नई दिल्ली ,06 मई (आरएनएस)। भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने से पहले जनकपुरी थाने में संकेत दिया था।
जानकारी के मुताबिक, मोहाली पुलिस ने तेजिंदर के खिलाफ साइबर सेल में मामला दर्ज किया था, इसी मामले में अब गिरफ्तारी हुई है। मामले पर अब राजनीति भी तेज हो गई है। बीजेपी नेताओं ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार पर निशाने साधे है।
बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने दावा किया है कि तेजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से अरेस्ट करके ले गए हैं।
रांची ,06 मई (आरएनएस)। आईएएस पूजा सिंघल के घर समेत कई ठिकानों पर ईडी ने की छापेमारी. अवैध खनन के मामले में ईडी की टीम बड़ी कार्रवाई कर रही है। ईडी ने आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के 20 ठिकानों पर छापेमारी जारी है। जानकारी के अनुसार, आईएएस पूजा के रांची के अलावा मुजफ्फपुर (बिहार) के ठिकानों पर भी ईडी छापेमारी कर रही है। रांची में पंचवटी रेसीडेंसी, ब्लॉक नंबर 9, चांदनी चौक हरिओम टावर, नई बिल्डिंग, लालपुर और पल्स हॉस्पिटल पर छापा पड़ा है। हालांकि इसकी आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हो पायी है।
शुक्रवार की सुबह ईडी की टीम झारखंड, बिहार, राजस्थान हरियाणा और एनसीआर के 18 जगहों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। रांची में आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के सरकारी आवास और उनके पति के आवास सहित कई जगह पर ईडी की रेड जारी है। व्यवसायी अमित अग्रवाल के भी कई ठिकानों पर छापेमारी हो रही है। ईडी की टीम दिल्ली से आयी है। हालांकि इस छापेमारी की कोई आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई है।
ईडी के सूत्रों ने बताया कि झारखंड के रांची, खूंटी, राजस्थान के जयपुर, हरियाणा के फरीदाबाद एवं गुरुग्राम, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और बिहार के मुजफ्फरपुर में छापेमारी की गई है। वहीं ईडी रेड को लेकर सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट भी किया है।
नई दिल्ली,04 मई (आरएनएस)। पूर्व सैनिक 25 मई तक वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करा सकते हैं . रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च तक वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं कराने वाले पूर्व सैनिकों को ही अप्रैल की पेंशन नहीं मिली है और इन्हें इसके लिए एक और मौका दिया जा रहा है जिसमें वे 25 मई तक प्रमाण पत्र जमा करा सकते हैं। मंत्रालय ने बुधवार को वक्तव्य जारी कर कहा है कि कुछ पूर्व सैनिकों को अप्रैल की पेंशन नहीं मिली है।
इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए मंत्रालय ने कहा है कि केवल 58275 पूर्व सैनिकों को ही अप्रैल की पेंशन नहीं मिली है क्योंकि उन्होंने अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं कराया है। वक्तव्य में कहा गया है कि पेंशन से संबंधित पोर्टल र्स्पश के माध्यम से पांच लाख से भी अधिक पेंशनभोगियों को सफलतापूर्वक पेंशन दी जा रही है।
सभी पूर्व सैनिकों के लिए हर वर्ष 30 नवम्बर तक अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कराना अनिवार्य होता है। पिछले वर्ष कोरोना महामारी को देखते हुए जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की तिथि 31 मार्च 2022 तक बढा दी गयी थी। यह प्रमाण पत्र स्पर्श के माध्यम से भी जमा कराया जा सकता है।
मंत्रालय ने कहा है कि अप्रैल की पेंशन का भुगतान करने के समय पता चला कि करीब 3 लाख 30 हजार पूर्व सैनिकों ने अपने जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं कराये हैं। जब इसकी जानकारी पेंशन वितरित करने वाले बैंकों से मांगी गयी तो पता चला कि 2 लाख 65 हजार पूर्व सैनिकों ने अपने प्रमाण पत्र इस दौरान जमा करा दिये हैं।
इसके आधार पर जब सूची को अपडेट किया गया तो उन्हें पेंशन का भुगतान कर दिया गया लेकिन अभी भी 58 हजार 285 पूर्व सैनिकों ने अपने प्रमाण पत्र नहीं दिये हैं। इनके लिए अब एक विशेष मौका दिया जा रहा है जिसके तहत ये आगामी 25 मई तक अपने प्रमाण पत्र स्पर्श पोर्टल या अन्य माध्यम से जमा करा सकते हैं।
मंत्रालय ने कहा है कि इन पूर्व सैनिकों एसएमएस और ई मेल से इस बारे में जानकारी दी जा रही है। पूर्व सैनिक निकट के सीएससी सेंटर पर जाकर या स्पर्श पोर्टल पर अपने प्रमाण जमा कर सकते हैं।
उदयपुर,04 मई (आरएनएस)। भाजपा नेता राजस्थान में कर रहे हैं माहौल खराब करने की कोशिश. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राज्य में माहौल खराब करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा का पूरे मुल्क में टारगेट कोई है, वह राजस्थान है और इसलिए दंगे भड़क रहे हैं।
कांग्रेस चिंतन शिविर की तैयारियों का जायजा लेने आज यहां पहुंचे श्री गहलोत ने हवाई अड्डे पर मीडिया से यह बात कही।
उन्होंने कहा कि हिंसा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा घबराई हुई हैं और राज्य में इसके नेताओं को ऊपर से इनके हाईकमान से निर्देश मिले हुए हैं कि राजस्थान सरकार को जितना बदनाम कर सको करो तथा जितनी अस्थिरता कर सको करो। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा के मुख्यमंत्री के उम्मीदवार बन गये, उनमें प्रतिस्पर्धा है और उन्हें होमवर्क दे दिया गया हैं। इसलिए ये लोग लंबा खींच रहे हैं जबकि करोली में शीघ्र ही शांति हो गई थी लेकिन चला रहे है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगढ़ की घटना भाजपा की खुद की हुई हैं की जोधपुर की घटना में केन्द्रीय मंत्री और पूर्व मंत्री सब उत्तर गये। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इनको मैसेज आते हैं किस प्रकार खिलाफ में प्रचार चलाना है। श्री गहलोत ने कहा कि मैंने पहले ही था कि इनके जे पी नड्डा आग लगाने आये हैं, श्री नड्डा आये और आग लग गई करौली के अंदर, राजगढ़ नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड है और 35 में से 34 पार्षद भाजपा के हैं और सड़क चौड़ी करने का प्रस्ताव पास किया गया और बदनाम कांग्रेस को कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कल जोधपुर में जो कुछ हुआ कोई ऐसा मुद्दा नहीं था कि जहां दंगा भड़कने की स्थिति आए, ये तो हम लोगों ने दंगा कहीं होने नहीं दिया, न करौली में, न राजगढ़ में, न जोधपुर में, इसीलिए कोई कैजुअलिटी नहीं हुई, कोई बड़ी घटना नहीं हुई।वरना आप जानते हो कि जब हिंदू-मुस्लिम के दंगे हुए हैं तो क्या स्थिति बनती है, देश के अंदर क्या-क्या हालात हुए हैं उत्तर प्रदेश के अंदर, बिहार के अंदर, जहां-जहां दंगे हुए हैं, गुजरात के अंदर, वो काले अक्षरों में लिखा गया है इतिहास में।हमने यहां पूरा चाक-चौबंद किया हुआ है पुलिस को, इसीका परिणाम है कि करौली की घटना जो हुई थी उसके बाद रामनवमी आई तो राजस्थान में सब जगह सब धर्मों ने रामनवमी के जुलूसों का स्वागत किया, फूल बरसाए और उसी दिन सात राज्यों में दंगे भड़के हैं, बुलडोजर चले गरीबों पर। क्या क्या नहीं हुआ हैं, यहां शांति रही और शांति इनको हजम नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि वह तमाम पार्टी से अपील करते हैं जहां तनाव होता है वहां वे लोग आगे आओ शांति की अपील करो। यह जनप्रतिनिधि की ड्यूटी बनती है लेकिन भाजपा ऐसा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह संविधान और लोकतंत्र की धज्जिया उड़ाई जा रही है, जनता इनकी असलियत को समझ रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जोधपुर में अब शांति हैं और सदभावना का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चिंतन शिविर की तैयारी शुरु हो गई और 13 से 15 मई को पूरे देशभर से हमारे वरिष्ठ नेता आयेंगे और इसे लेकर सब कार्यकर्ताओं में उत्साह भी है।
मुंबई ,02 मई (आरएनएस)।नवनीत राणा और विधायक पति को नहीं मिल पाई बेल. मुंबई की सत्र न्यायालय ने सोमवार को सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा की जमानत याचिका को बुधवार तक के लिए टाल दिया है। राणा दंपत्ति को अगले दो दिन जेल में ही बिताने होंगे। राणा दंपत्ति पर दो समुदायों के बीच नफरत पैदा करने जैसे कई आरोप हैं। नवनीत राणा और उनके पति पर मातोश्री के सामने हनुमान चालीसा पढऩे का ऐलान कर राजनीति करने का आरोप है। आरोप है कि राणा दंपत्ति ने ये ऐलान इसलिए किया ताकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को हिंदुत्व की याद दिला सके। सांसद नवनीत राणा फिलहाल भायखला स्थित महिला जेल में बंद हैं जबकि उनके विधायक पति को नवी मुंबई स्थित तलोजा जेल में रखा गया है। राणा दंपत्ति की तरफ से कोर्ट में पेश हुए वरिष्ठ वकील अबद पोंडा और रिजवान मर्चेंट ने कोर्ट में पुलिस के दावों के खिलाफ दलील रखी कि उनके क्लाइंट की नफरत फैलाने की कोई मंशा नहीं थी। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को शांतिप्रिय ढंग से सरकार के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा पढऩे से हिंसा भड़कने की कोई उम्मीद ही नहीं थी।
पुलिस शिकायत का जिक्र करते हुए बचाव पक्ष ने कहा कि उनके क्लाइंट मातोश्री के सामने बिना अपने समर्थकों के साथ अकेले ही हनुमान चालीसा पढऩा चाहते थे। सरकार के खिलाफ हिंसा भड़काने की बात उनके सपनों में भी कभी नहीं आई। वहीं दूसरी तरफ जमानत का विरोध कर रही पुलिस की तरफ से दलील दी गई कि राणा दंपत्ति ने धर्म के नाम पर हिंसा भड़काने की कोशिश की। पुलिस ने कहा कि इस बहाने राज्य में कानून- व्यवस्था बिगाड़कर राज्य की महा विकास अंगाड़ी सरकार को गिराने की साजिश रची गई थी।
नई दिल्ली,02 मई (आरएनएस)। प्रधानमंत्री के सलाहकार नियुक्त किए गए तरुण कपूर. पूर्व पेट्रोलियम सेक्रटरी रिटायर्ड आईएएस तरुण कपूर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सलाहकार नियुक्त किया गया है। सोमवार को सरकार ने यह आदेश जारी किया है। कपूर हिमाचल प्रदेश कैडर के 1987 बैच के आईएएस ऑफिसर हैं। वह पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय में सेक्रटरी रह चुके हैं। मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है, कैबिनेट की अपॉइनमेंट कमिटी ने प्रधानमंत्री के सलाहकार के तौर पर तरुण कपूर की नियुक्ति को मंजूरी दी है। वह भारत सरकार के सचिव के तौर पर पीएमओ में कार्य करेंगे। फिलहाल दो साल के लिए उनकी नियुक्ति की गई है।
सीनियर अधिकारी हर रंजन राव और आतिश चंद्र को प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। राव 1994 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस ऑफिसर हैं और वर्तमान में टेलीकॉम डिपार्टमेंट में यूनिवर्सल सर्विस ऑब्लिगेशन फंड के ऐडमिनिस्ट्रेटर के तौर पर कार्य कर रहे हैं।
चंद्रा और राव दोनों ही बिहार के बैच के साथ हैं। चंद्रा इस समय फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। इसके अलावा सीनियर आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार को सहकारिता मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। वह देवेंद्र कुमार सिंह की जगह लेंगे।
देवेंद्र कुमार सिंह अब मानवाधिकार आयोग के महासचिव के तौर पर काम करेंगे। इसके अलावा कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के सचिव प्रदीप कुमार त्रिपाठी को अलकेश शर्मा के स्थान पर सचिव, कैबिनेट सचिवालय बनाया गया है। वहीं अलकेश शर्मा अब सूचना प्रौद्योगिकी व दूससंचार में सचिव के तौर पर काम करेंगे।
