अर्जेंटीना के राष्ट्रपति, यूरोपियन संघ प्रमुख दिल्ली पहुंचे

*जी20 शिखर सम्मेलन*

नई दिल्ली,08 सितंबर (एजेंसी)। अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज 9’0 सितंबर को होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे।

फर्नांडीज का दिल्ली हवाई अड्डे पर इस्पात और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने स्वागत किया।
अर्जेंटीना उन पांच नए देशों में शामिल है जिन्हें ब्रिक्स फोरम में शामिल किया गया है।

भारत में अर्जेंटीना के दूत ह्यूगो जेवियर गोब्बी ने ब्रिक्स के विस्तार में भारत की भूमिका की सराहना की और कहा है कि भारत के समर्थन के बिना उनके देश को समूह में शामिल करना संभव नहीं होता।

इस बीच, कई अंतरराष्ट्रीय नेता राष्ट्रीय राजधानी में जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं।

कुछ प्रमुख लोगों में नाइजीरियाई राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू शामिल हैं, जो बहुपक्षीय कार्यक्रम में आने वाले पहले राष्ट्र प्रमुख थे।
विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के महानिदेशक नगोजी ओकोन्जो-इवेला जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए गुरुवार रात नई

दिल्ली पहुंचे।
शिखर सम्मेलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा भी पहुंची हैं।

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन सहित अन्य विश्व नेता; ओईसीडी के महासचिव माथियास कॉर्मन; मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जुगनुथ; यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल; और मेक्सिको के अर्थव्यवस्था मंत्री रक़ेल ब्यूनरोस्त्रो सांचेज़ दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन के लिए पहुंचे हैं।

******************************

 

मोदी विश्व के 15 से अधिक नेताओं के साथ करेंगे द्विपक्षीय बैठक

*जी20 शिखर सम्मेलन*

नई दिल्ली,08 सितंबर (एजेंसी)। शनिवार से शुरू होने वाले जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन के साथ, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी 15 से अधिक विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी।शुक्रवार को वह अपने आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर मॉरीशस, बांग्लादेश और अमेरिका के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

शनिवार को जी20 बैठकों के अलावा प्रधानमंत्री ब्रिटेन, जापान, जर्मनी और इटली नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।10 सितंबर को वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ वर्किंग लंच मीटिंग करेंगे।सूत्रों ने बताया कि वह कनाडा के साथ एक अलग बैठक करेंगे और कोमोरोस, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण कोरिया, यूरोपीय संघ, यूरोपीय आयोग, ब्राजील और नाइजीरिया के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

जी20 शिखर सम्मेलन में संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ,अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज ,ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज़, ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो,कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो,चीन के प्रधान मंत्री ली च्यांग, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन,जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़,इंडोनेशिया गणराज्य के राष्ट्रपति जोको विडोडो, इटली के प्रधानमंत्री मेलोनी जियोर्जिया ,जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा,मेक्सिको के राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल,दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल,रूसी संघ के विदेश मामलों के मंत्री सर्गेई लावरोव ,सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान,दक्षिण अफ्ऱीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफ़ोसा,तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन, यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक,यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स माइकल शामिल होंगे।

***************************

 

हरियाणा मानवाधिकार आयोग के कड़े संज्ञान से उत्तराधिकारी को मिली सहायता राशि

चंडीगढ़ ,07 सितंबर (एजेंसी)।  अंबाला के ऑब्जरवेशन फॉर्म में नाबालिक द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने कड़ा संज्ञान लेने की बात कहते हुए बताया कि सरकार को इस मामले की उचित जांच और कार्रवाई के आदेश दिए हैं। दरअसल फतेहाबाद का मूल निवासी नाबालिक मुकदमा दर्ज होने के बाद अंबाला शिफ्ट किया गया था।

दो ही दिन बाद इस नाबालिग ने आत्महत्या कर ली थी। इस पर हरियाणा मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष दीप भाटिया ने कहा कि मामला हमारे संज्ञान में है और हमारे कहने पर सरकार द्वारा किसी भी जेल में बंद कैदी की अप्राकृतिक मृत्यु पर उसके कानूनन उत्तराधिकारी को मिलने वाली मुआवजा राशि में बढ़ोतरी कर इसे 5 लाख से साढे 7 लाख किया गया था।

भाटिया ने बताया कि नाबालिक के सुसाइड मामले को इस क्राइटेरिया में जोड़कर यह मुआवजा राशि दिए जाने के निर्देश दिए गए थे। जिसे मानते हुए सरकार ने यह मुआवजा राशि ग्रांट की अनुमति दे दी है। भाटिया के अनुसार अभी तक इस नाबालिक के परिवार से संपर्क नहीं हो पाया। लेकिन जल्द ही परिजनों का पता लगाकर उन्हें यह सहायता राशि मिल चुकी है।

इसकी जानकारी ली जाएगी। उन्होंने सरकार के इस फैसले की सराहना करते हुए इसे अच्छा कदम बताया और कहा कि इस प्रकार से पीडि़त परिवारों को आर्थिक सहायता देने का रास्ता सरकार द्वारा खोला जाना वास्तव में एक अच्छा सहयोग है।

हरियाणा मानव अधिकार आयोग के चेयरमैन दीप भाटिया ने आदेश पारित करते हुए हरियाणा सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग चंडीगढ़ के अतिरिक्त मुख्य सचिव को इस मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया था। जिसमे उन्होंने पूछा था कि क्यों न नाबालिग मृतक के कानूनी उत्तराधिकारी को पहले से निश्चित 7.50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।

क्योंकि प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड फतेहाबाद की रिपोर्ट से यह सिद्ध हो गया था कि किशोर की अप्राकृतिक मौत हुई है, जब वह ऑब्जरवेशन होम में बंद था। इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी प्रीति मानव आयोग के सदस्यों के सामने उपस्थित हुई थी और उन्होंने कहा था कि फतेहाबाद जिला एवं सत्र न्यायधीश को पत्र लिखकर प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड के माध्यम से मृतक के परिजनों का पता लगाने के लिए कहा है जिससे वह उनके खाते में साढ़े 7 लाख रुपये की मुआवजा राशि डाल सके।

*****************************

 

ऑनलाइन ग्राहकों को गुमराह नहीं कर पाएंगी बड़ी कंपनियां, सरकार ने शिकंजे का मसौदा किया तैयार

नई दिल्ली ,07 सितंबर (एजेंसी)। सरकार ऑनलाइन मंच पर ग्राहकों के मन में डर या उपहास की भावना पैदा करने, माल की कमी का भ्रामक संकेत दिखा कर खरीद में हड़बड़ी कराने, भगुतान आधारित सदस्यता छोडऩे से रोकने, बिलिंग के समय कुछ गैर जरूरी चीजों खरीदने या कुछ दान आदि देने के लिए प्रेरित करने जैसी चालों को गुमराह करने वाली कार्यप्रणाली या ‘डार्क पैटर्न’ की श्रेणी में रखने का प्रस्ताव कर उसे उभोक्ता अधिकार संरक्षण कानून के तहत निषिद्ध करने जा रही है।

केंद्र के उपभोक्ता कार्य विभाग ने आनलाइन बाजार में ग्राहकों को खरीदारी के समय भ्रमित करने की चालबाजियों पर शिकंजा कसने के लिए उपभोक्ता कार्यविभाग ने नियमों का एक सौदा जारी करते हुए गुरुवार को इन पर जनता से पांच अक्टूबर तक सुझाव आमंत्रित किए हैं।

उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार मसौदा दिशानिर्देशों में ऑनलाइन प्लेटफार्मों द्वारा अपनाई जा रही ऐसी विभिन्न भ्रामक कार्य प्रणालियां सूचीबद्ध की गयी है जो उपभोक्ताओं के हितों के खिलाफ हो सकती हैं। इनमें झूठी अत्यावश्यकता या अलर्ट (माल खत्म होने की स्थिति का भ्रामक संकेत), बास्केट स्नीकिंग ( निकले निकलते ग्राहक की सहमति के बिना अतिरिक्त वस्तु डालना या ग्राहक को परमार्थ में दान आदि के लिए भ्रमित करना),कन्फर्म शेमिंग ( ग्राहक में लज्जित होने का डर पैदा करना), सदस्यता जाल ( भुगतान की गई सदस्यता को रद्द करना असंभव या लंबी और जटिल बनाने की प्रक्रिया ), इंटरफेस हस्तक्षेप (बिना संदर्भ की सूचना से ग्राहक को प्रभावित करना), जबरन कार्रवाई (खरीद या सदस्यता के लिए दबाव), ड्रिप प्राइसिंग (कीमत को बाद में प्रकट करना),छद्म विज्ञापन और नैगिंग (इच्छित विकल्प को अपनाने में रुकवाट पैदा करना) जैसी चालें शामिल हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि ये दिशानिर्देश ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, कानून फर्मों, सरकार और स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठनों (वीसीओ) सहित सभी हितधारकों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बादतैयार किए गए हैं। प्रस्तावित दिशानिर्देश उपभोक्ता संरक्षण कानून 2019 की धारा 18 (द्य) (एल) के तहत जारी किए जाएंगे।

उपभोक्ता कार्य विभाग (डीओसीए) ने गित 13 जून को डार्क पैटर्न (भ्रामक कार्यप्रणाली) पर एक परिचर्चा आयोजित की भह जिसमें भारतीय विज्ञापन मानक परिषद (एएससीआई), विभिन्न ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, एनएलयू, लॉ फर्मों आदि ने भाग लिया। बैठक में इस बात पर आम सहमति बनी कि आनलाइन मंचों पर इस तरह की भ्रमक चालें चिंता का कारण है और इससे सक्रिय रूप से निपटने की जरूरत है। उसके बाद उपभोक्ता कार्य विभाग के सचिव द्वारा ई-कॉमर्स कंपनियों, उद्योग संघों और हितधारक परामर्श के प्रतिभागियों को दिनांक 28 जून को एक पत्र भेजा गया था, जिसमें उनसे अपने प्लेटफॉर्म के ऑनलाइन इंटरफ़ेस में किसी भी ऐसे डिज़ाइन या पैटर्न को शामिल करने से परहेज करने का अनुरोध किया था जो उपभोक्ता की पसंद को धोखा दे सकता है या हेरफेर कर सकता है और डार्क पैटर्न की श्रेणी में आ सकता है।

विभाग ने ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्मों को सलाह दी है कि वे उपभोक्ता की पसंद में हेरफेर करने के लिए अपने ऑनलाइन इंटरफ़ेस में किसी तरह की भ्रामक कार्यप्रणाली को शामिल न होने दें। विभाग ने कहा है कि इस तरह की चालबाजी उपभोक्ता संरक्षण कानून, 2019 की धारा 2(9) के तहत निहित ‘उपभोक्ता अधिकारों’ का उल्लंघन माना जाता है। विभाग ने इस संबंध में एक कार्यबल का गठन किया गया जिसमें उद्योग संघों, एएससीआई, एनएलयू, वीसीओ और ई-कॉमर्स प्लेटफार्म- गूगल, फ्लिपकार्ट, आरआईएल, अमेज़ॅन, गो-एमएमटी, स्विगी, ज़ोमैटो, ओला, टाटा क्लिक, फेसबुक, मेटा, शिप रॉकेट और गो-एमएमटी के प्रतिनिधि शामिल थे। टास्क फोर्स के सदस्यों की 5 बैठकें हुईं, जिनमें टास्क फोर्स के सभी सदस्यों से मसौदा नीति के लिए जानकारी ली गई।

*********************************

 

खुद को यूपी का एमएलए बताकर 11 लाख की ठगी, राजकोट से गिरफ्तार

उदयपुर ,07 सितंबर (एजेंसी)। खुद को उत्तर प्रदेश का विधायक बताकर राजस्थान के सार्वजनिक निर्माण विभाग में कनिष्ठ सहायक की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 11 लाख की ठगी करने वाले को उदयपुर पुलिस ने गुजरात के राजकोट से गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है।

मिली जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के आगरा निवासी शिवप्रकाश उर्फ शिवा चौधरी उर्फ देवेंद्र राणा और जगदीश चंद्र आचार्य की पहचान उदयपुर के राजकुमार थामेल से हुई। देवेन्द्र राणा ने खुद को उत्तरप्रदेश का विधायक बताया। उसने उत्तरप्रदेश के गन्ना मंत्री अन्ना चौधरी को अपना पिता बताया था। देवेन्द्र और जगदीश ने राजकुमार को झांसे में लिया कि वह राजस्थान के सार्वजनिक निर्माण विभाग में कनिष्ठ सहायक पद पर नौकरी लगवा सकते हैं।

इस पर राजकुमार ने अपने दोनों बेटों को कनिष्ठ सहायक पद पर नियुक्त कराने के लिए कहा, जिसके एवज में देवेन्द्र राणा ने 11 लाख रुपए की मांग की थी। यह रकम दिए जाने के बाद जगदीश और देवेन्द्र ने उसके बेटों के नाम नियुक्ति पत्र दिए थे। जिन्हें लेकर वह अपने बेटों को लेकर उदयपुर के सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यालय पहुंचा। जहां जाकर पता चला कि विभाग ने इस तरह की कोई नियुक्ति नहीं की। दोनों ही नियुक्ति पत्र को फर्जी बताया। जिस पर राजकुमार ने जगदीश चंद्र तथा देवेन्द्र राणा के खिलाफ भूपालपुरा थाने में धोखाधड़ी और ठगी का मामला दर्ज कराया था।

भूपालपुरा थाना पुलिस पूर्व में जगदीश चंद्र आचार्य को गिरफ्तार कर चुकी है और न्यायिक हिरासत में चल रहा है। देवेन्द्र राणा के गुजरात के राजकोट में होने का पता चला तो उसे गिरफ्तार कर लिया और गुरुवार सुबह उदयपुर लेकर पहुंची थी। रिमांड अवधि के दौरान यह पता लगाया जा चुका है कि वह इस तरह की ठगी में कब से लिप्त है तथा अब तक कितने लोगों को ठग चुका है।

********************************

 

जुबिन नौटियाल का नया गाना राब्ता रिलीज, अदा शर्मा ने दिया साथ

08.08.2023 (एजेंसी)  – भारतीय सिनेमा के जाने-माने गायक जुबिन नौटियाल का नया गाना राब्ता रिलीज हो चुका है, जिसे सोशल मीडिया पर भरपूर प्यार मिल रहा है।राब्ता को जुबिन ने चिरंतन भट्ट के साथ मिलकर गाना है। इस गाने के बोल जुनैद वसी ने लिखे हैं।इसमें जुबिन की जोड़ी फिल्म द केरल स्टोरी अभिनेत्री अदा शर्मा के साथ बनी है।राब्ता में दोनों सितारों की केमिस्ट्री देखने लायक है। गाने को प्राकृतिक नजारों की खूबसूरती के बीच फिल्माया गया है।

