किसान, गरीब, मजदूर सहित सभी वर्ग के लोगों की भलाई और उत्थान के लिए कार्य कर रही छत्तीसगढ़ सरकार – श्री खड़गे

*छत्तीसगढ़ के समग्र विकास को मिली गति – मुख्यमंत्री श्री बघेल*

*छत्तीसगढ़ के 82 विकासखण्डों में जैतखाम की स्थापना के लिए भूमिपूजन सम्पन्न*

*भरोसे का सम्मेलन – कोड़ातराई में शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत 3088 हितग्राहियों को सहायता राशि व सामग्री का वितरण*

रायपुर, 04 अक्टूबर 2023 (एजेंसी) – नेता प्रतिपक्ष राज्यसभा, सांसद श्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज रायगढ़ जिले के ग्राम कोड़ातराई में आयोजित ‘भरोसे का सम्मेलन‘ को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में चारों तरफ विकास ही विकास दिखाई दे रहा है। यहां मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा लोगों की भलाई के लिए सतत रूप से जनहितैषी कार्यक्रम चलाए जा रहे है। सम्मेलन में लोगों की जुटी अपार भीड़ और उनमें सरकार के प्रति विश्वास से साफ जाहिर हो रहा है कि यह सम्मेलन सिर्फ भरोसे का सम्मेलन ही नहीं, बल्कि यह भरोेसे का अनुष्ठान सम्मेलन है।

नेता प्रतिपक्ष राज्यसभा, सांसद श्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संबोधन की शुरुआत जय जोहार जय छत्तीसगढ़ महतारी के नमन के साथ किया। उन्होंने कहा कि ऐसा सम्मेलन शायद देश के किसी कोने में, किसी भाग में नहीं हुआ। ये गर्व की बात है कि छत्तीसगढ़ में  मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हर जगह भरोसे का सम्मेलन का आयोजन हो रहा है, जो सरकार के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है।
नेता प्रतिपक्ष राज्यसभा, सांसद श्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में गरीब, किसान, मजदूर, महिला, आदिवासी, युवा तथा वंचित व कमजोर वर्ग सहित बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सबके हित में बखूबी काम हो रहा है। यहां राज्य सरकार ने आम लोगों की जरूरत को समझकर योजनाएं बनाई। इन योजनाओं से लाखों-करोड़ों हाथों को काम मिल रहा है। उन्हें सुगमता से रोजगार उपलब्ध हुए हैं और उनकी आय में भी बढ़ोत्तरी हुई है।

नेता प्रतिपक्ष राज्यसभा, सांसद श्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने विपरीत परिस्थितियों में भी छत्तीसगढ़ के विकास का काम कभी नहीं रोका। मैं आप सभी को बधाई देता हूँ। छत्तीसगढ़ में आज चारो तरफ़ विकास हो रहा है। हमारी सरकार लोगों को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गोधन न्याय योजना से लघु उद्योगों को मजबूती मिली है। गांवों में रोजगार बढ़े हैं। अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है।

नेता प्रतिपक्ष राज्यसभा, सांसद श्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डायरेक्ट बेनिफिट योजनाओं के माध्यम से पांच सालों में 1 लाख 75 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि आम लोगों की जेब में डाले गए हैं। यही कारण है कि छत्तीसगढ़ में विगत 5 सालों में 40 लाख से ज्यादा लोग गरीबी से बाहर आए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार जितना कहती है, उससे ज्यादा करती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहले 27 जिले थे, आज 33 जिले हैं, तहसीलों की संख्या भी बढ़ी है। इससे प्रशासनिक काम-काज में सुविधा होने के साथ-साथ लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ तत्परता से पहुंचने लगा है। यहां लोगों की आमदनी बढ़ी है।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने भरोसे का सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि बाबा गुरू घासीदास के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कला एवं संस्कृति की नगरी रायगढ़ की पावनधरा से आज से 82 विकासखण्डों में जैतखाम की स्थापना के लिए भूमिपूजन किया गया। उन्होंने कहा कि सत्य के रास्ते में चलने का संदेश बाबा गुरु घासीदास जी का है। सत्य के रास्ते को महात्मा गांधी जी ने भी बताया। सत्य का रास्ता हमारा रास्ता है। प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जी से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री, श्रीमती इंदिरा गांधी, श्री राजीव गांधी, श्री नरसिम्हा राव, श्री मनमोहन सिंह सभी का उद्देश्य हिंदुस्तान की जनता को ताकतवर बनाने का रहा। इनके बताए मार्ग पर चलकर हमारी सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में आम लोगों के जीवन में बेहतरी लाने का कार्य निरंतर हो रहा है। इससे छत्तीसगढ़ के समग्र विकास को नई गति मिली है।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि हमारे सुदूर वन क्षेत्र में रहने वाले आदिवासी भाइयों बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लघु वनोपज खरीद-बिक्री के लिए सुगम व्यवस्था की। इसके परिणाम स्वरूप आज देश का तीन चौथाई लघुवनोपजों का संग्रहण छत्तीसगढ़ में हो रहा है। जिसका लाभ 12.50 लाख संग्राहकों को मिल रहा है। इसके अलावा संग्राहकों की भलाई के लिए हमने शहीद महेंद्र कर्मा के नाम से बीमा योजना भी शुरू की है। इस तरह ये छत्तीसगढ़ मॉडल है, जिसमें सबसे किया वायदा हम निभाते हैं।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने समर्थन मूल्य में धान खरीदी, भूमिहीन मजदूरों को 7 हजार रुपए प्रतिवर्ष आर्थिक अनुदान, अंग्रेजी माध्यम में निःशुल्क शिक्षा देने का वायदा था, हमने  दिया। आज छत्तीसगढ़ में किसान, नौजवान, मजदूर, महिलाएं, बच्चे सभी को मजबूत कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार जनता का पैसा जनता तक सही ढंग से उपयोग कर उसे वापस लौटा रही है। छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार संसाधनों का उपयोग जनहित में कर रही है।

नेता प्रतिपक्ष राज्यसभा, सांसद श्री खड़गे ने मुख्यमंत्री श्री बघेल द्वारा स्टॉलों का निरीक्षण  

नेता प्रतिपक्ष राज्यसभा व सांसद श्री मल्लिकार्जुन खड़गे व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के गरिमामय उपस्थिति में रायगढ़ जिले के कोड़ातराई में आज भरोसे का सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्री खड़गे ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के साथ कोड़ातराई में विभागो द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालो का निरीक्षण किया। उनके द्वारा स्टालों में हितग्राहियों से चर्चा कर विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओ का लाभ मिलने के संबंध में जानकारी भी ली गई। साथ ही इस अवसर पर शासन की विभिन्न योजनाओ के 3088 लाभान्वित हितग्राहियों को 9 करोड़ 8 लाख 35 हजार रूपये की सामग्री व सहायता राशि वितरित की गई। इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय उपलब्धियों एवं योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिससे बड़ी संख्या में आमजन लाभान्वित हुए।

उप मुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने भरोसे के सम्मलेन को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और सभी वर्ग के लोगों के लिए अच्छा काम कर रही है। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल द्वारा स्वागत उद्बोधन दिया गया। इस अवसर पर सांसद श्री दीपक बैज ने अपने उद्बोधन में कहा कि ये छत्तीसगढ़ सरकार के भरोसे का सम्मेलन है। ये हमारे किसानों, युवाओं के भरोसे का सम्मेलन है। छत्तीसगढ़ की माताओं, बहनों का भरोसे का सम्मेलन जिनके हाथों को काम मिला है। गरीब के बच्चे को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा मिल रही है, उस भरोसे का सम्मेलन है। मजबूत स्वास्थ्य सुविधाओं के भरोसे का सम्मेलन है।

इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री कुमारी शैलजा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ.चरण दास महंत, गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री गुरू रूद्र कुमार, संसदीय सचिव श्री चंद्रदेव राय, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष श्री नंद कुमार साय, विधायक श्री प्रकाश नायक, श्री लालजीत सिंह राठिया, श्री चक्रधर सिंह सिदार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

*********************************

 

दिल्ली के प्रेस क्लब में गुर्जर समाज का ऐलान, मांगे नहीं मानी तो शुरू करेंगे बड़ा आंदोलन

