चुनाव आयोग का बड़ा अभियान: देशभर में होगा , गहन मतदाता पुनरीक्षण’, नवंबर से इन राज्यों में होगी शुरुआत

नई दिल्ली 23 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ‘गहन मतदाता पुनरीक्षण’ (SIR) को लेकर हुए राजनीतिक घमासान और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचे मामले से सबक लेते हुए चुनाव आयोग अब यह अभियान देशभर में शुरू करने जा रहा है। आयोग ने नवंबर की शुरुआत से ही देशव्यापी SIR शुरू करने की तैयारी कर ली है। इसके तहत सबसे पहले उन राज्यों में मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण होगा, जहां 2026 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

इस बड़े अभियान की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार से चुनाव आयोग की दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस शुरू हुई है। इस बैठक में यह आकलन किया गया कि देश में SIR प्रक्रिया के लिए कितनी और कैसी तैयारी है। सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन आयुक्तों ने इस पर अपनी रिपोर्ट पेश की। कॉन्फ्रेंस के समापन पर आयोग द्वारा पूरे प्लान की घोषणा की जाएगी।

गौरतलब है कि बिहार में SIR प्रक्रिया पर खूब राजनीति हुई थी, जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। अदालत ने SIR को क्लीन चिट देते हुए कहा था कि यह प्रक्रिया थोड़ी पहले शुरू की जा सकती थी। इसी टिप्पणी से सबक लेते हुए आयोग ने अब समय रहते यह अभियान शुरू करने का फैसला किया है।

चरणबद्ध तरीके से होगा काम, इन राज्यों से शुरुआत

यह राष्ट्रव्यापी SIR प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से (phased manner) पूरी की जाएगी। इसके तहत, पहले चरण में इसे असम, केरल, पुदुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में लागू किया जाएगा, क्योंकि इन सभी राज्यों में अगले साल (2026) ही चुनाव होने हैं। हालांकि, असम में यह प्रक्रिया राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के कारण थोड़ी प्रभावित हो सकती है। असम के निर्वाचन आयोग का कहना है कि एक बार NRC का काम पूरा होने के बाद ही राज्य में SIR भी कर लिया जाएगा, ऐसे में यह संभव है कि NRC पूरा होने के इंतजार में असम में SIR की प्रक्रिया शुरू होने में थोड़ी देरी हो जाए।

प्रवासी मतदाताओं के लिए बड़ा बदलाव

आगामी राष्ट्रव्यापी प्रक्रिया में चुनाव आयोग एक बड़ा और अहम बदलाव करने जा रहा है, जिससे प्रवासी श्रमिकों (Migrant Workers) को बड़ी राहत मिलेगी। बिहार SIR प्रक्रिया के दौरान, मतदाताओं को केवल बिहार की ही अंतिम गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची से अपने नाम के अंश प्रस्तुत करने की अनुमति थी। लेकिन अब, नए नियम के तहत, मतदाता किसी भी राज्य की अंतिम SIR मतदाता सूची से अपने नाम के अंश प्रस्तुत कर सकेंगे, जहां वे वर्तमान में रह रहे हैं।

दूसरे शब्दों में, यदि पश्चिम बंगाल का कोई प्रवासी श्रमिक जो मुंबई में मतदाता के रूप में पंजीकृत है, वह महाराष्ट्र में नामांकित रह सकता है। इसके लिए उसे यह साबित करना होगा कि उसका नाम (या वह किसी ऐसे मतदाता से संपर्क स्थापित कर सके जिसका नाम) 2002 की पश्चिम बंगाल मतदाता सूची में शामिल हो (पश्चिम बंगाल में अंतिम SIR 2002 में हुआ था)। यह कदम सुनिश्चित करेगा कि प्रवासी श्रमिक आसानी से उस राज्य की मतदाता सूची में बने रहें जहां वे वर्तमान में रह रहे हैं।

**************************

 

हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजी घाटी, श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद

रुद्रप्रयाग 23 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री केदारनाथ धाम के कपाट गुरुवार सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए विधिवत रूप से बंद कर दिए गए। इस अवसर पर धाम में विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया गया।

कपाट बंद होने की प्रक्रिया तड़के चार बजे से विशेष पूजा-अर्चना के साथ आरंभ हुई। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, बदरी-केदार मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय थपलियाल, तीर्थ पुरोहितगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

कपाट बंद होने के बाद बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हो गई। डोली का पहला पड़ाव रामपुर में रहेगा। शुक्रवार को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी और 25 अक्टूबर को अपने गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी।

*********************

 

बिहार चुनाव : तेजस्वी यादव होंगे CM फेस!, महागठबंधन के पोस्टर से राहुल गांधी की तस्वीर गायब; सियासी हलचल तेज

पटना 23 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : महागठबंधन गुरुवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। इस बीच अटकलें लगाई जा रही हैं कि बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव को गठबंधन के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जा सकता है। यह घटनाक्रम तेजस्वी यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत और पार्टी के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु के बीच बुधवार को पटना में हुई बैठक के बाद सामने आया है। कृष्णा अल्लावरु ने बुधवार को पटना में तेजस्वी और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की थी।

पटना के मौर्य होटल में गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस की पृष्ठभूमि इन अटकलों को और बल देती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बैनर पर महागठबंधन के सभी सहयोगियों के चुनाव चिन्ह प्रमुखता से प्रदर्शित हैं, लेकिन तेजस्वी यादव की केवल एक बड़ी तस्वीर ही दिखाई गई है। इस पोस्टर से राहुल गांधी की तस्वीर गायब होने से सियासी हलचल भी तेज हो गई है।

बैनर पर ‘बिहार मांगे तेजस्वी सरकार’ हैशटैग भी दिखाया गया है। चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद से यह महागठबंधन की पहली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी होगी। आखिरी बार महागठबंधन के नेताओं ने 24 सितंबर को पटना में ‘अति पिछड़ा ईबीसी संकल्प पत्र’ के विमोचन के दौरान मंच साझा किया था, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी मौजूद थे।

इससे पहले, नेताओं ने राहुल गांधी की दो सप्ताह तक चली ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ में संयुक्त रूप से भाग लिया था, जो बिहार के 25 से अधिक जिलों से होकर गुजरी थी। हालांकि कांग्रेस ने बुधवार की बैठक के नतीजों पर कोई टिप्पणी करने से परहेज किया है, लेकिन गठबंधन सहयोगी भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने में हो रही देरी को लेकर महागठबंधन में बढ़ती बेचैनी का संकेत दिया है।

भट्टाचार्य ने कहा था, “विपक्ष के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में तेजस्वी के नाम की आधिकारिक घोषणा गुरुवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जा सकती है। पूरा बिहार जानता है कि अगर विपक्षी गुट को बहुमत मिलता है तो तेजस्वी ही मुख्यमंत्री होंगे।” हालांकि, अशोक गहलोत ने सतर्क रुख अपनाया और केवल इतना कहा कि गुरुवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘सारी उलझनें’ दूर हो जाएंगी।

***************************

 

जतरा आयोजन को लेकर कांके रोड स्थित जतरा टांड़ का भ्रमण

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन ने किया भ्रमण

आगामी जतरा आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा

जतरा में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित करने के निर्देश

जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन

रांची,22.10.2025 – आगामी जतरा आयोजन को लेकर कांके रोड स्थित जतरा टांड़ का आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से भ्रमण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्थल पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया एवं आयोजन समिति के सदस्यों से विस्तृत चर्चा की।

भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने आयोजन स्थल पर सफाई व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, यातायात नियंत्रण, पार्किंग स्थल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अग्निशमन की तैयारी आदि बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जतरा में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित की जाएं।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने समिति के सदस्यों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की तथा जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने कहा कि जतरा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को चिन्हित स्थानों पर दायित्व सौंपे जाएंगे।

आयोजन समिति के सदस्यों ने जिला प्रशासन को जतरा की पारंपरिक एवं सांस्कृतिक महत्ता से अवगत कराया तथा सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री राकेश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय, विद्युत विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

**************************

 

Ranchi DC  श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं Ranchi SSP श्री राकेश रंजन ने डोरंडा स्थित काली पूजा पंडाल का  किया भ्रमण

जिलेवासियों की सुख-समृद्धि हेतु मां काली से की मंगलकामना

रांची,22.10.2025 – रांची के डोरंडा स्थित भव्य काली पूजा पंडाल का उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से भ्रमण किया।

इस दौरान दोनों वरीय पदाधिकारियों ने पूजा स्थल पर पहुंचकर मां काली की आराधना की एवं जिलेवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों से मुलाकात कर आयोजन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

भ्रमण के दौरान पूजा समिति के सदस्यों द्वारा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री राकेश कुमार को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गाय। वरीय पदाधिकारियों ने पूजा समिति को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन हेतु बधाई देते हुए कहा कि जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति एवं भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि पूजा एवं विसर्जन कार्यक्रम ससमय एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा की सतत निगरानी रखने, ट्रैफिक नियंत्रण में सावधानी बरतने एवं श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए।

पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से सभी व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से चल रही हैं तथा विसर्जन कार्यक्रम निर्धारित तिथि को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा।

मौके पर नगर निगम, विद्युत विभाग, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

******************************

 

छठ पर्व को लेकर रांची के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन के साथ किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सभी विभागों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