उत्तरकाशी 02 May, (Rns )।आज खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट. विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के कपाट मंलगवार आज 03 मई को अक्षय तृतीय पर देश विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। तय कार्यक्रमानुसार गंगोत्री धाम के कपाट सुबह 11:15 पर तो यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:15 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। केदारनाथ धाम के कपाट 06 मई और बदरीनाथ धाम के कपाट 08 मई को तीर्थ-यात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद आगामी छह माह के लिए श्रद्धालु गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम में ही मां गंगा एवं यमुना के दर्शन के भागी बनेंगे। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि सोमवार को दोपहर 12:15 पर मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई है। जो रात्री विश्राम भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में करेगी। वहीं मंगलवार सुबह 8 बजे गंगोत्री धाम पहुंचेगी। इसके बाद गंगोत्री धाम में प्रात: नौ बजे से विधिविधान के साथ गंगा पूजन, गंगा सहस्त्रनाम पाठ एवं विशेष पूजा-अर्चना के बाद 11:15 बजे गंगोत्री धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे। यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल ने बताया है कि मंदिर के कपाट खोेलने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
बताया कि मंगलवार को 8.30 बजे प्रातः मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास खुशीमठ से पारंपरिक वाध्य यंत्रों की थाप पर शनिदेव की डोली की अगुवाई में यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी। जहां विधिवत हवन और पूजा के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यमुनोत्री धाम के कपाट दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
सीएम पुष्कर सिंह धामी आज गंगोत्री धाम में
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय भम्रण पर उत्तरकाशी आ रहे हैं। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 3 मई को पूर्वाहन 9.15 बजे देहरादून से हैलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेगें तथा पूर्वाहन 9.55 बजे जनपद के हर्षिल हैलीपैड पहुंचेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री धामी कार द्वारा पूर्वाह्न 10.30 बजे गंगोत्री धाम पहुंचकर गंगोत्री धाम के कपाटोद्घाटन में प्रतिभाग करेगें। इसके बाद श्री धामी कार द्वारा अपराह्न 12.45 बजे हर्षिल हैलीपैड पहुंचेगें तथा अपराह्न 1.20 बजे हर्षिल हैलीपैड से हैलीकॉप्टर द्वारा देहरादून के लिए प्रस्थान करेगें।
लखनऊ 02, May (आरएनएस)।उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लगाया जनता दर्शन कार्यक्रम उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने- 7 कालीदास मार्ग स्थित आवास (कैम्प कार्यालय) पर विभिन्न जनपदों से आये लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होने जनसुनवाई के दौरान एक-एक व्यक्ति की समस्या को पूरी गम्भीरता से सुना तथा समस्याओं के निराकरण हेतु सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि समस्याओं का निराकरण इस प्रकार किया जाय कि समस्याग्रस्त व्यक्ति पूरी तरह से संतुष्ट रहें और उन्हें दुबारा कहीं भटकना न पड़े और बार -बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने महिलाओं, दिव्यांगों, बुजुर्गों की समस्याओं व शिकायतों को सुना और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित गति से निदान करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।जनता दर्शन में भूमि विवाद ,दुर्घटनाओं से संबंधित ,अवैध कब्जे, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि से संबंधित विभिन्न समस्याएं प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने रखी। कई प्रकरणों में उन्होंने सम्बंधित विभागों के उच्चाधिकारियों से वार्ता भी की।
उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य के जनता दर्शन कार्यक्रम में आज समस्याओं को सुनने के लिए नयी व्यवस्था की गयी। टेन्ट व शामियाना लगवाकर कुर्सियों की व्यवस्था की गयी और सबके लिए समुचित सत्कार की व्यवस्था भी की गयी और इन्हीं कुर्सियों पर जनता जनार्दन को बैठाया गया। उप मुख्यमंत्री मौर्य ने सभी समस्याग्रस्त लोगो के पास जा जाकर उनकी समस्याये सुनी व उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
इंदौर,02 मई (आरएनएस)।गर्मी के तेवर बढ़े तो जून में खाली हो जाएंगे शहर के जलाशय. शहर के तालाबों में फिलहाल पानी की मात्रा संतोषजनक है। तीन बड़े तालाबों में इस समय क्षमता का 50 प्रतिशत से अधिक पानी है। इससे इस क्षेत्र में पानी की कमी महसूस नहीं हो रही है। निगम ने बोरिंग सूखने के कारण 289 पानी के टैंकर लगा लिए हैं लेकिन तालाबों के आस-पास की कालोनियों में पानी के टैंकरों की जरूरत नहीं पड़ रही है।
पर्यावरणविद ओपी जोशी ने बताया कि वर्तमान में 50 प्रतिशत से अधिक पानी है जो पूरे जून तक इस्तेमाल हो सकता है बशर्ते गर्मी के तेवर कड़े न हों। गर्मी का मिजाज बढ़ा तो जून में तालाब रीते हो जाएंगे। 20 मई के बाद भी तापमान 40 डिग्री या इसके अंदर रहता है तो भी शहर के तालाब नहीं सूखेंगे। पारा 44 तक बना रहता है तो फिर शहर के तालाबों में पानी कम हो सकता है। बड़ी बिलवाली, छोटा सिरपुर, पिपलियापाला और याशवंत सागर में पानी मात्रा अच्छी खासी बनी हुई है।
