घरेलू यात्रियों में वृद्धि से भारत का टूरिज्म सेक्टर 2035 तक 42 लाख करोड़ रुपए का हो जाएगा : रिपोर्ट

नई दिल्ली ,05 जून(एजेंसी)। भारत के ट्रैवल और टूरिज्म सेक्टर का योगदान देश की अर्थव्यवस्था में 2035 तक बढ़कर 42 लाख करोड़ रुपए पहुंचने का अनुमान है। वर्ल्ड ट्रैवल एंड टूरिज्म काउंसिल (डब्ल्यूटीटीसी) की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

रिपोर्ट में बताया गया कि देश को प्रतिस्पर्धी बने रहने और इस सेक्टर की विकास की गति को बनाए रखने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर और डेस्टिनेशन मार्केटिंग में अधिक निवेश करने की आवश्यकता है।

रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में अंतरराष्ट्रीय यात्रियों द्वारा देश में किया जाने वाला खर्च प्री-कोविड स्तर को पीछे छोड़ते हुए ऑल-टाइम हाई 3.1 लाख करोड़ रुपए रहा था। इस दौरान घरेलू यात्रियों ने करीब 15.5 लाख करोड़ रुपए खर्च किए थे, जो कि 2019 के मुकाबले 22 प्रतिशत अधिक है।

इसके अतिरिक्त, डब्ल्यूटीटीसी की ओर से बताया गया कि भारत के ट्रैवल और टूरिज्म सेक्टर में 2035 तक नौकरियों की संख्या बढ़कर 6.4 करोड़ तक पहुंच जाएगी, जो कि फिलहाल 4.65 करोड़ पर है।

हाल ही में राष्ट्रीय राजधानी में सीआईआई ‘एनुअल बिजनेस समिट 2025Ó में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा था कि ग्लोबल इकोनॉमी में 10 प्रतिशत योगदान टूरिज्म सेक्टर का होता है और मुझे यकीन है कि ग्लोबल पैरामीटर के तहत 2030 तक हमारा पर्यटन क्षेत्र भी देश की जीडीपी में 10 प्रतिशत का योगदान देगा। हम इस विजन पर तेजी से काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, भारत के टूरिज्म सेक्टर को प्रमोट करने और वैश्विक स्तर पर देश की क्षमता को बढ़ाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर क्रिएशन पहली जरूरत थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सड़कें, एक्सप्रेसवे और डेढ़ लाख किलोमीटर के हाइवे बने, नया मॉडर्न रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हुआ। नए एयरपोर्ट्स बने।

उन्होंने आगे कहा, हालांकि, अभी भी बहुत से काम किए जाने बाकी हैं। फ्लाइट्स की संख्या बढ़ाए जाने की जरूरत है। भविष्य में 3,000 एयरक्राफ्ट्स आने वाले हैं। एयरक्राफ्ट्स की बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि दुनिया का भारत को देखने का नजरिया बदल रहा है।

************************

 

DC रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक

आपसी भाईचारा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील

पुलिस-प्रशासन की असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर, होगी त्वरित कार्रवाई

सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी शेयर करनेवालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई

रांची,05.06.2025 (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  – उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज दिनांक 05.06.2025 को बकरीद को लेकर जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री चंदन सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर श्री उत्कर्ष कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी, रांची श्री राजेश्वर नाथ आलोक, पुलिस अधीक्षक, नगर श्री अजीत कुमार, सहायक प्रशासक, नगर निगम श्रीमती निहारिका तिर्की, पेयजल, बिजली विभाग के संबंधित पदाधिकारी के साथ शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिये गये सुझाव

बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा बारी-बारी से बकरीद के दौरान बेहतर व्यवस्था को लेकर पूर्व के अनुभवों को साझा करते हुए अपनी-अपनी बातेें रखते हुए सुझाव दिये गये। साफ-सफाई, सुरक्षा, अवशेषों का निपटारा, पानी-बिजली की व्यवस्था और दूसरे पंथ के लोगों की भावनाओं का ख्याल करते हुए सभी ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाने की बात कही।

समिति के सुझावों का रखा जायेगा ध्यान – उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री

उपायुक्त, श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि शांति समिति के सदस्यों के सुझावों का ध्यान रखते हुए साफ-सफाई, वेस्टेज डिस्पोजल, पानी बिजली आदि की व्यवस्था बेहतर से बेहतर करने का प्रयास किया जायेगा। नगर निगम एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बकरीद के दौरान पानी, बिजली एवं साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर उन्हांेंने बैठक के दौरान ही नगर निगम, पेयजल एवं बिजली विभाग के संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिये।

संबंधित पदाधिकारियों द्वारा विभागीय तैयारी के संबंध में समिति के सदस्यों को अवगत कराया गया। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा बकरीद के दौरान वेस्ट डिस्पोजल के लिए नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी को वाहन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा भी लोगों की भावनाओं का ध्यान रखते हुए अपने स्तर से वेस्ट डिस्पोजल की बात कही गयी।

शांति समिति की भूमिका की सराहना

बैठक में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री एवं डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक श्री चंदन सिन्हा द्वारा शांति समिति की भूमिका की सराहना की गयी। पदाधिकारियों द्वारा कहा गया कि सभी पर्व-त्योहारों में शांति समिति के सदस्यों की सक्रियता सराहनीय रही, सौहार्दपूर्ण वातावरण के निर्माण में सभी का योगदान शानदार रहा। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि व्यवस्था से संबंधित किसी प्रकार जानकारी अबुआ साथी (9430328080) पर जिला प्रशासन को दें।

अफवाहों से अलर्ट रहें, पुलिस को जानकारी दें

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने रांचीवासियों से अपील की है कि अफवाहों से अलर्ट रहें, सोशल मीडिया पर कुछ भी पोस्ट करने से पहले सावधान रहें। एक दूसरे की भावनाओं का ध्यान रखते हुए भ्रामक जानकारी को रोकने का काम करें और जो लोग अफवाहों को बढ़ा रहे हैं उनके बारे में पुलिस को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर द्वेषपूर्ण, भ्रामक जानकारी शेयर करनेवालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर, होगी कार्रवाई

डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक श्री चंदन सिन्हा ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा के दृष्टिाकोण से पूरी तैयारी की जा रही है। सीसीटीवी से पूरे शहर की निगरानी की जायेगी, माहौल बिगाड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि त्यौहार के दौरान असामाजिक तत्वों को किसी तरह का मौका न मिले, यह सुनिश्चित करें।

************************

 

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना : रामेश्वरम के लिए 6 जून को जयपुर से रवाना होगी पहली एसी ट्रेन

जयपुर ,05 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत पहली एसी ट्रेन शुक्रवार, 6 जून को प्रात: साढे 11 बजे जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। ट्रेन को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस मौके पर देवस्थान विभाग के केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत भी मौजूद रहेंगे।

ट्रेन में छह जिलों के 776 यात्री रामेश्वरम जाएंगे जो कि 12 जून की देर रात तक वापिस लौटेंगे। ये यात्री बजट वर्ष-2024-25 के शेष 7200 यात्रियों में से हैं। जयपुर व दौसा जिले से 450, सीकर, अलवर व झुंझुंनुं जिलों से 150 तथा भरतपुर जिले से 176 यात्री जाएंगे। भरतपुर जिले के यत्रियों की बोर्डिंग सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन से होगी।

इसके लिए ढेर के बालाजी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को भव्य रूप दिया जा रहा है। ट्रेन की साफ-सफाई, साज-सज्जा और तीर्थस्थलों के स्पष्ट संकेतकों की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को गंतव्यों की बेहतर जानकारी मिल सके और राजस्थान पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके।

मिलेगा नया अनुभव

इस ट्रेन की विशेष डिजाइनिंग की गई है। प्रत्येक डिब्बे पर राजस्थान के अलग-अलग मंदिर, दुर्ग, अन्य पर्यटक स्थल व अभ्यारण्य नजर आ रहे हैं। लोक नृत्य, त्योहार, लोक कलाएं, तीज त्योहार की झलक इन डिब्बों पर नजर आएगी। अलग—अलग थीम के साथ डिजाइन तैयार करवाई गई है। इस बार गोवा के गिरिजाघरों को शामिल किया गया है।

नए आवेदन की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू

बजट वर्ष-2025-26 की घोषणा की क्रियान्विति के लिए देवस्थान विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 50 हजार वरिष्ठजन के लिए ऑनलाइन आवेदन का पोर्टल जल्द ही शुरू होगा। आवेदन के पोर्टल को अपडेट का कार्य पूरा हो गया है। यात्रियों की संख्या बढऩे के कारण इस बार वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना की शुरुआत जुलाई से होगी।

