अंतरराष्ट्रीय संसदीय दिवस : ओम बिरला और किरेन रिजिजू समेत कई नेताओं ने दी बधाई

नई दिल्ली ,30 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  ‘अंतरराष्ट्रीय संसदीय दिवस’ की लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू समेत कई नेताओं ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि गर्व है कि हम इस लोकतांत्रिक यात्रा का हिस्सा हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने एक्स पर लिखा, ‘अंतरराष्ट्रीय संसदीय दिवस’ पर समस्त संसदों एवं जनप्रतिनिधियों को हार्दिक शुभकामनाएं। जनता की आकांक्षाओं को स्वर देने, सरकारों को जवाबदेह बनाने और मानवाधिकारों की रक्षा में विश्व भर में संसदों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

भारत में संसद न केवल विधायी कार्यों की सर्वोच्च संस्था है, अपितु यह हमारी लोकतांत्रिक चेतना, विविधता में एकता तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की सर्वोच्च प्रतिनिधि संस्था के रूप में भारतीय संसद ने अपनी समृद्ध संवैधानिक परंपराओं, पारदर्शिता व उत्तरदायित्व के सिद्धांतों के माध्यम से राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्प्रभुता को सदैव सुदृढ़ रखा है।

इस विशेष अवसर पर हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए, लोकतांत्रिक मूल्यों, विधि के शासन तथा जनता के प्रति संसद की उत्तरदायित्वशीलता को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प दोहराते हैं।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘अंतरराष्ट्रीय संसदीय दिवस’ हमें यह याद दिलाता है कि हर सवाल जो पूछा जाता है, हर जवाब जो दिया जाता है, और हर कानून जो पास होता है, उसमें हमारे लोगों की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। गर्व है कि हम इस लोकतांत्रिक यात्रा का हिस्सा हैं, जहां जवाबदेही और जन-आकांक्षाएं साथ चलती हैं।

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम और भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य ने इस दिवस को जनता की आकांक्षाओं और विश्वास की बुनियाद बताते हुए लिखा, ‘अंतरराष्ट्रीय संसदीय दिवस’ के अवसर पर समस्त जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

यह दिन लोकतंत्र की उस भावना को सजीव करता है, जिसमें जनता सर्वोपरि होती है और जनहित सबसे बड़ा कर्तव्य। संसदीय प्रणाली न केवल शासन का माध्यम है, बल्कि जनता की आकांक्षाओं और विश्वास की बुनियाद भी है। आइए, इस अवसर पर जन-सेवा, जवाबदेही और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सशक्त करें।

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने एक्स पर लिखा, जन सुलभ व जनसेवा को समर्पित देश व प्रदेश के समस्त जनप्रतिनिधियों, देवतुल्य जनमानस को अंतरराष्ट्रीय संसदीय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

यह अवसर जनप्रतिनिधियों को उनके जनसरोकारों के प्रति संकल्पबद्ध करता है तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के केंद्र में विधायी निकायों की सक्रिय व सकारात्मक भूमिका का स्मरण दिलाता है।

बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने भी ‘अंतरराष्ट्रीय संसदीय दिवस’ की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, समस्त जनप्रतिनिधियों एवं देश-प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय संसदीय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। लोकतंत्र के इस स्तंभ को सशक्त बनाने में आपका योगदान सराहनीय है।

राजस्थान से भाजपा सांसद सीपी जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘अंतरराष्ट्रीय संसदीय दिवसÓ पर संसदीय कार्य प्रणाली से जुड़े सभी जन सेवकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

****************************

 

चार धाम यात्रा पर लगा 24 घंटे का प्रतिबंध हटा, जिलाधिकारियों को विशेष निर्देश

देहरादून ,30 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। चार धाम यात्रा पर रविवार को 24 घंटे का प्रतिबंध लगाया गया था, जिसे अब हटा लिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि चार धाम यात्रा पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया गया है और यात्रा एक बार फिर शुरू हो गई है।

गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि चार धाम यात्रा पर लगाया गया 24 घंटे का प्रतिबंध अब हटा लिया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर पडऩे वाले जिलों के जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की स्थिति के अनुसार वाहनों को रोकने या आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

बता दें कि उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए रविवार को चार धाम यात्रा एक दिन के लिए स्थगित कर दी गई है।

यात्रा स्थगित करने की जानकारी देते हुए गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने रविवार को बताया कि लगातार भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए चारधाम यात्रा एक दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। लोगों और संपत्ति की सुरक्षा के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।

उन्होंने तीर्थयात्रियों से आग्रह किया कि वे जहां हैं, वहीं रहें और स्थिति में सुधार होने तक केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा करने से बचें। संबंधित जिलों के प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है और बचाव और राहत दल सक्रिय कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा, मौसम की स्थिति और मार्गों की समीक्षा के बाद आगे की यात्रा के बारे में निर्णय लिया जाएगा। श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थलों के लिए रवाना न हों।

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण कई जगह मार्ग अवरुद्ध हैं। चार धाम यात्रा करने आए श्रद्धालुओं को मौसम संबंधी जानकारी लेने के बाद ही अपनी यात्रा शुरू करने और यात्रा के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।

प्रदेश के आपदा प्रबंधन सचिव ने भी लोगों को बारिश के दौरान गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।

*******************************

 

बीजेपी ने महाराष्ट्र, तेलंगाना समेत 5 राज्यों में तय किए अध्यक्ष

अब राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की बारी!

नई दिल्ली ,30 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी ने पांच राज्यों महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष तय कर लिया है।

इसी के साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव भी हो रहा है। प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू की जाएगी।

महाराष्ट्र में मौजूदा वर्किंग प्रेसिडेंट रविंद्र चव्हाण ने आज औपचारिक रूप से नामांकन दाखिल किया। वे अब पूर्णकालिक प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालेंगे। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को महाराष्ट्र चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

तेलंगाना में केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। यहां एन रामचंद्र राव प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालेंगे। बीजेपी के वर्तमान राज्य अध्यक्ष और करीमनगर सांसद बंडी संजय कुमार का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है।

राज्य में विधानसभा चुनावों के बाद से बीजेपी संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह चुनाव अधिकारी हैं, जबकि आंध्र प्रदेश में बीजेपी सांसद पीसी मोहन को यह जिम्मेदारी दी गई है। दोनों ही राज्यों में आज नामांकन दाखिल किए गए हैं।

वहीं उत्तराखंड में महेंद्र भट्ट ने पर्चा दाखिल किया है। इन पांच राज्यों में अध्यक्षों के चयन के साथ बीजेपी 19 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा कर लेगी। इसके बाद, 2 जुलाई को मध्य प्रदेश में चुनाव प्रस्तावित है। इससे कुल 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति हो जाएगी।

**************************

 

अब आसमान से होगी दुश्मनों पर नजऱ! भारत लॉन्च करेगा 52 सैटेलाइट

नई दिल्ली ,30 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भारत अपनी सैन्य ताकत को और मजबूत करने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। देश एक या दो नहीं, बल्कि 52 सैटेलाइट लॉन्च करने की तैयारी में जुट गया है। ये सभी सैटेलाइट विशेष रूप से सेना के लिए काम करेंगी, जिससे पाकिस्तान समेत दुश्मन देशों के हर कोने पर कड़ी निगरानी रखी जा सकेगी।

