कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में खडग़े ने कहा, भाजपा नीतीश कुमार को बोझ मानती है

पटना ,24  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हो रही है। कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने भाजपा पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि पटना में हो रही सीडब्ल्यूसी की यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। हम ऐसे समय में मिल रहे हैं, जब अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय, दोनों स्तरों पर भारत एक बेहद चुनौतीपूर्ण और चिंताजनक दौर से गुजर रहा है।

आज जब वोटर लिस्ट से आधिकारिक रूप से छेड़छाड़ किया जा रहा है तो आवश्यक है कि हम लोकतंत्र की जननी बिहार में अपनी सीडब्ल्यूसी की मीटिंग आयोजित करके इस देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाए रखने की अपनी प्रतिज्ञा को पुन: दोहराएं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने जनवरी 2024 में नीतीश कुमार को फिर से समर्थन देकर बिहार में एनडीए सरकार बनाई। नीतीश सरकार ने विकास का वादा किया, लेकिन बिहार की अर्थव्यवस्था पिछड़ रही है।

डबल इंजन का दावा खोखला साबित हुआ, केंद्र से कोई विशेष पैकेज नहीं मिला। बिहार में बेरोजगारी दर 15 प्रतिशत से ऊपर है। हर साल लाखों युवा पलायन करते हैं। भर्ती घोटाले की वजह से युवा सड़कों पर आंदोलन करके पुलिस की लाठी खाते हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार के किसानों की हालत शायद देश में सबसे खराब है। बाढ़ के कारण हर साल लाखों लोग कोसी और गंडक नदियों से नुकसान उठाते हैं। यह इस बात का सबूत है कि बाढ़ प्रबंधन में सरकार पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने उपस्थित लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि बिहार के पुनर्निर्माण का बिगुल फूंका जाए। कांग्रेस पार्टी अपने गठबंधन दलों के साथ मिलकर बिहार के लोगों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय और सुशासन मुहैया कराएगी। बिहार की जनता लंबे समय से ‘स्वर्णिम बिहार’ का सपना देख रही है और हम सब मिलकर इसे साकार करेंगे।

उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव न सिर्फ राज्य, बल्कि पूरे देश के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

**********************

 

भारत के इकलौता सक्रिय ज्वालामुखी फिर गरजा, धमाके का VIDEO आया सामने

नई दिल्ली 24 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – अंडमान और निकोबार द्वीप समूह स्थित बैरन आइलैंड का ज्वालामुखी एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रशासन ने जानकारी दी कि मात्र आठ दिनों के भीतर यहां दो बार विस्फोट दर्ज किए गए हैं।

पहला विस्फोट 13 सितंबर को और दूसरा 20 सितंबर को हुआ। दोनों ही विस्फोट हल्के स्तर के थे, लेकिन लावा और धुएं का दृश्य दूर से साफ देखा गया।

सोशल मीडिया पर इस ज्वालामुखी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भीतर से लावा उगलते और धधकते अंगारे जैसे दृश्य दिखाई दे रहे हैं।

एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय नौसेना के अधिकारियों ने ज्वालामुखी का हालिया वीडियो साझा किया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो नौसेना के एक युद्धपोत से रिकॉर्ड किया गया था, जिसमें ज्वालामुखी से लावा और धुंआ निकलता हुआ साफ दिख रहा है।

बैरन आइलैंड न सिर्फ भारत बल्कि पूरे दक्षिण एशिया का इकलौता सक्रिय ज्वालामुखी है। यह अंडमान निकोबार द्वीप समूह के पूर्वी हिस्से में स्थित है और पोर्ट ब्लेयर से समुद्री मार्ग से करीब 140 किलोमीटर की दूरी पर है। द्वीप का कुल क्षेत्रफल 8.34 वर्ग किलोमीटर है और इसे निर्जन क्षेत्र घोषित किया गया है।

अंडमान प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक बैरन आइलैंड पर पहला ज्वालामुखी विस्फोट साल 1787 में दर्ज किया गया था। इसके बाद भी यहां समय-समय पर गतिविधियां होती रहीं।

गौरतलब है कि इस समय दुनिया भर में लगभग 46 सक्रिय ज्वालामुखी मौजूद हैं। बैरन आइलैंड का लगातार सक्रिय रहना वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के लिए अध्ययन का महत्वपूर्ण विषय बना हुआ है।

****************************

 

भारत के सबसे अमीर शख्स बनने के करीब पहुंचे गौतम अदाणी, दो दिन में 13 अरब डॉलर बढ़ी संपत्ति

नई दिल्ली 24 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- देश के दिग्गज उद्योगपति और अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी की संपत्ति में बीते दो कारोबारी सत्रों में 13 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। उनकी संपत्ति में बढ़ोतरी शेयरों की कीमत में तेजी आने के कारण हुई है।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, गौतम अदाणी की संपत्ति बढ़कर 95.7 अरब डॉलर हो गई है। वहीं, देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी की संपत्ति 98.6 अरब डॉलर रह गई है। गौतम अदाणी की संपत्ति में इस साल 17.1 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है, जबकि मुकेश अंबानी की संपत्ति में 8.02 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है।

अदाणी ग्रुप के शेयरों में बढ़ोतरी की वजह सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) की ओर से शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग मामले में क्लीन चिट देना है।

शॉर्ट-सेलर द्वारा व्यापक रूप से प्रचारित दावों के झूठे होने की पुष्टि करने वाले अपने अंतिम आदेश में, सेबी ने निष्कर्ष निकाला कि अदाणी समूह ने दो निजी फर्मों के माध्यम से धन का प्रवाह करके किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं किया, जिससे छिपे हुए संबंधित पक्ष लेनदेन और धोखाधड़ी के दावों को प्रभावी ढंग से खारिज कर दिया गया।

बीते तीन कारोबारी सत्रों में अदाणी पावर का शेयर करीब 30 प्रतिशत, अदाणी टोटल गैस का शेयर भी करीब 18 प्रतिशत, अदाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर करीब 15 प्रतिशत, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर का दाम 10 प्रतिशत से अधिक बढ़ चुका है। इस दौरान अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 11 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दे चुका है, जबकि अदाणी पोर्ट्स के शेयर ने करीब 3 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।

दुनिया के अरबपतियों की सूची में 452 अरब डॉलर के साथ एलन मस्क शीर्ष पर हैं। इसके बाद 388 अरब डॉलर के साथ लैरी एलिसन दूसरे, 269 अरब डॉलर के साथ मार्क जुकरबर्ग तीसरे, 250 अरब डॉलर के साथ जेफ बेजोस चौथे और 221 अरब डॉलर के साथ लैरी पेज पांचवे स्थान पर होंगे।