*पुलिसिया  उत्पीड़न के खिलाफ गुर्जर समाज  ग्वालियर में करेगा जेल भरो आंदोलन*

*मांगे नहीं मानी तो 12 अक्टूबर को देशव्यापी आंदोलन की भी घोषणा*

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर (एजेंसी)। राष्ट्रीय युवा गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष  रविंद्र सिंह भाटी ने ऐलान किया कि मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित फूलबाग मैदान में  25 सितंबर को प्रशासनिक अधिकारी द्वारा गुर्जरों पर किए गए तानाशाही रवैये, जातिवादी मानसिकता और पुलिसिया उत्पीड़न (आंसू गैस के गोले, रबड़ की गोलिया, लाठी डंडो से बुजुर्गों पर हमला आदि) के खिलाफ और अपनी मांगों को लेकर गुर्जर समाज 12 अक्टूबर को जेल भरो आंदोलन शुरू करेगा। अगर इस दौरान कोई अनहोनी घटित होती हैं तो उसकी समस्त जिम्मेदारी मध्य प्रदेश सरकार व  प्रशासन की होगी।

एडवोकेट दिवाकर बिधूडी गुर्जर,अध्यक्ष गुर्जर आर्ट एंड कल्चर ट्रस्ट ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस प्रशासन का तानाशाही रवैया का स्तर इतना नीचे गिर चुका है कि बहन बेटियों की गिरफ्तारी कर उन्हें थानों में बेइज्जत किया जा रहा है।  पुलिस प्रशासन बेकसूर लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज कर उनसे अवैध वसूली कर रहा है। युवाओं के खिलाफ मामले दर्ज कर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।  अंतराम तँवर  ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार इस तानाशाही रवैया को तुरंत बंद करे।

हम अपनी मां बहनों और अपने समाज की बेज्जती बर्दास्त नही करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक गुंडागर्दी और तानाशाही चरम पर है। समाज के शांतिपूर्ण अंहिसात्मक आंदोलन को अंग्रेजी शासन की भांति निहत्थे युवाओं पर बंदूक ताने खड़े पुलिसकर्मियों को वायरल वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है। प्रशासन द्वारा महिलाओं के उत्पीडन की बात सरगम लोहिया जी ने रखी

कश्मीर से कन्याकुमारी तक गुर्जरों का शोषण  चरम पर है ऐसे में राष्ट्रीय युवा गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति ग्वालियर के गुर्जर समाज के साथ खड़ी है। यदि जल्द ही ग्वालियर प्रशासन और मध्यप्रदेश सरकार ने बेगुनाह लोगो के खिलाफ दर्ज झूठे मुकदमें खत्म नहीं किये, अवैध उगाही और उत्पीड़न के लिए की जा रही छापे मारी बंद नहीं की और गिरफ्तार लोगों को रिहा नहीं किया तो  12 अक्टूबर को देश के विभिन्न प्रांतों से आये हजारों गुर्जरों द्वारा ग्वालियर में लाखों की संख्या में जेल भरो आंदोलन किया जाएगा।

यहीं नहीं अगर उनकी मांगे नहीं मानी गई तो यह आंदोलन देशव्यापी भी होगा।  इस प्रेस वार्ता के दौरान  श्री अंतराम तंवर, अध्यक्ष राष्ट्रीय गुर्जर समन्वय समिति, श्री दिवाकर बिधूडी गुर्जर और सरगम लोहिया , अध्यक्षा वीरांगना रामप्यारी गुर्जर ट्रस्ट भी मौजूद थे।

ये हैं प्रमुख मांगे

1. गुर्जर समाज के लोग अपनी विभिन्न माँगो को लेकर जो 25 सितंबर को महापंचायत कर रहे थे उन पर लगायी गई रासुका, फर्जी मुकदमे व जिन पर इनाम घोषित किए गए हैं उन्हें वापस लिया जाए।

2. ग्वालियर चौराहे पर से गुर्जर सम्राट मिहिर भोज की टीन हटायी जाए, क्योंकि देश के करोड़ों लोगों की यह आस्था का विषय है। 

3. मध्य प्रदेश के भिंड में बोरेशर मंदिर से हटाया गया गुर्जर प्रतिहार शासको का बोर्ड पुन: लगाया जाए।

4. निर्दोष आकाश गुर्जर का फर्जी एनकाउंटर किए जाने पर उनके परिवार को न्याय तथा आर्थिक मदद दी जाए

5. जहां ऐतिहासिक इमारतों से गुर्जर शब्द हटाया गया है वहां वह दोबारा लिखा जाए।

6. भारतीय सेना में गुर्जर रेजीमेंट की स्थापना की जाए।

7. ग्वालियर में थानों का राजपूती करण बंद किया जाए।

8. गुर्जर समाज को संख्या के आधार पर राजनीति में प्रतिनिधित्व दिए जाएं।

****************************

 

जैसे-जैसे जुड़ रही है कड़ी वैसे-वैसे अरविंद केजरीवाल के पास आ रही है हथकड़ी : भाजपा

*संजय सिंह ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर बैठ कर वसूली किया – गौरव भाटिया*

नई दिल्ली , 04 अक्टूबर (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता  गौरव भाटिया ने  आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले का किंगपिंग करार दिया देते हुए कहा कि दिल्ली शराब घोटाले मामले में जांच से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का बायां हाथ (संजय सिंह) घबरा के हिल रहा है, उसे डर लग रहा है क्योंकि दाहिना हाथ जिसको (मनीष सिसोदिया) कट्टर ईमानदार का सर्टिफिकेट प्राप्त था, वो साढ़े सात महीने से जेल में है।

गौरव भाटिया ने कहा कि ये कहना गलत नहीं होगा कि भ्रष्टाचारी की साढ़ेसाती केजरीवाल पर भी असर कर रही है और जैसे-जैसे जुड़ रही है कड़ी वैसे-वैसे अरविंद केजरीवाल के पास आ रही है हथकड़ी। आज उनके बायें हाथ संजय सिंह के यहां पर भी जांच एजेंसी की रेड हुई है। देश की जनता और दिल्ली की जनता जान चुकी है कि इसका सरगना अरविंद केजरीवाल ही है, उनके इशारे पर ही ये शराब घोटाला दिल्ली में हुआ है। गौरव भाटिया ने कहा कि तीन तथ्य चिंताजनक है जिन्हें सामने रखना जरूरी है।

दिल्ली शराब घोटाले में सबसे पहले आरोपी दिनेश अरोड़ा ने कबूला है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास पर शराब कारोबारियों की एक बैठक होती है, जैसे वह मुख्यमंत्री आवास न हो कर घोटाले का अड्डा हो। मुख्यमंत्री आवास में वसूली हो रही है, कमीशन तय हो रहे है ओर ये बातें कोई और नहीं बल्कि यह खुद आरोपी दिनेश अरोड़ा ने कबूला है। दूसरी बात ये कि अरविंद केजरीवाल के इशारे पर संजय सिंह कहते हैं कि 32 लाख रुपये आप पार्टी के कोष में दो, अब एक सांसद मुख्यमंत्री आवास पर बैठ कर वसूली करता है। इससे ये भी स्पष्ट होता है कि 32 लाख की रिश्वत जिसका भुगतान चेक से किया गया है, नकद में यह संख्या करोड़ों रुपए भी हो सकती हैं।

जांच की परिधि में यह सामने आ चुका है और आगे भी आएगा लेकिन ये 32 लाख रुपए अरविंद केजरीवाल के इशारे पर एक सांसद वसूली कर रहा है जो कि बेहद चिंताजनक इसलिए भी है क्योंकि ये अपने आप को आम आदमी पार्टी बताते हैं। गौरव भाटिया ने आम आदमी पार्टी पर करारा हमला करते हुए कहा कि आम आदमी लाल बत्ती तोड़ दे तो कार्रवाई हो जाती है परंतु ये पापी इतने खास हो गए कि ये करोड़ों का शराब घोटाला करेंगे, और उसके बाद कहेंगे कि हम पर कार्रवाई राजनीतिक द्वेष के कारण हो रही है। आगे श्री गौरव भाटिया ने अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि जो आया था जनता का लाल बन कर, रह गया शराब कारोबारीयों का दलाल बन कर।

जो व्यक्ति अपनी राजनीति की शुरुआत यह कहकर करता है कि वीआईपी कल्चर नहीं होना चाहिए, भ्रष्टाचार हम खत्म करेंगे, उसी अरविंद केजरीवाल में आज इतनी हिम्मत नहीं है कि जो अपनी बात को सच साबित कर पाए। इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल में हिम्मत है तो आप तुरंत प्रेस वार्ता कर यह सिद्ध कीजिए की ये 32 लाख रुपए जो आरोपी दिनेश अरोड़ा ने आपको दिए गए हैं, ये आपने नहीं लिए।