जुबिन ने इंस्टाग्राम पर राब्ता गाना साझा किया है। उन्होंने लिखा, मेलोडी लव और कनेक्शन को अपने दिल में भरने दें। राब्ता गाना जारी।इस गाने का निर्देशन ध्रुवल पटेल और जिगर मुलानी ने किया है। भूषण कुमार राब्ता के निर्माता हैं।जुबिन को बेवफा तेरा मासूम चेहरा और दिल गलती कर बैठा है जैसे गानों के लिए जाना जाता है।अदा की आगामी फिल्मों की बात करें तो वह द गेम ऑफ गिरगिट में अपनी मौजूदगी दर्ज करवाएंगी।

इस गाने की रिलीज से पहले एक्ट्रेस अदा खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर की थी जिसमें वो जुबिन नौटियाल के साथ फोटो के लिए पोज देते हुए दिखी थी।अदा शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर 6 तस्वीरें शेयर की थी। पहली तस्वीर में जुबिन नौटियाल हाथों में गिटार लिए अदा शर्मा की तरफ देख रहे हैं।

इसी तरह बाकी तीन तस्वीरों में भी जुबिन नौटियाल और अदा शर्मा ही दिख रहे हैं। हालांकि आखिरी की जो तस्वीरें हैं वो फैंस को काफी पसंद आ रही है।

*********************************

 

सीरीज आखिरी सच में शिविन नारंग ने तमन्ना भाटिया के साथ काम करने का बताया अनुभव

08.08.2023 (एजेंसी)  –  सीरीज आखिरी सच से ओटीटी में डेब्यू करने वाले अभिनेता शिविन नारंग ने अभिनेत्री तमन्ना भाटिया के साथ काम करने का अपना अनुभव शेयर किया।अभिनेता शिविन नारंग को रोमांटिक-थ्रिलर बेहद 2 में रुद्र रॉय के किरदार के लिए जाना जाता है।सीरीज आखिरी सच में शिविन ने अमन का किरदार निभाया है। शो में इंस्पेक्टर अन्या की भूमिका में तमन्ना भाटिया, भुवन की भूमिका में अभिषेक बनर्जी और इसमें प्रतीक सहजपाल, दानिश इकबाल, निशु दीक्षित, कृति विज और संजीव चोपड़ा हैं।

जटिल घटनाओं के तूफान में फंसे एक किरदार को निभाते हुए शिविन ने साझा किया, मैंने तमन्ना को ज्यादातर ग्लैमरस भूमिकाओं में देखा है और उन्हें एक पुलिस वाले के रूप में देखना अविश्वसनीय था। मैं कहानी की तीव्रता को समझता हूं, क्योंकि हम सभी अलग-अलग पृष्ठभूमि से आते हैं।उन्होंने कहा, थिएटर से सिनेमा तक हमने जीवन के विभिन्न पहलुओं से अभिनय किया और एक महान टीम वर्क में योगदान दिया।

कुल मिलाकर जिस चीज़ ने आखिरी सच को महान बनाया, वह है प्रतिभाशाली लोगों का एक साथ आना। एक रात, एक परिवार, कई मौतें, एक जांच अधिकारी और विभिन्न सिद्धांतों पर आधारित आखिरी सच सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। बढ़ते तनाव की पृष्ठभूमि पर आधारित यह सीरीज प्रत्येक चरित्र के जीवन पर प्रकाश डालती है।

मुख्य जांच अधिकारी अन्या की भूमिका निभा रही तमन्ना मौतों के रहस्य को उजागर करने के मिशन पर निकलती है।निर्विकार फिल्म्स द्वारा निर्मित, रॉबी ग्रेवाल द्वारा निर्देशित और सौरव डे द्वारा लिखित, आखिरी सच सीरीज डिज्नी प्?लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है।

*****************************

 

कुछ तो लोग कहेंगे लोगों का काम है कहना: कुशा कपिला

08.08.2023 (एजेंसी)  – कुशा कपिला इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म सुखी को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं. उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बात की है. सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और एक्ट्रेस कुशा कपिला ने कुछ समय पहले पति जोरावर अहलूवालिया से अलग होने का फैसला लिया था. उन्होंने इस बारे में सोशल मीडिया पर फैंस को बताकर चौंका दिया था.

जोरावर से तलाक लेने की अनाउंसमेंट करने के बाद कुशा को सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल किया गया था. कुशा ने अब ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया है. साथ ही बताया कि वह इस आलोचना से कितनी प्रभावित हुई थीं. कुशा कपिला का नाम हाल ही में बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर से जोड़ा गया था. जिसका बारे में तुरंत बात करके कुशा ने लोगों का मुंह बंद करवा दिया था.

कुशा ने एक इंटरव्यू में बताया है कि उन्होंने आलोचना का कैसे सामना किया.कुशा ने कहा कि उनके दोस्त, फैमिली ने ऑनलाइन ट्रोलिंग के दौरान बहुत सपोर्ट किया. सभी ने मेरे चारों तरफ एक सर्कल बना लिया था जो मुझे हर चीज से प्रोटेक्ट करता था और मैं खुशकिस्मत हूं कि ऐसे लोग मेरी जिंदगी में हैं. कुशा ने आगे कहा- मैं समझती हूं कि ये पब्लिक पर्सन होने का हिस्सा है. कुछ तो लोग कहेंगे लोगों का काम है कहना और ये होने ही वाला है.कुशा ने आगे कहा- मुझे लगता है कि मैं अब हर दिन मजबूत होती जा रही हूं.

इसी के लिए मैं रोजाना काम कर रही हूं. मैं इम्यून होना चाहती हूं और घाव जल्द ही भर जाएंगे.कुशा के एक्स हसबैंड उनके सपोर्ट में उतरे थे. जोरावर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट शेयर करके अपनी नाराजगी जाहिर की थी.

उन्होंने लिखा था- मुझे एहसास हुआ कि हम पब्लिक लाइफ जीते हैं लेकिन कुछ ऐसी चीजें भी हैं बहुत पवित्र हैं. हमारी शादी और एक-दूसरे के लिए रिस्पेक्ट भी उन्हीं में से एक है.

****************************

 

ऑरेंज कलर का आउटफिट पहन इवेंट में पहुंचीं शहनाज गिल

08.08.2023 (एजेंसी)  –  एक्ट्रेस शहनाज गिल आए दिन अपनी फोटोज इंस्टाग्राम पर शेयर कर कयामत ढा देती हैं। उनका हर एक लुक सोशल मीडिया पर पोस्ट होते ही धमाल मचाने लग जाता है। बता दें कि एक्ट्रेस के पास इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। शहनाज जल्दी ही फिल्म थैंक्यू फॉर कमिंग में नजर आएंगी। इस फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान शहनाज अपनी बाकी स्टारकास्ट के साथ पहुंचीं। लेकिन सब लोगों की नजर शहनाज पर ही टिकी रह गई थी।

पंजाबी और बॉलीवुड इंडस्ट्री में अपने चुलबुले अंदाज से लोगों के बीच अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस शहनाज गिल आज किसी भी पहचान की मोहताज नहीं हैं। हाल ही में अपनी अपकमिंग फिल्म थैंक्यू फॉर कमिंग ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान एक्ट्रेस ने बेहद ही बोल्ड आउटफिट कैरी किया हुआ था। एक्ट्रेस शहनाज गिल के इस स्टाइलिश बैकलेस ऑरेंज कलर के गाउन पर से लोगों की नजरें हटने का नाम नहीं ले रही थी।

