Category Archives: news

जम्मू-कश्मीर एसआईए ने कश्मीर में कई जगहों पर मारे छापे

श्रीनगर 18 March (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर पुलिस की राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) ने शनिवार को कश्मीर में कई जगहों पर छापेमारी की।

सूत्रों ने कहा कि एसआईए की छापेमारी श्रीनगर, कुलगाम, अनंतनाग और शोपियां जिलों में विभिन्न स्थानों पर हो रही है।

सूत्रों ने कहा कि ये छापे एजेंसी के पास दर्ज एक मामले की जांच का हिस्सा हैं।

शोपियां जिले में, एसआईए के अधिकारियों ने शोपियां जिले के जैनपोरा इलाके में विवादास्पद धार्मिक उपदेशक सर्जन बरकती के घर पर छापा मारा।

***************************

 

गाजियाबाद से लापता व्यापारी नोएडा में घायल मिला

गाजियाबाद 18 March (एजेंसी): गाजियाबाद से चार दिन पहले लापता हुआ व्यापारी शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा में गोली से घायल मिला। पुलिस ने उसे गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया है।

सपा नेता पर व्यापारी को किडनैप करने, तीन दिन तक बंधक बनाकर यातना देने और फिर गोली मारने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में संजयनगर सेक्टर-23 निवासी मनोज तोमर पुरानी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त करते हैं।

12 मार्च को मनोज तोमर अपनी पत्नी के एक परिचित की शादी में गए थे। आरोप है कि वहां उनका सपा नेता संजीव चौधरी से किसी बात पर विवाद हुआ। वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया।

इसके बाद मनोज तोमर परिवार सहित घर पर आ गए। परिवार को घर पर छोड़ने के बाद मनोज फिर से शादी समारोह में चले गए। आरोप है कि संजीव चौधरी और उनके साथियों ने मनोज से वहां मारपीट की। इस घटना के बाद मनोज घर नहीं पहुंचे।

मनोज की आखिरी बार अपने साले लोकेश से 12 मार्च की रात 11 बजे बातचीत हुई थी। मनोज ने कहा था कि वे कुछ देर में घर पहुंच रहे हैं। लेकिन मनोज घर नहीं आए और मोबाइल स्विच ऑफ हुआ तो 13 मार्च को परिजन थाना मधुबन बापूधाम में पहुंचे और लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।

लोकेश ने बताया कि 17 मार्च की सुबह जीजा मनोज ने उन्हें फोन किया और अपनी लोकेशन बताई। इस लोकेशन को सर्च करते हुए लोकेश ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में पहुंचे।

वहां उन्हें मनोज मिले। मनोज के पेट के पास गोली लगी हुई थी। मनोज ने बताया कि संजीव चौधरी और उसके साथियों ने गोली मारी है। सूचना पर नोएडा पुलिस भी आ गई। घायल को संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल लाया गया। यहां से सर्वोदय हॉस्पिटल ले जाया गया है।

प्राथमिक पूछताछ में मनोज ने बताया है कि शादी समारोह में विवाद के बाद संजीव चौधरी और उसके साथियों ने किडनैप कर लिया। वे अज्ञात स्थान पर ले गए। तीन दिन तक यातनाएं दी।

फिर ग्रेटर नोएडा के जारचा क्षेत्र में ले आए और गोली मारकर भाग गए। इधर, एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर जांच चल रही है।

******************************

 

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों व सुरक्षा बलों में मुठभेड़

श्रीनगर 18 March (Rns): दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के मित्रीगाम इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है।

अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा, पुलवामा के मित्रीगाम इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई है।

पुलिस और सुरक्षा बल अपना काम कर रहे हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम को क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा बल वहां पहुंचे।

सुरक्षा बलों द्वारा इलाके की घेराबंदी करने के बाद वहां छिपे आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, सुरक्षा बलों ने इसका जवाब दिया।

हाल के दिनों में कश्मीर में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच कई मुठभेड़ हुई है। इसमें कुछ आतंकवादी मारे गए

******************************

 

क्लब मालिकों से जबरन वसूली का वायरल पत्र फर्जी : गोवा पुलिस

पणजी 18 March (एजेंसी): गोवा पुलिस ने दावा किया है कि एक प्रमुख राजनीतिक नेता द्वारा राज्य में क्लब और रेस्तरां मालिकों पर जबरन वसूली का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित एक पत्र वियतनाम में इस्तेमाल किए गए एक मोबाइल नंबर से आया है और यह फर्जी है। अपराध शाखा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधिन वलसन ने कहा कि राज्य अपराध शाखा द्वारा जांच की गई और जबरन वसूली की शिकायत फर्जी पाई गई।

प्रधानमंत्री को संबोधित वायरल पत्र में लिखा है, हम, गोवा के क्लब और रेस्तरां मालिक, मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद पांडुरंग सावंत द्वारा गुंडों और संग्रह एजेंटों का उपयोग करके जबरन वसूली की ओर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं।

इसमें कहा गया है, हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि तेंदुलकर और पाल्डोस्कर (आदतन अपराधी और कुख्यात गुंडे) नामक दो व्यक्तियों का उपयोग मुख्यमंत्री द्वारा क्लब और रेस्तरां के आकार के अनुसार मासिक राशि (2 लाख से 30 लाख तक) वसूली जा रही है। इनकार करने पर वाणिज्यिक कर और उत्पाद शुल्क विभागों का परिसरों पर छापा मारने की धमकी दी जाती है।

ब्रांच एसपी ने कहा, पूछताछ में यह पाया गया कि शिकायत में हस्ताक्षर फर्जी थे और शिकायतकर्ताओं के नाम नहीं थे। इसे व्हॉट्सएप के माध्यम से वियतनाम के नंबर से 16 मार्च को भेजा गया था।

मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि उन्होंने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई जबरन वसूली में शामिल है, तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्हें दंडित किया जाएगा।

