मरे हुए लोगों का इलाज, महाकाल लोक में चोरी, व्यापम घोटाला… एमपी में राहुल गांधी ने बीजेपी पर लगाए आरोप

शहडोल ,10 अक्टूबर (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के शहडोल में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आडवाणी जी का मानना था कि बीजेपी-आरएसएस की असली प्रयोगशाला गुजरात में नहीं, मध्य प्रदेश में है. उन्होंने इसको लेकर बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा.
राहुल गांधी ने कहा, बीजेपी-आरएसएस की इस प्रयोगशाला में मरे हुए लोगों का इलाज किया जाता है. महाकाल लोक में शिव जी से चोरी की जाती है. बच्चों के मिड-डे मील से चोरी की जाती है. व्यापम घोटाला होता है, एमबीबीएस की सीट बेची जाती है. पटवारी बनने के लिए 15 लाख की रिश्वत देनी पड़ती है.

हर रोज 3 किसान खुदकुशी करते हैं. किसानों को गोली मारी जाती है.  

कांग्रेस सांसद ने कहा, बीजेपी की इस लैब में हर दिन महिलाओं से रेप किया जाता है. भोपाल में एक लड़की का रेप होता है और उसे बचाने की कोशिश में भाई की पुलिस के सामने हत्या कर दी जाती है. बीजेपी का एक नेता आदिवासी के ऊपर पेशाब करता है.

90 में से 3 अधिकारी चलाते हैं सरकार : राहुल

वायनाड सांसद ने कहा, मैं एक दिलचस्प बात साझा करना चाहता हूं. भारत सरकार को 90 अधिकारी चलाते हैं. सभी फैसले ये 90 अधिकारी ही लेते हैं. ये फैसला बीजेपी के सांसद नहीं लेते. संसद में मैंने कहा था कि 90 में से केवल तीन ओबीसी से हैं और ओबीसी अधिकारी सिर्फ 5 फीसदी बजट के बारे में निर्णय लेते हैं.

कांग्रेस नेता ने कहा, अब मैं पूछना चाहता हूं. यदि भारत सरकार 100 रुपये खर्च करती है और ओबीसी अधिकारी लगभग 5 रुपये तय करते हैं. मैं पूछना चाहता हूं कि आदिवासी अधिकारी कितना खर्च करते हैं? मैं आपको बताना चाहता हूं कि एक आदिवासी अधिकारी भारत सरकार द्वारा खर्च किए जाने वाले 100 रुपये में से केवल 10 पैसे का फैसला करता है. इसलिए हमने देश के सामने ये सवाल उठाया है.

राहुल गांधी ने उठाया जातीय जनगणना का मुद्दा

मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले राहुल गांधी ने जातीय जनगणना का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि हम जातीय जनगणनाम कराएंगे. छत्तीसगढ़ और राजस्थान में इसकी शुरुआत हो चुकी है. एमपी में अगर हमारी सरकार बनी तो पहली ही कैबिनेट मीटिंग में हम जातीय जनगणना कराने का फैसला लेंगे.

राहुल ने बताया आदिवासी और वनवासी में फर्क 

आदिवासी और वनवासी के बीच अंतर बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हम आपको आदिवासी कहते हैं. आदिवासी शब्द का मतलब- हिंदुस्तान के वासी. जो देश में पहले आए थे, जो इस ज़मीन के असली मालिक हैं. हिंदुस्तान की जमीन, जल, जंगल पर आदिवासियों का सबसे पहला हक बनता है. बीजेपी आपको वनवासी कहती है.

*********************************

 

सुष्मिता की आर्या 3 की रिलीज तारीख से उठा पर्दा, डिज्नी+हॉटस्टार पर 3 नवंबर देगी दस्तक

11.10.2023  (एजेंसी)  – बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री सुष्मिता सेन को पिछली बार वेब सीरीज ताली में देखा गया था, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो सिनेमा पर उपलब्ध है।आने वाले दिनों में सुष्मिता वेब सीरीज आर्या के तीसरे किस्त आर्या 3 में अपनी मौजूदगी दर्ज करवाएंगी।आर्या के पहले और दूसरे सीजन के बाद से ही दर्शक इसके तीसरे सीजन का ब्रेसबी से इंतजार कर रहे हैं।

अब निर्माताओं ने आर्या 3 की रिलीज तारीख से पर्दा उठा दिया है।आर्या 3 का प्रीमियर 3 नवंबर से डिज्नी+ हॉटस्टार पर होगा। ओटीटी प्लेटफॉर्म ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर आर्या 3 का एक प्रोमो वीडियो साझा किया है, जिसमें सुष्मिता जबरदस्त एक्शन करती नजर आ रही हैं।

इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, जिसके सर पर ताज होता है, निशाना भी उसी पे होता है।आर्या 3 का निर्देशन राम माधवानी द्वारा किया गया है।इसमें चंद्रचूड़ सिंह, सिकंदर खेर, नमित दास, मनीष चौधरी, सुगंधा गर्ग जैसे कलाकार भी हैं।

******************************

 

गणपत ने रचा इतिहास, ऑफिशियल रिलीज से पहले 2 लाख ग्लोबल फैंस ने ट्रेलर किया लॉन्च

11.10.2023  (एजेंसी)  – टाइगर श्रॉफ, कृति सेनन और मेगास्टार अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म गणपत : ए हीरो इज बॉर्न ने नया इतिहास रचा है। दरअसल, फिल्म के ऑफिशियल लॉन्च से पहले 2 लाख ग्लोबल फैंस ने एक साथ इसका ट्रेलर लॉन्च कर दिया।इस लॉन्च ने ट्रेलर को बहुत कम समय में यूट्यूब पर नंबर 1 ट्रेंडिंग पर पहुंचा दिया। ट्रेलर को लेकर फैंस के उत्साह ने सोशल मीडिया पर हलचल पैदा कर दी। गणपत का ट्रेलर लॉन्च सोशल मीडिया टेकओवर जैसा था।

देश भर से फैंस इसे मॉन्यूमेंटल इवेंट बनाने के लिए एकजुट हुए।हैशटैग फैंस लॉन्च गणपत ट्रेलर इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया, न केवल भारत में बल्कि विश्व स्तर पर यह ट्रेंड करने लगा।एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर टॉप 10 इंडियन ट्रेंड्स में से 8 गणपत से संबंधित ट्रेंड थे।दो लाख से ज्यादा फैंस ने अपने-अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर ट्रेलर लॉन्च किया।

ट्रेलर को अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफार्मों पर 17 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया। गणपत ने जो लोकप्रियता बटोरी वह न केवल उल्लेखनीय थी, बल्कि इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था।

*****************************

 