यह भी याद दिलाना आवश्यक है कि 2015 में केजरीवाल कहते थे कि मेरे किसी मंत्री के खिलाफ सबूत होता तो हम उसका इस्तीफा ले लेते जैसे तोमर और असीम का लिया था। ये भी ध्यान देना चाहिए कि अरविंद केजरीवाल जी ने हमारे वरिष्ठ नेता श्री अरुण जेटली जी सहित कई नेताओं पर झूठे आरोप लगाए लेकिन बार-बार उन्हें माफी मांगनी पड़ी। गौरव भाटिया ने पूर्व दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सीसोदिया को घेरते हुए कहा कि केजरीवाल जी ने जिसको कट्टर ईमानदार का प्रमाण पत्र दिया, उस कट्टर बेईमान पूर्व उप-मुख्यमंत्री व तत्कालीन शराब मंत्री ने 32 लाख की रिश्वत चेक के माध्यम से लिया। ऐसा क्यों है जिसको केजरीवाल जी सबसे कट्टर ईमानदार कहते हैं, उसे देश कि सर्वोच्च न्यायालय से भी राहत नहीं मिलती।

दिल्ली उच्च न्यायालय ईडी के मामले में, सीबीआई के मामले में बेल नहीं देती है ओर साढ़े सात महीने से वो कट्टर बेईमान मनीष सिसोदिया जेल की सलाखों के पीछे है। श्री भाटिया ने सवाल उठाते हुए कहा कि दाहिना हाथ और बायां हाथ दोनों भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, लेकिन इसके पीछे का 10 सिर वाला भ्रष्टाचारी रावण कौन है। गौरव भाटिया ने अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल की सोच उनके पार्टी के सांसदों को भ्रष्टाचार करने और उनकी तिजोरी भरने को मजबूर करती है।

श्री गौरव भाटिया ने कहा कि जैसे-जैसे जुड़ रही है कड़ी, अरविंद केजरीवाल के पास आ रही है हथकड़ी। और यह भी सच है कि अरविंद केजरीवाल घबराए हुए हैं। वह डरे हुए हैं जांच एजेंसी के नाम से वह थरथर कांप रहे हैं। अरविंद केजरीवाल जी आपका यह मानना है कि आप बहुत खास हैं पाप करेंगे भ्रष्टाचार करेंगे और आप पर कार्रवाई नहीं होगी? परंतु जनता और जांच एजेंसी का मानना यह है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। कानून के दायरे में कार्य हो रहा है, कानून अपना काम कर रहा है और न्यायालय जो कदम कानून की जांच एजेंसियां उठाती हैं उसपर हस्तक्षेप नहीं करता है। आपके नेताओं के खिलाफ सबूत भी है, साक्ष्य भी और प्रमाण भी। और, जो शराब घोटाले का किंगपिन है उसको कोई बचा नहीं सकता है।

हमें यकीन है जांच एजेंसी अपना काम करेगी और कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह किसी बड़े संवैधानिक पद पर भी बैठा हो, तब भी उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। आगे श्री गौरव भाटिया ने कहा कि आरोपी दिनेश अरोड़ा के आरोपों पर क्यों अरविंद केजरीवाल चुप हैं? हमारा कहना है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को इन आरोपों पर प्रेस वार्ता करनी चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं, तो यही माना जाएगा कि वह इस घोटाले में शामिल हैं।

******************************

 

पत्रकारिता का चोला ओढ़कर देश विरोधी षड्यंत्र बर्दाश्त नहीं : गौरव भाटिया

नई दिल्ली, 04 अक्टूबर (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने न्यूज़क्लिक और इससे जुड़े पत्रकारों के खिलाफ की गई कानूनी कार्यवाही और गिरफ्तारी को उचित ठहराते हुए कहा कि पत्रकारिता का चोला ओढ़कर देश विरोधी काम नहीं किया जा सकता और देश की जनता इसे कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी। यह देश के विरोधी देश से पैसा ले रहे थे। गौरव भाटिया ने विरोधी दलों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किस मजबूरी में राहुल गांधी, ममता बनर्जी और ‘घमंडिया’ गठबंधन के अन्य नेता इनका साथ दे रहे हैं। गौरव भाटिया ने न्यूज़क्लिक पर लगे आरोपों को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ गंभीर आरोप बताते हुए कहा कि यह पूछा जाना चाहिए कि क्या पत्रकारिता का मुखौटा पहनकर आप देश के खिलाफ काम करेंगे।

गौरव भाटिया ने कहा कि इस मामले में पुख्ता सबूत है, इसलिए मनी लॉन्ड्रिंग और यूएपीए के तहत मामला दर्ज हुआ है और कोर्ट ने न्यूज़क्लिक के फाउंडिंग मेंबर को पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दुख की बात यह है कि जब न्यूज़क्लिक पर कार्रवाई होती है तो चीन से वित्त पोषित कुछ पत्रकार और नेता को बड़ा दर्द होने लगता है।

विदेशी शक्ति भारत को कमजोर करने के लिए फंडिंग करती हैं और इस पर जब कार्रवाई की जाती है तो घमंडिया गठबंधन के कुछ नेता और पत्रकार हो-हल्ला मचाने लगते हैं। राहुल गांधी इनके बचाव में उतर जाते हैं। आखिर राहुल गांधी, ममता बनर्जी और घमंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं की ऐसी क्या मजबूरी है जो ये इनके साथ खड़े हैं। गौरव भाटिया ने याद दिलाया कि कांग्रेस पार्टी ने चीन से एमओयू किया था और दो करोड़ से ज्यादा रुपए लिए, जिसके बारे में भी अब तक कुछ नहीं बताया गया है।

गौरव भाटिया कहा कि भारत विरोधी किसी भी पत्रकार और नेता को बख्शा नहीं जाएगा। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जांच एजेंसियों के साथ है। कोई भी चीनी दलाल कानून से ऊपर नहीं है और कानून अपना काम कर रहा है। तेजस्वी यादव के आरोप पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए भाटिया ने कहा कि जिसकी जैसी सोच है, वह वैसी ही बात करेंगे।

मोदी सरकार में जांच एजेंसियां चुनाव को दिमाग में रखकर कार्रवाई नहीं करती है बल्कि वह कानून को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है। गौरव भाटिया ने कहा कि देश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को 303 सीट इसीलिए दी है की जो देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है उन्हें बक्सा नहीं जाए और उन पर सही कार्रवाई की जाए।

लेकिन घमंडिया गठबंधन ने न्यूज क्लिक के पत्रकारों का समर्थन करके दोहरी नीति दिखाते हुए पिछले दिनों 14 पत्रकारों को विरोध करना कांग्रेस का दोहरी नीति पता चलती है ।

**************************

 

केंद्रीय कैबिनेट ने 900 करोड़ के आदिवासी विश्वविद्यालय के प्रस्ताव को दी मंजूरी

नई दिल्ली 04 Oct, (एजेंसी): केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तेलंगाना के मुलुगु में 900 करोड़ रुपये की लागत से सममक्का-सरक्का केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में तेलंगाना में जनजातीय विश्वविद्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 अक्टूबर को चुनावी राज्य तेलंगाना के अपने दौरे के दौरान मुलुगु में विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा की थी।

पीएम मोदी ने एक समारोह के दौरान कहा था कि केंद्र सरकार मुलुगु में एक केंद्रीय आदिवासी विश्वविद्यालय स्थापित करेगी, जिसका नाम आदिवासी देवी सम्मक्का और सारक्का के नाम पर रखा जाएगा। इस पहल के लिए 900 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। मैं तेलंगाना के लोगों को उनके प्यार के लिए आभार व्यक्त करता हूं।

इस साल दिसंबर में तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा की राज्य में ज्यादा राजनीतिक उपस्थिति नहीं है। इसलिए पार्टी आक्रामक तरीके से राज्य में अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही है।

पीएम मोदी पिछले एक सप्ताह में दो बार तेलंगाना का दौरा कर चुके हैं। जिससे पता चलता है कि भाजपा राज्य में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को लेकर कितनी उत्साहित है, जहां मुकाबला मुख्य रूप से सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और विपक्षी कांग्रेस के बीच द्विध्रुवीय है।

****************************

 

आयुष्मान भारत योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, 78 हॉस्पिटल सूची से हटाए गए, 250 को शो-कॉज; 89 ने भरा जुर्माना

रांची 04 Oct, (एजेंसी): झारखंड में आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना में फर्जीवाड़ा करने वाले 400 से भी ज्यादा हॉस्पिटलों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। 78 हॉस्पिटलों को गड़बड़ी करने के आरोप में डि-इम्पैनल्ड किया गया है। 89 हॉस्पिटलों से करीब एक करोड़ रुपए जुर्माना वसूला गया है, जबकि 250 से भी ज्यादा हॉस्पिटलों को शो-कॉज किया गया है। एक हॉस्पिटल संचालक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

