Category Archives: news

मोदी कैबिनेट में फेरबदल की संभावना, मलयालम सुपरस्टार सुरेश गोपी को मिल सकती है जगह

तिरुवनंतपुरम 29 June (एजेंसी): 2024 के आम चुनाव से पहले सरकार और पार्टी में भाजपा बड़े फेरबदल कर सकती है। माना जा रहा है कि मलयालम सुपरस्टार सुरेश गोपी को मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर हुई मुलाकात के बाद कैबिनेट फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। पार्टी के शीर्ष सूत्रों ने इसकी पुष्टि की और कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के साथ-साथ पार्टी में भी फेरबदल पर चर्चा चल रही है।

आगामी लोकसभा चुनाव नजदीक होने के कारण कुछ मंत्रियों को पार्टी में कुछ पद दिए जाएंगे जबकि कुछ को सरकार में शामिल किया जा सकता है। 140 सदस्यीय केरल विधानसभा में भाजपा के पास एक भी विधायक नहीं होने के कारण, 2024 का लोकसभा चुनाव पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।

पूरी संभावना है कि सुरेश गोपी लगातार दूसरी बार त्रिशूर से चुनाव लड़ेंगे। गोपी हाल ही में 65 वर्ष के हो गए हैं। वो अपने राजनीतिक भविष्य के सवाल पर चुप्पी साधे हुए हैं। उनका जवाब आया, ”बीजेपी ने मुझमें निवेश किया है और इसलिए पार्टी मुझसे जो कहेगी मैं करने के लिए तैयार हूं। ” गोपी को 2014 में प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए बुलाया गया था। फिर उन्हें राज्यसभा में भेजा गया। उनका कार्यकाल पिछले साल समाप्त हो गया और जब भी किसी फेरबदल की खबर आती है, तो अटकलें तेज हो जाती हैं कि गोपी एक छुपा रुस्तम साबित होंगे।

******************************

 

फोन पे कंपनी के शिकायत करने की स्थिति में होगी कार्रवाई : गृह मंत्री

भोपाल 29 June (एजेंसी): मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि अगर ‘फोन पे’ कंपनी शिकायत करेगी तो सरकार उस शिकायत पर निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी। डॉ. मिश्रा ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि ये राजनीति का विद्रूप चेहरा है। कांग्रेस के लोग सीसीटीवी फुटेज में ये पोस्टर लगाते दिखाई दे रहे हैं।

छिंदवाड़ा, बुरहानपुर और ग्वालियर में फुटेज में कांग्रेस के कार्यकर्ता स्पष्ट दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब उस कंपनी से ही चेतावनी मिल रही हैं। अगर ये कंपनी शिकायत करेगी तो निश्चित तौर पर सरकार उस पर कार्रवाई करेगी। दरअसल, राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कुछ दिन पहले ‘फोन पे’ कंपनी से जुड़े कुछ पोस्टर लगे पाए गए थे, जिनके माध्यम से प्रदेश सरकार पर वार किया गया था।

हालांकि ये अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये पोस्टर किसने लगाए हैं, लेकिन ‘फोन पे’ कंपनी ने इस मामले में ट्वीट करते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस से कहा है कि वह इन पोस्टरों को फौरन हटाए क्योंकि इनमें उस कंपनी का नाम दर्ज है। कंपनी ने अपना लोगो इस्तेमाल किए जाने की स्थितियों में वैधानिक कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।

*******************************

 

कनाडा को वोटबैंक की चिंता, लेकिन हम एक्शन लेंगे; खालिस्तानियों पर एस. जयशंकर की दो टूक

नई दिल्ली 29 June (एजेंसी): विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि जब तक सार्क (दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन) का एक भी सदस्य आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रहेगा, तब तक भारत सार्क की बैठक नहीं कर सकता है। कनाडा का जिक्र करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि वोट बैंक की मजबूरी के कारण कनाडा खालिस्तानियों का समर्थन कर रहा है।

कनाडा में खालिस्तानी गतिविधियों पर रोक ना लगाए जाने को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने तीखा हमला बोला है।  उन्होंने कहा कि वोट बैंक पॉलिटिक्स के चलते ऐसा हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत विरोधी तत्वों पर लगाम ना कसने के चलते ही दोनों देशों के संबंध निचले स्तर पर हैं। यही नहीं इस मौके पर उन्होंने चेतावनी भी दी और कहा कि यदि कनाडा में हो रही गतिविधियों से भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता पर खतरा पैदा होता है तो फिर भारत उस पर ऐक्शन लेगा। विदेश मंत्री ने कहा कि हमारे लिए यह अहम है कि खालिस्तान मसले से कनाडा कैसे डील करता है।

उन्होंने कहा कि मैं खुले तौर पर कहना चाहता हूं कि कनाडा वोटबैंक की राजनीति के चलते इस मामले में ढीलाई से ऐक्शन ले रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले ने कई तरह से भारत और कनाडा के रिश्तों को प्रभावित किया है। विदेश मंत्री ने कहा कि ऐसा लगता है कि वोट बैंक की राजनीति के चलते कनाडा की सरकार इस मामले में हीलाहवाली कर रही है। विदेश नीति के मामले में दोटूक बोलने वाले जयशंकर ने पाकिस्तान को लेकर भी कहा कि आतंकवाद खत्म होने से पहले कोई बात नहीं हो सकती।

विदेश मंत्री ने कहा कि हम आतंकवाद को सामान्य नहीं होने दे सकते। हम नहीं चाहेंगे कि पाकिस्तान से बातचीत भी होती रहे और आतंकवाद की घटनाएं भी चलती रहें। दरअसल कनाडा में पंजाबी मूल के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। माना जा रहा है कि कनाडा की सरकार इन लोगों की नाराजगी मोल नहीं लेना चाहती। इसी के चलते वह कोई कदम नहीं उठा रही है। हालांकि बीते कुछ महीनों में कई खालिस्तानी कमांडरों की मौतें हुई हैं। इनमें से कई लोग तो गोलीबारी में मारे गए हैं। गौरतलब है कि कनाडा सरकार से भारत ने कई बार अपील की है कि वह खालिस्तानी तत्वों पर लगाम कसे।