मेहरीन पीरजादा ने सुल्तान ऑफ दिल्ली में 60 के दशक का अपनाया लुक

11.10.2023  (एजेंसी)  – मिलन लुथरिया की अपकमिंग थ्रिलर सुल्तान ऑफ दिल्ली में एक्ट्रेस मेहरीन पीरजादा ने सीरीज में पोल्का डॉट ड्रेस और सिल्क लॉन्ग स्कर्ट से लेकर बाउंसी बॉब हेयर-डॉस तक क्लासिक 60 के दशक का लुक अपनाया है।शो में अपने लुक और स्टाइल के बारे में बात करते हुए मेहरीन ने कहा, मुझे सुल्तान ऑफ दिल्ली में मेरा लुक बहुत पसंद आया। मैं बालों के कलर को ध्यान में रखते हुए ब्लैक बालों का विग पहन रही थी क्योंकि उस समय बालों के कलर को लेकर ज्यादा क्रेज नहीं था।

एफ3: फन एंड फ्रस्ट्रेशन की एक्ट्रेस ने कहा, 50 और 60 के दशक के आउटफिट्स इतना कूल लुक देते थे। यह ऑड्रे और मर्लिन मुनरो से प्रेरित था जो मेरे लिए बहुत दिलचस्प था क्योंकि मैंने उनका बहुत सारा काम देखा है।मेहरीन ने आगे साझा किया, मेरे कई लुक टेस्ट हुए क्योंकि मिलन सर लिप कलर या जूतों के प्रकार से खुश नहीं थे। पहले उन्होंने सोचा था कि संजना ब्राइट लिप कलर जैसे ज्यादातर रेड कलर पहने, लेकिन फिर उन्हें एहसास हुआ कि संजना जैसे किरदार के लिए जो बेहद मासूम है, न्यूट्रल कलर और नेचुरल मेकअप बेहतर रहेगा।

तो बेस सिंपल लेकिन ट्रेंडी और फैशनेबल था।अर्नब रे की किताब सुल्तान ऑफ दिल्ली: असेंशन पर आधारित, सीरीज रिलायंस एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित और मिलन लुथरिया द्वारा निर्देशित और सुपर्ण वर्मा द्वारा सह-निर्देशित और सह-लिखित है।सीरीज में ताहिर राज भसीन, अंजुम शर्मा, विनय पाठक, निशांत दहिया और अनुप्रिया गोयनका, मौनी रॉय, हरलीन सेठी और मेहरीन पीरजादा जैसे कलाकार हैं। सुल्तान ऑफ दिल्ली 13 अक्टूबर को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

***************************

 

आशु रेड्डी ने बैकलेस ड्रेस में फ्लॉन्ट किया कर्वी फिगर

11.10.2023  (एजेंसी)  –  साउथ फिल्म अदाकारा आशु रेड्डी अपनी बोल्डनेस की वजह से सुर्खियों में रहती हैं। खुद को पवन कल्याण की डाई हार्ड फैन बताने वाली अभिनेत्री हाल ही में ऑस्ट्रेलिया पहुंची। जहां अभिनेत्री ने क्वीन्सलैंड में समंदर किनारे सिजलिंग तस्वीरें क्लिक करवाई हैं। सामने आईं तस्वीरों में अदाकारा समंदर किनारे रेत पर बैठकर बैकलेस ड्रेस में अपनी बैक फ्लॉन्ट करती दिखीं।

अभिनेत्री आशु रेड्डी की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर आते ही छा गईं। इन तस्वीरों को देखने के बाद लोग साउदर्न ब्यूटी के हुस्न की तारीफें करते दिखे। आशु रेड्डी ने अपनी ऑस्ट्रेलिया वेकेशन की लेटेस्ट तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। इन तस्वीरों में अदाकारा बोल्ड तस्वीरें खिंचवाती दिखीं। अदाकारा आशु रेड्डी ने सामने आईं इन तस्वीरों में बैकलेस ड्रेस में फैंस को दीवाना बना दिया। सामने आईं इन तस्वीरों में अदाकारा किलर पोज मारती दिखीं। अदाकारा आशु रेड्डी इन तस्वीरों में बैकलेस ड्रेस में किलर पोज खिंचवाती दिखी हैं।

इन तस्वीरों में अदाकारा बैकलेस ड्रेस में सेक्सी बैक फ्लॉन्ट करती दिखीं। आशु रेड्डी ने इस दौरान ब्लू कलर की बैकलेस ड्रेस पहनी थी। जिसमें अदाकारा का कर्वी फिगर फैंस का दिल जीतकर ले गया। अदाकारा आशु रेड्डी सुपरस्टार पवन कल्याण की क्रेजी फैन है। पवन कल्याण की फैन आशु रेड्डी ने इन तस्वीरों में किलर पोज क्लिक करवाए।

अदाकारा आशु रेड्डी की हर अदा पर उनके फैंस भी मर मिट जाते हैं। अदाकारा की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर आते ही वायरल होने लगती हैं। आशु रेड्डी सोशल मीडिया पर खासा एक्टिव रहती हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 1.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं। जाहिर है कि उनकी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर आते ही तहलका मचाती हैं।

*****************************

 

गाजा बार्डर पर इजराइल का कब्जा, 1,500 हमास आतंकियों की लाशें मिलीं

यरूशलम ,10 अक्टूबर (एजेंसी) । इजराइल की सेना ने मंगलवार को हमास के साथ अभूतपूर्व लड़ाई के चौथे दिन दावा किया कि उसके पास इजराइल में मिले हमास आतंकवादियों के लगभग 1,500 शव हैं। इजरायली रक्षा बलों के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता रिचर्ड हेचट ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि गाजा पट्टी के आसपास इजरायल में हमास (उग्रवादियों) के लगभग 1,500 शव पाए गए हैं।

सुरक्षा बलों ने गाजा के चारों ओर सुरक्षा बाड़ के क्षेत्र पर कमोबेश नियंत्रण बहाल कर लिया है, जिसे हमास के आतंकवादियों ने तोड़ दिया था। तटीय फिलिस्तीनी एन्क्लेव के आसपास के क्षेत्र में 35 बटालियन तैनात की गई हैं। सीमा से सटे समुदायों के निवासियों को निकालने का काम लगभग पूरा हो चुका है। इजऱायली राज्य मीडिया और एन्क्लेव में सशस्त्र समूहों के अनुसार, इजऱायल में कम से कम 900 लोग मारे गए हैं, जबकि गाजा में लगभग 130 नागरिकों और सैनिकों को बंधक बनाया गया है।

***************************

 

