मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय में बड़ा घोटाला, 3 पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज

भोपाल 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय में मेडिकल शाखा के अधिकारियों ने फर्जी बिल बनाकर 15 लाख रुपए हड़प लिए।

यहां तैनात तीन पुलिसकर्मियों ने मिलकर फर्जी मेडिकल बिल बनाकर 10 लाख रुपये का भुगतान करा लिया। इस मामले में डीएसपी ओपी मिश्र की शिकायत पर तीनो के खिलाफ धोखा धड़ी का केस दर्ज किया गया है।

जहांगीराबाद थाना प्रभारी चतुर्भुज राठौर ने बताया कि मुख्यालय में तैनात पुलिसकर्मी आरोपियों के नाम हर्ष, नीरज और राजपाल ठाकुर हैं। तीनों पुलिस मुख्यालय में कैशियर पद पर कार्यरत थे।

जांच के दौरान पता चला कि तीनों ने आपसी मिलीभगत से तीन अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर फर्जी इलाज के बिल तैयार किए गए और उन्हें विभाग से पास कराकर करीब 10 लाख रुपए का भुगतान लिया गया है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब मेडिकल बिलो की जांच के दौरान कई दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। जब अस्पताल से इन इलाजों की पुष्टि की गई तो पता चला कि ऐसे किसी मरीज का रेकॉर्ड वहां मौजूद नहीं है।

इसके बाद डीएसपी ओपी मिश्र ने पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार की गई और तीन पुलिस जवान के खिलाफ धोखाधड़ी व फर्जीवाड़े की धाराओं में केस दर्ज कराया गया। जांच में जुटी पुलिस ने दस्तावेज जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

इसी तरह के फर्जी बिल पास कराने के मामले में सिवनी, बालाघाट और झाबुआ जिलों में भी केस दर्ज किए गए है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

भोपाल पुलिस मुख्यालय में जुड़े धोखाधड़ी में जिसके नाम तैयार बिल पास किया गया है उससे भी पूछताछ की जाएगी। जांच के बाद जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

***************************

 

पंजाब DIG के घर से 5 करोड़ का कैश, सोने के गहने समेत कई सामान बरामद, CBI ने नोट गिनने के लिए मंगाई मशीन


चंडीगढ़ 17 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के DIG हरचरण सिंह भुल्लर को CBI ने 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने मंडी गोबिंदगढ़ के एक स्क्रैप कारोबारी से रिश्वत की मांग की थी।  दिल्ली और चंडीगढ़ से आई CBI की संयुक्त टीम ने ट्रैप बिछाकर उन्हें मोहाली स्थित कार्यालय से पकड़ा।

सूत्रों के अनुसार, CBI की 52 सदस्यीय टीम भुल्लर के मोहाली स्थित दफ्तर और चंडीगढ़ के सेक्टर-40 में बने उनके आलीशान घर की कई घंटों तक तलाशी ले रही है। इस दौरान लगभग एक करोड़ रुपए नकद, तीन बैग और एक अटैची में भरे हुए मिले हैं। नोटों की गिनती के लिए मशीनें मंगानी पड़ीं। इसके अलावा सोने-चांदी के गहने और अहम दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। अब तक मिली अपडेट के अनुसार उनके पास से 5 करोड़ रुपए का कैश बरामद किया गया है।

फिलहाल भुल्लर को एक गोपनीय स्थान पर रखकर पूछताछ की जा रही है। CBI के सूत्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता एक स्क्रैप व्यापारी ने 11 अक्टूबर को शिकायत दी थी कि DIG ने रिश्वत मांगने के लिए एक बिचौलिए कृष्नु को भेजा था। CBI ने पहले कृष्नु को पकड़ा और उसी के बयान के आधार पर DIG को ट्रैप किया गया। CBI की योजना है कि शुक्रवार को भुल्लर को मोहाली CBI कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में अन्य पुलिस अधिकारी या राजनैतिक लोग भी शामिल थे या नहीं।

DIG हरचरण सिंह भुल्लर 2007 बैच के IPS अधिकारी हैं। उनके पिता महल सिंह भुल्लर पंजाब के DGP रह चुके हैं, जबकि उनके भाई कुलदीप सिंह भुल्लर कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं। भुल्लर को 27 नवंबर 2024 को रोपड़ रेंज का DIG बनाया गया था। इस कार्रवाई के बाद पंजाब पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। यह मामला पंजाब में पुलिस तंत्र में फैले भ्रष्टाचार पर CBI के अब तक के सबसे बड़े ऑपरेशनों में से एक माना जा रहा है।

***********************

 

राहुल गांधी ने हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से की मुलाकत, कहा- यूपी में लगातार हो रहा दलितों का उत्पीड़न

फतेहपुर 17 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मारे गए दलित युवक हरिओम वाल्मीकि पर देश का सियासी माहौल अभी भी गर्म है। हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से शुक्रवार को रायबरेली सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुलाकात की है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार दलितों का उत्पीड़न हो रहा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पीड़ित परिवार के साथ हत्यारों जैसा व्यवहार हो रहा है। हरिओम की बहन बीमार है, उसे घर में बंद कर रखा गया है। उत्तर प्रदेश में लगातार दलितों का उत्पीड़न हो रहा है।

भाजपा राज में पूरे देश में दलितों के साथ अत्याचार और बलात्कार हो रहा है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए हरिओम के परिवार को न्याय देने की मांग की और अपराधियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।

राहुल गांधी ने कहा कि सुबह से ही पीड़ित परिवार को धमकाया गया है। कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। हम उनकी हर संभव मदद करेंगे।

कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “नेता विपक्ष राहुल गांधी ने फतेहपुर में हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मुलाकात कर उनका दर्द बांटा। कुछ दिनों पहले दलित समाज से आने वाले हरिओम जी की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। उनका परिवार बेहद पीड़ा से गुजर रहा है और न्याय की उम्मीद में है। जो हरिओम वाल्मीकि के साथ हुआ, वह इस देश के संविधान के प्रति घोर अपराध है। ऐसी ओछी विचारधारा समाज पर कलंक है।

हम इस अन्याय और अत्याचार के खिलाफ लड़ते रहेंगे। ये देश मनुवाद से नहीं, बाबा साहेब के संविधान से चलेगा।”
वहीं, राहुल गांधी के दौरे से पहले हरिओम वाल्मीकि के घर जाने वाले रास्तों पर विरोध में पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में लिखा है कि “गिद्ध बनकर मंडराते हैं, नफरत फैलाने आते हैं,” “दर्द को मत भुनाओ, वापस जाओ,” “हमें जाति पति में बताने की तुम्हारी ये कोशिश कभी कामयाब नहीं होगी,” और कई अन्य पोस्टर लगे हैं।

रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि को लोगों ने चोर समझकर 2 अक्टूबर की रात पीट-पीटकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया था।

फिलहाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिला प्रशासन की पहल पर हरिओम वाल्मीकि की बहन कुसुम देवी को अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) में आउटसोर्स के तहत स्टाफ नर्स के रूप में नियुक्ति पत्र दिया गया है।

*************************

 

सीएम ममता ने दार्जिलिंग के महाकाल मंदिर में की पूजा-अर्चना

दार्जिलिंग 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दार्जिलिंग के महाकाल मंदिर में गुरुवार को पूजा-अर्चना की है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर के पुजारियों और श्रद्धालुओं से बात की। उनके साथ मंत्री अरूप विश्वास और अन्य मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उत्तर बंगाल और पहाड़ के दूसरे दौरे पर है। यहां उन्होंने दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों को लेकर बुधवार को एक प्रशासनिक बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने आपदा में लोगों की मदद करने वालों लोगों को सम्मानित किया था।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पूजा अर्चना के बाद सिलीगुड़ी के लिए रवाना हो गया है। आज ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकता लौट सकती है।

************************

 