सावंत ने कहा,”कुछ लोग इस तरह की शिकायतें (फर्जी पत्र) कर राजनीतिक फायदा उठा रहे हैं। मेरा प्रशासन साफ है और ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं करेगा।

*******************************

ब्राजील से आए यात्री के पेट में मिली 11 करोड़ की कोकीन

नई दिल्ली 18 March (एजेंसी): राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में ब्राजील से आए एक यात्री के पास से 752 ग्राम कोकीन की गोलियां बरामद हुई हैं जिसकी कीमद 11 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कस्टम विभाग के अधिकारियों ने आरोपी व्यक्ति को कोकीन की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एयरपोर्ट पर तलाशी के दौरान यात्री के पेट से 11 करोड़ रुपये की कोकीन बरामद हुई है।

यह कोकीन उसने कैप्सूल में भरकर अपने पेट के अंदर छुपा रखी थी। ड्रग्स की यह खेप वह दुबई ले जाने वाला था।

कस्टम विभाग के संयुक्त आयुक्त प्रवीण कुमार के अनुसार, बीते 11 मार्च को उनकी टीम ने एक गुप्त सूचना पर ब्राजील के नागरिक को पकड़ा था।

वह ब्राजील से दुबई गया था और वहां से दूसरे विमान में सवार होकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा था। यहां से वह ग्रीन चैनल की तरफ गया जहां शक होने पर कस्टम विभाग की टीम ने उसे पकड़ लिया।

उसका एक्स-रे करवाया गया, जिसमें उसके शरीर में कुछ संदिग्ध सामान देखा गया। इसके बाद डॉक्टरों की मदद से उसके पेट से 85 कैप्सूल बरामद किए गए।

इसके अंदर 752 ग्राम पाउडर भरा हुआ था। इसकी जांच करने पर पता चला कि यह कोकीन है। इसे लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

**********************************

 

सपा की तैयारी 2024 में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की : अखिलेश यादव

लखनऊ 17 मार्च (एजेंसी ) समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक में शामिल होने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विरोधी दल उत्तर प्रदेश अखिलेश यादव  जब लखनऊ से कलकत्ता पहुंचे तो उनका पार्टी के उपाध्यक्ष  किरनमय नंदा सहित बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

अखिलेश यादव ने आज पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री  ममता बनर्जी से मुलाकात की है। एक अन्य कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकर्ता सम्मलेन को भी सम्बोधित किया।अखिलेश यादव ने मीडिया से वार्ता में कहा कि तैयारी है कि सन् 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ज्यादा से ज्यादा सीटें कैसे जीते।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में देश के हालात पर चर्चा होगी। भाजपा लगातार संविधान और लोकतंत्र पर हमला कर रही है। भाजपा विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस पर बहस होनी चाहिए कि महंगाई कैसे रूकेगी, बेरोजगारी कैसे खत्म होगी?श्री यादव ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पीछे जा रही है। इसके लिए भाजपा जिम्मेदार है।

पूरे देश की जनता अब भाजपा को हटाना चाहती है। भाजपा की नीतियों से समाज का हर वर्ग परेशान है। गरीब की गरीबी बढ़ती जा रही है जबकि चंद पूंजीपतियों की सम्पत्ति में कई गुना इजाफा हो रहा है।

सरकारी कुनीतियों के चलते बैंक घाटे में जा रहे हैं और राश्ट्रीय  सम्पत्तियां बेची जा रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तो कम लोग जेल में है, उत्तर प्रदेश में तो समाजवादी पार्टी के बहुत से विधायक, नेता झूठे मुकदमों में जेल में हैं। भाजपा जिस दल से घबड़ा जाती है, उसके घर पर ईडी, इन्कम टैक्स और सीबीआई भेज देती है।

************************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज 1449.68 करोड़ लागत की विभिन्न 353 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण एवं शिलान्यास

लखनऊ 17 मार्च (एजेंसी )  देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार  को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ पहुंचेंगे। महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि रक्षा मंत्री 2 दिवसीय दौरे पर आज 18 मार्च को प्रात: 11:00 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे।एयरपोर्ट से सीधे ऐशबाग रामलीला ग्राउंड के लिए रवाना होंगे और वहां लखनऊ उद्योग व्यापार मंडल द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में सम्मिलित होंगे।

कार्यक्रम के उपरांत 5-ए कालिदास मार्ग आवास जाएंगे।अपराह्न 3:30 कॉल्विन कॉलेज ग्राउंड पर 1449.68 करोड़ लागत के विभिन्न 353 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे ।

सायं 5:30 बजे डिवाइन हॉस्पिटल विराज खंड गोमती नगर में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।रविवार 19 मार्च को अपराह्न 3:30 इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर के लिए रवाना होंगे और वहां माटी के मसीहा पुस्तक के विमोचन हेतु कार्यक्रम में सम्मिलित हो।

************************************

 

कलर प्रिंटर के माध्यम से नकली नोट छापने वाला एक गिरफ्तार, एक फरार, 38 हजार बरामद

ग्रेटर नोएडा 17 मार्च,(एजेंसी)। घर में बैठकर कलर प्रिंटर के माध्यम से नकली नोट छापने का कारोबार करने वाले एक शख्स को कोतवाली बादलपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार हो गया।

जिसकी तलाश पुलिस की टीम कर रही है। गिरफ्तार किये गये आरोपी के कब्जे से अलग-अलग डिनॉमिनेशन के 38,220 जाली नोट बरामद किए हैं और इन नोटों को छापने में इस्तेमाल होने वाला कलर प्रिंटर, कागज, मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

अब्दुल रकीब पुत्र नेक मोहम्मद को कोतवाली बादलपुर पुलिस ने एक इनपुट पर जीटी रोड छपरौला स्थित साई होटल के पास गिरफ्तार किया किया है। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव दीक्षित ने बताया पुलिस को सूचना मिली कुछ लोगों नकली नोटों छापने का काम कर रहे है।