झारखंड स्टेट आरोग्य समिति के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर विद्यानंद शर्मा पंकज ने कहा है कि गड़बड़ियों की जांच लगातार जारी है। जिन हॉस्पिटल्स को चिन्हित किया गया है, अगर उनके प्रबंधन की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं आया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खास बात यह है कि दो महीने पहले लोकसभा में पेश सीएजी की रिपोर्ट में भी झारखंड के हॉस्पिटलों द्वारा बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का खुलासा किया गया था। रिपोर्ट में यह बात सामने आई थी कि झारखंड के प्राइवेट हॉस्पिटलों ने 250 ऐसे लोगों के इलाज के नाम पर पैसा उठाया, जिनकी पहले ही मौत हो चुकी थी।

राज्य के 47 हॉस्पिटल्स ने एक-एक दिन में अपनी कुल बेड क्षमता की तुलना से ज्यादा मरीजों के इलाज के नाम पर योजना का लाभ लिया। सावित्री देवी मेमोरियल ट्रस्ट हॉस्पिटल की कुल बेड क्षमता 30 है। इसने एक दिन में योजना के तहत 103 मरीजों के इलाज का दावा किया।

इसी तरह किडनी केयर सेंटर में मात्र 12 बेड हैं, लेकिन इसने 55 मरीजों के इलाज का दावा किया। रांची के इरबा स्थित क्यूरी अब्दुर्रज्जाक अंसारी कैंसर इंस्टीट्यूट ने 100 बेड की क्षमता रखते हुए 112 मरीजों का इलाज दिखाया।
पलामू जिले के एक हॉस्पिटल ने योजना के तहत डि-इम्पैनल होने के बाद अपना नाम बदल लिया और 130 मरीजों के इलाज के दावा किया। कई मरीजों के इलाज के नाम पर इसने भुगतान भी उठा लिया।

***************************

 

वायु सेना को मिला पहला तेजस ट्विन सीटर एयरक्राफ्ट

नई दिल्ली 04 Oct, (एजेंसी)-भारतीय वायु सेना को अपना पहला 2 सीटर लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट ‘तेजस ट्विन सीटर’ मिल गया है। बुधवार को यह विमान आधिकारिक तौर पर भारतीय वायु सेना को सौंपा गया। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड यानी एचएएल ने बुधवार को वायु सेना को पहला तेजस ट्विन सीटर ट्रेनर विमान सौंपा हैं।

तेजस ट्विन सीटर ट्रेनर विमान एक हल्का विमान है। इसकी एक बड़ी खासियत यह भी है कि यह विमान किसी भी मौसम में उड़ान भर सकता है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को कुल 18 ट्विन सीटर विमान का ऑर्डर दिया गया था। भारतीय वायु सेना द्वारा दिए गए इस आर्डर में से 8 विमान अगले साल तक दे दिए जाने हैं। शेष 10 विमानों को 2026-27 तक इंडियन एयर फोर्स के सुपुर्द किया जाएगा।

गौरतलब है कि भारतीय सेना के पास एलसीए तेजस का एडवांस्ड वर्जन मार्क-1 ए विमान पहले से ही है। एयर फोर्स के पास उपलब्ध यह विमान एक फाइटर जेट है जो 2205 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवा में उड़ता है। यही नहीं एयर फोर्स का यह फाइटर जेट 6 तरह की मिसाइलों को ले जाने में भी सक्षम है। भारतीय वायुसेना ने 123 तेजस फाइटर जेट मांगे थे, जिसमें से 31 मिल चुके हैं। ये सभी तेजस मार्क -1 हैं।

जबकि बुधवार को एयरफोर्स को सौंपा गया, तेजस टू-सीटर ट्रेनिंग विमान है। हालांकि ट्रेनिंग विमान होने के बावजूद आपातकालीन स्थिति में इसे बतौर फाइटर जेट भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे पहले मंगलवार को एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने बताया कि वायुसेना 97 हल्के लड़ाकू विमान तेजस मार्क 1ए खरीदने की अपनी योजना पर आगे बढ़ रही है। इसके अलावा एयर चीफ मार्शल चौधरी ने यह भी बताया कि भारतीय वायुसेना को रूस से एस-400 मिसाइल सिस्टम की तीन यूनिट मिलीं। वायुसेना को अगले साल तक मिसाइल सिस्टम की शेष दो और यूनिट मिलने की उम्मीद है।

एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने यह भी कहा कि भारतीय वायु सेना अगले सात-आठ वर्षों में 2.5 से 3 लाख करोड़ रुपये के सैन्य प्लेटफॉर्म, उपकरण और हार्डवेयर को शामिल करने पर विचार कर रही है। वायुसेना प्रमुख ने कहा कि अनिश्चित जियोपोलिटिकल स्थिति ने एक मजबूत सेना की आवश्यकता को मजबूत किया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना क्षेत्र में भारत की सैन्य ताकत को प्रदर्शित करने का आधार बनी रहेगी। अग्निपथ योजना के सफल कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए वायुसेना ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। थिएटराइजेशन योजना पर उन्होंने कहा कि इस पर काम चल रहा है।

********************************

 

मोदी सरकार का बड़ा तोहफा, अब सिर्फ 603 रुपए में मिलेगा LPG सिलेंडर

नई दिल्ली 04 Oct, (एजेंसी): पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव और छह महीने दूर लोकसभा चुनाव को देखते हुए सरकार ने बुधवार को उज्ज्वला योजना के तहत दिए जाने वाले रसोई गैस सिलेंडर पर सब्सिडी मौजूदा 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रति सिलेंडर कर दी। यह निर्णय केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा लिया गया, जिसकी बुधवार को बैठक हुई थी।

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कैबिनेट बैठक के बाद मीडियाकर्मियों को बताया कि उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए सब्सिडी मौजूदा 200 रुपये प्रति सिलेंडर से बढ़ाकर 300 रुपये प्रति सिलेंडर कर दी गई है। 29 अगस्त को सरकार ने उज्ज्वला लाभार्थियों सहित सभी उपभोक्ताओं के लिए घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये की कटौती की थी।

उज्ज्वला लाभार्थियों को वर्तमान में प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर के लिए 703 रुपये का भुगतान करना पड़ता है, जबकि बाजार मूल्य 903 रुपये है। बुधवार के फैसले के बाद अब एक लाभार्थी को 603 रुपये का भुगतान करना होगा। 300 रुपये की बढ़ी हुई सब्सिडी सीधे उज्ज्वला लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।

**************************

 

SYL विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की पंजाब सरकार को फटकार, कहा- इस मुद्दे पर राजनीति न करें

नई दिल्ली 04 Oct, (एजेंसी)-सतलुज यमुना लिंक (SYL) नहर विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने आज पंजाब सरकार को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति न करे। कोर्ट ने कहा कि पंजाब सरकार कानून से ऊपर नहीं है। सुप्रीम कोर्ट को सख्त आदेश देने के लिए मजबूर न करें। सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया कि पंजाब सरकार इस मामले में आगे बढ़े। अगर सुप्रीम कोर्ट हल की तरफ बढ़ रहा है तो पंजाब सरकार भी पॉजिटिव रुख दिखाए।

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को यह भी कहा कि केंद्र सरकार दोनों राज्यों के बीच चल रहे इस विवाद का हल निकालने के लिए पहल करे। कोर्ट ने कहा कि हरियाणा में एसवाईएल नहर बनाने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है, लिहाजा पंजाब भी इस समस्या का हल निकालने की दिशा में काम करे। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हम लंबे समय से चल रहे इस विवाद का हल निकालने की दिशा में काम कर रहे हैं, हमें उम्मीद है कि पंजाब सरकार भी इस दिशा में काम करेगी। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से रिपोर्ट मांगी है कि पंजाब में एसवाईएल नहर के निर्माण को लेकर मौजूदा हालात कैसे हैं।

**************************

 

नांदेड़ के बाद नागपुर के सरकारी अस्पताल में 24 घंटे में 25 लोगों की मौत

नागपुर 04 Oct, (एजेंसी): नागपुर के सरकारी मेयो अस्पताल में विभिन्न कारणों से बुधवार सुबह तक 24 घंटे में कम से कम 25 मरीजों की जान चली गई, जिससे राज्य की स्वास्थ्य प्रणाली पर नए सवाल खड़े हो गए हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने आज सुबह एक एक्स पोस्ट में नई मौतों पर प्रकाश डालते हुए कहा, डर यहीं खत्म नहीं होता है और स्वास्थ्य प्रणाली ध्वस्त हो गई है और सरकार सो रही है।