गुजरात की राजनीति में भूचाल, सीएम भूपेंद्र पटेल को छोड़कर सभी मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली ,16 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में शुक्रवार को होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार से पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

गुरुवार को मुख्यमंत्री समेत सभी मौजूदा मंत्रियों ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि यह कदम आगामी कैबिनेट विस्तार की तैयारी के तहत उठाया गया है।

सूत्रों के अनुसार, नए मंत्रिमंडल में लगभग 10 नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है, जबकि करीब आधे मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है।

बीजेपी संगठन के शीर्ष नेतृत्व की ओर से नए चेहरों को मौका देने और आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए नई टीम तैयार करने की कवायद चल रही है।

कैबिनेट विस्तार का कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 11:30 बजे तय किया गया है। फिलहाल गुजरात मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कुल 17 मंत्री हैं, जिनमें आठ कैबिनेट मंत्री और आठ राज्य मंत्री (रूशस्) शामिल हैं।

संविधान के अनुसार, 182 सदस्यीय विधानसभा वाले राज्य में अधिकतम 27 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

हाल ही में हुए राजनीतिक फेरबदल में राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा को भारतीय जनता पार्टी की गुजरात इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जिन्होंने केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल की जगह ली। माना जा रहा है कि उनकी यह नियुक्ति भी नए राजनीतिक समीकरणों का हिस्सा है, जिसके चलते पार्टी आगामी मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने की कोशिश करेगी।

*************************

 

रामालय फाउंडेशन ने पेरिस में भारत के यूनेस्को राजदूत को भेंट किया श्रीकृष्ण लीला कलेक्शन

रामालय फाउंडेशन ने यूरोप में श्रीकृष्ण लीला के अंतरराष्ट्रीय समर्पण का विस्तार किया

नई दिल्ली , 16 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  पेरिस में एक भावनात्मक मुलाकात के दौरान रामालय फाउंडेशन और जेपीएसआर प्रभु श्रीराम – इन्सेंस विद अ स्टोरी के संस्थापक प्रशांत कुमार ने भारत के यूनेस्को में राजदूत और स्थायी प्रतिनिधि विशाल वी. शर्मा को ‘श्रीकृष्ण लीला कलेक्शन’ भेंट किया।

यह आयोजन यूरोप में चल रही ‘श्रीकृष्ण लीला अंतरराष्ट्रीय समर्पण श्रृंखला’ का हिस्सा था। यह मुलाकात भारत के यूनेस्को मिशन के दूतावास में हुई, जहाँ दोनों ने भारतीय आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत की आधुनिक विश्व में प्रासंगिकता पर सार्थक संवाद किया। बातचीत के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि भारत की सभ्यतागत परंपराएँ आज भी वैश्विक स्तर पर शांति, संतुलन और आपसी समझ की प्रेरणा देती हैं।

राजदूत विशाल वी. शर्मा ने भारत की सभ्यता, दर्शन और संस्कृति की उस गहराई पर विचार साझा किए जो विश्व के राष्ट्रों को जोड़ने का सेतु बनती है। उन्होंने कहा, “भारत की संस्कृति सदैव सीमाओं से परे रही है। कला, सुगंध और भक्ति जैसे माध्यमों से ऐसे प्रयास पूरी दुनिया में भारत की आत्मा का संदेश फैलाते हैं।”

इस अवसर पर प्रशांत कुमार ने कहा, “राजदूत विशाल शर्मा जी से भेंट हमारे लिए प्रेरणादायक रही। भारतीय दर्शन की उनकी गहरी समझ और भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंचों पर सशक्त करने का उनका प्रयास, उसी भावना को दर्शाता है जिस पर ‘श्रीकृष्ण लीला कलेक्शन’ आधारित है — भक्ति, कला और चेतना। उनके मार्गदर्शन से हमें भारत की सुगंध और कहानियों को विश्व तक पहुँचाने में निरंतर प्रेरणा मिलेगी।

‘श्रीकृष्ण लीला कलेक्शन’ कला, सुगंध और कथा का एक अनोखा संगम है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की दस दिव्य लीलाओं को पारंपरिक पट्टचित्र कला, प्राचीन सुगंधीय विधाओं और भावनात्मक कथाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। यह संग्रह भारत की आत्मा और सौंदर्य का संवेदनशील प्रतिनिधि है , जो आध्यात्मिकता, शिल्पकला और भक्ति को आधुनिक सांस्कृतिक अनुभव में जोड़ता है।

पेरिस में यह प्रस्तुति ‘श्रीकृष्ण लीला इंटरनेशनल समर्पण सीरीज़’ का एक अहम अध्याय रही, जिसकी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ इससे पहले भारत, लंदन और कोपेनहेगन में भी की जा चुकी हैं।

यह पहल रामालय फाउंडेशन के उस उद्देश्य को आगे बढ़ाती है, जो भारत की परंपराओं और वैश्विक चेतना के बीच सेतु निर्माण के लिए सुगंध को शांति और सौहार्द की भाषा के रूप में प्रस्तुत करता है।

***********************

 

यूपी में 16 साल बाद पत्रकार बृजेश गुप्ता हत्याकांड में इंसाफ, चार को उम्रकैद

कानपुर ,16 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। 16 साल पुराने सनसनीखेज पत्रकार बृजेश गुप्ता हत्याकांड में आखिरकार न्याय की जीत हुई। एडीजे-19 राकेश सिंह की अदालत ने न्यूज एंकर कनिका ग्रोवर, उसके भाइयों सन्नी और मन्नी, तथा रिश्तेदार सुरजीत सिंह को हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वहीं, सबूत मिटाने के आरोप में बंटी उर्फ राजीव कुमार को पांच साल कैद की सजा दी गई।

बाबूपुरवा निवासी पत्रकार प्रभात गुप्ता के छोटे भाई बृजेश गुप्ता स्थानीय चैनल के संचालक थे। 13 जून 2009 की शाम करीब साढ़े चार बजे वह गौशाला चौराहे पर प्रभात से मिले और बोले कि कनिका ग्रोवर को घर छोडऩे जा रहे हैं। इसके बाद वे लौटकर नहीं आए।

अगले दिन उनकी कार की पिछली सीट पर बोरी में बंद उनका शव मिला। सिर पर चोट, एक आंख खुली, दूसरी बंद और रिवॉल्वर व पांच अंगूठियां गायब थीं। इस दृश्य ने पूरे कानपुर को दहला दिया।

जांच में खुलासा हुआ कि कनिका के पिता, राजेंद्र ग्रोवर, को चरस तस्करी और चोरी के केस में पुलिस ने जेल भेजा था।
इसकी जानकारी बृजेश ने कनिका को दी थी और बाद में उसे नौकरी से निकाल दिया था। इसी से नाराज होकर कनिका ने भाइयों सन्नी-मन्नी और रिश्तेदार सुरजीत सिंह के साथ साजिश रची।

बृजेश को बुलाया गया, फिर हथौड़े और चाकू से बेरहमी से हमला कर हत्या कर दी गई। बाद में शव को बोरे में भरकर कार में डाल दिया गया।

अभियोजन पक्ष ने 10 गवाहों को पेश किया। एडीजीसी गौरेंद्र नारायण त्रिपाठी के अनुसार सबूतों और गवाहों के बयान ने आरोपियों की भूमिका स्पष्ट कर दी। अदालत ने चारों मुख्य आरोपियों को आजीवन कारावास और सबूत मिटाने वाले बंटी को पांच साल की सजा सुनाई।

पत्रकार प्रभात गुप्ता ने उस समय गोविंद नगर थाने में कनिका, सन्नी, मन्नी, उनकी मां अल्का, सुरजीत और बंटी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।

लंबे कानूनी संघर्ष के बाद आया यह फैसला एक तरफ परिवार के लिए राहत लेकर आया, बल्कि दूसरी तरफ पत्रकारों की सुरक्षा और न्याय प्रणाली की मजबूती पर सवाल खड़े कर गया।