*************************************

 

माफिया-राजनेता अतीक के कब्‍जे से मुक्‍त भूमि पर 76 लोगों का होगा अपना घर, सीएम कल सौपेंगे चाबी

प्रयागराज 29 June (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 30 जून को एक विशेष कार्यक्रम के दौरान माफिया-राजनेता अतीक अहमद से जब्त की गई जमीन पर गरीबों के लिए निर्मित 76 किफायती आवास इकाइयों के चयनित लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे। इस दौरान वे जिले में 750 करोड़ रुपये की 250 से अधिक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। योगी आदित्यनाथ ने 26 दिसंबर, 2021 को शहर के लूकरगंज इलाके में 1731 वर्ग मीटर की इस साइट पर आवास परियोजना की आधारशिला रखी थी।

अक्टूबर 2021 में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने भूमि के इस भूखंड पर प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत घरों के निर्माण के लिए एक खाका तैयार किया था, जिसे 2021 में माफिया-राजनेता अतीक अहमद के कब्‍जे से मुक्त कराया गया था। बहुमंजिला इमारतों में 75 फ्लैट बनाए गए हैं और प्रत्येक फ्लैट 34.09 वर्ग मीटर के क्षेत्र में बनाया गया है। यहां एक सामुदायिक भवन एवं एक पार्क भी बनाया गया है। आवासीय योजना में इन फ्लैटों के लिए 6,030 लोगों ने आवेदन किया था।

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने पहले आपत्तियां भी आमंत्रित की थीं। आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद पीडीए ने आखिरकार 1590 पात्र उम्मीदवारों की सूची के साथ लॉटरी की तारीख की घोषणा की थी। 76 अंतिम लाभार्थियों का चयन करने के लिए 9 जून को लॉटरी निकाली गई, जिन्हें अब 30 जून को उनके घरों की चाबियां मिलेंगी।

******************************

 

जयपुर जिले के 85 फीसदी से ज्यादा परिवारों ने करवाया महंगाई राहत कैंप में रजिस्ट्रेशन

जयपुर 29 June (एजेंसी): राजस्थान में जयपुर के 85 फीसदी से ज्यादा परिवारों ने 17 लाख 86 हजार 33 परिवारों में से 15 लाख 23 हजार 629 से ज्यादा परिवारों ने अपना पंजीयन करवा लिया है । जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि 24 अप्रैल से आयोजित हो रहे महंगाई राहत कैंपों में अब तब 55 लाख 54 हजार 526 मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड जारी किये जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना के तहत 7 लाख 63 हजार 755, मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना में 10 लाख 65 हजार 241, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 10 लाख 65 हजार 241, मुख्यमंत्री निःशुल्क कृषि बिजली योजना में 87 हजार 967, मुख्यमंत्री निःशुल्क घरेलू बिजली योजना में 9 लाख 34 हजार 965 लाभार्थियों को गारंटी कार्ड जारी हुए हैं।

वहीं, महंगाई राहत कैंप में मुख्यमंत्री कामधेनु बीमा योजना में 6 लाख 91 हजार 751, इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना में 2 लाख 79 हजार 887, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में 3 लाख 97 हजार 89, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में 2 लाख 40 हजार 711, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में 27 हजार 919 लाभार्थियों ने पंजीकरण करवाया है।

**************************

 

कांग्रेस अध्यक्ष खडगे, राहुल और प्रियंका गांधी ने दी ईद पर मुबारकबाद

नई दिल्ली 29 June (एजेंसी): कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ईद-उल-अजहा पर मुबारकबाद देते हुए देश में शांति, प्रगति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की है।

खडगे ने कहा ‘ईद-उल-अजहा का त्यौहार त्याग, विश्वास और क्षमा के महान मूल्यों का प्रतीक है। खुशी के इस अवसर पर, आइए हम सभी भाईचारे के बंधन को मजबूत करने और एक शांतिपूर्ण, सामंजस्यपूर्ण और प्रगतिशील समाज का निर्माण करने का दृढ़ संकल्प लें। ईद मुबारक।’ गांधी ने कहा ‘ईद मुबारक। यह शुभ अवसर सभी के लिए शांति, समृद्धि और खुशहाली लाए।’ वाड्रा ने कहा ‘ईद की दिली मुबारकबाद। ये पावन त्यौहार सबके जीवन में ढेर सारी खुशियां, बरकत और अमन लेकर आए।’

****************************

 

भाजपा झूठ बोलने के साथ करती हैं तुष्टीकरण की राजनीति : शिवपाल

सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने केन्द्र व प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

कहा कानून व्यवस्था पूर्ण तरह से ध्वस्त उरई

28 जून,(एजेंसी)। योगी सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि जब पुलिस कस्टडी में सरेआम हत्याएं हो रही हैं तो प्रदेश में पूरी तरह से कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी झूठ बोलने का काम करने के साथ तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। अब जनता इनके बहकावे में आने वाली नहीं है। यह बातें उन्होंने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशु पाल यादव द्वारा स्वागत समारोह में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही।

शिवपाल सिंह यादव का इटावा से खजुराहो जाते समय बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर डकोर के पास पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव ने सपा के सैकड़ों साथियों के साथ स्वागत किया। वहीं उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी झूठ बोलने का काम करती है। इसी के सहारे उनकी राजनीति चल रही है, भाजपा सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।

