आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। किसी अनुभवी तथा धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है। आपकी विचारधारा जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी तथा जीवन से जुड़े प्रत्येक कार्य को करने का बेहतरीन नजरिया प्राप्त होगा। संतान को समय दे पाएंगे। आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा। विश्राम करने के लिए समय मिलेगा। स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

दैनिक आय पहले से काफी अधिक बेहतर होगी। किसी दूरदराज की पार्टी से कोई बहुत बड़ा ऑर्डर मिलने की संभावना है, इसलिए अपनी पार्टियों के साथ संपर्क मजबूत करके रखें। नौकरी पेशा व्यक्तियों को भी अपना टारगेट पूरा होने से राहत मिलेगी।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

घर के बड़े बुजुर्गों के अनुभव और सलाह का अनुशरण करना आपके व्यक्तित्व में निखार लाएगा। साथ ही आपको जीवन के सकारात्मक पहलुओं से भी रूबरू करवाएगा। धार्मिक कार्य के प्रति भी आपका रुझान रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

परिवार में बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद और स्नेह बना रहेगा। सभी सदस्यों का आपस में सामंजस्य पूर्ण व्यवहार रहेगा। किसी मांगलिक कार्य के आयोजन संबंधी योजना भी बनेगी। किसी रिश्तेदार से संबंधित शुभ सूचना मिलने से वातावरण और अधिक खुशनुमा हो जाएगा।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

व्यापारिक गतिविधियां पूर्ववत ही रहेंगी। आज इसमें किसी भी प्रकार का परिवर्तन करने के लिए ग्रह स्थिति पक्ष में नहीं है। अधिकारियों अथवा कर्मचारियों के साथ बातचीत करते समय अपने स्वभाव को बहुत अधिक सहज बनाकर रखें। गुस्से की वजह से कई बार काम बिगड़ सकते हैं।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

कुछ समय से आप अपने जिस कार्य को लेकर अधिक मेहनत कर रहे थे, आज उससे संबंधित अप्रत्याशित लाभ प्राप्त होने वाले हैं। इसलिए अपना पूरा ध्यान अपने काम पर केंद्रित रखें। घर में किसी धार्मिक आयोजन संबंधी कोई कार्य भी संपन्न होगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

पब्लिक डीलिंग तथा मीडिया से संबंधित कार्यों में अपना अधिक से अधिक समय व्यतीत करें। क्योंकि आज इनसे संबंधित कार्यों में अच्छा मुनाफा होने की संभावना है। परंतु कोशिश करके आर्डर को समय पर पूरा करें, अन्यथा पार्टी के साथ संबंध खराब हो सकते हैं।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज दिन का अधिकतर समय किसी विशेष कार्य संबंधी योजना बनाने तथा उसे संपन्न करने में व्यतीत होगा। धार्मिक तथा आध्यात्मिक कार्यों के प्रति बढ़ रही आपकी आस्था भी आपके दृष्टिकोण में आश्चर्यजनक सकारात्मक परिवर्तन लाएगी।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

व्यवसाय में कुछ नया काम शुरू करने की जो योजनाएं बन रही है, आज उन कार्यों को शुरू करने का उचित समय है। भविष्य में ये योजनाएं आपके लिए बेहद तरक्की दायक रहेंगी। नौकरी पेशा लोगों के भी अपने अधिकारियों के साथ संबंध और अधिक मजबूत होंगे।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

व्यापार में अपने काम की क्वालिटी को और अधिक बेहतर बनाने का प्रयास करें। तथा कर्मचारियों की गतिविधियों को भी नजरअंदाज ना करें। आपके कुछ प्रोडक्ट्स और महत्वपूर्ण कागजात चोरी हो सकते हैं। सरकारी सेवारत व्यक्ति अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज बहुत अधिक संभालकर रखें।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

किसी भी वरिष्ठ व अनुभवी व्यक्ति की सलाह को नजरअंदाज ना करें। जिससे आपको अपने जीवन से जुड़ी कई समस्याओं से संबंधित उचित मार्गदर्शन प्राप्त हो सकता है। व्यस्तता के बावजूद अपने मित्रों व रिश्तेदारों के साथ संपर्क बनाकर रखें।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

कार्यक्षेत्र में कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग रहेगा। तथा आपका उन पर विश्वास बनाकर रखना उनकी कार्य क्षमता व योग्यता में और अधिक वृद्धि करेगा। सरकारी सेवारत व्यक्ति किसी भी अनैतिक काम में ना पड़े, अन्यथा किसी मुसीबत में पड़ सकते हैं।

*********************************

 

जन समस्याओं का त्वरित गति से किया जाए निदान – केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ 29 May, (एजेंसी)। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने-7 कालीदास मार्ग स्थित आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आये लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होने जनसुनवाई के दौरान एक-एक व्यक्ति की समस्या को पूरी गम्भीरता से सुना तथा समस्याओं के निराकरण हेतु  सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि समस्याओं का निराकरण इस प्रकार किया जाय कि समस्याग्रस्त व्यक्ति पूरी तरह से संतुष्ट रहें और उन्हें दुबारा कहीं भटकना न पड़े और बार -बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने महिलाओं, दिव्यांगों, बुजुर्गों की समस्याओं व शिकायतों को सुना और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित गति से निदान करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

जनता दर्शन में भूमि विवाद ,दुर्घटनाओं से संबंधित ,अवैध कब्जे, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास आवंटन, स्कूल निर्माण, भूमि पट्टा, कब्जा दिलाने, अतिक्रमण हटाने,सड़क बनवाने, विजली, अभियुक्तों की गिरफ्तारी कराने,  आदि से संबंधित विभिन्न समस्याएं प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने रखी। जनता दर्शन मे 2दर्जन से अधिक जिलों से कई सैकड़ा लोगों ने आकर अपनी समस्याएं रखी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समस्याओं के निस्तारण के सम्बंधित उच्चाधिकारियो से दूरभाष पर वार्ता भी की।

******************************

 

दिल्ली : नाबालिग को चाकू से गोदकर मारनेवाला बुलंदशहर से गिरफ्तार

नई दिल्ली 29 मई,(एजेंसी)। दिल्ली पुलिस ने रविवार शाम राष्ट्रीय राजधानी के शाहाबाद डेयरी इलाके में  नाबालिग लड़की को चाकू से गोदकर हत्या के आरोपी 20 वर्षीय साहिल को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से सोमवार को गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि आरोपी साहिल ने शाहबाद डेयरी इलाके में  नाबालिग लड़की को  20 से अधिक बार चाकू मारा और एक बोल्डर से उसके सिर पर भी वार किया। वह फ्रिज-एसी मरम्मत करने वाले मैकेनिक के रूप में काम करता है।

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नीले रंग की टी-शर्ट पहने साहिल लड़की को चाकू मारते हुए देखा जा सकता है। लगभग सात से आठ लोग वहां मौजूद थे, लेकिन वे तमाशबीन बने रहे और वह उसे छुरा मारता रहा।

गहरे लाल रंग की शर्ट पहने एक आदमी बीच-बचाव करने की कोशिश करता है, लेकिन साहिल उसे दूर धकेल देता है। वीडियो में, साहिल लड़की को चाकू मारता रहता है, साथ ही आसपास खड़े लोगों को धमकी भी देता है जिससे वे वहां से चले जाते हैं।

छुरा घोंपने के बाद साहिल ने लड़की को कई बार लात मारी और फिर उस पर पांच बार बोल्डर से वार किया। इसके बाद वह थोड़ी देर के लिए वहां से चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद लौट आता है। वीडियो के अनुसार, वह एक बार फिर से लड़की पर बोल्डर से हमला करता है, उसे कई बार लात मारता है और फिर अंत में चला जाता है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, मृतका अपने दोस्त के बेटे के जन्मदिन में शामिल होने जा रही थी, तभी साहिल ने उसे रोका और बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। उसके पिता की शिकायत पर आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