शहर में इस समय पानी बचाने, जल पुनर्धरण और उपचारित पानी के उपयोग को लेकर काम किया जा रहा है ताकि इंदौर को जीरो वाटर सिटी बनाने से रोका जा सके। इसके लिए वार्ड 80 में नन्हें बच्चों ने पेंटिंग और रैली निकालकर पानी बचाने और जल है तो कल है का संदेश दिया। इस अवसर पर वार्ड के 100 प्रतिशत घरों में वाटर रिचार्जिंग करने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग की तिथियां बताई गई। शहर के तालाबों को संरक्षित करने के लिए नगर निगम ने लिम्बोदी तालाब की जल ग्रहण क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है। निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने कहा कि राला मंडल की पहाड़ी पर बारिश के जल को सहेजा जाएगा। राला मंडल पहाड़ी के आसपास कई नालों और तालाबों का चैनल है जिससे बारिश का पानी नालों और नदियों में जाता है। इसलिए अब रालामंडल पहाड़ी के तालाब में खुदाई कर जल ग्रहण क्षमता बढ़ाई जा रही है। इस तालाब की चैनल दब चुकी है उसको खोला जाएगा। चोरल नदी को पुनर्जीवित करने वाले पर्यावरण एवं भूजल विशेषज्ञ सुरेश एमजी ने बताया कि शहर के कई नालों, तालाबों और नदियों की चैनल लिम्बोदनी तालाब से जुड़ी हुई है। लिम्बोदी तालाब में पानी पहुंचेगा तो शहर के अन्य तालाबों में पानी छोटा बिलावली, बड़ा बिलावली के साथ पिपलियापाला तालाब में पानी आता है अगर लिम्बोदी तालाब की जल ग्रहण क्षमता बढ़ाई जाती है तो अन्य तालाबों में भी पानी अधिक समय तक रह सकेगा।वर्तमान में इस तालाब की गहराई 16 फिट है और यह पूरी तरह खाली है। आयुक्त ने कहा कि इस तालाब में सालभर पानी रहे ऐसी व्यवस्था की जानी चाहिए।
हैदराबाद,02 मई (आरएनएस)। राहुल गांधी को उस्मानिया यूनिवर्सिटी ने नहीं दी दौरे की इजाजत. उस्मानिया यूनिवर्सिटी का नाम भारत के भारत के सबसे पुराने विश्वविद्यालयों में शामिल किया जाता है। अब खबर है कि यूनिवर्सिटी ने कथित तौर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कैंपस में गैर-राजनीतिक दौरे की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
हालांकि, अभी इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है, लेकिन कथित फैसले ने तेलंगाना में नया सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। विश्वविद्यालय ने कार्यक्रम के आयोजकों को कार्यकारी समिति के कथित फैसले के बारे में लिखित जानकारी नहीं दी है। इधर, कांग्रेस ने इसे लेकर तेलंगाना राष्ट्र समिति की राज्य सरकार पर निशाना साधा है। वहीं, कुछ छात्रों ने राहुल के दौरे के लिए यूनिवर्सिटी को आदेश देने के लिए हाईकोर्ट का रुख किया है। कांग्रेस नेताओं ने रविवार को कहा कि उन्होंने 23 अप्रैल को कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी थी और बताया गया था कि आयोजन गैर-राजनीतिक होगा।
रिपोर्ट के अनुसार, ,एक अधिकारी ने बताया कि साल 2017 से कार्यकारी परिषद ने प्रस्ताव अपनाया था, जिसमें सियासी बैठकों समेत गैर-शैक्षणिक गतिविधियोंकी कैंपस में रोक लगा दी थी। अधिकारी ने कहा कि ऐसा प्रस्ताव जून 2017 में अपनाया गया था। उन्होंने बताया कि इसके एक साल पहले हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को यूनिवर्सिटी कैंपस में राजनीतिक और सार्वजनिक बैठकों की अनुमति नहीं देने के आदेश दिए थे। दरअसल, उस दौरान राजनीतिक गतिविधियों को लेकर लगातार हो रही परेशानी के चलते याचिका दायर की थी।
विश्वविद्यालय की तरफ से लिए गए इस कथित फैसले ने कैंपस में विरोध खड़ा कर दिया है। यूथ कांग्रेस के कई नेताओं और समर्थकों ने शनिवार को ह्र आर्ट्स कॉलेज में प्रदर्शन किया है। वहीं, इसके जवाब में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और टीआरएस से जुड़े छात्र संगठनों ने जवाबी प्रदर्शन किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, तेलंगाना निरुद्योग विध्यार्थी जॉइंट एक्शन कमेटी के मानवता रॉय ने कहा कि प्रशासन ने फैसले की जानकारी लिखित में नहीं दी है। उन्होंने कहा, हम प्रशासन की तरफ से सोमवार को कुछ कहे जाने की उम्मीद कर रहे हैं।
नई दिल्ली,30 अप्रैल (आरएनएस)। जनरल मनोज पांडे ने आज जनरल एम.एम. नरवणे के सेवानिवृत्त होने के बाद 29वें थलेसना प्रमुख के तौर पर पदभार संभाल लिया। उप थलसेना प्रमुख के तौर पर सेवाएं दे चुके जनरल पांडे बल की इंजीनियर कोर से सेना प्रमुख बनने वाले पहले अधिकारी बन गए हैं। एक फरवरी को थल सेना का उप-प्रमुख बनने से पहले वह थल सेना की पूर्वी कमान का नेतृत्व कर रहे थे। इस कमान पर सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा की रक्षा की जिम्मेदारी है।
जनरल पांडे ने ऐसे समय में थल सेना की कमान संभाली है, जब भारत चीन और पाकिस्तान से लगी सीमाओं पर चुनौती सहित असंख्य सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। सेना प्रमुख के रूप में, उन्हें थिएटर कमांड को तैयार करने की सरकार की योजना पर नौसेना और वायु सेना के साथ समन्वय करना होगा।
भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत थिएटर कमांड तैयार करने पर काम कर रहे थे, जिनका पिछले साल दिसंबर में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में निधन हो गया। सरकार ने अभी नया प्रमुख रक्षा अध्यक्ष नियुक्त नहीं किया है।
लेफ्टिनेंट जनरल पांडे अपने करियर के दौरान अंडमान निकोबार कमान के प्रमुख के तौर पर भी काम कर चुके हैं। अंडमान निकोबार कमान भारत में तीनों सेनाओं की एकमात्र कमान है।
पांडे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र हैं और उन्हें दिसंबर 1982 में कोर ऑफ इंजीनियर्स (द बॉम्बे सैपर्स) में शामिल किया गया था। उन्होंने अपने बेहतरीन करियर में कई अहम पदों पर काम किया और विभिन्न इलाकों में आतंकवाद रोधी अभियानों में भाग लिया।
उन्होंने जम्मू कश्मीर में ऑपरेशन पराक्रम के दौरान नियंत्रण रेखा के पास एक इंजीनियर रेजिमेंट की कमान संभाली। इसके अलावा उन्होंने पश्चिमी लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में एक पर्वतीय डिवीजन और पूर्वोत्तर में एक कोर की भी कमान संभाली।
नई दिल्ली,30 अप्रैल (आरएनएस)। देश में गर्मी ने 122 साल पुराना रिकार्ड तोड़ दिया है। देशभर में पड़ रही गर्मी के कारण लोग घरों में बैठने के लिए मजबूर है तो वहीं बिजली के कट ने लोगों की नींद उड़ा दी है। दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में लोग भीषण लू से जूझ रहे हैं।
