तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी बस को पीछे से मारी टक्कर, चार लोगों की मौत

कर्नाटक 27 Sep, (एजेंसी): कर्नाटक के मंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस और एक कार की जोरदार टक्कर हो गई। बेकाबू कार ने खड़ी बस को पीछे से टक्कर मार दिया। इस भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।स्थानीय पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटना में अभी और जानकारी सामने आना बाकी है।

यह घटना बेंगलुरु-मंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर हुई। बेल्लूर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे आदिचुंचनगिरी इंस्टीट्यूट के पास हुई। कार सड़क के किनारे खड़ी एक बस के पीछे से टकरा गई।” अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आगे की जांच जारी है।

************************************

 

चांद और सूरज के बाद अब शुक्र पर फतेह की तैयारी, ISRO चीफ ने बताया प्लान

नई दिल्ली 27 Sep, (एजेंसी) : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने कहा कि सौर मंडल के सबसे चमकीले ग्रह शुक्र के लिए मिशन पहले से ही कॉन्फ़िगर किया जा चुका है और भविष्य के उद्देश्य के लिए पेलोड विकसित किए गए हैं। इसरो प्रमुख सोमनाथ ने नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी को संबोधित करते हुए कहा क‍ि संकल्पनात्मक चरण में हमारे पास बहुत सारे मिशन हैं।

इसरो अध्यक्ष ने आगे कहा कि शुक्र एक दिलचस्प ग्रह है और इसकी खोज से अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में कुछ सवालों के जवाब देने में मदद मिलेगी। इसका भी एक माहौल है। इसका वातावरण बहुत सघन है। वायुमंडलीय दबाव पृथ्वी (Earth) से 100 गुना अधिक है और यह अम्लों (acids) से भरा है। आप सतह में प्रवेश नहीं कर सकते। आप नहीं जानते कि इसकी सतह कठोर है या नहीं। शुक्र सूर्य से दूसरा ग्रह है और पृथ्वी का निकटतम पड़ोसी ग्रह है. यह चार आंतरिक, स्थलीय (या चट्टानी) ग्रहों में से एक है, और इसे अक्सर पृथ्वी का जुड़वां कहा जाता है क्योंकि यह आकार और घनत्व में समान है.

*******************************

 

खड़गे ने पीएम मोदी के मणिपुर न जाने पर उठाए सवाल, कहा – महिलाओं, बच्चों के खिलाफ हिंसा को बनाया गया हथियार

नई दिल्ली 27 Sep, (एजेंसी): कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कहा कि यह स्पष्ट है कि मणिपुर में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हिंसा को हथियार बनाया गया है। उन्‍होंने पिछले 147 दिन से हिंसा प्रभावित राज्य का दौरा नहीं करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला किया। राज्‍य सभा सांसद ने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को तत्काल हटाने की भी मांग की।

खड़गे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ”147 दिन से मणिपुर के लोग पीड़ित हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के पास राज्य का दौरा करने का समय नहीं है।” उन्‍होंने कहा, “इस हिंसा में छात्रों को निशाना बनाए जाने की भयावह तस्वीरों ने एक बार फिर पूरे देश को झकझोर दिया है। अब यह स्पष्ट है कि इस संघर्ष में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हिंसा को हथियार बनाया गया था।” उन्होंने आरोप लगाया कि खूबसूरत राज्य मणिपुर को भाजपा के कारण “युद्धक्षेत्र” में बदल दिया गया है।

खड़गे ने कहा, “अब समय आ गया है कि प्रधानमंत्री मोदी भाजपा के अक्षम मुख्यमंत्री को बर्खास्त करें। आगे की किसी भी उथल-पुथल को नियंत्रित करने के लिए यह पहला कदम होगा।” उनकी यह टिप्पणी मंगलवार को दो युवा छात्रों की हत्या की खबर सामने आने के बाद आई है। मणिपुर सरकार ने कहा कि उसने दो युवा छात्रों की हत्या का मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया है। सुरक्षा बलों ने भी अपराधियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

मुख्यमंत्री सचिवालय के एक अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के संज्ञान में आया है कि पीड़ितों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिनकी पहचान फिजाम हेमजीत (20) और हिजाम लिनथोइंगंबी (17) के रूप में हुई है। दोनों जुलाई से लापता थे। दो छात्रों की हत्या के बाद पूर्वोत्तर राज्य में छात्रों ने बड़े पैमाने पर आंदोलन किया। राज्य सरकार ने भी इंटरनेट सेवाएं बहाल करने के महज चार दिन बाद मंगलवार से एक अक्टूबर तक पांच दिनों के लिए फिर निलंबित कर दीं।

छात्रों की हत्या की जांच में तेजी लाने के लिए निदेशक प्रवीण सूद के नेतृत्व में एक विशेष सीबीआई टीम बुधवार को एक विशेष उड़ान से इम्‍फाल पहुंचेगी। मणिपुर में इसी साल 3 मई को जातीय हिंसा भड़क उठी थी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जून में हिंसा प्रभावित राज्य का दौरा किया था, जबकि जुलाई में विपक्षी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल भी पूर्वोत्तर राज्य गया था। कांग्रेस ने जातीय हिंसा की निंदा करते हुये मुख्यमंत्री बीरेन सिंह को तत्काल हटाने की मांग की थी, और राज्य का दौरा नहीं करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना भी की थी। मणिपुर पुलिस महानिरीक्षक (संचालन) आई.के. मुइवा के अनुसार, राज्य में 3 मई को जातीय हिंसा भड़कने के बाद से कम से कम 175 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा 1,108 घायल हुए हैं जबकि 32 लापता हैं।

*******************************

 

मध्य प्रदेश में भाजपा के बड़े नेताओं में उम्मीदवारी से मायूसी

भोपाल 27 Sep, (एजेंसी): मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेताओं में विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाए जाने से उत्साह नहीं है, बल्कि उनकी बातचीत मायूसी जाहिर करने वाली है, वहीं कांग्रेस इस उम्मीदवारी पर तंज कसने से नहीं चूक रही है। भाजपा की दूसरी सूची में तीन केंद्रीय मंत्रियों सहित सात सांसदों को उम्मीदवार बनाया गया है, वहीं राष्ट्रीय महासचिव भी मैदान में उतार दिए गए हैं। उम्मीदवारी तय होने के बाद कुछ नेताओं के ऐसे बयान आए हैं जो यह जाहिर करने के लिए काफी हैं कि उनकी इच्छा विधानसभा चुनाव लड़ने की नहीं थी, मगर पार्टी का निर्देश है और वह उसका पालन करेंगे।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और इंदौर विधानसभा क्रमांक एक से उम्मीदवार बनाए गए कैलाश विजयवर्गीय का साफ कहना है कि “पार्टी ने टिकट दे दिया है मुझे, मगर मैं अंदर से एक प्रतिशत भी खुश नहीं हूं, मेरी चुनाव लड़ने की इच्छा ही नहीं थी, मेरी तो एक प्रतिशत भी इच्छा नहीं थी। जैसा माइंडसेट होता है चुनाव लड़ने का वैसा नहीं है। मैं तो बड़ा नेता हो गया हूं इसलिए हांथ जोड़ने का नहीं है, अब तो भाषण देना और निकल जाना, यह सोचा था। हमने इसके लिए प्लान भी बना लिया था कि रोज आठ सभाएं करनी है जिन में पांच सभा हेलीकॉप्टर से और तीन कार से। इस प्रकार रोज आठ सभा करनी है। इस पूरे चुनाव इसका प्लान भी बन गया था। आप जो सोचते हैं, वह होता कहां है। भगवान की जो इच्छा होती है, वही होता है।”

वही दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल भी नरसिंहपुर से उम्मीदवार बनाए गए हैं। यह वह विधानसभा क्षेत्र है जहां से उनके छोटे भाई जालम सिंह पटेल अब तक विधायक हैं। प्रहलाद पटेल भी उम्मीदवारी से बहुत ज्यादा उत्साहित और खुश नजर नहीं आ रहे हैं।

पटेल का कहना है, “मैं इतने लंबे समय से राजनीतिक जीवन में हूं और पहली बार विधानसभा लडूंगा। मैं अपने गृह जिले से उम्मीदवार बनाया गया हूं। इसके लिए पार्टी के केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं।” साथ ही पटेल ने राज्य को नई ऊंचाइयां दिलाने के लिए आपसी समन्वय पर जोर दिया है। भाजपा की सूची में बड़े नेताओं के नाम पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने तंज सका और एक्स पर कहा, भाजपा जितने सजावटी उम्मीदवार ला रही है, जनता का आक्रोश उतना ही ज़्यादा बढ़ रहा है।

***********************

 

जनता की समस्याओं का कराएं संतुष्टिपरक समाधान : सीएम योगी

गोरखपुर 27 Sep, (एजेंसी): गोरखनाथ मंदिर में बुधवार को आयोजित जनता दर्शन में आए लोगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्वस्त किया कि बिलकुल मत घबराइए, सरकार आपके साथ है। प्रभावी कार्रवाई करते हुए सबकी समस्या का समाधान हर हाल में किया जाएगा।

