सब्जियों की बढ़ती कीमतों से खुदरा महंगाई तीन महीने के उच्चतम स्तर पर, 4.31प्रतिशत से 4.81प्रतिशत हुई

नई दिल्ली 13 जुलाई (एजेंसी)। भारत की खुदरा मुद्रास्फीति, जिसे उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) द्वारा मापा जाता है, खाद्य कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद जून में बढ़कर 4.81 प्रतिशत हो गई।

आज जारी आंकड़ों के मुताबिक, जून में खाद्य मुद्रास्फीति 4.49 फीसदी रही। अनाज, मांस और मछली, अंडे, दूध, सब्जियां, दालें, मसाले, कपड़े और ईंधन की कीमतें मई की तुलना में जून में तेजी से बढ़ीं। मई में खुदरा महंगाई दर 4.31 फीसदी थी जबकि खाद्य महंगाई दर 2.96 फीसदी थी।

सांख्यिकी मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार सीपीआई महंगाई मई महीने के 4.31त्न के मुकाबले जून में खुदरा महंगाई 4.81 प्रतिशत पर पहुंच गई।

पिछले साल जून 2022 में खुदरा महंगाई दर 7.01 फीसदी और खाद्य महंगाई दर 7.75 फीसदी थी। हालांकि, जून में खुदरा मुद्रास्फीति में वृद्धि के बावजूद, यह लगातार चौथा महीना था जब सीपीआई-आधारित मुद्रास्फीति आरबीआई के टारगेट से नीचे रही, जो 2 से 6 प्रतिशत के बीच है।

***************************

 

किंग खान की फिल्म ‘जवान’ 7 सितंबर को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी ….!

13.07.2023  –   रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट की नवीनतम प्रस्तुति ‘जवान’ 7 सितंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।अभिनेता शाहरुख खान की अपकमिंग ‘जवान’ को लेकर सिनेदर्शकों का जोश लगातार बढ़ रहा है।

हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के प्रिव्यू पर लोगों ने जमकर अपना प्यार लुटाया और जिसे स्वीकार करते हुए एसआरके ने फैन्स के साथ जुड़ने के लिए एक बार फिर अपना पॉपुलर #AskSrk सेशन होस्ट किया। इतना ही नहीं इस सेशन के आखिर में शाहरुख खान ने फैन्स को एक जबरदस्त सरप्राइज देते हुए ‘जवान’ का नया पोस्टर जारी किया जिसने उनके सभी फैन्स की खुशी दोगुनी कर दी, अब क्योंकि एसआरके ने अपने किसी भी #AskSrk सेशन में पहले कभी ऐसा नहीं किया था, इसलिए यह सभी प्रशंसकों के लिए बेहद यादगार और खास बन गया है।

‘जवान’ के इस नए और शानदार पोस्टर में शाहरुख खान का इंटेंस बोल्ड लुक दिखाया गया है, जो ‘जवान’ के प्रीव्यू के बाद सुपर पॉपुलर हो गया है। एटली द्वारा निर्देशित और गौरी खान द्वारा निर्मित फिल्म ‘जवान’ के प्रीव्यू वीडियो ने 24 घंटे में सभी प्लेटफार्मों पर 112 मिलियन व्यूज हासिल किए, जो भारतीय सिनेमा में किसी भी फिल्म के लिए सबसे ज्यादा है। बॉलीवुड में उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म रिकॉर्डतोड़ बिजनेस करेगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

बिहार में बीजेपी के मार्च पर बर्बर लाठीचार्ज, जिला महासचिव की मौत

पटना 13 जुलाई ,(एजेंसी)।  बिहार विधानसभा में हंगामे के बाद प्रोटेस्ट निकाल रहे बीजेपी नेताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया है। पटना में बीजेपी के विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस लाठीचार्ज में कथित तौर पर बीजेपी के जहानाबाद जिला महासचिव विजय कुमार सिंह की मौत हो गई है।

बीजेपी सांसद सुशील मोदी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय समेत कई नेताओं ने विजय सिंह की मौत लाठीचार्ज से होने का दावा किया है। पटना पुलिस ने दावा किया है कि विजय सिंह बेहोश हालत में मिले थे और उनके शरीर पर बाहरी चोट का कोई निशान नहीं था। प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने विजय सिंह के परिवार को पार्टी की तरफ से दस लाख रुपए की तत्काल सहायता की घोषणा की है। लाठीचार्ज में एमपी जनार्दन सिग्रीवाल, विपक्ष के नेता विजय सिन्हा, विधायक नितिन नवीन समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की पिटाई हुई है।

डाक बंगला चौराहे पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस की झड़प में वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठी का इस्तेमाल हुआ। पुलिस पर भी ईंट-पत्थर बरसाए गए। शिक्षक भर्ती की नई नियमावली के विरोध, 10 लाख रोजगार और चार्जशीट के बाद तेजस्वी यादव के इस्तीफे की मांग को लेकर बीजेपी ने विधानसभा मार्च निकाला था।

******************************

 

धीरेंद्र शास्त्री की कथा में महिला से अभद्रता, उठाकर बैरिकेडिंग के पार फेंका

नई दिल्ली 13 जुलाई ,(एजेंसी)। मशहूर कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों ग्रेटर नोएडा में हैं। बाबा बागेश्वर जैतपुर में श्रीमद् भागवत कथा सुना रहे हैं। बाबा बागेश्वर की कथा सुनने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। आलम यह है कि कथा में कल भगदड़ भी मच गई। अब कथा सुनने गई एक महिला के साथ अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला श्रद्धालु को एक शख्स उठाकर बैरिकेडिंग के दूसरी तरफ फेंक देता है। इस दौरान वहां एक दारोगा भी मौजूद थे। महिला को जब एक तरफ से दूसरी तरफ फेंका जा रहा था तब दारोगा चुपचाप खड़े थे। दारोगा पर अब गाज गिरी है। कमिश्नर के आदेश पर उक्त दारोगा की लापरवाही मानते हुए निलंबित कर दिया गया है।

कथा में हुई अभद्रता का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त रूप से वायरल है। इसके अलावा कथा में हो रही अव्यवस्थाओं के अन्य वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। जिसमें अनेक महिलाओं के बेहोश होने तथा कथा में आए श्रद्धालुओं के साथ मारपीट के भी वीडियो हैं। महिला से अभद्रता के वायरल वीडियो पर पुलिस ने संज्ञान लिया। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मामले में बागेश्वर धाम के कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

मौके पर मौजूद दारोगा के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीसीपी की ओर से कमिश्नर को अपनी रिपोर्ट दी थी। इस रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए गुरुवार को दारोगा रमाशंकर उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया। वह घटना के दौरान मौके पर मौजूद थे। जिनकी नियुक्ति आईजीआरएस सेल में थी। अन्य पुलिसकर्मियों को लेकर भी विभागीय जांच चल रही है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा अनिल यादव ने कहा कि महिला सुरक्षाकर्मियों के होने के बावजूद भी कथा स्थल पर मौजूद एक पुरुष ने महिला श्रद्धालु को उठाकर बेरिकेडिंग से बाहर फेंका था, जो अभद्रता है। जिसको लेकर पुलिस द्वारा जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

****************************

 

मैडीकल बिलों की सिविल सर्जनों की ओर से दी जाती मंजूरी और तस्दीक की हद की दोगुनी- हरपाल सिंह चीमा

