स्कॉर्पियों ने स्कूटी को मारी टक्कर, दंपति और 2 बच्चों को 100 मीटर घसीटा

*हादसे में चारों की मौत*

लखनऊ,31 मई (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्कॉर्पियो चालक ने पहले एक स्कूटी को टक्कर मारी और फिर उसमें सवार दंपति और 2 बच्चों को 100 मीटर तक घसीटा। हादसे में चारों की मौत हो गई। हादसा मंगलवार देर रात 2:00 बजे अलीगंज गुलाचीन मंदिर के पास हुआ। स्कूटी के नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस की मदद से मृतकों की पहचान राम सिंह, पत्नी ज्ञान देवी और उनके 14 और 10 साल के 2 बेटों के रूप में हुई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाला परिवार सीतापुर से लखनऊ आ रहा था। स्कॉर्पियो चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो टेढ़ी पुलिया से आ रही थी और इस दौरान उसने स्कूटी में टक्कर मारी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटी समेत पूरा परिवार स्कॉर्पियो के नीचे फंस गया था, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख प्रकट करते हुए संवेदना व्यक्त की।

**************************

 

अमित शाह आज करेंगे मणिपुर के सीमावर्ती शहर का दौरा

इंफाल,31 मई (एजेंसी)। हिंसाग्रस्त मणिपुर के 4 दिवसीय दौरे पर गए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को भारत-म्यांमार की सीमा के पास स्थित मोरेह शहर का दौरा करेंगे। शाह इस शहर में बहुसंख्यक कुकी समुदाय के लोगों के साथ बातचीत करने के साथ-साथ मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे। गौरतलब है कि शाह ने मंगलवार को मणिपुर की सभी पार्टियों के नेताओं के साथ एक सर्वदलीय बैठक समेत कुल 9 अहम बैठकें की थीं।

इस महीने की शुरुआत से मणिपुर में हिंसा जारी है। आदिवासियों ने गैर-आदिवासी मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति (स्ञ्ज) का दर्जा दिये जाने के विरोध में 3 मई को एकजुटता मार्च निकाली थी, जिसके बाद एक हफ्ते से ज्यादा समय तक राज्य में हिंसक झड़पें होती रहीं। हिंसा में 80 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। राज्यभर में लगभग 2,000 घरों को भी जलाया गया है और हजारों लोगों को यहां से विस्थापित होना पड़ा है।

***************************

 

फुलवारी शरीफ आतंक मामले में देश में 25 स्थानों पर एनआईए के छापे

नई दिल्ली,31 मई (एजेंसी)। प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से जुड़े फुलवारी शरीफ मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कर्नाटक, केरल और बिहार में 25 से अधिक स्थानों पर छापेमारी शुरू की है। एनआईए ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

छापेमारी के दौरान, सूत्रों ने दावा किया कि उन्होंने कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं।

एक सूत्र ने कहा, हम फंडिंग एंगल की जांच कर रहे हैं। इन क्षेत्रों से फंडिंग की जा रही थी जहां हम छापेमारी कर रहे हैं।

कर्नाटक में दक्षिण कन्नड़ इलाके में छापे मारे जा रहे हैं।

यह मामला शुरू में 12 जुलाई 2022 को बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाने में दर्ज किया गया था। एनआईए ने 22 जुलाई 2022 को फिर से मामला दर्ज किया था। एनआईए ने 7 जनवरी 2023 को चार आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था।
एनआईए ने कहा था, जांच से पता चला है कि अनवर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन सिमी का पूर्व सदस्य है और वर्तमान में बिहार और उत्तर प्रदेश के कई पीएफआई सदस्यों से जुड़ा हुआ है, जिसमें एक अतहर परवेज भी शामिल है, जिसे प्राथमिकी में नामित किया गया था और पिछले साल 12 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था।

एनआईए की जांच के अनुसार, पीएफआई के लिए काम करने के लिए सिमी के पूर्व सदस्यों के एक गुप्त समूह को तैयार करने में अनवर की महत्वपूर्ण भूमिका थी। पीएफआई के बैनर तले मुख्य एजेंडा भारत में इस्लामिक शासन स्थापित करना था, जैसा कि संगठन के ‘भारत 2047 दस्तावेज’ में कल्पना की गई थी।

*******************************

 

पुंछ में एलओसी पर घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम, तीन आतंकी पकड़े गए

जम्मू,31 मई (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बुधवार को सतर्क सुरक्षा बलों ने घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। साथ ही सुरक्षा बलों ने तीन आतंकवादियों को पकड़ा है।

लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने एक बयान में कहा, जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ भारतीय सेना के एक संयुक्त अभियान में, संभावित रूप से 3-4 आतंकवादियों को 30/31 मई 2023 की रात को सीमा पार करने का प्रयास करते हुए पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर रोक दिया गया।

वे सभी खराब मौसम और भारी बारिश का फायदा उठा कर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले थे।

आज लगभग 1.30 बजे भारतीय सेना पर गोलीबारी की गई और जवाबी कार्रवाई में कुछ आतंकवादी मारे गए।

उन्होंने कहा, इलाके की घेराबंदी कर ली गई है और तलाशी अभियान जारी है। खून के निशान मिले हैं।

एक आईईडी और नार्को सहित कुछ हथियारों के साथ तीन आतंकवादियों को पकड़ा गया है। गोलीबारी में भारतीय सेना का एक जवान घायल हो गया और उसे अस्पताल पहुंचाया गया। सेना ने कहा कि तलाशी अभियान जारी है।

*************************

 

पीएम मोदी आज अजमेर में जनसभा को करेंगे संबोधित, ब्रह्मा मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना

*45 सीटों पर फोकस*

अजमेर,31 मई (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को राजस्थान के अजमेर जिले में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. उनकी यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच मतभेद से जूझ रही है.

हालांकि सोमवार को कांग्रेस ने गहलोत और पायलट की पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मैराथन बैठक के बाद कहा था कि दोनों नेता आगामी विधानसभा चुनाव एकजुट होकर लडऩे पर सहमत हैं तथा उनके बीच के मुद्दों का समाधान आलाकमान करेगा.

कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने यह भी कहा था कि गहलोत और पायलट पार्टी के प्रस्ताव पर सहमत हो गए हैं. हालांकि, उन्होंने इस बारे में कोई ब्योरा नहीं दिया था. मोदी बुधवार को अजमेर जिले में भाजपा सरकार के शासन में नौ साल पूरे होने पर एक महीने के अभियान की शुरुआत करेंगे. राजस्थान में विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होंगे.