************************

 

CM योगी के बिहार दौरे से एनडीए की मुसीबत शुरू हो जाएगी: पप्पू यादव

नई दिल्ली 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद पप्पू यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिहार दौरे पर तंज कसा है। उन्होंने दावा किया कि योगी के दौरे से एनडीए की मुश्किलें शुरू हो जाएंगी।

पप्पू यादव ने कहा कि बिहार नफरत की भूमि नहीं है। यह गुरु गोविंद, महात्मा बुद्ध, लोहिया, जेपी, महात्मा गांधी, बाल्मीकि, राष्ट्रकवि दिनकर, विद्यापति और राजेंद्र बाबू की धरती है, जो शांति और प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि योगी जी को समझना चाहिए था कि बिहार नफरत की भूमि नहीं, शांति की भूमि है।

महागठबंधन में राजद और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर पप्पू यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा अपने गठबंधन को मजबूत करती है और उसे सम्मान देती है। उन्होंने बताया कि गठबंधन की तैयारियां सुचारू रूप से चल रही हैं।

उन्होंने कहा, “हम दो कदम पीछे हटकर गठबंधन को मजबूत करने को तैयार हैं। जिन्हें मुख्यमंत्री बनना है, उन्हें अहंकार छोड़ना होगा। हम सम्मान देने को तैयार हैं।

सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर उन्होंने कहा कि वह नाराज नहीं हैं और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। पप्पू यादव ने कांग्रेस को बिहार में मजबूत करने का भरोसा जताया।

उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस कहे कि पप्पू यादव कोहिनूर है, तो बिहार एक तरफ हो जाएगा। राहुल गांधी बस हमें आशीर्वाद दे दें।

उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। उन्होंने कहा कि एनडीए में कोई दिल्ली जा रहा है, कोई नाराज है।

मुख्यमंत्री चेहरा को लेकर पप्पू यादव ने कहा कि एनडीए भी बिना सीएम फेस के चुनाव लड़ रही है, लेकिन उनसे कोई सवाल नहीं पूछता।

उन्होंने कहा कि एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है, लेकिन चुनाव बाद क्या होगा, सभी को पता है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी इसके संकेत दिए थे।

कांग्रेस की उम्मीदवार सूची पर पप्पू यादव ने कहा कि एनडीए को उनकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि महागठबंधन में सब ठीक है और जल्द ही कांग्रेस की लिस्ट जारी हो जाएगी।

************************

 

Diwali से पहले ही वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर के पार, इन इलाकों में हाल बेहद खराब

नोएडा 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): दिल्ली-एनसीआर में दिवाली से पहले ही वायु प्रदूषण ने खतरनाक स्तर पार कर लिया है। गुरुवार सुबह आंकड़ों से पता चलता है कि गाजियाबाद के लोनी और नोएडा के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता दिल्ली के अधिकांश क्षेत्रों से भी अधिक खराब स्थिति में पहुंच गई है।

वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के पार, यानी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। गाजियाबाद में लोनी का एक्यूआई 339 दर्ज किया गया, जो पूरे क्षेत्र में सबसे अधिक है। वहीं, नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 358 तक पहुंचा, जो चिंता का सबसे बड़ा कारण है।

गाजियाबाद के अन्य इलाके भी पीछे नहीं हैं- वसुंधरा और इंदिरापुरम दोनों का एक्यूआई 287 है और संजय नगर का एक्यूआई 260 रहा। नोएडा में हालात गंभीर बने हुए हैं। सेक्टर-116 में एक्यूआई 334, सेक्टर-1 में 257 और सेक्टर-62 में 207 दर्ज किया गया। दिल्ली में भी स्थिति बेहतर नहीं है।

आंकड़ों के अनुसार, आनंद विहार का एक्यूआई 335, वजीरपुर का 337, बवाना का 281 और मुंडका का 297 है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है, लेकिन अधिकांश इलाके ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में हैं। हवा की बिगड़ती गुणवत्ता को देखते हुए, वायु प्रदूषण से निपटने के लिए बनाए गए ग्रेप (ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान) के पहले चरण को लागू कर दिया गया है।

इसके तहत निर्माण कार्यों पर रोक और डीजल जनरेटर के उपयोग पर प्रतिबंध जैसे उपाय शामिल हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि अगर प्रदूषण का स्तर इसी तरह बना रहा, तो जल्द ही ग्रेप का दूसरा और सख्त चरण लागू किया जा सकता है।

अक्टूबर के आंकड़े बताते हैं कि ओजोन और पीएम10 प्रमुख प्रदूषक तत्व रहे हैं। कई दिनों पर इनका स्तर बहुत अधिक दर्ज किया गया, जो दिवाली से पहले ही वायु गुणवत्ता में गिरावट का संकेत दे रहा था। ‘बहुत खराब’ श्रेणी का एक्यूआई स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा करता है।

इस स्थिति में सभी नागरिकों, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस व हृदय रोगियों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है। लंबे समय तक बाहर रहने से बचना चाहिए और घर के अंदर हवा शुद्ध करने वाले उपकरणों का उपयोग करना चाहिए।

सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। दिवाली से पहले ही दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है।

*************************

 

मुंबई में बांग्लादेशी गुरु मां गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों पर 30 सालों से भारत में रह रही थी; कई मामले हैं दर्ज

मुंबई 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : मुंबई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में बांग्लादेशी ट्रांसजेंडर ‘गुरु मां’ के नाम से मशहूर ज्योति को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 30 सालों से फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रही थी।

यह मामला तब सामने आया जब पिछले कुछ महीनों से अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मार्च 2025 में शिवाजी नगर पुलिस ने रफीक नगर से कुछ बांग्लादेशी ट्रांसजेंडरों को गिरफ्तार किया था।

इस दौरान ज्योति को भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन उस समय उसके पास आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित सभी भारतीय दस्तावेज मौजूद थे, इसलिए उसे छोड़ दिया गया था।

इसके बाद पुलिस ने ज्योति की ओर से तैयार किए गए भारतीय जन्म प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच कराई, जिसमें वे सभी दस्तावेज फर्जी निकले। इसके बाद पुलिस ने बाबू अयान खान उर्फ ज्योति उर्फ गुरु मां को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ज्योति का असली नाम बाबू अयान खान है। वह 300 से अधिक फॉलोअर्स की ‘गुरु मां’ थी और मुंबई के रफीक नगर, गोवंडी व अन्य इलाकों में उसके 20 से ज्यादा घर बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, ज्योति के खिलाफ मुंबई के शिवाजी नगर, नारपोली, देवनार, ट्रॉम्बे और कुर्ला पुलिस स्टेशनों में भी कुछ अन्य मामले दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस ने उसे पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं के साथ भारतीय न्याय संहिता की अन्य धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है।

मुंबई पुलिस ने कहा कि यह गिरफ्तारी उन लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में अवैध रूप से निवास कर रहे हैं।

इसके साथ के कितने लोग अभी रह रहे हैं? पुलिस इसके बारे में पता लगा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इसने जो भी फर्जी दस्तावेज बनवाए थे, वे कहां से बनवाए थे और अभी तक किस-किस के बने हैं।

***************************

 

हमारी आयात नीति हितों के आधार पर…, रूस से तेल खरीद बंद करने के ट्रंप के दावों पर बोला विदेश मंत्रालय

नई दिल्ली 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद कि भारत जल्द ही रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा, भारत सरकार ने इस पर आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। गुरुवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने स्पष्ट किया कि भारत की ऊर्जा नीति पूरी तरह से राष्ट्रीय हितों और उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जाती है।

 जयसवाल ने कहा कि भारत तेल और गैस का एक बड़ा आयातक देश है, और मौजूदा अस्थिर वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य में भारतीय उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि भारत की आयात नीति इसी लक्ष्य के अनुरूप तैयार की जाती है।