इस बार की यात्रा में त्र्यंबकेश्वर, दश्मेश्वर, गोवा और आगरा जैसे प्रमुख स्थलों को शामिल किया गया है। वर्ष 2025-26 में तीर्थ यात्रा योजना के तहत 6000 वरिष्ठजन को हवाई मार्ग और 44 हजार वरिष्ठजन को एसी ट्रेन से विभिन्न तीर्थों की यात्रा करवाई जाएगी।

पहली बार एसी ट्रेन से जा रहे हैं यात्री

बजट वर्ष-2024-25 की घोषणा के शेष रहे 7200 में से 776 यात्रियों को रामेश्वरम भेजा जा रहा है। उन्हें बजट वर्ष-2025-26 की एसी ट्रेन की सुविधा मिलेगी। यात्रा में पूरी तरह सुगमता का ध्यान रखा जाएगा। ट्रेन की सजावट भी देखने लायक है। इस बार के 50 हजार यात्रियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू की जा रही है।

*************************

 

गंगा दशहरा पर काशी, प्रयागराज में हजारों की संख्या में आए श्रद्धालु

वाराणसी/ प्रयागराज ,05 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के काशी और प्रयागराज में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर गुरुवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। यह उत्सव ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि पर मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन मां गंगा का अवतरण स्वर्ग लोक से धरती पर हुआ था। गुरुवार की सुबह तड़के से ही दशाश्वमेध घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आराधना और पवित्र स्नान कर पुण्य अर्जित किया। गंगा स्नान के साथ ही श्रद्धालुओं ने दीपदान, गंगा आरती और मंत्रोच्चार के माध्यम से गंगा मैया से सुख-शांति और मोक्ष की कामना की। घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्था के लिए प्रशासन मुस्तैद रहा। एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें भी घाटों पर तैनात की गईं।

काशी की गलियों से लेकर घाटों तक आज का दिन भक्ति भाव और गंगा मैया की जयकारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं का कहना है कि गंगा दशहरा पर काशी में गंगा स्नान का विशेष महत्व है, जिससे सभी पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। गंगा दशहरा वह दिन है जब गंगा नदी का धरती पर अवतरण हुआ था, और इसी दिन को मां गंगा के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है।

दशाश्वमेध घाट के तीर्थपुरोहित विवेकानंद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि ज्येष्ठ माह का शुक्ल पक्ष है। इस दिन को गंगा दशहरा के उत्सव के रूप में मनाया जाता है। भागीरथ ने अपने पूर्वजों की मुक्ति के लिए मां गंगा की आराधना कर उनको प्रसन्न किया और मां गंगा को धरती पर लेकर आए। श्रद्धालु दूर-दूर से आते हैं और मोक्ष पाने के लिए गंगा जी में डुबकी लगाते हैं।

गुजरात के राजकोट से आए महंत विजय महाराज ने बताया कि सनातन धर्म में गंगा दशहरा का बहुत महत्व है। आज ही के दिन गंगा जी धरती पर अवतरित हुईं थीं।

इसी क्रम में गंगा दशहरा का पर्व संगम नगरी प्रयागराज में भी पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रयागराज में गंगा यमुना और अदृश्य सरस्वती के त्रिवेणी संगम पर आस्था की डुबकी लगाने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु आए हुए हैं और ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के साथ ही पूजा अर्चना और दान पुण्य भी कर रहे हैं।

श्रद्धालु महंत गोपाल ने कहा कि गंगा दशहरा के दिन भागीरथ के पूर्वजों के मोक्ष के लिए मां गंगा स्वर्ग लोक से मृत्युलोक में आईं। हम सब भाग्यशाली है जो इस दिन गंगा मां की पूजा अर्चना कर मोक्ष की याचना करते हैं। इस उत्सव के दौरान लोगों के 10 तरह के पाप से मुक्ति मिलती है।

इसलिए इस दिन को गंगा दशहरा नाम दिया गया है। गंगा स्थान करने वाले श्रद्धालु के पितरों को भी मुक्ति मिलती है। प्रयागराज में एक रुपये के दान का लाभ एक लाख रुपये के बराबर माना जाता है। सीता जी ने मां गंगा को जगत जननी का नाम दिया है।

एक श्रद्धालु का कहना है, हम गंगा दशहरा के अवसर पर पवित्र स्नान करने के लिए संगम में मां गंगा, मां यमुना और मां सरस्वती के तट पर आए हैं। इस स्नान से पितर भी प्रसन्न होते हैं। महाकुंभ के आयोजन के बाद से लोगों में अध्यात्म बढ़ा हुआ है।

*************************

 

आंखों की गुस्ताखियां’ का पहला पोस्टर हुआ रिलीज़

05.06.2025 – ज़ी स्टूडियोज और मिनी फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत रोमांटिक फिल्म ‘आंखों की गुस्ताखियां’ का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। अभिनेता विक्रांत मैसी और अदाकारा शनाया कपूर ‘आंखों की गुस्ताखियां’ इस फिल्म के ज़रिये दर्शकों का दिल जीतने के लिए पूरी तरह तैयार हैं साथ ही यह एक म्यूजिकल लव स्टोरी है जो दर्शकों के दिलों को निश्चितरूप से छू जाएगी ।

इस फिल्म से शनाया अपना बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। मानसी बागला और वरुण बागला द्वारा निर्मित इस फिल्म में न सिर्फ म्यूजिकल रोमांस है, बल्कि इसमें दिल छू लेने वाला संगीत भी है जिसे कम्पोज़ किया है विशाल मिश्रा ने। इसके गाने आपको प्यार में यकीन दिलाएंगे और लंबे वक्त तक याद रहेंगे।

संतोष सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी मानसी बागला ने लिखी है। यह फिल्म 11 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***********************

 

हमारा हर कदम सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित…PM मोदी

केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने पर बोले PM मोदी

नई दिल्ली 05 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा-एनडीए सरकार को केंद्र में 11 साल पूरे हो गए हैं। पीएम मोदी ने गुरुवार को अपनी सरकार के 11 साल के कार्यकाल में गरीब कल्याण के लिए किए गए कार्यों को गिनाया। पीएम मोदी ने कहा कि बीते 11 साल में हमारी सरकार का हर कदम सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कई पोस्ट किए। उन्होंने अपने पहले पोस्ट में लिखा, “बीते 11 साल में हमारी सरकार का हर कदम सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है।

इस दौरान हमारी उपलब्धियां न सिर्फ अभूतपूर्व हैं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के जीवन को आसान बनाने वाली हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि देश को आगे ले जाने के अपने इन प्रयासों के साथ हम विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को जरूर हासिल करेंगे।”

एक अन्य ‘एक्स’ पोस्ट में प्रधानमंत्री ने अपनी कई योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “गरीब कल्याण के लिए समर्पित सरकार। पिछले एक दशक में, एनडीए सरकार ने कई लोगों को गरीबी के चंगुल से निकालने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिसमें सशक्तिकरण, बुनियादी ढांचे और समावेशन पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

हमारी प्रमुख योजनाओं ने गरीबों के जीवन को बेहतर बनाया है। पीएम आवास योजना, पीएम उज्ज्वला योजना, जन धन योजना और आयुष्मान भारत जैसी पहलों ने लोगों को आवास, स्वच्छ रसोई ईंधन, बैंकिंग और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच प्रदान की है।

डीबीटी, डिजिटल समावेशन और ग्रामीण बुनियादी ढांचे पर जोर ने पारदर्शिता और अंतिम व्यक्ति तक तेजी से लाभ पहुंचाने को सुनिश्चित किया है। इन प्रयासों से 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।

एनडीए एक समावेशी और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां हर नागरिक को गरिमा के साथ जीने का अवसर मिले।” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, “सर्वांगीण विकास के लिए हमारी सरकार के प्रयासों से परिवर्तनकारी परिणाम सामने आए हैं और गरीब तथा हाशिए पर पड़े लोगों को लाभ हुआ है।”

*************************

 

101 वैदिक आचार्य आज अयोध्या में करेंगे राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा

सीएम योगी आदित्यनाथ होंगे मुख्य अतिथि

अयोध्या 05 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : अयोध्या के श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में आज सुबह 11 बजे राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसके साथ ही मंदिर परिसर के अन्य उपमंदिरों में भी मूर्तियों की प्रतिष्ठा की जाएगी। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और राम दरबार की आरती करेंगे। बता दें आज सीएम योगी का जन्मदिन भी है, जिस कारण अयोध्या में खास उत्सव का माहौल है।

 प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम वैदिक मंत्रों और हवन के बीच होगा। प्रतिष्ठा अभिजीत मुहूर्त (11:45 से 12:45 बजे) के शुभ समय में की जाएगी। राम मंदिर के पहले मंजिल पर बने राम दरबार और आसपास के सात उपमंदिरों में यह पूजा संपन्न होगी। इसमें 101 वैदिक आचार्य शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री योगी सुबह अयोध्या पहुंचकर सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे, फिर राम मंदिर में पूजा में भाग लेंगे। इसके बाद वे महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव और रामकथा पार्क में होने वाले अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे। संतों और महंतों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और अयोध्या के लिए गर्व का क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के प्रयासों से अयोध्या का गौरव लौट रहा है और शहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।

