श्रीवानी ट्रस्ट टिकट जारी करने के लिए तिरुपति हवाई अड्डे पर खोला काउंटर

तिरुपति ,15 दिसंबर(एजेंसी)।  तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के संयुक्त कार्यकारी अधिकारी (जेईओ) वी वीरब्रह्मम ने रेनिगुंटा के तिरुपति हवाई अड्डे पर श्रीवानी ट्रस्ट टिकट जारी करने के लिए एक विशेष काउंटर खोला।

वीरब्रह्मम ने इस अवसर पर कहा कि श्रीवानी ट्रस्ट ने लोकप्रियता हासिल की है और यह सफलतापूर्वक चल रहा है। इस ट्रस्ट द्वारा दान के माध्यम से प्राप्त धन का उपयोग दूरस्थ क्षेत्रों में मंदिरों के निर्माण के लिए किया जा रहा है।

हाल ही में टीटीडी ने विश्राम गृह में कमरों की उपलब्धता के मद्देनजर आवास उपलब्ध कराने को लेकर यहां माधवम रेस्ट हाउस में श्रीवानी टिकट जारी करने का निर्णय लिया था।

उन्होंने बताया कि प्रबंधन ने सोचा कि यह उन लोगों के लिए फायदेमंद होगा जो विभिन्न एयरलाइनों से तिरुपति आ रहे हैं। वे हवाई अड्डा पर ही श्रीवानी टिकट बुक करा सकते हैं। इसके जरिये आसपास के विश्राम गृहों में वह आसानी से रह सकते हैं और इस सुविधा का भरपूर उपयोग कर सकते हैं।

******************************************

 

कानून के शिकंजे में मुख्तार अंसारी, अदालत ने सुनाई 10 साल की जेल और ठोंका 5 लाख रुपए जुर्माना

गाजीपुर ,15 दिसंबर(एजेंसी)। माफिया डॉन बाहुबली मुख्तार अंसारी और भीम सिंह पर दोष साबित होने के बाद उन्हें 10 साल की जेल और पांच लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई है। यह मामला गैंगस्टर एक्ट से जुड़ा है।

12 दिसंबर को एडीजीसी ‘क्रिमिनल’ नीरज श्रीवास्तव ने बताया था, ‘मुख्तार अंसारी और उनके सहयोगी भीम सिंह पर साल 1996 में गैंगस्टर का एक मुकदमा दर्ज हुआ था, जो काफी समय से

कोर्ट में लंबित था, जिस पर पिछले महीने 25 नवंबर को फैसला आना था लेकिन अचानक विद्वान पीठासीन अधिकारी का स्थानांतरण हो जाने से और नए पीठासीन अधिकारी के आने के बाद रोजाना स्तर पर सुनवाई की गई थी।

माफिया मुख्तार के खिलाफ यूपी, दिल्ली, पंजाब के विभिन्न थानों में 40 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। ईडी ने मुख्तार अंसारी को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी पीएमएलए के तहत की गई थी।

प्रयागराज कोर्ट में मुख्तार को पेश कर ईडी ने कस्टडी रिमांड मांगी थी। केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी पीएमएलए के तहत अंसारी और उनके करीबियों के ठिकानों पर छापा मार चुकी है।

**********************************

 

भूमि अधिग्रहण मुआवजे में दूर की जाएंगी कानूनी अड़चनें : गडकरी

नई दिल्ली ,15 दिसंबर(एजेंसी)। सरकार ने देश में सड़क परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण के मुआवजे के भुगतान में अड़चनों को दूर करने के लिए कानून में जरूरी बदलाव करने का आश्वासन दिया है। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक सवाल के जवाब में यह आश्वासन दिया।

गडकरी ने कहा कि सड़क परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण कानून केंद्र सरकार ने बनाया है और नियमों को राज्य तय करते हैं। यह एक कमी है कि यदि अधिग्रहण के बाद सड़क का एलाइनमेंट बदल जाए तो सरकार भूमि को लौटा नहीं सकती है। इस प्रकार के देश में एक लाख 74 हजार 327 मुकदमे लंबित हैं।

उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण के मुआवजे की राशि बाजार भाव से चार गुना होने के कारण आज कोई अधिग्रहण का विरोध करने नहीं आता है बल्कि वह अपनी जमीन लेने का प्रस्ताव करता है। पर समस्या यह है कि भूमि कृषि क्षेत्र में है या औद्योगिक प्रकार की, इसे लेकर भी विवाद होता है क्योंकि दोनों प्रकार की जमीनों का मूल्य भिन्न-भिन्न होता है और इससे मुआवजा की राशि पर भी असर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों के सामने भी संकट है कि यदि वे जमीन मुआवजा के मामलों का निपटारा करने की कोशिश करें तो उनके इरादे पर सवाल खड़े किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में राज्य सरकारें भी हिस्सेदार हैं। इसलिए एक माह में केंद्र और राज्य मिल कर परामर्श करके इस मामले का कानूनी हल निकालने निकालने की कोशिश करेंगे।

*******************************

 

मोदी ने सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की

नयी दिल्ली ,15 दिसंबर(एजेंसी)।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित और देश के लिए उनके अभूतपूर्व योगदान को याद किया।

मोदी ने ट्वीट किया, ”मैं सरदार पटेल को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और भारत में उनके चिरस्थायी योगदान को याद करता हूं, खासकर हमारे राष्ट्र को एकजुट करने और सर्वांगीण विकास को गति देने में उनके अभूतपूर्व योगदान रहा।