इसके अतिरिक्त, सेना के लिए एक विशेष स्पेस डॉक्ट्रिन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया भी चल रही है। गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने अपने सैटेलाइट सिस्टम की मदद से पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों की सफलतापूर्वक निगरानी की थी, जिससे सेना को सटीक निशाना साधने में काफी मदद मिली थी।

भारत द्वारा यह सैटेलाइट लॉन्च ‘स्पेस बेस्ड सर्विलांस प्रोग्राम’ (एसबीएस) के तीसरे चरण का हिस्सा है। इस कार्यक्रम को पिछले साल अक्टूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली सुरक्षा कैबिनेट कमेटी ने मंजूरी दी थी।

इसकी कुल लागत 26,968 करोड़ रुपये है। इस परियोजना के तहत भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) 21 सैटेलाइट लॉन्च करेगा, जबकि शेष 31 सैटेलाइट निजी कंपनियों द्वारा लॉन्च किए जाएंगे। पहली दो सैटेलाइट अगले साल अप्रैल में लॉन्च की जाएंगी, और 2029 के अंत तक सभी 52 सैटेलाइट को तैनात कर दिया जाएगा।

यह ‘डिफेंस स्पेस एजेंसी’ के प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसे रक्षा मंत्रालय द्वारा चलाया जा रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, सूत्रों ने बताया है कि इन सैटेलाइट्स की लॉन्चिंग के लिए निर्धारित समयसीमा का पालन करने की पूरी कोशिश की जा रही है। फिलहाल, तीन निजी कंपनियों के साथ अनुबंध हो चुका है, और इन सभी को अपने काम को तेजी से पूरा करने के लिए कहा गया है।

जानकारी के मुताबिक, एसबीएस-3 का मुख्य लक्ष्य चीन और पाकिस्तान के अधिक से अधिक क्षेत्रों की निगरानी करना है। इसके अलावा, हिंद महासागर क्षेत्र पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही, स्पेस डॉक्ट्रिन को लेकर भी काम तेजी से चल रहा है। भारतीय वायुसेना तीन उच्च ऊंचाई वाले प्लेटफॉर्म सिस्टम एयरक्राफ्ट की तैयारी में भी जुटी है। ये एयरक्राफ्ट मानव रहित होंगे और सैटेलाइट के आधार पर काम करेंगे।

****************************

 

50 साल बाद भी संविधान को कूड़ेदान में फेंकने की आदत से बाहर नहीं निकल पाया विपक्ष : सुधांशु त्रिवेदी

नई दिल्ली ,30 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बिहार में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने तेजस्वी के एक बयान का जिक्र करते हुए कहा कि वह कहते हैं कि संसद के कानून को (वक्फ बोर्ड कानून) कूड़ेदान में फेंक देंगे।

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, अभी हाल ही में हमने भारत के लोकतांत्रिक इतिहास के सबसे दुर्दांत काले अध्याय आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण किए। लेकिन, बड़े दुख की बात है कि पटना के उसी गांधी मैदान में जहां आपातकाल के दौरान संविधान की रक्षा और संविधान के सम्मान के लिए जान की परवाह किए बिना लाखों लोग एकत्र हुए थे।

वहां कल एक ऐसी रैली हुई, जिसमें इंडी गठबंधन के सहयोगी बिहार के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि संसद के कानून को (वक्फ बोर्ड कानून) कूड़ेदान में फेंक देंगे। जबकि यह कानून (वक्फ बोर्ड कानून) दोनों सदनों से पारित है और कोर्ट में विचाराधीन है।

इसका अर्थ ये हुआ कि न संसद का सम्मान न न्यायपालिका का सम्मान। यह साफ है कि 50 साल बाद भी इंडी गठबंधन संविधान को कूड़ेदान में फेंकने की पुरानी आदत से बाहर नहीं आ पाया है।

उन्होंने आगे कहा, वोट बैंक की चाहत में इंडी गठबंधन के सहयोगी तेजस्वी यादव द्वारा जो कुछ बोला गया है, उससे साफ है कि ये संविधान को कूड़ेदान में फेंकने की मानसिकता से बाहर नहीं आ पा रहे हैं।

सुधांशु त्रिवेदी ने वक्फ का जिक्र करते हुए कहा, मैं यह बताना चाहता हूं कि कुरान में ‘वक्फ’ जैसा कोई शब्द नहीं है। यह मुल्लाओं और मौलवियों का बनाया शब्द है।

इस्लाम आपको खर्च करना, देना सिखाता है, न कि रखना या जमा करना, और फिर भी, आप कहते हैं, संग्रह करो? यह बाबा साहेब के संविधान का मजाक उड़ाने के अलावा और कुछ नहीं है, इसे धर्मनिरपेक्ष दस्तावेज से मौलवियों की स्क्रिप्ट में बदलने की कोशिश है।

इनका विचार संविधान की सीमा को तार-तार करना है। यह चंद मु_ी भर मुस्लिमों के साथ खड़े हैं, जो पैसों की ताकत रखते हैं। यह गरीब मुस्लिमों के साथ नहीं हैं। यह लोग जयप्रकाश नारायण, कर्पूरी ठाकुर को नहीं मानते हैं। आज राजग और समाजवादी पार्टी जैसे दल नमाजवाद के साथ खड़े रहते हैं।

भाजपा सांसद ने कहा, अगर वे कभी सत्ता में आए तो यह संभव नहीं है, लेकिन वे बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान को कूड़ेदान में फेंक देंगे और शरिया कानून लागू करेंगे। यह कोई अतिशयोक्ति नहीं है।

याद रखें कि भारत में सरकार ने केवल एक बार 400 सीटें पार की हैं, वो भी 1985 में, और फिर क्या हुआ? शाहबानो मामले को देखें। उस 400 से ज्यादा की सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को कुचल दिया और शरिया कानून को संविधान से ऊपर रख दिया। वे पिछड़े, वांछित, का आरक्षण भी यह खत्म करना चाहते हैं।

उन्होंने जामिया और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में एससी/एसटी और ओबीसी आरक्षण खत्म करने का आरोप लगाया। भाजपा सांसद ने कहा, 2012 और 2014 में माइनॉरिटी संस्थाओं को दर्जा दिया गया। तेलंगाना और कर्नाटक में मुस्लिम को ओबीसी में शामिल किया गया है।

बंगाल में भी यही हो रहा है। तर्क यह दिया गया कि यह मुस्लिम पहले ओबीसी हिंदू समुदाय से थे और बाद में यह कन्वर्ट हुए, इसलिए इन्हें ओबीसी में डाला गया है। इंडी गठबंधन के सपनों को हम साकार नहीं होने देंगे। देश का विधान बाबा साहेब के संविधान से चलेगा। कांग्रेस और राजद दोनों मिलकर बाबा साहेब के संविधान को खत्म करना चाहते हैं।

**************************

 

अमरनाथ यात्रा पर साइकिल से निकले नेपाल के सचिन

पर्यावरण संरक्षण का दे रहे संदेश

जम्मू ,30 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। नेपाल के रहने वाले सचिन चौधरी साइकिल पर सवार होकर अमरनाथ यात्रा पर निकले हैं। उनका यह सफर केवल धार्मिक नहीं, बल्कि एक सामाजिक और पर्यावरणीय संदेश लिए है। सचिन अपनी इस विशेष यात्रा के जरिए देशवासियों को जल संरक्षण का संदेश दे रहे हैं।