सुले ने कहा, ठाणे, नांदेड़ और छत्रपति संभाजीनगर (घटनाओं) के बाद अब नागपुर में भी 25 मरीजों की मौत हो गई। मुख्‍यमंत्री, उपमुख्‍यमंत्री के पास नई दिल्ली जाने का समय है, लेकिन इन अस्पतालों का दौरा करने का समय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं के लिए महाराष्ट्र के लोगों की जान की कोई कीमत नहीं है और राज्‍य में चिकित्सा आपूर्ति की कमी है। संयोग से, नागपुर राज्य की दूसरी राजधानी है और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के अलावा अन्य प्रमुख विपक्षी नेताओं का गृह नगर है।

अधिकारियों के अनुसार, इस बीच, डॉ. शंकरराव चव्हाण सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (नांदेड़) में मरने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई, जबकि घाटी अस्पताल (छत्रपति संभाजीनगर) में मरने वालों की संख्या 10 से बढ़कर 18 हो गई। विधानसभा में कांग्रेस के नेता विपक्ष विजय वडेट्टीवार आज दो अस्पतालों के दौरे पर जाने वाले हैं, जबकि शिवसेना (यूबीटी) के नेता विपक्ष (विधान परिषद) अंबादास दानवे ने आज सुबह नांदेड़ अस्पताल का दौरा किया।

दानवे ने कहा कि मरीजों ने उन्हें अस्पताल की विभिन्न समस्याओं के बारे में बताया और बताया कि कैसे सिजेरियन सेक्शन ऑपरेशन में देरी के कारण एक गर्भवती महिला और उसके अजन्मे बच्चे की मृत्यु हो गई।

राज्‍य में तीन दिन में तीन जिलों के तीन सरकारी अस्पतालों में दवाओं, उपकरणों, चिकित्सा या पैरामेडिकल स्टाफ की कथित कमी सहित विभिन्न खामियों के कारण लगभग 30 शिशुओं सहित कम से कम 78 लोगों की मौत हो गई है। मंगलवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मीडिया को बताया कि नांदेड़ अस्पताल में मौतों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और इसकी रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वालों को कड़ी सजा दी जाएगी।

*******************************

 

PMLA में राजनीतिक दल का नाम क्यों नहीं?, मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर SC का सवाल

नई दिल्ली 04 Oct, (एजेंसी): दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) एस.वी. राजू से पूछा कि इसमें राजनीतिक दल को आरोपी क्यों नहीं बनाया गया है। राजू पीएमएलए मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

अदालत ने ईडी से गुरुवार को जवाब देने को कहा। यहां जिस राजनीतिक दल की बात हो रही है वह आम आदमी पार्टी (आप) है। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और एस.एन.वी. भट्टी की अध्यक्षता वाली पीठ ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और ईडी से संबंधित दो याचिकाओं में सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई की। शीर्ष अदालत में सिसोदिया की जमानत याचिकाओं का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने बुधवार को उनके पक्ष में काफी दलीलें दीं।

सिसोदिया की ओर से पेश होते हुए सिंघवी ने पीठ से कहा कि उत्पाद शुल्क नीति कई स्तरों पर लिया गया एक संस्थागत और सामूहिक निर्णय था। उन्होंने नीतिगत निर्णय से पहले मंत्रियों के समूह की सात बैठकों का हवाला दिया। सिंघवी ने अदालत को बताया कि पुरानी नीति के चलते प्राइवेट मैनुफैक्चरर्स के गुटबंदी के कारण प्रॉफिट मार्जिन 70 प्रतिशत तक बढ़ गया था। नई नीति रवि धवन समिति के सुझाए गए सुधारों पर आधारित थी।

सिंघवी ने अदालत को बताया कि नई नीति में निर्माताओं को खुदरा विक्रेताओं के रूप में नहीं जोड़ा गया था, हालांकि पुरानी नीति में निर्माता खुदरा विक्रेता हो सकते हैं।

सिंघवी ने आगे कहा कि सीबीआई मामले में एक मुख्य आरोप पत्र और दो पूरक आरोप पत्र और 31,423 दस्तावेज और कुल 294 गवाह हैं। उन्होंने कहा, पीएमएलए मामले में अभियोजन की एक शिकायत है, साथ ही 21,465 दस्तावेजों और 162 गवाहों के साथ 4 पूरक शिकायतें भी हैं। सिंघवी ने कहा कि सिसोदिया के खिलाफ मामलों में कुल मिलाकर 50,000 दस्तावेज और 500 से अधिक गवाह हैं। इस पर जस्टिस खन्ना ने जवाब दिया कि कुछ गवाह दोनों में होंगे।

सिसोदिया की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति खन्ना ने टिप्पणी की कि इस बात को देखते हुए कि अदालत पॉलिसी मैटर पर नहीं जा रही है, लेकिन यह एक हाथ से ले और दूसरे से दे वाला सवाल बन जाता है, यानि क्विड प्रो क्वो का मामला।

इसलिए, जिस प्रश्न पर पीठ फैसला करेगी वह यह है कि क्या नीति सरकार को नुकसान पहुंचा रही थी या तीसरे पक्ष को लाभ पहुंचा रही थी। जस्टिस खन्ना ने सिंघवी से इन बिंदुओं पर बहस करने को कहा। सिंघवी ने गवाहों की विश्वसनीयता पर भी तर्क दिया और कहा कि वास्तव में यह जांच का विषय है कि उनके बयान कैसे लिए गए।

उन्होंने कहा, “इस न्यायालय ने माना है कि एक गवाह जो जांच एजेंसी का अप्रूवर बन जाता है, उसके बयान को अधिक विश्वसनीयता नहीं दी जानी चाहिए।” पीठ गुरुवार को भी मामले की सुनवाई जारी रखेगी।

*******************************

 

UGC फेलोशिप में बढ़ोतरी, 67,000 रुपए रुपए तक मिलेगी मासिक राशि

नई दिल्ली 04 Oct, (एजेंसी): इनोवेशन और रिसर्च नवाचार को बढ़ावा देने के लिए यूजीसी ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। यूजीसी ने उच्च शिक्षा संस्थानों के शोधकर्ताओं को फेलोशिप के रूप में मिलने वाली की मासिक राशि बढ़ा दी है। यूजीसी के मुताबिक बढ़ी हुई राशि 1 जनवरी 2023 से मान्य है।

यूजीसी के नए नियमों के मुताबिक जेआरएफ यानी जूनियर रिसर्च फेलोशिप के तौर पर जहां पहले 31,000 रुपए मासिक दिए जाते थे, उसे अब बढ़ाकर 37,000 महीना कर दिया गया है। इसी तरह से सीनियर रिसर्च फेलोशिप यानी सर्फ जो कि पहले 35,000 रुपए थी उसे बढ़ाकर 42,000 कर दिया गया है।

यूजीसी का कहना है कि रिसर्च एसोसिएट की फेलोशिप की राशि 47,000 प्रति माह से बढ़ाकर 58,000 कर दी गई है। जबकि, रिसर्च एसोसिएट ग्रेड 2 की फेलोशिप 49,000 से बढ़ाकर 61,000 कर दी गई है। इसी तरह रिसर्च एसोसिएट लेवल 3 की फेलोशिप, मासिक 54,000 से बढ़कर 67,000 रुपए कर दी गई है।

इस निर्णय की जानकारी देते हुए यूजीसी ने कहा कि यह अनुसंधान एवं विकास पारिस्थितिकी तंत्र को महत्वपूर्ण बढ़ावा देगा और शोधकर्ताओं को सुविधा प्रदान करेगा। वहीं छात्र संगठनों ने भी यूजीसी के इस निर्णय की सराहना की है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का कहना है कि वे विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा कनिष्ठ, वरिष्ठ शोध अध्येताओं व रिसर्च एसोसिएट की अध्येतावृत्तियों में बढ़ोतरी के निर्णय का स्वागत करती है।

गौरतलब है कि इससे पहले जब विज्ञान के विषयों के लिए फेलोशिप में बढ़ोतरी हुई थी, उसी समय यूजीसी से यह मांग की थी कि सभी फेलोशिप में बढ़ोतरी की जाए। अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि शोधार्थियों की अध्येतावृत्तियों में बढ़ोतरी स्वागतयोग्य कदम है, भारतीय विश्वविद्यालयों में शोध क्षेत्र में सुधार के लिए विभिन्न कदम उठाए जाने होंगे।

