मानवीय संवेदनाओं को उजागर करती एक्शन ड्रामा और म्यूजिकल फिल्म -‘चट्टान’ 22 सितंबर को रिलीज होगी 

31.08.2023  –   1990 के बैकड्रॉप पर एक घटित मार्मिक घटनाक्रम पर आधारित एक्शन युक्त म्यूजिकल फिल्म ‘चट्टान’ की वजह से लेखक निर्देशक सुदीप डी.मुखर्जी इन दिनों बॉलीवुड में चर्चा का विषय बने हुए हैं। 90 का दशक हिंदी सिनेमा का स्वर्णिम दौर रहा है। लव स्टोरी, प्रतिशोध,भावप्रवण या फिर म्यूजिकल सिनेमा हो…उस दौर की फ़िल्में ऑडियंस और सिनेमाई जगत में सर चढ़कर बोलती थी। यही वजह है कि बदलते प्रतिमानों के बीच आज भी कुछेक संवेनशील और सजक फ़िल्मकार 90 की फिल्मों का मोह छोड़ नहीं पाते…स्टोरी अप्रोच, स्क्रिप्ट एंगल और डायलॉग्स का नज़रिया और तकनीकी  क्रांति के बीच भी उनमें वैसे ही कलेवर की फ़िल्में बनाने की चाह बरकरार है।

उन्हीं फिल्मकारों में से एक हैं सुदीप डी.मुखर्जी। 90 दशक के सिनेमा में रचे बसे अपनी आँखों में वैसा ही नेचुरल सिनेमा बनाने की सोच रखते हैं फ़िल्मकार सुदीप डी.मुखर्जी। तभी तो जब उन्होंने रंजन कुमार सिंह, लेख टंडन और प्रकाश मेहरा जैसे फिल्मकारों से डायरेक्शन की विधिवत ट्रेनिंग लेकर स्वतंत्र रूप से निर्देशक के रूप में अपनी पहली फिल्म का बीड़ा उठाया तो फिल्म का प्रारूप 90 के सिनेमा को ही चुना। प्रतिफल स्वरूप  रियल स्टोरी के साथ ‘चट्टान’ का निर्माणकार्य मुक़म्मल किया।

एक कर्तव्यनिष्ठ जांबाज़ पुलिस अफसर और उसके परिवार को सच्चाई और अपने फर्ज़ के खातिर सिस्टम के खिलाफ जाकर कितना संघर्ष करना पड़ता है किन किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है साथ ही साथ इस टकराव में उसे क्या कुछ गंवाना पड़ता है। इन्हीं सब बातों का खुलासा बड़े ही कलात्मक ढंग से स्क्रीन पर फिल्मकार सुदीप डी.मुखर्जी ने किया है।

उनके दिलो दिमाग में यह विजन आईने की तरह साफ रहा कि स्क्रिप्ट के अनुसार सभी किरदार सहज और स्वाभाविक लगे। मध्य प्रदेश के कस्बे देवपुर के पुलिस थाने में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर रंजीत सिंह के रोल के लिए उन्होंने कई अभिनेताओं से संपर्क किये उन्हें एक  ऐसा अभिनेता उस जांबाज़ इंस्पेक्टर के रुप मे चाहिए था जो कि समाज के लिए खतरा बने डॉन और उनकी गैंग के खिलाफ शंखनाद करे,बिना किसी समझौते के और वो भी अपनी पत्नी परिवार के दायित्व के साथ…..इस अहम रोल के लिए हिंदी, गुजराती, राजस्थानी, मलयालम, तामिल फिल्मों में अपने अभिनय कौशल का लोहा मनवा चुके जीत उपेंद्र का चयन किया।

परिवारिक जवाबदेही सँभालने के साथ अपने जांबाज़ इंस्पेक्टर पति के साथ उसकी नौकरी और फ़र्ज़ निभाने में बराबर की साझेदारी करने वाली पत्नी रजनी की मुख्य भूमिका में ‘तहकीकात’, ‘अधिकार’, ‘साँस’, ‘आशीर्वाद’, ‘बंधन’, ‘सिसकी’, ‘आहट’, ‘शांति’, ‘मोहनदास बी.ए.एल.एल.बी’ जैसे कई सफल धारावाहिकों में अपनी एक्टिंग की धाक जमा चुकी अभिनेत्री राजनिका गांगुली को अनुबंधित किया। जिन्होंने एम.पी.की टिपिकल गर्भवती पत्नी दिखने के लिए 20 किलो अपना वजन बढ़ाया और अपने रोल के साथ न्याय किया। ‘चट्टान’ ‘का सबसे चैलेंजिंग रोल है गलत सलत काले धंधों में लिप्त डॉन मुन्ना भाई का…जिसका कदम कदम पर इसंपेक्टर रंजीत से टकराव होता है।

इस रोल में बहुत शेड्स हैं, वह धाकड़ पर्सनॅलिटी का मालिक तो है ही साथ ही कूटनीति के बल पर अपने काम निकलवाने में भी माहिर है। इस फुल फलेश विलन का रोल 300 से भी अधिक फ़िल्में कर चुके तेज सप्रू को सौंपा है l वह पहली बार चट्टान में स्वतंत्र रूप से खलनायक बने हैं l उन्होंने अपना किरदार बेहतर निभाया है l ‘चट्टान’ में सब इंस्पेक्टर अजय कुमार का चरित्र भी काफी महत्वपूर्ण है इसका पूरा मैनरिज़्म, इंस्पेक्टर रंजीत के साथ सहयोगी अपने सिद्धांतों पर काम करने वाले पुलिस सहकर्मी का है।

इस किरदार को आत्मसात किया है ‘कयामत से कयामत तक’, ‘शिवा’, ‘पापी’, ‘जो जीता वही सिंकदर’, ‘नरसिम्हा’, ‘बेटा’, ‘दिल’ आदि 400 फिल्मों में विलन का किरदार करने वाले अभिनेता ब्रिज गोपाल ने…उनके लिए भी यह रोल चुनौतीपूर्ण रहा। अपने पूरे कैरियर में ब्रिज गोपाल ने पहली बार पोजेटिव रोल किया है। रंजीत की मुन्नाभाई के हाथों मारे जाने के बाद एक मात्र शेष रहे अजय कुमार और उसकी पत्नी की भुमिका इस कहानी का अहम हिस्सा है। उन दृश्यों में ब्रिज गोपाल का अभिनय देखते ही बनता है।

90  के स्टाइल का म्यूजिक :

