Category Archives: news

दिल्‍ली के स्‍वतंत्र नगर में मिली पति-पत्‍नी की लाश, जांच शुरु

नई दिल्‍ली 28 June (एजेंसी) : बाहरी उत्‍तरी दिल्‍ली के स्‍वतंत्र नगर इलाके में बुधवार सुबह एक घर से पति-पत्‍नी की लाश मिली। एक अधिकारी ने बताया कि आशंका है कि पहले पति ने बेरहमी से पत्‍नी की हत्‍या की और फिर खुदकुशी कर ली। उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की किसी नुकीली चीज से हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगा ली।

पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष को सुबह करीब आठ बजे नरेला पुलिस स्टेशन को कॉल आई। जांच के दौरान दम्पत्ति की लाश उलके ही घर पर मिली । आगे की जांच में यह बास भी सामने आई है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर  बहस हुई थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि , दंपति के दो बच्चे थे। उनके 15 वर्षिय बच्चे ने पूरी घटना को अपनी आखों से देखा । पति ने अपनी पत्नि की  चाकू या स्क्रू ड्राइवर से  हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगा ली । फिल्हाल शवों को शवगृह में भेज दिया गया है और क्राइम टीम मौके का निरीक्षण कर रही है।

*********************************

 

बालू रेवा ब्रिज पर मंडरा रहे खतरे के बादल, कुछ रेल गाड़ियों के मार्ग परिवर्तित

जबलपुर 28 June (एजेंसी): पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर मण्डल के जबलपुर-इटारसी रेलखण्ड पर करेली-नरसिंहपुर स्टेशन के बीच बालू रेवा ब्रिज के खतरे की स्थिति में होने के कारण कुछ गाड़ियों को मार्ग परिवर्तित कर चलाया जा रहा है। मंडल की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये इस मार्ग से होकर चलने वाली कुछ गाड़ियों को इटारसी से मार्ग परिवर्तित कर वाया भोपाल-बीना-कटनी होकर चलाया जा रहा है तथा कुछ गाड़ियों को शार्ट टर्मिनेट/ओरिजनेट किया गया है।

इसी क्रम में दिनांक 27 जून को अपने प्रांरभिक स्टेशन से प्रस्थान करने वाली गाडी संख्या 12322 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-हावड़ा एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12149 पुणे- दानापुर एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12167 लोकमान्यतिलक टर्मिनस-बनारस एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 20903 एकता नगर-वाराणसी एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 11061 लोकमान्यतिलक टर्मिनस-जयनगर एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग वाया भोपाल-बीना-कटनी मुरवाड़ा-कटनी-कटनी होकर चलाया जा रहा है।

इसी तरह दिनांक 28 जून को अपने प्रांरभिक स्टेशन से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 22187 रानी कमलापति-आधारताल इंटरसिटी एक्सप्रेस गाडरवाड़ा स्टेशन पर आंशिक निरस्त की जायेगी तथा गाड़ी संख्या 22188 आधारताल-रानी कमलापति इंटरसिटी एक्सप्रेस गाडरवाड़ा स्टेशन से रानी कमलापति स्टेशन के मध्य चलाई जायेगी। ये दोनों गाड़ियां गाडरवाड़ा-आधारताल-गाडरवाड़ा स्टेशनों के मध्य निरस्त रहेंगी।

*****************************

 

श्रीनु नायडू हत्या कांड में रामबाबू समेत 13 बरी

खडग़पुर 27 जून,(एजेंसी)। रेलवे माफिया श्रीनु नायडू हत्या कांड में मामले के अभियुक्त बासब रामबाबू समेत 13 लोगों को काफी राहत मिली है। उक्त हत्या कांड में मेदिनीपुर की अदालत ने रामबाबू समेत 13 लोगों को बरी करने का आदेश दिया है। छह साल पहले खडग़पुर नगरपालिका क्षेत्र में तृणमूल के पार्टी कार्यालय में घुसकर श्रीनु की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उक्त दौरान श्रीनु के एक सहयोगी वी. धर्मा राव की भी मौत हो गई थी।

कोर्ट सूत्रों के अनुसार 11 जनवरी 2017 को दोपहर करीब तीन बजे श्रीनु नायडू न्यू सेटलमेंट इलाके में खडग़पुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 18 में तृणमूल वार्ड समिति कार्यालय में बैठे थे। तभी कुछ अज्ञात लोगों ने श्रीनू को गोली मार दी। खडग़पुर के कुख्यात रेलवे माफिया को जब रात में कोलकाता के अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले में श्रीनू के 25 वर्षीय सहयोगी धर्मा राव भी मारे गए थे।

जबकि तीन लोग घायल हो गये थे। मामले की जांच के बाद पुलिस ने खडग़पुर के एक और रेलवे माफिया बासब रामबाबू को आंध्र प्रदेश के तनुका से गिरफ्तार किया था। इस दोहरे हत्याकांड में कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। घटना के 87 दिन बाद पुलिस ने कोर्ट में आरोप पत्र समर्पित किया था।

उस मामले में मेदिनीपुर के चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश मंदाक्रांता सहर ने आज फैसला सुनाया। न्यायाधीश ने बासब रामबाबू समेत 13 लोगों को बरी करने का आदेश दिया। सरकारी पक्ष के वकील समर नाइक ने कहा कि वे कोर्ट के फैसले को चुनौती देने के लिए ऊपरी अदालत में जाने की सोच रहे हैं। श्रीनू की पत्नी पूजा ने कहा कि फैसले की प्रति मिलने का इंतजार कर रही हैं। फैसला देखने के बाद ऊपरी अदालत जा सकती हैं।

***************************

 

एनआरसी के नाम पर देश के लोगों से की ठगी: अभिषेक बनर्जी

नदिया 27 जून,(एजेंसी)। तृणमूल के सांसद व पार्टी के सर्व भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पहले पीएम मोदी दिखायें कागज फिर देश की जनता उन्हें दस्तावेज दिखाएगी। भाजपा द्वारा एनआरसी के नाम पर लोगों को केवल ठगा गया है। उक्त बात अभिषेक बनर्जी ने आज नदिया जिले के कृष्णागंज हासखली इलाके के एक सभा के दौरान कही।यहां उन्होंने एनआरसी का मामला भी उठाया और कहा कि एनआरसी के नाम पर असम में 19 लाख लोगों की नागरिकता केंद्र ने खत्म कर दी।

इसमें 12 लाख बंगाली हिंदू हैं।  तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक ने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रहने वाले मतुआ समुदाय को साधने के लिहाज से भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे (भाजपा) नागरिकता का वादा 2019 में कर गए थे और आज तक पूरा नहीं किया। अभिषेक ने कहा कि दरअसल हकीकत यह है कि भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिन्ह कमल धोखा और जुमलेबाजी का प्रतीक है जबकि तृणमूल कांग्रेस का चुनाव चिन्ह भरोसे का प्रतीक है। अभिषेक ने कहा कि मेरे तीन साल के बच्चे पर भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमला कर रहे हैं।

मेरी पत्नी और नौ साल की बेटी को हवाई अड्डे पर रोक दिया गया क्योंकि मैंने उनके सामने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया है। प्रधानमंत्री से मैं 10 गुना ज्यादा जिद्दी हूं। उनका जिद मुझे झुकाने की है और मेरी जिद बंगाल के मजदूरों के लिए 100 दिनों की रोजगार गारंटी योजना का पैसा केंद्र से छीन कर लाने की है।अभिषेक ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव गुजरे हुए करीब चार साल हो गए लेकिन यहां किसी को भी नागरिकता नहीं मिली। हकीकत यह है कि नागरिकता अधिनियम के लिए आज तक केंद्र सरकार ने रूल तक तैयार नहीं किया है।