सूचना के आधार थाना बादलपुर पुलिस ने अब्दुल रकीब को साई होटल के पास जीटी रोड छपरा से गिरफ्तार किया। जो मूल रुप से बिहार का रहने वाला है और वर्तमान समय में दिल्ली के गाजीपुर में अपने साथी पंकज के साथ मिलकर कलर प्रिंटर के माध्यम से नकली नोट छापने का काम कर रहा था।

पंकज मौके से फरार होने में सफल हो गया गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई हैं, उसे भी से गिरफ्तार किया जाएगा।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा बताया कि आरोपी के कब्जे से एचपी का कलर प्रिंटर, कागज, मोबाइल फोन और भारी मात्रा में जाली नोट अलग-अलग डिनॉमिनेशन के जिनका कुल मूल्य 38220 पुलिस ने बरामद किये हैं।

*********************************

 

पटना से शिक्षक के पुत्र का अपहरण, पुलिस जांच में जुटी

पटना 17 मार्च,(एजेंसी)। बिहार की राजधानी पटना से लापता चिकित्सक डॉ संजय कुमार को पुलिस अभी ढूंढ पाने में सफल हो भी नहीं पाई है कि बिहटा थाना क्षेत्र से एक शिक्षक के पुत्र के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, बिहटा प्रखंड स्थित कन्हौली गांव निवासी शिक्षक राज किशोर पंडित के इकलौते पुत्र तुषार कुमार गुरुवार की शाम घर से बाहर निकला था और अब तक उसका पता नहीं चल सका है। तुषार कक्षा छह का छात्र है।

सूत्रों के मुताबिक, अपहरणकर्ताओं ने छात्र के मोबाइल से वाट्सएप कॉल के माध्यम से उसके परिजनों से 40 लाख रुपये की मांग की और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी है।

पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि अपहृत किशोर तुषार की बरामदगी के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
नगर पुलिस अधीक्षक, पश्चिम एवं अपर पुलिस अधीक्षक, पालीगंज घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की है। अनुसंधान के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है, जांच की जा रही है।

**************************

 

चालकों की हड़ताल से ओडिशा में पेट्रोल, सब्जी की आपूर्ति प्रभावित

भुवनेश्वर 17 मार्च,(एजेंसी)। ओडिशा सरकार की तीन महीने में मांगों को पूरा करने के आश्वासन के बावजूद राज्य भर में हजारों वाहन चालकों ने अपना आंदोलन जारी रखा है। विरोध प्रदर्शन ने ओडिशा में पेट्रोल, सब्जी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को प्रभावित किया। ड्राइवर्स एकता महासंघ के बैनर तले लगभग 2 लाख ड्राइवर अपनी 10 सूत्री मांगों के लिए दबाव बनाने के लिए 15 मार्च से अनिश्चितकालीन स्टीयरिंग छोड़ो विरोध पर हैं।

शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चांदीखोल चौक पर बड़ी संख्या में वाहन चालक एकत्रित हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहां भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

वे 60 साल की उम्र के बाद पेंशन, मृत्यु लाभ, जीवन बीमा, सामाजिक सुरक्षा, पार्किंग और शौचालय की सुविधा की मांग कर रहे हैं।
विरोध के चलते उपभोक्ताओं ने ईंधन की कमी के डर से पेट्रोल पंपों की कतार लगा दी। भुवनेश्वर, बालासोर, जयपुर और मल्कानगिरी जैसे शहरों में पेट्रोल और डीजल की अनुपलब्धता के कारण कई ईंधन स्टेशन बंद रहे।

*********************************

 

दुष्कर्म के मामले में क्रिकेट कोच गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर सौंपा

*महिला खिलाड़ी ने पिछले सप्ताह दर्ज कराया था मामला*

उदयपुर 17 मार्च,(आरएनएस)। महिला क्रिकेट खिलाड़ी से मारपीट तथा दुष्कर्म के मामले में फरार कोच अबरार हुसैन को हाथीपोल थाना पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश आरोपी को एक दिन के लिए पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार पिछले सप्ताह 24 वर्षीया क्रिकेट की महिला खिलाड़ी ने हाथीपोल थाने में कोच अबरार हुसैन के खिलाफ मारपीट तथा दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। जिसके शुक्रवार सुबह उसके रिश्तेदार के यहां होने की जानकारी मिली। जिस पर पुलिस ने अलसुबह ही उसे गिरफ्तार कर लिया था।

जिसके बाद उससे पूछताछ की गई। मामले में पूछताछ और घटनास्थल की तस्दीक कराए जाने को लेकर पुलिस ने अदालत में पेश कर उसका एक दिन के लिए पुलिस रिमांड मांगा था, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।

बताया गया कि आरोपी अबरार हुसैन ने पीडि़ता के साथ चेटक सर्कल स्थित गांधी ग्राउंड के नजदीक मारपीट की थी और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए उसका फोन भी छीन लिया था। इसी क्षेत्र की एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला खिलाड़ी का कहना, शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, ब्लैकमेल कर हड़पे एक लाख रुपए

पुलिस ने बताया कि गत 11 मार्च को पीडि़ता ने हाथीपोल थाने में आरोपी अबरार हुसैन उर्फ सोनू के खिलाफ मारपीट और दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। बताया गया कि उसने पीडि़ता के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा था और वह उसके झांसे में आ गई थी। तब वह उसे 5 मार्च को हाथीपोल क्षेत्र की एक होटल में ले गया और वहां उसके साथ संबंध बनाए।

बाद में जब उससे शादी को लेकर बात की तो वह उसकी हत्या कर उसके शरीर के टुकड़े कर झील में डालने की धमकी देने लगा। पुलिस ने कहा कि आरोपी कोच के पीडि़ता से शादी से इंकार के बाद दोनों में विवाद हो गया था।

जिससे उनके बीच मारपीट के बारे में भी जानकारी मिली है। पीडि़ता ने पुलिस को यह भी बताया कि वह उसे ब्लैकमेल कर उससे एक लाख रुपए से अधिक की राशि और उसकी सेाने की चेन भी हड़प चुका है।

उल्लेख्ननीय है कि कोच अबरार हुसैन शहर के तीतरड़ी क्षेत्र में एकेडमी संचालित करता है, जिसके यहां पीडि़ता क्रिकेट खेलने जाती थी।

****************************

 

नाच न जाने आंगन टेढ़ा, ऐसे ही हैं राहुल गांधी – जेपी नड्डा

ई दिल्ली 17 मार्च,(एजेंसी)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि राहुल गांधी विदेश में कहते हैं कि भारत में प्रजातंत्र खत्म हो गया। तुम(कांग्रेस) चुनाव नहीं जीते तो प्रजातंत्र खत्म हो गया?

