गाजियाबाद में फिर दिखा तेंदुआ, दहशत का मौहाल

गाजियाबाद 07 Sep, (एजेंसी) । गाजियाबाद में एक बार फिर तेंदुआ देखे जाने की पुष्टि हुई है और इसके बाद डिस्टिक फॉरेस्ट अफसर गाजियाबाद को पत्र लिखा गया है कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की कवायद शुरू की जाए क्योंकि आसपास के लोगों में भय का माहौल फैल गया है।

डिस्ट्रिक्ट फारेस्ट ऑफिसर को यह पत्र पीएसी के सेनानायक ने लिखा है।

मिली जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के गोविंदपुरम में 47वी वाहिनी पीएससी स्थापित है। यहां पर पीएसी के जवान और उनके परिवारजन रहते हैं। इस कैंपस की सिक्योरिटी के लिए पीएसी के जवानों की ड्यूटी लगाई जाती है।

अपने भेजे गए पत्र में 47वीं वाहिनी पीएससी टास्क फोर्स के सेनानायक ने डीएफओ को लिखा है कि 6 सितंबर सुबह करीब 4 बजे के आसपास ड्यूटी पर तैनात गार्ड्स ने तेंदुओं को देखा है जिससे अधिकारी कर्मचारी और उनके परिजनों के साथ-साथ आसपास के लोगों के लिए खतरा व्याप्त हो गया है।

उन्होंने डीएफओ से अनुरोध किया है कि सबकी सुरक्षा को देखते हुए तेंदुए को पकड़ने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएं।

तेंदुआ को देखे जाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कई बार तेंदुए को देखा जा चुका है। उसको पकड़ने की कवायद भी दोनों ही जिलों के डीएफओ के द्वारा की जा चुकी है। लेकिन बहुत ज्यादा सफलता हाथ नहीं लगी थी।

अभी कुछ दिन पहले ही ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा के खेतों में कुछ नन्हे शावकों का वीडियो सामने आया था जिनको कुछ लोग फिशिंग कैट और कुछ तेंदुए के बच्चे बता रहे थे।

इसके मुताबिक अगर यह बच्चे तेंदुए के हैं तो नर और मादा तेंदुए का आसपास होना लाजमी है। फिलहाल पत्र लिखे जाने के बाद से उम्मीद की जा रही है कि इस बार गाजियाबाद के डिस्ट्रिक्ट फारेस्ट ऑफिसर की तरफ से जो कार्रवाई की जाएगी।

******************************

 

जयराम रमेश संवैधानिक प्रावधानों और संसदीय प्रक्रियाओं के बारे में भ्रामक बयान दे रहे हैं : प्रल्हाद जोशी

नई दिल्ली 07 Sep, (एजेंसी) । केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने संसद के विशेष सत्र और एजेंडे को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह संवैधानिक प्रावधानों और संसदीय प्रक्रियाओं के बारे में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं और भ्रामक बयान दे रहे हैं।

प्रल्हाद जोशी ने जयराम रमेश के एक्स पर रिप्लाई करते हुए कहा, “लोकतंत्र में संसद को बुलाना सबसे बड़ा वरदान है, हालांकि बाध्यकारी विरोधाभासी लोगों की एक लॉबी है जो इसका विरोध करती है। जयराम रमेश के हालिया बयान काफी भ्रामक रहे हैं। वह संवैधानिक प्रावधानों और संसदीय प्रक्रियाओं के बारे में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं।”

जोशी ने जयराम रमेश पर हमला जारी रखते हुए कहा, “रमेश झूठा दावा कर रहे हैं कि जीएसटी लागू करने के लिए 30 जून, 2017 को सेंट्रल हॉल में हुआ ऐतिहासिक समारोह संसद सत्र था। यह बिल्कुल सच नहीं है! यह संविधान के अनुच्छेद 85 के तहत एक सत्र नहीं था। संसद और इसकी प्रक्रियाओं को बदनाम करने वाली गलत सूचना के प्रसार को रोकना महत्वपूर्ण है।”

केंद्रीय मंत्री ने अपने एक्स पर विशेष सत्र को लेकर आगे कहा, “संविधान के अनुच्छेद 85 के तहत संसद का एक सत्र यही है और स्थापित संसदीय प्रथाओं के अनुसार एजेंडा शेयर किया जाएगा।”

जोशी ने आगे लिखा, “अब, आइए एक और गलतबयानी पर ध्यान दें। रमेश ने संविधान की 70वीं वर्षगांठ के लिए ’26 नवंबर, 2019 को सेंट्रल हॉल में विशेष बैठक’ का उल्लेख किया। लेकिन यह भी संविधान के अनुच्छेद 85 के तहत संसदीय सत्र नहीं था। उत्सव समारोहों और औपचारिक संसदीय सत्रों के बीच अंतर करना महत्वपूर्ण है। हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की अखंडता को बनाए रखने में सटीक जानकारी मायने रखती है।”

कांग्रेस की पिछली सरकारों पर कई आरोप लगाते हुए जोशी ने आगे कहा, “इतिहास गवाह है कि यह आपकी सरकार थी जो संसदीय लोकतंत्र को तोड़ने-मरोड़ने के लिए जानी जाती थी। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लोगों ने आपातकाल लागू कर कैसे 1975 में आपकी सरकार द्वारा इस देश के लोगों और संस्थानों के अधिकारों पर अंकुश लगाया गया था। अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग करते हुए 90 से अधिक बार लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त करने में आपकी सरकार का स्ट्राइक रेट शानदार है।”

***************************

 

 

हैदराबाद में मचान गिरने से दो मजदूरों की मौत

हैदराबाद 07 Sep, (एजेंसी) । हैदराबाद में गुरुवार को एक निर्माण स्थल पर दुर्घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

केपीएचबी पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत अडागुट्टा में एक बहुमंजिला इमारत के निर्माण के लिए बनाया गया स्कैफोल्डिंग यानि मचान गिर गया।

मजदूर छठी मंजिल से नीचे गिर गए। इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पहचान ओडिशा के मूल निवासी संतोष पटनायक और सोनिया पटनायक के रूप में की गई।

तीन अन्य घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बिल्डर कथित तौर पर नियमों का उल्लंघन कर इमारत का निर्माण कर रहा था।

पुलिस ने मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

*******************************

 

यूपी में चार आईएएस अफसरों के तबादले

लखनऊ 07 Sep, (एजेंसी) । उत्तर प्रदेश में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। चार आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए गए हैं।

चार दिन पहले जिलाधिकारी मथुरा से सीईओ यूपीआरआरडीए भेजे गये 2011 बैच के आईएएस पुलकित खरे का तबादला ग्रेटर नोएडा में एसीईओ के पद पर किया गया है।

वहीं आईएएस रवीश गुप्ता एआईजी स्टाम्प को सीईओ यूपीआरआरडीए बनाया गया है।

आईएएस आंनद वर्धन एसीईओ ग्रेडर नोयडा को गोरखपुर विकास प्राधिकरण का वीसी नियुक्त किया गया है।

आईएएस रमेश रंजन को विशेष सचिव गन्ना एवं चीनी को निदेशक कौशल विकास बनाया गया है।

****************************

 

आसियान समिट में शामिल हुए PM मोदी: बोले- 21वीं सदी एशिया की सदी है; वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर हमारा मंत्र