*****************************

 

सिक्किम में बादल फटने से तीस्ता नदी में बाढ़, सेना के 23 जवान लापता

गंगटोक 04 Oct, (एजेंसी) : सिक्किम में लोनाक झील के ऊपर बुधवार को अचानक बादल फटने से कम से कम 23 सैनिक लापता हो गए हैं। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि बादल फटने से लाचेन घाटी में तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आ गई। घाटी में कुछ सैन्य प्रतिष्ठान प्रभावित हुए हैं और विवरण की पुष्टि करने के प्रयास जारी हैं।सेना के प्रवक्‍ता ने बताया कि चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का स्तर अचानक 15-20 फीट बढ़ गया।

उन्‍होंने कहा, “जल स्तर में अचानक वृद्धि के कारण सिंगताम के पास बारदांग में खड़े सेना के वाहन प्रभावित हो गए हैं। फिलहाल 23 सैन्य कर्मियों के लापता होने और कुछ वाहनों के कीचड़ में डूबे होने की सूचना है। तलाशी अभियान जारी है।” आपदा के बारे में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

***********************

 

दर्दनाक हादसाः ट्रक और अर्टिका कार के बीच भीषण भिड़ंत, आठ लोगों की मौत

वाराणसी 04 Oct, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश में वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार भोर एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गयी जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को जीवित बचे लोगों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के करखियांव क्षेत्र में आज भोर करीब साढ़े चार बजे जौनपुर-लखनऊ राजमार्ग पर ट्रक और अर्टिका कार की भिड़ंत में आठ लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल एक तीन वर्षीय बालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान विपिन यादव, उनकी मां गंगा यादव, महेंद्र वर्मा, उनकी पत्नी चंद्रकली, राजेंद्र यादव और तीन अन्य के रूप में की गई है। सभी हताहत पीलीभीत के निवासी बताये जाते हैं जो वाराणसी की धार्मिक यात्रा पर आये थे।

******************************

 

गुरुग्राम में आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी फरार

गुरुग्राम 04 Oct, (एजेंसी): गुरुग्राम के सेक्टर-51 महिला थाने की सीमा के अंतर्गत एक आठ साल की लड़की के साथ बलात्‍कार का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बच्‍ची का पड़ोसी है जो उसी इमारत में रहता है।

घटना  देर शाम को हुई। जब पीड़िता खून से सने कपड़ों के साथ अपने घर लौटी तो लड़की के माता-पिता ने उसी दिन स्थानीय थाने में शिकायत की।

पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसी इमारत में रहता था। वह उसकी बेटी को ऊपर ले गया और उसके साथ बलात्‍कार किया। हालांकि, पुलिस ने बुधवार को कहा कि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि संदिग्ध वयस्क है या नाबालिग। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

*******************************

 

मणिपुर : कुकी-ज़ो लोगों की गिरफ्तारी के खिलाफ बेमियादी बंद से 2 जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त

इंफाल 04 Oct, (एजेंसी): सीबीआई द्वारा कुकी-ज़ो आदिवासियों की गिरफ्तारी के विरोध में इंडिजिनस ट्राइबल्स लीडर्स फोरम (आईटीएलएफ) और कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू) की महिला शाखा के अनिश्चितकालीन बंद के आह्वान पर मणिपुर के आदिवासी बहुल चुराचांदपुर और कांगपोकपी जिलों में मंगलवार को दूसरे दिन भी सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। हालांकि, दो युवा छात्रों की हत्या के सिलसिले में सीबीआई द्वारा कुकी-ज़ो के चार लोगों की गिरफ्तारी के विरोध में चुराचांदपुर जिले में सोमवार सुबह शुरू हुआ आईटीएलएफ द्वारा बुलाया गया दो दिवसीय बंद मंगलवार शाम को समाप्त हो गया।

आईटीएलएफ और सीओटीयू की महिला शाखा इंफाल से दो किशोर छात्रों के कथित अपहरण और हत्या के मामले में चार लोगों की मनमाने ढंग से गिरफ्तारी और दो नाबालिगों की हिरासत और अंतरराष्ट्रीय साजिश के आरोप में एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है।

आईटीएलएफ की महिला शाखा के सदस्यों ने सुनिश्चित किया कि चुराचांदपुर की सभी सड़कें सुनसान रहें, क्योंकि सभी दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों के शटर नीचे थे। पुलिस ने कहा कि बाजारों में कोई गतिविधि नहीं देखी गई और सरकारी कार्यालयों में कोई उपस्थिति नहीं देखी गई, जबकि बैंक और शैक्षणिक संस्थान बंद रहे। आईटीएलएफ की महिला विंग की कार्यकर्ता रेबेका, जो शटडाउन के कार्यान्वयन का नेतृत्व कर रही थीं, ने शटडाउन को उचित ठहराया और समुदायों के बीच भेदभाव का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ”कुकी-ज़ो लोगों के बलात्कार और हत्या के कई मामलों पर ध्यान नहीं दिया जाता, जिसमें दो कुकी महिलाओं पर यौन हमला और एक एम्बुलेंस में मां और बेटे को जिंदा जलाना शामिल है, दो मैतेई छात्रों की कथित हत्या का मामला भी शामिल है। मगर सीबीआई ने कुकी-ज़ो समुदाय के दो नाबालिगों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।”

दोनों आंदोलनकारी संगठनों ने केंद्रीय एजेंसियों से हिरासत में लिए गए लोगों को बिना किसी शर्त के रिहा करने की अपील की। उन्होंने आगे सीबीआई से राजनीतिक दबाव में जल्दबाजी में कार्रवाई न करने, बल्कि पेशेवर तरीके से कार्य करने और समुदायों या धर्म को देखे बिना जातीय संघर्ष के दौरान किए गए सभी अपराधों के लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी कुकी-ज़ो लोगों के खिलाफ अपराध के सभी मामलों में न्याय की मांग करते रहेंगे।

****************************

 

बेंगलुरु में 15 स्‍थानों पर आयकर विभाग की छापेमारी

बेंगलुरु 04 Oct, (एजेंसी): आयकर विभाग (आईटी) ने बुधवार सुबह बेंगलुरु में 15 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। अधिकारी कुछ उद्योगपतियों के आवासों और कॉर्पोरेट कार्यालयों में दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि छापेमारी कुछ उद्योगपतियों और सोने के व्यापारियों द्वारा कर चोरी की पृष्ठभूमि में की गई है। मंगलवार रात चेन्नई और मुंबई कार्यालय से अधिकारी यहां पहुंचे।

छापेमारी विजयनगर, हुलीमावु, सदाशिवनगर और सांकी टैंक इलाकों में की गई। सूत्रों ने यह भी बताया कि छापेमारी एक महिला दंत चिकित्सक के आवास पर भी की जा रही है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

********************************

 

जेपी नड्डा करेंगे आपणो राजस्थान, सुझाव आपका संकल्प हमारा अभियान का शुभारंभ

नई दिल्ली 04 Oct, (एजेंसी): राजस्थान में होने वाले आगामी विधान सभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी का घोषणा पत्र ( संकल्प पत्र ) तैयार करने के लिए भाजपा ने राजस्थान की जनता से ही सुझाव मांगने का फैसला किया है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आपणो राजस्थान ‘सुझाव आपका, संकल्प हमारा’ अभियान का शुभारंभ करेंगे।

दरअसल, राज्य में होने विधान सभा चुनाव को लेकर भाजपा अपना घोषणा पत्र तैयार करने के मिशन में लगी हुई है जिसे पार्टी घोषणा पत्र के बजाय संकल्प पत्र कहती है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में राजस्थान की जनता के सुझाव को भी शामिल करने का फैसला किया है।

इसी के तहत नड्डा बुधवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम से इस अभियान का शुभारंभ करने जा रहे हैं। नड्डा 51 रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे जो प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में जाकर राज्य की सभी 200 विधान सभाओं से जनता के सुझाव को एकत्र करने का काम करेगी।

हर रथ पर एक संयोजक और सह संयोजक होगा। हर रथ में एक आकांक्षा पेटी रखी होगी, जिसमें कोई भी व्यक्ति अपने सुझाव डाल सकता है। भाजपा मिस्ड कॉल, वॉट्सऐप और वेबसाइट के जरिए भी लोगों के सुझाव लेने की तैयारी कर रही है।

******************************

 

लैंड फॉर जॉब घोटाला मामला : लालू परिवार को बड़ी राहत, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने दी जमानत