चंडीगढ़ 13 जुलाई ,(एजेंसी)।  पंजाब के वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज यहाँ कहा कि वित्त विभाग ने पंजाब सरकार के कर्मचारियों के मैडीकल बिलों के जल्दी निपटारे को यकीनी बनाने के लिए सिविल सर्जन के द्वारा मैडीकल बिलों की कार्यबाद मंजूरी और तस्दीक हद को दोगुना करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने कहा कि इस फ़ैसले से राज्य के सभी सिविल सर्जनों को पंजाब और चंडीगढ़ के निजी अस्पतालों में इलाज करवाने के लिए पंजाब सरकार के मुलाजिमों की तरफ से उठाए गए 1 लाख रुपए तक के मैडीकल बिलों की तस्दीक करने और कार्यबाद स्वीकृति देने का अधिकार होगा।

यहाँ जारी एक प्रैस बयान के द्वारा यह जानकारी देते हुए वित्त मंत्री स. हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पंजाब सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मैडीकल बिलों के निपटारे में आ रही दिक्कतों को मुख्य रखते हुए वित्त विभाग ने राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार भलाई विभाग की तरफ से भेजे गये प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि मैडीकल बिलों के निपटारे सम्बन्धित प्रक्रिया के विकेंद्रीकरण को और मज़बूत करने के लिए लए गए इस फ़ैसले से मैडीकल दावों, बिलों की प्रति-पूर्ति और निपटारे में तेज़ी आएगी।

स. हरपाल सिंह चीमा ने आगे बताया कि साल 2010 में वित्त विभाग की तरफ से निजी अस्पतालों के 25000 हज़ार रुपए तक के मैडीकल बिलों के अधिकार सिविल सर्जन को दिए जाने को मंजूरी दी गई थी परन्तु इसके बाद इलाज की कीमतों में हुए वृद्धि को देखते किसी ने भी मुलाजिमों के हित में इस हद को बढ़ाने सम्बन्धी कोई फ़ैसला नहीं लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार के गठन के उपरांत 12 साल बाद मई 2022 में ही इस सीमा को दोगुना करते हुए निजी अस्पतालों के इलाज के 50,000 रुपए तक के मैडीकल बिलों के अधिकार सिविल सर्जनों को दिए गए और इससे अधिक के मैडीकल बिलों की कार्यबाद मंजूरी डायरैक्टर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की तरफ से करने की व्यवस्था की गई है।

वित्त मंत्री ने कहा कि बीते वर्ष मैडीकल बिलों की सिविल सर्जन के द्वारा कार्यबाद मंजूरी और वैरीफिकेशन की सीमा को दोगुना करने के बावजूद डायरैक्टर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के दफ़्तर में मैडीकल बिलों की पैडैंसी बढ़ती जा रही थी, जिस कारण पंजाब सरकार के मुलाजिमों को अभी भी अपने बिल समय पर कलियर न होने के कारण मुश्किल का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि अब यह हद 50000 रुपए से दोगुनी करके 1 लाख रुपए करने से पूरी प्रक्रिया में तेज़ी आएगी।

मुख्यमंत्री स. भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की अपने कर्मचारियों की भलाई प्रति वचनबद्धता को दोहराते हुए वित्त मंत्री स. हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सरकार की तरफ से मुलाजिमों को कामकाज के दौरान ज़रूरी सुविधाएं मुहैया करवाने के साथ-साथ उनके जीवन स्तर को ऊँचा उठाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। उन्होंने राज्य के कर्मचारियों से अपील की कि वे अपनी सेवाएं ईमानदारी, तनदेही के साथ निभाते हुए राज्य को फिर रंगला पंजाब बनाने में अपना योगदान दें।

******************************

 

सांसद विक्रमजीत साहनी ने राहत सामग्री वितरित करने हेतु, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

चंडीगढ़ 13 जुलाई ,(एजेंसी)।  राज्यसभा सांसद और सन फाउंडेशन के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह साहनी ने रोपड़ और उसके आसपास बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते हुए सबसे अधिक प्रभावित गांव अवानकोट, कीरतपुर साहिब दाना मंडी और आनंदपुर साहिब में राहत सामग्री वितरित की।

उन्होंने गंभीर रूप से प्रभावित गांव बुर्ज का दौरा किया और स्थानीय लोगों की मांग के अनुसार भविष्य की सुरक्षा के लिए बांध बनाने के लिए 50 लाख रुपये का अनुदान दिया। राहत सामग्री को यहां सेक्टर 35 स्थित किसान भवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान विक्रमजीत सिंह साहनी के साथ थे।

साहनी ने अस्थायी आश्रयों के रूप में काम में आने वाले 50 विशाल वॉटर प्रूफ टेंट दान किए, जिनमें किसी भी समय 1000 से अधिक लोग रह सकते हैं। इन खाद्य पैकेटों के साथ-साथ तत्काल राहत के लिए स्वच्छ पेयजल, बुनियादी दवाएं, मच्छर भगाने वाली दवाएं आदि सन फाउंडेशन के 100 से अधिक स्वयंसेवकों के माध्यम से वितरित की गईं। प्रभावी राहत कार्य के लिए राहत कर्मियों और स्वयंसेवकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने हेतु श्री. साहनी ने 1000 रेनकोट, 1000 गम बूट, 1000 दस्ताने, 100 लाइफ जैकेट और 500 सुरक्षा गियर और विभिन्न अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की।

लगातार हो रही बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले पशुओं के लिए 600 क्विंटल चारे की भी व्यवस्था श्री साहनी द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ज्यादातर सीमांत किसान हैं, जिनकी आजीविका इन पशुओं पर निर्भर करती है और बाढ़ का पानी कम होने के बाद पीडि़तों के जीवन को सामान्य स्थिति में वापस लाने में मदद करने के लिए मवेशियों का स्वास्थ्य महत्वपूर्ण है। मौके पर कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए श्री साहनी ने वर्तमान परिस्थितियों में उनके निरंतर प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और राहत कार्य की दिशा में उनके प्रयासों की सराहना की।

साहनी ने यह भी कहा कि पंजाब कठिन दौर से गुजर रहा है, लेकिन जैसा कि इतिहास गवाह है, पंजाब में विपरीत परिस्थितियों से लडऩे की और जीतने की क्षमता है । एक बार फिर यह दोहराया जाएगा और हम सभी सामूहिक रूप से इस प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न प्रतिकूल परिस्थितियों पर विजय प्राप्त करेंगे और अंतिम प्रभावित व्यक्ति तक राहत पहुंचाएंगे। साहनी ने कहा कि ‘सन फाउंडेशन सभी बाढ़ प्रभावितों को हर संभव राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और हमारे सभी कार्यकर्ता इस मुश्किल की घड़ी में समर्पित रूप से सामूहिक प्रयास करते हुए राहत कार्य करते रहेंगे ।

****************************

 

हिमाचल में बारिश ने मचाई तबाही, बिना गाड़ी के वापिस जाने को तैयार नहीं 10,000 पर्यटक