इस बीच मौसम विभाग के डायरेक्टर डॉ. एम महापात्रा ने देश में मौसम को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि इस साल अप्रैल में उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में औसत अधिकतम तापमान पिछले 122 साल में क्रमश: 35.90 डिग्री सेल्सियस और 37.78 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक है। देश के कई राज्यों, शहरों में तापमान 47 डिग्री से उपर जा चुका है। वहीं उन्होंने यह भी जानकारी दी है कि पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों और उत्तर-पूर्व भारत के उत्तरी हिस्सों में सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान रहने की संभावना है।
मई में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने बारिश को लेकर भी अनुमान जताया है। आईएमडी का कहना है कि मई में उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों के साथ-साथ सुदूर दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीप में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। इन इलाकों को छोड़कर भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट
वहीं दिल्ली में पिछले 72 वर्षों में ऐसा दूसरी बार है जब अप्रैल का महीना इतना अधिक गर्म रहा है, इस दौरान मासिक औसत अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक 2010 में दिल्ली में औसत मासिक अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी ने शनिवार को दिल्ली के कई हिस्सों में भीषण लू की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।
रविवार को बारिश की संभावना
वहीं आईएमडी ने कहा कि दिल्ली में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश और धूल भरी आंधी के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सोमवार से लू के समाप्त होने की उम्मीद है, जिसके एक मई की रात से उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
रांची,28.04.2022। द रांची प्रेस क्लब द्वारा तीन दिवसीय नाट्य महोत्सव का आयोजन आर्यभट्ट सभागार में 29 अप्रैल, 30अप्रैल और 1 मई 2022 को कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया है। इस तीन दिवसीय नाट्य महोत्सव में आजादी के 75 वें अमृत महोत्सव के मौके पर अलग-अलग विषयों पर नाटक का मंचन होगा।
जिसमें मुख्य रुप से भरतेंदु हरिश्चंद्र लिखित हास्य व्यंग्य नाटक अंधेर नगरी चौपट राजा द रांची प्रेस क्लब द्वारा पत्रकार कला मंच के माध्यम से 1 मई को किया जाएगा। नाट्य महोत्सव के 1 दिन पूर्व द रांची प्रेस क्लब में पोस्टर लॉन्च किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रुप से प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय मिश्रा, उपाध्यक्ष पिंटू दुबे , सचिव जावेद अख्तर, संयुक्त सचिव अभिषेक सिन्हा, कोषाध्यक्ष सुशील सिंह मंटू, नाट्य महोत्सव में पार्टनर रेडियो खांची के प्रोफेसर आनंद ठाकुर एवं प्रेस क्लब के कार्यकारिणी सदस्यों में माणिक बोस, रूपम, संजय रंजन ,परवेज कुरेशी एंव अमित दास, संदीप नाग, निलय सिंह, सौरभ सहित कई लोग उपस्थित थे।
कोलकाता,28 अप्रैल । पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से 2.1 करोड़ रुपये कीमत का मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) जब्त किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार न्यू जलपाईगुड़ी थाना क्षेत्र के पोरझार में गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए बीती रात चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से दो मुर्शिदाबाद और दो नदिया जिले के रहने वाले थे।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक किलो मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) जब्त किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग मादक पदार्थों के एक तस्कर गिरोह का हिस्सा थे और उत्तरी बंगाल के विभिन्न हिस्सों में मादक पदार्थों की खेप पहुंचाने का काम करते थे।
रांची,28.04.2022 – मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के दिशा-निर्देश पर मलेशिया में फंसे झारखण्ड के 30 कामगारों में से 10 की सुरक्षित वतन वापसी हो गई है। मलेशिया में काम करने गए गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो के 30 कामगार वहां फंस गए थे। शेष 20 कामगारों की वापसी हेतु राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष एवं हाई कमीशन ऑफ़ इंडिया, मलेशिया कामगार जिस कंपनी में काम कर रहे थे, उसके प्रबंधन से लगातार संपर्क में है। पिछले दिनों इन श्रमिकों ने राज्य सरकार से अपनी सुरक्षित वापसी हेतु सोशल मीडिया के माध्यम से गुहार लगाई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को सभी कामगारों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने का आदेश दिया था।
2019 से कर रहे थे काम
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने इस घटना पर संज्ञान लेते हुए कार्य करना शुरू किया, तो पता चला कि सभी कामगार 30 जनवरी 2019 से लीड इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन एसडीएन बीएचडी में लाइनमैन के रूप में कार्यरत हैं। 30 सितम्बर 2021 को सभी का कॉन्ट्रैक्ट ख़त्म हो चुका है और अक्टूबर 2021 से जनवरी 2022 तक उन्होंने कंपनी के कहने पर बिना कॉन्ट्रैक्ट के 4 माह तक काम किया, जिसका पेमेंट उन्हें नहीं मिला है। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने कार्रवाई करते हुए कामगारों से मामले से संबंधित दस्तावेज साझा करने को कहा। श्रम विभाग द्वारा मेल के माध्यम से हाई कमीशन ऑफ़ इंडिया, मलेशिया को घटना पर संज्ञान लेने को कहा गया। मलेशिया पुलिस ने घटनास्थल (लूनस, मलेशिया) पर जाकर घटना का सत्यापन किया एवं कंपनी से बात कर कामगारों की समस्या को सुलझाने को कहा। इसके उपरांत कंपनी के मालिक ने कामगारों के बकाया वेतन भुगतान एवं टिकट की व्यवस्था के लिए कुछ समय की मांग की। हाई कमीशन ऑफ़ इंडिया, मलेशिया ने कम्पनी को आदेश दिया है कि जल्द सभी के बकाया वेतन का भुगतान करें और सभी को कुआलालंपुर स्थानांतरण करते हुए 15 दिन के अंदर सभी का टिकट एवं उनके भोजन की व्यवस्था करें।
