अहमदाबाद विमान हादसे की उच्च स्तरीय जांच के लिए समिति गठित, 3 महीने में आएगी रिपोर्ट

नईदिल्ली,14 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। केंद्र सरकार ने गुजरात के अहमदाबाद में 12 मई को एयर इंडिया के एआई-171 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की उच्च स्तरीय जांच के लिए बहु विषयक समिति का गठन कर दिया है।

यह समिति हादसे के कारणों की जांच करने के साथ मौजूदा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश सुझाएगी।

इससे पहले नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बोइंग के 787 ड्रीमलाइनर विमानों की बेड़े की जांच के आदेश दिए थे।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है, 12 जून, 2025 को अहमदाबाद से गैटविक हवाई अड्डे (लंदन) के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय बहु-विषयक समिति का गठन किया गया है। समिति ऐसी घटनाओं को रोकने और संभालने के लिए जारी मौजूदा एसओपी और दिशानिर्देशों की जांच करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए व्यापक दिशानिर्देश सुझाएगी।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह समिति संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही अन्य जांचों का स्थान नहीं लेगी, बल्कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने और प्रबंधित करने के लिए बेहतर एसओपी का मसौदा तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के गृह सचिव इस समिति की अध्यक्षता करेंगे।

उनके अलावा, समिति में नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव, गृह मंत्रालय के अतिरिक्त या संयुक्त सचिव, गुजरात सरकार से प्रतिनिधि, गुजरात राज्य आपदा प्रतिक्रिया प्राधिकरण के प्रतिनिधि, गुजरात पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), अहमदाबाद पुलिस आयुक्त, भारतीय वायुसेना महानिदेशक, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो/महानिदेशक बीसीएएस, डीजीसीए के महानिदेशक, खुफिया ब्यूरों के विशेष निदेशक और फोरेंसिक विज्ञान सेवा निदेशालय के निदेशक को शामिल किया गया है।

मंत्रालय के अनुसार, समिति में विमानन विशेषज्ञ, दुर्घटना जांचकर्ता और कानूनी सलाहकार सहित जांच में आवश्यक किसी भी अन्य सदस्य को शामिल किया जा सकता है।

समिति की सभी रिकॉर्ड तक पहुंच होगी, जिसमें उड़ान डाटा, कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर, विमान रखरखाव रिकॉर्ड, एटीसी लॉग और गवाहों की गवाही शामिल है।

समिति चालक दल, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और संबंधित कर्मियों का इंटरव्यू लेकर जानकारी हासिल करेगी। समिति को 3 महीने के अंदर सरकार को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

इससे पहले शुक्रवार को डीजीसीए ने 787 ड्रीमलाइनर विमानों की जांच के आदेश दिए थे।

आदेश के अनुसार, विमान के ईंधन, हाइड्रोलिक, इंजन कंट्रोल, एयर कंप्रेसर और टेकऑफ से जुड़े तकनीकी मानकों की जांच की जाएगी।
डीजीसीए ने 2 हफ्ते में पावर एश्योरेंस चेक अनिवार्य करते हुए आदेश दिया कि 15 दिनों की तकनीकी खराबियों की समीक्षा के आधार पर मरम्मत की जाएगी। एयरलाइन को इसकी जांच रिपोर्ट डीजीसीए को जमा करनी होगी।

12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया के विमान एआई-171 उड़ान भरने के एक मिनट बाद ही हवाई अड्डे के पास स्थित इमारतों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

इस हादसे में विमान में सवार 242 लोगों में से केवल एक यात्री जिंदा बचा। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी शामिल हैं।
वहीं, विमान जिस इमारत से टकराया, वहां भी 24 से अधिक लोगों की मौत हुई है। इनमें डॉक्टर्स शामिल हैं।

********************************

 

झारखंड के चाईबासा में आईईडी ब्लास्ट, सीआरपीएफ का एक जवान शहीद

चाईबासा,14 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पश्चिमी सिंहभूम जिला में नक्सलियों के खिलाफ अभियान के दौरान नक्सलियों के एक बार फिर से दुस्साहस दिखाया है. इस बार उन्होंने सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए आईईडी ब्लास्ट किया है. इस धमाके में सीआरपीएफ का एक जवान जख्मी हुआ है. जिसे पड़ोसी राज्य ओडिशा के राउरकेला अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है. जहां इलाज के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया. झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से इस बात की पुष्टि की गयी है.

बता दें इससे पहले कोल्हान से नक्सलियों के खदेडऩे के लिए झारखंड और ओडिशा राज्य के सीमावर्ती जंगल पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया गया. इस नक्सल विरोधी अभियान के तहत आज शनिवार सुबह नक्सलियों के द्वारा एक आईईडी ब्लास्ट किया गया. जिसमें सीआरपीएफ 134 बटालियन का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे इलाज के लिए ओडिशा के राउरकेला अस्पताल भेजा गया है. जहां इलाज के क्रम में उनकी मृत्यु हो गयी है.

इसको लेकर पश्चिमी सिंहभूम पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जानकारी देते हुए बताया गया कि नक्सलियों के खिलाफ सारंडा के बीहड़ जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत पुलिस जवानों को कई सफलताएं भी मिल रही हैं. इसी क्रम में आज सुबह झारखंड एवं ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्र ओडिशा राज्य के राउरकेला जिला के के बोलांग थानान्तर्गत में अभियान चलाया गया.

इस अभियान के दौरान नक्सलियों के द्वारा पुलिस जवानों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए गए एक आईईडी को ब्लास्ट कर दिया गया. यह घटना सुबह 6.30 बजे की है. जिसमें सीआरपीएफ 134 बटालियन के सअनि/जीडी सत्यवान कुमार सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गये हैं. इन्हें उचित इलाज के लिए राउरकेला अस्पताल भेजा गया है. नक्सलियों के खिलाफ अभियान अब भी जारी है. इस अभियान में सीआरपीएफ, ओडिशा पुलिस (एसओजी), झारखंड पुलिस के जवान शामिल हैं.

***************************

 

दिल्ली में प्रचंड गर्मी से मिलने वाली है राहत, तेज आंधी और जोरदार बारिश का अनुमान

नई दिल्ली,14 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भीषण गर्मी की मार झेल रहे दिल्ली वालों के लिए अच्छी ख़बर है. मौसम विभाग ने दिल्ली में गर्मी से राहत के संकेत दर्शाए हैं. शनिवार को दिल्ली में गर्मी से राहत मिल सकती है.

मौसम विभाग ने आंधी और हल्की बारिश का अनुमान जताया है. इसी के साथ तापमान में भी थोड़ी गिरावट देखी जा सकती है. चलिए बताते हैं दिल्ली में किस वक्त मौसम करवट ले सकता है.

देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में इन दिनों लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं. हालांकि मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. कल शुक्रवार को बृहस्पतिवार के मुकाबले तापमान में भी गिरावट देखी गई है.

मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में तापमान में और भी गिरावट देखी जाएगी. कल शुक्रवार को अधिकतम तापमान गिरकर 41.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, यह सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है, लेकिन बृहस्पतिवार के 43.9 डिग्री सेल्सियस से काफी कम है.

शहर के अन्य केंद्रों पर गिरावट दर्ज की गई. रिज में 4.9 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ सबसे तेज गिरावट देखी गई, जबकि आयानगर, लोधी रोड और पालम में क्रमश: 3.6 डिग्री, 3.7 डिग्री तथा 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई.

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली में आज से और अधिक तापमान में गिरावट देखी जाएगी. आईएमडी के अनुमान के अनुसार आज शनिवार को राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा.

वहीं न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. फिलहाल आज यानी 14 जून को दिल्ली एनसीआर में बारिश होने का पूर्वानुमान है. इसके साथ ही तेज आंधी भी आ सकती है.