शिमला 13 जुलाई ,(एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश में बारिश से प्रभावित सड़कों और राजमार्गों पर पांच दिनों तक फंसे रहने के बाद कुल्लू के कसोल और खीरगंगा इलाकों में फंसे लगभग 10,000 पर्यटक अपने वाहनों के बिना बाहर जाने में अनिच्छुक हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरकार ने उनसे वाहनों की सुरक्षित पार्किंग के बारे में पुलिस पर्ची प्रदान करने का आग्रह किया था और बाद में सड़कें साफ होने पर वे अपने वाहन ले जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आश्वासन के बावजूद करीब 10 हजार पर्यटकों ने सड़क की बहाली तक बारिश प्रभावित क्षेत्र में रुकने का फैसला किया, जिसमें एक पखवाड़े से लेकर महीनों तक का समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को बादल फटने के बाद रिकांग-पियो में 150 पर्यटक मारे गए। चंद्रताल में बचाव अभियान चल रहा है और फंसे हुए लोगों का पहला काफिला लोसर की ओर आ रहा है। महाराष्ट्र, कर्नाटक और पुणे के 250 लोग पिछले पांच दिनों से चंद्रताल झील में फंसे हुए हैं। हेलीकॉप्टरों से पर्यटकों को बचाने की कोशिश की गई है, लेकिन भारतीय वायुसेना ने पायलट को चंद्रताल पर असुरक्षित जगह पर हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं दी और अब दो मंत्री फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान की देखरेख कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चंद्रताल पर माइनस चार डिग्री सेल्सियस पर फिसलन भरी सड़क पर गाड़ी चलाना जोखिम भरा है, इसलिए निकासी अभियान में समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि चार किलोमीटर सड़क पर गाड़ी चलाने में एक घंटा लगता है। कसोल में फंसे सभी विदेशियों को संबंधित दूतावास की मदद से कुल्लू से निकाला जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इजराइल के दूतावास ने निकासी की अनुमति मांगी है। मुख्यमंत्री ने कहा,दूतावास का हेलिकॉप्टर कुल्लू के कई इलाकों में फंसे विदेशी पर्यटकों को निकालने में सक्षम होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग वाहनों सहित फंसे हुए हैं, उन्हें अपने वाहन ले जाने का आश्वासन दिया जा रहा है, जिन्हें पुलिस हिरासत में रखा जाएगा और यदि वे तुरंत घर जाना चाहते हैं तो वाहन के मालिक को एक रसीद सौंपी जाएगी।

सरकार को बारिश से प्रभावित सड़कों को बहाल करना है, लेकिन इसमें समय लगेगा और बेहतर होगा कि पर्यटक अपने घरों को लौट जाएं. सरकार किसी पर घर जाने के लिए दबाव नहीं बनाएगी, बल्कि बचाव अभियान पूरा होने तक उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि भारी बारिश से प्रभावित बिजली, पानी, इंटरनेट और फोन सेवाएं बहाल कर दी गई हैं और अवरुद्ध सड़कों को साफ करने के लिए जेसीबी और भारी मशीनें तैनात की गई हैं।

****************************

 

जम्मू-कश्मीर में आतंक पर कड़ा प्रहार : NIA ने आतंकवादियों के कई ठिकानों पर की छापेमारी

पुलवामा 13 Jully (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की छापेमारी चल रही है। आतंकी संगठनों का भंडाफोड़ करने के लिए छापेमारी की जा रही है। इससे दो दिन पहले भी एनआईए ने दक्षिण कश्मीर के पांच स्थानों पर तलाशी ली थी। एनआईए की छापेमारी विभिन्न आतंकी संगठनों के लिए बतौर ओवरग्राउंड वर्कर काम कर रहे और इंटरनेट मीडिया व अन्य तरीकों से आतंकी एजेंडे को हवा दे रहे तत्वों के ठिकानों पर हुई थी।

इससे पहले मंगलवार को भी एनआईए ने अनंतनाग, शोपियां और पुलवामा में पांच जगहों पर छापेमारी की और बड़े पैमाने पर आपत्तिजनक डेटा वाले कई डिजिटल उपकरण जब्त किए। एनआईए ने जिन नए आतंकी संगठनों पर छापेमारी की है, उनमें द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ), यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट जम्मू एंड कश्मीर (यूएलएफजेएंडके), मुजाहिदीन गजवत-उल-हिंद (एमजीएच), जम्मू एंड कश्मीर फ्रीडम फाइटर्स ( जेकेएफएफ), कश्मीर टाइगर्स, पीएएएफ और अन्य संगठन शामिल हैं।

******************************

 

लोकल ट्रेन में दिखा WWE जैसा नजारा, महिलाओं ने एक-दूसरे पर की चप्पलों की बारिश; दनादन मारे चांटे

कोलकाता 13 Jully (एजेंसी): यात्रा के दौरान, आपने बस और ट्रेन में कई बार युवाओं के बीच झगड़ों और लड़ाईयों को देखा होगा, लेकिन पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के लोकल ट्रेन में कुछ महिलाएं आपस में जमकर लड़ाई करती हुई नजर आईं जिसे उसे देखकर लोगों को डब्ल्यूडब्ल्यूई की फाइट याद आ गई। सोशल मीडिया पर महिलाओं के लड़ने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। ये वीडियो कोलकाता लोकल ट्रेन के अंदर का बताया जा रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि महिलाओं की लड़ाई के दौरान ट्रेन अपनी रफ्तार में दौड़ रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके इस वीडियो में ट्रेन के अंदर महिलाओं द्वारा एक दूसरे पर चप्पलों की बारिश करते देखा जा सकता है।

झगड़ा किस बात पर हुआ इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है और न ही वीडियो शेयर करने वाले ने इसके बारे में कुछ बताया है। बहस से शुरू हुई बात कब भयानक लड़ाई में बदल गई पता ही नहीं चला। इस वीडियो में महिलाएं एक दूसरे को जमकर पीटती नजर आ रही हैं। चीखती-चिल्लाती नजर आ रही हैं। एक दूसरे पर मुक्का बरसा रही हैं।

मौके पर मौजूद किसी शख्स ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद ये वीडियो वायरल हो गया।

ट्रेन के अंदर झगड़े के दौरान मौजूद लोगों ने रोकने की भी कोशिश की लेकिन उनकी सारी कोशिशें नाकाम साबित हुई। महिलाएं एक दूसरे का बाल पकड़कर जमकर पीटाई कर रही हैं। वीडियो के आखिर में एक महिला कोई सामान बगल में खड़े लड़के पर फेंकती नजर आती है। वायरल हो रहे इस वीडियो पर लोग जमकर कमेंट कर रहे हैं। कोई इसे डब्ल्यूडब्ल्यूई की फाइट बता रहा है तो कोई इसे मुंबई लोकल का प्रो वर्जन कह रहा है।

********************************

 

दिल्ली में बाढ़: अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़कर 208.46 मीटर के पार पहुंची यमुना, कई इलाके खाली करने की चेतावनी

नई दिल्ली 13 Jully (एजेंसी): दिल्ली में यमुना नदी के उफान की वजह से इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने से कई निचले इलाके डूब गए हैं और अब बाढ़ का पानी सड़कों तक आ गया है, जिसके चलते कुछ रास्तों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है। गुरुवार की सुबह छह बजे यमुना का जलस्तर 208.46 मीटर तक पहुंच गया। यमुना का यह जलस्तर अब तक का एक रिकॉर्ड है। इससे पहले बुधवार की रात 10 बजे यमुना का जलस्तर 208.05 मीटर तक पहुंच गया था। यमुना के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतीर का असर दिल्ली में यमुना नदी के पास बसे इलाकों में दिखने लगा है। हालात कुछ ऐसे हैं कि यमुना के पास बसी बस्तियों में कई फीट पानी भर चुका है। इतना ही नहीं यमुना बाजार की दीवार से पानी भी रिसने लगा है। दिल्ली में बाढ़ के खतरे के बीच प्रशासन भी सतर्क है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने यमुना के जलस्तर को देखते हुए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की आपात बैठक बुलाई है। यह मीटिंग दोपहर 12 बजे होगी।

बता दें कि यमुना में जलस्तर के लगातार बढ़ने की वजह बीते कुछ दिनों से उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में हो रही लगातार बारिश है। जिस वजह से दिल्ली के आसपास के तमाम बांधों में क्षमता से अधिक पानी है। लिहाजा इन बांधों के फाटक को खोल दिया गया है। जिस वजह से दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

