बंगाल, असम में आयकर छापे, 100 करोड़ रुपये की बेहिसाब नगदी का पता चला

नई दिल्ली 16 मई (एजेंसी)। आयकर विभाग ने कहा कि उसने हाल ही में उत्तर बंगाल से संचालित एक कारोबारी समूह की तलाशी ली और जब्ती की कार्रवाई की, जिसमें लगभग 100 करोड़ रुपये की बेहिसाब नगदी प्राप्तियों का पता चला। इस ऑपरेशन में 1.73 करोड़ रुपये की बेहिसाब नगदी और एक करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण भी जब्त किए गए।

सूत्रों के मुताबिक, कारोबारी समूह को सक्रिय राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति द्वारा नियंत्रित किया जाता है।

एक आयकर अधिकारी ने कहा, उनके करीबी व्यापारिक सहयोगी के परिसरों पर भी तलाशी ली गई। यह समूह विभिन्न प्रकार के व्यवसायों में लगा हुआ है, जिसमें धान की भूसी का तेल, सरसों का तेल, डी-ऑयल्ड राइस ब्रान (डीओआरबी), विभिन्न प्रकार के उत्पादन और बिक्री शामिल है।

आयकर विभाग ने कहा कि पश्चिम बंगाल में उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, कोलकाता, सिलीगुड़ी और असम में गुवाहाटी व इसके आसपास के क्षेत्रों में फैले कुल 23 परिसरों को कवर किया गया।

तलाशी कार्रवाई से पता चला कि समूह अपनी उपज को दबा रहा था और खाद्य तेल और डीओआरबी की बेहिसाब नकदी बिक्री कर रहा था। तलाशी अभियान के दौरान नगद लेन-देन के कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जो खाते की नियमित किताबों में दर्ज नहीं हैं।

हस्तलिखित नोट, दस्तावेज और नगद लेनदेन के अर्क वाले डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। समानांतर कैश बुक और खर्चो के फर्जी दावों का भी पता चला है। शुरुआती जांच में 40 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब आय का खुलासा हुआ है।

अधिकारी ने कहा, उत्तर बंगाल के मालदा जिले में कृषि उत्पादों के एक प्रमुख निर्यातक मुख्य व्यवसाय समूह के करीबी व्यापारिक सहयोगी के ठिकानों पर चलाए गए तलाशी अभियान में भूमि अधिग्रहण में 17 करोड़ रुपये के नगद भुगतान के खिलाफ आपत्तिजनक दस्तावेज पाए गए।

अधिकारी ने कहा, करीब 100 करोड़ रुपये की बेहिसाब नगदी प्राप्तियों का विवरण भी मिला है।

*******************************

 

दिल्ली पहुंचे डीके शिवकुमार ने खडग़े से की मुलाकात

नई दिल्ली 16 मई,(एजेंसी)। कर्नाटक में कांग्रेस को प्रचंड जीत दिलाने वाले राज्य पार्टी प्रमुख डी.के. शिवकुमार मंगलवार को दिल्ली पहुंचे और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े से मिलने उनके आवास पर पहुंचे, जहां नए मुख्यमंत्री के चयन पर विचार-विमर्श चल रहा है। शिवकुमार मंगलवार दोपहर राष्ट्रीय राजधानी में पहले अपने भाई और पार्टी सांसद डीके सुरेश के आवास पर गए और शाम करीब 5 बजे खडग़े से मिलने उनके आवास पर पहुंचे।

खडग़े के साथ उनकी मुलाकात से पहले राहुल गांधी, पार्टी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पार्टी प्रमुख के साथ सीएम पद को लेकर लंबी चर्चा की।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक डेढ़ घंटे से अधिक समय तक चली।

पार्टी सूत्रों ने सोमवार रात कहा था कि यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी के साथ सीक्रेट बैलट के परिणाम पर चर्चा करने के बाद खडग़े कर्नाटक के अगले सीएम पर फैसला करेंगे। सोनिया गांधी इस समय शिमला में हैं।
सोमवार को कर्नाटक के तीनों पर्यवेक्षकों ने खडग़े को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी और पार्टी नेताओं की बैठक 5 घंटे से अधिक समय तक चली थी।
इससे पहले मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे सिद्दारमैया सोमवार दोपहर दिल्ली पहुंचे, हालांकि शिवकुमार पेट में संक्रमण के कारण सोमवार को नहीं आ सके।

बेंगलुरु से दिल्ली रवाना होने से पहले शिवकुमार ने कहा कि पार्टी उनके लिए ‘भगवान’ है।
शिवकुमार ने कहा, हमारा घर एकजुट है। हमारी संख्या 135 है और मैं पार्टी अध्यक्ष हूं। कांग्रेस पार्टी मेरा मंदिर है। पार्टी मां की तरह है। मैंने अपना काम किया है।

शिवकुमार ने कहा, भगवान और मां जानते हैं कि बच्चों को क्या देना है। मैं मंदिर में अपने भगवान से मिलने जा रहा हूं। मैं अकेला जा रहा हूं। महासचिव ने मुझे वहां अकेले आने के लिए कहा था।

सिद्दारमैया और शिवकुमार कर्नाटक सीएम पद के लिए जीतोड़ कोशिश कर रहे हैं।

सूत्रों ने कहा कि सिद्दारमैया को ज्यादातर विधायकों का सर्मथन है, इसके बावजूद शिवकुमार झुकने को तैयार नहीं हैं। वह दावा कर रहे हैं कि उन्होंने पार्टी को जीत दिलाई है और इसलिए मुख्यमंत्री पद के हकदार वो ही हैं।

*******************************

 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को मिली जान से मारने की धमकी, जांच में जुटी दिल्ली पुलिस

नई दिल्ली 16 May, (एजेंसी)- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी मिली है। दिल्ली पुलिस इसकी जांच कर रही है। सोमवार की देर शाम दिल्ली में नितिन गडकरी के आवास पर फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई। इससे पहले भी नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी मिली है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री को जनवरी और मार्च में नागपुर में जान से मारने की धमकी मिल चुकी है।

जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को सोमवार शाम उनके दिल्ली स्थित आवास पर फोन कॉल आया। अनजान फोन कॉल के जरिए उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में दिल्ली पुलिस ने कहा कि नितिन गडकरी के आवास पर मिली जान से मारने की धमकी की सूचना मंत्री के स्टाफ ने पुलिस को दी थी। विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है वहीं जांच की जा रही है।