उनका मकसद केवल और केवल लोगों को बरगला कर वोट लेने का है। 2019 में इसी तरह से सीएए का भरोसा देकर भाजपा चुनाव जीत गई थी लेकिन जिन नेताओं ने यहां बड़े-बड़े वादे किए थे वो अब नजर नहीं आते। इस बार लोगों को अपनी गलती सुधार कर भाजपा को सबक सिखाना होगा। केंद्र के खिलाफ दिल्ली में आंदोलन की चेतावनी देते हुए अभिषेक ने कहा कि पंचायत चुनाव बीतने के एक से डेढ़ महीने के बाद तृणमूल कांग्रेस दिल्ली में आंदोलन का आह्वान करेगी।

********************************

 

अपने बेटे-बेटियों का भला चाहते हैं, उनका भविष्य बनाना है, तो भाजपा को वोट दें- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

भोपाल 27 जून,(एजेंसी)। कोई गरीब नहीं चाहता कि उसके बच्चे गरीबी में रहें। लेकिन देश में कई राजनीतिक परिवार हैं, जो गरीब कल्याण के नाम पर अपने बेटे-बेटियों का भला करते रहे हैं। यह आपको तय करना है कि आप किस का भला चाहते हैं? अगर आपको गांधी परिवार का भला करना है, तो कांग्रेस को वोट दें। मुलायमसिंह के बेटे का भला चाहते हैं तो सपा को वोट दें। लालू यादव के बेटों का भला चाहते हैं तो राजद को वोट दें। शरद यादव की बेटी का भला चाहते हैं तो एनसीपी को वोट दें। फारुख अब्दुल्ला के बेटे का भला चाहते हैं तो नेशनल कांफ्रेंस को वोट दें। के. चंद्रशेखर राव के बेटे का भला चाहते हैं, तो टीआरएस को वोट दें। करुणानिधि के बेटों का भला चाहते हैं, तो डीएमके को वोट दें। लेकिन अगर आप अपने बेटे-बेटियों का भला चाहते हैं, पोते-पोतियों का विकास और भविष्य चाहते हैं, तो भाजपा को वोट दें। यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मंगलवार को राजधानी के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के ‘मेरा बूथ सबसे मजबूतÓ विषय पर आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में अल्पकालीन विस्तारक कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। संवाद कार्यक्रम में देश भर से चुने गए 3 हजार कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, वहीं देश की 543 लोकसभाओं के 10 लाख बूथ इस कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजकल राजनीति में एक शब्द बहुत चल रहा है और वह है गारंटी। ये भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता को समझाएं कि एकजुट हो रहे विपक्षी दल किस बात की गारंटी दे रहे हैं? ये गारंटी रहे हैं घोटालों की, भ्रष्टाचार की। मोदी ने कहा कि हाल में विपक्षी दलों के नेताओं का एक फोटो सेशन हुआ था। उस फोटो में जो दिखाई दे रहे हैं, अगर सभी के घोटालों को जोड़ लिया जाए तो करीब 20 लाख करोड़ के घोटाले इन्होंने किए हैं। अकेली कांग्रेस ने ही लाखों करोड़ के घोटाले किए हैं। 1.86 लाख करोड़ का कोयला घोटाला, 1.76 लाख करोड़ का टू जी घोटाला, 70 हजार करोड़ का कॉमनवेल्थ घोटाला, 10 हजार करोड़ का मनरेगा घोटाला और हेलीकॉप्टर से लेकर पनडुब्बी तक के घोटाले इन्होंने किए हैं। राजद नेताओं ने चारा घोटाला, पशुपालन घोटाला, बाढ़ राहत घोटाला जैसे हजारों करोड़ रुपये के कई घोटाले किए हैं। अदालतें इन नेताओं को सजा दे-देकर थक गई हैं। डीएमके ने अवैध तरीके से 1.25 लाख करोड़ की संपत्ति एकत्र की। टीएमसी पर 23 हजार करोड़ के घोटालों का आरोप है। रोजवैली घोटाला, शारदा घोटाला, शिक्षक भर्ती घोटाला, गो तस्करी घोटाला और कोयला तस्करी घोटाले जैसे कितने ही घोटाले किए हैं। एनसीपी पर करीब 70 हजार करोड़ के घोटाले के आरोप हैं। को ऑपरेटिव बैंक घोटाला, सिंचाई घोटाला, अवैध खनन घोटाले जैसे कई घोटाले इनमें शामिल हैं। मोदी ने कहा कि अब देश को यह तय करना है कि क्या वह ऐसे घोटालों की गारंटी को स्वीकार करेगा? प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगर ये घोटालों की गारंटी देते हैं, तो मैं भी एक गारंटी देना चाहता हूं और वो है इन घोटालेबाजों पर कार्रवाई की गारंटी, चोर-लुटेरों पर कार्रवाई की गारंटी। जिन्होंने देश को लूटा, देश के गरीबों को लूटा, उनका हिसाब होकर रहेगा। तमाम विरोधों के बावजूद एकजुट हो रहे इन विपक्षी दलों का कॉमन मिनिमम प्रोग्राम यही है कि एक-दूसरे को इन पर हो रहे कानूनी एक्शन से कैसे बचाया जाए। मोदी ने कहा कि देश के लोग इस बात को भली भांति समझते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरेना संकट और लंबे रूस-यूक्रेन युद्ध के बावजूद भारत उन देशों में शामिल है, जिनमें विकास की रफ्तार तेज है और महंगाई नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के बाद दुनिया के कई देशों में हाहाकार मचा है। महंगाई की दर पाकिस्तान में 38 प्रतिशत, श्रीलंका में 25 प्रतिशत, बांग्लादेश में 10 प्रतिशत पर पहुंच गई है, लेकिन भारत में ये 5 प्रतिशत से भी नीचे है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की योजनाएं गरीबों की चिंता करते हुए उनकी जेब के पैसे बचा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज औसत भारतीय प्रतिमाह 20 जीबी डाटा खर्च करता है। 2014 के पहले कांग्रेस के जमाने में एक जीबी डाटा करीब 300 रुपये में मिलता था। इस हिसाब से 20 जीबी डाटा 6000 रुपये का होता है, लेकिन आज देश में इतना डाटा 200-300 रुपये में मिल जाता है यानी हर मोबाइल उपभोक्ता को करीब 5000 रुपये की बचत हो रही है। कांग्रेस के जमाने में एलईडी वल्ब 300 रुपये में मिलते थे, आज 50-60 रुपये में मिल रहे हैं। देश में जो 40 करोड़ एलईडी वल्ब बांटे गए हैं, उनकी वजह से बिजली के बिल में करीब 20 हजार करोड़ की बचत हुई है। जनऔषधि केंद्रों से जो सस्ती दवाएं मिलती हैं, उनकी वजह से भी लगभग 20 हजार करोड़ की बचत हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 50 करोड़ परिवारों को आयुष्मान कार्ड दिए और अब तक 5 करोड़ लोग इससे अपना इलाज करा चुके हैं। अगर आयुष्मान कार्ड न होता, तो इन गरीबों को करीब 80 हजार करोड़ खर्च करना पड़ते। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गरीब की सेवा का ये भाव और हर पल उसकी चिंता भाजपा की पहचान है और भाजपा उनकी मदद के लिए हमेशा तैयार रहती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में लोग हैं जो अपने दल के लिए जीते हैं और उसी का भला चाहते हैं, क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार, कमीशन और कट मनी में हिस्सा मिलता है। राजनीति में इनका रास्ता वोट बैंक की राजनीति और तुष्टिकरण का है क्योंकि इसमें उन्हें ज्यादा मेहनत नहीं करना पड़ती। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति से इन्हें भले ही फायदा हो, लेकिन ये देश के लिए बहुत विनाशक और घातक है। ये देश के विकास को रोक देता है और समाज में विभाजन की दीवार खड़ी कर देता है। ये लोग अपने स्वार्थ के लिए देश के लोगों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर देते हैं। लेकिन हम भाजपा वालों के संकल्प बड़े हैं और हमारी प्राथमिकता में हमेशा दल से बड़ा देश रहता है। देश का भला होगा,तो सबका भला होगा और देश का भला करने का सच्चा रास्ता संतुष्टिकरण का है। जहां भी भाजपा की सरकारें हैं वहां सभी को बिना भेदभाव के बिजली, पानी और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने देखा है कि तुष्टिकरण की सोच ने कैसे कुछ राज्यों में लोगों के बीच खाई पैदा कर दी है। हमारी सरकार ने अपने 9 वर्षों के कार्यकाल में ऐसे छोटे-छोटे तबकों की सुध ली है, जिनके बारे में पहले सोचा ही नहीं गया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के नाम पर वोट मांगने वालों ने गांव और गरीबों के साथ सबसे ज्यादा अन्याय किया। हमारी सरकार ने घुमंतु जाति बोर्ड बनाया, ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया और सामान्य वर्ग के गरीबों को भी शिक्षा और नौकरी में आरक्षण दिया, क्योंकि हमारा रास्ता संतुष्टीकरण है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में जो लोग भी तीन तलाक के समर्थन में बात करते हैं, वो मुस्लिम बेटियों के साथ अन्याय करते हैं। इससे सिर्फ बेटियों को नुकसान नहीं है, बल्कि पूरे परिवार तबाह हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के अनेक मुस्लिम देशों में तीन तलाक बंद है। उन्होंने कहा कि अभी मैं इजिप्ट गया था, वहां की आबादी में 90 प्रतिशत सुन्नी मुस्लिम हैं, लेकिन वहां 80-90 साल पहले से तीन तलाक बंद है। उन्होंने सवाल किया कि अगर ये इस्लाम का अंग है, तो पाकिस्तान, इंडोनेशिया में तीन तलाक क्यों नहीं होता, कतर, जोर्डन, सीरिया और बांग्लादेश में क्यों नहीं होता? मोदी ने कहा कि जो लोग तीन तलाक का समर्थन करते हैं, वे वास्तव में मुस्लिम बेटियों पर अत्याचार करने की छूट चाहते हैं और इसीलिए आज मुस्लिम बेटियां भाजपा के साथ, मोदी के साथ खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि देश के मुसलमानों को ये सोचना होगा कि कौन उन्हें भड़काकर इसका फायदा उठा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर परिवार के एक सदस्य के लिए अलग नियम हो और दूसरे के लिए अलग हो, तो परिवार चलेगा क्या? ऐसी व्यवस्था से देश कैसे चल सकता है? उन्होंने कहा कि संविधान में भी समान अधिकारों की बात है। सुप्रीम कोर्ट कह रहा है कि कॉमन सिविल कोड लाओ, लेकिन वोटबैंक के भूखे लोग इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर ये वास्तव में मुस्लिमों के हितैषी होते, तो मुसलमान भाई-बहनों में इतनी अशिक्षा, बेरोजगारी नहीं रही होती। श्री मोदी जी ने कहा कि मुसलमानों में ही कई ऐसे वर्ग हैं, जिन्होंने पसमांदा भाई-बहनों का जीना मुश्किल कर दिया है। इन्हें बराबरी का दर्जा नहीं है और इनका शोषण किया जाता है। पसमांदा लोग उनके साथ हुए शोषण के चलते इतने पिछड़े हुए हैं कि इसका नुकसान उनकी कई पीढिय़ों को उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ-सबका विकास पर काम कर रही है और पसमांदा भाइयों को भी प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जब आप इन तथ्यों और तर्कों के साथ मुस्लिम भाइयों के बीच जाएंगे, तो निश्चित रूप से उनका भ्रम दूर होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज मैंने पांच वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। इन ट्रेनों से मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र के लोगों को लाभ मिलेगा। इन सभी राज्यों के लोगों को बहुत-बहुत बधाई। मध्यप्रदेश के वासियों को विशेष तौर पर बधाई देना चाहता हूं, उन्हें दो और वंदे भारत ट्रेनों की सुविधा मिलेगी। अब तक भोपाल-दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन चल रही थी, लेकिन अब भोपाल-इंदौर और भोपाल-जबलपुर के यात्रियों को भी इन तेज, आधुनिक और सुविधा संपन्न ट्रेनों का लाभ मिल सकेगा।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे बड़े प्रशासक और चीफ एग्जीक्यूटिव हैं, लेकिन जब भी पार्टी की बात आती है तो आप कभी भी हमें समय देने से नहीं हिचकते। ये हम सब के लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री जी कुशल प्रशासक भी हैं और संगठन के संगठक भी हैं। उनके मूल में संगठन रचा-बसा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने अपना जीवन संगठन में खपा दिया और बूथ स्तर से काम को देखते हुए उन्होंने देश का नेतृत्व किया। आज देश और पार्टी को दुनिया के नक्शे पर खड़ा करने का काम अगर किया है तो प्रधानमंत्री जी ने किया है। उनका मार्गदर्शन मिलना हम सभी के लिए गौरवान्वित होने का अवसर है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि अल्पकालीन विस्तारक व्यवस्था और मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना और उनके सोच से संभव हुआ है। प्रधानमंत्री जी ने संसदीय बैठक में सांसदों के समक्ष इस विषय को रखते हुए कमजोर बूथों को मजबूती प्रदान करने की आवश्यकता बताई। जिस पर पार्टी ने हर लोकसभा में 100 और विधानसभा 25 बूथ चिन्हित किये, जहाँ हम कमजोर है, वहां बूथ सशक्तिकरण का अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अल्पकालीन विस्तारकों को निकालना चाहिए और अलग-अलग राज्यों में भेजना चाहिए। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की मंशानुसार पार्टी ने अल्पकालीन विस्तारक व्यवस्था के अंतर्गत 2649 कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देश और भारतीय जनता को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में आज देश का विश्व में मान-सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया में सबसे बड़ी पार्टी है तो दुनिया भी भारतीय जनता पार्टी को जाने, इसलिए हमने “भाजपा को जानो” कार्यक्रम जारी किया है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत 2 देश के प्रधानमंत्री, 4 विदेश मंत्री और 60 राजदूतों ने भाजपा केन्द्रीय कार्यालय आकर पार्टी की व्यवस्थाओं को जाना है। उन्होंने कहा कि हमारे लाखों कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पार्टी को आगे बढ़ाएंगे।

जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी अभी अमेरिका और मिस्र होकर आए हैं। अमेरिका में जिस तरीके से प्रधानमंत्री जी ने चर्चा की और जो समझौते हुए है, वो भारत और अमेरिका के रिश्तों को आज एक नई ऊंचाई पर ले जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। मोदी जी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्हें अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को दो बार संबोधित करने का अवसर मिला। यह सभी बातें हर भारतीय के लिए गौरवान्वित करने वाली है। नड्डा ने कहा कि आज आईएमएफ अपने वक्तव्य में कहता है कि भारत की गरीबी 22 प्रतिशत से गिरकर 10 प्रतिशत से भी कम हो गई है और हमारी अति गरीबी 1 प्रतिशत से भी कम हो गई है। ये सब बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मजबूत इरादों और केंद्र सरकार की मजबूत नीतियों से ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया आर्थिक मंदी से लड़ रही है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा समय पर लिए हुए बुलंद फैसलों के कारण भारत एक Óब्राइट स्पॉटÓ के रूप में दिखाई देता है। 9 वर्ष पहले भारत की अर्थव्यवस्था 10 वें नंबर पर थी, आज भारत ब्रिटेन को ओवरटेक कर 5वीं नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया है। आज प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के नेता और भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज हमारे बीच विदेश की यात्रा समाप्त करके सीधे बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद करने आए हैं। आप अद्भुत और सौभाग्यशाली हैं कि इस संवाद के लिए आपका चयन हुआ है। मैं मध्य प्रदेश की धरती पर आपका स्वागत करता हूं। आज मोदी जी के नेतृत्व में वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्नशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। स्वामी विवेकानंद जी ने भारत को विश्व गुरू बनाने का जो संदेश दिया था, वह मोदी जी के नेतृत्व में साकार हो रहा है और भारत विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी का देश और प्रदेशों में चुनाव जीतना जरूरी है। आने वाले पांच विधानसभा के चुनावों में हम बूथ जीता तो चुनाव जीता के संकल्प लेकर जाएं, निश्चित रूप से मोदी जी के नेतृत्व, नड्डा जी के संगठन कौशल और आपके बूथ परिश्रम से हमें पांच राज्यों में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त होगी। 2024 में एक बार फिर हम जीतेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया का नेतृत्व करेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमने भारत में जन्म लिया है, भाजपा के कार्यकर्ता हैं और ऐसे समय में हम भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री हैं और हमारे नेता हैं। मोदी जी के नेतृत्व में देश ने प्रकृति और विकास का नया इतिहास रचा है। जनकल्याण और गरीब कल्याण का एक नया अध्याय लिखा है। आज मोदी नाम मंत्र बन गया है, मोदी जी जहां जाते हैं दुनिया झूम उठती है और हर देश मोदी नाम का उच्चारण करता है। अभी अमेरिकी संसद में जब मोदी जी बोल रहे थे तो वहां के सांसदों ने 79 बार तालियां बजाकर उनका स्वागत किया, 15 बार अमेरिका के सांसदों ने खड़े रहकर मोदी जी को सम्मान दिया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मोदी जी ने भारत के योग, ज्ञान, विज्ञान, अध्यात्म, पर्यावरण, वसुधैव कुटुम्बकम के भाव, विश्व कल्याण और सर्वे भवंतु सुखिन: का संदेश विश्व को दिया है। सचमुच में भारतीय जनता पार्टी का काम मतलब भारत का काम हो गया है। कार्यकर्ता मित्रों जब हम भाजपा का काम करते हैं तो एक राजनीतिक दल का काम नहीं करते हैं बल्कि विश्व कल्याण का काम करते हैं। मोदी जी हमारे नेता नहीं मार्गदर्शक हैं, गाइड हैं, फिलॉसफर हैं और हमारे बड़े भाई भी हैं।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज हमारा सौभाग्य है कि मध्यप्रदेश की धरती पर विश्व के सबसे लोकप्रिय एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूतÓ कार्यक्रम में उपस्थित हैं। आज ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूतÓ कार्यक्रम में अंडमान-निकोबार से लेकर केरल से कश्मीर तक पूरे देश के सभी राज्यों से 501 लोकसभा के चयनित कार्यकर्ता यहां उपस्थित हुए हैं। आप सभी का इस कार्यक्रम में स्वागत एवं अभिनंदन करता हॅू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश की धरती को चुना, यह हमारा सौभाग्य है। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री जी का हृदय से अभिनंदन करते हैं। भाजपा मध्यप्रदेश ने प्रधानमंत्री जी की भावना के अनुरूप श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी के जन्मशताब्दी वर्ष पर बूथ विस्तारक अभियान के अंतर्गत 10 दिनों में 100 घंटे समर्पण करके प्रत्येक बूथ को डिजिटल बनाने का काम किया है। वहीं मध्यप्रदेश में 39 लाख 15 हजार 327 कार्यकर्ताओं ने पन्ना प्रमुख एवं पन्ना समिति तक और सभी 64,100 बूथों पर डिजिटलाइजेशन करके बूथ सशक्तिकरण अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मध्यप्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर 10 हजार 906 शक्ति केंद्रों पर दो क्लस्टर बनाकर ‘बूथ विजय संकल्पÓ अभियान को लिया। इस अभियान में 5 हजार 400 कलस्टर में 10 और 12 बूथों के सभी कार्यकर्ताओं ने एक साथ कम्यूनिटी के भाव से सामूहिक टिफिन बैठक, भोजन एवं खूलकूद का आयोजन किया। प्रधानमंत्री जी की भावना के अनुरूप सभी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में 5 हजार 400 में से लगभग 93 प्रतिशत स्थानों पर बूथ विजय का संकल्प लिया है। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन ऐप के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के ‘मन की बातÓ रेडियो कार्यक्रम को 64,100 बूथों में से 25,923 बूथों तक कार्यकर्ताओं द्वारा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हुआ और बाद में लगभग 51 हजार बूथों तक प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने ऑफलाइन पंजीयन करने का प्रयास किया है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि पार्टी द्वारा प्रतिमाह जिला, मंडल और शक्ति केंद्रों की बैठकों के साथ ‘मन की बातÓ कार्यक्रम में प्रत्येक बूथ की बैठक करने का प्रयास किया है। मध्यप्रदेश संगठन के द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं नेतृत्व की भावना के अनुरूप और आशीर्वाद से इस दिशा में संगठन के सुदृढ़ीकरण का काम करने का प्रयास कर रहे हैं। मध्यप्रदेश के मन में मोदी जी और मोदी जी के मन में मध्यप्रदेश की उत्कंठ भावना के साथ प्रदेश के कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करता हूं।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश , केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेन्द्र कुमार खटीक, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तरूण चुघ, विनोद तावड़े,सुनील बंसल, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला, पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश के सह प्रभारी डॉ. रामशंकर कठेरिया, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष व सांसद सुधीर गुप्ता, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, अनुसुचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष लालसिंह आर्य, प्रदेश शासन के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश शासन के मंत्री भूपेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, सीमा सिंह जादौन, चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, प्रदेश महामत्रीं भगवानदास सबनानी, हरिशंकर खटीक, कविता पाटीदार, रणवीर सिंह रावत, प्रदेश मंत्री संगीता सोनी, महापौर मालती राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी सहित देश भर से आये 2500 से अधिक अल्पकालीन विस्तारक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