चट्टान में नृत्य निर्देशन, संपादन, लेखन और निर्देशन के अतिरिक्त सुदीप डी मुखर्जी ने गीतकर और संगीतकार की भी जिम्मेदारी का निर्वाह कुशलता से किया है। उन्होंने सांग्स राइटिंग सिचुएशनल,मीनिंगफुल और म्यूजिक अरेंजमेंट इंटीलीयूड, सिंगर्स की वॉइस क्वालिटी बिलकुल 90 के एरा की रखी है कुमार सानू, प्रिया  भट्टाचार्य, देवाशीष दासगुप्ता, प्रीथा मजुमदार, आबिद जमाल और अनन्या बासु ने गायिकी का बेहतरीन रंग जमाया है।

नयनाभिराम लोकेशंस :

बहुचर्चित एक्शन ड्रामा म्यूजिकल फिल्म ‘चट्टान’ का सबल पक्ष इसके नयनाभिराम बेहद खूबसूरत लोकेशंस हैं कालिकापुर राजबाड़ी, आमार कुटीर,आदुरिया फारेस्ट, बोलपुर शांति निकेतन (पश्चिमबंगाल),बृन्द्रावन गार्डन,कावेरी नदी वशिन मैसूर (कर्नाटक ), सूचक बंगला,सुतार वाड़ी, बी .बी.हाउस,बलबंत विला

( मढ इस लैंड),फिल्म सिटी (मुंबई ), संक्रमण चम्पक स्टूडियो (मुंबई)।

नृत्य निर्देशन गीत, संगीत ,संपादन कथा पटकथा-संवाद और निर्देशक  सुदीप डी.मुखर्जी, छायांकन : राजेश कनोजिया, कार्यकारी निर्माता के.वी. गुरु प्रसाद, एक्शन: हीरा यादव, बैक ग्राउंड म्यूजिक: कमल सिंह भुनावत।

एन .एन.गांगुली और बेला गांगुली द्वारा प्रस्तुत सर्वमंगला इंटरनेशनल और के.बी.इंटरप्राइजेज के संयुक्त तत्वाधान में फिल्म निर्मात्री रजनिका गांगुली द्वारा सेवन स्टार क्रिएटिव इंटरनेशनल के बैनर तले निर्मित मानवीय संवेदनाओं को उजागर करती फिल्म ‘चट्टान’ 22 सितंबर को रिलीज होने वाली है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

राहुल गांधी न तो किसी को डराते हैं और न ही किसी चीज से डरते हैं : खडग़े

मैसूर ,30 अगस्त (एजेंसी)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी न तो किसी को डराते हैं और न ही किसी चीज से डरते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष यहां 1.10 करोड़ परिवारों की महिला मुखियाओं को 2,000 रुपये का भत्ता हस्तांतरित करने के लिए डिजिटल बटन दबाकर गृह लक्ष्मी योजना की शुरुआत करने के बाद एक सार्वजनिक रैली को संबोधित कर रहे थे। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपये भत्ता दिया जाएगा।

खडग़े ने कांग्रेस पार्टी के योगदान पर सवाल उठाने के लिए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान साक्षरता दर 14 प्रतिशत से बढ़कर 74 प्रतिशत हो गई है। वे हमारे कार्यक्रमों को हाईजैक कर लेते हैं, उन्हें दोबारा दोहराते हैं और उन पर अपना प्रोजेक्ट होने का दावा करते हैं। एससी और एसटी में शिक्षा का स्तर 7 फीसदी था. हमने इसे बढ़ाकर 60 फीसदी कर दिया है। 1947 से पहले दो लाख प्राथमिक विद्यालय थे, अब वे आठ लाख हैं।

खडग़े ने कहा, सोनिया गांधी खाद्य सुरक्षा अधिनियम लेकर आईं। हम गरीबों के लिए योजनाएं लाए हैं। वे (भाजपा) केवल अमीरों के लिए योजनाएं लाते हैं। हम अगर पीएम मोदी का नाम ले लेते हैं, तो वे केस दर्ज करा देते हैं। जब राहुल गांधी ने उनका नाम लिया तो उनके खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया। राहुल गांधी न तो किसी को डराते हैं और न ही किसी चीज से डरते हैं। उन्होंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा की और उस दौरान हर तबके के लोगों से बात की थी। किस राष्ट्रीय नेता ने ऐसा किया है?

मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कहा कि कर्नाटक में 1.26 करोड़ परिवार हैं। इन परिवारों की महिला मुखियाओं को आज 2,000 रुपये दिए गए। भारत का कोई भी राज्य इतने बड़े पैमाने पर संकटग्रस्त लोगों की मदद के लिए आगे नहीं आया है। 11 जून को शक्ति परियोजना लागू की गई और पूरे राज्य में 4 करोड़ से अधिक महिलाएं राज्य सरकार के स्वामित्व वाली बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ ले रही हैं। इससे पहले अन्न भाग्य योजना 10 जुलाई को लागू की गई थी। हालांकि केंद्र सरकार ने चावल उपलब्ध नहीं कराया, ऐसे में चावल की खरीद के लिए परिवारों को 170 रुपये दिए जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह ज्योति योजना के तहत 1.56 करोड़ लाभार्थियों के परिवारों को बिजली के उपयोग का शून्य बिल दिया जाता है। प्रधानमंत्री ने खुद दावा किया था कि इन योजनाओं को लागू करने से राज्य दिवालिया हो जाएगा। अब गृह लक्ष्मी योजना लागू हो गई है। बेरोजगार युवाओं के लिए युवा निधि कार्यक्रम दिसंबर या जनवरी तक शुरू हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, आवास और ग्रामीण विकास के लिए धनराशि रखी जाती है और साथ ही गारंटी योजनाएं लागू की जाती हैं। इन पर हर साल 56,000 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

उन्होंने कहा, हमने साबित कर दिया है कि हमारी सरकार गरीबों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, किसानों, मजदूरों और युवाओं के लिए है।
उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि गृह लक्ष्मी योजना की शुरुआत के साथ ही दिवंगत पीएम इंदिरा गांधी के स्वर्ण युग की शुरुआत हो गई है। पूरे देश में परिवर्तन की लहर है।

उन्होंने कहा, हमने सत्ता में आने के बाद 100 दिनों में चार गारंटी योजनाएं लागू की हैं। इस तरह, हमने कर्नाटक मॉडल को देश के सामने पेश किया है। हमने वह किया है जो इस देश में कभी नहीं किया गया।

********************************

 

‘पुष्पा: द राइज़’ की वैश्विक सफलता के बाद आइकन स्टार अल्लू अर्जुन ‘पुष्पा 2: द रूल’ में भी नज़र आएंगे 

30.08.2023  –  आइकन स्टार अल्लू अर्जुन ने ‘पुष्पा: द राइज़’ की वैश्विक सफलता के साथ देश के गौरव को विश्व स्तर पर पहुंचाया है। 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में  शानदार जीत ने अल्लू अर्जुन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतने वाला पहला तेलुगु अभिनेता बना दिया है।