आज से तापमान फिर से गिरना शुरू होगा और मौसम सुहावना बना रहेगा. उसके बाद 15 और 16 जून को भी दिल्ली में तापमान में गिरावट देखी जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड सीपीसीबी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में औसतन गुणवत्ता सूचकांक सुबह 6:30 बजे तक 158 अंक बना हुआ है. जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 118 गुडग़ांव में 158 गाजियाबाद में 162, ग्रेटर नोएडा में 165 और नोएडा में 155 अंक बना हुआ है.

****************************

 

थाइलैंड में एयर इंडिया की इमरजेंसी लैंडिग, मिली बम से उड़ाने की धमकी

नई दिल्ली,13 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। थाइलैंड के फुकेट में एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-379 की इमरजेंसी लैंडिग कराई गई है. जानकारी के मुताबिक इस फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह फ्लाइट फुकेट से नई दिल्ली आ रही थी. शुक्रवार के बम की धमकी मिलने के बाद यह लैंडिंग कराई गई. फुकेट एयरपोर्ट के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है.

बता दें, एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-379 में करीब 156 यात्री सवार थे. इस विमान ने शुक्रवार सुबह करीब 9 बजकर 30 मिनट पर उड़ान भरी थी, लेकिन 20 मिनट के बाद ही इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. भारतीय समयानुसार करीब 11 बजकर 38 मिनट पर यह लैंडिंग हुई. जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक उड़ान भरने के 20 मिनट बाद ही यह विमान अंडमान सागर के चारों ओर चक्कर काटने लगा. उसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया. अभियान के बाद अधिकारियों ने बताया कि विमान के अंदर से कोई बम नहीं मिला है.

इससे पहले गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान, जो लंदन जा रहा था वह क्रैश हो गया. इसमें सवार 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो गई. वहीं, केवल एक शख्स ही जीवित बचा. उसका इलाज जारी है. बता दें, सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गुरुवार दोपहर करीब 1 बजकर 38 मिनट पर जैसे ही उड़ान भरी उसके कुछ समय बाद ही विमान क्रैश हो गया. इस विमान में राज्य के पूर्व सीएम विजय रुपाणी भी थे. विमान का पिछला हिस्सा बी जे मेडिकल कॉलेज के मेस पर जाकर गिरा. इस हॉस्टल में काफी मेडिकल स्टूडेंट मौजूद थे.

******************************

कंझावला हिट एंड रन मामले की सुनवाई टली, अगली सुनवाई 24 जुलाई को

नई दिल्ली,13 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने कंझावला हिट एंड रन मामले की सुनवाई टाल दिया है. एडिशनल सेशंस जज राजिंदर कुमार के उपलब्ध नहीं होने की वजह से सुनवाई टली है. अब इस मामले की अगली सुनवाई 24 जुलाई को होगी.

बता दें कि कोर्ट ने 27 जुलाई 2023 को चार आरोपियों अमित खन्ना, मनोज मित्तल, मिथुन और कृष्णा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 120क्च, 201, 212 समेत दूसरी धाराओं के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया था. रोहिणी कोर्ट ने तीन आरोपियों दीपक खन्ना, अंकुश और आशुतोष के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 201, 212, 182, 34 और 120बी के आरोप तय करने का आदेश दिया था.

दिल्ली पुलिस ने 1 अप्रैल 2023 को इस मामले में चार्जशीट दाखिल किया था. दिल्ली पुलिस ने 800 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी जिसमें 120 लोगों को गवाह बनाया है. अंकुश खन्ना आरोपित अमित खन्ना का भाई है.

आशुतोष भारद्वाज उस कार का मालिक है, जिस कार से घसीटते हुए अंजलि की मौत हुई थी. आशुतोष पर आरोप है कि उसने अन्य आरोपितों को बचाने की कोशिश की. इस मामले का सातवां आरोपित अंकुश खन्ना एक और आरोपित अमित खन्ना का भाई है.

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पता चला कि अमित कार चला रहा था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था. एफआईआर के मुताबिक दीपक ने शुरुआत में पुलिस को बताया था कि वो कार चला रहा था और मनोज मित्तल उसके बगल वाली सीट पर था. अमित, कृष्णा और मिथुन पीछे वाली सीट पर बैठे थे.

पुलिस ने इस मामले में 2 जनवरी 2023 को आरोपितों मनोज मित्तल, दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्णा और मिथुन को गिरफ्तार किया था. इन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी कार से स्कूटी सवार युवती को टक्कर मारी. इसके बाद वे उसे 13 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए. इस दौरान युवती कार में ही फंसी रही. युवती की सारी हड्डियां चकनाचूर हो गई. उसके तन पर एक भी कपड़ा नहीं बचा था. युवती के दोनों पैर, सिर व शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह कुचल गए थे.

********************************

 

दिल्ली में तय समय से 10 दिन पहले पहुंचेगा मानसून

भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

नईदिल्ली,13 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली की भीषण गर्मी ने लोगों को पसीना-पसीना कर दिया है। हालांकि, इससे जल्द ही निजात मिलने वाली है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने संभावना जताई है कि इस बार दक्षिण-पश्चिमी मानसून दिल्ली में अपने तय समय से 10 दिन पहले पहुंच जाएगा।

आमतौर पर राष्ट्रीय राजधानी में मानसून 30 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार यह 20 जून तक दस्तक दे सकता है।
मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है।

दिल्ली में अधिकतम तापमान जहां 45 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। उमस से लोग परेशान हैं।

गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं शुक्रवार तड़के न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 31 डिग्री पर था।

मौसम विभाग 14 जून से 19 जून तक बारिश की संभावना जता रहा है, जो मानसून पूर्व बारिश होगी।

पिछले 10 दिनों से पूरे देश में मानसून में ठहराव था, जो अब फिर से चल पड़ा है। बुधवार से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, कोंकण और महाराष्ट्र समेत कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है।

मानसून का दूसरा चरण पूर्वी भारत में फैलेगा। इससे अगले सप्ताह से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू होगी।

20 जून के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत उत्तर भारत के अन्य राज्यों में मानसून सक्रिय हो जाएगा।

******************************

 

बिहार चुनाव से पहले आप का बड़ा ऐलान

243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी

नई दिल्ली,13 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी भी सभी सीटों पर अपने प्रत्याशियों को उतारेगी, हालांकि दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजे आने के बाद पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कुछ स्पष्ट है नहीं किया था, लेकिन अब पार्टी नेतृत्व से मिले संकेत के बाद, आम आदमी पार्टी बिहार के सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लडऩे का फैसला किया है.

दिल्ली से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह 17 जून को पटना में गर्दनीबाग से बिहार विधानसभा चुनाव के लिए हुंकार भरेंगे. वर्ष 2012 में दिल्ली से राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाली आम आदमी पार्टी ने जब दिसंबर 2013 में पहला विधानसभा चुनाव लड़ा था तब से लेकर अभी तक दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल और खासतौर से बिहार के रहने वाले मतदाताओं को अपने साथ बनाए रखने में सफल हुई.

इस वर्ष फरवरी में संपन्न हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी बहुमत से दूर रह गई, पार्टी को 70 में से सिर्फ 22 सीटें मिली और बीजेपी 48 सीटें जीतने में सफल हुई. मगर वोट फीसद की बात करें तो दोनों ही पार्टी के बीच करीब दो फीसदी का ही अंतर था. दिल्ली के पूर्वांचल बहुत सीटों पर आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन इस बार भी अच्छा रहा. उन सीटों पर आप के अधिकांश विधायक जीतने में सफल रहे थे.