उन्होंने पास में मौजूद प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और उनका संतुष्टिपरक समाधान कराएं। जरूरतमंदों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। गोरखनाथ मंदिर परिसर में बुधवार को जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे और समस्या सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए।

उनकी बात इत्मीनान से सुनने के बाद पास में खड़े अधिकारियों को समस्या समाधान हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अलग-अलग मामलों से जुड़े समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और सन्तुष्टिपरक होना चाहिए।

अपराध से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने का निर्देश दिया। जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए कई लोगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले भरोसे से बहुत संबल मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।

*************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन रोज की अपेक्षा लाभ देने वाला रहेगा। आपकी मुलाकात आज अपने बचपन के मित्र से होंगी। साथ ही बचपन की यादें ताज़ा होगी। आज आपका रुका हुआ काम पूरा होने से, मानसिक शांति मिलेगी। इस राशि के जो युवा खेल कूद में इंटरेस्ट रखते है, उनका दिन आज अच्छा रहेगा। आज कोई शुभ समाचार मिलने से घर में उत्सव जैसा माहौल रहेगा। आज जीवनसाथी के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा, घर के किसी कार्ययोजना पर विचार विमर्श करेंगे।

* शुभ रंग- काला

* शुभ अंक- 5

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज आपका दिन ताजगी से भरा रहेगा। आज कही फंसा हुआ पैसा आपको वापस मिल सकता है। इस राशि के आर्ट्स स्टूडेंट्स को अपनी पढ़ाई में शिक्षकों का सहयोग मिलेगा। आज आपके सभी काम बनते नजऱ आएंगे। किसी काम को लेकर उलझन हो सकती है, अगर हड़बड़ी नहीं करेंगे और समझदारी से काम लेंगे तो आपकी उलझन कम हो जायेगी। अपने मित्रों के साथ कहीं घूमने का प्लान बनायेंगे। अपनी इम्युनिटी को बढ़ाने के लिए योग की रूटीन फॉलो करेंगे।

* शुभ रंग-पीला

* शुभ अंक- 3

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन मिला-जुला रहेगा। आपका कॉन्फिडेंस लेवल आज बढिय़ा रहने वाला है। आपकी आमदनी में बढ़ोतरी होने की संभावना बन रही है। इस राशि के नवविवाहित दंपत्ति के लिए आज का दिन बेहतर रहेगा, एक- दूसरे के भावनाओं की कद्र करेंगे। आज जल्दबाजी में कोई फैसला लेने से बचेंगे तो आपको अच्छे परिणाम मिलेगा। आपकी संतान को सफलता मिलने से घर में खुशियां बढ़ेगी। स्टूडेंट अपने बेहतर करियर के लिए किसी अच्छे एक्सपर्ट से सलाह ले सकते हैं। पारिवारिक सपोर्ट आपको मिलेगा।

* शुभ रंग- ग्रे

* शुभ अंक- 5

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज आपका दिन ठीक-ठाक रहेगा। इस राशि के जो स्टूडेंट्स विदेश में पढ़ाई करना चाहते है, उनके लिए आज दिन अच्छा रहेगा। किसी कॉलेज में एडमिशन मिलेगा। आज कोई रुका काम भाई की मदद से आप पूरा कर लेंगे। आज घर पर कोई मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिससे लोगों का आना जाना लगा रहेगा। स्टूडेंट्स को आज टीचर द्वारा विशेष मार्गदर्शन मिलेगा। समाज में आपकी पहचान नए लोगों से होगी जो भविष्य में आपको लाभ देंगे। किसी नए प्रोजेक्ट पर काम करना पड़ेगा, जिससे कुछ नया सिखने कोमिलेगा।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 4

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। आप अपनी बुद्धिमानी से सारे काम-काज सम्भाल लेंगे। बच्चो से रिलेटेड आपको कोई अच्छा समाचार मिल सकता है। किसी जरूरतमंद की हेल्प करने से आपको ख़ुशी मिलेगी। आज नए बिजनेस की प्लानिंग करेंगे, जिसमे आपको ज्यादा लाभ मिलने वाला है। आज आप परिवार के साथ खुशनुमा पल बिताएंगे। आज स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा और स्वास्थ्य बेहतर बनेगा। आज बेवजह के खर्च पर नियंत्रण करने का प्लान बनाएंगे।

* शुभ रंग- भूरा

* शुभ अंक- 6

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन ठीक-ठाक रहने वाला है। घर के आसपास किसी सामाजिक आयोजन में आपकी भागीदारी होगी। आपके व्यवहार से कुछ लोग बहुत ही प्रभावित होंगे। किसी खास रिश्तेदार के आने से आप उसकी खुशी में बाहर पार्टी करने जाएंगे। आज घर में नन्हे मेहमान के आने के योग बन रहे हैं। जीवनसाथी के साथ आप मंदिर दर्शन के लिए जायेंगे। लॉ की पढ़ाई कर रहे छात्रों को आज किसी बड़े वकील से मिलने का मौका मिलेगा। लवमेट पर विश्वास बनाये रखें, रिश्ते में मधुरता बनी रहेगी।

* शुभ रंग- सिल्वर

* शुभ अंक- 2

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज आपका दिन उत्तम रहेगा। किसी महत्वपूर्ण मामले पर कुछ खास लोगों के साथ आपकी मीटिंग होंगी। आज आपको अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए। किसी नए काम की शुरूआत करना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। धन लाभ के नए आसार बनेंगें। माता जी के स्वास्थ्य में आज पहले से बेहतर सुधार आएगा। आज आप कोई नया काम सीखेंगे, जिसका भविष्य में आपको फायदा होगा। नवविवाहित दंपत्ति आज कहीं घूमने जाएंगे। कैश के लेन-देन आज आपको सावधानी बरतनी चाहिए।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 4

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन फेवरेबल रहेगा। आपका कोई केस जो कोर्ट में चल रहा है, तो उसका फैसला आपके पक्ष में आयेगा। परिवार वालो के साथ आपके रिश्ते बेहतर बनेंगे। शिक्षण के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन प्रमोशन कराने वाला है। आप आज कोई टेक्नीकल वर्क सीख सकते है, जिसका आपको भविष्य में लाभ होगा। प्राइवेट जॉब कर रहे लोगों का उनकी मनपसंद जगह पर ट्रांसफर होने की संभावना बन रही है।

* शुभ रंग- बैंगनी

* शुभ अंक- 1

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन आपके अनुकूल रहेगा। आपके परिवार में खुशियां बढ़ेगी। आज ऑफिस में अपने कार्य पर ध्यान दें, किसी को कहने का मौका न दें। बिजनेस कर रहे लोग लाभ कमाने के लिए नए-नए उपाय सोचेंगे। आज आपके रुके हुए कामों को पूरा करने का अच्छा समय है। आपके पिता जी आपके अच्छे स्वास्थ्य के लिए आपको सजेस्ट करेंगे। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आज आपका दाम्पत्य जीवन अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- भूरा

* शुभ अंक- 2

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन लाभदायक रहेगा। परिवार की सलाह आज आपके लिए फायदेमंद होगी। आज आपके कोई खास रिश्तेदार आपसे हेल्प लेंगे। आज आपका मन पूजा-पाठ में अधिक लगा रहेगा। इस राशि के सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स के लिए आज का दिन फेवरेबल है। किसी मल्टीनेशनल कंपनी से जॉब के लिए कॉल आयेगी। इस राशि के जो विद्यार्थी घर से दूर रहकर कॉम्पिटीशन की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें जल्द ही सफलता मिलेगी। आज किसी अनजान व्यक्ति पर विश्वास करने से बचे।

* शुभ रंग- मैहरुन

* शुभ अंक- 7

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन शानदार रहने वाला है। आज किसी काम में पेरेंट्स की हेल्प मिलने से वह जल्दी ही पूरा होगा। आज नेगेटिव विचारों से दूरी बनाएं रखें। आज आप खुद को सेहतमंद महसूस करेंगे। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। लवमेट से आज उपहार मिलने से पूरे दिन मन प्रसन्न रहेगा। व्यापार को बढ़ाने के लिए नयी योजना बनायेंगे, जिससे आपको लाभ मिलेगा।

* शुभ रंग- गोल्डन

* शुभ अंक- 4

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन बेहतर रहेगा। ऑफिस में आज आपके ड्रेसिंग सेंस की तारीफ होगी। लवमेट में चल रही अनबन आज समाप्त होगी, एक दूसरे की भावनाओं को समझेंगे। समाज में आपके अच्छे कामों की वजह से आपका सम्मान बढ़ेगा। बिजनेस को लेकर दूसरे लोगों से संपर्क बनाना बेहतर रहेगा। बिजनेस में आपको आज ज्यादा लाभ होने के योग बन रहे हैं। इस राशि के इंजीनियर्स के लिए आज का दिन अच्छा है । आज किसी कॉलेज से आपको टीचिंग के लिए ऑफर मिलने वाला है।

* शुभ रंग- पिच

* शुभ अंक- 9

***********************

 

अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा 22 जनवरी को, रामनवमी पर मूर्ति पर पड़ेंगी सूर्य किरणें

नई दिल्ली ,26 सितंबर (एजेंसी)। अयोध्या में राम मंदिर के पहले चरण का कार्य दिसंबर के अंत तक पूरा हो जाने का भरोसा जताते हुए मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने कहा है कि श्रीराम की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा अगले वर्ष 22 जनवरी को होगी और 20 से 24 जनवरी के बीच किसी भी दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इससे जुड़े समारोह में सम्मिलित होंगे। प्रधानमंत्री मोदी के प्रधान सचिव रहे मिश्रा ने राम मंदिर के निर्माण और इस दौरान आई चुनौतियों के साथ ही प्राण-प्रतिष्ठा समारोह तथा इसकी तैयारियों को लेकर विस्तार से बातचीत की।

उन्होंने खुलासा किया कि मंदिर में हर वर्ष रामनवमी के दिन दोपहर बारह बजे सूर्य की किरणें श्रीराम की मूर्ति पर पड़ें, ऐसी व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि गर्भ गृह में दो मूर्तियां होंगी – एक चल और एक अचलज् एक श्रीराम की बाल्यावस्था की और दूसरी रामलला की। मिश्रा ने कहा, भगवान चार या पांच वर्ष की आयु के होंगे और मूर्ति की ऊंचाई 51 इंच होगी।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा के समारोह में लगभग दस हजार अति विशिष्ट आमंत्रित सदस्य होंगे, जिनमें राम मंदिर निर्माण आंदोलन से जुड़े साधु-संत समाज के लोग और देश-विदेश व मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश के जाने माने लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्राण-प्रतिष्ठा के बाद प्रतिदिन लगभग सवा लाख दर्शनार्थियों के अयोध्या पहुंचने का अनुमान है।

एक सवाल के जवाब में मिश्रा ने अगले वर्ष लोकसभा चुनावों से पहले हो रहे इस प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का राजनीतिक असर होने की संभावना से इनकार नहीं किया। नवंबर 2019 में उच्चतम न्यायालय ने अयोध्या में राम मंदिर के पक्ष में फैसला देते हुए केंद्र सरकार को निर्देशित किया था कि वह तीन माह के भीतर मंदिर निर्माण के लिए एक न्यास की स्थापना करे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने 5 फरवरी 2020 को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की घोषणा की। मिश्रा न्यास के सदस्य होने के साथ ही मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष भी हैं।

मिश्रा ने कहा कि मंदिर निर्माण की जिम्मेदारी लेने के साथ ही मंदिर के भूतल का निर्माण दिसंबर 2023 तक पूरा कर लेने की योजना बनी थी और निश्चित ही यह कार्य तय समय में पूरा हो जाएगा। मिश्रा ने कहा, न्यास के फैसले के अनुसार, 14 जनवरी के बाद यानी मकर संक्रांति के बाद वहां प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित होगा और जो साधु-संत इस विद्या में निपुण हैं उन लोगों की राय से यह प्रारंभ किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ऐसा सोचा गया है कि प्राण-प्रतिष्ठा का जो अंतिम दिन होगा.. जिस दिन भगवान वहां पर एक तरीके से सभी के समक्ष सम्मुख होंगे, उस दिन पूजा का कार्यक्रम भी संपन्न हो। पूजा के कार्यक्रम में, जो एक तरीके से अंतिम अध्याय होगा, उसमें प्रधानमंत्री जी भी सम्मिलित हों।

मिश्रा ने कहा, प्रधानमंत्री प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में कब शामिल होंगे, उसकी सूचना अभी प्रधानमंत्री कार्यालय से नहीं आई है। अंतिम कार्यक्रम उनका जब आएगा तो ट्रस्ट फिर उसकी घोषणा करेगा। लेकिन, यह अनुमान है कि यह 20 और 24 जनवरी के बीच में ही कोई तिथि होगी। क्योंकि प्रधानमंत्री उसके बाद गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों में अति व्यस्त हो जाएंगे।

एक सवाल के जवाब में मिश्रा ने बताया कि मंदिर निर्माण पर अब तक 900 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हो चुके हैं और ऐसा अनुमान है कि पूरे मंदिर और परिसर के निर्माण में लगभग 1,700 से 1,800 करोड़ रुपये की लागत आयेगी।

मिश्रा ने बताया, गर्भ गृह में दो मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। एक अचल होगी जो खड़ी मूर्ति होगी, जिसे वास्तुकार अपनी कल्पना के अनुसार बना रहे हैं। तीन वास्तुकार अलग-अलग इसे बना रहे हैं। भगवान चार से पांच वर्ष की आयु के होंगे। भगवान की मूर्ति की लंबाई 51 इंच होगी। यह बाल स्वरूप होगा भगवान का। इसी के समक्ष जो वर्तमान रामलला हैंज् जो कि उच्चतम न्यायालय के निर्णय में पक्षकार थे, वह रामलला वहां पर रखे जाएंगे।

मंदिर की एक विशेष खासियत का खुलासा करते हुए पूर्व नौकरशाह ने बताया, ऐसी योजना है कि रामनवमी के दिन 12 बजे भगवान के माथे पर सूर्य की किरणें पड़ें। जो मूर्ति है उसकी दिशा इस प्रकार से है कि वहां पर सूर्य की किरणें सीधी नहीं पड़ रही हैं। सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट, रुड़की और पुणे के एक एस्ट्रोनॉमिकल संस्थान ने मिलकर कम्प्यूटरीकृत कार्यक्रम बनाया है। इसमें एक छोटा सा उपकरण है जो कि मंदिर के शिखर में लगाया जाएगा। किरणें इस माध्यम से आएंगी और फिर परावर्तित होकर भगवान के ललाट पर पहुंचेंगी।

उन्होंने बताया कि यह उपकरण बेंगलुरु में बन रहा है और इसकी डिजाइन व देखरेख रुड़की और पुणे के संस्थान तथा वैज्ञानिक कर रहे हैं। उन्होंने कहा, रामनवमी के दिन यह कुछ ही सेकेंड के लिए होगा इसलिए हमें प्रयास करना है कि उस दिन वहां भारी संख्या में लोग ना पहुंच जाएं। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी चुनौती होगी कि उस समय भगदड़ जैसे हालात ना हों और इस चुनौती से निपटने के लिए इस घटना को स्क्रीन पर, दूरदर्शन पर दिखा पाएं, इसका भी प्रयास किया जा रहा है।

प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में मिश्रा ने बताया, न्यास ने 22 जनवरी को, जिस दिन प्राण-प्रतिष्ठा होगी, सभी श्रद्धालुओं से यह निवेदन किया है कि वे यथासंभव अपने गांव में ही इस कार्यक्रम को देखें। निश्चित रूप से दूरदर्शन के माध्यम से इसे दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह अपेक्षा कर रहे हैं कि लगभग सवा लाख से डेढ़ लाख लोग प्रतिदिन अयोध्या पहुंचेंगे और उनके रहने व भोजन आदि की व्यवस्था प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती होगी।

मिश्रा ने कहा, ऐसा प्रयास किया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर खाने की व्यवस्था हो। यह भी संभव है 25,000 से 50,000 लोगों के लिए बिना किसी भुगतान के खाने की व्यवस्था की जाए। इन सब पर ट्रस्ट की समिति विचार कर रही है। उन्होंने यह साफ किया कि एक व्यक्ति को दर्शन करने के लिए करीब 15 से 20 सेकेंड का समय मिल पाएगा पर उन्हें संतोष इसलिए होगा क्योंकि मंदिर में भी वहां तक पहुंचने के दौरान वह कई स्थलों व मंडपों से होकर गुजरेंगे। इसलिए हम लोग नहीं समझते हैं कि यह कोई असंतोष का कारण बनेगा।

प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित लोगों के बारे में जानकारी देते हुए मिश्रा ने बताया कि ट्रस्ट की एक उपसमिति इसकी सूची बना रही है। उन्होंने कहा, जितने साधु-संत समाज व अलग-अलग पंथ के लोग हैं और जो राम मंदिर निर्माण के आंदोलन से जुड़े थे उन्हें बुलाने का ट्रस्ट की ओर से पूरी तरह से प्रयास किया जा रहा है। अनुमान है कि यह संख्या 2,000 तक पहुंच सकती है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा देश-विदेश और मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश के जाने माने लोगों को अति विशिष्ट श्रेणी में आमंत्रित करने की बात है। उन्होंने कहा, यह संख्या करीब 7,500 हो सकती है। प्रथम दृष्टया करीब 10,000 लोगों को आमंत्रित करने की योजना है।

***************************

 

नहीं रही भोजपुरी फिल्म जगत की मशहूर अदाकारा गौरी खुराना…!