मौजूदा में समय में अरबपतियों की सूची में मुकेश अंबानी 98.6 अरब डॉलर के साथ 18 वें स्थान पर, गौतम अदाणी 95.7 अरब डॉलर के साथ 19 वें स्थान पर हैं।

**************************

 

इटली की PM ने भारत पर फिर जताया भरोसा, कहा- भारत रुकवा सकता है दुनियाभर में जारी युद्ध

नई दिल्ली 24 Sep, (एजेंसी): इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने एक बार फिर भारत पर अपने भरोसे का दुनिया के सामने रखा है। उन्होंने कहा है कि भारत दुनियाभर में चल रहे जंग को खत्म करने में भूमिका निभा सकता है।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर मेलोनी ने भारत की वैश्विक भूमिका की जमकर सराहना की है। मेलोनी ने कहा, “मेरा मानना है कि भारत बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।”

यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत वैश्विक मंच पर अपनी कूटनीतिक ताकत और शांति स्थापना के प्रयासों के लिए जाना जा रहा है।

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मेलोनी के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत में दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा किए। इस दौरान यूक्रेन में चल रहे संघर्ष के जल्द और शांतिपूर्ण समाधान पर सहमति जताई गई। पीएम मोदी ने भारत की ओर से इस दिशा में पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।

द्विपक्षीय संबंधों में नई गति

भारत और इटली के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर दोनों नेताओं ने जोर दिया। निवेश, रक्षा, सुरक्षा, अंतरिक्ष, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, लोगों के बीच संपर्क और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जैसे क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा की गई। दोनों ने 2025-29 के लिए संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना के तहत साझेदारी को गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

मेलोनी ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए इटली के मजबूत समर्थन की बात कही।

साथ ही, 2026 में भारत में होने वाले AI इम्पैक्ट समिट की सफलता के लिए भी शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा पहल के तहत कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाने पर सहमति जताई।

मेलोनी ने 17 सितंबर को पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता की तारीफ की थी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 75वें जन्मदिन की बधाई।

उनकी ताकत, दृढ़ संकल्प और लाखों लोगों का नेतृत्व करने की क्षमता प्रेरणादायक है।”

मेलोनी ने भारत और इटली के बीच संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा भी व्यक्त की। भारत और यूरोपीय संघ एक व्यापक और संतुलित मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं, जो दोनों पक्षों के व्यवसायों और उपभोक्ताओं के लिए फायदेमंद होगा।

****************************

 

अपनी अवाम पर बम गिराने से फुर्सत मिले तो… UN में भारत के क्षितिज त्यागी ने पाक को जमकर धोया

नई दिल्ली/जिनेवा 24 Sep, (एजेंसी): संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) के 60वें सत्र में भारत ने पाकिस्तान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भारत ने कहा है कि पाकिस्तान की सेना ने खैबर पख्तूनख्वा में अपने ही नागरिकों पर लड़ाकू विमानों से बमबारी की है, जिसमें महिला और बच्चों समेत कई निर्दोष लोगों की जान गई है।

भारत की ओर से जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र में स्थायी मिशन के काउंसलर क्षितिज त्यागी ने कहा कि पाकिस्तान ऐसा देश है जो अपने ही मासूम नागरिकों पर हवाई हमले करता है और फिर मानवाधिकार की बात करता है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान जैसे देश इस वैश्विक मंच का उपयोग दुष्प्रचार फैलाने और ध्यान भटकाने के लिए कर रहे हैं।

भारत ने 22 सितंबर की रात खैबर पख्तूनख्वा की तिराह घाटी में हुए कथित हमले का हवाला दिया। बताया गया कि पाकिस्तान की वायुसेना ने इलाके में बमबारी की, जिसमें 30 से अधिक लोगों की मौत हो गई। स्थानीय प्रतिनिधियों ने इसे ‘जेट बॉम्बिंग’ करार दिया है। घटनास्थल से आई तस्वीरों में मृत बच्चों की लाशें और खाटों पर रखे शव देखे गए, जिससे मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मामला सामने आया है।

UNHRC में अपने बयान में भारत ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को संरक्षण देने, अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधित आतंकियों को पनाह देने और भारत के खिलाफ लगातार दुष्प्रचार फैलाने का आरोप भी लगाया। क्षितिज त्यागी ने कहा कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था लगभग जीवन रेखा पर पहुंच चुकी है, लेकिन उसे अपनी हालत सुधारने के बजाय अब भी आतंक और झूठ फैलाने से फुर्सत नहीं है।

भारत ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के उदाहरण गिनाते हुए पुलवामा, उरी, पठानकोट, मुंबई और हाल ही में हुए पहलगाम हमले का ज़िक्र किया। साथ ही, यह भी याद दिलाया कि पाकिस्तान ने कभी अल-कायदा सरगना ओसामा बिन लादेन को भी पनाह दी थी।

भारत ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान UNHRC और इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) जैसे मंचों का बार-बार दुरुपयोग कर रहा है। क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान के बयानों को ‘पुनर्चक्रित झूठ’ करार दिया और कहा कि भारत अपने नागरिकों की रक्षा और संप्रभुता की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से अपील की कि वह अपनी कार्यप्रणालियों में निष्पक्ष, वस्तुनिष्ठ और गैर-चयनात्मक बनी रहे। भारत ने कहा कि परिषद को ऐसे प्रयासों से बचना चाहिए जो वैश्विक एकता के बजाय राजनीतिक विभाजन को बढ़ावा दें।

यह बयान ऐसे समय पर आया है जब पाकिस्तान में राजनीतिक अस्थिरता, मानवाधिकार उल्लंघन और आर्थिक संकट गहराते जा रहे हैं। भारत ने इन मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाकर पाकिस्तान को घेरने की रणनीति अपनाई है।

***********************

 

झारखण्ड में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में मार गिराए तीन नक्सली

दो पांच-पांच लाख के इनामी

रांची 24 Sep, (एजेंसी): झारखंड के गुमला जिले में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं। इनमें पांच-पांच लाख के इनामी लालू लोहरा और छोटू उरांव के अलावा सुजीत उरांव शामिल हैं। तीनों प्रतिबंधित नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) से जुड़े थे। यह मुठभेड़ बिशुनपुर थाना क्षेत्र के केचकी जंगल में हुई।

गुमला पुलिस ने तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। मारे गए नक्सलियों में लोहरदगा निवासी लालू लोहरा जेजेएमपी का सब-जोनल कमांडर था। उसके पास से एके-47 राइफल बरामद हुई है। दूसरा नक्सली छोटू उरांव लातेहार का रहने वाला था और वह भी नक्सली संगठन में सब-जोनल कमांडर था। इन दोनों पर पांच-पांच लाख रुपए के इनाम थे।