केवल सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें श्रद्धालु – उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री

जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं, परंतु सतर्कता और संयम भी आवश्यक – उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री

स्वच्छता, सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान

छठ पूजा समिति के सदस्यों से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने किया संवाद

रांची,22.10.2025 – आगामी छठ पर्व को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज जिला प्रशासन की पूरी टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर सफाई व्यवस्था, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन आदि की विस्तृत समीक्षा की।

प्रमुख घाटों का किया गया निरीक्षण

प्रशासनिक टीम ने कांके डैम, हटनिया तालाब, चडरी तालाब, बड़ा तालाब (रांची झील) और धुर्वा डैम जैसे प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखने पर बल दिया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिया कि सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस बल, SDRF एवं NDRF की टीमें तैनात रहें। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा बैरिकेडिंग, गोताखोरों की मौजूदगी और कंट्रोल रूम की सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा।

केवल सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें श्रद्धालु – उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, श्री मंजूनाथ भजन्त्री

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने अपील की है कि श्रद्धालु केवल सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें। उन्होंने कहा है कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं, परंतु सतर्कता और संयम भी उतने ही आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वे छठ पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास से यह पर्व सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा।

स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घाटों की साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, एवं कीचड़ हटाने का कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही बिजली विभाग को सभी घाटों पर स्थायी व अस्थायी लाइट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।

पूजा समिति के सदस्यों से संवाद

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने विभिन्न घाटों पर उपस्थित पूजा समिति के सदस्यों से संवाद किया। उन्होंने घाटों पर स्थानीय प्रबंधों की जानकारी ली और सभी समितियों से कहा कि वे प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आस्था का यह महापर्व जिला प्रशासन और स्थानीय समितियों के सहयोग से स्वच्छ, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सिविल सर्जन को प्रत्येक प्रमुख घाट पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती करने के आदेश दिए हैं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत चिकित्सीय सहायता मिल सके।

निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक, यातायात श्री राकेश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय, नगर निगम, पथ निर्माण, बिजली, पीएचईडी तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

*************************

 

दीपावली एवं छठ के शुभ अवसर पर झारखंड सरकार का महिलाओं को उपहार

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना अंतर्गत रांची जिले की लाभुकों को अक्टूबर महीने के सम्मान राशि का भुगतान

3 लाख 88 हजार 406 लाभुकों के मध्य 97 करोड़ 10 लाख 15 हजार की सम्मान राशि का भुगतान

योजना अंतर्गत प्रत्येक लाभुक को 2500 की सम्मान राशि का भुगतान

लाभुकों के बैंक खातों में आधार बेस्ड डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम भुगतान

रांची, 19.10.2025 – दीपावली एवं छठ पूजा के शुभ अवसर पर झारखंड सरकार द्वारा राज्य की महिलाओं को विशेष उपहार स्वरूप मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत सम्मान राशि का भुगतान किया गया है। इस योजना के तहत रांची जिले की कुल 3 लाख 88 हजार 406 लाभुकों के बैंक खातों में आधार बेस्ड डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से ₹2,500 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹97 करोड़ 10 लाख 15 हजार रुपये की राशि का भुगतान किया गया है।

यह भुगतान अक्टूबर माह की सम्मान राशि के रूप में किया गया है, जिससे रांची जिले की लाखों महिलाओं को त्योहारों से पूर्व आर्थिक सशक्तिकरण का लाभ प्राप्त हुआ है।

जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में भुगतान की स्थिति (अक्टूबर माह)

•अनगड़ा – 16,843 लाभुक

•अरगोड़ा शहरी क्षेत्र – 12,417 लाभुक

•बड़गाईं शहरी क्षेत्र – 9,413 लाभुक

•बेड़ो – 20,797 लाभुक

•बुंडू – 8,525 लाभुक

•बुंडू नगर पंचायत – 3,572 लाभुक

•बुढ़मू – 18,073 लाभुक

•चान्हो – 19,894 लाभुक

•हेहल शहरी क्षेत्र – 15,442 लाभुक

•ईटकी – 10,482 लाभुक

•कांके – 31,828 लाभुक

•कांके शहरी क्षेत्र – 1,325 लाभुक

•खलारी – 9,703 लाभुक

•लापुंग – 11,478 लाभुक

•माण्डर – 23,395 लाभुक

•नगड़ी – 18,159 लाभुक

•नगड़ी शहरी क्षेत्र – 8,168 लाभुक

•नामकुम – 18,021 लाभुक

•नामकुम शहरी क्षेत्र – 9,078 लाभुक

•ओरमांझी – 18,310 लाभुक

•राहे – 9,647 लाभुक

•रातू – 18,792 लाभुक

•सिल्ली – 21,382 लाभुक

•सोनाहातू – 13,192 लाभुक

•तमाड़ – 18,714 लाभुक

•सदर शहरी क्षेत्र – 21,754 लाभुक

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा है कि “मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य की महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दीपावली और छठ जैसे पावन अवसरों पर इस राशि का भुगतान महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान और घरों में खुशहाली लाएगा। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी पात्र लाभुकों को समय पर और पारदर्शी तरीके से भुगतान मिले।”

************************

 

टिकट न मिलने से फूट-फूटकर रोए RJD नेता, राबड़ी आवास के बाहर फाड़ा कुर्ता, संजय यादव पर लगाया गंभीर आरोप

पटना 19 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां जैसे-जैसे बढ़ रही हैं, टिकट बंटवारे को लेकर राजनीतिक दलों में बगावत और घमासान भी तेज हो गया है। ताजा मामला राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से जुड़ा है, जहां टिकट नहीं मिलने से नाराज एक नेता ने पटना में राबड़ी आवास के बाहर ‘कुर्ता फाड़’ प्रदर्शन किया और सड़क पर लेटकर रोने लगे।

राजद नेता मदन शाह ने पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय यादव पर 2 करोड़ 70 लाख रुपये लेकर टिकट बेचने का गंभीर आरोप लगाया है।

यह हाई-वोल्टेज ड्रामा पूर्व सीएम राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास के ठीक सामने हुआ। पूर्वी चंपारण के मधुबन विधानसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी रहे मदन शाह टिकट कटने से इतने नाराज थे कि उन्होंने अपना कुर्ता फाड़ दिया और सड़क पर लेटकर अपने विरोध दर्ज कराया। (हालांकि हिंदी फिल्म का गाना ‘मैं लैला लैला चिल्लाऊंगा कुर्ता फाड़ के’ यहां सटीक बैठता है, लेकिन यहां ‘लैला’ की जगह ‘टिकट’ का मलाल था।)

राबड़ी आवास के सामने बेतहाशा रो रहे मदन शाह ने आरोप लगाया, “मुझे कहा गया कि दो करोड़ 70 लाख रुपए लाकर दो, मैं बर्बाद हो गया। मेरे दो बेटे-बेटियां हैं, मैंने किसी की शादी नहीं की है। चोरी करके टिकट बेच दिया गया।”

उन्होंने सीधे तौर पर राज्यसभा सांसद संजय यादव पर दलाली का आरोप लगाते हुए कहा, “2020 का चुनाव मैं लड़ा था और सिर्फ 2000 वोटों से हारा था। संजय यादव हरियाणा से आया है और यहां टिकट बेचता है।” मदन शाह का कहना था कि वह 1990 से ही राजद से जुड़े हुए हैं, लेकिन पार्टी ने उन्हें अनदेखा कर एक बाहरी व्यक्ति को टिकट दे दिया।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब बिहार में चुनावी तापमान चरम पर है। पहले चरण के नामांकन खत्म हो चुके हैं और दूसरे चरण की प्रक्रिया जारी है। इस बीच, टिकट बंटवारे को लेकर लगभग हर दल में ऐसे ही असंतोष और विरोध के नए-नए रंग देखने को मिल रहे हैं।

****************************

 

दिल्ली शार्क्स ने जीता खिताब

चेन्नई ,19 अक्टूबर (एजेंसी)।  दिल्ली शार्क्स ने DAVe BABA VIDYALAYA तमिलनाडु ओपन ट्रायोज़ टेनपिन बॉलिंग टूर्नामेंट 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता लेट्स बॉल, थोरेपक्कम, चेन्नई में आयोजित की गई थी। आयोजक थे तमिलनाडु टेनपिन बॉलिंग एसोसिएशन (TNTBA), जो टेनपिन बॉलिंग फेडरेशन (इंडिया) के तत्वावधान में संपन्न हुई।

रोमांचक फाइनल मुकाबला “बेकर फॉर्मेट” में खेला गया, जो दो गेम के कुल प्रदर्शन पर आधारित था। दिल्ली शार्क्स की टीम — ध्रुव सरदा, पलगुना रेड्डी और सुनील शर्मा — ने स्ट्राइक सिंडिकेट चेन्नई (सोबन डी., गणेश एन.टी. और गुरुनाथन) को मात्र 12 पिन (375–363) से हराकर खिताब जीता।

पहले गेम में दिल्ली शार्क्स 3 पिन (170–173) से पीछे थी, लेकिन दूसरे गेम में शानदार वापसी करते हुए 205 पिन गिराए। आखिरी गेंद में गणेश एन.टी. स्ट्राइक नहीं लगा सके, जिससे दिल्ली शार्क्स को जीत का अवसर मिला और उन्होंने खिताब अपने नाम किया।