वहीं दिल्ली में यमुना के जलस्तर में अगले कुछ दिनों में गिरावट की संभावनाएं कम ही है। इसकी वजह है मौसम विभाग की पहाड़ी राज्यों को लेकर जारी की गई चेतावनी। मौसम विभान ने कहा कि पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक रुक रुककर बारिश का दौर जारी रहेगा। अगर ऐसा होता है तो इससे पहाड़ी नदियों के साथ-साथ दिल्ली और आसपास के मैदानी इलाकों से होकर गुजरने वाली नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी का दौर जारी रह सकता है।

गौरतलब है कि दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बुधवार को बढ़कर 207.83 मीटर पर पहुंच गया था। यह 1978 के बाद यहां यमुना में पानी का सबसे ज्यादा स्तर है, जिसके कारण डूब क्षेत्र में आने वाले इलाकों में पानी बढ़ गया है। यमुना का पानी उत्तरी दिल्ली की एक प्रमुख सड़क तक आ गया है। कश्मीरी गेट, रिंग रोड, आईटीओ पर भी पानी भर गया। पूर्वी दिल्ली से मध्य दिल्ली और कनॉट प्लेस तक आने-जाने के कुछ रास्तों पर भी यमुना का पानी आने लगा ।

यमुना के बढ़ते जलस्तर से खराब होते हालात के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को अपनी सरकार के मंत्रियों के साथ आपात बैठक की। बैठक में बाढ़ के हालातों से निपटने की तैयारियों पर चर्चा हुई। केजरीवाल ने यमुना किनारे निचले इलाकों में रह रहे लोगों से अपील की कि वे इंतजार नहीं करें, फौरन इन इलाकों को खाली कर दें। हालांकि लोगों ने पहले ही इलाके खाली करना शुरू कर दिए हैं। यहां के लोग राहत कैंपों में शरण लिए हुए हैं। केजरीवाल ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर केंद्र से मदद मांगी। इसमें कहा है कि हरियाणा के हथनी कुंड बैराज से पानी नियंत्रित रूप से छोड़ा जाए।

****************************

 

यात्रियों की कमी के कारण पश्चिम रेलवे ने 20 ट्रेनें की रद्द

प्रयागराज 13 Jully (एजेंसी) । पश्चिम रेलवे ने कम यात्रियों के कारण 20 विशेष ट्रेनें रद्द कर दी हैं। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि जिन 20 विशेष ट्रेनों को विशेष अवधि के लिए रद्द किया गया है, उनमें 09183 मुंबई सेंट्रल-वाराणसी साप्ताहिक ट्रेन भी शामिल है, जिसे 19 जुलाई से 30 अगस्त के बीच रद्द कर दिया गया है।

अन्य ट्रेनों में 09184 बनारस-मुंबई साप्ताहिक, 21 जुलाई से 1 सितंबर के बीच रद्द कर दी गई है। इसी प्रकार 09417 अहमदाबाद-पटना साप्ताहिक (24 जुलाई और 28 अगस्त), 09418 पटना-अहमदाबाद साप्ताहिक (25 जुलाई-29 अगस्त), 09421 अहमदाबाद-दरभंगा साप्ताहिक (17 जुलाई-28 अगस्त), 09422 दरभंगा-अहमदाबाद साप्ताहिक (जुलाई 19-अगस्त 30) और 09413 अहमदाबाद-समस्तीपुर साप्ताहिक (18 जुलाई और 29 अगस्त) को भी रद कर दिया गया है।

इसी तरह 09414 समस्तीपुर-अहमदाबाद साप्ताहिक 20 जुलाई से 31 अगस्त), 09005 वापी-इज्जतनगर द्वि-साप्ताहिक (16 जुलाई-27 अगस्त) तक नहीं चलेगी।

इसके अलावा, 09006 इज्जतनगर-वापी द्वि-साप्ताहिक इज्जतनगर 17 जुलाई से 28 अगस्त के बीच, 09025 वलसाड-दानापुर साप्ताहिक (24 जुलाई – 28 अगस्त), 09026 दानापुर-वलसाड साप्ताहिक 25 जुलाई – 29 अगस्त के बीच, 09097 और दानापुर-जम्मू तवी साप्ताहिक 17 जुलाई से 28 अगस्त तक रद्द रहेगी।

इसके अलावा 09098 जम्मू तवी-दानापुर को 18 जुलाई से 29 अगस्त, 09343 डॉ. अंबेडकर नगर-पटना साप्ताहिक (21 जुलाई – 25 अगस्त), 09344 पटना-अंबेडकर नगर साप्ताहिक (22 जुलाई और 26 अगस्त), 09117 सूरत सूबेदारगंज साप्ताहिक (21 जुलाई और 25 अगस्त), 09118 सूबेदारगंज-सूरत साप्ताहिक (22 जुलाई-26 अगस्त) और 09321 इंदौर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा साप्ताहिक (26 जुलाई-30 अगस्त), जबकि 09322 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-इंदौर साप्ताहिक (जुलाई 28-सितंबर 1) को रद्द कर दिया गया है।

*********************************

 

12वें दिन 9 हजार से अधिक तीर्थयात्री अमरनाथ पहुंचे

श्रीनगर 13 Jully (एजेंसी) । अमरनाथ यात्रा के 12वें दिन 9,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर में पवित्र शिव लिंग के दर्शन किए, जबकि 9,241 भक्तों का एक और जत्था गुरुवार को जम्मू से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुआ।

तीर्थयात्रियों का नया जत्था 306 वाहनों के काफिले में गुरुवार सुबह भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुआ।

अधिकारियों ने कहा, “9,241 तीर्थयात्रियों में से 3,206 बालटाल आधार शिविर जा रहे हैं, जबकि 6,035 पहलगाम बेस कैंप की ओर जा रहे हैं।”

इस साल की अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई को शुरू होने के बाद से अब तक 19 तीर्थयात्रियों की प्राकृतिक कारणों से मौत हो चुकी है।

यात्री हिमालय गुफा मंदिर तक या तो पारंपरिक पहलगाम मार्ग से पहुंचते हैं, जिसमें 43 किमी की चढ़ाई शामिल होती है या उत्तरी कश्मीर बालटाल बेस कैंप से, जिसमें 13 किमी की चढ़ाई शामिल होती है।

पहलगाम मार्ग का उपयोग करने वालों को गुफा मंदिर तक पहुंचने में तीन से चार दिन लगते हैं, जबकि बालटाल मार्ग लेने वाले लोग गुफा मंदिर के अंदर ‘दर्शन’ करने के बाद उसी दिन आधार शिविर में लौट आते हैं।

दोनों मार्गों पर यात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं भी उपलब्ध हैं।

62 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा 31 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा उत्सव के साथ समाप्त होगी।

**************************

 

इटावा लायन सफारी में 5 में से 3 शेर शावकों की मौत

इटावा 13 Jully (एजेंसी) । उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में स्थित इटावा लायन सफारी में पांच दिनों के भीतर शेरनी सोना के पैदा हुए पांच शावकों में से तीन की मौत हो गई है। एक वन अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सफारी के अधिकारियों ने बुधवार तक इस खबर को गुप्त रखा, जब प्रधान मुख्य वन संरक्षक ममता एस. दुबे ने मौतों की पुष्टि की।

6 जुलाई को पहले शावक के जन्म के बाद, सोना ने चार और बच्चों को जन्म दिया – 9 जुलाई को तीन और 10 जुलाई को एक। अब 6 जुलाई को पैदा हुआ शावक और 9 जुलाई को पैदा हुए तीन में से एक जीवित है।

दुबे ने कहा, “दो शावक मृत पैदा हुए थे और एक बहुत कमजोर था और जीवित नहीं रह सका। पशुचिकित्सक दो जीवित शावकों की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। ”