भाजपा ने नारा दिया जौ साल बेमिसाल जबकि देखा जाए 9 साल में भाजपा की केंद्र सरकार ने कुछ नहीं किया। कोई काम भी नहीं हुआ सिर्फ झूठ बोलने के अलावा कोई काम नहीं है इनके पास। वहीं शिवपाल ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।

पुलिस कस्टडी में सरेआम हो रही हत्याएं, जब पुलिस कस्टडी में हत्याएं हो रही हैं तो प्रदेश में पूरी तरह से कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। वहीं उन्होंने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि वह सभी दलों के गठबंधन के साथ मिलकर भाजपा को केंद्र से उखाड़ फेंकने का काम करेंगे क्योंकि जनता भी इनके दिखावे से तंग आ गई है ओर वह भी पूरी तरह से सरकार को बदलने के मूड में दिख रही है।

उसके बाद वह खजुराहो के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव, तेज प्रताप यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख डकोर महेंद्र यादव, थोपन यादव, मुलायम सिंह, सुनील यादव, चंद्रपाल, नानू यादव, जीतू कुठौंद, गुल्लू भिटारी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

*********************************

 

राज्य सहित कोलकाता में बारिश से जनजीवन प्रभावित

*महानगर में जगह-जगह जल जमाव से लोग परेशान*

कोलकाता 28 जून,(एजेंसी)। महानगर कोलकाता और उसके आसपास के स्थानों पर मंगलवार की रात से जारी बुधवार को भारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ जगह-जगह पानी भर जाने के कारण लोगों को सुबह अपने कार्यालयों के लिए निकलते समय भारी जाम का सामना करना पड़ा।

महानगर के बड़ाबाजार, खिदिरपुर, काकुरगाछी, दमदम पोर्ट अंचल आदि इलाकों में घुटनों से अधिक पानी जमा हुआ है।  मौसम विज्ञान विभाग ने दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई इलाकों में और भारी बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है आज सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 214.3 मिलीमीटर बारिश डायमंड हार्बर में हुई वहीं कैनिंग में 58.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। ये दोनों शहर राज्य के दक्षिण 24 परगना जिले में आते हैं कोलकाता में 40.4 मिलीमीटर बारिश हुई, लगातार बारिश के कारण शहर में कई इलाकों में पानी भर गया जिससे यातायात प्रभावित हुआ। कुछ स्कूलों ने मौजूदा स्थिति देखते हुए छुट्टी की घोषणा की है कम संख्या में सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होने के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार सुबह तक दक्षिण और उत्तर 24 परगना के तटीय जिलों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है विभाग के अनुसार, अगले दो दिन में जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं। उत्तर बंगाल में भी लगातार बारिश हो रही है जो इस सप्ताह के अंत तक इसी तरह से जारी रहने वाली है।

****************************

 

सॉल्वरों का प्रयागराज व बिहार से कनेक्शन की जांच करेगी पुलिस

कानपुर 28 जून,(एजेंसी)। कानपुर में यूपीएसएसएससी की ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और समाज कल्याण पर्यवेक्षक की परीक्षाओं के दौरान पकड़े गए सॉल्वरों के तार दिल्ली की मुखर्जी नगर कोचिंग मंडी से जुड़ रहे हैं। पुलिस की जांच में इस बात के संकेत मिले हैं कि सॉल्वर गिरोह मुखर्जी नगर में बैठा है।

वहीं से प्रयागराज की कोचिंग मंडी से ग्राहक तय करता था और फिर दिल्ली व प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बिहार के युवाओं को परीक्षा देने के लिए भेजता था। पुलिस अब दिल्ली, प्रयागराज और बिहार के इस त्रिकोणीय नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। बता दे कि,कानपुर में एसटीएफ और कमिश्नरी पुलिस ने यूपीएसएसएससी की परीक्षा के दूसरे दिन भी 10 सॉल्वर और नकलचियों को गिरफ्तार किया है। दो दिन में 28 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

साथ ही बड़ी संख्या में कानपुर में सॉल्वर पकड़े जाने के बाद उनके कानपुर की काकादेव कोचिंग मंडी से कनेक्ट ढूंढ रही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि पहले हुई कई परीक्षाओं में एसटीएफ ने जितनी बार सॉल्वरों को पकड़ा,उनका कहीं न कहीं काकादेव कोचिंग मंडी से कनेक्शन रहा है।

बिहार के थे ज्यादातर सॉल्वर

दरअसल, दो दिन की परीक्षा के दौरान पकड़े गए ज्यादातर सॉल्वरों का प्रयागराज या बिहार से कहीं न कहीं कनेक्शन मिला है। हालांकि सॉल्वर सीधे तौर पर किसी भी अभ्यर्थी को नहीं जानते थे। हालांकि जांच में यह बात जरूर सामने आई है कि परीक्षा देने पहुंचे ज्यादातर सॉल्वर बिहार के थे।

बड़े गिरोह का नेटवर्क के मिले संकेत 

साथ ही, उनका कोई न कोई संपर्क दिल्ली में मुखर्जी नगर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं से था। पुलिस भी इस बात इत्तेफाक रखती है कि वहां के ही साथियों की मदद से सॉल्वर बड़े गिरोह के नेटवर्क में शामिल हुए हों। इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए जांच बढ़ाई जा रही है।

दिल्ली का माफिया

प्रयागराज के ग्राहक पकड़े गए सॉल्वरों की जांच में पता चला है कि दिल्ली में बैठे सॉल्वर गिरोह के सदस्य एजेंटों के जरिये परीक्षार्थियों और सॉल्वरों के बीच माध्यम बन पास कराने का ठेका लेता और सॉल्वरों को परीक्षा के लिए आने-जाने और संबंधित शहर में रुकने की व्यवस्था करता। साथ ही परीक्षा के एवज में मोटी रकम भी दी जाती।

***************************

 

भाजपा नेत्री का फर्जी अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोपी रविंद्र नागर गिरफ्तार

