ग्राहक अब बैंक में जमा अपने पैसे से केवल 5,000 रुपये तक ही निकाल सकते हैं।

*********************************

 

कांग्रेस महाधिवेशन का अंतिम दिन… राहुल देंगे मार्गदर्शन, दोपहर बाद विशाल आमसभा

रायपुर 26 Feb, (एजेंसी)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह नगर में चल रहे कांग्रेस के महाधिवेशन का आज तीसरा और अंतिम दिन है।

आज के सत्र में कांग्रेस सांसद तथा पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, देश भर से आये 15000 से भी अधिक डेलिगेट्स को संबोधित कर उन्हें भविष्य के लिए मार्गदर्शन दे रहे हैं।

इसके बाद दोपहर 1:50 बजे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे अधिवेशन में समापन भाषण देंगे। इसके बाद विशाल आम सभा का आयोजन किया गया है। आम सभा अपरान्ह 3 बजे होगी।

जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता देश और प्रदेश भर से आए कांग्रेस जनों के साथ आम जनता को संबोधित करेंगे। कांग्रेस की आमसभा में 2 लाख लोग मौजूद रहेंगे।

इस विशाल आमसभा के जरिये छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को राहुल गांधी एक नया पैगाम देंगे।

********************************

 

जम्मू-कश्मीर : अगले 24 घंटों में बारिश की संभावना

श्रीनगर 26 Feb, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में छिटपुट से लेकर व्यापक रूप से हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है।”

श्रीनगर में आज न्यूनतम तापमान 7.3, पहलगाम में 3.2 और गुलमर्ग में माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

लद्दाख क्षेत्र के द्रास शहर में न्यूनतम तापमान माइनस 10.1, कारगिल में माइनस 8.2 और लेह में माइनस 6.6 रहा।

जम्मू में 12.5, कटरा में 13.1, बटोटे में 9, बनिहाल में 7.4 और भद्रवाह में 5.5 न्यूनतम तापमान रहा।

*******************************

 

मैनपुरी में 250 घरों को तोड़ने का दिया गया नोटिस

मैनपुरी 26 Feb, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के डूब क्षेत्र में बने लगभग 250 घरों को अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत अनुविभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) की ओर से तोड़ने का नोटिस दिया गया है। चूंकि क्षेत्र में निर्माण कार्य चल रहा है, इसलिए अधिकारियों ने अवैध निर्माण के लिए स्पष्टीकरण की मांग करते हुए घरों पर नोटिस चस्पा कर दिए।

एसडीएम (सदर) नवोदिता शर्मा ने कहा, डूब क्षेत्र में निर्माण पूरी तरह से प्रतिबंधित है क्योंकि पानी अधिक नुकसान पहुंचा सकता है। हालांकि, यह देखा गया है कि लोग वहां अवैध घर बना रहे हैं।

लोग दहशत में हैं और दावा करते हैं कि उन्होंने जमीन खरीदी है। उनका कहना था कि अगर उनके घर तोड़े गए तो वे बेघर हो जाएंगे।

*****************************

 

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गौशाला के निर्माण पर लगाई रोक

प्रयागराज 26 Feb, (एजेंसी): इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मुजफ्फरनगर में गौ अभ्यारण्य के निर्माण पर रोक लगा दी है। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने आवारा पशुओं के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए 70 करोड़ रुपये की लागत से गौशाला बनाने का प्रस्ताव दिया था।

परियोजना के खाके पर काम कर रहे मुजफ्फरनगर के सांसद ने इसे ‘यूपी में सबसे बड़ा प्रोजेक्ट’ करार दिया था।

एक कृषि-आधारित फर्म डीएस एग्रो डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दायर एक याचिका के बाद स्टे ऑर्डर जारी किया गया। फर्म ने दावा किया है कि मुजफ्फरनगर के पुरकाजी प्रखंड के मेघा चंदन गांव में अभ्यारण्य के लिए निर्धारित 52 हेक्टेयर क्षेत्र में कुछ जमीन कंपनी की है।

परियोजना बजट राज्य सरकार द्वारा अनुमोदित किया गया था, और अदालत के स्थगन आदेश के बाद, मुजफ्फरनगर में जिला प्रशासन एक जवाबी हलफनामा दाखिल करने की तैयारी कर रहा है।

बालियान ने कहा, हम इस मामले को कोर्ट में लड़ेंगे। अगर कोई जमीन के कुछ हिस्से पर मालिकाना हक का दावा कर रहा है तो इसकी जांच की जाएगी। मुजफ्फरनगर के किसान सरकार के साथ हैं और गौ अभ्यारण्य बनाना चाहते हैं। आने वाले दिनों में आप गौ अभ्यारण्य का निर्माण कार्य देखेंगे।

सदर के सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) परमानंद झा ने कहा, डीएस ग्रुप ने कुछ तथाकथित मालिकों से जमीन खरीदी थी, जो कुछ सरकारी जमीन लीज पर दे रहे थे। हाईकोर्ट के जस्टिस क्षितिज शैलेंद्र की बेंच ने स्टे ऑर्डर जारी किया है और सुनवाई की अगली तारीख 15 मार्च होगी। हम जवाबी हलफनामा दाखिल करेंगे।”

बालियान ने जिले में गाय अभयारण्य परियोजना की घोषणा की थी और कहा था कि एक बार बन जाने के बाद इसमें 5,000 से अधिक आवारा पशुओं को रखा जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि अभयारण्य में जानवरों के लिए एक आधुनिक श्मशान घाट, एक बायोगैस संयंत्र और चारा इकट्ठा करने के लिए एक गोदाम की सुविधा होगी।

स्थानीय किसानों ने आपत्ति जताई थी और कहा था कि वे अपनी कृषि भूमि सौंपने के इच्छुक नहीं हैं।

किसानों के दावों को खारिज करते हुए एसडीएम ने कहा, पूरी जमीन सरकार की है। किसानों को कई बीघे जमीन लीज पर दी गई थी और लीज की अवधि सालों पहले खत्म हो चुकी है।