*************************

 

मोदी का कार्यकाल आजाद भारत का स्वर्णिम युग : पुरी

लखनऊ 29 मई (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली की सराहना करते हुये केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को कहा कि श्री मोदी के पिछले नौ साल के कार्यकाल में उतने काम हो चुके है जो आजादी मिलने के बाद से 2014 के बीच कभी नहीं हुये थे।

मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल के दौरान मिली उपलब्धियों का बखान करते हुये श्री पुरी ने कहा कि बीते नौ साल में जो काम हुए हैं, वो 1947 से अब तक नहीं हुए। 2019 में हमने कोरोना महामारी का सामना किया। इससे पहले हमारे हेल्थ सेक्टर की स्थिति अच्छी नहीं थी। पीपीई किट छोडि़ए वैक्सिन मैन्यूफैक्चरिंग का काम बंद था। हमने वैक्सीन मैन्यूफैक्चरिंग और हेल्थ सेक्टर को सुदृढ़ किया।

श्री पुरी ने ओडीएफ, अमृत मिशन के अंतर्गत नल से जल योजना, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वनिधि योजना पर भी विस्तार से आंकड़े रखे।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि आज भारत की जीडीपी 3.8 ट्रिलियन डॉलर है। जर्मनी और जापान हमसे थोड़ा आगे हैं। हम अगले दो साल में ही दुनिया के तीसरे नंबर की जीडीपी वाला देश होंगे। 2028 तक हमने सात ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य तय किया है। साथ ही 2040 तक हम 28 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हैं।

उन्होंने देश में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर चर्चा करते हुए कहा कि पिछले साल से लेकर इस साल तक 30 प्रतिशत कैपिटल एक्सपेंडिचर की ग्रोथ हुई है। हरदीप सिंह पुरी ने एयरपोर्ट, रोड नेटवर्क, नेशनल हाईवे को लेकर हुए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि न सिर्फ हमारे हवाई अड्डे वर्ल्डक्लास हो रहे हैं बल्कि रेलवे स्टेशनों का भी कायाकल्प हो रहा है।

**************************

 

हाईटेंशन तार की चपेट में आए मजदूर, 8 की मौत- पोल लगाते समय हुआ हादसा

धनबाद 29 May, (एजेंसी): झारखंड के धनबाद में हाईटेंशन तार की चपेट में आकर 8 मजदूरों की मौत हो गई, वहीं कई गंभीर रूप से घायल हैं। मिली जानकारी के मुताबिक सभी मृतक मजदूर हैं जो धनबाद और गोमो स्टेशन के बीच निश्चितपुर रेल फाटक के पास पोल लगाने का काम कर रहे थे।

पोल लगाने के दौरान ये सभी 25 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। घायलों में कई लोगों की स्थिति नाजकु बनी हुई है और मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

हादसे के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक धनबाद रेल मंडल के हावड़ा-नई दिल्ली रूट में धनबाद-गोमो स्टेशन के बीच निश्चितपुर रेल फाटक के पास पोल लगाने का काम किया जा रहा था।

यह कतरास रेलवे स्टेशन से महज 1 किमी की दूरी पर है। यहां पोल लगाने के दौरान रेलकर्मी 25000 वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए और जान गंवा बैठे। हादसे के बाद रेल परिचालन पर भी असर हुआ है।

********************************

 

कर्नाटक में मैसूर के पास भीषण सड़क हादसा, 10 की मौत, ,मुख्यमंत्री ने 2 लाख रुपए के मुआवजे का किया ऐलान

बेंगलुरु 29 मई,(एजेंसी)। कर्नाटक में एक कार और बस की टक्कर में दो बच्चों सहित दस लोगों की मौत हो गई। घटना मैसूर के पास तनरसिंहपुरा की है। इनोवा कार में सवार लोगों में से एक बाल-बाल बच गया और उसका इलाज चल रहा है। बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कार में शव फंसे हुए हैं।

पुलिस दुर्घटनास्थल पर है। मैसूर की पुलिस अधीक्षक सीमा लतकर ने बताया कि तिरुमकूडलु-नरसीपुर के पास एक निजी बस और एक कार के बीच भिड़ंत हुई है।

मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये देने की घोषणा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवारों को मुआवजे के रूप में 2 लाख रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को तिरुमकुदलु-नरसीपुरा, मैसूर के पास सड़क दुर्घटना में घायलों के लिए उचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

****************************

 

आज पंजाब-राजस्थान समेत कई राज्‍यों में ब‍िगड़ेगा मौसम; तूफान, बार‍िश, ब‍िजली गिरने का अलर्ट

नई दिल्ली 29 May, (एजेंसी): देश की राजधानी दिल्ली सहित एक बार फिर मौसम का मिजाज काफी बदल सकता है, जिससे कहीं बारिश तो कहीं तापामान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। लेक‍िन कई राज्‍यों में मौसम के ब‍िगड़े स्‍वरूप के चलते आफत भी झेलनी पड़ रही है। कई राज्‍यों खासकर पहाड़ी राज्‍यों में जहां बर्फबारी से परेशानी हो रही है। वहीं कई मैदानी इलाकों में आंधी, अंधड़ और तेज हवाओं ने परेशानी खड़ी कर दी है। इसकी वजह से आमजन को कई मुसीबतों को सामना भी करना पड़ रहा है। अगले 3-4 घंटों के भीतर मौसम और खराब होने का अनुमान जताया जा रहा है।

भारत मौसम व‍िज्ञान व‍िभाग की ओर से अब ताजा सेटेलाइट इमेज जारी की गई है। इसको लेकर संभावना जताई गई है क‍ि अगले 3-4 घंटों के दौरान राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में बादलों के गरज, ब‍िजली चमकने और तेज हवाओं की गतिविधि होने की संभावना है। इसके चलते इन राज्‍यों में हल्‍की बार‍िश के मध्‍यम बार‍िश में तबदील होने की प्रबल संभावना भी जताई जा रही है।

इस बीच देखा जाए तो राजस्थान में तूफानी हवाओं और बारिश का दौर लगातार जारी है। अधिकांश हिस्सों में बीते दिनों तूफानी हवाओं और बारिश ने कहर बरपाया है। 25 मई को हुई जोरदार बारिश के चलते प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में करीब 17 लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी थी। मौसम विभाग ने हालात के एक बार फिर से बिगड़ने का अनुमान जताया है। तूफान का सबसे ज्यादा असर मध्य एवं पूर्वी राजस्थान में देखने को मिल सकता है।

नए पूर्वानुमान से पहले मौसम व‍िभाग राजस्‍थान को लेकर पहले भी भव‍िष्‍यवाणी कर चुका है क‍ि अगले 24 घंटे में लगभग 25 जिलों में आंधी-तूफान और तेज बारिश से हालात बिगड़ने की आशंका है। 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ ही जयपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग के कई जिलों में हालात बिगड़ सकते हैं। इसके अलावा ओलावृष्टि और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

उधर, दिल्ली-NCR में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 1.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के मुताबिक 29 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आईएमडी ने आज उत्तर प्रदेश में भी आंधी और बारिश होने की संभावना जताई है। दिल्ली-NCR समेत 21 राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और यूपी में आंधी, बारिश और ओले गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

आईएमडी के मुताब‍िक आज सोमवार को उत्तराखंड, जम्मू- कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने, आंधी ( हवा की रफ्तार 50-60 किमी. प्रति घंटे), और गरज के साथ बारिश होने और ओले गिरने की संभावना जताई है। पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा में बिजली गिरने, तूफान ( हवा की गति 50-60 किमी. प्रति घंटे) और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

****************************

गुवाहाटी में भीषण हादसा, बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई स्कॉर्पियो; 7 इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स की मौत