पारिश्रमिक का हुआ भुगतान
कंपनी ने सात अप्रैल को सभी के खाते में 1 महीने का वेतन कुल 50000 रिन्ग्गिट ringgit (893565 INR) दिया गया है। ये श्रमिक 14 मार्च को ही राज्य वापस आ जाते, लेकिन कोविड जाँच में सभी 10 कामगार पॉजिटिव पाए गए, जिसके कारण उनका भारत आना स्थगित किया गया था। सभी कामगारों का तीन महीने का वेतन कुल 29515 रिन्ग्गिट ringgit (5,23,507 INR) का भुगतान किया गया है।
पटना,28 अप्रैल (आरएनएस)। सीबीआई कोर्ट ने चारा घोटाले से जुड़े डोरंडा मामले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव की जमानत के लिए आदेश जारी कर दिया है। इससे पहले लालू ने रिहाई के लिए 10 लाख रुपये कोर्ट में जमा कर दिए हैं। झारखंड हाई कोर्ट से बेल बॉन्ड निचली अदालत में भेज दिया गया था। लालू प्रसाद के वकील प्रभात कुमार ने बताया कि बेल बॉन्ड भर दिया है। अब उन्हें कभी भी जेल से जमानत पर रिहा किया जा सकता है।
लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले से जुड़े डोरंडा ट्रेजरी मामले में जमानत मिली है। यह मामला डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ रुपये की निकासी का है। 1990 से 1995 के बीच डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ रुपये की निकासी की गई थी। 27 साल बाद कोर्ट ने इसी साल फरवरी में इस घोटाले पर फैसला सुनाया था, जिसमें लालू यादव को दोषी पाया गया था। इस मामले में लालू यादव को पांच साल की सजा हुई है।
27.04.2022 – कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा के ब्रेकअप की खबरें आजकल चर्चाओं में बनी हुई है और दोनों के ब्रेकअप के किस्से तेजी से सोशल साइट्स पर वायरल हो रहे हैं। हालाँकि इन खबरों के बीच कियारा आडवाणी का एक पोस्ट सामने आया है और इस पोस्ट को देखकर एक्ट्रेस के फैंस बेहद खुश हो गए हैं।
जी दरअसल, कियारा ने फिल्म शेरशाह को लेकर एक पोस्ट शेयर किया है जो आप यहाँ देख सकते हैं।जी दरअसल कियारा ने अपने इंस्टा अकाउंट से धर्मा प्रोडक्शन का पोस्ट री-पोस्ट कर शेरशाह से जुड़ी खास खबर साझा की है। इस पोस्ट में कहा गया है कि- ये फिल्म बेस्ट वेब फिल्म (हिंदी) के तौर पर सेलेक्ट की गई है। फिल्म शेरशाह हिट लिस्ट ओटीटी अवॉर्ड्स में शुमार हो चुकी है।
दूसरी तरफ कियारा को बेस्ट फीमेल एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला है। जी हाँ और इसके अलावा सिद्धार्थ मल्होत्रा बेस्ट मेल एक्टर अवॉर्ड के लिए चुने गए हैं।आप सभी देख सकते हैं कियारा ने अपनी इंस्टा स्टोरी सेक्शन से दो तस्वीरें पोस्ट की हैं जिसमें एक तस्वीर में सिद्धार्थ कियारा दिखाई दे रहे हैं वहीं दूसरी फोटो में कियारा का बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड नजर आ रहा है। आप सभी को हम यह भी जानकारी दे दें कि सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी की जोड़ी बॉलीवुड की फेवरेट जोडियों में से एक बन चुकी है।
जी दरअसल फिल्म शेरशाह में इन दोनों को साथ में बेहद पसंद किया गया था, हालाँकि बीते कुछ दिनों से इनके ब्रेकअप की खबरों ने फैंस को परेशान किया हुआ है और वह यही दुआएं कर रहे हैं कि ये खबरें सच न हो! (एजेंसी)
नई दिल्ली,26 अप्रैल (आरएनएस)।अब 6 साल से ऊपर के हर बच्चे को लगेगी कोरोना की वैक्सीन. ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने 6-12 साल की उम्र के बच्चों के लिए भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को इमरजेंसी इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। इस फैसले को देश के टीकाकरण अभियान में इसलिए इतना बड़ा और खास माना जा रहा है क्योंकि इससे स्कूल जाने वाले बच्चों को लाभ होगा। क्योंकि अभी तक केवल 12 साल या इससे अधिक उम्र के बच्चों को ही कोरोना वायरस से बचाव के लिए वैक्सीन लग रही थी। ऐसे में अब 6 साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी वैक्सीन का लाभ मिलेगा, जिससे उनके वायरस की चपेट में आने की चिंता भी खत्म हो जाएगी।
भारत में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी, 2021 में की गई थी। टीकाकरण के पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगी थी। फ्रंटलाइन पर काम करने वालों के लिए 2 फरवरी से टीकाकरण शुरू हुआ था, जबकि 60 साल से अधिक उम्र के लोगों और को-मॉर्बिलिटी वाले 45 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण 1 मार्च से शुरू हुआ था। इसके बाद 1 अप्रैल से 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण शुरू हुआ। टीकाकरण अभियान में सभी वयस्कों को 1 मई से शामिल किया गया था। भारत में 21 अक्टूबर तक कोरोना वायरस की एक करोड़ वैक्सीन डोज लग चुकी थीं।
15-18 साल के बच्चों का टीकाकरण
इस साल 3 जनवरी से 15 से 18 साल के बच्चों के टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। इस श्रेणी में भी भारत पहले ही एक करोड़ वैक्सीन डोज का आंकड़ा पार कर चुका है। कोविशील्ड और कोवैक्सीन के अलावा डीसीजीआई ने स्पूतनिक वी, मॉडर्ना, जॉनसन एंड जॉनसन की जनसीन वैक्सीन, जायडस कैडिला की जायकोवि-डी, कोर्बेवैक्स और कोवोवैक्स को भी मंजूरी दी है। अभी तक 1,00,10,97,348 नागरिकों को वैक्सीन लग गई है। इनमें से 85,23,56,087 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी लग गई है।
फिर से बढ़ रहे कोविड-19 के मामले
कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। वो भी ऐसे वक्त में जब बच्चों के लिए स्कूलों को खोल दिया गया है। कोरोना वायरस से संबंधित उपाय अपनाए जाने के बावजूद कई स्कूलों से खबर आई है कि वहां शिक्षक और छात्र वायरस की चपेट में आ रहे हैं। इससे उन छोटे बच्चों के अभिभावक भी चिंता में पड़ गए, जो वैक्सीन लगवाने के योग्य नहीं हैं। इस बीच डीसीजीआई के इस फैसले से इन छोटे बच्चों को भी वैक्सीन लग सकेगी, ताकि इन्हें भी वायरस के खिलाफ सुरक्षा मिल सकेगी। साथ ही उनकी पढ़ाई भी अब आगे और प्रभावित नहीं होगी।