********************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आप चल रही समस्याओं का समाधान पाने में सफल रहेंगे। भौतिक सुख साधनों में वृद्धि होगी। मौज मस्ती में भी समय व्यतीत होगा। विद्यार्थियों को उनकी सफलता के लिए पुरस्कार / अच्छा परिणाम प्राप्त हो सकता है। अभीष्ट मित्रों व गुरु के सानिध्य में भी समय व्यतीत होगा। स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। मानसिक सुख शांति का अनुभव होगा। पठन-पाठन, कथा-लेखन में रुचि बनेगी। उचित कार्य समय पर पूरे हो जाने से मन प्रसन्न रहेगा। मन में चल रही किसी प्रकार की ऊहापोह समाप्त होगी। मित्र तथा परिजन मददगार साबित होंगे।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)आज आपका दिन उत्तम रहेगा। दिनचर्या में कुछ नयापन लाने का प्रयास करेंगे। जिसमें पारिवारिक सदस्यों का भी सहयोग रहेगा। विद्यार्थियों तथा युवाओं की प्रतियोगी अथवा विभागीय परीक्षा संबंधी परिणाम उनके पक्ष में आएंगे। घर के किसी सदस्य की विवाह संबंधी तैयारियों में भी समय व्यतीत होगा। धार्मिक विचारधारा में बढ़ोतरी होगी।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। आप किसी महत्वपूर्ण कार्य को विशेष तरीके से संपादित करने में सक्षम रहेंगे। आपका मान-सम्मान और यश-कीर्ति का ग्राफ भी ऊपर की ओर चढ़ेगा। संपत्ति संबंधी विवाद किसी की मध्यस्थता द्वारा हल करने का प्रयास करें, अवश्य ही सफलता मिलेगी। स्वास्थ्य सुधार होगा।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन खुशी भरा होगा। आप मनमौजी स्वभाव से लुफ्त उठाएंगे। रिश्तों को और अधिक मजबूत करने में आपका विशेष प्रयास रहेगा। प्यार और स्नेह के बल पर आप सफल भी रहेंगे। आप अपने अहम को छोड़कर किसी से मिलेंगे – जुलेंगे जिससे आपको विशेष रूप से मान-सम्मान प्राप्त होगा। यात्रा योग प्रबल है। स्वास्थ्य लाभ होगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपके लिए दिन परिश्रम युक्त होगा। दिन भर अत्यधिक व्यस्तता बनी रहेगी। आपको स्वयं के लिए वक्त नहीं मिल पाएगा परंतु आप इस स्थिति का आनंद उठाएंगे। धन संबंधी योजनाएं सफल होंगी। संतान के विवाह, कैरियर आदि संबंधी चिंताएं समाप्त होंगी। स्वास्थ्य लाभ होगा परंतु थकान बनी रहेगी।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन व्यस्त रहेगा। हल्की थकान महसूस करोगे। सामाजिक कार्यों में व्यस्तता बनी रहेगी और रिश्ते भी मजबूत होंगे। कोई पुराना विवाद हल होगा। दौड़-धूप बनी रहेगी परंतु उसके परिणाम भी शानदार हासिल होंगे। कोई अटका हुआ धन मिलने की भी उम्मीद है, इसलिए प्रयासरत रहें।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। किसी विशिष्ट व्यक्ति से मुलाकात होगी। किसी पुरानी गलतफहमी का भी निराकरण होगा। आर्थिक पक्ष भी उत्तम बना रहेगा। पिछले कुछ समय से चल रही चिंताओं से राहत मिलेगी। जिससे आप पुन: ऊर्जावान होकर अपने कार्यों के प्रति ध्यान एकाग्रचित्त कर पाएंगे।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आप अपनी आंतरिक शक्तियों को महसूस करेंगे। जिससे आपकी मानसिक स्थिति बहुत ही सकारात्मक रहेगी। लोग भी आपकी प्रतिभा के कायल हो जाएंगे। सामाजिक दायरा बढ़ेगा। किसी प्रियजन का घर में आगमन सभी लोगों को खुशी प्रदान करेगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। संतान की समस्याओं संबंधित कार्यो में अधिक समय व्यतीत होगा। आप अपनी फिटनेस पर भी ध्यान देंगे। आप में हिम्मत आत्मविश्वास और आशा का संचार रहेगा। परिजनों के साथ घूमने – फिरने तथा मनोरंजन संबंधी कार्यों में भी समय व्यतीत होगा। स्वास्थ्य सुधार होगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन बेहतर रहेगा। अधिकतर समय आध्यात्मिक धार्मिक गतिविधियों में व्यतीत होगा। बुजुर्गों का आशीर्वाद व स्नेह पाकर आप प्रगति पथ पर आगे बढ़ेंगे। आप हर निर्णय को बहुत ही सोच समझकर लेने से अपने कार्यों में आशातीत सफलता प्राप्त करेंगे। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज भाग्य का सितारा बुलंद रहेगा। कल्पनाओं की दुनिया से निकलकर यथार्थ के धरातल पर आएं। आपका सकारात्मक रवैया आपके व्यक्तित्व को निखारेगा तथा आपको राजनैतिक व सामाजिक रूप से सम्मानित भी करेगा। आपकी प्रतिभा व योग्यता सबके सामने आएगी। स्वास्थ्य लाभ निश्चित है।

***************************

 

कर्नाटक चुनाव के नतीजों से मप्र के दलबदलुओं की धड़कनें बढ़ी

भोपाल,16 मई (एजेंसी)। कर्नाटक विधानसभा चुनाव नतीजों से मध्य्रपदेश में दल-बदलू नेताओं की धड़कनें बढ़ गई हैं। कर्नाटक के मतदाताओं ने दलबदलुओं को खारिज कर दिया। वहां कांग्रेस और जेडीएस छोड़कर भाजपा में शामिल होकर चुनाव मैदान में उतरे आधे से अधिक नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। मप्र में मार्च 2020 की राजनीतिक उथल-पथल के बाद कांग्रेस की विधायकी छोड़ भाजपा में शामिल हुए ज्यादातर नेताओं की घबराहट बढ़ गई है।

इन नेताओं के सामने वोटर्स के अलावा असंतुष्ट भाजपाइयों को साधने की ादेहरी चुनौती बनी हुई है। प्रदेश में सवा तीन साल पहले राजनीतिक उठा पटक के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ 22 कांग्रेस विधायकों ने अपनी सदस्यता छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली थी। बाद में कुछ और विधायकों ने भाजपा को समर्थन देने का ऐलान कर दिया। 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

पाला बदलने वाले नौ विधायकों काके हार का सामना करना पड़ा था। अगामी चुनाव में अब उनके सामने फिर से सिायसी चुनौत्ी बनी हुई है। इसके अलावा पांच विधायक ऐसे भी हैं जिन्होंने विधायकी छोड़े बिना ही भाजपा को समर्थन देने का ऐलान किया है। इनमें दो निर्दलीय प्रदीप जायसवाल वारासिवनी और विक्रत सिंह राणा सुसनेर हैं। भिंड से बसपा विधायक संजीव कुशवाह, बिजावर से सपा विधायक राजेश कुमार शुक्ला और बड़वाह सेे कांग्रेस विधायक सचिन बिरला को समर्थन देने की घोषण कर चुके हैं।

उपचुनाव में भी जीत बरकरार : सियासी उथल-पुथल के बाद हुए उपचुनाव में 19 नेताओं ने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इनमें प्रद्मुन सिंह तोमर ग्वालियर, महेंद्र सिंह सिसौदिया बमोरी, गोविंद सिंह राजपूत सुरखी, डॉ. प्रभुराम चौधरी सांची, तुलसीराम सिलावट सांवेर, कमलेश जाटव अम्बाह, ओपीएस भदौरिया मेहगांव, रक्षा संतराम सरौनिया भांडेर, सुरेश धाकड़ पोहरी, जजपाल सिंह जज्जी अशोकनगर, बृजेन्द्र ङ्क्षसह यादव मुंगावली, बिसाहूलाल सिंह अनूपपुर, मनोज चौधरी हाट पिपल्या, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव बदनावर, हरदीप सिंह डंग, प्रद्मुन सिंह लोधी मलहरा, सुमित्रा देवी कास्डेकर नेपानगर, नारायण पटेल मंधाता एवं सूबेदार सिंह राजौधा शामिल हैं।

******************************

 

दबंगों से तालाबों का कब्जा वापस लेकर मछुआरों को देगी सरकार

भोपाल,16 मई (एजेंसी)। केवट समाज सरल, मेहनती और साहसी है। इस समाज ने आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों को धूल चटा दी थी। केवट समाज ही था, जिसने भगवान राम को गंगा पार कराया था। शासकीय तालाब और जल-संरचाओं पर पहला हक मछुआरों का है। दबंगों से तालाबों का कब्जा वापस दिया जाएगा।

प्रदेश में अभियान चलाकर केवट समाज को कब्जा देने का कार्य किया जाएगा। यह बात सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री आवास में केवट जयंती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम, माता सीता और केवट के चित्र पुष्पांजलि अर्पित की। केवट समाज के प्रतिनिधियेां ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर स्मृति चिह्न भेंट किया। यहां सीएम ने नावभ्भी चलाई।

मछुआरों को ठहरने के लिए बनेगा रेस्ट हाउस : जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावअ ने कहा कि केवट जयंती विकास और प्रगति से नींव का पत्थर साबित होगी। मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सीताराम बाथम ने मछुआरों और कवेट समाज को अधिकार दिलाने की मांग की।