*******************************

सीएम ममता के पैर में चोट को लेकर एक स्वर में बोले सुकांत व सलीम

कोलकाता 27 जून,(एजेंसी)। उत्तर बंगाल को दौरे पर गई पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार होते हुए बाल बाल बच गई। लेकिन उनके कमर और पैर में चोट लगी है। ममता बनर्जी के चोट लगने की घटना को लेकर सियासी जुबान घटना को लेकर अपने अंदाज में चलने लगे हैं।

विधानसभा चुनाव दौरान भी मुख्यमंत्री घायल हुईं थी। ऐसे में विपक्ष ने एक स्वर में सवाल उठाना शुरु कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार से लेकर माकपा के वरीय नेता मो. सलीम भी ममता की चोट को लेकर संदेह प्रकट की और सवाल खड़े किए।

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने प्रशन किया कि आखिर चुनाव आने पर बार-बार मुख्यमंत्री के पैर में चोट क्यों लगते हैं ? पैर में बार-बार चोट लगना अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने कहा,  क्या आपलोग जानते हैं कि उन्हें सबसे अधिक चोट कहां लगी है।

प्रधानमंत्री ने जो कहा है सच तो यह है कि इससे मुख्यमंत्री का रक्तचाप बढऩा चाहिए था। हालांकि, सुकांत ने मुख्यमंत्री के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की। इधर माकपा के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम भी भाजपा अध्यक्ष की ही तर्ज पर बोले। उन्होंने कहा, अपने पैरों को ज़मीन पर रखकर चलना सीखें। चुनाव से पहले दुर्घटनाएं क्यों होती हैं?