अधिकारियों ने कहा कि शेरनी के लिए चार से पांच दिनों में शावकों को जन्म देना दुर्लभ है।

अधिकारी ने कहा, “शेरनी को शावकों को जन्म देने में अधिकतम 24 से 30 घंटे लगते हैं। इस बारे में कोई शोध भी उपलब्ध नहीं है। जांच के लिए गुजरात से विशेषज्ञों को बुलाया गया है और हमने देहरादून वन्यजीव संस्थान के अधिकारियों को यह अध्ययन करने के लिए विशेषज्ञों को नियुक्त करने के लिए भी लिखा है कि ऐसा क्यों हुआ।”

***************************

 

छात्र की मौत के बाद इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में तनाव

प्रयागराज 13 Jully (एजेंसी) । दो दिन पहले इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र संघ भवन के पास वाटर कूलर से पानी पीने के बाद एक छात्र की मौत विश्वविद्यालय में तनाव व्याप्त है। विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सैकड़ों छात्रों द्वारा उत्पात मचाने, हिंसक विरोध प्रदर्शन करने, संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने और कुछ महिला शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार करने के बाद यहां अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।

छात्रों ने कुलपति, रजिस्ट्रार, डीएसडब्ल्यू और प्रॉक्टर के खिलाफ एफआईआर की मांग की और उनका इस्तीफा मांगा।

उन्होंने मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की भी मांग की।

छात्रों के अनुसार, कक्षा में भाग लेने के बाद, बी.ए. अंतिम वर्ष का छात्र 22 वर्षीय आशुतोष दुबे कला संकाय में छात्रसंघ भवन के पास लगे वाटर कूलर पर पानी पीने गया।

पानी पीने के दौरान दुबे गिर पड़े, इसके बाद उन्हें एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें ‘मृत’ घोषित कर दिया गया।

छात्रों ने आरोप लगाया कि एयू अधिकारी समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने में विफल रहे और उन्हें दुबे को ई-रिक्शा पर ले जाना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मियों ने ई-रिक्शा को परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया।

दुबे के पिता ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ कर्नलगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

गुस्साए छात्रों ने पहले व्यस्त मोतीलाल नेहरू रोड को अवरुद्ध कर दिया और बाद में कला परिसर के पुस्तकालय द्वार को अवरुद्ध करके एयू से प्रवेश और निकास को अवरुद्ध कर दिया। छात्र नेताओं का एक दल विभिन्न विभागों में गया और उन्हें जबरन बंद करा दिया।

वे प्रॉक्टर के कार्यालय भी गए और प्रॉक्टर और उनकी टीम के साथ तीखी बहस की।

संस्कृत विभाग में छात्रों ने मिट्टी के बर्तन, फर्नीचर आदि तोड़ दिए। उन्होंने कथित तौर पर विभाग की महिला शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार किया और उनके साथ मारपीट की।

उनके हिंसक व्यवहार के वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए। उन्होंने केंद्रीय पुस्तकालय की अलमारी और दरवाजों के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिये।

लाइब्रेरी गेट को जाम करने वाले प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ मृतक के पिता भी थे।

पुलिस द्वारा दुबे के पिता के आवेदन को स्वीकार करने के बाद आंदोलन समाप्त हो गया। इसमें उन्होंने अपने बेटे की मौत के लिए डीन स्टूडेंट वेलफेयर शांति सुंदरम और प्रॉक्टर राकेश सिंह को जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस ने शिकायत दर्ज करने का आश्वासन दिया है।

हालांकि, एयू जनसंपर्क अधिकारी जया कपूर ने आरोपों का खंडन किया और कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से कोई लापरवाही नहीं हुई क्योंकि सूचना मिलने के तुरंत बाद एक एम्बुलेंस भेज दी गई थी।

********************************

 

पीएम मोदी फ्रांस व यूएई के लिए रवाना, संबंधों में और प्रगाढ़ता की जताई उम्मीद

नई दिल्ली 13 Jully (एजेंसी) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को फ्रांस और संयुक्त अरब अमीरात के दौरे पर रवाना हुए।
इस दौरान मोदी ने कहा, “मैं अपने मित्र और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के निमंत्रण पर 13-14 जुलाई तक फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर हूं।”

“यह यात्रा विशेष रूप से विशेष है, क्योंकि मैं फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस या पेरिस में बैस्टिल दिवस समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में राष्ट्रपति मैक्रॉन के साथ शामिल होऊंगा। एक भारतीय त्रि-सेवा दल बैस्टिल दिवस परेड का हिस्सा होगा, जबकि भारतीय वायु सेना के विमान इस अवसर पर फ्लाई-पास्ट का प्रदर्शन करेंगे।”

इस वर्ष हमारी रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “गहरे विश्वास और प्रतिबद्धता में निहित, दोनों देश रक्षा, अंतरिक्ष, नागरिक परमाणु, नीली अर्थव्यवस्था, व्यापार, निवेश, शिक्षा, संस्कृति और लोगों से लोगों के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में निकटता से सहयोग करते हैं। हम क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी मिलकर काम करते हैं।”

मोदी ने कहा कि वह राष्ट्रपति मैक्रॉन से मिलने और अगले 25 वर्षों में इस दीर्घकालिक और समय-परीक्षणित साझेदारी को आगे बढ़ाने पर व्यापक चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं।

मोदी ने कहा, “मुझे 2022 में फ्रांस की अपनी आखिरी आधिकारिक यात्रा के बाद से कई बार राष्ट्रपति मैक्रॉन से मिलने का अवसर मिला है। मैं फ्रांसीसी नेतृत्व के साथ बातचीत के लिए भी उत्सुक हूं।“

वह दोनों देशों के प्रवासी भारतीयों और सीईओ के साथ-साथ प्रमुख फ्रांसीसी हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे।

“पेरिस के बाद मैं 15 जुलाई को अबू धाबी की यात्रा करूंगा। मैं अपने मित्र, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मिलने के लिए उत्सुक हूं।”

मोदी ने कहा, “हमारे दोनों देश व्यापार, निवेश, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, फिनटेक, रक्षा, सुरक्षा और लोगों से लोगों के बीच संबंधों जैसे व्यापक क्षेत्रों में जुड़े हुए हैं। पिछले साल, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद और मैं साझेदारी के भविष्य पर एक रोडमैप पर सहमत हुए, और मैं उनके साथ अपने संबंधों को और गहरा करने के बारे में चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं।”

यूएई इस साल के अंत में यूएनएफसीसीसी (सीओपी28) की पार्टियों के 28वें सम्मेलन की मेजबानी करेगा।

मोदी ने कहा, “मैं ऊर्जा परिवर्तन और पेरिस समझौते के कार्यान्वयन को सुविधाजनक बनाने के लिए जलवायु कार्रवाई में तेजी लाने की दिशा में वैश्विक सहयोग को मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए भी उत्सुक हूं, मुझे विश्वास है कि यूएई की मेरी यात्रा हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी।”

***********************************

 

ग्रेटर नोएडा : पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, एक बदमाश गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा 13 Jully (एजेंसी) । थाना दादरी पुलिस ने 1 लाख रूपये के इनामिया कुख्यात अपराधी मनोज नंगला के भाई हिस्ट्रीशीटर मुकेश उर्फ मुक्की को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, थाना दादरी क्षेत्र के अंतर्गत 6 जुलाई को ग्राम नंगला नैनसुख मे सत्यबीर को मारपीट कर बेहोश करने वाले 1 लाख रूपये के इनामिया कुख्यात अपराधी मनोज नंगला के भाई हिस्ट्रीशीटर मुकेश उर्फ मुक्की पुत्र फिरेराम निवासी ग्राम नंगला नैनसुख, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर को थाना दादरी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को बदमाश द्वारा अवैध असलाह की बरामदगी के दौरान कोट नहर के पास आनंंदपुर गांव की ओर जाने वाले रास्ते के पास आईटीआई कॉलेज के पीछे से अवैध तमंचा से पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया, जिसपर पुलिस पार्टी द्वारा चलाई गोली पैर में लगने के कारण बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा और 2 जिंंदा कारतूस व 1 खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।

