Snowfall in Kedarnath Dham in June, enthusiasm among pilgrims

केदारनाथ धाम में जून में बर्फबारी, यात्रियों में उत्साह

रुद्रप्रयाग 03 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  केदारनाथ धाम में इस वर्ष जून के महीने में भी मौसम लगातार बिगड़ा हुआ है। मंगलवार को केदारनाथ मंदिर और बेस कैंप क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई, जिससे तीर्थयात्रियों में उत्साह और आश्चर्य दोनों देखने को मिले। हालांकि बर्फ गिरते ही जमीन पर पिघलने लगी, जिससे कुछ ही देर में बर्फ का नामोनिशान नहीं रहा।

मंगलवार को सुबह से ही जनपदके अधिकांश क्षेत्रों में मौसम बदला हुआ था। दोपहर बाद मुख्यालय समेत कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि केदारनाथ में सुबह करीब 11 बजे बर्फबारी शुरू हुई जो साढ़े 12 बजे तक चली। एक घंटे की इस हल्की बर्फबारी में बर्फ गिरते ही पिघल गई, जिससे चारों ओर सफेदी का नज़ारा ज्यादा देर टिक नहीं पाया।

बीकेटीसी के प्रशासनिक अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण ने बताया कि जून माह में पहले भी केदारनाथ में बर्फबारी होती रही है, लेकिन इस समय बर्फ टिकती नहीं है। बावजूद इसके, बर्फबारी का नज़ारा देखने वाले यात्रियों में काफी उत्साह देखा गया।

लगातार खराब मौसम के चलते यात्रा प्रभावित हो रही है। पैदल मार्ग पर यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं हेलीकॉप्टर सेवाएं भी बार-बार बाधित हो रही हैं। स्थानीय प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।

****************************