मोदी बुधवार को किशनगढ़ हवाई अड्डे पहुंचेंगे, वहां से वह हेलीकॉप्टर से तीर्थ नगरी पुष्कर जाएंगे. पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री ब्रह्मा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और पुष्कर के घाट पर जाएंगे. पुष्कर से वह हेलीकॉप्टर से जयपुर रोड स्थित कायड विश्राम स्थली जाएंगे जहां वह अभियान की शुरुआत करेंगे और रैली को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री की सभा के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, कैलाश चौधरी, पार्टी के प्रदेश नेता, सांसद, विधायक एवं अन्य पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे.

अजमेर उत्तर से भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है. प्रधानमंत्री की विशाल रैली के लिए अजमेर, नागौर, टोंक, भीलवाड़ा, राजसमंद, जयपुर और पाली के सात जिलों की 45 विधानसभा क्षेत्रों और आठ लोकसभा क्षेत्रों से पार्टी कार्यकर्ता जुटेंगे. इन 45 विधानसभा सीटों में से 21 पर कांग्रेस, 19 पर भाजपा, तीन पर निर्दलीय और दो पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का कब्जा है. प्रधानमंत्री की अजमेर यात्रा इस महीने की शुरुआत में उनके राजसमंद और सिरोही दौरे के तुरंत बाद हो रही है.

*****************************

 

वी मेगा पिक्चर्स और अभिषेक अग्रवाल आर्ट्स की पहली फिल्म ‘द इंडिया हाउस’ की घोषणा 

31.05.2023  –  वी मेगा पिक्चर्स’ और ‘अभिषेक अग्रवाल आर्ट्स के संयुक्त तत्वाधान में वीर सावरकर की 140वीं जयंती के अवसर पर इस प्रोडक्शन हाउस की पहली ड्रीम

प्रोजेक्ट – ‘द इंडिया हाउस’ की घोषणा कर दी गई है। ग्लोबल स्टार राम चरण और विक्रम रेड्डी की साझेदारी में शुरू किये गए इस प्रोजेक्ट का मूल उद्देश्य एक अजीबोगरीब कहानी कहने का अनुभव प्रदान करते हुए फिल्म उद्योग में नई प्रतिभाओं को बढ़ावा देना और बढ़ावा देना है। बॉलीवुड में यह माना जा रहा है कि भारतीय फिल्म उद्योग में यह एक शक्तिशाली गठजोड़ की शुरुआत है। अभिनेता राम चरण ने अपना प्रोडक्शन बैनर ‘वी मेगा पिक्चर्स’ लॉन्च करके अपने करियर में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

अभिषेक अग्रवाल आर्ट्स एक प्रोडक्शन हाउस है जो ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘कार्तिकेय 2’ जैसी चर्चित फिल्मों के लिए विख्यात है। फिल्म ‘द इंडिया हाउस’ में देशव्यापी लोकाचार को चिन्हित करते हुए फिल्म की कथावस्तु को विस्तार दिया गया है। नवोदित निर्देशक राम वामसी कृष्णा ने फिल्म की कास्ट में अभिनेता निखिल सिद्धार्थ और  अनुपम खेर को शामिल किया है। ‘द इंडिया हाउस’ सिनेदर्शकों को एक नए युग में ले जाने और उन्हें एक ऐसी कहानी में डुबोने के लिए तैयार है जो उनके दिलों को छू लेगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय 

*************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आप अपने अंदर भरपूर विश्वास व ऊर्जा महसूस करेंगे। आर्थिक पक्ष मजबूत होगा तथा अपने सभी कार्यों को समय पर पूरा करने की भी कोशिश करेंगे। सामाजिक दायरा बढेगा। मान-सम्मान मे वृद्धि होगी। किसी नजदीकी रिश्तेदार के घर जाने की भी योजना बन सकती है व समय मनोरंजन तथा हंसी खुशी में व्यतीत होगा। स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। वर्तमान व्यवसायिक गतिविधियों का विस्तार करने के लिए कुछ नई योजनाएं बनेंगी। इस समय बहुत ही उचित ग्रह स्थिति बनी हुई है, इसलिए इन योजनाओं को तुरंत ही क्रियान्वित करें। आर्थिक पक्ष भी मजबूत रहेगा। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज भाग्य आपके साथ है। आपके रुके हुए राजकीय काम किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से पूरे हो सकते हैं इसलिए प्रयासरत रहें। साथ ही बच्चों की समस्याओं को सुलझाने में भी आपका विशेष योगदान रहेगा व सफलता मिलेगी। और आप श्रेष्ठ अभिभावक भी साबित होंगे। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। व्यवसाय में गति लाने के लिए कुछ नई नीतियां बनाना जरूरी है। हालांकि वर्तमान नकारात्मक वातावरण की वजह से व्यापार मंद ही हैं। नौकरी में त्योहारों की वजह से कार्यभार की अधिकता रहेगी। धार्मिक विचारधारा सकारात्मक रहेगी, मनोबल बढेगा। स्वास्थ्य सही रहेगा।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आप दिन में बीजी रह सकते हैं। घर में कोई विवाह, सगाई या यात्रा संबंधी मांगलिक कार्य संपन्न होने जैसी योजनाएं बनेंगी। तथा खुशी भरा वातावरण व्याप्त रहेगा। घर के सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह पूरी निष्ठा से करेंगे। बड़े बुजुर्गों का भी स्नेह व आशीर्वाद बना रहेगा। जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य लाभ होगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन खुशनुमा रहेगा। व्यवसायिक गतिविधियां पूर्ववत ही रहेंगी। अपने स्वभाव को नियंत्रित रखना आवश्यक है। जल्दबाजी न करें बनते काम बिगड़ भी सकते हैं। ऐसी ही सावधानी नौकरीपेशा लोगों को अपने ऑफिस में भी चाहिए। आध्यात्मिक विचार बनेंगे व सफलता भी मिलेगी। स्वास्थ्य सही रहेगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन मन खुश करने वाला रहेगा। कुछ समय से चल रही किसी विशेष कार्य के प्रति आपकी लगन व मेहनत के अप्रत्याशित लाभ प्राप्त होने वाले हैं। अपने काम पर पूरा ध्यान केंद्रित रखें। घर में किसी धार्मिक कार्य के आयोजन संबंधी योजना भी बनेगी। युवा वर्ग कोई उपलब्धि मिलने से गर्व महसूस करेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा।पब्लिक डीलिंग तथा मीडिया से संबंधित कार्यों में आज विशेष ध्यान दें। क्योंकि इनसे अच्छा मुनाफा मिलने की संभावना है। नौकरी पेशा लोगों के लिए भी ऑफिस का माहौल पॉजिटिव रहेगा तथा सहयोगियों के साथ संबंध बेहतर बनेंगे। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य सही रहेगा।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपकी सकारात्मक विचारधारा दिन को बेहतर बनाएगी। धार्मिक तथा आध्यात्मिक कार्यों के प्रति आपकी आस्था व रुझान बढ़ेगा। जिससे आपके अंदर सकारात्मक दृष्टिकोण उत्पन्न होगा। आज दिन का अधिकतर समय किसी विशेष कार्य संबंधी योजनाओं को क्रियान्वित करने में व्यतीत होगा। स्वास्थ्य लाभ होगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आप भाग्य आपके साथ है। कार्यक्षेत्र में आंतरिक रखरखाव तथा नवीनीकरण जैसी योजना बनेगी। इस परिवर्तन में वास्तु सम्मत नियमों का अवश्य उपयोग करें, इससे सकारात्मक ऊर्जा व्याप्त होगी। बड़ो का आशीर्वाद प्राप्त होगा। नौकरीपेशा लोगों का अपने अधिकारियों के साथ किसी बात को लेकर हल्का मनमुटाव हो सकता है। स्वास्थ्य सही रहेगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन बढिया रहेगा। कार्यक्षेत्र में भावुकता की बजाय प्रैक्टिकल तरीके से सबके साथ व्यवहार करें। क्रोध पर नियंत्रण रखें। सहयोगियों तथा कर्मचारियों के साथ दोस्ताना व्यवहार रखें। परिवार का सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी के कारण खुशनुमा माहौल बनेगा। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका सकारात्मक दृष्टिकोण किसी भी परिस्थिति में ऊर्जावान व मानसिक रूप से मजबूत बनाकर रखेगा। अगर पुश्तैनी प्रॉपर्टी संबंधी कोई वाद-विवाद चल रहा है, तो उसे हल करने के लिए आज का दिन बहुत ही उचित है। धार्मिक विचार उत्पन्न होगे। बच्चों का साथ माहौल खुश बनाएगा। स्वास्थ्य सही रहेगा।