जकार्ता 07 Sep, (एजेंसी)- जकार्ता में चल रहे आसियान के 43वें शिखर सम्मेलन को आज पीएम मोदी ने संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले साल हमने भारत-आसियान मित्रता दिवस मनाया और इसे व्यापक रणनीतिक साझेदारी का रूप दिया और आज हमारी साझेदारी चौथे दशक में प्रवेश कर रही है। इस दौरान PM ने अपने 5 मिनट के संबोधन में कहा- 21वीं सदी एशिया की सदी है; वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर हमारा मंत्र है।

PM ने आगे कहा – भारत के इंडो पैसेफिक इनिशिएटिव में भी आसियान का प्रमुख स्थान है। आसियान भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का केंद्रीय स्तंभ है। आज वैश्विक अनिश्चिततओं के माहौल में, हमारे आपसी सहयोग में वृद्धि हो रही है। हमारी साझेदारी चौथे दशक में प्रवेश कर रही है। इस समिट के शानदार आयोजन के लिए मैं राष्ट्रपति विडोडो का अभिनंदन करता हूं। आसियान समिट की अध्यक्षता के लिए उन्हें बहुत-बहुत बधाई।

इससे पहले जकार्ता पहुंचने पर PM का पारंपरिक अंदाज में स्वागत हुआ था। PM मोदी के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर भी आसियान समिट में शामिल हुए।

पीएम बोले- इस सम्मेलन से भारत और आसियान कर रहा प्रगति

पीएम मोदी ने आगे कहा कि हमारा इतिहास और भूगोल भारत और आसियान को एकजुट करता है। हमारे साझा मूल्य, क्षेत्रीय एकीकरण और शांति हमारे साझा विकास हो गति देता है। पीएम ने कहा कि आसियान इसलिए भी मायने रखता है, क्योंकि यहां हर किसी की आवाज सुनी जाती है और आसियान विकास का केंद्र है, क्योंकि आसियान वैश्विक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

*******************************

 

G-20 : हॉलीवुड अभिनेत्री मैरी मिलबेन ने की पीएम मोदी के इस कदम की सराहना, कहा- अमेरिका भी करे समर्थन

नई दिल्ली 07 Sep, (एजेंसी)  : अफ्रीकन की समस्याओं को वैश्विक पटल पर लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही बड़ा फैसला लिया है। पीएम मोदी ने जी-20 देशों के समक्ष एक प्रस्ताव पेश किया है। प्रस्ताव में उन्होंने कहा कि अफ्रीकी यूनियन को जी-20 की स्थाई सदस्यता दे सकते हैं। उनके इस कदम की हर कोई चर्चा कर रहा है। इस बीच, अफ्रीकी-अमेरिकी हॉलीवुड अभिनेत्री और गायिका मैरी मिलबेन ने भी इस कदम के लिए पीएम मोदी की प्रशंसा की है।

पिछले हफ्ते एक इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कहा था कि अफ्रीका भारत के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह वैश्विक मामलों में उन लोगों को शामिल करने के लिए काम करता है, जिन्हें लगता है कि उनकी आवाज नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी की आवाज सुने बिना विश्व में भविष्य की कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती। जी-20 के सालभर चलने वाले कार्यक्रमों में डेढ़ करोड़ से ज्यादा भारतीय शामिल हैं। हम जी-20 की अध्यक्षता के बाद भी इसमें रचनात्मक योगदान जारी रखेंगे।

गौरतलब है, पिछले कुछ सालों में भारत वैश्विक दक्षिण या विकासशील देशों, विशेष रूप से अफ्रीकी महाद्वीप की चिंताओं, चुनौतियों और आकांक्षाओं को उजागर करते हुए खुद को एक अग्रणी आवाज के रूप में स्थापित कर रहा है।

मिल्बेन ने कहा कि मैं अफ्रीकी संघ को जी-20 के पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल करने के प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्ताव की सराहना करती हूं। वैश्विक दक्षिण अब हमारी दुनिया को प्रभावित करने वाली नीतियों को आकार दे सकती है। 41 वर्षीय मिलबेन भारत के राष्ट्रगान और धार्मिक गीत ‘ओम जय जगदीश हरे’ गाने के लिए भारत में बहुत लोकप्रिय हैं।

उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच दोस्ती है। ऐसे में अमेरिका को भी इस उद्देश्य का समर्थन करना चाहिए, जो यह सुनिश्चित करता है कि दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण समस्याओं को हल करने में सभी आवाजों का प्रतिनिधित्व हो। मिलबेन ने कहा कि मेरी पैतृक मातृभूमि अफ्रीका आर्थिक क्षमताएं उजागर होने की प्रतीक्षा कर रही हैं। भारत इस वादे को साकार करने में अफ्रीका का दृढ़ भागीदार बनने के लिए तैयार है।

*******************************

 

पीएम मोदी ने जन्माष्टमी पर्व पर देशवासियों को दी बधाई

नई दिल्ली 07 Sep, (एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देशवासियों को जन्माष्टमी पर्व की बधाई दी है।प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “ जन्माष्टमी की बहुत-बहुत बधाई। श्रद्धा और भक्ति का यह पावन अवसर मेरे सभी परिवारजनों के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे, यही कामना है।

जय श्रीकृष्ण!”उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी इस समय दक्षिण पूर्वी राष्ट्रों के संगठन ‘आसियान’ शिखर सम्मेलन और 18वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में हैं।

********************************

 

पाकिस्तान में शरण लेने वाले स्थानीय आतंकवादियों की संपत्ति जब्त की जाएगी: जम्मू-कश्मीर डीजीपी

जम्मू 07 Sep, (एजेंसी)- जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बुधवार को कहा कि उन स्थानीय आतंकवादियों की संपत्ति जब्त की जाएगी, जो यूटी के मूल निवासी हैं और शरण लेने के लिए पाकिस्तान भाग गए हैं। राजौरी में एक मीडिया सम्मेलन को संबोधित करते हुए डीजीपी ने कहा कि पुलिस के पास उन आतंकवादियों की एक सूची है जो जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय थे और फिर शरण लेने के लिए पाकिस्तान भाग गए।

उन्‍होंने कहा, “उनकी संपत्तियां कुर्क की जा रही हैं और प्रक्रिया जारी रहेगी। इन आतंकियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, क्योंकि ये नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार बैठकर आतंकवाद को बढ़ावा देते रहते हैं। “उनके लिए कोई दया नहीं होगी. अगर उन्होंने वापस आने की कोशिश की तो उन्हें मार दिया जाएगा.