गुवाहाटी 29 May, (एजेंसी): असम के गुवाहाटी के जलुकबाड़ी इलाके में रविवार देर रात हुए बड़ा सड़क हादसा हो गया। इसमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है हादसे में जान गंवाने वाले लोग एक स्कॉर्पियो कार में सवार थे, उनकी गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर पर टकरा गई थी। गुवाहाटी के संयुक्त पुलिस आयुक्त थुबे प्रतीक विजय कुमार ने मीडिया को बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक पुलिस ने पाया है कि मरने वाले छात्र हैं। यह घटना जलुकबाड़ी इलाके में हुई थी।

पुलिस ने बताया कि ये भीषण सड़क हादसा जलुकबाड़ी फ्लाईओवर पर रविवार रात को हुआ. इस सड़क हादसे में असम इंजीनियरिंग कॉलेज (एईसी) के कम से कम सात छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई. सूत्रों ने बताया कि छात्र एक स्कॉर्पियो कार में यात्रा कर रहे थे. सड़क दुर्घटना स्कॉर्पियो कार के चालक के गाड़ी पर कंट्रोल खो देने के बाद हुई. जिसके बाद स्कॉर्पियो जलुकबारी फ्लाईओवर रोड पर खड़ी एक बोलेरो डीआई पिकअप वैन से टकराने के बाद एक डिवाइडर से टकरा गई.

जलुकबाड़ी फ्लाईओवर रोड एक्सीडेंट में मारे गए छात्र-छात्राएं को पहचान गुवाहाटी से अरिंदम भवाल और नियोर डेका, शिवसागर से कौशिक मोहन, नागांव से उपांग्शु सरमाह, माजुली से राज किरण भुइयां, डिब्रूगढ़ से इमोन बरुआ और मंगलदोई से कौशिक बरुआ के रूप में की गई है. शुरुआत में मिली जानकारी के मुताबिक सड़क दुर्घटना के समय स्कॉर्पियो कार में दस लोग सवार थे. दस में से सात छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को गंभीर हालत में तुरंत गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) ले जाया गया. घटना के बाद वहां पहुंची पुलिस छात्रों की जान नहीं बचा सकी, क्योंकि उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी.

***************************

 

अमित शाह के दौरे से पहले मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, पुलिसकर्मी सहित 5 की मौत

इंफाल 29 May, (एजेंसी): मणिपुर में फिर हिंसा की आग भड़क गई है। ताजा हिंसा की घटनाओं में एक पुलिसकर्मी समेत 5 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 12 लोग घायल हुए हैं। राज्य के विभिन्न इलाकों में हिंसा भड़कने के बाद हुई फायरिंग की घटनाओं में लोगों की मौत हुई है।

यही नहीं सेना और पुलिस की कार्रवाई में बीते 4 दिनों में 40 उग्रवादी भी ढेर किए गए हैं। सीएम बीरेन सिंह ने रविवार को ही बताया था कि मणिपुर में 40 सशस्त्र कूकी उग्रवादियों को मार गिराया गया है। मणिपुर में 3 मई के बाद से ही हिंसा का दौर जारी है। राज्य की राजधानी इम्फाल के आसपास बसे मैतेई समुदाय और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले कूकी समुदायों के बीच यह हिंसा चल रही है। इसकी वजह मणिपुर हाई कोर्ट का एक फैसला बना है, जिसमें उसने सरकार को सलाह दी थी कि उसे मैतेई समुदाय को एसटी का दर्जा देने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजना चाहिए।

इस प्रस्ताव को लेकर कूकी समुदाय भड़क गए थे और उन्होंने इसके खिलाफ रैली निकाली थी। उस रैली के दौरान हिंसा भड़क गई थी और तब से हालात को संभाला नहीं जा सका है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मणिपुर की हिंसा में अब तक 79 लोग मारे जा चुके हैं। एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि कूकी उग्रवादी हथियारों से लैस हैं और वे हिंसा को बढ़ा रहे हैं। हालात इतने खराब हैं कि राज्य के विधायकों और मंत्रियों तक को उपद्रवी नहीं बख्श रहे हैं और उनके घरों में हमले किए जा रहे हैं।

राज्य में 3 मई के बाद से ही कई इलाकों में कर्फ्यू लगा है। बीते दिनों कुछ राहत दी भी गई थी, लेकिन फिर से हिंसा का दौर शुरू होने के बाद एक बार फिर सख्ती बढ़ाई गई। जैसे इम्फाल वेस्ट और इम्फाल ईस्ट जिलों में कर्फ्यू में ढील देते हुए सुबह 5 बजे से शाम 4 बजे तक लोगों को अनुमति दी गई थी। लेकिन अब इस टाइम को घटा दिया गया है और लोगों को सुबह 11:30 बजे तक ही घर से बाहर निकलने की परमिशन है। इसके अलावा बिष्णुपुर में भी कर्फ्यू में ढील सुबह 5 बजे से 2 बजे की बजाय 12 बजे तक ही रहेगी।

बता दें कि मणिपुर में जारी हिंसा का समाधान निकालने के लिए होम मिनिस्टर अमित शाह आज राज्य के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के अलावा अन्य मंत्रियों एवं अहम संगठनों के लोगों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह हिंसा से निपटने और सुलह का रास्ता क्या हो सकता है। इस पर विचार करेंगे। उनका दौरा मणिपुर हिंसा से निपटने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

************************

 

पहलवानों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर यूपी विपक्ष ने केंद्र पर साधा निशाना

लखनऊ 29 May, (एजेंसी): समाजवादी पार्टी (सपा), राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जंतर-मंतर धरना स्थल से दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारी पहलवानों को हिरासत में लिए जाने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, इस घटना से स्पष्ट होता है कि महिला सुरक्षा और सम्मान पर भाजपा के सभी नारे खोखले थे और केवल महिलाओं के वोट हड़पने के लिए थे। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा, तर्क, मंशा या निष्कर्ष जो भी हो, दृश्य दुर्भाग्यपूर्ण है, देश की बेटियां तिरंगे के साथ।

शिवपाल ने एक महिला पहलवान की तस्वीर भी पोस्ट की और एक तिरंगा जिस पर वह गिरी हुई थी और पुलिस उसे घसीट रही थी।

सपा के एक अन्य राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया, भाजपा राजशाही की ओर बढ़ रही है। प्रधानमंत्री जी जब आप अपना राज्याभिषेक करवा रहे थे, तब देश की विश्वविजयी बेटियां पिट रही थीं। वे बहादुर बेटियां हैं जिन्होंने ओलंपिक में स्वर्ण, रजत, कांस्य पदक जीते हैं और देश को दुनिया भर में गौरवान्वित किया है। इसलिए कृपया बेटियों का अपमान करना बंद करें।

रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा, निरंकुशता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यूपी कांग्रेस के बयान में कहा गया है, महिला पहलवान विनेश फोगट, हिरासत में लिए जाने के तुरंत बाद, ‘नए देश के लिए बधाई’ चिल्लाईं! तो, भारत के प्रिय नागरिकों, आपको नए देश की झलक कैसी लगी?