भारत के पहले गृह मंत्री पटेल को राष्ट्र में सैकड़ों रियासतों के विलय का नेतृत्व करके देश को एकजुट करने का श्रेय दिया जाता है। उनका निधन आज ही के दिन दिसंबर 1950 हुआ था।

************************************

 

हिमाचल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 40 विधायकों के साथ कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की

नई दिल्ली ,15 दिसंबर(एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने अपने 40 विधायकों और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षा प्रतिभा सिंह के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े से उनके आवास पर मुलाकात की।

आपको बता दें कि की हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह वीरवार दोपहर लगभग 1.00 बजे अपने 40 विधायकों और हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। मलिकार्जुन खडग़े ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह और सभी 40 विधायकों का अभिवादन स्वीकार किया, और खडग़े एक-एक करके सभी विधायकों से मिले और उन्हें शुभकामनाएं दी।

हिमाचल प्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेसी अध्यक्ष के साथ यह हमारी एक औपचारिक मुलाकात थी। हम सब उन्हें धन्यवाद देने आए थे। सुखविंदर सिंह ने कहा कि जिस प्रकार मल्लिकार्जुन खडग़े ने हमें आशीर्वाद दिया हमारा सहयोग किया और वो खुद चलकर हिमाचल आए। जिसके कारण पार्टी जीती है। हम उनका धन्यवाद देने यहां आए हैं।

कांग्रेस के राज्य प्रभारी राजीव शुक्ला और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंत्रिमंडल के विषय पर वरिष्ठ नेताओं से भी मंत्रणा करेंगे। राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा में प्रदेश के कांग्रेस विधायकों के शामिल होने के बाद इस पर भी निर्णय हो जाएगा। 16 दिसंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने वाले हैं।

आगे सुखविंदर सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा की खडग़े साहब ने एक मंत्र दिया है कि लोगों की सच्चे दिल से सेवा करो। मंत्रिमंडल को लेकर सुखविंदर सिंह ने कहा कि विधानसभा सत्र के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। और जब भी मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा आप लोगों को पता चल जाएगा।

***********************************

 

कमलनाथ कर रहे वादों की बरसात

भोपाल ,15 दिसंबर(एजेंसी)।  मध्य प्रदेश में एक साल बाद विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं, कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ ने वादों की बरसात शुरू कर दी है। वहीं शिवराज सरकार पर कांग्रेस के कार्यकाल में शुरू की गई जनकल्याण की योजनाओं को बंद करने का भी आरोप लगाया है।

कमल नाथ ने कहा है कि शिवराज सरकार द्वारा विश्व आदिवासी दिवस का अवकाश बंद कर दिया गया है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही हम आदिवासी समुदाय को हर्षोल्लास से विश्व आदिवासी दिवस मनाने के लिये आदिवासी दिवस पर पूर्ण अवकाश बहाल करेंगे।

उन्होंने कहा है कि शिवराज सरकार द्वारा बंद की गई प्रत्येक ग्राम पंचायत में गौशाला निर्माण की योजना को मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही फिर बहाल किया जाएगा। ज्ञात हो कि कांग्रेस ने राज्य की ग्राम पंचायत स्तर पर गौशाला शुरू करने का ऐलान किया था।

कमल नाथ ने राज्य में कांग्रेस सरकार की सौ रुपये में सौ यूनिट बिजली देने की योजना का जिक्र करते हुए कहा, शिवराज सरकार द्वारा बंद की गई 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली देने वाली योजना को मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही फिर बहाल किया जाएगा।

कई राज्यों में पुरानी पेंशन योजना चर्चाओं में है। मध्य प्रदेश में भी कमल नाथ ने सरकार बनने पर शिवराज सरकार द्वारा बंद की गई सरकारी कर्मचारियों की पेंशन को मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही फिर बहाल किया जाएगा।

पिछला चुनाव कांग्रेस ने किसान कर्ज माफी के मुद्दे पर जीता था और किसानों का कर्ज माफ करना भी शुरू कर दिया था। इसको लेकर कमल नाथ ने वादा किया है कि शिवराज सरकार द्वारा बंद की गई किसान कर्ज माफी की योजना मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही फिर शुरू की जाएगी।

*************************************

 

जहरीली शराब कांड: बढ़ता जा रहा है मरने वालों का आंकड़ा, अब तक 25 लोगों की गई जान

छपरा 15 Dec, (Rns): बिहार के सारण जिले में जहरीली शराब से हो रही मौत का आंकड़ा बढ़ता हो जा रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार जिले के तीन प्रखंडों में जहरीली शराब से 25 लोगों की मौत हो गई है। वहीँ, जिला प्रशासन मामले में ने चुप्पी साधे बैठा है। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में शराब बेचने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इशुआपुर के डोईला गांव से हरिराम महतो और उसके पुत्र सूरज महतो को गिरफ्तार किया है जिनके द्वारा भेजी गई शराब पीकर 25 लोगों की मौत हो गई है जबकि 15 से अधिक लोग बीमार हैं. प्रशासन द्वारा 25 लोगों में से 17 का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है।

वहीँ, घटना के बाद आज सुबह से ही सदर अस्पताल में बीमार लोगों का तांता लगा रहा। कई लोगों की आंखों की रोशनी खत्म हो गई तो कई लोग अपनी जिंदगी से ही हाथ धो बैठे। इस मामले में एसपी संतोष कुमार ने बताया कि प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लिया है और इलाके में छापेमारी शुरू कर दी गई है। अभी तक पूरे जिले में अभियान चलाकर 40 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है वही इस कांड में शामिल 3 लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