सचिन ने बताया कि उन्हें घर से निकले हुए आठ महीने और आठ दिन हो चुके हैं। यह उनकी भारत में दूसरी यात्रा है और इस बार उनका लक्ष्य बाबा बर्फानी के दर्शन करना है। उन्होंने बताया कि वे वर्तमान में जम्मू-कश्मीर हाईवे पर हैं और यहां की यात्रा अब तक बहुत ही सकारात्मक रही है।

सचिन ने कहा कि जैसे ही मैंने जम्मू में प्रवेश किया, तो बहुत प्यार और समर्थन मिला। जो डर हम लोगों को जम्मू-कश्मीर को लेकर होता था, वो सब गलत साबित हुआ। यहां कोई धर्म का भेदभाव नहीं है, हिंदू-मुस्लिम सब एकता और भाईचारे से रहते हैं।

सचिन ने बताया कि रास्ते में लोग उन्हें खाना, पानी और रहने के लिए जगह तक उपलब्ध कराते हैं। गुरुद्वारों में उन्हें न सिर्फ भोजन, बल्कि रुकने के लिए कमरे भी दिए गए। भारत के लोग बहुत अच्छे हैं। जितना मैंने सोचा था, उससे कहीं अधिक सहयोग मिला है।

सुरक्षा व्यवस्था की तारीफ करते हुए सचिन ने कहा कि 2025 में जो लोग अमरनाथ आना चाहते हैं, वे निश्चिंत होकर आएं। यहां जगह-जगह सुरक्षा बल तैनात हैं।

सचिन कहते हैं कि सफर के दौरान वह जहां-जहां रुकते हैं, लोगों को पेड़-पौधों की कटाई न करने और जल स्रोतों को बचाने की सलाह देते हैं। उनका कहना है कि जब पेड़ रहेंगे, तभी जल रहेगा और जब जल रहेगा, तभी हम रहेंगे।

जंगलों को काटना बंद करें। जल बचाएं, जीवन बचाएं।

बता दें कि पवित्र अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हो रही है। यात्रा को लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के अनुसार, इस साल यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी और 9 अगस्त तक चलेगी।

************************

 

पुलिस की दबंगई : एसएचओ के थप्पड़ जड़ते ही दुकानदार हुआ बेहोश

कोटा ,30 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राजस्थान के कोटा जिले के कैथूनीपोल इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कैथूनीपोल थानाधिकारी पुष्पेंद्र बंसीवाल पर एक दुकानदार रिजवान के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है।

यह घटना 29 मई 2025 को हुई, जब सड़क पर खड़ी एक मोटरसाइकिल को हटाने को लेकर विवाद हो गया। इस मारपीट की घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीडि़त रिजवान एक अलमारी बनाने की दुकान पर काम करता है। घटना के दिन दुकान के बाहर किसी अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल खड़ी थी। आरोप है कि थानाधिकारी पुष्पेंद्र बंसीवाल ने रिजवान से मोटरसाइकिल हटाने के लिए कहा।

रिजवान ने बताया कि वह मोटरसाइकिल उसकी नहीं है, लेकिन फिर भी उसने सहयोग करने की कोशिश की। हालांकि, मोटरसाइकिल में लॉक लगा होने के कारण वह उसे हटा नहीं सका।

आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर थानाधिकारी पुष्पेंद्र बंसीवाल ने बीच बाजार रिजवान को थप्पड़ मार दिया। वीडियो में दिख रहा है कि साथ में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने भी रिजवान के साथ मारपीट की।

मारपीट इतनी गंभीर थी कि रिजवान बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। रिजवान ने बताया कि हाल ही में उसके कान का ऑपरेशन हुआ था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसकी एक भी बात नहीं सुनी।

वहीं, थानाधिकारी पुष्पेंद्र बंसीवाल ने मारपीट के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित रैली के लिए दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रिजवान ने बदतमीजी की, जिसके बाद उसे थाने ले जाया जा रहा था।

पीडि़त रिजवान ने इस घटना की शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और लोकायुक्त को भेजी है। इसके साथ ही उसने स्थानीय अदालत में भी मुकदमा दर्ज करवाया है।

कोटा की पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच डीएसपी राजेश टेलर को सौंप दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू हो गई है।

*****************************

 

समुद्र में साहस की गाथा : भारतीय नौसेना ने मौत के मुंह से निकाले 14 नाविक

नई दिल्ली ,30 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ओमान की खाड़ी में मिशन पर तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तबर ने बहादुरी का परिचय देते हुए एक संकटग्रस्त जहाज के चालक दल को बचाया।

भारतीय नौसेना को एमटी यी चेंग 6 नामक जहाज से संकट की सूचना मिली, जिसके बाद युद्धपोत ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, पुलाऊ का ध्वज लगा हुआ एमटी यी चेंग 6 गुजरात के कांडला से ओमान के शिनस जा रहा था।

रविवार को जहाज ने इंजन रूम में आग लगने और बिजली गुल होने की सूचना दी। जहाज पर सवार 14 भारतीय चालक दल के सदस्यों की जान खतरे में थी।

भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने ट्वीट कर इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ओमान की खाड़ी में तैनात स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस तबर ने 29 जून को एमटी यी चेंग 6 से संकट कॉल का जवाब दिया।

जहाज पर भारतीय मूल के 14 चालक दल के सदस्य थे। आग लगने के बाद जहाज पर बिजली पूरी तरह से गुल हो गई थी।

आईएनएस तबर से तत्काल अग्निशमन दल और आवश्यक उपकरणों को जहाज की नाव और हेलीकॉप्टर की मदद से एमटी यी चेंग 6 पर पहुंचाया गया।

वर्तमान में आईएनएस तबर के 13 नौसैनिक और एमटी यी चेंग 6 के 5 चालक दल के सदस्य आग बुझाने के काम में जुटे हुए हैं, जिससे जहाज पर लगी आग की तीव्रता में काफी कमी आई है।

**************************

 

तेलंगाना में बीजेपी को बड़ा झटका, फायर ब्रांड नेता टी राजा सिंह ने पार्टी से दिया इस्तीफा

बताई फैसले की वजह

नई दिल्ली ,30 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। तेलंगाना में गोशामहल के विधायक टी राजा सिंह ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि टी राजा सिंह तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष पद का चुनाव लडऩा चाहते थे।

उन्होंने अपना इस्तीफा तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष जी किशन रेड्डी को भेज दिया है। टी राजा सिंह ने सदमे और निराशा का हवाला देते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया है।

उन्होंने तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष के तौर पर नया नाम सामने आने के बाद ये फैसला लिया है। आलाकमान ने एन रामचंद्र राव के नाम पर राज्य बीजेपी अध्यक्ष के पद पर सहमति जताई है। इसी से नाराज होकर टी राजा सिंह ने अपना इस्तीफा इस वक्त के प्रदेश अध्यक्ष बंडी संजय कुमार को भेज दिया है।