मंत्रालय के अनुसार, स्थिर ऊर्जा मूल्य और विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित करना भारत की ऊर्जा रणनीति के मुख्य उद्देश्य हैं। इसके तहत भारत अपने ऊर्जा स्रोतों का विस्तार और विविधीकरण लगातार कर रहा है ताकि किसी एक बाजार पर निर्भरता कम हो सके।

विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि अमेरिका के साथ भारत की ऊर्जा साझेदारी लंबे समय से मजबूत हो रही है। पिछले दस वर्षों में इस क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, और मौजूदा अमेरिकी प्रशासन ने भी भारत के साथ ऊर्जा सहयोग बढ़ाने में रुचि दिखाई है। जयसवाल ने बताया कि इस विषय पर दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है और भारत अपने ऊर्जा हितों की रक्षा के लिए संतुलित दृष्टिकोण बनाए रखेगा।

**************************

 

बिहार विधानसभा चुनाव: JDU ने 44 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट की जारी, चेतन आनंद को नबीनगर से मिला टिकट

पटना 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में शामिल जदयू ने गुरुवार को उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। इस सूची में कुल 44 उम्मीदवारों के नाम हैं। इससे पहले बुधवार को पार्टी ने 57 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।

सूची के मुताबिक, रुपौली से कलाधार मंडल को प्रत्याशी बनाया गया है जबकि धमदाहा से मंत्री लेसी सिंह फिर से चुनावी मैदान में होंगी।

इसी तरह शीला मंडल फुलपरास से, जबकि कदवा से दुलालचंद गोस्वामी, बरारी से विजय सिंह निषाद, गोपालपुर से बुलो मंडल, सुल्तानगंज से ललित नारायण मंडल और चकाई से मंत्री सुमित कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

झाझा से दामोदर रावत, नवादा से विभा देवी, बेलागंज से मनोरमा देवी, रफीगंज से प्रमोद कुमार सिंह और नबीनगर से पूर्व सांसद आनंद मोहन के पुत्र चेतन आनंद को टिकट दिया गया है।

इसके अलावा घोसी से ऋतुराज कुमार जदयू के प्रत्याशी होंगे। जहानाबाद से पार्टी ने चंद्रेश्वर चंद्रवंशी, कुर्था से पप्पू कुमार वर्मा, नोखा से नागेंद्र चंद्रवंशी और चैनपुर से मंत्री जमा खान को उम्मीदवार बनाया है।

काराकाट से महाबली सिंह एनडीए के प्रत्याशी होंगे तो कहलगांव से शुभानंद मुकेश चुनावी मैदान में उतरेंगे।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए ने रविवार को सीटों के बंटवारे की घोषणा कर दी।

इस बंटवारे के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी 101-101 सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को 29 सीट मिली हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह-छह सीटें मिली हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।

***************************

 

राहुल गांधी का प्रधानमंत्री मोदी पर हमला — कहा-ट्रंप से डरे हुए हैं पीएम

नई दिल्ली 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान के बाद भारत की राजनीति में हलचल मच गई है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा।

उनके इस बयान के बाद कांग्रेस और राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर देश के सम्मान का सौदा कर दिया। ट्रंप का कहना है कि उनकी नाराजगी और धमकियों से डरकर मोदी ने आश्वासन दिया कि भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा।

यह साफ है कि नरेंद्र मोदी कमजोर प्रधानमंत्री हैं और उनकी हरकतों ने देश की विदेश नीति को चौपट कर दिया है। रूस हमेशा भारत का विशेष सहयोगी रहा है।

खुद के ‘झप्पी वाले रिश्ते’ सुधारने के लिए देश के रिश्ते खराब मत कीजिए।” इसी मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप से डरे हुए हैं।”

राहुल गांधी ने इसके साथ ही प्रधानमंत्री से पाँच सवाल भी पूछे

1. क्या ट्रंप को यह अधिकार है कि वे भारत की तेल नीति पर निर्णय लें?

2. बार-बार अनदेखी के बावजूद क्या मोदी सरकार ट्रंप को बधाई संदेश भेजती रही?

3. वित्त मंत्री की अमेरिका यात्रा क्यों रद्द की गई?

4. प्रधानमंत्री शर्म-अल-शेख सम्मेलन में क्यों शामिल नहीं हुए?

5. ऑपरेशन सिंदूर पर विरोध क्यों नहीं जताया गया?

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री को देश की विदेश नीति पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए और यह बताना चाहिए कि क्या भारत अब अमेरिका के दबाव में काम कर रहा है।

*********************

 

इन्फोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति और पत्नी सुधा मूर्ति ने कर्नाटक जाति जनगणना में भाग लेने से किया इनकार

बेंगलुरु 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । इन्फोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति और उनकी पत्नी, लेखिका सुधा मूर्ति ने कर्नाटक में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा कराए जा रहे विवादास्पद सामाजिक-आर्थिक और शैक्षणिक सर्वेक्षण, जिसे आमतौर पर जाति जनगणना के रूप में जाना जाता है, इसमें भाग लेने से इनकार कर दिया।

दोनों ने सर्वेक्षण करने वाली स्वायत्त सरकारी संस्था, कर्नाटक राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को एक स्व-सत्यापित पत्र प्रस्तुत किया है। आधिकारिक सर्वेक्षण प्रपत्र में, नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति ने कहा कि वे व्यक्तिगत कारणों से विवरण देने से इनकार कर रहे हैं। पत्र के प्रारूप में लिखा था, “हम और हमारा परिवार जनगणना में भाग नहीं लेंगे और हम इस पत्र के माध्यम से इसकी पुष्टि कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि वे किसी भी पिछड़ी जाति से संबंधित नहीं हैं और सर्वेक्षण में उनकी भागीदारी सरकार के लिए किसी काम की नहीं होगी। नारायण मूर्ति ने पत्र में कहा, “इसलिए, हम इसमें भाग नहीं ले रहे हैं।”

हाल ही में, गणनाकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार के बेंगलुरु के सदाशिवनगर स्थित आवास पर एक सर्वेक्षण किया। शिवकुमार ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ इस प्रक्रिया में भाग लिया। धर्म, जाति और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों पर सवाल पूछे गए, जिनका शिवकुमार ने धैर्यपूर्वक जवाब दिया।

हालांकि, सभी आवश्यक जानकारी प्रदान करने के बावजूद, गणनाकर्ताओं ने उनसे और सवाल पूछे। लंबी पूछताछ से चिढ़कर, शिवकुमार ने कथित तौर पर कहा, “आप सिर्फ सवाल पूछने में इतना समय क्यों लगा रहे हैं? बहुत ज्यादा सवाल कर रहे हैं।”

इस बीच, वरिष्ठ अधिवक्ता बीवी आचार्य ने हाल ही में यह विचार व्यक्त किया कि जाति जनगणना में भाग न लेना ही बेहतर होगा, और आगाह किया कि अगर कोई इसमें भाग लेता है, तो व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग का खतरा है।
कर्नाटक की जाति जनगणना की समय सीमा बढ़ा दी गई है।

राज्य भर में सर्वेक्षण 12 अक्टूबर तक और बेंगलुरु में 24 अक्टूबर तक पूरा होना है। इससे पहले, 7 अक्टूबर की समय सीमा अधूरे आंकड़ों के संग्रह के कारण पूरी नहीं हो पाई थी।

सर्वेक्षण को पूरा करने में आसानी के लिए, स्कूलों को आधे दिन के कार्यक्रम में समायोजित किया गया है और सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूल नई समय सीमा तक सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होंगे, साथ ही कुछ दशहरा की छुट्टियों को भी बढ़ा दिया गया है।

यह निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि सर्वेक्षण 7 अक्टूबर की समय सीमा तक पूरा नहीं हो पाया था।