********************************

 

दाउदी बोहरा समाज ने ईदुलअजहा (बकरीद) की नमाज अदा की

अजमेर 28 June (एजेंसी): राजस्थान के अजमेर में रिमझिम बौछार और खुशगवार मौसम के बीच मुस्लिम दाउदी बोहरा समाज ने ईदुलअजहा (बकरीद) की नमाज अदा की। अजमेर में बहुत कम संख्या वाले दाउदी बोहरा समाज से जुड़े मुस्लिम परिवार स्टेशन के सामने शिवाजी पार्क के पास स्थित बोहरा ताहिरी मस्जिद पहुंचे और ईदुलअजहा की नमाज परंपरागत तरीके से अदा की।

सफेद धवल कपड़ों में दाउदी बोहरा समाज के लोग नमाज के बाद एक दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद देते रहे। अजमेर दाउदी बोहरा समाज के मोहम्मद भाई बोहरा ने बताया कि अब समाज के लोग अपने अपने घरों पर बकरीद मनाएंगे। दाउदी बोहरा समाज के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेशी धरती इजिप्ट पर अल-हकीम मस्जिद के दौरे से भी खुश हैं।

यह मस्जिद दाउदी बोहरा समाज की सबसे बड़ी मस्जिद बताई जाती है। इधर, अजमेर दरगाह शरीफ में आम मुसलमान 29 जून को ईद की नमाज अदा करेगा। सार्वजनिक नमाज केसरगंज स्थित ईदगाह में आयोजित होगी। इससे पहले दरगाह स्थित जन्नती दरवाजा अकीदतमंदों के लिए आस्ताना खुलने के साथ ही खोला जाएगा और दोपहर में खिदमत के बाद बंद कर दिया जाएगा।

**********************

 

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर चलाया तलाशी अभियान, हथियार बरामद

इंफाल 28 June (एजेंसी): सेना और पुलिस ने मणिपुर में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लगातार चलाये जा रहे तलाशी अभियान के दौरान हथियार बरामद हुए है। पुलिस ने आज यहां बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान इम्फाल पूर्वी जिले से दस हथियार और 239 गोला-बारूद बरामद हुआ हैं। अब तक कुल 1110 हथियार, 13,941 गोला-बारूद और विभिन्न प्रकार के 250 बम बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इम्फाल पूर्वी जिले के कैरांग ट्यूरेल मपाल में असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस द्वारा किए गए एक ऑपरेशन में, दो संदिग्धों को हथियारों, गोला-बारूद और अन्य युद्ध जैसे सामान के साथ पकड़ा गया। बरामदगी में पांच हथियार, दो देश-निर्मित हथियार, बड़ी मात्रा में मिश्रित गोला-बारूद और अन्य विविध युद्ध जैसे भंडार शामिल थे।

उन्होंने बताया कि इम्फाल पूर्वी जिले के कैरांग ट्यूरेल मपाल में असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस द्वारा चलाये गये एक अभियान में, दो संदिग्धों को हथियारों, गोला-बारूद और अन्य युद्ध जैसे सामान के साथ पकड़ा गया। बरामदगी में पांच हथियार, दो देश-निर्मित हथियार, बड़ी मात्रा में मिश्रित गोला-बारूद और अन्य प्रकार की युद्ध जैसी साग्रमी शामिल है।

पुलिस ने बताया कि सेरौ ममंग लीकाई पार्ट-3 से मोलबेम गांव तक तलाशी अभियान के दौरान विभिन्न तरह के 112 गोली के खोल, 12 बोर बंदूक के दो जीवित राउंड, बैरल के 12 खाली कारतूस और दो स्थानीय निर्मित विस्फोटक बरामद हुए हैं।

**************************

लुटेरों की राजधानी: पांच दिन में दूसरी बार कारोबारी से सरेआम लाखों की लूट

नई दिल्ली 28 June (एजेंसी): राजधानी दिल्ली में लूटपाट के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। लुटेरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे सरेआम वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को एक बार फिर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। बदमाशों ने सरेआम एक कारोबारी से चार लाख रुपये की लूट की है।

एक सप्ताह के अंदर लूट की दूसरी वारदात से इलाके में अफरातफरी मच गई। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आपको बता दें कि इससे पहले शनिवार 24 जून को भी बदमाशों ने दिल्ली में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर चार लाख रुपये लूटे थे। इस वारदात का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था।

******************************

 

केंद्र के अध्यादेश पर केजरीवाल ने किया हमला

नई दिल्ली,  28 June (एजेंसी): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रशासनिक सेवाओं को नियंत्रित करने के अध्यादेश को लेकर बुधवार को एक बार फिर केंद्र पर हमला बोला। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश मदन बी. लोकुर के लेख को साझा करते हुए कहा कि न्यायमूर्ति ने केंद्र के अध्यादेश की असंवैधानिकता को उजागर किया है।

केजरीवाल ने ट्विटर पर लेख का एक अंश साझा करते हुए लिखा, “अध्यादेश दिल्ली के लोगों, इसके निर्वाचित प्रतिनिधियों और संविधान के साथ एक संवैधानिक धोखाधड़ी है।”विशेष रूप से, केजरीवाल ने अध्यादेश मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ समर्थन मांगने के लिए कई विपक्षी दलों से मुलाकात की है। उन्होंने यह भी कहा है कि अभी कांग्रेस ही केंद्र के खिलाफ अपना रुख साफ नहीं कर रही है।

केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस को छोड़कर पूरे विपक्ष ने संसद में केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ मतदान में उनका समर्थन किया है।

*************************

 

सरकारी स्कूलों में शिक्षक भर्ती घोटाला: ईडी ने सयोनी को किया तलब

कोलकाता 28 June (एजेंसी): पश्चिम बंगाल के सरकारी स्कूलों में शिक्षक भर्ती घोटाले में धन के लेन-देन की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने टॉलीवुड अभिनेत्री एवं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की युवा इकाई की नेता सयोनी घोष को पूछताछ के लिए शुक्रवार को यहां के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित साल्ट लेक कार्यालय में तलब किया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि घोष को समन नोटिस दिया गया था, जिसमें उन्हें 30 जून को सुबह 11 बजे सीजीओ कॉम्प्लेक्स में जांच अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। सूत्रों ने कहा कि ईडी ने उन्हें अपनी उपस्थिति के दौरान कुछ दस्तावेज लाने के लिए भी कहा है।
सूत्रों ने कहा, शिक्षक भर्ती घोटाले के आरोपियों में से एक एवं जेल में बंद तृणमूल नेता कुंतल घोष से पूछताछ के दौरान सयोनी का नाम सामने आया था। ईडी सूत्रों के मुताबिक कुंतल घोष की गिरफ्तारी के बाद वित्तीय मामलों की जांच के दौरान सयोनी घोष का नाम सामने आया था। यहां तक कि कुंतल घोष की एक संपत्ति की बिक्री में भी उनका नाम सामने आया था।

*****************************

 

पीएम मोदी ने दिया भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र, बोले-हम एसी कमरों में बैठ कर पार्टी चलाने वालों में से नहीं

भोपाल 27 जून,(एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगले साल होने वाले लोकसभा और मध्यप्रदेश समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पूर्व आज भारतीय जनता पार्टी के लाखों बूथ कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि भाजपा उन पार्टियों में से नहीं है जो वातानुकूलित कमरों में बैठ कर अपना दल चलाते हैं और भाजपा के हर बूथ की पहचान सिर्फ सेवा से होनी चाहिए।

मोदी ने यहां भाजपा के ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान के तहत देश भर से आए लगभग तीन हजार बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान देश भर के लाखों बूथ कार्यकर्ता भी वर्चुअली इस कार्यक्रम से जुड़े। आयोजन में पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा भी उपस्थित रहे।

आयोजन में देश भर से चुने गए चुनिंदा बूथ कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी से अपने सवाल किए। इन सवालों का उत्तर देते हुए मोदी ने बहुत से छोटे-छोटे सेवा कार्यों का उदाहरण दिया और बूथ कार्यकर्ताओं से उन कार्यों को करते हुए अपने बूथ को मजबूत करने का मार्गदर्शन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश की आजादी को 100 साल हो जाएंगे, तब भारत तब विकसित होगा, जब गांव विकसित होंगे।