*******************************

 

आप नेताओं का दावा, हमें दिल्ली पुलिस ने नजरबंद कर दिया है

नई दिल्ली 26 Feb, (एजेंसी): केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा आबकारी नीति घोटाले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से पूछताछ से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को आरोप लगाया कि उनके नेताओं को ‘घर में नजरबंद’ किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

हालांकि, आप नेताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें पुलिस द्वारा नजरबंद रखा गया है।

दिल्ली पुलिस ने सीबीआई मुख्यालय की ओर जाने वाली लोधी कॉलोनी की सड़कों पर बैरिकेड्स लगा दिए हैं और किसी को भी उस तरफ जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने सिसोदिया के घर और दफ्तर के बाहर भी बैरिकेड्स लगा दिए हैं और उस तरफ जाने वाले लोगों को रोकने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।

लोधी कॉलोनी में तैनात पुलिसकर्मियों ने मीडिया को भी रोक दिया।

आम आदमी पार्टी (आप) ने इसे सिसोदिया को गिरफ्तार करने के लिए एजेंसियों की एक चाल बताया है।

आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि केंद्र के निर्देश पर एजेंसियां सिसोदिया को गिरफ्तार करना चाहती हैं।

आप विधायक आतिशी ने कहा कि बीजेपी उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है और सिसोदिया पर लगाए गए आरोप अस्पष्ट हैं।

आतिशी ने कहा, दिल्ली पुलिस ने हमारे नेताओं को उनके घर पर रोक दिया है। हमारे नेता नजरबंद हैं। हम अपने घरों से बाहर नहीं आ सकते। दिल्ली पुलिस का केंद्र द्वारा दुरुपयोग किया जा रहा है।

सिसोदिया को पहले 19 फरवरी को सीबीआई के सामने पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने दिल्ली के बजट को अंतिम रूप देने के लिए एक सप्ताह की मोहलत मांगी थी।

सीबीआई ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया और उन्हें 26 फरवरी को जांच में शामिल होने के लिए दूसरा नोटिस जारी किया।

**********************************

 

एमडब्ल्यूबी ने 151 पत्रकारों का 10-10 लाख राशि का टर्म इंश्योरेंस करवाया, जल्द पॉलिसी रिलीज होगी: चन्द्र शेखर धरणी

चंडीगढ़ 26 Feb, (एजेंसी): मीडिया वेलबिंग एसोशिएशन(रजिस्टर्ड) के प्रांतीय अध्यक्ष चन्द्र शेखर धरणी ने बताया कि एमडब्ल्यूबी द्वारा 151 पत्रकारों का 10-10 लाख राशि का टर्म इंश्योरेंस करवा दिया गया है। यह पॉलिसी जल्दी ही पत्रकारों को रिलीज की जाएगी। इससे पहले संस्था द्वारा 101 पत्रकारों का 10-10 लाख रुपये का दुर्घटना मृत्यु बीमा पहले भी हो चुका है।बिना किसी पत्रकार से कोई भी पैसा लिए संस्था द्वारा खुद करवाए जाने एक महत्वपूर्ण व विश्वशनीय कदम है। इन इंश्योरेंस का लाभ जिन संगठन से जुड़े पत्रकारों को मिलेगा उन्हें इंड्यूजल पॉलिसी व स्मार्ट कार्ड भी प्रदान किया जाएगा। संस्था किसी भी पत्रकार से एक रुपया भी इस बीमे के लिए नही लेगी। धरणी ने बताया की यमुनानगर के एक पत्रकार कुमार रमेश को एक लाख रुपए की राशि व अम्बाला के सीनियर पत्रकार अनिल दत्ता को 50 हजार रुपये कु आर्थिक मदद के रूप में प्रदान की गई है।

धरणी ने बताया कि संस्था के द्वारा पत्रकारों के बीमा के लिए किसी भी पत्रकार से एक पैसा नही लिया जा रहा। यह खरचा संस्था वहन कर रही है। उन्होंने हरियाणा के गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की सरहाना की की उन्होंने पिछले दिनों एमडब्ल्यूबी के अम्बाला में आयोजित कार्यक्रम में संस्था को 20 लाख रुपये पत्रकारों के कल्याण के लिए खर्च करने के लिए प्रदान किये हैं।

उन्होंने कहा कि भविष्य में संस्था पत्रकारों के लिए बीमा नि:शुल्क बीमा करवाना जारी रखेगी। हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहरलाल व उनके एडिशनल प्रिंसिपल सेक्टरी डॉक्टर अमित अग्रवाल का मीडिया के प्रति मित्रता व सौहार्द पूर्ण वातावरण रहा है। डॉक्टर अमित अग्रवाल जो हरियाणा लोक संपर्क के डायरेक्टर जरनल भी हैं द्वारा मीडिया के हित के लिए सरकार से कई योजनाएं कार्यान्वित करवा रहे हैं। उन्हें पिछले दिनों ज्ञापन दे मांग की गई है कि मीडिया वेलबिंग एसोशिएशन के लिए पंचकुला हरियाणा में प्रेस भवन बनाने के लिए कम से कम एक कैनाल का प्लाट सस्ते दामों पर उपलब्ध करवाने की पहल करें। हरियाणा के पत्रकारों के पास चंडीगढ़ प्रेस क्लब की तर्ज पर अपनी कोई जगह नही है। चन्द्र शेखर धरणी द्वारा दिये इस ज्ञापन में कहा गया है कि हरियाणा प्रेस एकराडिशन व प्रेस रिलेशन कमेटियों का गठन सरकार जल्दी करे व एमडब्ल्यूबी के दो-दो सदस्य इसमे शामिल करें।

सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग में पब्लिसिटी एडवाइजर तरुण भंडारी ने कहा कि एमडब्ल्यूबी द्वारा पत्रकारों के कल्याण व हित मे ऐसे कार्य कर नेक व पुनीत कार्य किए जा रहे है। भंडारी ने कहा कि अब 151 पत्रकारों का 10-10 लाख रुपये का टर्म इंश्योरेंस व अत्तीत में भी पत्रकारों के कल्याण के लिए अनेकों प्रयास किए है।हरियाणा में एम डब्ल्यु बी द्वारा 101 के करीब पत्रकारों के दुर्घटना मृत्यु बीमा 10-10 लाख रुपये के भण्डारी ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी पत्रकारों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं ला चुके हैं। हरियाणा में वेटरन पत्रकारों की श्रेणी में आने वाले पत्रकारों को पेंशन दे हरियाणा ने गौरव मय काम किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल मीडिया की भलाई के लिए लगातार सोचते रहते हैं व कटिबद्ध हैं।

चंद्र शेखर धरणी ने कहा कि हरियाणा के अंदर सभी सरकारी अस्पतालों के अंदर पत्रकारों को तथा उनके परिवारों को मेडिकल सुविधा व सभी टेस्ट फ्री हो या करवाई जाए तथा इसके लिए पत्रकारों का इनके परिवारों के पहचान पत्र भी जारी किए जाएं। हरियाणा में 60 वर्ष से अधिक पत्रकारों की पेंशन बड़ा कर 25 हजार रुपये प्रति माह की जाए। जिला मुख्यालयों में कार्यरत पत्रकारों को भी राजधानी के पत्रकारों की तर्ज पर सस्ते दाम पर आवासीय सुविधा दी जाए। डिजिटल (वेब) पॉलिसी अध्यन कर के क्राईटेरिया में आने वाले वेब पोर्टल्स के पत्रकारों को एकरा डिशन के नियमों में विशेष छूट दी जाए।जो डिजिटल वेब पोर्टल हरियाणा में अच्छी पकड़ रखते हैं, उनका मुख्यालय कहीं भी हो के पत्रकारों को प्रिंट मीडिया की तर्ज पर एकरा डिशन का प्रावधान किया जाए। पत्रकारों की पेंशन योजना में छूट देते हुए यह आयु अवधि 60 साल से कम कर 56 वर्ष की जाए।प्रांतीय स्तर पर जब जैसे विधायकों, एडवोकेट्स व अन्य वर्गों के लिए आवासीय कालोनियां/फ्लैट्स बनाये जाते है।वेसे ही हरियाणा में चंडीगढ़ कवर कर पत्रकारों के लिए व्यवस्था की जाए। समाज का चौथा स्तम्भ मीडिया को अन्य तीन स्तम्भो की तरह सभी टोल पर फ्री आवागमन की सुविधा हो।

******************************

अजनाला मामले में होम मिनिस्ट्री सख्त, पंजाब पुलिस से आज शाम तक मांगी विस्तृत रिपोर्ट

नई दिल्ली 26 Feb, (Rns): अजनाला में गुरुवार को अमृतपाल सिंह के समर्थकों ने जिस तरह से थाने पर धावा बोला और उसके बाद सरकार से अपनी बात मनवाते हुए अपने साथी को रिहा कराया, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे गंभीरता से लिया है।

होम मिनिस्ट्री (MHA) ने पंजाब पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) से रविवार शाम तक विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। केंद्र ने पूछा है कि संभावित हिंसा रोकने के लिए पंजाब पुलिस का क्या एक्शन प्लान था।

***************************

 

तरक्की की उड़ान भरने को तैयार है इंडिया… जर्मन CEOs ने भारत की तारीफों के बांधे पुल

नई दिल्ली 26 Feb, (एजेंसी): कई जर्मन कंपनियों के सीईओ ने ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की। बैठक के बाद जर्मनी की कंपनियों के सीईओ भारत के विकास की कहानी के मुरीद हो गए। इस बैठक में जर्मन कंपनियों के लिए भारत में शिक्षा और व्यापार के अवसरों को बढ़ाने के बारे में चर्चा की गई। इस बैठक के बाद टीयूवी नॉर्ड के प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष डर्क स्टेनकैंप ने कहा कि भारत बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाले देशों में सबसे आगे है। इंडिया आज उस मुकाम पर है, जहां से वह आर्थिक विकास की एक नई उड़ान भर सकता है।

स्टेनकैंप ने कहा कि ‘मैं शुरू से ही मेक इन इंडिया पहल के बारे में जानता हूं और हम भारत आने और भारत में उत्पादन शुरू करने के लिए कई जर्मन कंपनियों का समर्थन कर रहे हैं। भारत ने मेक इन इंडिया का हिस्सा बनने के लिए जर्मन मित्तलस्टैंड में एक पहल चल रही है। इसके साथ ही कई छोटे और मध्यम आकार के जर्मन उद्यमों में भारत आने और मेक-इन-इंडिया का हिस्सा बनने के लिए भी एक पहल चल रही है।’ उन्होंने कहा कि भारत में ग्रोथ और बिजनेस के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। स्टेनकैंप के अलावा तीन और कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल ने पीएम मोदी के साथ बैठक में हिस्सा लिया।

उनमें से एक रेथमैन कंपनी के सीईओ क्लेमेंस रेथमैन ने कहा कि भारत में कौशल और प्रतिभा है। इन संसाधनों का उपयोग करना सौभाग्य है और भारत उत्पादन की दुनिया में बड़ा हो जाएगा। रेथमैन ने कहा कि यहां आपको कार्यबल मिलता है। जबकि जर्मनी में कार्यबल की कमी है। आपके पास इतने सारे बुद्धिमान युवा हैं, जो कुछ करना चाहते हैं। जबकि रेंक (Renk) की सीईओ सुजैन वीगैंड ने कहा कि वे भारत सरकार के एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में यहां आकर गर्व महसूस कर रही हैं। उनकी कंपनी भारतीय सेना और नौसेना को ड्राइव सॉल्यूशंस की सप्लाई कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत का तेजी से बढ़ता सीमेंट बाजार भी एक बिजनेस संभावना है।

