देवभूमि में लागू होगा समान नागरिक संहिता कानून, सीएम ने किया ऐलान

नई दिल्ली 18 जून,(एजेंसी)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज एक बड़ा ऐलान किया है। सीएम धामी ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी है कि देवभूमि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता कानून को जल्द लागू करेंगे। धामी सरकार ने यूसीसी का मसौदा तैयार कर लिया है, क्योंकि उत्तराखंड सरकार ने समान नागरिक संहिता तैयार करने के लिए मार्च 2022 में एक्सपर्ट कमेटी बनाई थी। इस कमेटी द्वारा आम लोगों की प्रतिक्रिया और सुझाव मांगे गए थे जिसके कमेटी को करीब 2 लाख 31 हजार सुझाव भेजे गए।

उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता का ब्लूप्रिंट तैयार हो चुका है, जिसके अनुसार लड़कियों की शादी की आयु बढ़ाई जाएगी ताकि वह विवाह से पहले ग्रेजुएट हो सकें। इसके अलावा इस ड्राफ्ट में पति-पत्नी दोनों को तलाक के समान आधार उपलब्ध होंगे, तलाक का जो ग्राउंड पति के लिए लागू होगा, वही पत्री के लिए भी लागू होगा। फिलहाल पर्सनल लॉ के तहत पति और पत्नी के पास तलाक के अलग अलग ग्राउंड हैं। वहीं मेंटेनेंस का भी इसमें ध्यान रखा गया है कि अगर पत्नी की मौत हो जाती है और उसके माता पिता का कोई सहारा न हो, तो उनके भरण पोषण की जिम्मेदारी पति की होगी।

*******************************

 

बिजनौर में भारतीय स्टेट बैंक शाखा में लगी आग

बिजनौर 18 जून,(एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के चांदपुर इलाके में स्थित भारतीय स्टेट बैंक में रविवार की सुबह आग लग गई। जिसमे बैंक में रखे काफी दस्तावेज और कंप्यूटर जलकर राख हो गए। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, उन्हें सुबह करीब 8:30 बजे घटना के बारे में सूचना मिली। सूचना पर अग्निशमन विभाग ने 2 दमकल गाडिय़ों को सेवा में लगाया।

अधिकारी ने कहा दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

बैक शाखा प्रबंधक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग लगने से दस्तावेज और एक कंप्यूटर, काउंटर आदि जलकर राख हो गये। गनीमत यह रही कि आग स्ट्रांग रूम तक नहीं पहुंची नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था। आग बुझने के पश्चात बैंक के मुख्य द्वार को बंद करा दिया गया, जिसे बैंक के उच्चाधिकारियों के आने पर ही खोला जाएगा।

प्रबंधक ने बताया कि बैंक में आग लगने से लगभग दो दिन तक कार्य प्रभावित हो सकता है।

****************************

 

उदयपुर के गोगुंदा में जमकर बरसा पानी, कई बच्चे परीक्षा से वंचित

उदयपुर 18 जून,(एजेंसी)। बिपरजॉय तूफान के असर के चलते तेज हवा तथा बारिश का दौर रविवार को भी दिन भर जारी रहा। सर्वाधिक बारिश आठ इंच बारिश जिले के गोगुंदा क्षेत्र में बरसी। गोगुंदा-ओगणा मार्ग पर वाकल नदी पूरे उफान पर बह रही है। इसके साथ ही उदयपुर-पिंडवाड़ा हाइवे पर और ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ व बिजली के पोल गिरे हैं।

भारी बारिश के चलते नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की तरफ से रविवार को उदयपुर में आयोजित श्रेष्ठ-नेट्स एंट्रेस टेस्ट देने आ रहे कई बच्चे परीक्षा से वंचित रह गए।

उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश हो रही है। वहां पर पिछले 24 घंटे में 8 इंच पानी गिर चुका है और अब तक दो दिनों में 10 इंच बारिश हो चुकी है। इसके चलते वाकल नदी तथा क्षेत्रीय नाले उफान पर है।

देसूरी की नाल पर रास्ता पर अवरूद्ध

उदयपुर के देसूरी की नाल रोड पर भी रास्ता अवरुद्ध होने से वाहनों की आवाजाही बंद है। ऐसे में पाली सहित आसपास जिलों से जो बच्चे एग्जाम देने उदयपुर आ रहे थे, उनकी बस को भी देसूरी की नाल से पहले ही रोक लिया गया। सभी वाहनों को उदयपुर पहुंचने से पहले वापस भेजा जा रहा है। बता दें, श्रेष्ठ नेट्स कक्षा 9 और 11 में प्रवेश के लिए एक नेशनल लेवल का एंट्रेस टेस्ट है। अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित छात्र जिनके माता-पिता की वार्षिक आय 2.5 लाख से कम है, वे बच्चे इस एग्जाम को देने पहुंचने वाले थे।

परेशान छात्रों ने इस एग्जाम को रद्द करने या फिर वंचित छात्रों को अवसर देने की मांग उठाई है। उदयपुर शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार सुबह से दोपहर तक बारिश का दौर जारी है। पिछोला झील में तेज हवा से एक जेटी पानी में लटक गई।

*****************************

 

स्वदेशी तकनीक से निर्मित तपस यूएवी ने भरी उड़ान

नई दिल्ली 18 जून,(एजेंसी)। तपस यूएवी ने भारतीय नौसैनिक अड्डे से उड़ान भरने के बाद सफलतापूर्वक एवं सुरक्षित वापसी की है। स्वदेशी तकनीक से निर्मित तपस यूएवी का निर्माण डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन यानी डीआरडीओ ने किया है। इस वर्ष बेंगलुरु में हुए एयरो इंडिया शो के दौरान भी तपस यूएवी ड्रोन का प्रदर्शन किया गया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस ड्रोन की प्रशंसा की थी। रविवार को दी गई एक जानकारी में डीआरडीओ ने बताया कि भारतीय नौसेना के साथ मिलकर आईएनएस सुभद्रा पर एक दूरस्थ ग्राउंड स्टेशन से तपस यूएवी की कमांड और कंट्रोल क्षमताओं को स्थानांतरित करने का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया है।

तपस यूएवी का यह प्रदर्शन ऐसे समय में किया गया है जब रक्षा मंत्रालय ने अमेरिका से 31 हाई एल्टीट्यूड लॉन्ग एंड्यूरेंस प्रीडेटर ड्रोन की खरीद को स्वीकृति दे दी है।

डीआरडीओ ने संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि तपस ने 07.35 बजे एरोनॉटिकल टेस्ट रेंज (एटीआर), चित्रदुर्ग से उड़ान भरी, जो कारवार नौसैनिक अड्डे से 285 किमी दूर है। भारतीय तकनीक पर आधारित इस यूएवी को नियंत्रित करने के लिए आईएनएस सुभद्रा में एक ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन (जीसीएस) और दो शिप डेटा टर्मिनल (एसडीटी) स्थापित किए गए थे। परीक्षण के बाद तपस सटीकता के साथ एटीआर में वापस उतरा।

बेहतरीन भारतीय टेक्नोलॉजी पर आधारित तपस, मेल श्रेणी का ड्रोन है। भारत ड्रोन विकसित कर रहा है, इसका एक बड़ा उद्देश्य यह है कि किसी भी संघर्ष की स्थिति में विरोधी को पछाडऩे के लिए भारत घरेलू स्तर पर बनाए गए ड्रोन चाहता है।