ब्रासीलिया,25 अप्रैल ।ब्राजील में दो साल बाद हुआ कार्निवल का आयोजन. कोविड-19 के कारण दो साल के निलंबन के बाद, ब्राजील में कार्निवल का इस सप्ताह के अंत में फिर से आयोजन किया गया, जिससे देश के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिला है। लाखों दर्शकों ने पारंपरिक उत्सव का आनंद लिया। प्रसिद्ध ब्लॉकोस या संगीत मंडल, रियो डी जनेरियो और साओ पाउलो जैसे शहरों में सड़कों पर परेड करने के लिए लौट आए, जबकि सांबा स्कूल फिर से जगमगा उठे। रियो डी जनेरियो में कार्निवल के लिए बनाया गया एक विशेष स्थल सांबाड्रोम है।
मूल रूप से इसे फरवरी के अंत के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन कोविड -19 मामलों में वृद्धि के बाद कार्निवल को तीसरे सीधे वर्ष के लिए रद्द कर दिया गया था।
हालांकि हजारों विदेशी पर्यटकों की कमी के बावजूद, कार्निवाल ने घरेलू मौज-मस्ती करने वालों को बढ़ावा दिया, जिसने होटल में लोगों की संख्या में वृद्धि हुई और सेवा क्षेत्र पुनर्जीवित हुआ।
ब्राजील के होटल इंडस्ट्री एसोसिएशन के अनुसार, रियो डी जनेरियो में, इस सप्ताह के अंत में होटल की व्यस्तता 85 से 90 प्रतिशत के बीच थी। (एजेंसी)
बगदाद,25 अप्रैल। इराक के उत्तरी प्रांत नीनवे में तुर्की के सैन्य अड्डे के पास 4 कत्युशा रॉकेट दागे गए। हालांकि अभी तक किसी के भी हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। जिलकान क्षेत्र के मेयर मोहम्मद अमीन गारिब ने बताया कि शाम को अज्ञात आतंकवादियों द्वारा दागे गए रॉकेटों ने बगदाद से लगभग 400 किलोमीटर उत्तर में जिलकन क्षेत्र में बशीका बेस हाउसिंग तुर्की बलों को निशाना बनाया।
अभी तक किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
इराक ने बार-बार तुर्की पर बिना अनुमति के उसके क्षेत्र में प्रवेश करके उसकी संप्रभुता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है, जिसमें बशीका बेस में तुर्की की सैन्य उपस्थिति भी शामिल है। तुर्की सेना ने उत्तरी इराक में 18 अप्रैल को गैरकानूनी कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (पीकेके) के खिलाफ एक नया जमीन और हवाई सीमा पार अभियान शुरू किया।
तुर्की द्वारा आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध पीकेके, 30 से अधिक सालों से तुर्की सरकार के खिलाफ विद्रोह कर रहा है।
इराक के बार-बार विरोध के बावजूद तुर्की नियमित रूप से उत्तरी इराक में पीकेके ठिकानों पर सीमा पार अभियान चला रहा है। (एजेंसी)
पेरिस,25 अप्रैल । मैक्रों ने जीता फ्रांस के राष्ट्रपति पद का चुनाव. फ्रांस के गृह मंत्रालय द्वारा बीती रात जारी प्रारंभिक परिणामों के अनुसार, फ्रांस के मौजूदा राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने 18,779,641 मतों या वैध मतों के 58.54 प्रतिशत के साथ राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव जीत लिया।
मैक्रों की प्रतिद्वंद्वी, दक्षिणपंथी उम्मीदवार मरीन ले पेन को 13,297,760 वोट या 41.46 प्रतिशत मतदान मिले। मंत्रालय ने कहा कि 48,752,500 नागरिकों ने मतदान करने के लिए पंजीकरण कराया था लेकिन केवल 35,096,391 मतदाताओं ने मतदान के दौरान मतदान किया, जो 28.01 प्रतिशत की अनुपस्थिति दर का प्रतिनिधित्व करता है।
फ्रांस में राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इमैनुएल मैक्रों को बधाई दी है। उन्होंने कहा, फ्रांस के राष्ट्रपति के तौर पर दोबारा चुने जाने पर मेरे दोस्त इमैनुएल मैक्रों को बधाई। मैं भारत और फ्रांस की रणनीतिक साझेदारी और गहरा करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखने की आशा करता हूं। रविवार को इमैनुएल मैक्रों दोबारा फ्रांस के राष्ट्रपति चुने गए हैं। इसके बाद ही मध्य पेरिस में विरोध शुरू हो गया। काफी संख्या में युवकों ने मध्य पेरिस में प्रदर्शन किया।
पुलिस को हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोडऩे और बल प्रयोग करना पड़ा। इस हिंसक प्रदर्शन में 2 की मौत हो गई। (एजेंसी)
रांची/चाईबासा, 25.04.2022 – फोस्टर परिवार असमर्थ बच्चों के जीवन में ला रहा है बदलाव.असमर्थ बच्चों के जीवन में नई खुशियों की किरण लाने का सार्थक प्रयास पश्चिमी सिंहभूम में जिला समाज कल्याण कार्यालय एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के तत्वाधान में प्रारंभ किया गया। इसमें उन कड़ियों को जोड़ा गया, जिसकी अवधारणा तो थी, परंतु क्रियाशीलता शून्य थी। लेकिन अब बाल सुरक्षा को सामाजिक विकास के मुख्य घटक के रूप में तेजी से स्वीकार किया जा रहा। इसके तहत फोस्टर केयर को क्रियाशील किया गया है। यह एक ऐसी व्यवस्था है, जिसमें एक बच्चा आमतौर पर अस्थाई रूप से किसी और संबंधित परिवार के सदस्यों संग रहता है। इसके लिए बच्चों के विस्तृत परिवार अथवा परिवार के करीबी/दोस्तों को वरीयता दी जाती है जिसे बच्चा पहचानता है। परंतु ऐसे करीबी परिवार नहीं मिलने पर उस परिवार को वरीयता दी जाती है, जो बच्चों के परिवार के साथ धर्म/समुदाय/भाषा एवं संस्कृति में आपसी संबंध रखता है। जिले में जिला बाल संरक्षण इकाई के माध्यम से संचालित 100 असहाय बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना तथा 5 बच्चे को फोस्टर केयर योजना से लाभान्वित किया गया है।
सुखद परिणाम सामने आया
पश्चिमी सिंहभूम जिला जहां के अधिकतर लोग गांव में निवास करते हैं, वहां ऐसी अवधारणा को लागू करने में भी अनेक कठिनाइयां थीं। इन कठिनाइयों को दूर करने तथा बाल अत्याचार से जुड़े सभी पहलुओं से ग्रामीण जनता को अवगत करवाने के लिए संबंधित विभाग/इकाई तथा गैर सरकारी संगठनों के साथ मिलकर जन जागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सभी के सामंजस्यपूर्ण सहयोग से ग्रामीण लोगों को बाल संरक्षण एवं इसके फायदे तथा बाल संरक्षण के कार्यों में ग्राम बाल संरक्षण समिति की भूमिकाओं से अवगत करवाया गया। जिसका सुखद परिणाम सामने आया और जिले भर में आहर्तानुसार 1620 ग्राम बाल संरक्षण समिति को क्रियान्वित किया गया है।