इसी क्रम में उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं से आंगनवाडिय़ों के बच्चों का कुपोषण दूर करने और स्कूल छोडऩे वाले बच्चों की दर कम करने के प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमें गरीबों को मुसीबतों से मुक्त करना है। सोशल मीडिया पर कार्यकर्ता अपने बूथ का ग्रुप बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि तुलनात्मक अध्ययन से सामान्य आदमी को बात ज्यादा आसानी से समझ आती है। अध्ययन करिए और पुराने समय से तुलना करके बताइए।

***************************

 

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, कमर और पैर में आई चोट

सिलीगुड़ी 27 जून,(एजेंसी)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हेलीकॉप्टर को मंगलवार को खराब मौसम के कारण सिलीगुड़ी के पास सेवोक एयरबेस पर आपात स्थिति में उतारा गया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि सीएम ममता बनर्जी जलपाईगुड़ी में एक चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद बागडोगरा हवाई अड्डे जा रही थीं, तभी उनका हेलीकॉप्टर बैकुंठपुर के जंगलों के ऊपर उड़ान भरते समय खराब मौसम वाले क्षेत्र में पहुंच गया।

एक अधिकारी ने कहा, यहां बहुत तेज बारिश हो रही है। ऐसे में पायलट ने आपात स्थिति में हेलीकॉप्टर उतरने का फैसला किया। सूत्रों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घायल हो गईं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर से उतरते समय मुख्यमंत्री के पैर और कमर में चोट लगी है। सेवक एयरबेस पर उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।

अधिकारी ने कहा कि इस घटनाक्रम के बाद फैसला किया गया कि बनर्जी सड़क मार्ग से बागडोगरा हवाई अड्डे तक जाएंगी और वहां से कोलकाता की उड़ान भरेंगी। मुख्यमंत्री बनर्जी पंचायत चुनाव के लिए राज्य के उत्तरी हिस्से में अनेक क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं। राज्य में पंचायत चुनाव के लिए मतदान आठ जुलाई को होगा।

***********************************

 

जम्मू-कश्मीर में भयानक सड़क हादसा, खाई में वाहन गिरने से 5 की मौत, 7 जख्मी

जम्मू 27 जून,(एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और सात घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि डोडा जिले में भद्रवाह-पठानकोट रोड पर वाहन चालक ने उस पर से नियंत्रण खो दिया, और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस के अनुसार, यह हादसा गुलदंडा में हुआ।

पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और सात घायल हो गए। घायलों को पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों द्वारा इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने कहा कि इस घटना के संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। कहा जा रहा है कि डोडा जिले में खराब सड़कें हैं, जिसके परिणामस्वरूप मानव हानि हो रही है।

यातायात अधिकारी पहाड़ी डोडा जिले में कमर्शियल वाहनों के चालकों द्वारा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने को भी जिम्मेदार मानते हैं। इससे पहले दिन में, डोडा जिले में श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर एक अन्य दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।

*********************************

 

शिक्षकों को सीएम भगवंत मान ने दी बड़ी सौगात, सैलरी में किया जबरदस्त इजाफा

चंडीगढ़ 27 जून,(एजेंसी)। मान सरकार ने प्रदेश के अनुबंधित शिक्षकों को खुशखबरी देते हुए उनकी सैलरी में इजाफा कर दिया है। सीएम ने ऐलान किया कि अब 6137 एजुकेशन वालंटियर्स को 3500 रुपए वेतन की जगह 15 हजार रुपए की सैलरी मिलेगी। इसके साथ ही अब 58 साल तक ये टीचर काम कर सकेंगे।

इसी के साथ एजुकेशन गारंटी स्कीम में काम करने वालों के वेतन में भी भारी वृद्धि की गई है। जिनको अभी तक 6000 रुपए मिलते थे अब उनको 18000 रुपए की सैलरी दी जाएगी। एजुकेशन प्रोवाइडर्स को पहले 10,250 मिलते थे अब उन्हें 22 हजार रुपए वेतन मिलेगा। बीए, एमए करने वाले जो 11000 वेतन लेते थे, अब उनको 23 हजार रुपए की सैलरी मिलेंगी। आईईवी वालंटियर्स को 5500 रुपए की सैलरी को बढ़ाकर 15000 कर दी गई है।

नहीं कटेंगे छुट्टियों के पैसे

मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि यह विवरण आने वाले दिनों में जारी किया जाएगा। वहीं यह बात भी कही की सभी लोग अब 58 साल तक काम करने योग्य होंगे और सभी के छुट्टियों के भी पैसे नहीं काटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और अन्य कर्मियों को अपनी नौकरी पक्का करने के लिए जो धरने देने पड़ते थे वो अब नहीं देने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि गर्मियों की छुट्टियों के बाद सभी को नियुक्ति दे दिया जाएगा। आने वाले दिनों में अन्य विभागों में भी ऐसे संशोधन होंगे। उन्होंने कहा कि देरी हो सकती है, लेकिन हमारी नीयत में कोई कमी नहीं है।

*******************************

 

केजरीवाल की बढ़ीं मुश्किलें, सीएम आवास रेनोवेशन खर्च का होगा कैग ऑडिट

नई दिल्ली 27 जून,(एजेंसी)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आवास 6, फ्लैग स्टाफ रोड, सिविल लाईन अब सीएजी की जांच के दायरे में है। केजरीवाल के आवास में हुए रेनोवेशन पर खर्च की गई रकम का ऑडिट किया जाएगा। दिल्ली के उपराज्यपाल की सिफारिश पर गृह मंत्रालय ने केजरीवाल के आवास निर्माण का सीएजी से जांच कराने को मंजूरी दी है।

केजरीवाल के आवास के रेनोवेशन पर करोड़ों रुपये खर्च करने और उसमें गड़बड़ी करने के आरोप लगते रहे हैं। जिसके बाद अब इन वित्तीय गड़बडिय़ों की जांच सीएजी के द्वारा किया जाएगा। सीएजी इसके हर पहलू पर जांच करेगी। इसमें प्रशासनिक और वित्तीय गड़बड़ी की जांच भी शामिल है। उपराज्यपाल ने गृहमंत्रालय को खत लिखकर सिफारिश की थी कि केजरीवाल के घर के रेनोवेशन में हुए खर्च की जांच कराई जाए। बता दें कि पहले उपराज्यपाल ने मुख्य सचिव को केजरीवाल के बंगले के रेनोवेशन को लेकर जांच कर रिपोर्ट सौंपने मांगा था। बताया जा रहा है कि इसी रिपोर्ट के आधार पर उपराज्यपाल ने गृह मंत्रालय से सिफारिश की थी कि केजरीवाल के आवास निर्माण का सीएजी से ऑडिट कराया जाए। उपराज्यपाल की सिफारिश पर गृहमंत्रालय की मंजूरी मिल गई है।

बीजेपी और कांग्रेस लगातार यह आरोप लगा रही थी कि अरविंद केजरीवाल के बंगले के निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च किये गये हैं और इसमें गड़बड़ी की गई है। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि अरविंद केजरीवाल के बंगले के रेनोवेशन पर 45 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किये गये थे तो वहीं कांग्रेस इस खर्च को इससे भी ज्यादा बता चुकी है। दोनों ही पार्टियों ने दिल्ली के उपराज्यपाल को चि_ी लिखकर उनसे यह मांग की थी कि केजरीवाल के बंगले के रेनोवेशन में हुए खर्च की जांच की जाए। अरविंद केजरीवाल के आवास निर्माण में गड़बड़ी को लेकर कई तरह के आरोप अब तक लग चुके हैं। एक आरोप यह भी है कि सीएम केजरीवाल के बंगले के पुराने ढांचे को बिना सर्वे कराए ही ढहा दिया गया। यह भी आरोप है कि उन भवनों को भी तोड़ा गया जिसकी मंजूरी नहीं ली गई थी। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 12 मई को विजिलेंस डिपार्टमेंट ने सीएम के घर के खर्ज को लेकर एलजी को एक रिपोर्ट सौंपी थी। कहा जा रहा है कि इस रिपोर्ट में कुल 52.71 करोड़ रुपये खर्च किये जाने की बात सामने आई है। इसमें केजरीवाल के घर और उनके ऑफिस दोनों का खर्च शामिल है।