यूपीसीसी ने वीडियो पोस्ट किया, जिसमें विनेश फोगट पुलिस बस की खिड़की से नया देश मुबारक हो! चिल्ला रही हैं।

कई पहलवानों और उनके समर्थकों को रविवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया, क्योंकि वे एक नाबालिग सहित महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नए संसद भवन की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे।

पहलवानों ने रविवार को महिला महापंचायत बुलाई थी, जिसकी अनुमति उनके पास नहीं थी। पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को घसीटा और उन्हें बसों में भरकर ले गई।

******************************

 

जम्मू-कश्मीर में दो जून तक बारिश जारी रहने की संभावना

श्रीनगर 29 May, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश 2 जून तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग के एक बयान में कहा गया है, जम्मू-कश्मीर में आज शाम को रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

बयान में 2 जून तक खराब मौसम का भी अनुमान लगाया गया है और किसानों को 2 जून तक बगीचों में छिड़काव और फसल की कटाई स्थगित करने की सलाह दी गई है।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 12, पहलगाम में 5.1 और गुलमर्ग में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लद्दाख क्षेत्र के कारगिल में न्यूनतम तापमान 6.8 और लेह में 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

जम्मू में 22.2, कटरा में 20.7, बटोटे में 14.7, बनिहाल में 12.6 और भद्रवाह में 11.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

***************************

 

बच्चा चोर होने के शक में बुर्का पहने शख्स को पुलिस ने किया गिरफ्तार

कानपुर 29 May, (एजेंसी): बुर्का पहनकर बाहर निकले एक व्यक्ति को बच्चा चोर होने के शक में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में पता चला है कि वह व्यक्ति वास्तव में अपनी प्रेमिका से मिलने निकला था।

पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपनी पहचान औरैया जिले के जगन्नाथपुर गांव निवासी शमशुद्दीन के पुत्र अंसार के रूप में बताई।

यह पूछे जाने पर कि उसने बुर्का क्यों पहना है, उसने कहा कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने घाटमपुर आया था और उसने बुर्का इसलिए पहना ताकि लड़की के घरवाले उसे पहचान न सकें।

प्रेमिका से मिलने के बाद जब अंसार घर लौट रहा था, तो रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और बुर्का हटा दिया। वे उसे बच्चा चोर समझकर ले गए और पुलिस को सूचना दी, जिसने उसे हिरासत में ले लिया।

एसीपी घाटमपुर दिनेश कुमार शुक्ला ने कहा कि लोगों ने बच्चा चोर होने के शक में एक व्यक्ति को पकड़ा था।

उस व्यक्ति ने कहा कि वह बुर्का पहनकर अपनी प्रेमिका से मिलने आया था, ताकि कोई उसे पहचान न सके।

एसीपी ने कहा, जांच चल रही है और उसके परिवार को बुलाया गया है।

**********************

 

लखनऊ में 43 प्रतिशत उम्मीदवारों ने छोड़ी यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा

लखनऊ 29 May, (एजेंसी): लखनऊ में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में करीब 43 प्रतिशत उम्मीदवारों ने परीक्षा छोड़ दी। 40,018 उम्मीदवारों में से केवल 57.10 प्रतिशत ही उपस्थित हुए।

सुबह की पाली में, 23,123 (57.78 प्रतिशत) अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 16,895 ने परीक्षा छोड़ दी।

दूसरी पाली में, 22,851 उम्मीदवार (57.10 प्रतिशत) उपस्थित हुए और 17,167 ने परीक्षा छोड़ दी।

2020 में लगभग 50 प्रतिशत उम्मीदवारों ने परीक्षा छोड़ दी थी।

इस बीच, उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों ने पिछले वर्ष की तुलना में सामान्य अध्ययन (जीएस) का पेपर बहुत कठिन पाया।

बाराबंकी से परीक्षा देने आए एक अभ्यर्थी राजेश्वर सिंह ने कहा, इस साल जनरल स्टडीज का प्रश्न पत्र काफी कठिन था। मैंने पिछले साल भी यही परीक्षा दी थी, लेकिन इस साल पेपर काफी कठिन था।

उन्होंने कहा कि दूसरा पेपर ‘सिविल सर्विसेज एप्टीट्यूड टेस्ट (सीएसएटी)’ आसान था।

परीक्षा राज्य की राजधानी के 86 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई थी।

*************************

 

अंतरिक्ष में एक और बड़ी कामयाबी, ISRO ने लॉन्च किया नैविगेशन सैटेलाइट NVS-01

श्रीहरिकोटा 29 May, (एजेंसी): भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के नाम एक और उपलब्धि दर्ज हो गई है। संगठन ने आज यानी सोमवार 29 मई को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से नैविगेशन सैटेलाइट NVS 01 लॉन्च किया। स्वदेशी जीएसएलवी रॉकेट की मदद से इसका प्रक्षेपण किया गया। बता दें कि NVS-01 भारत के नाविक (NavIC) सैटेलाइट सीरीज का पहला सैटेलाइट है।

इसरो ने GSLV F12 रॉकेट के जरिए इस सैटेलाइट को लॉन्च पैड नंबर 2 से लॉन्च किया। लॉन्च के बाद इसरो चीफ डॉ. एस सोमनाथ ने कहा, ‘हम सात पुराने NavIC सैटेलाइट के सहारे काम चला रहे थे लेकिन उनमें से भी सिर्फ 4 ही काम कर रहे हैं। तीन खराब हो चुके हैं। अगर हम इन तीनों को बदलते तो बाकी के चार भी खराब हो जाते इसलिए हमने 5 नेक्स्ट जेनेरेशन NavIC सैटेलाइट NVS छोड़ने का फैसला किया।’

इसरो ने कहा कि प्रक्षेपण के करीब 20 मिनट बाद, रॉकेट लगभग 251 किमी की ऊंचाई पर भू-स्थिर स्थानांतरण कक्षा (जीटीओ) में उपग्रह को स्थापित करेगा। एनवीएस-01 अपने साथ एल1, एल5 और एस बैंड उपकरण ले जाएगा। पूर्ववर्ती की तुलना में, दूसरी पीढ़ी के उपग्रह में स्वदेशी रूप से विकसित रुबिडियम परमाणु घड़ी भी होगी।

****************************

 

वायुसेना के अपाचे हेलीकॉप्टर की भिंड में इमरजेंसी लैंडिंग, जखमौली सिंध नदी के बीहड़ में उतारा गया

भिंड 29 May, (एजेंसी): भिंड में एयरफोर्स के अपाचे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जखमौली गांव के नजदीक सिंध नदी के बीहड़ में एयरफोर्स के अपाचे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कर उतारा गया। इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही ऊमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भारतीय वायु सेना ने खुद इसकी जानकारी दी। मौके पर नयागांव, ऊमरी थाना पुलिस मौजूद है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, टेक ऑफ करते समय लड़ाकू अपाचे हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके बाद दोनों पायलटों ने हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करने का निर्णय लिया। पायलटों ने इसे भिड़ के बीहड़ में एक खेत में उतारा। गांव वालों ने जब खेत में हेलीकॉप्टर को उतरते देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही नयागांव, ऊमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सबसे पहले गांव वालों को हेलीकॉप्टर के पास से हटाया और मौके पर जवानों को तैनात कर दिया। जवानों ने हेलीकॉप्टर के पास सुरक्षा घेरा बना लिया है। किसी को भी पास आने नहीं दिया जा रहा है।

**************************

सिर्फ एक बंदा काफी है का जलवा, 200 मिलियन से ज्यादा व्यूइंग मिनट का बनाया रिकॉर्ड

29.05.2023  (एजेंसी)    मनोज बाजपेयी की फिल्म सिर्फ एक बंदा काफी है इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई है। जी5 पर रिलीज हुए इस कोर्ट रूम ड्रामा को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। फिल्म में आसाराम बापू को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाले वकील पूनम चंद सोलंकी की कहानी दिखाई गई है, जिसके किरदार में बाजपेयी नजर आए हैं।

फिल्म को लोगों का प्यार मिल रहा है और इसी के चलते इसने 200 मिलियन से ज्यादा व्यूइंग मिनट का रिकॉर्ड बनाया है। 23 मई को जी5 पर दस्तक दे चुकी फिल्म सिर्फ एक बंदा काफी है को 5 दिन में ही रिकॉर्ड तोड़ व्यूज मिल गए हैं। फिल्म को रिलीज से पहले जहां आसाराम के समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ा तो दर्शकों को यह काफी पसंद आ रही है। जी5 की ओर से ट्विटर पर पोस्ट साझा कर लिखा है, हमारा बंदा रुकने वाला नहीं है। इसे 200 मिलियन से भी ज्यादा व्यूइंग मिनट मिले हैं।