*********************************

 

 

राहुल की यात्रा गुरुवार को दौसा जिले में सुबह गोलिया से हुई शुरू

दौसा 15 Dec, (Rns): कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में आज ग्यारहवें दिन सुबह छह बजे दौसा जिले में लालसोट के गोलिया गांव से शुरू हुई।

यात्रा का आज 99वां दिन है और कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं सहित लोगों में इसके प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा के रास्ते में लोगों यात्रा का जोरदार स्वागत किया और लोग रास्ते, घरों के बाहर, घरों की छत्तों एवं पेड़ों पर चढ़े और चारों ओर लोगों की भीड़ नजर आई।

यात्रा में कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल, पू्र्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा, पर्व मंत्री एवं विधायक हरीश चौधरी सहित कई पार्टी नेता श्री राहुल गांधी के साथ चल रहे है।

यात्रा लालसोट क्षेत्र में एक स्थान पर दोपहर का विश्राम होगा जहां श्री राहुल गांधी किसानों के साथ चर्चा करेंगे।
इसके बाद अपराह्न साढ़े तीन बजे यात्रा का आज का दूसरा चरण शुरू होगा और शाम साढ़े छह बजे यात्रा मोलाई गांव पहुंचेगी और नांगल राजावतान में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।

*****************************

 

BJP नेता शुभेंदु अधिकारी के कंबल वितरण कार्यक्रम में मची भगदड़, तीन महिलाओं की मौत

कोलकाता 15 Dec, (एजेंसी): पश्चिम बंगाल से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां, पश्चिम बर्धमान के आसनसोल में आज शाम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के कंबल वितरण कार्यक्रम में भीड़ उमड़ने से भगदड़ मच गई।

इस भगदड़ में तीन लोगों की मौत की खबर आमने आई है। बताया जा रहा है कि पांच अन्य घायल हो गए हैं। ये घटना उस समय हुई, जब शुभेंदु अधिकारी अपना भाषण खत्म कर कार्यक्रम स्थल से चले गए। इस कार्यक्रम का आयोजन आसनसोल के पूर्व मेयर और बीजेपी नेता जितेंद्र तिवारी ने किया था। घायलों को आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुभेंदु अधिकारी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे।

वहीं इस हादसे के बाद से टीएमसी ने शुभेंदु अधिकारी पर हमलावर हो गई है। उसने इस हादसे के लिए नेता प्रतिपक्ष को दोषी ठहराया है। टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने आरोप लगाते हुए कहा कि कहते हैं बीजेपी ने पुलिस की अनुमति के बिना इस अवैध रैली का आयोजन किया। गरीबों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया गया।

******************************

 

अनुच्छेद 370 निरस्त किए जाने के खिलाफ दाखिल याचिकाओं पर जल्द सुनवाई की जाएगी

*सुप्रीम कोर्ट ने कहा*

नई दिल्ली,14 दिसंबर (एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा कि वह जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निष्प्रभावी करने के केंद्र सरकार निर्णय के खिलाफ दाखिल याचिकाओं को जल्द सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करेगा.

वार्ताकार राधा कुमार ने याचिकाओं को जल्द सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का अनुरोध किया, जिसके बाद प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति पी.एस नरसिंह की पीठ ने कहा कि हम विचार करके तारीख देंगे. इससे पहले, 25 अप्रैल और 23 सितंबर को तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश एन.वी. रमण की अध्यक्षता वाली पीठ ने अनुच्छेद 370 के प्रावधान निष्क्रिय करने के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ दाखिल याचिकाओं को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई थी.

मामले की सुनवाई करने वाली पांच न्यायाधीशों की पीठ में शामिल रहे पूर्व प्रधान न्यायाधीश रमण और न्यायमूर्ति आर. सुभाष रेड्डी सेवानिवृत हो चुके हैं. ऐसे में शीर्ष अदालत याचिकाओं पर सुनवाई के लिए फिर से पांच न्यायाधीशों की पीठ गठित करेगी.

अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निष्प्रभावी करने के केंद्र सरकार के फैसले और जम्मू-कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेश में विभाजित करने वाले जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 के खिलाफ विभिन्न याचिकाएं दाखिल की गई थीं. इन याचिकाओं को साल 2019 में तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश एन.वी. रमण की अध्यक्षता वाली संविधान पीठ के पास भेज दिया था. केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करके जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा वापस ले लिया था.

***************************

 

ईडी ने गैंगस्टर से नेता बने मुख्तार अंसारी को किया गिरफ्तार

*मनी लांड्रिंग मामला*

नईदिल्ली,14 दिसंबर (आरएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन के एक मामले में गैंगस्टर से नेता बने मुख्तार अंसारी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। अंसारी अभी जेल में हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश में प्रयागराज की एक अदालत में पेश करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि 5 बार के पूर्व विधायक अंसारी उत्तर प्रदेश के बांदा में एक जेल में बंद हैं। ईडी ने पिछले साल इस मामले में 59 वर्षीय नेता से पूछताछ की थी।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ईडी ने धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत उन्हें हिरासत में लिया। उन्हें एजेंसी द्वारा पेशी वारंट के आधार पर प्रयागराज की एक अदालत में पेश किया गया था। संघीय जांच एजेंसी ने नवंबर में प्रयागराज में अपने कार्यालय में पूछताछ के बाद उनके विधायक बेटे अब्बास अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया था।

