पंजाब में ‘बेटे बचाओ, नशे भगाओ अभियान चलाने की जरूरत : शंकर दत्त तिवारी

अमृतसर 29 June (एजेंसी) सहकार भारती, पंजाब ने संगठन के प्रदेश कार्यालय में शेर-ए- पंजाब महाराजा रणजीत सिंह की पुण्य तिथि मनाई। इस मौके पर महाराजा रणजीत सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए सहकार भारती के उत्तर क्षेत्र प्रमुख शंकर दत्त तिवारी ने कहा कि आज पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने के लिए ‘बेटे बचाओ, नशे भगाओ’ अभियान चलाने की जरूरत है।

उन्होंने आगे कहा कि लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान, सभी मंत्रियों व विधायकों तथा प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को अपना डोप टेस्ट करवाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर सरकार आदेश देगी तो वह सबसे पहले अपना डोप टेस्ट करवाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को भी इसके लिए स्वैइच्छा से आगे आना चाहिए। इस अवसर पर रमेश कुमार, मनोज कुमार आदि मौजूद थे।

*****************************

 

छपरा स्टेशन को अतिक्रमणमुक्त किया जाएगा : राजीव प्रताप रूडी

महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्टेशन के संपर्क पथ एवं नाली का निर्माण कराया जाय

◆ रेलवे से सम्बद्ध पथों एवं अंडरपास में जलजमाव की सूचना हेतु एक कंट्रोल रूम की होगी स्थापना

◆ वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था के बाद ही बंद होंगे समपार फाटक

◆ अंडरपास निर्माण एवं जलनिकासी हेतु नोडल अधिकारी की होगी नियुक्ति : राजीव प्रताप रूड

◆ साफ-सफाई के साथ ही आधुनिक स्तर के यात्री सेवाओं का होगा विस्तार

◆ किसानों के लिए खेतों में उपजाई गई सब्जी को बड़े बाजार में ले जाने के लिए ट्रेनों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश

◆ रेल गाड़ियों में यात्रियों से अवैध वसूली का मामला श्री रुडी ने उठाया

◆ पटना की तरह ही सारण प्रमंडलीय मुख्यालय वाले शहर छपरा के सभी स्टेशनों को विकसित करने पर चर्चा

पटना 29 जून (एजेंसी) । बिहार की राजधानी होने के कारण जिस प्रकार से रेल यात्रियों का दबाव पटना रेलवे स्टेशन पर है और इसे कम करने के लिए दानापुर, पाटलिपुत्र और राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन पर गाड़ियों का ठहराव सुनिश्चित कर इन स्टेशनों को विकसित किया गया ठीक उसी प्रकार से सारण प्रमंडल के अंतर्गत पड़ने वाले घनी आबादी वाले तीन जिलों का मुख्यालय और प्रमुख जंक्सन होने के कारण छपरा में यात्रियों और रेलगाड़ियों का भारी दबाव होता है। इसे देखते हुए सारण जिला के अंतर्गत ही छपरा ग्रामीण स्टेशन और छपरा कचहरी को पूर्ण स्टेशन का दर्जा देते हुए छपरा जंक्सन के साथ विकसित करना चाहिए।

पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सारण सांसद श्री राजीव प्रताप रूडी ने उक्त बातें कही। उन्‍होंने आगे कहा कि सुलभ यात्री सेवाओं के साथ संरक्षित एवं समयबद्ध रेल संचालन तथा आधुनिक यात्री सुविधाओं के समावेश को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करना ही सभी का कर्तव्य होना चाहिए।इसके पहले पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक से पहले रेलवे के महाप्रबंधक रेल श्री चंद्र वीर रमण ने पुष्प गुच्छ भेंट कर श्री रुडी का स्वागत किया। बैठक में वाराणसी मंडल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 23 संसदीय क्षेत्रों के सांसद या उनके प्रतिनिधि व जीएम गोरखपुर श्री चंद्र वीर रमण, डीआरएम रामाश्रय पांडेय समेत रेल मंडल के सभी वरीय अधिकारी मौजूद थे।

श्री रुडी ने रेल गाड़ियों में यात्रियों से अवैध वसूली का मामला उठाया और कहा कि रोजाना कई ट्रेनों में टिकट निरीक्षकों द्वारा यात्रियों से अवैध वसूली की जाती है। इसमें न केवल टिकट निरीक्षक बल्कि कोच के अटेंडेंट भी शामिल होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की वसूली सामान्य ट्रेनों में ही नही बल्कि राजधानी एक्सप्रेस जैसी vip ट्रेन में भी होती है और सांठगांठ से अवैध यात्रा कराकर वसूली की जाती है। इससे रेलवे के राजस्व का भी नुकसान होता है और यात्रियों की आर्थिक क्षति के साथ ही अनहोनी का भय रहता है।

रुडी ने सारण में रेलवे के निर्माण से अवरुद्ध जल निकासी को दूर करने के लिए त्वरित कार्यवाही पर करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया साथ ही मंडल क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सेवाओं के विस्तार के साथ कोरोनकाल में स्थगित ट्रेनों के ठहराव के साथ नई रेल गाड़ियों के संचालन पर भी चर्चा की। बैठक में रेलवे की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा भी हुई और इसका लाभ आमजन को त्वरित मिल सके इसपर कई महत्वपूर्ण निर्णय भी हुए। रुडी ने सारण प्रमंडल के लिए इंटरसिटी गाड़ी के परिचालन पर भी विमर्श करते हुए परिचालन समय को

आमजन के हित मे रखने की बात कही। बैठक में विशेष रूप से वर्तमान में चल रही परियोजनाओ और जनहित की छोटी-छोटी योजनाओं की समीक्षा की गई, साथ ही भविष्य के विकास को ध्यान में रखते हुए नई परियोजनाओं पर चर्चा भी किया गया।

**************************************

 

त्रिपुरा में भगवान जगन्नाथ की घुरती रथयात्रा के दौरान हाईटेंशन लाइन से उतरा करंट, 7 की मौत- 15 झुलसे

