प्रेमी के लिए पाकिस्तान से आई महिला ने PM मोदी और मुख्यमंत्री योगी से लगाई गुहार- वापस नहीं जाना…

ग्रेटर नोएडा 08 Jully (एजेंसी): पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर और उसके भारतीय प्रेमी सचिन को जमानत मिल गई है। दोनों घर पहुंच गए हैं। सीमा ने भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के मुखिया से गुहार लगाई है कि उसे वापस पाकिस्तान नहीं जाना है। उसे भारत में ही रहना है और सचिन से शादी करनी है। सरकार उसकी मदद करे। दूसरी तरफ उसके पति ने एक वीडियो मैसेज के जरिए प्रधानमंत्री मोदी से गुहार लगाई है कि उसकी पत्नी और बच्चे वापस पाकिस्तान भिजवाए जाएं।

पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर के पति गुलाम हैदर ने एक वीडियो मैसेज के जरिए मोदी सरकार से अपील की है कि उसके बच्चों और उसकी पत्नी को बरगलाया गया है। उसने सरकार से अपील की है कि उसकी पत्नी और बच्चों को वापस पाकिस्तान भिजवाया जाए।

गुलाम हैदर का कहना है कि पब्जी गेम के जरिए उसके परिवार को जहनी मरीज बनाया गया है। मेरी पत्नी से उसका घर बिकवा कर भारत बुलाया गया है। उसने अपने वीडियो संदेश में कहा है कि मैं मीडिया का बहुत शुक्रगुजार हूं, जिनके जरिए मुझे पता चला कि मेरी पत्नी और बच्चे भारत पहुंच गए हैं। मेरी सरकार से अपील है कि मेरी पत्नी और बच्चों को जल्द से जल्द वापस पाकिस्तान भिजवाया जाए।

दूसरी तरफ अपने भारतीय प्रेमी के साथ रह रही सीमा हैदर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि उसे पाकिस्तान दोबारा नहीं जाना। उसे अब सचिन के साथ ही रहना है और उसके साथ ही शादी करनी है। उसने बताया कि जिस तरीके से भारत में उसके साथ व्यवहार किया गया और जिस तरीके से उसे सम्मान मिला है, यह उसे पाकिस्तान में नहीं मिलता। सरकार से विनती है कि उसे यहीं रहने दिया जाए और वापस ना भेजा जाए। वहां पर उसका कोई भविष्य नहीं है।

सचिन ने भी मीडिया से बात करते हुए बताया है कि सीमा और उसने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में शादी कर ली थी। अब यहां पर पूरे रीति-रिवाज के साथ शादी करना चाहते हैं। अगर दिक्कत होगी तो हम कोर्ट मैरिज भी कर लेंगे। उसने भी सरकार से अपील की है कि उसे सीमा के साथ रहने दिया जाए। उसने सीमा को गंगा स्नान कराने की बात कही। उसने कहा कि सीमा अब हिंदू बन चुकी है। वह पूजा-पाठ भी करती है, इसीलिए वह दोनों साथ में ही रहेंगे।

*************************

 

अपने बच्चों को समय जरुर दे, उनको मोटिवेट करें, उनका हमेशा हौसला अफजाई करे – इंद्रजीत महथा, डीआईजी

08.07.2023, रांची (FJ)  – आज सुबह 8 बजे आदरणीय श्री इंद्रजीत महथा सर (आईपीएस) समादेस्टा जैप 2 से एसटीएफ के डीआईजी के पदोन्नति के शुभ अवसर पर जैप 2 टाटीसिलवाय में सर के लिए सम्मान समारोह का अयोजन झारखंड पुलिस खेल परिवार की ओर से आयोजित किया गया। सबसे पहले मुख्य अतिथि को शाल और बुके देकर उनका स्वागत राजेश कुमार सिंह (वॉलीबॉल प्रशिक्षक) के द्वारा किया गया। साथ में परिचारी एसटीएफ श्री परशुराम यादव जी और जी पी प्रभारी जैप 2 श्री चंदर सर के द्वारा बुके देकर सम्मानित किया गया। श्री दिनेश, श्री कुंदन श्री जयशंकर, श्री शोनु जी के द्वारा शाल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया

इस अवसर पर बच्चों का वॉलीबॉल मैच बालक एवम बालिका का अयोजन हुआ। जिसमे लगभग 60 बच्चों ने भाग लिया। जैप 2 में वॉलीबॉल का अभ्यास पूरे वर्ष वॉलीबॉल प्रशिक्षक श्री दिनेश जी के नेतृत्व में होता है और साथ में उनके सहयोग के लिए श्री जयशंकर जी और शोनू जी रहते हैं। उद्घाटन विचार श्री उपेंदर मिश्रा (बॉस्केट बॉल प्रशिक्षक)के द्वारा दिया गया । पल्लवी रंजन और दिव्या मिंज को सब जुनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड टीम प्रतिनिधित्व करने के लिए मुख्य अतिथि के द्वारा सम्मानित किया गया। अभी हाल में आईसीएससी स्कूल प्रतियोगिता में विजेता और उप विजेता होने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री इंद्रजीत महथा सर ने वहां मौजूद सभी बच्चों और उनके अविभावक से कहा कि  अपने बच्चों को समय जरुर दे। वो जिस कार्य में इक्षुक है उनको मोटिवेट करें। उनका हमेशा हौसला अफजाई करे। बच्चों के लिए उन्होंने कहा कि खेल हो या पढाई,मन लगा कर मेहनत करे । उन्होंने अपनी हार्दिक इच्छा जताई कि भविष्य में ये बच्चे बड़े होकर इतना नाम कमाए कि किसी कार्यक्रम में वो (बच्चों) मुख्य अतिथि बने मैं उनको जाकर बधाई दूं। धन्यवाद ज्ञापन श्री राजेश कुमार सिंह के द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अंतर राष्ट्रीय रेफरी श्री संजय कुमार, खेलों इंडिया के रेफरी श्री उपेंदर गुप्ता जी, सुपर 50 के निदेशक श्री लव आनंद जी , जैप 2 के गोपनीय प्रवाचक श्री विशाल ठाकुर जी, श्री अजीत श्रीवास्तव जी, श्री श्रीनारायण सर, और जैप 2 कार्यलय के बहुत सारे पुलिस अधिकारी एवम कर्मी मौजूद रहे।

******************************

 

टेलीविजन इंडस्ट्री के चर्चित कपल गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी ने वाराणसी के गंगा घाट पर करावाया अपनी सबसे छोटी बेटी दिविशा का मुंडन….!