वहीं, तीसरा नक्सली सुजीत उरांव, लोहरदगा का रहने वाला था और संगठन में कैडर के रूप में सक्रिय था। मारे गए नक्सलियों के पास से एके 47 सहित कई हथियारों की बरामदगी हुई है। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

***********************

 

राजनीति छोड़ दूंगी…लालू यादव को किडनी देने पर उठी उंगली तो भड़क उठी बेटी रोहिणी, दिया खुला चैलेंज

पटना 24 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी और सारण से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रोहिणी आचार्य ने अपने पिता को किडनी दान करने को लेकर चल रही अफवाहों पर पहली बार तीखी प्रतिक्रिया दी है।

सोशल मीडिया पर चल रहे दुष्प्रचार से आहत रोहिणी ने अपने विरोधियों को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि यदि कोई यह साबित कर दे कि उन्होंने अपने पिता को किडनी नहीं दी है, तो वह हमेशा के लिए राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन त्याग देंगी।

बुधवार को एक बयान जारी करते हुए रोहिणी आचार्य ने कहा, “सभी गंदी सोच रखने वालों और ऐसे लोगों को शह दे रहे तमाम लोगों को मेरी खुली चुनौती है कि कोई अगर ये साबित कर दे कि मैंने अपने या किसी और के लिए भी कभी कुछ मांगा हो या मेरे द्वारा अपने आदरणीय पिता को किडनी दिया जाना झूठ है, तो मैं राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से खुद को अलग कर लूंगी।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर दोषारोपण करने वाले अपना झूठ और दुष्प्रचार साबित नहीं कर सके, तो उनमें भी इतना साहस होना चाहिए कि वे सार्वजनिक तौर पर मुझसे और देश की हर मां-बहन-बेटी से माफी मांगें और भविष्य में किसी भी महिला के बारे में अपमानजनक बात न फैलाने का प्रण लें।”

यह पहली बार नहीं है जब रोहिणी ने इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी है। इससे पहले 21 सितंबर को भी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट लिखकर इसे अपनी छवि खराब करने की साजिश बताया था।

उन्होंने लिखा था, “मेरे संदर्भ में ट्रोलर्स और पार्टी हड़पने की मंशा रखने वालों द्वारा फैलाई जा रहीं तमाम अफवाहें निराधार हैं। मेरी कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा न कभी रही थी, न है और न ही आगे रहेगी।”

उस पोस्ट में उन्होंने स्पष्ट किया था कि न तो उन्हें विधायक का प्रत्याशी बनना है, न राज्यसभा की सदस्यता चाहिए और न ही सरकार में किसी पद की लालसा है।

उन्होंने लिखा, “मेरे लिए मेरा आत्म-सम्मान, मेरे माता-पिता के प्रति सम्मान व समर्पण और मेरे परिवार की प्रतिष्ठा ही सर्वोपरि है।”

****************************

 

अदालतें रिकवरी एजेंट की तरह नहीं कर सकतीं काम, सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी

नई दिल्ली 24 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने पैसे की वसूली जैसे दीवानी विवादों को आपराधिक मामलों में बदलने की बढ़ती प्रवृत्ति पर गहरी नाराजगी और चिंता व्यक्त की है।

सोमवार को एक मामले की सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि अदालतें किसी भी पक्षकार के लिए “रिकवरी एजेंट” के रूप में काम नहीं कर सकतीं और बकाया राशि की वसूली के लिए गिरफ्तारी की धमकी का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ उत्तर प्रदेश से जुड़े एक आपराधिक मामले की सुनवाई कर रही थी, जहां पैसे की वसूली के विवाद को अपहरण के मामले का रूप दे दिया गया था।

इसी दौरान, पीठ ने कहा, “यह एक हालिया प्रवृत्ति बन गई है कि पक्षकार धन की वसूली के लिए आपराधिक मामले दर्ज कराते हैं, जबकि यह पूरी तरह से एक दीवानी विवाद होता है।”

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) के.एम. नटराज ने भी माना कि ऐसी शिकायतों में वृद्धि हुई है। उन्होंने अदालत के समक्ष पुलिस की दुविधा को उजागर करते हुए कहा, “ऐसे मामलों में पुलिस फंस जाती है।

अगर वह संज्ञेय अपराध का मामला होते हुए भी प्राथमिकी दर्ज नहीं करती तो अदालत ‘ललिता कुमारी’ फैसले का पालन न करने पर उसे फटकार लगाती है। और अगर दर्ज करती है, तो उस पर पक्षपात का आरोप लगता है।”

पुलिस की दुविधा को समझते हुए, पीठ ने सलाह दी कि किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी से पहले पुलिस को अपने विवेक का इस्तेमाल करके यह देखना चाहिए कि मामला वास्तव में दीवानी है या आपराधिक।

न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने टिप्पणी की, न्यायिक प्रणाली का इस प्रकार दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

इस समस्या के समाधान के लिए, सुप्रीम कोर्ट ने ASG नटराज को एक अहम सुझाव दिया। कोर्ट ने कहा कि प्रत्येक जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जा सकता है, जो एक सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश हो सकता है।

पुलिस ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने या गिरफ्तारी से पहले उस नोडल अधिकारी से परामर्श कर यह तय कर सकेगी कि मामला दीवानी है या आपराधिक। पीठ ने केंद्र सरकार को इस सुझाव पर निर्देश प्राप्त करने और दो सप्ताह में अदालत को सूचित करने के लिए कहा है।

**************************

 

‘सरज़मीं’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर 28 सितंबर को स्टार गोल्ड पर होगा…..!

24.09.2025 – धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित और कायोज़ ईरानी द्वारा निर्देशित इमोशनल थ्रिलर ‘सरज़मीं’ का प्रीमियर 28 सितंबर को दोपहर 12 बजे स्टार गोल्ड पर होगा। ‘सरज़मीं’ अटूट पारिवारिक रिश्तों, छुपे हुए रहस्यों और त्याग की कहानी है। फिल्म में काजोल, पृथ्वीराज सुकुमारन और इब्राहिम अली खान जैसे कलाकारों की शानदार परफॉर्मेंस है।

यह फिल्म सस्पेंस को गहरे भावनात्मक ड्रामा के साथ जोड़ती है, जो इसे हर पीढ़ी के लिए एक यादगार अनुभव बनाती है। अपनी दिलचस्प कहानी के अलावा, ‘सरज़मीं’ यह भी दिखाती है कि परिवार हमारी सबसे बड़ी ताकत और हमारी सबसे गहरी जिम्मेदारी है।

फिल्म में अपने मुख्य किरदार में, काजोल एक ऐसी मां की भूमिका निभा रही हैं, जिसके अतीत में एक ऐसा महत्वपूर्ण राज छिपा है जो उसके परिवार की नींव हिला देता है।

