Category Archives: news

महाराष्ट्र में फिर बड़ा सियासी संकट! अजित पवार फिर गायब- सारे कार्यक्रम रद्द

मुंबई 08 April, (एजेंसी): राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता अजित पवार के फिर से ‘गायब’ होने की खबरें आ रही हैं। उन्होंने अपने सारे आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए और काफिला भी छोड़ दिया। इससे पहले 2019 में भी ऐसा किया था, उस वक्त उन्होंने बीजेपी के साथ गठबंधन कर सरकार बना ली थी। हालांकि, पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है और बताया है कि वह पुणे में ही हैं।

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अजित ने शुक्रवार और शनिवार के पुणे में होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। इसके अलावा कयास लगाए जा रहे हैं कि वह एनसीपी के कुछ विधायकों के साथ संपर्क से बाहर हो गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह भी कहा जा रहा है कि पार्टी के कुछ विधायक भी गायब हैं। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अजित की तरफ से दिए गए ताजा इंटरव्यू और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अयोध्या दौरे के बाद अटकलों का दौर शुरू हो गया था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि हाल ही में अजित ने खुलासा किया था कि एनसीपी प्रमुख और कुछ अन्य लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को इस तरह की संभावित बगावत की चेतावनी थी, लेकिन उन्होंने इसे अनसुना कर दिया था। वह ठाकरे की अगुवाई वाली महाविकास अघाड़ी सरकार में उप मुख्यमंत्री भी रहे थे।

हाल ही में पवार ने एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री का मुद्दा उठाया था और कहा था कि इसके बारे में पूछना उचित नहीं है। उन्होंने कहा था, ‘2014 में क्या लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी को डिग्री के आधार पर वोट दिया था? यह उनका व्यक्तित्व था, जिसने उन्हें चुनाव जिताने में मदद की।’ उन्होंने कहा, ‘वह 9 सालों से देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनकी डिग्री के बारे में पूछना उचित नहीं है। हमें उनसे महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सवाल पूछने चाहिए।’

उन्होंने आगे सवाल किया, ‘अगर हमें उनकी डिग्री पर सफाई मिल जाएगी, तो क्या महंगाई कम हो जाएगी? क्या उनकी डिग्री के बारे में जानकर लोगों को नौकरी मिल जाएगी?’

खास बात है कि सीएम शिंदे भी अयोध्या जा रहे हैं। सीएम बनन के बाद यह उनका पहला अयोध्या दौरा होगा। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि उनके साथ 5 हजार शिवसैनिक भी जा सकते हैं। वह शनिवार शाम राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे और यूपी के समकक्ष योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे। रविवार को वह अयोध्या के लिए रवाना होंगे।

 

कर्नाटक चुनाव : येदियुरप्पा ने कहा जीतने की क्षमता के आधार पर दिया जाएगा टिकट

बेंगलुरु 08 April, (एजेंसी): कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य बी.एस. येदियुरप्पा ने कहा कि 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवारों को अंतिम रूप से आलाकमान के परामर्श के बाद संभावित उम्मीदवार की जीतने की क्षमता को देखते हुए तय किया जाएगा, भले ही पार्टी टिकट देने के इच्छुक उम्मीदवारों के दबाव में हो। उन्होंने कहा, मैं टिकट फाइनल करने के सिलसिले में दिल्ली के लिए रवाना हो रहा हूं। इस मामले पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करने की जरूरत है। चर्चा के बाद प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दो या तीन नामों वाली एक सूची पहले ही आलाकमान को भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा, मैं मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और अन्य के साथ दिल्ली जा रहा हूं। हम जल्द ही सूची जारी करेंगे।

इस बीच, टिकटों को अंतिम रूप देने के लिए प्रारंभिक बैठक पार्टी आलाकमान द्वारा रद्द कर दी गई। बैठक शुक्रवार शाम को होनी थी। येदियुरप्पा और बोम्मई ने सुबह बेंगलुरु छोड़ने की योजना बनाई थी। केंद्रीय संसदीय बोर्ड की शनिवार को बैठक होगी और उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक रविवार को पार्टी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक करेगी और उसी दिन पहली सूची की घोषणा की जाएगी।

बोम्मई ने कहा कि उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को दिल्ली में भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक होगी। उन्होंने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि विधानसभा और जिला स्तर पर फीडबैक और राय लेने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और राज्य स्तर पर भी इस पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा, संसदीय बोर्ड अंतिम निर्णय लेगा।

मंत्री वी. सोमन्ना के राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धारमैया के खिलाफ वरुणा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर बोम्मई ने कहा कि इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है और सभी निर्वाचन क्षेत्रों के बारे में शनिवार को चर्चा की जाएगी।

**************************

 

 

संसदीय पैनल ने सरकार से घाटे में चल रहे सार्वजनिक उपक्रमों को पुनर्जीवित करने के लिए कदम उठाने को कहा

नई दिल्ली 08 April, (एजेंसी): भारी उद्योग मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में चल रहे 16 सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज (सीपीएसई) में से पांच सीपीएसई जिनमें हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) और हिंदुस्तान मशीन टूल्स (एचएमटी) शामिल हैं, घाटे में चल रहे हैं। राज्यसभा के उच्च स्तरीय संसदीय पैनल ने इस तथ्य पर चिंता व्यक्त की है और यह भी नोट किया है कि मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत कई सीपीएसई धीरे-धीरे कम हो रहे हैं।

पैनल ने भारी उद्योग मंत्रालय से अपने नियंत्रण वाले सीपीएसई के प्रदर्शन को बढ़ाने की दिशा में काम करने और घाटे में चल रही इकाइयों को पुनर्जीवित करने के लिए पुनर्गठन उपायों को अपनाने के लिए कहा है, ताकि पीएसयू को और बंद न किया जा सके।

उद्योग पर संसदीय स्थायी समिति, जिसकी अध्यक्षता डीएमके सांसद तिरुचि शिवा कर रहे हैं, उन्होंने हाल ही में समाप्त हुए बजट सत्र के दौरान संसद में पेश की गई अपनी रिपोर्ट में कहा है कि एचईसी पिछले कई वर्षों से लगातार घाटे में चलने वाला उद्यम रहा है, फिर भी 2023-24 के लिए बजटीय सहायता के रूप में 0.01 करोड़ रुपये की नाममात्र राशि रखी गई है।

इस प्रकार समिति ने सिफारिश की है कि मंत्रालय को एचईसी की स्थिति में सुधार के लिए ठोस प्रयास करने चाहिए और यदि आवश्यकता पड़ी तो संशोधित अनुमान स्तर पर अतिरिक्त धन की मांग कर सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मंत्रालय को अपने प्रशासनिक दायरे में सीपीएसई को पुनर्जीवित करने और मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों और योजनाओं का ब्योरा पैनल को देना चाहिए।