मेरठ 28 जून,(एजेंसी)। भाजपा महिला नेत्री का फर्जी अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी रविंद्र नागर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फर्जी वीडियो को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है। वीडियो में कैसे छेड़छाड़ की गई है, ये लैब में जांच के बाद ही पता चल पाएगा। वहीं, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने वीडियो वायरल करने के आरोपी रविंद्र नागर की गिरफ्तारी के लिए भावनपुर थाना प्रभारी को आदेश दिए थे, जिसके बाद बुधवार दोपहर को उसके आवास से पुलिस ने उसे धर दबोचा।

भावनपुर थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक सोमदत्त विहार निवासी रविंद्र नागर ने एडिटिंग करके पार्टी की महिला नेत्री का फर्जी अश्लील वीडियो तैयार किया। महिला को बदनाम करने के इरादे से इस वीडियो को अपने नजदीकी वार्ड 18 से पार्षद रविंद्र को दे दिया। सराय काजी निवासी पार्षद रविंद्र ने एक फर्जी आईडी बनाकर वीडियो को सोशल साइट पर वायरल कर दिया। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

आरोपी पार्षद रविंद्र को कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल चुकी है। दूसरा आरोपी रविंद्र नागर फरार चल रहा था। पुलिस ने वीडियो को निवाड़ी की फोरेंसिक लैब भेजा गया है। वहीं, आरोपी महिला नेत्री का दूसरा वीडियो भी वायरल कर चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस फरार आरोपी नहीं पकड़ पा रही थी। बुधवार को पुलिस ने आरोपी रविंद को पकड़ लिया।
पार्टी ने भी नहीं की कोई कार्रवाई

पार्टी की ओर से भी अभी तक भाजपा के दोनों नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इतना गंभीर प्रकरण होने के बाद भी दोनों पर कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर कार्यकर्ता भी सवाल उठा रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर कर देना चाहिए।

*****************************

 

उमेश पाल हत्याकांड के गवाह पर जानलेवा हमला

*एनकाउंटर में मारे गए शूटर उस्मान उर्फ विजय चौधरी के भाई पर आरोप*

प्रयागराज 28 जून,(एजेंसी)। कौंधियारा थाना क्षेत्र में तीन माह पहले उमेश पाल हत्याकांड में शूटर विजय चौधरी एनकाउंटर के गवाह पर रात में हमला किया गया। आरोप है कि कौंधियारा इलाके में रात में घर लौट रहे कारोबारी नीरज शुक्ला की बोलेरो रोक फायरिंग और लूट की कोशिश की गई। एनकाउंटर में मारे गए विजय चौधरी के भाई राकेश चौधरी पर हमले का आरोप लगा है।

मंगलवार आधी रात की घटना में हमलावर राकेश चौधरी खुद गम्भीर रूप से घायल हो गया। खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया है। ज्ञात हो कि राकेश चौधरी के खिलाफ भी कई आपराधिक केस हैं। वह जेल से अदालत लाते समय प्रिजन वैन से कूदकर भागने का भी आरोपित है।

24 फरवरी को उमेश पाल और दो सरकारी गनर की हत्या के बाद छह मार्च को एसओजी ने शूटर विजय चौधरी को कौंधियारा इलाके में मुठभेड़ में मार गिराया था। उस मुठभेड़ मामले में नीरज शुक्ला को पुलिस ने गवाह बनाया है। आरोप है कि रात में नीरज बोलेरो में घर लौट रहे थे तभी राकेश और उसके साथियों ने रोकने का प्रयास किया और फायरिंग की।

एसीपी कौंधियारा राजीव यादव ने बताया कि घटनाक्रम की जांच की जा रही है। राकेश चौधरी कुछ समय पहले जेल से छूटा है। आरोप है कि वह एनकाउंटर के गवाह को धमकाने के लिए रास्ते में रोक रहा था तभी बोलेरो की टक्कर लगने से घायल हो गया। एफआइआर और घटनाक्रम के अनुसार जांच और कार्रवाई की जाएगी।

****************************

 

खराब मौसम के बावजूद घुरती रथयात्रा पर उमड़ा श्रद्धां का सैलाब

*प्रभु जगन्नाथ भाई-बहन के साथ मौसी के घर से मंदिर लौटे*

कोलकाता 28 जून (एजेंसी)। लगातार बारिश और खराब मौसम के बावजूद लाखों श्रद्धांलुओं महानगर कोलकाता सहित हुगली, हावड़ा ही नहीं बरन राज्य भार में आज घुरती रथ खींचा। इस दौरान कोलकाता में इस्क़ॉन व हुगली जिले के महेश की रथयात्रा की धूम रही।

लाखों श्रद्धांलुओं ने भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचा। कोलकाता में घुरती रथयात्रा के दौरान हजारों भक्तों ने इस्क़ॉन के रथ को आउट्राम रोड, जेएल नेहरू रोड, एसएन बनर्जी रोड, सीआईटी रोड से तीन देवताओं के रथों को खींचकर अल्बर्ट रोड पर इस्कॉन मंदिर तक पहुंचाया। यानी प्रभु जगन्नाथ भाई-बहन के साथ मौसी के घर से मंदिर लौट आए।

गाजे बाजे,शंख व घंटे के भक्तिमय लय व जय जगन्नाथ के उद्घोष के बीच महानगर कोलकाता सहित राज्य भर में रथयात्रा की धूम रही। घुरती रथ को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। इस दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। बता दे कि इस्कॉन की रथयात्रा का श्रीगणेश राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया था।

*****************************

 

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव होंगे छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम

रायपुर 28 June (एजेंसी)।अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को डिप्टी सीएम नियुक्त किया है. दिल्ली में आयोजित अहम बैठक के बाद एआईसीसी जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल ने यह आदेश जारी किया है.

सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहां है तैयार हम महाराज साहब को उपमुख्यमंत्री के रूप में द्वितीय के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दिया

***************************

 

और लाल हुआ टमाटर, भाव ₹120 KG के पार, तमिलनाडु सरकार ने लिया बड़ा फैसला

नई दिल्ली 28 June (एजेंसी): हरी सब्जियों के रेट आसमान छूने लगे हैं। वहीं टमाटर की बात करें तो महज एक हफ्ते पहले तक 40 रुपये किलो बिकने वाले टमाटर के भाव 6 गुना बढ़कर 120 रुपये पर पहुंच गए हैं। टमाटर की कीमतों में आए तेज उछाल को सरकार ने अस्थायी और मौसम-जनित परिस्थिति बताते हुए मंगलवार को कहा कि इसके दाम जल्द ही नीचे आ जाएंगे। देश के कई शहरों में 100 रुपए और उससे भी अधिक दाम पर टमाटर बिकने की खबरें आ रही हैं। उत्तर प्रदेश में तो कीमतें लगभग 200 रुपए तक पहुंच गईं हैं और इसी वजह से खाना बनाने में प्रमुखता से इस्तेमाल होने वाले टमाटर ने घरों का बजट बिगाड़ने का काम किया है।

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में तो मंगलवार को टमाटर की कीमत खुदरा बाजार में 160 रुपए से लेकर 180 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई। आलम यह है कि जो लोग टमाटर खरीदने के लिए आ रहे हैं, वो दाम सुनकर ही वापस हो जाते हैं और जिन्हें टमाटर ही चाहिए वो सिर्फ 100 से 200 ग्राम टमाटर खरीदने को मजबूर हैं।

इस बीच, उपभोक्ता मामलों के विभाग के सचिव रोहित कुमार सिंह ने इस संदर्भ में कहा कि टमाटर की कीमतों में तीव्र वृद्धि एक अस्थायी समस्या है। उन्होंने कहा, ‘हर साल इस समय ऐसा होता है। दरअसल टमाटर बहुत जल्द खराब होने वाला खाद्य उत्पाद है और अचानक बारिश होने से इसकी ढुलाई पर असर पड़ता है।’

‘मैं लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि अगले कुछ दिनों में कीमतें कम होने वाली हैं… दिल्ली में सोलन और हिमाचल प्रदेश के अन्य केंद्रों से ताजा आपूर्ति की उम्मीद है, जिससे टमाटर की कीमतों को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।’ अधिकारी ने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि 10 से 15 दिनों के भीतर टमाटर की कीमत कम होनी शुरू हो जाएगी।’

उपभोक्ता मामलों के विभाग के पास उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 27 जून को अखिल भारतीय स्तर पर टमाटर की औसत कीमत 46 रुपये प्रति किलो रही। हालांकि इसकी अधिकतम कीमत 122 रुपये प्रति किलो भी दर्ज की गई है। देश के चार मेट्रो शहरों की बात करें तो दिल्ली में टमाटर की खुदरा कीमत 60 रुपए प्रति किलो, मुंबई में 42 रुपए प्रति किलो, कोलकाता में 75 रुपए प्रति किलो और चेन्नई में 67 रुपए प्रति किलो रही।

हालांकि सरकारी आंकड़ों का कहना है कि कर्नाटक के बेल्लारी में टमाटर का भाव 122 रुपए प्रति किलो दर्ज किया गया है। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में दूध एवं फल-सब्जियों की बिक्री करने वाली मदर डेयरी के स्टोर पर भी टमाटर का भाव एक हफ्ते में ही दोगुना होकर करीब 80 रुपए प्रति किलो हो चुका है। प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में बारिश होने से टमाटर की आपूर्ति बाधित होने से इसके दाम में उछाल आया है।

राजधानी दिल्ली में सब्जी विक्रेता अलग-अलग जगहों पर टमाटर को 80-120 रुपए प्रति किलो की दर से बेच रहे हैं। पश्चिम विहार इलाके में सब्जियों के विक्रेता बब्लू ने कहा, ‘हम 15 जून तक 25-30 रुपये प्रति किलो के भाव पर टमाटर बेच रहे थे। कुछ दिनों में ही यह 40 रुपए प्रति किलो हो गया और फिर 60 और 80 रुपए प्रति किलो के भाव तक पहुंच गया है।’ सरकारी आंकड़ों के मुताबिक फसल सत्र 2022-23 में टमाटर का उत्पादन 2.062 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जबकि इसके एक साल पहले यह 2.069 करोड़ टन रहा था।

इस बीच तमिलनाडु में सरकार ने टमाटर के बढ़ते दामों पर लगाम लगाना शुरू भी कर दिया है। यहां फार्म फ्रेश आउटलेट्स (एफएफओ) पर टमाटर बेचे जाएंगे। एफएफओ में टमाटर 68 रुपये प्रति किलो बिकेगा। एफएफओ में 60 रुपये प्रति किलोग्राम पर टमाटर बेचने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। तमिलनाडु सहकारिता, खाद्य और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री पेरियाकरुप्पन ने बताया कि गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को राहत देने के लिए, टमाटर की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है।

*****************************

 

10 राज्यसभा सीटों पर 24 जुलाई को होंगे मतदान, इन सांसदों का कार्यकाल हो रहा खत्म

नई दिल्ली 28 June (एजेंसी)- निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने राज्यसभा की दस सीटों के लिए मतदान का एलान किया है। इनके लिए मतदान 24 जुलाई को होगा। इसमें गोवा की एक, पश्चिम बंगाल की छह और गुजरात की तीन सीटें शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल में डोला सेन, डेरेक ओ’ब्रायन, प्रदीप भट्टाचार्य, सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रे और शांता छेत्री का कार्यकाल 18 अगस्त को समाप्त हो जाएगा। इसके अलावा, गुजरात में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, दिनेश जेमलभाई अनावडिया और लोखंडवाला जुगल सिंह माथुरजी का कार्यकाल भी इसी तारीख को खत्म हो रहा है। गोवा में विनय तेंदुलकर का कार्यकाल 28 जुलाई को खत्म होने जा रहा है।