पृथ्वीराज सुकुमारन एक ऐसे किरदार में अपनी दमदार परफॉर्मेंस देते हैं, जिसमें वह तीव्रता और संयम दोनों का संतुलन बनाए रखते हैं, जबकि इब्राहिम अली खान एक ऐसे किरदार में ताजगी और संवेदनशीलता लाते हैं जो प्यार, वफादारी और कर्तव्य के बीच फंसा हुआ है।

वर्ल्ड टीवी प्रीमियर के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री काजोल ने कहा- “इतनी गहराई और भावनात्मक जटिलता वाले किरदार को निभाना मेरे लिए एक बहुत ही संतोषजनक अनुभव रहा है।

‘सरज़मीं’ हर परिवार से जुड़ती है क्योंकि यह उन विकल्पों, बंधनों और त्याग को दर्शाती है जिनका सामना हम सभी अपने जीवन में करते हैं। मुझे खुशी है कि सभी भारतीय परिवार 28 सितंबर, रविवार को दोपहर 12 बजे स्टार गोल्ड पर ‘सरज़मीं’ का प्रीमियर देख पाएंगे।”

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

39 साल बाद मिला न्याय : 100 रुपये की रिश्वत मामले में बिल सहायक बरी

हाईकोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को किया रद्द

बिलासपुर 23 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हाईकोर्ट ने 39 साल पहले 100 रुपये रिश्वत लेने के मामले में एक बिल सहायक की अपील स्वीकार करते हुए उसे सभी आरोपों से बरी कर दिया है।

पीड़ित को भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम की धाराओं के तहत रायपुर की निचली अदालत ने 9 दिसंबर 2004 को एक साल की कैद की सजा सुनाई थी और उस पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाया था। हाईकोर्ट के जस्टिस बिभू दत्त गुरु की एकल पीठ ने सुनवाई के बाद आरोपी को बरी कर दिया।

शिकायतकर्ता अशोक कुमार वर्मा ने वर्ष 1981 से 1985 के दौरान सेवाकालीन बकाया बिल भुगतान के लिए वित्त विभाग के बिल सहायक रामेश्वर प्रसाद अवधिया से संपर्क किया था। आरोप था कि अवधिया ने बिल पारित करने के लिए 100 रुपये की रिश्वत मांगी। इस पर शिकायत लोकायुक्त के पास दर्ज कराई गई।

लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई और शिकायतकर्ता को 50-50 रुपये के रासायनिक लगे नोट देकर भेजा। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवधिया को रंगे हाथों पकड़कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और न्यायालय में चालान पेश किया।

दिसंबर 2004 में निचली अदालत ने अवधिया को दोषी मानते हुए एक वर्ष की कैद और 1000 रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई थी। अपील पर सुनवाई करते हुए जस्टिस बी.डी. गुरु की बेंच ने कहा कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1947 के तहत दर्ज मामला, अधिनियम 1988 लागू होने के बाद भी विचारणीय है।

लेकिन अभियोजन पक्ष यह साबित करने में विफल रहा कि अपीलकर्ता ने वास्तव में अवैध परितोषण की मांग और स्वीकृति दी थी। उपलब्ध मौखिक, दस्तावेजी या परिस्थितिजन्य साक्ष्य से रिश्वतखोरी का अपराध सिद्ध नहीं होता।

कोर्ट ने पाया कि अभियोजन अपने साक्ष्य भार को सिद्ध करने में असफल रहा, इसलिए निचली अदालत का दोषसिद्धि आदेश अस्थिर है। इस आधार पर हाई कोर्ट ने अपील स्वीकार करते हुए दोषसिद्धि और सजा दोनों को रद्द कर दिया।

*************************

 

अखिलेश यादव ने मोहम्मद आजम खां की रिहाई पर जताई खुशी, भाजपा पर साधा निशाना

लखनऊ 23 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां की जेल से रिहाई पर प्रसन्नता व्यक्त की और कोर्ट का धन्यवाद करते हुए कहा कि आजम खां साहब को न्याय मिला है।

उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने उन पर झूठे मुकदमे लगाए थे, जिन्हें अदालत ने खारिज किया।मंगलवार को हजरतगंज लखनऊ में मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मोहम्मद आजम खां और समाजवादी पार्टी ने लंबे समय तक पार्टी के संस्थापक नेताजी के मार्गदर्शन में भाजपा के खिलाफ संघर्ष किया।

उन्होंने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजम खां पर लगे सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे, ठीक उसी तरह जैसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने उपमुख्यमंत्री और अन्य भाजपा नेताओं के मुकदमे वापस लिए।अखिलेश यादव ने भाजपा पर जातिगत भेदभाव के आरोप भी लगाए।

उन्होंने कहा कि इस सरकार में थाना, चौकी, तहसील और अन्य प्रशासनिक पदों पर जाति और धर्म के आधार पर नियुक्तियाँ की गई हैं। गोरखपुर और यूपी एसटीएफ में भी भेदभाव साफ दिखाई देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने भी जातिगत भेदभाव का सामना किया और समाजवादी नेताओं ने हमेशा समाज को जोड़ने का काम किया।

उन्होंने कोर्ट के हालिया निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह जातिगत भेदभाव समाप्त करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार में हर स्तर पर भेदभाव हो रहा है और समाजवादी पार्टी के झंडों वाली गाड़ियों का चालान कर दिया जाता है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि आजम खां की रिहाई उनके परिवार, समाजवादी कार्यकर्ताओं और न्याय में विश्वास रखने वाले सभी लोगों के लिए राहत और खुशी का अवसर है।

उन्होंने कहा कि झूठे मुकदमों और साजिशों की एक निश्चित मियाद होती है और जो लोग सामाजिक न्याय और समाजवादी मूल्यों के प्रतीक हैं, भाजपा उन्हें कभी स्वीकार नहीं कर सकती।

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि मोहम्मद आजम खां अब फिर से हर उपेक्षित, पीड़ित और अपमानित व्यक्ति के साथ खड़े होंगे और समाजवादी सिद्धांतों के साथ सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, “इंसाफ़ ज़िंदाबाद!”