एचईसी और एचएमटी के अलावा, मंत्रालय के नियंत्रण में घाटे में चल रहे अन्य पीएसयू इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड (ईपीआईएल), राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड (आरईआईएल) और एनईपीए लिमिटेड हैं। समिति ने इस बात पर भी निराशा व्यक्त की कि साल दर साल भारी उद्योग मंत्रालय के नियंत्रण वाले सीपीएसई की संख्या घट रही है।

समिति ने सिफारिश की है कि मंत्रालय को उन कारणों का गंभीर और समग्र विश्लेषण करना चाहिए जो उसके पीएसई को बीमार और घाटे में चल रहे हैं, और उनके पुनरुद्धार और बहाली के लिए ठोस प्रयास करें।

************************

 

लिट्टे को फिर से खड़ा कर रहे रैकेट का भंडाफोड़, एनआईए ने चेन्नई में एक को पकड़ा

नई दिल्ली 08 April, (एजेंसी): राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (एलटीटीई) को पुनर्जीवित करने के लिए काम कर रहे भारत-श्रीलंका के अवैध ड्रग्स और हथियारों की तस्करी करने वाले रैकेट पर छापेमारी की है।

चेन्नई में संदिग्धों के कई स्थानों पर छापा मारकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एनआईए ने छापे के दौरान भारी मात्रा में नकदी, सोने के बिस्कुट, डिजिटल डिवाइस, ड्रग्स और दस्तावेज के साथ-साथ अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की।

एजेंसी ने जुलाई 2022 में रैकेट की जांच शुरू की। अब तक एनआईए ने मामले में 14 गिरफ्तारियां की हैं।

इससे पहले पिछले साल दिसंबर में पूरे तमिलनाडु में 21 जगहों पर छापेमारी कर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

मामले की जांच से पता चला है कि श्रीलंका में ड्रग्स और हथियारों तस्करी से होने वाली आय हवाला एजेंटों के माध्यम से भारत में प्राप्त हुई थी, इसमें चेन्नई का शाहिद अली भी शामिल था। यह भी पाया गया कि हवाला का लेन-देन मन्नदी, चेन्नई में स्थित होटलों और व्यवसायों के माध्यम से किया गया था।

गुरुवार की जब्ती में शाहिद अली की दुकान से 68 लाख रुपये भारतीय मुद्रा और 1,000 सिंगापुरी डॉलर, सोने के नौ बिस्कुट (कुल 300 ग्राम) शामिल हैं। एनआईए ने चेन्नई के होटल ऑरेंज पैलेस से भारतीय मुद्रा में 12 लाख रुपये भी बरामद किए।

गुरुवार की तलाशी के बाद गिरफ्तार संदिग्ध की पहचान अय्यप्पन नंदू के रूप में हुई है। वह एक श्रीलंकाई शरणार्थी और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले मुहम्मद अस्मीन की ओर से नशीली दवाओं के व्यापार का प्रबंधन करता है।

उसने ड्रग्स और हथियारों के व्यापार के माध्यम से लिट्टे को पुनर्जीवित करने के लिए अन्य अभियुक्तों के साथ साजिश रची।

**************************

 

पिटबुल के हमले में दो नाबालिग भाई लहूलुहान

ग्रेटर नोएडा 08 April, (एजेंसी): ग्रेटर नोएडा के कासना थाना इलाके के लिया ना गांव में पिटबुल ने हमला कर दो भाइयों को घायल कर दिया। पिटबुल के मालिक पिता-पुत्र पर पुलिस में केस दर्ज हुआ है।

इससे पहले भी खतरनाक नस्ल के कुत्तों के हमले के कई मामले सामने आ चुके हैं, इनमें कई लोग घायल हो चुके हैं। कासना थाना इलाके के नियाना गांव में दिल्ली पुलिस के दरोगा नागेंद्र भाटी के दो नाबालिग बेटों को पिटबुल ने काट कर लहूलुहान कर दिया।

पिटबुल ने पहले छोटे भाई राज भाटी पर हमला किया और उसे बचाने का प्रयास करने आए बड़े भाई नारायण भाटी को भी काट लिया।

आरोप है कि फिरेराम और उसके बेटे अमित ने पालतू कुत्ते को गली में खुला छोड़ रखा था। नागेंद्र ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ कासना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

परिजनों के मुताबिक पिटबुल ने राज के हाथ की कोहनी से थोड़ा ऊपर के हिस्से को जबड़े में दबा लिया था। शोर मचाने पर भी पिटबुल ने उसे नहीं छोड़ा।

इसी बीच नारायण पिटबुल से भिड़ गया आसपास के लोग भी उसे छुड़ाने का प्रयास करने लगे, पिटबुल ने करीब 3 मिनट बाद राज का हाथ छोड़ा। कुत्ते ने राज के हाथ और पैर और नारायण के दोनों पैरों को जख्मी कर दिया है।

***************************

101 बिल्डरों के खिलाफ 1705 आरसी, 503 करोड़ रुपये की वसूली के लिए मुनादी

ग्रेटर नोएडा 08 April, (एजेंसी): गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने रेरा के बकाये की वसूली के लिए बकाएदार बिल्डरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया हैं। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) के आदेशों का पालन नहीं करने पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 101 बिल्डर कंपनियों के खिलाफ 1705 आरसी रेरा ने जिला प्रशासन के पास भेज रखी हैं। इनसे 503 करोड़ रुपये की वसूली की जानी है।

जिला प्रशासन वर्ष 2021 में 32 बिल्डरों की 315 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त कर चुका है। जिला प्रशासन की 40 टीमों ने बिल्डर कंपनियों के दफ्तरों से लेकर घरों तक जाकर मुनादी करना शुरू कर दिया। उनके घर और दफ्तर के बाहर आरसी के नोटिस चस्पा किए जा रहे हैं। जो मुनादी के बाद भी रिस्पांस नहीं करेंगे, जिला प्रशासन उनकी संपत्ति सील करेगा, जब्त करने की कार्रवाई करेगा और जेल भी भेजेगा। इनमें तमाम बिल्डर कंपनियों के मालिकों के दफ्तर दिल्ली, फरीदाबाद, गुड़गांव, गाजियाबाद या अन्य जिलों में है। वहां जाकर भी टीमें कार्रवाई करेंगी।

गौतमबुद्ध नगर के डीएम ने बताया कि 101 बिल्डर कंपनियों में तहसील दादरी के अंतर्गत 73 बिल्डर कंपनियां आती हैं। इनमें कई बड़े बिल्डर ग्रुपों की कंपनियां हैं। वेव मेगा सिटी सेंटर प्राइवेट लिमिटेड से 80.55 करोड़ की आरसी वसूली जानी है। लॉजिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर

प्रा. लि. से 34.57 करोड़, सुपरटेक टाउनशिप प्रोजेक्ट लि.से 33.56 करोड़, महागुन इंडिया प्रा. लि. से 19.97 करोड़, पाश्र्वनाथ डेवलपर्स लि. से 13.39 करोड़, इसके अलावा भी कई बड़े ग्रुपों की कंपनियां इनमें शामिल हैं, जिनसे वसूली होगी। एसडीएम सदर को अपनी टीम के साथ 28 बिल्डर कंपनियों से आरसी का पैसा वसूलना है। इनमें ग्रीनवे आरिस इंफ्रा से 17.63 करोड़ की वसूली का जानी है। इम्पीरिया स्ट्रक्च र लि. से 9.41 करोड़ की वसूली की जानी है। पाश्र्वनाथ डेवलपर्स लि. से 4.99 करोड़, न्यू टैंक प्रमोटर्स से 3.79 करोड़ व बाकी सब इससे कम की राशि वसूली जानी है।

जिला प्रशासन ने इस तरह आरसी वसूलने के लिए पहले भी बिल्डरों पर कार्रवाई की है। वर्ष 2021 में 32 बिल्डरों की 315 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त कर चुका है. अब जिला प्रशासन ने बड़े स्तर पर वसूली के लिए अभियान चलाने का फैसला लिया है। आज से ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि अगले एक दो महीने में इन 503 करोड़ में से ज्यादा से ज्यादा रकम बिल्डरों से वसूला जा सके।

**************************

जब नशे में धुत यात्री खोलने लगा उड़ते प्लेन का इमरजेंसी गेट

नई दिल्ली 08 April, (एजेंसी): उड़ानों के दौरान नशे में धुत यात्रियों द्वारा गलत व्यवहार करने के खबरें लगातार सामने आती रहती हैं। ऐसी ही एक घटना शुक्रवार को हुई, जब नशे में धुत एक पैसेंजर ने इंडिगो की दिल्ली-बेंगलुरु फ्लाइट के हवा में रहते ही इमरजेंसी दरवाजे के फ्लैप को खोलने की कोशिश की। उसकी इस हरकत को देखते ही क्रू मेंबर ने इसकी सूचना विमान के कैप्टन को दी। कैप्टन ने मौके पर ही उस शख्स को चेतावनी दी। इसके बाद जब विमान बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंड कर गया तो उस शख्स को सीआईएसएफ (CISF) के हवाले कर दिया गया।

इंडिगो की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि ‘दिल्ली-बेंगलुरु इंडिगो उड़ान के इमरजेंसी दरवाजे के फ्लैप को कथित तौर पर खोलने की कोशिश करने के लिए नशे में धुत एक 40 वर्षीय यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।’ विज्ञप्ति के मुताबिक ये घटना शुक्रवार सुबह करीब सात बजकर 56 मिनट पर आईजीआई हवाईअड्डे से उड़ी उड़ान संख्या 6E 308 में हुई। इस पूरी घटना का विवरण देते हुए इंडिगो ने कहा कि ‘दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान 6E 308 में यात्रा कर रहे एक यात्री ने नशे की हालत में इमरजेंसी निकास के फ्लैप को खोलने की कोशिश की।’

इंडिगो एयरलाइंस ने अपने बयान में कहा कि ‘इस हरकत को नोटिस करने के बाद बोर्ड पर मौजूद चालक दल ने कप्तान को सतर्क किया और यात्री को तत्काल उचित रूप से सावधान किया गया। उस उड़ान के सुरक्षित संचालन पर कोई समझौता नहीं किया गया।’ बेंगलुरु पहुंचने पर यात्री को सीआईएसएफ को सौंप दिया गया है। मामले की आगे की जांच चल रही है।

****************************

 

1000 करोड़ के स्टूडियो पर चला बुल्डोजर, रामसेतु, आदिपुरुष जैसी फिल्मों की हुई है यहां शूटिंग

मुंबई 08 April, (एजेंसी)-यहां मड आइलैंड में बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने 1000 करोड़ के स्टूडियो के खिलाफ कार्रवाई करते हुए समुद्र किनारे पर बने इस स्टूडियो पर बुलडोजर चला दिया।

इस मामले की शिकायत बीजेपी के नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने की थी। इस स्टूडियो में रामसेतु, आदिपुरुष जैसी कई बड़ी फिल्मों की शूटिंग भी हुई थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महाराष्ट्र के पर्यावरण मंत्रालय और राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को अवैध स्टूडियो के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया था।

इस आदेश के बाद ही बीएमसी ने यह कार्रवाई की है। एनजीटी ने अपने आदेश में कहा था कि अस्थाई स्टूडियो बनाने की अनुमति दी गई थी।

इस अनुमति का दुरुपयोग करते हुए स्थायी स्टूडियो बनाया गया। इसलिए यह स्टूडियो अवैध है।

*****************************

महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे कल आयेंगे अयोध्या, संत-महंतों से लेंगे आशीर्वाद

अयोध्या,07 अपै्रल (एजेंसी)। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे रविवार 9 अप्रैल को अयोध्या आ रहे हैं।उनके प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार एकनाथ शिंदे तकरीबन 9 घंटे अयोध्या में रुकेंगे और संत-महंतों का आशीर्वाद लेंगे।

गौरतलब है कि सीएम बनने के बाद वो पहली बार अयोध्या आ रहे है। सीएम एकनाथ शिंदे 9 अप्रैल को सुबह 11:00 बजे रामकथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे। 11:15 बजे एकनाथ शिंदे होटल पंचशील पहुंचेंगे, 11:45 पर होटल पंचशील से राम जन्मभूमि परिसर के लिए होंगे रवाना।

एकनाथ शिंदे दोपहर 12:00 बजे भगवान रामलला की आरती में शामिल होंगे, इसके बाद सीएम शिंदे मंदिर निर्माण की प्रगति 1:30 बजे तक देखेंगे। एकनाथ शिंदे की प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 2:30 बजे होटल पंचशील में होगी।

जबकि शाम 3:30 बजे वे लक्ष्मण किला में आयोजित कार्यक्रम संत- महंतों से आशीर्वाद लेंगे । शाम 6:00 बजे एकनाथ शिंदे सरयू आरती स्थल पहुंचकर सरयू आरती में शामिल होंगे। महाराष्ट्र के सीएम शिंदे शाम 7:05 बजे सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

*******************************

 