दिल्ली विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद पार्टी ने जो संगठनात्मक बदलाव किया उसमें बिहार के प्रभारी दिल्ली के बादली विधानसभा सीट से विधायक रहे अजेश यादव को प्रभारी बनाया, तो वहीं बिहार में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में राकेश कुमार जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. राकेश कुमार ने कहा कि पार्टी बिहार में बीते एक दशक से अच्छा काम कर रही है. हर एक जिले में संगठन बना हुआ है और पार्टी से संकेत मिलने के बाद अब सभी 243 सीटों पर चुनाव लडऩे का निर्णय लिया है.

***************************

 

अहमदाबाद हादसे के बाद बोइंग के 787 ड्रीमलाइनर विमानों की होगी जांच, डीजीसीए का फैसला

नईदिल्ली,13 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद बोइंग कंपनी की परेशानियां बढ़ सकती हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बोइंग के 787 ड्रीमलाइनर विमानों की बेड़े की जांच के आदेश दिए हैं।

डीजीसीए ने एयर इंडिया को आदेश दिया है कि वह 15 जून की मध्यरात्रि से भारत से उड़ान भरने से पहले एक बार की विशेष जांच प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से लागू करे।

इससे पहले खबर थी कि विमानों का परिचालन रोका जा सकता है।

डीजीसीए ने 15 जून से एयर इंडिया को विमानों की सख्त सुरक्षा जांच के आदेश दिए हैं। इनमें ईंधन, हाइड्रोलिक, इंजन कंट्रोल, एयर कंप्रेसर और टेकऑफ से जुड़े तकनीकी मानकों की जांच शामिल है।

डीजीसीए ने 2 हफ्ते में पावर एश्योरेंस चेक अनिवार्य करते हुए आदेश दिया कि 15 दिनों की तकनीकी खराबियों की समीक्षा के आधार पर मरम्मत की जाएगी।
एयरलाइन को इसकी जांच रिपोर्ट डीजीसीए को जमा करनी होगी।

बोइंग ने 787 ड्रीमलाइनर को 2011 में लॉन्च किया था।

एयर इंडिया का जो विमान हादसे का शिकार हुआ है, वह भी 12 साल पहले सेवा में आया था। ये विमान हादसे से पहले 8,000 से अधिक टेक ऑफ और लैडिंग कर चुका था।

बता दें कि भारत में बस एयर इंडिया के पास ही बोइंग 787 विमान हैं। कंपनी के पास ऐसे 27 विमान हैं, जिनमें से एक अब दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है।

2013 में बोइंग 787 की लिथियम-आयन बैटरी में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। इसके बाद पूरी दुनिया में इसके परिचालन पर 3 महीने के लिए रोक लगाई गई थी।

2018 और 2019 में इंडोनेशिया और इथियोपिया में बोइंग के कई विमान हादसे का शिकार हुए थे, जिनमें सैकड़ों लोग मारे गए थे। हालांकि, ये विमान बोइंग 737 मैक्स थे, जो ड्रीमलाइनर से अलग हैं।

पिछले कुछ सालों में विमानों में गंभीर गुणवत्ता और नियंत्रण मुद्दे सामने आए हैं।

2024 में बोइंग के पूर्व इंजीनियर सैम सालेहपुर ने आरोप लगाया था कि 787 ड्रीमलाइनर के कुछ हिस्सों को ठीक से फिट नहीं किया गया था, जो पुराने होने पर टूट सकते हैं। इसके बाद अमेरिका ने जांच शुरू की थी।

2019 में एक अन्य कर्मचारी बताया था कि दबाव में काम कर रहे कर्मचारी जानबूझकर मानकों पर खरे ना उतरने वाले कल-पुर्जे विमानों में लगा रहे हैं।

787 ड्रीमलाइन 56.70 मीटर लंबा, 60 मीटर चौड़ा और 16.90 मीटर ऊंचा 2-इंजन वाला यात्री विमान है। इसमें 254 यात्री सवार हो सकते हैं।
ये 954 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अधिकतम 13,620 किलोमीटर तक का सफर कर सकता है। इस एक विमान की कीमत करीब 2.18 हजार करोड़ रुपये है।

ईंधन दक्षता की वजह से इसे लंबी दूरी की उड़ानों के लिए श्रेष्ठ माना जाता है।

अहमदाबाद हादसे से पहले विमान की सुरक्षा रिकॉर्ड भी अच्छा रहा है।

12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया के विमान एआई-171 उड़ान भरने के एक मिनट बाद ही हवाई अड्डे के पास स्थित

इमारतों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

इस हादसे में विमान में सवार 242 लोगों में से केवल एक यात्री जिंदा बचा। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी शामिल हैं।
वहीं, विमान जिस इमारत से टकराया, वहां भी कई लोगों की मौत हुई।

**************************

 

किसानों के लिए बड़ी खबर! 20 जून को आएगी पीएम किसान की 20वीं किस्त

नई दिल्ली,12 जून (एजेंसी)। केंद्र सरकार के पीएम किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 20वीं किस्त इसी महीने जारी किए जाने की उम्मीद है. इस साल के लिए इस योजना की दूसरी किस्त 20 जून को 9.8 करोड़ पात्र किसानों के बैंक खातों में जमा की जाएगी.

भारत सरकार और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम-किसान) शुरू की है, जिसके तहत भारत के प्रत्येक पात्र किसान को 6,000 रुपये की वार्षिक सब्सिडी मिलेगी, जो हर चार महीने में 2,000 रुपये के तीन बराबर भुगतानों में दी जाएगी.

लेटेस्ट घोषणा में भारत सरकार ने अधिसूचित और अनिवार्य किया है कि केवल वे किसान ही पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के लाभ के लिए पात्र होंगे जिन्होंने रजिस्ट्रेशन प्रोसस पूरी कर ली है.

20वीं किस्त प्राप्त करने के लिए किसान किसान रजिस्ट्री यूपी मोबाइल ऐप, आधिकारिक पीएम किसान वेबसाइट या किसी भी सार्वजनिक सेवा सुविधा पर जाकर रजिस्ट्रेशन प्रोसस पूरी कर सकते हैं.

पीएम-किसान पूरे भारत में गरीब किसानों के लिए एक जीवन रेखा है. पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की शुरू की गई यह योजना पात्र किसानों को प्रति वर्ष 6,000 रुपये देती है.

2019 में शुरू की गई पीएम-किसान योजना, गरीब और हाशिए पर पड़े किसानों को तीन बराबर किस्तों में प्रति वर्ष 6,000 रुपये देती है. मानसून की बुवाई के करीब होने के साथ, जून की किस्त खरीफ फसल के मौसम की तैयारी कर रहे लाखों ग्रामीण परिवारों के लिए महत्वपूर्ण है. सबसे बढ़कर, यह उस अवधि के दौरान समय पर वित्तीय सहायता भी देता है जब इनपुट लागत बढ़ जाती है.