अगरतला 29 June (एजेंसी): त्रिपुरा के उनाकोटि जिले में एक हाईटेंशन तार के संपर्क में आने के बाद एक रथ में आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य झुलस गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना भगवान जगन्नाथ के ‘घुरती रथ यात्रा’ उत्सव के दौरान कुमारघाट इलाके में शाम करीब साढ़े चार बजे हुई। इस त्योहार के दौरान, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के एक सप्ताह बाद अपने मुख्य मंदिर लौट आते हैं।

पुलिस ने बताया कि लोहे से बने रथ को हजारों लोग खींच रहे थे, तभी यह 133 केवी ओवरहेड केबल के संपर्क में आ गया। सहायक महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) ज्योतिषमान दास चौधरी ने बताया कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 15 अन्य झुलस गए। उन्होंने बताया कि घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने कहा कि उनकी हालत गंभीर बताई गई है। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने लोगों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, कुमारघाट में एक दुखद दुर्घटना में, ‘घुरती रथ’ खींचते समय करंट लगने से कई श्रद्धालुओं की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। मैं इस घटना से बहुत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना। साथ ही, मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है।

**************************

 

 

PM आवास पर 5 घंटे चली BJP की बैठक, UCC-चुनाव समेत बड़े मुद्दों पर हुआ मंथन

नई दिल्ली 29 June (एजेंसी): प्रधानमंत्री आवास पर  देर रात तक चली भारतीय जतना पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में कुछ अहम मुद्दों पर चर्चा होने की खबर है। लगभग 5 घंटे चली बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन महासचिव बीएल संतोष मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री आवास पर चली इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया गया। इसके साथ ही समान नागरिक संहिता (यूसीसी) मुद्दे पर भी चर्चा की गई।

सूत्रों की मानें, तो बैठक में यह तय हुआ है कि अलग-अलग धर्मों के प्रमुख लोगों से बीजेपी के आला नेता यूसीसी के मुद्दे पर बात करेंगे और सहमति बनाने की कोशिश करेंगे। इतना ही नहीं, लोकसभा चुनाव से पहले यूनिफॉर्म सिविल कोड पर बिल लाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया है। बैठक में उत्तराखंड सरकार द्वारा लाये जा रहे यूसीसी बिल पर भी चर्चा हुई है।

2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के साथ ही 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर भी मंथन किया गया है। बैठक में भाजपा संगठन मंत्री बीएल संतोष भी शामिल थे। यूसीसी को लेकर देश में पिछले कुछ दिनों से हलचल काफी तेज हो गई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को भोपाल में समान नागरिक संहिता की पुरजोर वकालत करते हुए कहा था, ‘हम देख रहे हैं यूसीसी के नाम पर लोगों को भड़काने का काम हो रहा है। एक घर में परिवार के एक सदस्य के लिए एक कानून हो, दूसरे के लिए दूसरा, तो क्या वह परिवार चल पाएगा। फिर ऐसी दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चल पाएगा?’

कई राजनीतिक दलों ने यूसीसी पर बयान को राजनीति से प्रेरित बताया है। एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने सवाल किया कि यूसीसी के नाम पर क्या देश का बहुलवाद ‘छीन लिया जाएगा।’ हालांकि, आम आदमी पार्टी (आप) ही एकमात्र ऐसा विपक्षी दल है जिसने यूसीसी को सैद्धांतिक समर्थन दिया है।

*******************************

 

देश भर में झमाझम बारिश: दिल्ली में सुबह-सुबह छाया अंधेरा, हिमाचल-हरियाणा समेत कई राज्यों में अलर्ट

नई दिल्ली 29 June (एजेंसी): देश के अधिकांश राज्यों में मानसून दस्‍तक दे चुका है। राष्ट्रीय राजधानी द‍िल्‍ली में अचानक मौसम ने करवट ली और सुबह ही आसमान में घनघोर काले बादल छा गए। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश से लेकर कर्नाटक तक कई राज्यों को बारिश का सामना करना पड़ सकता है। इधर, भारी बारिश के चलते मुंबई में गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। खबर है कि मौसम की मार के चलते मुंबई में दो की मौत हो गई है। वहीं, एक घायल है।

IMD ने बुधवार को बताया कि उत्तर पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत में अगले 3 दिनों तक सक्रिय मॉनसून की स्थिति बनी रह सकती है। साथ ही अगले 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण पश्चिम मॉनसून देश के बचे हुए हिस्सों की ओर बढ़ सकता है। इनमें राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बचे हुए हिस्से शामिल हैं।

राजधानी दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में देर रात से ही बारिश जारी है। बिहार में भी बादल और हल्की बारिश के साथ मौसम राहत दे रहा है। केरल, गोवा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, ओडिशा, झारखंड, गुजरात समेत समेत कई राज्य बीते दो दिनों में भारी बारिश का सामना कर चुके हैं।

बता दें कि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, मध्य प्रदेश में तीन दिनों में अच्छी बारिश के आसार हैं। वहीं, अगले 5 दिनों में कोंकण और गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र के घाट, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश जमकर भीगेंगे। बिहार में भी 30 जून तक भारी बारिश की संभावनाएं हैं।

********************************

 

PM मोदी ने कुमारघाट में घुरती रथ यात्रा के दौरान हुई दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया

नई दिल्ली 29 June (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने त्रिपुरा के कुमारघाट में घुरती रथ यात्रा के दौरान हुए हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “कुमारघाट में घुरती रथ यात्रा के दौरान हुई दुर्घटना दुखद है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना। घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी।”

उन्होंने कहा, “प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। त्रिपुरा में हुई दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि त्रिपुरा के उनाकोटि जिले के कुमारघाट में बुधवार शाम रथयात्रा के दौरान एक रथ के हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने बाद आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 20 घायल हो गए थे।

**************************

 

भारी बारिश से गुरुग्राम में जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कें जलमग्न