उन्होंने भोपाल में ठहरने के लिए रेस्ट हाउस की मांग रखी और प्रदेश में प्रभु केवट की मूर्ति लगाने का भी आग्रह किया। शासकीय सेवा से बाहर नहीं किए जाएंगे केवट समाज के कर्मचारी : मुख्यमंत्री ने कहा कि समिति बना कर शासकीय सेवा के लिए जाति प्रमाण-पत्र की विसंगति दूर करेंगे। शासकीय सेवा में जो कर्मचारी है, उन्हें सेवा से बाहर नहीं किया जाएगा। जहां केवट समाज की बहुलता है, वहां निषदराजा स्मारक, भवन बनाएंगे एवं मूर्तियां लगाई जाएंगी। केवट समाज के युवाओं की परंपरागत व्यवसाय के अलावा दूसरे व्यवसायों में भ्ज्ञी आगे आने की कोशिश करनी चाहिए।

***************************

 

विधायक बोले – हर काम के पैसे ले रहे हो बाप का राज है

राजगढ,16 मई (एजेंसी)। पूरा सिस्टम मैं भी समझ रहा हूं, मैं भी समझता हूं। पर कम से कम अति तो मत करो। क्या अति करने के लिए तुम लोगों को बैठाया गया है। क्या अपने बाप का राज, समझ रखा है, सब लोगों ने। शासन को बदनाम कर रहे हो तुम लोग।

क्यों नहीं देखते हो आप। कमा कमा कर ले जाते हो और हम लोग परेशान हो रहे हैं। किसने दे दी यह भ्रष्टाचार करने की छूट। यह बात ब्यावरा से कांग्रेस विधायक रामचंद्र दांगी ने नरसिंहगढ़ जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचकर जनपद सीईओ राजीव मिश्रा से कही, जिसका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

बताया जाता है कि विधायक दांगी को नरसिंगढ़ जनपद पंचायत कार्यालय से किसी ने फोन कर सूचना दी थी कि यहां हर कार्य के पैसे लिए जा रहे हैं। छोटे-छोटे काम भी बिना पैसो के नहीं किए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर विधयक आचानक जनपद पंचायत कार्यालय जा पहुंचे और जनपद सीईओ को जमकर खरीखोटी सुनाई।

*************************

 

दिन निकलते ही डबल मर्डर की घटना से मेरठ में मचा हड़कंप

*शास्त्रीनगर के सैक्टर छ में दंपित्त की गला रेत की हत्या

*खून से लथपथ दोनों के शव कमरे में मिले, जांच पडताल करने में जुटी पुलिस

मेरठ 16 मई (आरएनएस)। थाना नौंचदी क्षेत्र के शास्त्री नगर के सैक्टर छह में एक मकान में दंपित्त की गला रेत कर हत्या कर दी गयी। दोनो के शव कमरे में खुन से लथपथ मिले। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी घटना स्थल पहुंची। फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश मान कर चल रही है। पुलिस ने दोनो के शव को पोस्टमार्टम भेजने की तैयारी करने में जुटी है।

प्रमोद कर्णवाल अपनी पत्नी ममता के साथ शास्त्री नगर के सैक्टर छह में रहते थे । वह गाजियाबाद में सरिया फैक्टी में नौकरी करते थे। सुबह उनकेघर से कोई हचचल नहीं हुई तो आसपास पडोस के लोगों ने मकान का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। अंदर का मंजर देखकर वह दंग रहे गये। प्रमोद कर्णवाल व उनकी पत्नी ममता का शव खून से लथपथ पडे थे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी। एक साथ डबल मर्डर से पुलिस विभाग में हडकंप मच गया। आनन फानन में सीओ सिविल लाइन अरविन्द चौरसिया फौर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर डॉग स्कावायड व फोरेसिंक टीम को बुलाया गया। दोनो हत्या के कारणों का पता करने में जुटी है। फिलहाल पुलिस इससे आपसी रजिंश मानकर चल रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की गयी। पुलिस ने दंपित्त के मोबाइल को लेकर जांच पडताल आरंभ कर दी है। डबल मर्डर से पूरी क्षेत्र में हडकंप माहौल बना हुआ है।

******************************

कर्नाटक के सीएम पर सस्पेंस, सिद्धारमैया मार सकते हैं बाजी, शिवकुमार नहीं जाएंगे दिल्ली

बेंगलुरू 15 May, (एजेंसी)-कर्नाटक में बहुमत हासिल कर चुकी कांग्रेस अब सीएम के नाम पर गहन मंथन के दाैर से गुजर रही है। इसी दाैर के बीच संभावना व्यक्त की जा रही है कि कल सीएम के नाम का ऐलान हो सकता है। इसी बीच शीर्ष नेतृ्त्व से मुलाकात के लिए सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार को दिल्ली आना है।

सिद्धारमैया तो दिल्ली पहुंच गए हैं, लेकिन डीके शिवकुमार के दिल्ली आने पर संशय बना हुआ है। वहीं एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कर्नाटक में सरकार बनने का फॉर्मूला लगभग तय हो गया है। कुरुबा कम्युनिटी से आने वाले सिद्धारमैया को CM बनाया जा सकता है। उनके अंडर में तीन डिप्टी CM हो सकते हैं। ये तीनों अलग-अलग कम्युनिटी के होंगे। इनमें वोक्कालिगा कम्युनिटी से आने वाले डीके शिवकुमार, लिंगायत कम्युनिटी से आने वाले एमबी पाटिल और नायक/वाल्मिकी समुदाय के सतीश जारकीहोली शामिल हैं।

शिवकुमार ने बताया, “मुझे दिल्ली बुलाया गया था. कुछ काम थे. जिन्हें पूरा करना है. मैंने अपनी बात रखी है, लेकिन आलाकमान ने मुझे कुछ और जिम्मेदारियां दी हैं। पहले उन्हें पूरा करना है, बाकी सब भगवान देखेंगे.” दिल्ली आना कैंसिल क्यों हुआ? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “मेरे पेट में कुछ इंफेक्शन है, बर्निंग हो रही है, परिवार को चिंता हो रही थी. ऐसे में क्या करता, इसलिए दौरा कैंसिल कर दिया।” ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि आलाकमान के फैसले से डीके शिवकुमार नाराज हैं, इसलिए उन्होंने अपना दौरा रद्द किया।

*****************************

 

आर्यन खान ड्रग केस की रिपोर्ट में खुलासाः मुंबई NCB अधिकारियों ने असली दोषियों को नहीं पकड़ा

नई दिल्ली 15 May, (एजेंसी)- आर्यन खान ड्रग्स मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के उप महानिदेशक (उत्तरी क्षेत्र) ज्ञानेश्वर सिंह की अध्यक्षता में बने विशेष जांच दल (एसईटी) की रिपोर्ट में कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। इसमें कहा गया है कि मुंबई जोन के एनसीबी प्रमुख समीर वानखेड़े की टीम ने छापेमारी के दौरान उन लोगों को छोड़ दिया जो आपूर्तिकर्ता थे या जिनके पास से ड्रग्स मिले थे। रिपोर्ट में कहा गया है, एनडीपीएस अधिनियम की धारा 50 के प्रावधानों के अनुसार, आशीष रंजन (एनसीबी के एक अधिकारी) द्वारा एमपीटी (मुंबई पोर्ट ट्रस्ट) के डिपार्चर गेट पर कई यात्रियों की तलाशी ली गई और उनकी जांच की गई। अरबाज ए. मर्चेंट नाम के एक व्यक्ति ने स्वीकार किया कि उसने अपने जूते के अंदर ‘चरस’ छिपा रखा था। उसने आशीष रंजन को स्वेच्छा से ‘चरस’ भी सौंपी। लेकिन उसे जाने दिया गया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि कई संदिग्धों को जाने दिया गया था और इसे दस्तावेज में नहीं लिखा गया। एनसीबी की इनक्वोयरी रिपोर्ट में कहा गया है, एक सिद्दार्थ शाह, जिसकी अरबाज ए मर्चेंट को ‘चरस’ की आपूर्ति करने में कथित भूमिका थी, को भी एनसीबी अधिकारियों द्वारा जाने की अनुमति दी गई थी, हालांकि शाह ने स्वीकार किया था कि अरबाज से उसके लिए चरस खरीदने के लिए पैसे मिले थे और इसमें आपत्तिजनक चैट दिखाई दे रही थी वह खुद ड्रग्स का सेवन कर रहा था।