*************************

 

PM के जम्मू-कश्मीर दौरे से पहले NIA की बड़ी कार्रवाई

पुलवामा-कुलगाम सहित कई जिलों में की छापेमारी

श्रीनगर 05 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू-कश्मीर दौरे से ठीक एक दिन पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रशासित प्रदेश के कई जिलों में छापेमारी की। यह छापेमारी आतंकी साजिश से जुड़े एक मामले की जांच के तहत की गई है।

 अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एनआईए की टीमों ने पुलवामा, कुलगाम, शोपियां, बारामूला और कुपवाड़ा जिलों में कई स्थानों पर छापे मारे। यह कार्रवाई उन व्यक्तियों और नेटवर्क के खिलाफ की जा रही है जो आतंकियों और उनके ओवरग्राउंड वर्करों के संपर्क में हैं।

जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और न ही औपचारिक रूप से हिरासत में लिया गया है, लेकिन एनआईए ने पांच लैपटॉप, करीब डेढ़ दर्जन मोबाइल फोन, अन्य डिजिटल डिवाइसेज और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।

जिन लोगों के ठिकानों पर तलाशी ली गई, उनमें एक अध्यापक, एक छात्रा और कुछ कारोबारी शामिल हैं। जांच एजेंसी को इन सभी के पाकिस्तानी हैंडलरों और गुलाम जम्मू-कश्मीर में मौजूद आतंकी संपर्कों से जुड़े होने के सबूत मिले हैं।

इससे पहले एसआईए (State Investigation Agency) ने भी जम्मू संभाग के चार जिलों में 18 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था। एनआईए और एसआईए की ये संयुक्त कार्रवाई आतंकी तंत्र, ओवरग्राउंड नेटवर्क और स्लीपर सेल के खात्मे के मिशन का हिस्सा है।

***************************

 

हिमाचल के सरकारी अस्पतालों में निशुल्क पर्ची बनाने का सिस्टम खत्म

10 रुपये देना होगा चार्ज

शिमला 05 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : हिमाचल के सरकारी अस्पतालों में अब पर्ची निश्शुल्क नहीं बनेगी। राज्य सरकार ने इसके लिए 10 रुपये प्रति पर्ची शुल्क तय किया है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव की ओर से बुधवार को आदेश जारी किए गए।

 मंत्रिमंडल उपसमिति (कैबिनेट सब कमेटी) ने इसकी सिफारिश की थी, जिसे अधिसूचना के साथ ही लागू कर दिया है। इसके अतिरिक्त 26 मई को 14 विभिन्न श्रेणियों के लिए भी निश्शुल्क एक्सरे, ईसीजी व अल्ट्रासाउंड सुविधा बंद कर दी है।

अब इन श्रेणियों के रोगियों को भी पैसे चुकाने पड़ेंगे। निदेशक स्वास्थ्य विभाग, निदेशक स्वास्थ्य शिक्षा व निदेशक नेशनल हेल्थ मिशन को भी आदेशों की प्रति भेजी गई है।

राज्य सरकार ने तर्क दिया है कि रोगी कल्याण समिति की ओर से दी जाने वाली सेवाओं स्वच्छता, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और उपकरणों के रखरखाव को सुदृढ़ करने के लिए यह निर्णय लिया है। काफी समय से इस पर काम चल रहा था। विधानसभा के बजट सत्र में भी यह मामला उठा था।

स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल का तर्क था कि निश्शुल्क पर्ची को लोग संभालकर नहीं रखते, इससे चिकित्सकों को भी परेशानी होती है। पर्ची बनाने के 10 रुपये लगेंगे तो लोग इसे संभालकर रखेंगे। उन्होंने कहा था कि पीजीआई चंडीगढ़ में भी यह शुल्क लिया जाता है।

स्वास्थ्य संस्थानों में 14 श्रेणियों को प्रदान की गई निश्शुल्क डायग्नोस्टिक जांच और एक्स-रे की सुविधा को वापस लेने का निर्णय लिया गया है।

कैंसर व किडनी रोगी, गर्भवती , 60 साल से अधिक आयु के बुजुर्ग, टीबी रोगी, दिव्यांग, मानसिक रोगी, जेल बंदी, एनआरएचएम के लाभार्थी, निश्शुल्क दवा योजना के तहत आने वाले रोगी, आपदा पीड़ित, एचआइवी पाजिटिव रोगी, बाल सुधार गृह के बच्चे, वृद्धाश्रम व अनाथालय में रहने वाले लोगों को भी एक्सरे के 60 रुपये, अल्ट्रासाउंड के 120 रुपये व ईसीजी के 35 रुपये शुल्क लगेगा। 14 श्रेणियों को केवल तीन ही टेस्ट के पैसे लगेंगे, शेष 133 टेस्ट पहले की तरह इन्हें निश्शुल्क ही हैं। शेष लोगों को पहले से इसका शुल्क देना पड़ रहा है।

*****************************

 

चार देशों की यात्रा के बाद भारत लौटा एक और प्रतिनिधिमंडल

मनीष तिवारी बोले- हम अपनी बात रखने में सफल रहे

नई दिल्ली 05 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । आतंकवाद के खिलाफ भारत की प्रतिबद्धता के तहत विदेश दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल अब स्वदेश लौटने लगे हैं। चार देशों की यात्रा पूरी करने के बाद कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत लौट आए हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने दुनिया को एक स्पष्ट संदेश दिया है कि पाकिस्तान एक आतंकवादी देश है।

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “सभी प्रतिनिधिमंडल जो विदेश दौरे पर गए और वहां उन्होंने अपने समकक्षों से बात की। उन्होंने दुनिया को एक स्पष्ट संदेश दिया है कि पाकिस्तान एक आतंकवादी देश है, जो आतंकवाद को बढ़ावा देता है। पाकिस्तान न केवल दक्षिण एशिया में अस्थिरता को बढ़ावा देता है, बल्कि वैश्विक स्तर पर अशांति का एक प्रमुख स्रोत भी है। हम जितने भी देशों में गए हैं, वहां इस बात को रखने में सफल रहे हैं।”

मनीष तिवारी ने चार देशों की यात्रा को सफल बताया। उन्होंने कहा, “हमारे प्रतिनिधिमंडल ने कतर, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया और मिस्र की यात्रा की। हमने भारत का नजरिया प्रस्तुत किया कि पाकिस्तान न केवल दक्षिण एशिया में, बल्कि पूरी दुनिया में अस्थिरता और आतंक का केंद्र है।

हमारे वार्ताकारों ने इसे बहुत गंभीरता से लिया। पाकिस्तान की आतंकवाद को बढ़ावा देने और इसे राज्य नीति के रूप में इस्तेमाल करने की भूमिका के पुख्ता सबूत हैं। इस यात्रा से राज्य प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक गठबंधन बनाने के प्रयास को बड़ा बल मिला है। हम उम्मीद करते हैं कि भारत सरकार इस पहल को आगे बढ़ाएगी, हमारे द्वारा बात किए गए सभी वार्ताकारों से संपर्क करेगी और पाकिस्तान तथा उन सभी देशों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग करने का काम करेगी, जो आतंकवाद को राज्य नीति के रूप में इस्तेमाल करते हैं।”

इसके अलावा, चार देशों की यात्रा पूरी करने के बाद भारत वापस लौटे ‘आप’ के राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने कहा, “हमारे समूह ने कतर, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया और मिस्र जैसे महत्वपूर्ण देशों की यात्रा की और हम 11 दिनों की यात्रा के बाद आज ही वापस लौटे हैं। यात्रा के दौरान पांच प्रमुख बिंदु बहुत महत्वपूर्ण थे।”

उन्होंने आगे कहा, “हमने यह गलतफहमी भी तोड़ी है कि हमारे पड़ोसी देश आतंकवाद को धार्मिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। हमने उन्हें बताया कि भारत में सभी अल्पसंख्यक शांतिपूर्ण हैं। आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता है और आतंकवाद को धर्म से जोड़ना बहुत बड़ा अन्याय है।”

सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने कहा, “कुछ अरब देशों ने फिलिस्तीन पर बात की, हमने उन्हें खुले तौर पर बताया कि फिलिस्तीन पर भारत का रुख हमेशा से स्पष्ट रहा है। हम ओस्लो घोषणा और दो-राष्ट्र सिद्धांत का समर्थन करते हैं। हमने उन्हें समझाया कि भारत फिलिस्तीन के मुद्दे से पूरी तरह से सहानुभूति रखता है। हम भी चाहते हैं कि युद्ध जल्द खत्म हो।”

*************************

 