नई दिल्ली 04 Oct, (एजेंसी) : लैंड फॉर जॉब मामले में लालू परिवार को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई की सप्लीमेंट्री चार्जशीट पर सुनवाई करते हुए सभी आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और सांसद मीसा भारती को जमानत दे दी है। मामले का ट्रायल 16 अक्टूबर से शुरू होगा।

लालू, राबड़ी, तेजस्वी और मीसा भारती समेत लैंड फॉर जॉब केस के सभी 17 आरोपी बुधवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट ने सीबीआई की सप्लीमेंट्री चार्जशीट के आधार पर सभी को पिछले महीने समन किया था। सभी आरोपियों ने कोर्ट में बुधवार को जमानत की अर्जी दी। कोर्ट ने 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर उन्हें जमानत देने का फैसला सुनाया। साथ ही 16 अक्टूबर को सुनवाई की अगली तारीख तय की गई है। बताया जा रहा है कि इस दिन से केस का ट्रायल शुरू किया जाएगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सीबीआई की ओर से कोर्ट में दलील दी गई की उसके पास आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत और गवाह हैं। हालांकि अदालत ने कहा कि अभी आरोपियों की जमानत अर्जी रद्द करने का कोई औचित्य नहीं बनता है।

****************************

 

कांग्रेस सरकार की शक्ति योजना ने कर्नाटक की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया: राहुल

नई दिल्ली 04 Oct, (एजेंसी): कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को सिद्दारमैया के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार की शक्ति योजना की सराहना करते हुए कहा कि इसने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है और “यह गर्व की बात है कि हमारा शासन मॉडल यह सुनिश्चित कर रहा है कि राज्‍य की महिलाओं को उनका अधिकार मिले”।

राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “कर्नाटक में लक्ष्मी, वंदना, पूजा और उनके जैसी लाखों महिलाओं को कांग्रेस सरकार की शक्ति योजना द्वारा सशक्त बनाया गया है, जो मुफ्त बस यात्रा प्रदान कर रही है।” उन्होंने कहा कि चाहे उन्‍हें स्कूल, कॉलेज, काम पर जाना हो या राज्य में कहीं भी यात्रा करनी हो, “शक्ति योजना ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है और इसके परिणामस्वरूप पर्याप्त बचत हुई है”।

उन्होंने कहा, “यह योजना स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देती है और रोजगार के अवसर पैदा करती है। यह गर्व की बात है कि हमारा शासन मॉडल यह सुनिश्चित कर रहा है कि कर्नाटक की महिलाओं को उनके अधिकार दिए जाएं।” उन्होंने अपने पोस्ट के साथ एक समाचार की प्रति भी संलग्न की है। शक्ति योजना, दक्षिणी राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले घोषित कांग्रेस की पांच गारंटियों का हिस्सा थी। राज्य में सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने इस योजना को लागू किया।

***************************

 

बेंगलुरु में सात सिटी ट्रांसपोर्ट अधिकारियों के खिलाफ FIR, एक गिरफ्तार

बेंगलुरु 04 Oct, (एजेंसी): कर्नाटक पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के जाली हस्ताक्षर करने तथा नकली मुहरों का उपयोग कर बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (बीएमटीसी) को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचान के मामले में एक व्‍यक्ति को गिरफ्तार किया है और कॉर्पोरेशन से जुड़े सात अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इस संबंध में पूर्व मुख्य यातायात प्रबंधक श्रीराम मुलकावन; एक संभागीय यातायात अधिकारी श्यामला एस. मुद्दोदी; सहायक यातायात प्रबंधक ममता बी.के.; सहायक यातायात अधीक्षक अनीता टी.; सहायक यातायात निरीक्षक गुणशीला; कनिष्ठ सहायक आर. वेंकटेश; और कनिष्ठ सहायक प्रकाश कोप्पल के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी।

इस संबंध में विल्सन गार्डन थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अन्य अधिकारियों की तलाश शुरू कर दी है। बीएमटीसी से जुड़ी एक सहायक सुरक्षा और सतर्कता अधिकारी सी.के. राम्या ने शिकायत दर्ज कराई थी। मामले के मुख्य आरोपी श्रीराम मुलकावन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य फरार हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने बीएमटीसी की पूर्व प्रबंध निदेशक सी. शिखा और सुरक्षा एवं सतर्कता विंग के निदेशक के. अरुण के फर्जी हस्ताक्षर किये।

आरोपियों ने गिरोह बनाकर कथित तौर पर करोड़ों की कमाई की थी। घोटाला सामने आने के बाद वाणिज्य विभाग से उनका तबादला अलग-अलग अनुभागों में कर दिया गया। आरोपियों ने फर्जी हस्ताक्षर और मुहर का इस्तेमाल कर 17.64 करोड़ रुपये निकाल लिए थे।

परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बीएमटीसी मामले की जांच कर रही है। यह पाया गया कि अधिकारियों ने यूपीआई ऐप्स के माध्यम से 4 से 5 लाख रुपये की रिश्वत ली थी। अब अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “मैंने निर्देश दिया है कि केवल निलंबन पर्याप्त नहीं है और आरोपी को दंडित किया जाना चाहिए।

*******************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए अनुकुल रहेगा। किसानों के लिए दिन अच्छा रहेगा। फसल अच्छी होने से मन प्रसन्न रहने वाला है। मौसम परिवर्तन से बुजुर्गों की सेहत में थोड़ा उतार चढ़ाव होने की संभावना है। काफी समय से एक ही जगह काम कर रहे लोगों की सैलरी में इन्क्रीमेंट होगा। आज शाम का समय अपने परिवार के साथ बिताएंगे।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 5

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज का दिन आपके आपके परिवार के लिए नई खुशियां लाने वाला है। आपके बेटे को किसी क्षेत्र में अच्छे विकास से आपको खुशी मिलेगी। अपनी बचत को लंबे समय के लिए निवेश कर सकते हैं। आज के दिन फिजूल के खर्चों से बचने की आवश्यकता है। छात्रों की पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी। दाम्पत्य जीवन में खुशहाली आएगी। जीवनसाथी आपकी भावनाओं की कद्र करेंगे।

शुभ रंग- गुलाबी

शुभ अंक- 3

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपके दिन की शुरुआत अच्छी होगी। आज जीवनसाथी किसी जरूरी बात को आपसे शेयर करेंगे। उनकी बात को जरूर समझेंगे। आज व्यापार में आपको रोज की अपेक्षा अधिक मुनाफा होगा। इनफार्मेशन टेक्नोलोजी के स्टूडेंट के लिए आज का दिन ख़ास है।

शुभ रंग- हरा

शुभ अंक- 1

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज आपका दिन लाभदायक रहने वाला है। सामाज सेवा से जुड़े लोगों का दिन अच्छा रहने वाला है, आज आपको लोगों का सपोर्ट मिलेगा। दांपत्य रिश्ते में ख़ुशी का माहौल बनेगा। जॉब की तालाश ख़त्म होगी, जिससे अपनी जरूरतों को पूरा करेंगे। होम ट्यूशन दें रहे लोगों के लिये आज का दिन अच्छा रहने वाला है। लवमेट आज साथ में घूमने जायेंगे। लेखन का कार्य कर रहे लोगों को आज सम्मानित किया जायेगा।

शुभ रंग- हरा

शुभ अंक-2

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आज आप नया घर खरीदने का विचार बनायेंगे। परिवार के लोगों का सहयोग मिलेगा। व्यापार में आपकी मेहनत से अच्छा लाभ होगा। आज बाहर के तली भुनी चीजों को खाने से परहेज करें। आज किसी से भी बात करते समय अपनी भाषा पर नियंत्रण बनाये रखें। लवमेट एक दूसरे को बेहतर समझेंगे। आज आपकी आर्थिक स्थिति में बेहतर सुधर होगा।

शुभ रंग- बैंगनी

शुभ अंक- 1

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। छात्र अपनी प्रगति की ओर अग्रसर रहेंगे। कारोबार में आ रही किसी रुकावट का आज समाधान मिल जायेगा। जिससे काम अच्छा चलेगा। फंडिंग एजेंसी से जुड़े लोगों को अन्य लोगों का सहयोग मिलेगा। परिवार में सुख समृद्धि का माहौल बना रहेगा। विदेश में नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को आज नए अवसर प्राप्त होंगे। किसी बड़ी कंपनी से जॉब का ऑफर आयेगा।