एसईटी द्वारा की गई पूछताछ में आगे पता चला है कि आरोपी व्यक्तियों को स्वतंत्र गवाह के.पी. गोसावी के एक निजी वाहन में एनसीबी कार्यालय लाया गया था। आरोपियों को हिरासत में लेने के लिए एनसीबी कर्मियों के मौजूद होने के बावजूद गोसावी को जानबूझकर इस तरह से पेश किया गया था ताकि यह आभास दिया जा सके कि वह एक एनसीबी कर्मी था।

गोसावी को आरोपी व्यक्तियों के साथ उपस्थित होने की अनुमति दी गई और यहां तक कि छापे के बाद एनसीबी कार्यालय में आने की अनुमति दी गई, जो एक स्वतंत्र गवाह के लिए मानदंडों के खिलाफ था। रिपोर्ट में कहा गया है, इस तरह गोसावी ने सेल्फी क्लिक करने और एक आरोपी का वॉयस नोट रिकॉर्ड करने की आजादी ली। गोसावी और उनके सहयोगी सनविले डिसूजा और अन्य ने आर्यन खान के परिवार के सदस्यों से 25 करोड़ रुपये वसूलने की साजिश रची।

एनसीबी के मुंबई जोन को 2 अक्टूबर 2021 को कॉर्डेलिया क्रूज जहाज पर विभिन्न व्यक्तियों द्वारा नारकोटिक्स पदार्थों के सेवन और कब्जे से संबंधित एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलने के बाद टीम गठित कर छापेमारी की गयी।

आशीष रंजन प्रसाद को जांच अधिकारी के रूप में लिया गया था, जबकि किरण गोसावी और प्रभाकर सेल को मामले के स्वतंत्र गवाह के रूप में लिया गया था। इस मामले में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी और जब्ती और गिरफ्तारी समीर वानखेड़े, वी.वी. सिंह और आशीष रंजन द्वारा की गई थी।

*****************************

 

बजरंग दल पर आपत्तिजनक टिप्पणी करके फंसे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, अदालत ने किया तलब

चंडीगढ़ 15 May, (एजेंसी)-पंजाब के संगरूर की एक स्थानीय अदालत ने बजरंग दल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ दायर 100 करोड़ रुपये के मानहानि के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को नोटिस जारी किया है। सिविल जज (सीनियर डिवीजन) रमनदीप कौर की अदालत ने खड़गे को 10 जुलाई को तलब किया है।

खड़गे ने कांग्रेस पार्टी के कर्नाटक विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में बजरंग दल की तुलना प्रतिबंधित पीएफआई से की थी। हिंदू सुरक्षा परिषद बजरंग दल हिंद के संस्थापक याचिकाकर्ता हितेश भारद्वाज ने हाल ही में संपन्न कर्नाटक चुनावों के दौरान बजरंग दल के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए खड़गे के खिलाफ मानहानि का मामला दायर किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने बजरंग दल की तुलना देश विरोधी संगठनों से की और कर्नाटक में सत्ता में आने के बाद इसे प्रतिबंधित करने का भी वादा किया।

**********************

 

करप्शन पर एक्शन: विजिलेंस ने सुपरिटेंडेंट इंजीनियर को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों किया गिरफ्तार

चंडीगढ़ 15 May, (एजेंसी): पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सोमवार को एस.ए.एस. नगर में जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग में सुपरिंटेडेंट इंजीनियर, क्वालिटी कंट्रोल के पद पर तैनात आर.के. गुप्ता को 1,00,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने आज यहां यह खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी को श्री मुक्तसर साहिब निवासी लखपत राय की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने ब्यूरो से संपर्क किया और बताया कि वह एक सरकारी ठेकेदार के साथ काम कर रहा है, जिसे श्री मुक्तसर साहिब जि़ले के कोटभाई ब्लॉक के गांव खुनान में सुरक्षित पेयजल आपूर्ति योजना को बढ़ाने के लिए एक निविदा आवंटित की गई थी। शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि उक्त सुपरीटेंडैंट इंजीनियर ने लंबित बिलों को निपटाने और उक्त परियोजना की निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए 2,00,000 रुपए रिश्वत की माँग की है, लेकिन सौदा एक लाख रुपए में तय हुआ है।

प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत की प्रारंभिक जाँच के बाद बठिंडा रेंज की विजिलेंस ब्यूरो यूनिट ने जाल बिछाया और आरोपी सुपरीटेंडैंट इंजीनियर को दो आधिकारिक गवाहों की हाजिऱी में शिकायतकर्ता से 1,00,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है। विजीलैंस ब्यूरो टीम ने मौके पर रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई है। इस संबंध में उक्त आरोपी के खिलाफ विजिलेंस थाना बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आगे की जाँच चल रही है।

****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहेगा। पूरा दिन खुद को खुशनुमा महसूस करेंगे। लोगों का विश्वास आप पर बना रहेगा। आपकी ईमानदारी से लोग प्रेरणा लेंगें। बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद आप पर बना रहेगा। महिलाएं घर के काम व्यस्त होने पर भी राहत प्राप्त कर लेंगी। आप मित्रों के साथ समय बितायेंगे। कई दिनों से अटका धन वापस मिलेगा। बच्चोंं को घर के किसी प्रभावशाली व्यक्ति का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य के लिहाज से आपका दिन अच्छा रहेगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो)

