पंजाब माफिया राज्य बन गया है : तरुण चुघ

चंडीगढ़ 28 Sep, (एजेंसी): भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ ने आज पंजाब को ”माफिया राज्य” बनाने के लिए सीधे तौर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को दोषी ठहराया और कहा कि भगवंत मान सरकार सीधे तौर पर पंजाब में माफियाओं को संरक्षण दे रही है। चुघ ने मीडिया से बात करते हुए कहा सरकार पर कटाक्ष किया कि जिस तरह से पुलिस और राजनेता कथित तौर पर राज्य में माफियाओं को संरक्षण दे रहे हैं, जिससे आम जनता का जीवन दयनीय और असुरक्षित हो गया है। ऐसे में आम जनता खुद को ठगा महसूस करती है।

चुग ने कहा कि राज्य में पनप रहे माफियाओं के खिलाफ बोलने वाले लोगों की आवाज को दबाने के लिए प्रतिशोध की राजनीति शुरू की गई है, चाहे वह गैंगस्टर हों, परिवहन माफिया हों या रेत माफिया हों, नकली शराब माफिया, केबल माफिया, ड्रग माफिया हों। ऐसा कैसे संभव हो कि सरकार के खिलाफ़ उसी के अधीनस्थ अधिकारी जांच करें इसकी निष्पक्षता पर भी एक बड़ा प्रश्न चिन्ह है। आप विधायक और तरनतारन के एसएसपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप पर कड़ा रुख अपनाते हुए चुघ ने कहा कि ऐसी घटनाओ से भगवंत मान सरकार के खिलाफ़ पंजाब की जनता में रोष है और भय और अनिश्चितता की भावना पैदा करती हैं। आम आदमी पार्टी के नेता, विधायक, मंत्री लगातार भ्रष्टचार , माफियावाद को बढ़ावा दे रहे हैं और शराब, खनन, तथा अन्य सरकारी नीलामियों की राशि की खुली लूट चल रही है। जनता से किए हुए चुनावी वायदों से आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार पुरी तरह फेल साबित हुई है।

चुघ ने कहा कि यह एक चिंताजनक स्थिति है जहां आप विधायक खुद सत्तारूढ़ आप पार्टी की ओर सरकार के अधिकारियों के खिलाफ विरोध की आवाज उठा रहे हैं और सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर कई बड़े सवाल उठा रहे हैं। तरनतारन की घटना से पहले ऐसी ही घटना अमृतसर में हुई थी जहां आप विधायक कुंवर विजय प्रताप ने एमिनेंस स्कूल खोलने पर बड़ा सवाल उठाया था. कि पुरानी बिल्डिंग पर ही मुख्य्मंत्री भगवंत मान ने केजरीवाल से उद्धघाटन करवाया। चुग ने कहा कि यह सिर्फ अर्थव्यवस्था की ख़राब स्थिति नहीं है, बल्कि आप सरकार की शासन की पूरी शैली है जिसने पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य में नकारात्मक संदेश भेजना शुरू कर दिया है।

****************************

 

एमआईडीसी को महाराष्ट्र के सभी पांच हवाई अड्डे वापस लेने के निर्देश

मुंबई 28 Sep, (एजेंसी) : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) को राज्य के नांदेड़, लातूर, धाराशिव, यवतमाल और बारामती के सभी पांच हवाई अड्डों को अपने कब्जे में लेने का निर्देश दिया है, जो एक निजी कंपनी को पट्टे पर दिए गए थे। पवार ने एमआईडीसी द्वारा विकसित किए जा रहे हवाई अड्डों के कार्यों की समीक्षा के लिए मंत्रालय में आयोजित बैठक में कहा कि पिछले 14 वर्षों से अब तक इन स्थानों पर हवाई सेवा शुरू नहीं हो सकी है।

उन्होंने महानगरीय हवाई अड्डों पर बोझ कम करने के लिए राज्य के छोटे शहरों में हवाई सेवा शुरू करने पर जोर दिया।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जहां हवाई अड्डे के लिए जगह उपलब्ध हो, वहां ढांचागत सुविधाएं बनाई जाएं। उन्होंने कुछ हवाई अड्डों पर रनवे का विस्तार करने और कुछ स्थानों पर रात्रि लैंडिंग सुविधा शुरू करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी ही और नागरिकों को किफायती दामों पर हवाई यात्रा करने की सुविधा भी मिलेगी।

*****************************

 

शादी नहीं करने की मिली थी धमकी, दुल्हा बना तो कर दी हत्या

हाजीपुर 28 Sep, (एजेंसी): बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र से एक अजीबोगरीब मामला प्रकाश में आया है। एक युवक को शादी नहीं करने की धमकी दी गई और जब युवक दुल्हा बन गया तो गुरुवार को अज्ञात अपराधियों ने उसकी जान ले ली। पुलिस अब पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

दरअसल, यह पूरा मामला बिदुपुर थाना क्षेत्र का है जहां गुरुवार को अपराधियों ने उचीडीह गांव निवासी पंकज कुमार को गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, पंकज सुबह हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र से एक विस्किट की फैक्ट्री में काम कर वापस अपने घर लौट रहा था कि अपराधियों ने रहीमपुर चौक के पास गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। अपराधियों की संख्या दो बताई जा रही है जो एक बाइक पर सवार होकर आए थे।

परिजनों का कहना है कि अज्ञात लोगों ने पंकज की शादी नहीं करने की हिदायत दी थी। इसको लेकर फोन और एक रजिस्ट्री द्वारा पत्र भी अज्ञात लोगों द्वारा घर पर भेजा गया था और चेतावनी दी गई थी अगर पंकज की शादी की गई तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। शादी के बाद भी यह सिलसिला चलता रहा।

परिजनों ने बताया कि मृतक की 27 मई को शादी हुई थी और गुरुवार को उसकी हत्या कर दी गई। इधर, वैशाली के पुलिस अधीक्षक रवि रंजन का दावा है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली गई है, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

*****************************

 

गहलोत ने दस दिन में गिरदावरी पूरी करने के दिए निर्देश

जयपुर 28 Sep, (एजेंसी) : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बारिश से किसानों की फसल खराबे पर गिरदावरी दस दिन में हो पूरी करने के निर्देश दिए हैं। गहलोत शाम को मुख्यमंत्री निवास पर फसल नुकसान, इनपुट सब्सिडी, फसल बीमा एवं गिरदावरी की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फसल खराबे का आकलन कर प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा देेने के लिए गिरदावरी का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की गिरदावरी अविलम्ब करवाकर फसलों के नुकसान की रिपोर्ट भिजवाने के भी निर्देश दिए ताकि प्रभावित किसानों को तत्काल सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।