कैमरून में भूस्खलन से 30 की मौत, बचाव कार्य जारी

याउंडे ,10 अक्टूबर (एजेंसी) । कैमरून की राजधानी याउंडे में भूस्खलन के बाद मलबे में दबे घरों और इमारतों के बाद बचाव कर्मियों ने तीन और शव निकाले, इससे आपदा में मरने वालों की संख्या 30 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बचाव प्रयासों के प्रभारी राष्ट्रीय अग्निशमन ब्रिगेड ने कहा कि आपदा स्थल पर बचाव अभियान अभी भी जारी है, जहां दर्जनों लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। भूस्खलन, स्थानीय समयानुसार, रविवार रात 8 बजे, लगातार बारिश के बाद याउंडे के बैंकोलो के पहाड़ी इलाके में हुआ। अनुमान है कि बाढ़ में 25 घर बह गये।

देश के प्रादेशिक प्रशासन मंत्री पॉल अटांगा एनजी ने पहले सोमवार को आपदा स्थल का दौरा किया और कहा कि त्रासदी में बचाए गए कुछ लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एनजी ने संवाददाताओं से कहा, सरकार शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती है। पिछले साल नवंबर में याउंडे में एक अंतिम संस्कार में शामिल हो रहे 14 लोग भूस्खलन में मारे गए थे।

***************************

 

फिलिस्तीनियों के लिए सहायता जारी रहेगी : यूरोपीय संघ

ब्रुसेल्स ,10 अक्टूबर (एजेंसी) । यूरोपीय संघ (ईयू) ने एक स्पष्टीकरण में कहा कि फिलिस्तीनियों के लिए वित्तीय सहायता जारी रहेगी। इससे पहले उनके एक अधिकारी ने दावा किया था कि इजरायल पर हमास आतंकवादी समूह के हमले के मद्देनजर ब्लॉक की सभी विकास सहायता निलंबित कर दी जाएगी।

सोशल मीडिया पोस्ट की एक सीरीज में, यूरोपीय आयुक्त ओलिवर वरहेली ने कहा कि आयोग 7 अक्टूबर के हमले के चलते अगली समीक्षा तक सभी फिलिस्तीनी फंडिंग को निलंबित कर देगा। उनकी टिप्पणियों के जवाब में, यूरोपीय आयोग ने कहा कि वह फिलिस्तीन के लिए यूरोपीय संघ की सहायता की तत्काल समीक्षा शुरू कर रहा है, लेकिन यह समीक्षा यूरोपीय नागरिक सुरक्षा और मानवीय सहायता संचालन (ईसीएचओ) के तहत प्रदान की जाने वाली मानवीय सहायता से संबंधित नहीं है।

एक बयान में कहा गया, मौजूदा सुरक्षा उपायों के अलावा, इस समीक्षा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यूरोपीय संघ की कोई भी फंडिंग अप्रत्यक्ष रूप से किसी भी आतंकवादी संगठन को इजरायल के खिलाफ हमले करने में सक्षम न बनाए। आयोग ने यह भी कहा कि वह इजराइल के खिलाफ हमास द्वारा किए गए आतंकवादी हमलों की स्पष्ट रूप से निंदा करता है।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, वरहेली की टिप्पणियों के बाद, संकट प्रबंधन के यूरोपीय आयुक्त जेनेज लेनार्क ने कहा कि फिलिस्तीनियों के लिए मानवीय सहायता जारी रहेगी।

हालांकि मैं हमास द्वारा किए गए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं, लेकिन नागरिकों की रक्षा करना और अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून का सम्मान करना अनिवार्य है। अधिकारी ने कहा, जरुरतमंद फिलिस्तीनियों को यूरोपीय संघ की मानवीय सहायता तब तक जारी रहेगी जब तक जरूरत होगी।

यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रमुख जोसेप बोरेल ने भी सोमवार को दोहराया कि यूरोपीय आयोग द्वारा घोषित फिलिस्तीन के लिए यूरोपीय संघ की सहायता की समीक्षा उचित भुगतान को निलंबित नहीं करेगी।

******************************

 

 

हमास-इजराइल संघर्ष: मरने वालों का आंकड़ा 1,600 के पार, हमास ने दी इस्राइली बंधकों की हत्या की धमकी

जेरूसलम ,10 अक्टूबर (एजेंसी) । हमास और इजराइल के बीच संघर्ष मंगलवार को चौथे दिन भी जारी रहा। दोनों पक्षों में मरने वालों की संख्या लगभग 1,600 हो गई है, जबकि हजारों लोग घायल हुए हैं और अपने घरों से विस्थापित हुए हैं। इसी बीच हमास ने धमकी दी है कि अगर गाजा पट्टी पर हमले नहीं रुकते हैं तो वह इस्राइली बंधकों की हत्या कर देगा।

रिपोर्ट के अनुसार सात अक्टूबर को हमास द्वारा दक्षिणी इजरायल पर अचानक हमला किए जाने के बाद से 900 से अधिक लोग मारे गए हैं। 900 में से 260 लोगों की हमास के बंदूकधारियों ने एक संगीत समारोह में हत्या कर दी थी। अधिकारियों ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढऩे की आशंका है, क्योंकि बचाव दल अभी तक उन क्षेत्रों तक नहीं पहुंच पाए हैं, जहां हमास के आतंकवादी और इजरायली सैनिक अभी भी भीषण लड़ाई में लगे हुए हैं।

इजरायली स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने नवीनतम अपडेट में कहा कि घायल लोगों की संख्या 2,616 हो गई है, इनमें 25 की हालत गंभीर है। गाजा में आतंकवादी समूहों ने यह भी दावा किया है कि फिलिस्तीनी क्षेत्र में लगभग 130 इजरायली बंधकों को रखा गया था। इस बीच, फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि की है कि गाजा पट्टी पर जवाबी इजरायली हमलों में मरने वालों और घायलों की संख्या क्रमश: 687 और 3,726 हो गई है।

संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) के अनुसार, गाजा में इसके आपातकालीन आश्रय स्थल मंगलवार सुबह तक 90 प्रतिशत क्षमता पर थे और 137,000 से अधिक लोग आश्रय ले रहे थे। एजेंसी ने कहा कि 83 यूएनआरडब्ल्यूए स्कूलों को आश्रय स्थलों में बदल दिया गया है। यूएनआरडब्ल्यूए ने यह भी कहा कि उन्हें सभी 14 खाद्य वितरण केंद्रों को बंद करने के लिए मजबूर किया गया है और परिणामस्वरूप पांच लाख लोगों को महत्वपूर्ण खाद्य सहायता मिलनी बंद हो गई है।

*************************

 

हमास ने इजरायली हमलों के खिलाफ नई वायु रक्षा प्रणाली तैनात की

गाजा ,10 अक्टूबर (एजेंसी) । हमास की सैन्य शाखा अल-कसम ब्रिगेड ने कहा है कि गाजा में तैनात एक नई वायु रक्षा प्रणाली को इजरायली हमलों के खिलाफ सक्रिय कर दिया गया है।

अल-कसम ब्रिगेड ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि उसने इजरायली विमानों का मुकाबला करने के लिए ऑपरेशन अल-अक्सा फ्लड में मेटबार 1 मॉडल की एक घरेलू वायु रक्षा प्रणाली पेश की है।