26.09.2023  –  भोजपुरी फिल्म जगत की मशहूर अदाकारा गौरी खुराना का आज निधन हो गया। वो पिछले कई माह से बीमार चल रही थी। चार बंगला, अंधेरी(वेस्ट) मुंबई स्थित अपने आवास ‘सुमेरु’ में उन्होंने अंतिम सांस ली। धरती मईया, ज्वाला डाकू, गंगा किनारे मोरा गांव, दूल्हा गंगा पार के, नैन मिले चैन कहाँ, चिन्तामनी सूरदास, दिलबर और छोटकी बहु जैसी सुपर हिट फिल्मों की नायिका रही अदाकारा गौरी खुराना ने अपना फिल्मी करियर बाल कलाकार के रूप के शुरू किया था।

‘अंदाज़’ और ‘रिवाज़’ की बेबी गौरी के हृदयस्पर्शी अभिनय को कौन भूल सकता है। उनकी मुख्य भुमिका वाली अंतिम भोजपुरी फिल्म ‘गंगा के पार सैयां हमार’ थी।

गौरी खुराना अब भले ही हम सबों के बीच नहीं हैं लेकिन अपनी फिल्मों के माध्यम से वो सिनेदर्शकों के बीच युगों युगों तक अपनी उपस्थिति दर्ज़ कराती रहेगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

********************************

 

ट्रक और ट्रेलर के बीच आमने-सामने टक्कर, तीन लोगों की मौत

अमेठी 26 Sep, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के अमेठी के जगदीशपुर स्थित रायबरेली हाइवे पर ट्रक और ट्रेलर की आमने-सामने टकरा जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। अमेठी के पुलिस अधीक्षक इलामारन के पीआरओ ने बताया कि अयोध्या से मोरंग लाने के लिए बांदा जा रहा ट्रक रायबरेली हाइवे पर जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के अयोध्या मार्ग स्थित थौरी गांव के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गया।

इस हादसे में दो ड्राइवर समेत एक खलासी की मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रक और टेलर की आमने-सामने की भीषण टक्कर से कोहराम मच गया। दोनों गाड़ियों के चालक व खालासी उसमें फंस गए। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद क्रेन मंगवाकर दोनों वाहनों को अलग किया गया। इसमें तीन की मौत हो गई।

***************************

 

बारामूला में सुरक्षा बलों ने हथियारों के साथ एक संदिग्ध को पकड़ा: सेना

श्रीनगर 26 Sep, (एजेंसी) : जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षा बलों ने हथियारों के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है। सेना ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर द्वारा बारामूला के वाइज़र में सोमवार को एक मोबाइल वाहन चेक पोस्ट (एमवीसीपी) स्थापित की गई थी।

सेना ने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “एक संदिग्ध व्यक्ति को एक पिस्तौल और अन्य युद्ध जैसे सामान की बरामदगी के साथ पकड़ा गया है। मामले की जांच जारी है।”

***********************

 

कावेरी जल मुद्दे पर विवादः बेंगलुरु बंद में 20 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया-तमिलनाडु से बस सेवाएं बाधित

बेंगलुरु 26 Sep, (एजेंसी): तमिलनाडु को कावेरी नदी का पानी छोड़े जाने के खिलाफ विरोध मार्च निकालने का प्रयास करने पर कर्नाटक पुलिस ने मंगलवार सुबह यहां 20 से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया। उन पर धारा 144 के आदेशों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है। गन्ना उत्पादक संघ के अध्यक्ष और जल संरक्षण समिति के प्रमुख नेताओं में से एक कुरुबुरु शांताकुमार विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने रात में भी एहतियात के तौर पर 50 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया था। सुबह की घोषणा के अनुसार, आंदोलनकारी केंद्रीय व्यापार जिले में मैसूरु बैंक सर्कल जंक्शन पर एकत्र हुए। वे विरोध मार्च में हिस्सा लेने की योजना बना रहे थे, लेकिन तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। वहीं, बंद के चलते तमिलनाडु से बस सेवाएं बाधित रहीं।

कुरुबुरु शांताकुमार ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ आक्रोश जताते हुये कहा, “तमिलनाडु में जब राज्य के हित की बात आती है, तो वे प्रदर्शनकारियों के साथ खड़े होंगे। जल्लीकट्टू के मुद्दे पर तमिलनाडु पुलिस ने आंदोलन का समर्थन किया। लेकिन, कर्नाटक में पुलिस दमनकारी कदम उठा रही है।” कुरुबुरू शांताकुमार ने कहा कि पुलिस प्रदर्शनकारियों को परेशान कर रही है। उन्होंने पुलिस से पूछा, “अगर वे अपने घरों में जाएंगे तो उनके पास पीने के लिए पानी नहीं होगा तो वे क्या करेंगे?”

कुरुबुरु ने कहा, “बंद सफल है और सभी ने अपना समर्थन दिया है। हमारा आंदोलन जारी रहेगा। राज्य के किसान देख रहे हैं कि क्या हो रहा है। पूरे राज्य में संदेश जाएगा कि यहां क्या हो रहा है।” उन्‍होंने चेतावनी देते हुये कहा कि पुलिस को सावधान रहना चाहिए। पुलिस ने मैसूरु बैंक सर्कल के पास एकत्र हुए आंदोलनकारियों के समूह को तितर-बितर कर दिया। आंदोलनकारियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने पुलिस से बहस की और उन्हें ड्यूटी से छुट्टी लेकर विरोध-प्रदर्शन में भाग लेने के लिए कहा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से बार-बार पूछा कि क्या उन्हें पानी नहीं चाहिए?

बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (बीएमटीसी) से जुड़ी बसें सुबह चल रही थीं। अधिकांश मुख्य सड़कों और प्रमुख जंक्शनों पर सुबह के समय यातायात कम दिखा। सोमवार को बेंगलुरु शहरी जिला कलेक्टर के.ए. दयानंद ने शहर के निजी, सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित करने के आदेश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में धारा 144 लागू की जाएगी जिसके तहत पांच से अधिक लोगों के इकट्ठा होने की अनुमति नहीं होगी।

बंद शाम 6 बजे तक रहेगा। निजी परिवहन के कुल 37 संगठनों और नागरिक एजेंसियों, सरकारी निगमों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों सहित 95 अन्य संगठनों ने बंद को अपना समर्थन दिया

************************

 

असम कांग्रेस के नेताओं ने एआईयूडीएफ के साथ गठबंधन नहीं करने पर राहुल गांधी को सराहा

गुवाहाटी 26 Sep, (एजेंसी): असम कांग्रेस के नेताओं ने ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के साथ कोई गठबंधन नहीं करने की घोषणा करने के लिए राहुल गांधी की सराहना की है। असम कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक कमलाख्या डे पुरकायस्थ ने कहा, “एआईयूडीएफ ने भाजपा के साथ गुप्त गठबंधन किया है। यदि आप घटनाओं की श्रृंखला को स्पष्ट रूप से देखें, तो कोई भी इसे समझ सकता है। भाजपा शासन में सबसे बड़ा लाभार्थी है बदरुद्दीन अजमल।

उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में अपने व्यवसाय को कई गुना बढ़ाया है।” उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और एआईयूडीएफ में कोई फर्क नहीं है। कांग्रेस के एक अन्य विधायक राणा गोस्वामी ने कमलाख्या के बयान का समर्थन किया।

गोस्वामी ने कहा, “बदरुद्दीन अजमल और उनकी पार्टी हिमंत बिस्वा सरमा के निर्देशों पर काम कर रहे थे। उन्होंने शुरू में इंडिया गठबंधन के नेताओं को गुमराह करने की कोशिश की और गठबंधन में प्रवेश की तलाश में थे। लेकिन हमारी पार्टी के नेता एयूआईडीएफ के मकसद को समझ गए और उन्‍हें गठबंधन में शामिल नहीं किया गया। राहुल गांधी ने भ्रम को दूर कर दिया है।”

असम कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन बोरा कई बार कह चुके हैं कि सबसे पुरानी पार्टी भविष्य में एआईयूडीएफ के साथ गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि एआईयूडीएफ ने 2021 के विधानसभा चुनाव में हिंदू वोटों को मजबूत करने के लिए भाजपा की मदद की थी।

****************************

 

गोपाल राय ने धूल प्रदूषण को रोकने के लिए सरकार और प्राइवेट लिमिटेड एजेंसियां के साथ की बैठक

नई दिल्ली 26 Sep, (एजेंसी): दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सरकारी और निजी निर्माण एजेंसियों के 200 से अधिक प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और उन्हें धूल प्रदूषण को रोकने के लिए 14 सूत्री दिशानिर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया।

राय ने  कहा, “मानदंडों का पालन नहीं करने पर सरकारी और निजी एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी सरकारी और निजी निर्माण एजेंसियों के लिए निर्माण श्रमिकों को दिशानिर्देशों के संबंध में ऑन-साइट प्रशिक्षण प्रदान करना अनिवार्य है। सरकार शीतकालीन कार्रवाई की तैयारी कर रही है। सर्दियों के दौरान प्रदूषण से निपटने के लिए 15 फोकस बिंदुओं पर योजना बनाएं, जिसमें धूल प्रदूषण पर अंकुश लगाना भी शामिल है। निर्माण एजेंसी के लिए 5,000 वर्ग मीटर के बराबर या उससे अधिक निर्माण क्षेत्र वाली साइटों पर एंटी-स्मॉग गन लगाना अनिवार्य होगा।”