08.07.2023  –   टेलीविजन इंडस्ट्री के चर्चित कपल गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी की बेटी दिविशा की मुंडन सेरेमनी परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर पूरी हुई। इस दौरान उनकी सबसे बड़ी बेटी लियाना उनकी इस ट्रिप का हिस्सा नहीं थी, तो इसलिए गुरमीत और देबीना उनके बालों को गंगा में अर्पित किया ।

गुरमीत और देबीना ने वाराणसी में अपने एडवेंचरस सफर को पूरी तरह जिया और अपने प्रशंसकों का दिल जीतते हुए अपने फैमिली टाइम की कुछ झलकियां भी शेयर की हैं। बता दें, टीवी की सबसे स्वीटेस्ट फैमिलीज में से एक, गुरमीत और देबिना अपने मजबूत बॉन्ड के लिए पॉपुलर हैं और सोशल मीडिया पर इनकी फैमिली रील्स को भी खूब प्यार मिलता है।

ऐसे में जैसे ही इन स्टार्स ने वाराणसी में कदम रखा, यहां अपने चहिते टीवी स्टार्स की एक झलक पाकर फैन्स भी प्रफुल्लित नज़र आये। दरअसल गुरमीत और देबिना अपनी पारिवारिक जड़ों से जुड़े हैं और सनातनी परंपराओं के करीब हैं। दोनों के लिए यह वाराणसी विजीट भी बेहद खास है क्योंकि देबिना की दादी का जन्म यहां हुआ था। और इसलिए अपनी छोटी बेटी दिविशा की मुंडन सेरेमनी गुरमीत, देबीना और उनके प्रियजनों के लिए एक यादगार फैमिली ट्रिप बन गया।

यह उनकी विरासत का सम्मान करने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की उनकी कमिटमेंट का प्रतीक है। यही नहीं, वाराणसी पहुँचकर गुरमीत और देबिना ने खुद को पूरी तरह वहां के रंगों में रंग लिया और साइकिल रिक्शा पर वहां की तंग गलियों का नजारा देखा, एक टूरिस्ट की तरह एंजॉय किया और वहां के खाने का स्वाद चखा।

इस तरह गुरमीत-देबिना को वाराणसी में घूमते देख फैन्स के बीच भी उत्साह तेज हो गया, जिसका ज्रिक अपने इंस्टाग्राम पर करते हुए देबिना ने लिखा, “कुछ ही समय में आपमें से बहुत से लोगों ने हमें पहचान लिया और हम सभी ने ट्रैफिक जाम कर दिया।”

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

पंजाबी गायिका कौर बी का नया गाना ‘जट्टी फैन’ टी-सीरीज़ ने जारी किया

08.07.2023  –   पंजाब की मशहूर सिंगर कौर बी के जन्मदिन के अवसर पर म्यूजिक वीडियो ‘जट्टी फैन’ को टी सीरीज म्यूजिक कंपनी द्वारा जारी कर दिया गया है। म्यूजिक वीडियो ‘जट्टी फैन’ सिंगर कौर बी की असाधारण गायन क्षमता को प्रदर्शित करता है, एक और ग्रूवी पंजाबी ट्रैक प्रस्तुत करता है जो निश्चित रूप से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर देगा। म्यूजिक वीडियो ‘जट्टी फैन’ का गाना जानी द्वारा लिखा गया है और सुक्खे म्यूजिकल डॉक्टर्ज़ द्वारा संगीतबद्ध किया गया है।

B2GETHERPROS द्वारा निर्देशित और कौर बी द्वारा अभिनीत, यह म्यूजिक वीडियो अब टी-सीरीज़ के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है। ‘जट्टी फैन’ का म्यूजिक वीडियो दर्शकों को एक छोटे शहर के बैकड्राप पर आधारित एक अविस्मरणीय संवेदनशील कहानी के जरिए एक विजुअल सफर पर ले जाता है। बकौल सिंगर कौर बी ‘जट्टी फैन’ कंटेम्प्ररी और ट्रेडिशनल पंजाबी म्यूजिक एलिमेंट का मिश्रण है। मेरे जन्मदिन पर इस गाने को रिलीज़ करना मेरे लिए दोहरा जश्न है। मैं इस एनर्जेटिक  ट्रैक को अपने प्रशंसकों के साथ साझा करने के लिए रोमांचित हूं, जिन्होंने हमेशा समर्थन किया है और भरपूर प्यार दिया है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

हैदराबाद पहुंचे PM मोदी, करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे

हैदराबाद 08 Jully (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तेलंगाना में लगभग 6,100 करोड़ रुपये की लागत वाली कई बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए विशेष उड़ान से शनिवार को यहां हकीमपेट वायु सेना स्टेशन पहुंचे। मोदी बाद में एमआई-17 हेलीकॉप्टर से वारंगल के लिए रवाना हुए जहां हेलीपैड पर तेलंगाना के राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन, केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे।

सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति(बीआरएस) पार्टी ने प्रधानमंत्री के ‘तेलंगाना विरोधी’ रवैये के विरोध में उनके कार्यक्रम का बहिष्कार करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री कभी काकतीय साम्राज्य की राजधानी रहे वारंगल शहर में देवी भद्रकाली के दर्शन करेंगे और ऐतिहासिक भद्रकाली मंदिर में पूजा करेंगे। बाद में वह एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे जहां वह हनमकोंडा में कला और विज्ञान कॉलेज ग्राउंड में विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

मोदी 176 किलोमीटर लंबी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनकी लागत 1.5 करोड़ रुपये से अधिक है। 5,550 करोड़. परियोजनाओं में नागपुर-विजयवाड़ा कॉरिडोर का 108 किलोमीटर लंबा मंचेरियल-वारंगल खंड शामिल है। यह खंड मंचेरियल और वारंगल के बीच की दूरी को लगभग 34 किमी कम कर देगा, जिससे यात्रा का समय कम हो जाएगा और राष्ट्रीय राजमार्ग-44 और 65 पर यातायात कम हो जाएगा। माेदी एनएच-563 के 68 किलोमीटर लंबे करीमनगर-वारंगल खंड को मौजूदा दो लेन से चार लेन में अपग्रेड करने की आधारशिला भी रखेंगे।इससे हैदराबाद-वारंगल औद्योगिक गलियारे, काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क और वारंगल में एसईजेड से कनेक्टिविटी में सुधार करने में मदद मिलेगी।

******************************

 

कर्नाटक में लापता जैन संत की हत्या, पुलिस ने शव की तलाश शुरू की

बेलगावी 08 Jully (एजेंसी): कर्नाटक में लापता हुए एक जैन धर्मगुरु की हत्या कर दी गई है। पुलिस हिरासत में लिए गए दो आरोपियों ने बेलगावी जिले में उनकी हत्या करने की बात कबूल कर ली है, सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चिक्कोडी के आचार्य श्री 108वें कामकिमारा नंदी महाराज गुरुवार को होरेकोडी में नंदी पर्वत पर जैन बसादी से लापता हो गए थे। फिलहाल शव को बरामद करने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

संत के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पता चला है कि जैन बसादी से संबंधित संपत्ति के दस्तावेज भी गायब हैं। आश्रमवासियों ने उन्हें आखिरी 5 जुलाई को बार रात करीब 10 बजे देखा था। वो पिछले 15 साल से जैन बसादी में रह रहे थे। आचार्य कामकुमारनंदी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष भीमप्पा उगारे ने चिक्कोडी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने इस सिलसिले में दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पूछताछ के दौरान, दोनों ने धर्मगुरु की हत्या करने की बात कबूल कर ली, लेकिन शव के निपटान पर विरोधाभासी बयान दिए। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने शव को कटकाबावी गांव में एक कुएं में फेंक दिया। लेकिन जब खोजबीन की गई तो शव नहीं मिला। बाद में आरोपियों ने शव को नदी में फेंकने का दावा किया।