******************************

 

अहमदाबाद में विमान हादसे से पहले पायलटों ने भेजी थी मेडे कॉल

अहमदाबााद,12 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान एआई-171 गुरुवार को उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही मेघानीनगर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने बताया कि विमान ने हादसे से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को मेडे कॉल (चेतावनी संदेश) किया था। हालांकि, कुछ देर बाद ही पायलट की आवाज आना बंद हो गई।

एटीसी की ओर से भी पायलट को किसी प्रकार की कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई थी।

विमान ने अहमदाबाद हवाई अड्डे के हवाई पट्टी संख्या 23 से दोपहर 1:39 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान मेघानीनगर में गिर गया।

हादसे के बाद भयानक धुएं का गुबार दूर तक उठता दिखा। विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 यात्री सवार थे।
मेडे कॉल एक आपातकालीन प्रक्रिया है। इसका प्रयोग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेडियो संचार के जरिए संकट के समय चेतावनी संदेश के रूप में किया जाता है।

यह संदेश बताता है कि विमानन और समुद्री संचार में जीवन के लिए खतरा पैदा करने वाली आपातस्थिति आ गई है। इसमें दुर्घटना, तकनीकी समस्या या जानलेवा स्थिति शामिल है।

मेडे कॉल को मेडे, मेडे, मेडे के रूप में 3 बार दोहराया जाता है। इससे सुनने पर तुरंत आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

*************************

 

एयर इंडिया का विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास पर गिरने से 5 छात्रों की मौत

अहमदाबाद,12 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का एआई171 विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिससे 5 मेडिकल छात्रों की जान चली गई।

विमान ने दोपहर को 1:38 बजे सरदार वल्लभ भाई पटेल हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और कुछ मिनट बाद छात्रावास से टकरा गया। हादसे में 27 छात्र घायल हैं।

हादसे के समय छात्रावास में छात्र दोपहर का खाना खाने जुटे थे। मृतकों में स्नातक और स्नातकोत्तर छात्र शामिल हैं।

हादसे के बाद सोशल मीडिया पर छात्रावास की कुछ तस्वीरें और वीडियो सामने आई है, जिसमें काफी बर्बादी दिख रही है। मेस में मेज पर खाने की प्लेट और गिलास पड़े दिख रहे हैं।

फाईमा डॉक्टर्स एसोसिएशन ने एक्स पर लिखा कि विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, जिसमें कई छात्र घायल भी हुए हैं। संगठन ने किसी भी प्रकार की मदद के लिए तैयार रहने को कहा है।

******************************

 

अहमदाबाद विमान हादसा: गृह मंत्री अमित शाह बोले- शब्दों में बयां नहीं कर सकता

नईदिल्ली,12 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर गृह मंत्री अमित शाह का बयान आया है। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि विमान हादसे को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है।

शाह हादसे की खबर पाकर अहमदाबाद पहुंच गए हैं। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से हादसे की जानकारी ली है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अहमदाबाद रवाना हो सकते हैं।

शाह ने हादसे को लेकर एक्स पर लिखा, अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे से मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। आपदा प्रतिक्रिया बलों को तुरंत दुर्घटनास्थल पर भेज दिया गया है। स्थिति का आकलन करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह मंत्री हर्ष संघवी और अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त से बात की।

शाह ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से भी बात की है। वह हालात का जायजा ले रहे हैं।

एयर इंडिया का यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था।

विमान ने आज सुबह दिल्ली से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरी थी। अहमदाबाद में कुछ घंटे के लेओवर के बाद विमान को लंदन के लिए रवाना होना था।

कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे।

विमान में 230 यात्री, चालक दल के 10 सदस्य और 2 पायलट सवार थे। ये बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान था।

***************************

 

अहमदाबाद विमान हादसे पर आया पीएम नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी का बयान

नईदिल्ली,12 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान एआई171 के दुर्घटनाग्रस्त होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी दुख जताया है।

मोदी ने एक्स पर लिखा, अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहलाने वाली घटना है। दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं, जो सहायता के लिए काम कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, अहमदाबाद एयर इंडिया दुर्घटना दिल दहलाने वाली है। यात्रियों और चालक दल के परिवारों को जो दर्द और चिंता हो रही होगी, वह अकल्पनीय है। इस अविश्वसनीय रूप से कठिन क्षण में मेरी संवेदनाएं उनमें से प्रत्येक के साथ हैं।

प्रशासन द्वारा तत्काल बचाव और राहत प्रयास महत्वपूर्ण हैं। हर जीवन, हर सेकंड मायने रखता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मदद करने के लिए हरसंभव प्रयास करना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे के बाद गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की और हालात का जायजा लेने को कहा है।

शाह अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह मंत्री हर्ष सांघवी से भी बात की है।
शाह ने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि विमान हादसे को शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल है।

विमान ने अहमदाबाद हवाई अड्डे के हवाई पट्टी संख्या 23 से दोपहर 1:39 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान मेघानीनगर में गिर गया।

हादसे के बाद भयानक धुएं का गुबार दूर तक उठता दिखा। विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 यात्री सवार थे।
मौके पर बचाव अभियान जारी है।

**************************

 

‘आँखों की गुस्ताखियाँ’ का गाना ‘नज़ारा’ हुआ जारी….!

 11 जुलाई को रिलीज होगी फिल्म……!

ज़ी स्टूडियोज और मिनी फिल्म्स की नवीनतम प्रस्तुति ‘आँखों की गुस्ताखियाँ’ का गाना ‘नज़ारा’ मेकर्स ने जारी कर दिया है। यह गाना आपको मीठे और सच्चे प्यार की मासूमियत को फिर से महसूस कराएगा, जिसमें अभिनेता विक्रांत मैसी और अभिनेत्री शनाया कपूर की छू लेने वाली और दिल को छू जाने वाली केमिस्ट्री की झलक दिख रही है।

यह ऑन-स्क्रीन अनुभव आपको प्यार की पवित्रता का एहसास कराने का वादा करता है। पहले प्यार की धड़कन से लेकर आंखों के इशारे, मुस्कान का आदान-प्रदान और इनके बीच सब कुछ, विक्रांत मैसी और शनाया कपूर ने प्यार के रोमांच को जीवंत कर दिया है।

ये दोनों भले ही इस एहसास को पर्दे पर लाए हैं, लेकिन गाने की अपील विशाल मिश्रा की आवाज़, कंपोजीशन और बोल से और बढ़ गई है। कुमार गौरव सिंह ने संगीत में सहायता की है, जबकि कंदरपा कलिता ने प्रोडक्शन और गिटार का काम संभाला है।

गाने की रिकॉर्डिंग, मिक्सिंग और मास्टरिंग का काम त्रिहांकू लाहकर ने किया है, जबकि बिटूपोन बोरुआ ने गाने के प्रोडक्शन का जिम्मा संभाला है। मानसी बागला, वरुण बागला और ओपन विंडो फिल्म्स द्वारा निर्मित ‘आँखों की गुस्ताखियाँ’ का निर्देशन संतोष सिंह ने किया है और इसे मानसी बागला ने लिखा है। रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म

‘आँखों की गुस्ताखियाँ’ 11 जुलाई को सभी सिनेमाघरों में अपना जादू बिखेरने के लिए तैयार है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

https://bit.ly/NazaraOutNow

*******************************

 

राहुल गांधी चाईबासा कोर्ट में सशरीर होंगे हाजिर

अदालत ने जारी किया था गैर जमानती वारंट

रांची,10 जून (एजेंसी)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 6 अगस्त को चाईबासा की निचली अदालत में सशरीर हाजिर होंगे. यह जानकारी उनके अधिवक्ता दीपांकर ने ईटीवी भारत को दी है.

उन्होंने बताया कि चाईबासा की निचली अदालत से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है. उन्हें 26 जून को सशरीर पेश होने को कहा गया था. इससे छूट के लिए झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी. मंगलवार को सुनवाई के दौरान राहुल गांधी के अधिवक्ता की ओर से बताया गया कि 26 जून के बजाए 6 अगस्त को पेश होने की छूट दी जाए.

इसपर हाईकोर्ट ने सहमति जताते हुए 6 अगस्त तक के लिए गैर जमानती वारंट को स्थगित करने का आदेश दे दिया है. बता दें कि 26 जून को चाईबासा कोर्ट में सशरीर उपस्थित होने से छूट के लिए 29 मई को याचिका दायर की गई थी, जिसपर मंगलवार को सुनवाई हुई.