एक लघु वीडियो में कई नकाबपोश सदस्यों को वायु रक्षा प्रणाली का उपयोग करके मिसाइलें लॉन्च करते हुए दिखाया गया है। इस बीच, इजऱायली मीडिया आउटलेट्स ने कहा कि इजऱायली सेना इजऱायली शहरों में 40 से अधिक आतंकवादियों का पीछा कर रही है।

इजरायली सैन्य अनुमानों का हवाला देते हुए, इजरायली मीडिया आउटलेट्स ने बताया कि सुबह शुरू होने वाले आश्चर्यजनक हमले की योजना एक साल से बनाई जा रही थी। लगभग 800 से 1,000 अल-कसम लड़ाके इजरायल के 20 गांवों और 11 ठिकानों में घुस गए थे।

*******************************

 

हिजबुल्लाह ने इजरायली बैरकों पर किया हमला

बेरूत ,10 अक्टूबर () । हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमलों में अपने तीन सदस्यों की हत्या के जवाब में उत्तर में इजरायली प्रणित और अवीविम बैरकों पर मिसाइलों और मोर्टार से हमला किया है।

बीती शाम को हिजबुल्लाह के हमले के जवाब में इजरायली सेना ने लेबनानी ठिकानों पर तोपखाने से हमला किया। लेबनानी सेना कमान ने कहा कि इजऱाइल ने दक्षिणी लेबनान में कई सीमावर्ती क्षेत्रों पर बमबारी की, और कई मोर्टार गोले रमीश शहर के बाहर एक लेबनानी सेना केंद्र के प्रांगण में गिरे, इससे एक लेबनानी अधिकारी घायल हो गया।

यह घटना तब हुई है जब इजरायली सैनिक लेबनान से इजरायल में घुसपैठ करने वाले बंदूकधारियों से भिड़ गए और जवाब में, सीमा पर हिजबुल्लाह के कई ठिकानों पर हमला किया, इसमें उसके तीन सदस्य मारे गए। फिलिस्तीन के इस्लामिक जिहाद आंदोलन की सैन्य शाखा अल-कुद्स ब्रिगेड ने कब्जे वाले फिलिस्तीन की सीमा पर किए गए ऑपरेशन के लिए अपनी जिम्मेदारी ली, जिसमें सात इजरायली सैनिक घायल हो गए।

*****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन उत्साह से भरा रहने वाला है। आपका सोचा हुआ काम, आज पूरा हो जाएगा। बिजनेस साझेदार के साथ किए गए कामों से आपको सरलता प्राप्त होगी। साथ ही खुले मन से काम करने पर अच्छे लोग आपसे जुडऩे की कोशिश करेंगे। इस राशि के प्रॉपर्टी डीलर के लिये आज का दिन बेहतर रहेगा। समाज में आज आपको मान-सम्मान मिलेगा, आपको लोग अच्छे उदाहरण के तौर पर देखेंगे। अच्छे स्वास्थ्य के लिए खाने में आप सीजनल फ्रूट शामिल करेंगे, आपको लाभ मिलेगा।

* शुभ रंग- मैजेंटा

* शुभ अंक- 3

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज का दिन जीवन में एक नई दिशा लेकर आयेगा। आज आप किसी बात को लेकर नेतृत्व करेंगे जिसमें अन्य लोगों का भी सहयोग रहेगा। साथ ही किसी इम्पोर्टेंट टॉपिक पर बातचीत भी होगी, अपनी बात कहने का मौका मिलेगा, आपके विचारों को महत्व मिलेगा। आज कुछ नया सीखने को मिलेगा जोआगे चलकर भविष्य में काम आएगा। इस राशि के जो लोग किसी दूसरे राज्य में व्यापार की शुरुआत करना चाहते है, आज का दिन उनके लिए अच्छा हैं, परिवार का पूरा सपोर्ट मिलेगा, आपके सभी काम पूरे हो जाएंगे।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 7

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन आपके परिवार के लिए नई खुशियां लाने वाला है। संतान की सफलता आपको खुश करेगी, आपके घर लोग बधाई देने आएंगे। घर पर छोटी पार्टी का आयोजन करने से आपका पैसा खर्च होगा, खर्च का ब्यौरा तैयार करना अच्छा रहेगा। नये काम करने की सोच से आपको धन लाभ के अच्छे अवसर मिलेंगे। लोग आपकी योजना पर काम करने के लिए आपसे सलाह भी लेंगे, आप लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। छात्रों का अनुशासन उनको जल्द सफलता दिलाएगा, पढ़ाई व काम में बैलेंस भी बना रहेगा।

* शुभ रंग- लाल

* शुभ अंक- 6

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज आपका दिन लाभदायक रहने वाला है। मेहनत का परिणाम आपके फेवर में होगा, आपको मनमुताबिक परिणाम मिलेगा। आज खुद पर ध्यान देंगे। आज विरोधी आपके सामने नतमस्तक होंगे। किसी काम में अपनों की मदद मिलने से आपका उत्साह बढ़ेगा। जीवनसाथी के साथ कहीं घूमने का प्लान बना सकते हैं, आपके रिश्तें में मजबूती आएगी। शाम का समय आप अपने परिवार के साथ बिताएंगे, भविष्य की प्लानिंग पर विचार विमर्श भी करेंगे। आप मेडिटेशन सेंटर ओपन करेंगे, जिसमें ज्यादा से ज्यादा लोग जुड़ेंगे।

* शुभ रंग- काला

* शुभ अंक- 8

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपके दिन की शुरुआत आपके अनुकूल होने वाली है। आज आप वर्किंग प्लेस पर खूब मेहनत करेंगे.. अपनी उपलब्धियों पर गर्व महसूस होगा। प्राइवेट कर्मचारियों के लिए समय अच्छा है। आज आपको कई जिम्मेदारियां मिलेंगी, जिन्हें आप अच्छी तरह से निभायेंगे। इस राशि के मनोरंजन उद्योग से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन फायदेमंद होगा, आपकी क्रिएटिव फील्ड मजबूत होगी। रियल स्टेट का बिजनेस कर रहे लोगों को आज अच्छा मुनाफा होगा। घर के बड़े बुजुर्गों का स्वास्थ्य पहले से बेहतर रहेगा।

* शुभ रंग- भूरा

* शुभ अंक- 2

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन बहुत बढिय़ा रहने वाला हैं। आपको किसी मल्टीनेशनल कंपनी से जॉब का ऑफर आ सकता है, जिससे आप कॉन्फिडेंस फील करेंगे। किसी जरुरी काम पर आज विचार करने का पूरा मौका मिलेगा। समय का पूरा सदुपयोग करें। आज दूसरों को जितना ज्यादा महत्व देंगे, आपको भी उतना ही महत्व मिलेगा, इसलिए जो भी करें.. पहले सोच समझ लें। आज आप कोई रचनात्मक कार्य कर सकते हैं। काम की वजह से आप फैमिली को समय नहीं दे पाएंगे लेकिन परिवारका साथ आपको मिलेगा। माइग्रेन की समस्या से आज आपको काफी राहत मिलेगी, बेवजह सोच विचार करने से बचें।