माफिया अतीक के बेटे के साथ दिखे शाहिद मंजूर के बेटे

*उमेश पाल हत्याकांड

मेरठ,07 अपै्रल (एजेंसी)। प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी अतीक के बेटे के फोटो वायरल होने पर राधना गांव के पूर्व प्रधान उमर अली एसएसपी से मिले।

उन्होंने एसएसपी को बताया कि उनके बेटे हैदर का फोटो पांच साल पहले का है। जब अतीक का बेटा गौतमबुद्धनगर में पढ़ता था।

उन्होंने कुछ फोटो एसएसपी को दिखाते हुए बताया कि ये फोटो अतीक के बेटे के साथ पूर्व मंत्री एवं वर्तमान में सपा विधायक शाहिद मंजूर के बेटों के हैं।

राधना के पूर्व प्रधान उमर अली ने एसएसपी को बताया कि सपा विधायक शाहिद मंजूर के दो बेटों की फोटो भी अतीक के बेटे के साथ है। किठौर के 50 से ज्यादा युवकों के फोटो अतीक के बेटे के साथ हैं।

अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्होंने इस बार भाजपा प्रत्याशी को चुनाव लड़ाया था, इस वजह से शाहिद मंजूर उनसे रंजिश रखते हैं।

उन्होंने राधना में एक स्कूल की जमीन पर फर्जी बैनामा कराकर अवैध कब्जा कर रखा है, जिसको लेकर उन पर लगातार फैसले का दबाव बनाया जा है।

इसी रंजिश में उनके बेटे को फंसाने की नीयत से फोटो वायरल कर दिया गया। वहीं, इस मामले में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने कहा कि किसी के खिलाफ भी गलत कार्रवाई नहीं होगी।

किठौर से सपा विधायक शाहिद मंजूर का कहना है कि यह जमीन सिंचाई विभाग से उनके पिता ने खरीदी थी। इसमें स्कूल चल रहा है। जांच चल रही है, जो भी होगा जांच में आ जाएगा। बाकी किसी मामले में कुछ नहीं कहना।

बृहस्पतिवार को लिसाड़ी गेट मंजूर नगर जैदी फार्म निवासी अखलाक सैफी एसएसपी ऑफिस पहुंचे।

उन्होंने कहा कि वे पार्षद का चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसे में उनसे रंजिश रखने वालों ने सोशल साइट पर अखलाक के नाम के साथ मेरा फोटो वायरल कर दिया।

************************************

 

विपक्षी एकता के लिए खडग़े ने बिहार के मुख्यमंत्री से फोन पर की बात

पटना, 07 अपै्रल (एजेंसी)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात की।

सूत्रों ने कहा कि दोनों नेताओं ने विपक्षी एकता और बिहार में भाजपा को चुनौती देने के लिए भविष्य की रणनीति पर बातचीत की। एक सूत्र ने आगे कहा कि दोनों नेताओं को एक-दूसरे से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

बिहार के सीएम नीतीश कुमार कई मौकों पर कह चुके हैं कि वह इंतजार कर रहे हैं कि कांग्रेस विपक्ष को साथ लाने की पहल करे।

बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार ने नई दिल्ली का दौरा किया था और सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शरद पवार, डी. राजा, सीताराम येचुरी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी।

पिछले महीने पटना में सीपीआई (एमएल) के अधिवेशन के दौरान नीतीश कुमार ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद से विपक्षी एकता के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को अपना संदेश पहुंचाने को कहा था।

कुमार के जवाब में उस मौके पर सलमान खुर्शीद ने कहा था कि वे एक तरफ खड़े हैं और इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि कौन पहले आई लव यू कह रहा है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार को एक सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।

सभी ने विपक्षी एकता की वकालत की। सूत्रों ने बताया कि खडग़े ने तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे से भी बातचीत की है।

***************************

 

दुनिया में हो रहा है राजस्थान मॉडल पर अध्ययन, पूरे देश में लागू हो स्वास्थ्य का अधिकार: कांग्रेस

नई दिल्ली,07 अपै्रल (एजेंसी। कांग्रेस ने राजस्थान सरकार की ‘चिरंजीवीÓ योजना और स्वास्थ्य के अधिकार विधेयक का उल्लेख करते हुए शुक्रवार को कहा कि आज पूरी दुनिया में राजस्थान मॉडल का अध्ययन हो रहा है तथा केंद्र सरकार को भी स्वास्थ्य का अधिकार कानून लागू करना चाहिए.

विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट किया, हमें बहुत गर्व है कि कांग्रेस शासित राजस्थान देश का पहला राज्य बन गया है जिसने स्वास्थ्य का अधिकार दिया है. राजस्थान में चिरंजीवी योजना और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना से जनता को बहुत फायदा हुआ है.

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस पर यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि कांग्रेस शाषित राज्यों- राजस्थान और छत्तीसगढ़ ने नागरिकों के स्वास्थ्य को पहली प्राथमिकता दी है.

राजस्थान का स्वास्थ्य का अधिकार कानून 8 करोड़ से ज़्यादा नागरिकों को नि:शुल्क इलाज का अधिकार देगा. उनका यह भी कहना है, प्रदेश के लाखों लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा देने वाली चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना इस उपलब्धि का आधार बनी.

छत्तीसगढ़ सरकार विभिन्न योजनाओं के जरिये हर नागरिक को घर बैठे सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है. डॉ खूबचंद बघेल स्वास्थ्य योजना का लाभ 65 लाख परिवारों को मिल रहा है.

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने संवाददाताओं कहा कि कोरोना काल से हर सरकार ने कुछ न कुछ सीख ली. राजस्थान सरकार ने यह सीखा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में किस तरह की सुविधाएं देनी चाहिए.

भाजपा सरकार की प्राथमिकता भी दिख जाएगी. हजारों करोड़ की एक आलीशान कोठी बन रही है, जिसमें मोदी जी रहने वाले हैं. उन्होंने कहा कि राजस्थान में चिरंजीवी योजना आई, उसके बाद से उत्सव का माहौल है.

राजस्थान में सबने अच्छा फीडबैक दिया है. इस योजना ने लोगों को छुआ है. पूरी दुनिया में राजस्थान मॉडल विकसित हो रहा है. राजस्थान का यह मॉडल विदेश में शोध का विषय बन गया है.

खेड़ा ने दावा किया कि आज यह स्थिति है कि गुजरात के लोग अपना उपचार राजस्थान में करा रहे हैं. राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि आज राजस्थान में लोगों का 25 लाख रुपये तक उपचार मुफ्त हो रहा है.

स्वास्थ्य का अधिकार जिस तरह राजस्थान में मिल रहा है, उसी तरह से पूरे देश में मिलना चाहिए. प्रधानमंत्री जी को पूरे देश में इसे लागू करना चाहिए.