बदमाश के विरुद्ध थाना दादरी पर पूर्व से ही करीब 1 दर्जन अभियोग पंजीकृत है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ा है वो मुकेश उर्फ मुक्की पुत्र फिरेराम निवासी ग्राम नंगला नैनसुख, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर का है उस पर लूट हत्या और रंगदारी के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं।

******************************

 

पंचायत चुनाव में भाजपा के दिग्गजों के चेहरे उनके क्षेत्रों में रहे बेअसर

कोलकाता 12 जुलाई (एजेंसी)। बंगाल के पंचायत चुनाव में देखा जाए तो तृणमूल ने एक तरह से एकछत्र कब्जा कर एक बार फिर से साबित कर दिया कि बंगाल में ममता बनर्जी के सामने दूर-दूर तक कोई नहीं है। विपक्ष यानी भाजपा की बात करे तो साफ कहें तो भाजपा के दिग्गजों के चेहरे का असर उनके क्षेत्रों बेअसर ही रहा। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ऐसे क्षेत्रों में भी जीती है जहां 2019 के लोकसभा चुनाव और 2021 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा का बड़ा जनाधार रहा है। इसे  2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के लिए बेहतर संकेत नहीं माना जा रहा है।

ऐसा ही क्षेत्र है उत्तर बंगाल का कूचबिहार। यहां त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस का दबदबा है। ग्राम पंचायत हो या पंचायत समिति व जिला परिषद, हर जगह तृणमूल ने जीत दर्ज की है। यह केंद्रीय मंत्री निशित प्रमाणिक के प्रभाव वाला इलाका है।  यहां लोकसभा व विधानसभा में भी तमाम प्रतिकूलताओं के बावजूद यहां भाजपा को बढ़त मिली थी।

इस बार यहां तृणमूल कांग्रेस की जीत ने पार्टी को मुश्किल में डाल दिया है। यहां से ममता बनर्जी के कैबिनेट में सहयोगी रहे उदयन गुहा ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पूरे उत्तर बंगाल में तृणमूल ने शानदार प्रदर्शन किया है।बांग्लादेश के शरणार्थी समुदाय मतुआ बहुल इलाके में भी इस बार भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा है।

केंद्रीय मंत्री और बनगांव से भाजपा के सांसद शांतनु ठाकुर के बूथ पर भी तृणमूल कांग्रेस का परचम लहराया है। यहां तक कि यहां से भाजपा विधायक सुब्रत ठाकुर के गढ़ में भी तृणमूल की जीत हुई है। यहां 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को खूब वोट मिले थे। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और अखिल भारतीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष के घर के पास मतदान केंद्र में भी तृणमूल कांग्रेस की जीत हुई है।

****************************

 

गैंगस्टर कुलदीप जघीना को बदमाशों ने गोलियों से भूना, पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची झोंक दिया वारदात को अंजाम

भरतपुर 12 जुलाई ,(एजेंसी)।  राजस्थान के भरतपुर में गैंगस्टर कुलदीप सिंह जघीना की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब पुलिस कुलदीप को पेशी पर भरतपुर कोर्ट ला रही थी। बदमाशों ने पुलिस की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर गैंगस्टर को गोली मार दी।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को भरतपुर कोर्ट में कृपाल जघीना हत्याकांड के आरोपियों की पेशी थी। टोल नाके के पास आरोपी कुलदीप जघीना और विजयपाल पर फायरिंग हुई। विजयपाल घायल है। उसे आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एक दर्जन से अधिक फायर किए गए हैं। गोलीबारी में जिस वाहन का इस्तेमाल किया गया था, उसे जब्त कर लिया है। सीसीटीवी के आधार पर फायरिंग करने वालों की पहचान कर ली गई है, लेकिन अभी पहचान उजागर नहीं की गई है।

कुलदीप सिंह जघीना एक भाजपा नेता की हत्या में आरोपी था। राजस्थान के डीजीपी उमेश मिश्रा ने बताया, गैंगस्टर कुलदीप जघीना की भरतपुर के अमोली टोल प्लाजा पर कुछ अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस उसे कोर्ट ले जा रही थी। हत्या में प्रतिद्वंद्वी गिरोह के लोग शामिल थे। भरतपुर एसपी मौके समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर जांच कर रहे हैं।

******************************

 

मनी लांडरिंग रोकथाम एक्ट में किये संशोधनों को तुरंत वापस लिया जाये : हरपाल सिंह चीमा

चंडीगढ़ 12 जुलाई ,(एजेंसी)।  पंजाब के वित्त, योजनाबंदी, आबकारी और कराधान मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्रालय को वस्तु और सेवा कर नैटवर्क (जी. एस. टी. एन.) को मनी लांडरिंग रोकथाम कानून ( पी. एम. एल. ए.) के अधीन लाने वाले संशोधनों को तुरंत वापस लेना चाहिए क्योंकि इन संशोधनों के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के साथ जी. एस. टी डाटा सांझा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस कदम के गंभीर परिणाम निकल सकते हैं और टैक्स अदा करने वाले ईमानदार व्यापारियों के लिए Óकर आतंकवादÓ जैसी स्थिति बन सकती है।

यहाँ जारी प्रैस बयान में वित्त मंत्री स. हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार ने मंगलवार को नई दिल्ली में हुई जी. एस. टी कौंसिल की मीटिंग के दौरान ई. डी के साथ जीएसटी डाटा सांझा करने के मुद्दे पर भी सख़्त विरोध ज़ाहिर किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार समेत समान विचारधारा वाले अन्य राज्य इस व्यापारी विरोधी कदम को वापिस लेने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्रालय पर दबाव डालेंगे।
स. चीमा ने कहा कि ई.डी. देश भर के किसी भी कारोबारी को परेशान करने के लिए अपनी इस Óनयी ताकतÓ का दुरुपयोग कर सकती है। उन्होंने कहा कि एक व्यापारी जो ईमानदारी के साथ जी. एस. टी का भुगतान कर रहा है, हमेशा इस बात से चिंतित रहेगा कि उसकी मामूली गलती के कारण उसे ई. डी. द्वारा परेशान किया जा सकता है और यदि उसे गिरफ़्तार किया गया तो उसको ज़मानत भी नहीं मिलेगी। वित्त मंत्री ने कहा कि इस Óटैक्स टैरोरिज़मÓ का देश के आर्थिक विकास पर बुरा प्रभाव पड़ेगा।

इस संशोधन की अन्य ख़ामियों के बारे बताते हुये पंजाब के वित्त मंत्री ने कहा कि इससे देश के संघीय ढांचे को और भी ठेस पहुंचेगी क्योंकि इससे राज्यों में केंद्र सरकार की दखलअन्दाज़ी और बढ़ जायेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब और अन्य कई राज्यों ने पहले ही कर चोरी करने वालों पर नजऱ रखने के लिए अपना टैक्स इंटेलिजेंस सिस्टम स्थापित कर लिया है और यह कर चोरी से सम्बन्धित गतिविधियों पर नजऱ रखने के लिए काफ़ी समर्थ हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को भारतीय आर्थिकता के मज़बूत स्तम्भ व्यापारियों और कारोबारियों के लिए परेशानी खड़ी करने वाले ऐसे संशोधन करने की बजाय इन प्रणालियों को और मज़बूत करने के लिए राज्यों का साथ देना चाहिए।