इन तस्वीरों में आप देख सकते हैं एक्ट्रेस शहनाज किलर अपने परफेक्ट बॉडी कर्व्स फ्लॉन्ट करती हुई नजर आ रही हैं। कैमरे के सामने शहनाज गिल एक से बढ़कर एक पोज देती हुई सिजलिंग पोज दे रही हैं। ओपन हेयर और न्यूड मेकअप लुक कर के एक्ट्रेस ने शहनाज गिल ने अपने आउटलुक को कंप्लीट किया है। बताते चलें कि इस फिल्म की लीड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर हैं।

ये मूवी 6 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो जाएगी। इस फिल्म की कहानी लड़कियों पर बेस्ड है, जिसमें दिखाया गया है कि वो अपनी लाइफ के फैसले खुद ले सकती हैं।

****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। कार्यक्षेत्र में आपको जिम्मेदारी भरा काम मिल सकता है। काम करने में कुछ चुनौतियां आएंगी लेकिन आप किसी कलीग की मदद से पूरा कर लेंगे। आप अपने मन की कोई बात माता जी से शेयर करेंगे, जिससे आपके आपको रिलेक्स महसूस करेंगे। लवमेट्स की फोन पर देर तक बात होगी। ग्रॉसरी का नया व्यापार शुरू किए लोगों का काम अच्छा चलने लगेगा। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

* लकी रंग – हरा

* लकी नंबर – 1

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहने वाला है। आपको संतान की तरफ से कोई खुशखबरी मिलेगी। साथ ही आप उनके करियर को और बेहतर बनाने के लिए गुरु विचार विमर्श करेंगे। आप अपना कोई पुराना लेनदेन चुकता कर देंगे आपको राहत मिलेगी। जॉब की तलाश कर रहे लोगों की तलाश पूरी होगी, अच्छी जगह से जॉब का प्रस्ताव आएगा। नवविवाहित जीवनसाथी आज आपकी मनपसंद डिश बनाएंगे। कान से सम्बंधित समस्या के लिए आज किसी अच्छे डॉक्टर को दिखाएंगे।

* लकी रंग – पिंक

* लकी नंबर – 9

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन फेवरेबल रहने वाला है। आपको धैर्य से काम करने की जरूरत है कुछ लोग आपके कार्यों में रुकावट डालने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन आपकी बुधिमत्ता के आगे उनका कोई जोर नहीं चलेगा। लवमेट्स आज डिनर के लिए बाहर जा सकते हैं, एक दूसरे पर विश्वास बढ़ेगा। स्टूडेंट्स के करियर में आ रही रुकावटों का आज समाधान मिल सकता है। कार्यस्थल पर अपनी काबिलियत दिखाने का आज अच्छा मौका है। शिक्षकों का ट्रान्सफर उनके मनपसंद क्षेत्र में होगा।

* लकी रंग – काला

* लकी नंबर – 4

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज का दिन आपके लिए सुनहरा रहने वाला है। आपके बिजनेस में किए गए बदलाव से आपको अच्छी इनकम होगी। आपको उधार के लेन-देन को अवॉयड करने की जरूरत है। आपकी किसी बात से आपके जीवनसाथी बहुत प्रसन्न रहेंगे। किसी से बात करते समय आपको सोच-समझ कर बोलने की आवश्यकता है। आपसे किसी मामले में एक्सपर्ट के तौर पर सलाह ली जा सकती है। लवमेट्स से किया हुआ कोई वायदा आज पूरा करेंगे इससे रिश्तों में मिठास बढ़ेगी।

* लकी रंग – मैरून

* लकी नंबर – 9

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आपको जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों में जीत मिलेगी, घर में ख़ुशी का माहौल बनेगा। अपने ईगो को छोड़कर दूसरों की सलाह पर अमल करने की जरूरत है। बिजनेसमैन के लिए आज का दिन बेहद अच्छा रहेगा, किसी डील को फाइनल करेंगे। दाम्पत्य जीवन में सौहार्द बना रहेगा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों की मेहनत जल्द रंग लाएगी। ऑफिस के रुके हुए कार्यों को समय से पूरा कर लेंगे। धार्मिक कार्यक्रमों में आपकी रुचि बढ़ेगी। राजनीति में आपके अच्छे कार्यों की तारीफ़ होगी।

* लकी रंग – पीला

* लकी नंबर – 5

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन आपके लिए नई उमंग से भरा रहने वाला है। आपको इनकम का नया सोर्स मिलेगा लेकिन साथ ही आपके खर्चों में भी बढ़ोत्तरी हो सकती है। कहीं जाते समय आपकी मुलाकात किसी ऐसे व्यक्ति से होगी, जिससे आगे चलकर आपकी अच्छी दोस्ती हो सकती है। आपके परिवार में चल रही समस्या का समाधान मिलेगा। आप कोई पार्ट-टाइम काम शुरू कर सकते हैं। आप अपने करियर के बारे में सोच-विचार करेंगे, किसी अनुभवी से सलाह भी ले सकते हैं।

* लकी रंग – मैरून

* लकी नंबर – 3

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज का दिन आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। ससुराल पक्ष से कोई खुशखबरी मिल सकती है, जिससे पूरे दिन आपके चेहरे पर मुस्कान बनी रहेगी। आपकी मेहनत करने की क्षमता को देखकर माता-पिता आप पर गर्व महसूस करेंगे। काफी समय से एक ही जगह पर कार्य कर रहे लोगों की सैलरी में इंक्रीमेंट होगा। किसी ख़ास रिश्तेदार के आगमन से घर का माहौल खुशनुमा रहेगा। सोशल मीडिया पर आपका ज्यादा समय व्यतीत होगा। कला और आर्ट्स से जुड़े लोगों के प्रतिभा में निखार आएगा।

* लकी रंग – पर्पल

* लकी नंबर – 5

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। आप किसी मित्र की उपलब्धियों का जश्न मनाएंगे। किसी कोर्ट केस में जीत हासिल होने से पूरे दिन आप प्रसन्न रहेंगे। घर में डेकोरेशन का काम करवाने का विचार बनाएंगे, जीवनसाथी से राय लेंगे। बिजनेसमैन आज आप किसी बड़े प्रोडक्ट की फ्रेचाइजी लेने का मन बनाएंगे। स्वास्थ्य सम्बंधित समस्या से आज खुद को फिट महसूस करेंगे। दांपत्य जीवन में आपसी ताल मेल बना रहेगा। जॉब के लिए प्रयासरत लोगों को अपनी मेहनत जारी रखने की जरूरत है।

* लकी रंग – लाल

* लकी नंबर – 2

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। आप बेवजह की भाग-दौड़ को अवॉयड करेंगे और अपने काम को पूरी एकाग्रता से करेंगे। घर में बेटी की बड़ी तरक्की से परिवार का माहौल ख़ुशी से भरा रहेगा। किसी भी परिस्थिति में अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखें। बिजनेस में कई तरह की गतिविधियों पर काम शुरू होगा, मेहनत के मुताबिक जल्द ही बढिय़ा नतीजे भी मिलेंगे। किसी बड़े अधिकारी से अपनी बात कहने का अच्छा मौका है।

* लकी रंग – सफेद

* लकी नंबर – 8

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए बेहतर रहने वाला है। ऑफिस में स्टाफ के साथ अच्छे व्यवहार बना कर रखें, जिससे किसी जरूरी काम में आपको हर संभव मदद मिलती रहे। परिवार में किसी नन्हे मेहमान के आने से ख़ुशी का माहौल बना रहेगा। लवमेट्स अपने रिश्ते की बात घरवालों से साझा करेंगे, घरवाले आपके रिश्ते की बात को आगे बढ़ाएंगे। स्वास्थ्य संबंधी समस्या से आपको आज छुटकारा मिलेगा। आज के दिन आपको अलग-अलग रास्तों से फायदा मिलने की उम्मीद है। ट्रांसपोर्ट का कारोबार कर रहे लोगों को अच्छा मुनाफा होगा।