इस वर्ष के एयरो इंडिया शो के दौरान तपस ड्रोन का प्रदर्शन किया गया था। तपस का पूरा नाम टेक्टिकल एयरबॉर्न प्लेटफॉर्म फॉर एरियल सर्विलांस है। तपस ड्रोन केवल सीमाओं पर निगरानी रखने ही नहीं, बल्कि दुश्मनों पर हमला करने के लिए भी इस्तेमाल में लाया जा सकता है। तपस ड्रोन की खूबियों की बात करें, तो यह 28 हजार फीट की ऊंचाई पर 18 घंटे से ज्यादा की उड़ान भर सकता है। तपस एक मीडियम एल्टीट्यूट लॉन्ग-इंड्यूरेंस ड्रोन है। तपस अपने आप ही टेकऑफ और लैंड करने की क्षमता रखने वाला ड्रोन है।

********************************

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन शानदार रहेगा। सामाजिक कार्यों में आपकी रूचि बढ़ेगी। धार्मिक आस्था लाभकारी होगी। व्यापार में साझेदारी से लाभ होगा। आप चीजों को बेहतर ढंग से समझने की कोशिश करेंगे। आज पूरा दिन उत्साह भरा रहेगा। परिवार का पूरा सहयोग मिलेगा जिससे रिश्तों में मजबूती आएगी। संतान की ओर से कोई बड़ी खुशखबरी मिलने के योग बन रहे हैं। शाम तक दोस्तों के साथ समय बिताकर या बात करके आपको आनंद की अनुभूति होगी। आज रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आपका दिन उत्तम रहेगा। मेहनत के बेहतर परिणाम मिलेंगे। पर्यटन से जुड़े लोगों को धन लाभ होने का योग है। आप खुद को ऊर्जावान महसूस करेंगे। प्रेमी के साथ रिश्ते मधुर होंगे। खुद को किसी रचनात्मक काम में लगाएंगे। आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। काम से अधिकारी वर्ग खुश होंगे। आपकी सलाह किसी जरूरतमंद के लिए कारगर साबित होगी। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। लंबे समय से रुके कार्य पूरे होंगे।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। एकाग्रता से किया गया काम सफल होगा। प्रेमीजन के लिए दिन बढिय़ा है। साथी से कोई उपहार मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों को कार्यों में अधिकारियों से मदद मिलेगी। कोई नया काम शुरू करने का प्लान बनाएंगे जो भविष्य में आपके लिए काफी फलदाई होगा। छोटे उद्योग वाले लोगों को अच्छा मुनाफा हो सकता है। सेहत अच्छी बनी रहेगी।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन ठीक-ठाक रहेगा। पैसों के मामले में लोगों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा ना करें। किसी को उधार देने से पहले सोच-विचार करना बेहतर रहेगा। कोई रुका हुआ काम पूरा होगा जिससे आप राहत महसूस करेंगे। धार्मिक कार्यो में रूचि बढेगी। खर्चों पर थोड़ा लगाम लगा कर रखें। कुछ आदतों में बदलाव करने की जरूरत है। जीवनसाथी के साथ किसी धार्मिक स्थल पर जाएंगे। यात्रा करते समय सामान का खास ख्याल रखें। सुख- सौभाग्य में बढ़ोतरी होगी।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन बेहतर रहेगा। पहले से चली आ रही समस्याओं का समाधान निकलेगा जिससे आपका मन प्रसन्न होगा। आप सबकी नजरों में अच्छे बने रहेंगे। परिवार में धार्मिक अनुष्ठान करने की योजना बनाएंगे। रिश्तों के मामले में भाग्यशाली रहेंगे। व्यवहार में कुछ अच्छे बदलाव होंगे। जरूरतमंद लोगों की मदद करने का मौका मिलेगा जिससे समाज में आपका मान- सम्मान बढ़ेगा। करोबार में आ रही सारी परेशानियां दूर होंगी।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। कारोबार को बढ़ाने के लिए आपको नए अवसर मिलेंगे। उधार दिया हुआ पैसा वापस मिलेगा। जीवन साथी के साथ डिनर करने पर रिश्तों में पॉजिटिविटी आएगी। व्यापार में बढ़ोतरी होगी। कोई अनजान व्यक्ति आपको अच्छा मुनाफा करवाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। सफलता बस कुछ ही कदम दूर है। माता आज आपका मनपसंद का खाना बनाएंगी जिससे आपको खुशी होगी।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। आपका ध्यान पहले से रुके हुए कार्यों को पूरा करने में लगेगा। ऑफिस में किसी काम को लेकर सहकर्मियों से विचार-विमर्श करेंगे। इस राशि के छात्रों को दोस्तों के साथ मेल-जोल बढ़ेगा। कुछ लोग आपको पीछे रखने की भावना रखेंगे इसलिए कोई भी फैसला सोच समझकर लें और आगे बढें। पहले से चल रही किसी लोन की ई एम आई समाप्त होगी जिससे आप राहत महसूस करेंगे। व्यापार में बड़ा धन लाभ होने के योग बन रहे हैं।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन बढिय़ा रहेगा। आप जो भी काम शुरू करेंगे उसे कम समय पर पूरा कर लेंगे। आपकी कल्पना शक्ति लक्ष्य प्राप्ति में सहायता करेग। मानवीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया गया कार्य आपके लिए फायदेमंद रहेगा। लेन-देन के लिए दिन अच्छा है। जीवन साथी की उपलब्धियों की सराहना करने से आपके दाम्पत्य जीवन में मधुरता आएगी। विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई में सफलता मिलेगी। जीवन में लोगों का सहयोग बना रहेगा। आज सब कुछ आपके मन मुताबिक होगा।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। कामकाज से जुड़ी कोई अच्छी खबर मिलेगी। आपके सोचे हुए कार्य पूरे होंगे। किसी समारोह में आपकी ऐसे व्यक्ति से मुलाकात होगी जो आपके लिए बहुत खास साबित होगा। इस राशि के लोगों को कारोबार बढ़ाने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति से बेहतर सुझाव मिलेंगे। ऑफिस में साथ काम करने वाले मददगार रहेंगे। जीवन में दूसरे लोगों का सहयोग मिलता रहेगा। दाम्पत्य जीवन में मधुरता बढ़ेगी। बच्चों की सफलता से मन प्रसन्न रहेगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन पहले की अपेक्षा अच्छा रहेगा। घर पर ही परिवार वालों के साथ डिनर का आनंद लेंगे। जीवनसाथी के साथ किसी विषय पर लंबी बातचीत होगी। साथ ही किसी कार्य की योजना भी बनाएंगे। इस राशि के जो लोग अविवाहित हैं उन्हें विवाह का प्रस्ताव मिल सकता है। प्रेमीजन अपने साथी के बारे में घर पर बता सकते हैं। छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा के बेहतर परिणाम हासिल होंगे। दवा व्यापारियों को रोज की अपेक्षा ज्यादा लाभ होगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। कारोबारियों को लाभ होगा। छात्रों के लिए दिन बढिय़ा है। करियर में कोई बड़ी सफलता हासिल होगी। किसी जरूरी काम को पूरा करने की सोच रहे हैं तो वो पूरा हो जाएगा। इस राशि के विवाहितों के लिए दिन अच्छा है। किस्मत का पूरा सहयोग मिलेगा। अपना काम छोड़कर दूसरों की मदद करने का आपके मन में भाव आएगा। सभी समस्याएं दूर होंगी।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। मन में किसी बात को लेकर उत्साह बना रहेगा। इस राशि के जो लोग अविवाहित हैं उनकी किस्मत चमक सकती है। किसी कार्य में कुछ लोग आपकी मदद करने में आनाकानी करेंगे। अपने आत्मविश्वास और बढ़े हुए मनोबल से कार्यों को पूरा करने से सफल होंगे। दिनभर की व्यस्तता के कारण आप थकान महसूस करेंगे।