बैठक में बताया गया कि हनुमानगढ़ एवं गंगानगर जिलें में कपास की फसल में गुलाबी सुण्डी कीट के प्रकोप से दोनों जिलों में दो लाख 56 हजार हैक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जिससे 73 हजार कृषक प्रभावित है। जिनमें 5 से 45 प्रतिशत नुकसान का अनुमान है। फसल बीमा योजना के तहत कीट रोग के प्रकोप के कारण कपास फसल का उत्पादन प्रभावित होने पर बीमित किसानों को नुकसानके लिए क्लेम देय है। वर्तमान में खरीफ 2023 के कपास की फसल कटाई प्रयोग प्रक्रियाधीन है। इन प्रयोगों से प्राप्त औसत उपज आंकड़ों के आधार पर नियमानुसार क्लेम दिया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि एसडीआरएफ नॉर्म्स के अनुसार काश्तकारों को कृषि आदान अनुदान राशि के भुगतान में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा क्लेम राशि के समायोजन के प्रावधान के कारण काफी विलम्ब हो रहा था। मुख्यमंत्री के आग्रह पर केन्द्र सरकार ने गत 11 जुलाई को एसडीआरएफ नॉर्म्स में संशोधन कर उक्त प्रावधान को समाप्त कर दिया। संशोधित नॉर्म्स के अनुसार अधिकतम किसानों को कृषि आदान-अनुदान का भुगतान किया जा चुका है। गहलोत ने कहा कि शेष किसानों को भी जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में वर्षा की स्थिति को देखते हुए सूखा पड़ने की संभावना है। सूखे की स्थिति से निपटने के लिए जिलों में आवश्यक तैयारी की जाए।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 में राज्य में घटित प्राकृतिक आपदाओं यथा बाढ़, सूखा, ओलावृष्टि पाला एवं शीतलहर से प्रभावित 10.61 लाख पात्र काश्तकारों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) नॉर्म्स के अनुसार 968.48 करोड़ रूपए का कृषि आदान अनुदान वितरित किया गया है। साथ ही वर्ष 2022-23 रबी के 1895 करोड़ के बीमा क्लेम किसानों को वितरित किये जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022-23 रबी के लम्बित बीमा क्लेम किसानों को शीघ्र वितरित कराये जाये।

बैठक में बताया गया कि बाढ में 7.72 लाख किसानो को 563.03 करोड़ रूपए, पाला/शीतलहर में 2.65 लाख किसानो को 375.72 करोड़ रूपए, ओलावृष्टि में 6762 किसानो को 13.13 करोड़ रूपए एवं सूखा में 17089 किसानो को 16.60 करोड़ रूपए की सहायता उपलब्ध कराई गयी है। वर्ष 2020-21 एवं 2021-22 के पात्र किसानो को डीएमआईएस पोर्टल के माध्यम से सहायता प्रदान की जा चुकी है।

******************************

 

नहीं रहे हरित क्रांति के जनक एमएस स्वामीनाथन, 98 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

चेन्नई 28 Sep, (एजेंसी)-हरित क्रांति के जनक एमएस स्वामीनाथन का निधन हो गया है। 98 वर्षीय एमएस स्वामीनाथन को उनके जीवन में कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया जिनमें 1967 में ‘पद्म श्री’, 1972 में ‘पद्म भूषण’ और 1989 में ‘पद्म विभूषण’ शामिल हैं। स्वामीनाथन सिर्फ भारत ही नहीं दुनियाभर में सराहे जाते थे। 2004 में स्वामीनाथन को किसानों पर राष्ट्रीय आयोग के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। इस आयोग को आत्महत्या के मामलों के बीच किसानों के संकट को देखने के लिए गठित किया गया था।

आयोग ने 2006 में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की और अपनी सिफारिशों में सुझाव दिया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) उत्पादन की औसत लागत से कम से कम 50 प्रतिशत अधिक होना चाहिए। स्वामीनाथन को भारत में हरित क्रांति का अगुआ माना जाता है। वे पहले ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने सबसे पहले गेहूं की एक बेहतरीन किस्म को पहचाना और स्वीकार किया। इसके कारण भारत में गेहूं उत्पादन में भारी वृद्धि हुई।

*************************

 

उज्जैन मामले में एक संदिग्ध हिरासत में, जांच के लिए SIT गठित

इंदौर 28 Sep, (एजेंसी)-मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। वहीं मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया गया है।

इस मामले के तूल पकड़ने के बाद कल रात गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने इंदौर में संवाददाताओं को बताया कि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। जांच के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं उज्जैन पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बालिका को कल पुलिस ने अपने संरक्षण में ले लिया है। संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक बच्ची अपने माता के संबंध में कोई भी विस्तृत जानकारी नहीं दे पा रही है। उसका उपचार विशेषज्ञ डॉक्टरों की मेडिकल टीम द्वारा किया जा है। बच्ची का सफल ऑपरेशन किया गया है। पुलिस जवानों ने आवश्यकता पड़ने पर बच्ची को खून दिया। बालिका विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में है।

तकनीकी साक्ष्य और परिस्थितिजन्य साक्ष्य के आधार पर पुलिस एक संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ कर रही है। उज्जैन में साेमवार को लगभग 12 साल की एक बच्ची सड़कों पर घूमती हुई पाई गई थी। बच्ची लहूलुहान स्थिति में थी, जिसके बाद वो एक मठ में पहुंची, जहां उसे एक व्यक्ति ने संरक्षण में लेते हुए पुलिस तक पहुंचाया। बच्ची के मेडिकल परीक्षण के बाद उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। बच्ची अपनी मां के बारे में भी कुछ बता नहीं पा रही।

********************************

 

मणिपुर वापस बुलाए गए IPS राकेश बलवाल, श्रीनगर पुलिस की संभाली हुई थी कमान

इंफाल 28 Sep, (एजेंसी)-केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राकेश बलवाल को पूर्वोत्तर राज्य में वापस भेजने का फैसला किया है। केंद्र ने वर्तमान में श्रीनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात राकेश बलवाल को उनके गृह कैडर मणिपुर में समय से पहले वापस भेजने का आदेश दिया। बलवाल अब हिंसाग्रस्त राज्य की सहायता के लिए मणिपुर में काम करेंगे। गृह मंत्रालय के प्रस्ताव के लगभग एक महीने बाद कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने मंजूरी दे दी है।

श्रीनगर पुलिस की कमान संभाल रहे राकेश बलवाल को अब मणिपुर में तैनात किया जाएगा। राकेश बलवाल 2012 बैच के मणिपुर कैडर के अधिकारी हैं। दिसंबर 2021 में उन्हें श्रीनगर में बतौर एसएसपी तैनात किया गया। राकेश बलवाल जम्मू संभाग के उधमपुर जिले के रहने वाले हैं। वह एनआईए के पुलिस अधीक्षक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। एनआईए के पुलिस अधीक्षक के तौर पर कार्य करते हुए वह 2019 के पुलवामा हमला सहित कई आतंकवाद से संबंधित मामलों की जांच करने वाली टीमों का हिस्सा रहे हैं।

****************************

 

हेट स्पीच मामलाः भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी की मुश्किलें बढ़ीं, मामला लोकसभा समिति को साैंपा

नई दिल्ली 28 Sep, (एजेंसी)- संसद में अमर्यादित भाषा के उपयोग करने वाले भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी (Ramesh Bidhuri) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इस मामले को संसद की विशेषाधिकार समिति को भेज दिया है। अब समिति जांच कर विशेषाधिकार हनन के मामले में बिधूड़ी पर कार्रवाई कर सकती है। बता दें कि बिधूड़ी ने बहुजन समाज पार्टी (BSP) के सांसद दानिश अली पर संसद में अपमानजनक और धार्मिक टिप्पणियां की थीं।

मामले की जांच लोकसभा समिति को सौंपे जाने का बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने स्वागत किया है। बीजेपी सासंद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जी का आभार, उन्होंने दानिश अली प्रकरण में लोकसभा सचिवालय की समिति को जांच का जिम्मा सौंपा है, आज यह इसलिए संभव हो पाया क्योंकि लोकसभा में भाजपा का बहुमत है, नहीं तो पहले सदन में ऐसे कई मौके आए, जब किसी तरह की कार्यवाही नहीं हुई।