********************************

 

पहलवानों ने गंगा में पदक बहाने का फैसला टाला, बृजभूषण पर कार्रवाई के लिए दिया 5 दिन का अल्टीमेटम

देहरादून 30 मई,(एजेंसी)। कुश्ती संघ के अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने गंगा नदी में अपने मेडल को प्रवाहित करने का फैसला टाल दिया है। मेडल बहाने के लिए पहलवान हरिद्वार में हर की पौड़ी पहुंचे थे, लेकिन इस काम को अंजाम देने से पहले किसान नेता नरेश टिकैत ने वहां पहुंचकर पहलवानों को रोक लिया। टिकैत ने रेसलर्स को समझाते हुए मेडल अपने पास ले लिए और बृजभूषण पर कार्यवाही के लिए सरकार को 5 दिनों का अल्टीमेटम दिया है।

नरेश टिकैत के समझाने के बाद लौटे पहलवान

भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय प्रवक्ता नरेश टिकैत पहलवानों से मिलने मौके पर पहुंचे उन्होंने काफी देर तक पहलवानों को समझाया। उन्होंने पहलवानों को आश्वासन दिया कि वह पहलवानों को इंसाफ दिलाने के लिए वार्ता करेंगे नरेश टिकैत की बात मानने के बाद पहलवान करीब पौने दो घंटे के बाद वापस लौट गए हैं।

इंडिया गेट पर आमरण अनशन पर बैठेंगे पहलवान

पहलवानों ने हरिद्वार से लौटने के बाद इंडिया गेट पर आमरण अनशन पर बैठने के का भी फैसला किया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि किसी को भी इंडिया गेट या उसके आस पास किसी तरह के प्रदर्शन या अनशन की इजाजत नहीं दी जाएगी।

साक्षी मलिक ने हरिद्वार पहुंचने के बाद भी एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा है कि क्या हमने इंसाफ मांगकर कोई गुनाह कर दिया। पुलिस ने हमारे साथ कितनी बर्बरता से व्यवहार किया। हम तो शांति से बैठक प्रदर्शन कर रहे थे।
देश के लिए जीते ये मेडल हमारे किस काम के

बता दें कि पहलवान मंगलवार की शाम को अपने मेडल के साथ हरिद्वार पहुंचे थे। हरिद्वार पहुंचने के बाद इन पहलवानों ने कहा था कि जब सरकार हमारी बात सुनने को और ना ही आरोपी सांसद पर कार्रवाई करने को तैयार है तो ऐसे में देश के लिए जीते ये मेडल हमारे किस काम के, हम इन मेडल को गंगा में बहाने के लिए यहां आए हैं। विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया, संगीता फोगाट, साक्षी मलिक समेत कई शीर्ष प्रदर्शनकारी पहलवान हरिद्वार पहुंचे। इन पहलवानों ने बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण के आरोप लगाए हैं।

********************************

 

विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी हुई तो इमीग्रेशन एजेंट से होगी भरपाई

चंडीगढ़ 30 मई,(एजेंसी)। हरियाणा सरकार विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले कबूतरबाजों पर और शिकंजा कसने जा रही है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसआइटी) ने फुलप्रूफ प्लान बनाया है जिसमें एजेंट धोखाधड़ी नहीं कर पाएंगे। इमिग्रेशन एजेंटों को अब 25 लाख रुपये की बैंक गारंटी जमा करानी होगी, ताकि किसी से धोखाधड़ी होने पर राशि की भरपाई की जा सके।

अंबाला मंडल के पुलिस महानिरीक्षक सिबास कबिराज की अध्यक्षता वाली एसआईटी ने इस संबंध में प्रस्ताव राज्य पुलिस को सौंप दिया है। गृह विभाग के जरिये इसे राज्य सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। सरकार की मंजूरी मिलते ही नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी जिसमें एजेंटों को बैंक गारंटी के दस्तावेज पुलिस अधीक्षक के पास जमा कराने होंगे।