सिर्फ एक बंदा काफी है की कहानी वकील सोलंकी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो नाबालिग रेप पीडि़ता को न्याय दिलाने के लिए अपनी पूरी जान लगा देते हैं। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित वकीलों को मात देकर सोलंकी आसाराम को उम्रकैद की सजा दिलवाते हैं और इस दौरान उन्हें किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अपूर्व कार्की के निर्देशन में बनी फिल्म में बाजपेयी के अभिनय की भी जमकर तारीफ हो रही है। आसाराम ने निर्माताओं पर आरोप लगाया है कि इस फिल्म से उनकी छवि खराब होगी। ऐसे में आसाराम की ओर से निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजा गया था।

अब राजस्थान हाई कोर्ट ने आसाराम की फिल्म पर रोक लगाने की मांग से इनकार कर दिया है। बता दें कि इस मामले पर सुनवाई 23 मई को ही हो गई थी, लेकिन कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा था और 26 मई को न्यायमूर्ति पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने फैसला सुनाया था। फिल्म रिलीज होने के बाद सोलंकी ने भी निर्माताओं को नोटिस भेजा है। उन्होंने निर्माताओं पर बौद्धिक संपदा के अधिकार (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट) के हनन का आरोप लगाया है। सोलंकी का कहना है कि उन्हें भ्रम में रखा गया और बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र लिए इसे सच्ची घटना पर आधारित फिल्म कैसे कहा जा रहा है।

सोलंकी ने बताया कि उन्होंने जिसके साथ एग्रीमेंट साइन किया था, उसने बिना जानकारी के राइट्स किसी और को बेच दिए। बाजपेयी फैमिली मैन 3 और अभिषेक चौबे की सीरीज सूप में नजर आएंगे। वह जी स्टूडियो द्वारा निर्मित जोरम, डिस्पैच और राम रेड्डी की एक फिल्म का हिस्सा हैं। इसके अलावा बाजपेयी नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ भी एक फिल्म में दिखाई देंगे।

******************************

 

द केरल स्टोरी के आगे नहीं टिकी जोगीरा सारा रा रा, आईबी71 का हाल-बेहाल

29.05.2023 (एजेंसी)  बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों द केरल स्टोरी का जलवा देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज को 3 हफ्ते हो चुके हैं और यह अभी भी बाकी फिल्मों को कड़ी टक्कर दे रहे है। अब 26 मई को रिलीज हुई जोगीरा सारा रा रा को काफी तारीफ मिली है, लेकिन यह पहले दिन कमाई के मामले में कुछ खास कमाल नहीं कर पाई है। ऐसा ही हाल आईबी71 का है।कॉमेडी और ड्रामा से भरपूर जोगीरा सारा रा रा में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ नेहा शर्मा मुख्य भूमिका में नजर आई हैं।

फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। कुशान नदी के निर्देशन में बनी फिल्म एडवांस बुकिंग में दम तोड़ती नजर आई थी और अब ओपनिंग डे पर भी इसने धीमी शुरुआत की है। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 40 लाख रुपये की कमाई की है। जोगीरा सारा रा रा लखनऊ के जोगी (नवाज) की कहानी है, जो एक इवेंट कंपनी का मालिक है। जोगी अपने जुगाड़ के लिए मशहूर है और ऐसे में उसकी मुलाकात डिंपल (नेहा) से होती है, जो उसे अपनी शादी तुड़वाने का जिम्मा देती है।

डिंपल की शादी तोडऩे में लगे जोगी के इर्द-गिर्द घूमती यह कहानी दर्शकों को कॉमेडी का बेहतरीन डोज देती है। इसमें संजय मिश्रा, मिमोह चक्रवर्ती, रोहित चौधरी और दिवंगत अभिनेत्री फारुख जफर भी नजर आई हैं। अदा शर्मा अभिनीत द केरल स्टोरी ने 5 मई को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। केरल की 3 लड़कियों के धर्म परिवर्तन की कहानी दिखाती इस फिल्म को पहले जहां विरोध का सामना करना पड़ा था तो रिलीज के बाद इसे काफी पसंद किया। रिपोर्ट के अनुसार, 22वें दिन फिल्म ने 2.60 करोड़ रुपये कमाए और इसका कलेक्शन 216.07 करोड़ हो गया। इन दिनों फिल्म के कलेक्शन में थोड़ी कमी आ रही है, लेकिन फिर भी कमाई करोड़ों में है।

विद्युत जामवाल की फिल्म आईबी71 दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने में असफल साबित हुई है। 12 मई को रिलीज हुई आईबी71 विद्युत की प्रोडक्शन कंपनी एक्शन हीरो फिल्म्स की पहली फिल्म है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अपनी रिलीज के 15वें दिन 25 लाख रुपये कमाए हैं। ऐसे में 28 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म अपनी लागत निकालने में भी सफल नहीं हो पाई है और इसका अभी तक 16.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन ही हुआ है।

*******************************

 

 

नागेश सर के साथ काम करना मेरे करियर का सबसे अच्छा वक्त रहा : प्रिया बापट

29.05.2023 (एजेंसी)   शुक्रवार को स्ट्रीमिंग शो सिटी ऑफ ड्रीम्स के तीसरे सीजन में नजर आने वाली एक्ट्रेस प्रिया बापट ने शो के निर्देशक नागेश कुकुनूर की प्रशंसा करते हुए कहा कि बतौर एक्ट्रेस उनके साथ काम करने से उन पर गहरा प्रभाव पड़ा है। इस बारे में विस्तार से बात करते हुए एक्ट्रेस ने कहा, मैं निश्चित रूप से मानती हूं कि एक एक्ट्रेस के रूप में नागेश सर का मुझ पर बहुत प्रभाव है।

उनके साथ काम करना मेरे पूरे करियर की सबसे अच्छी बात है। यह खुद को खोजने जैसी प्रक्रिया है। वह आपको अपने भीतर छिपे प्रतिभा से मिलवाते है। इस सीजन में, ऐसे सीन्स थे जो एक नोट पर शुरू होते हैं और कहीं अप्रत्याशित रूप से समाप्त होते हैं। पात्रों के पास यूनिक ग्राफ हैं और यह पता लगाना सीखने का सबसे रोमांचक हिस्सा था।उन्होंने आगे उल्लेख किया कि निर्देशक वह है जो यह सुनिश्चित करते है कि एक्टर अपना ए-गेम लेकर आएं। उन्हों कहा, आपको आश्वस्त किया जा सकता है कि आप सबसे अच्छे हाथों में हैं और किसी ऐसे व्यक्ति द्वारा निर्देशित किया जा रहा है जो आपके काम का सही उपयोग करना जानते है।

यह एक अद्भुत अनुभव रहा है। कई बार अभिनेताओं को लगता है कि वे बहुत अच्छा कर रहे हैं लेकिन आप जो कर रहे हैं और जो ट्रांसलेट हो रहा हैं वह अलग हो सकता है। कैमरे में जो दिखता है वह अलग हो सकता है। नागेश सर हमेशा रिहर्सल की जांच करते हैं और मॉनिटर पर क्या है इसकी जांच करते हैं और उसी के अनुसार आपका मार्गदर्शन करते हैं। इससे बेहतरीन अनुभव नहीं हो सकता। कुकुनूर मूवीज के सहयोग से अप्लॉज एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित सिटी ऑफ ड्रीम्स का नया सीजन डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रहा है।

******************************

 

छोटे टॉप में सिमरन कौर ने दिए ऐसे पोज

29.05.2023 (एजेंसी)  सोशल मीडिया पर अपने फैंस के दिलों के बेताब किए रहने वाली इंफ्लुएंसर सिमरन कौर एक मॉडल, एक्टर हैं। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर धमाल मचाए रहती हैं। वहीं, उनकी लेटेस्ट तस्वीरें फैंस को काफी पसंद आ रही हैं। बार्वी प्रिंटेड क्रॉप टॉप और शॉर्ट स्कर्ट में एक्ट्रेस सिमरन कौर गजब की बला लग रही हैं। ओपन हेयर स्टाइल और मिनिमल मेकअप के साथ सिमरन कौर कहर ढा रही हैं। सिमरन कौर इंटरनेट पर अपनी तस्वीरों से फैंस के दिलों को बेताब किए रहती हैं।