आज आपका समय आपके साथ है। शिक्षकों की मदद से विद्यार्थीयो का कोई प्रोजेक्ट पूरा हो सकता हैं। किस्मत का साथ आपको आर्थिक लाभ दिलायेगा। पुरानी की गई मेहनत से दोगुना लाभ मिलेगा। आज हर कोई आपकी बातों को ध्यान से सुनेगा। परिवारवालों के साथ किसी धार्मिक कार्यो में शामिल हो सकते हैं, जिससे आपको अच्छा महसूस होगा। माता की सेहत का खास खयाल रखें। आज आप सामाजिक कार्यों में सहयोग देंगें। स्वास्थ्य लाभ होगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आप जो भी व्यापार शुरू करेंगें, उसमें सफलता हासिल होगी। आपके कोर्ट-कचहरी के मामले थोड़े अटक सकते हैं, लेकिन समय रहते सब ठीक होगा। किसी दोस्त का भी सहयोग मिल सकता है। इंजीनियरिंग से जुड़े लोगों को जल्द ही तरक्की के नए अवसर मिलेंगें। आप नया करोबार करने की में सोच रहे हैं तो किसी अनुभवी की सलाह जरूर लें, आपको कोई अच्छी राय मिल सकती है। बच्चों का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार के लोग आपकी बातों से सहमत रहेंगे। स्वास्थ्य अनुकूल रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। चिंता मुक्त होगे। किसी बड़े प्रोजेक्ट में पैसा लगाने की सोच रहे हैं, तो पहले किसी समझदार व्यक्ति से सलाह जरूर लें, अन्यथा आपका पैसा फंस सकता है। शाम को जीवनसाथी आपको कुछ अच्छा बना कर खिला सकते हैं। छात्र आज अपने करियर को लेकर कोई योजना बनायेंगें, बच्चों को सही गाइडेंस की जरुरत है। आपको किसी के मामलों में दखल देने से बचना चाहिए। स्वास्थ्य सही रहेगा , आराम को समय दें।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन उत्तम रहेगा। आज जो भी काम शुरू करेंगे वो समय पर पूरा हो जायेगा। कॉमर्स के विद्यार्थी आज मार्केटिंग को समझने के लिये शिक्षकों की ओनलाइन सहायता लें सकते हैं, जो आपके भविष्य में बेहद काम आयेंगी। आपको करियर से संबंधित नए अवसर मिल सकते हैं। नए व्यापार को शुरू करने में बड़े भाई का सहयोग मिलेगा। ऑफिस के कार्यों में चली आ रही समस्या आज समाप्त हो जायेंगी, इसमें आपको अपने सीनियर्स का सहयोग मिलेगा। पानी ज्यादा से ज्यादा पिए, सेहत अच्छी रहेगी।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका मन नई उमंगों से भरा रहेगा। हर कोई आपसे राय लेना चाहेगा। ऑफिस के लोगों में आपका रुतबा बनेगा। किसी विशेष व्यक्ति से आज आपकी बात हो सकती है। आपको आर्थिक रूप से भी लाभ मिलेगा, धन के नये स्रोत प्राप्त होंगे। जीवनसाथी के साथ आपका तालमेल अच्छा बना रहेगा। आपको अपने कार्यो में परिवार वालो से पूरा सहयोग मिलेगा। छोटे बच्चे आज बहुत खुश रहेंगे, वो अपने लिये कोई नया खेल तलाश सकते हैं। स्वास्थ्य लाभ होगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज का दिन मिली-जुली प्रतिक्रिया वाला रहेगा। आज किसी दूर के भाई-बहन से आपकी फोन पर बात होगी, जिससे आपको अच्छा महसूस होगा। दाम्पत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। महिलाएँ आज ऑनलाइन कोई नयी डिश सीखने की कोशिश करेंगी। पिता का सहयोग आपके साथ रहेगा। लेखकों के लिए आज का दिन बहुत अच्छा है, उनके लेखन कार्यों की सराहना बड़े पैमाने पर हो सकती है। आज के दिन आप किसी नई रचना की शुरुआत भी कर सकते हैं। आपको ईमानदार लोगों के साथ मेल-जोल बढ़ाने की जरूरत है।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आप विदेश में व्यापार करने की योजना बना सकते है। अकारण शुरू हुई बाधाएं पूरी तरह से समाप्त हो जायेंगी। आज आपको ननिहाल पक्ष से कोई शुभ समाचार मिल सकता है, जिससे आपका मन प्रसन्न रहेगा। आपकी सोशल मीडिया पर किसी से बात हो सकती है जिससे आपको भविष्य में बहुत फायदा होगा। आज बच्चे घर के काम में माता की मदद करेंगें, जिससे माता उनसे प्रसन्न रहेगी। व्यायाम करने से, डायबिटीज से संबंधित परेशानी खत्म होंगी।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन खुशियाँ लेकर आया है। काम के मामलों में आप बेहद व्यावहारिक रहेंगे। आपके मन में बहुत दिनों से कोरोबार को लेकर कोई योजना चल रही है, तो आज आप उस योजना पर काम शुरू कर सकते हैं। आपको कोई बड़ा लाभ मिल सकता है। आज आपकी मीठी वाणी आपके काम को जल्दी पूरा करवाने में मदद करेगी। छोटे उद्योग वाले लोगों को आज अधिक मुनाफा हो सकता है। विद्यार्थियों का मन आज पढ़ाई में लगेगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन पहले से ज्यादा फायदा दिलाने वाला रहेगा। आपको दूसरों से प्रेरणा लेकर काम करने की जरूरत है। आज बोलने से ज्यादा आपको काम पर ध्यान देना चाहिए। आज आपको अपने माता पिता के साथ समय बिताना चाहिये। संयम और धैर्य के साथ ही आपको अपने कदम आगे बढ़ाने चाहिए। किसी रिश्तेदार से चलती आ रही अनबन आज खत्म हो जायेंगी। आपको अधिक खाने-पीने से बचना चाहिए और सेहत का ध्यान रखना चाहिए।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आर्थिक तौर पर आपकी स्थिति मजबूत रहेगी। अगर आप कोई बिजनेस करते हैं, तो आपको उसे बढ़ाने के लिए थोड़ी और मेहनत करने की जरूरत है। आज कोई पड़ोसी आपसे किसी प्रकार की सहायता मांग सकता है, जिसे आप असानी से पूरा करेंगे। लोगों के बीच आपका सम्मान बढ़ेगा। किसी रिश्तेदार से आपकी फोन पर लम्बी बात होगी। पारिवारिक रिश्तों में मजबूती आएगी। माता-पिता के आशीर्वाद से आज जो भी काम शुरु करेंगे, उसमें सफलता मिलेगी।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन सामन्य रहेगा। ऑफिस के किसी सहकर्मी के साथ वाद विवाद की स्थिति बन सकती है, आपको अपनी वाणी पर संयम रखने की जरुरत है। बच्चों को अपने स्वास्थ्य का थोड़ा ध्यान रखना चाहिए। छात्रों के लिये दिन अच्छा रहेगा, आप अपनी पढ़ाई को लेकर पूरी तरह से अलर्ट रहेंगे आज की गई मेहनत का लाभ मिलेगा। लवमेट्स के लिए आज का दिन खुशियों भरा रहने वाला है, अपने साथी पर विश्वास बनाये रखें।

****************************

 

द केरल स्टोरी पर विवाद: जम्मू में मेडिकल छात्रों के दो गुट आपस में भिड़े, कई स्टूडेंट घायल

जम्मू 15 May, (एजेंसी): जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म को लेकर सोमवार को छात्रों के दो गुटों के बीच झड़प की खबरों के बीच पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि छात्रावास के अंदर ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म को लेकर छात्रों के दो समूह आपस में भिड़ गए, जिसमें कुछ छात्रों को चोटें आईं। पुलिस ने कहा, जीएमसी हॉस्टल जम्मू में कुछ छात्रों और बाहरी लोगों के बीच हाथापाई की घटना हुई है। मामले का संज्ञान लिया गया है और जांच जारी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि झड़प जम्मू-कश्मीर के बाहर किसी घटना को लेकर बहस के बाद हुई।

इस मामले को लेकर पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि केंद्र सरकार हिंसा और सांप्रदायिक आग भड़काने वाली फिल्मों को प्रोत्साहित कर रही है और उन्हें बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि अपने तुच्छ चुनावी लाभ के लिए भाजपा द्वारा निर्दोषों का खून बहाया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा, ‘उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अनुरोध है कि जीएमसी जम्मू मामले में संज्ञान लें और दोषियों को सजा दिलाएं।’

**************************

 

 

SEBI ने सुप्रीम कोर्ट से कहा, 2016 से अडानी समूह की जांच का आरोप गलत

नई दिल्ली 15 May, (एजेंसी): बाजार नियामक सेबी ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि यह आरोप कि वह 2016 से अदानी समूह की जांच कर रहा है, ‘तथ्यात्मक रूप से निराधार’ है। सेबी ने यह भी आगाह किया कि रिकॉर्ड पर पूरे तथ्य सामग्री के बिना मामले का कोई भी गलत या समय से पहले निष्कर्ष न्याय के उद्देश्य की पूर्ति नहीं करेगा और कानूनी रूप से अस्थिर होगा। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने शीर्ष अदालत में पेश एक हलफनामे में कहा, यह आरोप कि भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड 2016 से अदानी की जांच कर रहा है, तथ्यात्मक रूप से निराधार है।

इसने आगे कहा, सेबी द्वारा समय के विस्तार के लिए आवेदन का मतलब निवेशकों और प्रतिभूति बाजार के हित को ध्यान में रखते हुए न्याय सुनिश्चित करना है, क्योंकि रिकॉर्ड पर पूर्ण तथ्यों के बिना मामले का कोई भी गलत या समय से पहले निष्कर्ष निकाला जाएगा। न्याय के उद्देश्य को पूरा नहीं करेगा, और इसलिए यह कानूनी रूप से अस्थिर होगा।

सेबी ने कहा, न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारिता (एमपीएस) मानदंडों की जांच के संदर्भ में, सेबी पहले ही अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभूति आयोगों के संगठन (आईओएससीओ) के साथ बहुपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमएमओयू) के तहत ग्यारह विदेशी नियामकों से संपर्क कर चुका है। 12 मई को, सुप्रीम कोर्ट ने संकेत दिया कि वह अदानी समूह की कंपनियों पर हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट के आसपास के विवाद की जांच पूरी करने के लिए सेबी को तीन महीने का और समय दे सकता है।

भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डी. वाई. चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा और जेबी पारदीवाला ने कहा कि सेबी अपनी जांच पूरी करने के लिए अनिश्चित काल तक लंबी अवधि नहीं ले सकता है और हम उन्हें छह महीने नहीं देने जा रहे हैं, हम उन्हें तीन महीने देते हैं। 29 अप्रैल को, सेबी ने अदानी समूह द्वारा स्टॉक हेरफेर के हिंडनबर्ग आरोपों की जांच पूरी करने के लिए छह महीने के विस्तार की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।

*********************************

 

ब्यूटी पार्लर की आड़ में धर्मांतरण का खेल, पादरी समेत 3 गिरफ्तार

गाजियाबाद 15 May, (एजेंसी): गाजियाबाद के खोड़ा में एक ब्यूटी पार्लर के अंदर धर्मांतरण कराने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए महिला ने पादरी समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला की शिकायत के बाद खोड़ा पुलिस ने शुक्रवार देर रात रिपोर्ट दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये मामला खोड़ा थाना क्षेत्र के मधु विहार का है। खोड़ा मधु विहार की सुनीता अरोड़ा भाजपा की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की खोड़ा मंडल संयोजिका हैं। उन्होंने बताया कि उनके पड़ोस में मयूर विहार दिल्ली की बबीता ब्यूटी पार्लर चलाती है।

सुनीता अरोड़ा का आरोप है कि बबीता ने मयूर विहार फेस दो के इब्राहिम और रीबा से मिलाया था। इब्राहिम ने अपने आप को दिल्ली के एक चर्च में पादरी होना बताया। वह शुक्रवार को उनके स्टाफ की ओर से बुलाने पर ब्यूटी पार्लर गईं तो वहां पर चार-पांच महिलाएं और पुरुष मौजूद थे। पादरी इब्राहिम ने सुनीता से कहा कि गले पड़े कृष्ण भगवान के लाकेट को उतारो, यीशु के दर्शन करा दूंगा। उन्होंने लाकेट उतार दिया। पादरी ने उनसे कहा कि तुम्हारे घर में जो भगवान की तस्वीर है उन्हें पहले हटाना होगा। तभी दर्शन होंगे। उन्होंने इसका विरोध कर अपने परिचितों को कॉल कर मौके पर बुलाया।

आरोप है कि उनका जबरन धर्मांतरण कराने का प्रयास किया गया। सुनीता ने आरोप लगाया है कि यह लोग गरीब असहाय लोगों को फंसाकर उनका धर्मांतरण कराते हैं।

सुनीता ने बताया कि करीब आठ माह से किराये की दुकान में ब्यूटी पार्लर चल रहा है। दुकान का पार्लर के रूप में उपयोग किया जाता है। आगे कास्मेटिक की दुकान चलती है। प्रार्थना के समय पार्लर के अंदर वाले कमरे से कुर्सी आदि को हटा दिया जाता था। उसके अंदर ही प्रार्थना सभा होती थी। वह जब पहुंची थीं तो अंदर चार पांच लोग प्रार्थना कर रहे थे। तीनों का व्यवहार शुरूआत से ही अलग दिखा। ब्यूटी पार्लर से पुलिस को कुछ नहीं मिला है। पुलिस पूछताछ में तीनों ने प्रार्थना कराना ही स्वीकार किया है।

एसीपी इंदिरापुरम, स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा- महिला की ओर से मिली शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर इब्राहिम, रीबा और बबीता को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों से पूछताछ की गई। वीडियो सबूत आदि जुटाए जा रहे हैं। पुलिस की टीम जांच करने में जुटी है।

***************************

 

सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस शाह कोर्ट में अपने आखिरी दिन हुए भावुक

नई दिल्ली 15 May, (एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस एमआर शाह की सोमवार को आखिरी बार बेंच पर बैठने के दौरान आंखों में आंसू आ गए और अपने विदाई भाषण के दौरान उन्होंने राज कपूर की फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ के एक गाने का जिक्र किया। भारत के मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति शाह और न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा ने कहा: जस्टिस शाह के साथ बेंच पर बैठना खुशी की बात थी। हमने कई आपराधिक मामले, जीएसटी पर नए कानून को संभाला और वह हमेशा चुनौती के लिए तैयार रहते थे..

न्यायमूर्ति शाह ने कहा, मैं एक नारियल की तरह हूं .. अगर मैं रोना शुरू कर दूं तो कृपया मुझे माफ करें। सभी (बार के सदस्यों) का तहे दिल से धन्यवाद।

न्यायमूर्ति शाह ने कहा, मैं सेवानिवृत्त होने वाला व्यक्ति नहीं हूं.. मैं एक नई पारी शुरू करूंगा और मैं इस पारी के लिए (ईश्वर से) अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं। इसके बाद उन्होंने राज कपूर की फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ की कुछ पंक्तियां पढ़ीं, कल खेल में हम हो ना हों.गर्दिश में तारे रहेंगे सदा.., और फिर उनकी आंखों में आंसू आ गए।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि उन्होंने न्यायमूर्ति शाह को एक वकील और एक जज दोनों के रूप में देखा है और वह बहुत मेहनती व्यक्ति हैं और एक बहुत ही साहसी इंसान हैं जो नीचे नहीं झुकते, एक क्षमता जो अब गायब हो रही है ..

मेहता ने कहा, लेकिन लॉर्डशिप ने अपने परिवार के साथ गंभीर अन्याय किया है। आपने जितने फैसले लिखे हैं, वे इस बात की गवाही देते हैं कि आपके परिवार को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है और मुआवजे की बारी अब उनकी होगी .. न्यायमूर्ति एमआर शाह का जन्म 16 मई, 1958 को हुआ था। उन्हें 19 जुलाई, 1982 को एक वकील के रूप में नामांकित किया गया था। उन्होंने सिविल, आपराधिक, संवैधानिक सहित कई मामलों में गुजरात हाई कोर्ट में प्रैक्टिस की।

उन्हें 7 मार्च, 2004 को गुजरात हाई कोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था और 22 जून, 2005 को स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। उन्हें 12 अगस्त, 2018 को पटना हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्हें 2 नवंबर, 2018 को भारत के सर्वोच्च न्यायालय में पदोन्नत किया गया।

*******************************

 

20 मई को खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, श्रद्धालुओं की संख्या की गई सीमित

चमोली 15 May, (एजेंसी): उत्तराखंड में विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 22 अप्रैल से विधिवत शुरू हो गई है। इसके बाद लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन करने आ रहे हैं। चारधाम यात्रा में मौसम की दुश्वारियों से श्रद्धालुओं को दो-चार होना पड़ रहा है। साथ ही प्रशासन अब सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब की यात्रा की तैयारियों में जुटा हुआ है। लेकिन इस बार मौसम को देखते हुए हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की संख्या सीमित रखी जाएगी। चमोली जिला प्रशासन के आदेश के बाद यह निर्णय लिया गया है।

हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने कहा कि, चमोली जिला प्रशासन के निर्देशानुसार हेमकुंड साहिब आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सीमित रखी जाएगी। बीमार लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को अगले आदेश तक यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बीते दिन चमोली डीएम हिमांशु खुराना ने 18 किलोमीटर पैदल यात्रा कर हेमकुंड साहिब मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीएम हिमांशु ने यात्रा मार्ग पर रेलिंग, पाकिर्ंग, मोड सुधारीकरण, एप्रोच मार्ग, पुल, घोड़ा पड़ा, रेन शेल्टर, यात्री शेड, बेंच, रेस्क्यू हेलीपैड सहित बिजली, पानी, शौचालय, साफ सफाई, स्वास्थ्य एवं यात्रा से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिससे यात्रा को सुगम बनाया जा सके।

वहीं बीते दिनों भारतीय सेना के जवानों ने हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग से बर्फ को हटाकर रास्ता तैयार किया। हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग पर अभी भी काफी बर्फ है, जिसे हटाकर मार्ग बनाया जा रहा है। जिससे यात्रा में श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना ना करना पड़े। वहीं मौसम खराब होते ही हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हो रही है, हालांकि आने वाले समय में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