***************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहने वाला है। आप अपने आप को काफी तरोताजा महसूस करेंगे, जिससे आप अपने सभी कार्यों को समय पर पूरा करने में सफल होंगे। आज मित्रों की सहायता से आपको आय के अवसर मिलेंगे, जिनसे आप लाभ कमा कर आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाएंगे। आज का दिन आनंद से भरा रहेगा, आप जिंदगी को पूरी तरह जिएंगे। दोस्त शाम के लिए कोई बढिय़ा योजना बनाकर आपका दिन खुशनुमा कर देंगे। छात्रों के लिए आज का दिन सफलता दिलाने वाला रहेगा।

* शुभ रंग- नारंगी

* शुभ अंक- 9

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहने वाला है। जो लोग नौकरी कर रहे हैं, उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में दिए गए कार्यों को समय पर पूरा करना होगा। उच्च अधिकारियों द्वारा आपको शुभ समाचार की प्राप्ति होगी। व्यवसाय कर रहे लोग नई-नई योजनाओं को लागू करेंगे, जिससे व्यापार को आगे बढ़ा सके। नौकरीपेशा से जुड़े लोगों को आज अचानक पैसे की आवश्यकता पड़ सकती है। सगे-संबंधियों से आपको सहायता मिल जाएगी। आज किसी भी स्थिति में आपको अपने समय का ख्याल रखना चाहिए। आज दाम्पत्य जीवन अच्छा बना रहेगा।

* शुभ रंग- लाल

* शुभ अंक- 2

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन आपके लिए बढिय़ा रहने वाला है। परिवार का सहयोग मिलेगा। परिवार के सभी लोग मिलकर किसी धार्मिक स्थान पर घूमने जाने की योजना बनाएंगे। नौकरी कर रहे लोगों को अपनी नौकरी में तरक्की के अवसर मिलेंगे। जीवनसाथी को आप कोई नया कार्य शुरू करा सकते हैं। पिताजीआपके बिजनेस को बढ़ाने के लिए धन खर्च करेंगे। साथ ही किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह भी लेंगे। बच्चे आज खेल कूद में व्यस्त रहेंगे। कुल मिलाकर आज आपका दिन बढिय़ा रहने वाला है।

* शुभ रंग- गोल्डन

* शुभ अंक- 4

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज का दिन उत्तम रहने वाला है । करीयर को बेहतर बनाने के लिए किये गये प्रयासों से आपको लाभ होगा मिलेगा। आज आपकी अच्छी छवि निखर कर लोगों के सामने आयेगी। संतान की सफलता के कारण, घर में खुशी का माहौल बना रहेगा । शाम को जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बीतेगा। बच्चे आज किसी जरुरी काम में अपनी माता की मदद मागेंगे । जिससे उनके काम पूरे होंगे। आज आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। रुका हुआ काम पूरा होगा आपको मानसिक शांति मिलेगी । जीवनसाथी आज आपको उपहार देंगे।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 6

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज किस्मत का पूरा साथ मिलेगा । जो लोग बैंक में कार्य करते हैं वह आज अपना काम बहुत जल्द निपटा लेंगें । लवमेट आज किसी धार्मिक स्थल पर घूमने जायेंगे, एक दूसरे पर विश्वास बढेगा। आज रूका हुआ पैसा आपको वापस मिलेगा, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी। आज आपके कार्यों की प्रशंसा दूर-दूर तक लोगों में इत्र की तरह महकेगी। आप सफलता की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ जायेंगे । छात्र किसी खास मामले में एकांत और शांति से विचार करेंगे, तो सब ठीक हो जायेगा।

* शुभ रंग- मैहरुन

* शुभ अंक- 1

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन खुशियां लेकर आया है। अपनी सकारात्मक सोच को सार्थक कामों में लगायेंगे तो आपकी रचनातमक प्रतिभा सबके सामने खुलकर आएगी, लोगों के बीच आपका सम्मान बढ़ जायेगा । जो लोग डांस सीखना चाहते हैं, वह सोशल मिडिया की मदद से सीखेंगे । आज घर पर किसी चीज की मरम्मत करानी पड़ेगी । महिलाओ को घर के कार्यो से राहत मिलेगी । आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा । शाम का समय भाई बहनों के साथ हंसी-मजाक में बितेगा। जीवनसाथी आज आपको नन्हे मेहमान के आने की खुशखबरी दें सकते हैं। जीवन में चल रही समस्याओं का समाधान मिलेगा।

* शुभ रंग- मैजेंटा

* शुभ अंक- 5

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहने वाला है। आज आपका पूरा ध्यान अपने कार्य में सुधार करने में रहेगा। आज बच्चे आपने माता पिता का ज्यादा ध्यान रखेंगें और बात भी मानेंगे । उधार दिया हुआ पैसा वापस मिलेगा बिजनेस में कोई बड़ी सफलता हाथ लग सकती है । आज आप कुछ नया कामस्टार्ट करने की सोच सकते है, लेकिन शुरू करने से पहले अपनों से बड़ों की सलाह जरूर लें लें। आज आपका मन आध्यात्म की तरफ रहेगा। आज हर काम को धैर्य और समझदारी से पूरा करने की कोशिश करेंगे।

* शुभ रंग- नारंगी

* शुभ अंक- 6

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन खुशियां भरा रहेगा। नव विवाहित दंपत्ति में मीठी नोकझोक होगी, इससे रिश्ते में मजबूती आयेगी। आज किसी अनजान व्यक्ति से दोस्ती करने से बचे, पहले उसके बारे में भली-भांति समझ लें। आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी । पिता अपके बिजनेस में आपका सयोग करेंगें। लोग आपकी प्रशंसा करेंगे, जिसे आप हमेशा से सुनना चाहते थे। बुजुर्गों की सेहत का ख्याल रखें । घर में शांति बनी रहेगी । छात्रों के लिए आज का दिन खुशियां देने वाला है, किसी अच्छी कंपनी में इंटर्न करने का मौका मिलेगा।

* शुभ रंग- सिल्वर

* शुभ अंक- 6

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन फायदेमंद साबित होने वाला है । आज आपको पहले किये गये छोटे-मोटे कार्यों से भी पॉजीटिव रिजल्ट मिलेगा । सफलतायें छोटी ही सही लेकिन निरंतर बनी रहेंगी, इससे आपका सकारात्मक विचार बनेगा। ऑफिस के कार्यो को करते समय फोक्स बनायें रखें। आपको जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे अपनी समझदारी से बखुबी निभायेंगें । जो लोग प्रॉपर्टी डीलर हैं उनका काम अच्छा चलेगा, और रूका हुआ पैसा आपको वापस मिलेगा। सेहत पहले से बेहतर बनी रहेगी । छोटे बच्चे आज किसी खिलौने की मांग कर सकते हैं।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 3

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके जीवन में खुशियां लेकर आया है। आज छात्रों को करियर के मामले में कोई बड़ी खुशखबरी मिलेगी। अपने से बड़ों की बातें गौरर से सुनें, भविष्य में आपके लिये फायदेमंद रहेगी। युवाओं को बढिय़ा नौकरी के मिलने की संभावन बन रही है। कारोबार में तरक्की के अवसर प्राप्त होंगे । जो लोग राजनीति से जुड़े हुए हैं उन्हे पुराने किये गये कार्यो के लिए वाह- वाही मिलेगी । इलेक्ट्रोनिक सामान खरीदना चाहते है, तो आज का दिन अच्छा है। दाम्पत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 5

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन आपके लिए बहुत ही अच्छा रहने वाला है। इस राशि के जो लोग नौकरी कर रहे हैं वह दिए गए काम को पूरा करने में सफल होंगे। आज आप दफ्तर से जल्दी निकलने की कोशिश करेंगे। परिवार का हंसी-मजाक भरा बरताव घर के वातावरण को खुशनुमा बनायेगा। कार्यों में परिवार का सहयोग मिलेगा। परिवार के लोगों के साथ आप घूमने जाने की योजना बनाएंगे, जहां सभी लोग काफी खुश नजर आएंगे। लवमेट के लिए दिन अच्छा है।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 6