फोस्टर केयर से मिला संरक्षण
मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र के ग्राम बिनुआ-चिरिया में पिता के देहांत होने के उपरांत 4 बच्चे के साथ माता की स्थिति दयनीय थी, जैसे-तैसे जीवन-यापन चलाकर 4 बच्चों का पेट पाल रही थी परंतु कुछ समय बाद एक घटना क्रम में माता की भी मृत्यु हो गई। ग्राम बाल संरक्षण समिति को जैसे ही जानकारी प्राप्त हुई, उनके द्वारा तत्काल स्थानीय स्तर पर इस सूचना को ग्रामीणों के साथ साझा किया और गांव के बच्चे को गांव में ही पालने के लिए प्रेरित किया। गांव क्षेत्र में बात नहीं बनते देख संरक्षण समिति के द्वारा इसकी सूचना जिला बाल संरक्षण इकाई को उपलब्ध करवाया गया । बाल संरक्षण इकाई के द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए उक्त ग्रामीण क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से बच्चों के सामाजिक एवं सांस्कृतिक अभिरुचि यथा परंपराएं और सरना धर्म से संबंद्ध परिवार का चयन किया गया तथा उस परिवार को विगत एवं वर्तमान परिस्थितियों का समाजिक अन्वेषण करवाया गया, जिसमें सभी तरफ से बच्चों के लालन-पालन के साथ किशोर न्याय प्रणाली के दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया गया। इसके उपरांत बाल कल्याण समिति तथा गांव के बैठक उपरांत फोस्टर परिवार हेतु सभी मानदंडों को पूरा करने वाले दंपत्ति श्री सुखदेव टोप्पो एवं श्रीमती दमयंती खलखो जो मनोहरपुर प्रखंड के ही धानापाली गांव के निवासी हैं का चयन कर 4 बच्चों के परवरिश की जिम्मेदारी सौंपी गई। फोस्टर परिवार द्वारा बच्चों का सही से लालन-पालन किया जाने लगा। बच्चों को अनुशासित जीवन, पड़ोसियों के साथ मैत्री भाव रखना इत्यादि के साथ ही बाल संरक्षण इकाई के सहयोग से नजदीकी सरकारी प्राथमिक विद्यालय में इनका नामांकन कराया गया। इस तरह कुछ महीनों के बाद बच्चों की शारीरिक एवं मानसिक स्थिति में सुधार आया। बच्चों में अक्षर ज्ञान, भाषा ज्ञान, सामाजिक समावेश की स्थापना हो चुकी है। आज वही बच्चे जो कभी खुद को असहाय महसूस कर रहे थे, वह वर्तमान में खेल-कूद, शारीरिक व्यायाम, योगा आदि के प्रति आत्मनिर्भर हैं। बचपन ने एक नया मोड़ लिया, मानो ऐसा प्रतीत हुआ जैसे जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई।
असहाय बच्चों को नया जीवन देने के लिए जमीनी स्तर पर मानव संसाधन की क्षमता को विकसित करने की जरूरत है। गुणवत्ता निवारण और पुनर्वास सेवाओं की कमी, कानूनों को लागू करने में चुनौती थी। बच्चों के खिलाफ हिंसा , दुर्व्यवहार और शोषण को समाप्त करने की दिशा में सामाजिक जागरूकता लाने, कानून को बढ़ावा देने और पोषित करने की दिशा में सभी के सामंजस्य से प्रगति हुई। लेकिन परिवार खोने वाले बच्चों के संवेदनशीलता एवं मनोभाव को कम करने के लिए प्रत्येक समुदाय व वर्ग को आगे आने की जरूरत होगी। जिससे ऐसे सभी अनाथ/बेसहारा परिवारों के बच्चों के बचपन को मिलकर बचाया जा सके।
25.04.2022 – उत्तर भारतीय मोर्चा महाराष्ट्र प्रदेश के उपाध्यक्ष बने चिराग गुप्ता. महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी कमिटी के दिशा निर्देश पर भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष संजय पांडेय ने कुर्ला उत्तर मध्य मुम्बई जिले के निवासी और भाजपा के जिम्मेदार कर्मठ कार्यकर्ता चिराग गुप्ता को उत्तर भारतीय मोर्चा महाराष्ट्र प्रदेश का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
विदित हो कि उत्तर प्रदेश के विधान सभा चुनाव में भी चिराग गुप्ता को पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित कराने हेतु एक बड़ी जिम्मेदारी पार्टी द्वारा दिया गया था जिसमे वह काफी सफल रहे। भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल , मुम्बई अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा और उत्तर भारतीय मोर्चा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष संजय पांडेय के प्रति अपना आभार प्रकट करते हुए चिराग गुप्ता ने कहा कि पार्टी के द्वारा दी गई जिम्मेदारियों को पार्टी की नीतियों के अनुरूप सबका साथ सब का विकास के नारे को आत्मसात कर पूरी निष्ठा के साथ निभाया है और निभाता रहूँगा।
24.04.2022 – बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर मनाली में अजय बहल की फिल्म द लेडी किलर में नजर आएंगी। वे मनाली में शूटिंग की तैयारी में लगी हुई हैं, जिसमें वह अर्जुन कपूर के साथ नजर आएंगी। फिल्म में अर्जुन एक प्लेबॉय का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे, जिसे भूमि से प्यार हो जाता है।
अपनी यात्रा के बारे में बात करते हुए भूमि ने बताया कि, मुझे घूमना अच्छा लगता है। मुझे इस पेशे से बहुत प्यार है, इसमें कई नई जगहों पर घूमने को मिलता है। मनाली में मैंने पहली बार शूटिंग की है।
यात्रा एक कलाकार के रूप में उनके लिए कई पहलुओं को जोड़ती है, उन्होंने आगे कहा एक रचनात्मक व्यक्ति के रूप में मेरी यात्रा मुझे गहराई से प्रेरित करती है। मैं द लेडी किलर को शुरू करने से पहले कड़ी मेहनत कर रही हूं। फिल्म का कंटेट अच्छा है।
मैं अर्जुन के साथ भी पहली बार काम कर रही हूं और मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि हम अजय बहल की पटकथा को जीवंत करने के लिए कैसे भूमिका को परिभाषित करते हैं।
भूमि के पास आने वाले समय में बहुत फिल्में हैं। भूमि अनुभव सिन्हा की भीड़, शशांक खेतान की गोविंदा नाम मेरा, अक्षय कुमार-स्टारर रक्षा बंधन, सुधीर मिश्रा की अफवा और गौरी खान की भक्षक में नजर आएंगी। (एजेंसी)