शुभ रंग- काला

शुभ अंक- 3

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज आपका दिन आपके जीवन में नया बदलाव लाने वाला है। किसी बड़ी खुशखबरी से परिवार में उत्सव का माहौल बना रहेगा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को अच्छे परिणाम मिलने के योग बन रहे हैं। आज किसी को दिए हुए रुपये आपको वापस मिलेंगे। रुके कामों को पूरा करने का आज सही समय है। आज आपको बेवजह किसी से उलझने से बचना चाहिए। व्यापार को बढ़ाने के लिए आज किसी अनुभवी से सलाह लेंगे।

शुभ रंग- भूरा

शुभ अंक- 3

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन कॉन्फिडेंस के साथ शुरू होने वाला है। सकारात्मक सोच के साथ व्यापार में निवेश के लिए आज का दिन आपके पक्ष में रहने वाला है। प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को अच्छे परिणाम हासिल होंगे। आज आप घरेलू जिम्मेदारियों को भली-भांति निभाएंगे। नवविवाहित दंपत्ति आज घूमने जायेंगे। पहले की गयी मेहनत का आज अच्छा परिणाम मिलेगा। आज आपको अपने आस-पास हो रही गतिविधियों पर ध्यान रखने की जरूरत है।

शुभ रंग- पीच

शुभ अंक- 8

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन उत्साह से भरपूर रहने वाला है। किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या के उपचार होने से खुद को बेहतर महसूस करेंगे। दांपत्य जीवन में आपको बड़ी खुशखबरी मिलेगी। आज ऑनलाइन आर्डर मिलने से आपको अधिक लाभ होगा। आज किसी दोस्त से आपकी मुलाकात हो सकती है, जिससे आपको बहुत ख़ुशी होगी। अपना बिजनेस बढ़ाने के लिए आप नई योजनाएं बना सकते हैं, जिससे भविष्य में आपको लाभ मिलेगा।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 2

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए खुशियों की सौगात लाएगा। नया बिसनेस शुरू करने में आपको सफलता मिलेगी। अच्छा लाभ होगा। छात्रों को अपनी पढाई पर विशेष ध्यान देने की अवश्यकता है। प्राइवेट शिक्षकों को पदोन्नति मिलने के अच्छे योग बन रहे हैं । बिजनेस साझेदार के साथ ताल मेल बनाकर चलने से आपको लाभ मिलेगा। किसी भी बात को आज सोच-विचार कर बोलने की आवश्यकता है।

शुभ रंग- मैहरुन

शुभ अंक- 3

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। दोस्तों के साथ अच्छा समय बिताएंगे। जिससे आपकी दोस्ती मजबूत बनेगी। शिक्षकों के लिए दिन ऊर्जा से भरा रहने वाला है। काम के प्रति आपका डर खत्म होगा। काम करने में मन लगेगा । व्यापारिक क्षेत्र में लाभ के समाचार प्राप्त होंगे। आज आपकी आमदनी बढऩे से बचत करने में सफल रहेंगे। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

शुभ रंग- बैंगनी

शुभ अंक- 9

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज का दिन आपके लिए खुशनुमा पल लेकर आया है। किसी चीज को पाने की कामना आज पूरी होगी, जिससे आपका मन प्रसन्न रहेगा। किसानों की फसल की पैदावार अच्छी होगी। परिवार में नन्हे मेहमान के आगमन से ख़ुशी का माहौल बनेगा। बिजनेस को बढ़ाने के लिए आज आप कुछ ठोस कदम उठा सकते हैं। मेडिसिन कंपनी में कार्यरत लोगों का काम अच्छा चलेगा। आज आप खानपान के साथ-साथ अपनी दिनचर्या में भी सुधार करेंगे।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 9

******************************

 

कृष्णा चौहान फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2023’  समारोह सम्पन्न

04.10.2023  –  मुम्बई की चर्चित स्वयं सेवी संस्था कृष्णा चौहान फाउंडेशन के संस्थापक डॉ कृष्णा चौहान द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को अंधेरी (वेस्ट), मुम्बई स्थित मेयर हॉल में आयोजित ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2023’  समारोह बॉलीवुड सिंगर पद्मश्री उदित नारायण, निर्माता धीरज कुमार, एसीपी संजय पाटिल, एसीपी बाजीराव महाजन, दिलीप सेन, सुनील पाल, के के गोस्वामी, अमिताभ बच्चन के मेकअप आर्टिस्ट दीपक सावंत, पंकज बेरी, अरुण बख्शी, अली खान, रमेश गोयल, जीतेन्द्र कुमार तिवारी, जीनत एहसान कुरैशी, डांसर शिरीन फरीद, समाजसेविका सुंदरी ठाकुर और मधुमंगल दास की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

दिलीप सेन, अली खान, रमेश गोयल, धीरज कुमार, एसीपी संजय पाटिल, अरुण बख्शी, अली खान, एसीपी बाजीराव महाजन की स्टेज पर उपस्थिति के साथ गणेश वंदना के साथ दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस समारोह में इन सभी विशिष्ट अतिथियों को अवार्ड दे कर सम्मानित किया गया। साथ ही साथ ब्राइट आउटडोर पब्लिसिटी के योगेश लखानी, सिंगर राजू टांक, ब्राइट आउटडोर पब्लिसिटी के योगेश लखानी, निर्देशक रंजन कुमार सिंह, पब्लिसिटी डिजाइनर आर राजपाल, एंकर डॉ भारती छाबरिया, गाँधीजी की वेशभूषा में पवन तोडी, पंडित रविन्द्र आचार्य, प्रियंक शाह, दीपक देसाई, लेखक पी के गुप्ता, फैजल अली खान, डॉ हर्ष  जोशी, आचार्य हरिओम शास्त्री, दिव्या पंडित, समीरा शेख, डॉ मुस्तफा यूसुफ अली, कबीना महारजन, सिंगर आशु वर्मा, श्याम सुंदर सोनी, डॉ स्मिता, मनोज खरे, कांतिलाल पटेल, रैपर हितेश्वर, रूपांशी सिंह, मालिनी बख्शी, गुरु मन्ना, धनंजय कुलकर्णी सोशल वर्कर, पीके गुप्ता, पूनम गिरी, सोनू , पूजा पाण्डेय, नरेश सिसोदिया, राजेश घायल, प्रियंका चौहान, गीतकार सुधाकर शर्मा, झारखंड से आये वरिष्ठ फिल्म पत्रकार व अधिवक्ता काली दास पाण्डेय सहित अन्य स्थानीय मीडियाकर्मियों को भी अवार्ड दे कर सम्मानित किया गया।

विदित हो कि डॉ कृष्णा चौहान न सिर्फ एक सफल बॉलीवुड डायरेक्टर हैं, एक्टिव सोशल वर्कर हैं बल्कि अवार्ड्स फंक्शन्स करवाने के मामले में अव्वल नम्बर पर जाने माने जाते हैं। इस अवार्ड समारोह के सफल आयोजन के बाद अब वो दिसंबर माह में निर्धारित बॉलीवुड लीजेंड अवार्ड समारोह के 5वें सीज़न की तैयारी में लग गए हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

भारतीय वायुसेना का हिस्सा नहीं रहेंगे MIG 21, ये विमान लेगा इनकी जगह

नई दिल्ली 03 Oct, (एजेंसी)-मिग 21 लड़ाकू विमान अब भारतीय वायुसेना का हिस्सा नहीं रहेंगे। इन विमानों का स्थान LCA तेजस विमान लेंगे। उक्त जानकारी भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी के माध्यम से सामने आई है। उन्होंने कहा कि एक या दो महीने में, पहले एक मिग-21 स्क्वाड्रन का संचालन शुरू होगा और उसके बाद आखिरी स्क्वाड्रन को लॉन्च किया जाएगा।

भारतीय वायु सेना के विमानों ने कई लंबी दूरी के कई मिशन को अंजाम दिया है, जिसमें राफेल और अन्य विमान शामिल हैं, खासतौर पर राफेल और अन्य विमानों ने दूर-दराज के इलाकों में उड़ान भरकर मिशन को सफल बनाया है।”

एक सवाल का जवाब देते हुए, एयर चीफ मार्शल चौधरी ने कहा कि भारतीय वायुसेना को रूस से एस-400 मिसाइल सिस्टम की तीन इकाइयां मिलीं और उसे अगले साल तक शेष दो प्राप्त होने की उम्मीद है। भारतीय वायुसेना प्रमुख ने कहा कि अनिश्चित भू-राजनीतिक स्थिति ने एक मजबूत सेना की आवश्यकता को मजबूत किया है.

उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना क्षेत्र में भारत की सैन्य ताकत को प्रदर्शित करने का आधार बनी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वायुसेना ने अग्निपथ योजना के सफल कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। थिएटराइजेशन योजना पर उन्होंने कहा कि इस पर काम चल रहा है।

*************************