गुरुग्राम 29 June (एजेंसी): गुरुग्राम में गुरुवार को हुई भारी बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। गुरुवार सुबह गुरुग्राम में 79 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि अधिकारियों ने दावा किया कि जलजमाव को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन कुछ ही घंटों की बारिश के कारण वाहन यातायात और पैदल यात्रियों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हुई।

बारिश के पानी के कारण यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह व्यस्त समय में यातायात प्रभावित हुआ और पुलिस को यातायात को चालू रखने के लिए संघर्ष करना पड़ा। इसके अलावा, शहर की कई सड़कों के साथ-साथ सेक्टर-37, सेक्टर-34, खांडसा और वजीराबाद के औद्योगिक क्षेत्रों में 3-4 फीट पानी जमा हो गया। बारिश सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई और 9 बजे तक भारी बारिश में बदल गई। जलभराव के कारण दिल्ली-जयपुर-मुंबई राजमार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

शहर का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा औसतन 3 फीट पानी में डूबा हुआ है। सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र सिग्नेचर टॉवर चौक, हनुमान चौक (उद्योग विहार), नरसिंहपुर (एनएच -48), मानेसर की ओर हल्दीराम, बसई रोड, नाथूपुर, हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास जेड चौक, बिलासपुर चौक, द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन, इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन, गैलेरिया मार्केट रोड, मेफील्ड गार्डन चौक, सेक्टर -12 चौक, मिनी सचिवालय, सेक्टर -21/22 टी-पॉइंट, मेडिसिटी टी- प्वाइंट, बस स्टैंड रोड, संजय ग्राम रोड, बसई रोड और शीतला माता रोड हैं।

***********************************

 

मोदी कैबिनेट में फेरबदल की संभावना, मलयालम सुपरस्टार सुरेश गोपी को मिल सकती है जगह

तिरुवनंतपुरम 29 June (एजेंसी): 2024 के आम चुनाव से पहले सरकार और पार्टी में भाजपा बड़े फेरबदल कर सकती है। माना जा रहा है कि मलयालम सुपरस्टार सुरेश गोपी को मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर हुई मुलाकात के बाद कैबिनेट फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। पार्टी के शीर्ष सूत्रों ने इसकी पुष्टि की और कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के साथ-साथ पार्टी में भी फेरबदल पर चर्चा चल रही है।

आगामी लोकसभा चुनाव नजदीक होने के कारण कुछ मंत्रियों को पार्टी में कुछ पद दिए जाएंगे जबकि कुछ को सरकार में शामिल किया जा सकता है। 140 सदस्यीय केरल विधानसभा में भाजपा के पास एक भी विधायक नहीं होने के कारण, 2024 का लोकसभा चुनाव पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।

पूरी संभावना है कि सुरेश गोपी लगातार दूसरी बार त्रिशूर से चुनाव लड़ेंगे। गोपी हाल ही में 65 वर्ष के हो गए हैं। वो अपने राजनीतिक भविष्य के सवाल पर चुप्पी साधे हुए हैं। उनका जवाब आया, ”बीजेपी ने मुझमें निवेश किया है और इसलिए पार्टी मुझसे जो कहेगी मैं करने के लिए तैयार हूं। ” गोपी को 2014 में प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए बुलाया गया था। फिर उन्हें राज्यसभा में भेजा गया। उनका कार्यकाल पिछले साल समाप्त हो गया और जब भी किसी फेरबदल की खबर आती है, तो अटकलें तेज हो जाती हैं कि गोपी एक छुपा रुस्तम साबित होंगे।

******************************

 

फोन पे कंपनी के शिकायत करने की स्थिति में होगी कार्रवाई : गृह मंत्री

भोपाल 29 June (एजेंसी): मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि अगर ‘फोन पे’ कंपनी शिकायत करेगी तो सरकार उस शिकायत पर निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी। डॉ. मिश्रा ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि ये राजनीति का विद्रूप चेहरा है। कांग्रेस के लोग सीसीटीवी फुटेज में ये पोस्टर लगाते दिखाई दे रहे हैं।

छिंदवाड़ा, बुरहानपुर और ग्वालियर में फुटेज में कांग्रेस के कार्यकर्ता स्पष्ट दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब उस कंपनी से ही चेतावनी मिल रही हैं। अगर ये कंपनी शिकायत करेगी तो निश्चित तौर पर सरकार उस पर कार्रवाई करेगी। दरअसल, राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कुछ दिन पहले ‘फोन पे’ कंपनी से जुड़े कुछ पोस्टर लगे पाए गए थे, जिनके माध्यम से प्रदेश सरकार पर वार किया गया था।

हालांकि ये अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये पोस्टर किसने लगाए हैं, लेकिन ‘फोन पे’ कंपनी ने इस मामले में ट्वीट करते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस से कहा है कि वह इन पोस्टरों को फौरन हटाए क्योंकि इनमें उस कंपनी का नाम दर्ज है। कंपनी ने अपना लोगो इस्तेमाल किए जाने की स्थितियों में वैधानिक कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।

*******************************

 

कनाडा को वोटबैंक की चिंता, लेकिन हम एक्शन लेंगे; खालिस्तानियों पर एस. जयशंकर की दो टूक

नई दिल्ली 29 June (एजेंसी): विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि जब तक सार्क (दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन) का एक भी सदस्य आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रहेगा, तब तक भारत सार्क की बैठक नहीं कर सकता है। कनाडा का जिक्र करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि वोट बैंक की मजबूरी के कारण कनाडा खालिस्तानियों का समर्थन कर रहा है।

कनाडा में खालिस्तानी गतिविधियों पर रोक ना लगाए जाने को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने तीखा हमला बोला है।  उन्होंने कहा कि वोट बैंक पॉलिटिक्स के चलते ऐसा हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत विरोधी तत्वों पर लगाम ना कसने के चलते ही दोनों देशों के संबंध निचले स्तर पर हैं। यही नहीं इस मौके पर उन्होंने चेतावनी भी दी और कहा कि यदि कनाडा में हो रही गतिविधियों से भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता पर खतरा पैदा होता है तो फिर भारत उस पर ऐक्शन लेगा। विदेश मंत्री ने कहा कि हमारे लिए यह अहम है कि खालिस्तान मसले से कनाडा कैसे डील करता है।