* शुभ रंग- बैंगनी

* शुभ अंक- 1

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज आपका दिन खुशियों से भरा रहने वाला है। आज किसी धार्मिक स्थल पर जाएंगे, जहां आप कुछ जरूरतमंद लोगों की मदद करेंगे। हर काम को धैर्य और समझदारी से पूरा करने की कोशिश करेंगे, आपका काम सफल होगा। आज किसी से मदद मांगने में संकोच न करें, सब आपके फेवर में है। आप किसी योजना की शुरुआत कर सकते हैं। छात्र किसी प्रतियोगी परीक्षा का फॉर्म भरेंगे। घर से दूर रहकर जॉब करने वाले लोगों को आज अपने परिवार से मिलने का मौका मिलेगा।

* शुभ रंग- सफेद

* शुभ अंक- 6

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपके दिन की शुरुआत अच्छी होने वाली है। आज अधिकारी वर्ग का सहयोग पाने में आसानी होगी, बिगड़ते काम बनेंगे। बच्चों के प्रति आपका प्रेम आपको उनका प्रिय बना देगा। आज आप अपनी गलतियों से कुछ सीखेंगे। अगर आप कोई बिजनेस स्टार्ट कर रहे हैं, तो शुभ मुहूर्त में ही करें, सफलता मिलेगी। आज आप गौ सेवा करने के लिए गौशाला जाएंगे, जहां आप अन्य लोगों से भी मिलेंगे। आज आप कुछ क्रिएटिव वर्क कर सकते हैं। आज ऑफिस में आपके पर्सनालिटी की तारीफ होगी।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 6

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन मिला-जुला रहेगा। किसी पुराने दोस्त से मिलने उसके घर जाएंगे, पुरानी यादें ताज़ा होगी। आज यात्रा करते समय अपने कीमती समानों का ध्यान रखें। बच्चों के साथ टाइम स्पेंड कर सकते हैं। प्राइवेट शिक्षक आज बच्चों को पढाई के नए तरीके सिखायेंगे, छात्रों की पढ़ाई में रूचिबढ़ेगी। जीवनसाथी के साथ चल रही अनबन सुलझाने के लिए आज का दिन अच्छा हैं। ग्राफिक डीजाइनिंग के स्टूडेंट आज कुछ अलग करेंगे। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- भूरा

* शुभ अंक- 9

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आप अपने दिन की शुरुआत शांत मन से करेंगे। कैश के लेन-देन में आज आपको सावधानी बरतनी चाहिए। अपने खास रिश्तेदार के घर जाएंगे जहां ख़ुशी का माहौल बना रहेगा। आपको सरकारी क्षेत्र से लाभ होने की संभावना हैं। जॉब की तलाश कर रहे लोगों को किसी मल्टीनेशनल कंपनी से जॉब के लिए कॉल आयेगी। आज बेवजह किसी से उलझने से दूर रहने की कोशिश करें। आज आप अपना समय कोई अच्छी बुक पढ़कर बिताएंगे। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- पिच

* शुभ अंक- 2

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। आज पैसों के मामले में उन्नति के नये रास्ते खुलेंगे, आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर बनेगी। आज आप उन चीजों को ज्यादा महत्व दे जो आपके लिए ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। साथ ही आपको अपने काम, परिवार, और दोस्तों के बीच संतुलन बना कर रखना चाहिए। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन बेहतर है, कम्प्यूटर से रिलेटेड कोर्स ज्वॉइन कर सकते हैं। ऑफिस का रुका काम आज समय से पूरा करने में सफल होंगे।

* शुभ रंग- केसरिया

* शुभ अंक- 5

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन नई उमंगो के साथ शुरू होने वाला है। इस राशि के जो लोग बेकरी बिजनेस के क्षेत्र से जुड़े हैं, उन्हें आज उम्मीद से ज्यादा लाभ होगा। कला व साहित्य के लोगों के लिए भी आज का दिन बढिय़ा रहेगा। इस राशि के स्टूडेंट्स अपने करियर को लेकर किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह लेंगे। माताएं अपने बच्चों को कुछ नया सिखाएंगी, जिससे बच्चों में नए विचार आएंगे। आपको अपना हुनर दिखाने के लिए सुनहरे अवसर प्राप्त होंगे।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 4

*****************************

 

राजीव प्रताप रूड़ी ने सोनू के इलाज के लिए 5 लाख की स्वीकृत करवाई

*सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह के नेतृत्व में परिजनों को स्वीकृति पत्र दिया गया*

पटना , 10 अक्टूबर(एजेंसी)।  पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद  राजीव प्रताप रूडी  की प्रयास से मुख्यमंत्री राहत कोष से सोनपुर प्रखण्ड के नयागांव  निवासी आदर्श कुमार पिता सोनू कुमार का  इलाज  सीएमसी भेलोर मे चल रहा है इन्होने अपनी बिमारी की जानकारी स्थानीय कार्यकर्ताओ नीलम गैस एजेंसी संचालक राकेश सिंह  नरेंद्र पटेल जसवंत सिंह की मदद से सांसद कंट्रोल रूम नं-18003456222 पर दिया और सांसद राजीव प्रताप रुडी के आवास पर मिलकर जानकारी दिया जिसके बाद सांसद कंट्रोल रूम द्वारा जरूरी कागजात मंगवाकर इनको इलाज के लिए 5 लाख रुपए का स्वीकृत करवाया गया तथा आगे आस्वासन दिया गया कि इलाज मे और ज्यादा खर्च लगेगा तो और भी पैसा स्वीकृत करवाया जाएगा।

जिसके बाद सांसद राजीव प्रताप रुडी के निर्देश पर स्वीकृति पत्र भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह  के नेतृतव मे आज स्वीकृति पत्र परिजन को दिया गया जिसमे मुख्य रूप से  पैक्स अध्यक्ष मुकेश सिंह सोनू पांडेय अमरजीत चौरसिया मनी सिंह सहित अनेक स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।ज्ञात हो की इससे पहले भी सांसद राजीव प्रताप रूडी के अनुसंशा पर प्रधानमंत्री राहत कोष से भी 5 लाख रूपये की सहायता राशि पहले भी दिया गया था

इस कार्य के लिए ग्रामीणो ने माननीय सांसद राजीव प्रताप रुडी जी को धन्यवाद दिया और उनके कार्य की सरहाना की और कहा की रुडी जी हमेशा जनहित के कार्य मे लगे रहते है।