विपक्षी पार्टियां आऱोप लगाती आई हैं कि केजरीवाल के बंगले पर सितंबर 2020 से जून 2022 तक के बीच करोड़ों रुपये खर्च किये गये। महंगे मार्बल, पर्दों और इंटीरियर डेकोरेशन के जरिए घर को सजाया गया। बीजेपी इसे ‘शीशमहलÓ बताकर तंज कसती रही है। आम आमदी पार्टी के विरोधियों का यह भी दावा रहा है कि जिस वक्त दिल्ली में कोरोना ना हाहाकार मचा रखा था और अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी थी उसी वक्त सीएम अपने आवास का रेनोवेशन करा रहे थे। यह भी आरोप लगे कि रेनोवेशन को लेकर अलग-अलग किस्तों में पैसे खर्च किये गये हैं।

********************************

 

दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या करने वाले पर बड़ा एक्शन, तीन मंजिला मकान जमींदोज

फतेहपुर 27 June (एजेंसी): गेस्ट हाउस से युवती को अगवा करके उसके साथ दुष्कर्म करने और बाद में हत्या करने वाला सोनू उर्फ सिंकदर अहमद के निर्मित तीन मंजिला मकान में मंगलवार सुबह 11 बजे बुलडोजर चला। यह कार्रवाई एसडीएम अवधेश निगम और सीओ वीर सिंह की मौजूदगी में पुलिस प्रशासन ने की और मकान को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान कोई बवाल न हो, इसके लिए कोतवाल समशेर बहादुर सिंह एक प्लाटून पीएसी के साथ मुस्तैद भी रहे।

बता दें कि राधानगर क्षेत्र के एक गांव की 19 वर्षीय युवती अपने स्वजन के साथ मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए 22 जून 2023 को बिंदकी कोतवाली क्षेत्र स्थित एक मैरिज लान गई थी। इस दौरान घोसी ब्रदर्स एजेंसी संचालक सोनू उर्फ सिंकदर अहमद निवासी ज्वालागंज वहां पहुंचा और युवती को अगवा करके 500 मीटर दूर निर्माणाधीन मकान में ले गया।

इस दौरान आरोपी ने युवती से दुष्कर्म किया और बाद में ईंट से कुचलकर युवती की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने हत्यारोपित सोनू उर्फ सिंकदर को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। पुलिस ने मामले में अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की धारा जोड़ दी थी। सीओ सिटी वीर सिंह ने बताया कि हत्यारोपित का मकान तालाब की जगह पर बना था, जिसे बुलडोजर से ध्वस्त कराने की प्रक्रिया चल रही है।

*****************************

 

बंगाल पंचायत चुनाव : दिनहाटा में झड़प में एक की मौत

कोलकाता 27 June (एजेंसी): पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव को लेकर कूच बिहार जिले में मंगलवार तड़के तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प और गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हिंसा की सूचना कूचबिहार जिले के दिनहाटा ब्लॉक-1 के अंतर्गत गितालदाहा से मिली। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से जुड़े बाबू हक की हिंसा में जान चली गई। गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुए चार अन्य लोगों का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।

ताजा हताहतों की संख्या के साथ, 8 जून को राज्य में त्रि-स्तरीय पंचायत प्रणाली की तारीखों की घोषणा के बाद से 19 दिनों में चुनाव से संबंधित मौतों की कुल संख्या 11 हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आज सुबह गीतालदाहा में सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के बीच छिटपुट झड़पें शुरू हुईं और जैसे-जैसे समय बीतता गया, दोनों समूहों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।

इस दौरान हक को गोली लग गई और उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि चूंकि घटनास्थल काफी दुर्गम है और नाव के माध्यम से पहुंचना पड़ा, इसलिए पुलिस को वहां पहुंचने और स्थिति को नियंत्रित करने में कुछ समय लगा।

इलाके में अभी भी तनाव बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए वहां पुलिस की एक टुकड़ी तैनात की गई है। सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री ने कूच बिहार जिले में एक रैली की थी, जहां उन्होंने चुनाव के दौरान सीमावर्ती गांवों में मतदाताओं को डराने-धमकाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के खिलाफ जमकर हमला बोला था।

हक की मौत के साथ, कूचबिहार के दिनहाटा में चुनाव संबंधी हिंसा के कारण दूसरी मौत हुई है। 18 जून को इलाके के एक बीजेपी उम्मीदवार के बहनोई संभू दास का शव वहां एक जूट के खेत से बरामद किया गया था। इससे एक दिन पहले कूचबिहार से बीजेपी के लोकसभा सदस्य और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक के काफिले पर दिनहाटा में ही हमला हुआ था।

*********************************

 

देश को मिली पांच नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगातः PM मोदी ने रानी कमलापति स्टेशन पर दिखाई हरी झंडी

भोपाल 27 June (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजधानी भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से मध्यप्रदेश को दो नई वंदेभारत ट्रेनों समेत देश को पांच नई वंदेभारत ट्रेनों की सौगात दी। प्रधानमंत्री ने राजधानी भोपाल से इंदौर के बीच चलने वाली वंदेभारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी ने इससे पहले ट्रेन का अवलोकन भी किया। वे कुछ समय के लिए ट्रेन के अंदर भी गए।

उन्होंने रानी कमलापति स्टेशन से ट्रेन में सवार होने वाले स्कूली बच्चों से मुलाकात की और बच्चों द्वारा वंदेभारत ट्रेन के लिए बनाई पेंटिंग्स का अवलोकन भी किया। प्रधानमंत्री लगभग 10 मिनट तक बच्चों से बात करते और उन्हें मार्गदर्शन देते हुए भी दिखाई दिए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार ये वंदे भारत एक्सप्रेस भोपाल (रानी कमलापति)- इंदौर, भोपाल (रानी कमलापति)-जबलपुर, रांची-पटना, धारवाड़-बेंगलुरु और गोवा(मडगांव)-मुंबई के बीच चलाई जाएंगी। गोवा, बिहार और झारखंड को पहली बार वंदे भारत ट्रेन कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।

इससे पहले प्रधानमंत्री वायुसेना के विशेष विमान से आज सुबह लगभग दस बजे राजधानी भोपाल के राजा भोज विमानतल पर पहुंचे। पीएम मोदी को हवाईअड्डे से विशेष हेलीकॉप्टर से बरकतुल्ला विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए हेलीपेड पर पहुंचना था और वहां से उन्हें सड़क मार्ग से नजदीक ही स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन ले जाने का कार्यक्रम था। लेकिन बारिश के कारण हेलीकॉप्टर से जाने की बजाए पीएम मोदी को सड़क मार्ग से रानी कमलापति स्टेशन ले जाया गया।

********************************

 

न्यूज चैनल के दफ्तर में हुई थी दो कारोबारी भाइयों की हत्या, चैनल संचालक सहित तीन दोषी करार

रांची 27 June (एजेंसी): रांची में एक न्यूज चैनल के दफ्तर में दो व्यवसायी भाइयों हेमंत अग्रवाल और महेंद्र अग्रवाल की हत्या के मामले में रांची के अपर न्यायायुक्त विशाल श्रीवास्तव की अदालत ने चैनल संचालक लोकेश चौधरी सहित तीन अभियुक्तों को दोषी करार दिया है, जबकि एक आरोपी को बरी कर दिया।

अदालत आगामी 30 जून को इनकी सजा के बिंदुओं पर सुनवाई करेगा। यह वारदात 6 मार्च 2019 को हुई थी। न्यूज़ चैनल रांची के सबसे पॉश इलाके अशोकनगर में फ्रेंचाइजी मॉडल के आधार पर संचालित होता था और इसका संचालक लोकेश चौधरी नामक शख्स था।