दुनिया के सबसे बड़े सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘इंस्टाग्राम ग्लोबल’ ने ‘पुष्पा: द राइज’ की विश्वव्यापी कवरेज के लिए आइकन स्टार अल्लू अर्जुन के दरवाजे पर कदम रखा है। यह असल में अल्लू अर्जुन के वैश्विक स्टारडम का सबूत है, जिसने इंस्टाग्राम ग्लोबल को ‘पुष्पा 2: द रूल’ की दुनिया की पहली झलक दिखाने के लिए आमंत्रित किया है।

जैसे ही इंस्टाग्राम ग्लोबल की टीम अल्लू अर्जुन के घर पहुँची अल्लू अर्जुन ने उन्हें अपने वर्कप्लेस की जगह को कवर करते हुए अपने सुंदर घर का दौरा कराया, जहां उन्होंने घर पर अपनी रूटीन की झलक दी, वहीं उन्होंने परिवार के महत्व और अपने काम की तरफ अपनी प्रतिबद्धता के माध्यम से अपने प्रशंसकों और दर्शकों का मनोरंजन करने की अपनी इच्छा जाहिर की।

इंस्टाग्राम ग्लोबल द्वारा जारी ‘पुष्पा 2 द रूल’ की पहली झलक दिखाने वाले वीडियो ने दुनिया भर के प्रशंसकों के लिए एक अद्वितीय उपहार के रूप में सामने आया है और इसने वास्तविक में ‘पुष्पा 2: द रूल’ की रिलीज के लिए दर्शकों के उत्साह को बढ़ावा दिया है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

BharatPe के चीफ बिजनेस ऑफिसर ध्रुव बहल ने दिया इस्तीफा, अश्नीर ने किया कटाक्ष

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी): भारतपे के पूर्व सीओओ ध्रुव धनराज बहल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्हें हाल ही में कंपनी के मर्चेंट लेंडिंग डिवीजन के लिए मुख्य व्यवसाय अधिकारी के रूप में फिर से नियुक्त किया गया था।

कंपनी के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि हम यह पुष्टि करना चाहेंगे कि ध्रुव धनराज बहल अपनी उद्यमशीलता के जुनून को आगे बढ़ाने के लिए भारतपे से हट रहे हैं। वह संगठन का एक अभिन्न हिस्सा रहे हैं और कंपनी की वृद्धि में योगदान दिया है। हम भारतपे में उनके योगदान के लिए उनका आभार जताते हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।

भारतपे के सह-संस्थापक और पूर्व प्रबंध निदेशक अश्नीर ग्रोवर ने बुधवार को एक्स पर एक पोस्ट में ध्रुव धनराज बहल के बाहर निकलने पर कटाक्ष किया। हरियाणवी भाषा में ग्रोवर ने कहा, ‘ताऊ, आप यह टास्क पूरा नहीं कर सकते। आपके व्यवहार करने का तरीका चौधरी (मजबूत आदमी) जैसा है। आपके बच्चे भी घटनास्थल से भाग गए हैं इसलिए आप अभी वापस जाओ।’

दूसरी तरफ कंपनी ने कहा है कि अपने व्यापारी ऋण संचालन को मजबूत करने के लिए एक रणनीतिक कदम में, भारतपे ने हाल ही में मुंबई की ट्रिलियन लोन, एक गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) में नियंत्रण हिस्सेदारी हासिल कर ली है।

भारतपे में एक अनुभवी नेतृत्व टीम के कुशल मार्गदर्शन में, पिछले एक साल के दौरान व्यापारी ऋण व्यवसाय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कंपनी ने एक बयान में आगे कहा कि भारतपे के पास एक मजबूत आंतरिक टीम है जो आने वाले समय में भी विकास को गति देना जारी रखेगी।

***************************

 

शाहरुख खान पहुंचे मां वैष्णो देवी के दरबार

जम्मू  30 Aug. (एजेंसी)-बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने अपनी फिल्म ‘जवान’ रिलीज होने से पहले जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। अधिकारियों के अनुसार, अभिनेता ने कटरा पहुंचने के बाद पवित्र गुफा में दर्शन किए और फिर नए ताराकोट मार्ग से भवन की ओर रवाना हुए। अभिनेता को भवन में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा गया, जिसमें वह अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में दिखे। वह सफेद टीशर्ट के ऊपर नीले रंग की हुडी पहने हुए थे और अपने चेहरे को हुडी की कैप और मास्क से ढके हुए थे।

रुपहले पर्दे पर ‘जवान’ 07 सितंबर को रिलीज होगी। श्री खान ने पिछले वर्ष दिसंबर में अपनी ब्लॉकबस्टर हिट फिल्म ‘पठान’ रिलीज होने से पहले भी वैष्णो देवी के दर्शन किए थे।

शाहरुख खान के फैंस सोशल मीडिया पर उनका ये वीडियो शेयर कर रहे हैं। शाहरुख के फैन पेज ने ये वीडियो शेयर किया है। एक फैन ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- ‘जवान की रिलीज से पहले शाहरुख खान मां वैष्णो देवी के दर्शन करने गए, एक ही दिल है खान साहब, कितनी बार जीतोगे।’

*****************************

 

मायावती ने गठबंधन में शामिल होने से किया इनकार, बोलीं नो फेक न्यूज प्लीज़

लखनऊ 30 Aug. (एजेंसी): बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने एक बार फिर सत्तारूढ़ दल एनडीए या फिर विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल होने से मना किया है। साथ ही उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि नो फेक न्यूज प्लीज़।

बसपा सुप्रीमों मायावती ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से लिखा कि एनडीए व इंडिया गठबंधन अधिकतर गरीब-विरोधी जातिवादी, साम्प्रदायिक, धन्नासेठ-समर्थक व पूंजीवादी नीतियों वाली पार्टियां हैं, जिनकी नीतियों के विरुद्ध बीएसपी अनवरत संघर्षरत है और इसीलिए इनसे गठबंधन करके चुनाव लड़ने का सवाल ही पैदा नहीं होता। अतः मीडिया से अपील-नो फेक न्यूज प्लीज़।

उन्होंने आगे लिखा कि बीएसपी, विरोधियों के जुगाड/जोड़तोड़ से ज्यादा समाज के टूटे/बिखरे हुए करोड़ों उपेक्षितों को आपसी भाईचारा के आधार पर जोड़कर उनकेे गठबंधन से सन 2007 की तरह अकेले आगामी लोकसभा तथा चार राज्यों में विधानसभा का आमचुनाव लडे़गी। मीडिया बार-बार भ्रान्तियां न फैलाए।

मायावती ने कहा कि वैसे तो बीएसपी से गठबंधन के लिए यहां सभी आतुर हैं, किन्तु ऐसा न करने पर विपक्षी खिसयानी बिल्ली खंभा नोचे की तरह भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाते हैं। इनसे मिल जाएं तो सेक्युलर, न मिलें तो भाजपाई। यह घोर अनुचित तथा अंगूर मिल जाए तो ठीक वरना अंगूर खट्टे हैं, की कहावत जैसी है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, बीएसपी से निकाले जाने पर सहारनपुर के पूर्व विधायक कांग्रेस व उस पार्टी के शीर्ष नेताओं की प्रशंसा में व्यस्त हैं, इससे लोगों में यह सवाल स्वाभाविक है कि उन्होंने पहले यह पार्टी छोड़ी क्यों और फिर दूसरी पार्टी में गए ही क्यों? ऐसे लोगों पर जनता कैसे भरोसा करे?