अक्टूबर 2025 की शुरुआत तक कर्नाटक में चल रहे जाति सर्वेक्षण में लगभग 83 प्रतिशत परिवारों को शामिल किया गया है, जिसमें राज्य के कुल 1.43 करोड़ परिवारों में से 1.22 करोड़ परिवारों की गणना की गई है।

*************************

 

दिवाली-छठ पर रेलवे का बड़ा फैसला, इन 5 बड़े स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद

नई दिल्ली ,15 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों पर यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारतीय रेलवे ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

आज से यानी 15 अक्टूबर से दिल्ली और गाजियाबाद के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध 28 अक्टूबर तक लागू रहेगा। इस दौरान सिर्फ कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही प्लेटफॉर्म पर प्रवेश की अनुमति होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और गाजियाबाद रेलवे स्टेशनों के लिए लिया गया है।

इस अवधि में टिकट काउंटरों के साथ-साथ मोबाइल ऐप (ञ्जस्) और ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों (्रञ्जङ्करू) से भी प्लेटफॉर्म टिकट जारी नहीं किए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा हो जाता है। ऐसे में यात्रियों को छोडऩे आने वाले परिजनों की वजह से प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ बढ़ जाती है, जिससे व्यवस्था बनाए रखने में मुश्किल होती है।

इसी भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने और केवल वास्तविक यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

हालांकि, रेलवे ने बुजुर्गों, महिलाओं और अशिक्षित यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए उन्हें इस प्रतिबंध से छूट दी है, ताकि उनकी सहायता के लिए कोई एक व्यक्ति उनके साथ प्लेटफॉर्म तक जा सके।

*************************

 

हॉरर थ्रिलर ‘लॉस्ट सोल’ की स्पेशल स्क्रीनिंग संपन्न

15.10.2025 – निशित चन्द्र माथुर माथुर द्वारा निर्मित और जिग्नेश महियावंशी द्वारा निर्देशित हॉरर थ्रिलर ‘लॉस्ट सोल’ की स्पेशल स्क्रीनिंग पिछले दिनों अंधेरी पश्चिम स्थित चार बंगला के स्टार प्रिव्यू थियेटर में संपन्न हुई। फिल्म की कहानी बेहद आकर्षक है, जिसमें हॉरर और सस्पेंस के तत्वों को कुशलतापूर्वक स्क्रीन पर पेश किया गया है।

वहीं इस फिल्म से बतौर मुख्य नायिका सिम्मी दीक्षित बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। उनके शानदार अभिनय ने वाकई दर्शकों का ध्यान खींचा है। पूरी फिल्म में सिम्मी दीक्षित कहानी का केंद्रबिंदु बनकर उभरी हैं जो बेहद प्रशंसनीय हैं साथ ही नवोदित अभिनेता आर्यन राजपूत ने भी अपने अभिनय कला कौशल से अपने कैरेक्टर को जीवंत किया है, वहीं फिल्म के अन्य पात्रों ने भी शानदार अभिनय किया है।

रीता दास द्वारा लिखित यह फिल्म इस शैली के सिनेदर्शकों के लिए एक बार देखने योग्य है। सतरंगी मीडिया पी.आर सर्विसेज और पेज1 नेटवर्क के द्वारा प्रचारित ‘लॉस्ट सोल’ एक बेहतरीन हॉरर थ्रिलर है जो सिनेदर्शकों को अपनी सीट से बांधे रखेगी। फिल्म की पूरी टीम ने बहुत अच्छा प्रयास करने की कोशिश की है। अब दर्शक इस फिल्म कितना प्यार देते हैं ये तो आने वाला समय ही बताएगा।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

वायुसेना शामिल करेगी 200 किमी रेंज वाली मिसाइल

नई दिल्ली ,15 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) अस्त्र मार्क-2 एयर-टू-एयर मिसाइल की रेंज 200 किलोमीटर से अधिक करने पर काम कर रहा है। पहले इसे लगभग 160 किलोमीटर के करीब बताया गया था, लेकिन अब इसकी हेड-रेंज को और बढ़ाकर 200 किलोमीटर से ऊपर लाने का प्रयास चल रहा है। रक्षा मंत्रालय इस प्रस्ताव पर जल्द ही विचार-विमर्श करेगा।

अस्त्र मार्क-2 एक बियॉन्ड विजुअल रेंज (क्चङ्कक्र) मिसाइल है — अर्थात यह आंखों की दूरी से बाहर रहकर ही लक्ष्य के खिलाफ प्रहार करने के लिए डिजाइन की गई है। सूचना के अनुसार भारतीय वायु सेना (आईएएफ) करीब 700 ऐसी मिसाइलों की खरीद कर सकती है; इनको सुखोई व लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एलसीए) पर लाँचर के रूप में स्थापित किया जाएगा।

डीआरडीओ ने अस्त्र परिवार के विकास में कई सार्वजनिक और निजी संस्थानों को शामिल किया है। इसमें हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) समेत 50 से अधिक कंपनियों और कई प्रयोगशालाओं का योगदान मिला है। इसके अलावा अस्त्र मार्क-1 की रेंज 100 किलोमीटर से ऊपर बताई जाती है और उसमें आधुनिक गाइडेंस व नेविगेशन सिस्टम लगाए गए हैं।

खुफिया व सैन्य सर्किलों में यह माना जाता है कि यदि अस्त्र मार्क-2 की रेंज 200 किलोमीटर से अधिक हो जाती है तो यह क्षेत्रीय स्तर पर उपलब्ध कुछ प्रतिस्पर्धी मिसाइलों की तुलना में आगे रहेगा।

***********************

 

रिटायर्ड आबकारी अधिकारी के घर छापा, 10 करोड़ की संपत्ति, सोने की सिल्लियां और फिल्मों में मिला इन्वेस्टमेंट

ग्वालियर ,15 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मध्य प्रदेश लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सेवानिवृत्त जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र सिंह भदौरिया के विभिन्न ठिकानों पर छापा मारा है। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर की गई इस कार्रवाई में अब तक उनके परिवार के नाम पर लगभग 10 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ है।

लोकायुक्त पुलिस के उपाधीक्षक (ष्ठस्क्क) सुनील तलान ने बताया कि यह छापेमारी ग्वालियर और इंदौर में भदौरिया से जुड़े सात ठिकानों पर एक साथ की गई। जांच में पता चला कि रिटायर्ड अधिकारी और उनके परिवार के नाम पर ग्वालियर और इंदौर के अलावा उत्तर प्रदेश के इटावा में भी संपत्तियां हैं।

छापे में क्या-क्या मिला?

डीएसपी तलान के अनुसार, अब तक की जांच में भदौरिया और उनके परिवार की 8 से 10 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है। इस छापेमारी के दौरान टीम को लगभग 1.05 करोड़ रुपये नकद, करीब 1.5 किलोग्राम सोने की सिल्लियां (गोल्ड बार) और लगभग एक किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए हैं। इसके अलावा, परिवार के पास से तीन-चार महंगी गाडिय़ां भी मिली हैं और 7 से 8 बैंक खातों व लॉकर्स की जानकारी प्राप्त हुई है, जिनकी जांच की जा रही है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि भदौरिया परिवार ने अपना पैसा फिल्मों में भी निवेश किया है।

31 अगस्त को ही हुए थे रिटायर

धर्मेंद्र सिंह भदौरिया इसी साल 31 अगस्त को आलीराजपुर के जिला आबकारी अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। लोकायुक्त को उनके खिलाफ शिकायत मिली थी कि उन्होंने और उनके परिवार ने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। शिकायत की पुष्टि के बाद यह कार्रवाई की गई।

लोकायुक्त पुलिस फिलहाल भदौरिया और उनके परिवार की सभी संपत्तियों का विस्तृत मूल्यांकन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और बैंक लॉकर्स खुलने के बाद संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