सॉफ्टवेयर कंपनी SAP के सीईओ क्रिश्चियन क्लेन भी पीएम मोदी के साथ हुई बैठक में शामिल थे। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि भारत की स्थिरता के लिए उच्च आकांक्षाएं हैं। भारत सप्लाई चेन में कार्बन के उपयोग को कम करने और ग्रीन हाइड्रोजन का उत्पादन करने के लिए टेक्नोलॉजी का उपयोग करना चाहता है। ये सब आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ-साथ चलता है। उन्होंने कहा कि वह भारत का भागीदार बनकर खुश हैं। ये सभी सीईओ जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज के साथ भारत आने वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं। गौरतलब है कि ओलाफ स्कोल्ज 25-26 फरवरी तक भारत की दो दिवसीय यात्रा पर हैं।

*********************************

 

खून के आखिरी कतरे तक सोनिया गांधी रहेंगीं सक्रिय

*राजनीति से संन्यास की अटकलों को कांग्रेस ने किया खारिज*

नई दिल्ली 26 Feb, (एजेंसी): कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीति से संन्यास की अटकलों पर पार्टी आलाकमान ने पूर्ण विराम लगा दिया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ऐसी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। केसी वेणुगोपाल ने बताया कि सोनिया गांधी के राजनीति से संन्यास की खबरें भ्रामक हैं। यह गोदी मीडिया का एक स्टंट है।

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सोनिया जी खून के आखिरी कतरे तक कांग्रेस के लिए सक्रिय रहेंगीं। वह युवाओं को मौका दे रही हैं। सोनिया जी 2024 तक लोकसभा सांसद हैं। संसद में पार्टी की नेता हैं और संविधान संशोधन के बाद आजीवन कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य बनी रहेंगी। सोनिया जी ने भाषण में जो कहा वो बतौर अध्यक्ष 1998 से लेकर 2022 तक अपने अध्यक्षीय कार्यकाल के लिए बोलीं हैं। उनके कार्यकाल में आखिरी बड़ा इवेंट कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा रहा।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी प्रमुख के रूप में अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए शनिवार को कहा कि सबसे बड़ी खुशी है कि भारत जोड़ो यात्रा के साथ उनकी पारी का अंत हो सका। उन्होंने पार्टी के 85वें महाधिवेशन में यह टिप्पणी की। मीडिया के एक हिस्से में उनके बयान को राजनीति से संन्यास के रूप में पेश किया गया, जिसका पार्टी ने खंडन किया है। सोनिया गांधी की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा ने कहा, सोनिया जी की टिप्पणी का मतलब अध्यक्ष पद की पारी पूरी होने को लेकर था, राजनीति से पारी के पूरी होने के बारे में नहीं था।

******************************

 

बेटी की शादी के लिए 25 लाख का कर्ज, नहीं चुका पाया तो पूरे परिवार ने कर ली खुदकुशी

नई दिल्ली 26 Feb, (एजेंसी): कर्नाटक में हावुर जिले के तोंदूर गाँव में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बेटी की शादी के लिए 25 लाख रुपये लोन लिया गया था। परिवार लगातार कोशिश कर रहा था कि यह र्कज चुकता हो जाएँ, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। कर्ज से परेशान परिवार ने खौफनाक कदम उठा लिया। इस परिवार के तीन लोगों ने आत्महत्या कर ली।

आत्महत्या करने वालो में बेटी भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी की लाशों को बरामद कर लिया हैं। लाशों को पीएम के लिए रवाना कर दिया गया हैं। मृतकों की पहचान हनुमांथा गौड़ा पाटिल (54), उनकी पत्नी ललिता (50) और उनकी विवाहित बेटी नेत्रा (22) के रूप में पुलिस ने दी।

हनुमांथा गौड़ा पाटिल की बेटी की आठ माह पहले ही शादी हुई थी। एसपी शिवकुमार गुनरे ने कहा हुनमांथा गौड़ा ने 25 लाख रुपये का लोन लिया था। बैंक अधिकारियों से बचने के लिए वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ दूसरे स्थान पर रह रहा था। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों ने आत्महत्या की। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

********************************

 

अदाकारा त्रिधा चौधरी नजऱ आएगी म्यूजि़क् वीडियो धुआँ धुआँ’ में

26.02.2023  (एजेंसी)  –  कनीशा फिल्म्स के बैनर तले निर्मित म्यूजि़क् वीडियो धुआँ धुआँ’ में अदाकारा त्रिधा चौधरी बोल्ड और बिंदास अंदाज़ में बिल्कुल नए अवतार में नजऱ आएगी।

चर्चित वेब सिरीज़ आश्रम में अपने बोल्ड लुक से सुर्खियाँ बटोरने वाली त्रिधा चौधरी और प्रणव वत्स की जोड़ी को पुन: स्क्रीन पर उतारने का रिस्क धुआँ धुआँ’ सॉन्ग के निर्माता विनोद पालीवाल, अनवर शेख और सह निर्माता वृंदा भंडारी ने संयुक्तरूप से संगीत प्रेमियों की चाहत को ध्यान में रखते हुए लिया है।

मुम्बई में इस ज़बरदस्त सॉन्ग की शूटिंग सम्पन्न हो चुकी है। इस सॉन्ग के निर्देशक देव थापे और ऋषि कुमार हैं जबकि कोरिओग्राफर हैं देव थापे। संगीत है विवियन रिचर्ड्स का। क्रिएटिव हेड श्रुति शुक्ला हैं। आश्रम’ वेब सीरीज के द्वारा अपनी अदाकरी से लोगों को दीवाना बनाने वाली त्रिधा चौधरी अब प्रणव वत्स के साथ एक बार फिर लोगों का दिल जीतने वाली हैं।

इन दिनों त्रिधा चौधरी इस सॉन्ग को लेकर काफी उत्साहित हैं।बकौल अदाकारा त्रिधा चौधरी धुआँ धुआँ’ एक खूबसूरत रोमांटिक म्यूजि़क् वीडियो है जो ऑडिएंस के दिलों को छू लेगा।