* लकी रंग – सिल्वर

* लकी नंबर – 7

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहने वाला है। आपको किसी सम्मानित व्यक्ति से मिलने का मौका मिलेगा। इस राशि के प्रॉपर्टी डीलर के लिए आज का दिन धनलाभ देने वाला है। थोड़ी मेहनत से किसी बड़े फायदे का योग बना हुआ है। कामकाज में आज आपको गोपनीयता बनाकर रखने की जरूरत है। परिवारवालों के साथ बाहर मूवी का प्लान बन सकता है। भाग्य का सहयोग मिलेगा। आपके व्यापार में वृद्धि के योग बनेंगे। लवमेट्स के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

* लकी रंग – गोल्डन

* लकी नंबर – 3

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची):

आज का दिन आपके लिए खास रहने वाला है। किसी रिश्तेदार के आने से आपकी डेली रूटीन में कुछ बदलाव हो सकता है लेकिन साथ ही घरवालों में उल्लास भी बना रहेगा। अपने उच्चाधिकारी के सामने बात रखने परपॉजिटिव रिस्पॉन्स मिलेगा। लवमेट्स आज आपको रिंग गिफ्ट कर सकते हैं। इससे दोनों के रिश्ते में मधुरता बढ़ेगी। पारिवारिक माहौल खुशनुमा बना रहेगा। आपके व्यापार में अच्छी प्रगति के योग हैं। काम की वजह से आपकी व्यस्तता ज्यादा रहेगी।

* लकी रंग – ब्राउन

* लकी नंबर – 6

*********************************

 

लापता लेडीज़’ 5 जनवरी 2024 को होगी रिलीज

08.08.2023  –   जियो स्टूडियोज और आमिर खान प्रोडक्शंस की नई फिल्म ‘लापता लेडीज़’ 5 जनवरी 2024 को स्क्रीन पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म ‘धोबी घाट’ के बाद किरण राव एक दशक से अधिक समय बाद इस फिल्म के साथ निर्देशक के रूप में वापसी कर रही हैं। ‘लापाता लेडीज’ को रिलीज से पूर्व विश्वविख्यात टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (टीआईएफएफ) में 8 सितंबर को ग्रैंड प्रीमियर के लिए स्थान मिल चुकी है।

यह फिल्म आमिर खान प्रोडक्शंस और किंडलिंग प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाई गई है, जिसकी स्क्रिप्ट बिप्लब गोस्वामी की अवॉर्ड विनिंग कहानी पर आधारित है। इसका स्क्रीनप्ले और डायलॉग स्नेहा देसाई द्वारा लिखे गए हैं, जबकि अतिरिक्त संवाद दिव्यनिधि शर्मा द्वारा लिखे गए हैं। ये फिल्म किरण राव के साथ आमिर खान की पार्टनरशिप को लेकर पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त हलचल मचा चुकी है। दर्शक ‘धोबी घाट’ के बाद किरण राव की अगली पेशकश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

ग्रामीण परिवेश से जुड़ी घटना पर आधारित इस फिल्म की कहानी रहस्यमयी वातावरण में तब आगे बढ़ती है जब सफर के दौरान दो दुल्हन ट्रेन से खो जाती हैं। इस फिल्म में नितांशी गोयल, प्रतिभा रांटा, स्पर्श श्रीवास्तव, छाया कदम और रवि किशन मुख्य भूमिका में हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************

 

बाबर-औरंगजेब का अत्याचार भी सनातन को मिटा नहीं पाए, जिसने कोशिश की वो खुद मिट गया, लखनऊ में गरजे योगी

लखनऊ ,07 सितंबर (एजेंसी)। सनातन धर्म संबंधी विवाद पर अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुप्पी तोड़ते हुए आज कहा कि जिसने सनातन धर्म को चुनौती दी वो मिट गया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बाबर-औरंगजेब का अत्याचार भी सनातन धर्म को नहीं मिटा पाया। ये सत्ता परजीवी सनातन को क्या मिटा पाएंगे ?

सीएम योगी ने लखनऊ में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। सीएम योगी ने कहा कि सत्य एक है। लेकिन लोग अपनी मूर्खता से सूर्य पर थूकने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता है वह थूक उन्हीं के ऊपर गिरेगा। रावण और हिरण्याकश्यप और कंस ने ईश्वरीय सत्ता को चुनौती दी थी, लेकिन उनका सबकुछ मिट गया, कुछ नहीं बचा पर ईश्वर बचा और आज भी है। सनातन धर्म सत्य है कभी नहीं मिट सकता है।

वहीं, तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म के खिलाफ दिए गए विवादास्पद बयान का मामला अभी ठंडा पड़ा ही नहीं था कि बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने भी एक ऐसा बयान दे दिया, जिसे लेकर विवाद तय माना जा रहा है।

राजद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि जो लोग तिलक (टीका) लगाकर घूमते हैं, उन्हीं लोगों ने भारत को गुलाम बनवाया। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद के नजदीकी माने जाने वाले सिंह के इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

*********************************

 

आठ साल बाद आईपीएल में खेल सकते हैं मिशेल स्टार्क

सिडनी, 07 सितंबर (एजेंसी)। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क 2015 के बाद पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेल सकते हैं। उन्होंने 2024 में होने वाले टूर्नामेंट के लिए अपना नाम नीलामी में रखने का फैसला किया है।

बायें हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क ने हमेशा आईपीएल की बजाय अपनी राष्ट्रीय टीम को प्राथमिकता में रखा। वह आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से दो सत्र में खेले थे। उन्होंने आखिरी बार आठ साल पहले 2015 में इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था।

स्टार्क का मानना है कि अगले साल जून में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले आईपीएल में खेलना अच्छा रहेगा।

उन्होंने ‘विलो टॉकÓ क्रिकेट पॉडकास्ट में कहा,देखिए, मुझे आईपीएल में खेले हुए आठ साल हो गए हैं। मैं निश्चित तौर पर अगले साल वापसी करना चाहूंगा।

स्टार्क ने कहा,कई अन्य चीजों के अलावा, इस टूर्नामेंट से टी20 विश्व कप के लिए अच्छी तैयारी होगी। इसलिए यह देखने का अच्छा मौका है कि क्या किसी को टी20 विश्व कप से पहले आईपीएल में दिलचस्पी है। इसके अलावा इस साल (ऑस्ट्रेलिया में) की सर्दियों की तुलना में अगले साल की सर्दियों में हम कम मैच खेलेंगे इसलिए मुझे लगता है कि यह नीलामी के लिए अपना नाम शामिल करने का सबसे अच्छा मौका है।

**************************

 

चांद पर भी सेल्फी का क्रेज, आदित्य-एल1 अंतरिक्ष यान ने खींची तस्वीर

चेन्नई 07 Sep, (एजेंसी)-भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ने गुरुवार को कहा कि आदित्य-एल1 अंतरिक्ष यान ने पृथ्वी और चंद्रमा की सेल्फी और तस्वीरें ली हैं।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अनुसार, सूर्य-पृथ्वी लैग्रेंज बिंदु (एल1) के लिए निर्धारित आदित्य-एल1 ने एक सेल्फी ली है और साथ ही पृथ्वी और चंद्रमा की तस्वीरें भी ली हैं। इसरो ने तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपलोड की हैं।