पीएम मोदी ने लगाया कच्छ की महिलाओं से मिला सिंदूर का पौधा

नारीशक्ति के शौर्य और प्रेरणा का प्रतीक

नई दिल्ली  05 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की बधाई भी दी। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अपने 7 लोक कल्याण मार्ग पर सिंदूर पौधे को रोपित किया। पीएम को यह पौधा उनकी कच्छ यात्रा के दौरान महिलाओं ने भेंट किया था।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “1971 के युद्ध में साहस और पराक्रम की अद्भुत मिसाल पेश करने वाली कच्छ की वीरांगना माताओं-बहनों ने हाल ही में गुजरात के दौरे पर मुझे सिंदूर का पौधा भेंट किया था। विश्व पर्यावरण दिवस पर आज मुझे उस पौधे को नई दिल्ली के प्रधानमंत्री आवास में लगाने का सौभाग्य मिला है। यह पौधा हमारे देश की नारीशक्ति के शौर्य और प्रेरणा का सशक्त प्रतीक बना रहेगा।”

हाल ही में पीएम मोदी गुजरात के कच्छ दौरे पर गए थे, जहां उनसे 1971 के युद्ध में अद्भुत साहस दिखाने वाली वीरांगनाओं ने मुलाकात की थी और इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को सिंदूर का पौधा भेंट किया। इस भाव से प्रभावित होकर पीएम मोदी ने वादा किया था कि वह इसे अपने निवास पर लगाएंगे।

उन्होंने अपने वादे को पूरा करते हुए विश्व पर्यावरण दिवस पर सिंदूर पौधे को 7 लोक कल्याण मार्ग पर लगाया।
इससे पहले, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विश्व पर्यावरण दिवस की देशवासियों को शुभकामनाएं दी थीं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “इस विश्व पर्यावरण दिवस पर, आइए हम अपने ग्रह की रक्षा करने और हमारे सामने आने वाली चुनौतियों पर काबू पाने के लिए अपने प्रयासों को और गहरा करें। मैं उन सभी लोगों की भी सराहना करता हूं, जो हमारे पर्यावरण को हरा-भरा और बेहतर बनाने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं।

जो प्रकृति की रक्षा करते हैं, प्रकृति उसकी रक्षा करती है। पर्यावरण में संतुलन हमारी पुरातन परंपरा का एक अहम हिस्सा है। हम जो भी करते हैं उसका सीधा असर हमारे पर्यावरण पर पड़ता है। पर्यावरण को लेकर यह जरूरी है कि दुनिया के सभी देश निहित स्वार्थ से ऊपर उठकर सोचे।”

विश्व पर्यावरण दिवस हर साल 5 जून को मनाया जाता है, यह पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सतत विकास को बढ़ावा देने का एक वैश्विक मंच है।

1972 में संयुक्त राष्ट्र ने इसकी शुरुआत की थी, जो हमें प्रकृति के साथ अपने संबंधों पर विचार करने और जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, और जैव विविधता के नुकसान जैसे मुद्दों पर कार्रवाई करने का अवसर देता है। हर साल एक नई थीम के साथ, यह व्यक्तियों, समुदायों और सरकारों को पर्यावरण के लिए सकारात्मक कदम उठाने के लिए प्रेरित करता है.

**************************

भूटान में अंतर्राष्ट्रीय अचीवर्स अवार्ड 2025 समारोह का आयोजन 15 जून को…….!

05.06.2025 – थिम्पू, भूटान के खूबसूरत और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध साम्राज्य में अमोल भगत मीडिया के संरक्षण में द्वितीय अंतर्राष्ट्रीय अचीवर्स अवार्ड 2025 समारोह 15 जून को आयोजित होने वाला है। शांत हिमालयी पृष्ठभूमि के बीच आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह में उद्यमिता, सामाजिक कार्य, शिक्षा, मनोरंजन, पत्रकारिता और वैश्विक प्रभाव नेतृत्व सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता, नवाचार और प्रेरणादायक योगदान का जश्न मनाया जाएगा।

इस अवॉर्ड समारोह में मुख्य भाषण, सांस्कृतिक प्रदर्शन, पैनल चर्चा और एक भव्य पुरस्कार वितरण को शामिल किया गया है। पुरस्कार विजेताओं को न केवल उनकी पेशेवर उपलब्धियों के लिए बल्कि उनके सामाजिक प्रभाव और सकारात्मक बदलाव में योगदान के लिए भी सम्मानित किया जाएगा। 2024 में नेपाल में अपनी उल्लेखनीय सफलता के बाद, 2025 में अंतर्राष्ट्रीय अचीवर्स अवार्ड के भूटान संस्करण ने वैश्विक उत्कृष्टता को सम्मानित करने की दिशा में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने की दिशा में अग्रसर रहने का संकल्प दोहराया है।

विदित हो कि अमोल भगत मीडिया के संचालक व संस्थापक अमोल भगत अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोहों में एक जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं। मराठी फिल्म उद्योग में अमोल भगत के शानदार योगदान ने, विशेष रूप से ‘पुणे टू गोवा’ जैसी फिल्म में उनके निर्देशन के माध्यम से उन्हें व्यापक पहचान दिलाई है।

कहानी कहने और सिनेमाई दृष्टि में उनकी कुशलता ने लगातार दर्शकों और आलोचकों को समान रूप से आकर्षित किया है, जिससे फिल्म निर्माण व निर्देशन के क्षेत्र में विशिष्ट छवि के साथ उनकी स्थिति मजबूत हुई है। पुणे में जन्मे और बारामती के ग्रामीण परिवेश में पले बढ़े फिल्मकार अमोल भगत को अब तक कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों के निर्णायक मंडल में बतौर जज शामिल किया जा चुका है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*********************************

 

उत्तराखंड में कोविड-19 को लेकर धामी सरकार ने जारी की एडवाइजरी

निगरानी तंत्र और संसाधनों को सक्रिय रखने के निर्देश

कोविड-19 को लेकर राज्य में स्थिति पूरी तरह सामान्य, लेकिन एहतियात जरूरी : डॉ. आर. राजेश कुमार

देहरादून ,04 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  देशभर में कोविड-19 की स्थिति जहां इस समय नियंत्रण में है, वहीं उत्तराखंड में भी संक्रमण को लेकर हालात पूरी तरह सामान्य हैं। इसके बावजूद राज्य सरकार किसी प्रकार की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। संभावित जोखिमों से बचाव और सतर्कता के मद्देनजऱ स्वास्थ्य विभाग ने विशेष एडवाइजरी जारी की है।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देशानुसार यह विस्तृत गाइडलाइन जारी की गई है। इसके तहत सभी जिलों में निगरानी तंत्र को और अधिक सुदृढ़ करने, अस्पतालों में आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा संक्रमण से बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि “राज्य में फिलहाल कोविड को लेकर स्थिति पूरी तरह सामान्य है, लेकिन किसी भी संभावित जोखिम के लिए हमें पूरी तरह तैयार रहना होगा।” इसी क्रम में प्रदेशभर में स्वास्थ्य सुविधाओं, उपकरणों और मानव संसाधनों को सक्रिय मोड में रखा गया है।

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि वर्तमान में भारत सरकार द्वारा कोविड-19 को लेकर किसी खतरे की स्थिति घोषित नहीं की गई है। न ही कोई नया वेरिएंट सक्रिय रूप से फैल रहा है। संक्रमितों में भी केवल मामूली लक्षण पाए जा रहे हैं और वे सामान्य इलाज से घर पर ही ठीक हो रहे हैं। फिर भी संभावित खतरों से निपटने के लिए राज्य पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

जिलों को दिए गए विशेष निर्देश

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि, ऑक्सीजन, दवा और उपकरण पूरी तरह चालू रखने को कहा स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी जिलाधिकारियों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों को यह निर्देशित किया गया है कि अस्पतालों में पर्याप्त बिस्तरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। ऑक्सीजन सप्लाई, जरूरी दवाएं और उपकरण जैसे वेंटिलेटर, क्चद्बक्क्रक्क मशीनें, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और क्कस््र ऑक्सीजन संयंत्र पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रहें।

निगरानी तंत्र को सुदृढ़ बनाने पर ज़ोर

सचिव ने निगरानी प्रणाली को और अधिक मजबूत करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके तहत इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण (ढ्ढरुढ्ढ), गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (स््रक्रढ्ढ) और कोविड के मामलों की अनिवार्य रिपोर्टिंग की जाए। सभी सरकारी व निजी स्वास्थ्य संस्थाएं और लैब्स प्रतिदिन ढ्ढ॥ढ्ढक्क पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करें। ढ्ढष्टरूक्र के कोविड-19 परीक्षण दिशा-निर्देशों के अनुसार जांच कराई जाए। स््रक्रढ्ढ और ढ्ढरुढ्ढ मामलों की संख्या बढ़ाई जाए और सभी स््रक्रढ्ढ मामलों की जांच अनिवार्य रूप से हो।