नाच न जाने आंगन टेढ़ा, ऐसे ही हैं राहुल गांधी। ये अमेरिका, यूरोप को कहते हैं कि भारत में दखल दो और प्रजातंत्र बचाओ ।

******************************

 

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर कार की ट्रक से टक्कर में 3 लोगों की मौत

पुणे 17 मार्च,(एजेंसी)। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर शनिवार को खड़े सामान से लदे एक ट्रक में एक तेज रफ्तार कार के टकरा जाने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यहां यह जानकारी दी।

दुर्घटना उर्से गांव के पास सुबह करीब 7.30 बजे हुई, जब कार ट्रक से टकरा गई, जिसका टायर फट गया था।

एक स्थानीय चश्मदीद ने कहा कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार लगभग पूरी तरह से लोडेड ट्रक के नीचे आ गई और कुचल गई, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में वाहन चालक और दो अन्य शामिल हैं और दुर्घटना एक्सप्रेसवे के सबसे व्यस्त स्थानों में से एक पर हुई।

मृतकों में दो की पहचान राहुल बी कुलकर्णी (45) और विजय वी खैरे (70) के रूप में हुई है, जबकि तीसरे मृतक की पहचान की जा रही है।
दुर्घटना के बाद, राजमार्ग के प्रभावित मुंबई-पुणे हिस्से पर ट्रैफिक जाम हो गया था, जिसे स्थानीय पुलिस, राजमार्ग गश्ती और स्वयंसेवी समूहों द्वारा जल्द ही साफ कर दिया गया था।

हालांकि दुर्घटना के सटीक कारण स्पष्ट नहीं हैं, पुलिस को संदेह है कि चालक ने शायद नियंत्रण खो दिया होगा या गाड़ी चलाते समय नींद आ गई होगी।

***********************************

 

नशा मुक्ति केंद्र में मरीज की पीट-पीटकर हत्या, संचालक फरार

गाजियाबाद 17 मार्च,(एजेंसी)। गाजियाबाद के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक की गुरुवार रात पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद केंद्र संचालक और उसके साथी लाश को वहीं बंद करके ताला लगाकर भाग निकले। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जिसकी हत्या हुई है, उसका नाम अंकित बत्रा है। उम्र 42 साल थी। वह पश्चिम विहार में रहता था।

एक दिन पहले यानी 15 मार्च को ही पत्नी ने अंकित को यहां भर्ती कराया था। अंकित को शराब की लत थी। यह पूरा मामला ट्रोनिका सिटी इलाके के खानपुर गांव के नशा मुक्ति केंद्र है। इसका संचालन अविष्का फाउंडेशन एनजीओ करती है। केंद्र संचालक विपिन ठाकुर है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात अंकित का वहां रहने वाले लोगों से किसी बात पर विवाद हो गया।

इसके बाद आपस में खूब मारपीट हुई। इस दौरान अंकित को लाठी-डंडों और लात-घूसों से पीटा गया। अंकित को अधमरा करने के बाद केंद्र संचालक और उसके साथी बाहर से ताला लगाकर भाग निकले।

आस-पास के लोगों ने पुलिस को नशा मुक्ति केंद्र में मारपीट होने की सूचना दी। इसके बाद ट्रोनिका सिटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आस-पास के लोगों के सहयोग से जब केंद्र का ताला तोड़ा, तो अंकित मरणासन्न हालत में पड़ा था। पुलिस तुरंत उसको नजदीकी अस्पताल लेकर गई, जहां मृत घोषित कर दिया।

अंकित बत्रा की पत्नी अंगीता बत्रा ने बताया,मेरे पति ड्रिंक करते थे। मैंने उन्हें ठीक करने के लिए इस केंद्र में भर्ती कराया। वो 1 दिसंबर 2022 को भर्ती हुए और 6 फरवरी 2023 को घर वापस आ गए। इसके बावजूद उन्होंने शराब पीना नहीं छोड़ा।

मैंने केंद्र संचालक को फोन करके आपत्ति जताई कि आपने कैसा इलाज किया है। मेरी फोन पर गाली-गलौज भी हुई कि तुमने पैसे भी ले लिए। इस पर केंद्र संचालक ने कहा कि मैं आपके पति को लेने आ रहा हूं और इस बार बिल्कुल ठीक कर दूंगा।

वो मेरे पति को 15 मार्च को घर से ले गए। 16 मार्च की दोपहर साढ़े तीन बजे मेरी बात हुई तो केंद्र संचालक ने कहा कि अंकित सो रहे हैं। मैंने पूछा कि आप ऐसा क्यों बोल रहे हो? तो वो बोला कि आपकी दोनों गुडिय़ा बहुत प्यारी हैं। कल रात साढ़े 11 बजे एक कॉन्स्टेबल का फोन आया और उन्होंने बताया कि मेरे पति की हालत क्रिटिकल है, आप जल्दी आ जाइये। मैं अस्पताल गई तो पति का शव पड़ा हुआ था।

डीसीपी रवि कुमार ने बताया, नशा मुक्ति केंद्र रामपार्क एक्सटेंशन क्षेत्र में एक घर में चल रहा था। ये ग्राउंड प्लस वन फ्लोर का सेंटर है, जो बेहद छोटा है। यहां मृतक अंकित समेत 7-8 लोग मौजूद रहते थे। अंकित बत्रा की मारपीट करके हत्या कर दी गई है। इस सूचना पर ट्रोनिका सिटी थाने में एफआईआर दर्ज की जा रही है। आरोप केंद्र संचालक विपिन ठाकुर और अन्य तीन-चार लोगों पर है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