**********************************

 

आदिपुरुष की टीम के खिलाफ FIR दर्ज, हिंदू भावनाओं का जानबूझकर अपमान करने का आरोप

लखनऊ 18 June (एजेंसी): अखिल भारतीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने फिल्म ‘आदिपुरुष’ के निर्माताओं और स्टार कास्ट के खिलाफ हजरतगंज पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई।

अपनी शिकायत में, चतुर्वेदी ने कहा कि फिल्म हिंदू देवताओं की छवियों को आपत्तिजनक डायलॉग्स, वेशभूषा के साथ विकृत कर हिंदू भावनाओं का अपमान करने का जानबूझकर किया गया प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म निर्माताओं में दूसरे धर्मो से संबंधित फिल्म बनाने का साहस ही नहीं है।

*****************************

 

महान सिख गुरुओं ने न केवल पंजाब बल्कि देश भर में हमें देशभक्ति, समानता और सद्भाव का पाठ सिखाया : अमित शाह

गुरदासपुर 18 June (एजेंसी): गुरदासपुर की दाना अनाज मंडी में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा की ओर से एक रैली का आयोजन किया गया। जिसमें लोगों को मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के लिए देश के गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे। अमित शाह हेलीकाप्टर के माध्यम से रैली स्थल पर पहुंचे। जहां पर भाजपा सीनियर नेताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। उधर रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।

गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि गुरदासपुर की भूमि डेरा बाबा नानक की भूमि सहित कई पवित्र स्थानों की भूमि है। वहां से भूमि को नमन करते है। उन्होंने कहा कि महान सिख गुरुओं ने न केवल पंजाब बल्कि देश भर में हमें देशभक्ति, समानता और सद्भाव का पाठ सिखाया है। इसी पर चलते पंजाब ने आजादी के पहले और आजादी के बाद जब कभी भी देश पर संकट आया, पंजाब ने पूरे देश की रक्षा करने का काम किया है। यहां से घर घर से बच्चा जाकर देश की सीमाओं की रक्षा करी। पंजाब एक मात्र राज्य है यहां हमारे तिरंगे के तीनों रंग यहां पर देखने को मिलते है। शहीदों की बलिदान की भावना में केसरिया रंग में देखने को मिलता है। गुरुओं के शांति के सद्भाव संदेश में सफेद कलर दिखाई पड़ता है और अनदाता किसान जब देश के गोदामों को भर देता है, उसमें भी हरा हरा देखने का मिलता है। अत्याचार मुगलों या फिर अंग्रेजों ने किया है, देश के लोगों ने इसका डटकर सामना किया है। अपनी जान की चिंता किए बगैर ही पंजाबियों ने देश की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि आज जब वह यहां आए तो मोदी सरकार के नौ साल समाप्त हुए है। इस मौके पर जनता की धन्यवाद करने के लिए यहां आया है।

उन्होंने कहा कि पिछले नौ साल में मोदी सरकार ने बेमिसाल काम किए है। उन्होंने कहा कि आज भारत की पहचान एक ताकतवर देश के रुप में पहचान होती है। मोदी सरकार ने गरीब कल्याण योजना के तहत करोड़ो लोगों को एक आशा भरा जीवन देने का काम किया है। गरीब लोगों को घर मिले, घर में शौचालय मिले, घर में बिजली मिली, नल से पानी मिले, पांच लाख तक की दवाईयां पूरी पूरी नरेंद्र मोदी सरकार ने दी है। इस मौके पर भाजपा के सीनियर नेताओं ने अपने भाषण के जरिए मोदी सरकार के नौ साल पर अपने विचार सांझे किए। इस मौके पर इस मौके पर पंजाब प्रधान अश्वनी शर्मा, सीनियर नेता सुनील जाखड़, फतेहजंग सिंह बाजवा आदि उपस्थित थे।

*****************************

 

उत्तराखंड में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून 18 June (एजेंसी): उत्तराखंड के पहाड़ से मैदानी क्षेत्र में रविवार एवं सोमवार दो दिन तेज वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और कहीं-कहीं 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम बदलने के बाद प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत प्रदेशभर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में मानसून ने अभी दस्तक तो नहीं दी, लेकिन प्री- मानसून और गुजरात पहुंचने के बाद बिपोरजॉय का असर उत्तर भारत के राज्यों में दिखाई दे सकता है। उत्तराखंड के पहाड़ से मैदानी क्षेत्र में रविवार एवं सोमवार दो दिन तेज वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और कहीं-कहीं 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उधमसिंह नगर का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नई टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 28.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी के निचले क्षेत्रों में गर्मी ने तेज धूप से दिनभर बेहाल किया।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि रविवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्र वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और कहीं-कहीं 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए रविवार सोमवार को ऑरेंज अलर्ट व इसके बाद तीन दिन तक यलो अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवाती तूफान विपरजॉय का अप्रत्यक्ष असर उत्तराखंड में भी दिख सकता है। चक्रवाती तूफान गुजरात के तटीय क्षेत्रों में टकराकर आगे बढ़ गया है।

******************************

 

परीक्षा का रिजल्ट जारी: महिला व पुरुष टॉपर हैदराबाद जोन से, प्रभव बने दिल्ली जोन के टॉपर

नई दिल्ली 18 June (एजेंसी): देशभर के आईआईटी संस्थानों में दाखिले के लिए जेईई एडवांस परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। आईआईटी गुवाहाटी द्वारा जारी किए गए जेईई एडवांस्ड 2023 के नतीजों के मुताबिक वविला चिदविलास रेड्डी ऑल इंडिया टॉपर बने हैं। वहीं नेयकांती नागा भव्या श्री जेईई एडवांस की महिला टॉपर घोषित की गई हैं। वहीं आईआईटी दिल्ली जोन की बात करें तो प्रभव खंडेलवाल दिल्ली जोन के टॉपर हैं, उनकी ऑल इंडिया रैंकिंग 6 है। इस बार की परीक्षाओं में हैदराबाद जोन का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। टॉप 10 में से 6 छात्र हैदराबाद जोन से हैं।

जेईई एडवांस की इस परीक्षा में करीब 1 लाख 80 हजार छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे जिनमें से 43,773 ने क्वालीफाई की है। कुल 36,264 छात्रों और 7509 छात्राओं ने यह परीक्षा क्वालीफाई की है। इस बार परीक्षाओं में हैदराबाद जोन से सबसे अधिक छात्र चुने गए हैं। यहां से कुल 10432 छात्र इस परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं।