यह बहु-चरणीय टूर्नामेंट — जिसमें क्वालिफाइंग ब्लॉक्स, राउंड-रॉबिन और नॉकआउट स्टेज शामिल थे — ने खिलाड़ियों की कौशल, सहनशक्ति और टीम समन्वय क्षमता की सच्ची परीक्षा ली।

****************************

 

अब पाकिस्तान की एक-एक इंच जमीन ब्रह्मोस की पहुंच में : राजनाथ सिंह

लखनऊ 19 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्मोस एयरोस्पेस की स्थानीय इकाई से निर्मित सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइलों के प्रथम बैच को हरी झंडी दिखाई।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि धनतेरस के शुभ अवसर पर चार मिसाइलों की डिलीवरी के साथ भारत की रक्षा क्षमता और आत्मनिर्भरता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाला यह कदम न केवल सैन्य सफलता का, बल्कि आर्थिक समृद्धि और रोजगार सृजन का भी प्रतीक है।

उन्होंने ब्रह्मोस को ‘भारत की बढ़ती स्वदेशी ताकत का प्रतीक’ बताते हुए पाकिस्तान को चेतावनी दी कि अब उसकी एक-एक इंच जमीन ब्रह्मोस की पहुंच में है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह मेरे लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि आज लखनऊ में ब्रह्मोस की स्टेट-ऑफ-द-आर्ट बूस्टर बिल्डिंग का लोकार्पण हो रहा है।

अभी थोड़ी ही देर पहले इसी प्रांगण में रुद्राक्ष के पौधे का रोपण करने का भी मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ। रुद्राक्ष को तो हम रूद्र, यानी भगवान महादेव का अंश मानते हैं। मेरी महादेव से यही प्रार्थना है कि उनका आशीर्वाद इस अत्याधुनिक सुविधा पर और हम सभी देशवासियों पर सदा बना रहे।

उन्होंने लखनऊ की जनता को बधाई देते हुए कहा कि लखनऊ मेरे लिए केवल संसदीय क्षेत्र नहीं, बल्कि मेरी आत्मा में बसने वाला शहर है। राज्य और राजधानी के तीव्र विकास को देखकर जो संतोष और गर्व की अनुभूति होती है, वह आज इस रक्षा क्षेत्र से जुड़ी उपलब्धि के कारण और भी गहरी हो गई है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि 11 मई 2025 को इस आधुनिक सुविधा का उद्घाटन हुआ था और मात्र पांच महीनों में ब्रह्मोस मिसाइल की पहली खेप तैयार होकर डिलीवर हो रही है। मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि जिस गति और दक्षता से यह कार्य पूरा हुआ है, वह केवल रिकॉर्ड ही नहीं, बल्कि लखनऊ और उत्तर प्रदेश की विश्वसनीयता का भी प्रमाण है। आज ब्रह्मोस की विश्वसनीयता के साथ-साथ लखनऊ की पहचान भी और अधिक मजबूत हुई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस परियोजना के लिए हर संभव सहयोग और समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा करीब 200 एकड़ में फैली हुई है और लगभग 380 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की गई है।

पीक टाइम पर सैकड़ों लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जबकि अनुमान है कि यहां से प्रतिवर्ष लगभग 100 मिसाइल सिस्टम थलसेना, वायुसेना और नौसेना को उपलब्ध कराए जाएंगे। अगले वित्तीय वर्ष में इस इकाई का टर्नओवर 3,000 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा, जो 500 करोड़ रुपए का जीएसटी राजस्व उत्पन्न करेगा।

रक्षा मंत्री ने ब्रह्मोस की क्षमताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ब्रह्मोस सिर्फ एक मिसाइल नहीं, बल्कि भारत की बढ़ती स्वदेशी ताकत का प्रतीक है। यह परंपरागत वॉरहेड, उन्नत गाइडेड सिस्टम और सुपरसोनिक गति के साथ लंबी दूरी तक सटीक प्रहार करने में सक्षम है।

गति, सटीकता और शक्ति का यह अनूठा संयोजन ब्रह्मोस को विश्व की सर्वश्रेष्ठ मिसाइल प्रणालियों में शुमार करता है। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि ब्रह्मोस आज भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना-तीनों की रीढ़ बन चुका है।

उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि आज का अवसर केवल एक लॉन्चिंग इवेंट नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देने वाला क्षण है कि भारत अपने सपनों को हकीकत में बदलने की ताकत रखता है। ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस ने न केवल अपनी तकनीकी श्रेष्ठता साबित की, बल्कि यह भी दिखाया कि यह भारत की सुरक्षा का सबसे बड़ा व्यावहारिक प्रमाण है।

इस ऑपरेशन ने सिद्ध किया कि जीत अब हमारे लिए कोई घटना नहीं, बल्कि हमारी आदत बन चुकी है। ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस का जो प्रैक्टिकल प्रदर्शन हुआ है, उसने न केवल देशवासियों बल्कि पूरी दुनिया में ब्रह्मोस के प्रति एक गहरा विश्वास और आत्मविश्वास पैदा किया है।

संबोधन का सबसे कड़ा हिस्सा पाकिस्तान को संबोधित करते हुए आया, जहां रक्षा मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान की एक-एक इंच जमीन ब्रह्मोस की पहुंच में है। ऑपरेशन सिंदूर इसका ट्रेलर था, जिसने पाकिस्तान को अहसास दिला दिया कि अगर भारत पाकिस्तान को जन्म दे सकता है तो समय आने पर वे इसके आगे मुझे बोलने की जरूरत नहीं, आप सब समझदार हैं।

उन्होंने कहा कि इस सफलता ने ब्रह्मोस को वैश्विक स्तर पर साबित कर दिया। देश को यह विश्वास हो गया है कि हमारे विरोधी अब ब्रह्मोस की मारक क्षमता से नहीं बच सकते। हमें संकल्प लेना होगा कि इस आदत को न केवल बनाए रखना है, बल्कि इसे और मजबूत करना है।

रक्षा मंत्री ने उत्तर प्रदेश के बदलते स्वरूप पर जोर देते हुए कहा कि मैं यहां सिर्फ रक्षा सेक्टर की ही बात नहीं कर रहा। मैं उस बड़े परिवर्तन की भी बात करना चाहता हूं जो उत्तर प्रदेश में हो रहा है। हम सब जानते हैं कि कभी उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडाराज और बिगड़े हुए लॉ एंड ऑर्डर से की जाती थी।

लोग डर के माहौल में रहते थे और निवेशक यहां आने से कतराते थे। पर आज, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह स्थिति बदल चुकी है। उनके दृढ़ नेतृत्व और नीतिगत निर्णयों ने प्रदेश में विश्वास लौटाया है।
उन्होंने लखनऊ को तहजीब का शहर बताते हुए कहा कि लखनऊ अब केवल तहजीब का शहर नहीं रहा, बल्कि टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रीज का

केंद्र बन चुका है। रक्षा निर्माण के क्षेत्र में लखनऊ अब देश के मानचित्र पर एक प्रमुख हब के रूप में स्थापित हो गया है। यहां से उठाया गया हर कदम भारत की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रभावशाली कदम है।

राजनाथ सिंह ने स्थानीय उद्योगों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि बड़ी फैसिलिटीज के साथ-साथ स्थानीय और छोटे-स्तरीय उद्योगों को भी विकसित किया जाए। उत्तर ़ी कंपनियों के साथ-साथ छोटी और मध्यम उद्योग इकाइयां भी इसमें जुड़ेंगी।

धनतेरस के संयोग पर रक्षा मंत्री ने कहा कि एक दिलचस्प संयोग यह भी है कि आज हम सब धनतेरस का पर्व मना रहे हैं और इसी शुभ दिन पर चार ब्रह्मोस मिसाइलों की डिलीवरी भी हो रही है। सोचिए, इससे बड़ा धनतेरस देश के लिए और क्या हो सकता है! एक तरह से हम कह सकते हैं कि आज लक्ष्मी जी की कृपा न केवल सुरक्षा क्षेत्र पर, बल्कि अर्थव्यवस्था पर भी समान रूप से बरस रही है।

उन्होंने इसके आर्थिक प्रभाव पर कहा कि इसका सीधा अर्थ यह है कि हर एक मिसाइल न केवल हमारी सीमाओं की रक्षा करती है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाती है।

सरल शब्दों में कहें तो एक मिसाइल के प्रोडक्शन से मिलने वाले टैक्स से सरकार कई स्कूल बना सकती है, कई अस्पताल स्थापित कर सकती है और ऐसी योजनाएं चला सकती है जो सीधे आम नागरिक के जीवन को बेहतर बनाती हैं। यानी, ब्रह्मोस सिर्फ एक हथियार नहीं है, यह हमारे बच्चों के लिए शिक्षा का साधन, हमारे परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का आधार और पूरे समाज के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने वाला माध्यम है।

रक्षा मंत्री ने ब्रह्मोस के निर्यात पर कहा कि आप सब जानते हैं कि फिलीपींस के साथ भारत ने ब्रह्मोस एक्सपोर्ट का अनुबंध किया है। यह केवल शुरुआत है। आने वाले समय में और भी देश भारत के साथ सहयोग करेंगे। भारत अब सिर्फ टेकर नहीं, बल्कि गिवर की भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले एक माह में ब्रह्मोस टीम ने दो देशों के साथ लगभग 4,000 करोड़ रुपए के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में जिस यात्रा की शुरुआत हुई थी, आज वही यात्रा 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।