***************************

 

बारिश फिर बनी बाधाः जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना नहीं हुआ जत्था

जम्मू 08 Jully (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में हो रही भारी बारिश के कारण शनिवार को भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा के नए जत्थे को अनुमति नहीं दी गई। अधिकारी ने यह जानकारी दी हैं। उन्होंने बताया कि इस बीच, बारिश के कारण हुए भूस्खलन होने से रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया हैं। अधिकारी ने बताया, “भारी बारिश और कश्मीर घाटी में मौसम की खराब स्थिति के कारण शनिवार सुबह जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से पवित्र गुफा के लिए कोई जत्था रवाना नहीं हुआ।”

उन्होंने कहा कि खराब मौसम के कारण श्रीनगर से बालटाल और पहलगाम मार्गों के लिए यात्रा पहले ही शुक्रवार को निलंबित कर दी गई थी और बालटाल तथा पहलगाम आधार शिविरों में तीर्थयात्रियों की भीड़ को रोकने के लिए आज सुबह जम्मू से कोई भी जत्था रवाना नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आज सुबह भारी बारिश के कारण रामबन में भूस्खलन भी हुआ, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद करना पड़ा है।

रामबन की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने ट्वीट किया, “एनएच 44 पर विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के साथ-साथ भूस्खलन, और पत्थर गिरने की घटना हुई है।” उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग को अगली मिलने तक बंद कर दिया गया है। यात्री टीयूसी से मंजूरी मिलने पर यात्रा की योजना बनाये।

****************************

 

उदयपुर जिले में तम्बाकू मुक्त ग्राम पंचायत के प्रस्ताव पारित किए

उदयपुर 08 Jully (एजेंसी): राज्य में निरोगी राजस्थान अभियान के अंतर्गत संचालित टोबेको फ्री युथ केम्पेन के तहत सम्पूर्ण जिले में तम्बाकू के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शंकर बामनिया ने बताया कि सभी खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया था कि ग्राम स्तरीय जन सुनवाई में सभी ग्राम स्तरीय अधिकारी और कार्मिक उपस्थित होंगे, उनकी उपस्थिति में तम्बाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य पर दुष्प्रभावों की जानकारी साझा की जाए, इसी निर्देशन के तहत कई ग्राम सभा में तम्बाकू मुक्त ग्राम पंचायत हेतु प्रस्ताव पारित किये गए।

जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ प्रणव भावसार ने बताया कि ग्राम सभा में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान नहीं करने, ग्राम पंचायत में स्थित स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र और अन्य स्वास्थ्य केंद्र को धूम्रपान रहित क्षेत्र घोषित करने के निर्देश दिए। साथ ही गावो में किसी भी दुकानदार द्वारा कोटपा अधिनियम के तहत 18वर्ष से कम आयु के बच्चो को तम्बाकू पदार्थ नहीं बेचने और दूकान पर इन तम्बाकू पदार्थाे के विज्ञापन नहीं लगाने हेतु प्रेरित किया जाएगा।

*************************

 

केन्द्रीय मंत्री तोमर ने राष्ट्रीय हिन्दी मेल के दिल्ली संस्करण का किया लोकार्पण

नई दिल्ली 08 Jully (एजेंसी): केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने मध्य प्रदेश के राष्ट्रीय हिन्दी मेल समाचार पत्र का नई दिल्ली से ‘राष्ट्रीय संस्करण’ का लोकार्पण किया।

इस मौके पर राष्ट्रीय हिन्दी मेल के संस्थापक विजय सिंह दास , मुख्य अतिथि श्री तोमर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, एम पी के कृषि मंत्री कमल पटेल, मुख्य वक्ता एवम राज्य सभा सांसद विवेक तंखा, अध्यक्षीय वक्ता डा. चरणदास महंत, प्रमुख वक्ता राहुल देव सहित अन्य वरिष्ठ पत्रकार सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सन् 1996 में राष्ट्रीय हिन्दी मेल समाचार पत्र की शुरुआत हुई।

***************************

 

16,000 फीट की ऊंचाई पर गूंजी टैंकों की दहाड़, Army ने पूर्वी लद्दाख की घाटी पर किया युद्धाभ्यास

लेह 08 Jully (एजेंसी): भारतीय सेना ने सिंधु नदी को पार करने और दुश्मन के ठिकानों पर हमले करने के लिए पूर्वी लद्दाख में अभ्यास किया। सेना के टी-90 और टी-72 टैंकों ने अपना दम दिखाया। सेना के अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के अभ्यास आकस्मिक परिस्थितियों की तैयारी के लिए किए जाते हैं। भारतीय सेना दुनिया की उन चुनिंदा सेनाओं में से एक है जो 16,000 फीट तक की ऊंचाई पर और बड़ी संख्या में टैंकों का संचालन करती है।

जब चीनी सेना ने अपने प्रशिक्षण अभ्यास सैनिकों को हटाकर पूर्वी लद्दाख सेक्टर में आक्रामकता दिखाना शुरू किया, तो भारतीय सेना पूर्वी लद्दाख सेक्टर में बड़ी संख्या में टैंक और बख्तरबंद लड़ाकू वाहन लेकर आई। पहले भारतीय सेना पाकिस्तान के मोर्चे पर पंजाब सेक्टर में बड़े पैमाने पर इस तरह के अभ्यास करती थी क्योंकि ऐसा माना जाता था कि केवल मैदानी और रेगिस्तानी इलाकों में ही टैंक युद्ध होंगे लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।

टैंकों के साथ ब्रिगेड और अन्य संरचनाओं को 2013-14 में पूर्वी लद्दाख में बल में शामिल किया जाना शुरू हुआ। लेकिन 2020 में जब गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ संघर्ष की घटना हुई तो इनकी संख्या कई गुना बढ़ गई।

************************

 

बिहार के पूर्णिया में एके-47 के साथ बाहुबली नेता गिरफ्तार

पूर्णिया 08 Jully (एजेंसी): पुलिस ने बिहार के इस जिले में एक बाहुबली नेता को एक एके-47 राइफल तथा अन्‍य हथियारों और कई राउंड कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। राजनेता की पहचान अनिकेत सिंह उर्फ बिट्टू सिंह के रूप में हुई है, जो हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। वह उसी अपराध के लिए कारावास की सजा काट रहा था।