एसआईटी ने अब तक 589 लोग को किया गिरफ्तार

वर्तमान में अगर इमिग्रेशन एजेंटों द्वारा किसी से ठगी की जाती है तो बैंक गारंटी के अभाव में रिकवरी करना मुश्किल हो जाता है। केस दर्ज होने और आरोपित की गिरफ्तारी के बाद भी वसूली की कोई व्यवस्था नहीं है। गृह मंत्री अनिल विज ने कबूतरबाजी पर लगाम लगाने के लिए पहले तत्कालीन आईजी भारती अरोड़ा के नेतृत्व में एसआईटी बनाई थी जिसमें 589 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अब कबूतरबाजी के मामले फिर से सामने आ रहे हैं, इसलिए नई एसआईटी बनाई गई है। 17 अप्रैल को नई एसआइटी ने काम संभाल लिया था जिसके बाद इमिग्रेशन फ्राड में 23 लोगों की गिरफ्तारी करने के साथ ही 138 केस दर्ज किए गए हैं। इनमें फर्जी वीजा, फर्जी हवाई टिकट, किसी व्यक्ति को गलत देश भेजने की शिकायतें सबसे ज्यादा है।

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा से कबूतर बाजी को पूरी तरह से खत्म करेंगे। इस मामले में छोटा या बड़ा, जो भी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोग अपनी मेहनत की कमाई, अपनी जमीन, जेवर, मकान तक बेचकर विदेश जाने के लिए पैसे देते हैं और कबूतरबाज लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करते हैं। ऐसे कबूतरबाजों से सख्ती से निपटा जाएगा।

****************************

 

आबकारी नीति मामला : ईडी की चौथी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में केजरीवाल का नाम

नई दिल्ली 30 मई,(एजेंसी)। दिल्ली आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा अदालत में दाखिल चौथी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम भी दर्ज है, हालांकि आरोपी के तौर पर नहीं।

आरोपी से गवाह बने दिनेश अरोड़ा के बयान में केजरीवाल का नाम आया है।

चार्जशीट में संजय सिंह के नाम का भी उल्लेख है, लेकिन यह निर्दिष्ट नहीं किया गया है कि यह वही संजय सिंह हैं, जो आप के राज्यसभा सदस्य हैं या कोई और।

ईडी ने दावा किया है कि दिनेश अरोड़ा ने 2025 में दिल्ली में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव के लिए दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को 82 लाख रुपये फंड के रूप में दिए।

दिनेश अरोड़ा के बयान में संजय सिंह का नाम भी शामिल है।

चार्जशीट में कहा गया है, वह (दिनेश अरोड़ा) शुरू में संजय सिंह से मिले, जिसके माध्यम से वह अपने रेस्तरां अनप्लग्ड कोर्टयार्ड में एक पार्टी के दौरान मनीष सिसोदिया के संपर्क में आए। संजय सिंह के अनुरोध पर उन्होंने कई रेस्तरां मालिकों से बात की और दिल्ली में अगले विधानसभा चुनाव के लिए 82 लाख रुपये के चेक सिसोदिया को सौंपे गए।
अरोड़ा ने यह भी कहा कि उन्होंने सिसोदिया से पांच से छह बार बात की थी और संजय सिंह के साथ केजरीवाल के आवास पर एक बार मुलाकात भी की थी।

अरोड़ा ने ईडी को बताया कि उन्होंने आप नेता विजय नायर से उनके रेस्तरां में मुलाकात की, जहां उन्होंने नंबरों का आदान-प्रदान किया।

अप्रैल 2021 में नायर ने उन्हें दिल्ली आबकारी नीति पर चर्चा करने के लिए सिविल लाइंस के ओबेरॉय होटल में बुलाया था। चार्जशीट में कहा गया है कि नायर ने गौरी अपार्टमेंट में अरोड़ा को भी आमंत्रित किया था और उनसे कहा था कि वह अपने दोस्तों को साथ लाएं।

ईडी इस मामले में अब तक एक मुख्य चार्जशीट और चार सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।

*************************

 

तृणमूल के दूसरे राज्यों में चुनाव लडऩे का बेवजह मुद्दा बना रही कांग्रेस : ममता

कोलकाता 30 मई,(एजेंसी)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि त्रिपुरा, गोवा और मेघालय जैसे राज्यों में विधानसभा चुनाव लडऩे के तृणमूल कांग्रेस के फैसले को कांग्रेस बेवजह मुद्दा बना रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि तृणमूल ने गोवा, मेघालय, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में कांग्रेस नेताओं को खरीद फरोख्त कर अपनी पार्टी में शामिल कर लिया है।

साथ ही रमेश ने कहा कि वो भाजपा के मकसद को कामयाब बना रही हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि ये कोई मुद्दा नहीं है। उनकी पार्टी ने कई अन्य राज्यों में चुनाव नहीं लड़ा जहां कांग्रेस मजबूत है जैसे, मध्य प्रदेश, राजस्थान।

ममता ने यहां मीडियाकर्मियों से कहा, कभी-कभी, एक पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त करने के लिए और अपने वोट प्रतिशत में सुधार के लिए कई राज्यों में चुनाव लडऩे की जरूरत होती है। क्या कांग्रेस और भाजपा ही राष्ट्रीय दलों के रूप में बनी रहेगी? पहले ही तृणमूल कांग्रेस पर अन्याय हुआ है। हमारे पास 2024 तब राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा था लेकिन चुनाव आयोग ने इसे हटा लिया है।

विरोध करने वाले पहलवानों द्वारा हरिद्वार में अपने पदक पवित्र गंगा में बहा देने के फैसले पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पूरी एकजुटता पहलवानों के साथ है।

उन्होंने कहा, मैं देश के लिए पदक और सम्मान लाने वालों के साथ इस तरह की बदसलूकी और हमले के बारे में सोच भी नहीं सकती। यहां तक कि महिला पहलवानों को भी नहीं बख्शा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अगले एक साल में विभिन्न विभागों में सवा लाख नई भर्तियां करेगी। उन्होंने कहा, भर्ती शिक्षा, पुलिस और स्वास्थ्य जैसे सभी विभागों में होगी।

हालांकि, विपक्षी भाजपा और माकपा ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री की घोषणा कभी धरातल पर नहीं आ पाएगी।

*****************************

 

गंगा में मेडल बहाने हरिद्वार पहुंचे पहलवान, हाथों में मेडल लेकर खूब रोए खिलाड़ी

हरिद्वार 30 May, (एजेंसी)- यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ विरोध कर रहे पहलवान गंगा नदी में अपने पदक विसर्जित करने के लिए उत्तराखंड के हरिद्वार पहुंचे। उनके समर्थन में किसान नेता राकेश टिकैत भी हरिद्वार आ गए हैं। उन्होंने मंगलवार को कहा कि वे कड़ी मेहनत से जीते अपने पदक गंगा नदी में बहा देंगे और इंडिया गेट पर ‘आमरण अनशन’ पर बैठेंगे।

भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ धरना देने वाले पहलवान कुछ देर बाद हर की पौड़ी में अपने मेडल गंगा में बहाएंगे। इनमें साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट शामिल हैं। इधर, गंगा समिति पहलवानों के खिलाफ खड़ी हो गई है। उनका कहना है कि ये (हर की पौड़ी) पूजा-पाठ की जगह है, राजनीति की नहीं।

गंगा दशहरा स्नान पर्व होने के चलते हर की पौड़ी के गंगा घाट श्रद्धालुओं से लबालब भरे हुए हैं। इस बीच दिल्ली से पहलवानों और उनके समर्थकों के पहुंचने व नारेबाजी से घाटों पर अफरातफरी की स्थिति बन गई है। यहां पहलवानों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने पुलिस बल तैनात किया है।

रेसलर साक्षी मलिक ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि मेडल्स गंगा में प्रवाहित करने के बाद इंडिया गेट पर आमरण अनशन करेंगे। हमने पवित्रता से इन मेडल को हासिल किया था। इन मेडल को पहनाकर तेज सफेदी वाला तंत्र सिर्फ अपना प्रचार करता है। फिर हमारा शोषण करता है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को नहीं लौटाएंगे, क्योंकि उन्होंने हमारी कोई सुध नहीं ली।

******************************

 

आज शाम गंगा में बहाएंगे मेडल, पहलवानों का ऐलान- अब India Gate पर होगा आमरण अनशन

नई दिल्‍ली 30 May, (एजेंसी): यौन उत्‍पीड़न के आरोपों को लेकर भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आंदोलन कर रहे पहलवानों ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वे आज शाम हरिद्वार पहुंचेगे और अपने सारे मैडल गंगा में बहा देंगे। पहलवान बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि इन मेडलों को हम गंगा में बहाने जा रहे हैं, क्योंकि वह गंगा मां हैं। जितना पवित्र हम गंगा को मानते हैं, उतनी ही पवित्रता से हमने मेहनत कर इन मेडलों को हासिल किया था।

विनेश फोगाट ने ट्विटर पर लिखा, हमारे साथ 28 मई को जो हुआ वो आप सबने देखा। हम महिला पहलवान ऐसा महसूस कर रही हैं जैसे इस देश में हमारा कुछ बचा ही नहीं। फोगाट ने लिखा, हमें वो पल याद आ रहे हैं, जब हमने ओलंपिक, वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीते थे। अब लग रहा है कि ये मेडल क्यों जीते थे। उन्होंने आगे लिखा, ये मेडल हमें नहीं चाहिए। हम इन मेडल को गंगा में बहाने जा रहे हैं।

फोगाट ने मेडल प्रवाहित करने के बाद आमरण अनशन का ऐलान किया है। उन्होंने लिखा, इन मेडल के गंगा में बह जाने के बाद हमारे जीने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा, इसलिए हम अब इंडिया गेट पर आमरण अनशन पर बैठेंगे। फोगाट ने कहा, इंडिया गेट हमारे उन शहीदों की जगह है जिन्होंने देश के लिए अपनी देह त्याग दी। हम उनके जितने पवित्र तो नहीं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलते वक्त हमारी भावना भी उन सैनिकों जैसी ही थी।

***********************

 

Air India में पैसेंजर का हंगामा, क्रू मेंबर्स को पहले गालियां दीं फिर की मारपीट

नई दिल्ली 30 May, (एजेंसी): एअर इंडिया की फ्लाइट में क्रू मेंबर के साथ बदतमीजी करने की घटना सामने आई है। एअर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि हमारी फ्लाइट AI882 में 29 मई को एक यात्री ने बदतमीजी की। आरोपी यात्री ने चालक दल के सदस्यों को गालियां दी और फिर उनमें से एक पर हमला भी किया। उन्होंने कहा है कि पैसेंजर को एयरपोर्ट पर लैंड होने के बाद सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया गया था।

एअर इंडिया ने बताया कि हमने नियामक को भी घटना की सूचना दी है। इससे पहले भी अप्रैल के महीने में एक यात्री ने एअर इंडिया की फ्लाइट में क्रू मेंबर के साथ दुर्व्यवहार किया था। दरअसल, 10 अप्रैल को दिल्ली-लंदन की फ्लाइट में एक यात्री ने दो महिला केबिन क्रू सदस्यों के साथ बदसलूकी की थी। एयरलाइन ने इस घटना के बाद आरोपी व्यक्ति पर दो साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया था।

एयर इंडिया की ओर से जारी की गई जानकारी के अनुसार 29 मई को उनकी फ्लाइट AI882 एक पैसेंजर ने क्रू पर मौजूद लोगों से गलत व्यवहार किया। पैसेंजर ने पहले क्रू मेंबर्स को किसी बात पर आक्रामक होते हुए गाली-गलौच की। इसके बाद उसने क्रू पर शारीरिक हमला भी किया।

दिल्ली एयरपोर्ट पर उतने के बाद भी पैसेंजर की आक्रमकता शांत नहीं हुई जिसके बाद उसे सुरक्षा कर्मियों के हवाले कर दिया गया है। एयर इंडिया ने बताया कि उन्होंने इस घटना की जानकारी रेगुलेटर को भी दी है। हालांकि अभी तक यात्री की पहचान से संबंधित कोई जानकारी पुलिस या एयर इंडिया की ओर से नहीं दी गई है।

*****************************

 

लुधियाना कोर्ट कॉम्प्लेक्स ब्लास्ट मामले में एनआईए ने सप्लीमेंट्री चार्जशीट की दायर

नई दिल्ली 30 May, (एजेंसी)- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने लुधियाना कोर्ट परिसर बम विस्फोट मामले में खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) के पाकिस्तान स्थित प्रमुख सहित दो लोगों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर की है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 23 दिसंबर 2021 को कोर्ट परिसर बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और छह अन्य लोग घायल हो गए थे। अमृतसर के हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी मलेशिया और मोगा के लखबीर सिंह उर्फ रोडे को एनआईए ने यूएपीए के तहत चार्जशीट किया था।