******************************

 

रोहिंग्या शरणार्थियों की रिहाई के मामले में केंद्र सरकार से जवाब तलब, सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया नोटिस

नई दिल्ली ,10 अक्टूबर (एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने जेलों/हिरासत केंद्रों या किशोर गृहों में कथित तौर पर अवैध और मनमाने तरीके से हिरासत में लिए गए रोहिंग्या शरणार्थियों की रिहाई की मांग वाली याचिका पर केंद्र से जवाब मांगा है। शीर्ष अदालत ने केंद्र को नोटिस भी जारी किया है। साथ ही चार हफ्ते के भीतर याचिका पर हलफनामा दाखिल करने को कहा है। इस हलफनामे में केंद्र सरकार को कोर्ट द्वारा मांगी गई सारी जानकारी देनी होगी।

वहीं , सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि वह चुनावी बांड योजना के खिलाफ याचिकाओं पर 31 अक्टूबर को सुनवाई करेगा। भारत के मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने मंगलवार को प्रारंभिक दलीलें सुनीं। पीठ ने अपने आदेश में कहा कि प्रारंभिक दलीलें याचिकाकर्ता के साथ-साथ भारत के अटॉर्नी जनरल (एजीआई) की ओर से भी दी गई हैं। इसने आगे निर्देश दिया कि यदि कोई और आवेदन किया जाना है, तो उसे शनिवार तक दाखिल किया जाना चाहिए।

*****************************

 

प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार पर फिर साधा निशाना, कहा , सरकार का आधा बजट सिर्फ दो लोगों के पास

सीतामढ़ी ,10 अक्टूबर (एजेंसी)। देश के चर्चित चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने मंगलवार को जातीय गणना के आंकड़े को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में 18 प्रतिशत मुसलमान हैं और राज्य के बजट का 50 फीसदी हिस्सा नीतीश और तेजस्वी के पास है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यह किसकी हिस्सेदारी की बात करते हैं। जन सुराज पदयात्रा पर निकले प्रशांत किशोर ने कहा कि इन 18 प्रतिशत मुसलमानों में कितने विधायक और मंत्री हैं और उन मंत्रियों का बजट कितना है? उन्होंने कहा कि प्रदेश के 10 से ज्यादा विभाग और 50 प्रतिशत से ज्यादा बिहार सरकार का बजट सिर्फ दो व्यक्ति के पास है।

उन्होंने कहा कि ये भागीदारी की ये बात कर रहे हैं और खुद सब पर कुंडली मारकर बैठे हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि कितने अति पिछड़ों को इन्होंने टिकट दिया है? कितने अति पिछड़ों को विधायक बनाया है? सीतामढ़ी के बरगेनिया में जन संवाद के दौरान प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि राजद के जो अभी 75 विधायक हैं उसमें कितने अति पिछड़े हैं ये जरा बता दें।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की राजनीतिक पारी का अंत हो रहा है और ये डूबते हुए राजनेता का अंतिम दांव है ताकि समाज में आग लगाकर समाज को बांटकर एक बार किसी तरह से अपना काम चला लें। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जदयू को इस बार 5 सीटें भी अगर आ जाए तो मैं सार्वजनिक तौर पर सबके सामने माफी मांगने को तैयार हूं। इस अंतिम दाव का कोई असर नहीं होगा।

*********************************

 

ईडी के नए सहायक निदेशक ने बंगाल में मनी लॉन्ड्रिंग मामलों की कमान संभाली

कोलकाता ,10 अक्टूबर (एजेंसी)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सहायक निदेशक मुकेश कुमार ने पश्चिम बंगाल में एजेंसियों द्वारा संभाले जा रहे मनी लॉन्ड्रिंग मामलों की कमान संभाल ली है। उन्होंने अपने पूर्ववर्ती मिथिलेश कुमार मिश्रा का स्थान लिया, जिन्हें 29 सितंबर को कलकत्ता उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति अमृता सिन्हा की एकल-न्यायाधीश पीठ ने ईडी द्वारा संभाले जा रहे किसी भी मामले से संबंधित जांच के प्रभार से हटा दिया था।

उन्हें हटाने का आदेश देते हुए, न्यायमूर्ति सिन्हा ने कहा कि अदालत ने स्कूल नौकरी मामले में जांच की सुचारू प्रगति को आगे बढ़ाने में संबंधित ईडी अधिकारी की दक्षता पर विश्वास खो दिया है। न्यायाधीश ने हाल ही में मिश्रा द्वारा की गई जांच के तरीके पर असंतोष व्यक्त किया और उनसे यह भी पूछा कि क्या वह जांच से राहत चाहते हैं। नए सहायक निदेशक के अधिकार क्षेत्र में पश्चिम बंगाल में मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित हाई-प्रोफाइल मामले शामिल होंगे जैसे स्कूल की नौकरी के लिए नकद, नगर पालिकाओं की नौकरी के लिए नकद, कोयला और मवेशी तस्करी आदि।

एजेंसी के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि पहले ही ऐसे मामलों से संबंधित केस डायरी नये सहायक निदेशक को सौंप दी गई है। वह एजेंसी में अपने साथी जांच अधिकारियों के साथ मैराथन बैठकें भी कर रहे हैं और ऐसे मामलों में जांच की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए अपनाए जाने वाले कदमों पर चर्चा कर रहे हैं।

सूत्रों ने कहा कि नए सहायक निदेशक विशेष रूप से कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके साल्ट लेक में एजेंसी के कोलकाता कार्यालय में अतिरिक्त जांच अधिकारियों को शामिल करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हाल ही में, जानकारी सामने आई कि ईडी के कोलकाता कार्यालय में छह जांच अधिकारी हैं, जिनमें वरिष्ठ रैंक के चार और अधिकारी राज्य में मनी लॉन्ड्रिंग के विभिन्न मामलों में जांच की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं। वर्तमान में, मनी लॉन्ड्रिंग के कुल 131 मामले ईडी के कोलकाता कार्यालय के अधिकार क्षेत्र में हैं, जिसका प्रभावी अर्थ यह है कि इन छह क्षेत्रीय जांच अधिकारियों में से प्रत्येक लगभग 22 मामलों को संभाल रहा है।

*********************************

 

अमरावती इनर रिंग रोड मामले में लोकेश सीआईडी के समक्ष पेश

अमरावती ,10 अक्टूबर (एजेंसी)।  तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के महासचिव नारा लोकेश मंगलवार को अमरावती इनर रिंग रोड संरेखण मामले में पूछताछ के लिए अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के सामने पेश हुए। लोकेश सुबह 10 बजे से पहले ताडेपल्ली स्थित सीआईडी कार्यालय पहुंच गए। सीआईडी अधिकारी शाम 5 बजे तक उनसे पूछताछ कर सकते हैं। सीआईडी ने 30 सितंबर को आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 41ए के तहत टीडीपी नेता को नोटिस दिया था, इसमें उन्हें 4 अक्टूबर को उसके सामने पेश होने का निर्देश दिया गया था।