ये लोग जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को पुनर्जीवित करने की कोशिशों के पीछे हैं।“ “नौ से बारह आतंकवादी, जिनमें से अधिकांश विदेशी हैं, राजौरी-पुंछ रेंज में सक्रिय हैं।“ “हमारे पास इनपुट है कि वे घाटी के कुलगाम-शोपियां जिलों से जम्मू संभाग के राजौरी-पुंछ जिलों की ओर बढ़ रहे थे।“ “उनमें से तीन मारे गए हैं और अन्य की तलाश जारी है। पहाड़ों से फिसलकर आया एक आतंकवादी रियासी में मृत पाया गया।“

पुलिस प्रमुख ने कहा, “एक और व्यक्ति राजौरी मुठभेड़ में मारा गया और तीसरा रियासी मुठभेड़ में मारा गया, जहां ऑपरेशन अभी भी जारी है।” उन्होंने कहा कि एलओसी पार से आतंकवाद को पुनर्जीवित करने की कोशिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम रक्षा समितियां (वीडीसी) आतंकवाद विरोधी अभियानों में बड़ी भूमिका निभा रही हैं।

“घुसपैठ की सभी बड़ी कोशिशों को नाकाम कर दिया गया है। सीमा ग्रिड को और मजबूत करने के लिए एलओसी पर सेना के साथ कुछ बिंदुओं पर पुलिस तैनात करने का निर्णय लिया गया है।” उन्होंने इस बात पर सहमति जताई कि जब तक सीमा पार से नशीले पदार्थों की खेप भेजी जाती रहेगी, नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने की चुनौती बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का कारोबार करने वाले गिरोह के सदस्यों के रूप में काम करने वाले कुछ सीमावर्ती निवासियों की कड़ी कार्रवाई के लिए पहचान की जा रही है।

***************************

 

छेड़छाड़ की शिकार नाबालिगा के थाने में कपड़े उतरवाए, फोटो खींचे, पीड़िता कोमा में

कानपुर 07 Sep, (एजेंसी) : कानपुर पुलिस विभाग अपने किए गए कामों की वजह से अक्सर सुर्खियों में रहता है। वर्दी को कलंकित करना इनके लिए लगता है कोई बड़ी बात नहीं रह गई है। इसी कानपुर पुलिस का एक और शर्मनाक कारनामा सामने आया है। अब साढ़ थाना पुलिस पर आरोप है कि उन्होंने एक नाबालिग पीड़िता की सलवार उतरवा कर फोटो ग्राफी की है।

पुलिस ने यह सब आरोपी युवक के सामने किया है। इसके बाद नाबालिग पर आरोपी से शादी का दबाव भी बनाया गया। ये गंभीर आरोप एक नाबालिग के पिता ने पुलिस पर लगाए हैं। दरअसल नाबालिग के पिता ने घाटमपुर इलाके के थाना साढ़ में एक युवक पर उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने और अश्लील हरकते करने के मामले में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने 3 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नाबालिग को पूछताछ के लिए थाने बुलाया, इस दौरान लेडी कॉस्टेबल आरोपी के सामने ही उससे पूछताछ करके उसके कपड़े उतरवा देती हैं। पिता ने आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी बेटी की आपत्तिजनक फोटोज भी पुलिस ने क्लिक की है।

नाबालिग पीड़िता ने पिता को बताया तो उनके होश उड़ गए, पिता का आरोप है कि आरोपी पूर्व दबंग प्रधान का भतीजा है जिसके चलते पुलिस ने ये काम किया है। पिता ने बताया कि उनकी बेटी पुलिस की इस घिनौनी हरकत की वजह से बहुत डर गई है और अवसाद ग्रस्त हो कर कोमा में चली गई है। फिलहाल नाबालिग का इलाज कानपुर के एक हॉस्पिटल के बाल रोग यूनिट में चल रहा है।

पिता ने मामले में बताया कि लड़की को अमन स्कूल जाते समय छेड़ा करता था, उसने लड़की के फोटो भी खींचे और उनको एडिट कर अश्लील बना दिया। लड़के ने सोशल साइट पर भी पोस्ट कर दिया, इसके बाद उन्होंने मजबूर हो कर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि पुलिस ऐसा सलूक करेगी।

वहीं पूरे मामले में पुलिस विभाग की एडीसीपी अंकिता शर्मा ने आरोप को प्रथम दृष्टया गंभीर बताते हुए प्राथमिक जांच कर निराधार बताया है। हालांकि मामला जब कानपुर कमिश्नर के संज्ञान में आया तो इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच होने के लिए एक टीम गठित की गई है। इसके बाद एडीसीपी ने कहा कि अगर आरोप सही पाए गए तो इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

****************************

 

उदयनिधि के बाद अब ए राजा ने सनातन की तुलना HIV से की, स्टालिन बोले सारे मुकदमे झेलूंगा

नई दिल्ली 07 Sep, (एजेंसी)- सनातन धर्म पर आ रहे बयानों को लेकर माहौल काफी गर्माया हुआ है। वहीं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि के बयान के बाद डीएमके सांसद ए राजा ने सनातन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सनातन की तुलना एचआईवी से की है।

वहीं, बिहार में सत्ताधारी गठबंधन में शामिल RJD के नेता जगदानंद ने कहा कि तिलक लगाकर घूमने वालों ने भारत को गुलाम बनाया है। उन्होंने कहा, देश में मंदिर बनाने से काम नहीं चलेगा। बता दें कि इससे पहले उदयनिधि स्टालिन ने सनातन की तुलना डेंगू, मलेरिया से की थी। उन्होंने कहा था कि सनातन का सिर्फ विरोध नहीं किया जाना चाहिए। बल्कि, इसे समाप्त ही कर देना चाहिए। उदयनिधि के इस बयान पर देशभर में सियासी बवाल मचा है। बीजेपी उदयनिधि के बयान को लेकर विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ पर निशाना साध रही है।

सनातन धर्म को खत्म करने की बात करने वाले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि झुकने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने गुरुवार को कहा कि मैं इस मामले में सारे मुकदमों का कानूनी तौर पर सामना करने के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी एंड कंपनी सनातन के मुद्दे का इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि मणिपुर हिंसा, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके। हालांकि इस बीच उनके तेवरों में थोड़ी नरमी भी आई है। उन्होंने सफाई देने के अंदाज में कहा, ‘हर कोई जानता है कि हम किसी भी धर्म के दुश्मन नहीं हैं।’

*************************

 

ट्यूनीशिया के पूर्व प्रधानमंत्री जेबाली गिरफ्तार : मीडिया रिपोर्ट

ट्यूनिस ,06 सितंबर (एजेंसी)। ट्यूनीशिया के पूर्व प्रधान मंत्री और इस्लामिक पार्टी एन्नाहधा के पूर्व महासचिव हमादी जेबाली को सॉसे प्रांत में उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

जेबाली के वकील ने एक बयान में कहा कि पुलिसकर्मियों के एक समूह ने श्री जेबाली को गिरफ्तार करने और उसका सेल फोन और निजी कंप्यूटर जब्त करने से पहले सुबह उसके घर की तलाशी ली।

रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि उन्हें किन कारणों से और किस आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

**********************

 

दुनिया ले रही जहरीली सांसे, हर साल हो रही 70 लाख से अधिक लोगों की मौत

जिनेवा ,06 सितंबर (एजेंसी)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनिया गुटेरेस ने कहा कि दुनिया भर में प्रत्येक वर्ष प्रदूषित वायु से 70 लाख से अधिक लोगों की असमय मौत हो जाती है। गुटेरेस ने आज यहां सात सितंबर को मनाये जाने वाले ‘नीले आकाश के लिए स्वच्छ वायु का अंतरराष्ट्रीय दिवस परÓ यह बात कही। उन्होंने कहा कि विश्व की करीब 99 प्रतिशत आबादी कालिख,गन्धक और विषैले रासायनों वाली वायु में सांस ले रही है और इसका वैश्विक तापमान में वृद्धि से गहरा संबंध है।

यहां जारी बयान में उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण की समस्या निम्न एवं मध्यम आय वाले देशों में अधिक गंभीर है। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण किसी सीमा में नहीं बंधा रहता और इसके दूषक तत्व हजारों किलोमीटर तक फैलते जाते है। प्रत्येक महाद्वीप पर जलवायु संकट का विनाशकारी प्रभाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक समस्याओं के समाधान के लिए हमें मिलकर स्वच्छ वायु के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हमें जीवाश्म ईंधन, विशेषकर कोयले का उपयोग कम करने, स्वच्छ अक्षय उूर्जा को बढ़ावा देना होगा।

उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य के लिए मैंने एक जलवायु एकजुटता संधि का प्रस्ताव रखा है। जिसके अंतर्गत सभी बड़े उत्सर्जकों को अपने उत्सर्जन को कम करने का प्रयास करेंगे और संपन्न देश वित्तीय और तकनीकी सहायता जुटायेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने एक एक्सिलरेशन एजेण्डा का प्रस्ताव भी रखा है। उन्होंने आग्रह किया है कि सभी देश इसे लागू करे। उन्होंने कहा कि हमें रसोई में स्वच्छ ईंधन और विद्युत वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देना होगा। हमें लोगों को पैदल और साइकिल से चलने के लिए प्रोत्साहित करना और जिम्मेदारी से कचरा प्रबंधन का व्यवहार में लाना होगा। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढिय़ों को एक स्वस्थ पृथ्वी के लिए वायु सर्वहितकारी और सबकी जिम्मेदारी को अपनाना होगा।

*******************************

 

ब्रिटेन का दूसरा सबसे बड़ा शहर हुआ दिवालिया, आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी खर्चों पर लगी रोक

लंदन ,06 सितंबर (एजेंसी)। ब्रिटेन के दूसरे सबसे बड़े शहर बर्मिंघम ने प्रभावी रूप से खुद को दिवालिया घोषित कर दिया है और सभी गैर-जरूरी खर्च बंद कर दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि शहर पर 76 करोड़ पाउंड (करीब 95.6 करोड़ डॉलर) तक के समान वेतन दावे लंबित हैं।

बर्मिंघम सिटी काउंसिल, जो दस लाख से अधिक लोगों को सेवाएं प्रदान करती है, ने मंगलवार को धारा 114 नोटिस दायर किया, जिसमें आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी खर्चों पर रोक लगा दी गई।

नोटिस रिपोर्ट के अनुसार, घाटा समान वेतन दावों में 65 से 76 करोड़ पाउंड के बीच भुगतान करने में कठिनाइयों के कारण उत्पन्न हुआ। शहर को अब वित्तीय वर्ष 2023-24 में 8.7 करोड़ पाउंड का घाटा होने की आशंका है।

परिषद के उपनेता शेरोन थॉम्पसन ने मंगलवार को पार्षदों से कहा कि वह काउंसिल की ऐतिहासिक समान वेतन देयता चिंताओं सहित लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों का सामना कर रहे हैं। थॉम्पसन ने कुछ हद तक ब्रिटेन की सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी को भी दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि बर्मिंघम में कंजर्वेटिव सरकारों द्वारा एक अरब पाउंड की फंडिंग छीन ली गई।

जवाब में, प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के एक प्रवक्ता ने कहा कि स्पष्ट रूप से यह स्थानीय रूप से निर्वाचित परिषदों के लिए अपने स्वयं के बजट का प्रबंधन करने के लिए है। प्रवक्ता ने कहा, सरकार उनके साथ नियमित रूप से जुड़ रही है और उनकी शासन व्यवस्था के बारे में चिंता व्यक्त की है और करदाताओं के पैसे के सर्वोत्तम उपयोग के बारे में परिषद के नेता से आश्वासन का अनुरोध किया है।

बर्मिंघम का बहुसांस्कृतिक शहर मध्य इंग्लैंड में सबसे बड़ा है। इसने पिछले साल के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की और 2026 यूरोपीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप आयोजित करने का कार्यक्रम है।

****************************

 

SC ने मणिपुर हिंसा की रिपोर्टिंग मामले में एडिटर्स गिल्ड के सदस्यों को दी राहत, 11 को होगी अगली सुनवाई

नई दिल्ली 06 Sep, (एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (ईजीआई) के अध्यक्ष और तीन संपादकों को राज्‍य में जारी हिंसा पर कथित तौर से ”पक्षपातपूर्ण और तथ्‍यात्‍मक रूप से गलत” रिपोर्ट जारी करने के लिए मणिपुर पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथ‍मिकी के संबंध में किसी भी दंडात्मक कार्रवाई के खिलाफ अंतरिम सुरक्षा प्रदान की।

भारत के मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला तथा न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने आदेश दिया, “सूचीबद्ध होने की अगली तारीख तक, दर्ज की गई प्राथमिकी के संबंध में याचिकाकर्ताओं के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई नहीं की जायेगी।” मामले की अगली सुनवाई सोमवार 11 सितंबर को होगी।

मणिपुर सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील कनु अग्रवाल ने अदालत से सोमवार को याचिका पर सुनवाई करने का अनुरोध किया। उन्‍होंने यह भी कहा कि इसे उच्च न्यायालय को भेजा जा सकता है और उच्च न्यायालय अपनी योग्यता के आधार पर इस पर निर्णय ले सकता है। पीठ ने संकेत दिया कि वह इस मामले को विचार के लिए मणिपुर उच्च न्यायालय को भेज सकती है।

इस पर, ईजीआई द्वारा गठित तथ्य-खोज समिति के सदस्यों की ओर से पेश वरिष्ठ वकील श्याम दीवान ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने व्यक्तिगत रूप से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और एक बयान दिया।

इससे पहले सुबह शीर्ष अदालत ईजीआई के अध्यक्ष और तीन संपादकों – सीमा गुहा, भारत भूषण और संजय कपूर द्वारा दायर रिट याचिका पर तत्काल सुनवाई करने पर सहमत हुई, जिसमें जातीय हिंसा और परिस्थितिजन्य पहलुओं की मीडिया रिपोर्टों का अध्ययन करने के लिए याचिकाकर्ताओं के पिछले महीने पूर्वोत्तर राज्य का दौरा करने के बाद मणिपुर पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी को चुनौती दी गई थी।

दीवान ने याचिका का उल्लेख करते हुए कहा, “मामले में बहुत गंभीर तात्कालिकता है… अनिवार्य रूप से, हम गिरफ्तारी और दंडात्मक कदमों से तत्काल सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि उनके ग्राहक मणिपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की आशंका जता रहे हैं।

ईजीआई की तीन सदस्यीय तथ्यान्वेषी टीम ने मणिपुर का दौरा करने के बाद पिछले सप्ताह नई दिल्ली में अपनी रिपोर्ट प्रकाशित की, जिसमें दावा किया गया कि मणिपुर में जातीय हिंसा पर मीडिया की रिपोर्टें एकतरफा थीं, और राज्य नेतृत्व पर पक्षपातपूर्ण होने का आरोप लगाया।

ईजीआई की 24 पेज की रिपोर्ट ने अपने निष्कर्ष और सिफारिशों में कहा, इसे जातीय संघर्ष में पक्ष लेने से बचना चाहिए था लेकिन यह एक लोकतांत्रिक सरकार के रूप में अपना कर्तव्य निभाने में विफल रही, जिसे पूरे राज्य का प्रतिनिधित्व करना चाहिए था। प्राथमिकी में कहा गया है कि ईजीआई रिपोर्ट में मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में एक जलती हुई इमारत की तस्वीर को “कुकी हाउस” के रूप में कैप्शन दिया गया है।