*****************************

 

भारत का पहला मानव मिशन गगनयान की लॉन्च डेट आई सामने, इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने किया खुलासा

नई दिल्ली ,15 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अपने भविष्य के मिशनों को लेकर एक बड़ी घोषणा की है। इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने बुधवार को बताया कि एजेंसी ने 2040 तक किसी भारतीय को चंद्रमा की सतह पर उतारने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। यह घोषणा भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक नए युग का संकेत है।

नारायणन ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत का पहला मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ 2027 में लॉन्च किया जाएगा। इस ऐतिहासिक मिशन से पहले, इसरो तीन मानवरहित ‘गगनयान’ मिशन भी भेजेगा। इनमें से पहला मिशन दिसंबर 2025 में लॉन्च होने की उम्मीद है, जिसमें ‘व्योममित्र’ नामक एक अर्ध-मानवीय रोबोट को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा।

इसरो प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित किए गए दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा, प्रधानमंत्री ने 2040 तक एक स्वदेशी मानवयुक्त चंद्र मिशन का लक्ष्य दिया है, जिसके तहत हमें अपने नागरिकों को चंद्रमा पर उतारना होगा और उन्हें सुरक्षित वापस भी लाना होगा।

इसके अलावा, भारत 2035 तक अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की भी योजना बना रहा है। नारायणन ने यह भी जानकारी दी कि शुक्र ग्रह के अध्ययन के लिए एक ‘वीनस ऑर्बिटर मिशन (ङ्कह्ररू) को भी मंजूरी दे दी गई है, जो भारत के अंतरग्रहीय अभियानों को और मजबूती देगा।

****************************

 

बिहार चुनाव : भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट

पटना ,15 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारी तेज कर दी है। पार्टियों की ओर से उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की जा रही है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की, जिसमें लोक गायिका मैथिली ठाकुर का भी नाम है।

एक दिन पहले प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी और दूसरे दिन यानी बुधवार को भाजपा ने उन्हें अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतार दिया। पार्टी की दूसरी लिस्ट में 12 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है।

भाजपा की दूसरी लिस्ट के अनुसार, अलीनगर से मैथिली ठाकुर, हायाघाट से राम चंद्र प्रसाद, मुजफ्फरपुर से रंजन कुमार और गोपालगंज सीट से सुभाष सिंह को टिकट मिला, जबकि बनियापुर से केदार नाथ सिंह, छपरा से छोटी कुमारी, सोनपुर से विनय कुमार सिंह और रोसड़ा से बीरेंद्र कुमार चुनाव मैदान में हैं। बाढ़ विधानसभा क्षेत्र से डॉ0 सियाराम सिंह, अगिआंव से महेश पासवान, शाहपुर से राकेश ओझा और बक्सर से रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा को टिकट मिला।

एक दिन पहले भाजपा ने 71 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में दोनों डिप्टी सीएम और पूर्व डिप्टी सीएम समेत बिहार के कई मंत्रियों को टिकट दिया गया है।

पार्टी ने बताया कि इसमें सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, प्रेम कुमार, मंगल पांडे, कृष्ण कुमार, राम नारायण मंडल और नितिन नबीन का नाम शामिल हैं।

भाजपा की ओर से बताया गया कि जहां उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे तो वहीं डिप्टी सीएम विजय सिन्हा लखीसराय से भाजपा के उम्मीदवार होंगे।

इसके साथ ही, पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद कटिहार से भाजपा के उम्मीदवार बनाए गए हैं। साथ ही पार्टी ने कई मंत्रियों और विधायकों को उनकी परंपरागत विधानसभा सीट से टिकट दिया है। वहीं, कुछ नए चेहरे भी सामने आए हैं।

*************************

 

ब्यूटी आइकॉन वैशाली भाऊरज़ार को मिला ‘अखंड भारत गौरव अवार्ड’

15.10.2025 – मुंबई की चर्चित प्रकाशन समूह ‘मुंबई ग्लोबल’ द्वारा पिछले दिनों अंधेरी वेस्ट स्थित एलिट बैंक्वेट हॉल में आयोजित अखंड भारत अवार्ड 2025 समारोह में ब्यूटी आइकन मेगा मॉडल वैशाली भाऊरजार को सुप्रसिद्ध फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (मुंबई) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी, सिंगर दीपा नारायण और बॉलीवुड आइकॉन जे. ब्रैंडन हिल की उपस्थिति में अवार्ड दे कर सम्मानित किया गया।

इसके पूर्व ब्यूटी आइकन वैशाली भाऊरजार को महात्मा गांधी रत्न अवॉर्ड 2025 समारोह में ‘मिस इंडिया विनर’ का ख़िताब मिल चुका है और बॉलीवुड लीजेंड फिल्म फेस्टिवल 2025 के दौरान भी सम्मानित की जा चुकी हैं। लगातार मिल रहे ये राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार इस बात को दर्शाते हैं कि वैशाली आज न केवल फैशन इंडस्ट्री की सशक्त आवाज़ हैं, बल्कि देश की प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों में से एक बन चुकी हैं।

फैशन और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें बॉलीवुड आइकॉनिक अवॉर्ड 2025 से भी सम्मानित किया जा चुका है। यह अवॉर्ड उन्हें निर्माता, निर्देशक और अभिनेता डॉ. धीरज कुमार के हाथों बेस्ट सुपर मॉडल के रूप में प्रदान किया गया था। यह उनके करियर का एक और सुनहरा अध्याय बना।

वैशाली आज कई प्रतिष्ठित ब्रांड्स की ब्रांड एम्बेसडर हैं और उनकी लोकप्रियता राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैली हुई है। वैशाली का मॉडलिंग करियर जितना ग्लैमरस है, उतना ही प्रेरणादायक भी है। छत्तीसगढ़ राज्य के भिलाई की मूल निवासी वैशाली भाऊरज़ार की मॉडल बनने की कहानी काफी दिलचस्प और प्रेरणादायक है।

वैशाली प्रारंभ में एयर होस्टेस बनना चाहती थी और वह बनी भी। किंगफिशर एयरलाइंस के साथ उन्होंने एक्स कैबिन क्रू(एयरहोस्टेस) के रूप में काम भी किया मगर उनकी किस्मत ने उन्हें मॉडलिंग की दुनिया मे ला दिया।

अपनी मेहनत, आत्मबल और कला कौशल के बल पर वैशाली भाऊरज़ार ने न केवल आला मुकाम हासिल किया है, बल्कि एक सफल मॉडल के रूप में युवाओं की प्रेरणा श्रोत बन चुकी हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***********************

 

मुख्यमंत्री मान ने की बेंगलुरु के औद्योगिक दिग्गजों से मुलाकात, पंजाब में निवेश का आह्वान

बेंगलुरु/चंडीगढ़ 15 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज पंजाब को निवेश के लिए प्राथमिकता वाला स्थान बताते हुए उद्योगपतियों को अपने व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए राज्य में निवेश करने का निमंत्रण दिया।

यहां प्रमुख उद्योगपतियों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने दक्षिणी भारतीय राज्य कर्नाटक की राजधानी में औद्योगिक क्षेत्र के दिग्गजों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु को भारत का सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र और भारत की सिलिकॉन वैली के रूप में जाना जाता है।