उसने रांची के लालपुर इलाके में रहने वाले अग्रवाल बंधुओं हेमंत अग्रवाल और महेंद्र अग्रवाल से उधार में बड़ी रकम ली थी। लेनदेन के सिलसिले में उसने 6 मार्च की रात चैनल के सभी कर्मियों के जाने के बाद अग्रवाल बंधुओं को अपने दफ्तर में बुलाया था और दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

अग्रवाल बंधु अपने बैग में लाखों रुपये लेकर पहुंचे थे। इस दौरान लोकेश चौधरी ने उनके रुपए हड़पने की नीयत से अपने दोस्त और बॉडीगार्ड से दफ्तर में आईबी की फर्जी रेड कराई थी।

आईबी की फर्जी टीम ने दोनों से रुपए भरे बैग छीन लिए। विरोध करने पर दोनों भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद लोकेश चौधरी रात में जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के वसुंधरा अपार्टमेंट स्थित अपने फ्लैट में पहुंचा और वहां से पत्नी और बच्चों को लेकर सीधे बिहार भाग निकला था।

उसने सीसीटीवी फुटेज का डीवीआर लेकर भी निकाल लिया था। बाद में लोकेश के बॉडीगार्ड सुनील सिंह ने पकड़े जाने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया था।

उसने बताया था कि व्यवसायी हेमंत तथा महेंद्र अग्रवाल की हत्या रुपये हड़पने के लिए की गई थी। लोकेश के दोस्त एसके सिंह और धर्मेद्र तिवारी ने अग्रवाल बंधुओं पर गोली चलायी थी।

करीब एक साल बाद 9 मार्च 2020 को लोकेश ने रांची कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। लोकेश चौधरी के प्राइवेट बॉडीगार्ड सुनील सिंह उर्फ सुनील कुमार को पुलिस ने बोकारो थर्मल की डीवीसी कॉलोनी से गिरफ्तार किया था। इस संबंध में अरगोड़ा थाना के प्राथमिकी दर्ज करवाई गई थी।

पुलिस ने लोकेश चौधरी और अन्य आरोपियों को गुनहगार साबित करने के लिए 19 गवाह कोर्ट में प्रस्तुत किए, जबकि लोकेश चौधरी ने अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए एक भी गवाह प्रस्तुत नहीं किया। दोषी करार दिए गए लोगों में लोकेश के अलावा उसके दोस्त सुनील सिंह और उसका बॉडीगार्ड धर्मेंद्र तिवारी शामिल हैं।

*********************************

 

विश्वनाथ नदी में नहाने गए सगे भाई-बहन की डूबने से मौत, मोबाइल लोकेशन से शव बरामद

नैनीताल 27 June (एजेंसी): उत्तराखंड के अल्मोड़ा में दो सगे भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई है। पुलिस ने शव बरामद कर लिए हैं। जानकारी के अनुसार दोनों भाई- बहन अल्मोड़ा के बख गांव के रहने वाले थे। दोनों के शव विश्वनाथ नदी से मिले हैं। अल्मोड़ा के कोतवाल अरूण कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजन सोमवार रात को कोतवाली आये और आदित्य (15) और भावना (17) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी।

पुलिस ने सबसे पहले दोनों की मोबाइल लोकेशन तलाशी। दोनों की लोकेशन विश्वनाथ नदी के आसपास पायी गयी। इसके साथ ही पुलिस और राज्य आपदा प्रबंधन बल की टीम मौके पर पहुंची। तलाशी अभियान चलाया गया, तो युवक के कपड़े और मोबाइल नदी किनारे पाये गये। रात को ही विश्वनाथ नदी में सर्च अभियान चलाया गया।

कुमार ने बताया कि रात को एक बजे दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला नहीं लगता है। उन्होंने आशंका जताई की कि नदी में नहाते वक्त भाई डूबने लगा होगा और उसे बचाने के लिये बहन भी नदी में कूद गयी होगी और इसी जद्दोजेहद में दोनों डूब गये। उन्होंने बताया कि नदी किनारे सिर्फ भाई के कपड़े पाये गये। पंचायतनामा के बाद आज पोस्टमार्टम किया जाएगा। इस घटना के बाद गांव में गम को माहौल है।

******************************

 

ममता बनर्जी ने चाय बनाई और पकौड़े तले, बोली- लोगों के बीच समय बिताना सुखद

कूचबिहार 27 June (एजेंसी): पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगामी पंचायत चुनाव से पहले उत्तरी बंगाल के चालसा में एक स्थानीय चाय की दुकान पर चाय बनाई और पकौड़े तले। इस दौरान बनर्जी ने कहा कि बंगाल के लोगों के बीच समय बिताना सुखद है। उनके जीवन का हिस्सा बनना मेरा सबसे बड़ा खजाना है।” उन्होंने कहा कि कूच बिहार में सार्वजनिक बैठक के बाद मैंने चालसा में एक स्थानीय चाय की दुकान पर जाकर चाय बनाई और पकौड़े तलने पर हाथ आजमाया।

उन्होंने कहा कि चारों ओर लोगों के मुस्कुराते चेहरों को देखना बेहद खुशी की बात थी।” उन्होंने कहा और विनम्रतापूर्वक उनके प्यार और गर्मजोशी के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने आगे कहा, “सभी के बीच खुशी फैलाना हमेशा मेरा उद्देश्य रहेगा। उनकी खुशी ही मेरी जीत है।”

*************************************

 

Air India की फ्लाइट में यात्री ने सीट पर किया शौच-पेशाब, पुलिस ने एयरपोर्ट पर दबोचा

नई दिल्ली 27 June (एजेंसी): मुंबई-दिल्ली एयर इंडिया की फ्लाइट में एक यात्री ने कथित तौर पर विमान के अंदर शौच और पेशाब कर दिया। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने आईजीआई हवाईअड्डे पर पहुंचते ही उक्त पुरुष यात्री को गिरफ्तार किया है। इस घटना से साथी यात्री और चालक दल के सदस्य स्तब्ध रह गए।

जानकारी के अनुसार 24 जून को मुंबई से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट एआईसी 866 में सीट नंबर 17एफ पर बैठे यात्री राम सिंह ने विमान के अंदर पंक्ति 9वीं पंक्ति में बैठे लोगों पर शौच, पेशाब और थूक दिया। इस मामले में पुलिस ने उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के निवासी राम सिंह को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।

फ्लाइट कैप्टन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इस स्थिति के बारे में तुरंत मुझे, पायलट-इन-कमांड कैप्टन वरुण संसारे को स्टाफ ने सूचित किया। कंपनी को एक तत्काल संदेश भेजा गया, जिसमें यात्री के आगमन पर सुरक्षा सहायता का अनुरोध किया गया। इस घटना से विमान में सवार कई अन्य यात्रियों में हड़कंप मच गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट कैप्टन की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने आईजीआई पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 294 और 510 के तहत मामला दर्ज किया है।

**************************

 

कुलगाम में सुरक्षा बलों ने एक आतंकी को किया ढेर, पुलिस का जवान भी घायल

श्रीनगर 27 June (एजेंसी): दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के हुवरा गांव में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया और एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड में एक स्‍थानीय आतंकी मारा गया। हालांकि अभी उसकी पहचान नहीं पाई। उसके पास से हथियार व गोला बारूद बरामद किया गया है। इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सेना के जवानों ने जब पुलिस के साथ मिलकर संयुक्‍त अभियान शुरू किया तो गोलीबारी शुरू हो गई।

इलाके की घेेरेबंदी के बाद सुुरक्षा बलों ने भी जवाबी फायरिंग शुरू की। इस दौरान एक आतंकी मारा गया। गौरतलब है कि हाल के महीनों में सुरक्षा बलों व आतंकवादियों के बीच अनेक बार मुठभेड हो चुकी है।

***************************