हालाँकि, इमारत वन विभाग का एक कार्यालय था जिसे 3 मई को भीड़ द्वारा आग के हवाले कर दिया गया था, जिस दिन राज्य के अन्य हिस्सों के साथ जिले में बड़े पैमाने पर हिंसा भड़की थी। हालाँकि, ईजीआई ने रविवार को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, 2 सितंबर को जारी रिपोर्ट में एक फोटो कैप्शन में एक त्रुटि थी। इसे ठीक किया जा रहा है और लिंक पर एक अद्यतन रिपोर्ट शीघ्र ही अपलोड की जाएगी। हमें फोटो संपादन चरण में हुई त्रुटि के लिए खेद है।

******************************

 

ED का दावा, दागी IRS अधिकारी ने अभिनेत्री को 1.75 लाख रुपये की सोने की पायल दी

मुंबई 06 Sep, (एजेंसी): प्रवर्तन निदेशालय ने अपनी चार्जशीट में दावा किया है कि मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जून में पकड़े गए दागी आईआरएस अधिकारी सचिन सावंत ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका और केरल की एक अभिनेत्री को 1.75 लाख रुपये की रिश्वत दी थी।

ईडी ने आरोप लगाया है कि 43 वर्षीय सावंत – जो कभी मुंबई में इडी के पूर्व उप निदेशक थे, सीमा शुल्क और जीएसटी विभागों में विभिन्न पदों पर रहने के अलावा, महाराष्ट्र सरकार में एक मंत्री के पूर्व ओएसडी भी थे। उन्होंने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की है।

इसमें पिछले 15 वर्षों में अवैध स्रोतों से अर्जित लगभग 4.11 करोड़ रुपये और स्वयं और परिवार के सदस्यों, कुछ सहयोगियों और यहां तक ​​कि ड्राइवर के नाम पर 2.5 करोड़ रुपये शामिल हैं। इनमें से अधिकांश अब मनी-लॉन्ड्रिंग की जांच के दायरे में है।

उनके ड्राइवर द्वारा ईडी को दिए गए एक बयान के अनुसार, सावंत ने अपनी ‘प्रेमिका’ से मिलने के लिए कई बार मुंबई से कोच्चि (केरल) की यात्रा की। वह मुंबई में उनकी पड़ोसी थी और एक अवसर पर उन्होंने उसे महंगा सोने का पायल गिफ्ट में दिया था। हालांकि, आरोपी अधिकारी की लीगल टीम ने ईडी के सभी आरोपों से इनकार किया है और दावा किया है कि उन्हें फंसाया जा रहा है और कहा कि सभी खर्चों का पूरा हिसाब है।

ईडी, जिसने मुंबई, लखनऊ और अन्य स्थानों पर सावंत के परिसरों पर छापा मारा था, ने तर्क में कहा कि आईआरएस अधिकारी ने संदिग्ध तरीकों से जो पैसा कमाया, वह उसकी पत्नी, माता-पिता, रिश्तेदारों और अन्य के बैंक खातों में जमा किया गया। कुछ हिस्से का उपयोग ऋण चुकाने या अचल संपत्ति सहित विभिन्न संपत्तियों को खरीदने के लिए किया गया।

सावंत पर गलत तरीके से कमाए गए धन को रिश्तेदारों या दोस्तों के स्वामित्व/नियंत्रण वाली कंपनियों के खातों में निवेश करने और बाद में उन्हें ‘वेतन’ के रूप में वापस देने का भी आरोप है।

ईडी, जिसने सीबीआई की शिकायत के आधार पर मनी-लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया था, और अधिक संपत्तियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सावंत ने अपनी गलत कमाई का पैसा कहां लगाया होगा।

***************************

 

प्याज – दाल को उपभोक्ताओं तक किफायती दरों पर पहुंचाया जाएगा : अश्विनी चौबे

*टमाटर बिक्री की सफलता के बाद भारत दाल और प्याज की बिक्री करेगा एचसीसीएफ*

 *अश्विनी चौबे ने दिल्ली एनसीआर के लिए 75 मोबाइल वैन का हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*

  *मोबाइल वैन में भारत दाल एवं प्याज की की जाएगी बिक्री*

नई दिल्ली ,06 सितम्बर (एजेंसी)।  केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड के हौज खास कार्यालय से 75 मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मोबाइल वैनों के माध्यम से उपभोक्ताओं को किफायती दरों पर भारत दाल और प्याज उपलब्ध कराया जाएगा।  यह वैन दिल्ली एनसीआर में चलेंगी।

चौबे ने कहा कि वैन का संचालन एचसीएफ द्वारा किया जा रहा है। हाल ही में टमाटर की बिक्री की सफलता के बाद उपभोक्ताओं और किसानों के हितों को देखते हुए यह वैन चलाने का निर्णय लिया गया है। आगे एनसीसीएफ व नेफेड क्रमश 500-500  वैन चलाएंगे। उपभोक्ताओं और किसानों को इससे काफी लाभ मिलेगा।

मंत्रालय का उद्देश्य है कि रसोई तक किफायती दरों पर खाद्य सामग्री पहुंचे। इन वैनों में मिलेट्स आदि की भी उपलब्धता होगी। साथ ही भविष्य में अन्य खाद्य सामग्रियां भी किफायती दरों पर बिक्री के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। वैन के माध्यम से मौजूदा समय मे प्याज 25 रुपये व दाल 60 रुपये प्रति किलो मिलेगा।

इस मौके पर एचसीसीएफ के अध्यक्ष विशाल सिंह, उपभोक्ता मामले के सचिव रोहित कुमार सिंह, एनसीएफ की प्रबंध निदेशक एनसी जोसेफ चंद्रा उपस्थित थे।

***************************

 

मिर्ची बाबा दुष्कर्म के आरोप में बरी, भोपाल कोर्ट ने सुनाया फैसला

भोपाल ,06 सितंबर (एजेंसी)। भोपाल सेंट्रल जेल में बंद वैराग्यानंद गिरी उर्फ मिर्ची बाबा को कोर्ट ने दुष्कर्म के आरोप में बरी कर दिया है। बाबा पर महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। अभियोजन पक्ष दुष्कर्म के आरोपों को कोर्ट के सामने साबित नहीं कर पाया। इसके बाद कोर्ट ने मिर्ची बाबा को आरोपी से बरी कर दिया।

भोपाल की अदालत में जज समृता सिंह ठाकुर ने बुधवार को फैसला सुनाया। मिर्ची बाबा के वकील श्रीकृष्ण धोसले ने बताया कि निसंतान महिला ने नशीली भभूती खिलाकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इन आरोपों को अभियोजन पक्ष कोर्ट में साबित नहीं कर पाया। जिसके बाद कोर्ट ने मिर्ची बाबा को बरी कर दिया।

बता दें भोपाल के महिला थाने में 8 अगस्त 2022 को केस दर्ज हुआ था। 9 अगस्त 2022 को भोपाल पुलिस ने मिर्ची बाबा को ग्वालियर से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से मिर्ची बाबा सेंट्रल जेल में बंद है।

****************************

 

प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल- अखिलेश यादव

लखनऊ ,06 सितंबर (एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। डेंगू का प्रकोप भी बढ़ रहा है। भाजपा सरकार दावे तो बड़े-बड़े करती हैं लेकिन हकीकत में अस्पतालों में न डाक्टर हैं और नहीं दवाएं है। मरीजों का कोई पुरसाहाल नहीं रहा है।
इन दिनों डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं। ग्रेटर नोएडा में दो सैकड़ा से ज्यादा डेंगू के मरीज मिले हैं। इस बीमारी में एक डाक्टर अक्षिता सिंह की मौत की खबर विचलित करने वाली है। राजधानी लखनऊ में भी डेंगू के मरीज मिल रहे हैं।