भारत की अंतरिक्ष आधारित सौर वेधशाला, आदित्य-एल1 को 2 सितंबर को ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान -एक्सएल (पीएसएलवी-एक्सएल) संस्करण नामक एक भारतीय रॉकेट द्वारा निम्न पृथ्वी कक्षा (एलईओ) में कक्षा में स्थापित किया गया था।

तब से इसरो द्वारा अंतरिक्ष यान की कक्षा दो बार बढ़ाई गई है। जैसे ही अंतरिक्ष यान लैग्रेंज पॉइंट (L1) की ओर यात्रा करेगा, यह पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण क्षेत्र (SOI) से बाहर निकल जाएगा। एसओआई से बाहर निकलने के बाद, क्रूज़ चरण शुरू हो जाएगा और बाद में अंतरिक्ष यान को एल 1 के चारों ओर एक बड़ी प्रभामंडल कक्षा में इंजेक्ट किया जाएगा – वह बिंदु जहां दो बड़े पिंडों – सूर्य और पृथ्वी – का गुरुत्वाकर्षण खिंचाव बराबर होगा और इसलिए अंतरिक्ष यान किसी भी ग्रह की ओर गुरुत्वाकर्षण नहीं करेगा।

लॉन्च से एल1 तक की कुल यात्रा में आदित्य-एल1 को लगभग चार महीने लगेंगे और पृथ्वी से दूरी लगभग 1.5 मिलियन किमी होगी।

****************************

 

आवेदन मिले तो हम इंडिया नाम बदलने पर विचार करेंगे, संयुक्त राष्ट्र ने बताया कैसे बदलता है किसी देश का नाम

संयुक्त राष्ट्र 07 Sep, (एजेंसी) – संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने कहा कि यदि औपचारिक रूप से ‘इंडिया’ का नाम बदलकर ‘भारत’ करने का अनुरोध किया जाता है, तो संयुक्त राष्ट्र इस पर विचार करेगा और हाल की एक मिसाल के अनुसार, इसके लिए शायद विदेश मंत्री एस. जयशंकर का एक पत्र ही काफी होगा।

एक चीनी मीडिया रिपोर्टर द्वारा यह पूछे जाने पर कि यदि भारत तुर्की के समान अनुरोध करता है, जिसने इसका नाम बदलकर तुर्किये कर दिया है, तो नाम बदलने की प्रक्रिया क्या होगी, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के उप प्रवक्ता फरहान हक ने कहा, “जैसे तुर्की के मामले में तुर्किए पर हमने सरकार द्वारा दिए गए एक औपचारिक अनुरोध का जवाब दिया। जाहिर है, अगर हमें इस तरह का अनुरोध (भारत से नाम बदलने के लिए) मिलता है, तो हम उन पर भी विचार करेंगे।”

तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन ने पिछले साल अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इसका नाम बदलकर तुर्की भाषा के नाम के अनुरूप कर दिया और विदेश मंत्री मेवलुत कैवुसोगालु के गुटेरेस को लिखे एक पत्र ने संयुक्त राष्ट्र में नए नामकरण को औपचारिक बना दिया। गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने उस समय कहा था कि जैसे ही पिछले साल 1 जून को नाम बदलने के लिए कैवुसोगालु का पत्र प्राप्त हुआ, यह प्रभावी हो गया। भारत का संविधान भी देश को भारत के रूप में संदर्भित करता है। राष्ट्र का वर्णन करते हुए संविधान कहता है, “इंडिया, जो कि भारत है, राज्यों का एक संघ होगा।”

जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले नेताओं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से अंग्रेजी में “प्रेसिडेंट ऑफ भारत” शीर्षक के साथ भेजे गए रात्रिभोज निमंत्रण ने अटकलें तेज कर दी हैं कि इंडिया नाम को अब छोड़ दिया जाएगा। अगले साल के चुनाव अभियान से पहले विपक्षी गठबंधन द्वारा खुद को ‘इंडिया’ यानी भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन का नाम दिए जाने के बाद यह राजनीतिक रूप से एक जटिल मुद्दा बन गया है। सत्ताधारी भाजपा अपने नाम में ‘भारतीय’ का इस्तेमाल करती है, साथ ही अंग्रेजी शब्द ‘पार्टी’ का भी इस्तेमाल करती है। विपक्षी कांग्रेस ने 1885 में अपने गठन के समय से ही स्वयं को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का नाम दिया और स्वतंत्रता आंदोलन की संवाहक बन गई।

*****************************

 

पानी के कैंपर को लेकर भिड़े 2 पक्ष, इलाज दौरान एक की मौत

करनाल ,07 सितंबर (एजेंसी)।  करनाल के पुरानी सब्जी मंडी के पास पानी के कैंपर को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों में लात-घूंसे चले। इस दौरान एक पक्ष के व्यक्ति को छाती में गंभीर चोटें आई। जिसे इलाज के लिए करनाल के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया।मृतक के भतीजे प्रकाश ने कहा कि उनकी पुरानी सब्जी मंडी के पास में उनकी कैंपर सप्लाई करने का गोदाम है।

उनकी दुकान के पास ही एक शोरूम है। गुरुवार को मदन लाल (54) निवासी पाल नगर व दो लड़के पानी की सप्लाई करने के लिए गए थे। इस दौरान उनका एक पानी का कैंपर आरोपियों की दुकान पर दिखा। जब मदन लाल आरोपियों से कैंपर लेने के लिए गया तो उन्होंने उसके साथ लड़ाई झगड़ा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है शोरूम के के मालिकों ने उनका कैंपर चोरी किया था। उसी को लेने के लिए मदन लाल गया था।

जहां पर उनके साथ कहासुनी हो गई। बाद में जब हम उनके शोरूम में गए तो इस दौरान आरोपियों ने मदन लाल की छाती पर वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मदन लाल को गंभीर अवस्था में करनाल के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां पर 1 घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना के बाद सिटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

***************************

 

पंजाब में अच्छे परिवारों के लड़कों को तस्कर बनाने वाला काली चढ़ा पुलिस के हत्थे, 9 किलो हेरोइन बरामद

जालंधर ,07 सितंबर (एजेंसी)। मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशा निर्देशों पर नशो के खिलाफ जारी जंग के तहत जालंधर देहाती पुलिस ने पाकिस्तान से 50 किलो हेरोइन की खेप लाने वाले तीन तैराकों को भेजने वाले बड़े तस्कर मलकीयत सिंह उर्फ काली को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने काली से 9 किलो हेरोइन बरामद की है। इससे पहले 22 किलो हेरोइन बरामद की गई थी। पूछताछ के दौरान पता चला है कि काली के पाकिस्तान में बैठे तस्करों के साथ संबंध है।

काली ने बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान में लड़कों को भेजकर 50 किलो हेरोइन मंगवाई थी। भारत में हेरोइन पहुंचने के बाद इसे 6 अलग-अलग तस्करों के बीच बांटा गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बहुत ही शातिर किस्म का इंसान है। किसी को शक न हो इसके लिए यह नशा तस्करी के धंधे में अच्छे घरों के युवकों को लगाता था। अच्छे घरों के भी उन लड़कों को लेता था जिन पर कोई पुलिस केस न बना हुआ हो। उन्हें पहले नशे का लालच देकर अपने झांसे में लेता था। इसके बाद काम में शामिल करता था।

*******************************

 