चुनाव के लिए अधिसूचना छह जुलाई को जारी की जाएगी। नामांकन की अंतिम तारीख 13 जुलाई होगी। उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तारिख 17 जुलाई होगी। मतदान और मतगणना 24 को होगी।

*******************************

 

मानहानि केस में फंसे उद्धव ठाकरे, शिंदे ग्रुप के सांसद की शिकायत पर कोर्ट ने जारी किया समन

नई दिल्ली 28 June (एजेंसी)- मुंबई की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने शिवसेना (यूबीटी) नेताओं उद्धव ठाकरे और संजय राउत को समन जारी किया है। यह समन शिंदे खेमे के एक सांसद की शिकायत पर जारी किया गया है। शिवसेना सांसद राहुल शेवाले के खिलाफ पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में प्रकाशित कथित अपमानजनक लेखों को लेकर उद्धव ठाकरे और संजय राउत को समन जारी किया है।

मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (सिवड़ी अदालत) एसबी काले ने मुंबई दक्षिण-मध्य निर्वाचन क्षेत्र से सांसद शेवाले द्वारा दायर एक शिकायत के जवाब में सोमवार को समन जारी किया। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे और राज्यसभा सांसद संजय राउत को 14 जुलाई को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया है।

एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट से संबंधित राहुल शेवाले ने ‘अपमानजनक’ प्रकाशित करने के लिए दोनों नेताओं के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि के लिए सजा) और 501 (मानहानि करने वाली बात को छापना या उकेरना) के तहत कार्रवाई की मांग की है। यह कथित लेख ‘सामना’ के मराठी और हिंदी संस्करणों में उनके खिलाफ छपे थे। उद्धव ठाकरे सामना के मुख्य संपादक हैं, राउत इसके कार्यकारी संपादक हैं।

वकील चित्रा सालुंके के माध्यम से दायर शिकायत में, शेवाले ने 29 दिसंबर, 2022 को प्रकाशित ‘राहुल शेवाले का कराची में होटल, रियल एस्टेट व्यवसाय है’ शीर्षक वाले लेखों पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, “शिकायतकर्ता ने उक्त लेखों में लगाए गए सभी आरोपों का दृढ़ता से खंडन किया और स्पष्ट रूप से कहा कि यह आम जनता के सामने उनकी छवि खराब करने के लिए शिकायतकर्ता के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर उसकी प्रतिष्ठा और राजनीतिक करियर को नुकसान पहुंचाने का एक कमजोर प्रयास है।”

******************************

 

किसानों को मोदी सरकार का तोहफा, गन्ने की MSP में बढ़ोतरी का ऐलान

नई दिल्ली 28 June (एजेंसी): केंद्र सरकार ने किसानों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। आज मोदी कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें गन्ना किसानों के लिए एमएसपी में बढ़ोत्तरी को मंजूरी दी गई है। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कैबिनेट ने चीनी सीजन 2023-24 के लिए गन्ना किसानों के लिए 315 रुपये प्रति क्विंटल के अब तक के उच्चतम उचित और लाभकारी मूल्य को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस निर्णय से 5 करोड़ गन्ना किसानों और उनके आश्रितों के साथ-साथ चीनी मिलों और संबंधित सहायक गतिविधियों में कार्यरत 5 लाख श्रमिकों को लाभ होगा।

पिछले सत्र में गन्ने का न्यूनतम मूल्य 305 रुपये प्रति क्विंटल था। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा अन्नदाता के साथ हैं। सरकार हमेशा कृषि और किसानों को प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने कहा कि गन्ने का न्यूनतम मूल्य 2014-15 में 210 रुपये प्रति क्विंटल था। अब वह बढ़कर 2023-24 में 315 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। कैबिनेट कमिटी ऑन इकोनॉमिक अफेयर्स यानी CCEA ने 2022-23 से 2024-25 के बीच अगले तीन सालों के लिए 368676.7 करोड़ रुपए के यूरिया सब्सिडी का ऐलान किया है। मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंस यानी MDA के लिए 1451 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है।

****************************

 

राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट करना पड़ा महंगा, BJP नेता के खिलाफ FIR दर्ज

बेंगलुरु 28 June (एजेंसी): कर्नाटक पुलिस ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट प्रकाशित करने के मामले में भाजपा आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अपमानजनक पोस्ट डालने के मामले में भाजपा आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय पर बेंगलुरु पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

बता दें कि राहुल गांधी का एक एनिमेटेड वीडियो जारी करने को लेकर प्रदेश कांग्रेस नेता रमेश बाबू ने इसकी शिकायत दर्ज करवाई थी। अमित मालवीय ने 17 जून को अपने ऑफिशियल अकाउंट से एक एनिमेटेड वीडियो पोस्ट किया था। आरोप है कि अमित मालवीय ने राहुल गांधी के बारे में टिप्‍पणी करते हुए कहा था कि “वह खतरनाक गेम खेेल रहे हैं। भारत विरोधी राग अलाप रहे राहुल गांधी विदेशों में भारत को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे।”

अमित मालवीय के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा कि देश के कानून का पालन करने में भाजपा नेताओं को परेशानी होती है। मैं बीजेपी से पूछना चाहता हूं कि एफआईआर का कौन सा हिस्सा गलत इरादे से दर्ज किया गया है।

जानकारी अनुुुुसार उस वीडियो में यह दावा किया गया है कि कांग्रेस पार्टी देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त है और जब भी राहुल गांधी विदेश जाते हैं तो देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होते हैं। वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि कांग्रेस और राहुल गांधी देश को तोड़ रहे हैं।