शहर लखनऊ में डेंगू का डंक लगातार तेज हो रहा है। चंदरनगर में छह पुरूष 4 महिलाएं, इन्दिरानगर में 2 महिला एक पुरूष, अलीगंज में 3 महिलाएं, हजरतगंज में एक पुरूष एक महिला डेंगू पीडि़त पाए गए। शनिवार को 15 नए मरीजों के डेंगू ग्रस्त होने की खबऱ मिली। रविवार को 18 नए मरीज डेंगू के मिले। डेंगू के बढ़ते प्रकोप के बावजूद अभी शहर में दवा के छिड़काव की कोई सुचारू व्यवस्था नहीं हो पाई है। अस्पतालों में आम मरीजों के साथ ही डेंगू मरीजों को भी उपचार के लिए लाइन में लगना पड़ता है।

मैनपुरी के घिरोर में सीएचसी में बच्ची को लेकर 2 घंटे मां भटकती रही फिर भी उसे इलाज नहीं मिला। शाहजहांपुर के जिला अस्पताल में मरीजों को बेड नहीं मिल रहे है। फर्श पर लिटाकर मरीजों का इलाज हो रहा है। कानपुर में स्ट्रेचर न मिलने पर गर्भवती पत्नी को गोद में लेकर पति इमरजेंसी पहुंचा। यहां डफरिन अस्पताल में स्ट्रेचर तक नसीब नहीं हुआ।

ओपीडी से चार डाक्टर और सात कर्मचारी गायब पाए गए। राजधानी लखनऊ में एक रिटायर्ड जज को भी चिकित्सा, संस्थानों में इलाज नहीं मिल सका। रायबरेली एम्स, एसजीपीजीआई, केजीएमयू ट्रामा सेंटर, बलरामपुर अस्पताल के चक्कर लगाने के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए। कहीं बेड का संकट तो कहीं ऑक्सीजन की दिक्कत।

गोंडा में गंभीर हालत में आए युवक को लखनऊ मेडिकल कालेज के ट्रामासेंटर में वेंटिलेटर के लिए 4 घंटे तक भटकने के बाद मरीज की मौत हो गई। ट्रामासेंटर में एक मरीज को मिर्गी का दौरा पड़ा तो स्टेऊचर की जगह उसे घसीटते हुए साथी ले गए। जौनपुर के मछलीशहर के कायस्थाना मुहल्ला निवासी को जब एम्बूलेंस नहीं मिला तो उसे ठेले पर लादकर अस्पताल ले गए।

*******************************

 

सुप्रीम कोर्ट ने हथियारों की बरामदगी पर मणिपुर सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगी

नई दिल्ली 06 Sep, (एजेंसी)-सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को मणिपुर में सांप्रदायिक हिंसा और संघर्ष के दौरान कथित तौर पर लूटे गए हथियारों की ‘सभी स्रोतों’ से बरामदगी पर स्थिति रिपोर्ट मांगी।

प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने 7 अगस्त को अपने फैसले में केंद्र और मणिपुर सरकार से राज्य के शस्त्रागार से गायब या लूटे गए हथियारों की संख्या का जायजा लेने के बाद किसी भी लापता हथियार को बरामद करने के लिए योजना बनाने और लागू करने को कहा था।

पीठ ने राज्य के मुख्य सचिव द्वारा दायर हलफनामे पर अमल करते हुए इन दावों का खंडन किया कि राहत शिविरों में खाद्य आपूर्ति की कमी थी और चिकनपॉक्स और खसरे का प्रकोप था।

शीर्ष अदालत ने अपने आदेश में कहा, “मुख्य सचिव ने भोजन और दवा की आपूर्ति और नौ शिविरों में राशन वितरित करने के लिए उठाए गए कदमों का विवरण प्रस्तुत किया है। यदि विशिष्ट मामलों के संबंध में कोई और शिकायत है, तो इसे जिला प्रशासन के ध्यान में लाया जाना चाहिए। किसी भी शिकायत का निपटारा शीघ्रता से किया जाना चाहिए।”

जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय की पूर्व मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल की अध्यक्षता वाली सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त समिति ने 1 सितंबर को शीर्ष अदालत का ध्यान इस तथ्य की ओर आकर्षित किया था कि मणिपुर के मोरेह में नाकाबंदी है, जिसके परिणामस्वरूप खाद्य आपूर्ति नहीं की जा सकती।

शीर्ष अदालत ने तब केंद्र और मणिपुर, दोनों सरकारों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, आवश्यक दवाओं और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति जारी रहे, ताकि “नाकाबंदी के कारण आबादी का कोई भी हिस्सा पीड़ित न हो।”

शीर्ष अदालत ने मुख्य सचिव से स्थिति को सुधारने के लिए उठाए गए कदमों का विवरण देने वाला एक हलफनामा भी मांगा था।

***************************

 

भूमि पेडनेकर की फिल्म थैंक्यू फॉर कमिंग का ट्रेलर हुआ आउट, धमाल मचाने के लिए तैयार गर्ल गैंग?

07.08.2023 (एजेंसी)  –  फिल्म थैंक्यू फॉर कमिंग का ट्रेलर रिलीज हो गया है और ट्रेलर देख फैंस फिल्म देखने के लिए एक्साइटेड हो रहे है. फिल्म में भूमि पेडनेकर, शाहनाज , गिल, कुशा कपिला, डॉली सिंह और शिबानी बेदी के साथ लड़कियों की फौज धूम मचाने के लिए तैयार है. फिल्म में करण कुंद्रा और अनिल कपूर भी दिखाई देनो वाले हैं.भूमि पेडनेकर स्टारर थैंक्यू फॉर कमिंग इसी साल 6 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है. फिल्म का ट्रेलर अपने इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने लिखा- इस राजकुमारी की फेयरी टेल है सबसे हटके.

सिनेमाघरों में थैंक्यू फॉर कमिंग देखना ना भूलें.ट्रेलर को देखकर लगता है कि भूमि और उसकी गर्ल गैंग जिसमें शहनाज, डॉली और शिबानी हैं, वे भूमि की मुश्किल सेक्शुअल लाइफ को आगे बढ़ाने में उसकी मदद करती हैं. वहीं कुशा उनकी दुश्मन हैं जो उसका काफी मजाक उड़ाती है. ट्रेलर में करण कुंद्रा भा दिखाई दिए हैं और बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर अनिल कपूर भी नजर आ रहे हैं.थैंक्यू फॉर कमिंग को रिया कपूर के हसबैंड करण बूलानी ने डायरक्ट किया है. खास बात ये है कि फिल्म का प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (टीआईएफएफ) 2023 में किया जाएगा.

जो कि 7 सितंबर से 17 सितंबर तक दस दिनों के लिए आयोजित किया जाएगा. टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्म का प्रीमियर किए जाने पर रिया कपूर ने रिएक्ट किया है. उन्होंने लिखा- रोना और चिल्लाना और कूदना!

हम टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2023 में ऑफिशियली चुने गए अपनी फिल्म थैंक यू फॉर कमिंग का प्रीमियर करके सम्मानित महसूस कर रहे हैं! हमारे ग्रैंड प्रीमियर पर मिलते हैं! टीआईएफएफ में आने के लिए शुक्रिया.