उद्यमियों को पंजाब में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए, भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह पवित्र भूमि महान गुरुओं, संतों-महापुरुषों और शहीदों की कृपा से समृद्ध है। उन्होंने कहा कि पंजाब के पास एक समृद्ध और अनूठी सांस्कृतिक विरासत है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बहादुरी, कड़ी मेहनत और उद्यमी भावना पंजाब की मिट्टी के कण-कण में समाई हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब ने लंबे समय से देश की सीमाओं की रक्षा करने के साथ-साथ देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन कारणों से पंजाब को अक्सर भारत का अन्नदाता और भारत की खड्गभुजा कहा जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के मेहनती लोग अपने समर्पण और लगन के लिए जाने जाते हैं, जिसके कारण राज्य में उद्योग और उद्यम लगातार फल-फूल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब लगातार औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और राज्य की उद्योग-समर्थक नीतियों, पारदर्शी प्रशासन और व्यवसाय-अनुकूल माहौल के कारण बड़ी संख्या में निवेश राज्य की ओर आकर्षित हो रहा है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि पंजाब के सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल ने औद्योगिक निवेश को बड़ा बढ़ावा दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्च 2022 से अब तक पंजाब को 1.23 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे लगभग 4.7 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि पंजाब के खाद्य प्रसंस्करण, कपड़ा, ऑटो कंपोनेंट, हैंड टूल, साइकिल, आईटी और पर्यटन जैसे क्षेत्र अन्य राज्यों के लिए मिसाल बन रहे हैं।

भगवंत सिंह मान ने आगे कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि पंजाब में नेस्ले, क्लास, फ्रूडेनबर्ग, कारगिल, वरबियो, डैनोन और विश्व स्तर की अन्य प्रमुख कंपनियों ने अपनी इकाइयां स्थापित की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि जमशेदपुर के बाद टाटा का भारत में दूसरा सबसे बड़ा स्टील प्लांट लुधियाना में विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि लुधियाना, जो विश्व स्तर पर एक औद्योगिक केंद्र के रूप में जाना जाता है, राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इसे वास्तव में पंजाब की वाणिज्यिक राजधानी माना जाता है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब जापान, अमेरिका, जर्मनी, यूके, यूएई, स्विट्जरलैंड, फ्रांस और स्पेन जैसे विकसित देशों से निवेश आकर्षित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि यह केवल शुरुआत है क्योंकि पंजाब न केवल भारत बल्कि दुनिया के लिए निवेश के प्राथमिकता वाले स्थानों के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केवल साढ़े तीन वर्षों में उद्योगपतियों को दी गई कई गारंटियों को पूरा कर दिया है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार के ठोस प्रयासों के कारण पंजाब अब व्यवसाय करने में आसानी के मामले में शीर्ष स्थान पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल भारत का अत्याधुनिक सिंगल-विंडो सिस्टम है, जिसमें 150 से अधिक व्यावसायिक सेवाएं प्रदान की जाती हैं और इससे ऑफलाइन आवेदन जमा करने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

उन्होंने कहा कि पंजाब राइट टू बिजनेस एक्ट के तहत, राज्य सरकार ने 125 करोड़ रुपए तक के निवेश वाले परियोजनाओं को तीन दिनों के भीतर सैद्धांतिक मंजूरी दी है। भगवंत सिंह मान ने आगे बताया कि मंजूरी देने के लिए 45 दिनों की समय सीमा निर्धारित की गई है और यदि इस अवधि के दौरान मंजूरी जारी नहीं की जाती, तो उन्हें स्वतः ही स्वीकृत माना जाता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि निवेशकों को व्हाट्सएप, ए.आई. चैटबॉट्स और कॉल सेंटरों के माध्यम से नियमित रूप से सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने आगे बताया कि फायर एन.ओ.सी. नवीनीकरण के लिए समय अवधि बढ़ा दी गई है और लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड में परिवर्तन की प्रक्रिया को और सरल बनाया गया है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार का दृढ़ विश्वास है कि वास्तविक औद्योगिक प्रगति तभी संभव है जब सरकार और उद्योग कंधे से कंधा मिलाकर काम करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए निवेशकों और उद्यमियों को पंजाब के औद्योगिक भविष्य के लिए मुख्य साझेदार माना जाता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 24 विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के लिए समितियां स्थापित की हैं, जिनका उद्देश्य प्रत्येक के लिए लक्षित रणनीतियां और रोडमैप तैयार करना है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि निवेश पंजाब के समर्पित अधिकारी उद्योगपतियों को हर संभव सहायता देने के लिए हमेशा उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को आगे बताया कि छठा प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 13, 14 और 15 मार्च 2026 को मोहाली में आयोजित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण आयोजन में भाग लेने के लिए सभी निवेशकों को निमंत्रण देते हुए उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन उद्योगपतियों, नीति निर्माताओं और शोधकर्ताओं को विचारों के आदान-प्रदान और अपने दृष्टिकोण प्रस्तुत करने के लिए एक साझा मंच प्रदान करेगा।

भगवंत सिंह मान ने सभी उद्योगपतियों से उद्योग-समर्थक नीतियां बनाने में सक्रिय रूप से योगदान देने और अपने मूल्यवान सुझाव साझा करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आर्थिक और औद्योगिक विकास के लिए असीम संभावनाएं हैं, लेकिन पंजाब के विकास के लिए उद्योगपतियों का समर्थन अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि उनकी साझेदारी के साथ, राज्य सरकार पंजाब को समृद्धि और प्रगति की नई राहों पर ले जाएगी। भगवंत सिंह मान ने विश्वास व्यक्त किया कि एकजुट होकर, वे जल्द ही पंजाब को एक बार फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने के सपने को साकार करेंगे।

***************************

 

प्रमाणित, चिह्नित और सुरक्षित उत्पादों की माँग करें उपभोक्ता: अनुराग सिंह ठाकुर

सोलन 15 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज देवभूमि हिमाचल के ज़िला सोलन में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) परवाणू, बद्दी में विश्व मानक दिवस 2025 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भारत के मानक पारिस्थितिकी तंत्र को मज़बूत करने के लिए एक व्यापक पाँच सूत्रीय व्यावहारिक एजेंडा प्रस्तुत किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “शून्य दोष, शून्य प्रभाव” विनिर्माण उत्कृष्टता प्राप्त करने के प्रति राष्ट्र की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।

अनुराग सिंह ठाकुर ने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के कार्यक्रम में बोलते हुए पिछले एक दशक में गुणवत्ता मानकों के क्षेत्र में भारत की उल्लेखनीय यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “ आज जब हमारा ध्यान हम वर्ष 2014 में यूपीए सरकार की ओर जाता है तो उस समय केवल 14 गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (क्यूसीओ) जारी किए गए थे, जिनमें 106 उत्पाद शामिल थे।

पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार के नीति व नियत की बदौलत आज हमारे पास 187 क्यूसीओ हैं, जिनमें 770 उत्पाद शामिल हैं, जो अनिवार्य बीआईएस प्रमाणन के अधीन हैं। अनुराग सिंह ठाकुर ने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह परिवर्तन घटिया गुणवत्ता को मानक मानने से हटकर उत्कृष्टता की माँग को अधिकार मानने की ओर एक रणनीतिक बदलाव को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि एक समय था जब गुणवत्तापूर्ण उत्पाद बेचने वाले व्यापारी को हमें वह देने के बजाय, जिसके हम हक़दार हैं, हमें उपकार करने के रूप में देखा जाता था, लेकिन हमने इसे बदल दिया है”

अनुराग सिंह ठाकुर ने मानक उत्कृष्टता के लिए पाँच प्रमुख व्यावहारिक एजेंडा वाला एक दूरदर्शी रोडमैप प्रस्तुत किया।

 एमएसएमई और स्टार्ट-अप्स तक मानकों की पहुँच को गहरा करें

उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि व्यावहारिक मार्गदर्शन, स्थानीय प्रशिक्षण और तेज़ अनुरूपता मूल्यांकन छोटी इकाइयों को वैश्विक बाज़ारों में आगे बढ़ने में मदद करेंगे। उन्होंने बताया कि बीआईएस परवाणू उद्योग-बीआईएस साझेदारी के लिए एक आदर्श केंद्र बन सकता है, क्योंकि भारत के 6.63 करोड़ पंजीकृत एमएसएमई, जो सकल घरेलू उत्पाद में 30% और निर्यात में 45% से अधिक का योगदान करते हैं, की महत्वपूर्ण भूमिका को मान्यता दी जा रही है।