******************************

 

कांग्रेस के साथ समन्वय का सवाल ही नहीं : टीएमसी

कोलकाता 17 मार्च,(एजेंसी)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने शुक्रवार को स्पष्ट कर दिया कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के राजनीतिक रुख को देखते हुए उसके साथ किसी तरह के तालमेल की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री और पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी की अध्यक्षता में यहां उनके आवास पर तृणमूल के शीर्ष नेतृत्व की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

लोकसभा में तृणमूल नेता सुदीप बंद्योपाध्याय ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि भाजपा के एक आदर्श विपक्ष के रूप में कांग्रेस की भूमिका संदिग्ध नहीं है। पश्चिम बंगाल में, तृणमूल कांग्रेस और राज्य सरकार के लिए समस्याएं पैदा करने के लिए कांग्रेस की माकपा और भाजपा दोनों के साथ समझ है।

एक तरफ कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर तृणमूल कांग्रेस का समर्थन मांगेगी तो दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल में राज्य स्तर पर हमारा विरोध करेगी। दोनों चीजें साथ-साथ नहीं चल सकतीं।

उन्होंने यह भी कहा कि यही कारण है कि तृणमूल कांग्रेस के साथ संसद के पटल पर समन्वय से परहेज कर रही है। यह पूछे जाने पर कि क्या तृणमूल कांग्रेस तीसरे मोर्चे के फामूर्ले के लिए आगे बढ़ रही है, बंदोपाध्याय ने कहा कि हालांकि इस संभावना पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी, क्षेत्रीय दलों के साथ समन्वय करने का प्रयास किया जाएगा, जिनके पास अपने राज्यों में पर्याप्त ताकत है।

आज हमारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के साथ बैठक करेंगी। इस महीने वह ओडिशा जाएंगी और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद मुख्यमंत्री अन्य क्षेत्रीय दलों के नेताओं से बातचीत करने के लिए नई दिल्ली पहुंचेंगी।

बंदोपाध्याय ने यह दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस एक आदर्श राष्ट्रीय विपक्षी पार्टी की भूमिका नहीं निभा रही है, वह क्षेत्रीय दलों की भावनाओं का सम्मान किए बिना बिग बॉस की भूमिका निभाने की कोशिश कर रही है।

बंदोपाध्याय के सुर में सुर मिलाते हुए राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर और राज्य स्तर पर कांग्रेस की दोहरी नीतियां तृणमूल के साथ समन्वय स्थापित करने में प्रमुख बाधा हैं। ममता बनर्जी भारतीय राजनीति में सबसे स्वीकार्य चेहरा बनी हुई हैं और तृणमूल कांग्रेस अपने दम पर आगे बढऩे में सक्षम है।

********************************

 

ईडी ने चाइनीज लोन एप मामले में चार्जशीट दाखिल की

नई दिल्ली 17 मार्च,(एजेंसी)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने विशेष पीएमएलए कोर्ट, बेंगलुरु के समक्ष चीनी ऋण ऐप मामले में शामिल सात संस्थाओं और पांच व्यक्तियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है।

कोर्ट ने चार्जशीट पर संज्ञान लिया है।

ईडी ने कहा, आरोपी संस्थाओं में तीन फिनटेक कंपनियां शामिल हैं, जैसे कि मैड एलिफेंट नेटवर्क टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड, बैरोनीक्स टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड और क्लाउड एटलस फ्यूचर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड, जो चीनी नागरिकों द्वारा नियंत्रित हैं, तीनों एनबीएफसी आरबीआई के साथ रजिस्टर्ड हैं, अर्थात 10 फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, ट्रैक फिन-एड प्राइवेट लिमिटेड और जमनादास मोरारजी फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड और एक पेमेंट गेटवे, रेजरपे सॉफ्टवेयर प्राइवेट लिमिटेड हैं।

इससे पहले ईडी ने बैंक खातों और पेमेंट गेटवे में पड़े इस मामले में दो अनंतिम कुर्की आदेश जारी किए थे और 77.25 करोड़ रुपये जब्त किए थे।

ईडी ने विभिन्न ग्राहकों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर सीआईडी, बेंगलुरु द्वारा दर्ज की गई विभिन्न एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी, जिन्होंने ऋण लिया था और इन मनी लेंडिंग कंपनियों के रिकवरी एजेंट से उत्पीडऩ का सामना किया था।

ईडी की जांच में पता चला है कि फिनटेक कंपनियों का संबंधित एनबीएफसी के साथ डिजिटल ऋण देने वाले ऐप के माध्यम से ऋण के वितरण के लिए समझौता है।

चार्जशीट में कहा गया, जांच के दौरान, यह पता चला कि वास्तव में इन फिनटेक कंपनियों द्वारा पैसे उधार देने का कारोबार अवैध रूप से चलाया जा रहा है और ये एनबीएफसी जानबूझकर इन फिनटेक कंपनियों के आचरण के बारे में सावधान किए बिना कमीशन प्राप्त करने के लिए अपने नाम का उपयोग करने देती हैं। यह आरबीआई की उचित व्यवहार संहिता का भी उल्लंघन है।

मामले में आगे की जांच जारी है।

**********************************

 

राजधानी में मिला प्रदेश का पहला एच३एन२ संक्रमित

*स्वास्थ्य विभगा अलर्ट मोड में आया*

भोपाल,१७ मार्च (एजेंसी)। मैं पूरी तरह से ठीक हूं, लेकिन आपका सतर्क रहना जरूरी है। मुझे कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। घर पर दवा ली थी, लेकिन इसका कोई असर मुझ पर नहीं हो रहा था। मैं जांच के लिए एम्स पहुंचा।