पूर्णिया सदर के एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने बताया, ”शुक्रवार को प्रभात कॉलोनी स्थित अनिकेत सिंह उर्फ बिट्टू सिंह के आवास पर छापेमारी की गयी। तलाशी के दौरान एक एके-47 राइफल और इसके 10 जिंदा कारतूस, दो पिस्तौल, एक राइफल और 14 अन्य कारतूस तथा अन्य हथियार बरामद किए गए जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।” इस संबंध में यहां के हाट थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। बिट्टू सिंह के अलावा उसके ड्राइवर और बॉडीगार्ड को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस स्टेशन ले जाए जाने के दौरान सिंह ने मीडिया को बताया कि वह सो रहा था जब बड़ी संख्या में पुलिस बल उनके आवास पर पहुंचा और घर के पिछवाड़े में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जमा करने का आरोप लगाया। उसने कहा, मैंने उनसे वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने को कहा। लेकिन उन्होंने नहीं सुनी और मुझे पुलिस स्टेशन ले जा रहे हैं। हालांकि, एफआईआर में पुलिस ने बताया कि बरामदगी घर के लिविंग रूम से की गई थी।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बिट्टू सिंह की पत्नी ने दावा किया कि उनके पति को उनके विरोधियों द्वारा फंसाया जा रहा है क्योंकि यह चुनाव का समय है। उन्होंने दावा किया, “जब वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया है, जहां वह हथियार अधिनियम में कारावास की सजा काट रहा था, तो वह घर के अंदर हथियार रखने और मुसीबत निमंत्रण देने वाला मूर्ख नहीं है।”

*******************************

 

अमृतसर-जामनगर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से विकास को मिलेगी एक नई ऊर्जाः मोदी

जयपुर 08 Jully (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि अमृतसर- जामनगर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से जहां चार राज्यों के लाखों लोगों का जीवन आसान होगा वहीं विकास को भी एक नई ऊर्जा मिलेगी। मोदी ने अपने राजस्थान के बीकानेर दौरे के लिए रवाना होने से पहले शनिवार को सोशल मीडिया पर यह बात कही।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के बीकानेर में आज कई परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का उन्हें सौभाग्य प्राप्त होगा। इनमें अमृतसर-जामनगर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे भी शामिल है। इससे जहां चार राज्यों के लाखों लोगों का जीवन आसान होगा वहीं विकास को भी एक नई ऊर्जा मिलेगी।

पीएम मोदी सायं चार बजे बीकानेर के नौरंगदेसर में अमृतसर-जामनगर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के अलावा गुजरात के भुज से पंजाब के मौगा तक हरित ऊर्जा गलियारे के प्रथम चरण के निर्माण, राजस्थान में सौर ऊर्जा क्षेत्रों (8.1 गीगावाट) से ट्रांसमिशन सिस्टम योजना चरण द्वितीय भाग एफ का निर्माण एवं बीकानेर में ईएसआईसी अस्पताल का निर्माण का लोकार्पण करेंगे।

इसी तरह प्रधानमंत्री बीकानेर रेलवे का पुनर्विकास एवं चुरू- रतनगढ़ रेलमार्ग का दोहरीकरण का शिलान्यास करेंगे। मोदी बीकानेर दौरे के दौरान 24 हजार करोड़ से अधिक के निवेश से राष्ट्रीय राजमार्ग, रेल, विद्युत परियोजनाओं और बीकानेर में ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

*******************************

 

बंगाल पंचायत चुनाव में भड़की हिंसाः 6 लोगों की हत्या, मतदान केंद्र में तोड़फोड़; बैलेट पेपर भी किए नष्ट

कोलकाता 08 Jully (एजेंसी): पश्चिम बंगाल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शनिवार को मतदान शुरू हो गया। इस बीच विभिन्‍न स्‍थानों से बड़े पैमाने पर हिंसा होने की भी खबरें हैं, जिनमें करीब छह लोगों की मौत हो गई है। मुर्शिदाबाद जिले में, जो पंचायत चुनावों के दौरान हमेशा हिंसा का केंद्र रहा है, शनिवार को मतदान के पहले कुछ मिनटों के भीतर फिर से बड़े पैमाने पर हिंसा देखी गई।

इसके अलावा रानीनगर में माकपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद भी कम से कम 24 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मुर्शिदाबाद के रेजीनगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत बेलडांगा 2 ब्लॉक में स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता यासीन शेख की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुर्शिदाबाद के डोमकल में कांग्रेस कार्यकर्ता शाहबुद्दीन शेख की हत्या की भी खबरें सामने आई हैं।

वहीं, कूचबिहार के फोलिमारी में हिंसा भड़क उठी। वहां बीजेपी के पोलिंग एजेंट की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हमलावरों ने बीजेपी के पोलिंग एजेंट माधव विश्वास को गोली मार दी। सीताई ब्लॉक के बाराविटा प्राथमिक विद्यालय में एक मतदान केंद्र में तोड़फोड़ की गई। सुबह लगभग 7.30 बजे मतदान शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद मतपेटियां तोड़ दी गईं और बैलेट पेपर नष्ट कर दिए गए।

इसके अलावा बूथ संख्या 4/38 पर बम फेंके गए और गोलीबारी भी की गई। एक सीपीआईएम उम्मीदवार अनिता अधिकारी के घायल होने की भी खबर है। बता दें कि पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव की वोटिंग के बीच अब तक 6 लोगों की हत्या कर दी गई है। मरने वालों में 5 टीएमसी और एक बीजेपी का कार्यकर्ता था।

***************************

 

जेवर एयरपोर्ट: 14 गांव की जमीन का होने जा रहा अधिग्रहण, 15,000 करोड़ रुपए होंगे खर्च

ग्रेटर नोएडा 08 Jully (एजेंसी): जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का काम काफी तेजी से चल रहा है। लगभग आधा काम पूरा कर लिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि 2024 में पहले रनवे से विमान उड़ान भरेगा। इसके साथ दूसरे, तीसरे और चौथे चरण की भी तैयारी शुरू हो गई है। अब तीसरे-चौथे चरण के लिए जमीनों का अधिग्रहण शुरू हो गया है।

जेवर के 14 गांव में करीब 2053 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसमें 3 रनवे बनेंगे। इस प्रक्रिया में गांव वालों को मुआवजा देने और जमीन अधिग्रहण के लिए करीब 15 हजार करोड़ का खर्च आएगा।

यमुना प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक, जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का काम 4 चरणों में किया जाना था। जिनमें से पहले चरण में 1334 हेक्टेयर और दूसरे चरण में 1365 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण हुआ। अब, तीसरे और चौथे चरण के लिए एक साथ 2053 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

खास बात है कि सोशल इंपैक्ट असेसमेंट (एएसआई) के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके जरिए यह पता लगाया जाएगा कि इससे कितने किसान प्रभावित होंगे, उनसे कितनी भूमि अर्जित की जाएगी, उनके पुनर्वास और मुआवजे का क्या आकलन होगा। इसके लिए गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का चयन किया गया है। इससे पहले दो चरणों के लिए एएसआई जीबीयू ने किया था।

इस काम को 30 अगस्त तक पूरा करना होगा। जानकारी के मुताबिक 14 गांव की 2053 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होना है। इसमें 1888 हेक्टेयर जमीन किसानों की है और करीब 165 हेक्टेयर जमीन सरकारी है।