बीजेपी से इस्तीफे के ऐलान के साथ ही टी राजा सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो पत्र शेयर किए हैं। इन दो पत्रों को शेयर करते हुए टी राजा सिंह ने कहा, ‘बहुत से लोगों की चुप्पी को सहमति नहीं समझा जाना चाहिए।

मैं सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन अनगिनत कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के लिए बोल रहा हूं। जो हमारे साथ आस्था के साथ खड़े थे और जो आज निराश महसूस कर रहे हैं।

पार्टी से इस्तीफा देने के ऐलान के साथ ही टी राजा सिंह ने जो पत्र लिखा है, उसमें उन्होंने कहा, ‘भले ही मैं पार्टी से अलग हो रहा हूं, लेकिन मैं हिंदुत्व की विचारधारा और हमारे धर्म और गोशामहल के लोगों की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं। मैं अपनी आवाज उठाता रहूंगा और हिंदू समुदाय के साथ और भी अधिक मजबूती से खड़ा रहूंगा।

टी राजा सिंह ने पत्र में आगे लिखा, ‘यह एक कठिन निर्णय है, लेकिन एक जरूरी निर्णय है। बहुत से लोगों की चुप्पी को सहमति नहीं समझना चाहिए। मैं सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन असंख्य कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के लिए बोल रहा हूं जो हमारे साथ आस्था के साथ खड़े थे और जो आज निराश महसूस कर रहे हैं।

गोशामहल से विधायक राजा सिंह ने कहा, ‘मैं हमारे वरिष्ठ नेतृत्व माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी, अमित शाह जी और बीएल संतोष जी से भी विनम्रतापूर्वक अपील करता हूं कि वे इस कोर्स पर पुनर्विचार करें।

तेलंगाना भाजपा के लिए तैयार है, लेकिन हमें उस अवसर का सम्मान करने और उसे हाथ से न जाने देने के लिए सही नेतृत्व चुनना चाहिए। पत्र के अंत में टी राजा सिंह ने ‘जय हिंद। जय श्री राम नारे के साथ अपनी बात खत्म की है।

*****************************

 

पुरी में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान हुई भगदड़ पर पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने जताया दुख

भुवनेश्वर ,29 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रविवार को पुरी में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान गुंडिचा मंदिर के पास हुई भगदड़ की दुखद घटना में हताहत लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की।

पूर्व सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, मैं पुरी के सारधाबली में हुई दुखद भगदड़ में अपनी जान गंवाने वाले तीन श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और इस भयानक दुर्घटना में घायल हुए भक्तों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

पूर्व सीएम ने कहा कि रथयात्रा के दौरान हुई भगदड़, प्रबंधन की घोर विफलता को दर्शाती है। यह श्रद्धालुओं के लिए शांतिपूर्ण उत्सव सुनिश्चित करने में सरकार की घोर अक्षमता को उजागर करती है।

प्रत्यक्षदर्शियों की रिपोर्ट के अनुसार, बढ़ती भीड़ को प्रबंधित करने के लिए कोई सरकारी तंत्र मौजूद नहीं था, जो एक बड़ी चूक को उजागर करता है।

उन्होंने आगे कहा, हालांकि मैं सरकार पर आपराधिक लापरवाही का आरोप लगाने से परहेज करता हूं, लेकिन उनकी घोर लापरवाही ने निस्संदेह इस त्रासदी में योगदान दिया है।

मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि वह अडापा बिजे, बाहुदा, सुना बेशा और अन्य प्रमुख रथयात्रा अनुष्ठानों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए तत्काल सुधारात्मक उपाय लागू करे।

पुरी जगन्नाथ मंदिर के वरिष्ठ दैतापति सेवक (सेवायत) रामकृष्ण दास महापात्रा ने कहा कि मैंने सुना है कि कुछ लोग मर गए हैं, यह दुखद खबर है। ऐसा पहली बार हुआ है। मैं प्रशासन से अपील करता हूं कि वे अच्छे इंतजाम करें ताकि लोगों को कोई असुविधा न हो।

वकील शरत कुमार राय ने कहा कि यह एक बेहद संवेदनशील और दुखद घटना है। आज की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होनी चाहिए।

पंडित पद्मनाभ त्रिपाठी ने कहा कि निश्चित रूप से यह एक दुखद घटना है। भगवान जगन्नाथ महाप्रभु के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। मुझे लगता है कि इस घटना के पीछे अत्यधिक भीड़ ही कारण है।

******************************

 

पुरी भगदड़ : सीएम मोहन चरण माझी ने भक्तों से मांगी माफी, बोले- लापरवाही अक्षम्य

भुवनेश्वर ,29 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान मची भगदड़ पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दुख जताया। उन्होंने भगदड़ को लेकर माफी मांगी और कहा कि भगदड़ के कारण हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए मैं सभी जगन्नाथ भक्तों से दिल से माफी मांगता हूं।

ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, मैं और मेरी सरकार, सारधाबली में महाप्रभु के दर्शन के लिए उत्साहित भक्तों की भीड़ और भगदड़ के कारण हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए सभी जगन्नाथ भक्तों से दिल से माफी मांगते हैं।

मैं सारधाबली में जान गंवाने वाले भक्तों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं महाप्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूं कि वे उन्हें इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें। यह लापरवाही अक्षम्य है।

मोहन चरण माझी ने भगदड़ को लेकर जांच का आदेश भी दिया है। सीएम ने एक्स पर लिखा, मैंने सुरक्षा चूक की तत्काल जांच के आदेश दिए हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि पुरी में रथ यात्रा के दौरान श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई दुखद भगदड़ में करीब तीन लोगों की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं। यह हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ।

इस हादसे में जिन तीन लोगों की मौत हुई है, उनमें दो महिलाएं- प्रभाती दास और बसंती साहू शामिल हैं। इसके अलावा, 70 वर्षीय प्रेमकांत मोहंती की भी भगदड़ में जान गई है। ये तीनों खुरदा जिले के रहने वाले थे और रथ यात्रा के लिए पुरी आए थे।

इससे पहले, बीजू जनता दल के प्रमुख नवीन पटनायक ने भी पुरी भगदड़ पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, मैं सारधाबली, पुरी में हुई दुखद भगदड़ में जान गंवाने वाले तीन भक्तों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और इस विनाशकारी घटना में घायल भक्तों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए महाप्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूं।

***************************

 

बीएसएफ अधिकारी बनकर स्किन डॉक्टर से लाखों की ऑनलाइन ठगी

चंडीगढ़ ,29 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्राइवेट स्किन विशेषज्ञ डॉक्टर से बीएसएफ अधिकारी बनकर ठगों ने 5.30 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। डॉक्टर को 50 जवानों की मेडिकल जांच के नाम पर झांसे में लिया गया।

साइबर सेल ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सैक्टर-39 निवासी डॉक्टर मृणालिनी पटियाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी स्किन क्लीनिक चलाती हैं। 11 अप्रैल को उनके मोबाइल नंबर पर एक कॉल आया।

कॉल करने वाले ने खुद को बीएसएफ कर्मचारी संदीप रावत बताया और कहा कि उसे 50 जवानों की स्किन जांच करवानी है। डॉक्टर ने व्यक्तिगत रूप से मिलने का सुझाव दिया, लेकिन आरोपी ने पहले भुगतान और मरीजों की जानकारी पर बात करने की बात कही।