***********************

 

पर्व-त्योहारों पर मिलावटी घी व बिना लाइसेंस खाद्य को लेकर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

मिलावटी घी व बिना लाइसेंस खाद्य कारोबारियों पर शिकंजा

मधुकम स्थित खाद्य कारोबारी के यहां से 42 किलो संदिग्ध मिलावटी घी जब्त

खाद्य कारोबारी को अगले आदेश तक यूनिट बंद रखने का निर्देश

रातू रोड क्षेत्र के कई खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा दल ने की जांच

त्योहारों के समापन तक लगातार जारी रहेगा विशेष जांच अभियान

रांची,23.09.2025 – उपायुक्त सह ज़िला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार पर्व-त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त सूचना के आधार पर मधुकम स्थित एक खाद्य प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम एवं सुखदेव नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

इस दौरान बिना लाइसेंस संचालित खाद्य कारोबारी के यहाँ से संदिग्ध मिलावटी घी एवं वनस्पति का नमूना सील कर जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। साथ ही 42 किलोग्राम संदिग्ध घी को मौके पर जब्त किया गया तथा खाद्य कारोबारी की यूनिट को अगले आदेश तक बंद करने का निर्देश दिया गया।

जांच अभियान के क्रम में कावेरी रेस्टोरेंट (piska मोड़), भोला मिष्ठान भंडार (पिस्का मोड़), बीकानेर स्वीट्स (रातू रोड चौक) एवं छप्पन भोग (रातू रोड चौक) सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। सभी प्रतिष्ठानों को FSSAI लाइसेंस प्रदर्शित करने, फूड हैंडलर्स का मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट बनाए रखने, खाद्य प्रतिष्ठानों एवं कारखानों में विशेष स्वच्छता का ध्यान रखने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

अनुमंडल पदाधिकारी सदर की देखरेख में विशेष जांच अभियान त्योहारों के समापन तक लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

*************************

 

रांची जिला के विभिन्न अंचलों में जनता दरबार का आयोजन

DC रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री के निदेशानुसार हर मंगलवार जनता दरबार का आयोजन

राजस्व, प्रमाण पत्र संबंधी मामलों का त्वरित निष्पादन, लोगों को मिली राहत

जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना – उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री

रांची,21.09.2025 – उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निदेशानुसार जिले के विभिन्न अंचलों में प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 23.09.2025 को भी सभी अंचलों में अंचल अधिकारियों एवं राजस्व उप-निरीक्षकों की उपस्थिति में जनता दरबार आयोजित हुआ।

जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपने-अपने राजस्व संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। मौके पर ही कई मामलों का निष्पादन किया गया, जिससे आम नागरिकों को तत्काल राहत मिली।

जनता दरबार में मुख्यतः निष्पादित किए गए मामले:

* सीमांकन एवं मापी से संबंधित प्रकरण

* अवैध जमाबंदी मामलों की जांच

* प्रमाण-पत्र निर्गत

* पेंशन से संबंधित आवेदन

जनता दरबार में भूमि दस्तावेज़ सुधार, गलत प्रविष्टि एवं अभिलेखों में सुधार हेतु प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई की गई। वहीं सीमांकन एवं मापी से जुड़े मामलों में अंचल अधिकारियों द्वारा नई तिथि निर्धारित कर आवश्यक कार्यवाही हेतु राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया गया।

जनता दरबार में कई आवेदकों के मामले का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन

जनता दरबार में विभिन्न अंचलों में आवेदकों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया गया।

* सोनाहातू अंचल में उपेंद्र मांझी और चन्दन साहू को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र तथा विपिन कुमार महतो को चरित्र प्रमाण पत्र निर्गत किया गया।

* बेड़ो अंचल में हुरिया मुस्तफा को एनसीएल प्रमाण पत्र एवं शगुफा तहजीब को आवासीय प्रमाण पत्र तत्काल उपलब्ध कराया गया।

जनता दरबार में आए लोगों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे उन्हें अपनी समस्या सीधे अंचल अधिकारी एवं राजस्व पदाधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। त्वरित समाधान से नागरिकों को न केवल राहत मिल रही है बल्कि पारदर्शिता एवं सुशासन की दिशा में एक सकारात्मक संदेश भी जा रहा है।

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन सभी अंचलों में इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

************************

 

मणिशंकर अय्यर का केंद्र पर निशाना, जीएसटी स्लैब सुधार करना था तो हमारे सुझाव पर 10 साल पहले ही कर देते

नई दिल्ली ,23  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । केंद्र सरकार की तरफ से जीएसटी स्लैब में किए गए सुधार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने मंगलवार को चापलूसी करार दिया। उन्होंने कहा कि हमने केंद्र सरकार को आज से 10 साल पहले ही यह कदम उठाने का सुझाव दिया था।

उस समय हमने यह समझाने की कोशिश की थी कि जो मसौदा पेश किया गया, उसमें बहुत खामियां हैं। सबसे बड़ी खामी यह थी कि इसमें बहुत सारे स्लैब थे। इसके अलावा इसमें टैक्स निर्धारित करने का कोई निश्चित पैमाना भी नहीं था।

मणिशंकर अय्यर ने कहा कि उस वक्त इन तमाम विसंगतियों को गिनाने के बावजूद भी केंद्र सरकार ने हमारी बात पर ध्यान नहीं दिया था और आज भाजपा सरकार कह रही है कि हमने जीएसटी स्लैब में सुधार कर दिया है। अगर हमारी बात इन लोगों ने 10 साल पहले सुन ली होती, तो कब का यह फैसला ले लिया जाता। अब सरकार दावा कर रही है कि हमने जीएसटी स्लैब की एक सीमा निर्धारित कर दी है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि अब इन 10 वर्षों में स्थिति ऐसी हो चुकी है कि छोटे कारोबारियों की हालत पूरी तरह से पस्त हो चुकी है। अब ये लोग कह रहे हैं कि हमने जीएसटी स्लैब में 18 फीसदी का टैक्स निर्धारित कर दिया है। यह हमारी तरफ से देश की जनता को दिया गया तोहफा है। मणिशंकर अय्यर ने कहा कि अगर आपको देश की जनता को तोहफा देना है, तो यह तोहफा 10 साल पहले ही दे देते।

उन्होंने कहा कि तंबाकू, बिजली और शराब में आप टैक्स लगा दीजिए, लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए कि किसी अन्य राज्य में कुछ और लिया जा रहा है, तो किसी दूसरे राज्य में कुछ और लिया जा रहा है। इसके बाद हमने केंद्र सरकार से पंचायतों और नगर पालिका के लिए टैक्स का कुछ हिस्सा आरक्षित करने की मांग की थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इस पर भी ध्यान नहीं दिया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि अभी एनके सिंह की 15वीं फाइनेंस रिपोर्ट में यह बताया गया है कि कर का एक हिस्सा नगर पालिका और पंचायतों के लिए आरक्षित किया जाना चाहिए।