आईआईटी गुवाहाटी के मुताबिक जेईई एडवांस के ऑल इंडिया टॉप 10 छात्रों में पहले स्थान पर आईआईटी हैदराबाद जोन के वविला चिदविलास रेड्डी हैं। रेड्डी ने जेईई एडवांस्ड में 360 में से 341 अंक हासिल कर इस परीक्षा में टॉप किया है। दूसरे स्थान पर रमेश सूर्य थेजा हैं, वह भी आईआईटी हैदराबाद जोन से हैं। ऑल इंडिया टॉपर की लिस्ट में तीसरे स्थान पर ऋषि कालरा, चौथे स्थान पर राघव गोयल हैं, यह दोनों ही छात्र आईआईटी रुड़की जोन के हैं। पांचवें स्थान पर आईआईटी हैदराबाद जोन के अड्डगडा वेंकट शिवराम हैं।

जारी किए गए नतीजों के मुताबिक, ऑल इंडिया टॉप 10 में छठा स्थान आईआईटी दिल्ली जोन के छात्र प्रभव खंडेलवाल ने हासिल किया है। सातवें स्थान पर आईआईटी हैदराबाद जॉन के छात्र बिकीना अभिनव चौधरी हैं। इस सूची में सातवें स्थान पर आईआईटी दिल्ली जोन के छात्र मलय केडिया हैं। नौवें स्थान पर नागिरेड्डी बालाजी रेड्डी और 10वें स्थान पर यक्कंती पाणी वेंकट मानेधर रेड्डी हैं। ये दोनों छात्र भी आईआईटी हैदराबाद जोन से हैं।

आईआईटी गुवाहाटी ने बताया कि परीक्षा में शामिल छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। इसके साथ ही आईआईटी गुवाहाटी ने आधिकारिक रिजल्ट जारी करते हुए बताया कि इस वर्ष लगभग 1,95,000 छात्रों ने जेईई एडवांस की प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। संस्थान के मुताबिक परीक्षा में दोनों पेपरों के लिए 1,80,372 उम्मीदवार ही उपस्थित हुए थे।

जारी किए गए परीक्षा परिणाम के मुताबिक आईआईटी हैदराबाद जोन से कुल 10,432 छात्र इस परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं दिल्ली जोन की बात करें तो आईआईटी दिल्ली जोन से 9290, आईआईटी बॉम्बे जोन से 7957, आईआईटी खड़गपुर जोन से 4618, आईआईटी कानपुर जोन से 4582, आईआईटी रुड़की से 4499 और आईआईटी गुवाहाटी जोन से 2395 छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में पास हुए हैं।

इनके अलावा जेईई एडवांस्ड 2023 परीक्षा के लिए कुल 125 विदेशी उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 108 उपस्थित हुए और 13 ने परीक्षा उत्तीर्ण की है।

खास बात यह है जेईई एडवांस्ड 2023 परीक्षा की महिला टॉपर भी हैदराबाद जोन से हैं। हैदराबाद जोन से आने वाली नयकांती नागा भाव्या श्री ने जेईई एडवांस में 298 अंक का स्कोर अर्जित किया है। उन्हें इस वर्ष जेईई एडवांस परीक्षा में महिला टॉपर घोषित किया गया है। आईआईटी गुवाहाटी ने जेईई एडवांस्ड 2023 परीक्षा की फाइनल आंसर की भी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। उम्मीदवार इसे भी चेक कर सकते हैं।

*****************************

 

भारतीय सर्जन रघु राम को मानद फैलोशिप देगा अमेरिकन सर्जिकल एसोसिएशन

हैदराबाद 18 June (एजेंसी): प्रख्यात स्तन कैंसर सर्जन डॉ. रघु राम पिल्लेरिसेटी को अमेरिकन सर्जिकल एसोसिएशन (एएसए) की मानद फैलोशिप से सम्मानित किया जाएगा। डॉ. रघु राम केआईएमएस में उषालक्ष्मी सेंटर फॉर ब्रेस्ट डिजीज, हैदराबाद के संस्थापक निदेशक हैं।

यह एएसए द्वारा किसी विदेशी सर्जन को दी जाने वाली सर्वोच्च मान्यता है। डॉ. रघु राम को अप्रैल 2024 में वॉशिंगटन में आयोजित होने वाली एएसए के 144वें वार्षिक सम्मेलन के दौरान यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

एएसए की स्थापना 1880 में हुई थी। यह अमेरिका का सबसे पुराना और सबसे प्रतिष्ठित सर्जिकल संगठन है। इसके सदस्यों में देश के प्रमुख शैक्षणिक चिकित्सा संस्थानों के सबसे प्रमुख सर्जन शामिल हैं, जिनमें से कई इन संस्थानों में सर्जरी विभागों के अध्यक्ष हैं।

डॉ. रघु राम को संबोधित एक पत्र में एएसए की सचिव और स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में सर्जरी विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर मैरी हॉन ने कहा, मुझे आपको यह सूचित करने में बहुत खुशी हो रही है कि अमेरिकन सर्जिकल एसोसिएशन (एएसए) की परिषद ने मानद फैलोशिप के लिए आपको चुनने के लिए सर्वसम्मति से मतदान किया है। यह सर्वोच्च मान्यता है जो एएसए किसी विदेशी सर्जिकल सहयोगी को प्रदान कर सकता है। वर्तमान में, दुनिया भर से 99 मानद फैलो हैं। एएसए के अध्यक्ष डॉ. स्टीवन सी स्टेन मेरे तथा अन्य सदस्यों के साथ आपको बधाई देते हैं।

पद्म श्री और डॉ. बीसी रॉय राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डॉ. रघु राम पिल्लरीसेट्टी को कम उम्र में कई विश्व प्रसिद्ध सर्जिकल संगठनों से मानद फैलोशिप से सम्मानित किया गया है। इनमें इंग्लैंड के रॉयल कॉलेज ऑफ सर्जन्स से एफआरसीएस (2022), द एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ ग्रेट ब्रिटेन एंड आयरलैंड से मानद फैलोशिप (2021), कॉलेज ऑफ सर्जन्स ऑफ श्रीलंका से मानद फैलोशिप (2020), चाइनीज कॉलेज ऑफ सर्जन्स से मानद फैलोशिप (2020) और थाईलैंड के रॉयल कॉलेज ऑफ सर्जन्स से एफआरसीएस (2019) शामिल हैं।

डॉ. रघु राम ने पिछले 17 वर्षों में अभिनव उपायों की एक श्रंखला के माध्यम से भारत में स्तन कैंसर की देखभाल में क्रांति ला दी। उन्होंने दक्षिण एशिया का पहला व्यापक स्तन स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया और राष्ट्रव्यापी बीमारी के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक धर्मार्थ फाउंडेशन की स्थापना की। उन्होंने दक्षिण भारतीय राज्यों तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा जनसंख्या-आधारित स्क्रीनिंग कार्यक्रम लागू किया – यह कार्यक्रम वर्तमान में पूरे देश में चलाया जा रहा है।

उन्होंने एसोसिएशन ऑफ ब्रेस्ट सर्जन्स ऑफ इंडिया के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो दक्षिण एशिया का पहला और एकमात्र संगठन है जो भारत में ब्रेस्ट सर्जनों का प्रतिनिधित्व करता है।

****************************

 

बिहार में लू से अब तक 27 लोगों की मौत

पटना 18 June (एजेंसी)  । बिहार में प्रचंड लू के कारण कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई है, जबकि अधिकांश स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। एक अधिकारी ने  यह जानकारी दी। लू के कारण भोजपुर जिले में छह, रोहतास, बांका और अरवल में चार-चार, औरंगाबाद में तीन, नालंदा, जमुई, जहानाबाद, भागलपुर, गया और पटना में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शेखपुरा 45.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक लू का प्रकोप जारी रहने का अनुमान जताया है।

शनिवार को सासाराम रेलवे स्टेशन पर लू लगने से दो लोगों की मौत हो गई।

प्लेटफार्म नंबर 7 पर ट्रेन का इंतजार कर रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य यात्री की रेलवे स्टेशन के प्रवेशद्वार पर मौत हो गई।

इस बीच पटना के जिलाधिकारी ने 24 जून तक 12वीं तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का निर्देश दिया है।

****************************

 

जन-भावना के सम्मान में मनोज मुन्तशिर और ‘आदिपुरुष’ के निर्माता-निर्देशक ने दिया डॉयलॉग्स बदलने का आश्वासन..!  