नए वेरिएंट की समय रहते पहचान

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि कोविड पॉजिटिव सभी सैंपल को भेजा जाए ताकि संभावित नए वेरिएंट की समय रहते पहचान हो सके। कोविड प्रबंधन में लगे स्टाफ के लिए रिफ्रेशर ट्रेनिंग कराई जाए और राज्य को प्रतिदिन स्थिति की रिपोर्ट भेजी जाए।

सतर्कता और जन सहयोग

स्वास्थ्य सचिव ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें, जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। सतर्कता और सहयोग से ही हम भविष्य में भी कोविड जैसी बीमारियों से सुरक्षित रह सकते हैं।

मीडिया समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 से जुड़ी सभी मीडिया समन्वय गतिविधियों के लिए राज्य स्तर पर अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। डॉ. पंकज कुमार सिंह, सहायक निदेशक (आईडीएसपी-राज्य सर्विलांस अधिकारी) को कोविड-19 मीडिया समन्वय हेतु नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उनकी सहायता के लिए डॉ. सौरभ सिंह, सहायक निदेशक (आईडीएसपी, एनएचएम), को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। सरकार द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस कार्य के लिए दोनों अधिकारियों को किसी प्रकार का अतिरिक्त भत्ता देय नहीं होगा। विभागीय स्तर पर निर्देशित किया गया है कि उक्त आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

क्या करें और क्या न करें

स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 को लेकर जन-सामान्य में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाने को कहा है। इसके तहत लोगों को

क्या करें और क्या न करें के बारे में जानकारी दी जाएगी।

क्या करें

छींकते या खांसते समय रूमाल/टिशू से नाक-मुंह ढकें।

भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।

हाथों को साबुन-पानी से अच्छी तरह धोते रहें।

पर्याप्त मात्रा में पानी और पौष्टिक आहार लें।

खांसी-बुखार जैसे लक्षण हों तो डॉक्टर से परामर्श लें।

लक्षण होने पर मास्क पहनें और दूसरों से दूरी रखें।

बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।

क्या न करें

इस्तेमाल किए गए टिशू या रूमाल का दोबारा उपयोग न करें।

हाथ मिलाने से बचें।

लक्षण वाले लोगों के संपर्क से दूरी रखें।

डॉक्टर की सलाह के बिना दवा न लें।

आंख, नाक और मुंह बार-बार न छुएं।

सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचें।

***************************

 

बंगाल में फिर ठिठका मॉनसून, महानगर समेत दक्षिण बंगाल में राहत की बारिश

कोलकाता ,04 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बंगाल के लोग मॉनसून के इंतजार में उब रहें है। लेकिन एक बार फिर बंगाल में मॉनसून अटक गया है। देर हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मॉनसून पिछली वार की तरह ही इस साल भी बंगाल सीमा पर ठहर गया है।  इसके पीछे पुरवैया हवाओं का कमजोर होना बड़ी वजह है।

वैसे कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के लोगों को मंगलवार की रात हुई तेज बारिश से भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। बारिश के बाद राजधानी कोलकाता में आज तापमान में एक ही झटके में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक तापमान में थोड़ी और गिरावट हो सकती है, लेकिन उमस से राहत नहीं मिलने वाली।

सप्ताहांत तक फिर से तापमान में बढ़ोतरी के आसार जताए गए हैं। अलीपुर स्थित मौसम विभाग के अनुसार,  उत्तर बंगाल के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। सभी जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, दक्षिण बंगाल में फिलहाल मानसून के आगमन की कोई संभावना नहीं है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 जून के आसपास मानसून दक्षिण बंगाल में दस्तक दे सकता है। आज सुबह कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में मौसम सुहावना रहा। मंगलवार रात की बारिश की वजह से दिन चढऩे के बावजूद गर्मी अपेक्षाकृत कम रही। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को दक्षिण बंगाल में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाडग़्राम जिलों में गर्मी और उमस बनी रहेगी। दक्षिण 24 परगना और पश्चिम मेदिनीपुर के कुछ हिस्सों में लू जैसे हालात भी बन सकते हैं।

बारिश और आंधी की संभावना जिन जिलों में जताई गई है, उनमें कोलकाता, हावड़ा, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया शामिल हैं। बुधवार को न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता का स्तर 46 से 100 प्रतिशत के बीच रहा।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और उत्तर दिनाजपुर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मालदा, उत्तर व दक्षिण दिनाजपुर में भी कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं।

बारिश से तापमान में फिलहाल राहत मिली है, लेकिन बंगाल के अधिकांश जिलों में उमस भरी गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। मानसून के आने तक लोगों को अस्थिर मौसम और तापमान में उतार-चढ़ाव झेलना पड़ सकता है।

****************************

 

मधुमक्खियों के हमले में पुलिस इंस्पेक्टर की मौत,पांच पुलिसकर्मी घायल

उज्जैन 04 June (एजेंसी)। मक्सी रोड पर स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में बुधवार को मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। जिसमें रमेश कुमार नाम के एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। मधुमक्खियों के हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि बुधवार को दोपहर बाद तेज आंधी आई। इससे बचने के लिए पुलिस इंस्पेक्टर रमेश कुमार समेत 6 पुलिसकर्मी पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के पार्किंग एरिया में खड़े थे। तभी वहां लगे छत्ते से मधुमक्खियों ने उड़कर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

ये पांच पुलिसकर्मी हुए घायल-

कैलाश चौहान, एएसआई

दिनेश पटेल, थाना प्रभारी

बलराम चड़ार, एसआई

राधेश्याम गोयल, एएसआई

अखिलेश सूर्यवंशी एएसआई

पुलिस ट्रेनिंग स्कूल एसपी अंजना तिवारी ने बताया कि किसी पेड़ से उड़कर आई मधुमक्खियों ने हमला किया है। जिसमें पुलिस के 6 जवानों के घायल होने के बाद उन्हें चरक अस्पताल लाया गया था। उपचार के दौरान टीआई रमेश कुमार धुर्वे की मौत हो गई है। बाकी जवानों की हालत खतरे से बाहर है।

एसपी अंजना तिवारी ने बताया कि मृतक रमेश कुमार धुर्वे को पैर में सूजन थी। वे डॉक्टर के पास जाने वाले थे। उन्होंने मुझे 3 बजे कॉल करके कहा था कि 4 बजे तक जाऊंगा। संभवत: वे डॉक्टर के यहां अपने उपचार के लिए जाने के लिए निकले ही थे कि पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गए।

निरीक्षक दिनेश पटेल ने बताया कि लंच टाइम में हमलोग शेड में बैठे थे। इस दौरान तेज हवा चलने लगी, आंधी आई। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियां उड़कर आ गईं, तभी पता चल पाया कि उन्होंने सिर, कंधे, मुंह और गर्दन पर काटा है।

*****************************

 

पूर्व कांग्रेस विधायक शंकर मालाकार ने थामा तृणमूल का दामन

कोलकाता 04 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । बंगाल की तृणमूल लगातार इस राज्य में अपनी ताकत बढ़ा रही है। पूर्व कांग्रेस विधायक शंकर मालाकार आज तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए जिससे देश की सबसे पुरानी पार्टी को पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में झटका लगा है। पश्चिम बंगाल में वर्ष 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

उत्तर बंगाल में अनुसूचित जाति समुदाय के एक प्रभावशाली राजनीतिक नेता और 2011 से 2021 के बीच माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी से दो बार विधायक रहे मालाकार वरिष्ठ नेताओं सुब्रत बख्शी और अरूप बिस्वास की मौजूदगी में तृणमूल में शामिल हुए।

पूर्व कांग्रेस विधायक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने तृणमूल में शामिल होने का फैसला किया है क्योंकि यह एकमात्र पार्टी है जो बंगाल में भाजपा और उसकी सांप्रदायिक राजनीति के खिलाफ लड़ रही है।

’’ उत्तर बंगाल में अनुसूचित जाति समुदाय के बीच अपने मजबूत प्रभाव के लिए जाने जाने वाले मालाकार के तृणमूल में शामिल होने से इस क्षेत्र में पार्टी की संगठनात्मक पहुंच मजबूत होने की उम्मीद है, जहां पार्टी को जमीन हासिल करने के लिए ऐतिहासिक रूप से संघर्ष करना पड़ा है।

**********************

 

बिना लाइसेंस के पुरानी गाडिय़ों की नहीं होगी खरीद-बिक्री

नए लाइसेंस के लिए प्रत्येक कारोबारी को 25 हजार रुपये का शुल्क लगेगा

कोलकाता ,04 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बंगाल सरकार के परिवहन विभाग ने पुरानी गाडिय़ों की खरीद-बिक्री के मामले में सख्त रुख अपनाया है। यानी अब कोई भी कारोबारी पुराने वाहनों की खरीद-बिक्री का काम करता है तो उसके लिए उसे परिवहन विभाग से लाइसेंस लेना होगा। परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती के नेतृत्व में पुरानी गाडिय़ों की खरीद-बिक्री से जुड़े कारोबारियों के साथ एक बैठक आयोजित की।