उन्होंने कहा कि मैं खुले तौर पर कहना चाहता हूं कि कनाडा वोटबैंक की राजनीति के चलते इस मामले में ढीलाई से ऐक्शन ले रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले ने कई तरह से भारत और कनाडा के रिश्तों को प्रभावित किया है। विदेश मंत्री ने कहा कि ऐसा लगता है कि वोट बैंक की राजनीति के चलते कनाडा की सरकार इस मामले में हीलाहवाली कर रही है। विदेश नीति के मामले में दोटूक बोलने वाले जयशंकर ने पाकिस्तान को लेकर भी कहा कि आतंकवाद खत्म होने से पहले कोई बात नहीं हो सकती।

विदेश मंत्री ने कहा कि हम आतंकवाद को सामान्य नहीं होने दे सकते। हम नहीं चाहेंगे कि पाकिस्तान से बातचीत भी होती रहे और आतंकवाद की घटनाएं भी चलती रहें। दरअसल कनाडा में पंजाबी मूल के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। माना जा रहा है कि कनाडा की सरकार इन लोगों की नाराजगी मोल नहीं लेना चाहती। इसी के चलते वह कोई कदम नहीं उठा रही है। हालांकि बीते कुछ महीनों में कई खालिस्तानी कमांडरों की मौतें हुई हैं। इनमें से कई लोग तो गोलीबारी में मारे गए हैं। गौरतलब है कि कनाडा सरकार से भारत ने कई बार अपील की है कि वह खालिस्तानी तत्वों पर लगाम कसे।

*************************************

 

माफिया-राजनेता अतीक के कब्‍जे से मुक्‍त भूमि पर 76 लोगों का होगा अपना घर, सीएम कल सौपेंगे चाबी

प्रयागराज 29 June (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 30 जून को एक विशेष कार्यक्रम के दौरान माफिया-राजनेता अतीक अहमद से जब्त की गई जमीन पर गरीबों के लिए निर्मित 76 किफायती आवास इकाइयों के चयनित लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे। इस दौरान वे जिले में 750 करोड़ रुपये की 250 से अधिक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। योगी आदित्यनाथ ने 26 दिसंबर, 2021 को शहर के लूकरगंज इलाके में 1731 वर्ग मीटर की इस साइट पर आवास परियोजना की आधारशिला रखी थी।

अक्टूबर 2021 में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने भूमि के इस भूखंड पर प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत घरों के निर्माण के लिए एक खाका तैयार किया था, जिसे 2021 में माफिया-राजनेता अतीक अहमद के कब्‍जे से मुक्त कराया गया था। बहुमंजिला इमारतों में 75 फ्लैट बनाए गए हैं और प्रत्येक फ्लैट 34.09 वर्ग मीटर के क्षेत्र में बनाया गया है। यहां एक सामुदायिक भवन एवं एक पार्क भी बनाया गया है। आवासीय योजना में इन फ्लैटों के लिए 6,030 लोगों ने आवेदन किया था।

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने पहले आपत्तियां भी आमंत्रित की थीं। आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद पीडीए ने आखिरकार 1590 पात्र उम्मीदवारों की सूची के साथ लॉटरी की तारीख की घोषणा की थी। 76 अंतिम लाभार्थियों का चयन करने के लिए 9 जून को लॉटरी निकाली गई, जिन्हें अब 30 जून को उनके घरों की चाबियां मिलेंगी।

******************************

 

जयपुर जिले के 85 फीसदी से ज्यादा परिवारों ने करवाया महंगाई राहत कैंप में रजिस्ट्रेशन

जयपुर 29 June (एजेंसी): राजस्थान में जयपुर के 85 फीसदी से ज्यादा परिवारों ने 17 लाख 86 हजार 33 परिवारों में से 15 लाख 23 हजार 629 से ज्यादा परिवारों ने अपना पंजीयन करवा लिया है । जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि 24 अप्रैल से आयोजित हो रहे महंगाई राहत कैंपों में अब तब 55 लाख 54 हजार 526 मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड जारी किये जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना के तहत 7 लाख 63 हजार 755, मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना में 10 लाख 65 हजार 241, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 10 लाख 65 हजार 241, मुख्यमंत्री निःशुल्क कृषि बिजली योजना में 87 हजार 967, मुख्यमंत्री निःशुल्क घरेलू बिजली योजना में 9 लाख 34 हजार 965 लाभार्थियों को गारंटी कार्ड जारी हुए हैं।

वहीं, महंगाई राहत कैंप में मुख्यमंत्री कामधेनु बीमा योजना में 6 लाख 91 हजार 751, इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना में 2 लाख 79 हजार 887, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में 3 लाख 97 हजार 89, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में 2 लाख 40 हजार 711, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में 27 हजार 919 लाभार्थियों ने पंजीकरण करवाया है।

**************************

 

कांग्रेस अध्यक्ष खडगे, राहुल और प्रियंका गांधी ने दी ईद पर मुबारकबाद

नई दिल्ली 29 June (एजेंसी): कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ईद-उल-अजहा पर मुबारकबाद देते हुए देश में शांति, प्रगति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की है।

खडगे ने कहा ‘ईद-उल-अजहा का त्यौहार त्याग, विश्वास और क्षमा के महान मूल्यों का प्रतीक है। खुशी के इस अवसर पर, आइए हम सभी भाईचारे के बंधन को मजबूत करने और एक शांतिपूर्ण, सामंजस्यपूर्ण और प्रगतिशील समाज का निर्माण करने का दृढ़ संकल्प लें। ईद मुबारक।’ गांधी ने कहा ‘ईद मुबारक। यह शुभ अवसर सभी के लिए शांति, समृद्धि और खुशहाली लाए।’ वाड्रा ने कहा ‘ईद की दिली मुबारकबाद। ये पावन त्यौहार सबके जीवन में ढेर सारी खुशियां, बरकत और अमन लेकर आए।’