**************************

 

Chandrayaan-3 की डिजाइन का दावा करने वाला शख्स गिरफ्तार

सूरत 30 Aug. (एजेंसी): इसरो के चंद्रयान -3 मिशन के लैंडर के डिजाइन बनाने का दावा करने मितुल त्रिवेदी को सूरत सिटी पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, त्रिवेदी के दावों को इसरो के अधिकारियों ने खारिज कर दिया है, इसके कारण उसकी गिरफ्तारी हुई। त्रिवेदी ने हाल ही में चंद्रयान -3 के लैंडर के डिजाइन के पीछे एक प्रमुख व्यक्ति होने के अपने दावे को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया, उन्होंने दावा किया कि इनोवेशन ने लैंडिंग पर धूल के बिखरने को रोका।

पुलिस ने शुरू में त्रिवेदी को वेरिफिकेशन के लिए बुलाया था, लेकिन अपने दावों को साबित करने में असमर्थता के चलते मामला क्राइम ब्रांच ने देखा। वहीं बेंगलुरु स्थित इसरो मुख्यालय ने अंतरिक्ष एजेंसी के साथ उसके इस दावे का खंडन किया। पुलिस ने त्रिवेदी की क्वालिफिकेशन की जांच की।

उनके दावे प्रतिष्ठित इंस्टीट्यूशन में एकेडमिक के दावों तक विस्तारित हुए, इनमें क्वांटम फिजिक्स के लिए कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी और एंथ्रोपोलॉजी और वेदांत के लिए ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी शामिल हैं, जिसका समापन पीएचडी में हुआ। त्रिवेदी ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण में सदस्यता और 45 प्राचीन भाषाओं को पढ़ने में असाधारण दक्षता का भी दावा किया था।

बाद में उन्हें सूरत पुलिस की स्पेशल ब्रांच के डीसीपी हेतल पटेल ने तलब किया। अधिकारियों ने उनके दावे के समर्थन में दस्तावेजों का अनुरोध किया था, जिसे पूरा करने में त्रिवेदी विफल रहे। यह पहली बार नहीं है जब त्रिवेदी ने असाधारण दावे किए हैं। इससे पहले उन्होंने दक्षिण गुजरात के ओलपाड के पास समुद्र में द्वारिका नाम की एक स्वर्ण नगरी के अस्तित्व पर दावा किया था।

****************************

 

जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य बना दिया जाएगा, 31 अगस्त को विस्तृत बयान देगी केंद्र सरकार

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी): उच्चतम न्यायालय ने केंद्र सरकार से कहा कि वह जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की किस समय सीमा के बारे में सोचता है, इसके बारे में उसे आधिकारिक तौर पर अवगत कराए।

मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति संजय किशन कौल, न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति सूर्य कांत की संविधान पीठ ने अटॉर्नी जनरल और सॉलिसिटर जनरल से कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य बनाने के लिए कोई समय सीमा है तो वे केंद्र से निर्देश प्राप्त कर शीर्ष अदालत को अवगत काराएं।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इस मुद्दे पर उच्चतम स्तर पर निर्देश प्राप्त करने के बाद अपना रुख स्पष्ट करने के लिए 31 अगस्त तक का समय मांगा। उन्होंने कहा कि वह 31 अगस्त को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की केंद्र शासित प्रदेश की स्थिति के भविष्य पर एक विस्तृत बयान देंगे। संविधान पीठ अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है।

संविधान पीठ ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बचाव में सॉलीसीटर जनरल तुषार मेहता की दलीलें सुनने के बाद उनसे केंद्र सरकार का जम्मू कश्मीर को फिर राज्य का दर्जा बहाल करने के संबंध में आधिकारिक बयान देने को कहा।

शीर्ष अदालत ने केंद्र से सवाल किया, क्या संसद के पास मौजूदा भारतीय राज्य को केंद्र शासित प्रदेश में बदलने की शक्ति है।

इस पर मेहता ने जवाब दिया कि जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाने का फैसला स्थायी नहीं है। उन्होंने कहा, “जब चीजें सामान्य हो जाएंगी तो जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य बना दिया जाएगा।”

सॉलिसिटर जनरल ने संविधान पीठ को बताया कि सदन (सांसद) में भी एक बयान दिया गया है और प्रयास किए जा रहे हैं। ‘एक बार प्रयास सफल हो जाएं और स्थिति सामान्य हो जाए तो हम इस ( राज्य बनाने) पर विचार करेंगे।’

मेहता ने कहा, हम हमेशा राष्ट्रीय एकता के पक्ष में हैं। मैं चुनाव और राजनीति की बात नहीं करूंगा। मैं राष्ट्रीय एकता के मुद्दे पर बात करूंगा। इसमें लोगों की भलाई का ध्यान रखा जा रहा है।

इस पर पीठ ने कानून अधिकारी से कहा कि लोकतंत्र की बहाली भी महत्वपूर्ण है।

पीठ ने कहा, लोकतंत्र की बहाली भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। हमारे पास ऐसी स्थिति नहीं हो सकती, जहां …कुप्रबंधन (अव्यवस्था) हो।

मेहता ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के केंद्र के 5 अगस्त 2019 के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि 2020 में दशकों में पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव हुए और कोई हड़ताल, कोई पथराव, कोई कर्फ्यू नहीं लगाना पड़ा।

उन्होंने विकास कार्यों का हवाला देते हुए शीर्ष अदालत को बताया, नए होटल बनाए जा रहे हैं। फैसले (अनुच्छेद 370 को निरस्त करने) से सभी को फायदा हुआ है।

सॉलिसिटर जनरल ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर को दो केंद्रशासित प्रदेशों में पुनर्गठित करना उसी पैटर्न का पालन करता है, जैसा 1966 में सरकार ने पंजाब को विभाजित करके हरियाणा और चंडीगढ़ केंद्रशासित प्रदेश बनाने के लिए अपनाया था, जब यह राष्ट्रपति शासन के अधीन था।

*****************************

 