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के अधिकार को लेकर निजी अस्पतालों के चिकित्सकों ने जो आंदोलन किया था, उससे जुड़ा विषय सुलझा लिया गया है. मीणा का कहना था कि स्वास्थ्य के अधिकार कानून में ऐसे नियम होंगे जिससे चिकित्सकों और जनता सभी का हित होगा.

*****************************

 

गरीब कैदियों को न्याय दिलाने में मदद करेगी मोदी सरकार

नई दिल्ली,07 अपै्रल (एजेंसी)। मोदी सरकार गरीब कैदियों की मदद के लिए आगे आई है। सरकार अब ऐसे कैदियों को आर्थिक मदद देगी जो धनाभाव के कारण जुर्माने की राशि नहीं चुका पाने की वजह से जमानत या जेल से रिहा होने में असमर्थ हैं।

इस संबंध में केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जेलों में बंद ऐसे कैदी जो जुर्माना या जमानत राशि वहन करने में असमर्थ होने के कारण जेलों से छुटकारा नहीं पा रहे हैं। केन्द्र सरकार ऐसे कैदियों को आर्थिक मदद करेगी और उन्हें न्याय दिलवाने में सहयोग करेगी।

मंत्रालय के अनुसार कैदियों की मदद के लिए बनाई गई योजना की व्यापक रूपरेखा को संबंधित हितधारकों के परामर्श से अंतिम रूप दिया गया है, जिसके तहत भारत सरकार, उन गरीब कैदियों को राहत देने के लिए राज्यों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगी, जो आर्थिक तंगी के कारण जुर्माना नहीं चुका पाने की वजह से जमानत या जेल से रिहा होने में असमर्थ हैं।

प्रक्रिया को और मजबूत करने के लिए और गरीब कैदियों तक लाभ की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रौद्योगिकी-आधारित समाधान अमल में लाए जाएंगे।

जिसके तहत ई-प्रिजऩ प्लेटफार्म को सशक्त बनाया जाएगा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को मजबूत किया जाएगा और जरूरतमंद गरीब कैदियों आदि को गुणवत्तापूर्ण कानूनी सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हितधारकों को सेन्सिटाइज़ और उनका क्षमता निर्माण किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि कारागार आपराधिक न्याय प्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और कानून के प्रभाव को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

गृह मंत्रालय समय-समय पर विभिन्न एडवाइजरी के माध्यम से राज्य सरकारों के साथ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों को साझा करता रहता है। गृह मंत्रालय जेलों में सुरक्षा ढांचे को बेहतर और आधुनिक बनाने के लिए राज्य सरकारों को वित्तीय सहायता भी प्रदान कर रहा है।

*********************************

 

भोजपुरी गायक समर सिंह गाजियाबाद से गिरफ्तार

*आकांक्षा दुबे आत्महत्या मामला

गाजियाबाद,07 अपै्रल (एजेंसी)। भोजपुरी गायक समर सिंह को वाराणसी व गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने नंदग्राम थाना इलाके में राज नगर एक्सटेंशन इलाके की हाई राइज कॉलोनी से गिरफ्तार किया है।

उस पर भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।

समर सिंह नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित चार्म्स क्रिस्टल सोसायटी में छिपा था। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली और उत्तराखंड में लगातार ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था।

26 मार्च को आकांक्षा सारनाथ क्षेत्र के बुद्धा सिटी कॉलोनी स्थित एक होटल के कमरा नंबर 105 में मृत मिली। वह अपने बेड पर बैठी हुई थी और उनके गले पर पंखे के हुक के सहारे दुपट्टे का फंदा था।

इसके बाद आकांक्षा दुबे की मां ने समर सिंह पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि समर चाहता था कि आकांक्षा सिर्फ उसके साथ ही फिल्म और गाने में काम करे।

काम करने पर वह पैसे भी नहीं देता था। किसी और के साथ काम पर जाती थी तो उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त करता था और मारता-पीटता था।

उन्होंने भोजपुरी गायक समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह पर प्रताडि़त करने समेत अन्य आरोप लगाकर तहरीर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी।

समर सिंह मूलरूप से आजमगढ़ के मेंहनगर का रहने वाला है। आकांक्षा दुबे की मौत के बाद से वह फरार था। तभी से पुलिस उसको तलाश रही थी।

*****************************

 

सभी को समान मानकर समाज के पिछड़ेपन को दूर करना होगा: भागवत

जयपुर,07 अपै्रल (एजेंसी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत ने पीछे रह गए वर्ग के पिछड़ेपन को दूर करने पर जोर देते हुए शुक्रवार को कहा कि समाज को सभी को समान मानकर इस पिछड़ेपन को दूर करना होगा.

उन्होंने सेवा को मनुष्यत्व की स्वाभाविक अभिव्यक्ति भी बताया. वह जयपुर के जामडोली में केशव विद्यापीठ में राष्ट्रीय सेवा भारती के सेवा संगम के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.

समाज में व्याप्त पिछड़ेपन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे समाज का केवल एक अंग पीछे नहीं है बल्कि उसके कारण हम सब लोग पिछड़ गए हैं. हमें यह पिछड़ापन दूर करना है. हमें सभी को समान, अपने जैसा मानकर सेवा के माध्यम से उन्हें अपने जैसा बनाना है. हम इसके लिए संकल्प ले सकते हैं, सेवा कर सकते हैं.

भागवत ने कहा कि हम सभी मिलकर समाज हैं. यदि हम एक नहीं है तो हम अधूरे हो जाएंगे. यदि सभी एक-दूसरे के साथ हैं तभी हम पूर्ण बनेंगे. लेकिन दुर्भाग्य से यह विषमता आई है. हमको यह विषमता नहीं चाहिए.

उन्होंने कहा कि हम अपना-अपना काम करते होंगे. काम के अनुसार रूप-रंग भले ही निराला होता होगा. लेकिन हम सब में एक ही प्राण है. समाज का एक अंग उपेक्षित हो- यह कैसे हो सकता है.

यदि देश को विश्व गुरु बनाना है तो इसका मतलब है कि वह सर्वांग परिपूर्ण होना चाहिए. उसका प्रत्येक अंग सामर्थय संपन्न होना चाहिए. समाज में इसकी आवश्यकता है क्योंकि यह समाज मेरा अपना है.

उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प हो कि मेरे समाज का, मेरे राष्ट्र का कोई अंग दुर्बल, पिछड़ा, नीचा नहीं रहे. काम के बंटवारे के आधार पर मेरा उसका कुछ अलग हो सकता है लेकिन हम सब समान हैं. मेरा कार्य जितना उच्च एवं महत्वपूर्ण है, उसका काम भी उतना ही महत्वपूर्ण एवं उच्च है. श्रम की प्रतिष्ठा सर्वत्र है और कोई भेद नहीं.