प्रियांक खड़गे ने कहा कि हमने भाजपा पार्टी द्वारा संचालित झूठ की फैक्ट्री को बंद करने का निर्णय लिया है। बीजेपी पार्टी के कार्यकर्ता फर्जी खबर बनाते हैंं, अब हम ऐसा नहीं होने देंगे। साथ ही कहा कि सांप्रदायिक पोस्ट करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

खड़गे ने कहा, कि अमित मालवीय बेंगलुरु आएं और बताएं कि कांग्रेस कैसे देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है। उन्होंने कहा, अन्यथा उन्हें माफी मांगनी होगी और इस आशय पर पत्र देना होगा कि वह भविष्य में इस तरह के आरोप नहीं लगाएंगे।

*****************************

 

बिहार : भाजपा सांसद की जुबान फिसली, नीतीश को बताया पीएम, फिर किया सुधार…

गया 28 June (एजेंसी): बिहार के औरंगाबाद के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद सुशील कुमार सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बता दिया। हालांकि, पास खड़े नेताओं द्वारा टोके जाने पर उन्होंने अपनी गलती सुधार ली। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। जब रांची से उद्घाटन के बाद मंगलवार की शाम वंदे भारत एक्सप्रेस गया जंक्शन पहुंची तब उसके स्वागत के लिए औरंगाबाद के सांसद सुशील सिंह भी पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत के क्रम में सांसद की जुबान फिसल गई।

उन्होंने बिहार के सीएम नीतीश कुमार को देश का प्रधानमंत्री बताया। हालांकि, पास खड़े नेताओं द्वारा टोके जाने पर उन्होंने अपनी गलती सुधारते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाए जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि लोगों के लिए प्रधानमंत्री ने यह बड़ी सुविधा दी है।

इधर, सांसद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार पहले एनडीए के साथ ही थे। लेकिन, पिछले वर्ष उनकी पार्टी जदयू, एनडीए से अलग हो गई थी। नीतीश कुमार फिलहाल विपक्षी दलों को एकजुट करने के प्रयास में जुटे हैं।

*******************************

 

पुलिस पर एफआईआर के हाईकोर्ट एकल न्‍यायाधीश के आदेश को राज्‍य सरकार ने दी चुनौती

कोलकाता, 28 June (एजेंसी):  पुलिस के दो वरिष्‍ठ अधिकारियों पर केस दर्ज करनेे के कलकत्ता उच्च न्यायालय के एकल न्‍यायाधीश के आदेश के खिलााफ राज्‍य सरकार ने बुधवार कोर्ट के मुख्‍य न्‍यायाधीश टी.एस. शिवगणनम से युक्‍त खंडपीठ से संपर्क किया।

उसी अदालत के न्यायमूर्ति राजशेखर मंथा की एकल- पीठ ने राज्य सरकार से उसी जिले के कैनिंग में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन चरणों के दौरान हिंसा के संबंध में दक्षिण 24 परगना जिले के दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को कहा था।

खंडपीठ ने राज्‍य सरकार की याचिका स्वीकार कर ली है और मामले की सुनवाई 5 जुलाई को होगी।

हाल ही में न्यायमूर्ति मंथा ने राज्य सरकार को कथित पुलिस निष्क्रियता के लिए कैनिंग में एक उप-मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) और एक प्रभारी निरीक्षक (आईसी) के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया, क्योंकि नामांकन चरण के दौरान क्षेत्र में हिंसा भड़क गई थी।

तृणमूल कांग्रेस से अलग हो चुके नेता सिराजुल इस्लाम घरामी द्वारा दायर याचिका में आरोप लगाया गया कि 11 जून को जब वह नामांकन दाखिल करने के लिए कई स्वतंत्र उम्मीदवारों के साथ स्थानीय ब्लॉक विकास कार्यालय जा रहे थे, तो उन पर सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हमला किया और गंभीर रूप से पीटा। .

घरामी ने याचिका में यह भी आरोप लगाया कि भारी पुलिस दल के साथ मौके पर मौजूद होने के बावजूद संबंधित एसडीओपी और आईसी ने कोई कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने दावा किया कि उस दिन सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा गोलियां चलाई गईं, इसमें सात निर्दलीय उम्मीदवार घायल हो गए.

उनकी याचिका के अनुसार, पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय, दो घायल व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की।

इसके बाद जस्टिस मंथा ने आदेश दिया कि संबंधित एसडीपीओ और आईसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। अब राज्य सरकार ने उस आदेश को उच्च पीठ में चुनौती दी है।

******************************

 

हरियाली बढ़ाएगी योगी सरकार की एक नल, एक पेड़ अभियान

लखनऊ  28 June (एजेंसी):  उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य में एक जुलाई से ‘एक नल, एक पेड़’ अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत एक से सात जुलाई तक लाखों की संख्या में वृक्षारोपण किया जाएगा।

‘हर घर जल योजना’ के तहत राज्य सरकार ग्रामीणों को नल कनेक्शन देने के साथ भविष्य को हरा-भरा बनाने का तोहफा भी देगी। ग्रामीणों को एक पौधा उपहार स्वरूप दिया जाएगा। इन पौधों को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी नल कनेक्शन प्रदान किए जाने वाले घर के बाहर, ओवरहैड टैंक के प्रांगण में, पंप हाउस और वाॅटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में रोपेंगे। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के कनेक्शन के साथ हरियाली के इस अनूठे अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर की जा रही है।

उत्तर प्रदेश में सात दिनों में करीब 5 लाख से अधिक वृक्ष रोपे जाएंगे। इस अभियान के दौरान नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की सभी इकाईयां, अधिकारी, कर्मचारी शामिल होंगे। नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने बैठक कर अधिकारियों को 1 से 7 जुलाई के बीच वृहद स्तर पर वृक्षारोपण के निर्देश जारी किये हैं।