कुछ देर बाद आरोपी ने दूसरे नंबर से कॉल कर पहले वाला नंबर डिलीट करने को कहा, उसे निजी नंबर बताकर। इसके बाद उसने डॉक्टर को व्हाट्सएप वीडियो कॉल किया, जहां वह यूनिफॉर्म में दिखाई दिया और बीएसएफ का पहचान पत्र भी साझा किया।

उसने एक पासवर्ड दिया जिससे उसकी आईडी फाइल खोली जा सके। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने पहले 10 रुपये का ट्रांजैक्शन किया और फिर डॉक्टर से उनका यूपीआई क्यूआर कोड दिखाने को कहा।

वीडियो कॉल खत्म होते ही डॉक्टर के खाते से चार बार में कुल 5,30,527 की राशि निकाल ली गई। जिनमें 85,000, 85,000, 1,80,000 और 1,80,527.27 के ट्रांजैक्शन शामिल थे। डॉक्टर ने तुरंत बैंक खाता ब्लॉक कराया और सैक्टर 17 स्थित साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

साइबर सेल ने शिकायत की पुष्टि के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस उन खातों की जांच कर रही है जिनमें पैसा ट्रांसफर किया गया।

*************************

 

राकेश सिंह को बीजेपी प्रदेश कार्य समिति के सदस्य बनने पर बधाइयों का ताँता

सोनपुर 29  जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भाजपा नेता राकेश सिंह को पुन प्रदेश कार्य समिति सदस्य बनने पर बधाई देने वाले का लगा रहा ताता इसी क्रम मे बाबा हरिहरनाथ मंदिर मे मंदिर सचिव विजय लाला भाजपा नेता विनोद सम्राट ने अंग वस्त्र माला और मिठाई खिलाकर बधाई दिया.

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष निर्भय सिंह मिथलेश सिंह मंदिर पुजारी सुशीलचंद्र प्रो चंद्रभूषण तिवारी सहित अनेक लोगों ने बधाई और शुभकामना दी.इस के लिए सभी लोगो ने प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल सांसद राजीव प्रताप रूडी और जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह को भी धन्यवाद दिया.लोगो ने कहा की इनके पार्टी मे पुन प्रदेश कार्य समिति बनने पर पार्टी को नई मजबूती मिलेगी और संघठन मजबूत होगा और यह हमेशा पार्टी के कार्यों मे लगे रहते है. इनका बाबा हरिहरनाथ मंदिर के प्रति पूर्ण श्रद्धा  है।

**********************

 

उत्तरकाशी में बादल फटने से मची तबाही, आठ लोग लापता; चारधाम यात्रा 24 घंटे के लिए रोकी

उत्तरकाशी 29 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के बड़कोट-यमुनोत्री मार्ग पर बादल फटने से आठ लोगों के लापता होने की खबर है। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की।

जिला आपदा प्रबंधन केंद्र ने बताया कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के बचाव दल और स्थानीय पुलिस को राहत और बचाव अभियान चलाने के लिए मौके पर तैनात किया गया है। पीड़ित कथित तौर पर मजदूर थे, जो एक होटल निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे। इस होटल को बादल फटने के दौरान भारी नुकसान पहुंचा है। यह घटना क्षेत्र में भारी बारिश के कारण हुई।

वहीं, उत्तराखंड में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा अगले 24 घंटे के लिए रोक दी गई है। गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में यात्रियों को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन को निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि कोई हादसा न हो।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार और सोमवार दोनों के लिए पहाड़ी राज्य के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें कई अलग-अलग स्थानों पर गरज और बिजली के साथ भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

बादल फटने के अलावा, राज्य भर में लगातार बारिश के कारण काफी नुकसान पहुंचा है। नंदप्रयाग और भनेरोपानी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है, जबकि रुद्रप्रयाग जिले के अधिकारियों को इस सप्ताह की शुरुआत में भूस्खलन और मलबा गिरने के कारण सोनप्रयाग-मुनकटिया मार्ग पर आवाजाही रोकनी पड़ी।

केदारनाथ जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए यह विशेष मार्ग महत्वपूर्ण है। सोनप्रयाग शटल पुल और मुनकटिया स्लाइडिंग जोन के पास इसे पूरी तरह से बंद कर दिया गया है, जिससे तीर्थयात्रियों को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सोनप्रयाग और गौरीकुंड में अस्थायी रूप से रोकना पड़ा है।

यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी सिलाई बैंड के पास दो से तीन स्थान बाधित हुआ है। एनएच बड़कोट के अधिकारियों को अवरोध के बारे में सतर्क कर दिया गया है। इसके अलावा, स्यानाचट्टी के पास एक नाले में मलबा जमा होने के कारण यमुना नदी का प्रवाह बाधित हो गया है, जिससे क्षेत्र के निचले इलाकों में स्थित होटलों के लिए खतरा और बढ़ गया है।

राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है, जिनमें चमोली, पौड़ी, देहरादून और रुद्रप्रयाग शामिल हैं। यहां भूस्खलन के कारण कई संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। नदियों में जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन ने परामर्श जारी कर नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने का आग्रह किया है।

*******************************

 

पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में मची भगदड़, 3 की मौके पर मौत; 10 से ज्यादा घायल

पुरी 29 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : ओडिशा के पुरी में रविवार सुबह भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान भगदड़ की स्थिति बन गई। इस हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दस से अधिक लोग घायल हो गए। घटना श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने, शरधाबली क्षेत्र में उस समय हुई जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए एकत्र हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 4:30 बजे दर्शन के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ लोग नीचे गिर गए और भगदड़ मच गई।

हादसे में मरने वालों की पहचान खुर्दा जिले की प्रभाती दास, बसंती साहू और 70 वर्षीय प्रेमाकंत महांती के रूप में हुई है। सभी की मौत मौके पर ही हो गई। घायल श्रद्धालुओं को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से पुरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुरी की रथ यात्रा देश की प्रमुख धार्मिक यात्राओं में से एक है, जिसमें हर वर्ष लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस यात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को श्रीमंदिर से बाहर निकालकर श्रीगुंडिचा मंदिर तक रथों में ले जाया जाता है। इसी दौरान यह हादसा हुआ।प्रशासन ने घटना की पुष्टि की है और मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

*******************************

 

दुनिया में बढ़ रही है योग की भव्यता…इमरजेंसी में लोगों को किया गया प्रताड़ित

मन की बात में बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली 29 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पीएम नरेंद्र मोदी ने आज ‘मन की बात’ के 122वें एपिसोड के तहत देश को संबोधित किया। एपिसोड की शुरुआत में उन्होंने योग दिवस के बारे में बात की। उन्होंने कहा- 21 जून को देश दुनिया के करोड़ों लोगों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में हिस्सा लिया। योग की भव्यता बढ़ती जा रही, लोग दैनिक जीवन में इसे अपना रहे।

पीएम ने कहा, इमरजेंसी के दौर में लोगों को प्रताड़ित किया गया। अनेक लोगों को कठोर यातनाएं दी गई। मीसा के तहत किसी को भी ऐसे ही गिरफ्तार कर लिया जाता था, उन पर ऐसे ही अमानवीय अत्याचार किए गए। आखिर में जनता की जीत हुई और आपातकाल हटा लिया गया। जनता की जीत हुई और आपातकाल लगाने वालों की हार हुई।