युवा पीढ़ी की पसन्द को ध्यान में रखते हुए इसे बिल्कुल कलात्मक ढंग से फि़ल्माया गया है। प्रणव वत्स बहुत ही प्रतिभाशाली को स्टार हैं और हमारी जोड़ी अवश्य लोगों को लुभाएगी। इसी वर्ष होली के शुभअवसर पर इस म्यूजि़क् वीडियो को रिलीज किया जाएगा।

******************************

 

बोल्ड आउटफिट में शमिता शेट्टी ने बढ़ाया इंटरनेट का तापमान

26.02.2023 (एजेंसी)  –  एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी की बहन शमिता शेट्टी भी बोल्डनेस के मामले में किसी से कम नहीं हैं। उनकी कातिलाना तस्वीरें फैंस को काफी पसंद आती हैं। ग्रीन कलर के आउटफिट में एक्ट्रेस शमिता शेट्टी गजब की बला लग रही हैं। उनकी तस्वीरें देखकर फैंस आहें भरने को मजबूर हैं।

एक्ट्रेस शमिता शेट्टी अपनी हॉटनेस से सोशल मीडिया का पारा हाई किए रहती हैं। उनकी किलर तस्वीरें फैंस को काफी पसंद आती हैं। फिल्म इंडस्ट्री में भले ही एक्ट्रेस शमिता शेट्टी अपना कमाल न दिखा पाई हो, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें गजब ढाहती हैं। शमिता शेट्टी अपनी फिटनेस और खूबसूरती का जलवा सोशल मीडिया पर बिखेरती ही रहती हैं।

एक्ट्रेस शमिता शेट्टी अपने किलर अंदाज में गजब की बला लग रही हैं। एक्ट्रेस शमिता शेट्टी हाई स्लिट आउटफिट में अपना कर्वी फिगर फ्लॉन्ट कर रही हैं। एक्ट्रेस शमिता शेट्टी की उम्र भले ही 43 साल हो गई हो।

लेकिन, वो आज भी ग्लैमरस अंदाज से कई बड़ी बड़ी एक्ट्रेस को मात देती हैं। शमिता शेट्टी अपने निजी और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े पलों को फैंस के साथ साझा करती रहती हैं।

एक्ट्रेस शमिता शेट्टी को आखिरी बार बिग बॉस 15 में देखा गया था। शमिता शेट्टी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं, उनकी तस्वीरें फैंस को काफी पसंद आती हैं।

********************************

 

च्युइंग गम चबाना सेहत के लिए है बेहद फायदेमंद, जानिए इससे मिलने वाले 5 प्रमुख फायदे

26.02.2023  (एजेंसी)  –  बहुत से लोग च्युइंग गम इसलिए चबाते हैं ताकि वह सांस की बदबू से छुटकारा पा सकें। वहीं कुछ ऐसे लोग भी हैं जो सिर्फ कूल दिखने के लिए च्युइंग गम चबाते हैं। हालांकि, हजारों साल पहले से इसका इस्तेमाल दांतों को साफ करने और भूख शांत करने के लिए होता आ रहा है। इसके अलावा भी च्युइंग गम चबाने के कई फायदे हैं, जिनके बारे में आप नहीं जानते होंगे तो आइए आज इससे जुड़े 5 फायदे जानते हैं।

याददाश्त में सुधार करने में है मददगारच्युइंग गम चबाने से कमजोर याददाश्त में काफी हद तक सुधार होता है। दरअसल, यह मस्तिष्क में रक्त के प्रवाह को बढ़ाता है, जिससे महत्वपूर्ण जानकारियां याद रखने में मदद मिलती है। प्रोफेसर एंड्रयू शोले ने अपने शोध में पाया कि च्युइंग गम चबाकर शॉर्ट-टर्म मेमोरी को 35 प्रतिशत तक सुधारा जा सकता है।

इसके अलावा पुदीने और अनानास के स्वाद वाली च्युइंग गम ध्यान और कॉग्निटिव क्षमता को बढ़ाने के लिए मददगार होती हैं। सीने की जलन को कम करने में है सहायक एसिड रिफ्लक्स के कारण कई बार खाना खाने के बाद सीने में जलन या दर्द महसूस होने लगता है। इसके बचाव के लिए च्युइंग गम चबाया जा सकता है, क्योंकि यह निगलने की प्रक्रिया को तेज करता है और पेट से एसिड को साफ करता है।

दरअसल, जब च्युइंग गम चबाया जाता है तो लार ज्यादा बनती है। इससे दांतों की सडऩ और एसिड रिफ्लक्स के कारण होने वाली मुंह के स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं से बचा जा सकता है। उल्टी की समस्या को दूर करने में है कारगरजब भी उल्टी या मिचली जैसा महसूस होता है तो ऐसे समय पर पुदीने वाली च्युइंग गम इससे राहत दिलाने में काफी मदद कर सकती है।

एक अध्ययन के मुताबिक, जिन महिलाओं को सर्जरी के बाद बीमार और अजीब महसूस हुआ और उन्हें चबाने के लिए पेपरमिंट च्युइंग गम दिया गया, उन्हें उल्टी से राहत मिली। इसके अलावा मोशन सिकनेस के कारण पेट खराब होने पर शुगर-फ्री और अदरक के स्वाद वाली च्युइंग गम चबाना काफी प्रभावी है।

वजन कम करने में है प्रभावीच्युइंग गम चबाने से रोजाना उपभोग की जाने वाली अतिरिक्त कैलोरी को आसानी से कम किया जा सकता है। इसे चबाने से बाहर का खाना खाने का मन कम हो जाता है, क्योंकि यह क्रेविंग को नियंत्रित करने में मदद करता है। इसके अलावा इससे भूख को भी नियंत्रित किया जा सकता है, जिससे वजन घटाने में मदद मिलेगी।

रोड आइलैंड विश्वविद्यालय के शोध के मुताबिक, जो लोग च्युइंग गम चबाते हैं, वे 67 प्रतिशत कम कैलोरी लेते हैं। तनाव और चिंता को भी करती है कमखराब जीवनशैली की वजह से तनाव और चिंता महसूस करना आम हो गया है। इससे स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