चैंबर में घुसकर वकील की हत्या, खाना खाते वक्त मारी गोली

गाजियाबाद 30 Aug. (एजेंसी)-उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में तहसील परिसर में वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब वकील खाना खा रहे थे। मृत वकील का नाम मनोज चौधरी है। ये घटना चेंबर नंबर-95 में हुई। दरअसल, वकील खाना खाने के लिए टेबल पर बैठे थे तभी अज्ञात हमलवार ने उन्हें गोली मार दी और फरार हो गया।

गाजियाबाद सिटी के डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि आज दोपहर लगभग सवा दो बजे थाना सिंहनी गेट को इस घटना की जानकारी मिली थी। जब मोनू चौधरी उर्फ मनोज चौधरी अपने चेंबर में बैठे हुए थे तभी दो अज्ञात हमलावर आए और गोली मारकर इनकी हत्या कर दी।

तुरंत मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। लाश को पोस्टपोटर्म के लिए भेजा दिया गया है। अधिवक्ता की हत्या किस वजह से की गई है। इस बात का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक जांच में बहन के ससुराल पक्ष का विवाद सामने आ रहा है।

****************************

 

वक्फ बोर्ड से वापस ली जाएंगी 123 संपत्तियां, केंद्र सरकार की सूची में जामा मस्जिद भी शामिल

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी): केंद्र सरकार अहम फैसले के तहत वक्फ बोर्ड की 123 संपत्तियों वापस लेने जा रही है। ये संपत्तियां शहरी विकास मंत्रालय के पास आने की संभावना है और इस संबंध में मंत्रालय ने नोटिस भी जारी कर दिया है। जिन संपत्तियों को वापस लिया जा रहा है उसमें दिल्ली की प्रसिद्ध जामा मस्जिद भी शामिल है।

दरअसल पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार के दौरान जामा मस्जिद को वक्फ बोर्ड को दिया गया था। इस साल की शुरुआत में आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के भूमि एवं विकास कार्यालय (L&DO) ने दो सदस्यीय समिति की रिपोर्ट के आधार पर बोर्ड से 123 संपत्तियों का नियंत्रण अपने हाथों में लेने का फैसला लिया था, जिसमें मस्जिदें, दरगाह और कब्रिस्तान शामिल हैं। अप्रैल में केंद्र सरकार ने दिल्‍ली हाई कोर्ट को बताया था कि 1911 से 1914 के बीच उसने दिल्‍ली वक्‍फ बोर्ड के दावे वाली 123 संपत्तियों का अधिग्रहण किया था।

****************************

 

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को राहत, रद्द होगा लोकसभा से निलंबन

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी)-कांग्रेस नेता अधीर रंजन चाैधरी के लिए राहतभरी खबर है। खबर यह है कि अधीर रंजन का संसद से निलंबन निरस्त होगा। इस संबंधी प्रस्ताव को मंजूदी दे दी गई। यह मंजूरी लोकसभा की प्रिवलेज कमेटी (विशेषाधिकार समिति) ने दी। अधीर रंजन को मानसून सत्र के दौरान निलंबित किया गया था। अधीर रंजन आज विशेषाधिकार समिति के सामने पेश हुए और कहां कि उनका मकसद किसी की भावना को आहत करना नहीं था।

सूत्रों के मुताबिक जब समिति के सामने अपनी बात रख कर अधीर रंजन जाने लगे तो समिति के चेयरमैन ने हल्के फुल्के अंदाज में कहा कि सजा तो सुनते जाइए। जब अधीर रंजन ने कहा कि सजा सुनाईए तो समिति के अध्यक्ष ने कहा कि आपको हमारे साथ लंच करना पड़ेगा, फिर अधीर रंजन चौधरी ने समिति के सदस्यों के साथ लंच किया। अपने निलंबन के बाद चौधरी ने कहा था कि सदन से निलंबन अनावश्यक था, और उनका किसी को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। चौधरी ने यह भी तर्क दिया था कि यदि उनकी टिप्पणियां अनुचित थीं, तो उन्हें हटाया जा सकता था। भाजपा विधायक सुनील सिंह के नेतृत्व वाली लोकसभा विशेषाधिकार समिति ने भी चौधरी के खिलाफ मामले पर चर्चा करने के लिए पिछले सप्ताह बैठक की थी।

****************************

 

Smile Please…चांद पर प्रज्ञान रोवर ने विक्रम लैंडर की खींची तस्वीर, ISRO ने शेयर की फोटो

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी): भारत का चंद्रयान-3 मिशन पूरी तरह से सफल रहा है। भारत द्वारा चंद्रमा के सतह पर उतारा गया प्रज्ञान रोवर रोजाना नई-नई तस्वीरें उतार रहा है। इस कड़ी में ‘प्रज्ञान’ रोवर ने आज ‘विक्रम’ लैंडर की एक तस्वीर खींची है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने यह जानकारी दी। ISRO ने कैप्शन दिया है कि Smile Please।

इसरो ने बुधवार को ट्वीट किया, ‘Smile Please। प्रज्ञान रोवर ने आज सुबह विक्रम लैंडर की तस्वीरें क्लिक की हैं। ये फोटो प्रज्ञान रोवर के नेविगेशन कैमरे (NavCam) द्वारा क्लिक की गई हैं। इस NavCam कैमरे को Laboratory for Electro-Optics Systems (LEOS) द्वारा तैयार किया गया है। इसरो के मुताबिक, ये तस्वीरें 30 अगस्त को भारतीय समयानुसार सुबह 7 बजकर 35 मिनट पर क्लिक की गई हैं।

आपको बता दें कि भारत द्वारा 14 जुलाई को चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च किया गया था, 23 अगस्त को चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने चांद के साउथ पोल में सॉफ्ट लैंडिंग की. भारत इसी के साथ चांद के इस हिस्से पर लैंड करने वाला दुनिया का पहला देश बना था, साथ ही चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला दुनिया का चौथा देश था। भारत से पहले अमेरिका, चीन और सोवियत संघ सफलतापूर्वक चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग कर चुके हैं।

****************************

 

भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव पर रोक बरकरार, सुप्रीम कोर्ट ने दखल देने से किया इंकार

नई दिल्ली  ,30 अगस्त (एजेंसी) । भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव पर लगी रोक को हटाने की याचिका को खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।

11 अगस्त को पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव पर 28 अगस्त तक रोक लगा दी थी। इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।
न्यायमूर्ति अभय एस. ओका और न्यायमूर्ति पंकज मिथल की पीठ ने याचिकाकर्ता, आंध्र प्रदेश एमेच्योर कुश्ती संघ से अपनी शिकायतों के साथ हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने को कहा है।