*********************

 

अकोला में Section 144, नागपुर में हाई अलर्ट- आगजनी-तोड़फोड़ में 4 पुलिसकर्मी जख्मी, हिंसा की आग में झुलस रहा महाराष्ट्र

अकोला/शेवगांव 15 May, (एजेंसी) : महाराष्ट्र में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। अकोला जिले में हुई हिंसा के बाद अब अहमदनगर के शेवगांव में तनाव की स्थिति बन गई है। वहीं नागपुर जिले में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। नागपुर जिले के संवेदनशील इलाकों में पुलिस पैनी नजर रख रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियो के साथ बैठक के बाद कमिश्नर ने सशस्त्र पुलिस की गश्त और शांति बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश जारी किया। शेवगांव में धार्मिक जुलूस के दौरान भड़की हिंसा में उपद्रवियों ने पुलिस पर भी जमकर पत्थर बरसाए, जिसकी वजह से 4 पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए। अब तक 32 लोगों को हिरासत में लिया गया है। यहां स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। फिलहाल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।

अहमदनगर के शेवगांव हिंसा मामले में 5 लोग घायल हो गए, जिसमें 2 पुलिसकर्मी, 2 होमगार्ड और 1 स्थानीय शख्स घायल हुआ है। साथ ही उपद्रवियों के पास से धारदार हथियार बरामद हुए हैं। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए एक SRPF, एक दंगा नियंत्रण पथक और 250 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। 8 वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई है जबकि एक गाड़ी में आग लगा दी गई है।

दोनों जगहों पर उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया है। गाड़ियों में आग लगा दी। जमकर पत्थरबाजी हुई। अकोला में हिंसा के बाद एक शख्स की लाश भी मिली। अकोला में विवाद की वजह बेहद मामूली थी। अकोला में इंस्ट्राग्राम पर एक समुदाय विशेष के धर्मगुरु के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इसकी शिकायत लेकर काफी संख्या में लोग थाने पहुंचे थे। तभी भीड़ आक्रोशित हो गई और गाड़ियों में आग लगानी शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे गुट के लोग भी मौके पर पहुंचे और पत्थरबाजी करने लगे।

वहीं, पुलिस ने जब मामले को शांत कराने की कोशिश की तो उपद्रवी पुलिसकर्मियों पर भी पत्थर बरसाने लगे। हमले में कुल आठ लोग जख्मी हुए, जिनमें दो पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। अकोला के एसपी संदीप घुगे के मुताबिक, इलाके में पुलिस की कई टीमें तैनात हैं। कोई भी उपद्रव की सूचना नहीं है और स्थिति नियंत्रण में हैं।

वहीं, शेवगांव में हिंसा तब भड़की जब छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती का जुलूस निकाला जा रहा था। तभी यह जुलूस एक दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थल के पास से गुजरा। इस दौरान जुलूस निकाल रहे युवाओं ने नारेबाजी की। तो दूसरे समुदाय के लोगों ने भी नारेबाजी की। इसके बाद बातों ही बातों में विवाद शुरू हो गया और दोनों समुदायों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। पुलिस ने अबतक इस मामले में 31 लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण करने के लिए हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया।

इससे पहले रामनवमी पर हावड़ा शहर के शिबपुर में हिंसा देखने को मिली थी। वहीं, मुंबई के मालवानी इलाके में शोभायात्रा के दौरान दो गुट आमने-सामने आ गए थे और जमकर पत्थरबाजी हुई थी। महाराष्ट्र के संभाजीनगर से भी हिंसा की खबरें आईं। हिंसा के दौरान कई लोग जख्मी हुए थे और पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई थीं।

*****************************

 

टेरर फंडिंग केस में NIA का बड़ा एक्शन, श्रीनगर समेत 5 जिलों में 13 जगह रेड

श्रीनगर 15 May, (एजेंसी) : बड़ी खबर जम्मू-कश्मीर से है। यहां राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए (NIA) ने रविवार को सुबह टेरर फंडिंग मामले में जम्मू-कश्मीर के कई जगहों पर छापा मारा है। एनआईए की टीम ने श्रीनगर सहित 5 जिलों में 13 जगह छापेमारी की है। एनआईए के अधिकारी इन स्थानों में तलाशी ले रहे हैं। बता दें कि इससे पहले भी कई लोगों के घरों पर छापा मारा गया था।

जम्मू कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लगातार जांच एजेंसियों का अभियान जारी है। इससे पहले 11 मई को जमात-ए-इस्लामी और टेरर फंडिंग मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने जम्मू कश्मीर के 11 जगहों पर एक साथ छापेमारी की थी। एनआईए ने छापेमारी की है। ये कार्रवाई पुलावामा, कुपवाड़ा, बडगाम और बारामुला में की गई थी। इस दौरान टीम ने कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की थी।

वहीं, बीते दिनों एनआईए की टीम ने श्रीनगर के कुरसु राजबाग में तीन सगे भाइयों मोहम्मद अयूब पख्तून, सफीन और तारिक अहमद के आवास पर छापा मारा था। इसी क्रम में एनआईए की टीम ने रविवार को भी जम्‍मू-कश्‍मीर में आतंकवादी साजिश के मामले में कई जगहों पर रेड मारी है। एनआईए के अधिकारी अभी संदिग्ध लोगों के घरों की तलाशी ले रहे हैं और कुछ लोगों से पूछताछ भी जारी है। हालांकि, अभी तक किसी को गिरफ्तार या हिरासत में लेने की कोई खबर सामने नहीं आई है।

*****************************

 

आरआरआर और केजीएफ-2 को पीछे छोडऩे में सफल हुई आदिपुरुष

15.05.2023 (एजेंसी)  बीते 24 घंटों से सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा आदिपुरुष का ट्रेलर अब रिकॉर्ड दर्ज करने लगा है। आदिपुरुष के ट्रेलर ने अपने प्रदर्शन के बाद सबसे कम समय में सबसे ज्यादा बार देखे जाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। अब तक यह रिकॉर्ड राजामौली की आरआरआर और प्रशांत नील की केजीएफ-2 के पास था।

बॉक्स ऑफिस पर अनाधिकृत तौर पर नजर रखने वाले विश्लेषकों का कहना है कि जरूरी नहीं है जिस तेजी से ट्रेलर को पसन्द किया गया है, उसका नतीजा बाक्स ऑफिस पर भी उसी तेजी से हो। कई बार फिल्म पहले दिन रिकॉर्ड तोड़ कारोबार करती है लेकिन दूसरे दिन असफल हो जाती है। उदाहरण के लिए हम आमिर खान की ठग्स ऑफ हिंदोस्तान को ले सकते हैं जिसने पहले दिन 51 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करके तहलका मचा दिया था, लेकिन फिल्म बाद में बॉक्स ऑफिस पर असफल हो गई।

ऐसे में देखने वाली बात यह है कि प्रदर्शन के बाद फिल्म कितना दर्शकों को अपने साथ जोडऩे में सफल होती है और माउथ पब्लिसिटी फिल्म को कितनी मिलती है।24 घंटे में केवल हिंदी ट्रेलर को यूट्यूब पर 53 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वहीं तेलुगु में 12 मिलियन, तमिल और मलयालम में 4.3 मिलियन यू वी मोशन द्वारा शेयर किए गए ट्रलेर पर 3.0 मिलियन और कन्नड़ में 1.7 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया है। यह आंकड़ा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है।इससे पहले आरआरआर ने 24 घंटे में 51.12 मिलियन से ज्यादा व्यूज कमाए थे, जबकि आदिपुरुष ने महज 8 घंटे में 53.40 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया। व्यूज के साथ-साथ आदिपुरुष का ट्रेलर लाइक्स के मामले में काफी आगे है। महज 5 मिनट में ट्रेलर को 1 लाख से ज्यादा लाइक्स मिले हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड केजीएफ चैप्टर 2 के पास था।

**************************

 

सान्या मल्होत्रा की फिल्म कटहल का ट्रेलर जारी

15.05.2023 (एजेंसी)  ब्लॉकबस्टर बॉलीवुड फिल्म दंगल फेम एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा किसी अलग पहचान की मोहताज नहीं हैं. आने वाले समय में सान्या मल्होत्रा फिल्म कटहल में नजर आने वाली हैं. इस फिल्म के टाइटल ने फैंस की एक्साइटमेंट को काफी हाई कर रखा है. अब इस एक्साइटमेंट को दोगुना करने के लिए फिल्म कटहल का मजेदार ट्रेलर सामने आ गया है.