दरअसल, यह मामला राहुल गांधी द्वारा 28 मार्च 2018 को कांग्रेस के अधिवेशन में भाजपा के खिलाफ भाषण से जुड़ा है. इस पर भाजपा नेता प्रताप कुमार ने राहुल गांधी के खिलाफ चाईबासा कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दर्ज किया था. 20 फरवरी 2020 को झारखंड हाईकोर्ट के आदेश पर उस वाद को रांची में एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट में भेज दिया गया था.

बाद में हाईकोर्ट ने इस मामले को चाईबासा की स्पेशल कोर्ट में भेज दिया. समन मिलने के बावजूद राहुल गांधी न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए. फिर दोबारा कोर्ट के स्तर से जमानतीय वारंट भेजा गया. इसके बावजूद राहुल गांधी उपस्थित नहीं हुए थे.

इसी आधार पर कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था. इसको हाईकोर्ट में चुनौती दी गयी थी जो डिस्पोज हो गया. फिर राहुल गांधी की ओर से सीआरपीसी 205 की याचिका दायर कर व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट का आग्रह किया गया था. इसको निचली अदालत ने खारिज कर दिया था.

इससे पहले मोदी सरनेम विवाद पर रांची कोर्ट में याचिका दायर हुई थी. इस मामले में राहुल गांधी को हाईकोर्ट से व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट मिली हुई है. जबकि भाजपा और अमित शाह के खिलाफ बयान से जुड़े चाईबासा कोर्ट के दूसरे मामले में सुप्रीम कोर्ट से स्टे मिला हुआ है.

***************************

 

सीएम रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात, जताया केंद्र सरकार का आभार

नई दिल्ली,10 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस मुलाकात में दिल्ली से संबंधित केंद्र सरकार की योजनाओं से किस तरह राजधानी में विकास हुए हैं, इन सबकी जानकारी और केंद्र की योजनाओं को अब दिल्ली की सरकार जिस तरह लागू करने जा रही है, उसके प्रभावों के बारे में भी बातचीत की गई.

केंद्र में बीजेपी की सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला वर्ष सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है. इस अवसर पर देश भर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 वर्ष के कार्यकाल को पार्टी प्रचारित कर रही है.

बीजेपी शासित राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष और वहां के मुख्यमंत्री केंद्र सरकार की 11 सालों के कार्यकाल के दौरान जो संकल्प से सिद्धि की यात्रा रही, उसको बता रहे हैं तो गैर बीजेपी शासित राज्यों में बीजेपी के शीर्ष नेता वहां के प्रदेश अध्यक्षों के साथ प्रेस कांफ्रेंस के जरिए जानकारी दे रहे हैं.

इसी कड़ी में आज दिल्ली में भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां को बयान किया. इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. वह अपने साथ कुछ दस्तावेज भी ले गई थी.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की प्रधानमंत्री से या मुलाकात कई मायनों में खास बताया जा रहा है. इससे पहले अलग-अलग आयोजनों पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की मुलाकात होती रही है.

इसी महीने विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर 5 जून को ही जब प्रधानमंत्री ने अपने आवास के समीप सिंदूर का पौधा लगाया था तब भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता वहां मौजूद थी. मगर आज की मुलाकात में केंद्र सरकार के सहयोग से जिस तरह दिल्ली में सेंट्रल विस्टा, भारत मंडपम, यशोभूमि, वॉर मेमोरियल, कर्तव्य पथ, प्रधानमंत्री संग्रहालय, रैपिड रेल, टनल रोड और हाईवे का नेटवर्क तैयार हुआ इससे दिल्ली वालों को जो फायदा मिला इन सबके लिए भी केंद्र सरकार का आभार जताया.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में सरकार का कामकाज संभालने के बाद जिस तरह 100 दिन पूरे हुए इस दौरान आयुष्मान भारत योजना और अन्य केंद्रीय योजनाओं को लब दिल्ली वालों के लिए देना शुरू किया इन सब के इंपैक्ट को भी बताया है.

***************************

 

गिरफ्तार वजाहत खान को 16 जून तक पुलिस हिरासत

आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर अपने राज्यों में ले जाना चाहती हा असम व हरियाणा पुलिस

कादरी रशीदी की गिरफ्तारी पर देश भर में जुबानी सियासत गर्म

कोलकाता,10 जून (एजेंसी)। गार्डेनरीच थाने में शर्मिष्ठा पनोली के खिलाफ शिकायत दर्ज करने वाले वजाहत खान की गिरफ्तारी के बाद सियासत गरमा गई है। वहीं कोर्ट ने आज वजाहत खान की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। उसे कोर्ट ने 16 जून तक पुलिस हिरासत में रखने का निर्देश दिया है। अलीपुर कोर्ट के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) अमित सरकार ने उक्त निर्देश दिया।

इस दौरान हरियाणा और असम की पुलिस टीमें भी अदालत में मौजूद थीं, कारण उक्त राज्यों की पुलिस वजाहत खान कादरी रशीदी के लिए गिरफ्तारी वारंट लेकर आई थी। वजाहत को सोमवार की शाम कोलकाता पुलिस ने अमहर्स्ट स्ट्रीट के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया था। आरोपी को असम व हरियाणा पुलिस ट्रांजिट रिमाण्ड पर अपने राज्यों में ले जाना चाहती है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रशीदी फाउंडेशन के सह-संस्थापक वजाहत खान पर बीएनएस की धारा 196(1)(ए) (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 299 (धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कार्य), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 353(1)(सी) (सार्वजनिक शरारत को भड़काने वाले बयान) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी ने पुलिस की तीन समन को नजरअंदाज करने और एक हफ्ते से ज्यादा समय तक फरार रहने के आरोप के बाद गिरफ्तार किया गया। वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा था कि, खान के खिलाफ असम में भी कथित तौर पर “देवी मां कामाख्या के खिलाफ अस्वीकार्य टिप्पणी” करने के लिए मामला दर्ज किया गया है।

मामले अब कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि असम पुलिस ने खान की तलाश की थी, जो शिकायत दर्ज होने के बाद से फरार था। जबकि, हरियाणा पुलिस का प्रतिनिधित्व करने वाले चंदन कुमार शाह ने अदालत को बताया, “उसने जो पोस्ट किया, उसकी वजह से कई इलाकों में समस्याएं पैदा हो गई हैं। उसने भगवान कृष्ण और कामाख्या का अपमान किया है। हमारे पास वारंट है और हम हिरासत की मांग कर रहे हैं।”

खान के खिलाफ पहली शिकायत 2 जून को श्री राम स्वाभिमान परिषद ने दर्ज कराई थी। संगठन ने आरोप लगाया कि खान के पोस्ट धार्मिक समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देते हैं और सार्वजनिक अव्यवस्था को भड़का सकते हैं। बहरहाल वजाहत को असम व हरियाणा पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर ले जाना चाहती है।

इधर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने इस गिरफ्तारी पर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इसे गिरफ्तारी नहीं, बल्कि प्रोटेक्शन कस्टडी करार दिया। सुकांत मजूमदार ने कहा कि यह प्रोटेक्शन कस्टडी है। पीसी मतलब पुलिस कस्टडी नहीं, प्रोटेक्शन कस्टडी। उसे प्रोटेक्शन दिया जा रहा है ताकि असम पुलिस आकर उसे गिरफ्तार न कर सके। प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर ही कोलकाता पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

***************************

 

कश्मीर की रेल – एक नए कल की कहानी

जया वर्मा सिन्हा-
पूर्व सीईओ और रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष

नई दिल्ली , 10 जून। छह जून की सुनहरी सुबह, गेंदे के फूलों से सुसज्जित, चमचमाती वन्दे भारत एक्सप्रेस, श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर के लिए अपनी पहली यात्रा पर , प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा, हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई।