हालांकि, च्युइंग गम चबाने से तनाव और चिंता को कम किया जा सकता है। 2011 में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, जिन लोगों ने 14 दिनों तक दो बार च्युइंग गम चबाया है, उनकी चिंता उन लोगों की तुलना में काफी कम थी, जो च्युइंग गम नहीं चबाते थे।

*****************************

 

रात के समय होती है सिर में खुजली? इन तरीकों पाएं छुटकारा

26.02.2023  (एजेंसी)  –  यदि रात में सिर में खुजली होना आपके लिए एक सामान्य है तो आपको बता दें कि यह स्थिति जल्दी से अधिक गंभीर हो सकती है। स्कैल्प को तेजी से खुजलने से बालों के रोमछिद्रों को नुकसान हो सकता है और बालों के टूटने और झडऩे का कारण बन सकता है।

आइए आज हम आपको रात में होने वाली सिर की खुजली को दूर करने के लिए 5 तरीके बताते हैं।

सेब के सिरके का करें इस्तेमालसेब का सिरका अपने एंटी-माइक्रोबियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-फंगल गुणों के लिए जाना जाता है, जो सिर की खुजली को कम करने में मदद कर सकते हैं। लाभ के लिए एक स्प्रे बोतल को आधा सेब का सिरका और आधा पानी भर लें। इसके बाद इसे अच्छी तरह मिलाकर स्टोर कर लें। जब भी आपकी स्कैल्प में खुजली हो तो इस मिश्रण का इस्तेमाल करें। हालांकि, इस मिश्रण के इस्तेमाल से पहले त्वचा पर पैच टेस्ट जरूर करें।

पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल करेगा मददपेपरमिंट एसेंशियल ऑयल का स्कैल्प पर ठंडा प्रभाव पड़ता है, जो सिर की खुजली को दूर करने में मदद कर सकता है। लाभ के लिए पेपरमिंट एसेंशिल ऑयल की 2 बूंदें और नारियल या जैतून के तेल की 5 बूंदें मिलाकर सिर में लगाएं और हल्के हाथों से मालिश करें। 20 मिनट बाद सिर को पहले शैंपू से साफ करें और फिर इस पर कंडीशनर का इस्तेमाल करें। इससे आपको खुजली से तत्काल राहत मिलेगी।

टी ट्री ऑयल भी है प्रभावीटी ट्री ऑयल में एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रभाव होता है। यह स्कैल्प की खुजली या जलन को कम करने में मदद कर सकता है। लाभ के लिए टी ट्री ऑयल की 5’0 बूंदों को मीठे बादाम या जोजोबा तेल की 10 बूंदों के साथ मिलाएं और इसे अपने सिर में लगाकर हल्के हाथों से मालिश करें। कुछ देर बाद सिर धो लें। वैकल्पिक रूप से आप टी ट्री ऑयल वाले शैंपू और अन्य उत्पादों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

लैवेंडर का तेल भी है कारगरलैवेंडर का तेल सिर की खुजली और स्कैल्प का रूखापन दूर करने में काफी मदद कर सकता है। लाभ के लिए लैवेंडर के तेल की 2 बूंदों को जैतून के तेल की 5 बूंदों के साथ मिलाएं और इस मिश्रण को अपने बालों और स्कैल्प पर लगाकर मालिश करें। 20 से 30 मिनट के बाद अपने सिर को शैंपू और कंडीशनर से धो लें। हफ्ते में 2 बार इस उपाय को दोहराएं।

मेडिटेशन करेंकई शोध के मुताबिक, मेडिटेशन चिंता और तनाव को कम कर सकता है। इससे सिर की खुजली को दूर करने में काफी मदद मिलती है। इसलिए आप रात में अपने स्कैल्प को खुजली से बचाने के लिए मेडिटेशन भी आजमा सकते हैं.

लेकिन यदि खुजली बनी रहती है तो पूर्ण उपचार के विकल्पों के लिए ट्राइकोलॉजिस्ट से परामर्श करें। इसका कारण है कि खुजली के पीछे कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या भी हो सकती है।