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज का दिन आपके लिए खुशियों से भरा रहने वाला है। परिवार का सहयोग मिलेगा और यह सीखेंगे के धन को कैसे बचा कर रखा जाता है, जिससे भविष्य में कोई परेशानी ना हो7 साथ ही आज आपके ऊपर परिवार की कुछ जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, जिन्हें आप पूरा करेंगे। सभी लोग आपके द्वारा किए गए कार्यों से काफी खुश नजर आएंगे। आज आप माता-पिता से अपने मन की बातों को साझा करेंगे। कार्य क्षेत्र में आज आपकी परफोर्मेंस बाकि लोगों से बेहतर रहेगी।

* शुभ रंग- पिच

* शुभ अंक- 3

********************************

 

यात्रीगण कृपया ध्यान दें! किसानों का रेल रोको आंदोलन शुरू, 3 दिन रहेगा चक्का जाम

चंडीगढ 28 Sep, (एजेंसी) : पंजाब में किसानी मुद्दों से जुड़ी मांगों को लेकर किसान आज से तीन दिन दिवसीय रेल रोको आंदोलन शुरू कर रहे हैं। किसान 12 स्थानों पर ट्रेनों का चक्का जाम कर धरना देंगे। अमृतसर में किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेतृत्व में किसान बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए मुआवजे और एमएसपी की गारंटी समेत अन्य मांगों को लेकर आज दोपहर में रेल रोको प्रदर्शन करेंगे।

किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के सरवन सिंह पंढेर ने बताया कि अगर किसी ने पंजाब के किसानों के साथ दुर्व्यवहार करने की कोशिश की तो हरियाणा के किसान भी पंजाब के किसानों के साथ शामिल हो जाएंगे। पूरे देश में किसान एकजुट हैं। मोगा में भी किसान रेन ट्रैक पर बैठ गए हैं।

बाढ़ पीड़ितों के लिए पैकेज, एमएसपी की गारंटी कानून, किसान मजदूर ऋण मुक्ति, मनरेगा, नशा और अन्य मुद्दों को लेकर यह आंदोलन होगा। किसान नेताओं सरवन सिंह पंधेर, जसविंदर सिंह लोंगोवाल, सुखविंदर सिंह ने बताया कि 16 संघर्षरत संगठनों के फोरम में अब किसान मजदूर यूनियन भटेरी कलां और किसान मजदूर मोर्चा पंजाब के शामिल होने के बाद संख्या बढ़कर 18 हो गई थी। अब पंजाब किसान मजदूर यूनियन के समर्थन के बाद आंदोलनकारी संगठनों की संख्या 19 हो गई है।

पंजाब में 12 स्थानों मोगा, होशियारपुर, गुरदासपुर के बटाला, जालंधर कैंट, तरनतारन, सुनाम, नाभा, फिरोजपुर में बस्ती टैंकवाली और मल्लांवाला, बठिंडा में रामपुरा, अमृतसर में देवीदासपुरा में रेल ट्रैक जाम किए जाएंगे।

********************************

 

NDPS मामले में पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई : कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा गिरफ्तार, आज कोर्ट में किया जाएगा पेश

चंडीगढ 28 Sep, (एजेंसी) : पंजाब से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पंजाब कांग्रेस के विधायक सुखपाल खैहरा के आवास पर आज सुबह-सुबह जलालाबाद पुलिस ने छापा मारा। इसके बाद जलालाबाद पुलिस ने सुखपाल खैहरा को गिरफ्तार कर लिया है। जलालाबाद पुलिस खैरा को पकड़ने उनके चंडीगढ़ स्थित निवास स्थान पर पहुंची थी। पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ एक पुराना एनडीपीएस एक्ट का केस था, इस पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हालांकि कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके खिलाफ दुश्मनी निकाल रहे हैं। कांग्रेस विधायक को सुबह सवा 11 बजे जलालाबाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, पांच मार्च 2015 को जलालाबाद थाना सदर की पुलिस ने आठ व्यक्तियों को हेरोइन और हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार व्यक्तियों में कपूरथला के एक आरोपी की सिफारिश उस समय सुखपाल खैरा ने की थी। बाद में सुखपाल सिंह खैरा को भी केस में आरोपी बना दिया गया था। सूत्रों के अनुसार, खैरा ने सुप्रीम कोर्ट से यह केस जीत लिया था, हालांकि इस की पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक जब जलालाबाद पुलिस खैरा के चंडीगढ़ स्थित निवास स्थान पर पहुंची तो खैरा ने एतराज किया। उनका कहना था कि वह पहले उन्हें अरेस्ट वारंट दिखाएं उसके बाद ही उसे गिरफ्तार कर सकते हैं। इस बात पर पुलिस और खैरा के बीच बहसबाजी भी हुई। इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद खैरा ने कहा कि यह सारी कार्रवाई बदलाखोरी की है। वह किसी भी कीमत पर इस चीज को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

***************************

 

बाहुबली रामाधीर की पूरी जिंदगी जेल में गुजरेगी, हाईकोर्ट ने हत्याकांड में बरकरार रखी उम्रकैद की सजा

रांची ,27 सितंबर (एजेंसी)। यूपी के बलिया से लेकर झारखंड के धनबाद कोयलांचल में बाहुबली माफिया के रूप में चर्चित रहे रामाधीर सिंह को पूरी जिंदगी जेल में गुजारनी पड़ेगी। झारखंड हाईकोर्ट ने धनबाद में वर्ष 1998 में ट्रेड यूनियन लीडर विनोद सिंह और उनके ड्राइवर मन्नू अंसारी की हत्या के मामले में निचली अदालत से सुनाई गई उसकी उम्र कैद की सजा बरकरार रखी है।

रामाधीर सिंह यूपी के बलिया में जिला परिषद का अध्यक्ष रह चुका है। धनबाद के तत्कालीन जिला एवं सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा की अदालत ने 19 अप्रैल 2015 को रामाधीर सिंह को उम्र कैद की सजा सुनाई थी। निर्णय की तारीख पर रामाधीर अदालत में हाजिर नहीं हुआ था। बाद में उसने बिना सरेंडर किए निचली अदालत द्वारा दी गई सजा के आदेश को उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी।

उच्च न्यायालय से राहत नहीं मिलने पर रामाधीर सुप्रीम कोर्ट गया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी उसे कोई राहत नहीं दी थी और सरेंडर करने का आदेश दिया था। इसके बाद रामाधीर सिंह ने 20 फरवरी 2017 को अदालत में सरेंडर कर दिया था। तब से वह जेल में है। जेल जाने के बाद उसने धनबाद की अदालत के फैसले के खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में अपील की थी।

जस्टिस सुजीत नारायण एवं जस्टिस नवनीत कुमार की खंडपीठ ने बुधवार को रामाधीर की अपील को खारिज करते हुए निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा।

बता दें कि 15 जुलाई 1998 को धनबाद में बिहार जनता खान मजदूर संघ के ट्रेड यूनियन नेता विनोद सिंह अपनी एंबेसडर कार से कतरास से धनबाद की तरफ जा रहे थे। कार उनका ड्राइवर मन्नू अंसारी चला रहा था। कतरास के भगत सिंह चौक के पास एंबेसडर कार पहुंच कर धनबाद की ओर मुडऩे के लिए धीमी हुई, तब एक मारुति कार ने उसे ओवरटेक कर लिया।