****************************

 

भारतीय तटरक्षक के बेड़े में शामिल होंगे 2 आधुनिक डोर्नियर विमान, HAL से हुआ 458.87 करोड़ रुपए में सौदा

नई दिल्ली 08 Jully (एजेंसी): रक्षा मंत्रालय ने 7 जुलाई को डोर्नियर विमानों की खरीद के लिए हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के साथ एक अनुबंध किया है। एसोसिएटेड इंजीनियरिंग सपोर्ट पैकेज के साथ भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) के लिए डोर्नियर विमानों की यह खरीद की जा रही है। शुक्रवार को नई दिल्ली में किए गए इस अनुबंध के मुताबिक इन 2 विमानों की खरीद पर 458.87 करोड़ रूपए की कुल लागत आएगी।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यह विमान कई उन्नत उपकरण जैसे ग्लास कॉकपिट, समुद्री गश्ती रडार, इलेक्ट्रो-ऑप्टिक इंफ्रा-रेड डिवाइस, मिशन प्रबंधन प्रणाली आदि से सुसज्जित होंगे। इसके जुड़ने से आईसीजी की जिम्मेदारियों के तहत आने वाले समुद्री क्षेत्रों की हवाई निगरानी क्षमता को और बढ़ावा मिलेगा।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि डोर्नियर विमानों का कानपुर के एचएएल (परिवहन विमान प्रभाग) में स्वदेशी रूप से विनिर्माण किया जाता है और इससे सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अनुरूप रक्षा में आत्मनिर्भरता अर्जित करने में उल्लेखनीय योगदान प्राप्त होगा।

गौरतलब है कि इससे पहले इसी साल 10 मार्च को भारतीय वायु सेना के लिए छह डोर्नियर-228 विमानों की खरीद का निर्णय भी लिया जा चुका है। भारतीय वायु सेना के लिए खरीदे जा रहे इन विमानों की लागत लगभग 667 करोड़ रुपए है। रक्षा मंत्रालय ने 10 मार्च को 667 करोड़ रुपये की लागत वाले इस रक्षा सौदे को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता किया था। रक्षा मंत्रालय के अनुसार डोर्नियर-228 विमानों की खरीद भी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) से की जाएगी।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि वायु सेना के लिए खरीदे जा रहे विमानों का उपयोग भारतीय वायु सेना द्वारा रूट ट्रांसपोर्ट और संचार संबंधित सैन्य कार्य के लिए किया जाता रहा है। इसके साथ ही इन विमानों का उपयोग भारतीय वायुसेना के परिवहन पायलटों के प्रशिक्षण के लिए भी किया गया है।

छह विमानों की वर्तमान खेप एक उन्नत ईंधन-कुशल इंजन के साथ पांच ब्लेड वाले समग्र प्रोपेलर के साथ खरीदी जाएगी। यह विमान उत्तर पूर्व के अर्ध-तैयार, लघु रनवे और भारत की द्वीप श्रृंखलाओं से छोटी दूरी के संचालन के लिए आदर्श रूप से अनुकूल है।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इन छह विमानों के शामिल होने से दूर-दराज के इलाकों में भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता में और इजाफा होगा।

******************************

 

RTI का जवाब पाने को जमा कराए 1.49 लाख, विभाग ने कहा- 74,500 पन्नों वाले दस्तावेज खुद ढोकर ले जाओ

रांची 08 Jully (एजेंसी): झारखंड के रामगढ़ जिले में राइट टू इन्फॉर्मेशन के तहत एक सरकारी कार्यालय से मांगी गई सूचना के जवाब को लेकर अजीबो-गरीब स्थिति पैदा हो गई है। आवेदक ने जो सूचना मांगी थी, उसका जवाब और उससे जुड़े दस्तावेज पाने के लिए उसने सरकार के खाते में 1 लाख 49 हजार की रकम जमा कराई। लेकिन, सरकारी कार्यालय ने बोरियों में बांधकर रखे गए 74 हजार 500 पन्नों वाले ये दस्तावेज उसके घर तक पहुंचाने से इनकार कर दिया है।

कार्यालय ने आवेदक को कहा है कि वह इन दस्तावेजों को खुद उठाकर ले जाए। इसके जवाब में आरटीआई आवेदक ने कहा है कि यह नियम का उल्लंघन है। या तो सरकारी कार्यालय उसके घर तक दस्तावेज भिजवाए या फिर उसके 1.49 लाख रुपए लौटा दे।

यह मामला रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड का है। यहां के रायपुरा गांव के रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता बीनू कुमार महतो ने छह मई को लोक सूचना अधिकारी-सह-बीडीओ के पास आरटीआई अर्जी लगाई थी। उन्होंने जानना चाहा था कि गोला प्रखंड में 2020 से 2023 तक 14वें और 15वें वित्त आयोग के तहत दी गयी राशि किस तरह खर्च की गई।

उन्होंने खर्च के ब्योरे से जुड़े दस्तावेज भी मांगे थे। उन्हें पहले जो जवाब दिया गया, उसमें कहा गया कि ये ब्योरे जुटाने के लिए उन्हें प्रखंड के सभी पंचायत सचिवालयों में जाना पड़ेगा। बीनू कुमार महतो ने इस पर आपत्ति जताते हुए नियमों का हवाला दिया और प्रखंड कार्यालय से दस्तावेजों की छायाप्रति सहित जानकारी उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। उन्होंने इसके एवज में मांगी गई 1 लाख 49 हजार की राशि भी कार्यालय में जमा करा दी।

इसके बाद प्रखंड कार्यालय ने 74,500 पन्नों वाले दस्तावेज जुटाए। ये दस्तावेज कुल पांच बोरियों में हैं, जिन्हें रिसीव करने को कहा गया है। इस पर आवेदक महतो ने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत लोक सूचना अधिकारी को सूचना और दस्तावेज डाक से उपलब्ध कराना चाहिए। इधर, मामला संज्ञान में आने पर रामगढ़ के उप विकास आयुक्त रोबिन टोप्पो ने कहा है कि वह देखेंगे कि इसमें क्या रास्ता निकाला जा सकता है।

**************************

 

हिमाचल: मानसून की बारिश से 352 करोड़ रुपये का हुआ नुकसान

शिमला 08 Jully (एजेंसी): हिमाचल प्रदेश में पिछले 14 दिनों में मानसूनी बारिश से कुल 352 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। महत्वपूर्ण कालका शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या -5 और धर्मपुर-कसौली सड़क के अलावा लगभग दो दर्जन सड़कें भूस्खलन और भारी बारिश के बाद फुटपाथों के धंसने से प्रभावित हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार भारी बारिश के कारण भारी पत्थरों के ढहने, भूस्खलन, सड़कों के बह जाने और फुटवॉल के धंसने से लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को भारी नुकसान हुआ है। राज्य में हजारों संपर्क सड़कें बह गई हैं या मिट्टी का भारी कटाव हुआ है।