इससे पहले मुख्तार अंसारी के रिश्तेदार आतिफ रजा को गिरफ्तार किया गया था। ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बावजूद पेश न होने पर मुख्तार अंसारी की पत्नी अफसान अंसारी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी कराया था। मुख्तार अंसारी के खिलाफ धन शोधन का मामला उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज कई प्राथमिकियों से निकला है। इसके अलावा विकास कंसट्रक्शंस नामक कंपनी के खिलाफ दो प्राथमिकियां दर्ज की थी जिसे अंसारी की पत्नी, आतिफ रजा समेत दो रिश्तेदार तथा अन्य लोग चला रहे थे।

मुख्तार अंसारी जमीन हथियाने, हत्या और वसूली समेत अन्य आरोपों पर उनके खिलाफ दर्ज कम से कम 49 आपराधिक मामलों के संबंध में ईडी की जांच के घेरे में हैं। वह हत्या के प्रयास और हत्या समेत कई मामलों में उत्तर प्रदेश में मुकदमों का सामना कर रहे हैं। ईडी ने इस साल मुख्तार अंसारी की 1.48 करोड़ रुपये की सात अचल संपत्ति जब्त की थी।

एजेंसी ने अगस्त में मुख्तार अंसारी के बड़े भाई और बहुजन समाज पार्टी के सांसद अफजल अंसारी के दिल्ली में आधिकारिक आवास और गाजीपुर, मऊ जिलों तथा लखनऊ में कुछ स्थानों पर भी छापा मारा था।

पुलिस के अनुसार, गाजीपुर जिला प्रशासन ने मुख्तार अंसारी की कथित गैरकानूनी आय से खरीदे गए छह करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के दो प्लॉट भी जब्त किए थे। उत्तर प्रदेश पुलिस ने जुलाई में गैंगस्टर एक्ट के तहत अफजल अंसारी की 14.90 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी।

*************************************

 

भाजपा ने बिहार में शराबबंदी नीति पर पुनर्विचार का बनाया दबाव

*गिरिराज सिंह ने कहा-नीतीश बुलाएं सर्वदलीय बैठक*

नईदिल्ली,14 दिसंबर (आरएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सहित भाजपा की बिहार इकाई के नेताओं ने बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शराबबंदी नीति पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए दावा किया कि राज्य सरकार नकली शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगाने में विफल रही है, जिससे मौतें हो रहीं और अपराध बढ़ रहा।

सिंह ने संसद के बाहर संवाददाताओं से कहा कि कुमार को इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए और उसके अनुसार फैसला करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘अगर कोई नीति सफल नहीं होती है तो उस पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। पाटलिपुत्र के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने भी सिंह के विचार से सहमति जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को शराबबंदी को निजी प्रतिष्ठा का विषय नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा, ”उन्हें या तो इसे प्रभावी ढंग से लागू करना चाहिए, या इस्तीफा देना चाहिए।

बिहार के सारण जिले में मंगलवार रात कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने उनकी (मृतकों की) संख्या 6 बताई है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने आरोप लगाया है कि यह संख्या इससे कहीं अधिक है।

सिंह ने कहा, ‘बिहार में हर दिन जहरीली शराब के कारण लोगों की मौत हो रही है, जबकि कुमार अपनी नीति पर अड़े हुए हैं, जो विफल हो चुकी है। अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। शराब भगवान की तरह हो गई है, जो दिखाई नहीं देती, लेकिन राज्य में हर जगह मौजूद है।

******************************

 

तवांग में झड़प पर सरकार ने बिना स्पष्टीकरण के बयान दिया, ससंद में चर्चा हो : थरूर

नई दिल्ली,14 दिसंबर (एजेंसी)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने बुधवार को कहा कि अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारत और चीन के सैनिकों की झड़प में सरकार ने छोटा बयान दिया और उसके साथ कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया जो लोकतांत्रिक बात नहीं है. उन्होंने कहा कि इस मामले पर संसद में चर्चा होनी चाहिए.

थरूर ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि बिना किसी स्पष्टीकरण के एक छोटा बयान दिया गया तथा दूसरों के सवालों या विचारों को सुना भी नहीं गया. यह लोकतंत्र नहीं है. उन्होंने कहा कि हम यह कहते आ रहे हैं कि संसद इसी (चर्चा) के लिए है. इस तरह के मामलों में सरकार को भारत की जनता के प्रति जवाबेदह होना चाहिए. थरूर का कहना था कि सरकार को पूरी स्थिति बतानी चाहिए और कुछ सवालों के जवाब देने चाहिए.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को संसद को बताया था कि चीन के सैनिकों ने नौ दिसंबर को तवांग सेक्टर में यांग्त्से क्षेत्र में यथास्थिति बदलने का एकतरफा प्रयास किया जिसका भारत के जवानों ने दृढ़ता से जवाब दिया और उन्हें लौटने के लिए मजबूर किया.
रक्षा मंत्री ने यह भी सूचना दी थी कि इस झड़प में किसी भी सैनिक की मृत्यु नहीं हुई है और न ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ है. उन्होंने कहा था कि इस मुद्दे को चीनी पक्ष के साथ कूटनीतिक स्तर पर भी उठाया गया है और इस तरह की कार्रवाई के लिये मना किया गया है.

उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना ने सोमवार को बताया था कि भारतीय और चीनी सैनिकों की तवांग सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के निकट एक स्थान पर नौ दिसंबर को झड़प हुई, जिसमें ”दोनों पक्षों के कुछ जवान मामूली रूप से घायल हो गए.

पूर्वी लद्दाख में दोनों पक्षों के बीच 30 महीने से अधिक समय से जारी सीमा गतिरोध के बीच गत शुक्रवार को इस संवेदनशील सेक्टर (तवांग) में एलएसी पर यांग्त्से के पास झड़प हुई.

**********************************

 

राजमार्गों पर वाहनों की नई गति सीमा निर्धारण के संबंध में जल्द फैसला होगा : गडकरी

नई दिल्ली,14 दिसंबर (एजेंसी)। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि विभिन्न राजमार्गों पर वाहनों की नयी गति सीमा के संबंध में जल्दी ही फैसला किया जाएगा. गडकरी ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नियम के आधार पर और राज्य सरकारों को विश्वास में लेकर टू लेन एवं फोर लेन सहित विभिन्न राजमार्गों पर नयी गति सीमा का जल्दी ही निर्धारण किया जाएगा. उन्होंने अफसोस जताया कि सड़क दुर्घटनाओं के मामले में भारत दुनिया में सबसे आगे है और यहां हर साल पांच लाख दुर्घटनाएं होती हैं. उन्होंने कहा कि इन दुर्घटनाओं में जितने लोग मरते हैं, उतने किसी महामारी, लड़ाई या दंगों में नहीं मरते.

गडकरी ने कहा कि सरकार ऐसे हादसों पर काबू पाने के लिए लगातार कदम उठा रही है और लोगों के बीच जागरूकता एवं अन्य कदमों के साथ ही मशहूर हस्तियों का भी सहयोग लिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार नयी उच्च-स्तरीय सड़कें बना रही है जिससे कई शहरों के बीच की दूरी कम हो जाएगी. उन्होंने इस क्रम में कहा कि इन नयी सड़कों के बन जाने के बाद दिल्ली से चंडीगढ़ की दूरी घटकर ढाई घंटे की रह जाएगी जबकि दिल्ली से जयपुर, देहरादून एवं हरिद्वार दो घंटे में पहुंचा जा सकेगा.

**************************************

 

प्रमुख हवाईअड्डों पर भीड़भाड़ कम करने के लिए सभी एजेंसियां मुस्तैद: सिंधिया

नई दिल्ली,14 दिसंबर (एजेंसी)। नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को कहा कि प्रमुख हवाईअड्डों पर भीड़भाड़ कम करने के लिए सभी एजेंसियां पिछले 24-36 घंटों से मुस्तैद हैं.

उन्होंने कहा कि टर्मिनल-3 के प्रवेश द्वार और चेक-इन काउंटरों पर भीड़ कम हो गई है. चार अतिरिक्त एक्स-रे मशीनें लगाई गई हैं, प्रतीक्षा समय के बारे में बताने के लिए डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं. सीआईएसएफ कर्मियों की तैनाती पहले ही शुरू हो चुकी है, और अगले कुछ दिनों में इसमें वृद्धि होगी.

सिंधिया ने एक लिंक्डइन पोस्ट में कहा कि इन उपायों को बेंगलुरु और मुंबई हवाईअड्डों पर भी लागू किया जाएगा. बीते दिनों हवाई यात्रियों ने विशेष रूप से दिल्ली हवाईअड्डे के टर्मिनल-3 (टी3) सहित विभिन्न हवाईअड्डों पर लंबे समय तक इतंजार करने की शिकायत की है. अधिकारी भीड़भाड़ को कम करने के लिए कदम उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पिछले 24-36 घंटों में सभी एजेंसियां सभी प्रमुख हवाई अड्डों पर भीड़ कम करने में जुट गई हैं.

बेंगलुरु हवाईअड्डे पर बुधवार को दो अतिरिक्त एक्स-रे मशीनों का इस्तेमाल किया गया. सिंधिया ने कहा कि घरेलू यात्री आवागमन को कोविड से पहले के स्तरों को पार करते हुए देखना खुशी की बात है. हर दिन एक नया रिकॉर्ड बन रहा है. यानी क्षमता (लोड फैक्टर) उपयोग 95 प्रतिशत से अधिक हो गया है. उन्होंने इस स्थिति को विमानन क्षेत्र और उसमें काम कर रहे लोगों के लिए अच्छा बताया. मंगलवार को घरेलू एयरलाइंस ने करीब 4.12 लाख यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया.

*********************************

 

नीलगिरि जिले में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित, स्कूल-कॉलेज बंद

उधगमंडलम,14 दिसंबर (एजेंसी)। नीलगिरि जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में मंगलवार रात से हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है, जबकि पटरी पर चट्टान और पेड़ गिरने से रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं.

भारी बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बुधवार को स्कूल और कॉलेज में छुट्टी घोषित कर दी है. रेलवे की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसके अलावा पटरी पर चट्टान और पेड़ गिरने के कारण बुधवार को नीलगिरि माउंटेन रेलवे की सेवाएं रद्द कर दी गईं. भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है,जिससे रेल मार्ग बाधित हो गया. सूत्रों ने कहा कि कुन्नूर के पास एक स्थान पर पांच मकान ढह गए और टीटीके रोड पर तीन ऑटोरिक्शा समेत कुछ वाहन बारिश के पानी में बह गए.