उसमें से कुछ राइफलधारी उतरे और एंबेसडर कार पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। लगभग सात-आठ मिनट तक फायरिंग होती रह गई। इस अंधाधुंध गोलीबारी में कार में सवार विनोद सिंह और ड्राइवर मन्नू अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। इस हत्याकांड से पूरे धनबाद में सनसनी फैल गई।

विनोद सिंह धनबाद के बाहुबली नेता सकलदेव सिंह के भाई थे। उनकी खुद की पहचान भी बाहुबली ट्रेड यूनियन नेता के तौर पर थी। विनोद सिंह को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना स्थल पर छत्तीस गोलियों के खोखे बरामद किये थे। कार भी पूरी तरह गोलियों से छलनी हो गई थी। हत्याकांड में माफिया किंग सूरजदेव सिंह के भाई बच्चा सिंह, रामाधीर सिंह और बेटे संजीव सिंह का नाम सामने आया।

विनोद सिंह के छोटे भाई दून बहादुर सिंह ने इन तीनों के अलावा कुछ अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। 16 वर्षों तक चले मुकदमे के दौरान 19 गवाहों से पूछताछ की गई।

इसके बाद धनबाद सिविल कोर्ट के तत्कालीन अपर न्यायायुक्त निकेश सिन्हा की अदालत ने रामाधीर को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।जबकि, उनके बड़े भाई और झारखंड के पूर्व मंत्री बच्चा सिंह को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया था। अन्य आरोपियों में राजीव रंजन, शेर बहादुर और अनिल यादव लापता हैं।

*********************************

 

 

पिछड़ों का आरक्षण भाजपाई खा रहे : लालू

पटना 28 Sep, (एजेंसी) : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने देश के 45 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के प्रोफेसर की संख्या महज चार प्रतिशत रहने से संबंधित रिपोर्ट को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला और कहा कि पिछड़ों का आरक्षण भाजपाई खा रहे हैं।

श्री यादव ने गुरुवार को सोशल नेटवर्किंग साइट ‘एक्स’ पर इस संबंध में प्रकाशित रिपोर्ट की प्रति के साथ टिप्पणी की, “भाजपा की गरीब, वंचित,उपेक्षित और बहुजन विरोधी विचारधारा एवं धर्म के आवरण तले तथा मोदी सरकार की एक सोची समझी रणनीति और षड्यंत्र के तहत केंद्रीय शैक्षणिक संस्थानों में सुनियोजित ढंग से अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और ओबीसी वर्ग के संवैधानिक अधिकारों को समाप्त किया जा रहा है।

”राजद अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों में सिर्फ़ चार प्रतिशत ओबीसी प्रोफेसर हैं जबकि ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि पिछड़ों का आरक्षण भाजपाई खा रहे हैं।

****************************

 

दो युवकों के शव मिलने के बाद मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, डीसी ऑफिस में की तोड़फोड़; गाड़ियां भी फूंकी

इंफाल 28 Sep, (एजेंसी): जुलाई में लापता हुए दो युवकों के शवों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मणिपुर की राजधानी में एक बार फिर से हिंसा भड़क गई। दो युवकों की मौत पर हिंसक विरोध प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी है। छात्रों के भीड़ ने इंफाल पश्चिम में उपायुक्त कार्यालय में तोड़फोड़ की और दो वाहनों को आग लगा दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि प्रदर्शनकारी उरीपोक, याइस्कुल, सागोलबंद और तेरा इलाकों में सुरक्षा कर्मियों से भिड़ गए, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बलों को कई राउंड आंसू गैस के गोले दागने पड़े। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों को आवासीय इलाकों में प्रवेश करने से रोकने के लिए सड़कों को टायर, बोल्डर और लोहे के पाइप जलाकर अवरुद्ध कर दिया।

भीड़ ने डीसी कार्यालय में भी तोड़फोड़ की और दो वाहनों को आग लगा दी। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। सुरक्षा बलों द्वारा हिंसक विरोध प्रदर्शनों का मुकाबला करने के लिए दो जिलों – इंफाल पूर्व और पश्चिम में फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया है। इस हिंसा में मंगलवार से 65 प्रतिशत प्रदर्शनकारी घायल हो गए हैं। पुलिस ने कहा कि इस बीच, थौबल जिले के खोंगजाम में एक भाजपा कार्यालय में आग लगा दी गई।

*******************************

शर्मनाक : घर पर फहराया पाकिस्तान का झंडा, बाप-बेटा गिरफ्तार; देशद्रोह का मुकदमा दर्ज

मुरादाबाद 28 Sep, (एजेंसी)  : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक बहुत ही हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक घर पर पाकिस्तान का झंडा फहराए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने का बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंची। फिलहाल, पुलिस ने पाकिस्तान के झंडे को घर से उतरवा दिया है। साथ ही मकान मालिक व उसके बेटे के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि पूरा मामला भगतपुर थाना क्षेत्र गांव बुढ़ानपुर अलीगंज का है, जहां कपड़े का काम करने वाले रईस के घर पर पाकिस्तान का झंडा लगाए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर इसकी फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की और फिर उसके बाद झंडे को उतरवा दिया। इसके उपरांत रईस (45) और उसके बेटे सलमान (25) को गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों पर धारा 153 ए, 153 बी के तहत देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया है। एलआईयू के साथ-साथ पुलिस और अन्य एजेंसी भी गिरफ्तार किए गए पिता-पुत्र से पूछताछ कर रही हैं। अब उनको कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले में SSP हेमराज मीणा ने बताया कि आरोपी और उसके बेटे पर पाकिस्तानी ध्वज को अपने घर की छत पर फहराने का आरोप है। इसके कुछ फोटोज और वीडियोज भी सामने आए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच के बाद कार्रवाई की है। गुरुवार (28 सितंबर) को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा

*****************************

 

गुरुग्राम में फर्जी दस्तावेजों के जरिए एनआरआई की जमीन हड़पने के आरोप में 5 गिरफ्तार

गुरुग्राम 28 Sep, (एजेंसी): गुरुग्राम पुलिस की एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने गुरुग्राम में एक एनआरआई की 40 करोड़ रुपये की जमीन हड़पने के आरोप में हरियाणा पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक और दिल्ली के तहसील कार्यालय के एक संविदा कर्मचारी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से करीब 40 करोड़ रुपये की जमीन को 6.6 करोड़ रुपये में खरीदने का झांसा देकर एनआरआई की जमीन अपने नाम कर ली थी। जांच से पता चला कि 1.5 एकड़ से अधिक की जमीन दक्षिणी पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर बगमपुर खटोला गांव में स्थित थी और फर्जी दस्तावेजों का उपयोग करके इसे हड़प लिया गया था।

एनआरआई पूरन मनचंदा की शिकायत के आधार पर एसआईटी ने मामले की जांच की और संदिग्धों – सुभाष चंद, वकील टोनी यादव, संजय गोस्वामी – दिल्ली के कालकाजी तहसील कार्यालय में एक अनुबंधित रिकॉर्ड कीपर भीम सिंह राठी और गुरुग्राम पुलिस के आर्थिक कार्यालय विंग में तैनात एएसआई प्रदीप, जिन्होंने कथित तौर पर संदिग्धों से रिश्‍वत लेकर जमीन के जाली दस्तावेज बनाए थे, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि टीम ने जांच के दौरान एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक अलग मामला दर्ज किया है। संदिग्धों के खिलाफ बादशाहपुर पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 120-बी, 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता मनचंदा ने 1 मार्च, 2022 को सभी संदिग्धों के खिलाफ कथित तौर पर उसकी जमीन हड़पने के लिए जमीन के दस्तावेजों में जालसाजी करने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि संदिग्धों ने जमीन के मूल जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी (जीपीए) रिकॉर्ड में जालसाजी की थी और गोस्वामी की मदद से फर्जी जीपीए और अन्य दस्तावेज तैयार किए थे, जिन्होंने जमीन का रिकॉर्ड बदलने के लिए 5 लाख रुपये लिए थे।