इसके बाद हमने कहा था कि अगर कर के संबंध में किसी भी प्रकार का मतभेद आए, तो उसे जीएसटी काउंसिल में भेजा जाए, लेकिन अफसोस की बात है कि काउंसिल में बैठे लोगों के बीच में मतभेद है, तो ऐसी स्थिति में फिर क्या किया जा सकता है। एक कहावत है कि आप अपने ही मामले में न्यायाधीश नहीं बन सकते हैं। मौजूदा समय में जीएसटी काउंसिल में कुछ ऐसी ही स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि हमने 2011 में कहा था कि जीएसटी डिस्प्यूट रेजुलेशन काउंसिल बनाया जाए। इसकी हमने दोबारा सिफारिश की, लेकिन इस पर किसी भी प्रकार का विचार नहीं किया गया। इसके बाद हमने कहा था कि केंद्र के पास ज्यादा शक्ति नहीं हो, इसके लिए 75 फीसदी वोट की शक्ति राज्य सरकार को हस्तांतरित कर दिया जाए।

इसके बाद 25 फीसदी वोट आप अपने पास रखिए, लेकिन हमारे द्वारा दिए गए 5-6 सुझावों में उन्होंने किसी पर भी विचार करना जरूरी नहीं समझा। जिसका नतीजा यह हुआ कि लोगों को बहुत तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा और अब ये लोग कह रहे हैं कि हमने कर सुधार के संबंध में बड़ा कदम उठाया है, जबकि इन लोगों ने ऐसा कुछ नहीं किया है, इन्होंने सिर्फ हमारे द्वारा सुझाए गए सुझाव को अपनाया है।

**************************

 

आयुष्मान भारत योजना के सात वर्ष पूरे, पीएम मोदी ने कहा, भारत जन स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति का गवाह बन रहा है

नई दिल्ली ,23  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को आयुष्मान भारत योजना के सात वर्ष पूरे होने के अवसर पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट भी किया।

उन्होंने कहा, इसकी बदौलत, भारत सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा में एक क्रांति का गवाह बन रहा है। इसने वित्तीय सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया है। भारत ने दिखाया है कि कैसे पैमाने, करुणा और तकनीक मानव सशक्तीकरण को और आगे बढ़ा सकते हैं।

इसके अलावा, केंद्र सरकार ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के ‘माई गव इंडियाÓ अकाउंट पर भी इस योजना का जिक्र किया।

इस योजना का जिक्र करते हुए पोस्ट में कहा गया कि शासन में सच्चा नेतृत्व भविष्य की जरूरतों का पूर्वानुमान लगाने में निहित है।

आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के सात वर्ष पूरे होने पर, भारत एक स्वास्थ्य सेवा क्रांति का जश्न मना रहा है, जिसने 55 करोड़ से ज्यादा नागरिकों के लिए वित्तीय सुरक्षा, सार्वभौमिक पहुंच और सम्मानजनक देखभाल सुनिश्चित करते हुए, स्वास्थ्य सेवाओं की नई परिभाषा गढ़ी है।

पोस्ट में आगे कहा गया है कि यह एक ऐसी स्कीम है, जो इस बात का खाका तैयार करती है कि कैसे दूरदर्शी नीतियां जन स्वास्थ्य की नियति को नए सिरे से लिख सकती हैं।

बता दें कि आयुष्मान भारत योजना भारत सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना है, जो 50 करोड़ से अधिक गरीब और कमजोर लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करती है। इसमें प्रति परिवार 5 लाख रुपए तक का वार्षिक कवरेज शामिल है, जो अस्पताल में भर्ती होने पर लागू होता है। इसका लक्ष्य स्वास्थ्य देखभाल को सस्ता और सुलभ बनाना है।

***************************

 

सपा सरकार बनने पर फर्जी केस वापस लेंगे, आजम खान की रिहाई पर अखिलेश यादव का बयान

लखनऊ ,23  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की रिहाई पर खुशी जाहिर की। उन्होंने सपा सरकार बनने पर आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों को खत्म करने की बात कही। अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान को झूठे केस में फंसाया गया था।

उन्होंने कहा, आजम समाजवादी पार्टी के साथ हैं, और भाजपा के खिलाफ लड़ाई में उनकी भूमिका काफी अहम रही है। हमें उम्मीद है कि आगे भाजपा कोई झूठा केस नहीं दर्ज करेगी और अन्याय नहीं करेगी।

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, जिस तरह से मुख्यमंत्री ने खुद पर और डिप्टी सीएम के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए हैं, उसी तरह सपा सरकार बनने पर आजम खान के खिलाफ सभी फर्जी केस को वापस लेने का काम किया जाएगा। आजम खान को झूठे केस में फंसाया गया था। आज उनकी रिहाई हुई है, यह हम सभी के लिए खुशी का दिन है।

इससे पहले 23 महीने के बाद आजम खान मंगलवार को सीतापुर जेल से रिहा हो गए। इस दौरान जिला प्रशासन ने जेल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।

आजम खान की रिहाई मंगलवार सुबह होनी थी, लेकिन बेल बॉन्ड में उनके पते में गलती पाए जाने के कारण रिहाई की प्रक्रिया रुक गई। इसके बाद मंगलवार दोपहर को आजम खान की रिहाई की प्रक्रिया पूरी हुई और वह कड़ी सुरक्षा के बीच गाड़ी में सवार होकर जेल परिसर से बाहर निकले।

आजम खान को 72 मामलों में जमानत मिल चुकी है, जिसमें हाल ही में क्वालिटी बार लैंड ग्रैब केस भी शामिल है। आजम खान अक्टूबर 2023 से सीतापुर जेल में बंद थे।

**************************

 

हिमाचल प्रदेश : नवरात्रि के दूसरे दिन नैना देवी मंदिर में भक्तों का लगा तांता

बिलासपुर ,23  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ नैना देवी मंदिर में मंगलवार को भारी संख्या में भक्त उमड़ पड़े। बिलासपुर जिले की शांत पहाडिय़ों में स्थित इस पवित्र मंदिर में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और कई अन्य राज्यों से श्रद्धालु मां नैना देवी के दर्शन के लिए पहुंचे।

मेला अधिकारी और एसडीएम धर्मपाल, जो मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं, ने व्यवस्थाओं का जायजा लेने और उत्सव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मंदिर परिसर का दौरा किया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने भक्तों से बड़ी संख्या में शामिल होने का आग्रह किया और मौसम के अनुकूल होने की बात कही। साथ ही, उन्होंने अफवाहों को खारिज किया।

उन्होंने कहा कि मंदिर तक जाने वाले रास्तों को काफी बेहतर कर दिया गया है और प्रशासन, मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से सभी तीर्थयात्रियों को आरामदायक और आध्यात्मिक अनुभव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भक्तों को कोई भी समस्या होने पर प्रशासनिक टीम मौके पर ही तुरंत समाधान करेगी।

जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा ने भी मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना की और भक्तों को नवरात्रि के दौरान मंदिर आकर भक्ति और प्रार्थना से अपनी मनोकामनाएं पूरी करने के लिए आमंत्रित किया।

भारत के सबसे प्रसिद्ध शक्तिपीठों में से एक, नैना देवी मंदिर समुद्र तल से 1,219 मीटर की ऊंचाई पर, बिलासपुर शहर से लगभग 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। निकटतम हवाई अड्डा चंडीगढ़ में है, जबकि निकटतम रेलवे स्टेशन पंजाब में आनंदपुर साहिब और नांगल हैं।

नवरात्रि के दूसरे दिन, जिसे शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि कहा जाता है, भक्त पारंपरिक पूजा विधि करते हुए इस दिन के शुभ रंग के कपड़े पहनते हैं। माँ ब्रह्मचारिणी को शांत और तेजस्वी दिखाया गया है, जो सफेद वस्त्र धारण किए हुए है, एक हाथ में जप माला और दूसरे हाथ में कमंडल लिए हुए है, जो पवित्रता और भक्ति का प्रतीक है।

*****************************

 

खराब जीएसटी से हुई 40 लाख करोड़ की लूट, सरकार दे जवाब : सुरेंद्र राजपूत

लखनऊ ,23  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीएसटी सुधारों पर उपभोक्ताओं को लिखी चिठ्ठी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि खराब जीएसटी के जरिए 40 लाख करोड़ रुपए की लूट हुई है। इस लूट का जवाब सरकार को देना चाहिए।

सुरेंद्र राजपूत ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान का समर्थन करते हुए कहा, अगर प्रधानमंत्री जीएसटी सुधारों का श्रेय ले रहे हैं, तो 40 लाख करोड़ की लूट का श्रेय भी लें। जीएसटी काउंसिल का सामूहिक निर्णय होने के बावजूद केवल वह इसका श्रेय क्यों ले रहे हैं? अगर वे ऐसा कर रहे हैं, तो केंद्र सरकार राज्यों को होने वाले घाटे की भरपाई अपने संसाधनों से करे, तभी श्रेय लेने का उनका हक बनता है।

कांग्रेस नेता ने आजम खान की लंबे समय बाद जेल से रिहाई को स्वागत योग्य कदम बताया। उन्होंने कहा, हम उनकी रिहाई का स्वागत करते हैं। अगर भाजपा में जरा भी सद्बुद्धि होगी तो उनके खिलाफ अब नई एफआईआर नहीं करेगी। जिस तरीके से पुरानी एफआईआर में नई-नई धाराएं जोड़कर उनको जेल ही में रखने का जो प्रयास किया, कोर्ट ने उस पर भी फटकार लगाई। हमें उम्मीद है कि भाजपा सरकार अब उनकी रिहाई में कोई बाधा नहीं डालेगी और शत्रुतापूर्ण व्यवहार बंद करेगी। जनता इस अन्याय को देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर इंडी गठबंधन की तैयारियों पर राजपूत ने कहा, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में गठबंधन के नेता गांव-गांव, नगर-नगर और डगर-डगर तक पहुंच रहे हैं। बिहार की जनता को पता है कि वोट चोरी हो रही है और इंडी गठबंधन का रथ जनता को यह समझा रहा है कि वोट चोरों को गद्दी छोडऩी पड़ेगी।

*************************

 

समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान सीतापुर जेल से रिहा

सीतापुर ,23  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को उनके खिलाफ सभी मामलों में जमानत मिलने के बाद सीतापुर जेल से रिहा कर दिया गया।

लंबे समय से कानूनी दांव-पेंचों में फंसे आजम खान को भले ही पहले ही कई मामलों में जमानत मिल चुकी थी, लेकिन प्रक्रिया में देरी के चलते वह जेल से बाहर नहीं आ पा रहे थे।

गौरतलब है कि आजम खान को 72 मामलों में जमानत मिल चुकी है, जिसमें हाल ही में क्वालिटी बार लैंड ग्रैब केस भी शामिल है। वे अक्टूबर 2023 से सीतापुर जेल में बंद थे।

********************

 

झारखंड में फिल्म निर्माण की काफी संभावनाएं हैं – फिल्म निर्माता रवि कौशल

23.09.2025 – ऐश्वर्या शिखा फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली फिल्म ‘ऐसा कब तक’ के लिए सिंगर कोनालिका के स्वर में पिछले दिनों मुंबई स्थित आर्यन रिकॉर्डिंग स्टूडियो में एक गीत रिकॉर्ड किया गया। रिकॉर्डिंग के समय अभिनेता चांद मेहरा भी उपस्थित थे। ‘ऐसा कब तक’ के गीतकार निरंजन बुद्धधारा, कैलाश लखनवी व एंजल और म्यूजिक कंपोज किया है कुंज बिहारी ने।

बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक एम ए अरमान के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के सह निर्माता राकेश कुमार सिंह एवं शिव उरांव और कार्यकारी निर्माता दृष्टि उनगर हैं। इस फिल्म के निर्माता रवि कौशल हैं। विदित हो कि झारखंड से फिल्म निर्माता रवि कौशल का रिश्ता वर्षों पुराना रहा है। झारखंड की धरती से जुड़ी फिल्म ‘अग्निकुंड’ का निर्माण रवि कौशल कर चुके हैं।

अपनी नवीनतम फिल्म ‘ऐसा कब तक’ की शूटिंग भी रवि कौशल झारखंड के ग्रामीण व शहरी इलाकों के रमणीक लोकेशनों में करेंगे। इस फिल्म की कथावस्तु में दर्शकों के टेस्ट को ध्यान में रखते हुए रोमांस, एक्शन, कॉमेडी और ट्रेजेडी का समावेश किया गया है। फिल्म के सॉन्ग की रिकॉर्डिंग के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में अपनी नवीनतम फिल्म ‘ऐसा कब तक’ की मेकिंग की विस्तृत चर्चा करते हुए फिल्म निर्माता रवि कौशल

झारखंड राज्य के अपने अनुभवों को साझा किया और झारखंड फिल्म उद्योग को लेकर भी अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड में फिल्म निर्माण की काफी संभावनाएं हैं। यहां के युवाओं में फिल्मों के प्रति अपनापन नजर आता है। यहां की फिल्मी गतिविधियों से जुड़े कलाकारों और एक्टिव फिल्मकारों के मनोबल को बढ़ाने के लिए मौजूदा सरकार को ध्यान देना चाहिए। मुझे तो लगता है झारखंड राज्य फिल्म विकास निगम केवल कागजी घोड़ा बन कर रह गया है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

रांची में ईडी की ताबड़तोड़ रेड : जमीन घोटाले में बिल्डरों के ठिकानों पर छापेमारी से हड़कंप