***************************

 

शिल्पा शेट्टी की सुखी का धमाकेदार ट्रेलर जारी, 22 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

07.08.2023 (एजेंसी)  –  अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी मौजूदा वक्त में अपनी आने वाली फिल्म सुखी को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। यह फिल्म 22 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। अब निर्माताओं ने सुखी का ट्रेलर जारी कर दिया है, जो कॉमेडी और भावुकता से भरपूर है।फिल्म में शिल्पा, सुखी नाम की महिला का किरदार निभा रही हैं, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए परिवार को छोड़ दिल्ली के लिए उड़ान भरती है।2 मिनट और 16 सेकंड के इस ट्रेलर में कहानी 38 साल की सुखप्रीत यानी सुखी’ की जिंदगी को दिखाया है। सुखी यानी शिल्पा शेट्टी अपने परिवार की एक-एक जरूरत का ध्यान रखती है।

बच्चों के स्कूल के लंच से लेकर ससुर के गोलियों तक सब कुछ सुखी करती है।एक दिन वह अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से थक जाती है और अपने तरीके से अपनी जिंदगी को जीना का सोचती है और अपने परिवार को कुछ दिनों के लिए छोड़कर दिल्ली आ पहुंचती है। जहां वो अपनी सभी सहेलियों से मिलती है। अब आगे की लाइफ में सुखी के साथ क्या होता है ये देखने के लिए 22 सितंबर को फिल्म देखनी होगी।फिल्म सुखी में शिल्पा शेट्टी के अलावा एक्टर अमित साध, कुशा कपिला दिलनाज ईरानी, पवलीन गुजराल और चैतन्य चौधरी भी नजर आएंगे। सुखी भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, विक्रम मल्होत्रा और शिखा शर्मा द्वारा निर्मित है।

इसके अलावा सुखी का निर्देशन सोनल जोशी ने किया है और इसे जोशी, राधिका आनंद, पॉलोमी दत्ता और रूपिंदर इंद्रजीत ने लिखा है। ये फिल्म 22 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।शिल्पा इन दिनों अपनी मूवी को लेकर काफी एक्साइटेड है और प्रमोशन के लिए जुट गई हैं। मंगलवार को एक्ट्रेस शहनाज गिल के शो देसी वाइब्स विद शहनाज गिल में भी पहुंची थी। जहां दोनों ने खूब मस्ती की।इस दौरान सेट पर जमकर भांगड़ा भी किया।

दोनों एक्ट्रेसेज से लुक की बात करे तो शहनाज गिल मल्टी कलर स्लीवलेस क्रॉप टॉप और डेनिम पहनें नजर आ रही हैं। तो वहीं शिल्पा शेट्टी येलो कलर के आउटफिट दिखाई दी।

***************************

 

लॉस्ट एंड फाउंड इन सिंगापुर पर अपूर्व अरोड़ा, एडवेंचर जंकी का किरदार निभाना चुनौतिपूर्ण काम था

07.08.2023 (एजेंसी)  –  इंटरैक्टिव फिल्म लॉस्ट एंड फाउंड इन सिंगापुर में सितारा के रूप में नजर आने वाली एक्ट्रेस अपूर्वा अरोड़ा ने अपने वास्तविक जीवन के व्यक्तित्व की एक झलक दी और ऋत्विक धनजानी के किरदार ध्रुव के साथ एक अप्रत्याशित संबंध का खुलासा किया।ऋत्विक और अपूर्व अभिनीत फिल्म लॉस्ट एंड फाउंड इन सिंगापुर दर्शकों को कहानी का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करती है, जो उनकी पसंद के माध्यम से अपने कोर्स को आगे बढ़ाती है।

ध्रुव और सितारा हमें सिंगापुर की आकर्षक सड़कों के माध्यम से खोज की यात्रा पर ले जाते हैं।फिल्म के बारे में बात करते हुए, अपूर्वा ने कहा: वास्तविक जीवन में, मैं ध्रुव की तरह हूं और ऋत्विक सितारा की तरह है, क्योंकि वह एड्रेनालाईन का दीवाना है, जो सीधे साहसिक गतिविधियों से शुरुआत करना चाहता है और यही सितारा की सबसे उपयुक्त परिभाषा है। जबकि, मैं एक ऐसी व्यक्ति हूं जो चीजों की योजना बनाना चाहती है, कम से कम उस दिशा में जहां मुझे जाना है, जो बिल्कुल ध्रुव की तरह है।

ओएमजी फेम एक्ट्रेस ने कहा, मैं एडवेंचर की शौकीन नहीं हूं, लेकिन इसे करना एक बड़ा काम था। बंजी जंप और अन्य गतिविधियां करते समय मेरे पैर ठंडे हो गए थे। लॉस्ट एंड फाउंड इन सिंगापुर एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हो रहा है।

***********************************

 

पिंक ब्लेजर पहन पूजा हेगड़े ने कराया हॉट फोटोशूट, कैमरे में फोकस कर दिए सेक्सी पोज

07.08.2023  –  बॉलीवुड एक्ट्रेस पूजा हेगड़े आए दिन अपनी बोल्ड और ग्लैमरस तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर फैंस को दीवाना बनाती रहती हैं। एक्ट्रेस हर बार अपने लेटेस्ट लुक से इंटरनेट पर तबाही मचा देती हैं। हाल ही में पूजा हेगड़े ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी सेक्सी तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिसमें वो काफी किलर अंदाज में नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस पूजा हेगड़े साउथ और बॉलीवुड इंडस्ट्री का जाना-माना नाम है। उनका हर एक लुक सोशल मीडिया पर आते ही सुर्खियां बटौरने लगता है।

हाल ही में एक्ट्रेस पूजा हेगड़े ने अपनी लेटेस्ट तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर फैंस को रिझाना शुरू कर दिया है। इन तस्वीरों में पूजा हेगड़े का बोल्ड लुक इंटरनेट पर बवाल मचा रहा है। बता दें कि एक्ट्रेस अपने इस लुक में काफी गॉर्जियस नजर आ रही हैं। पूजा हेगड़े ने अपनी इन तस्वीरों में पिंक कलर की ब्लेजर पहनी हुई है, जिसमें वो हॉट लग रही हैं। वहीं दूसरी फोटो में आप देख सकते हैं कि एक्ट्रेस ने ब्लैक कलर की शॉर्ट ड्रेस पहनी हुई है। एक्ट्रेस की इन तस्वीरों को देखकर एक बार फिर से फैंस के होश उड़ गए हैं।

उनका ये लुक इंटरनेट पर शेयर होते ही वायरल हो गया है। बताते चलें कि एक्ट्रेस पूजा हेगड़े जब भी अपनी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट करती हैं तो लोग जमकर लाइक्स और कॉमेंट्स करते हैं। पूजा हेगड़े सोशल मीडिया लवर हैं, इंस्टाग्राम पर उनकी फैन फॉलोइंग लिस्ट काफी जबरदस्त है।

*********************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। आज आपका काफी दिनों से रुका काम पूरा होने से आपको रिलैक्स फील होगा। इस राशि के छात्रों के लिए आज का दिन अनुकूल रहने वाला है, जल्द ही आप करियर में नया मुकाम पाने वाले हैं, खासतौर पर साइंस से जुड़े छात्रों के लिए दिन फायदेमंद रहेगा। आज माता-पिता के साथ किसी रिश्तेदार के घर जा सकते हैं। आज कार्यस्थल पर कोई बड़ा ऑफर मिलने से धन लाभ होने का योग है। आप परिवार के साथ मनोरंजन के लिए कहीं ट्रिप पर जाने का प्लान बनाएंगे।