पुलिस ने कहा, इसके बाद आरोपियों ने जमीन हड़प ली और उन दस्तावेजों के आधार पर फर्जी तरीके से विनोद के नाम पर रजिस्ट्री करा ली। जीपीए के फर्जी दस्तावेज तैयार करने के लिए संदिग्धों ने मेजर पी.के. मेहता सहित कुछ लोगों को फर्जी गवाह भी बनाए। मेहता की वर्ष 2001 में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी और वकील संदीप, जिनके जीपीए पर हस्ताक्षर टोनी यादव ने फर्जी दस्‍तखत किए थे।

आरोपी ने फर्जी जीपीए के आधार पर शिकायतकर्ता की 15 कनाल 2 मरला जमीन विनोद के नाम कर दी, जिसका उल्लेख राठी, शैल नारंग और ओम भाटी ने किया था। जांच के दौरान यह भी पता चला कि ईओडब्ल्यू शाखा में पदस्थ एएसआई प्रदीप आरोपियों को फायदा पहुंचाने के लिए उनसे पैसे लेता था। आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने कहा, “गुरुग्राम पुलिस भ्रष्टाचार में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है। इसलिए, यदि कोई भी पुलिस अधिकारी किसी भी तरह के मामले में किसी भी तरह से शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

****************************

 

सेना प्रमुख ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में जटिलताओं, चुनौतियों को रेखांकित किया

नई दिल्ली 28 Sep, (एजेंसी): थल सेनाध्यक्ष (सीओएएस) जनरल मनोज पांडे ने इंडो-पैसिफिक कार्यक्रम के दौरान कहा कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र न केवल संस्कृतियों, इतिहास, संसाधनों और अवसरों का केंद्र है, बल्कि जटिलताओं और चुनौतियों का भी केंद्र है। सेना प्रमुख सम्मेलन (आईपीएसीसी) का समापन  हुआ। तीन दिवसीय कार्यक्रम – आईपीएसीसी, इंडो-पैसिफिक आर्मीज़ मैनेजमेंट सेमिनार (आईपीएएमएस), सीनियर एनलिस्टेड लीडर्स फोरम (एसईएलएफ) – का आयोजन भारतीय सेना द्वारा सह-मेजबान के रूप में अमेरिकी सेना के साथ किया गया था। इस कार्यक्रम में 30 देशों की भागीदारी देखी गई।

अमेरिकी सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज ने भूमि शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला और कहा कि यह न केवल क्षेत्र की साझा सुरक्षा में योगदान देता है बल्कि संकटों से निपटने में भी भूमि शक्ति निर्णायक शक्ति है। कम से कम 18 देशों का प्रतिनिधित्व उनकी सेनाओं के प्रमुखों द्वारा किया गया और 12 देशों का प्रतिनिधित्व प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों द्वारा किया गया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उद्घाटन भाषण दिया जबकि समापन भाषण रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने दिया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस आयोजन ने प्रतिनिधियों को सुरक्षा और आपसी हित के अन्य समसामयिक मुद्दों पर विचारों और विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान किया, जिसमें मुख्य प्रयास भारत-प्रशांत क्षेत्र में ‘शांति और स्थिरता’ को बढ़ावा देना था।

13वें आईपीएसीसी के भाग के रूप में “शांति के लिए एक साथ: भारत-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखना” विषय पर एक प्रमुख गोलमेज सम्मेलन आयोजित किया गया था। रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, सभी प्रमुखों ने इस विषय को दोहराया और क्षेत्र के सभी देशों की भावनाओं को प्रतिबिंबित किया। सीओएएस ने भाग लेने वाले देशों की सेनाओं के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं।

47वें आईपीएएमएस के पूर्ण सत्र में तीन विषयों पर सत्र आयोजित किये गये। पहला विषय था “भारत-प्रशांत में सतत शांति और सुरक्षा के लिए साझेदारी”; दूसरा विषय था “इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ाने के लिए सहयोग”; और अंतिम विषय था “मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) – संकट प्रतिक्रिया के लिए विकसित तंत्र”। जीवनसाथी के लिए “बैरक से परे: सैन्य समुदायों को बढ़ावा देने और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने में भूमिकाएं और चुनौतियां” विषय पर एक विशेष पूर्ण सत्र भी आयोजित किया गया था। सत्र की शुरुआत आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (एडब्ल्यूडब्ल्यूए) की अध्यक्ष अर्चना पांडे और अमेरिकी सेना के सीओएस की पत्‍नी पैटी जॉर्ज के उद्घाटन भाषण से हुई। दोनों ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का भी दौरा किया और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

***************************

 

मणिपुर हिंसा: फिल्म अभिनेता राजकुमार कैकू ने भाजपा छोड़ी, कहा-जातीय संघर्ष से निपटने में सरकार अक्षम

इंफाल 28 Sep, (एजेंसी): प्रसिद्ध मणिपुरी फिल्म अभिनेता राजकुमार कैकू उर्फ सोमेंद्र ने दो युवा छात्रों की निर्मम हत्या पर अपना गुस्सा प्रकट करते हुए सत्तारूढ़ भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और राज्य सरकार पर राज्य में मौजूदा जातीय संघर्ष से निपटने में अक्षमता का आरोप लगाया। दो कुकी फिल्मों सहित 400 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुके कैकू ने अपना इस्तीफा राज्य भाजपा नेताओं को सौंप दिया, जबकि राज्य के शीर्ष नेताओं ने उनसे अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है। इंफाल पश्चिम जिले के थांगमीबंद क्षेत्र के निवासी कैकू ने पिछला लोकसभा चुनाव 2019 में स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में लड़ा था और बाद में नवंबर 2021 में भाजपा में शामिल हो गए।

एक सेलिब्रिटी अभिनेता होने के नाते कैकू ने पिछले साल के विधानसभा चुनावों में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के लिए भारी भीड़ जुटाई थी। पार्टी ने 60 सदस्यीय सदन में 32 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया था। कैकू ने अपने इस्‍तीफे में कहा, “मेरी प्राथमिकता ‘जनता पहले और पार्टी बाद में’ है, इसीलिए मैंने इस कठिन समय में जनता के साथ जुड़ने के लिए अपना दिमाग लगाया।”

उन्होंने कहा, “यह देखना निराशाजनक है कि सरकार ने चार महीने से अधिक समय से राज्य में जारी अव्यवस्था को ठीक करने के लिए अभी तक सक्रिय कदम नहीं उठाया है।” किसी राजनीतिक दल के तहत काम करने पर अपनी मर्जी से लोगों की सेवा करने में असमर्थता व्यक्त करते हुए कैकू ने कहा, “मैंने भाजपा छोड़ने के लिए अपना दिमाग लगाया।”

उन्‍होंने कहा, “मैं यह सोचकर भाजपा में शामिल हुआ कि पार्टी अपनी डबल इंजन सरकार के साथ हमारे राज्य में एक महत्वपूर्ण बदलाव लाएगी। बेशक, इसने सीएम एन. बीरेन सिंह के तहत पर्यटन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव लाए। इस बात को ध्यान में रखते हुए मैंने सोचा कि केंद्रीय नेता चल रहे मुद्दे पर तेजी से कार्रवाई करेंगे और संघर्ष को समाप्त करेंगे, लेकिन ऐसा लगता है कि केंद्रीय नेता लोगों के दर्द और दुख पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं और वे लोगों की हर उम्मीद के खिलाफ हैं।”