उन्होंने कहा कि सेवा स्वस्थ समाज बनाती है लेकिन स्वस्थ समाज को बनाने के लिए पहले वह पहले हमको स्वस्थ करती है. भागवत ने कहा,Ó सेवा मनुष्य के मनुष्यत्व की स्वाभाविक अभिव्यक्ति है.

कार्यक्रम में पीरामल समूह के चेयरमैन अजय पीरामल मुख्य अतिथि थे जबकि संत बालयोगी उमेशनाथ जी महाराज ने आशीर्वचन दिया. सेवा भारती के इस तीन दिवसीय संगम में देश भर से 800 से अधिक स्वैच्छिक सेवा संगठनों के हजारों प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं.

*******************************

 

भाजपा द्वारा नियुक्त राज्यपाल अपनी शक्तियों का उल्लंघन कर लोकतंत्र को कुचल रहे हैं:पी चिदंबरम

नई दिल्ली,07 अपै्रल (एजेंसी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने शुक्रवार को तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि पर उनकी उस टिप्पणी के लिए निशाना साधा जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य विधानमंडल द्वारा पारित विधेयकों को रोकना उनके विवेक पर निर्भर करता है. साथ ही चिदंबरम ने यह आरोप भी लगाया कि भारतीय जनता पार्टी  द्वारा नियुक्त राज्यपाल अपनी शक्तियों का उल्लंघन कर ‘लोकतंत्र को कुचल रहे हैं’.

चेन्नई के राजभवन में ‘थिंक टू डेयर’ कार्यक्रम की श्रृंखला के तहत प्रशासनिक सेवा के अभ्यर्थियों के साथ बातचीत के दौरान, रवि ने राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए विधानसभा से पारित विधेयकों को उनके पास भेजने पर टिप्पणी की थी और कहा था कि राज्यपाल के पास तीन विकल्प हैं: सहमति दें, रोक दें – जिसका अर्थ है कि विधेयक खत्म हो चुका है – जिसे उच्चतम न्यायालय और संविधान अस्वीकार करने के लिए सभ्य भाषा के रूप में उपयोग करते हैं. और तीसरा, विधेयक को राष्ट्रपति के लिए आरक्षित करें. रवि ने कहा था कि यह राज्यपाल का विवेकाधिकार है. चिदंबरम ने कहा कि तमिलनाडु के राज्यपाल ने विधायिका द्वारा पारित विधेयकों को मंजूरी नहीं देने को ‘विचित्र और अजीबोगरीब’ परिभाषा दी है और कहा है कि इसका मतलब है कि ‘विधेयक खत्म हो चुका है’. राज्यपाल की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चिदंबरम ने कहा, वास्तव में, जब कोई राज्यपाल बिना किसी वैध कारण के सहमति नहीं देता है, तो इसका मतलब है कि ‘संसदीय लोकतंत्र मर चुका है’.

राज्यपाल विधेयक को मंजूरी देने या रोकने या वापस करने के लिए बाध्य है. अगर विधेयक फिर से पारित हो जाता है, तो राज्यपाल सहमति देने के लिए बाध्य है. उन्होंने कहा कि राज्यपाल केवल एक संवैधानिक पदाधिकारी है और प्रतीकात्मक प्रमुख है. उन्होंने कहा कि राज्यपाल की शक्तियां मुख्यत: प्रतिबंधित हैं और अधिकांश मामलों में उनके पास कोई शक्तियां नहीं हैं. उन्होंने कहा, एक राज्यपाल मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद की सहायता और सलाह पर काम करने के लिए बाध्य है. अपनी शक्तियों का उल्लंघन कर भाजपा द्वारा नियुक्त राज्यपाल लोकतंत्र को कुचल रहे हैं. रवि की टिप्पणी की तमिलनाडु में द्रमुक नीत सरकार ने भी आलोचना की है और कहा है कि मंजूरी में अनावश्यक देरी करना राज्यपाल की ओर से कर्तव्य में लापरवाही है.

*************************

 

तेज़ी से बढ़ रहे कोरोना के मामले, 24 घंटे में निकले 5 हजार से अधिक केस

नईदिल्ली ,07 अपै्रल (एजेंसी)। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 6,050 नए मामले आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,47,45,104 हो गई है। पिछले 203 दिन में सामने आए ये सर्वाधिक दैनिक मामले हैं। अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 28,303 पर पहुंच गई है।

देश में पिछले साल 16 सितंबर को संक्रमण के 6,298 दैनिक मामले सामने आए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में तीन, कर्नाटक तथा राजस्थान में दो-दो और दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर तथा पंजाब में एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 5,30,943 हो गई।
साथ ही, संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में एक नाम और जोड़ा है। इस आंकड़े के मुताबिक, देश में अभी 28,303 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.6 प्रतिशत है।

मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.75 प्रतिशत है। देश में संक्रमण की दैनिक दर 3.39 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 3.02 प्रतिशत है। अभी तक कुल 4,41,85,858 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं। गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी।

संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे।
चार मई 2021 को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार चले गए थे।

*******************************

 

ट्रेन में आग लगाने का आरोपी न्यायिक हिरासत में

कोझिकोड, 07 अप्रैल (एजेंसी)। केरल के कोझिकोड में चलती ट्रेन में यात्रियों पर पेट्रोल छिड़कर आग लगाने के आरोपी शाहरुख सैफी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मुंसिफ मजिस्ट्रेट जज ने कहा कि आरोपी शाहरुख सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चिकित्सा उपचार के अधीन रहेगा।

बता दें कि मामले में आगे की कार्रवाई के लिए शहर के पुलिस आयुक्त राजपाल मीणा और मुंसिफ मजिस्ट्रेट जज सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां कोझिकोड ट्रेन अग्निकांड का आरोपी शाहरुख सैफ ी भर्ती है।

आरोपी शाहरुख को महाराष्ट्र की एटीएस ने केंद्रीय जांच एजेंसी एनआईए की सहायता से गिरफ्तार किया था। उसे महाराष्ट्र के रत्नागिरी से पकड़ गया था।

इसके बाद एटीएस ने आरोपी को केरल पुलिस को सौंप दिया। जांच एजेंसी का कहना है कि इस घटना के पीछे कोई आतंकी साजिश भी हो सकती है।

**************************

 

एसएससी पेपर लीक मामला : जमानत मिलने के बाद जेल से रिहा हुए तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष

करीमनगर , 07 अप्रैल (एजेंसी)। भाजपा प्रमुख और सांसद बंदी संजय, जिन्हें गुरुवार को एसएससी प्रश्नपत्र लीक मामले में जमानत मिली थी, शुक्रवार को करीमनगर जिला जेल से बाहर आए। रिहा होने के तुरंत बाद संजय को एक स्थानीय मंदिर में पूजा-अर्चना करते देखा गया।

अदालत ने उसे वारंगल में एक मजिस्ट्रेट की अदालत से 20,000 रुपये की ज़मानत की शर्त पर रिहा कर दिया। कोर्ट ने यह शर्त भी रखी कि बंदी संजय कुमार देश छोड़कर न जाएं, जांच में सहयोग करें और गवाहों को धमकाएं नहीं।

करीमनगर निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद बंदी संजय कुमार को पुलिस की एक टीम ने मंगलवार आधी रात को करीमनगर शहर में उनके आवास से उठा लिया और शुरू में उन्हें एहतियातन गिरफ़्तार कर लिया गया।

बाद में उन्हें मुख्य आरोपी के रूप में नामित किया गया और माध्यमिक विद्यालय परीक्षा के प्रश्नपत्रों के लीक होने पर शहर की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, सरकार को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर दो प्रश्नपत्रों की तस्वीरें सामने आने के बाद, बांदी संजय कुमार ने अफवाह फैलाने और चल रही एसएससी सार्वजनिक परीक्षा की शांति भंग करने के इरादे से अन्य आरोपियों के साथ साजिश रची। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय प्रमुख जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित कई शीर्ष भाजपा नेताओं ने जेल से रिहा होने के बाद तेलंगाना भाजपा प्रमुख से संपर्क किया। तरुण चुघ और सुनील बंसल सहित पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं ने भी उनसे बात की।

****************************

 

राहुल गांधी के खिलाफ अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल गलत-अशोक गहलोत

जयपुर, 07 अप्रैल (एजेंसी)। राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत काफी एक ट्वीट सामने आया है। अशोक गहलोत ने साफ तौर पर कहा है कि सोचा नहीं था कि ये दोनों राहुल गांधी के खिलाफ इतने नीचे स्तर की भाषा बोलने लगेंगे।

भारत में राहुल गांधी को लेकर राजनीति जबरदस्त तरीके से जारी है। हाल में ही भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राहुल गांधी पर कुछ सवाल उठाए थे।

इसके साथ ही कांग्रेस के पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद ने भी राहुल गांधी को निशाना बनाया था। अब इसी के बाद कांग्रेस की ओर से दोनों नेताओं पर तीखा प्रहार किया जा रहा है। राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत काफ ी एक ट्वीट सामने आया है।

अशोक गहलोत ने साफ तौर पर कहा है कि सोचा नहीं था कि ये दोनों राहुल गांधी के खिलाफ इतने नीचे स्तर की भाषा बोलने लगेंगे।

अपने ट्वीट में अशोक गहलोत ने लिखा कि श्री गुलाम नबी आजाद एवं श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया श्री राहुल गांधी के खिलाफ ऐसी निम्नस्तरीय भाषा बोलने लगेंगे ये किसी ने सोचा नहीं था।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता थक चुके हैं क्योंकि राहुल गांधी इतने हमलों के बावजूद जनता की आवाज उठाने से पीछे नहीं हटे हैं।

गहलोत ने आगे कहा कि इसलिए कांग्रेस से गए इन नेताओं को टास्क दिया गया है। ये सब जिंदगीभर जिस विचारधारा से लडऩे की कसमें खाते थे आज भाजपा नेताओं के इशारे पर उसी फासीवादी विचारधारा के साथ खड़े हो गए हैं।

सिंधिया ने साफ तौर पर कहा था कि पिछले कुछ दिनों में राहुल गांधी और कांग्रेसी पार्टी ने न्यायतंत्र पर दबाव और धमकी की विचारधारा के साथ कार्य किया है। राहुल पर हमला जारी रखते हुए सिंधिया ने कहा कि उन्होंने जिस अपनी निजी कानूनी लड़ाई को एक लोकतंत्र की कानूनी लड़ाई प्रेषित करने की कोशिश की है, उससे एक बात तो स्थापित हो चुकी है कि कांग्रेस पार्टी इस देश में लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने में कोई कमी नहीं छोड़ी है।

वहीं, वहीं, आजाद ने कहा है कि इसमें कोई शक नहीं है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काफ ी मेहनती हैं। साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा कि हम मोदी और भाजपा की अगर आलोचना करते हैं तो तारीफ भी करते हैं।

हम 24 घंटे नींद से उठकर मोदी और भाजपा को गालियां नहीं देते। इसके साथ ही गुलाम नबी आजाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में भी कुछ कमिया रही है। कांग्रेस उन गलतियों को ठीक करगी, ऐसी मेरी उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का एक इतिहास रहा है। संघर्ष के दिनों में वह सबसे आगे रही है।

कांग्रेस के ही नेतृत्व में आजादी की लड़ाई लड़ी गई और मुझे इस बात का विश्वास है कि आज की लीडरशिप इसको ध्यान में रखेगी और एक राष्ट्रीय पार्टी का रोल अदा करेगी।

उन्होंने कहा कि आज भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है लेकिन सब लोग पूछते हैं यह दूसरी कौन नेशनल पार्टी है?

*********************************

 

अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी भाजपा में हुए शामिल

नई दिल्ली , 07 अप्रैल (एजेंसी)। अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता किरण कुमार रेड्डी ने भाजपा का दामन थाम लिया । दक्षिण भारत में लगातार कांग्रेस पार्टी कमजोर होती जा रही है क्योंकि पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने भी भारतीय जनता पार्टी  का दामन थाम लिया है। किरण रेड्डी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में विकास की गंगा बह रही है।  रेड्डी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अगुवाई में पार्टी के एक आम कार्यकर्ता के रूप में जनता की सेवा करूंगा ।

किरणr रेड्डी को बीजेपी के महासचिव पहलाद जोशी के लक्ष्मण और आंध्र प्रदेश के महामंत्री विष्णु वर्धन ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई। अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नीतियों से प्रभावित होकर किरण रेड्डी ने भारतीय जनता पार्टी में आकर जनता की सेवा करने का मन बनाया है।