एनआईए ने कहा कि लखबीर सिंह कथित तौर पर पाकिस्तान में है, जहां से उसने पूरे पंजाब में विस्फोट करने के लिए भारत में आईईडी की तस्करी की थी। वह प्रतिबंधित संगठनों खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) और इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन (आईएसएफवाई) का प्रमुख है। एनआईए ने दावा किया है कि वह इस घटना के पीछे का मास्टरमाइंड था।

अमृतसर के हैप्पी मलेशिया को दिसंबर 2022 में मलेशिया से आने पर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) से गिरफ्तार किया गया था। विशेष एनआईए कोर्ट मोहाली के समक्ष दायर चार्जशीट में, दोनों पर आईपीसी, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। एनआईए द्वारा की गई जांच से पता चला कि लुधियाना कोर्ट परिसर में विस्फोट करने वाले आईईडी को सीमा पार से रोडे द्वारा पंजाब में तस्करी करके लाया गया था। उसने हैप्पी मलेशिया समेत पाकिस्तान स्थित ड्रग तस्करों और उनके भारतीय सहयोगियों की मदद से आईईडी की तस्करी की थी।

मामला शुरू में पुलिस स्टेशन डिवीजन-5 जिला लुधियाना में दर्ज किया गया था, और बाद में एनआईए ने जांच अपने हाथ में ले ली थी।

**************************

 

कर्नाटक में प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट घायल

बेलगावी 30 May, (एजेंसी)- कर्नाटक में बेलगावी जिले में सांबरा हवाईअड्डे के समीप मंगलवार को तकनीकी खराबी के कारण एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

जिला अग्निशमन अधिकारी सहशिधर नीलगर ने संवाददाताओं को बताया कि प्रशिक्षण विमान ने सांबरा हवाईअड्डे से सुबह करीब 09:30 बजे उड़ान भरी थी और होनिहाल गांव के पास यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद ही पुलिस, बचाव कर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया।

उन्होंने बताया कि घटना में घायल पायलट को मामूली चोंटे आयी है और उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गयी है।

************************

मनीष सिसोदिया को बड़ा झटका, HC ने खारिज की जमानत याचिका

नई दिल्ली 30 May, (एजेंसी): दिल्ली उच्च न्यायालय ने राष्ट्रीय राजधानी में शराब नीति के कार्यान्वयन में भ्रष्टाचार से संबंधित आरोप के मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि मनीष सिसोदिया के खिलाफ लगे हुए आरोप काफी गंभीर हैं।

दिल्ली हाईकोर्ट ने ये फैसला कथित शराब घोटाला से जुड़े सीबीआई के केस में सुनाया है। दरअसल, आप नेता मनीष सिसोदिया ने निचली अदालत के फैसले को चुनौती दी थी जिस पर दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी याचिका को खारिज कर दिया है।

**************************

 

अमृतसर से माता वैष्णो देवी जा रही बस खाई में गिरी, 10 लोगों की दर्दनाक मौत

जम्मू 30 May, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में एक भीषण हादसा हो गया। अमृतसर से कटरा जा रही बास गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए हैं। बचाव अभियान चलाया जा रहा है। घायलों का उपचार जम्मू के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। छह लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी जबकि 4 kr मौत जीएमसी जम्मू में हुई है। मरने वालों और घायलों की अभी पहचान की जा रही है।

बताया जा रहा है कि बस संख्या UP81CT-3537 अमृतसर से वैष्णो देवी (कटरा) जा रही थी। बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे। जैसे ही बस नेशनल हाइवे 44 पर झज्जर कोटली पहुंची, बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में कम से कम 10 लोगों के मरने की खबर है। वहीं, 41 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा जम्मू जिले के कटरा से करीब 15 किलोमीटर दूर झज्जर कोटली के पास हुआ है।

सीआरपीएफ अधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि जैसे ही हमें सुबह दुर्घटना की जानकारी मिली। तुरंत हमारी टीम ने यहां पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शवों को निकाला गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस की टीम भी हमारे साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी है। सीआरपीएफ, पुलिस और अन्य टीमें भी यहां हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि बस में बिहार के लोग थे जो कटरा जा रहे थे। वे शायद कटरा का रास्ता भूल गए और यहां पहुंच गए।

***************************

 

नहीं रहे महाराष्ट्र से कांग्रेस के एकमात्र सांसद बालू धानोरकर, 4 दिन पहले हुआ था पिता का निधन

नई दिल्ली 30 May, (एजेंसी): महाराष्ट्र में चंद्रपुर जिले से इकलौते कांग्रेस के सांसद सुरेश उर्फ बालू धानोरकर की आज इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। बेहद कम उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले धानोरकर 48 साल के थे। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता अतुल लोंधे ने बताया कि उनका पिछले तीन दिनों से दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। बालू उर्फ सुरेश धनोरकर चंद्रपुर से सांसद थे। कुछ दिन पहले ही उनका किडनी स्टोन का ऑपरेशन किया गया था। इसी के बाद उनकी हालत खराब होना शुरू हो गई थी।

जानकारी के मुताबिक नागपुर में हालत गंभीर होने पर उन्हें रविवार को एयर एंबुलेंस से दिल्ली के वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया गया। दो दिन से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। वह वेंटीलेटर पर थे। मंगलवार तड़के उनका निधन हो गया। वहीं चार दिन पहले उनके पिता की मौत निधन हो गयाल। अस्पताल में भर्ती होने के कारण वो अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी नहीं जा पाए थे। उनकी पत्नी प्रतिभा धनोरकर वरोरा विधानसभा से विधायक हैं।

जानकारी के मुताबिक धानोरकर का पार्थिव शरीर दिल्ली से नागपुर होते हुए दोपहर 1:30 बजे वरोरा उनके आवास ले जाया जाएगा। दोपहर 2 बजे से 31 मई की सुबह 10 बजे तक उनके निवास में अंतिम दर्शन किए जाएंगे फिर सुबह 11 बजे वाणी-वरोरा बाईपास मार्ग स्थित मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार होगा।

धानोरकर का जन्म 4 मई 1975 को यवतमाल जिले में हुआ था। उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत शिवसेना से हुई थी। पार्टी के कई बड़े पदों पर काम करने के बाद 2009 में शिवसेना से पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ा लेकिन उनकी बहुत कम वोटों के अंतर से वह हार गए। 2014 में भद्रावती वरोरा से शिवसेना के विधायक बनए। इसके बाद 2019 में उन्होंने शिवसेना से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें चंद्रपुर वाणी आर्णी से लोकसभा का चुनाव लड़ाया। वह सांसद चुने गए। उन्होंने बीजेपी के बड़े नेता हंसराज अहीर को हराकर बड़ी जीत हासिल की थी। वह महाराष्ट्र से एकमात्र कांग्रेस सांसद थे। पार्टी में उनकी मजबूत पकड़ थी।