जिसमें पुलिस इंस्पेक्टर के रोल में एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा कटहल की तलाश करती नजर आ रही हैं. मशहूर ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स इंडिया ने अपने ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर फिल्म कटहल का लेटेस्ट ट्रेलर रिलीज किया है. फिल्म कटहल के इस ट्रेलर में आप देख सकते हैं कि सूबे के मंत्री के घर से दो कटहल चोरी हो जाते हैं. जिसके लिए वह पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हैं, अब भैय्या नेता जी के घर से कोई चोरी हो और पुलिस एक्शन न ले तो ऐसा हो ही नहीं सकता.

पुलिस इंस्पेक्टर के किरदार में सान्या मल्होत्रा मंत्री के घर से चोरी हुए दो कटहल की तलाश जारी कर देती हैं. इस कॉमेडी फिल्म कहानी की इन्हीं दो कटहलों की खोजबीन के इर्द गिर्ज घूमती हुई नजर आती है. 2 मिनट 29 सेंकेंड के कटहल के इस ट्रेलर में आपको एक से बढ़कर एक कॉमेडी डायलॉग डिलीवरी देखने को मिलेगी, जिसे देख आपको वाकई मजा आ जाएगा.

सान्या मल्होत्रा स्टारर फिल्म कटहल मशहूर ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जाएगी. आने वाली 19 मई को फिल्म कटहल की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग नेटफ्लिक्स पर की जाएगी. सान्या मल्होत्रा के अलावा इस फिल्म बॉलीवुड के मशहूर कलाकार राजपाल यादव और विजय राज लीड रोल में मौजूद हैं. जबकि फिल्म कटहल का डायरेक्शन हिंदी सिनेमा के फेमस फिल्ममेकर यशोवर्धन मिश्रा ने किया है.

************************

 

मिस इंडिया 2023 नंदिनी गुप्ता की बॉलीवुड में एंट्री, बनेंगी वेलकम 3 की हीरोइन

15.05.2023 (एजेंसी)  राजस्थान की नंदिनी गुप्ता ने फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2023 का खिताब अपने नाम किया था। वह एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं। अब जो खबर आ रही है, उससे बेशक नंदिनी के प्रशंसकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। दरअसल, सुनने में आ रहा है कि वेलकम के तीसरे भाग वेलकम 3 में उनकी एंट्री हो गई है। वह फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाली हैं। आइए जानते हैं क्या कुछ जानकारी मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक, नंदिनी वेलकम 3 की लीड हीरोइनों में से एक होंगी। वेलकम एक बड़ी फ्रेंचाइजी है और इसके लिए निर्माताओं ने नंदिनी के नाम पर मोहर लगा दी है।

फिल्म में 3 हीरोइनें होंगी, जिनमें से एक के लिए नंदिनी का नाम फाइनल कर दिया गया है। नंदिनी ने फिल्म में खासी दिलचस्पी दिखाई है, लेकिन उन्होंने अभी इसे साइन नहीं किया है। दरअसल, फिलहाल निर्माता हेरा फेरी 3 पर फोकस कर रहे हैं। हेरा फेरी 3 के बाद निर्माता पूरी तरह से वेलकम 3 के काम पर जुटेंगे। फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू हो चुका है। इसकी कास्टिंग से जुड़ी आए दिन नई-नई खबरें सामने आ रही हैं। पिछले दिनों खबर आई थी कि इसमें अरशद वारसी और संजय दत्त की जोड़ी देखने को मिलेगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेरा फेरी 3 की शूटिंग जब अंतिम चरण में होगी तब या इसकी रिलीज के बाद वेलकम 3 की शूटिंग शुरू हो जाएगी। मजनू भाई से लेकर आरडीएक्स तक का नाम सुनते ही सबके दिमाग में वेलकम का नाम आता है। इस फिल्म के हर सीन ने पेट पकड़कर हंसने पर मजबूर कर दिया था। 2015 में आए इसके सीच्ल वेलकम बैक ने भी दर्शकों को खूब हंसाया। जब नंदिनी से पूछा गया था कि क्या वह फिल्मों में कदम रखना चाहेंगी तो उन्होंने जवाब दिया था, बॉलीवुड में मौका मिला तो कोन नहीं जाना चाहेगा?

मुझे मिला तो जरूर जाऊंगी। बता दें कि एक्टिंग करने से पहले बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियों के सिर मिस इंडिया का ताज सज चुका है। इस फेहिरस्त में जीनत अमान से लेकर, संगीता बिजलानी, जूही चावला, मीनाक्षी शेषाद्रि और नम्रता शिरोड़कर जैसी कई हीरोइनों का नाम शामिल है। 19 साल की नंदिनी कोटा की रहने वाली हैं।

उन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट की डिग्री ली है। मिस इंडिया संगठन के मुताबिक, नंदिनी के लिए रतन टाटा सबसे प्रभावशाली व्यक्ति हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, रतन टाटा मानवता के लिए सब कुछ करते हैं और अपनी आय का बड़ा हिस्सा दान में देते हैं। वह हमेशा जमीन से जुड़े रहते हैं। नंदिनी को प्रियंका चोपड़ा भी प्रभावित करती हैं। प्रियंका उन्हें उनकी असंख्य उपलब्धियों के कारण प्रेरित करती हैं।

********************************

 

पिंक बॉडीकॉन ड्रेस में अनुष्का सेन ने दिखाया ग्लैमरस अवतार

15.05.2023 (एजेंसी)  –  बालवीर फेम अनुष्का सेन हमेशा अपने स्टाइलिश लुक्स और बोल्ड फैशन स्टेटमेंट्स के कारण सोशल मीडिया पर लाइमलाइट पर रहती हैं। एक्ट्रेस जब भी अपनी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट करती हैं तो फैंस उनकी फोटोज पर जमकर प्यार बरसाते हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ने लेटेस्ट फोटोशूट की कुछ ग्लैमरस तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जिसमें उनकी बला की खूबसूरती देख कर फैंस अपना दिल हार गए हैं।

टीवी एक्ट्रेस अनुष्का सेन ने बेहद ही कम उम्र में लोगों के बीच अपनी दमदार एक्टिंग से खास पहचान बनाई है। हालांकि दर्शकों को उनका हर एक किरदार काफी पसंद भी आया। बताते चले कि एक्ट्रेस देवों के देव महादेव, झासी की रानी जैसे हिट टीवी सीरीयल्स का भी हिस्सा रह चुकी हैं। इन दिनों एक्ट्रेस अनुष्का सेन अपने लेटेस्ट फोटोशूट से फैंस के बीच तबाही मचा रही हैं।

अनुष्का सेन ने अपनी इन लेटेस्ट तस्वीरों में पिंक कलर का बॉडीकॉन ड्रेस पहना हुआ है, जिसमें वो जमकर अपना फिगर फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं। बालों को खोल कर और साथ ही मिनिमल मेकअप कर के एक्ट्रेस अनुष्का सेन ने अपने इस आउटलुक को कंप्लीट किया है।

एक्ट्रेस अनुष्का सेन अपने इस लुक में बेहद ही शानदार लग रही हैं और फैंस भी उनकी किलर लुक्स की तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने एक्ट्रेस की इन तस्वीरों पर कॉमेंट करते हुए लिखा है- सो हॉट, तो वहीं दूसरे ने लिखा है- गॉर्जियस। बता दें कि एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और इंस्टाग्राम पर उनकी फैन फॉलोइंग लिस्ट भी काफी लंबी है।

**************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version