सूत्रों ने बताया कि ऊटी-कुन्नूर रोड पर एक बड़ा गड्ढा बन गया और ऊटी-कोठागिरी और ऊटी-गुडालूर राजमार्गों पर 10 से अधिक पेड़ गिरने के कारण वाहनों का आवागमन ठप हो गया. राजस्व विभाग व अन्य विभागों के कर्मचारी सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटा रहे हैं. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे तक 303 मिमी बारिश दर्ज की गई. स्थिति को देखते हुए, प्रशासन ने जलाशयों के किनारे रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है.

*********************************

कांग्रेस नेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

बिलासपुर, 14 दिसम्बर (एजेंसी)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले  के सकरी में कांग्रेस नेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अपनी कार से जा रहे कांग्रेस नेता संजीवा त्रिपाठी को बदमाशों ने रास्ते में रोककर गोलियों से भून दिया और फरार हो गए। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के जिला महामंत्री संजीव त्रिपाठी बुधवार दोपहर को सकरी बाइपास की तरफ से कहीं जान रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने पहले उन्हें रोका। फिर उनके सिर पर गोलियां दाग दीं। घटना के वक्त आस-पास कुछ लोग मौजूद थे। मगर वह कुछ कर पाते इसके पहले ही बदमाश मौके से भाग निकले। आस-पास के लोगों ने ही पुलिस को इस घटना की सूचना दी थी।

जिसके बाद एसएसपी पारुल माथुर समेत पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं। परिजनों को भी इस बारे में जानकारी दे दी गई है। कहा जा रहा है कि बदमाशों ने अपना चेहरा ढंक रखा था। जिसके चलते उनकी पहचान नही हो पाई। पुलिस ने मौके से गोलियों के टुकड़े बरामद किए हैं।

फॉरेंसिक की टीम को भी बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि यह पूरी वारदात जमीन विवाद को लेकर हुई है। मिली जानकारी के अनुसार हमलावार दो कारो में सवार होकर आये थे और संजीव त्रिपाठी को गोली मारने के बाद एक कार रायपुर की ओर तथा दूसरी कार दूसरी दिशा में निकलने की खबर है।

इस ससनीखेज वारदात के पीछे पुरान रंजिश होने का अंदेशा व्यक् किया जा रहा है और पूर्व में संजीव त्रिपाठी पर कई गंभीर आरोप लग चुके है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

***********************************

 

एक और बॉलीवुड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल  का हुआ आगाज..! 

15.12.2022 – बॉलीवुड अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के लिए प्राप्त 200 से अधिक प्रविष्टियों में से सर्वश्रेष्ठ फिल्मों का चयन अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं की एक प्रतिष्ठित टीम द्वारा किया गया है। चयनित फिल्में 17-18 दिसंबर तक कार्निवल सिनेमा (मुंबई) में दर्शकों के लिए दिखाई जाएंगी। फेस्टिवल में यशपाल शर्मा की हरियाणवी फिल्म ‘दादा लखमी’ की एक विशेष स्क्रीनिंग भी की जाएगी।  ‘दादा लखमी’ वैश्विक स्तर पर 68 से अधिक पुरस्कार जीते हैं। बॉलीवुड अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के जूरी में अशोक राणे, अमित राय, संदीप शर्मा, फ्रांसीसी अभिनेत्री मरीन बोरबो और बांग्लादेश के तौकीर अहमद भी शामिल हैं।

 

 बॉलीवुड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (बीआईएफएफ) की संस्थापक-अध्यक्ष प्रतिभा शर्मा और अभिनेता-निर्देशक यशपाल शर्मा फिल्म समारोह को एक अलग दिशा में लेकर जाने और चुनिंदा फिल्में की सौगात चाहनेवालों तक पहुंचाने के लिए कमर कस ली है। हाल ही में बीआईएफएफ के सदस्य मोनिका डावर, मिनाक्षी सिंह, दलबीर सिंह, समीर चौधरी, तबस्सुम जहां, अल्पना सुहासिनी, सुनील बैनीवाल, विशाल शर्मा,  तपन पटानी और अनुषा श्रीनिवासन अय्यर की उपस्थिति में सम्पन्न हुए प्रेसवार्ता में उन्होंने संयुक्त रूप से कहा, “हमारा उद्देश्य लोगों को गुणवत्तापूर्ण सिनेमा से परिचित कराना है, चाहे वह फीचर फिल्म, लघु फिल्म, मोबाइल फिल्म या एक वृत्तचित्र हो। यूएस, अफगानिस्तान, ईरान और कई यूरोपीय देशों की फिल्में इस फेस्टिवल का हिस्सा होंगी। मौजूदा दौर में एक फिल्म समारोह को नैतिक और निष्पक्ष होने की जरूरत है। बॉलीवुड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल आयोजन कमेटी के सभी सदस्य सदैव इसी सोच के साथ कर्मपथ पर अग्रसर रहेंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