****************************

 

भाजपा झूठ बोलने के साथ करती हैं तुष्टीकरण की राजनीति : शिवपाल

सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने केन्द्र व प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

कहा कानून व्यवस्था पूर्ण तरह से ध्वस्त उरई

28 जून,(एजेंसी)। योगी सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि जब पुलिस कस्टडी में सरेआम हत्याएं हो रही हैं तो प्रदेश में पूरी तरह से कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी झूठ बोलने का काम करने के साथ तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। अब जनता इनके बहकावे में आने वाली नहीं है। यह बातें उन्होंने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशु पाल यादव द्वारा स्वागत समारोह में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही।

शिवपाल सिंह यादव का इटावा से खजुराहो जाते समय बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर डकोर के पास पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव ने सपा के सैकड़ों साथियों के साथ स्वागत किया। वहीं उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी झूठ बोलने का काम करती है। इसी के सहारे उनकी राजनीति चल रही है, भाजपा सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।

भाजपा ने नारा दिया जौ साल बेमिसाल जबकि देखा जाए 9 साल में भाजपा की केंद्र सरकार ने कुछ नहीं किया। कोई काम भी नहीं हुआ सिर्फ झूठ बोलने के अलावा कोई काम नहीं है इनके पास। वहीं शिवपाल ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।

पुलिस कस्टडी में सरेआम हो रही हत्याएं, जब पुलिस कस्टडी में हत्याएं हो रही हैं तो प्रदेश में पूरी तरह से कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। वहीं उन्होंने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि वह सभी दलों के गठबंधन के साथ मिलकर भाजपा को केंद्र से उखाड़ फेंकने का काम करेंगे क्योंकि जनता भी इनके दिखावे से तंग आ गई है ओर वह भी पूरी तरह से सरकार को बदलने के मूड में दिख रही है।

उसके बाद वह खजुराहो के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव, तेज प्रताप यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख डकोर महेंद्र यादव, थोपन यादव, मुलायम सिंह, सुनील यादव, चंद्रपाल, नानू यादव, जीतू कुठौंद, गुल्लू भिटारी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

*********************************

 

राज्य सहित कोलकाता में बारिश से जनजीवन प्रभावित

*महानगर में जगह-जगह जल जमाव से लोग परेशान*

कोलकाता 28 जून,(एजेंसी)। महानगर कोलकाता और उसके आसपास के स्थानों पर मंगलवार की रात से जारी बुधवार को भारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ जगह-जगह पानी भर जाने के कारण लोगों को सुबह अपने कार्यालयों के लिए निकलते समय भारी जाम का सामना करना पड़ा।

महानगर के बड़ाबाजार, खिदिरपुर, काकुरगाछी, दमदम पोर्ट अंचल आदि इलाकों में घुटनों से अधिक पानी जमा हुआ है।  मौसम विज्ञान विभाग ने दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई इलाकों में और भारी बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है आज सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 214.3 मिलीमीटर बारिश डायमंड हार्बर में हुई वहीं कैनिंग में 58.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। ये दोनों शहर राज्य के दक्षिण 24 परगना जिले में आते हैं कोलकाता में 40.4 मिलीमीटर बारिश हुई, लगातार बारिश के कारण शहर में कई इलाकों में पानी भर गया जिससे यातायात प्रभावित हुआ। कुछ स्कूलों ने मौजूदा स्थिति देखते हुए छुट्टी की घोषणा की है कम संख्या में सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होने के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार सुबह तक दक्षिण और उत्तर 24 परगना के तटीय जिलों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है विभाग के अनुसार, अगले दो दिन में जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं। उत्तर बंगाल में भी लगातार बारिश हो रही है जो इस सप्ताह के अंत तक इसी तरह से जारी रहने वाली है।

****************************

 

सॉल्वरों का प्रयागराज व बिहार से कनेक्शन की जांच करेगी पुलिस

कानपुर 28 जून,(एजेंसी)। कानपुर में यूपीएसएसएससी की ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और समाज कल्याण पर्यवेक्षक की परीक्षाओं के दौरान पकड़े गए सॉल्वरों के तार दिल्ली की मुखर्जी नगर कोचिंग मंडी से जुड़ रहे हैं। पुलिस की जांच में इस बात के संकेत मिले हैं कि सॉल्वर गिरोह मुखर्जी नगर में बैठा है।

वहीं से प्रयागराज की कोचिंग मंडी से ग्राहक तय करता था और फिर दिल्ली व प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बिहार के युवाओं को परीक्षा देने के लिए भेजता था। पुलिस अब दिल्ली, प्रयागराज और बिहार के इस त्रिकोणीय नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। बता दे कि,कानपुर में एसटीएफ और कमिश्नरी पुलिस ने यूपीएसएसएससी की परीक्षा के दूसरे दिन भी 10 सॉल्वर और नकलचियों को गिरफ्तार किया है। दो दिन में 28 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

साथ ही बड़ी संख्या में कानपुर में सॉल्वर पकड़े जाने के बाद उनके कानपुर की काकादेव कोचिंग मंडी से कनेक्ट ढूंढ रही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि पहले हुई कई परीक्षाओं में एसटीएफ ने जितनी बार सॉल्वरों को पकड़ा,उनका कहीं न कहीं काकादेव कोचिंग मंडी से कनेक्शन रहा है।

बिहार के थे ज्यादातर सॉल्वर

दरअसल, दो दिन की परीक्षा के दौरान पकड़े गए ज्यादातर सॉल्वरों का प्रयागराज या बिहार से कहीं न कहीं कनेक्शन मिला है। हालांकि सॉल्वर सीधे तौर पर किसी भी अभ्यर्थी को नहीं जानते थे। हालांकि जांच में यह बात जरूर सामने आई है कि परीक्षा देने पहुंचे ज्यादातर सॉल्वर बिहार के थे।