11 अगस्त को, पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने हरियाणा कुश्ती संघ (एचडब्ल्यूए) द्वारा दायर एक याचिका पर अगले आदेश तक चुनाव रोक दिया गया था, जिसमें हरियाणा एमेच्योर कुश्ती संघ को डब्ल्यूएफआई चुनावों में वोट डालने की अनुमति देने के कदम को चुनौती दी गई थी।

न्यायमूर्ति विनोद एस भारद्वाज की पीठ ने यह देखने के बाद मामले को 28 अगस्त के लिए स्थगित कर दिया कि पार्टियों को भारतीय कुश्ती महासंघ की कार्यकारी समिति के चुनाव के लिए वोट डालने का महत्वपूर्ण अधिकार है, जो 12.08.2023 को होना था। उसे सुनवाई की अगली तारीख तक रोक लगाने का आदेश दिया जाता है।

इससे पहले जुलाई में, शीर्ष अदालत ने एक याचिका पर डब्ल्यूएफआई चुनावों पर गुवाहाटी उच्च न्यायालय की रोक हटा दी थी।

******************************

 

कंटेनर और स्काॅर्पियो के बीच भीषण भिड़ंत, सात लोगों की मौत, चार की हालत गंभीर

सासाराम 30 Aug. (एजेंसी): बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक कंटेनर और स्काॅर्पियो की टक्कर में सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। बताया जाता है कि कुछ लोग एक स्काॅर्पियो पर सवार होकर झारखंड की ओर से आ रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर पखनारी के समीप स्कॉर्पियो और कंटेनर की टक्कर हो गयी। कंटेनर सड़क के किनारे पहले से खड़ी थी और तेज गति से आ रही स्काॅर्पियो इससे टकरा गई।

शिवसागर के थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य में जुट गई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मृतकों में कुछ की पहचान हुई है, जबकि कुछ अन्‍य की पहचान नहीं हो पाई है।

सभी घायलों को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल सासाराम से हायर सेंटर अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों में तीन किशोरी, दो महिला, एक पुरुष, एक किशोर शामिल है। पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, सासाराम पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है।

*****************************

 

Chandrayaan-3 के रोवर को मिली रासायनिक वस्तुएं, हाइड्रोजन की तलाश जारी

चेन्नई 30 Aug. (एजेंसी): चंद्रयान-3 को प्राप्त एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में अंतरिक्ष यान के पेलोड ने चंद्रमा के दक्षिण ध्रुवीय क्षेत्र में एल्यूमीनियम, सल्फर, कैल्शियम, लोहा, क्रोमियम और टाइटेनियम सहित कई रासायनिक पदार्थों की उपस्थिति का पता लगाया है और हाइड्रोजन की खोज जारी है।

अंतरिक्ष यान पर लैंडर मॉड्यूल द्वारा चंद्रमा की सतह पर 23 अगस्त को स्थापित किए गए रोवर के कैमरों द्वारा कैप्चर किया गया यह पहला बड़ा खुलासा है। इसरो ने कहा कि चंद्रयान-3 के रोवर पर लगे लेजर प्रेरित ब्रेकडाउन स्पेक्ट्रोस्कोपी (एलआईबीएस) उपकरण ने दक्षिणी ध्रुव के समीप चंद्रमा की सतह पर पहली बार इन-सीटू माप किया है।
इसने कहा कि ये माप स्पष्ट रूप से इस क्षेत्र में सल्फर) की मौजूदगी की पुष्टि करते हैं, जो ऑर्बिटर पर लगे उपकरणों द्वारा संभव नहीं था।

इसरो ने एक्स में पोस्ट किया “चंद्रयान-3 मिशन: इन-सीटू वैज्ञानिक प्रयोग जारी… रोवर पर लगे एलआईबीएस उपकरण ने पहली बार इन-सीटू माप के माध्यम से दक्षिणी ध्रुव के समीप चंद्रमा की सतह में सल्फर की उपस्थिति की स्पष्ट रूप से पुष्टि की है। एल्यूमीनियम, सल्फर, कैल्शियम, लोहा, क्रोमियम और टाइटेनियम सहित कई रासायनिक पदार्थों की उपस्थिति का पता चला है और हाइड्रोजन की खोज जारी है।”

ग्राफ़िक रूप से दर्शाए गए प्रारंभिक विश्लेषणों से चांद की सतह पर एल्युमीनियम, सल्फर, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम और टाइटेनियम की उपस्थिति का पता चला है। आगे के मापों से मैंगनीज, सिलिकॉन, और ऑक्सीजन की उपस्थिति का पता चला है। हालांकि, हाइड्रोजन की उपस्थिति के बारे में गहन जांच चल रही है। एलआईबीएस पेलोड को इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम (एलईओएस)/इसरो, बेंगलुरु के लिए प्रयोगशाला में विकसित किया गया है।

************************

 

राजीव गांधी शहरी एवं ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के आयोजन की तैयारियां हुई तेज

जयपुर 30 Aug. (एजेंसी): राजस्थान के शहरों एवं गांवों में खेल प्रतिभाओं को तलाशने एवं तराशने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा एक सितम्बर से शुरू की जा रही जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हो गई है।

जयपुर में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सवाई मानसिंह स्टेडियम एवं राजस्थान विश्वविद्यालय में किया जाएगा। खेलों के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है।

जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेलों के आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यापक दिशा निर्देश भी दिये। कलक्टर ने जिला स्तरीय खेलों के सफल आयोजन के लिए उच्च अधिकारियों की अध्यक्षता में 9 समितियों का गठन किया है।

******************************

 

राष्ट्रपति मुर्मू, उपराष्ट्रपति धनखड़ व पीएम मोदी ने दीं रक्षाबंधन की शुभकामनाएं

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति ने एक्स (पूर्व में) ट्विटर पर लिखा, “रक्षा बंधन के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। यह त्योहार भाई-बहन के अटूट प्यार का प्रतीक है।”

उन्होंने देश में महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित माहौल बनाने का संकल्प लेने की भी अपील की।

अपनी शुभकामनाएं देते हुए, उपराष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, “रक्षा बंधन पर हार्दिक शुभकामनाएं! रक्षाबंधन प्यार के खूबसूरत बंधन का प्रतीक है जो भाइयों और बहनों को बांधता है।”

धनखड़ ने कहा, “इस शुभ अवसर पर, आइए हम अपनी ‘नारी शक्ति’ के साथ खड़े होने का संकल्प लें क्योंकि वे भारत को और अधिक गौरव पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह त्योहार हमारे जीवन में खुशियां बढ़ाए।”

एक्स पर प्रधानमंत्री ने लिखा, “मेरे परिवार के सभी सदस्यों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं। बहन और भाई के बीच अटूट विश्वास और अपार प्रेम को समर्पित यह शुभ त्योहार हमारी संस्कृति का पवित्र प्रतिबिंब है।”