18.06.2023  –  साउथ स्टार प्रभास, कृति सेनन, सैफ अली खान और सनी सिंह के अभिनय से सजी फिल्म रिलीज के बाद से ही फिल्म में शामिल संवादों को एकर विवादों में घिर गई है लेकिन बॉक्सऑफिस की खिड़की पर इसका जलवा बरकरार है। ‘आदिपुरुष’ को दुनिया भर में शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और  हर उम्र के दर्शकों का दिल जीत रहा है।

इस फिल्म को एक यादगार सिनेमाई अनुभव बनाते हुए टीम ने जनता और दर्शकों के इनपुट को महत्व देते हुए फिल्म के संवादों में बदलाव करने का फैसला किया। निर्मातागण इस फिल्म में शामिल कुछ संवादों पर फिर से विचार कर रहे हैं, यह सुनिश्चित करते हुए कि यह फिल्म के मूल सार के साथ प्रतिध्वनित हो और जो अगले कुछ दिनों में सिनेमाघरों में दिखाया जायेगा।

यह निर्णय इस बात का प्रमाण है कि बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कलेक्शन के बावजूद, टीम प्रतिबद्ध है और कुछ भी उनके दर्शकों की भावनाओं और बड़े पैमाने पर सद्भाव से परे नहीं है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************************

 

फिल्म आदिपुरुष को तुरंत बैन किया जाए, हिंदू धर्म का मजाक उड़ाया गया हैः अरोड़ा

चंडीगढ़ 18 June (एजेंसी) । हिंदू पर्व महासभा के अध्यक्ष बीपी अरोड़ा ने आरोप लगाया है कि फिल्म आदिपुरुष में भगवान श्रीराम, माता सीता, रावण, हनुमान जी और लक्ष्मण को बहुत गलत तरीके से दिखाया गया है। यह हिंदू धर्म का मजाक है। फिल्म के अंदर जिस तरह भगवान श्रीराम, माता सीता, रावण, हनुमान जी और लक्ष्मण को फिल्माया गया है। वह रामायण और अन्य संबंधित धर्म शास्त्रों के अनुरूप नहीं है।

इससे पहले हिंदू पर्व महासभा की अध्यक्ष बीपी अरोड़ा की अध्यक्षता में शनिवार को श्री सनातन धर्म मंदिर सेक्टर 37 सी में बैठक हुई। इसमें सभी मंदिरों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इसकी जानकारी बीपी अरोड़ा ने दी। इस बैठक में कमलेश चंद्र सूरी ने सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया।

अरोड़ा ने यहां जारी एक बयान में कहा कि फिल्म आदिपुरुष में भगवान श्रीराम के रूप में अभिनेता प्रभास, रावण के रूप में अभिनेता सैफ अली खान, माता सीता के रूप में कृति सेनन, निर्देशक ओम राऊत ने फिल्म मे हिंदू समाज के भावनाओं पर हमला किया है। इनकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। फिल्म के प्रदर्शन को तुरंत बैन कर देना चाहिए।

कमलेश चंद्र सूरी, महासचिव हिंदू पर्व महासभा ने फिल्म सेंसर बोर्ड को लेकर सवाल करते हुए आरोप लगाया कि फिल्म सेंसर बोर्ड अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर रहा और बड़े गैर जिम्मेदाराना तरीके से काम कर रहा है और सरकार को उसे बंद कर देना चाहिए।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने फिल्म आदिपुरुष की कड़ी आलोचना की एवं सर्वसम्मति से फिल्म के प्रदर्शन का पुरजोर विरोध किया। इस फिल्म पर तुरंत रोक लगा देनी चाहिए। इसमें हिंदू पर्व महासभा के सदस्य रमेश मल्होत्रा, एलसी बजाज, कर्नल धर्मवीर, रामधन अग्रवाल, अजय कौशिक, वाई के सरना, अरुणेश अग्रवाल, जे एल गुप्ता, मोहनलाल गौड, लक्ष्मी नारायण सिंगला, एल सी बजाज, पदम राय, सुभाष गोयल, राजेंद्र गुप्ता, अनुज कुमार सहगल, प्रेम शमी, पंकज गुप्ता व सभी मंदिरों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

********************************

 

भाई को हमलावरों से बचाने के दौरान गोली लगने से घायल बहनों की मौत

नई दिल्ली 18 June (एजेंसी) । भाई को बचाने की कोशिश के दौरान हथियारबंद हमलावरों ने जिन दो बहनों को गोली मार दी थी, उनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। दक्षिण पश्चिम दिल्ली के आर.के. पुरम इलाके में रविवार तड़के पिंकी (30) और ज्योति (29) को गोली लगने के बाद सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्हें सुबह करीब 4:30 बजे एक पीसीआर कॉल मिली। फोन करने वाले ने पुलिस को सूचित किया कि उसकी दो बहनों को अंबेडकर बस्ती, आर.के. पुरम में गोली मार दी गई है।

अधिकारी ने कहा कि कॉल मिलने के तुरंत बाद, उन्होंने घटनार स्थल पर एक टीम भेजी।

पुलिस ने कहा, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि भाई और हमलावरों के बीच आर्थिक विवाद था।

अधिकारी ने उल्लेख किया कि शुरू में इस संबंध में आर्म्स एक्ट की धाराओं के साथ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। बाद में उन्होंने मामले में आईपीसी की धारा 302 (हत्या) जोड़ी।

हत्या के बाद केजरीवाल का केंद्र पर हमला

दिल्ली के आरके पुरम थाना क्षेत्र के अंबेडकर बस्ती इलाके में दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए केंद्र पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में कानून और व्यवस्था उपराज्यपाल (एलजी) के बजाय आप (आम आदमी पार्टी) की सरकार के अधीन होती, तो दिल्ली सबसे सुरक्षित जगह होती।

केजरीवाल ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधारने के बजाय वे पूरी दिल्ली पर कब्जा करने की कोशिश में लगे हैं।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, दोनों महिलाओं के परिवारों के साथ हमारी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। दिल्ली के लोग अपने आप को बहुत असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। जिन लोगों को दिल्ली की कानून व्यवस्था संभालनी है, वो कानून व्यवस्था ठीक करने के बजाय पूरी दिल्ली सरकार पर कब्जा करने का षड्यंत्र कर रहे हैं। आज अगर दिल्ली की कानून व्यवस्था एलजी की बजाय ‘आप’ सरकार के अधीन होती तो दिल्ली सबसे सुरक्षित होती।