बैठक में सभी सरकारी एवं निजी निर्माण एजेंसियों को प्रदूषण रोकने के लिए 14 सूत्री दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से बताया गया और उन पर अमल करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए।

आप मंत्री ने कहा, “प्रदूषण हमारे और हमारे बच्चों के जीवन से जुड़ा मुद्दा है। अपनी सांसों को बचाने के लिए सभी को मिलकर लड़ना होगा। इसलिए सभी को अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभानी होगी।” सरकारी और निजी निर्माण एजेंसियों को जारी किए गए 14 सूत्रीय दिशानिर्देशों में कहा गया है, निर्माण स्थल की परिधि के चारों ओर उचित ऊंचाई की धूल/हवा से टूटने वाली दीवारें, निर्माण सामग्री और निर्माण मलबे ले जाने वाले सभी वाहनों को पूरी तरह से कवर किया जाना चाहिए और अन्य उपायों के बीच संरक्षित किया जाना चाहिए।

****************************

 

खड़गे ने बेरोजगारी पर भाजपा की आलोचना की, कहा – युवाओं को वर्षों से धोखा दिया जा रहा है

नई दिल्ली 26 Sep, (एजेंसी): कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार पर पलटवार करते हुए कहा कि देश के युवाओं को भाजपा ने धोखा दिया है क्योंकि इसने साल दर साल उनसे केवल नौकरियां छीनी हैं।

एक्स पर एक पोस्ट में खड़गे ने कहा, ”मोदी सरकार ने आजादी के बाद से देश के युवाओं में सबसे ज्यादा बेरोजगारी बढ़ाई है। ऐसा कोई युवा नहीं है, जिसे भाजपा ने धोखा न दिया हो। सारे आंकड़े बताते हैं कि मोदी सरकार ने सालाना दो करोड़ नौकरियां देना तो दूर, साल दर साल युवाओं से नौकरियां ही छीनी हैं।”

उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में ही 31 लाख लोगों ने अपनी नौकरियां खो दी हैं, जिनमें से 26 लाख महिलाएं हैं। खड़गे ने यह भी कहा कि देश में 32.06 करोड़ लोगों के पास नौकरी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि नौकरियों और बेहतर रोजगार में महिलाओं की भागीदारी घटकर केवल 10 प्रतिशत रह गई है, जबकि 2021-22 में 25 वर्ष से कम आयु के 42.3 प्रतिशत स्नातक बेरोजगार थे।

खड़गे ने कहा, “पिछले एक साल में गिग वर्कर्स की नौकरियों में 17.5 प्रतिशत की गिरावट आई है। मैंने एक-एक पैसा बचाकर पढ़ाई की, लेकिन भर्ती का मौका नहीं मिला। टूटी उम्मीदें, टूटे हुए सपने, बर्बाद भविष्य, तलाश में भटकता बेबस नौकरी, कैसे गुजारा करें? हमारे युवा मोदी सरकार के कुशासन के तहत संघर्ष कर रहे हैं।”

उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस बेरोजगारी और आवश्यक वस्तुओं की आसमान छूती कीमतों के मुद्दे पर सरकार से सवाल करती रहेगी।

***************************

 

बिहार में बंद घर से नाबालिग लड़की का शव बरामद, ऑनर किलिंग की आशंका

दरभंगा 26 Sep , (एजेंसी): बिहार के दरभंगा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक बंद घर से करीब 16 साल की एक नाबालिग लड़की का शव बरामद किया है। लड़की की हत्या गला रेतकर की गई है। पुलिस प्रथम दृष्ट्या इसे ऑनर किलिंग से जोड़कर देख रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामला आजमनगर स्थित लुच्चीबाड़ा मुहल्ले की है जहां आरोप है कि घर वालों ने सोमवार की देर शाम एक नाबालिग लड़की की गला रेतकर हत्या कर दी और अंधेरा होने के बाद घर के सभी लोग फरार हो गए। मोहल्लेवासियों ने शक होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सोमवार की रात आकर दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया।

बताया जाता है कि रात जब सूरज महतो के घर के सदस्य अचानक कहीं जाने लगे तब मोहल्ले वालों को शक हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस घर का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो सूरज महतो की 16 वर्षीय पुत्री का शव दिखा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतका का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था, जिससे परिवार के लोग नाराज थे।

जानकारी के मुताबिक, सूरज अपने एक बेटे के साथ शहर से बाहर रहकर काम करता है। घर में उनकी पत्नी, उनके अन्य दो बेटे और दो बेटियां रहती थी। अनुमंडल पुलिस अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। उसका कहना है कि स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद प्रथम दृष्ट्या मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत हो रहा है।

**************************

 

उत्तर प्रदेश रेरा ने रजिस्ट्रेशन के बाद बंद पड़े मोबाइल नंबर वाले बिल्डरों को चेतावनी

गौतमबुद्ध नगर 26 Sep, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) में पंजीकरण कराने के बाद बिल्डरों के मोबाइल नंबर बंद हो जाते हैं। खरीदारों के साथ-साथ यूपी रेरा भी बिल्डरों के नंबर पर संपर्क नहीं कर पाता। इसके साथ-साथ प्रोजेक्ट के बारे में दी जाने वाली जानकारी के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर भी अक्सर बंद पाए जाते हैं। इन सब को देखते हुए बिल्डरों के लिए अब यूपी रेरा की तरफ से चेतावनी जारी की गई है और उनसे उनके हेल्पलाइन नंबर के मासिक कॉल रिकॉर्ड का डाटा भी मांगा गया है।

जारी किए गए दिशा निर्देश के मुताबिक प्रोमोटर संस्थान अपने द्वारा अधिकृत अधिकारी या प्रतिनिधि का नाम, पदनाम, मोबाइल नम्बर तथा ई-मेल आदि की सूचना नियामक प्राधिकरण को देंगे। हितधारकों की सुविधा के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन, मोबाइल तथा टेलीफोन नम्बर पर काॅल रिसीव करके सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। संस्थानों द्वारा नामित प्रतिनिधि या अधिकारी के अलावा अन्य किसी से पत्राचार मान्य नहीं होगा।

इन सब नियमों को सख्ती से लागू करने के पीछे बड़ी वजह रही है। जानकारी के मुताबिक उत्‍तर प्रदेश रेरा को विभिन्न माध्यमों से यह ज्ञात हुआ कि कुछ प्रोमोटर्स द्वारा परियोजना/ प्रोजेक्ट रजिस्ट्रेशन के समय उपलब्ध कराये गए मोबाइल नम्बर अक्रियाशील/ उपयोग में नहीं है और बंद पड़े है। कुछ प्रकरण ऐसे भी सामने आये हैं जिसमें उपलब्ध कराये गए मोबाइल नम्बर या तो कोई उठाता नहीं हैं या बातचीत में उपयुक्त उत्तर प्राप्त नहीं होता है।

इसी प्रकार उत्‍तर प्रदेश रेरा से पत्राचार के लिए प्रोमोटर्स द्वारा अलग-अलग प्रक्रिया अपनायी जा रही है जिनमें कोई एकरूपता नहीं है। कुछ प्रकरण ऐसे भी प्राप्त हुए जिसमें प्रोमोटर्स द्वारा किये जाने वाले पत्राचार में पत्र के आधिकारिक होने का कोई आधार उपलब्ध नहीं होता है। इसलिए रेरा ने प्रोमोटर्स को अपने हितधारकों, विशेष रूप से खरीदारों, से निर्बाध संवाद सुनिश्चित करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किये है।

**************************

 

महिला ने कोयंबटूर पुलिस पर बेटे को अवैध हिरासत में रखने, प्रताड़ित करने का आरोप लगाया

चेन्नई 26 Sep, (एजेंसी): एक महिला ने कोयंबटूर शहर के पुलिस आयुक्त के पास शिकायत दर्ज कराई है कि उसके छोटे बेटे को अवैध पुलिस हिरासत के दौरान इस तरह प्रताड़ित किया गया कि उसकी किडनी खराब हो गई। कोयंबटूर की धनलक्ष्मी ने कोयंबटूर शहर के पुलिस आयुक्त के पास शिकायत दर्ज कराई कि उनके बेटे जो आर. जयकुमार (22) को पुलिस ने प्रताड़ित किया है। उसने कहा कि पुलिस प्रताड़ना के बाद युवक को किडनी की बीमारी हो गई और उसे डायलिसिस कराना पड़ा। पुलिस ने 16 सितंबर को दो लोगों की हत्या के प्रयास से जुड़े मामले में जयकुमार और सात अन्य को हिरासत में लिया था।

दोनों फरवरी 2023 में कोयंबटूर में गोकुल की हत्या से जुड़े मामले में आरोपी थे। धनलक्ष्मी ने आरोप लगाया कि 16 सितंबर को पुलिस ने उनके बेटे को उठाया। इसके बाद उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन पूछताछ करने पर पता चला कि वह कट्टूर थाने में था। जब परिवार वहां पहुंचा तो जयकुमार घायल अवस्‍था में मिला। उसके चेहरे पर चोट के निशान थे। धनलक्ष्मी ने आरोप लगाया कि पुलिस अवैध हिरासत में उसे कई जगहों पर ले गई और उनका मुंह बंद कर लोहे की पाइप से बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी किडनी खराब हो गई।