The grandeur of Yoga is increasing in the world…People were tortured during Emergency, PM Modi said in Mann Ki Baat : पीएम ने कहा, हमने इस बार योग दिवस की कितनी ही आकर्षक तस्वीरें देखीं। विशाखापत्तनम में 3 लाख लोगों ने एक साथ योग किया। हमारे नौसेना के जहाजों पर भी योग दिवस की झलक दिखी। दिल्ली के लोगों ने स्वच्छ के संकल्प से जोड़ा। जम्मू में लोगों ने दुनिया के सबसे ऊंचे ब्रिज पर योग किया। पीएम ने बताया कि वडनगर में 2100 लोगों ने एक साथ भुजंगासन करके रिकॉर्ड बना दिया। इस बार की थीम भी काफी अलग थी। इस बार के योग दिवस की भव्यता लोगों को योग अपनाने को प्रेरित करेगी।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, मैं आपको दो ऐसी उपलब्धियों के बारे में बताना चाहता हूं जो आपको गर्व से भर देंगी। पहली उपलब्धि स्वास्थ्य से जुड़ी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत को ट्रेकोमा मुक्त घोषित कर दिया है। यह सफलता हमारे स्वास्थ्य कर्मियों की है। आज जब हर घर नल से जल पहुंच रहा है तो ऐसी बीमारियों का खतरा कम हुआ है।

पीएम ने कहा, अभी इंटरनेशनल लेबल ऑर्गनाइजेशन की रिपोर्ट आई है। इसमें सामने आया है कि देश के 95 करोड़ लोग किसी न किसी सरकारी योजना का लाभ उठा रहे हैं। इन सफलताओं ने एक विश्वास दिलाया है कि आने वाले समय में भारत और सशक्त होगा। साथियों, जनभागीदारी से देश और आगे बढ़ रहा है।

कैलाश मानसरोवर यात्रा का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा, धार्मिक यात्राएं सेवा के अवसर का महाअनुष्ठान होती है। जितने लोग यात्रा में जाते हैं उससे ज्यादा लोग उनकी सेवा में जुट जाते हैं। लंबे समय के बाद कैलाश मानसरोवर की यात्रा शुरू हुई है। हिंदू, बौद्ध, जैन सभा परंपरा में कैलाश को श्रद्धा का केंद्र माना गया है। जब कोई तीर्थयात्रा पर निकलता है, तो एक ही भाव सबसे पहले मन में आता है, “चलो, बुलावा आया है”। यही भाव हमारे धार्मिक यात्राओं की आत्मा है। ये यात्राएं शरीर के अनुशासन का, मन की शुद्धि का, आपसी प्रेम और भाईचारे का, प्रभु से जुड़ने का माध्यम है।

पराग जैन को रॉ का नया प्रमुख किया गया नियुक्त

रवि सिन्हा की लेंगे जगह

नई दिल्ली ,28 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  केंद्र सरकार ने पंजाब कैडर के 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी पराग जैन को रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) का नया प्रमुख नियुक्त किया है। वह रवि सिन्हा की जगह लेंगे, जिनका मौजूदा कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है।

जैन 1 जुलाई 2025 को दो साल के निश्चित कार्यकाल के लिए पदभार ग्रहण करेंगे। पराग जैन सिन्हा के बाद दूसरे नंबर पर थे। उन्होंने आतंकवाद निरोधक विशेषज्ञ माना जाता है और उन्हें खास तौर पर अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल है।

अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने वाले आतंकवाद निरोधी विशेषज्ञ के रूप में उनकी विशेषज्ञता, विशेष रूप से सीमा पार आतंकी नेटवर्क को डिकोड करने में, आने वाले वर्षों में रॉ की स्थिति को आकार देने की उम्मीद है। जैन की नियुक्ति भारत के कुछ सबसे संवेदनशील सुरक्षा परिदृश्यों में सामने आई है।

वह वर्तमान में एविएशन रिसर्च सेंटर का नेतृत्व कर रहे हैं। जैन को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान खुफिया प्रयासों को आगे बढ़ाने का श्रेय दिया जाता है। इस मिशन के तहत भारतीय सेना ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान और पीओके में 9 आंतकी ठिकानों पर लक्षित हमले किए और उनको तबाह किया था।

बता दें रिसर्च एंड एनालिसिस विंग भारत की विदेशी खुफिया एजेंसी है। 1968 से पहले, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) ही देश के अंदर और बाहर, दोनों तरह की खुफिया जानकारी जुटाने का काम करता था। लेकिन, 1962 के भारत-चीन युद्ध और 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद और सटीकता से विदेशी खुफिया जानकारी इकट्टा करने के लिए एक अलग एजेंसी की जरूरत महसूस की गई।

इसी जरूरत को पूरा करने के लिए ‘रॉ’ का गठन किया गया। रॉ भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा पर सीधा असर डालने वाले पड़ोसी देशों के घटनाक्रमों पर नजर रखती है।

भारत के राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए गुप्त अभियान चलाना भी इसके मुख्य कार्यों में शामिल है। ऐसे ही भारत के लिए खतरा पैदा करने वाले आतंकी तत्वों को निष्क्रिय करना भी रॉ के कार्यों में शामिल है। रॉ दूसरे देशों में सक्रिय उन समूहों की जानकारी इक_ा करती है जो भारत की सुरक्षा और अखंडता के लिए खतरा हैं, और उन्हें निष्क्रिय करने का भी कार्य करती है।

****************************

 

गौतम अदाणी परिवार के साथ पुरी की जगन्नाथ रथ यात्रा में हुए शामिल

पुरी ,28 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने पत्नी प्रीति अदाणी और बेटे करण अदाणी के साथ शनिवार को ओडिशा के पुरी में वार्षिक भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में हिस्सा लिया। भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा, भारत के सबसे प्रतिष्ठित धार्मिक त्योहारों में से एक है।

अदाणी परिवार भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य शोभायात्रा के लिए एकत्रित हुए श्रद्धालुओं के समूह में शामिल हुआ और इस पवित्र अवसर से जुड़े अनुष्ठानों में हिस्सा लिया।

उन्होंने पवित्र यात्रा में प्रार्थना के साथ रथ पूजन भी किया।

अदाणी समूह ने पुरी धाम में अपनी महत्वाकांक्षी प्रसाद सेवा पहल शुरू की है, जिसका उद्देश्य रथ उत्सव के लिए धार्मिक नगरी पुरी में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है।

देश भर से लाखों तीर्थ यात्री रथ यात्रा देखने और इसमें भाग लेने के लिए पुरी में एकत्रित हुए हैं।

गौतम अदाणी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था, महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की असीम कृपा से, हमें पुरी धाम की पावन रथयात्रा में सेवा का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। आज से आरंभ हो रही यह दिव्य यात्रा वह क्षण है, जब स्वयं भगवान अपने भक्तों के बीच आकर उन्हें दर्शन देते हैं। यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा और समर्पण का अनुपम उत्सव है।