************************

 

उत्तर प्रदेश : अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड टूटा, इस वर्ष संख्या 23 करोड़ पार

अयोध्या 19 Oct,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) उत्तर प्रदेश सरकार इस साल अयोध्या में सरयू तट पर 9वां दीपोत्सव मनाने जा रही है। राम मंदिर के अलावा यहां पिछले 8 साल से हर वर्ष आयोजित दीपोत्सव के कारण अयोध्या की भव्यता और बढ़ गई है। दीपोत्सव ने देश-विदेश में अयोध्या का आकर्षण बढ़ा दिया है। यही कारण है कि अयोध्या में पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

इनमें भारतीय पर्यटक तो अच्छी खासी संख्या में हैं ही विदेशियों की रुचि भी प्रभु श्रीराम की नगरी में बढ़ गई है। पर्यटन विभाग से मिले आंकड़े के मुताबिक अयोध्या में वर्ष 2017 से दीपोत्सव प्रारंभ हुआ है। इस बीच यहां 1,78,32,717 भारतीय और 25,141 विदेशी पर्यटक पहुंचे। इस प्रकार वर्ष 2017 में कुल 1,78,57,858 श्रद्धालुओं ने रामनगरी में दर्शन-पूजन किया।

दीपोत्सव के दूसरे वर्ष 2018 में 1,95,34,824 भारतीय और 28,335 विदेशी नागरिकों ने रामनगरी में दर्शन किया। इस प्रकार कुल मिलाकर 1,95,63,159 लोगों ने वर्ष 2018 में अयोध्या में दर्शन-पूजन किया। ऐसे ही वर्ष 2019 में 2,04,63,403 भारतीय और 38,321 विदेशी मिलाकर कुल 2,04,91,724 श्रद्धालुओं ने अयोध्या में दर्शन किया।

वर्ष 2020 में कोरोना के कारण पर्यटकों की संख्या में कमी देखने को मिली। इस साल 61,93,537 भारतीय एवं 2,611 विदेशी मिलाकर कुल 61,96,148 सैलानी अयोध्या पहुंचे। वहीं वर्ष 2021 में 1,57,43,359 भारतीय एवं 31 विदेशी पर्यटकों ने अयोध्या में दर्शन पूजन किया। 2021 में कुल 1,57,43,390 श्रद्धालु अयोध्या दर्शन के लिए आए।

इसी तरह, साल 2022 में 2,39,09,014 भारतीय एवं 1465 विदेशी पर्यटक अयोध्या पहुंचे। कुल मिलाकर 2,39,10,479 पर्यटक अयोध्या दर्शन के लिए यहां पहुंचे। 2023 में 5,75,62,428 भारतीय और 8468 विदेशी पर्यटक आए। इसके बाद 2024 में 16,43,93,474 भारतीय और 26048 विदेशी श्रद्धालु आए।

वहीं, 2025 में जनवरी से जून तक 23,81,64,744 भारतीय और 49,993 विदेशी समेत कुल 23,82,14,737 श्रद्धालु अयोध्या दर्शन के लिए पहुंचे।

अयोध्या में देश से ही नहीं विदेश से भी आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से अयोध्या में रोजगार में भी तेजी से वृद्धि होने लगी है।

प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार तेजी से अयोध्या का विकास करने में लगी है। शानदार फोर-लेन व सिक्स-लेन सड़कों से अयोध्या जुड़ रही है। विश्वस्तरीय हवाई अड्डे व रेलवे स्टेशन के अलावा तमाम अन्य सुविधाएं विकसित होने से अयोध्या पर्यटकों को आकर्षित कर रही है।

*************************

 

आजादी के बाद पहली बार कर्तव्य पथ पर मनाया गया दीपावली उत्सव

नई दिल्ली 19 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में देश की राजधानी दिल्ली में एक नया इतिहास लिखा गया। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या की तरह देश की राजधानी में पहली बार कर्तव्य पथ आज दीपोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि आज का दीपोत्सव केवल दीपों का उत्सव नहीं, बल्कि नई क्रांति की आहट है।

दिल्ली एक नया इतिहास लिखने जा रही है, जहां आस्था और आधुनिकता का संगम अद्भुत रूप में सामने आया है। राजधानी ने यह दिखा दिया कि दिल्ली अब केवल शासन की राजधानी नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना की धड़कन भी है।

श्रीराम के जीवन चरित का ड्रोन प्रदर्शन और दीपों का महासागर इस बात का प्रतीक है कि राजधानी दिल्ली अब सनातन परंपरा, देश की सांस्कृतिक समझ के साथ आगे बढ़ रही है। आजादी के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब कर्तव्य पथ पर सामूहिक रूप से दीपावली का आयोजन किया जा रहा है।

इस आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ उनके मंत्रिमंडल के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी तो साथ थे ही, दिल्ली के हजारों लोगों का जुड़ाव भी देखने को मिला। कर्तव्य पथ पर आयोजित इस दीपोत्सव में भव्य ड्रोन शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रामायण थीम आधारित लाइट कार्यक्रम ने उपस्थित हजारों दर्शकों को अभिभूत कर दिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस कार्यक्रम में भावविह्वल व श्रीराम की भक्ति से प्रेरित दिखीं।

उन्होंने कहा कि वर्षों बाद दिल्ली का हृदय इस तरह दीपों की आभा से जगमगा उठा है। यह केवल रोशनी का उत्सव नहीं, बल्कि दिल्ली की नई ऊर्जा, नई उम्मीद और नई दिशा का प्रतीक है। इस बार की दिवाली दिल्ली के हर वर्ग तक पहुची है । मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से आज दिल्ली का प्रत्येक वर्ग लाभान्वित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि इस दिवाली बच्चों के चेहरों पर मुस्कान है, महिलाओं के घर में बचत है, युवाओं को नए अवसर हैं, बुजुर्गों को स्वास्थ्य का भरोसा है, और हर नागरिक को अपने शहर पर गर्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प है कि प्रभु श्रीराम की कृपा से दिल्ली में रामराज्य की स्थापना हो, जहां हर नागरिक को समान अवसर, सुरक्षा और सम्मान मिले। दिल्ली की सरकार जनता की सरकार है, और हम जनता के सेवक हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार सीएम रेखा गुप्ता का यह भी कहना है कि कर्तव्य पथ पर आयोजित इस दीपोत्सव की सबसे विशेष बात यह रही कि पहली बार ड्रोन शो के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन चरित को आकाश में प्रदर्शित किया गया। हजारों ड्रोन से सुसज्जित इस भव्य दृश्य ने रामायण की पवित्र गाथा को आधुनिक तकनीक के जरिये जीवंत कर दिया।

मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन आदर्शों का यह दृश्य न केवल श्रद्धालुओं को भावविभोर कर गया, बल्कि यह भी संदेश दिया कि भारत की परंपराएं समय के साथ आधुनिकता के संग समरसता से आगे बढ़ सकती हैं। मुख्यमंत्री का यह भी कहना था कि दीपावली विशेष पर्व है जो अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है।

त्रेतायुग में जब भगवान श्रीराम 14 वर्ष के वनवास के पश्चात अयोध्या लौटे, तब अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। तभी से यह पर्व दीपों के माध्यम से उजियारे का प्रतीक बन गया। यह पर्व केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है

। परिवार, समाज और राष्ट्र के स्तर पर यह उत्सव हमें एक-दूसरे से जोड़ता है, और अंधकार को मिटाकर उम्मीद और सद्भाव के दीप जलाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का यह आयोजन विशेष है। अब तक दीपोत्सव का भव्य आयोजन अयोध्या में देखने को मिलता था, लेकिन पहली बार दिल्ली ने भी उस गौरवमयी परंपरा को अपने आंगन में साकार किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि दिल्ली न केवल प्रशासनिक राजधानी रहे, बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी भारत की आत्मा को प्रतिबिंबित करे। दीपावली का यह आयोजन दिल्ली को आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव की दिशा में एक नई पहचान देगा।

*******************************

 

 

बिहार चुनाव : कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की, जानें किसे कहां से टिकट

पटना 19 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)कांग्रेस पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी। इस लिस्ट में 5 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है।

एआईसीसी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के कार्यालय से जारी एक आधिकारिक पत्र के अनुसार, कांग्रेस ने नरकटियागंज से शाश्वत केदार पांडे, किशनगंज से मोहम्मद कमरुल होदा, कस्बा से मोहम्मद इरफान, पूर्णिया से जितेंद्र यादव और गया टाउन से मोहन श्रीवास्तव को उम्मीदवार बनाया है।

इन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया 20 अक्टूबर तक जारी रहेगी, जबकि दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होना है। इससे पहले, कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में 48 उम्मीदवारों की घोषणा की थी।

हालांकि, पार्टी को सीट बंटवारे की व्यवस्था को अंतिम रूप देने में देरी के लिए महागठबंधन के भीतर भारी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण कई निर्वाचन क्षेत्रों पर स्पष्टता के बिना नामांकन का पहला चरण संपन्न हो गया।