उन्होंने कहा, ”मैं कामना करता हूं कि यह त्योहार हर किसी के जीवन में स्नेह, सद्भाव और सौहार्द की भावना को और गहरा करे।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

शाह ने कहा, “सभी देशवासियों को रक्षा बंधन की हार्दिक शुभकामनाएं। भाई-बहन के अटूट रिश्ते और प्यार का प्रतीक यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख और समृद्धि लाए।

******************************

 

बिहार के स्कूलों में दुर्गा पूजा व छठ की छुट्टियों में कटौती, भाजपा नेता भड़के

पटना 30 Aug. (एजेंसी): बिहार शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों की छुट्टियों में कटौती कर दी है। अब से दिसम्बर तक विभिन्न पर्व त्योहारों पर स्कूलों में 23 छुट्टियां थी, जिसे घटाकर 11 कर दिया गया है। इस पर भाजपा के नेता भड़के नजर आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अब शरिया लागू कर दिया जाय।

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक के निर्देश पर प्रारंभिक से उच्च विद्यालयों तक की छुट्टियों में कटौती करने का आदेश जारी किया गया है। इसके तहत दुर्गा पूजा के पहले स्कूलों में छह दिनों की छुट्टी थी, जिसे अब घटाकर रविवार जोड़कर तीन दिनों का कर दिया गया है।

इसी तरह दिवाली, चित्रगुप्त पूजा, भैया दूज और छठ पूजा का 13 से 21 नवंबर तक छुट्टी घोषित की गई थी। लेकिन अब इसमें कटौती करते हुए मात्र चार दिन कर दिया गया है।

विभाग ने हालांकि यह कहा है कि यदि किसी जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी विशेष परिस्थिति में अवकाश घोषित करना चाहेंगे, तो पूर्वानुमति लेकर अवकाश घोषित कर सकते हैं।

इस आदेश के बाद केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा कि शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। कल संभव है कि बिहार में शरिया लागू कर दी जाये और हिंदू त्योहार मनाने पर रोक लग जाये।

भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार भाजपा प्रवक्ता डॉ. निखिल आनंद ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को पीएफआई का चारागाह पहले ही बना दिया है। अब जितने भी हिंदू सनातन धर्म के पर्व- त्योहार हैं, उन अवसर पर मिलने वाली छुट्टियों को रद्द किया जा रहा है और कटौती की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार सिर्फ अपराध और आतंक का अड्डा ही नहीं बनता जा रहा है, बल्कि नीतीश कुमार की मुस्लिमपरस्ती और पाकिस्तानपरस्ती का खामियाजा बिहार का आम नागरिक और हिंदू सनातन धर्म के मानने वाले लोग भुगतने जा रहे हैं।

*******************************

 

बिजली की दुकान में लगी भीषण आग की चपेट में आई आवासीय इमारत, चार लोग जिंदा जले

महाराष्ट्र 30 Aug. (एजेंसी): पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित पूर्णानगर इलाके में बुधवार सुुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक दुकान में भीषण आग गई। आग की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, आग आज सुबह करीब 5 बजे एक आवासीय इमारत के भूतल पर स्थित एक बिजली की दुकान में लगी थी, जिसने देखते ही देखते इमारत के कई तल को अपनी चपेट में ले लिया।

दुकान से उठती आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देख आसपास के लोगों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को दी गई।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। वहीं, पुलिस और बचाव दलों ने भी मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

*****************************

 

भाजपा का 2024 में कमल खिलाने को लेकर ब्लूप्रिंट तैयार, देश भर में कॉल सेंटर खोलने की तैयारी

नई दिल्ली 30 Aug. (एजेंसी) : 2024 के लोकसभा चुनाव और इस साल होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने एक्सरसाइज शुरू कर दी है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के महासचिव के साथ बैठक कर चुनावी जंग फतह करने के लिए प्लानिंग की है। इस दौरान देशभर में कॉल सेंटर खोलकर मतदाताओं को साधने का प्लान बनाया गया है, तो नगर पंचायत अध्यक्षों और मेयरों के सम्मेलन शुरू करने की रणनीति बनाई गई है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोकसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्रियों के साथ एक घंटे से ज्यादा देर तक बैठक किया। इसके बाद पार्टी के महासचिवों के साथ चार घंटे तक मैराथन बैठक हुई, जिसमें 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया गया। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चलाएं जाने वाले पार्टी के कार्यक्रमों की भी रूपरेखा बनाई गई है। इस तरह से बीजेपी पूरी तरह से चुनावी मोड में उतर चुकी है।

2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर ग्रामीण से शहरी वोटों तक को साधने का बीजेपी ने प्लान बना रखा है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर देशभर के जिला पंचायत अध्यक्षों को चुनाव प्रबंधन में माहिर बीजेपी नेता उनको ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं को साधने की ट्रेनिंग दी गई है। इस कड़ी में अब नगर पंचायत अध्यक्ष, मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष के सम्मलेन करने और उन्हें चुनावी टिप्स देने की रणनीति बनाई गई है। शहरी क्षेत्र में बीजेपी शुरू से मजबूत मानी जाती रही है, जिस पर विपक्षी दलों की भी नजर है।

बीजेपी शहरी वोटों पर अपनी पकड़ को बनाए रखने के लिए स्थानीय शहरी निकाय सदस्यों के ट्रेनिंग देने की विस्तृत रणनीति बनाई गई ताकि लोकसभा चुनाव में बीजेपी से जुड़े स्थानीय शहरी निकाय और ब्लॉक स्तर तक के पंचायत सदस्यों को चुनावी कार्यक्रमों में सक्रिय हिस्सेदारी और भूमिका तय की जा सके। सूत्रों की माने ब्लॉक प्रमुख, बीडीसी को ट्रेनिंग देने के प्रोग्राम की रिपोर्ट राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक में रखी। इसके साथ ही जिला पंचायत सदस्यों के प्रशिक्षण वर्ग रिपोर्ट पेश की गई और ब्लॉक पंचायत स्तर के सदस्यों के ट्रेनिंग की योजना बनाई गई।

सूत्रों के मुताबिक जेपी नड्डा के साथ हुई महासचिवों की बैठक में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर देश भर में कॉल सेंटर खोले जाने को लेकर भी चर्चा की गई। मौजूदा समय में कॉल सेंटर्स के जरिए वोटरों तक पहुंचने के लिए एक विस्तृत योजना के बारे में गहरी चर्चा की गई। देश भर में कॉल सेंटर्स खोलने और उसकी कार्यपद्धति को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता जल्द एक ब्लूप्रिंट तैयार कर इसको अमलीजामा पहनाएंगे। 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए देश में कॉल सेंटर्स खोलने को लेकर जल्दी ही बीजेपी एक बड़ी बैठक करेगी।

****************************

 

मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की मुश्किलें बढ़ीं, हिन्दुवादी संगठनों की शिकायत पर FIR दर्ज

दमोह 30 Aug. (एजेंसी): मध्यप्रदेश के दमोह की कोतवाली थाना पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल कुंडलपुर को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट के मामले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हिन्दुवादी संगठनों द्वारा पुलिस अधीक्षक को इस मामले को लेकर एक ज्ञापन सौपा गया था। इसके बाद कल रात्रि कोतवाली थाना पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

दरअसल, दिग्विजय सिंह द्वारा प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल कुंडलपुर को लेकर एक्स पर एक पोस्ट डाली, जिसके बाद प्रशासन द्वारा इस मामले की जांच की गयी, जिसमें किसी प्रकार की घटना घटित होना नहीं पाया गया था।

****************************

 

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी अस्पताल में भर्ती

बेंगलुरु 30 Aug. (एजेंसी): पूर्व मुख्यमंत्री और जद (एस) के वरिष्ठ नेता एच.डी. कुमारस्वामी को बुधवार सुबह बुखार की शिकायत के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके करीबी सूत्रों ने कहा कि कुमारस्वामी को पिछले सप्ताह व्यस्त गतिविधि के चलते बुखार और थकान हो गई।

वह लगातार बैठकों में शामिल रहे और पिछले हफ्ते उन्होंने अपने अभिनेता से नेता बने बेटे निखिल कुमारस्वामी के लिए एक फिल्म बनाने की घोषणा की थी। पार्टी कार्यकर्ता और परिवार के सदस्य चिंतित हैं क्योंकि कुमारस्वामी की पहले एक बड़ी हार्ट सर्जरी हुई थी। डॉक्टरों ने आश्वासन दिया है कि चिंता की कोई बात नहीं है और वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे।

************************

 

50 करोड़ के क्लब में शामिल हुई ड्रीम गर्ल 2

30.08.2023 (एजेंसी)  – आयुष्मान खुराना की फिल्म ड्रीम गर्ल 2 बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों पर रिलीज हुई है और जबरदस्त कलेक्शन कर रही है. फिल्म का पांचवे दिन का कलेक्शन सामने आ गया है और इसने एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

आयुष्मान और अनन्या की फिल्म 50 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई है. ड्रीम गर्ल 2 वीकडेज में भी अच्छा कलेक्शन कर रही है. आयुष्मान को पूजा बनकर देख फैंस इंप्रेस हो गए हैं.

आयुष्मान खुराना ने पूजा बनकर अपनी अदाओं से सभी को दीवाना बना लिया है. लड़कियों वाली अदा और कॉमेडी के साथ ड्रीम गर्ल 2 हिट हो गई है. आयुष्मान और अनन्या की केमिस्ट्री को भी काफी पसंद किया जा रहा है.ड्रीम गर्ल 2 का पांचवे दिन का कलेक्शन सामने आ गया है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक ड्रीम गर्ल 2 ने पांचवे दिन 5.50 करोड़ का कलेक्शन किया है.

जिसके बाद टोटल कलेक्शन 51.63 करोड़ हो जाएगा. ड्रीम गर्ल 2 ने रविवार को सबसे ज्यादा कलेक्शन किया था. फिल्म ने पहले दिन 10.69 करोड़, दूसरे दिन 14.02 करोड़, तीसरे दिन 16 करोड़ और चौथे दिन 5.42 करोड़ का कलेक्शन किया था.

ड्रीम गर्ल 2 ने सनी देओल की फिल्म गदर 2 को भी अच्छी टक्कर दी है. रिपोर्ट्स की माने तो कहा जा रहा था कि ओएमजी 2 की तरह ड्रीम गर्ल 2 भी गदर 2 के सामने ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएगी लेकिन ये फिल्म वीकडेज पर गदर 2 से अच्छा कलेक्शन कर रही है और 50 करोड़ के क्लब में भी शामिल हो गई है.ड्रीम गर्ल 2 की बात करें तो ये साल 2019 में आई ड्रीम गर्ल का सीक्वल है.

ड्रीम गर्ल 2 में आयुष्मान खुराना, अनन्या पांडे, परेश रावल, विजय राज, अन्नू कपूर, अभिषेक बनर्जी, राजपाल यादव, मंजोत सिंह समेत कई कलाकार अहम किरदार निभाते नजर आए हैं. इस फिल्म को राज शांडिल्य ने डायरेक्ट किया है.

***************************************

 

फिल्म गदर 2 की कमाई की रफ्तार हुई धीमी

30.08.2023 (एजेंसी)  – सनी देओल की फिल्म गदर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ाया हुआ है. फिल्म ने 17 दिनों में 450 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. गदर 2 को लोगों का बहुत प्यार मिल रहा है. सनी देओल को लोगों ने ढेर सारा प्यार दिया है. अब फिल्म का 18वें दिन का कलेक्शन सामने आ गया है. तीसरे सोमवार का गदर 2 का कलेक्शन सामने आ गया है.

जिसे देखकर कहा जा सकता है कि गदर 2 का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल हो गया है. सोमवार को फिल्म ने कुछ खास कलेक्शन नहीं किया है.गदर 2 की बात करें तो इसे अनिल शर्मा ने डायरेक्ट किया है. फिल्म तीन हफ्तों से सिनेमाघरों में टिकी हुई है और उम्मीद की जा रही है कि अगले हफ्ते तक सनी देओल की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखेगी. फिल्म जल्द ही 500 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी.गदर 2 ने 17वें दिन 16.10 करोड़ का कलेक्शन किया था.

जिसके बाद फिल्म 450 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई थी. अब फिल्म का 18वें दिन का कलेक्शन सामने आ गया है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक गदर 2 ने 4.50 करोड़ का कलेक्शन किया है. जिसके बाद टोटल कलेक्शन 465.05 करोड़ का हो जाएगा.25 अगस्त को सिनेमाघरों पर आयुष्मान खुराना की ड्रीम गर्ल 2 रिलीज हुई थी.

ड्रीम गर्ल 2 ने बॉक्स ऑफिस अच्छी पकड़ बनाई हुई है. फिल्म ने चार दिनों में ही 45 करोड़ की कमाई कर ली है. ये कलेक्शन अब 50 करोड़ जल्द ही हो जाएगा. ड्रीम गर्ल 2 में आयुष्मान और अनन्या पांडे की एक्टिंग को काफी पसंद किया गया है. ड्रीम गर्ल 2 ने गदर 2 को कड़ी टक्कर दी है.

गदर 2 की बात करें तो इसमें सनी देओल, अमीषा पटेल, उत्कर्ष शर्मा और सिमरत कौर लीड रोल में नजर आए हैं. वहीं विलेन के किरदार में मनीष वाधवा नजर आए हैं.

***************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version