बड़े गिरोह का नेटवर्क के मिले संकेत 

साथ ही, उनका कोई न कोई संपर्क दिल्ली में मुखर्जी नगर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं से था। पुलिस भी इस बात इत्तेफाक रखती है कि वहां के ही साथियों की मदद से सॉल्वर बड़े गिरोह के नेटवर्क में शामिल हुए हों। इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए जांच बढ़ाई जा रही है।

दिल्ली का माफिया

प्रयागराज के ग्राहक पकड़े गए सॉल्वरों की जांच में पता चला है कि दिल्ली में बैठे सॉल्वर गिरोह के सदस्य एजेंटों के जरिये परीक्षार्थियों और सॉल्वरों के बीच माध्यम बन पास कराने का ठेका लेता और सॉल्वरों को परीक्षा के लिए आने-जाने और संबंधित शहर में रुकने की व्यवस्था करता। साथ ही परीक्षा के एवज में मोटी रकम भी दी जाती।

***************************

 

भाजपा नेत्री का फर्जी अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोपी रविंद्र नागर गिरफ्तार

मेरठ 28 जून,(एजेंसी)। भाजपा महिला नेत्री का फर्जी अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी रविंद्र नागर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फर्जी वीडियो को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है। वीडियो में कैसे छेड़छाड़ की गई है, ये लैब में जांच के बाद ही पता चल पाएगा। वहीं, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने वीडियो वायरल करने के आरोपी रविंद्र नागर की गिरफ्तारी के लिए भावनपुर थाना प्रभारी को आदेश दिए थे, जिसके बाद बुधवार दोपहर को उसके आवास से पुलिस ने उसे धर दबोचा।

भावनपुर थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक सोमदत्त विहार निवासी रविंद्र नागर ने एडिटिंग करके पार्टी की महिला नेत्री का फर्जी अश्लील वीडियो तैयार किया। महिला को बदनाम करने के इरादे से इस वीडियो को अपने नजदीकी वार्ड 18 से पार्षद रविंद्र को दे दिया। सराय काजी निवासी पार्षद रविंद्र ने एक फर्जी आईडी बनाकर वीडियो को सोशल साइट पर वायरल कर दिया। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

आरोपी पार्षद रविंद्र को कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल चुकी है। दूसरा आरोपी रविंद्र नागर फरार चल रहा था। पुलिस ने वीडियो को निवाड़ी की फोरेंसिक लैब भेजा गया है। वहीं, आरोपी महिला नेत्री का दूसरा वीडियो भी वायरल कर चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस फरार आरोपी नहीं पकड़ पा रही थी। बुधवार को पुलिस ने आरोपी रविंद को पकड़ लिया।
पार्टी ने भी नहीं की कोई कार्रवाई

पार्टी की ओर से भी अभी तक भाजपा के दोनों नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इतना गंभीर प्रकरण होने के बाद भी दोनों पर कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर कार्यकर्ता भी सवाल उठा रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर कर देना चाहिए।

*****************************

 

उमेश पाल हत्याकांड के गवाह पर जानलेवा हमला

*एनकाउंटर में मारे गए शूटर उस्मान उर्फ विजय चौधरी के भाई पर आरोप*

प्रयागराज 28 जून,(एजेंसी)। कौंधियारा थाना क्षेत्र में तीन माह पहले उमेश पाल हत्याकांड में शूटर विजय चौधरी एनकाउंटर के गवाह पर रात में हमला किया गया। आरोप है कि कौंधियारा इलाके में रात में घर लौट रहे कारोबारी नीरज शुक्ला की बोलेरो रोक फायरिंग और लूट की कोशिश की गई। एनकाउंटर में मारे गए विजय चौधरी के भाई राकेश चौधरी पर हमले का आरोप लगा है।

मंगलवार आधी रात की घटना में हमलावर राकेश चौधरी खुद गम्भीर रूप से घायल हो गया। खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया है। ज्ञात हो कि राकेश चौधरी के खिलाफ भी कई आपराधिक केस हैं। वह जेल से अदालत लाते समय प्रिजन वैन से कूदकर भागने का भी आरोपित है।

24 फरवरी को उमेश पाल और दो सरकारी गनर की हत्या के बाद छह मार्च को एसओजी ने शूटर विजय चौधरी को कौंधियारा इलाके में मुठभेड़ में मार गिराया था। उस मुठभेड़ मामले में नीरज शुक्ला को पुलिस ने गवाह बनाया है। आरोप है कि रात में नीरज बोलेरो में घर लौट रहे थे तभी राकेश और उसके साथियों ने रोकने का प्रयास किया और फायरिंग की।

एसीपी कौंधियारा राजीव यादव ने बताया कि घटनाक्रम की जांच की जा रही है। राकेश चौधरी कुछ समय पहले जेल से छूटा है। आरोप है कि वह एनकाउंटर के गवाह को धमकाने के लिए रास्ते में रोक रहा था तभी बोलेरो की टक्कर लगने से घायल हो गया। एफआइआर और घटनाक्रम के अनुसार जांच और कार्रवाई की जाएगी।

****************************

 

खराब मौसम के बावजूद घुरती रथयात्रा पर उमड़ा श्रद्धां का सैलाब

*प्रभु जगन्नाथ भाई-बहन के साथ मौसी के घर से मंदिर लौटे*

कोलकाता 28 जून (एजेंसी)। लगातार बारिश और खराब मौसम के बावजूद लाखों श्रद्धांलुओं महानगर कोलकाता सहित हुगली, हावड़ा ही नहीं बरन राज्य भार में आज घुरती रथ खींचा। इस दौरान कोलकाता में इस्क़ॉन व हुगली जिले के महेश की रथयात्रा की धूम रही।

लाखों श्रद्धांलुओं ने भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचा। कोलकाता में घुरती रथयात्रा के दौरान हजारों भक्तों ने इस्क़ॉन के रथ को आउट्राम रोड, जेएल नेहरू रोड, एसएन बनर्जी रोड, सीआईटी रोड से तीन देवताओं के रथों को खींचकर अल्बर्ट रोड पर इस्कॉन मंदिर तक पहुंचाया। यानी प्रभु जगन्नाथ भाई-बहन के साथ मौसी के घर से मंदिर लौट आए।

गाजे बाजे,शंख व घंटे के भक्तिमय लय व जय जगन्नाथ के उद्घोष के बीच महानगर कोलकाता सहित राज्य भर में रथयात्रा की धूम रही। घुरती रथ को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। इस दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। बता दे कि इस्कॉन की रथयात्रा का श्रीगणेश राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया था।

*****************************

 

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव होंगे छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम

रायपुर 28 June (एजेंसी)।अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को डिप्टी सीएम नियुक्त किया है. दिल्ली में आयोजित अहम बैठक के बाद एआईसीसी जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल ने यह आदेश जारी किया है.

सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहां है तैयार हम महाराज साहब को उपमुख्यमंत्री के रूप में द्वितीय के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दिया

***************************

 

थ्रिलर से भरपूर है सोनम कपूर की ब्लाइंड, 7 जुलाई को जियो सिनेमा पर प्रीमियर होगी

29.06.2023 (एजेंसी)  – बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस सोनम कपूर एक्टिंग की दुनिया में वापसी के लिए तैयार हैं। वह जल्द ही फिल्म ब्लाइंड में नजर आने वाली हैं जो कि थ्रिलर और सस्पेंस से भरपूर है। सोनम कपूर की यह फिल्म सिनेमाघर में न रिलीज होकर ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आएगी। हाल ही में सोनम कपूर की ब्लाइंड का टीजर भी रिलीज हुआ है, जो किसी को भी हैरान कर दे।

टीजर को देखकर कहा जा सकता है कि यह फिल्म थ्रिलर से भरपूर होगी। इसके साथ ही सोनम कपूर का रोल भी दिलचस्प होने वाला है, जिसने फैंस को भी एक्साइटेड कर दिया है।सोनम कपूर ब्लाइंड के टीजर में सीरियल किलर से पंगा लेती नजर आएंगी, जिसका किरदार एक्टर पूरब कोहली अदा करेंगे। ब्लाइंड के टीजर में देखने को मिला कि सोनम कपूर एक टैक्सी में बैठती हैं। वहां टैक्सी ड्राइवर सोनम कपूर से पानी के लिए पूछता है। तभी उन्हें एहसास होता है कि टैक्सी में किसी को बंदी बनाकर रखा गया है।

ऐसे में सोनम कपूर सवाल करती हैं, लेकिन वह ड्राइवर उन्हीं पर हमला कर देता है। दृष्टिहीन होने के बाद भी सोनम कपूर उस शख्स को पहचान लेती हैं और उसके बारे में जांच पड़ताल करने का फैसला करती हैं। हालांकि कई बार उन्हें सीरियल किलर की ओर से धमकी भी मिलती है, लेकिन वह जरा भी पीछे नहीं हटती हैं।सोनम कपूर की अपकमिंग फिल्म ब्लाइंड के टीजर ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। एक यूजर ने लिखा, सोनम कपूर को 3 साल बाद वापस देखने के लिए बेताब हूं।

वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, टीजर जबरदस्त लग रहा है। बेहद एक्साइटेड हूं मैं इस मूवी के लिए। बता दें कि सोनम कपूर की ब्लाइंड 7 जुलाई को जियो सिनेमा पर प्रीमियर होगी। खास बात तो यह है कि दर्शक मुफ्त में इसका लुत्फ उठा सकते हैं। टीजर ने तो दर्शकों को इंप्रेस करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। लेकिन अब यह देखना होगा कि फिल्म दर्शकों का दिल जीत पाती है या नहीं।

**************************

 

फिल्म के टीजर में होश उड़ाएगा शाहरुख खान का अवतार, 7 या 15 जुलाई को जारी होगा जवान का टीजर!

29.06.2023 (एजेंसी) – वर्ष 2023 के बीते 6 माह में बॉक्स ऑफिस पर एकमात्र धमाका शाहरुख खान की फिल्म पठान ने किया। उसके बाद ऐसी कोई फिल्म नहीं आई जिसने बॉक्स् ऑफिस पर तहलका मचाने में कामयाब हुई हो। अपवाद स्वरूप द केरला स्टोरी रही, जिसने 200 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करने में सफलता प्राप्त की। लेकिन इस फिल्म को प्रपोगैंडा फिल्म बताया गया।

अब सबकी नजरें शाहरुख खान की दूसरी प्रदर्शित होने वाली फिल्म जवान पर लगी हुई हैं।इस फिल्म के बारे में कहा जा रहा है कि यह बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाने में कामयाब होगी। शाहरुख खान की जवान भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्म है। यह फिल्म ब्लॉकबस्टर तमिल निर्देशक एटली की पहली हिंदी फिल्म है और इसमें नयनतारा और विजय सेतुपति मुख्य भूमिका में हैं।

डिजिटल दुनिया पर फिल्म के टीजऱ और रिलीज की तारीख को लेकर काफी चर्चा हो रही है।रिपोर्ट के अनुसार जवान का आधिकारिक टीजऱ 7 जुलाई या 15 जुलाई को पूरे धूमधाम के साथ लॉन्च किया जाएगा। शाहरुख खान और एटली जवान टीजऱ को भव्य तरीके से लॉन्च करेंगे। यह सभी का सबसे बड़ा डिजिटल लॉन्च होगा। समय, और टीजऱ हर किसी के होश उड़ा देगा। इसमें शाहरुख खान को पहले कभी नहीं दिखाया गया है।

निर्माता चेन्नई में जवान के टीजऱ को लॉन्च करने के लिए एक विशेष अतिथि की तलाश कर रहे हैं, और एक बार यह तय हो जाने के बाद तारीख भी तय हो जाएगी। इसलिए, फिलहाल इस बात पर संशय है कि इसे कब रिलीज़ किया जाएगा 7 या 15 जुलाई। टीजऱ इस महाकाव्य एक्शन के 2 महीने लंबे मार्केटिंग अभियान की भी शुरुआत करेगा, क्योंकि टीजऱ लॉन्च के बाद गाने और ट्रेलर होंगे।

जवान 7 सितंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए तैयार है और ठीक 7 जुलाई को अभियान शुरू होगा। पठान के बाद, शाहरुख खान एक और ब्लॉकबस्टर देने के लिए यहां हैं। इसका संगीत अनिरुद्ध ने दिया है। इसे 2023 की सबसे बड़ी सिनेमाई घटनाओं में से एक माना जा रहा है। फिल्म का निर्माण एटली के साथ रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है।

********************************

 

अविका गौर ने बताया कि वो कहां करेंगी अपना बर्थडे सेलिब्रेट ?