सिमरन चाहे वेस्टर्न ड्रेस में हो या इंडियन ड्रेस में अपने हॉट अंदाज से फैंस को घायल करने से पीछे नहीं है। सिमरन कौर की मदमस्त अदाएं देखकर फैंस आहें भरने को मजबूर रहते हैं। उनकी तस्वीरें देखकर फैंस आहें भरते रहते हैं। सोशल मीडिया पर उनके लाखों में फॉलोवर्स हैं। उन्हें इंस्टाग्राम पर 2.2 मिलियन फॉलोवर्स हैं। सिमरन कौर अपने अतरंगी रूपों के कारण अक्सर सुर्खियों का विषय बनी रहती हैं, उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर कहर बरपाती रहती हैं। फैंस एक्ट्रेस की तस्वीरों का बेसब्री से इंतजार करते रहते हैं। वहीं, उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर आते ही तेजी से वायरल हो जाती हैं।

*********************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिये भाग्यशाली है। नक्षत्र आपके लिये अत्यंत अनुकूल दिखाई देता है। सकारात्मक विचार करने से आप सकारात्मक ऊर्जा पाएंगे जिससे आप अपने मकसद तक पहुंच सकेंगे। यदि आप किसी परियोजना पर कार्य कर रहे हैं और आप जिन बदलावों को लागू करने का इरादा कर रहे हैं यह उनके लिए अनुकूल समय नहीं है। आर्थिक सहायता में भी देरी हो सकती है। किसी कार्य से मन अत्यन्त प्रसन्न होगा। ध्यान रखने से स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आप किसी ऐसे व्यक्ति की ओर आकर्षित होंगे जो आपकी रुचियों और इच्छाओं तथा जुनून को साझा करेगा। यदि अपने किसी के साथ कुछ गलत किया है, तो हमेशा अपनी गलती मानकर माफी मांगना ही बेहतर होगा। आज आपके पश्चाताप को समझा जाएगा और आप माफ किए जाएँगे।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आप जिन लोगों से मिलेंगे उनके लिए आप एक प्रेरणा होंगे। आपकी फुर्तीली ऊर्जा और आपके चारों ओर प्रेम तथा सुंदरता उन्हें प्रोत्साहित करती है। आज आप भाग्यशाली साबित हो सकते है। परंतु आज छोटे से काम के लिये भी आपको जोर लगाना होगा या बहुत प्रयास करना होगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आपके इरादो से संबंधित पुस्तकों का संदर्भ लें। यह पुस्तकें आपको यशस्वी योजनायें बनाने में मार्गदर्शन करेगी।आप सामान्य तौर पर चुस्त और प्रबल हैं। परंतु पिछले कुछ दिनो सें आपके व्यस्तता के कारण हो रही थकावट आपको सुस्त कर देगी। पर्याप्त आराम करें जिससे आप ठीक हो जाएंगे।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

किसी को अनचाही सलाह या तारीफ देने से बचें। इसके अतिरिक्त दूसरे लोगों के व्यक्तिगत मामलों में भी हस्तक्षेप न करें। आप बुरे सपने तथा भ्रमो से पू री तरह से घिरे हुये है। केवल आपकी इच्छाशक्ती आपके जिंदगी को बर्बाद करने वाले इन नकारत्मक विचारो से आपको मुक्ती दिला सकती है। इस लिये आप बुरे सपनो में नही उलझें।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आपको नुकसान पहुँचाने का कारण बने व्यक्ति पर दया दिखाना या उसे माफ करना आपके लिये आज मुश्किल होगा। ऐसा करने हेतु अत्यधिक समझ की आवश्यकता होती है। परंतु हर व्यक्ति के बारें मे सहानुभूति रखने की आपकी क्षमता आपको ऐसे व्यक्ति को माफ करने में सहायता करेगी। कामकाजी महिलाओं को घर और कार्यालय दोनों जगह पर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। यह उनके लिए एक कठिन दिन होगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

अपनी भावनाओं और मनोभावों को उस व्यक्ति के सामने स्पष्ट और खुले रूप से व्यक्त करें जिससे आप आकर्षित हैं। अस्वीकृति से भयभीत न हों। आज आपको कुछ कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। किंतु आप अपनी बौद्धिकता और विश्लेषणात्मक शक्तियों के साथ सभी का समाधान करने में सक्षम होंगे।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आप एकबार पुन: दीर्घकालिक स्वप्न पर कार्य करने का प्रयास कर सकते हैं। कभी भी देरी नहीं है वास्तव में, आपको अपने सपनों को पहले की अपेक्षा पूरा करना अधिक आसान हो सकता है। आपको अपने प्रेमी के आसपास कुत्ते के पिल्ले के समान प्रेम की प्रतीक्षा करने की आवश्यकता नहीं है। बस आगे बढि़ए और प्रस्ताव दीजिए और आपको निश्चित ही एक सकारात्मक प्रतिसाद मिलता है।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आपका मजाकिया स्वभाव आपको मित्रों और दूसरे लोगों के बीच बहुत लोकप्रिय बनाता है जिनसे आप आज मिलते हैं। यह उन लोगों को भी उत्साहित करेगा जिनके साथ आप कार्य करते हैं। आपको नुकसान पहुँचाने का कारण बने व्यक्ति पर दया दिखाना या उसे माफ करना आपके लिये आज मुश्किल होगा। ऐसा करने हेतू अत्यधिक समझ की आवश्यकता होती है। परंतु हर व्यक्ति के बारें मे सहानुभूति रखने की आपकी क्षमता आपको ऐसे व्यक्ति को माफ करने में सहायता करेगी।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

महिलाएँ आज जिन पार्टियों या फंक्शनों में उपस्थित होंगी उनमें वे आकर्षक और लोकप्रिय होंगी।संपत्ती के बारे में या कोई घरेलू समस्या का समाधान करने हेतू आपको उसमें शामिल सभी लोगो की राय लेनी चाहिये। कुछ समय अपने अहंकार को दूर रखें।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन मिश्रित फलदायक रहेगा। आज आपकी अथवा घर में किसी सदस्य की सेहत अकस्मात खऱाब होने या पुराने रोग के बढऩे से भाग-दौड़ करनी पड़ेगी। कार्य क्षेत्र पर भी आज आर्थिक कारणों से कार्य अटक सकते है। उधार की वसूली में परेशानी आएगी। किसी अरिष्ट की चिंता से मन व्याकुल रहेगा। सहकर्मियों का सहयोग मिलने से थोड़ी राहत मिलेगी। कर्ज लेना पड़ सकता है। मानसिक तनाव ना बढऩे दें आध्यात्म का सहारा लें।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

भावनात्मक रुप से आपका कठिन समय चल रहा है तथा आपके हृदय के घाव भरने में थोड़ा और समय लगेगा। परंतु आपके अपने लोगों से आपको करुणा एवं सहानुभूति प्राप्त होगी। जल्द ही यह समय भी निकल जाएगा।आज आप निष्क्रियता एवं थकावट महसूस करेंगे। यह आपके सक्रिय स्वभाव के विपरीत होगा। सहजता से क्षुब्ध भी हो जायेंगे।

*********************************

 