इस हफ्ते की शुरुआत में पटना हवाई अड्डे पर बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा निशाना साधे जाने के बाद पार्टी के भीतर अशांति और बढ़ गई। नाराज कार्यकर्ताओं ने उन पर टिकट बेचने और उम्मीदवार चयन में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाया।

इस घटना और कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय, सदाकत आश्रम में हुई बहस का एक वीडियो भी कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस हंगामे को और बढ़ाते हुए कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता तारिक अनवर ने उम्मीदवार चयन प्रक्रिया पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए।

बता दें कि महागठबंधन में शामिल प्रमुख सहयोगी दल कांग्रेस में ही टिकटों को लेकर सवाल उठाए जाने लगे हैं। कांग्रेस के प्रवक्ता आनंद माधव ने तो राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज दिया है।

आनंद माधव सहित कई नेताओं ने टिकट वितरण को लेकर प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं पर पार्टी के प्रदेश नेतृत्व पर पक्षपात और मनमानी के आरोप लगाए हैं। पटना में कांग्रेस के ‘रिसर्च सेल’ के अध्यक्ष आनंद माधव और पूर्व प्रत्याशी गजानंद शाही सहित कई नेताओं ने संवाददाता सम्मेलन कर प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजेश राम पर गंभीर आरोप लगाए।

******************************

 

सीएम योगी स्टार प्रचारक नहीं बल्कि, स्टार विभाजक बनकर बिहार गए हैं : अखिलेश यादव

लखनऊ 19 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के स्टार प्रचारक बनाए जाने को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे स्टार प्रचारक नहीं बल्कि स्टार विभाजक बनकर गए हैं।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने  इशारों-इशारों में सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि वह स्टार प्रचारक नहीं, स्टार विभाजक बनकर बिहार गए हैं। बिहार की जनता इन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार साम्प्रदायिक लोगों को कभी स्वीकार नहीं करेगा।

सरकार पहला झूठ यही बोल रही है कि आठ साल हुए हैं। जबकि सरकार 9 वर्ष होने वाले हैं। इस सरकार का अब सिर्फ एक आखिरी बजट आना है। पहले बिजली बेचना चाह रहे थे, अब निजीकरण भी नहीं कर पा रहे हैं।

सपा मुखिया ने कहा कि यह सरकार फुस्स फुलझड़ी सरकार है। इससे बिजली की उम्मीद मत रखिए। आज प्रदेश की हालत ऐसी है कि लखनऊ में जगह-जगह जाम लग रहा है और फिर भी इसे स्मार्ट सिटी कहा जा रहा है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘जिसने लखनऊ को तीसरी सबसे स्मार्ट सिटी का अवॉर्ड दिया है, उस पर एफआईआर होनी चाहिए। कुंभ में बहुत जानें गईं। सरकार सही आंकड़े नहीं देना चाहती। लोगों को सच पता है कि सरकार सच बोलने वाली नहीं है। कानून संविधान मानने वाला नहीं है। अगर डेथ सर्टिफिकेट जारी कर देंगे तो मुआवजा देना पड़ेगा। जो लोग काला धन और भ्रष्टाचार पर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वो मुआवजा नहीं देना चाहते।

अखिलेश यादव ने कहा कि आजकल लोग भेड़िये की दहशतगर्दी से परेशान हैं। अभी तक छतों पर सांड चढ़ रहा था, अब तो गुलदार भी छतों पर चढ़ रहा है। कुछ ही दिनों में 52 लोगों पर हमले हो चुके हैं। समाजवादी लोग बुल और बुलडोजर दोनों के खिलाफ हैं।

उन्होंने आगे कहा कि दिवाली पर कुम्हार परेशान हैं। सपा सरकार बनी तो दिवाली पर सरकार कुम्हारों से एक करोड़ दीये खरीदा करेगी। सपा प्रमुख अखिलेश ने आगे कहा कि कानपुर के अखिलेश दुबे के घर बुलडोजर नहीं चलेगा। उस पर कार्रवाई हुई तो सरकार के कई अफसर फंस सकते हैं। अब उसकी जान की फिकर हम सबको करनी है।

****************************

 

क्रिकेट जगत के लिए त्रासदी : पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में जान गंवाने वाले अफगान क्रिकेटरों के प्रति जय शाह ने जताई संवेदना

नई दिल्ली 19 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने पाकिस्तान के एयरस्ट्राइक में मारे गए अफगानिस्तान के तीन युवा क्रिकेटरों के निधन पर शोक जताया है। शाह ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदना व्यक्त की। जय शाह ने एक्स पर लिखा, “तीन युवा अफगान क्रिकेटरों, कबीर आगा, सिबगतुल्लाह और हारून, की मृत्यु पर गहरा दुःख हुआ है, जिनके सपने एक मूर्खतापूर्ण हिंसा के कारण अधूरे रह गए।

ऐसी होनहार प्रतिभा का जाना न केवल अफगानिस्तान के लिए, बल्कि पूरे क्रिकेट जगत के लिए एक त्रासदी है। हम अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड और इस हृदयविदारक क्षति पर शोक व्यक्त करने वाले सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।” अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की तरफ से एयरस्ट्राइक की निंदा की है और मृत तीनों युवा क्रिकेटरों के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

एसीबी ने एक्स पर दावा किया, “इस हमले में कई लोगों की जान चली गई, जिनमें तीन स्थानीय क्रिकेटर भी शामिल हैं, जो पक्तिका प्रांत की राजधानी शराना में एक दोस्ताना मैच खेलकर घर लौट रहे थे। एसीबी इसे अफगानिस्तान के खेल समुदाय, उसके एथलीटों और क्रिकेट परिवार के लिए एक बड़ी क्षति मानता है।”

एसीबी ने कहा कि पीड़ितों के प्रति सम्मान दर्शाते हुए उसने पाकिस्तान में होने वाली आगामी त्रिकोणीय टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भाग नहीं लेने का फैसला किया है।

बता दें कि पाकिस्तान, श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच त्रिकोणीय टी20 सीरीज होनी थी। अफगानिस्तान की जगह अब जिम्बाब्वे को शामिल किया गया है।

बीसीसीआई ने भी पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक में मारे गए अफगानिस्तान के युवा क्रिकेटरों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, बोर्ड इस दुःख की घड़ी में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी), क्रिकेट जगत और दिवंगत खिलाड़ियों के परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ा है और इस भयावह और अनुचित हमले की निंदा करता है।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शनिवार को कहा, “निर्दोष लोगों, खासकर होनहार खिलाड़ियों की जान जाना बेहद दुखद और चिंता का विषय है। हम अफगानिस्तान के लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और उनके दुख और क्षति में शामिल हैं।”

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भी अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में हाल ही में हुए हवाई हमले में तीन युवा अफगान क्रिकेटरों की दुखद मौत पर बेहद दुख और स्तब्धता व्यक्त की है। क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने कहा कि हम उस हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसने परिवारों, समुदायों और क्रिकेट जगत से तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को छीन लिया, जिनकी एकमात्र महत्वाकांक्षा अपने पसंदीदा खेल को खेलना था।

***********************

 

महाराष्ट्र : शिरडी साईं बाबा संस्थान में 76 लाख का विद्युत घोटाला, 47 अधिकारियों-कर्मचारियों पर FIR

शिरडी 19 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। देशभर के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के सबसे बड़े केंद्र शिरडी के श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट में एक बड़ा आर्थिक घोटाला सामने आया है।

संस्थान के विद्युत विभाग में 76 लाख रुपए के विद्युत सामान के गबन का खुलासा लेखा परीक्षण (ऑडिट) के दौरान हुआ है। इस मामले में शिरडी पुलिस ने संस्थान के 47 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज किया है।

न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। जांच में खुलासा हुआ कि यह बात एक साल पहले हुए ऑडिट में सामने आई थी, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया था।

प्रशासन की लापरवाही को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता संजय बाबुताई काले ने न्याय के लिए औरंगाबाद हाई कोर्ट की खंडपीठ में क्रिमिनल रिट याचिका दायर की।

न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए, दिनांक 15 अक्टूबर को शिरडी पुलिस को सभी 47 आरोपियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट के इस सख्त रुख के बाद ही शिर्डी पुलिस ने मामला दर्ज करने की कार्रवाई पूरी की।

एक रिपोर्ट के अनुसार, विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर साजिश रची। उन्होंने अपने अधीनस्थ विद्युत सामग्री का सही पंजीकरण नहीं किया।

कई कीमती वस्तुओं को जानबूझकर ‘डेड स्टॉक रजिस्टर’ में फर्जी तरीके से दर्ज कर दिया गया, जबकि हकीकत में वे सामग्री संस्थान से गायब थीं।

इस तरह, अधिकारियों-कर्मचारियों ने संस्थान को करोड़ों का आर्थिक नुकसान पहुंचाया।पुलिस जांच में सामने आया है कि 39 आरोपियों ने अपनी जिम्मेदारी की राशि संस्थान को चुका दी है, लेकिन 8 आरोपी पर अभी भी बकाया हैं।

फरियादी संजय काले ने इस पूरे घोटाले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत हासिल किए थे।