* शुभ रंग- पिच

* शुभ अंक- 2

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। जो छात्र कॉलेज में नए प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं, वो जल्द ही अपनी तैयारी पूरी कर लेंगे। शिक्षकों का पूरा सहयोग मिलेगा। आज कोई भी काम करते समय आपको बुजुर्गों का आशीर्वाद जरूर लेना चाहिए। इससे आपको काम में मदद मिलेगी। साथियों के साथ आपका दिन अच्छा गुजरेगा । आज अपनी गलतियों से कुछ नया सीखेंगे। अपने कारोबार के खर्च के साथ-साथ निजी खर्च में बैलेंस बनाये रखें।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 7

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन फेवरेबल रहने वाला है। आज कुछ लोग आपसे किसी काम के लिए मदद मांग सकते हैं। परिवार में आपके गुणों की तारीफ हो सकती है। किसी नयी तकनीक को अपनाने से आपके व्यापार में इजाफा होगा। जीवनसाथी के साथ आप डिनर करने का प्रोग्राम बनाएंगे। जो लोग संगीत या गायन के क्षेत्र से जुड़े हैं, उन्हें किसी बड़ी जगह पर परफॉर्मेंस का मौका मिल सकता है।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 5

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। आज आपको नए गों से थोड़ा संभलकर रहना चाहिए। आज आपके ऑफिस में काम को लेकर कोई आपकी बैक-बाईटिंग कर सकता है। आपको अपनी हर चीज़ परफेक्ट रखनी चाहिए चाहे वो कोई भी काम हो। अगर आप कोई नए काम की शुरुआत करने जा रहे हैं तो काम में बड़ों की सलाह लेना बेहतर रहेगा। खुद को फिट रखने के लिए आपकोयोगा करना चाहिए। लवमेट्स के रिश्ते में मिठास बनी रहेगी। इसके साथ ही धार के लेन-देन से आपको बचना चाहिए।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 1

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज किसी विशेष काम की ओर आपका झुकाव हो सकता है, आप अपना पूरा दिन अपनी पसंदीदा बुक पढ़कर गुजारेंगे। आज करियर के मामले में चीजें बेहतर होने के आसार हैं। आज सेहत के प्रति आपको सतर्क रहने की जरूरत है। फास्ट फूड खाने से आपको बचना चाहिए। आज आपके बिजनेस में मुनाफा होने का योग बन रहा है। साथ ही आपको किसी बड़े ग्रुप से जुडऩे का अवसर मिल सकता है। लेकिन किसी बड़ी डील को करने से पहले आपको सोच-समझकर ही आगे बढऩा होगा।

* शुभ रंग- पिच

* शुभ अंक- 5

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन बहुत अच्छा रहने वाला है। आज आपको किसी तरह के कानूनी मामले में दोस्तों की मदद मिलेगी। आज आप परिवार की इच्छाएं पूरी करने की कोशिश करेंगे, जिसमें आप काफी हद तक सफल भी होंगे। दोस्तों के साथ आपके रिश्ते मजबूत होंगे। आपको काम में कुछ नए लोगों के साथ साझेदारी करने का मौका मिल सकता है। लवमेट्स के लिए आज का दिन बढिय़ा रहेगा। थोड़ी मेहनत से आपको किसी बड़े धन लाभ का अवसर मिल सकता है। सकारात्मक सोच आपके लिए लाभदायक साबित होगी।

* शुभ रंग- नारंगी

* शुभ अंक- 8

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज का दिन आपके लिए समान्य रहने वाला है। आज आपको व्यापार में उम्मीद से कुछ कम ही लाभ प्राप्त होगा। आज आप अपने जीवन को और बेहतर बनाने के लिए कोशिश करेंगे। आज आपके घर पर कुछ मेहमान आ सकते हैं, आपको खुशी होगी। आज ऑफिस में काम की अधिकता थोड़ी ज्यादा रहेगी, लेकिन शाम तक सारा काम अच्छे से निपट जाएगा। आज आपका जीवनसाथी के साथ सामंजस्य बना रहेगा। बच्चे आज आपसे मन की बात बता सकते हैं।

* शुभ रंग- मैजेंटा

* शुभ अंक- 9

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन खुशहाल रहने वाला है। आज आपको कोई अच्छी खबर मिलने के योग हैं यह खुशी आपके घर में बेटे के करियर को लेकर हो सकती है। आज ऑफिस में आपको कोई नया काम मिल सकता है, जिसे पूरा करके आपको भी खुशी होगी। आज की शाम परिवार के साथ बिताएंगे, जिससे पारिवारिक जीवन खुशहाल बनेगा। आप माता-पिता के साथ किसी समारोह में जा सकते हैं। आज शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों को तरक्की के नए अवसर मिल सकते हैं। इस राशि की महिलाओं को ऑफिस में प्रोत्साहन मिलेगा।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 3

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपके जीवन में नई खुशियां लेकर आया है। आज किसी काम के सिलसिले से की गई यात्रा फायदेमंद रहेगी। साथ ही समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। परिवार में किसी रिश्तेदार के आगमन से घर खुशी का माहौल बनेगा, आपकी मुलाकात कुछ खास लोगों से भी होगी। आप अपने लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा करने के बारे में विचार करेंगे। ऑफिस में आपके अच्छे काम को देखकर जूनियर आपकी ज्यादा रेस्पेक्ट करेंगे। जो लोग मार्केटिंग के फील्ड से जुड़े हैं, उन्हें आज अच्छे क्लांइट मिल सकते हैं।

* शुभ रंग- भूरा

* शुभ अंक- 7

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए बदलाव से भरा हो सकता है। आज आपके जीवन में कुछ बदलाव आ सकते हैं जो आपके लिए बढिय़ा साबित होंगे। आज आपको किसी काम को पूरा करने के लिएज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। जो लोग होटल या रेस्टोरेंट जैसे बिजनेस से जुड़े हैं, उनके लिए दिन पहले से बेहतर रहेगा, आज आपका दिन ज्यादा लाभ कमानें का है। आज आपको जीवन और कार्यक्षेत्र दोनों जगहों पर पिता का सहयोग मिलेगा। आज आपके पारिवारिक रिश्तों में मिठास बनी रहेगी।

* शुभ रंग- काला

* शुभ अंक- 6

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन ताजगी से भरा रहेगा। आज जीवनसाथी के साथ आप कोई मूवी देखने का प्लान बना सकते हैं। आज कार्यक्षेत्र में लोगों से हर तरह का सहयोग मिलेगा। कुछ दिनों से रुका हुआ काम आज पूरा हो जाएगा। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन बेहतर रहेगा। आपको अचानक कुछ ऐसा हासिल हो सकता है, जिसकी आपको वर्षों से तलाश थी। जो लोग टूर एंड ट्रेवल्स के बिजनेस से जुड़े हैं, उनके बिजनेस में बढ़ोत्तरी होगी।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 5

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची):

आज का दिन आपके लिए लाभदायक रहने वाला है। आज किसी जरूरी काम में आपको भाई-बहनों का सपोर्ट मिलेगा। करियर में के साथ आप कुछ बेहतरीन पलों का आनंद उठाएंगे तरक्की के रास्ते खुल सकते हैं। आज आपको किसी अजनबी पर भरोसा करने से बचना चाहिए और आपको अपनी योजनाओं के प्रति गोपनीयता बनाए रखने की जरूरत है। आप किसी मित्र से मिलने उसके घर जा सकते हैं, आपकी दोस्ती मजबूत होगी। आज आप किसी सामाजिक कार्य का हिस्सा भी बन सकते हैं।

* शुभ रंग- लाल

* शुभ अंक- 6

*******************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version