दूसरे एसीटीसीएम बार्ज भारतीय नौसेना को सोपा गया

नई दिल्ली , 07 सितम्बर (एजेंसी)। भारत सरकार की “आत्मनिर्भर भारत” पहल के अनुरूप, ग्यारह गोला-बारूद बार्ज के निर्माण और वितरण के लिए एमएसएमई, मेसर्स सूर्यदीप्त प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, ठाणे के साथ अनुबंध संपन्न हुआ। श्रृंखला का दूसरा बजरा एलएसएएम 16 (यार्ड 126) सीओवाई (एमबीआई) के सीएमडीई एमवी राज कृष्णा की उपस्थिति में भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया है।

बार्ज को भारतीय शिपिंग रजिस्टर (आईआरएस) के वर्गीकरण नियमों के तहत 30 साल की सेवा जीवन के साथ बनाया गया है। स्वदेशी निर्माताओं से प्राप्त सभी प्रमुख और सहायक उपकरणों/प्रणालियों के साथ, बार्ज को रक्षा मंत्रालय की “मेक इन इंडिया” पहल का गौरव प्राप्त है।एसीटीसीएम बार्ज के शामिल होने से जेटी और बाहरी बंदरगाह दोनों पर आईएन जहाजों के लिए सामान/गोला-बारूद के परिवहन, आरोहण और उतरने की सुविधा प्रदान करके आईएन की परिचालन प्रतिबद्धताओं को प्रोत्साहन मिलेगा।

******************************

 

गौतम अडानी बने एशिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स, दुनिया के टॉप-20 में भी बनाई जगह

मुंबई ,07 सितंबर (एजेंसी)। गौतम अडानी ने एशिया के दूसरे सबसे अमीर होने का तमगा फिर से हासिल करने के बाद अब अपना खोया हुआ एक और रुतबा हासिल कर लिया है। वह एक बार फिर दुनिया के अमीरों की टॉप 20 लिस्ट में पहुंच गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की ताजा रैंकिंग में अडानी 64.3 अरब डॉलर के साथ 20वें स्थान पर थे। कमाई करने वाले अरबपतियों की लिस्ट में वह दूसरे नंबर पर थे।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक उनकी संपत्ति में 975 मिलियन डॉलर का इजाफा हुआ और इस दिन कमाई करने वालों में दुनिया में उनका स्थान दूसरा था। इस कैटेगरी में पहले स्थान पर माइकल डेल रहे, जिन्होंने 1.22 अरब डॉलर की कमाई की। करीब 500 अरबपतियों की इस लिस्ट में डेल एक मात्र ऐसे अरबपति रहे, जिनकी संपत्ति एक अरब डॉलर से अधिक बढ़ी।

अमेरिकी शेयर बाजारों में आई गिरावट की वजह से कई दिग्गज कंपनियों के शेयर टूट गए। इससे एलन मस्क, लैरी पेज, जेफ बेजोस, सर्गी ब्रिन समेत कई अरबपतियों के नेटवर्थ में कमी देखी गई। एलन मस्क ने 3.27 अरब डॉलर गंवाए तो बर्नार्ड अर्नाल्ट 4.39 अरब डॉलर गंवाकर टॉप लूजर रहे। जेफ बेजोस की संपत्ति में 1.99 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई।

अडानी ग्रुप इस साल की शुरुआत से खबरो में है। गौतम अडानी साल 2023 की शुरुआत में दुनिया के तीसरे सबसे धनी व्यक्ति बने हुए थे। इसके बाद जनवरी 2023 में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद शेयर बाजार में लिस्टेड उनकी 10 कंपनियों के शेयर धड़ाम हो गए।

इससे उनकी संपत्ति 150 अरब डॉलर से घटकर 64.3 अरब डॉलर रह गई। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में अब गौतम अडानी 20 वें नंबर पर हैं। अभी उनका तीसरे नंबर के रईस का रुतबा और 150 अरब डॉलर की संपत्ति हासिल करने में काफी वक्त लगेगा।

******************************

 

सीतारमण ने फिनटेक से साइबर, क्रिप्टो खतरों से बचने को कहा

मुंबई ,07 सितंबर (एजेंसी)। अधिक समावेशी होने और भारत के वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र को प्रभावित करने के लिए फिनटेक की भूमिका को स्वीकार करते हुए, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उनसे दुनिया में पारंपरिक और आधुनिक खतरों से सावधान रहने और खुद को सुरक्षित रखने का आग्रह किया।

मुंबई में तीन दिवसीय ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ 2023) का उद्घाटन करते हुए सीतीरमण ने कहा कि आज फिनटेक एक मजबूत और गतिशील वित्तीय समावेशन उपकरण है, और ऋण देने में उनके पास नए क्रेडिट ग्राहकों की 36 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

हालांकि, उन्होंने कहा कि आधुनिक दुनिया में फिनटेक पारिस्थितिकी तंत्र विभिन्न खतरों और चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिसमें पारंपरिक युद्ध, साइबर खतरे, क्रिप्टो खतरे, ड्रग्स और ड्रग माफिया, टैक्स हेवन और कर चोरी शामिल हैं।

हमारे सामने मौजूद और सक्रिय इन खतरों को संबोधित करना एक जिम्मेदार, समावेशी, लचीला और टिकाऊ वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र बनाने की कुंजी है जिसके लिए सीतारमण ने फिनटेक से खुद को ऐसे खतरों से बचाने के लिए भारी निवेश करने की अपील की।

बाद में, एक शानदार पुरस्कार शाम का आयोजन किया गया जिसमें भारत और विदेश के प्रमुख फिनटेक प्लेअर्स को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

खाड़ी सहयोग देशों के लिए लीडिंग फिनटेक पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर का प्रतिष्ठित वैश्विक पुरस्कार जीसीसी और भारत के बीच सीमा पार भुगतान में क्रांति लाने के लिए लुलु फाइनेंशियल होल्डिंग्स, अबू धाबी के प्रबंध निदेशक अदीब अहमद को दिया गया।

वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के प्रेसीडेंट और सीओओ भावेश गुप्ता ने फिनटेक लीडर ऑफ द ईयर जीता, वोल्ट के संस्थापक-सीईओ टॉम ग्रीनवुड को लीडिंग फिनटेक पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर-यूरोप से सम्मानित किया गया, ज़ेरोधा सीटीओ कैलाश नाध ने फिनटेक सीटीओ ऑफ द ईयर अवार्ड जीता।

सीतारमण ने यश एरांडे, सौरभ त्रिपाठी, विश्वास पटेल, नवीन सूर्या, क्रिस गोपालकृष्णन, जी. पद्मनाभन, प्रवीणा राय, दिलीप जैसे शीर्ष प्रतिष्ठित लोगों की उपस्थिति में एक संपूर्ण नेतृत्व रिपोर्ट, द सेकेंड वेव – रेजिलिएंट, इनक्लूसिव, एक्सपोनेंशियल फिनटेक का भी अनावरण किया।

******************************

 

ग्रेटर नोएडा : घर के बरामदे में सो रहे दो लोगों पर फावड़े से हमला, एक की मौत

ग्रेटर नोएडा 07 Sep, (एजेंसी) । ग्रेटर नोएडा के एक गांव में घर के बाहर सो रहे दो लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने बीती रात फावड़े से हमला बोल दिया और उन्हें काटने का प्रयास किया। इस घटना में एक की मौत हो गई है, दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।

परिजनों ने गुरुवार सुबह देखा तो उन्हें मामले की जानकारी हुई। फिर उन्होंने पुलिस को सूचित किया गया।