*****************************

 

पंजाब-हरियाणा समेत कई राज्यों में अगले 2 दिन होगी भारी बारिश, ओलावृष्टि का भी अलर्ट

नई दिल्ली 30 May, (एजेंसी): देश में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने कुछ राहत प्रदान की है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों में अगले दो दिन तक कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इन राज्यों के साथ ही जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

आईएमडी के क्षेत्रीय कार्यालय के मुताबिक, उत्तरी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में 29 और 30 मई को, पंजाब में 29 मई को और उत्तराखंड में 29 से 31 मई के दौरान कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब हो सकता है और तेज गरज के साथ मूसलाधार बारिश और ओले गिर सकते हैं। हरियाणा और दिल्ली में मंगलवार को भी कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले पांच दिनों तक लू चलने की संभावना भी नहीं है। पांच दिन बाद तापमान में दो से चार डिग्री के बीच बढ़ोतरी हो सकती है।

सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से पहले के 24 घंटे में दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के कुछ तटवर्ती इलाकों और पूर्वोत्तर के राज्यों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में 60-70 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चली।

आईएमडी ने कहा है कि जिन क्षेत्रों में आंधी और गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है, उन इलाकों में लोगों को बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी जाती है। बारिश के समय लोगों को पेड़ के नीचे भी नहीं छिपना चाहिए।

उत्तराखंड के जोशीमठ के अटलाकुड़ी में सोमवार को ग्लेशियर खिसककर हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर आ गया, जिससे सुबह करीब दो घंटे तक यात्रा बाधित रही। हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के सेवादार और एसडीआरएफ के जवानों ने बर्फ हटाई, जिसके बाद करीब 1900 तीर्थयात्रियों को हेमकुंड साहिब भेजा गया। सुबह करीब पांच बजे घांघरिया से 800 तीर्थयात्रियों का जत्था हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुआ, लेकिन चार किलोमीटर की दूरी पर अटलाकुड़ी में ग्लेशियर आने से छह बजे यात्रा रुक गई। बर्फ हटाने में करीब दो घंटे लगे तब जाकर सुबह आठ बजे यात्रा सुचारु हो पाई।

हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच सोमवार को रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला और मंडी में बादल झमाझम बरसे। कुल्लू जिला में अंधड़ के कारण पैराग्लाइडिंग और रिवर राफ्टिंग को रोकना पड़ा। सोमवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में सामान्य से आठ डिग्री तक गिरावट दर्ज हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दो जून तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला में सोमवार सुबह हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। वहीं कुछ हिस्सों में दोपहर दो बजे शहर में एकाएक मौसम बदलने के साथ अंधड़ और तेज बारिश हुई। शहर के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई। शिमला में नौ मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। इसके अलावा मंडी में 25, भुंतर में नौ, सुंदरनगर में छह, कुफरी में 11 और मशोबरा में पांच मिलीमीटर बारिश हुई है।

कुल्लू, मनाली, धर्मशाला में बूंदाबांदी हुई। जिला कांगड़ा में सोमवार शाम को हुई बारिश से गर्मी से राहत मिली है। हमीरपुर जिला में दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में 5:30 बजे के बाद गरज के साथ बारिश हुई। कई स्थानों में ओलावृष्टि भी हुई है। ऊपरी इलाकों में बारिश के चलते गेहूं, व लहसुन आदि फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 31 मई तक बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का दौर जारी रहने की संभावना है। दो जून तक के लिए यलो अलर्ट भी जारी हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने इस वर्ष हिमाचल प्रदेश में मानसून के सामान्य से कम रहने का पूर्वानुमान जताया है। दक्षिण पश्चिम मानसून से जून से सितंबर तक प्रदेश में सक्रिय रहने के आसार हैं। सीजन के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर मानसून के सामान्य से अधिक रहने की संभावनाएं भी जताई गई है।

*******************************

 

कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव के करीबियों के एक दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर ईडी का छापा

रांची 30 May, (एजेंसी): ईडी मंगलवार सुबह से झारखंड में बड़ी कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस के पोड़ैयाहाट से विधायक प्रदीप यादव के करीबियों के एक दर्जन से भी ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। इनमें से कम से कम 10 ठिकाने रांची में हैं। यह छापेमारी आयकर से जुड़े मामले में की जा रही है। इससे पहले चार नवंबर 2022 को विधायक प्रदीप यादव और बेरमो के विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह के ठिकानों पर इनकम टैक्स डिपॉर्टमेंट ने छापेमारी की थी।

प्रदीप यादव के गोड्डा स्थित आवास पर छापेमारी के दौरान कई दस्तावेज बरामद किए गये थे। इन दस्तावेजों की जांच के बाद आयकर विभाग ने केस को ईडी को रेफर कर दिया था। जब इस मामले में नये तथ्य सामने आये, तो अब फिर ईडी की टीम छापेमारी कर रही है। विधायक प्रदीप यादव के साथ ईडी की टीम बिल्डर शिवकुमार के ठिकानों पर भी पहुंची है। बताया जा रहा है कि जमीन घोटाला मामले में बिल्डर शिवकुमार की भूमिका संदिग्ध रही है।

***************************

 

 

मोदी सरकार के नौ साल : आज से शुरू हो रहा भाजपा का मेगा जनसंपर्क अभियान

नई दिल्ली 30 May, (एजेंसी): केंद्र में मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा आज से देशभर में अपना मेगा विशेष जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। भाजपा ने इस विशेष अभियान को 30 जून तक चलाने की योजना बनाई है। 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव के मद्देनजर इसे पार्टी की एक बड़ी कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। इसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सरकार के मंत्री, भाजपा के दिग्गज नेता, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री और प्रदेश, जिला और स्थानीय स्तर तक के नेता देश की सभी लोकसभा सीटों पर जाकर मतदाताओं से संवाद कर, उन्हें सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताएंगे और साथ ही पिछली सरकारों के कामकाज से मोदी सरकार के कामकाज की तुलना भी करेंगे।इस विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार, 31 मई को चुनावी राज्य राजस्थान के अजमेर में एक बड़ी रैली करने जा रहे हैं। इसके अलावा महीने भर तक चलने वाले अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री कई अन्य राज्यों में भी रैलियां कर सकते हैं। पार्टी ने इसके लिए देश की सभी लोक सभा सीटों को 117 कलस्टर में बांट दिया है। प्रत्येक कलस्टर में 3 से 5 लोकसभा सीटों को शामिल किया गया हैं। प्रत्येक कलस्टर में वरिष्ठ मंत्री , वरिष्ठ नेता और स्थानीय नेताओं की टीम को तैनात किया गया है।