कुकी-ज़ो विधायकों और नागरिक निकायों की उनके समुदाय के लिए एक अलग प्रशासन की मांग पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, “अब मैं सार्वजनिक व्यवस्था बहाल करने के लिए लोगों के अभियान में शामिल होने के लिए एक स्वतंत्र नागरिक हूं।” इस बीच, मणिपुर पुलिस ने नेता का नाम लिए बिना कहा कि अनियंत्रित भीड़ ने एक राजनेता के घर पर हमला करने की कोशिश की, संयुक्त सुरक्षा बलों ने आंसूगैस के गोले दागकर भीड़ को खदेड़ दिया।

पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “अनियंत्रित भीड़ ने एक पुलिस जिप्सी को निशाना बनाया और उसे जला दिया, जबकि एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की और उसके हथियार छीन लिए। मणिपुर पुलिस इस तरह की कार्रवाई की निंदा करती है और ऐसे उपद्रवियों से निपटने के लिए सख्त कदम उठाएगी। हथियारों की बरामदगी और उपद्रवियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।”

**************************

 

अनियंत्रित होकर ट्रक ने सड़क किनारे सो रहे लोगोंं को रौंदा, तीन की मौत- एक की हालत गंभीर

नवादा 28 Sep, (एजेंसी): नवादा में सुबह-सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने चार लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक का सदर अस्पताल बिहार में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा वीरवार सुबह तड़के यानी चार बजे वादा- हिसुआ पथ पर शोभिया मंदिर के समीप केवट नगर के पास हुआ है। यहां हिसुआ की तरफ से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे सो रहे मजदूरों को रौंदते हुए निकल गया।

इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे में में एक पिकअप वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। सभी मजदूर नवादा सब्जी मंडी में सामान उतारने का काम करते थे। हादसे के बाद ट्रक चालक और परिचालक घटना मौके से फरार हो गए हैं।

*********************************

 

अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘मिशन रानीगंज’ का ट्रेलर जारी

27.09.2023  –  पूजा एंटरटेनमेंट के बैनर तले वाशु भगनानी, जैकी भगनानी, दीपशिखा देशमुख और अजय कपूर द्वारा निर्मित व अक्षय कुमार और परिणीति चोपड़ा स्टारर रेस्क्यू थ्रिलर ‘मिशन रानीगंज’ का इंस्पायरिंग ट्रेलर जारी कर दिया गया है। फिल्म का ट्रेलर किसी सिनेमाई ट्रीट और सरप्राइज से कम नहीं लग रहा है।

यह भावनाओं, ड्रामा, प्रेरणा, साहस और भावपूर्ण संगीत की एक रोलर-कोस्टर सवारी है, जिसे कलाकारों के शानदार प्रदर्शन के साथ कलात्मक ढंग से स्क्रीन पर निर्देशक टीनू सुरेश देसाई ने चित्रित किया है। ट्रेलर के प्रमुख आकर्षणों में से एक पानी के नीचे शानदार ढंग से फिल्माया गया सीक्वेंस है जिसमें अक्षय और फिल्म की इम्प्रेसिव कास्ट सिनेदर्शकों को रेस्क्यू मिशन की एक झलक दिखाते हैं। हर फ्रेम में अक्षय के किरदार जसवन्त सिंह गिल का समर्थन करने वाले प्रतिभाशाली कलाकारों का शानदार समूह भी नज़र आता है, जो वास्तव में दिल को छू लेने वाला है।

यह एक बेहद शानदार अनुभव है जो दर्शकों को शुरू से अंत तक बांधे रखेगा। यह फिल्म सिल्वर स्क्रीन पर अब तक का सबसे उल्लेखनीय कोयला खदान बचाव अभियान होने का वादा करता है। जसवंत सिंह गिल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम के अथक प्रयासों को दर्शाती यह फिल्म 6 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ परिणीति चोपड़ा, कुमुद मिश्रा, पवन मल्होत्रा, रवि किशन, वरुण बडोला, दिब्येंदु भट्टाचार्य, राजेश शर्मा, वीरेंद्र सक्सेना, शिशिर शर्मा, अनंत महादेवन, जमील खान, सुधीर पांडे, बचन पचेरा, मुकेश भट्ट और ओंकार दास मानिकपुरी अपने अभिनय का जलवा बिखेरते नजर आएंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, आदिवासी/सरना धर्म कोड पारित करने का किया आग्रह

रांची,27.09.2023 (FJ)  –  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पुनः मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आदिवासियों के हित में आदिवासी/सरना धर्म कोड पारित करने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से कहा कि हम आदिवासी समाज के लोग प्राचीन परंपराओं एवं प्रकृति के उपासक हैं तथा पेड़ों, पहाड़ों की पूजा और जंगलों को संरक्षण देने को ही अपना धर्म मानते हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के अनुसार देश में लगभग 12 करोड़ आदिवासी निवास करते हैं। झारखंड प्रदेश जिसका मैं प्रतिनिधित्व करता हूँ एक आदिवासी बाहुल्य राज्य है, जहाँ इनकी संख्या एक करोड़ से भी अधिक है। झारखंड की एक बड़ी आबादी सरना धर्म को मानने वाली है। इस प्राचीनतम सरना धर्म का जीता-जागता ग्रंथ स्वंय जल, जंगल, जमीन एवं प्रकृति हैं। सरना धर्म की संस्कृति, पूजा पद्धति, आदर्श एवं मान्यताएँ प्रचलित सभी धर्मों से अलग है।

आदिवासियों के पारंपरिक धार्मिक अस्तित्व के रक्षा की चिंता निश्चित तौर पर एक गंभीर सवाल है

मुख्यमंत्री ने कहा झारखंड ही नहीं अपितु पूरे देश का आदिवासी समुदाय पिछले कई वर्षों से अपने धार्मिक अस्तित्व की रक्षा के लिए जनगणना कोड में प्रकृति पूजक आदिवासी / सरना धर्मावलंबियों को शामिल करने की माँग को लेकर संघर्षरत है। प्रकृति पर आधारित आदिवासियों के पारंपरिक धार्मिक अस्तित्व के रक्षा की चिंता निश्चित तौर पर एक गंभीर सवाल है। आज आदिवासी / सरना धर्म कोड की माँग इसलिए उठ रही है ताकि प्रकृति का उपासक यह आदिवासी समुदाय अपनी पहचान के प्रति आश्वस्त हो सके। वर्तमान में जब समान नागरिक संहिता की माँग कतिपय संगठनों द्वारा उठाई जा रही है, तो आदिवासी / सरना समुदाय की इस माँग पर सकारात्मक पहल उनके संरक्षण के लिए नितांत ही आवश्यक है। आप अवगत हैं कि आदिवासी समुदाय में भी कई ऐसे समुह हैं जो विलुप्ति के कगार पर हैं एवं सामाजिक न्याय के सिद्धांत पर इनका संरक्षण नहीं किया गया तो इनकी भाषा, संस्कृति के साथ-साथ इनका अस्तित्व भी समाप्त हो जाएगा।