महिला ने अपनी शिकायत में कहा, “पुलिस उसे अवैध हिरासत में कई जगहों पर ले गई और लोहे की पाइप से उसे पीटा। पुलिस ने उसे पेट, जांघों और कूल्हे पर मारा। मेरे बेटे को पेशाब करते समय खून भी आ रहा था। उसे तिरुपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से कोयंबटूर सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया और अब उनकी तबीयत खराब हो गई है और उसे डायलिसिस पर रखा गया है।” शिकायतकर्ता ने मीडियाकर्मियों को बताया कि डॉक्टरों का कहना है कि जयकुमार की किडनी खराब हो गई है। कोयंबटूर शहर के पुलिस आयुक्त वी. बालाकृष्णन ने कहा कि सहायक आयुक्त स्तर का एक अधिकारी पुलिस के खिलाफ आरोपों की जांच करेगा।

***********************

 

मप्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी सूची जारी

भोपाल 25 Sep, (एजेंसी)। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी सूची जारी कर दी गई है। इसमें 39 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। भाजपा कई सांसद, केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय कद के नेताओं को विधानसभा चुनाव में उतारा गया। केंद्रीय मंत्री नरेन्‍द्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल, फग्‍गन सिंह कुलस्‍ते सहित सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ाएगी।

भाजपा की दूसरी सूची में श्‍योपुर से दुर्गालाल विजय, मुरैना से रघुनाथ कंसाना, दिमनी से नरेन्‍द्र सिंह तोमर, लहार से अमरीश शर्मा गुड्डू और भितरवार से मोहन सिंह राठौर को टिकट दिया है।

डबरा से इमरती देवी, सेवढ़ा से प्रदीप अग्रवाल, करैरा से रमेश खटीक, राघोगढ़ से हिरेंद्र सिंह बंटी बना, देवरी से बृजबिहारी पटेर‍िया, राजनगर से अरविंद पटेरिया, सतना से गणेश सिंह, मैहर से श्रीकांत चतुर्वेदी, सीधी से रीती पाठक, सिंहावल से विश्‍वामित्र पाठक, कोतमा से दिलीप जायसवाल, जबलपुर पश्चिम से राकेश सिंह, डिंडौरी से पंकज टेकाम, निवास से फग्‍गन सिंह कुलस्‍ते और कटंगी से गौरव पारधी को टिकट दिया है।

नरसिंहपुर से प्रहलाद सिंह पटेल, गाडरवारा से उदय प्रताप सिंह, जुन्‍नारदेव से नत्‍थन शाह, छिंदवाड़ा से विवेक बंटी साहू, परासिया से ज्‍योति डहेर‍िया, घोड़ाडोंगरी से गंगाबाई उईके, उदयपुरा से नरेन्‍द्र श‍िवाजी पटेल, खिलचीपुर से हजारीलाल दांगी, आगर से मधु गेहलोत, शाजापुर से अरुण भीमावत, भीकनगांव से नंदा ब्राह्मणे, राजपुर से अंतर सिंह पटेल, पानसेमल से श्‍याम बर्डे, थांदला से कलसिंह भांवर और गंधवानी से सरदार सिंह मेड़ा को टिकट दिया है।

देपालपुर से मनोज पटेल, इंदौर एक से कैलाश विजयवर्गीय, नागदा खाचरौद से डा तेजबहादुर सिंह और सैलाना से संगीता चारेल को पार्टी ने अपना उम्‍मीदवार बनाया है।

बता दें कि इससे पहलें भाजपा ने 17 अगस्त को पहली सूची जारी की थी, जिसमें 39 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई थी। भाजपा अब तक 78 उम्मीदवारों के नाम जारी कर चुकी है।

*****************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपके लिए स्पेशल रहेगा। दांपत्य रिश्ते में चल रही अनबन आज खत्म होगी, एक-दूसरे के साथ रिश्ते की नयी शुरुआत करेंगे। बच्चे आज बेहद खुश रहेंगे, उनकी डिमांड आज माता-पिता पूरी करेंगे। जो लोग प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे, अपने लक्ष्य पर ध्यान दें। जल्द ही सफलता के योग हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से देखा जाये तो आज आप फिट रहेंगे। आज आपको कोई कंपनी बड़े प्रोजेक्ट के लिए हायर कर सकती है। आज आपको फोन पर कोई अच्छी न्यूज मिलेगी। इससे घर में खुशियां आएंगी।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 9

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो

आज आपका दिन शानदार रहने वाला है। आज नौकरी अथवा व्यवसाय में किसी भी प्रकार की लापरवाही न रखें दूसरों के भरोसे काम नहीं छोड़ें। किसी से लिए रुपए को जल्द से जल्द चुकता करेंगे। अपने वैवाहिक जीवन को आज खास बनाएंगे। मानसिक रूप से किसी बात को अधिक सोच सकते हैं। आज आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा, आज फैमिली के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने का प्लान बनाएंगे। अपने व्यवहार में लचीलापन बनाए रखें, लोग आपकी ओर ज्यादा आकर्षित होंगे।

* शुभ रंग- लाल

* शुभ अंक- 5

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका दिन बढिय़ा रहेगा। आपके निजी जीवन की जिम्मेदारियां बढेंगी, जिन्हें आप बखूबी पूरा करेंगे। आपका किसी बिजनेस मीटिंग में परफॉर्मेंस अच्छा रहेगा और आस पास के लोग आपसे प्रभावित होंगे जिससे आपको बहुत बड़ा फायदा भी होगा। आज किसी काम में उलझने से अच्छा है किसी बड़े की सहायता ले लें। पारिवारिक जीवन में सौहार्द्र बढ़ेगा। आज संतान पक्ष से आपको कोई बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। राजनीति से जुड़े लोगों की आज किसी बड़े नेता से मुलाकात होगी।

* शुभ रंग- नारंगी

* शुभ अंक- 2

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो

आज आपका दिन बेहतरीन रहने वाला है। ऑफिस के रुके कार्यों को पूरा करने में व्यस्त रहेंगे। आज शांत मन से कोई भी निर्णय लेना बेहतर रहेगा। दांपत्य जीवन में मधुरता बढ़ेगी। आज बेटे की किसी परीक्षा का रिजल्ट उनके हक में आयेगा। शुगर की समस्या से परेशान लोग आज अपने खानपान पर परहेज रखें। सोना चांदी के व्यापारियों को आज अच्छा लाभ होगा। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, करियर को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों से सलाह मिलेगी।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 4

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन मिला-जुला रहने वाला है। दोस्तों के साथ मिलजुल कर रहे। जरूरत पडऩे पर आपको मदद लेनी पड़ सकती है। आज आपकी आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर बनेगी। काफी समय से सोची कोई चीज आज खरीद सकते हैं। आप अपने खाली समय का सदुपयोग नई चीज़े सीखने में करें, जो आपकी उन्नति में योगदान देगा । छात्रों को आज अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने की जरुरत है। जीवनसाथी के साथ आज आप शॉपिंग करने जायेंगे। आज आप बिजनेस की गति बढ़ाने के लिए नयी योजना बनायेंगे।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 7

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन आपके अनुकूल रहेगा। आज अपने आर्थिक पक्ष को देखते हुए खर्च करेंगे। आज आपको कोर्ट कचहरी के मामलों से बचकर रहने की जरूरत है। आपको अपने कार्यस्थल पर प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। आज आपको उम्मीद से कई गुना ज्यादा लाभ होगा। आपको कोई अच्छी नौकरी जल्द मिलेगी। आज आपकी समस्यायें ख़त्म होंगी। ऑयली फ़ूड से जितना हो सके दूर रहे, आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। लवमेट के लिए दिन अच्छा है, कहीं घूमने जाएंगे।

* शुभ रंग- मैहरून

* शुभ अंक- 4

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते

आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आपकी इनकम के हिसाब से खर्चे बढ़ेंगे। कार्यों में आ रही रुकावटें आज समाप्त होंगी। आज माता-पिता के स्वास्थ्य का ध्यान देने की जरुरत है। आज बच्चे अपने मन की बात माता से शेयर करेंगे, तो उनको अपनी परेशानी का हल मिल जाएगा। जिससे उनका मन काफी खुश होगा। पारिवारिक सुखों में वृद्धि होगी। काम के प्रति आपकी रूचि बढ़ेगी। जीवनसाथी से रिश्ते में आपसी तालमेल बनाये रखें। अगर आप कपड़े का व्यापार करते हैं तो रोज से आज अधिक मुनाफा होगा।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 1