बाद में, लोकेश की याचिका पर, आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय ने सीआईडी को उनसे पूछताछ 10 अक्टूबर तक स्थगित करने का निर्देश दिया था। अदालत ने टीडीपी महासचिव को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पूछताछ के लिए सीआईडी अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा था। सीआईडी ने 26 सितंबर को विजयवाड़ा एसीबी कोर्ट में एक मेमो दाखिल किया था, जिसमें लोकेश को मामले में 14वां आरोपी बताया गया था। लोकेश ने बाद में मामले में अग्रिम जमानत के लिए आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय का रुख किया था।

सुनवाई के दौरान सीआईडी ने अदालत को बताया कि वह आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 41ए के तहत लोकेश को नोटिस जारी करेगी। चूंकि मामले में गिरफ्तारी की आशंका नहीं है, इसलिए अदालत ने टीडीपी नेता को जांच में सहयोग करने का निर्देश देकर उनकी याचिका का निपटारा कर दिया। लोकेश टीडीपी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के बेटे हैं, जो कौशल विकास घोटाले में पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं। सीआईडी ने पहले ही नायडू को अमरावती इनर रिंग रोड मामले और एपी फाइबरनेट मामले में आरोपी के रूप में नामित किया है और विजयवाड़ा एसीबी कोर्ट में उनके खिलाफ कैदी ट्रांजिट (पीटी) वारंट याचिका दायर की है।

***************************

 

माइनिंग पर नकेल, डीसी विशेष सारंगल ने समितियों का गठन किया

जालंधर ,10 अक्टूबर (एजेंसी)। डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल ने मंगलवार को माइनिंग गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जिले के प्रत्येक सब डिवीजऩ में एसडीएम के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन किया, जो किसी भी अवैध खनन को रोकने के अलावा, सभी सार्वजनिक और वाणिज्यिक खनन स्थलों का निरीक्षण करेगी। मंगलवार को जारी आदेश में सारंगल ने कहा कि जालंधर के छह सब डिवीजऩ जालंधर-1, जालंधर-2, नकोदर, शाहकोट, फिल्लौर और आदमपुर है और इस समिति का चेयरमैन हर डिवीजऩ का एसडीएम होगा। उन्होंने कहा कि समिति में संबंधित एस.डी.ओ. खनन सदस्य सचिव, जे.ई. माइनिंग, डीएसपी, वन रेंज अधिकारी, बीडीपीओ एवं नायब तहसीलदार सदस्य होंगे।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि यह समितियां नियमित रूप से हर 15 दिनों में सार्वजनिक और वाणिज्यिक खनन स्थलों और अवैध खनन की संभावना वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगी और जिला स्तरीय निगरानी समिति को एक रिपोर्ट सौंपेंगी। उन्होंने समितियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कानूनी रूप से चल रहे माइनिंग कार्य प्रभावित न हों ताकि आम लोगों को सस्ती दरों पर रेत प्राप्त करने में कोई कठिनाई न हो। डिप्टी कमिश्नर ने समितियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि जिले में कोई अवैध खनन न हो और दोषियों के खिलाफ तुरंत एफ़आईआर दर्ज की जाए।

******************************

 

संजय सिंह को नहीं मिली राहत, हिरासत अवधि बढ़ी-सांसद को एनकाऊंटर का डर

नई दिल्ली ,10 अक्टूबर (एजेंसी)। आम आदमी पार्टी नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को मंगलवार को भी राहत नहीं मिली और कोर्ट ने उनकी हिरासत की अवधि को बढ़ा दिया। मतलब संजय सिंह अभी और ईडी की हिरासत में रहेंगे। दिल्ली शराब घोटाले में राऊज एवेन्यू कोर्ट ने आप सांसद संजय सिंह की हिरासत 3 दिन के लिए बढ़ा दी है।

विशेष सीबीआई जज एमके नागपाल के कोर्ट में पेश हुए संजय सिंह ने कोर्ट में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा अगर बाहर मेरा एनकाउंटर हो जाएगा तो किसकी जिम्मेदारी होगी। इसके जवाब में ईडी ने कहा है कि इसकी जिम्मेदारी हमारी होगी। उन्होंने कहा कि ईडी ने उन्हें बाहर ले जाने का प्रयास किया, जिसपर कोर्ट ने कहा कि बिना सूचना दिए ईडी उन्हें कहीं नहीं ले जा सकती। शराब घोटाले में संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने उनके दो और करीबियों से भी पूछताछ की गई है।

सर्वेश मिश्रा और विवेक त्यागी से भी ईडी ने लंबी पूछताछ की है, साथ ही दिनेश अरोड़ा और संजय सिंह को आमने सामने बैठाकर पूछताछ की गई। श्वष्ठ का दावा है कि सर्वेश मिश्रा के जरिए ही 2 करोड रुपए संजय सिंह को पहुंचाए गए थे।

*************************

 

मनी लांड्रिंग मामले में वीवो मोबाइल्स पर एक्शन, चीनी नागरिक समेत चार लोग गिरफ्तार

नई दिल्ली ,10 अक्टूबर (एजेंसी)। प्रवर्तन निदेशालय ने चीनी स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी वीवी के खिलाफ शिकंजा कसा है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक चीन का नागरिक है।

ईडी ने पिछले साल फरवरी में इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। केंद्रीय एजेंसी का आरोप है कि वीवो ने भारत में टैक्स की अदायगी से बचने के लिए 62,476 करोड़ रुपये को ‘गैरकानूनीÓ तरीके से चीन में ट्रांसफर किया था।

गिरफ्तार आरोपियों में एक लावा इंटरनेशनल के एमडी भी हैं। लावा भारतीय मोबाइल कंपनी है। सूत्रों के मुताबिक एजेंसी ने जिन लोगों को अरेस्ट किया है, उनमें चीनी नागरिक एंड्रयू कुआंग, लावा इंटरनेशनल के एमडी हरि ओम राय और राजन मलिक एवं नितिन गर्ग नाम के चार्टर्ड अकाउंटेंट को अरेस्ट किया गया है। ईडी का यह ऐक्शन वीवो मोबाइल्स पर एक साल से भी ज्यादा समय पहले मारी गई रेड के बाद आया है।

***************************

 

ड्रग्स केस: कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा को फिर भेजा गया 2 दिन के पुलिस रिमांड पर