यहाँ जि़क्रयोग्य है कि भारत सरकार ने मनी लांडरिंग रोकथाम कानून की धारा 66 के द्वारा प्रदान की शक्ति का प्रयोग करते हुये 7 जुलाई, 2023 को एक नोटिफिकेशन जारी किया था जिसके द्वारा वस्तु और सेवा कर नैटवर्क को उक्त एक्ट के दायरे में लाया गया है।

****************************

 

लद्दाख के लोगों को बाहरी प्रभावों से चिंतित होने की जरूरत नहीं : ठाकुर

लेह 12 जुलाई ,(एजेंसी)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री, युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बुधवार को कहा कि लद्दाख के लोगों को बाहरी प्रभावों के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार ने सीमाओं की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए हैं।
ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार देश को एक मजबूत और बेहतर राष्ट्र बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। ठाकुर ने लेह से लगभग 211 किलोमीटर दूर लद्दाख के करज़ोक गांव में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के साथ बातचीत के दौरान कहा,मजबूत बलों को मजबूत सरकार का समर्थन प्राप्त है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में, भारत दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में से एक है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि श्री ठाकुर केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के दो दिवसीय दौरे पर हैं। ठाकुर ने प्रकृति की चुनौतियों का सामना करते हुए 15000 फीट की ऊंचाई पर अपना कर्तव्य निभाने वाले बलों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि यह ऐसे सैनिकों की दृढ़ता है जो देश की सुरक्षित सीमाओं को बनाए रखने में मदद करते हैं।

उन्होंने कहा,यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपनी-अपनी भूमिका में देश की भलाई के लिए काम करें।

मंत्री ने रक्षा उपकरण निर्माण के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि पहले देश पूरी तरह से आयात पर निर्भर था, लेकिन आत्मनिर्भर भारत की पहल के साथ, रक्षा क्षेत्र में 400 से अधिक वस्तुओं का स्वदेशी रूप से निर्माण किया गया और पिछले वर्ष एक लाख करोड़ रुपये के रक्षा उपकरणों का निर्माण और 16 हजार करोड़ रुपये का निर्यात हुआ जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। ठाकुर ने करज़ोक गांव में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए, कहा कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का विकास प्राथमिकता है और केंद्र सरकार इस क्षेत्र में समृद्धि के

एक नए युग की शुरुआत करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।

उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि डिजिटल कनेक्टिविटी, सड़क कनेक्टिविटी, पर्यटन बुनियादी ढांचे को बढ़ाने, जल जीवन मिशन और खेल बुनियादी ढांचे में सुधार की उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। ठाकुर ने प्रधानमंत्री के शब्दों का हवाला देते हुए कि सीमावर्ती गाँव आखिरी गाँव नहीं हैं, बल्कि पहले गाँव हैं जहाँ सभी सुविधाएँ पहुँचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लद्दाख के लोगों को भी बाहरी प्रभावों के बारे में चिंता करने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि सरकार ने सीमाओं की सुरक्षा के लिए उचित उपाय किए हैं।

*******************************

दीपक बैज छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए सूबेदार

जगदलपुर 12 Jully (एजेंसी) । बस्तर सांसद दीपक बैज छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए सूबेदार नियुक्त किए गए हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने उन्हें विधानसभा चुनाव के पहले यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व और दीपक बैज के संगठन नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। सांसद बैज का 14 जुलाई को जन्मदिन है और आज उन्हें छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने को उन्हें जन्मदिन का अग्रिम तोहफा दिया जाना माना जा रहा है। सांसद दीपक बैज को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की चर्चाएं काफी लंबे समय से चल रही थीं। आखिरकार आज पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंप दी।

निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम का कार्यकाल बहुत पहले पूरा हो चुका है।लेकिन पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन और फिर चुनाव को देखते हुए अब तक उन्हें संगठन का कार्यभार जारी रखा गया था।इस बीच संगठन में महासचिवों के दायित्व और नियुक्ति को लेकर मरकाम और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के बीच टकराव की खबरें आ रही थीं। जिससे कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंचने का अंदेशा व्यक्त किया जा रहा था।आखिरकार पार्टी नेतृत्व ने मरकाम की जगह बस्तर सांसद दीपक बैज को प्रदेश संगठन की कमान सौंप दी। उनकी नियुक्ति पर बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की नेता श्रीमती सोनिया गांधी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय नेता प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया है कि वह छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करते हुए कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के मार्गदर्शन में कांग्रेस को पुनः सत्ता में लाने के लिए इसी क्षण से जुट जाएंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद दीपक बैज को नए दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। जगदलपुर विधायक एवं संसदीय सचिव रेख चंद जैन, बस्तर के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा, नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप, बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी, दंतेवाड़ा विधायक देवती कर्मा, चित्रकोट विधायक राजमन बेंजाम, बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, केशकाल विधायक संतराम नेताम, अंतागढ़ विधायक अनूप नाग, कांकेर विधायक शिशुपाल सोरी, भानूप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं, सांसद दीपक बैज के प्रतिनिधियों, एनएसयूआई नेताओं, युवा कांग्रेस नेताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

***************************

 

चिरंजीवी के जम जम जज्जनका गाने ने इंटरनेट पर मचाया धमाल!

13.07.2023 (एजेंसी) – भोला शंकर मेहर रमेश द्वारा निर्देशित और प्रसिद्ध मेगास्टार चिरंजीवी द्वारा अभिनीत नवीनतम सामूहिक एक्शन मनोरंजन फिल्म है। फिल्म में तमन्ना भाटिया प्रमुख महिला के रूप में हैं, जबकि कीर्ति सुरेश मेगास्टार की बहन की भूमिका निभा रही हैं। महथी स्वरसागर ने इस फिल्म के लिए संगीत तैयार किया है, जिसे एके एंटरटेनमेंट्स बैनर के तहत अनिल सुनकारा द्वारा निर्मित किया जा रहा है।

भोला शंकर का फर्स्ट लुक टीजऱ और पहला गाना पहले ही रिलीज़ हो चुका है, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। हाल ही में, जाम जम जज्जनका नामक दूसरा गीत जारी किया गया था, और पूर्ण गीतात्मक वीडियो आज जारी किया गया। यह गाना, एक जोशीला पार्टी ट्रैक, वर्तमान में अपनी प्रभावशाली धुन और मनोरंजक बोल के साथ यूट्यूब पर मेगा प्रशंसकों को खुश कर रहा है।

अनुराग कुलकर्णी और मंगली द्वारा गाए गए इस गाने के बोल कसारला श्याम ने लिखे हैं। भोला शंकर तमिल सुपर हिट फिल्म वेदालम से प्रेरणा लेता है। सभी जरूरी काम पूरे करने के बाद मेकर्स इस फिल्म को 11 अगस्त को ग्रैंड लेवलो थिएटर में रिलीज करने की तैयारी में हैं।

*****************************

 

वैष्णवी चैतन्य की पहली फिल्म बेबी का सफर शुरू

13.07.2023 (एजेंसी) – यूट्यूबर, चरित्र कलाकार और सोशल मीडिया प्रभावकार के रूप में जानी जाने वाली वैष्णवी चैतन्य ने हाल ही में अपनी आगामी फिल्म बेबी के बारे में मीडिया से बात की। मास मूवी मेकर्स के बैनर तले एसकेएन द्वारा निर्मित और साई राजेश द्वारा निर्देशित, फिल्म में आनंद देवरकोंडा, वैष्णवी चैतन्य और विराज अश्विन हैं। फिल्म की रिलीज 14 जुलाई को होनी है और इसने विजय बुल्गानिन द्वारा रचित अपने सनसनीखेज गीतों और साई राजेश द्वारा लिखे गए प्रभावशाली संवादों के कारण पहले ही ध्यान आकर्षित कर लिया है।