जहां मेरे संैपल लिए गए। इसके बाद मेरी रिपेार्ट एच३एन२ पॉजिटिव बताई गई। यह बात बैरागढ़ के २६ वर्षीय युवक ने कही है। उसने बताया कि अभी तक वह पूरी तरह से स्वस्थ्य है, उसे किसी तरह की परेशानी नहीं।

दरअसल, गत दिवस मध्यप्रदेश के भोपला के बैरागढ़ में युवक की एच३एन२ वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग इस वायरस को लेकर गंभीर दिखने लगा है। यहां स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के प्रत्येक जिलों को अलर्ट में रहने को कहा है, ताकि गंभीर स्थिति होने से पहले ही इस नई आफत से निपटा जा सके। ऐसे रखें खुद का ख्याल – देश में एच३एन२ के मामले तेजी से बढ़ते हुए देख एक्सपर्ट लोगों को न घबराने की सलाह दे रहे हैं।

चिकित्सकों के मुताबिक इंफ्लुएंजा का बढऩा मामूली बात है। यदि आप कहीं बाहर निकलते हैं तो मास्क लगाना न भूलें। लोगोंसे गले मिलने और हाथ मिलाने के स्थान पर अभिवादन के लिए नमस्कार करें।

********************************

 

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने झारनियोजन पोर्टल का उद्घाटन किया

*रोजगार के लिए अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन कर आवेदन भर सकेंगे

*40,000 वेतन तक के पदों की नियुक्ति में 75% स्थानीय हुनारमंद युवाओं की होगी नियुक्ति

*10 या 10 से अधिक कार्यबल वाले प्रतिष्ठानों को पोर्टल पर करवाना होगा निबंधन

रांची, 17.03.2023 (FJ) –  मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने झारखण्ड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में झारनियोजन पोर्टल का शुभारंभ किया। श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से बनाए गए http://jharniyojan.jharkhand.gov.in पोर्टल के माध्यम से सरकार नियोक्ता एवं रोजगार ढूंढ रहे अभ्यर्थियों को प्लेटफार्म देने का प्रयास कर करेगी। पोर्टल पर नियोक्ता अपने व्यवसाय एवं उससे संबंधित मानव बल के बारे में जानकारी साझा कर सकते हैं। रोजगार के लिए अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन कर आवेदन भी भर सकेंगे।

40,000 वेतन तक के पदों की नियुक्ति में 75% स्थानीय की होगी नियुक्ति

राज्य के बेरोजगार युवक/युवतियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से झारखण्ड सरकार द्वारा “झारखण्ड राज्य के निजी क्षेत्र में स्थानीय उम्मीदवारों का नियोजन अधिनियम 2021” पारित किया गया है, एवं अधिनियम के क्रियान्वयन से सम्बंधित नियमावली की अधिसूचना के उपरांत यह अधिनियम 12 सितंबर 2022 से सम्पूर्ण झारखण्ड राज्य में प्रभावी है।

यह अधिनियम वैसे सभी प्रतिष्ठान जो निजी क्षेत्र के हों एवं जहां 10 या 10 से अधिक कार्यबल कार्य कर रहे हैं पर लागू होता है। ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को इस पोर्टल पर अपना निबंधन करवाना है। अधिनियम के प्रभावी होने के तिथि से वैसे सभी प्रतिष्ठान जिन पर यह अधिनियम लागू होता है द्वारा यदि कोई रिक्ति निकाली जाती है तो \40,000 वेतन तक के पदों की नियुक्ति में 75% स्थानीय (झारखण्ड) को नियुक्त करना होगा। झारखण्ड के युवा जो इस अधिनियम का लाभ उठाना चाहते हैं को रोजगार पोर्टल पर निबंधित होना होगा।

जरूरत के अनुसार सरकार देगी प्रशिक्षण

यदि स्थानीय कम्पनियों द्वारा स्थानीय स्तर पर आवश्यक कौशल युक्त मानव बल की कमी के बारे में सूचित किया जाता है तो सरकार द्वारा आवश्यक कौशल के सम्बंध में प्रशिक्षण दिलाकर स्थानीय युवाओं को योग्य बनाने का प्रावधान अधिनियम के अन्तर्गत किया गया है। यद्यपि अधिनियम के अन्तर्गत दण्ड का प्रावधान है परंतु झारखण्ड राज्य के प्रति अपने सामाजिक एवं नैतिक दायित्वों के निर्वहन के क्रम में स्थानीय कम्पनियों एवं नियोक्ताओं से अपेक्षा की जाती है कि अधिनियम का स्वेच्छा से अनुपालन कर स्थानीय युवक/युवतियों को रोजगार के अवसर प्रदार करेंगे।

*झारखण्ड राज्य के निजी क्षेत्र में स्थानीय उम्मीदवारों का नियोजन अधिनियम 2021 एवं नियमावली 2022 के महत्वपूर्ण तथ्य

*अधिनियम / नियम का विस्तार सम्पूर्ण झारखण्ड राज्य में 10 या 10 से अधिक व्यक्तियों का नियोजन करने वाला कोई व्यक्ति अथवा ऐसी संस्था जिसे सरकार द्वारा समय-समय पर अधिसूचित की जाए, पर लागू होगा। इसमें केन्द्रीय सरकार या राज्य सरकार के उपक्रम शामिल नहीं होंगे, किन्तु केन्द्र सरकार अथवा राज्य सरकार के प्रतिष्ठानों/उपक्रमों में बाह्यस्त्रोत से सेवा उपलब्ध कराने वाली संस्था पर इस अधिनियम के प्रावधान लागू होंगे।

*प्रत्येक नियोक्ता स्वयं को झारनियोजन पोर्टल पर निबंधित करेगा एवं 30 दिनों के अन्दर 40000 रुपये तक वेतन पाने वाले कर्मचारियों की विवरणी पोर्टल में प्रविष्ट करेगा।