*******************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन मानसिक उलझन वाला होगा परन्तु बाद में राहत महसूस होगी। किसी फैसले पर पश्चाताप होगा। साझेदारी में किया गया काम आपके लिये फायदेमंद हो सकता है। आप अपने उदार स्वभाव से लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करने में सफल रहेंगे। ऑफिस के किसी काम में थोड़ी थकावट आ सकती है। आपको जीवनसाथी या मित्र का सहयोग प्राप्त होगा। आपका आर्थिक पक्ष सामान्य बना रहेगा। आपकी कोई छुपी हुई ख़ासियत दूसरों के सामने उजागर हो सकती है। घर के बड़े बुजुर्गों का आर्शीवाद आप पर बना रहेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आपको कोई नया कार्य मिल सकता है। इस राशि के विज्ञान विद्यार्थी के लिये आज का दिन अच्छा रहेगा। दोस्तों से किसी विषय को समझने में मदद मिलेगी। पहले किये गये किसी काम में प्रयासों का आज आपको सकारात्मक परिणाम मिलेगा। सहयोगी या प्रेमी आज एक दूसरे के साथ समय बितायेंगे। आपके रूके हुए काम भी पूरे होंगे। आज आपका स्वाथ्य उत्तम रहेगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज जीवनसाथी आपकी भावनाओं को समझेंगे और आपके मन की बात जानने की कोशिश करेंगे। इससे रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। आज जो काम आपके लिए खास है, उसे पहले निपटाने की कोशिश करेंगे। काम में आपको पूरी सफलता मिलेगी। अगर आप कुछ दिनों से किसी निजी समस्या को लेकर परेशान चल रहे हैं, तो उससे निजात पाने के लिये आज आपको किसी दोस्त की मदद मिल सकती है। आपका दिन बेहतर रहेगा। स्वास्थ्य लाभ होगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपको प्रॉपर्टी डीलर्स की डील पक्की हो जायेगी। माता अपने बच्चों को कोई पसन्दीदा भोजन बना कर खिला सकती हैं। किसी जरूरी काम में सफलता मिलेगी। पैसों के मामले में स्थिति अच्छी रहेगी। महिलाओं को अपने पति का सहयोग मिलेगा। किसी काम के लिए बनाई गई योजना आज सफल रहेगी। कुछ दिनों से आपकी कोई अधूरी इच्छा पूरी होगी। शत्रुओं का नाश और और संकटों से बचाव होगा। स्वास्थ्य सुधार निश्चित है।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज समय आपके साथ है। आपका आर्थिक पक्ष मजबूत बना रहेगा। आप उल्लास से भरे रहेंगे। साथ ही कुछ बेहतरीन कर गुजरने के मूड में रहेंगे। आज आपके सामने कुछ अच्छे अवसर आयेंगे, आपको उनका पूरा लाभ उठाने के लिए तैयार रहना चाहिए। जो लोग पर्यटन के क्षेत्र से जुड़े हैं, उनको फायदा हो सकता है। कोई करीबी व्यक्ति आपसे मदद की मांग कर सकता है। छात्रों को आज मेहनत करने से अच्छी सफलता मिलेगी। व्यस्त रहने से थकान का होना निश्चित है।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपको अपने मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखना चाहिए। बातों में उलझने से बचना चाहिए। आज किसी जरूरी काम को पूरा करने में सफल रहेंगे। परिवार वालों के साथ आप घर में ही भगवान का ध्यान लगायेंगे। परिवार वालों के साथ किसी गंभीर मुद्दे पर बात करेंगे। जीवन साथी के साथ आपके रिश्ते ठीक रहेंगे। घर में सकारात्मकता आयेंगी। करोबार में स्थिरता बनी रहेगी। स्वास्थ्य की दृष्टि से दिन सामान्य रहेगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपके धन लाभ के योग हैं। इस राशि के विद्यार्थी के लिए आज का दिन समान्य रहने वाला है, आपकी मेहनत जल्द ही रंग लायेगी। आज आप समझदारी के साथ काम करेंगे। आपको कारोबार में आगे बढऩे के लिए थोड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। आज आप दोस्तों के साथ घुमने जाने की योजना बना सकते है। परिवार वालों के साथ हंसी-खुशी में दिन बीतेगा। आपको दादा-दादी का आशीर्वाद प्राप्त होगा। उनसे किसी काम में ली गई सलाह आपके लिये फायदेमंद रहेगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपकी सकारात्मक सोच आपको सफलता दिलाने में मदद करेगी। आज का दिन बेहतर रहेगा। जीवन को और अच्छा बनाने के लिए आप कुछ नया और रचनात्मक करेंगे। सरकारी नौकरी करने वाले लोगों के लिए दिन समान्य रहने वाला है। वरिष्ठ को अपनी बात कहने में सफल होंगे। शाम को जीवनसाथी के साथ आनंद से भरपूर समय बीतेगा। अपको माता-पिता का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से दिन सही रहेगा।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

संभलकर फैसला लेने से आज आपके धन संबंधी कोई काम पूरा हो जायेगा। आपके दिमाग में कोई भावनात्मक उथल-पुथल से आप थोड़ा परेशान रहेंगे। आपको धैर्य बनाये रखना चाहिए। विवाहित आज अपने साथी के साथ अच्छा समय बितायेंगे। आपको अपनी माता की सेहत का ख्याल रखना चाहिए। बच्चो का पढाई में मन लगेगा और उन्हे कुछ नया सीखने को भी मिलेगा। आपकी सभी परेशानियाँ दूर होगी। स्वास्थ्य लाभ होगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

रोजगार में बढ़ोतरी होगी। कुछ लोगों का व्यवहार चिंता का कारण बनेगा। समाज में अपना मान-सम्मान बनाये रखने के लिये आपको कोशिशें जारी रखनी होगी। आज घर में किसी मामले को लेकर उलझन हो सकती है, अपने गुससे और जुबान पर सयम रखें और विवादों से बचकर रहें। कोर्ट-कचहरी के मामले सुलझ जायेंगे। जरुरत पडऩे पर साथ के कुछ लोग आपकी मदद के लिए तैयार रहेंगे। आपको अपने जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य के लिए प्रयास सफल होंगे।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका समय लगभग सही रहेगा। कार्यक्षेत्र में बढ़ोतरी के आसार बनेंगे। परिवार के किसी अहम मुद्दे पर आप अपना फैसला दृढ़ रखेंगे। आप सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रहेंगे। समाज में आपकी एक अलग पहचान बनेगी। आज आप घर पर ही परिवार वालो के साथ समय बिताना पसन्द करेंगे, जिससे आपके मन को ताजगी का अनुभव होगा। व्यापारियों के लिए समय अनुकूल रहेगा। सेहत की दृष्टि से आप अच्छा महसूस करेंगे।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज का दिन रोजगार की दृष्टि से उत्तम रहेगा। व्यस्त रह सकते है। आर्थिक रूप से मजबूत रहेंगे। जल्द ही कोई बड़ा लाभ मिलेगा। अपने काम को अच्छे से गति दे सकेंगे। जीवन में किसी नयी खुशी का संकेत मिलेगा। परिवार के सदस्य प्रसन्न होंगे। रिश्तों और काम के बीच तालमेल बना रहेगा। जीवनसाथी से शुभ समाचार मिलेगा। परिवार के साथ समय बिताने से खुशी मिलेगी। स्वास्थ्य लाभ होगा।

***********************************

 

यूक्रेन संघर्ष में किसी भी शांति प्रक्रिया में योगदान देने भारत तैयार: प्रधानमंत्री मोदी

नयी दिल्ली,25 फरवरी (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज ने शनिवार को स्वच्छ ऊर्जा, कारोबार, रक्षा और नयी प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने रूस-यूक्रेन संघर्ष का समाधान संवाद और कूटनीति से निकालने की जरूरत बताते हुए कहा कि भारत किसी भी शांति प्रक्रिया में योगदान देने के लिए तैयार है।