मानकों को स्थिरता मानकों से जोड़ें

पर्यावरणीय ज़िम्मेदारी पर ज़ोर देते हुए, उन्होंने ऐसे मानकों का आह्वान किया जो जीवनचक्र मूल्यांकन, पुनर्चक्रण क्षमता और ऊर्जा दक्षता को शामिल करें, यह सुनिश्चित करते हुए कि “हरित” मापनीय हो और ख़रीद प्रक्रियाओं में अनिवार्य हो।

 इंजीनियरिंग और प्रबंधन पाठ्यक्रमों में मानक साक्षरता को बढ़ावा देना

उन्होंने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालयों और पॉलिटेक्निकों के शिक्षकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि युवाओं को मानकों का ज्ञान दिया जाए, ताकि युवा पेशेवर कार्यस्थल पर मानकों को स्वाभाविक रूप से अपना सकें।

तेज़, डिजिटल और पारदर्शी प्रमाणन मार्गों को बढ़ावा देना

अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि सुव्यवस्थित प्रक्रियाओं को अपनाने, डिजिटल उपकरणों को अपनाने और गुणवत्ता से समझौता किए बिना बाज़ार में आने के समय को कम करने के लिए प्रयोगशालाओं का स्थानीयकरण करने से भारत के स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को समर्थन मिल रहा है, जो 350 से बढ़कर 1.59 लाख से अधिक संस्थाओं तक पहुँच गया है।

स्थानीय आवश्यकताओं की रक्षा करते हुए अंतर्राष्ट्रीय समन्वय को प्रोत्साहित करें*

आईएसओ और आईईसी मानकों के साथ भारत की 94% सामंजस्यता की वर्तमान उपलब्धि पर विचार करते हुए, ठाकुर ने इस बात पर ज़ोर दिया कि वैश्विक मानकों के साथ सामंजस्यता को बड़े पैमाने पर अपनाया जाना चाहिए, ताकि हमारे निर्यातकों को कम बाधाओं का सामना करना पड़े।

अनुराग सिंह ठाकुर ने गुणवत्ता उत्कृष्टता के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की अटूट प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि जब सरकार ने मेक इन इंडिया अभियान शुरू किया था, तो मोदी जी ने यह स्पष्ट कर दिया था कि हमारा विज़न ‘ज़ीरो डिफेक्ट, ज़ीरो इफेक्ट’ होना चाहिए, यानी हमारे गुणवत्तापूर्ण उत्पादों में कोई दोष नहीं होना चाहिए, वे टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल होने चाहिए, और पर्यावरण पर उनका कोई प्रभाव नहीं होना चाहिए।

अनुराग सिंह ठाकुर ने इस बात पर ज़ोर दिया कि इसी दर्शन ने भारत को हर क्षेत्र में 23,500 से ज़्यादा मानकों को लागू करने के लिए प्रेरित किया है, जिससे भारतीय उत्पाद वैश्विक मानकों को पूरा करने और उनसे आगे निकलने की स्थिति में हैं।

अनुराग सिंह ठाकुर ने उद्योग जगत से, मानकों में निवेश को विश्वास में निवेश के रूप में करने का आग्रह किया। गुणवत्ता, निरंतरता और सुरक्षा तीन ऐसे मानदंड हैं जो हमें विश्व स्तर पर सबसे विश्वसनीय और अपराजेय बनाते हैं। उन्होंने नवप्रवर्तकों से कहा, “मानकों को ध्यान में रखकर डिज़ाइन करें, इससे अपनाने में तेज़ी आती है और यह सुनिश्चित होता है कि आपके नवाचार वैश्विक बाज़ारों तक तेज़ी से पहुँचें।” नागरिकों से, उन्होंने कहा, “प्रमाणित, चिह्नित और सुरक्षित उत्पादों की माँग करें।” जब उपभोक्ता गुणवत्ता पर ज़ोर देते हैं, तो बाज़ार उत्कृष्टता के साथ प्रतिक्रिया देते हैं।”

मानकों की उत्कृष्टता को 2047 तक भारत के विकसित राष्ट्र बनने के दृष्टिकोण से जोड़ते हुए, अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के हमारे उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए बीआईएस, एमएसएमई और स्टार्ट-अप एक बेहतरीन संयोजन की भूमिका निभाएंगे। भारत के दूसरे सबसे बड़े रोज़गार क्षेत्र, एमएसएमई क्षेत्र में 26.77 करोड़ लोग कार्यरत हैं, इसलिए उद्यमशीलता की भावना के नए अवतार के रूप में भारत की स्थिति बनाए रखने के लिए मानकों की उत्कृष्टता महत्वपूर्ण हो जाती है।

उपभोक्ता जागरूकता में बदलाव पर प्रकाश डालते हुए, अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि कैसे उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय द्वारा एआई-जनित ‘जागृति’ पॉडकास्ट कार्यक्रम जैसी पहलों ने नागरिकों को गुणवत्ता और उचित मूल्य की मांग करने के लिए सशक्त बनाया है, जो पिछले एक दशक में मानसिकता में आए महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाता है। अब मौजूद मज़बूत ढाँचे के साथ, भारत न केवल वैश्विक विकास के साथ तालमेल बिठा रहा है, बल्कि गुणवत्ता और सुरक्षा के नए मानक भी स्थापित कर रहा है। आने वाले समय में, भारतीय मानक वैश्विक मानक होंगे।

************************

 

राजधानी दिल्ली में डराने लगा पॉल्यूशन; AQI 300 पार

ग्रैप-1 की पाबंदियां लागू

नई दिल्ली 15 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- राजधानी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में तेजी से बिगड़ती हवा की गुणवत्ता को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने तत्काल प्रभाव से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP-1) लागू करने का आदेश दिया है।

दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 211 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शून्य से 50 तक AQI को ‘अच्छा’, 51 से 100 तक ‘संतोषजनक’, 101 से 200 तक ‘मध्यम’, 201 से 300 तक ‘खराब’, 301 से 400 तक ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 तक ‘गंभीर’ श्रेणी में गिना जाता है।

GRAP-1 के तहत ये पाबंदियां रहेंगी लागू

GRAP-1 के प्रावधानों के तहत सड़क किनारे ढाबों और रेस्टोरेंट्स में कोयले या लकड़ी से खाना पकाने पर रोक लगाई गई है। इसके साथ ही खुले में कचरा या पत्ते जलाने पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए निर्माण स्थलों और औद्योगिक इकाइयों पर भी निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि वायु उत्सर्जन सीमित किया जा सके।

सांस लेने में बढ़ी परेशानी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ चिंतित

जैसे-जैसे ठंड का मौसम नजदीक आ रहा है, दिल्ली की हवा और अधिक जहरीली होती जा रही है। कई इलाकों में AQI 200 से 300 के बीच पहुंच गया है, जिससे लोगों को सांस लेने में कठिनाई, खांसी, और आंखों में जलन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि वायु गुणवत्ता में लगातार गिरावट बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा के मरीजों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।

धुंध से ढका शहर, दृश्यता हुई प्रभावित

राजधानी के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय घनी धुंध की परत देखी जा रही है। इंडिया गेट, राजपथ, और आईटीओ जैसे प्रमुख इलाकों में दृश्यता कम हो गई है। आने वाले दिनों में 14 से 16 अक्टूबर तक वायु गुणवत्ता के ‘खराब’ श्रेणी में बने रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग और पर्यावरण एजेंसियों का अनुमान है कि यदि हवा की गति धीमी रही और पराली जलाने की घटनाएं बढ़ीं, तो प्रदूषण स्तर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में जा सकता है।

***************************