*उपरोक्त अधिनियम /नियम के तहत प्रत्येक नयी परियोजना प्रारंभ करने वाले नए नियोक्ता परियोजना के प्रारंभ होने के 30 दिन पूर्व प्राधिकृत अधिकारी (इस अधिनियम / नियम के क्रियान्वयन के उद्देश्य के निमित घोशित सम्बंधित जिला के जिला नियोजन पदाधिकारी / नियोजन पदाधिकारी) को उक्त अधिनियम के अधीन आने वाले कर्मचारियों की संख्या को आवश्यक कौशल के साथ स्पष्टतः इंगित करते हुए आवश्यक कर्मचारियों की संख्या की जरूरत सम्बंधी विवरण को प्रस्तुत करना होगा।

*अधिनियम / नियम के तहत रिक्तियों एवं नियोजन के बारे में त्रैमासिक प्रतिवेदन प्रत्येक नियोक्ता द्वारा प्रस्तुत की जाने की व्यवस्था निर्धारित की गई हैं।

*अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अधीन अभिहित अधिकारी या प्राधिकृत अधिकारी द्वारा पारित किसी आदेश से असंतुष्ट कोई नियोक्ता निर्धारित रीति एवं प्रपत्र में साठ दिनों के अंदर अपीलीय प्राधिकार निदेशक, नियोजन एवं प्रशिक्षण, राज्य सरकार के यहां अपील कर सकता है तथा अपीलीय प्राधिकार द्वारा अपील की सुनवाई का अवसर दिए जाने के बाद साठ दिन के भीतर अपील का निपटारा किया जाएगा।

*अधिनियम / नियम के अनुपालन के अनुश्रवण के लिए प्रधान सचिव, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखण्ड सरकार की अध्यक्षता में एक समिति गठित किए जाने का भी प्रावधान किया गया है।

इस अवसर पर मंत्री श्री सत्यानंद भोक्ता, गिरिडीह विधायक श्री सुदिव्य कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे, श्रम विभाग के सचिव श्री राजेश कुमार शर्मा एवं श्रम विभाग के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

**************************************

 

रिश्वत न देने पर डॉक्टर ने सी-सेक्शन सर्जरी से किया इनकार, मां के गर्भ में बच्चे की मौत

यादगीर 17 March, (एजेंसी): कर्नाटक के यादगीर जिले में 10,000 रुपये की रिश्वत न मिलने पर डॉक्टर ने सी-सेक्शन सर्जरी करने से इनकार कर दिया। जिसके चलते मां के गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई। जिला प्रशासन ने शुक्रवार को स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी पुजारी को निलंबित कर दिया है।

अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय महिला निवासी संगीता गुरुवार को जिला अस्पताल में प्रसव कराने आई। डॉ. पल्लवी ने कथित तौर पर उसकी सिजेरियन सर्जरी कराने के लिए 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी। जिसके बाद सुजाता का परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों से पैसे की व्यवस्था करने के लिए चला गया।

पैसे देने के बाद ही उसने ऑपरेशन किया। हालांकि, डिलीवरी में देरी होने के कारण बच्चे की गर्भ में ही मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि स्त्री रोग विशेषज्ञ की लापरवाही बच्चे की मौत के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।

रिपोर्ट मिलने के बाद जिला आयुक्त आर स्नेहल ने डॉक्टर को निलंबित कर दिया।

*****************************

 

अडानी मामले से बचने के लिए राहुल को राष्ट्रविरोधी बोल रहे हैं नड्डा : खड़गे

नई दिल्ली 17 March, (एजेंसी): कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड्गे ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि वो ही राष्ट्रविरोधी हैं और दूसरो को राष्ट्रविरोधी इसलिए कह रहे हैं क्योंकि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड्गे ने शुक्रवार को कहा, मैं जेपी नड्डा के बयान की निंदा करता हूं। अगर राहुल गांधी को संसद में बोलने का मौका मिला तो वो सारी बातें जरूर बताएंगे इसलिए वो डर रहे हैं। वे उन्हें सदन में क्यों बोलने का मौका नहीं दे रहे हैं?

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के बारे में अगर कहीं भाषण होता है और कोई उस पर बात करे तो क्या वो राष्ट्रविरोधी होते हैं? खुद मोदी जी ने 6-7 देशों में जाकर भारत के नागरिकों का अपमान किया तो पहले उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

खड़गे ने नड्डा को कहा वो खुद ही राष्ट्रविरोधी हैं और दूसरो को वो राष्ट्रविरोधी कह रहे हैं क्योंकि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है और वो अडानी मामले, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को छुपाने के लिए ऐसी बातें कर रहे हैं। क्या राहुल गांधी कभी राष्ट्रविरोधी हो सकते हैं।

इससे पहले जे.पी. नड्डा ने कहा कि दुर्भाग्य की बात यह है कि देश विरोधी गतिविधियों में कांग्रेस पार्टी शामिल हो गई है। जनता द्वारा बार-बार नकार दिए जाने के बाद अब राहुल गांधी इस देशविरोधी टूलकिट का एक स्थायी हिस्सा बन गए हैं।

****************************

 

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्‍थगित, सत्याग्रह पर बैठे विपक्षी नेता

नई दिल्‍ली 17 March, (एजेंसी): कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयान और अन्‍य विवादों के बीच संसद के दोनों सदनों राज्‍यसभा और लोकसभा की कार्यवाही को शुक्रवार को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। अब लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही सोमवार को होगी। इसी बीच संसद भवन में गांधी प्रतिमा के सामने विपक्ष के नेता विरोध प्रदर्शन करने बैठ गए हैं। इसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी शामिल हैं।

बता दें कि संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण अब तक हंगामों से भरा रहा है। केंद्र सरकार राहुल गांधी को लंदन में दिए उनके बयानों के लिए घेर रही है। सत्‍तापक्ष लगातार राहुल गांधी से माफी की मांग कर रहा है। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी ने कुछ भी गलत नहीं कहा, इसलिए माफी का सवाल ही नहीं उठता है।