उक्त बैठक में बताया गया कि अगले जून से पुरानी कारों की खरीद-बिक्री का कारोबार शुरू करने के लिए परिवहन विभाग से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। साथ ही कारोबार में जिन कई नीतियों का पालन करना होगा, उनकी भी जानकारी दी गई है। परिवहन विभाग की ओर से दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

इस नए लाइसेंस को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक व्यापारी को 25 हजार रुपये की एकमुश्त जमा राशि जमा करनी होगी।

परिवहन विभाग के अनुसार, यह नया नियम पुराने यात्री वाणिज्यिक वाहनों, बसों, मिनी बसों, टैक्सी कैब और ऑटो की खरीद-बिक्री के लिए प्रभावी होगा। इसके अलावा, उन व्यापारियों के पास गैरेज होना अनिवार्य है। गाडिय़ों को स्टोर करने के लिए एक बड़ी जगह भी होनी चाहिए। हाल ही में, परिवहन विभाग को पता चला कि उनके पास जो सूची है, उसमें केवल 39 कंपनियां हैं जो पुरानी कारों की खरीद-बिक्री के कारोबार में हैं।

लेकिन वास्तव में, हजारों कंपनियां न केवल कोलकाता शहर में, बल्कि उपनगरों और विभिन्न जिलों में भी इस तरह का कारोबार कर रही हैं। उसके बाद, परिवहन विभाग के अधिकारियों ने एक बैठक में बैठकर इस मामले को परिवहन मंत्री के ध्यान में लाया। उसके बाद, परिवहन विभाग ने इस नए नियम को लागू करने के लिए मंजूरी की मुहर लगा दी। परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने आज कहा कि अब तक राज्य सरकार के पास पुरानी कारों की खरीद-फरोख्त को लेकर कोई सटीक जानकारी और हिसाब-किताब नहीं था।

अगर इस नए नियम का पालन किया जाता है तो कौन सी कार कहां जा रही है, किसका मालिकाना हक बदल रहा है आदि का साफ हिसाब-किताब होगा। ऐसे में सारा हिसाब-किताब परिवहन विभाग के पोर्टल पर दिया जाएगा। नतीजतन, अगर कोई पुरानी कारों के बारे में कोई जानकारी जानना चाहेगा तो आसानी से पा सकेगा।

अधिकारियों के ऐसा कहने के बावजूद परिवहन विभाग के एक सूत्र का कहना है कि पुरानी कारों से जुड़ी कई आपराधिक घटनाएं राज्य के अलग-अलग हिस्सों में होती हैं। उस समय पुलिस और प्रशासन को असली अपराधी को खोजने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है।

इसलिए अगर यह नई व्यवस्था लागू होती है तो न सिर्फ गाडिय़ों की अदला-बदली कर अपराध करने की प्रवृत्ति में कमी आएगी, बल्कि पुलिस और प्रशासन को विभिन्न आपराधिक घटनाओं की जांच करने में भी सहूलियत होगी। साथ ही, पुरानी गाडिय़ों की खरीद-फरोख्त से परिवहन विभाग को जो राजस्व का नुकसान हो रहा था, उसकी भरपाई भी आसानी से हो सकेगी।

*************************

 

पंजाब सरकार के बड़े फैसले से दुकानदारों को मिलेगी इंस्पेक्टर राज से मुक्ति

20 हेल्पर रखने पर अब हिसाब-किताब की जरूरत नहीं

चंडीगढ़ ,04 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में आज की गई कैबिनेट मीटिंग में कई बड़े फैसलों को हरी झंडी दी गई। दुकानदारों को इंस्पेक्टर राज से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार ने पंजाब शॉप एंड कॉमर्शियल एक्ट में संशोधन किया है।

इस एक्ट के अनुसार अब दुकानदारों को 20 तक हेल्पर रखने के लिए कोई हिसाब-किताब नहीं देना होगा। मात्र छह महीने में एक बार जानकारी देगी। वहीं 20 से अधिक कर्मचारियों को रखने के लिए सभी का हिसाब रखना होगा और रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इस श्रेणी में लगभग 5 प्रतिशत लोग शामिल होंगे। वहीं, मुलाजिमों का बेतन भी बढ़ाना होगा। इस संबंध में आने वाले दिनों में विधानसभा में प्रस्ताव लाया जाएगा।

इसके अलावा, इस मुद्दे पर सभी विशेषज्ञों से राय ली जाएगी। हालांकि, उन्होंने बताया कि लेबर लॉ पहले की तरह जारी रहेंगे। मीटिंग में सीएम मान ने जानकारी देते हुए कहा कि ओवर टाइम सीमा तीन महीने में 50 घंटे थी। अब इसे बढ़ाकर 144 घंटे कर दिया है।
एक दिन में नौ घंटे से अधिक व हफ्ते में 48 घंटे से ज्यादा काम करने पर दोगुने रेट का ओवर टाइम मिलेगा। भले ही उसने एक घंटा काम किया है। इससे उनकी इनकम बढेगी।

कुल समय 12 घंटे तक कर पाएगा। हालांकि मंत्री ने बताया कि नौ घंटे में उनकी ब्रेक भी शामिल रहेगी। वहीं, कोई भी दुकानदान वायलेशन करता है, जिसमें कई चीजें शामिल हैं, जैसे कि ओवरटाइम। पहले, वायलेशन के लिए कोर्ट में जाकर चालान का भुगतान करना पड़ता था। अब कोर्ट का प्रावधान खत्म कर दिया गया है।

अब एएलसी (असिस्टेंट लेबर कमिश्नर) स्तर पर हम नोटिफाई करेंगे कि किस वायलेशन के लिए कितनी फीस है, और व्यक्त मौके पर ही अपना भुगतान कर पाएंगे। इसके लिए पोर्टल की व्यवस्था भी कर रहे है। दुकानदारों को रजिस्ट्रेशन के लिए 24 घंटे में पोर्टल में अप्रूवल मिलेगी। यदि अप्रूवल नहीं मिलती है, तो माना जाएगा कि उन्हें अप्रूवल मिल गई है। गलती में सुधार का मौका भी मिलेगा। इंस्पेक्टर तीन महीने में एक बार चेकिंग कर सकता है।

****************************

 

एमपी पुलिस पर दो पत्रकारों से मारपीट के आरोपों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई की

अदालत ने मध्य प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया, 9 जून को होगी अगली सुनवाई

नई दिल्ली, 04 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने  दो पत्रकारों, शशिकांत जाटव और अमरकांत सिंह चौहान की उस याचिका पर सुनवाई शुरू की, जिसमें आरोप लगाया गया है कि मध्य प्रदेश में अवैध रेत खनन पर रिपोर्टिंग करने के चलते उन्हें पुलिस हिरासत में प्रताड़ित किया गया। न्यायमूर्ति संजय करोल और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति देते हुए मध्य प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया और मामले की अगली सुनवाई 9 जून को तय की है।

याचिकाकर्ताओं ने गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा की भी मांग की है, यह कहते हुए कि उन्हें जान का खतरा है और उनके पत्रकारिता कार्य को दबाने की कोशिश की जा रही है। यह मामला उस आदेश के कुछ हफ्तों बाद सामने आया है, जिसमें दिल्ली हाई कोर्ट ने मई में अमरकांत सिंह चौहान को दो महीने की सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया था। चौहान, जो कि स्वराज एक्सप्रेस के भिंड ब्यूरो प्रमुख हैं, ने कोर्ट को बताया था कि उन्होंने पुलिस की धमकियों और डर के माहौल से तंग आकर मध्य प्रदेश छोड़ दिया।

उनका कहना था कि चंबल क्षेत्र में अवैध रेत खनन पर रिपोर्टिंग के बाद स्थानीय पुलिस अधिकारी उन्हें निशाना बना रहे हैं। न्यायमूर्ति रविंदर दुजेडा की एकल पीठ ने दिल्ली पुलिस को चौहान को सुरक्षा प्रदान करने का आदेश दिया था, साथ ही उन्हें सलाह दी कि वे आगे की राहत के लिए मध्य प्रदेश के क्षेत्रीय उच्च न्यायालय में याचिका दायर करें।

इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता वरीशा फ़ारसत, तमन्ना पंकज, अनिरुद्ध रमणाथन, और प्रिया वत्स ने चौहान की ओर से पैरवी की। चौहान की याचिका में यह बताया गया कि मध्य प्रदेश में स्वतंत्र पत्रकारों को निशाना बनाकर पुलिस द्वारा व्यवस्थित रूप से डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है।

उनके अलावा धर्मेंद्र ओझा (न्यूज़ 24), शशिकांत जाटव (बेजोड़ रत्न), और प्रीतम सिंह ( एनटीभी भारत) जैसे कई पत्रकारों को भिंड एसपी कार्यालय में तलब किया गया, जहाँ उन्हें कथित रूप से शारीरिक प्रताड़ना, कपड़े उतरवाना, मोबाइल फोन ज़ब्त करना, और बेबसी में वीडियो बयान देने के लिए मजबूर किया गया।

याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि चौहान और शशिकांत जाटव को पुलिस ने पीटा और उन्हें वीडियो में झूठा बयान देने के लिए मजबूर किया गया, जिसमें कहा गया कि “मामला सुलझा लिया गया है।” इस घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए पत्रकार शशिकांत जाटव ने कहा:

“मुझे भारत के सर्वोच्च न्यायालय पर पूरा भरोसा है। हम केवल अपना पत्रकार धर्म निभा रहे थे — उस भ्रष्टाचार को उजागर कर रहे थे, जो लोगों की ज़िंदगियों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है। अब उम्मीद है कि हमें न्याय मिलेगा।” वरिष्ठ पत्रकार मनोज कुमार शर्मा ने भी चिंता जताते हुए कहा कि”यह हमला केवल पत्रकारों पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर है।

राज्य तंत्र की इस तरह की मनमानी पर लगाम जरूरी है। ऐसे मामलों में न्यायपालिका की भूमिका यह भरोसा देती है कि देश में न्याय अब भी ज़िंदा है।” यह मामला भारत में प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े बढ़ते खतरों को उजागर करता है। अब जबकि यह याचिका सुप्रीम कोर्ट में है, यह मामला एक महत्वपूर्ण परीक्षण बनेगा कि क्या हमारे संस्थान लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करने में सक्षम हैं।

*****************************

 

पाक विरोधी दौरे से लौटे अभिषेक बनर्जी, विदेश मंत्री के साथ बैठक पर संशय

कोलकाता 04 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । तृणमूल के सांसद पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी पाकिस्तान विरोधी दौरे से तो वापय कोलकाता देर रात को लौट गए हैं। लेकिन विदेश मंत्री की बैठक से अभिषेक बनर्जी ने दूरी बना ली है। अभिषेक मंगलवार रात लगभग 12:15 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने मीडिया से कहा कि पिछले लगभग 15 दिनों में भारत का संदेश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने पांच देशों का दौरा किया।

इन दौरान आतंकवाद और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। लेकिन पाकिस्तान विरोधी दौरे भारत के जो प्रतिनिधिमंडल के सदस्य विदेश गये थे उनके साथ विदेशमंत्री एस. जयशंकर की बुधवार को बैठक होनी है। अभिषेक ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों का हवाला देते हुए इस बैठक में शामिल न होने की जानकारी दी है।

उन्होंने बताया कि इस बारे में विदेश मंत्रालय को सूचित कर दिया गया है। वे अपनी राय सरकार को लिखित भेजेंगे। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और भारत-पाकिस्तान संघर्ष के बाद केंद्र ने विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति स्पष्ट करने के लिए भेजा था। शुरुआत में केंद्र सरकार ने कांग्रेस सांसद यूसुफ पठान का नाम भेजा था, लेकिन तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि कौन जाएगा, इसका फैसला पार्टी खुद करेगी।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने ममता बनर्जी से संपर्क कर उनके द्वारा प्रस्तावित नाम को भेजने का आग्रह किया। तृणमूल कांग्रेस ने यूसुफ पठान की जगह अभिषेक बनर्जी का नाम भेजा। अभिषेक ने बताया कि, उन्होंने केंद्र सरकार को सूचित किया है कि वे बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि वे कई पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों और अगले कुछ दिनों में कालीगंज उपचुनाव में व्यस्त रहेंगे। इसलिए वे इस बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे।

****************************

 

राहुल गांधी के चंडीगढ़ दौरे को लेकर दीपेंद्र हुड्डा बोले

‘हरियाणा में संगठन विस्तार संभव’

चंडीगढ़  04 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज एक दिवसीय चंडीगढ़ दौरे पर पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी के चंडीगढ़ दौरे पर कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा का बयान आया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी चंडीगढ़ आ रहे हैं और जल्द ही हरियाणा में संगठन का विस्तार होने की उम्मीद है।

कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय स्तर पर संगठन सृजन की एक मुहिम चल रही है और उस मुहिम के तहत हरियाणा को तीसरे प्रदेश के तौर पर चयनित किया गया है। इसी के चलते राहुल गांधी आज चंडीगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। उनके साथ हमारे संगठन महासचिव और हमारे प्रभारी भी मौजूद होंगे।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, “कांग्रेस के हरियाणा के नेताओं के मन में एक बात रहती थी कि संगठन बनना चाहिए और विस्तार होना चाहिए। मुझे लगता है कि आज होने वाली बैठक में उसके लिए सकारात्मक कदम उठाया जाएगा। मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में हरियाणा के अंदर कांग्रेस संगठन का विस्तार होगा।”

कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा सीजफायर को लेकर दिए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “जहां तक डोनाल्ड ट्रंप की बात है, सीजफायर के मुद्दे पर उन्होंने 14 बार बयान दिया है। वह विश्व पटल पर बार-बार इस तरीके का बयान दे रहे हैं, जिसमें 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है। जब वह हिंदुस्तान और पाकिस्तान को एक तराजू में तोलने की बात करते हैं।

वह कभी कश्मीर की बात करते हैं, जिस पर कोई विवाद नहीं है। मैं उन्हें बता दूं कि कश्मीर हमारा अभिन्न हिस्सा था और हमेशा रहेगा।”
उन्होंने आगे कहा, “ट्रंप ने अपने बयान में एक बार भी आतंकवाद पर नहीं बोला। ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ व्यापार बढ़ाने की बात की और आईएमएफ की तरफ से एक अरब डॉलर के लोन देने की कार्रवाई की।

पाकिस्तान को अमेरिका की तरफ से किस प्रकार का इनाम दिया जा रहा है? पाकिस्तान वह देश है, जिसकी तरफ से आतंकवाद को पोषित किया जाता है और हिंदुस्तान वह देश है, जिसने लगातार आतंकवाद को सहा है और उसके खिलाफ लड़ाई लड़ी है।”

**********************

 

केदारनाथ धाम में जून में बर्फबारी, यात्रियों में उत्साह

रुद्रप्रयाग 03 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  केदारनाथ धाम में इस वर्ष जून के महीने में भी मौसम लगातार बिगड़ा हुआ है। मंगलवार को केदारनाथ मंदिर और बेस कैंप क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई, जिससे तीर्थयात्रियों में उत्साह और आश्चर्य दोनों देखने को मिले। हालांकि बर्फ गिरते ही जमीन पर पिघलने लगी, जिससे कुछ ही देर में बर्फ का नामोनिशान नहीं रहा।

मंगलवार को सुबह से ही जनपदके अधिकांश क्षेत्रों में मौसम बदला हुआ था। दोपहर बाद मुख्यालय समेत कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि केदारनाथ में सुबह करीब 11 बजे बर्फबारी शुरू हुई जो साढ़े 12 बजे तक चली। एक घंटे की इस हल्की बर्फबारी में बर्फ गिरते ही पिघल गई, जिससे चारों ओर सफेदी का नज़ारा ज्यादा देर टिक नहीं पाया।

बीकेटीसी के प्रशासनिक अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण ने बताया कि जून माह में पहले भी केदारनाथ में बर्फबारी होती रही है, लेकिन इस समय बर्फ टिकती नहीं है। बावजूद इसके, बर्फबारी का नज़ारा देखने वाले यात्रियों में काफी उत्साह देखा गया।

लगातार खराब मौसम के चलते यात्रा प्रभावित हो रही है। पैदल मार्ग पर यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं हेलीकॉप्टर सेवाएं भी बार-बार बाधित हो रही हैं। स्थानीय प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।

****************************

 

ट्रेड एक्सपो यूएसए कंपनी में 4.66 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी

फरार आरोपी राजाराम तारक को पुलिस ने दबोचा, भेजा जेल!