पीड़िता पिंकी (30) और ज्योति (29) को दक्षिण पश्चिम दिल्ली के आर.के. पुरम में अपने भाई को सशस्त्र हमलावरों से बचाने की कोशिश करते हुए गोली मार दी गई। उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने कहा कि हमलावर पैसों से संबंधित विवाद को लेकर उनके भाई पर हमला करने आए थे। पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत हत्या की एफआईआर दर्ज की है।

*****************************

 

बिपरजॉय के चलते राजस्थान में भारी बारिश, कुछ जिलों में बाढ़ जैसे हालात

जयपुर 18 June (एजेंसी) । गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के प्रभाव से पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश हो रही है, ऐसे में राजस्थान के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि जालोर जिले के सांचौर में सुरवा बांध के शनिवार रात टूटने के बाद कई इलाके जलमग्न हो गए हैं, जिससे नर्मदा नदी का जल स्तर बढ़ गया है।

जालोर के जिला कलेक्टर निशांत जैन ने आईएएनएस से बात करते हुए पुष्टि की कि सुरवा बांध में एक छोटी सी दरार है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।

बाड़मेर और सिरोही में पिछले 36 घंटे से हो रही बारिश से शहरों में पानी का सैलाब उमड़ता नजर आया। जालोर, सिरोही और बाड़मेर में रविवार सुबह भी बारिश का सिलसिला जारी रहा।

जालौर के अलावा सिरोही और बाड़मेर में बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। यहां कई इलाकों में बाढ़ आ गई, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने लोगों का रेस्क्यू किया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राजस्थान के जोधपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।

जोधपुर में शनिवार रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। यहां की कई प्रमुख सड़कों पर 2 से 3 फीट पानी भर गया है।

कई निचली बस्तियों में जल-जमाव हो गया है, लेकिन अभी तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। जोधपुर के महामंदिर रोड, परकोटा सिटी रोड और सोजतीगेट रोड पर कई फीट पानी जमा है।

माउंट आबू में पिछले 36 घंटों से रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई। यहां अब तक 335 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो सबसे ज्यादा है।

इसी तरह, जालौर के रानीवाड़ा में 245 मिमी, उसके बाद चितलवाना में 239 मिमी और बाड़मेर के चौहटन में 249 मिमी बारिश दर्ज की गई। इन जगहों के अलावा जालौर के सांचौर, जसवंतपुरा, बाड़मेर के सेड़वा, धनाऊ, धौरीमाणा में भी 4 से 6 इंच बारिश हुई है।

***************************

 

तेज गति से कार दुकान में घुसी, एक लड़की गंभीर रूप से घायल

भरतपुर 18 June (एजेंसी) । भरतपुर शहर के सेवर थाना क्षेत्र के सेवर कस्बे में सुबह भरे बाजार में एक कार स्पीड से जा रही थी तभी दुकान में जा घुसी जहां पर उसकी चपेट में एक लड़की आ गई जिससे गंभीर चोट आई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद दुकानदारों और कार चालक के बीच झड़प हुई लेकिन कार चालक भाग गया।

घटना रविवार सुबह 7:50 की है सेवर कस्बे में बाजार में स्थित दशरथ प्रसाद मुरारीलाल किराना मर्चेंट की दुकान पर व्यापारी दुकान को खोल रहा था और कुछ ग्राहक सामान लेने के लिए दुकान के सामने खड़े हुए थे तभी बाजार के अंदर तेज गति से एक कार ने प्रवेश किया और सीधे दुकान में जा घुसी जहां पर अफरा तफरी मच गई ।

वही दुकान के बाहर कार की चपेट में आने से एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे जिला आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार घुसने की सूचना मिलने पर सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जप्त कर लिया। कार चालक भागने में सफल हो गया इस घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है जिसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि कार की स्पीड तेज थी। फिलहाल इस घटना को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

***************************

 

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 24 घंटों में 6 बार आया भूकंप, बैक-टू-बैक लगे झटके

जम्मू 18 June (एजेंसी) : जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पिछले 24 घंटों में करीब 6 बार जमीन को कांपते हुए महसूस किया गया। इतना ही नहीं, जम्मू-कश्मीर में तो महज 11 मिनट के अंतराल पर ही लगातार दो भूकंप के झटके महसूस किए गए। इनमें भूकंप के झटके की सबसे अधिक तीव्रता 4.5 थी। भूकंप की ताजा घटना एक बार जम्मू-कश्मीर में शनिवार दोपहर 2.03 बजे भूकंप का पहला झटका महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 3.0 थी। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप का केंद्र जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ पहाड़ी रामबन जिला था। उन्होंने बताया कि भूकंप की गहराई 33.31 डिग्री उत्तर के अक्षांश और 75.19 डिग्री पूर्व के देशांतर पर सतह से पांच किलोमीटर नीचे थी।

भूकंप का दूसरा झटका लद्दाख के लेह से 271 किमी उत्तर-पूर्व में रात करीब 9.44 बजे महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता 4.5 मापी गई। भारत-चीन सीमा के पास भूकंप के 15 मिनट के भीतर जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में रात 9.55 बजे 4.4 तीव्रता का भूकंप आया। पिछले पांच दिनों में डोडा जिले में भूकंप का यह 7वां झटका था।

लद्दाख में लेह जिले से 295 किमी उत्तर-पूर्व में रविवार तड़के एक बार फिर भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 4.1 मापी गई। इसके बाद जम्मू-कश्मीर के कटरा में रविवार करीब 3:50 बजे 5वां और आखिरी भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.1 रही। भूकंप का केंद्र कटरा के 11 किमी की गहराई पर बताया गया।

लद्दाख के लेह में 24 घंटे के भीतर तीसरी बार भूकंप आया है। लेह से 279 किमी उत्तर पूर्व में रविवार सुबह 8:28 बजे भूकंप का झटका महसूस किया गया। रिएक्टर पैमाने पर तीव्रता 4.3 मापी गई।

***************************

 

लद्दाख में भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर 4.1 की तीव्रता

श्रीनगर 18 June (एजेंसी): लद्दाख में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 4.1 आंकी गई। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के आंकड़ों में कहा गया है कि रिक्टर पैमाने पर 4.1 तीव्रता का भूकंप लद्दाख में तड़के 2.16 बजे आया।

इस भूकंप के निर्देशांक 35.85 डिग्री उत्तर अक्षांश और 80.08 डिग्री पूर्व देशांतर हैं। इसका केंद्र पृथ्वी के 10 किमी नीचे था। पिछले 24 घंटों के दौरान अब तक जम्मू-कश्मीर व लद्दाख क्षेत्र में भूकंप के छह झटके महसूस किए जा चुके हैं।

***************************

 

दो विषयों में एक साथ हो सकेगी PHD, नियम न मानने वाले संस्थानों की मान्यता होगी रद्द