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका दिन लाभदायक रहेगा। आज हैवी ट्रैफिक की वजह से आपको ऑफिस के लिए लेट हो सकता है। आय की तुलना में व्यय की मात्रा अधिक रहेगी। आज आपके विचारों में सकारात्मक बदलाव आयेगा। आज इलेक्ट्रॉनिक चीजों या मशीनरी पर खर्च आदि की संभावना अधिक रहेगी । आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। जिस भी कार्य को करने को सोचेंगे उसमे सफलता जरूर मिलेगी। पिता आपके जिम्मेदार व्यक्तित्व को देखकर गर्व महसूस करेंगे। इस राशि के लवमेट आज मनपसंद जगह घूमने जायेंगे। कार्य क्षेत्र में नयी योजना बनायेंगे। जिसके माध्यम से आपको अच्छी सफलता मिलेगी।

* शुभ रंग- गोल्डन

* शुभ अंक- 8

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आपका दिन खुशहाल रहने वाला है। बड़े भाई की सहायता से काम को जल्द और आसानी से पूरा कर लेंगे। आपके घर के वातावरण में सुख समृद्धि बढ़ेगी। प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री से जुड़ा काम आज फाइनल हो जायेगा।आपकी अधिक इनकम से आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी। जो लोग आर्किटेक्ट, सजावट की वस्तुओं, डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में जुड़े हुए हैं उनके लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। आज आपकी मुलाकात किसी ऐसे व्यक्ति से होगी जो आपके व्यापार में लाभ कराएगा।

* शुभ रंग- पिच

* शुभ अंक- 9

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपका दिन बेहतरीन रहेगा। पूरी ऊर्जा के साथ काम करेंगे। इस राशि के राजनीतिज्ञ सामाजिक कार्यों में रूचि लेंगे। कोई नई शुरुआत करने अथवा नौकरी में परिवर्तन के मामले में आप गंभीरता से विचार करेंगे। आज दोस्तों के साथ किसी रेस्टोरेंट जाने का प्लान बनेगा। स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं आज ख़त्म होंगी। वाहन आदि लेने के सुखों का योग है। संतान पक्ष की उन्नति से घर में उत्साह बढ़ेगा। दांपत्य रिश्ते में सौहार्द्र बढ़ेगा। जीवनसाथी आज आपके लिए खास करेंगे, जिससे रिश्ते में मिठास बढ़ेगी।

* शुभ रंग- सिल्वर

* शुभ अंक- 6

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपका दिन मिली जुली प्रतिक्रिया से भरा रहेगा। आज किसी बात से आप बेहद खुश होंगे। सिंगर्स को किसी एल्बम की प्रसिद्धि के लिए सम्मानित किया जायेगा। अगर आप कोई प्रेजेंटेशन तैयार कर रहे हैं, तो ध्यान पूर्वक करें। इस राशि के लोगों को काम के साथ स्वास्थ्य का भी खय़ाल रखना चाहिए। सिविल इंजीनीयर्स को आज बड़ा कॉन्ट्रैक्ट मिल सकता है। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। व्यापारिक क्षेत्र में सफलता मिलेगी।

* शुभ रंग- मैजेंटा

* शुभ अंक- 2

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपका दिन बढिय़ा रहेगा। आज कुछ नया करने की सोचेंगे। अगर आप प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।तो मेहनत करते रहें। आपको सफलता जरूर मिलेगी। कारोबार में आज कुछ ऐसी बाते सामने आएंगी जो भविष्य में फायदेमंद रहेगी । स्वास्थ्य के नजरिये से आज का दिन ऊर्जा से भरा रहेगा। बुजुर्गों का मन बहलाने के लिए उन्हें बाहर घुमाने ले जायेंगे। अगर आपके रिश्ते की बात कहीं चल रही है तो.।जल्द फिक्स होने की खुशखबरी मिलेगी।

* शुभ रंग- बैंगनी

* शुभ अंक- 1

**********************************

 

महिला आरक्षण पर सरकार के विश्वासघात को उजागर करने के लिए कांग्रेस 21 शहरों में करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

नई दिल्‍ली 25 Sep, (एजेंसी): संसद के विशेष सत्र में पिछले सप्‍ताह पारित महिला आरक्षण विधेयक को तत्‍काल प्रभाव से लागू करने की मांग करते हुये कांग्रेस आज 21 शहरों में प्रेस कांफ्रेस करेगी जिसमें केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के ”विश्‍वासघात” को उजागर किया जायेगा।

कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य पवन खेड़ा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “21 शहर, 21 महिला नेता, एक एजेंडा – महिला आरक्षण के नाम पर मोदी सरकार द्वारा किए गए विश्वासघात को उजागर करना।”

कांग्रेस महिला आरक्षण विधेयक को अविलंब लागू करने की मांग कर रही है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने फिर कहा कि महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा की 33 प्रतिशत सीटें आवंटित करके महिला आरक्षण विधेयक कल लागू किया जा सकता है।

उन्होंने जोर देकर कहा, “महिला आरक्षण और जनगणना या परिसीमन के बीच कोई संबंध नहीं है।”

उन्‍होंने कहा, “हम दृढ़ता से महसूस करते हैं कि भारतीय महिलाएं राजनीतिक व्यवस्था में उस तरह से भाग नहीं ले रही हैं जिस तरह से उन्हें लेना चाहिए। उन्हें राजनीति में भाग लेने में मदद करने का सबसे बड़ा कार्य कांग्रेस पार्टी द्वारा किया गया था, यानी, पंचायती राज में 33 प्रतिशत आरक्षण जो एक था बदलावकारी कदम था।

“कृपया यह भी समझें कि हम पंचायती राज में महिला आरक्षण को पारित करने की कोशिश कर रहे थे, और यह तथ्य भी कि आरएसएस महिलाओं को अपने रैंकों में अनुमति नहीं देता है। इसलिए महिला सशक्तीकरण में किसकी रुचि है, यह बहुत स्पष्ट है।”

*******************************

 

चलती ट्रेन में चढ़ते वक्त बिगड़ा बैलेंस, ट्रेन के गेट पर लटका शख्स, RPF स्टाफ ने बचाया, CCTV आया सामने

गाजियाबाद 25 Sep, (एजेंसी): गाजियाबाद रेलवे स्टेशन का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। जिसमें एक शख्स चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा है और उसका बैलेंस बिगड़ने से वह दरवाजे पर ही लटक गया और करीब 10 मीटर तक घिसटता हुआ ट्रेन के साथ आगे जाने लगा।

प्लेटफार्म पर मौजूद आरपीएफ की सतर्कता से उस व्यक्ति की जान बच गई। ये घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है। पूरी घटना प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

आरपीएफ इंस्पेक्टर से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार देर शाम को आनंद विहार से गाजीपुर जा रही ट्रेन में सफर कर रहे अमेठी के फरवा गांव के रहने वाले महेंद्र कुमार ग़ाज़ियाबाद रेलवे स्टेशन पर पानी लेने के लिए नीचे उतरे थे। वह जब तक पानी लेकर लौटे तब तक ट्रेन चलनी शुरू हो गई थी। वह चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान गेट पर लटक गए, इस दौरान ट्रेन की स्पीड बढ़ गई।

वह ट्रेन के साथ करीब 10 मीटर घिसटते गए। यात्री को ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच घिसटता देख आरपीएफ के एएसआई राजेन्द्र सिंह और सिपाही सत्येंद्र कुमार ने यात्री को ट्रेन से नीचे गिरने से बचाया। यदि आरपीएफ स्टाफ ने मुस्तैदी न दिखाई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

****************************

 

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने लॉन्च की हाइड्रोजन ईंधन सेल से चलने वाली बस, कहा- घरेलू मांग चार गुना बढ़ेगी

नई दिल्ली 25 Sep, (एजेंसी): केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में पहली ग्रीन हाइड्रोजन ईंधन सेल बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्‍होंने कहा कि हाइड्रोजन को भविष्य का ईंधन माना जाता है। इसमें भारत को अपने डीकार्बोनाइजेशन लक्ष्यों को पूरा करने में मदद करने की अपार क्षमता है। वर्ष 2050 तक हाइड्रोजन की वैश्विक मांग चार से सात गुना बढ़कर 50-80 करोड़ टन होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि घरेलू मांग मौजूदा 60 लाख टन से बढ़कर 2050 तक चार गुना बढ़कर 250-280 लाख टन होने की उम्मीद है। मंत्रालय के तहत सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां 2030 तक सालाना लगभग 10 लाख टन हरित हाइड्रोजन का उत्पादन करने में सक्षम होंगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शीघ्र ही एनसीआर क्षेत्र में अतिरिक्त 15 ईंधन सेल बसें संचालित करने की योजना बनाई जा रही है।

उन्होंने कहा, हरित हाइड्रोजन से चलने वाली यह बस देश में शहरी परिवहन का चेहरा बदलने जा रही है। मैं राष्ट्रीय महत्व की इस परियोजना की बारीकी से निगरानी करूंगा। पुरी ने कहा कि मंत्रालय ने हरित हाइड्रोजन के क्षेत्र में अग्रणी पहल की है और हम रिफाइनरियों में हरित हाइड्रोजन का उत्पादन और उपयोग करने के अपने प्रयासों में तेजी ला रहे हैं।