उनकी गहन छानबीन ने विद्युत विभाग में चल रही गैरव्‍यवस्‍था, फर्जी प्रविष्टियां और सामग्री की हेराफेरी का पूरा ब्यौरा सामने ला दिया। स्थानीय स्तर पर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्हें अंततः उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज होने के बाद, शिरडी पुलिस ने दस्तावेजों, ऑडिट रिपोर्टों और जवाबदेही की समीक्षा के लिए एक टीम का गठन किया है।

इस घटना ने ट्रस्ट के वरिष्ठ अधिकारियों और उनकी निगरानी प्रणाली के लिए एक बड़ी चेतावनी जारी की है कि अब उन्हें आर्थिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कड़ाई से लेखापरीक्षण लागू करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

*************************

 

बिहार चुनाव 2025: मतदान वाले दिन सभी को मिलेगा सवेतन अवकाश, चुनाव आयोग की घोषणा

नई दिल्ली 19 Oct,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारत निर्वाचन आयोग बिहार विधानसभा चुनाव और 8 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनावों की तारीखों की घोषणा कर चुका है। मतदान के दिन सभी कर्मचारियों को सवेतन अवकाश देने का आदेश जारी किया गया है।

आयोग ने कहा कि यह कदम मतदाताओं को अपने वोट का इस्तेमाल करने में आसानी प्रदान करने के लिए उठाया गया है। बिहार में पहला चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। इसके अलावा सभी 8 विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव भी 11 नवंबर को ही होंगे।

जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135बी के तहत हर कर्मचारी, चाहे वह किसी व्यवसाय, उद्योग या अन्य प्रतिष्ठान में काम करता हो, मतदान के दिन सवेतन अवकाश पाने का हकदार है।

इस दौरान उनकी तनख्वाह में कोई कटौती नहीं होगी। अगर कोई नियोक्ता इस नियम का उल्लंघन करता है तो उस पर जुर्माना लगाया जा सकता है। दैनिक वेतनभोगी और आकस्मिक कर्मचारी भी इस सुविधा के हकदार हैं।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग अपने मतदान क्षेत्र से बाहर अन्य जगहों पर नौकरी करते हैं, लेकिन अपने मूल मतदान क्षेत्र में वोटर हैं, उन्हें भी मतदान के दिन सवेतन अवकाश मिलेगा। इससे वे अपने वोट डालने के लिए समय निकाल सकेंगे। यह नियम सुनिश्चित करता है कि हर मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का पूरा मौका मिले।

निर्वाचन आयोग ने सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों को निर्देश दिया है कि वे इस नियम का सख्ती से पालन कराएं। इसके लिए सभी नियोक्ताओं और संबंधित विभागों को जरूरी हिदायतें जारी की जाएं। आयोग का मकसद है कि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और सुगम हो, ताकि हर नागरिक बिना किसी परेशानी के वोट डाल सके।

बिहार में इस घोषणा से कर्मचारियों और दैनिक मजदूरों में खुशी की लहर है। आयोग ने नियोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवकाश का लाभ देने में सहयोग करें ताकि लोकतंत्र मजबूत हो। यह कदम मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

*************************

 

ब्रह्मोस सिर्फ भारत नहीं, दुनिया में मित्र देशों की रक्षा करने का सबसे सक्षम हथियार: CM योगी

लखनऊ 19 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आत्मनिर्भर भारत का एक नया अध्याय लिखा गया, जब ब्रह्मोस एयरोस्पेस लिमिटेड की लखनऊ इकाई में उत्पादित सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइलों के पहले बैच का फ्लैग ऑफ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। भारत माता की जय’ के जयघोष के बीच जब मिसाइलों का पहला जत्था रवाना हुआ तो समारोह गर्व, गौरव और देशभक्ति से गूंज उठा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रह्मोस केवल भारत की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में अपने मित्र देशों की रक्षा करने का सबसे सक्षम हथियार है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रयास से ब्रह्मोस लखनऊ में विकसित हुआ है, जो देश की खुशहाली का माध्यम बना है। जब व्यक्ति सुरक्षित रहता है, तभी चैन की नींद सोता है। लखनऊ में बनी मिसाइल पूरे देशवासियों की सुरक्षा और समृद्धि की गारंटी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ संकल्प को साकार करने का यह क्षण प्रफुल्लित करने वाला है। उन्होंने कहा कि यह मिसाइल न केवल भारत की सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि दुनिया में अपने मित्र देशों की रक्षा करने का सबसे सक्षम हथियार भी है। ब्रह्मोस के माध्यम से भारत अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ मित्र राष्ट्रों की सुरक्षा जरूरतों को भी पूरा करने में सक्षम हो गया है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

सीएम योगी ने 2018 के पहले इन्वेस्टर्स समिट का जिक्र करते हुए कहा कि लखनऊ में ही प्रधानमंत्री ने दो डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर की घोषणा की थी, जिसमें से एक उत्तर प्रदेश को मिला। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, झांसी और चित्रकूट के 6 नोड्स में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के कार्य सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहे हैं।

लखनऊ में ब्रह्मोस, झांसी में भारत डायनामिक्स लिमिटेड (बीडीएल) और अमेठी में एके-203 जैसे प्रोजेक्ट चल रहे हैं। अब तक 2,500 एकड़ से अधिक लैंड इन 6 नोड्स में उपलब्ध कराई गई है, जिससे 15,000 से अधिक नौजवानों को नौकरियां मिली हैं।

उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस केंद्र में आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग डिग्रीधारक युवा काम कर रहे हैं, जो देश की सुरक्षा और रोजगार दोनों की पूर्ति कर रहे हैं। यह आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है।

सीएम योगी ने बताया कि राज्य सरकार आईआईटी कानपुर और आईआईटी बीएचयू के साथ मिलकर दो ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित कर रही है, जिससे डिफेंस टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह लखनऊ की भूमि अब राष्ट्र रक्षा, उद्योग, रोजगार और विकास के चारों आयामों को एक साथ साध रही है। यही उत्तर प्रदेश के बदलते चेहरे और आत्मनिर्भर भारत की पहचान है।”

सीएम योगी ने कहा कि आज डीजी ब्रह्मोस ने 40 करोड़ का जीएसटी चेक सौंपा है। हर वर्ष 100 ब्रह्मोस मिसाइल बनेंगी, जो बढ़कर 150 तक पहुंचेंगी, तो 150-200 करोड़ जीएसटी मिलेगा। यह ‘आम के आम और गुठली के दाम’ जैसा है। लखनऊ की लैंड अब सोना उगल रही है। यह देश की सुरक्षा की पूर्ति कर रही है और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रही है। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर डीआरडीओ को और लैंड उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

सीएम योगी ने झांसी में 56,000 एकड़ के नए इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का जिक्र किया और कहा कि चित्रकूट में एक्सप्रेस-वे पर नोड विकसित हो रहा है। आईआईटी कानपुर और बीएचयू के साथ दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पर काम चल रहा है।

उन्होंने मेक इन इंडिया को मेक फॉर द वर्ल्ड बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रयास से ब्रह्मोस लखनऊ में विकसित हुआ है, जो देश की खुशहाली को वितरित करने का माध्यम बना है।

जब व्यक्ति सुरक्षित रहता है, तभी चैन की नींद सोता है। लखनऊ में बनी मिसाइल पूरे देशवासियों की सुरक्षा और समृद्धि की गारंटी है।

*************************

 

Ranchi DC की अध्यक्षता में दीपावली / काली पूजा / छठ पर्व 2025 से संबंधित बैठक आयोजित

सभी छठ तालाबों और घाटों में सुरक्षित गहराई में बैरिकेड करने के निर्देश

छठ पर्व के दौरान ट्रैफिक पुलिस द्वारा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष यातायात योजना लागू करने के निर्देश

इन पर्व के दौरान ध्वनि प्रदूषण को लेकर माननीय उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पालन सुनिश्चित रूप से हो। टीम बना कर मानकों का पालन करने का निर्देश

पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखने एवं लोकल थाना द्वारा लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश

रांची,17.10.2025 – आगामी दीपावली / काली पूजा / छठ पर्व, 2025 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में 17 अक्टूबर 2025 को समाहरणालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नगर निगम, पुलिस प्रशासन, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, परिवहन, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने रांची नगर निगम को सभी प्रमुख घाटों की सफाई, चूना छिड़काव और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

दीपावली, काली पूजा एवं छठ पूजा को लेकर निम्न निर्देश दिए गए:-

1. सुरक्षा व्यवस्था: सभी घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। महिला पुलिस की भी उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।

2. स्वच्छता व्यवस्था: नगर निगम द्वारा घाटों की सफाई, कचरा निस्तारण और रौशनी की व्यवस्था करने के निर्देश।

3. स्वास्थ्य सुविधा: प्रत्येक प्रमुख घाट पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

4. बिजली एवं जलापूर्ति: विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और पेयजल विभाग को पर्याप्त जल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

5. यातायात व्यवस्था: ट्रैफिक पुलिस द्वारा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष यातायात योजना लागू की जाएगी।

6. आपदा प्रबंधन दल की तैनाती: एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की टीम को सतर्क मोड में रखा जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

7. सभी छठ तालाबों और घाटों में सुरक्षित गहराई में बैरिकेड करने के निर्देश।

8. दीपावली, काली पूजा एवं छठ पूजा को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था, विधि व्यवस्था को लेकर कई निर्देश दिए गए।