उन्होंने आगे लिखा कि इस पुण्य अवसर पर, लाखों श्रद्धालुओं की सेवा के लिए अदाणी परिवार पूरी निष्ठा और श्रद्धा से समर्पित है। हर भक्त को स्वच्छ, पौष्टिक और प्रेमपूर्वक परोसा गया भोजन मिले, इसी संकल्प के साथ पुरी धाम में हमने ‘प्रसाद सेवा’ आरंभ की है। पुरी की इस पुण्यभूमि पर एक सेवक के रूप में जुडऩा मेरे लिए और समस्त अदाणी परिवार के लिए अत्यंत गौरव और संतोष का विषय है।

पोस्ट में अंत में लिखा, मैं प्रार्थना करता हूं कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की कृपा हम सब पर सदा बनी रहे। नर सेवा ही, नारायण सेवा है और सेवा ही साधना है। जय जगन्नाथ।

**************************

 

एसीबी अधिकारी पर ही एसीबी का शिकंजा : जयपुर में 48.85 लाख की नकदी, शराब और संदिग्ध दस्तावेज बरामद

जयपुर ,28 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राजस्थान में भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान चला रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस बार जाल में कोई सामान्य अधिकारी नहीं, बल्कि खुद एसीबी चौकी झालावाड़ में पदस्थापित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगराम मीणा फंसे हैं। उनके पास से कुल 48.85 लाख रुपए की नकदी, अवैध रूप से संग्रहित विदेशी शराब की 85 बोतलें और संभावित रूप से कालेधन से खरीदी गई चल-अचल संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए गए हैं। गोपनीय निगरानी के बाद जाल में फंसे एएसपी

एसीबी के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरडा ने बताया कि ब्यूरो की जयपुर इकाई को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगराम मीणा झालावाड़ में पदस्थ होने के बावजूद वहां तैनात विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से हर माह अवैध सुविधा शुल्क और मासिक वसूली करता रहा है। इतना ही नहीं, उन्हें भ्रष्टाचार करने की मौन स्वीकृति और संरक्षण देने का भी आरोप है।

सूचना के आधार पर दो महीने तक अधिकारी की गोपनीय निगरानी की गई। जांच में यह भी सामने आया कि वह हर शुक्रवार को जयपुर अपने निवास पर लौटने से पहले झालावाड़ के विभिन्न कार्यालयों से वसूली की रकम एकत्र करता है और उसे अपनी स्विफ्ट डिज़ायर (क्रछ्व 14 ्रष्ट 6215) गाड़ी में रखकर जयपुर लाता है।

बरखेड़ा टोल पर घेराबंदी और कार की तलाशी

27 जून 2025 को जैसे ही पुष्टि हुई कि जगराम मीणा भारी रकम लेकर जयपुर की ओर आ रहे हैं, उसी दिन एसीबी उप महानिरीक्षक राजेश सिंह के पर्यवेक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक अर्चना मीणा व अन्य अधिकारियों की टीम ने बरखेड़ा टोल प्लाजा, शिवदासपुरा पर जगराम मीणा की गाड़ी को रोका और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान गाड़ी में छिपाकर रखे गए कई लिफाफों और बैग्स से कुल 9,35,000/- की संदिग्ध नकदी बरामद की गई :

प्लास्टिक फोल्डर में अखबार में लिपटे 500 के 10 बंडल – ?5,00,000/-

पीले लिफाफे में 500 के 4 बंडल – ?2,00,000/-

दूसरे पीले लिफाफे में 500 के 2 बंडल – ?1,00,000/-

लाल रंग के लेदर बैग में 500 के 70 नोट – ?35,000/-

जब अधिकारी से इस रकम की वैधता के बारे में पूछताछ की गई, तो वह कोई दस्तावेज या संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं कर सका।

जयपुर आवास पर छापा: और 39.50 लाख की नकदी मिली

कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। एसीबी टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगराम मीणा के जयपुर स्थित निवास (मकान संख्या 31, चकरोल, जेडीए कॉलोनी, एसकेआईटी के पीछे, जगतपुरा) पर भी छापा मारा। इस तलाशी का नेतृत्व एसीबी जयपुर ग्रामीण के एएसपी सुनील सिहाग ने किया।

तलाशी में उनके आवास से 39.50 लाख नकद, कई बेशकीमती दस्तावेज, संपत्तियों से जुड़े फ्लोट के कागजात और विदेशी ब्रांड की कुल 85 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब की अवैध मौजूदगी के संबंध में रामनगरिया थाने में अलग मामला दर्ज किया गया है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपी अधिकारी से गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच से यह प्रतीत होता है कि उक्त राशि और संपत्तियाँ एक दिन की चेक अवधि की आय से कहीं अधिक हैं, जो अवैध संपत्ति के अर्जन का स्पष्ट संकेत है।

लोकसेवक की ‘लोक छवि संदिग्ध, पद का दुरुपयोग

एसीबी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आरोपी अधिकारी की छवि पहले से ही संदिग्ध रही है, और राज्य सरकार के अन्य विभागों तथा आम नागरिकों में भी उनकी कार्यशैली को लेकर असंतोष व्याप्त था। इस कार्रवाई ने न केवल उनके दामन पर धब्बा लगाया है, बल्कि भ्रष्टाचार विरोधी संस्थानों की आंतरिक जवाबदेही पर भी गहरा प्रश्नचिन्ह खड़ा किया है।

*****************************

 

मतदाता पुनरीक्षण में बोगस मतदाता हटेंगे, इस कारण विपक्ष को कष्ट हो रहा : जीतन राम मांझी

पटना ,28 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि इन लोगों ने कई विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में फर्जी (बोगस) मतदाताओं को तैयार किया हुआ है, इस कारण इन्हें पुनरीक्षण में कष्ट हो रहा है।

पटना में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने विपक्ष के चुनाव आयोग के मतदाता पुनरीक्षण को साजिश करने को लेकर कहा, हमें तो पता है कि कुछ विधानसभा क्षेत्रों में 20 से 30 हजार बोगस मतदाता बनाए हुए हैं। पुनरीक्षण के दौरान ये हटेंगे। इसी डर से ये परेशान हैं। सांच को आंच क्या? जब सही है तो डर क्यों रहे हैं?

इधर, लोजपा (रामविलास) के राजगीर में 29 जून को बहुजन भीम संगम आयोजन को लेकर उन्होंने कहा कि अच्छी बात है। पार्टी एनडीए को मजबूत करने में जुटी हुई है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के कलम बांटने पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके पिता लालू यादव लाठी में तेल पिलवाते थे। यह उन्हें याद रखना चाहिए।

तेजस्वी यादव के बिहार के लोगों से 20 महीने मांगे जाने पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा कि वे भले लोगों से मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें मिलने वाला नहीं है। उनके पिता लालू यादव के जंगल राज को बिहार की जनता देख चुकी है।

आज भी राजद के लोग गरीबों की जमीन हड़पे हुए हैं। आज बिहार में घटने वाली अधिकांश आपराधिक घटनाओं में राजद के लोग शामिल होते हैं। 20 महीने तो छोड़ दीजिए, अगर 10 महीने भी राजद सत्ता में आ गई तो प्रदेश में गृहयुद्ध छिड़ जाएगा।

पश्चिम बंगाल में सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर उन्होंने कहा कि वहां महिला मुख्यमंत्री हैं और महिलाओं के साथ दुराचार, अत्याचार हो रहा है। उन्होंने तो यहां तक कहा कि ऐसी घटनाएं समाज और सरकार पर बदनुमा दाग हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा कर देना चाहिए।