29.06.2023 (एजेंसी)  – एक्ट्रेस अविका गोर, जो शुक्रवार को 26 साल की हो जाएंगी, दो अलग-अलग सेटों पर अपना बर्थडे सेलिब्रेट करेंगी।मैं दो प्रोजेक्ट्स की शूटिंग कर रही हूं, इसलिए अपनी यूनिट के साथ दो अलग-अलग सेट पर बर्थडे सेलिब्रेट करुंगी। यह पहले के बर्थडे से ज्यादा एक्साइटेड होने वाला है। पहले मैं एकदम चिल रहती थी और परिवार और दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करती थी।

इस बार मैं अपने काम पर ज्यादा फोकस करूंगी और हर शॉट में अपना बेस्ट दूंगी।वह हर साल जन्मदिन मनाती हैं और जितना संभव हो उतना समय परिवार के साथ बिताती हैं। उन्होंने कहा, मैं हर साल ऐसा करने की कोशिश करती हूं। अगर मैं अपने परिवार के साथ नहीं हूं तो मैं उनके साथ एक घंटे की वीडियो कॉल पर रहती हूं। मैं दो मिनट के इंस्टेंट नूडल्स की शौकीन हूं इसलिए मेरा केक कभी चॉकलेट या ब्लैक फॉरेस्ट केक नहीं होता है, मेरा केक हमेशा मैगी केक होता है इसलिए मैं कई सालों से यही कर रही हूं।

उन्होंने कहा कि उम्र सिर्फ एक नंबर है।अपने सबसे यादगार जन्मदिनों में से एक को साझा करते हुए उन्होंने कहा, हर कोई हमेशा बहुत खास होता है और हर जन्मदिन हमेशा पिछली बार से अलग होता है। मैं किसी एक को नहीं चुन सकती। मैं इसका इंतजार कर रही हूं क्योंकि खासकर 1920: हॉरर्स ऑफ द हार्ट्स की हिट घोषणा के बाद यह और भी खास होने जा रहा है।

मैं निश्चित रूप से अपने काम के बारे में ज्यादा अच्छा महसूस कर रहा हूं और यह सेलिब्रेशन लंबे समय तक जारी रहेगा।फिल्म के लिए मिल रही शानदार प्रतिक्रिया पर उन्होंने कहा, यह मेरे दर्शकों से मुझे मिला अब तक का सबसे बड़ा उपहार है और मैं इसके लिए वास्तव में आभारी हूं और यह हमेशा खास रहेगा।

********************************

 

ब्यूटिफुल ब्लू कलर आउटफिट में श्रिया सरन लग रही हॉट

29.06.2023 (एजेंसी)  अजय देवगन की ऑनस्क्रीन वाइफ श्रिया सरन इन दिनों अपने लेटेस्ट तस्वीरों के कारण सोशल मीडिया पर चर्चाओं में बनी हुई हैं। वो अक्सर सोशल मीडिया पर अपने बोल्ड पोस्ट शेयर कर इंटरनेट का तापमान बढ़ा देती हैं। श्रिया सरन के बहुत से ऐसे लुक्स को देखकर फैंस भी दंग रह जाते हैं। इसी बीच एक बार फिर से एक्ट्रेस ने अपनी लेटेस्ट फोटोशूट के दौरान की कुछ तस्वीरें इंस्टा पर पोस्ट की हैं।

इन तस्वीरों में वो हॉट तो लग रही थीं लेकिन यूजर्स ने उन्हें बूरी तरह ट्रोल कर दिया है। साउथ और बॉलीवुड इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस श्रिया सरन एक बार फिर से अपनी तस्वीरों के चलते सोशल मीडिया पर ह्रशश्चह्य मूमेंट का शिकार हो गई हैं। हाल ही में फोटोशूट के दौरान एक्ट्रेस ने बेहद ही ब्यूटिफुल ब्लू कलर का आउटफिट पहना हुआ था। एक्ट्रेस अपने इस आउटफिट में हॉट नजर आ रही थीं, लेकिन यूजर ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया था।

हालांकि उर्फी जावेद से कंपेयर भी करने लगे थे। दरअसल, श्रिया सरन ने एक ऑफ-शोल्डर डेनिम आउटफिट पहना हुआ था। इस ड्रेस में कमर की दोनों साइड में बहुत बड़ा कट लगा हुआ था, जिसके चलते लोगों ने उन्हें खूब बूरी तरह ट्रोल कर दिया था। एक यूजर ने उन्हें ट्रोल करते हुए कहा- उर्फी तो यूं ही बदनाम है, वहीं दूसरे यूजर ने लिखा- उर्फी जावेद का लाइट वर्जन। श्रिया सरन अपने इस आउटफिट में जमकर फिगर फ्लॉन्ट करती हुई नजर आ रही हैं।

कई लोग उनके इस लुक को देखकर बोल रहे हैं कि उन पर ये आउटफिट नहीं सूट कर रहा है। जहां एक्ट्रेस का ये बोल्ड अवतार कुछ फैंस को बेहद पसंद आ रहा है तो वहीं कुछ लोगों ने नेगेटिव कॉमेंट्स भी किए हैं। बताते चलें कि एक्ट्रेस श्रिया सरन ने अपने इस आउटफिट को बालों की पोनी बांधकर और नेकलेस के साथ टिमअप किया है।

*********************************

 

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version