राजिम 03 June (एजेंसी) –  गरियाबंद राजिम थाना में दिनांक 19.12.2024 को प्रार्थी संतोष देवांगन द्वारा प्रस्तुत लिखित आवेदन जिसमें राजाराम तारक, शरदचंद्र वर्मा, कमलेश साहू, यशवंत नाग एवं अरूण द्विवेदी के द्वारा ट्रेड एक्सपो यूएसए कंपनी में अधिक लाभांस देने की लालच देकर रूपये की धोखाधड़ी करने एवं गबन करने संबंध आवेदन प्राप्त हुआ था।

जिसमें थाना राजिम में अपराध क्रमांक 408/2024 धारा 420,34 भादवि0 कायम कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान यह भी पता चला की उक्त ट्रेड एक्सपो यूएसए कंपनी के मुख्य सरगना अरूण द्विवेदी के खिलाफ सी.आई.डी. रांची में भी झारखण्ड के 11 लोगों से 46699820 रूपये की धोखाधडी करने का अपराध पंजीबद्ध हुआ है।

छ.ग. एवं झारखण्ड के लोगों से मिली अबतक कि जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के 94 लोगों से 55373000 एवं झारखण्ड के 11 लोगों से 46699820 रूपये कुल 102072820 (दस करोड़ बीस लाख बहत्तर हजार आठ सौ बीस रूपये) जमा कराकर छलपूर्वक बेईमानी करने के नियत से आरोपीगण द्वारा उक्त धनराशि का गबन किया गया है।

जिससे मामले में 409 भादवि0 की धारा भी जोड़ी गई है। आम जनता को कम समय में निवेश को दुगना करने का लालच देकर फर्जी प्लेटफार्म पर अकाऊँट बनाया जाता था। जिसमें प्रति-दिन के हिसाब से ब्याज दिखाकर भरोसा दिलाया जाता था। किन्तु निवेशक मुल रकम या ब्याज कुछ भी निकालने में असमर्थ रहा। इसी कारण ये धोखाधड़ी उजागर हुई। प्लेटफार्म पर बने अकाऊँट में ट्रेड डॉलर में किया जा रहा था। जो की फर्जी तरीके से बने बैंक अकाऊँट से लिंक थे।

प्रकरण में विवेचना के दौरान पूर्व के आरोपीगण 01) शरदचंद्र शर्मा पिता स्व रिपुदमन शर्मा उम्र 50 वर्ष साकिन वुड आईलैंड कॉलोनी अमलेश्वर थाना अमलेश्वर जिला दुर्ग (छ.ग.) 02) यशवंत कुमार नाग पिता स्व परसराम नाग उम्र 45 वर्ष साकिन पीपरछेड़ी थाना राजिम जिला गरियाबंद (छ.ग.) 03) कमलेश साहू पिता गोरेलाल साहू उम्र 34 वर्ष साकिन नयापारा उजियारपुर थाना लालपुर जिला मुंगेली हाल मुकाम वार्ड नम्बर 01 श्यामा प्रसाद मुखर्जी भाठापारा थाना भाठापारा जिला बलौदाबजार (छ.ग.) को दिनांक 20.12.2024 को  गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। प्रकरण में विवेचना के दौरान अन्य फरार मुख्य आरोपी (04) अरूण द्विवेदी पिता स्व. लाल बिहारी उम्र 47 साल निवासी कछुवारा पोस्ट पोस्ट बीड़ा थाना सेमरिया (म.प्र.) को दिनांक 23.12.2024 को रीवा (म.प्र.) से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था।

इस क्रम में प्रकरण में विवेचना के दौरान फरार आरोपी (05) अभिषेक सिंह गहरवारा एवं (06) अजय कुमार विश्वकर्मा को दिनांक 12.03.2025 कों गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। प्रकरण में आरोपियों की पतासाजी लगातार जारी है। इसी क्रम में अन्य फरार आरोपी (07) राजाराम तारक पिता खोरबाहरा उम्र 47 साल निवासी ग्राम तामासिवनी थाना आरंग जिला रायपुर हाल मुकाम ग्राम कोकड़ी रोड गरियाबंद थाना व जिला गरियाबंद दिनांक 28.05.2025 को माननीय न्यायालय के समक्ष सरेण्डर किया था। जिसे पुछताछ हेतु माननीय न्यायालय से दिनांक 28.05.2025 से 02.06.2025 तक पुलिस रिमाण्ड लेकर पुछताछ किया गया।

जिसके कब्जे से ट्रेड एक्सपो यूएसए कंपनी के नाम से धोखाधडी कर निवेशकों की राशी को गबन कर खरीदे हुए एक ब्रेजा कार क्रमांक सीजी.04 पी.के. 1536, किमती 14 लाख रूपए, दो नग आई.फोन किमती लगभग 04 लाख रूपये, एक नग सोने का अंगुठी  एवं एक नग सोने का चैन किमती लगभग 02 लाख रूपये, नगदी रकम 10,200 रूपये, आई.डी.बी.आई. खाते का डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड के साथ समक्ष गवाहन के जप्त कर कब्जा पुलिस लिया गया साथ ही आरोपी के खाते से लगभग 08 लाख रूपये होल्ड कराया गया है।

आरोपी द्वारा ट्रेड एक्सपो यूएसए कंपनी के माध्यम से धोखाधड़ी एवं गबन से प्राप्त राशि से अपने कोकड़ी रोड गरियाबंद स्थित ससूराली मकान में 60 लाख रूपये खर्च किया गया है। अपना 25 लाख रूपये का पुराना कर्ज चुकाया गया है। लगभग 28 लाख रूपये का अपना जमीन गिरवी रखा था, जिससे छुडवाया है।

इस प्रकार प्राप्त जानकारी अनुसार राजाराम तारक द्वारा कुल 01 करोड़ 43 लाख रूपये की राशि को इनवेस्टर से धोखाधड़ी कर गबन किया गया है। आरोपी राजाराम तारक का औपचारिक गिरफ्तारी उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। आरोपी राजाराम तारक द्वारा अपराध के आगम से अवैध रूप से प्राप्त सम्पत्ती पर पृथक से धारा 107 बी.एन.एस.एस. के तहत कार्यवाही की जा रही है।

उक्त कार्यवाही मे थाना प्रभारी राजिम निरीक्षक अमृत साहू एवं साइबर सेल का विशेष योगदान रहा।

*****************************

 

 

 

असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में पेपर लीक की आशंका, अभ्यार्थियों को दिए गए सील टूटे पेपर : हुड्डा

चंडीगढ़ ,03 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि बीजेपी की भर्तियों में गड़बड़झाले रुकने का नाम नहीं ले रहे। एक के बाद एक, अनगिनत घोटाले उजागर होने के बाद अब असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के पेपर में गड़बड़ी सामने आई है।

कई परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को ऐसे पेपर बांटे गए, जिनकी सील पहले से ही टूटी हुई थी। यह गड़बड़ी हिंदी, जूलॉजी, केमिस्ट्री और फिजिक्स जैसी भर्तियों के पेपर उजागर हुई है। इसीलिए अभ्यार्थी पेपर लीक की आशंका जता रहे हैं। इतना ही नहीं अभ्यार्थियों ने पेपर में सिलेबस से बाहर के सवाल आने की भी शिकायत की है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग करी है। उन्होंने कहा कि पीडि़त अभ्यार्थियों की शिकायतों का संज्ञान लिया जाए, दोषियों पर सख़्त कार्रवाई हो और अभ्यर्थियों की मांग अनुसार परीक्षाएं दोबारा करवाई जाएं।

क्योंकि कोई भी भर्ती पूरी होने के लिए ज़रूरी है कि प्रक्रिया के स्तर कोई धांधली ना हो। लेकिन बीजेपी जानबूझकर हरेक भर्ती में ऐसे लूपहोल छोड़ देती है, जिसके चलते भर्तियां कोर्ट में जाकर अटक जाती हैं।

इसीलिए खुद हाई कोर्ट ने बार-बार इस सरकार की लगभग हरेक भर्ती पर बड़ा सवालिया निशान लगाया है। यहां तक कि कोर्ट ने कहा है कि 2019 के बाद हुई सभी भर्तियों के परिणाम अब दोबारा से जारी करने होंगे।

क्योंकि सरकार ने गलत नियमों के तहत ये भर्तियां की हैं। इससे पहले भी बीजेपी कार्यकाल के भर्ती घपलों, घोटालों और अनियमितताओं को लेकर हाई कोर्ट बार-बार कड़ी टिप्पणियां कर चुकी है। कई बार सरकार पर जुर्माना भी थोपा गया है। बावजूद इसके सरकार अपने रवैया से बाज नहीं आई।

हुड्डा ने कहा कि भर्तियों को जानबूझकर लटकाना, भड़काना और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करना बीजेपी की तय नीति बन चुकी है। यही वजह है कि आज हरियाणा के सरकारी विभागों में 2 लाख से पद ज्यादा पद खाली पड़े हुए हैं।

नई भर्ती करवाना तो दूर, बीजेपी कॉमन एंट्रेंस टेस्ट तक नहीं करवा पा रही है। इतना ही नहीं, अभी तक सरकार ने टेस्ट के नियम तक तय नहीं किए।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने सड़क से लेकर विधानसभा और संसद तक इस सरकार के मंसूबों को जगजाहिर किया था। बार-बार जनता को बताया कि इस सरकार का मकसद नौकरी देना नहीं बल्कि नौकरी को छीनना है।

लेकिन कई भर्तियों के रिजल्ट को चुनाव के टाइम रोककर और कौशल निगम कर्मियों में भ्रम व झूठ फैलाकर भाजपा ने हजारों परिवारों के वोट हासिल कर लिए। अब उन परिवारों और बेरोजगार युवाओं को बीजेपी पर भरोसा जताने का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

***************************