यह ट्रेन, जो अब हर सप्ताह छह दिन श्रीनगर और कटरा के बीच दो बार दौड़ती है, केवल एक आधुनिक परिवहन सेवा नहीं है—यह दशकों पुराने एक सपने का यथार्थ है। यह सपना था कश्मीर को भारत के शेष हिस्से से स्थायी रेल संपर्क के माध्यम से जोडऩे का—एक संकल्प, जो इस्पात, तकनीक और दृढ़ इच्छाशक्ति से पूरा हुआ।

आज यह ट्रेन पहाड़ों को चीरते हुए दौड़ती है, और अपने साथ लाती है रोजगार, पर्यटन, कारोबार और उम्मीदों की एक नई सुबह। भारतीय रेल ने अपने 172 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में देश सेवा के अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

पीढ़ी-दर-पीढ़ी रेल कर्मचारियों ने निष्ठा के साथ रेल के ताने बाने को भारत के ओर-छोर तक पहुँचाया है। एक लोकप्रिय विज्ञापन की पंक्तियों को कुछ बदलते हुए कहें तो—भारतीय रेल सिर्फ पटरियां नहीं बिछाती, यह राष्ट्रीय एकता की बुनियाद का ताना-बाना भी बुनती है!

दशकों से कश्मीर की कहानी को एक जटिल और पेचीदे अध्याय के रूप में देखा जाता रहा है। भूगोल, इतिहास, राजनीति और पडोसी मुल्क की पनाह में पनपते आंतकवाद के साये ने, इसे भारत के अन्य हिस्सों से कुछ पृथक ही रखा। कश्मीर की यात्रा भी एक चुनौती से कम नहीं रही – दुर्गम रास्ते, खतरनाक सड़कें, सीमित हवाई संपर्क और रेल, मात्र कल्पना!

ब्रिटिश काल से ही कश्मीर को रेल से जोडऩे की परिकल्पना की जा रही थी, जो दशकों तक केवल कागजों में ही सिमटी रही। स्वतंत्रता के पश्चात्, अनगिनत विचार-विमर्श, अध्ययन, तकनीकी परीक्षणों और देशी-विदेशी विशेषज्ञों के परामर्श के बाद, 1994 में, उधमपुर–श्रीनगर–बारामुला रेल लिंक (स्क्चक्ररु) को आधिकारिक मंजूरी मिली।

इस परियोजना को भू-राजनीतिक जटिलताओं ने बार-बार बाधित किया। फिर भी इस परियोजना के उत्तरी और दक्षिणी हिस्से तो पूरे हुए, लेकिन कटरा से बनिहाल तक का मध्य खंड एक बड़ी चुनौती बना रहा। यह खंड न केवल तकनीकी रूप से कठिन था, बल्कि इसमें सुरक्षा, पर्यावरण और भूगर्भीय बाधाएँ भी थीं।

वर्ष-दर-वर्ष परियोजना दो हिस्सों में बंटी रही—जैसे एक-दूसरे को छूने के लिए गहरी घाटियों के कगार पर बाहें फैलाये हुए खड़ी हों। अंतत: इस परियोजना को सरकार ने ‘राष्ट्रीय प्राथमिकता’ घोषित कर अंतिम पड़ाव तक पहुंचाने का दृढ़ संकल्प लिया – तब जाकर पहाड़ों की चुप्पी टूटी और फौलाद की नसें सुरंगो से गजऱने लगीं। रेल मंत्री  श्री अश्विनी वैष्णव ने सही ही कहा, यह केवल एक परिवहन परियोजना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का कार्य था।

परियोजना, भारतीय रेलवे की अब तक की सबसे चुनौतीपूर्ण और भव्य परियोजनाओं में से एक है। 272 किलोमीटर की इस रेललाइन में 40 सुरंगें और 900 से अधिक पुल शामिल हैं।

इस परियोजना का प्रतीक चिन्ह है चिनाब रेलवे ब्रिज—दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल, जो समुद्रतल से 359 मीटर की ऊँचाई पर खड़ा है। यह पुल 260 किमी/घंटे तक की हवाएँ और तीव्र भूकंप के स्पन्दन को भी सहन करने की क्षमता रखता है।

साथ ही, यहाँ स्थित है अंजी खड्ड पुल — भारत का पहला ‘केबल-स्टे’ रेल पुल — जो 193 मीटर ऊँचे एक स्तम्भ से जुड़ी 96 केबलों के सहारे, घाटी से 331 मीटर की ऊंचाई पर टिका हुआ है। कश्मीर के संत्री कहे जाने वाली पीर पंजल पर्वतमाला  के ह्रदय को भेदती, 11 किलोमीटर से लंबी,  ‘टी-80 सुरंग’, बनिहाल को काज़ीगुंड से जोड़ती है।

ऐसी अनेकों सुरँगों और पुलों से निर्मित यह रेलवे लाइन गाथा सुनाती है, न सिर्फ इंजीनियरिंग तकनीक की, बल्कि मानव संकल्प, साहस और दृढ निश्चय की – आसमान को फौलाद की चुनौती देती यह रेलवे लाइन जोड़ती है देश को कश्मीर से कन्याकुमारी तक!

भारतीय रेल का सबसे नया सितारा, कटरा को श्रीनगर से जोड़ता वन्दे भारत एक्सप्रेस का सफर, मात्र एक यात्रा नहीं, एक वृतांन्त है। यह घाटियों और पर्वतों को लांघता, दूरियां घटाता, घोषणा करता है कि कश्मीर अब दूर नहीं!  छह घंटो से अधिक समय लेता, दुर्गम घाटियों, पेचीदे मोड़ों और मौसम की मार सहता, सड़क का सफर, अब रेल के काँधे पर, मात्र आधे समय में, आरामदेह कुर्सियों पर, चाय की चुस्कियों के साथ गुजऱता है। ट्रेन के पहियों का संगीत, न केवल शहरों को जोड़ता है बल्कि संजोता है उम्मीदों को, जि़न्दगियों को, तरक्की को।

कश्मीर के दूरदराज़ गांवों के बच्चे अब जम्मू और दिल्ली के विश्वविद्यालयों की बातें करते हैं। स्थानीय कारीगर, सेब उत्पादक और कालीन बुनकर अब अपने उत्पादों को घाटी से बाहर के बाज़ारों में तेजी से और ताजग़ी के साथ पहुँचाने के सपने बुन रहे हैं। श्रीनगर के एक युवा दुकानदार ने कहा: जहां पहले चेकपोस्ट और देर होती थी, अब वहां ट्रेन की आवाज़ सुनाई देती है। ऐसा लगता है जैसे अब हम बाकी देश का इंतज़ार नहीं कर रहे—हम उसी के साथ चल रहे हैं।
यह सच है कि एक ट्रेन, या एक रेलवे लाइन, कश्मीर की सभी समस्याओं का हल नहीं है। न तो ये इतिहास मिटा सकती है, न ही जख्मों को तुरंत भर सकती है — सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का समाधान अभी भी जरूरी है। लेकिन सच्चाई यह भी है कि यह स्थाई संपर्क मार्ग, नए रास्ते, नए अवसर और नए दरवाज़े खोल रहा है। जम्मू और कश्मीर के आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक उत्थान को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। और यही इस परियोजना की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

एक सपना, जो कभी अंग्रेज़ी अफसरों की ड्रॉइंग बोर्ड पर था—आज वह इस्पात की पटरियों पर हकीकत बनकर दौड़ रहा है। यह उस राष्ट्र की कहानी है, जो न तो भौगोलिक चुनौती से डरा, न आतंक से, और न ही समय से। पर्वतों के सायों से निकलकर धूप में नहाए स्टेशनों तक, एक नई यात्रा शुरू हो चुकी है—जो सिर्फ दूरी नहीं, दिलों को भी पाटती है।