9. छठ घाटों में अस्थाई चेंजिग रूम बनाने को लेकर निर्देश।

10. इन पूजा के दौरान वालंटियर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

11. बिजली विभाग के सभी पदाधिकारी/कर्मी सभी फोन उठाए। ताकि किसी भी आपात स्थिति होने पर लोग उनसे संपर्क कर पाए।

12. सभी प्रमुख स्थानों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गए।

13. पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखने एवं लोकल थाना द्वारा लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया।

14. सभी काली पूजा पंडालों एवं छठ घाटों की साफ सफाई करने के निर्देश दिए गए।

15. छठ, काली पूजा समिति के सदस्यों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था का महापर्व है, इसे सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर से लगातार निगरानी रखें और जनसहभागिता को बढ़ावा दें। साथ ही उपायुक्त ने विशेष रूप से कहा की इन पर्व के दौरान ध्वनि प्रदूषण को लेकर माननीय उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पालन सुनिश्चित रूप से हो। टीम बना कर मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।

पर्व के दौरान बेहतर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार एंटी क्राइम चेकिंग चलाने का निर्देश वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा दिया गया।

इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, श्री राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था राँची, श्री राजेश्वर नाथ आलोक, पुलिस अधीक्षक शहर, ग्रामीण एवं ट्रैफिक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची, श्री उत्कर्ष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू, श्री किस्टो बेसरा, जिला नजारत उप समाहर्ता राँची, डॉ. सुदेश कुमार, कार्यपालक अभियंता (पेयजल एवं स्वच्छता), सभी सम्बंधित डीएसपी, विद्युत विभाग के पदाधिकारी, अग्निशमन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

*************************

 

दिनदहाड़े करोड़ों की डकैती का पर्दाफाश, कंपनी कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड; रिश्तेदारों संग दिया था वारदात को अंजाम

मुंबई 17 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): मुंबई पुलिस ने एक दिनदहाड़े डकैती के मामले को सुलझाते हुए 2.29 करोड़ रुपए के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। यह डकैती सेवरी इलाके में हुई थी, जिसे एक ज्वैलरी कंपनी के कर्मचारी और उसके राजस्थान के रिश्तेदारों ने मिलकर अंजाम दिया था।

पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है। रफी अहमद किदवई (आरएके) मार्ग पुलिस के अनुसार घटना 13 अक्टूबर की दोपहर करीब ढाई बजे हुई।

मास्टर चेन एंड ज्वेल्स के डिलीवरी एजेंट श्यामलभाई होथीभाई रबारी (31) और उनके सहयोगी जगदीश केराभाई आल, क्वालिटी एसे एंड हॉलमार्क एलएलपी से 2,067.143 ग्राम सोने के आभूषण लेकर कालाचौकी स्थित कंपनी के कारखाने जा रहे थे। सेवरी कोर्ट के पास जकारिया बंदर रोड पर दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मारी।

एक बदमाश ने पिस्तौल दिखाकर धमकाया और 2.29 करोड़ रुपए मूल्य का सोना लूटकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही श्यामलभाई ने अपने नियोक्ता राज कोठारी को बताया, जिन्होंने आरएके मार्ग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की। पुलिस उपायुक्त रागसुधा आर (जोन 4) की देशरेख में वरिष्ठ निरीक्षक विनोद तावड़े ने आठ पुलिस टीमें गठित कीं।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच से श्यामलभाई की कहानी पर संदेह हुआ। गहन जांच में पता चला कि श्यामलभाई ने अपने सहयोगी जगदीश और राजस्थान के दो रिश्तेदारों, भानाराम भगराज रबारी (21) और लीलाराम नागजी देवासी (21) के साथ मिलकर इस फर्जी डकैती की साजिश रची थी।

पुलिस ने डिजिटल सुरागों के आधार पर भानाराम और लीलाराम को गुजरात के अहमदाबाद के ओधव गांव से पकड़ा, जब वे राजस्थान के जालोर जिले में अपने गांव भागने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस ने चारों आरोपियों से चोरी का पूरा सोना और उनके मोबाइल फोन बरामद किए। जांच में सामने आया कि श्यामलभाई पिछले छह-सात सालों से कंपनी में काम कर रहे थे और कंपनी की प्रक्रियाओं से अच्छी तरह वाकिफ थे।

आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने यह साजिश रची। आभूषण 11 अक्टूबर को हॉलमार्किंग के लिए दिए गए थे और 13 अक्टूबर को इन्हें लेने के बाद श्यामलभाई और जगदीश ने नकली डकैती का नाटक किया। पुलिस ने कुछ ही दिनों में मामले को सुलझा लिया, लेकिन अन्य संभावित अपराधों की जांच जारी है।

**********************

 

गुजरात कैबिनेट का विस्तार आज, रिवाबा जडेजा और जीतू वघानी समेत 27 नेता हो सकते हैं मंत्रिमंडल में शामिल

गांधीनगर 17 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की सरकार के नए मंत्रिमंडल का गठन आज सुबह 11 बजे होने जा रहा है। गुरुवार को सीएम आवास पर हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री को छोड़कर पूरी कैबिनेट ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। माना जा रहा है कि बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी के लिए यह बड़ा कदम उठाया है।

 मंत्रिमंडल विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में होगा, जहां राज्यपाल आचार्य देवव्रत नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। पूरी कैबिनेट के एक साथ इस्तीफे से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि सूत्रों के अनुसार, पिछली सरकार के कुछ मंत्री दोबारा से नई टीम में शामिल किए जा सकते हैं।

इस बार भूपेंद्र पटेल के मंत्रिमंडल में करीब 27 नए सदस्यों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पार्टी सौराष्ट्र क्षेत्र को विशेष महत्व दे सकती है, क्योंकि हाल के समय में आम आदमी पार्टी का इस क्षेत्र में प्रभाव बढ़ा है। जयेश रादडिया और जीतू वघानी जैसे नेताओं के भी मंत्री बनने की चर्चा है।

सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले चेहरों में जयेश रादडिया, शंकर चौधरी, उदय कांगड़, अमित ठाकर, अमित पोपटलाल शाह, हीरा सोलंकी, महेश कासवाला, कौशिक वेकारिया, रीवाबा जाडेजा, अर्जुन मोढवाडिया शामिल हैं।

वहीं, माना जा रहा है कि गुजरात की नई कैबिनेट में मांडवी-कच्छ से अनिरुद्ध दवे, चोर्यासी से संदीप देसाई, लिंबायत से संगीता पाटिल और नडियाद से पंकज देसाई शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए अल्पेश ठाकोर, हार्दिक पटेल और सी जे चावड़ा को भी मंत्री बनाया जा सकता है।

***************************

 

कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर तीसरी बार फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

नई दिल्ली 17 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- कॉमेडियन कपिल शर्मा लगातार ही गैंगस्टर्स के निशाने पर बने हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तीसरी बार उनके कनाडा स्थिति कैप्स कैफे पर फायरिंग हुई। इस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू (नेपाली) ने गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर हमले की जिम्मेदारी ली है। बता दें, इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ही कपिल के कैफे पर दो बार फायरिंग करवाई थी।

कैफे पर कम से कम तीन राउंड गोलियां चलाई गई हैं। हालांकि, अच्छी बात ये है कि किसी के भी घायल होने की खबर सामने नहीं आई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोली चलने के कुछ पल बाद का दृश्य दिखाया गया है।

फायरिंग के बाद लारेंस गैंग ने लिखा, “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। आज जो कैप्स कैफे में तीन बार फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं, कुलवीर सिद्धू और गोल्डी ढिल्लों लेते हैं।

हमारी आम जनता से कोई दुश्मनी नहीं है। जिनसे हमारा झगड़ा है, वो हमसे दूर रहें। जो लोग अवैध काम करते हैं, लोगों से काम करवा कर पैसे नहीं देते हैं, वो भी तैयार रहें। जो भी बॉलीवुड में धर्म के खिलाफ बोलते हैं, वो भी तैयार रहें। गोली कहीं से भी आ सकती है। वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।”

************************

 

दिल्ली में 80 दिन तक वैश्विक स्तर के संगीत व सांस्कृतिक समारोह आयोजित होंगे: सीएम रेखा गुप्ता

नई दिल्ली 17 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली अब केवल देश की राजधानी नहीं, बल्कि भारत की ‘क्रिएटिव कैपिटल’ बनने की राह में तेजी से आगे बढ़ रही है। राजधानी में आने वाले 80 दिनों में 30 से अधिक बड़े और यादगार भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे, जो पहले कभी नहीं हुए।

उन्होंने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली को ‘इवेंट-फ्रेंडली सिटी’ बनाने के लिए ही बड़े स्टेडियमों व सभागारों के किराए में प्रभावी कमी गई है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपग्रेड किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों को सरलता से कराने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम से इवेंट परमिशन, लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा प्रक्रिया आसान बनाई जा रही है, ताकि दिल्ली की लाइव एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को बेहतर बढ़ावा मिले। मुख्यमंत्री का यह भी कहना है कि दिल्ली सरकार ‘विरासत भी-विकास भी’ मंत्र के साथ सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नामी कलाकार देंगे अपनी प्रस्तुति