शुक्रवार को मानसून का केंद्र सोलन, सिरमौर और शिमला जिले की मध्य पहाड़ियां थीं। आज सुबह परमानो के पास फोरलेन पर भारी चट्टानें गिरने से कुछ चलते वाहन बाल-बाल बचे। भारी बारिश के कारण धरमौर कसौल सड़क भी बाधित हो गई है क्योंकि कनेक्टिंग रोड धंस गई है। पिछले 24 घंटों में टूरिस्ट रिजॉर्ट कसौली में 80 मिमी, धर्मपुर में 68 मिमी और अर्की में 60 मिमी बारिश हुई। मंडी के पंडोह में 45 मिमी और हमीपुर में 33 मिमी बारिश हुई।

राज्य लोक निर्माण विभाग को 200 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ। जल शक्ति विभाग (आईपीएच) को 127 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। लगभग 43 लोगों की मौत हो गई और लगभग 80 लोग घायल हो गए। चार लोग लापता हैं जिनमें से एक सड़क दुर्घटना में, दो डूबने से और एक बाढ़ में डूबने से लापता है। मानसून के कहर में दस घर पूरी तरह और 51 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गये। राज्य में पशुओं की मौत का आंकड़ा 354 हो गया है। मानसून की शुरुआत के बाद 24 जून से 12 भूस्खलन, एक बादल फटने और 11 अचानक बाढ़ दुर्घटनाएं दर्ज की गईं।

***************************

 

पुलिस ने सात गैंगस्टर्स पर कसा शिकंजा, 20 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क

ग्रेटर नोएडा 08 Jully (एजेंसी): पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर ने सात गैंगस्टर्स पर शिकंजा कस दिया है। इन गैंगस्टर्स की करीब 20 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की जाएगी। इसके लिए उनकी संपत्ति चिह्नित हो चुकी है। इसके साथ ही पुलिस कमिश्नरेट ने नौ बदमाशों को जिला बदर किया है।

जानकारी के अनुसार अमित कसाना पुत्र सतवीर निवासी ग्राम रिस्तल; मोहित कुमार गोयल पुत्र राजेश कुमार गोयल निवासी गोल्फ स्टेट सेक्टर 65, गुरुग्राम, हरियाणा; अनिल राणा पुत्र गिरीराज निवासी अलावा रहीमपुर थाना औरंगाबाद, जिला बुलन्दशहर (वर्तमान निवासी सेक्टर 11, फरीदाबाद, हरियाणा); दीपक कुमार पुत्र दिनेश प्रसाद सिंह निवासी भाभानगर भगवानपुर, थाना सदर, जनपद मुजफ्फरपुर, बिहार (वर्तमान निवासी गौतमबुद्धनगर); वसीम पुत्र सलीम निवासी गाजियाबाद; आबिद उर्फ बिल्लौरी पुत्र यामीन निवासी गाजियाबाद; और उमेश गुप्ता पुत्र बद्री प्रसाद गुप्ता निवासी ज्योति नगर दिल्ली (मूल निवासी भागलपुर, बिहार) की संपत्ति कुर्क की जानी है। कुल चल-अचल सम्पत्ति करीब 20,01,92,520 रुपये को कुर्क करने के आदेश पारित किये गये हैं।

पुलिस आयुक्त न्यायालय गौतमबुद्धनगर ने गुण्डा एक्ट के अंतर्गत नौ अभियुक्तों – नवीन बिस्वास पुत्र मिहिर लाल निवासी सदरपुर, नोएडा; हरिओम पुत्र राजराम निवासी ग्राम बिसाहडा, जारचा; राहुल पुत्र रामकिशन निवासी ग्राम सलेमपुर गुर्जर, कासना; राहुल पुत्र राजपाल निवासी जारचा; हासिम पुत्र मुन्ना निवासी बिलासपुर, दनकौर; प्रताप उर्फ छोटू पुत्र रमेश निवासी सीदीपुर, जारचा; राजेश पुत्र भीम निवासी दादरी; योगेश पुत्र नेपाल निवासी दनकौर; और अभिषेक पुत्र राकेश निवासी छपरौला, बादलपुर को कमिश्नरेट की सीमा से जिला बदर किया है।

*******************************

 

3 नाबालिगों ने मिलकर दिया हत्या की वारदात को अंजाम, चाकू मारकर 16 साल के लड़के को उतारा मौत के घाट

नई दिल्ली 08 Jully (एजेंसी): दिल्ली के बवाना इलाके में झगड़े के बाद तीन नाबालिगों ने 16 साल के एक लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे बवाना अस्पताल से एक डेड बॉडी लाये जाने की सूचना मिली।

पुलिस अधिकारी ने कहा, एक पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचा जहां पता चला कि बवाना में जेजे क्लस्टर के निवासी एक नाबालिग को उसके रिश्तेदार ने भर्ती कराया है। बॉडी पर दो चोटें – पीठ और पेट पर जख्म पाया गया। घटना बवाना के झंडा चौक इलाके की है|

अधिकारी ने कहा, अपराध टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए गए। प्रारंभिक जांच के दौरान, यह पता चला कि नाबालिग को उसी इलाके के एक अन्य निवासी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पीटा और चाकू मारा। वो सभी नाबालिग हैं। अधिकारी ने कहा, भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

***************************

 

लुधियाना पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाया ट्रिपल मर्डर केस, वारदात को अंजाम देने वाला पड़ोसी गिरफ्तार

लुधियाना 08 Jully (एजेंसी): पंजाब के लुधियाना जिले की पुलिस ने 12 घंटे में ट्रिपल मर्डर केस सुलझा लिया है। यह जानकारी पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने ट्वीट करके दी। उन्होंने लिखा कि पुलिस ने 3 हत्याएं करने वालों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारों ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की और शवों को जलाने का भी प्रयास किया है। मृतकों में बुजुर्ग चमन लाल, सुरिंदर कौर और बचन कौर शामिल है। कातिल कोई बाहरी नहीं मृतकों का पड़ोसी ही है।

हत्यारों ने तीनों हत्याओं को हादसा दिखाने की कोशिश भी की थी। जिनके बारे पुलिस आज खुलासा करेगी। हत्यारों के साथ मरने वालों की कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में पड़ोसियों ने घर में घुस कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वह घर में लूट भी करना चाहते थे।

बता दें कि शुक्रवार सुबह जब दूध देने आए व्यक्ति ने दरवाजा खटखटाया तो किसी ने दरवाजा नही खोला। इसके बाद मोहल्ले में शोर मचा। लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो 2 महिलाओं के शव बेड पर और एक व्यक्ति का शव जमीन पर पड़ा था।