रांची,23.09.2025 –  राजधानी में एक बार फिर जमीन घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने कांके, सुखदेव नगर (रातू रोड) और कडरू स्थित कई बिल्डरों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया।

ईडी की ताज़ा कार्रवाई से पूरे बिल्डर लॉबी में खलबली मच गई है और इसे जमीन घोटाले की कड़ी जांच की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

**************************

 

बिहार की कोसी-मेची अंतर्राज्यीय लिंक परियोजना की निविदा में भ्रष्टाचार के आरोप

पूर्व सांसद डॉ. सूरज मंडल ने की सीबीआई जांच की मांग

पूर्व सांसद ने बिहार की प्रमुख नहर परियोजना में अनियमितताओं की जांच की मांग की

नई दिल्ली , 22 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पूर्व सांसद और पूर्व विधायक डॉ. सूरज मंडल ने बिहार की कोसी-मेची अंतर्राज्यीय लिंक परियोजना की निविदा प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियों, भ्रष्टाचार और मिलीभगत के आरोप लगाते हुए एक विस्तृत शिकायत दर्ज की है।

यह शिकायत केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), प्रधानमंत्री कार्यालय और बिहार सतर्कता जांच ब्यूरो को सौंपी गई है। इसमें सिंचाई विभाग के प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार माल, आईएएस पर पक्षपाती और त्रुटिपूर्ण मूल्यांकन प्रक्रिया की निगरानी करने का आरोप लगाया गया है।

डॉ. मंडल, जो ऑल इंडिया एक्स-एमपी एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं, ने 2 जुलाई 2025 को जारी निविदा संख्या 106149 के अंतर्गत ईस्टर्न कोसी मेन कैनाल के पुनर्निर्माण संबंधी प्रक्रिया में अनियमितताओं की ओर ध्यान आकर्षित किया है।

उनका कहना है कि यह निविदा सामान्य वित्तीय नियम (GFR) 2017 और वर्क्स मैनुअल 2019 के प्रावधानों का उल्लंघन करती है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल उठते हैं। यह परियोजना बड़े पैमाने पर सार्वजनिक धन से जुड़ी है और बिहार की सिंचाई व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

यदि ये आरोप साबित होते हैं, तो इनका बिहार की सिंचाई परियोजनाओं और बड़े पैमाने पर सरकारी खरीद की पारदर्शिता पर गंभीर असर पड़ सकता है।

शिकायत की प्रतियां प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय सतर्कता आयुक्त और बिहार के मुख्यमंत्री सहित शीर्ष अधिकारियों को भेजी गई हैं, जिससे इसकी गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

***********************

 

बाजार में दिन दहाड़े 50 लाख की डकैती से हड़कंप

पूर्व मेदिनीपुर 22 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । तमलुक के मिलननगर बाजार में आज सुबह एक सोनार दुकान में डकैती की घटना घटी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मिलननगर बाजार में लगभग सुबह 10 बजे, तीन सशस्त्र बदमाश एक आभूषण की दुकान में घुसे। एक अपराधी ने पिस्तौल दिखाकर दुकान कर्मचारी को डराया और अन्य दो ने दुकानों से सोने के आभूषण और नकद पैसे ले लिए।

इसके बाद अपराधियों ने कर्मचारी को बंधक बनाकर इलाके से पैदल ही फरार हो गए। उन्होंने किसी वाहन का उपयोग नहीं किया, जिससे पुलिस की जांच और भी चुनौतीपूर्ण हो गई। खबर मिलते ही तमलुक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के दुकानदारों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की।

इलाके को घेरकर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच भी जारी है। इस घटना से बाजार में भारी डर का माहौल पैदा हो गया है। कई व्यापारी अपनी-अपनी दुकानें तुरंत बंद कर चले गए।

एक व्यापारी ने कहा, “अगर दिन के समय में ही इतनी बड़ी लूट हो सकती है, तो हम कैसे अपने व्यापार में सुरक्षित महसूस कर सकते हैं?” लिस ने कहा कि जांच तेज़ी से जारी है। इस दुस्साहसिक डकैती ने स्थानीय सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं और लोगों में बेचैनी बढ़ा दी है।

***************************

 

पीएम मोदी ने नवरात्रि की दी शुभकामनाएं, बोले- इस बार खास अवसर पर बचत उत्सव जुड़ रहा

नई दिल्ली,22 सितंबर  (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और नागरिकों में नई शक्ति और विश्वास की कामना की. सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि आप सभी को शारदीय नवरात्रि की अनंत शुभकामनाएं. भक्ति, साहस, संयम और संकल्प से परिपूर्ण यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई शक्ति और नया विश्वास लेकर आए. जय माता दी.

बता दें, शारदीय नवरात्रि एक जीवंत और पवित्र हिंदू त्योहार है जो नौ रातों तक चलता है और देवी दुर्गा की दिव्य स्त्री शक्ति का उत्सव मनाता है. आश्विन मास में मनाया जाने वाला यह त्योहार उत्साहपूर्ण पूजा, विस्तृत अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से युक्त होता है.

चूंकि प्रत्येक दिन देवी के एक अलग रूप को समर्पित है, जो शक्ति, करुणा और ज्ञान के विभिन्न पहलुओं का प्रतीक है, इसलिए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सोमवार मां शैलपुत्री को समर्पित है.

उन्होंने लिखा कि आज नवरात्रि में मां शैलपुत्री की पूजा और अनुष्ठान का विशेष दिन है. मेरी कामना है कि माता के स्नेह और आशीर्वाद से सभी का जीवन सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य से परिपूर्ण हो. नौ दिनों के दौरान, भक्त उपवास रखते हैं, भक्ति गीत गाते हैं और गरबा और डांडिया जैसे पारंपरिक नृत्यों में भाग लेते हैं, जिससे एक आनंदमय वातावरण बनता है.

इसके आगे उन्होंने लिखा कि नवरात्रि विशुद्ध भक्ति का पर्व है. बहुत से लोगों ने इस भक्ति को संगीत के माध्यम से व्यक्त किया है. पंडित जसराज जी द्वारा रचित एक ऐसा ही भावपूर्ण गायन आपके साथ साझा कर रहा हूं.

पीएम मोदी ने लिखा कि इस बार नवरात्रि का यह शुभ अवसर बहुत विशेष है. जीएसटी बचत उत्सव के साथ-साथ स्वदेशी के मंत्र को इस दौरान एक नई ऊर्जा मिलने वाली है. आइए, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए सामूहिक प्रयासों में जुट जाएं.

अगर आपने कोई भजन गाया है या आपका कोई पसंदीदा भजन है, तो कृपया उसे मेरे साथ साझा करें. मैं आने वाले दिनों में उनमें से कुछ पोस्ट करूंगा.

******************************