दिल्ली में विपक्ष के नेताओं ने संसद में गांधी प्रतिमा के सामने अडानी मामले में जेपीसी जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसद और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे विरोध में शामिल हुए।

**********************************

 

सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत देने की तैयारी में मोदी सरकार, बढ़ सकता है डीए

नई दिल्ली 17 March, (एजेंसी)-देश के लाखों सरकारी कर्मचारियों को मोदी कैबिनेट बड़ी राहत दे सकती है। राहत महंगाई भत्ते को लेकर है जिसको लेकर बैठक में अहम फैसला लिया जा सकता है। बैठक आज शाम करीब 6 बजे है।

संसद में चल रहे बजट सत्र के दूसरे चरण में मचे बवाल के बीच होने जा रही ये कैबिनेट बैठक बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

कहा जा रहा है कि डीए (DA) 3 या 4 प्रतिशत तक बढ़ाया जा सकता है। बता दें कि वर्तमान में महंगाई भत्ता (Dearness Allowance DA) बेसिक सैलरी का 38 प्रतिशत है।

सूत्रों के अनुसार, जल्द ही होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए इस कैबिनेट बैठक में राज्य की विकास योजनाओं को लेकर भी कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

अमूमन महंगाई भत्ता की घोषणा होली और दिवाली (Dearness Allowance on HOLI and DIWALI) से पहले होती रही है। इस घोषणा के साथ सरकारी कर्मचारियों की जेबों में सरकार अतिरिक्त पैसा देती है।

कहा जाता है कि महंगाई भत्ता के साथ ही सरकारी कर्मचारियों की घर ले जाने वाला वेतन भी बढ़ जाती है, लेकिन इस बार होली पर होने वाली घोषणा अभी तक नहीं हुई थी।

*************************

 

राहुल को नहीं, मोदी को माफी मांगनी चाहिए: खडगे

नई दिल्ली 17 March, (एजेंसी)-कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने कहा है कि विदेश में भारतीयों का मान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नहीं गिराया बल्कि यह काम खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है और इसके उन्हें देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

खडगे ने कहा कि मोदी ने अमेरिका, दक्षिण कोरिया तथा अन्य कई देशों में जाकर भारतीयों का अपमान किया इसलिए मोदी को देश से माफ़ी मांगनी चाहिए। उनका कहना था कि कांग्रेस ने हमेशा देश का मान बढ़ाया है इसलिए श्री गांधी के माफ़ी मांगने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा “खुद श्री मोदी ने 6-7 देशों में जाकर, विदेशी धरती पर जाकर बोलें हैं कि ‘हिन्दुस्तान के लोग ये बोल रहें हैं कि हमने क्या पाप किया जो हम भारत में पैदा हुए’ ऐसा व्यक्ति हमको देशद्रोही बोल रहा है। श्री मोदी ने भारत के नागरिकों का अपमान किया, आपको माफ़ी मांगनी चाहिए।”

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा के श्री गांधी को लेकर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए श्री खडगे ने कहा “जेपी नड्डा जो बोल रहें हैं। हम इसकी घोर निंदा करते हैं।

उनको मालूम होना चाहिये कि मोदी जी ने चीन में जाकर, अमेरिका में जाकर, दक्षिण कोरिया में जाकर भारत के नागरिकों का अपमान किया। श्री मोदी को इसके लिए माफ़ी मांगनी चाहिए।

हमारा माफ़ी मांगने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आजादी की लड़ी है जबकि भाजपा का इसमें कहीं कोई योगदान नहीं है।

उन्होंने कहा ‘‘जिन्होंने आज़ादी की लड़ाई में रत्ती भर भी योगदान नहीं दिया, वो असली देशद्रोही हैं। भाजपा भयावह बेरोज़गारी, कमरतोड़ महंगाई और ‘परम मित्र’ के घोटाले को छिपाने के लिए, इससे ध्यान भटकाने के लिये वो ये सब बातें कर रहें हैं।

”गांधी को सच्चा देशभक्त बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा ‘‘जो व्यक्ति लोकतंत्र की बात करता है, उस पर चिंता जताता है, वो देशद्रोही नहीं हो सकता। वो सच्चा देशभक्त है। अगर संसद में राहुल गांधी को बोलने का मौक़ा मिलेगा तो हम भाजपा के इन आरोपों का पुरज़ोर जवाब देंगे।

*************************

 

 

अभी पांच दिन और ईडी की हिरासत में रहेंगे मनीष सिसोदिया

नई दिल्ली 17 March, (एजेंसी)  –  शराब नीति घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को आज राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। इस दाैरान ईडी ने सिसोदिया की 7 दिन की हिरासत मांगी और कोर्ट ने 5 दिन के रिमांड का आदेश सुनाया है।

सिसोदिया को 22 मार्च की दोपहर में कोर्ट में पेश किया जाएगा। सिसोदिया ने सुनवाई के दौरान कोर्ट में कहा, ईडी वाले मुझसे आधा घंटे पूछताछ करते हैं, फिर ब्रेक पर चले जाते हैं।

सिसोदिया ने दावा किया कि पहले हाफ में कोई सवाल-जवाब नहीं होता है। दूसरे हाफ में आधा घंटे होता है। कल मैंने ईडी से कहा था सवाल-जवाब पूछकर इसे खत्म कीजिए।

इस पर ईडी के वकील हुसैन ने कहा कि सीबीआई केस में सिसोदिया ने कहा कि उनका मानसिक प्रताड़ना हो रही है। क्योंकि उनसे देर तक पूछताछ होती है।

कोर्ट ने अपने आदेश में मनीष सिसोदिया को अपने घरेलू खर्चों के लिए चेक पर हस्ताक्षर करने और जब्त किए गए बैंक खातों के इस्तेमाल की भी अनुमति दे दी है। AAP सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि ईडी ने आधारहीन रिमांड ली है।

उन्होंने आगे कहा कि मनीष सिसोदिया के साथ आतंकवादी से भी बदतर सलूक किया जा रहा है।

*************************