जलालाबाद ,10 अक्टूबर (एजेंसी)। कांग्रेसी विधायक सुखपाल सिंह खैहरा को ड्रग केस में 14 दिन की न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद जलालाबाद पुलिस ने आज फिर अदालत में पेश किया। अदालत ने सुखपाल खैहरा को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है और अब 12 अक्तूबर को उनकी अदालत में फिर पेशी होगी।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के विधायक सुखपाल खैहरा को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें अब सीधा हाईकोर्ट में जमानत के लिए आवेदन करने को कहा है। इससे पहले सुखपाल खैहरा ने खुद की गिरफ्तारी को असंवैधानिक करार दिया था।

*******************************

 

जंग के बीच इजरायली प्रधानमंत्री नेतान्याहू ने पीएम मोदी को किया फोन, जानिए क्या हुई बात

नई दिल्ली ,10 अक्टूबर (एजेंसी)। इजऱायल के प्रधानमंत्री बेन्जामिन नेतान्याहू ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को टेलीफोन करके देश के ताज़ा हालात की जानकारी दी तथा मोदी ने आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए इजऱायल के साथ एकजुटता व्यक्त की।

मोदी ने एक्स (पूर्व ट्वीटर) पर एक पोस्ट में कहा,  मैं प्रधानमंत्री नेतान्याहू को उनकी फ़ोन कॉल और इजऱायल में ताज़ा स्थिति पर अपडेट प्रदान करने के लिए धन्यवाद देता हूं।

मोदी ने कहा, भारत के लोग इस मुश्किल घड़ी में इजऱायल के साथ मजबूती से खड़े हैं। भारत आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की कड़ी और स्पष्ट रूप से निंदा करता है।

*******************************

 

हिंदू नेता को हिस्ट्रशीटर बनाने के विरोध में गाजियाबाद में डीएम दफ्तर का घेराव

गाजियाबाद 10 Oct, (एजेंसी): गाजियाबाद पुलिस ने हिन्दू रक्षा दल के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी तोमर के खिलाफ गुंडा एक्ट और हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की है। इसके खिलाफ गाजियाबाद में डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन हो रहा है। कई साधु-संतों ने भी इस प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है। डीसीपी ने साफ तौर पर कह दिया है कि जनपद में धारा-144 लागू है। अगर बिना अनुमति लोग इकट्ठा होते हैं तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।

दरअसल 23 सितंबर को शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में नाले में गोवंश के अवशेष मिले थे। इस सूचना पर पिंकी चौधरी अपने समर्थकों सहित पहुंचे थे। यहां वे फेसबुक लाइव पर आए और हिन्दुओं के लिए भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया।

शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने इस मामले में 2 अक्टूबर को पिंकी चौधरी पर एफआईआर दर्ज की थी। एक अक्टूबर को राजनगर एक्सटेंशन में पुलिस द्वारा ‘जय माता दी’ स्टीकर लगे वाहन का चालान काटने पर हिन्दू रक्षा दल ने हंगामा किया और धरना दिया। यहां भी पिंकी चौधरी ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी से अभद्रता की, मोबाइल छीनने का प्रयास किया था।

इस मामले में हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार ने थाना नंदग्राम में भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी भैया व 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। तीन अक्टूबर को साहिबाबाद पुलिस ने पिंकी चौधरी के खिलाफ गुंडा एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इसमें पुराने चार मुकदमों का हवाला दिया गया है, जो अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।

डीसीपी शुभम पटेल ने बताया, पिंकी चौधरी पर पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस आधार पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। 7 अक्टूबर को पुलिस ने पिंकी चौधरी की हिस्ट्रीशीट खोल दी। इस कार्रवाई के खिलाफ पिंकी चौधरी ने गाजियाबाद में डीएम दफ्तर घेरने का ऐलान किया। पिंकी चौधरी ने सोमवार रात वीडियो बयान जारी कर कहा, ‘मैं थाने की दीवार पर अपराधियों की सूची में अपना नाम नहीं लिखवा सकता। इसलिए आज डीएम कार्यालय पर परिवार सहित इच्छामृत्यु मांगने आ रहा हूं।’ इधर, श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि सहित कई साधु-संतों ने भी इस प्रदर्शन को अपना समर्थन दे दिया है।

*****************************

 

मध्य प्रदेश में भाजपा की मदद के लिए मैदान में उतरा आरएसएस

भोपाल 10 Oct, (एजेंसी): मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले आए फीडबैक ने भाजपा की चिंताएं बढ़ा दी हैं। यही कारण है कि अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोगों ने जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। संघ के कार्यकर्ता जमीनी फीडबैक तो जुटा ही रहे हैं, साथ में सरकार की योजनाओं से आमजन को अवगत करा रहे हैं। राज्य के विधानसभा चुनाव को लेकर अब तक आए तमाम मीडिया हाउस के सर्वे और जमीनी फीडबैक के बाद से भाजपा चिंतित और वह जमीनी हालात में सुधार लाने की हर संभव कोशिश कर रही है।

एक तरफ जहां पार्टी ने बड़े चेहरों को मैदान में उतरकर हालात संभालने की कोशिश की है, वहीं दूसरी ओर अब आरएसएस भी भाजपा की मदद के लिए आगे आया है। संघ से जुडे़ सूत्रों का कहना है कि विभिन्न अनुशंगिक संगठनों से नाता रखने वाले कार्यकर्ता और पदाधिकारी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर बीते दो माह से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय हैं, मगर अब इन पर एक बड़ी जिम्मेदारी आन पड़ी है और वह है राज्य का विधानसभा चुनाव।

पिछले दिनों में इन जमीनी स्तर पर काम कर रहे हजारों स्वयंसेवकों का जो फीडबैक आया है उसके बाद से ही संघ की ओर से विधानसभा चुनाव में भी पार्टी के लिए मदद की रणनीति बनाई गई है। सूत्रों की मानें तो चार हजार से ज्यादा संघ से नाता रखने वाले विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं को भाजपा की जमीनी स्थिति में सुधार लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह वे संगठन हैं जो सामाजिक तौर पर अलग-अलग वर्गों के बीच काम करते हैं। किसानों के बीच काम करते हैं, आदिवासियों के बीच काम करते हैं।

ये लोग समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच पहुंचकर भाजपा सरकार की उपलब्धियों का प्रचार प्रसार तो कर ही रहे हैं साथ ही लोगों को इस बात के लिए सहमत कर रहे हैं कि वर्तमान हालात में अगर राष्ट्रवादी पार्टी सत्ता से बाहर होती है तो देश का बड़ा नुकसान होगा। इस दौरान कश्मीर से धारा 370 खत्म करने, राम मंदिर और तीन तलाक जैसे कानून पर भी चर्चा हो रही है। इसके अलावा समान नागरिक संहिता को देश के लिए जरूरी बताया जा रहा है। कुल मिलाकर संघ से जुड़े लोग भाजपा की जमीन को मजबूत करने में लगे हैं।

*************************