*************************

दिल्ली में द्वारका के शब्द अपार्टमेंट में लगी आग

2 बच्चों समेत 3 की मौत

नईदिल्ली,10 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली के द्वारका में सेक्टर 13 स्थित एक रिहायशी अपार्टमेंट में मंगलवार सुबह आग लग गई। आग इमारत की आठवीं और नौवीं मंजिल पर लगी थी।

पुलिस ने बताया कि शब्द अपार्टमेंट में सुबह 9:30 बजे आग लगने के बाद बालकनी से एक ही परिवार के 3 लोग कूद गए थे, जिसमें सभी की मौत हो गई।

मृतकों में एक लड़का और एक लड़की और उनके पिता, यश यादव (35) शामिल हैं। दोनों बच्चों की उम्र 10-10 साल थी।

पुलिस का कहना है कि जिस समय अपार्टमेंट की आठवीं और नौवीं मंजिल में आग लगी, उस समय इमारत की अन्य मंजिलों पर कई लोग मौजूद थे।

आग की जानकारी लगते ही कुछ लोग नीचे आ गए, जबकि 3 लोग बालकनी से कूद गए थे, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यादव फ्लेक्स बोर्ड के व्यवसाय से जुड़े थे।

बचाव कार्य के लिए अग्निशमन विभाग की 10 गाडिय़ां मौके पर पहुंची थी। आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं आई है।

******************************

 

दुनिया में ऑपरेशन सिंदूर का संदेश पहुंचाने वाले प्रतिनिधिमंडल से आज मिलेंगे पीएम मोदी

नई दिल्ली,10 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम 7 बजे अपने आधिकारिक आवास, लोक कल्याण मार्ग पर ऑपरेशन सिंदूर ग्लोबल आउटरीच के तहत सर्वदलीय वैश्विक प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात करेंगे.
रिपोर्ट के अनुसार केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के कार्यालय ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को बैठक के बारे में जानकारी दी.

एनसीपी-एससीपी की सुप्रिया सुले, कांग्रेस पार्टी के शशि थरूर, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, पूर्व राजदूतों, विपक्षी सांसदों सहित सभी पार्टी प्रतिनिधिमंडलों के सात समूहों ने दुनियां के कई देशों का दौरा करने के बाद स्वदेश लौट आए. इसके सदस्यों ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टोलरेंस की नीति को बढ़ावा देने के लिए अपने राजनयिक प्रयास पूरे किए.

इस प्रतिनिधिमंडल की शुरुआत ऑपरेशन सिंदूर के बाद की गई थी, जो जम्मू- कश्मीर के पहलगाम हमले के बाद भारत की प्रतिक्रिया थी. ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत के राजनयिक संपर्क अभियान के तहत विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों, पूर्व राजदूतों और पूर्व सरकारी अधिकारियों सहित 50 से अधिक लोगों ने 30 से अधिक देशों का दौरा किया. सात सांसदों ने अपने-अपने समूहों का नेतृत्व किया. इसमें समूह 1 का नेतृत्व भाजपा के बैजयंत पांडा ने किया, जो सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया गए.

भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में समूह 2 ने ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, यूरोपीय संघ, इटली और डेनमार्क का दौरा किया. जेडी(यू) नेता संजय कुमार झा के नेतृत्व में समूह 3 ने इंडोनेशिया, मलेशिया, कोरिया गणराज्य, जापान और सिंगापुर का दौरा किया.

शिवसेना के श्रीकांत एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में समूह 4 ने यूएवी, लाइबेरिया, कांगो और सिएरा लियोन का दौरा किया. कांग्रेस पार्टी के शशि थरूर के नेतृत्व में समूह 5 ने अमेरिका, पनामा, गुयाना, ब्राजील और कोलंबिया का दौरा किया. डीएमके की कनिमोझी करुणानिधि के नेतृत्व में समूह 6 ने स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया, लातविया और रूस का दौरा किया.

एनसीपी-एससीपी की सुप्रिया सुले के नेतृत्व में ग्रुप 7 मिस्र, कतर, इथियोपिया और दक्षिण अफ्रीका गया. प्रतिनिधिमंडलों ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की स्थिति को आगे बढ़ाने के अलावा इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे पाकिस्तान आतंकवाद को प्रायोजित कर रहा है. साथ ही भारत के खिलाफ इसका इस्तेमाल कर रहा है. पाकिस्तान को वित्तीय कार्रवाई कार्य बल (एफएटीएफ) की ग्रे सूची में डालने का आह्वान किया.

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था. भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर में आतंकवादी बुनियादी ढांचे के खिलाफ लक्षित हमले किए, जिसके परिणामस्वरूप जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे समूहों से जुड़े 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए.

**************************

 

आमिर ख़ान के घर म्यूज़िकल नाइट……!

20 जून को रिलीज होगी ‘सितारे ज़मीन पर’…..!

10.06.2025 – अभिनेता आमिर ख़ान के घर हुई म्यूज़िकल नाइट एक बेहद खास और यादगार शाम रही, जहां 2007 की सुपरहिट फिल्म ‘तारे ज़मीन पर’ के स्पिरिचुअल सीक्वल ‘सितारे ज़मीन पर’ की कास्ट, उनके दोस्त, परिवार और कई बड़े सुपरस्टार्स ने शिरकत की। इस इवेंट में फिल्म के 10 टैलेंटेड डेब्यूटेंट्स अपने परिवारों के साथ शामिल हुए।

रणबीर कपूर ने इन बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जो उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था, लेकिन असली खुशी का पल तब आया जब राज ठाकरे, सचिन तेंदुलकर और उनकी पत्नी अंजलि तेंदुलकर जैसे दिग्गज इस म्यूज़िकल नाइट का हिस्सा बने। आमिर ख़ान खुद भी इन बच्चों के साथ मौजूद रहे और उनका हौसला बढ़ाया।

फिल्म के निर्देशक आर. एस. प्रसन्ना भी इस मौके पर पहुंचे और बच्चों के साथ पूरे जोश में दिखे। इस म्यूज़िकल नाइट में कपिल शर्मा और म्यूज़िक इंडस्ट्री के मशहूर तिकड़ी शंकर-एहसान-लॉय की मौजूदगी ने माहौल को और भी शानदार बना दिया।

आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘सितारे जमीन पर’ में आमिर खान और जेनेलिया देशमुख लीड रोल में नजर आएंगे। इस फिल्म में 10 राइजिंग सितारे अरूष दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, सम्वित देसाई, वेदांत शर्मा, आयुष भंसाली, आशीष पेंडसे, ऋषि शाहानी, ऋषभजैन, नमन मिश्रा और सिमरन मंगेशकर भी अपने अभिनय का जलवा बिखेरते नजर आयेंगे।

इस फिल्म के गाने अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं और म्यूजिक शंकर-एहसान-लॉय ने दिया है। इसका स्क्रीनप्ले दिव्य निधि शर्मा ने लिखा है। इस फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने रवि भागचंदका के साथ प्रोड्यूस किया है। आर. एस. प्रसन्ना के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

पंजाबी रैप सॉन्ग ‘मिड एयर फ्रीवर्स’ हुआ रिलीज

10.06.2025 – बॉलीवुड एक्टर सनी कौशल ने अपना नया रैप गाना ‘मिड एयर फ्रीवर्स’ रिलीज़ किया, यह गाना उन्होंने मास अपील नाम की म्यूजिक कंपनी के साथ मिलकर बनाया है। गाने में सनी कौशल का पंजाबी अंदाज़ साफ नजर आता है। उनकी आवाज भी बहुत जबरदस्त है जो गाने को और खास बनाती है।