बता दें उत्तर प्रदेश ‘हर घर जल योजना’ के तहत ग्रामीणों को सबसे अधिक नल कनेक्शन प्रदान करने वाला राज्य बनने के साथ ही प्रतिदिन 40 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन भी प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम के लिए जिला, ब्लाॅक और ग्राम पंचायत स्तर पर जल समितियां और संस्थाओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संस्थाओं के सदस्य ग्रामीणों के बीच पर्यावरण आधारित कार्यक्रम आयोजित करने के साथ गांव-गांव में लोगों को जल बचाने और पर्यावरण को बढ़ावा देने की जानकारी देंगे, जल संरक्षण के महत्व को बताएंगे। गंदे पानी से होने वाली बीमारियों और उससे बचाव के उपाय तो बताएंगे ही साथ में बारिश के पानी को बचाने के तरीकों से भी अवगत कराएंगे। इसके साथ ही गांव, ब्लाॅकों पर बने ओवरहैड टैंकों के प्रांगण, पंचायत भवनों और वाॅटर ट्रीटमेंट प्लांटों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि योगी सरकार वर्तमान के साथ भविष्य को लेकर भी सजग है। हमारी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पेयजल मिलने के साथ ही वो स्वच्छ पर्यावरण में सांस ले सकें, इस योजना पर हम काम कर रहे हैं। किसी भी प्रदेश में नल कनेक्शन के साथ उपहार स्वरूप पौधरोपण पहली बार किया जा रहा है। सरकार लोगों को नल पहुंचाने के साथ प्रकृति को संजोने का भी प्रयास कर रही है। ‘एक नल एक पेड़’ अभियान ग्रामीण इलाकों में हरियाली का संदेश देकर जाएगा।

****************************

 

समान नागरिक संहिता के समर्थन में AAP, मुस्लिम लॉ बोर्ड ने भी किया मंथन

नई दिल्ली 28 June (एजेंसी)- प्रधानमंत्री ऩरेंद्र मोदी द्वारा समान नागरिक संहिता द्वारा बयान के बाद देश में नई बहस छिड़ गई है। इस बहस के बीच आम आदमी पार्टी ने रुख साफ कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने समान नागरिक संहिता का समर्थन किया है। आप का कहना है कि सभी की सहमति से यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होना चाहिए।

यूसीसी के मुद्दे पर सभी दलों से बात होनी चाहिए। वहीं, मुस्लिम लॉ बोर्ड ने फैसला किया है कि वो इस मामले में एक ड्रॉफ्ट तैयार करेगा। इसके बाद लॉ कमीशन से अध्यक्ष से मिलकर उन्हें वो सौंपेगा। इस ड्रॉफ्ट में शरीयत के जरूरी नियमों का जिक्र किया जाएगा, ताकि UCC से वो प्रभावित ना हों। समान नागरिक संहिता यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड का मतलब है देश में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून, चाहे वो किसी भी धर्म या जाति का हो।

आम आदमी पार्टी (आप) नेता संदीप पाठक ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का समर्थन करती है क्योंकि संविधान का अनुच्छेद 44 भी कहता है कि देश में यूसीसी होना चाहिए।

***************************

 

भ्रष्टाचार और घोटाले को लेकर मोदी का इशारा शिवराज की तरफ: कमलनाथ

भोपाल 28 June (एजेंसी)– मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष कमलनाथ ने पीएम नरेंद्र मोदी के भ्रष्टाचार और घोटालों को लेकर विरोधी दलों पर किए गए हमले पर अपनी प्रतिक्रिया में बयान दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इशारा राज्य के सीएम शिवराज सिंह चौहान की ओर हो सकता है।

संवाददाताओं ने राजधानी में कमलनाथ से पूछा कि पीएम मोदी ने  भोपाल में आयोजित एक जनसभा में घोटाला और भ्रष्टाचार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा था। कमलनाथ ने इस पर कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने कांग्रेस का ज़िक्र नहीं किया। उनका इशारा शिवराज सिंह चौहान की ओर भी हो सकता है।

पीएम मोदी के देश में समान नागरिक संहिता को जरूरी बताने संबंधी कथन पर कमलनाथ ने कहा कि आम नागरिक के मुद्दे महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और किसान हैं न की यूसीसी । उन्होंने वहां उपस्थित लोगों की ओर संकेत करते हुए कहा कि यहां सब आम लोग खड़े हैं। क्या आप जानते हैं यूसीसी क्या है?

पीएम मोदी ने विरोधी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि 2024 में फिर से भाजपा की सरकार बनती नजर आ रही है जिसके कारण विरोधी दल बौखला गया है। इस पर कमलनाथ ने कहा, आपको क्या में बौखलाया हुआ लगता हूं।

****************************

 

मातम में बदली शादी की खुशियां, ट्रक ने बारातियों को कुचला- 5 लोगों की दर्दनाक मौत

भुवनेश्वर 28 June (एजेंसी): ओडिशा के क्योंझर जिले के साठीघर साही के पास एनएच 20 पर बुधवार तड़के दर्दनाक हादसे में एक ट्रक ने बारात पार्टी को कुचल दिया, जिससे पांच बारातियों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दूल्हे के भतीजे सहित दूल्हा पक्ष के तीन और दुल्हन के गांव सतीघर साही के दो लोग शामिल हैं।

सूत्रों ने बताया कि छह घायलों का इलाज क्योंझर जिला मुख्यालय अस्पताल में चल रहा है, जबकि तीन घायलों को कटक रेफर कर दिया गया है। हादसे को अंजाम देने वाला ट्रक चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। सूत्रों ने बताया कि यह हादसा दुल्हन के घर से कुछ ही मीटर की दूरी पर तब हुआ जब हरिचंदपुर ब्लॉक के अंतर्गत मानपुर गांव से दूल्हा शादी के लिए बारात लेकर साठीघर साही जा रहा था। सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद गांव में मातम छा गया और शादी स्थगित कर दी गई।

***************************