बातचीत के दौरान, वैष्णवी चैतन्य ने खुद को एक यूट्यूबर और चरित्र कलाकार के रूप में पेश किया, और बेबी में मुख्य अभिनेत्री के रूप में अपनी शुरुआत करने के लिए उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वह हीरोइन बनने की ख्वाहिश रखती थीं और इस इंडस्ट्री में आठ साल से थीं, उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें इतना बड़ा मौका मिलेगा। जब उन्होंने फिल्म की कहानी सुनी तो वह हैरान और अभिभूत हो गईं, उन्हें यकीन नहीं था कि उन्हें इस भूमिका के लिए चुना जाएगा। हालाँकि, साई राजेश को उस पर तब भी विश्वास था जब उसे खुद पर विश्वास नहीं था, और उसने इस अवसर को अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ माना।

वैष्णवी चैतन्य ने अपने करियर के दौरान उन्हें मिली नकारात्मक टिप्पणियों को संबोधित किया, विशेष रूप से इंस्टाग्राम और टिकटॉक जैसे प्लेटफार्मों पर वीडियो बनाने से लेकर फिल्म नायिका बनने तक के उनके संक्रमण के संबंध में। आलोचना के बावजूद, साई राजेश का अपनी क्षमताओं पर विश्वास ने उन्हें साहस और दृढ़ संकल्प से भर दिया। फिल्म बेबी के बारे में बोलते हुए, वैष्णवी चैतन्य ने अपने किरदार को एक मासूम लड़की के रूप में वर्णित किया, जो एक झुग्गी में पली-बढ़ी थी।

कहानी इस बात के इर्द-गिर्द घूमती है कि झुग्गी छोडऩे के बाद उसका जीवन कैसे बदल जाता है और उसके अनुभवों से सीखे गए सबक पर ध्यान केंद्रित किया गया है। यह किरदार बचपन से ही एक लड़के से प्यार करता है, लेकिन जब वह कॉलेज में दाखिला लेती है तो एक और लड़का उसके जीवन में प्रवेश करता है, जिससे महत्वपूर्ण बदलाव आते हैं। फिल्म इन घटनाओं का लड़की के जीवन पर पडऩे वाले प्रभाव को दर्शाती है, और वैष्णवी चैतन्य को कहानी और उसके चरित्र दोनों के साथ एक मजबूत संबंध महसूस हुआ, जिसने उनके अभिनय कौशल के लिए पर्याप्त गुंजाइश प्रदान की।उन्होंने फिल्म में संगीत पर जोर देने पर प्रकाश डाला, क्योंकि साई राजेश को इसका विशेष शौक है।

यह कहानी उनके स्वयं के जीवन से मेल खाती है, क्योंकि यह वास्तविक जीवन की घटनाओं से प्रेरित थी। फिल्म एक लड़की की झुग्गी से कॉलेज तक की यात्रा को सूक्ष्म और रंगीन तरीके से चित्रित करती है, उन कारकों को दर्शाती है जिन्होंने उसे प्रभावित किया और बदल दिया। वैष्णवी चैतन्य ने इस तरह की भूमिका निभाने पर गर्व व्यक्त किया और बताया कि फिल्म की शूटिंग एक आरामदायक और आनंददायक अनुभव था। अपने संघर्षों और वित्तीय कठिनाइयों पर विचार करते हुए, वैष्णवी चैतन्य ने ऑडिशन के दौरान सामना की गई चुनौतियों और पिछले आठ वर्षों में फिल्म उद्योग के प्रति अपने अटूट समर्पण का उल्लेख किया। उन्होंने इस धारणा को खारिज कर दिया कि तेलुगु लड़कियों को अवसर नहीं दिए जाते हैं और अवसरों को आकर्षित करने के लिए दृढ़ता और अपना सर्वश्रेष्ठ देने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने ग्लैमरस भूमिकाओं के बजाय प्रदर्शन-उन्मुख भूमिकाओं के लिए अपनी प्राथमिकता व्यक्त की, क्योंकि वह अभिनय को सबसे ऊपर महत्व देती हैं। वैष्णवी चैतन्य ने बेबी के लिए आदर्श निर्माता के रूप में एसकेएन की प्रशंसा की और साई राजेश के दृष्टिकोण के लिए उनके अटूट समर्थन को स्वीकार किया। फिल्म की तीन साल की यात्रा के दौरान कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद, एसकेएन अपनी सामग्री और कहानी पर विश्वास करते हुए इसके साथ खड़ा रहा।

वैष्णवी चैतन्य ने टीम पर कभी कोई दबाव नहीं डालने के लिए साई राजेश की सराहना की और फिल्म में अपनी संगीत प्रतिभा का योगदान देने के लिए विजय बुल्गानिन का आभार व्यक्त किया, इसे परियोजना के लिए सबसे अच्छा उपहार माना। अंत में, फिल्म उद्योग में वैष्णवी चैतन्य की यात्रा बेबी में उनकी भूमिका के साथ समाप्त हुई।

फिल्म की शूटिंग के उनके अनुभव और अपनी कला के प्रति उनके समर्पण ने उनकी सफलता में उनके विश्वास को मजबूत किया है। वह महत्वाकांक्षी अभिनेताओं को प्रदर्शन-उन्मुख भूमिकाओं पर ध्यान केंद्रित करने और ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित करती है, और वह फिल्म बेबी के माध्यम से पहले प्यार के सुंदर और मधुर सार को साझा करने के लिए उत्सुक है।

**********************************

 

कोहरा के कारण पंजाबी कल्चर के करीब आई: हरलीन सेठी

13.07.2023 (एजेंसी) – एक्ट्रेस हरलीन सेठी अपने स्ट्रीमिंग शो कोहरा’ की रिलीज का इंतजार कर रही हैं। नेटफ्लिक्स शो के लिए उन्हें साइन किया गया, और इसकी एक दिल को छू लेने वाली कहानी है। उन्होंने खुलासा किया कि कैसे कोहरा’ में उनका किरदार निमरत उन्हीं का एक हिस्सा है।

हरलीन ने एक छोटा सा वीडियो साझा किया और इसके साथ एक इमोशनल नोट भी लिखा। उन्होंने लिखा, निमरत मेरा ही हिस्सा है। मैं एक बच्चे की तरह हमेशा से पंजाबी कल्चर से दूर भागती रही।मैं इसी शहर में पैदा हई और पला-बढ़ी, जिसे काफी कूल माना जाता है, लेकिन कोहरा’ मिलने के बाद मेरी जिदंगी को एक नई दिशा मिली।

हरलीन ने आगे कहा, फिल्मांकन शुरू करने से पहले, एक वर्कशॉप के बाद मैंने सुदीप सर से पूछा कि क्या मैं अपने हाथ पर गुरुमुखी में निर्भाऊ निरवैर’ लिखवा सकती हूं।अब मैं कुछ ऐसा चाहती थी, जो मेरे साथ मेरे मरते दम तक रहे।

आज मुझे इस बात पर गर्व है कि मैं कौन हूं और कहां से आयी हूं। मैं अपने कल्चर को साथ लेकर आगे बढऩे का इरादा रखती हूं। वह गॉन गेम सीजन 2′, ब्रोकन बट ब्यूटीफुल’ और काठमांडू कनेक्शन’ में अपनी एक्टिंग से काफी खुश है।

***************************