नई दिल्ली 18 June (एजेंसी): देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र एक से अधिक विषय में एक साथ पीएचडी कर सकेंगे। दरअसल नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत छात्रों को यह अवसर दिया जा रहा है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रावधानों के आधार पर पीएचडी जैसे महत्वपूर्ण रिसर्च पाठ्यक्रमों में यह बदलाव किया गया है। यूजीसी के मुताबिक छात्र अंतर्विषयक (इंटरस्पिलिनरी) में दो या दो से अधिक शैक्षणिक विषयों में पीएचडी की रिसर्च कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी कि यूजीसी ने बताया कि छात्र इसी वर्ष यानी शैक्षणिक सत्र 2023- 24 से ही एक साथ दो विषयों में पीएचडी करने का लाभ उठा सकेंगे। यह नियम इसी वर्ष से लागू होने जा रहा है।

इस संदर्भ में यूजीसी ने देश के सभी विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षण संस्थानों को पीएचडी के नए नियमों से अवगत करा दिया है। यूजीसी द्वारा उठाए गए इस कदम के बाद अब इस वर्ष विश्वविद्यालयों में नए नियमों के आधार पर ही दाखिले लिए जाएंगे। यूजीसी ने इसके लिए कई प्रावधान भी बनाए हैं। प्रावधानों का पालन न करने पर उच्च शिक्षण संस्थानों व डिग्री दोनों की ही मान्यता रद्द की जा सकती है।

यूजीसी के मुताबिक छात्र जिस विभाग में पंजीकरण कराएंगे, पीएचडी की डिग्री में उसी विषय का नाम अंकित होगा। जबकि दूसरे विषयों के शोध में मदद के लिए छात्रों को सुपरवाइजर और क्रेडिट दिए जाएंगे।

इस प्रकार के पाठ्यक्रमों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियम तय किए गए हैं। यूजीसी ने एक स्थायी समिति भी गठित की है। इस स्थाई समिति का मूल उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की नियुक्ति और पीएचडी डिग्री प्रदान करने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करना है। यह स्थाई समिति नियमों का पालन न करने वाले उच्च शिक्षण संस्थानों की शिकायत यूजीसी से कर सकती है। समिति यूजीसी से ऐसे शिक्षण संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश भी कर सकती है।

यूजीसी ने इस विषय में जानकारी देते हुए बताया कि स्थायी समिति विशिष्ट संस्थानों का चयन, संकाय नियुक्तियों और पीएचडी डिग्री पुरस्कारों पर जानकारी एकत्रित करेगी। साथ ही यह समिति यहां इन संस्थानों में यूजीसी नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए दस्तावेज को सत्यापित भी करेगी।

इसके अलावा कई विश्वविद्यालय कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के आधार पर पीएचडी का दाखिला देने का नियम बना चुके हैं। इनमें दिल्ली विश्वविद्यालय भी शामिल है।

गौरतलब है कि दिल्ली विश्वविद्यालय समेत सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में सभी अंडरग्रेजुएट पाठ्यक्रमों के दाखिले सीयूईटी से हो रहे हैं। इस फैसले को आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय ने पहले पोस्ट ग्रेजुएट के लिए सीयूईटी को अनिवार्य किया और अब पीएचडी प्रोग्राम में भी कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के आधार पर एडमिशन देने का फैसला लिया है। हालांकि दिल्ली विश्वविद्यालय में कार्यरत टीचिंग और नॉन-टीचिंग कर्मचारी पीएचडी दाखिले के लिए सीधे साक्षात्कार दे सकते हैं।

दरअसल दिल्ली विश्वविद्यालय नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की मदद से यह कदम उठाने जा रहा है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी पीएचडी के लिए शैक्षणिक वर्ष 2023-24 से सीयूईटी परीक्षाएं आयोजित करेगा। इन परीक्षाओं को ‘सीयूईटी पीएचडी’ का नाम दिया जाएगा।

इस वर्ष उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आने वाले नए सत्र से क्रांतिकारी बदलाव आने रहे हैं। उच्च शिक्षा से जुड़े एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले के तहत यूनिवर्सिटी के अंडर ग्रेजुएट छात्र एक साथ 2 कोर्स में दाखिला ले सकेंगे। सरकारी तौर पर इस योजना को मंजूरी मिल चुकी है। वहीं देशभर के केंद्रीय विश्वविद्यालयों ने भी इस योजना को अपनी मंजूरी दे दी है। केंद्रीय विश्वविद्यालयों की स्वीकृति के बाद यहां पढ़ने वाले छात्र दूसरे कोर्स में एडमिशन लेने के लिए ऑफलाइन पढ़ाई भी कर सकेगें। छात्रों के पास विकल्प होगा कि वे एक कोर्स ऑफलाइन रेगुलर कक्षाओं के जरिए और दूसरा कोर्स डिस्टेंस लनिर्ंग सिस्टम के माध्यम से कर सकते हैं।

शिक्षाविद जीएस कांडपाल के मुताबिक सेंट्रल विश्वविद्यालयों को दो कोर्स एक साथ कराने व ऑनलाइन कोर्स से जुड़ने की स्वतंत्रता नई शिक्षा नीति प्रदान करती है। यह नई शिक्षा नीति ही है जिसके अंतर्गत देश भर के छात्र एक साथ दो डिग्री कार्यक्रम पूरा कर सकते हैं। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी यूजीसी ने इसके लिए नए प्रावधान तैयार किए हैं। यूजीसी द्वारा बनाए गए नियमों के अंतर्गत देशभर के विश्वविद्यालय अब छात्रों को एक साथ 2 डिग्री लेने की इजाजत दे रहे हैं।

****************************

 

देश को 2025 तक टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य, मन की बात में बोले PM मोदी

नई दिल्ली 18 June (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार एक सप्‍ताह पहले यानि आज (18 जून) को मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के जरिए देशवासियों के साथ अपने विचारों को साझा करने जा रहे हैं। मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने प्राकृतिक आपदा, टीबी, खेल में युवाओं के अच्छे प्रदर्शन का जिक्र किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, इस महीने मन की बात कार्यक्रम 18 जून को प्रसारित होगा। इस कार्यक्रम के लिए आपका इनपुट लेना मेरे लिए हमेशा खुशी की बात होती है। नमो ऐप, माय गोव पर आप अपना इनपुट साझा कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 जून को ही ट्वीट कर जानकारी दी थी कि इस बार 18 जून 2023 को मन की बात कार्यक्रम प्रसारित होगा। उन्होंने कार्यक्रम के लिए देश के नागरिकों से सुझाव आमंत्रित किए थे। पीएम मोदी ने कहा था कि आपके सुझाव पाकर हमेशा खुशी होती है। NaMo ऐप या MyGov पर अपनी राय साझा करें अथवा 1800-11-7800 डायल करके अपना संदेश रिकॉर्ड करें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 102वें एपिसोड का प्रसारण रामपुर के लिए खास साबित होने वाला है। इस बार मन की बात कार्यक्रम में मुस्लिम महिलाएं भी स्क्रीन पर नजर आएंगी। इसके लिए रामपुर नगर विधानसभा का चयन किया गया है। जिसका प्रभारी बीजेपी विधायक आकाश सक्सेना और बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर वासित अली को बनाया गया है। दरअसल, इस बार इस कार्यक्रम के लिए उत्तर प्रदेश में सिर्फ दो विधानसभाओं को शामिल किया गया है। जिसमें रामपुर की नगर विधानसभा और ललितपुर की जोखरा विधानसभा शामिल हैं।