इन नेताओं को ए, बी और सी तीन कटेगरी में बांटकर, कटेगरी अनुसार अपने-अपने क्लस्टर वाली लोक सभा सीटों पर जाकर जनसंपर्क करने, जनसभाएं करने और पार्टी के कार्यक्रमों की निगरानी करने का जिम्मा सौंपा गया है। ए ग्रुप में केंद्रीय मंत्री, पार्टी के राष्ट्रीय नेता और पूर्व मुख्यमंत्रियों को रखा गया है, जो उन लोक सभा क्षेत्रों से जुड़े राज्यों की बजाय दूसरे राज्यों से होते हैं। बी ग्रुप में भी कलस्टर वाले राज्य को छोड़कर दूसरे राज्य से जुड़े सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। सी ग्रुप में कलस्टर वाले राज्य के स्थानीय नेताओं को ही जगह दी गई है। हर कलस्टर में इन तीनों ग्रुप के नेताओं को शामिल कर उन्हें उनकी केटेगरी के हिसाब से अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है।

वैसे तो भाजपा देश के सभी लोक सभा क्षेत्रों में यह मेगा जनसंपर्क अभियान चलाएगी, लेकिन इसमें से पार्टी लोक सभा की लगभग चार सौ सीटों पर विशेष फोकस रखने जा रही है। अभियान के दौरान भाजपा की योजना देश के लगभग चार सौ लोक सभा क्षेत्रों को टारगेट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा समेत सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों , पार्टी के दिग्गज नेताओं और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की 51 बड़ी रैलियां आयोजित करने की है। इसके अलावा श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जून को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के 10 लाख से ज्यादा बूथों पर कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।

एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत भाजपा नेता देशभर में एक लाख विशिष्ट और प्रभावशाली परिवारों, जिनमें प्रसिद्ध खिलाड़ी, उद्योगपति, कलाकार एवं देश सेवा के दौरान शहीद हुए लोगों के परिजनों जैसे परिवार होंगे से संपर्क साध कर बातचीत करेंगे। पार्टी की योजना हर लोक सभा क्षेत्र में कम से कम 250 ऐसे परिवारों से संपर्क साधने की है, कई लोक सभा क्षेत्रों में तो यह आंकड़ा एक हजार तक भी पहुंच सकता है। इसके साथ ही पार्टी नेता देशभर में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स से भी संवाद करेंगे।

जून में एक से 22 तारीख के बीच भाजपा नेता देश के सभी लोक सभा क्षेत्रों में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे, संपर्क साधेंगे, क्षेत्र विशेष के प्रबुद्ध, प्रभावशाली और इंफ्लुएंसर्स लोगों के साथ मुलाकात करेंगे, सभाएं और सम्मेलन करेंगे। इस दौरान भाजपा अपने सभी सातों मोचरें का संयुक्त सम्मेलन करेगी। लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए इससे जुड़े सम्मेलन भी किए जाएंगे। इसके साथ ही पार्टी 20 से 30 जून के दौरान घर-घर संपर्क अभियान भी चलाएगी।

***************************

 

पटना जंक्शन को बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट मोड पर रेलवे पुलिस

पटना 30 May, (एजेंसी): बिहार की राजधानी पटना जंक्शन को सोमवार देर रात बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस सूचना के बाद प्रशासन की नींद उड़ गई जिसके बाद आनन फानन में पटना जंक्शन सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों ने फौरन स्टेशन पर खड़ी ट्रेन की जांच के साथ-साथ प्लेटफार्म की भी जांच की। खास तौर पर यात्रियों के बैग एंड बैगेज की जांच की गई।

जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात लगभग 11 बजे पटना जंक्शन को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ये धमकी RPF को फोन पर मिली जिसके बाद पटना जंक्शन ने आरपीएफ पोस्ट को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों ने पूरे पटना जंक्शन की जांच की।

वहीं इस मामले में रेल DSP हेड क्वार्टर सुशांत रेल डीएसपी लॉयन ऑर्डर JRF समेत कई अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की। यह धमकी भरा कॉल सहरसा से आया है। पुलिस ने धमकी देने वाले युवक को सहरसा से गिरफ्तार कर लिया है।

***************************

 

बस एक Missed Call: मोदी सरकार के 9 साल पूरे, नया सदस्यता अभियान शुरू करेगी BJP

नई दिल्ली 30 May, (एजेंसी): मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में बीजेपी नया सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है। मिस्ड कॉल के जरिए सदस्यता दी जाएगी। बीजेपी का नया मिस्ड कॉल नंबर 9090902024 होगी। ये नंबर जल्द ही बीजेपी आधिकारिक तौर पर लॉन्च करेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपनी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर ट्वीट किया। मोदी ने कहा कि उनका हर फैसला लोगों के जीवन को बेहतर करने की इच्छा से निर्देशित रहा।

पीएम ने कहा, “आज, जब हम देश की सेवा के नौ साल पूरे कर रहे हैं, मैं कृतज्ञता और विनम्रता से अभिभूत हूं। जो भी फैसले लिए गए, जो भी काम किए गए, यह सभी लोगों के जीवन को बेहतर करने के उद्देश्य से थे। हम आगे भी एक विकसित भारत बनाने के लिए काम करते रहेंगे।”

गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आज (30 मई) से 30 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान भी चलाएगी। 2024 के चुनावों पर नजर रखते हुए रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी और उन्हें जनता के साथ संपर्क करने के निर्देश दिए थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विशाल रैली के साथ इस संपर्क अभियान का शुभारंभ करेंगे। वहीं, 31 मई को पीएम मोदी की रैली होगी। जानकारी के मुताबिक चुनावी राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में रैली आयोजित की जा सकती है। मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर हर लोक सभा क्षेत्र में विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा। भाजपा का ये अभियान 30 मई से 30 जून यानि पूरे एक महीने तक चलेगा।

*************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version