**************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपको राजकीय कार्यों में उच्च वर्गीय मित्रों से सहयोग मिलेगा। घर, शौक, पसन्दीदा गतिविधियों के लिए समय मिलेगा, जोखिम लेने का मूड भी होगा। आप खुद को अकेला महसूस नहीं करेंगे। अच्छे मित्रों के साथ नजदीकियां बढ़ेंगी। आपके आदर्श/आध्यात्मिक झुकाव सामने आयेंगे, आप अपना ध्यान मजबूती से अपने परिवार पर लगाएं। आध्यात्मिक, धार्मिक, ध्यान, प्रार्थना आदि ये सब मिलकर आपको इतनी अधिक मजबूती प्रदान करेंगे कि आप घर और कार्यक्षेत्र में बेहतर सद्भाव कायम कर सकेंगे। आपके बच्चों की गतिविधियां खुशी तथा आनन्द का स्रोत बनी रहेंगी परंतु बच्चों को समय देना आवश्यक है। स्वास्थ्य पर ध्यान दें।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज आप बच्चों और प्रियजनों के साथ अच्छा समय बिताएंगे। स्वास्थ्य सम्बन्धी परेशानियों, पालतू जानवरों, बच्चों, बुजुर्गों और सामुदायिक गतिविधियों में व्यस्तता की वजह से कार्यक्रमों में फेरबदल की सम्भावना है। आपको कार्यक्षेत्र में सफलता और प्रसन्नता मिलेगी। आभूषण और कपड़े खरीद सकते हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि आप चाहते हैं कि प्रियजन ज्यादा से ज्यादा सुन्दर दिखें। काम का दबाव कम होगा और आप नई योजनाओं और काम के बारे में सोच सकते हैं।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका घर में मांगलिक कार्य की रूप रेखा बनाते हुए मन प्रसन्न रहेगा। प्रियजनों और बच्चों के अलावा आप आन्तरिक सज्जा तथा लेखन जैसी कला और घर की देखभाल जैसे क्षेत्रों में भी संवेदनशील होंगे। खानपान में संयम बरतना बहुत जरूरी है, खासकर ठण्डी चीजें खाने से बचें। किसी से कर्ज लेना व कर्ज देना दोनों ही काम न करें अन्यथा भविष्य में सम्बन्धों में दरार आ जायेगी। पुरानी यादें मन को कचोटेंगी और कुछ मानसिक तनाव का भी अहसास होगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन बेहतर रहेगा। सामाजिक दायरा बढेगा। मान सम्मान में वृद्धि होगी। रोजमर्रा के जीवन की रफ्तार भले ही कितनी भी अधिक क्यों न हो, मगर अपने स्तर पर शान्त बने रहेंगे। इस पक्ष में आप बुजुर्गों, गरीबों, बीमारों, असहाय लोगों की मदद करेंगे और उनके सरोकारों को अपना बनाने का प्रयास करेंगे। ऐसा आप किसी उद्वेग के कारण नहीं, बल्कि उनके प्रति वास्तविक भावनाओं के वशीभूत होकर करेंगे। नए कार्यों के लिए आगे शुभ समय का योगदान आपको मिलेगा।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपके आत्मविश्वास में बढ़ोत्तरी होगी। आपका अपने ही सहकर्मियों से अप्रत्यक्ष विरोध, प्राइवेट नौकरी से जुड़े व्यक्तियों पर कार्यभार की अधिकता रहेगी। किसी राजनीतिक व्यक्ति से मुलाकात होगी। यदि आप सामाजिक, राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े हैं, तो चर्चा का विषय बन सकते हैं। मित्र या रिश्तेदारों की सहायता से महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल होगी। नौकरी पेशा लोगों के लिये समय सामान्य गुजरेगा। अनावश्यक खर्च होने से थोड़ी मानसिक खिन्नता रहेगी। किसी आध्यात्मिक व्यक्ति से चर्चा होगी। आकस्मिक छोटी-मोटी चोट लग सकती है।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा। आध्यात्मिक रूचियां, आस्था, धार्मिक रूझान का प्रतीक है और इस समय यही सब महत्वपूर्ण भी रहेगा। चूंकि फिलहाल आपके घर परिवार और प्रेमपक्ष में सहजता बनी हुई है, लिहाजा आप तन्त्र, मन्त्र, अलौकिक विषयों/विज्ञान के प्रति अपने भीतरी उन्माद को समर्पित रहेंगे। आपके हृदय की पवित्रता के प्रतिफल के रूप में ईश्वरीय अनुकम्पा का लाभ आपको मिलेगा। आप स्वयं को सुखानुभूति और प्रसन्नता में आकंठ डूबा हुआ महसूस करेंगे। प्रसन्नता का भाव बना रहेगा। ये सब आपकी निजी कामयाबी का हिस्सा है, जो वास्तव में महान है। व्यवसाय, कैरियर, कार्य में ठोस सफलता मिल सकती है, आर्थिक स्थिति भी सहज रहेगी।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आप सिर्फ काम में व्यस्त रहें, मौज मस्ती न करें, ऐसा ठीक नहीं है। मनोरंजन सामाजिक स्तर पर मिलना जुलना, पार्टी, खाना-पीना आपको व्यस्त रखेगा। सम्पर्क संचार और कम्प्यूटर महत्वपूर्ण रहेंगे। मन करेगा खूब अधिक कार्य करें, परन्तु किन्हीं कारणों से आलस्य आगे हो जायेगा। साथ ही दौरे, यात्राएं, सम्बन्ध, प्रौद्योगिकी, खोज यात्राओं का भी योग है। आप मजे या मनोरंजन के लिए यात्रा पर जा सकते हैं, लेकिन इन सबका जबर्दस्त लाभ आपको मिलेगा। रुपये-पैसे के मामले में ही नहीं, बल्कि बौद्धिकता के स्तर पर भी।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका मौजूदा नजरिया फिलहाल कायम रहेगा। छोटे-मोटे विवाद, काम का दबाव, समस्याएं सिर उठाएंगी, लेकिन आप इन्हें पीछे छोड़ देंगे। एक अच्छे इंसान के रूप में आपका विकास और प्रगति जबर्दस्त रही है और ऐसी परिस्थितियां बनेंगी, जो इसे और प्रभावशाली बनाएंगी। व्यक्तिगत स्तर पर सन्तुष्टि का अनुभव होगा, सराहना और मान्यता प्राप्त होगी। वेतन-वृद्धि, प्रोन्नति, सुविधाएं, लाभ, सार्वजनिक स्तर पर प्रशंसा और पुरस्कारों के ठोस रूप में नतीजे सामने आएंगे। सौभाग्यवश इस समय वित्त सम्बन्धी कोई परेशानी नहीं होगी।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज व्यापार नौकरी के क्षेत्र में चल रहे प्रयास तो सफल होंगे ही, वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग से कार्य क्षेत्र का विस्तार भी होगा। आप अपना काम निकलवाने के लिए जोर लगाएंगे, दूसरों की मदद चाहेंगे, मोल-तोल करेंगे, ताकि सन्तोषजनक तरीके से हर काम पूरा हो सके। चुनौतियां जारी रहेंगी, लेकिन ये ही लाभ और प्रगति के अवसर जुटाएंगी। आप किसी अज्ञात, अलौकिक, रहस्य के पीछे भागेंगे और उसके बारे में जानना चाहेंगे। आप रचनात्मकता और नए विचारों से लबालब भरे होंगे। आपका प्रदर्शन अच्छा रहेगा और आप अपनी पहचान के लिहाज से खुद को साबित भी करेंगे।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज व्यक्तिगत तौर से आप राह की अड़चनों को दूर करने की जरूरत समझेंगे। घरेलू एवं पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने सम्बन्धी सरोकार महत्वपूर्ण होंगे, पूर्व निर्धारित कार्यों में परिश्रम से सफलता मिलेगी। किसी नए कार्य में उतावलापन ठीक नहीं है। कारोबारी क्षेत्र में चल रहे प्रयास सफल होंगे। कोई नया अनुबंध लाभप्रद साबित होगा। दाम्पत्य जीवन में हल्का तनाव रहेगा। किसी नये कार्य को करने का अवसर प्राप्त होगा। परीक्षा में आंशिक सफलता मिलेगी। गर्म वस्तुओं का सेवन त्याग दें, तो अच्छा है।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आविष्कारी तकनीकों, नई और साहसपूर्ण विधियों का लाभ मिलेगा। आप एक साथ कई गतिविधियों पर ध्यान देंगे। लापरवाही के कारण निराशा और दूसरी परेशानियां उठ सकती हैं। आप अपने कार्य में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे, कुछ और सोचने का मौका नहीं मिलेगा। परिवार में सामान्य स्थितियाँ रहेंगी। सहकर्मियों से सहयोग की प्राप्ति होगी। किसी भी नई योजना की शुरूआत करने की तो सोचेंगे, पर किसी कारणवश टल जायेगी।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज किसी मित्र के सहयोग से व्यापार में लाभ की संभावना है। नौकरी -पेशा लोग उच्चाधिकारियों की उपेक्षा का शिकार हो सकते हैं। शक्ति, नैतिक समर्थन, मांगें, निर्देशन तथा प्रेरणा के लिए वापस परिवार, प्रियजन तथा जीवन साथी की ओर मुड़ेंगे। किसी मार्गदर्शक से बात होंगी। किसी नए काम के आरम्भ में कुछ आकस्मिक अड़चनों का सामना करना पड़ेगा। शेयर-बाजार एवं सट्टे से जुड़े व्यक्तियों की स्थिति सामान्य गुजरेगी। सामाजिक, राजनीतिक क्षेत्र में स्थिति सामान्य रहेगी। किसी बड़े महत्वपूर्ण कार्य की शुरूआत न करें। सहयोगी गण आपके ऊपर विशेष मेहरबान रहेंगे, पर दूरदर्शिता से काम लें, तो बेहतर होगा।