दिल्ली सचिवालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी। इसमें दिल्ली सरकार के पर्यटन तथा कला, संस्कृति मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने भी अपने विचार साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 80 दिनों में देश की राजधानी में सांस्कृतिक व संगीत की लहर चलेगी, जब देश और विदेश के बड़े कलाकार राजधानी में अपनी प्रस्तुति देंगे।

इनमें ट्रैविस स्कॉट, कृष्ण दास, जाकिर खान, पैपोन, एपी ढिल्लों, अरमान मलिक, जोनिता गांधी, राधिका दास सहित अनेक सितारे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल दिल्ली सरकार, इवेंट एंड एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन (फेमा) और पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) के संयुक्त सहयोग से की जा रही है, ताकि इन कार्यक्रमों का स्तर भी बरकरार रहे, किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या अन्य परेशानी न हो और वहां आने वाले दर्शक पूरा आनंद ले सकें।

मुख्यमंत्री का कहना था कि राज्यों के लिए “कॉन्सर्ट इकोनॉमी” एक महत्वपूर्ण आर्थिक क्षेत्र है, जिस पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय मंत्री श्री मनसुख मांडविया जी के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके निरंतर सहयोग से दिल्ली सरकार इस दिशा में अहम कदम उठा पा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एक समय था जब दिल्ली में बड़े-बड़े कॉन्सर्ट्स और कार्यक्रमों का आयोजन करने से आयोजक हिचकिचाते थे, क्योंकि उन्हें आवश्यक सुविधाएं और संस्थागत सहयोग नहीं मिल पाता था। इस चुनौती को समझते हुए सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि केंद्र और दिल्ली सरकार के अधीन सभी प्रमुख स्टेडियम जैसे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, इंदिरा गांधी स्टेडियम, नेशनल स्टेडियम, त्यागराज स्टेडियम और छत्रसाल स्टेडियम के टैरिफ रेट कम किए जाएं और उनकी सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उन्नत किया जाए।

करोड़ों रुपये की है लाइव एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री

मुख्यमंत्री ने बताया कि आयोजकों को अधिक सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से इवेंट परमिशन, सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स की प्रक्रिया को सरल बनाते हुए ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ लागू किया जा रहा है। इस प्रणाली का सफल उपयोग पहले कांवड़ यात्रा, रामलीला समितियों, दुर्गा पूजा और छठ पर्व के आयोजनों में किया जा चुका है। अब इसी मॉडल को इवेंट मैनेजमेंट सेक्टर में भी लागू किया जा रहा है ताकि दिल्ली ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ में और आगे बढ़ सके।

उन्होंने उल्लेख किया कि भारत में लगभग 150 अरब रुपये की लाइव एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में इस समय दिल्ली का शेयर करीब 2500 से 3000 करोड़ रुपये का है, जिसे आने वाले वर्षों में हासिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से आग्रह किया कि वे आगामी सांस्कृतिक आयोजनों और सकारात्मक बदलावों के लिए तैयार रहें, क्योंकि अब दिल्ली देश और दुनिया से आने वाले मेहमानों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि दिल्ली सरकार विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त नए इवेंट वेन्यू विकसित करेगी, जहां लाखों लोग एक साथ कॉन्सर्ट्स और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग ले सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दिल्ली अब एक ‘इवेंट-फ्रेंडली सिटी’ के रूप में विकसित होगी, जहां न केवल लोगों का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि वैश्विक समुदाय भी यहां आने को इच्छुक रहेगा। मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार ‘विरासत भी-विकास भी’ के मंत्र के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

यह तो अभी शुरुआत है

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पर्यटन तथा कला, संस्कृति मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का यह विज़न है कि दिल्ली को लाइव एंटरटेनमेंट और ‘कंसर्ट इकॉनॉमी’ का केंद्र बनाया जाए। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने इस विज़न को दिल्ली में लागू करने के लिए एक ठोस और व्यावहारिक रोडमैप तैयार किया है।

श्री मिश्रा ने बताया कि इस परिवर्तन के पीछे एक विस्तृत और समर्पित प्रक्रिया रही है। दिल्ली सरकार ने फेमा, फिक्की और इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े 40 से अधिक प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ एक राउंडटेबल मीटिंग की, जिसमें स्वयं मुख्यमंत्री ने सक्रिय रूप से भाग लिया और महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

इस चर्चा में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि दिल्ली में बड़े इवेंट्स न होने का एक मुख्य कारण हमारे कार्यक्रम स्थलों की दरें बहुत ज्यादा थीं। केंद्र सरकार ने एक महीने के भीतर दिल्ली के प्रमुख स्टेडियमों के टैरिफ दरों को घटाने का निर्णय लिया। जैसे ही यह निर्णय लागू हुआ, दिल्ली दोबारा बड़े और भव्य कार्यक्रमों का केंद्र बनने लगी।

श्री मिश्रा ने कहा कि यह तो केवल शुरुआत है। दिल्ली सरकार के पास इससे भी बड़ा रोडमैप है, जो प्रधानमंत्री जी के विज़न और मुख्यमंत्री जी की दूरदर्शी योजना को मूर्त रूप देगा। यह रोडमैप दिल्ली को कला, संस्कृति, भाषा और पर्यटन के क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगा।

**************************

 

 

पंजाबी बाग चौक को अब स्व. मदन लाल खुराना चौक के नाम से जाना जायेगा

नई दिल्ली 17 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): राजधानी दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा पंजाबी बाग पुल के नीचे स्थित पुराने जनरल स्टोर चौक का नामकरण दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मदन लाल खुराना के जन्मदिन के अवसर पर किया गया।

इस चौक का लोकार्पण समारोह आज उनकी जन्म जयंती 15 अक्टूबर 2025 को हुआ। आयोजन का संचालन लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के तत्वावधान में किया गया।

नामकरण पट्टिका का अनावरण दिल्ली सरकार लोक निर्माण मंत्री श्री परवेश साहिब सिंह, श्री मनजिंदर सिंह सिरसा, श्री कपिल मिश्रा, श्री रविन्द्र इंद्राज, नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज, विधायक श्री राजकुमार भाटिया ने किया।

इस मौके पर विधायक हरीश खुराना की माताजी श्रीमती राज मदन लाल खुराना, विशेष रूप से इस गौरवशाली क्षण के साक्षी बने। क्षेत्रीय विधायक श्री हरीश खुराना इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने वीडियो कॉल के माध्यम से समस्त क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएँ प्रेषित की और खुराना जी के कार्यों को याद किया।

समारोह के मुख्य अतिथि श्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार की पहल के तहत राजधानी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से महत्त्वपूर्ण स्थलों को स्थानीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों और जननेताओं के नाम से जोड़ा जा रहा है।

इससे नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं, को ऐसे नाम करण से महान हस्तियों के जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।

सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय मदन लाल खुराना जी ने दिल्ली की सेवा में जो समर्पण, निष्ठा और ईमानदारी दिखाई, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि यह चौक केवल एक नाम नहीं, बल्कि उस व्यक्ति की स्मृति है जिसने दिल्ली को आधुनिक विकास की राह पर आगे बढ़ाया। यह चौक नागरिकों को यह याद दिलाएगा कि राजनीति का असली उद्देश्य जनता के बीच रहकर उनके जीवन को बेहतर बनाना है।

विधायक हरीश खुराना ने अपने पिताश्री स्व मदन लाल खुराना को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इस चौक का नामकरण न केवल भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह क्षेत्र की पहचान और गौरव का प्रतीक भी बनेगा।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चौक को आकर्षक बनाने, नई प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने और यातायात को सुचारू करने के लिए विशेष योजनाएं तैयार की जा रही हैं।

इस मौके पर सामाजिक न्याय मंत्री श्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि यह चौक सिर्फ दिल्ली की विरासत का प्रतीक नहीं, बल्कि हमारी राजधानी के सतत विकास और आधुनिकता का नया आयाम है। इस सफलता के लिए सभी अधिकारियों और टीम को मेरी हार्दिक बधाई।

कपिल मिश्रा ने कहा, आइए, मिलकर दिल्ली को और भी गौरवशाली, स्मार्ट और प्रगतिशील बनाने की इस यात्रा को आगे बढ़ाएं।

स्वर्गीय मदन लाल खुराना के नाम से इसे जोड़ना दिल्ली की राजनीति और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है। मदन लाल खुराना दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता और जनप्रिय मुख्यमंत्री रहे।

उनके कार्यकाल में सड़क, पुल, परिवहन और नागरिक बुनियादी ढांचे में जो विकास हुआ, उसने दिल्ली के शहरी ढांचे को नई पहचान दी। पंजाबी बाग, रानी बाग और पश्चिमी दिल्ली के नागरिकों के बीच वे एक सच्चे जननायक के रूप में जाने जाते थे।

इस मौके पर करोल बाग जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र बब्बर, पूर्व विधायक सुभाष सचदेवा, पी के चंदला, पूर्व पार्षद वेद गुप्ता, विपिन मल्होत्रा, राजू लाम्बा, भाजपा मोती नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक आनंद, कर्मपुरा मंडल अध्यक्ष के.के. तिवारी, रमेश नगर मंडल अध्यक्षा श्रीमती दिव्या गोसाई, पूर्व पार्षद वरिष्ठ पत्रकार मनोज सलूजा, पूर्व अध्यक्ष राजीव गुप्ता स्थानीय आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, व्यापारिक संघों के पदाधिकारी तथा दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

****************************