ये मामला ग्रेटर नोएडा के दनकौर के बल्लूखेड़ा गांव का है।

पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है और मामले की गहनता से जांच हो रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुतबिक, ग्राम बल्लू खेड़ा में श्रीराम कुमार (55 वर्ष) एवं विक्रमादित्य (45 वर्ष) गांव के बाहरी किनारे पर बने हुए घेर में सोए हुए थे। रात में किसी ने फावड़े से इन दोनों पर वार कर चारपाई पर ही घायल कर दिया। जिसमें रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि विक्रमादित्य को घायल अवस्था में यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।

परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। इस घटना के संबंध में उनके पारिवारिक पृष्ठभूमि में हुए विवाद को लेकर गहराई से छानबीन की जा रही है।

आशंका है कि रंजिशन दोनों पर हमला किया गया है।

गुरुवार सुबह जब स्वजन वहां पहुंचे तो दोनों को लहूलुहान पाया। दोनों की हालत देखकर चीख पुकार मच गई जिसके चलते गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर रामकुमार को मृत पाया गया जबकि विक्रमाजीत की हालत काफी नाजुक है।

********************************

 

तमिलनाडु पुलिस ने एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

चेन्नई 07 Sep, (एजेंसी) । तमिलनाडु के तिरुपुर में एक परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।

तिरुपुर पुलिस टीम को मुख्य आरोपी वेंकटेश की लोकेशन तिरुनेलवेली में मिली थी।

पुलिस के मुताबिक वेंकटेश ने स्पेशल पुलिस टीम पर गीली मिट्टी फेंककर भागने की कोशिश की. पुलिस ने उसके पैरों पर गोली चलाई और फिर उसे हिरासत में ले लिया।

अब उन्हें कोयंबटूर सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

सेंथिलकुमार (47), मां पुष्पावती (68), चाची रत्नम्मा (58) और उनके चचेरे भाई और स्थानीय भाजपा नेता, मोहनराज (46) की कथित तौर पर वेंकटेश और उसके साथियों ने हत्या कर दी थी।

पुलिस ने बताया कि वेंकटेश सेंथिलकुमार के यहां ड्राइवर था और कुछ महीने पहले उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। वह रोजाना सेंथिल के घर के रास्ते में कुछ दोस्तों के साथ शराब पीता था।

रविवार को, सेंथिलकुमार ने इस पर सवाल उठाया और नाराज वेंकटेश ने उसकी हत्या कर दी। उनके परिवार के सदस्य सेंथिलकुमार के बचाव में आए और उन पर भी हमला किया गया, इससे चारों की मौत हो गई।

परिवार के सदस्यों, दोस्तों, रिश्तेदारों और भाजपा कैडर ने आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि वेंकटेश के अन्य साथियों को भी जल्द ही उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया जाएगा

*****************************

 

भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर राहुल ने कहा, यह बेहतर कल की नींव बनी

नई दिल्ली 07 Sep, (एजेंसी) । चार हजार किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि एकता और प्रेम की दिशा में उठाए गए करोड़ों कदम देश के बेहतर कल की नींव बन गए हैं और यह नफरत मिटने और भारत के एक होने तक जारी रहेगा।

एक सप्ताह की यूरोप यात्रा पर गए राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, ”भारत जोड़ो यात्रा के एकता और प्रेम की ओर उठाए गए करोड़ों कदम देश के बेहतर कल की नींव बन गए हैं। नफरत खत्म होने व भारत एक होने तक यात्रा जारी है। ये मेरा वादा है।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी 4,000 किलोमीटर की यात्रा की सराहना की और कहा कि जनता यह आंदोलन इतिहास में अद्वितीय है।

“भारत जोड़ो यात्रा एक जन आंदोलन है, इसका इतिहास में कोई मुकाबला नहीं है। आज यात्रा का एक साल पूरा होने पर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से मैं राहुल गांधी, सभी भारत यात्रियों और उन लाखों नागरिकों को बधाई देता हूं, जो इस ऐतिहासिक यात्रा में शामिल हुए। कन्याकुमारी से कश्मीर तक, भारत जोड़ो यात्रा ने 4000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की और जीवन के सभी क्षेत्रों के लाखों लोगों के साथ विविधता में एकता का संदेश दिया।”

खड़गे ने कहा कि नफरत और विभाजन के एजेंडे को छिपाने के लिए लोगों के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए अप्रासंगिक सुर्खियां बनाने की प्रवृत्ति हमारी सामूहिक चेतना पर एक प्रणालीगत हमला है।

“यात्रा आर्थिक असमानताओं, मूल्य वृद्धि, बेरोजगारी, सामाजिक अन्याय, संविधान की तोड़फोड़, सत्ता के केंद्रीकरण के वास्तविक मुद्दों को लोगों की कल्पना के केंद्र में लाना चाहती है। यात्रा हमारे समाज में बातचीत के माध्यम से नफरत और शत्रुता के खतरे से लड़ना जारी रखती है। भारत जोड़ो यात्रा सिर्फ एक भौतिक प्रयास नहीं है, यह हमारी टूटी हुई सामूहिक चेतना को फिर से बनाने का एक ईमानदार प्रयास है।

“हमारे लिए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के हमारे अंतर्निहित मूल्य सर्वोच्च हैं। कांग्रेस पार्टी हमारे संविधान को पुनः प्राप्त करने और हमारे लोकतंत्र की रक्षा करने के प्रयास में लगातार लोगों तक पहुंच रही है। भारत जोड़ो यात्रा जारी है।”

यहां तक कि कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने भी कहा, “नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान। 4081 किमी लंबी तपस्या, जिसने भारतीय राजनीति की दिशा बदल दी।”

“भारत जोड़ो यात्रा जहां भी गई, इसने दिल जीत लिया और भाजपा-आरएसएस को सत्ता से बाहर करने की उलटी गिनती शुरू कर दी। इस विचार को बचाने के लिए लाखों कांग्रेसी और महिलाएं एक ऐतिहासिक तीर्थयात्रा पर निकल पड़ीं।
हमें भारत माता के लिए अपने बलिदानों, भारत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर गर्व है।”

वेणुगोपाल ने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा हर भारतीय को तब तक प्रभावित करेगी, जब तक नफरत खत्म नहीं हो जाती और बेजुबानों को आवाज नहीं मिल जाती। यात्रा जारी रहेगी।”

गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा पिछले साल 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई और 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर 75 जिलों और 76 लोकसभा क्षेत्रों से गुजरी।

भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए पार्टी गुरुवार को शाम 5 बजे से 722 जिलों में यात्रा आयोजित कर रही है।

************************************

 

बिहार : लूटपाट के दौरान विरोध करने पर एसएसबी जवान की गोली मारकर हत्या

मोतिहारी 07 Sep, (एजेंसी) । बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट के दौरान विरोध करने पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी।

एसएसबी का जवान मां की तबियत खराब होने के बाद छुट्टी लेकर घर आया था।

पुलिस के मुताबिक, घोड़ासहन के बगहा गांव के रहने वाले एसएसबी का जवान धर्मेंद्र कुमार मधुबनी के राजनगर में नियुक्त थे। वे गुरुवार को अपने भाई से साथ माँ का इलाज कराकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी चिरैया थाना क्षेत्र के नया टोला के पास अज्ञात बदमाशों ने इनको घेरकर लूटपाट करने की कोशिश की।

बताया जाता है कि विरोध करने पर अपराधियों ने जवान को गोली मार दी। उसके बाद वह वहीं गिर गए। इलाज के लिए इन्हें मोतिहारी निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र सहित थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एसएसबी जवान की हत्या के मामले में त्वरित करवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा शेष के विरुद्ध छापामारी जारी है।

******************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version