वीडियो में सनी ब्लैक सूट, दाढ़ी और स्टाइलिश चश्मे में बहुत स्मार्ट लग रहे हैं। उनका लुक गाने की वाइब से पूरी तरह मेल खाता है। ‘शिद्दत’ फिल्म से पहचान बनाने वाले सनी कौशल ने इस गाने के बोल खुद लिखे हैं और इसे गाया भी है। इसका म्यूजिक UpsideDown और ICONYK ने तैयार किया है।

सनी कौशल अब तक शिद्दत, फिर आई हसीन दिलरुबा, मिली जैसी फिल्मों में अपने अलग-अलग किरदारों से लोगों को इम्प्रेस कर चुके हैं। लेकिन इस नए गाने में उन्होंने खुद को एक नए अंदाज़ में दिखाया है जो पहले कभी नहीं देखा गया।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी की राजनीति को बताया नकारात्मक

कांगड़ा,07 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अनुराग ठाकुर विदेश यात्रा के बाद शनिवार को कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकी हमलों का करारा जवाब देना जरूरी है।

पाकिस्तान भारत में कई आतंकी हमलों का जिम्मेदार रहा है। अब अगर कोई आतंकी गतिविधि होती है, तो पाकिस्तान को और सख्त जवाब मिलेगा। कई देशों ने भी पाकिस्तान की निंदा की है।

पाकिस्तान द्वारा जल मुद्दे पर बातचीत की पेशकश पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत तब तक तैयार नहीं होगा, जब तक पाकिस्तान अपनी जमीन से आतंकवादी ठिकानों को पूरी तरह खत्म नहीं करता।

चिन्नास्वामी स्टेडियम में हाल ही में हुई भगदड़ की घटना पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। हादसे के कारणों का पता लगाना जरूरी है ताकि भविष्य में खेल प्रेमियों की जान को खतरा न हो।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनकी राजनीति नकारात्मक हो गई है। जब सभी दल देश के मुद्दों पर एकजुट होकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का पक्ष रख रहे थे, तब राहुल गांधी और कांग्रेस के कुछ नेता भारत और भारतीय सेना की आलोचना कर रहे थे।

राहुल के बयान पाकिस्तान को मजबूती देते हैं, जिसे वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने पक्ष में इस्तेमाल करता है। यह देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। राहुल का दर्द सत्ता से बाहर होना है, लेकिन दुख इस बात का है कि वह देश के साथ खड़े नहीं हुए।

अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर को जोडऩे का काम मोदी सरकार ने किया, जो अंग्रेज भी नहीं कर पाए। चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा पुल बनाया गया, जो एफिल टावर से भी ऊंचा है। यह भारत की नई ऊंचाइयों का प्रतीक है। मोदी के 11 साल के कार्यकाल में भारत नई ऊंचाइयां छू रहा है।

***************************

 

धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी को दिया करारा जवाब

लगाया था महाराष्ट्र चुनावों में धांधली का आरोप

नई दिल्ली,07 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासत गरमा गई है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र चुनावों में धांधली के आरोपों पर पलटवार किया है। राहुल गांधी ने एक तरफ जहां महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में धांधली का इल्ज़ाम लगाया, तो धर्मेंद्र प्रधान ने इसे उनकी हार का बहाना करार दिया। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राहुल गांधी का पुराना ड्रामा है कि चुनाव हारने के बाद वह संस्थानों को बदनाम करते हुए और खुद को एक काल्पनिक सिस्टम के विक्टिम के तौर पर दिखाते हैं।

राहुल गांधी के चुनावों में धांधली के आरोपों पर धर्मेंद्र प्रधान ने करारा पलटवार किया। उन्होंने राहुल के एक्स पोस्ट को टैग करते हुए लिखा, राहुल गांधी का महाराष्ट्र चुनाव पर पोस्ट एक पुराना ड्रामा है- चुनाव हारो, संस्थानों को बदनाम करो, झूठी साजिशें गढ़ो, और खुद को एक काल्पनिक सिस्टम का शिकार बताओ। लेकिन भारत का लोकतंत्र किसी खानदानी शख्स की असुरक्षा से कहीं ज्यादा मजबूत है, जो बार-बार मिली हार को स्वीकार नहीं करता।

अगर राहुल गांधी को किसी धांधली की चिंता है, तो उन्हें अपनी पार्टी की उस धांधली को देखना चाहिए, जिसमें वो दशकों तक माहिर थी, इमरजेंसी से लेकर आर्टिकल 356 का 90 बार गलत इस्तेमाल कर विपक्षी सरकारों को बर्खास्त करने तक।

धर्मेंद्र प्रधान ने आगे लिखा, ये मत भूलिए, यही राहुल गांधी हैं जिन्होंने कैंब्रिज में झूठ बोला कि भारत का लोकतंत्र ‘मर चुकाÓ है, फिर भी वो चुनाव में हिस्सा लेते हैं, खुलकर प्रचार करते हैं, और हारने पर सिर्फ ईवीएम को दोष देते हैं। चुनाव आयोग की बात करें, तो मोदी सरकार ने ही इसकी प्रक्रिया में सुधार किया और विपक्ष के नेता को पैनल में शामिल किया।

ये व्यवस्था कांग्रेस के दशकों के शासन में कभी नहीं थी। तो असल में लोकतंत्र की रक्षा कौन कर रहा है? राहुल गांधी को आत्मचिंतन करना चाहिए। मैच फिक्सिंग तब नहीं होती जब आप बुरी तरह हारते हैं; तब होती है जब आप अंपायर को बदनाम करते हैं, क्योंकि जनता आपको वोट नहीं देती।

राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र चुनावों में लोकतंत्र को धोखा देने का खाका तैयार हुआ था। राहुल ने अपनी पोस्ट में लिखा, चुनाव कैसे चुराया जाता है? महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में लोकतंत्र को धोखा देने का खाका तैयार हुआ।

मेरा लेख दिखाता है कि ये कदम-दर-कदम कैसे हुआ:

कदम 1: चुनाव आयोग की नियुक्ति के पैनल में गड़बड़ी करना

कदम 2: वोटर लिस्ट में फर्जी वोटर जोडऩा

कदम 3: वोटर टर्नआउट को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाना

कदम 4: फर्जी वोटिंग को ठीक वहां करना, जहां बीजेपी को जीत चाहिए

कदम 5: सबूतों को छिपाना

ये समझना मुश्किल नहीं कि बीजेपी महाराष्ट्र में इतनी बेताब क्यों थी। लेकिन धांधली तो मैच फिक्सिंग जैसी है- जो धोखा देता है, वो खेल जीत सकता है, लेकिन संस्थानों को नुकसान पहुंचता है और जनता का भरोसा टूटता है।

हर चिंतित भारतीय को सबूत देखने चाहिए। खुद फैसला करें। जवाब मांगें। क्योंकि महाराष्ट्र की ये मैच फिक्सिंग अब बिहार पहुंचेगी, और फिर हर उस जगह, जहां बीजेपी हार रही है। मैच फिक्स्ड चुनाव किसी भी लोकतंत्र के लिए जहर हैं।

राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में महाराष्ट्र चुनाव में धांधली का इल्ज़ाम लगाया और इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताया। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ने वोटर लिस्ट से लेकर वोटिंग तक हर कदम पर गड़बड़ी की।

दूसरी तरफ, धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल के इल्ज़ामों को खारिज करते हुए कहा कि ये उनकी हार का बहाना है। उन्होंने कांग्रेस के पुराने रिकॉर्ड का हवाला देकर राहुल पर पलटवार किया और कहा कि असल में मोदी सरकार ने ही इलेक्शन कमीशन को ज़्यादा मज़बूत और निष्पक्ष बनाया।

************************