**********************************

 

भाजपा सरकार तानाशाही को दे रही है बढ़ावा – अखिलेश यादव

लखनऊ 07 जुलाई ,(एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार लोकतंत्र पर प्रहार कर रही है और तानाशाही को बढ़ावा दे रही है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर लगातार हमले हो रहे हैं। पत्रकारों और समाजसेवियों के साथ मारपीट और हत्या तक होने की घटनाएं हो रही हैं। विपक्षी पार्टी के नेताओं पर फर्जी मुकदमें दर्ज किए जा रहे हैं।

भाजपा की झूठी बयानबाजी की पोल खुलती जा रही है। उनके राज में अंधेरगर्दी मची है। जनहित में जनता को सच्चाई से अवगत कराना भाजपा सरकार को बर्दाश्त नहीं। जिला सुल्तानपुर के बदहाल एएनएम सेंटर की सच्चाई दिखाने पर यूट्यूबर पत्रकार ललित यादव की गिरफ्तारी इस बात का प्रमाण है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात बेमानी है। भाजपा सरकार का रवैया कुछ वर्गों के प्रति आक्रामक रहता है। उनके समाज से लगातार ये शिकायतें आ रही है कि सरकार उन्हें डरा धमका रही है।

भय और आतंक का माहौल बनाकर लोगों को डराना भाजपा और आरएसएस का एजेण्डा है। भाजपा और आरएसएस समाज में बंटवारे का खेल करने में माहिर है। भाजपा और आरएसएस की नफरती राजनीति से सामाजिक तानाबाना बिगड़ रहा है जबकि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार की कहानियां अब सार्वजनिक रूप से कही सुनी जाने लगी है। भाजपाराज में सवा छह साल में भ्रष्टाचार को भयंकर संरक्षण मिला है। जनता महंगाई, बेकारी और बढ़ती असहिष्णुता की शिकार है। 2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए ही अब भाजपा की एनडीए सरकार को सत्ताच्युत करने को संकल्पित है।

********************************

 

फलकनुमा एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, 3 डिब्बे जलकर खाक, यात्रियों में हड़कंप

हैदराबाद 07 Jully (एजेंसी): तेलंगाना के यदाद्री भोंगिर जिले में शुक्रवार को हावड़ा-सिकंदराबाद फलकनुमा एक्सप्रेस में आग लग गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के दौरान यात्रियों में हड़कंप मच गया। लोको पायलट के अलर्ट करने के बाद ट्रेन को पगिडीपल्ली और बोम्मयापल्ली के बीच रोक दिया गया।

सभी यात्री ट्रेन से नीते उतर गए। एक डिब्बे से शुरू हुई आग तीन अन्य डिब्बों तक फैल गई। रेलवे स्टाफ ने प्रभावित कोचों को हटा दिया है। तीनों डिब्बे जलकर खाक होते नजर आ रहे हैं। हालांकि ये आग कैसे लगी, इस बारे में अभी कोई जानकारी नही है। ट्रेन में सवार यात्रियों को फिलहाल दूसरी ट्रेन से भेजने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं आग लगने के कारणों के बारे में पता करने के लिए रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक यात्री ने बताया कि आग एस 4 कोच से शुरू हुई। एस 5 में यात्रा कर रहे एक यात्री ने कहा, वहां अफरा-तफरी मच गई और हम सभी जान बचाने के लिए बाहर भागे। दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं। फंसे हुए यात्रियों को लाने के लिए सिकंदराबाद से एक विशेष ट्रेन रवाना हुई। एससीआर के महाप्रबंधक अरुण कुमार जैन भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

************************

 

हर पीडि़त के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाय : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

कुशीनगर 7 जुलाई (एजेंसी) । उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर तैयारी व पर्यवेक्षण से जुड़ी व्यस्तता के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जनता दर्शन में आए लोगों से मुलाकात की। इत्मीनान से उनकी समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर पीडि़त के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और उसकी समस्या का समाधान कर उसे संतुष्ट किया जाए। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए।

गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री एक.एक करके सबके पास खुद गए और उनकी बात सुनी।

सभी लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को भी चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने प्रार्थना पत्रों को विषयानुसार प्रशासन व पुलिस के अफसरों को हस्तगत करते हुए जरूरी निर्देश दिए।
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए थे। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज संबंधी इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए जल्द शासन को उपलब्ध कराया जाए। हर जरूरतमंद को इलाज के लिए भरपूर सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

**************************