किरण कुमार रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र की अगुवाई में जिस तरह से देश में विकास कार्य हो रहे हैं जल्द ही भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी। किरण रेड्डी तेलंगाना राज्य घोषित होने के बाद कांग्रेस पार्टी का दामन छोड़ दिया था और उन्होंने उस समय अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी पार्टी का गठन कर लिया था लेकिन 2018 में कांग्रेस में उनकी फिर से वापसी हो गई थी।
किरण कुमार रेड्डी  के पिता केरटेकर आन्ध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके है ।किरण रेड्डी पहली बार पिता के मृत्यु के बाद, आन्ध्रप्रदेश विधान सभा के लिए चुने गए। किरण रेड्डी  चार बार आन्ध्रप्रदेश विधान सभा के लिए चुने गए।आन्ध्रप्रदेश असेंब्ली के तेरहवे सत्र के सभापति के रूप मे किरण रेड्डी चुने गए थे ।

किरण कुमार रेड्डी के माता पिता सरोजम्मा और एन अमरनाथ रेड्डी है। अमरनाथ रेड्डी भी कांग्रेस पार्टी के सदस्य रहे है और पीवी नरसिंहाराव के कार्यकाल मे क्याबिनेट मंत्री रह चुके है। अमरनाथ रेड्डी इंदिरा गांधी एवं पीवी नरसिंहा राव के अत्यंत निकट विश्वासी माने जाते है। इनका परिवार चित्तूर जिला के कलिकिरि के निकट नगरिपल्ले गांव से है।

किरण की पढाई हैदराबाद पब्लिक स्कूल से हुई थी और प्रीयूनिवर्सिटी (इंटर) सेयिंट जान्स जूनियर कालेज हैदराबाद से। निजाम कालेज से बी.काम की और उस्मानिया यूनिवर्सिटी के वकालत कालेज से एलएलबी की।

ये हैदराबाद के अंडर-22 सौत जोन यूनिवर्सिटीस और उस्मानिया यूनिवर्सिटी के क्रिकेट टीम कप्तान रह चुके है। इन्होने कुछ दिन के लिए चन्नै स्थित बीसेंट थियसाफिकल स्कूल मे भी विद्याध्ययन किया।

रेड्डी उस समय भाजपा में शामिल हुए हैं जब अगले साल आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। यहां सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस और मुख्य विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।

भाजपा को रेड्डी से उम्मीद होगी कि वह रायलसीमा क्षेत्र में भाजपा की उपस्थिति को मजबूत करेंगे। रेड्डी इसी क्षेत्र से आते हैं और वह उनका काफी प्रभाव माना जाता है।

उन्हें भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में भी पेश किए जाने की संभावना है, जो राज्य में तीसरे विकल्प के रूप में उभरने की कोशिश कर रही है।

***********************************

 

पीएम नरेंद्र मोदी ने विश्व स्वास्थ्य दिवस पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली,07 अपै्रल (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को ‘विश्व स्वास्थ्य दिवसÓ के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को बढ़ाने तथा लोगों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 1948 में पहली विश्व स्वास्थ्य सभा आयोजित की थी. डब्ल्यूएचओ की स्थापना की याद में प्रति वर्ष यह दिवस मनाया जाता है. प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि विश्व स्वास्थ्य दिवस पर, हम उन सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं जो हमारे ग्रह को स्वस्थ बनाने के लिए काम करते हैं.

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को बढ़ाने और लोगों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के लिए काम करना जारी रखेगी.

********************************

 

दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो जी के पार्थिव शरीर को कंधा देते मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन

राँची, 07.04.2023  – मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने जगरनाथ महतो के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने परमात्मा से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को दुःख की इस विकट घड़ी सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

ज्ञातव्य है कि स्वास्थ्य में परेशानी को देखते हुए श्री जगरनाथ महतो को रांची से चेन्नई एरलिफ्ट किया गया था. वहीं उनका इलाज चल रहा था.जहाँ  उन्होंने अंतिम सांस ली.उनके निधन की खबर सुनकर झारखंड में शोक की लहर दौड़ गयी

झारखंड विधानसभा परिसर में दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो जी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देते विधानसभा अध्यक्ष श्री रवींद्र नाथ महतो ,  और मंत्री तथा विधायक गण।

********************************

चीनी वक्तव्य पर भारत की दो टूक, सीमा पर शांति बहाली के बिना रिश्ते नहीं सुधरेंगे

नई दिल्ली 06 अपै्रल,(एजेंसी)। भारत ने चीन के उस वक्तव्य को आज ठुकरा दिया कि भारत एवं चीन की सीमा पर स्थिरता बहाल हो गयी है और आपात व्यवस्थाएं हटा ली गयीं हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यहां नियमित ब्रीफिंग में इस बारे में सवालों के जवाब में दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक सीमावर्ती इलाकों में शांति एवं स्थिरता बहाल नहीं होती है, हमारे संबंधों में प्रगति नहीं हो सकती।

गौरतलब है कि चीनी विदेश मंत्रालय के एक राजनयिक ने कहा है कि भारत एवं चीन की सीमा पर स्थिरता बहाल हो गयी है और आपात व्यवस्थाएं हटा ली गयीं हैं। अब दोनों देशों के संबंधों में सामान्य स्थिति बहाल हो गयी है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बागची ने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों में सामान्य स्थिति की बहाली के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं स्थिरता की बहाली जरूरी है जो अप्रैल 2020 से बिगड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि इसके लिए हम राजनयिक एवं सैन्य, दोनों स्तरों पर बातचीत कर रहे हैं लेकिन जब तक सीमा पर शांति एवं स्थिरता नहीं लौटती है, हम अपने द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य नहीं कह सकते हैं।

चीनी विदेश मंत्रालय द्वारा अरुणाचल प्रदेश को चीन का हिस्सा बताये जाने एवं राज्य के स्थानों के नामकरण किये जाने का अपना अधिकार बताये जाने के बारे में जब प्रतिक्रिया मांगी गयी तो श्री बागची ने कहा कि इस बारे में पहले भी कहा जा चुका है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न एवं अविभाज्य अंग हमेशा रहा है और सदैव रहेगा।

मनगढंत नाम रखने से वास्तविकता नहीं बदल जाती है।

चीन में भारतीय पत्रकारों के वीसा को रद्द किये जाने की रिपोर्टों पर श्री बागची ने कहा कि हम चीनी सरकार के संपर्क में हैं और हमें उम्मीद है कि चीन सरकार भारतीय पत्रकारों को वीसा बहाली में मदद करेगी।

एक संबंधित प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भारत में भी चीनी पत्रकार वैध वीसा के साथ काम कर रहे हैं। जहां तक कुछ चीनी पत्रकारों के वीसा को लेकर कुछ मुद्दे हैं, उन पर वह अभी कुछ नहीं कह सकते हैं क्योंकि वीसा कई एजेंसियों के अंतर्गत आता है।

कनाडा में कुछ मंदिरों में तोडफ़ोड़ को लेकर सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि भारत इस तरह के हमलों की निंदा करता है और यह मामला कनाडा सरकार के साथ उठाया गया है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।

*******************************