********************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपकी अपेक्षाओं के अनुसार रहेगा। सामाजिक एवं पारिवारिक क्षेत्र पर आज आप भाग्यशाली माने जाएंगे। आपके अधिकांश कार्य सरलता से बनते चले जाएंगे। जायदाद सम्बंधित कार्यो को आज करना शुभ रहेगा। सरकार की तरफ से लाभदायक समाचार मिल सकता है। विदेश सम्बंधित कार्यो में भी सफलता सुनिश्चित रहेगी। धार्मिक क्षेत्र पर योगदान के लिए सम्मानित किए जाएंगे। परिवार में भी आज आपको विशेष स्नेह एव सुविधा व आशीर्वाद मिलेगा। छोटी पार्टी का आयोजन होगा। स्वास्थ्य भी उत्तम रहेगा। धन लाभ में थोड़ा विलम्ब हो सकता है।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आपका आज का दिन सामान्य रहेगा। परिजनों का सहयोग मिलेगा। संबंधो में मधुरता लाने का प्रयास करें। गलतफहमियां आज परेशान कर सकती है। कार्य क्षेत्र पर प्रतिस्पर्धा अधिक रहने से अधिक ध्यान देना पड़ेगा। आपके हिस्से का लाभ किसी अन्य व्यक्ति को न लेने दें। संभावित अनुबंध निरस्त होने से मन भारी रहेगा चिंता न करें। लंबी यात्रा की योजना स्थगित करनी पड़ सकती है। पारिवारिक खर्च पर ध्यान दें। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन आपको मिश्रित फलदायी रहेगा। दिन के पूर्वार्ध में शारीरिक रूप से असमर्थ रहेंगे आलस्य अधिक रहने से उत्साह की कमी रहेगी। परिवार का वातावरण असहज रह सकता है। परन्तु मध्यान तक स्थिति सुधरने लगेगी अपना उत्तरदायित्व समझेंगे किसी विशिष्ट व्यक्ति के मार्गदर्शन से कार्य क्षेत्र पर लाभ के अनुबंध मिलेंगे। सेहत भी धीरे-धीरे सामान्य हो जायेगी। सहकर्मियों का साथ मिलने से कार्य निश्चित अवधि में पूर्ण कर लेंगे। संध्या के समय धन लाभ होगा मनोरंजन पर खर्च भी रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज का दिन आनंददायक रहेगा। आज आप लगभग प्रत्येक क्षेत्र पर सफल रहेंगे। सफलता के पीछे परिजनों का भी विशेष योगदान रहेगा फिर भी आज स्वार्थ की मनोवृत्ति अधिक रहने से किसी का अहसान नहीं मानेंगे। महिला मित्रो से ज्यादा नजदीकी के कारण समाज में निंदा हो सकती है। आर्थिक दृष्टिकोण से दिन बेहतर सिद्ध होगा। व्यापारियों के लिए आज का दिन कुछ ख़ास करेगा। मनोरंजन के साथ-साथ तामसी वृतियो में वृद्धि होगी। घर का वातावरण सामान्यत: शांत ही रहेगा फिर भी रंग में भंग ना पड़े इसका ध्यान रखे।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज के दिन आपके लिए विशेष रहेगा। धन को लेकर चिंता न करें बल्कि धन सम्बंधित मामलो को प्राथमिकता से निपटाएं अन्य सब सही होगा। कार्य व्यवसाय में धन लाभ होते होते आगे के लिए टलेगा। किसी विशेष खुशी का आयोजन होगा जिससे परिवार में खुशी का माहौल होगा व भरपूर सहयोग मिलेगा। सामाजिक क्षेत्र पर स्वयं को बड़ा दिखाना आप जैसे बुद्धि जीवी का काम नहीं। परिजनों के साथ बाहर का भोजन खाएंगे। सेहत बढिया रहेगी।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आप शारीरिक एवं मानसिक रूप से बेहतर अनुभव करेंगे। दिन के आरम्भ में किसी इच्छित कार्य के बनने से मन में उत्साह बढेगा। व्यवहार में भी मधुरता रहने से आसानी से अपने कार्य निकाल सकेंगे। घर में अथवा कार्य क्षेत्र पर बड़बोलापन व्यर्थ की समस्या खड़ी ना करे इसलिए सोच समझ कर ही अपनी बात रखे अथवा मौन ही रहें। सरकारी अथवा पुरानी योजनाओं में धन फंस सकता है। लेन देन करते समय सावधानी रखें। परिवार में आपसी मतभेद न आने दें।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज के दिन आपको संयमित व्यवहार करने की सलाह है। स्वाभाव में उग्रता रहने सही नहीं होती ध्यान रहे। आपके कार्य करने का तरीका किसी अन्य के लिए मुसीबत खड़ी कर सकता है। बिना बात बोलने अथवा सलाह देना उचित नहीं। धन आवश्यकता के समय नहीं मिलने पर निराशा होगी। भाग-दौड़ करने के बाद किसी से अल्प मात्रा में मदद मिल जायेगी। परिजनों के विपरीत व्यवहार की अनदेखी करना ही बेहतर रहेगा। आध्यात्म से जुड़े शांति मिलेगी।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज के दिन कार्य क्षेत्र के साथ साथ घरेलु कार्य अधिक रहने से व्यस्तता बढ़ेगी। दोपहर का समय धन लाभ के अवसर भी मिलेंगे परन्तु आशा के अनुसार सफलता नहीं मिल पाएगी। घर में सजावट एवं बदलाव लाने के लिए समय एवं धन खर्च हो सकता है। सन्तानो की जिद के चलते थोड़े असहज रहेंगे। कार्य क्षेत्र पर प्रतिस्पर्धा कम रहने का पूरा लाभ मिल सकेगा। प्रतिष्ठा को लेकर आज आप अधिक संवेदनशील रहेंगे। अविवाहितो को विवाह के प्रस्ताव मिलेंगे। नौकरी पेशा जातको को थोड़ी परेशानी रहेगी। संध्या का समय एकांत वास में बिताना पसंद करेंगे।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन मध्यम फलदायी रहेगा। व्यापार अथवा नौकरी करने वाले जातक आज परिश्रम के बाद ही कार्य में सफलता पा सकेंगे। उच्चाधिकारी से किसी बात पर मतभेद रह सकता है। आज इनसे बचकर रहने का प्रयास करें। कार्य क्षेत्र पर सहकर्मियों का पूर्ण सहयोग मिलने से थोड़ी राहत अनुभव होगी। परिवार में पत्नी अथवा पुत्रादि को समय और प्यार दें। खर्च अधिक रहेगा। आज आर्थिक मामलों में ढील ना दें अन्यथा आगे परेशानी हो सकती है। गैस कब्जादि के कारण परेशानी होने की संभावना है।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आपके मन के विचार थोड़ी-थोड़ी देर में बदलते रहेंगे जिससे कोई भी ठोस निर्णय लेने में दिक्कत आएगी। परन्तु फिर भी आज आपका ध्यान सुख के साधनों की हर हाल में वृद्धि करने में रहेगा। अनैतिक साधनो से लाभ पाने के प्रलोभन भी मिल सकते है परन्तु इनसे बच कर रहे भविष्य की हानि से भी बचेंगे। लाभ के कई अवसर मिलेंगे परन्तु अनिर्णय की स्थिति के कारण इनका पूर्ण लाभ नहीं ले पाएंगे। अधिकांश कार्य आगे के लिए टलेंगे। सामाजिक क्षेत्र पर आपकी छवि धनवानों जैसी रहेगी फिर भी आडंबर से दूर रहें।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन सामान्य रहेगा। आज के दिन आप अपने ही गैरजिम्मेदार व्यवहार से बचें। कार्यो में लापरवाही भी अधिक न करें। हर कार्य में शक करने के कारण परिवार अथवा कार्य क्षेत्र पर सौहार्द पूर्ण रहें। व्यवसाय आशा के अनुकूल रहेगा। धन लाभ आज परिश्रम ही हो पायेगा। किसी दूर रहने वाले रिश्तेदार से समाचार मिल सकता है। सेहत का ध्यान रखें।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज घर एवं सामाजिक क्षेत्र पर आपके विचारों को पसंद किया जाएगा। अनजान लोग भी आपकी बातों से प्रभावित होंगे नए मित्र एवं जनसंपर्क बनेंगे। सेहत भी आज अच्छी रहेगी। कार्य क्षेत्र पर अपने बल पर कार्य करेंगे। धार्मिक कार्यों में रूचि बढेगी। आज किसी से मदद अथवा शिफारिश नहीं लेंगे। पुराने रुके हुए कार्यो में आश्चर्यजनक रूप से गति आएगी। धन लाभ भी आकस्मिक ही होगा। बीच-बीच में मनोरंजन के अवसर मिलने से मन हल्का रहेगा। परिजन सहयोग करेंगे।