बैठक में दोनों पक्षों के बीच, रूस-यूक्रेन संघर्ष, डिजिटल परिवर्तन,फिनटेक, सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार और आपूर्ति श्रृंखला के विविधिकरण, स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्रों में विचारों का आदान-प्रदान हुआ। शोल्ज के साथ बैठक के बाद संयुक्त प्रेस बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कोविड महामारी और यूक्रेन संघर्ष के प्रभाव पूरे विश्व पर पड़े हैं। विकासशील देशों पर इसका विशेष रूप से नकारात्मक प्रभाव रहा है। हमने इस बारे मे अपनी साझा चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि हम इस बात से सहमत हैं कि इन समस्याओं का समाधान संयुक्त प्रयासों से ही संभव है और जी20 की अध्यक्षता करने के दौरान भी भारत इस दिशा में प्रयास कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘यूक्रेन में घटनाक्रम शुरु होने के समय से ही भारत ने संवाद और कूटनीति के माध्यम से इस विवाद को सुलझाने पर जोर दिया है। भारत किसी भी शांति प्रक्रिया में योगदान देने के लिए तैयार है।

वहीं, जर्मनी के चांसलर ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि एशिया, अफ्रीका, अमेरिका के देशों पर आक्रामक युद्ध का नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़े। उन्होंने कहा, यूक्रेन में युद्ध के कारण भारी नुकसान हुआ, बुनियादी ढांचे और ऊर्जा ग्रिड नष्ट हो गए। यह एक आपदा है। रूसी आक्रमण के परिणामों से दुनिया प्रभावित हो रही है।

शोल्ज ने कहा कि युद्ध मूलभूत सिद्धांतों का उल्लंघन करता है जिससे हम सभी सहमत हैं, आप हिंसा के माध्यम से (देशों की) सीमाओं को नहीं बदल सकते। जर्मनी के चांसलर दो दिवसीय यात्रा पर शनिवार को भारत पहुंचे। इस शीर्ष पद पर एंजेला मर्केल के 16 साल के ऐतिहासिक कार्यकाल के बाद दिसंबर, 2021 में जर्मनी का चांसलर बनने के बाद शोल्ज की यह पहली भारत यात्रा है।

इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चांसलर शोल्ज़ के साथ आज आए कारोबारी शिष्टमंडल और भारतीय उद्योगपतियों के बीच एक सफल बैठक हुई, और कुछ अच्छे समझौते, बड़े महत्वपूर्ण समझौते भी हुए। उन्होंने कहा कि डिजिटल परिवर्तन,फिनटेक, सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार और आपूर्ति श्रृंखला के विविधिकरण जैसे विषयों पर दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपतियों के उपयोगी विचार और सुझाव भी मिले।

मोदी ने कहा कि आतंकवाद और अलगाववाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और जर्मनी के बीच सक्रिय सहयोग है। उन्होंने कहा,  दोनों देश इस बात पर भी सहमत हैं, कि सीमापार आतंकवाद को समाप्त करने के लिए ठोस कार्रवाई आवश्यक है। प्रधानमंत्री ने कहा, हमने इस बात पर भी सहमति दोहराई कि वैश्विक वास्तविकताओं को बेहतर तरीके से दर्शाने के लिए बहु पक्षीय संस्थाओं में सुधार आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार लाने के लिए जी-4 के अंतर्गत हमारी सक्रिय भागीदारी से यह स्पष्ट है। ज्ञात हो कि जी4 समूह का आशय भारत, जापान, जर्मनी और ब्राजील से है, जो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में विस्तार की जरूरत पर जोर देते रहे हैं।

उन्होंने कहा,  भारत और जर्मनी त्रिकोणीय विकास सहयोग के तहत तीसरे देशों के विकास के लिए आपसी सहयोग बढ़ा रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में हमारे लोगों से लोगों के बीच संबंध भी सुदृढ़ हुए हैं।

मोदी ने कहा कि पिछले वर्ष मेरी जर्मनी यात्रा के दौरान हमने हरित और टिकाऊ विकास गठजोड़ की घोषणा की थी और इसके माध्यम से जलवायु कार्य और टिकाऊ विकास लक्ष्यों के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सुरक्षा और रक्षा सहयोग हमारे सामरिक गठजोड़ का एक महत्वपूर्ण स्तम्भ बन सकता है और इस क्षेत्र में जहां क्षमताओं का उपयोग नहीं हुआ है, उसे पूरी तरह से हासिल करने के लिए हम साथ मिलकर प्रयास करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि विश्व की दो बड़ी लोकतांत्रिक अर्थव्यवस्थाओं के बीच बढ़ता सहयोग, दोनों देशों की जनता के लिए लाभकारी है, साथ ही आज के तनाव-ग्रस्त विश्व में इससे एक सकारात्मक संदेश भी जाता है उन्होंने कहा कि भारत और जर्मनी के मजबूत संबंध, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, और एक-दूसरे के हितों की गहरी समझ पर आधारित हैं और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक एवं आर्थिक आदान-प्रदान का भी लंबा इतिहास रहा है।

इससे पहले, भारत पहुंचने पर जर्मनी के चांसलर शोल्ज ने राष्ट्रपति भवन में सलामी गारद का निरीक्षण किया। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। रविवार सुबह चांसलर शोल्ज बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने अपने ट्वीट में कहा कि चांसलर शोल्ज की यात्रा बहुआयामी भारत-जर्मन सामरिक गठजोड़ को और गहरा बनाने का अवसर प्रदान करेगी।

बागची ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज का हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता के लिए स्वागत किया। इसमें द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने, हरित एवं टिकाऊ विकास गठजोड़ और आर्थिक गठजोड़ को प्रगाढ़ करने तथा रक्षा क्षेत्र में करीबी संबंध बनाने पर जोर दिया गया।

*****************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version