पुरी ने बताया कि इसके अलावा, प्राकृतिक गैस पाइपलाइनों में हाइड्रोजन मिश्रण, इलेक्ट्रोलाइज़र आधारित प्रौद्योगिकियों के स्थानीयकरण, हरित हाइड्रोजन उत्पादन के लिए जैव-मार्गों को बढ़ावा देने से संबंधित परियोजनाओं को आक्रामक रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ईंधन सेल बस को बिजली देने के लिए बिजली उत्पन्न करने के लिए हाइड्रोजन और हवा का उपयोग करता है। बस से निकलने वाला एकमात्र अपशिष्ट पानी है। इसलिए यह डीजल से चलने वाली पारंपरिक बसों की तुलना में परिवहन का संभवतः सबसे पर्यावरण अनुकूल तरीका है। मंत्री ने आगे बताया कि आंतरिक दहन इंजन की तुलना में ईंधन सेल अत्यधिक कुशल हैं। पारंपरिक इंजनों की तापीय दक्षता 25 प्रतिशत है जबकि ईंधन सेल की विद्युत दक्षता 55-60 प्रतिशत है।

पुरी ने कहा कि इन बसों में ढाई-तीन किमी/लीटर डीजल बसों की तुलना में 12 किमी/किलोग्राम हाइड्रोजन की उच्च ईंधन अर्थव्यवस्था होगी। इसके अतिरिक्त, हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाले वाहन को कुछ ही मिनटों में फिर से भरा जा सकता है। लगभग उतनी ही तेजी से जितनी तेजी से आंतरिक दहन इंजन में पेट्रोल या डीजल भरा जा सकता है।

**************************

 

इस बार वायनाड़ से नहीं हैदराबाद आकर चुनाव लड़ो, राहुल गांधी को ओवैसी का चैलेंज

हैदराबाद 25 Sep, (एजेंसी): एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को 2024 का लोकसभा चुनाव वायनाड़ की बजाय उनके खिलाफ हैदराबाद से लड़ने की चुनौती दी है। सोमवार को एक रैली में ओवैसी ने कहा, इस बार वायनाड़ से नहीं हैदराबाद में मुकाबला करो। मैं आपको (राहुल गांधी) चुनौती दे रहा हूं कि वायनाड़ मत जाओ, हैदराबाद आओ और चुनाव लड़ो।

उन्‍होंने कहा, आप बड़े-बड़े बयान देते रहते हैं। मैदान में आएं और मुकाबला करें। कांग्रेस के लोग बहुत कुछ कहते हैं, लेकिन मैं तैयार हूं। आइए और दाढ़ी और शेरवानी वाले इस आदमी का सामना करें। आपको पता चल जाएगा कि प्रतियोगिता का क्या मतलब है। उन्होंने आरोप लगाया, बाबरी मस्जिद और सचिवालय की मस्जिद को कांग्रेस शासन के तहत ध्वस्त कर दिया गया था।

ओवैसी ने कहा, वही भाजपा सांसद जिसने संसद में बुरा कहा था, वह भी मेरे खिलाफ बोलने के लिए खड़ा हो गया था। मैंने उसे सख्ती से बैठने के लिए कहा। तुम मेरी तीखी जुबान का सामना नहीं कर सकते। कांग्रेस वाले बहुत बातें करते हैं। मैं तैयार हूँ। मैं तेलंगाना के लोगों से भी अपील कर रहा हूं कि याद रखें, कांग्रेस के शासनकाल में आम आदमी को परेशान किया गया था, उन पर हमला किया गया था। बड़ी मुश्किल से हमने शहर में शांति सुनिश्चित की है। यह शांति बरकरार रहनी चाहिए।

राहुल गांधी ने हाल ही में आरोप लगाया था कि भाजपा, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और एआईएमआईएम राज्य विधानसभा चुनाव से पहले सहयोग कर रहे हैं।

*****************************

 

राजनाथ सिंह ने स्वास्तिक बना वायुसेना को सौंपा C-295 एयरक्राफ्ट, एचएस-748 एवरो को करेगा रिप्लेस

नई दिल्ली 25 Sep, (एजेंसी): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को सी-295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट पर स्वास्तिक बनाकर उसे भारतीय वायु सेना में शामिल किया। गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस पर भारतीय संस्कृति के तहत विधिवत पूजा व मंत्र उच्चारण के बीच यह विमान भारतीय वायु सेवा में शामिल किया गया। सी-295 एयरक्राफ्ट भारतीय वायु सेना के सबसे आधुनिकतम ट्रांसपोर्ट विमानो में से एक है।

सी-295 मीडियम लिफ्ट स्ट्रैटेजिक एयरक्राफ्ट को वायु सेना के सुपुर्द करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह मीडियम लिफ्ट सामरिक विमान बिना तैयार लैंडिंग ग्राउंड (अनप्रिपेयर लैंडिंग ग्राउंड) से उड़ान भरने और उतरने में सक्षम है।

रक्षा मंत्री ने बताया कि सी-295 मीडियम लिफ्ट स्ट्रैटेजिक एयरक्राफ्ट अब वायु सेना के एचएस-748 एवरो विमान की जगह लेगा। उन्होंने कहा कि सी-295 के शामिल होने से भारतीय वायुसेना की मध्यम लिफ्ट सामरिक क्षमता में वृद्धि होगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। भारत ने यह विमान यूरोपियन कंपनी एयरबस डिफेंस एंड स्पेस से भारतीय वायु सेना के लिए खरीदा है। विमान की डिलीवरी भारतीय वायु सेना को स्पेन में दी गई थी।

सोमवार को इसे हिंडन एयरबेस पर वायु सेना में शामिल कर लिया गया। इससे पहले हिंडन वायुसेना एयरबेस पर एक खास ड्रोन शो हुआ। गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस पर यह ‘भारत ड्रोन शक्ति’ कार्यक्रम 26 सितंबर तक चलेगा। ड्रोन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत, ड्रोन के 50 से अधिक लाइव हवाई प्रदर्शन किए गए।

इसके उपरांत हिंडन एयरबेस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारतीय वायु सेना को पहला सी-295 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट सौंपा। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक ‘भारत ड्रोन शक्ति’ के दौरान बेहतरीन ड्रोन की उड़ानों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही साथ कई नए एवं आधुनिक उत्पाद लॉन्च हो रहे हैं। देशभर के 75 से ज्यादा ड्रोन स्टार्टअप और कॉरपोरेट्स इस ‘भारत ड्रोन शक्ति’ कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और वायुसेना प्रमुख वीआर चौधरी मौजूद रहे।

भारतीय वायु सेना का पहला सी-295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट बुधवार को ही भारत पहुंचा है। यह विमान गुजरात में वडोदरा के वायु सेना स्टेशन पर उतरा था। वायु सेना के मुताबिक यह एयरक्राफ्ट शॉर्ट टेक-ऑफ और लैंडिंग कर सकते हैं। विशेषज्ञों मुताबिक यह विमान महज 320 मीटर की दूरी में ही टेक-ऑफ कर सकता है। लैंडिंग के लिए इसे मात्र 670 मीटर की लंबाई चाहिए। ऐसी स्थिति में यह विमान भारत चीन सीमा के नजदीक लद्दाख, कश्मीर, असम और सिक्किम जैसे पहाड़ी इलाकों में वायु सेना के ऑपरेशन में शामिल हो सकता है।

एयरक्राफ्ट अपने साथ 5 से 10 टन तक वजन ले जा सकता है। विमान एक बार में अपने साथ 71 सैनिक, 44 पैराट्रूपर्स, 24 स्ट्रेचर या 5 कार्गो पैलेट को ले जा सकता है। इसके साथ ही यह ट्रांसपोर्ट विमान 480 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से 11 घंटे तक उड़ान भर सकता है। एयरबस डिफेंस एंड स्पेस के साथ की गई डील 56 विमानों के लिए है। इनमें से 16 विमानों का निर्माण स्पेन में हो रहा है जबकि शेष बचे 40 विमान गुजरात के वडोदरा में टाटा एडवांस सिस्टम कंपनी द्वारा तैयार किए जाएंगे।

सितंबर 2021 में भारत ने यूरोपियन कंपनी एयरबस डिफेंस एंड स्पेस के साथ कुल 56 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के लिए करीब 21,935 करोड़ रुपए की डील की है। सी-295 विमान भारतीय वायु सेना के एवरो-748 विमानों का स्थान लेंगे। यह विमान भारतीय वायुसेना में बीते छह दशक पहले सेना में आए थे।

सी-295 विमान का इस्तेमाल सैन्य साजो-सामान और रसद पहुंचाने के लिए किया जाता है। यह विमान ऐसे स्थान पर भी पहुंच सकता है जहां भारी ट्रांसपोर्ट विमानों के जरिए नहीं पहुंचा जा सकता। टाटा एडवांस सिस्टम 2024 के मध्य तक सी-295 विमान बनाना शुरू करेगी। फिलहाल, इसकी फाइनल असेम्बली लाइन का काम चल रहा है। भारत में पहला स्वदेशी सी-295 विमान 2026 में बन कर तैयार होगा।

************************