द आर्टिसन अवार्ड्स 2023 सम्पन्न 

२८.०५.२०२३  –   जेम एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल द्वारा मुम्बई में आयोजित ‘द आर्टिसन अवार्ड्स 2023’ समारोह विशिष्ट अतिथि, सुश्री मीरा कपूर, कंटेंट क्रिएटर और ज्वैलरी कनॉइजर के साथ-साथ श्री निखिल मेहरा, शांतनु एंड निखिल श्री विपुल शाह चेयरमैन जीजेईपीसी, श्री मिलन चोकसी, संयोजक, प्रोमोशन एवं मार्केटिंग – जीजेईपीसी, और श्री सब्यसाची रे कार्यकारी निदेशक (जीजेईपीसी) की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

जेम एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित  देश की प्रतिष्ठित ज्वैलरी डिजाइन प्रतियोगिता ‘आर्टिसन अवॉर्ड्स’ केबहुप्रतीक्षित 6वें संस्करण में देश और दुनिया भर के आभूषण डिजाइनरों की असाधारण प्रतिभा और रचनात्मकता देखने को मिली। ‘आर्टिसन अवार्ड्स’ एक प्रयास है जिसका उद्देश्य रचनात्मक आभूषण डिजाइनरों और उद्योग के पेशेवरों को आभूषण डिजाइन में उनके व्यक्तिगत और रचनात्मक विचारों को अधिकतम प्रोत्साहन देने के लिए एक मंच प्रदान करना है। आर्टिसन अवॉर्ड्स 2023, जेमोलॉजी में विश्व की अग्रणी प्राधिकरण, जीआईए – जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ अमेरिका द्वारा संचालित है।

स्थापना के बाद से, आर्टिसन अवॉर्ड्स को विभिन्न जेनर्स और स्टाइल्स के कलाकारों से कुल 4200 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई थीं। इन प्रविष्टियों की ध्यानपूर्वक समीक्षा और मूल्यांकन किया गया और 178 उत्कृष्ट फाइनलिस्ट का अंतिम रूप से चयन किया गया। फाइनलिस्टों में, 55  उल्लेखनीय व्यक्ति विजेता के रूप में उभरे, जिन्होंने अपने असाधारण कलात्मक कौशल के लिए अच्छी तरह से योग्य पहचान प्राप्त की। चालू वर्ष के लिए, आर्टिसन अवॉर्ड्स में भारत भर के 26 शहरों के साथ-साथ मध्य पूर्व, उत्तरी अमेरिका और यूरोप सहित विदेशों के क्षेत्रों से 600 से अधिक प्रविष्टियाँ आईं। ‘द आर्टिसन अवार्ड्स 2023’ की थीम इंडियामॉडर्न – द वर्ल्ड ऑफ आर्ट्स मीट्स मॉडर्न ज्वेलरी थी। थीम को तीन अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया था, जिनमें से प्रत्येक में अलग-अलग शैली पर ध्यान केंद्रित किया गया था, जैसे कि अमूर्त कला, मूर्तिकला और प्रिंट कला।

‘आर्टिसन अवार्ड्स 2023’ के सम्मानित ज्यूरी सदस्यों में मीरा कपूर कंटेंट क्रिएटर व ज्वेलरी कनॉइजर, अपराजिता जैन निदेशक व को-ओनर नेचर मोर्टे गैलरी, प्रियंका खन्ना लेखक, निखिल मेहरा, फैशन डिजाइनर, शांतनु एंड निखिल, सजिल शाह आभूषण कलाकार व संस्थापक, सज्जांते पर्निया कुरैशी, सह-संस्थापक सरिटोरिया और श्रीराम नटराजन प्रबंध निदेशक (जीआईए इंडिया) शामिल रहे।

संस्था द्वारा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले वाले विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। जेम एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के चेयरमैन विपुल शाह ‘द आर्टिसन अवार्ड्स 2023’ की विस्तृत चर्चा करते हुए कहते हैं — “आर्टिसन अवार्ड्स उन पहलों में से एक है जो प्रतिभा का पोषण करता है, प्रेरणा देता है और आभूषण डिजाइनरों की अगली पीढ़ी को उनकी कल्पना की सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करता है। तेजी से विकसित हो रहे रत्न और आभूषण उद्योग में जहां नवाचार और नए दृष्टिकोण सर्वोच्च हैं, आर्टिसन अवार्ड्स उभरते डिजाइनरों के लिए अपनी पहचान बनाने के लिए एक लॉन्चिंग पैड के रूप में कार्य करता है।”

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

25 वर्षों में हमें भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है : मोदी

नई दिल्ली , 28 मई (एजेंसी)। नई संसद भवन के उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पुराने संसद भवन में काम पूरा करना मुश्किल होता था और इस बात से सभी वाकिफ हैं। बैठने की जगह की कमी थी और तकनीकी दिक्कतें भी थीं। इसलिए दो दशक से भी अधिक समय से नए संसद भवन के निर्माण पर चर्चा चल रही थी। संसद के नए भवन का निर्माण समय की मांग थी. मुझे खुशी है कि यह नया भव्य भवन आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण है। सफलता की पहली शर्त, सफल होने का विश्वास ही होती है. ये नया संसद भवन, इस विश्वास को नई बुलंदी देने वाला है।

ये विकसित भारत के निर्माण में हम सभी के लिए नई प्रेरणा बनेगा। ये संसद भवन हर भारतीय के कर्तव्य भाव को जागृत करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पंचायत भवन से लेकर संसद भवन तक हमारे देश और यहां के लोगों का विकास ही हमारी प्रेरणा है। आज जब हम इस नई संसद के निर्माण पर गर्व महसूस कर रहे हैं, तो पिछले 9 वर्षों में देश में 4 करोड़ गरीबों के लिए घर और 11 करोड़ शौचालयों के निर्माण के बारे में सोचते हुए मुझे बहुत संतोष भी होता है। जब हम नई संसद में आधुनिक सुविधाओं की बात करते हैं, तो मुझे संतोष होता है कि हमने देश के गांवों को जोड़ने के लिए 4 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया है. आज से 25 साल बाद, भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा। हमारे पास भी 25 वर्ष का अमृत कालखंड है। इन 25 वर्षों में हमें मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई संसद में अपने संबोधन में कहा कि आजादी का यह अमृतकाल, देश को नई दिशा देने का अमृतकाल हैं।

अनंत सपनों को, असंख्य आकांक्षाओं को पूरा करने का अमृतकाल है. नई संसद की आवश्यकता थी। हमें यह भी देखना होगा कि आने वाले समय में सीटों और सांसदों की संख्या बढ़ेगी. इसलिए यह समय की मांग थी कि एक नई संसद बनाई जाए। कई वर्षों के विदेशी शासन ने हमारा गौरव हमसे छीन लिया था। आज भारत उस औपनिवेशिक मानसिकता को पीछे छोड़ चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारा लोकतंत्र ही हमारी प्रेरणा है, हमारा संविधान ही हमारा संकल्प है। इस प्रेरणा, इस संकल्प की सबसे श्रेष्ठ प्रतिनिधि हमारी ये संसद ही है।  गुलामी के बाद हमारा भारत ने बहुत कुछ खोकर अपनी नई यात्रा शुरू की थी। व​ह यात्रा कितने ही उतार-चढ़ावों से होते हुए, कितनी ही चुनौतियों को पार करते हुए आजादी के अमृतकाल में प्रवेश कर चुकी है।

आजादी का यह अमृतकाल विरासत को सहेजते हुए, विकास को नए आयाम गढ़ने का अमृतकाल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि इस ऐतिहासिक दिन पर संसद के इस नए भवन में पवित्र सेंगोल की स्थापना की गई है। चोल साम्राज्य में इसे कर्तव्य पथ, सेवा पथ और राष्ट्र पथ का प्रतीक माना जाता था। भारत एक लोकतांत्रिक राष्ट्र ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र की जननी भी है।

भारत आज वैश्विक लोकतंत्र का भी बहुत बड़ा आधार है. लोकतंत्र हमारे लिए सिर्फ एक व्यवस्था नहीं, एक संस्कार है, एक विचार है, एक परंपरा है। पीएम मोदी ने कहा कि ये नया भवन हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा. ये नया भवन आत्मनिर्भर भारत के सूर्योदय का साक्षी बनेगा। ये नया भवन. विकसित भारत के संकल्पों की सिद्धि होते हुए देखेगा. ये नया भवन नूतन और पुरातन के सह-अस्तित्व का भी आदर्श उदाहरण है। आज नया भारत नए लक्ष्य तय कर रहा है, नए रास्ते गढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि देश आजादी के 75 वर्ष होने पर अमृत महोत्सव मना रहा है। आज सुबह ही संसद परिसर में सर्वपंथ प्रार्थना हुई है। मैं सभी देशवासियों को भारतीय लोकतंत्र के इस स्वर्णिम क्षण की बधाई देता हूं। नया संसद भवन विश्व को भारत के दृढ़ संकल्प का संदेश देता है, यह हमारे लोकतंत्र का मंदिर है। नए रास्तों पर चलकर ही नए कीर्तिमान गढ़े जाते है। नया भारत नए लक्ष्य तय कर रहा है. नया जोश है, नया उमंग है, नया सफर है. नई सोच है, दिशा नई है, दृष्टि नई है.