नगर विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के दौरान स्क्रीन पर रामपुर की मुस्लिम महिलाएं नजर आएंगी। यह कार्यक्रम रविवार को सुबह ग्यारह बजे रंगोली मंडप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति कर रहा है। अब उन्होंने रामपुर की मुस्लिम महिलाओं को सम्मान देकर रामपुर का गौरव बढ़ाने का कार्य किया है।

वहीं पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने संकल्प लिया है 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाना है। एक समय था जब परिवार के लोगों को पता चलता था कि कोई टीबी से पीड़ित है तो लोग उससे दूरी बना लेते थे। लेकिन अभ घर के लोग ही इससे मिलकर लड़ रहे हैं।

************************

 

मानवीय संवेदनाओं की उजागर करती फिल्म ‘चट्टान’

18.06.2023 – सर्वमंगला  इंटरनेशनल और के.बी .इंटरप्राइजेज के संयुक्त तत्वाधान में फिल्म निर्मात्री रजनिका गांगुली द्वारा सेवन स्टार क्रिएटिव इंटरनेशनल के बैनर तले निर्मित मानवीय संवेदनाओं को उजागर करती फिल्म ‘चट्टान’ से सिनेदर्शकों की जमात अब बहुत जल्द ही रूबरू होगी। इस फिल्म के निर्देशक सुदीप डी.मुखर्जी हैं। इस फिल्म के मुख्य कलाकार जीत उपेंद्र, रजनिका गांगुली, तेज सप्रू  ब्रिज गोपाल और शिवा आदि हैं।

लगातार बड़े बैनर्स  और बड़े स्टारकास्ट की फिल्मों के लगातार फ्लॉप होने वजह से व नई नई टेक्नोलॉजी और कीमती कैमरे और ड्रोन्स से बढ़ते बोझ से फिल्मकारों की सोच अब बदलती जारही है। ‘प्यार का पंचनामा’ ‘कश्मीर फाइल्स’ और ‘द केरला स्टोरी’ जैसी मिडिल स्टारकास्ट और बढ़िया कंटेंट वाली फिल्मों को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलना शुरू हो गया है। सीमित बजट और मध्यम स्टारकास्ट फ़िल्में बनने की मुहिम में लगे फिल्मकारों के बीच फ़िलवक्त एक नाम उभर कर सामने आया है सुदीप डी.मुखर्जी का।

निर्देशक सुदीप डी.मुखर्जी ने पुलिस और प्रशानिक के बीच हुए टकराव में सच्चाई के खातिर मर मिटने वाले पुलिस अफसर के निजी जीवन में आये उथल पुथल से जुड़े तथ्यों को ही फिल्म ‘चट्टान’ की कथावस्तु का आधार बनाया है। सरकारी व्यवस्था और फ़र्ज़ के बीच मार्मिक जंग को दर्शाती फिल्म ‘चट्टान’ के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि इंसान को ज़िंदगी में आनेवाली परेशानियों से घबराना नहीं चाहिए और देश और समाज के हित में पूरी ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों को निभाने का प्रयास करना चाहिए।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

राजस्थान में कहर बरपा रहा बिपरजॉय, दिल्ली में मौसम ने ली करवट- पंजाब में 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

नई दिल्ली 17 जून,(एजेंसी)। अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान बिपारजॉय के असर से राजस्थान के कई इलाकों में शनिवार को भी भारी बारिश हुई। इसके चलते बाड़मेर के कई हिस्सों से बाढ़ जैसे हालात बने हैं। इसके बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है। साथ ही सेना को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसके अलावा कई सीमावर्ती गांवों में बीएसएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं।

शनिवार को राजस्थान के माउंट आबू में 210 मिलीमीटर, बाड़मेर के सेवड़ा में 136 मिलीमीटर, माउंट आबू तहसील में 135 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान इसका सबसे ज्यादा असर जालौर, सिरोही और बाड़मेर के रेगिस्तानी जिलों में देखा गया।

राजधानी दिल्ली में आज शाम हुई बारिश ने एक बार फिर लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। 15 जून को बिपरजॉय तूफान के बाद से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। मौसम विभाग ने भी 16 से 21 जून तक बारिश के गरज-चमक की भविष्यवाणी की थी। आज भी दिल्ली मौसम विभाग ने दिल्ली के कई इलाकों में बारिश को लेकर पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था।

इस हफ्ते अधिकतम तापमान 39 डिग्री तो वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रहने के आसार हैं। वहीं बिपरजॉय तूफान का पंजाब में अधिक असर देखने को नहीं मिल रहा है। मौसम विशेषज्ञों ने रविवार व सोमवार येलो अलर्ट जारी किया है, लेकिन इसका अधिक असर पूर्वी मालवा के साथ पठानकोट, होशियारपुर और नवांशहर में ही देखने को मिलेगा। यहां 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक बिपरजॉय का असर रविवार से शुरू हो जाएगा, लेकिन असर सोमवार भी देखने को मिलेगा। बिपरजॉय का असर पठानकोट व गुरदासपुर में ही देखने को मिलेगा। रविवार को पठानकोट व सोमवार को पठानकोट व गुरदासपुर में येलो अलर्ट है। दोआबा की बात करें तो यहां रविवार व सोमवार होशियारपुर व नवांशहर में अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं पश्चिमी मालवा में इसका कोई असर नहीं होगा। वहीं पूर्वी मालवा में भी मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर में रविवार और सोमवार को फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर में अलर्ट जारी किया गया है।

*****************************

 

भाजपा महामंत्री तरुण चुघ से मिले बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेई

अमृतसर 17 जून,(एजेंसी)। भाजपा महामंत्री तरुण चुघ से बॉलीबुड अभिनेता मनोज बाजपेई ने भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच काफी मुद्दों को लेकर बातचीत हुई।

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेई बहुत ही सरल और सौम्य इंसान हैं। उन्होंने कहा कि मनोज बाजपेई से बहुत से सामाजिक राजनितिक मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

*******************************

 

डॉ. सुशील मित्तल ने कुलपति आईकेजीपीटीयू का पदभार संभाला

जालंधर 17 जून,(एजेंसी)। डॉ. सुशील कुमार मित्तल ने शनिवार शनिवार को आई के गुजराल, पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आईकेजीपीटीयू) के 19वें वाइस चांसलर का पदभार ग्रहण कर लिया है। उनका स्वागत विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. एस.के. मिश्रा, वित्त अधिकारी डॉ. सुखबीर सिंह वालिया ने किया।

गौरतलब है कि डॉ मित्तल को 15 जून को पंजाब के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बनवारी लाल पुरोहित जी द्वारा विश्वविद्यालय के नियमित कुलपति के रूप में 3 साल की अवधि के लिए नियुक्त किया गया है।

डॉ. मित्तल एक प्रमुख शिक्षाविद् हैं, जिन्होंने थापर इंजीनियरिंग संस्थान जैसे राज्य के कई शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों का संचालन किया। उनकी इससे पहले की जिम्मेदारी कुलपति एस.बी.एस राज्य विश्वविद्यालय गुरदासपुर के तौर पर थी।

नई जिम्मेदारी संभालने के मौके उन्होंने अपने संदेश में कहा कि विश्वविद्यालय, इसके परिसरों और इसके संबद्ध कॉलेजों के अकादमिक विकास की दिशा में टीम वर्क का माहौल बनाना, उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि आईकेजीपीटीयू परिवार मिलकर तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देगा।

*******************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version