लगातार घट रही है जनसंख्या

मुख्यमंत्री ने बताया कि विगत आठ दशकों में झारखण्ड के आदिवासियों की जनसंख्या के क्रमिक विशलेषण से ज्ञात होता है कि इनकी जनसंख्या का प्रतिशत झारखण्ड में 38 से घटकर 26 प्रतिशत ही रह गया है। इनकी जनसख्या के प्रतिशत में इस तरह लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है जिसके फलस्वरुप संविधान की पाँचवी एवं छठी अनुसूची के अंतर्गत आदिवासी विकास की नीतियों में प्रतिकूल प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है।

आदिवासी/सरना कोड अत्यावश्यक

मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से कहा कि परिस्थितियों के मद्देनजर हिन्दू मुस्लिम, सिख, इसाई, जैन धर्मावलम्बियों से अलग सरना अथवा प्रकृति पूजक आदिवासियों की पहचान के लिए तथा उनके संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण के लिए अलग आदिवासी / सरना कोड अत्यावश्यक है। अगर यह कोड मिल जाता है तो इनकी जनसंख्या का स्पष्ट आकलन हो सकेगा एवं तत्पश्चात हम आदिवासियों की भाषा, संस्कृति, इतिहास का संरक्षण एवं संवर्द्धन हो पाएगा तथा हमारे संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की जा सकेगी। यहाँ उल्लेखनीय है कि वर्ष 1951 के जनगणना के कॉलम में इनके लिए अलग कोड की व्यवस्था थी परन्तु कतिपय कारणों से बाद के दशकों में यह व्यवस्था समाप्त कर दी गई। अतः आदिवासी / सरना कोड आदिवासी समुदाय के समुचित विकास के लिए अत्यंत ही आवश्यक एवं इसके मद्देनजर झारखंड विधानसभा से इस निमित्त प्रस्ताव भी पारित कराया गया है, जो वर्तमान में केंद्र सरकार के स्तर पर निर्णय हेतु लंबित है।

पूरे विश्व में प्रकृति प्रेम का संदेश फैलेगा

मुख्यमंत्री ने कहा मुझे अपने आदिवासी होने पर गर्व है और एक आदिवासी मुख्यमंत्री होने के नाते मैं ना सिर्फ झारखंड, बल्कि पूरे देश के आदिवासियों के हित में आपसे विनम्र आग्रह करता हूँ कि हम आदिवासियों की इस आदिवासी / सरना धर्म कोड की चिरप्रतीक्षित माँग पर आप यथाशीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की कृपा करें। आज पूरा विश्व बढ़ते प्रदूषण एवं पर्यावरण की रक्षा को लेकर चिंतित है, वैसे समय में जिस धर्म की आत्मा ही प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा है उसको मान्यता मिलने से भारत ही नहीं पूरे विश्व में प्रकृति प्रेम का संदेश फैलेगा।

***************************

 

जी 20 में 1.5 करोड़ नागरिकों की प्रत्यक्ष भागीदारी रहीः पीके मिश्र

नई दिल्ली 27 Sep, (एजेंसी) : नई दिल्ली के भव्य भारत मंडपम में जी20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट फिनाले कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव पी के मिश्र ने कहा कि जी20 में भारत की प्रेसीडेंसी ने खुद को विभिन्न मायनों में अद्वितीय साबित किया है। भारत की प्रेसीडेंसी जनभागीदारी पर थी और 1.5 करोड़ लोगों ने जी20 से जुड़ी गतिविधियों में सीधे तौर पर सहभागिता निभाई है।

उन्होंने कहा कि जागरूकता रैलियों, स्मारकों के साथ सेल्फी प्रतियोगिता, निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं, मैराथन, स्वच्छता अभियान, युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों के साथ, जी20 के उद्देश्यों को आखिरी पायदान तक ले जाया गया है।

मिश्र ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री का विजन था कि जी20 का कार्यक्रम अखिल भारतीय आयोजन होना चाहिए और यह आयोजन हर राज्य और हर केन्द्रशासित प्रदेश में होना चाहिए। उनके विजन के अनुरूप जी20 को विकेंद्रीकृत और लोकतांत्रिक बनाया गया और देश के कोने-कोने में इसकी बैठकों का आयोजन किया गया। हर राज्य ने बाहर से आए प्रतिनिधियों के मन पर अपनी अनूठी सांस्कृतिक छाप छोड़ी। इस सांस्कृतिक छाप से दुनिया को भारत की विविधता के बारे में जानकारी मिली।

प्रमुख सचिव पी के मिश्र ने आगे यह भी कहा कि भारत की जी20 अध्यक्षता के कार्यकाल की एक प्रमुख प्राथमिकता ऐसी दुनिया का निर्माण करना था जो अधिक समावेशी हो और जहां ग्लोबल साउथ की आवाज को अब नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि जी20 के स्थायी सदस्य के रूप में अफ्रीकन यूनियन को भारत के प्रस्ताव पर सदस्यता दी गई। इसे ‘ग्लोबल साउथ’ का नेतृत्व करने की भारत की महत्वाकांक्षा को नई ताकत माना जा रहा है।

युवाओं को लेकर प्रमुख सचिव ने अपने सम्बोधन में कहा कि जी20 की अध्यक्षता युवाओं के लिए नए द्वारा खोलेगी। यह भारत के प्रतिभाशाली और सृजन करने में सक्षम युवाओं पर निर्भर है कि वे नवाचार के इस युग में अग्रणी के रूप में अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने अपने सम्बोधन का समापन एपीजे अब्दुल कलाम के इस प्रसिद्ध उद्धरण से किया- “भविष्य की भविष्यवाणी करने का सबसे अच्छा तरीका इसे बनाना है।

***************************

 

NIA ने खालिस्तानी आतंकियों पर कसा शिकंजाः 6 राज्यों में 50 से अधिक स्थानों पर की छापेमारी

नई दिल्ली 27 Sep, (एजेंसी): राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक बड़े तलाशी अभियान के तहत देश भर में खालिस्तानी आतंकवादियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ बुधवार सुबह छापेमारी शुरू की। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब और दिल्ली के आसपास के इलाकों में चार दर्जन से अधिक स्थानों पर तलाशी ली जा रही है।

एक सूत्र ने कहा, “खालिस्तानी आतंकवादियों, समर्थकों और संबंधित प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े संदिग्धों के ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है।” छापेमारी बुधवार सुबह शुरू हुई और अभी चल रही है। फिलहाल एनआईए ने इस मामले पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है। बताया जा रहा है कि आतंकियों, ड्रग्स डीलर्स और गैंगस्टर्स के बीच सांठगांठ को खत्म करने के लिए एनआईए के जरिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

एनआईए के मुताबिक, 6 राज्यों में तीन मामलों में लॉरेंस बंबीहा और अर्श दल्ला गिरोह के सहयोगियों से संबंधित 51 स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

************************

 

प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसाः 11 बच्चे पानी में बहे, डूबने से चार की मौत

दतिया 27 Sep, (एजेंसी): मध्यप्रदेश के दतिया जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान चार बच्चों की डूबने से मृत्यु हो गयी। पुलिस सूत्रों के अनुसार शहर से कुछ दूर स्थित बिड़निया गांव में शाम को कुछ बच्चे प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। वहां पर 11 बच्चे पानी से भरे गड्ढे की गहरायी में डूबने लगे। छह बच्चों को वहां मौजूद लोगों ने बचा लिया, लेकिन चार को नहीं बचाया जा सका और उनकी मौत हो गई। जबकि एक की तलाश अभी जारी है।

घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत बच्चों की उम्र 12 से 16 साल के बीच है। इनकी पहचान अंश, प्रतिज्ञा, कृष्णा और आस्था के रूप में हुयी है। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को नियमों के अनुरूप आर्थिक सहायता मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। शहर की सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृत बच्चों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति देने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

*****************************