**************************

 

बिटिया का इलाज कराएंगे, आवास भी दिलाएंगे – CM योगी

जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी लोगों की समस्याएं

गोरखपुर ,28 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने नन्ही बिटिया के इलाज में मदद और आवास की व्यवस्था करने की गुहार के साथ बिटिया को गोद में लेकर बैठी महिला को भरोसा दिया कि बच्ची का अच्छे से अच्छा इलाज सरकार कराएगी। महिला और उसके परिवार के लिए आवास की भी व्यवस्था कराई जाएगी।

इसे लेकर सीएम योगी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित भी किया। जनता दर्शन में आए लोगों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जन समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं।

शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना।

ध्यान से बात सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए और निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने आवास के लिए जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजना से मकान दिलाने और गंभीर बीमारियों से पीडि़तों के इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता देने का आत्मीय संबल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा हर समस्या के प्रभावी निस्तारण के लिए संकल्पित है।

लोगों से मुलाकात के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोद में बीमार बच्ची को लेकर कुर्सी पर बैठी महिला की समस्या सुन अत्यंत भावुक हो गए। महिला बच्ची के इलाज और आवास की समस्या लेकर आई थी। सीएम योगी ने उसे आश्वस्त किया कि दोनों समस्याओं, इलाज और आवास की व्यवस्था, का समाधान सरकार कराएगी। इस दौरान वह मां की गोद में बैठी बच्ची को खूब दुलारते भी रहे।

जनता दर्शन में कुछ अन्य लोग भी इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए।

इस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। अपराध व जमीन कब्जा किए जाने से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस को अपराधियों व भू माफिया के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने का निर्देश दिया। जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खूब दुलारा और आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्हें पढऩे के लिए प्रेरित करते हुए चॉकलेट दिया।

**************************

 

 

गाजीपुर में गरीब घर-परिवारों को उजाड़ा जा रहा है, वो बेहद निंदनीय : अखिलेश यादव

लखनऊ  ,28 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में रक्षा संपदा विभाग ने जमीनों से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की है। इसकी जद में काफी लोग आ गए है। इसे लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि गाजीपुर के जंगीपुर में जिस तरह बरसात के समय में बिना नोटिस दिए ही पीढिय़ों से रह रहे गरीब घर-परिवारों को उजाड़ा जा रहा है वो बेहद निंदनीय है। भाजपाइयों की जमीन की भूख अनंत है।

भाजपा के लिए परिवार वालों का कोई महत्व नहीं है। परिवार वालों का दुख, परिवार वाले ही समझ सकते हैं। भाजपा के राज में बुलडोजर अन्याय का प्रतीक बन गया है। यहां से जो लोग भी विस्थापित हो रहे हैं, उनके पुनर्वास की व्यवस्था तुरंत की जाए क्योंकि इनमें बुजुर्ग भी हैं, बीमार भी, बच्चे और महिलाएं भी।

उन्होंने आगे लिखा कि हम अपने उन सभी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हैं, जो संकट की इस घड़ी में विस्थापितों के लिए राहत-सहायता की व्यवस्था में लगे हैं। सपा मुखिया ने लिखा कि अभी घर उजडऩे पर अपनी किताब बचाकर भागती बच्ची की तस्वीर धूमिल भी नहीं हुई थी कि कुछ और नई तस्वीरें आ गई हैं, जहां जमींदोज घरों के आगे आंखों में नमी लिए हुए बेसहारा लोग खड़े हैं। भाजपा को दुख देकर ही सुख मिलता है।

ज्ञात हो कि गाजीपुर में रक्षा संपदा विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। उन्होंने विभाग की जमीनों से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई। रक्षा संपदा विभाग के अधिकारियों ने जिला प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर यह अभियान चलाया।

नायब तहसीलदार ने बताया कि रक्षा संपदा विभाग ने बताया है कि वह इन लोगों को कई बार नोटिस दे चुके हैं, लेकिन वह अपना अतिक्रमण नहीं हटा रहे तभी यह कार्यवाही की गई है। अभी इसमें कितने लोगों पर कार्यवाही हुई है, यह देखा जा रहा है।

**************************

 

बंगाल सहित कई राज्यों में महिलाओं की स्थिति चिंताजनक : मायावती

लखनऊ ,28 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की सुप्रीमो मायावती ने शनिवार को कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों पार्टियों पर आरोप लगाया कि वे अपने राजनीतिक स्वार्थ और विचारधारा के तहत भारतीय संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ कर रही हैं।

मायावती ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने देश को सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय के उद्देश्य से एक मानवतावादी और बेहतरीन संविधान दिया था, लेकिन कांग्रेस ने शुरुआत में और अब भाजपा ने वर्षों से उसे कमजोर करने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि इन दोनों दलों ने दलितों, पिछड़ों, महिलाओं और किसानों के अधिकारों पर कुठाराघात किया है और संविधान में गैर-जरूरी संशोधन कर देश के जातिवादी ढांचे को फिर से स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। बीएसपी इन प्रयासों की कड़ी निंदा करती है।

आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संविधान के तहत मिले अधिकारों को किसी भी हालत में कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। भाषाई राजनीति पर उन्होंने स्पष्ट किया कि संविधान की भावना के अनुरूप सभी भाषाओं को समान सम्मान मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा, भाषा को लेकर बहस ठीक है, लेकिन राजनीतिक टकराव नहीं होना चाहिए।

मायावती ने केंद्रीय चुनाव आयोग से भी अपील की कि वह संविधान के अनुसार सभी राजनीतिक दलों को विश्वास में लेकर कार्य करे। देश में महिलाओं की सुरक्षा, दलित उत्पीडऩ और धार्मिक हिंसा के मुद्दे उठाते हुए उन्होंने कहा कि हालात दिन-प्रतिदिन खराब होते जा रहे हैं।

बंगाल सहित कई राज्यों में महिलाओं की स्थिति पर उन्होंने विशेष चिंता जताई।

मायावती ने कहा कि बीएसपी का संगठनात्मक ढांचा मजबूत किया जा रहा है और पार्टी मीडिया की शोबाजी तक सीमित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह से तैयार नहीं हो जाता, बैठकें चलती रहेंगी।

इसके साथ ही, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, अगर संविधान विरोधी चरित्र नहीं बदला गया तो बीएसपी चुप नहीं बैठेगी। जरूरत पड़ी तो पार्टी सड़कों पर उतरेगी।

***************************

बॉलीवुड अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में निधन….!

कांटा लगा’ गाने से सुर्खियां बटोरने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री शेफाली जरीवाला अब हमारे बीच नहीं रहीं। उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। 42 वर्षीय शेफाली मुंबई के अंधेरी लोखंडवाला इलाके में रहती थीं।

अचानक रात 11 बजे के आस-पास उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की। उनके पति पराग त्यागी उन्हें नजदीक के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू करने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शेफाली जरीवाला का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के कूपर हॉस्पिटल में रखा गया है। उन्होंने फिल्म ‘मुझसे शादी करोंगी’ में अक्षय कुमार और सलमान खान के साथ काम किया। शेफाली जरीवाला बिग बॉस 13 में भी नजर आईं थीं।

संवाद प्रेषक : काली दास पाण्डेय