संकल्प नया है, विश्वास नया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई संसद के लोकार्पण समारोह में अपने संबोधन में कहा कि हर देश की विकास यात्रा में कुछ पल ऐसे आते हैं जो अमर हो जाते हैं. 28 मई ऐसा दिन है। उन्होंने कहा कि नई संसद सिर्फ एक भवन नहीं ​बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं और सपनों का प्रतिबिंब है।

****************************

 

नया संसद के कण-कण में होते हैं एक भारत, श्रेष्ठ भारत के दर्शन : मोदी

नई दिल्ली 28 मई (एजेंसी)। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश आजादी के 75 वर्ष होने पर अमृत महोत्सव मना रहा है।  नरेंद्र मोदी ने संसद के नए भवन को 140 करोड़ भारतीय नागरिकों की आकांक्षाओं और सपनों का प्रतिबिंब करार देते हुए कहा कि यह इमारत समय की मांग थी और इसके कण-कण से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के दर्शन होते हैं। उन्होंने नई संसद में अपने पहले संबोधन में यह भी कहा कि लोकसभा अध्यक्ष की पीठ के निकट स्थापित ‘राजदंड’ (सेंगोल) सभी को प्रेरणा देता रहेगा। प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि संसद के नए भवन का कण-कण देश के गरीबों को समर्पित है।

पीएम ने कहा कि यह सिर्फ एक भवन नहीं है, यह 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं और सपनों का प्रतिबिंब है। यह विश्व को भारत के दृढ़संकल्प का संदेश देता है. यह हमारे लोकतंत्र का मंदिर है। नरेंद्र मोदी ने कहा कि नया संसद भवन योजना को यथार्थ से, नीति को निर्माण से और इच्छाशक्ति को क्रियाशक्ति से तथा संकल्प को सिद्धि से जोड़ने वाली अहम कड़ी साबित होगा। यह नया भवन हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने का नया माध्यम बनेगा।

यह नया भवन आत्मनिर्भर भारत के सूर्योदय का साक्षी बनेगा।  प्रधानमंत्री के मुताबिक, देश की विकास यात्रा के कुछ पल अमर हो जाते हैं और आज भी ऐसा ही एक दिन है। उन्होंने ‘राजदंड’ का उल्लेख करते हुए कहा कि जब भी नए संसद भवन में कार्यवाही शुरू होगी यह सेंगोल हम सभी को प्रेरणा देता रहेगा. सेंगोल अंग्रेजों से सत्ता हस्तांतरण का प्रतीक था, हमने इसे उचित सम्मान दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आज वैश्विक लोकतंत्र का बहुत बड़ा आधार है। लोकतंत्र हमारे लिए एक संस्कार, एक विचार और एक परंपरा है।

मोदी  कहा कि आजादी का अमृतकाल विरासत को सहेजते हुए विकास के नए आयाम गढ़ने का नया काल है।  प्रधानमंत्री ने कहा कि नए संसद भवन को देखकर हर भारतीय गौरव से भरा हुआ है। इस भवन में विरासत भी है, वास्तु भी है, इसमें कला भी है, कौशल भी है, इसमें संस्कृति भी है, संविधान के स्वर भी हैं। इस भवन के कण-कण में हमें एक भारत श्रेष्ठ भारत के दर्शन होते हैं. बीते एक-दो दशक से चर्चा हो रही थी कि देश को नए संसद भवन की आवश्यकता है। यह समय की मांग थी कि संसद की नई इमारत का निर्माण किया जाए, मुझे खुशी है कि यह भव्य इमारत आधुनिक सुविधाओं से लैस है।

पीएम मोदी ने कहा कि नए संसद भवन ने करीब 60 हजार श्रमिकों को रोजगार देने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने अपने नौ साल के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि ये नौ साल भारत में नवनिर्माण और गरीब कल्याण के रहे हैं। मोदी ने कहा कि नई संसद बनने पर गर्व है, तो गरीबों के 4 करोड़ घर बनने का संतोष भी है। जब हम इस इमारत को देखकर अपना सिर ऊंचा कर रहे हैं, तो मुझे 11 करोड़ शौचालयों के निर्माण को देखकर भी संतोष है। हमारी प्रेरणा एक ही है, देश का विकास, देश के लोगों का विकास. आज से 25 वर्ष बाद भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरा करेगा. हमारे पास इन 25 वर्षों का अमृतकाल है। हमें मिलकर इन 25 वर्षों में भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है।  प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत को आदर और उम्मीद के भाव से देख रही है।

उन्होंने कहा कि जब भारत आगे बढ़ता है तो विश्व आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई संसद के लोकार्पण समारोह के दूसरे चरण के लिए जब नव निर्मित भवन में पहुंचे तो वहां मौजूद सांसदों ने भारत माता की जय के नारों से उनका स्वागत किया। राष्ट्रगान के बाद राज्यसभा के उप सभा​पति हरिवंश ने अपने संबोधन में कहा कि नया संसद भवन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और असाधारण प्रयासों का नतीजा है।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के प्रयासों से भारत की जनआकांक्षाओं के अनुरूप नए संसद भवन का निर्माण हुआ है। अमृतकाल में इसका लोकार्पण होना ऐतिहासिक घटना है, जिसे इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। यह दिन एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, क्योंकि यह अमृतकाल में प्रेरणा का स्रोत साबित होगा। यह बेहद खुशी की बात है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में 2.5 साल से भी कम समय में एक नई आधुनिक संसद का निर्माण किया गया।

*********************************

 

संसद का नया भवन हम सभी को गर्व और उम्मीदों से भर देने वाला है: प्रधानमंत्री

नई दिल्ली ,28 मई (एजेंसी) । प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि संसद का नया भवन हम सभी को गर्व और उम्मीदों से भर देने वाला है। श्री मोदी ने पट्टिका का व्यक्तिगत रूप से अनावरण कर नए संसद भवन को राष्ट्र को समर्पित किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि आज का दिन हम सभी देशवासियों के लिए अविस्मरणीय है। संसद का नया भवन हम सभी को गर्व और उम्मीदों से भर देने वाला है।

मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह दिव्य और भव्य इमारत जन-जन के सशक्तिकरण के साथ ही, राष्ट्र की समृद्धि और सामर्थ्य को नई गति और शक्ति प्रदान करेगी।जैसा कि भारत की संसद के नए भवन का उद्घाटन किया गया है, हमारे दिल और दिमाग गर्व, उम्मीदों और संकल्पों से भरे हुए हैं। यह प्रतिष्ठित इमारत सशक्तिकरण, सपनों को जगाने और उन्हें वास्तविकता में बदलने का उद्गम स्थल हो। यह हमारे महान राष्ट्र को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाए।

***************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version