*************************************

मोटे अनाज का भोजन की थाली में सम्मानजनक स्थान होना चाहिए : तोमर

ईदिल्ली,13 दिसंबर (एजेंसी)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि गेहूं व चावल के साथ मोटे अनाज का भी भोजन की थाली में पुन: सम्मानजनक स्थान होना चाहिए। पोषक-अनाज को देश-दुनिया में बढ़ावा देने के उद्देश्य से ही भारत की अगुवाई में संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित अंतरराष्ट्रीय पोषक-अनाज वर्ष 2023 में मनाया जाएगा, जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहल की थी व 72 देशों ने भारत के इस प्रस्ताव का समर्थन किया था।

केंद्रीय मंत्री तोमर ने यह बात आज एग्रीकल्चर लीडरशिप एंड ग्लोबल न्यूट्रिशन कान्क्लेव में मुख्य अतिथि के रूप में कही। तोमर ने कहा कि कोविड महामारी ने हम सभी को स्वास्थ्य व पोषण सुरक्षा के महत्व का काफी अहसास कराया है। हमारी खाद्य वस्तुओं में पोषकता का समावेश होना अत्यंत आवश्यक है। अंतरराष्ट्रीय पोषक-अनाज वर्ष मनाए जाने से मिलेट्स की घरेलू एवं वैश्विक खपत बढ़ेगी, जिससे रोजगार में भी वृद्धि होगी एवं अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा, संस्कृति, चलन, स्वाभाविक उत्पाद व प्रकृति द्वारा जो कुछ भी हमें दिया गया है, वह निश्चित रूप से किसी भी मनुष्य को स्वस्थ रखने में परिपूर्ण है, लेकिन कई बार समय निकलता जाता है और आधुनिकता के नाम पर, व्यस्तता के कारण अनेक बार हम अच्छी चीजों को शनै: शनै: भूलते जाते है तथा प्रगति के नाम पर बहुत-सारी दूसरी चीजों को अपने जीवन में अपनाते जाते है।

प्रगति तो आवश्यक है लेकिन प्रकृति के साथ अगर प्रगति का सामंजस्य रहें तो यह हम सबके लिए, मानव जीवन व देश के लिए ज्यादा अच्छा है। आज हम बहुत-सारी चीजों को ढूंढते हैं व महंगे दामों पर भी खऱीदते हैं, उनमें कई ऐसी हैं, जिनके बीज कोई संजोकर नहीं रखता या जिन्हें किसान बोते भी नहीं है लेकिन आज भी प्राकृतिक रूप से, मौसम के अनुसार वे पैदा होती है, जिन लोगों को उनकी गुणवत्ता मालूम हो गई, वे उन्हें उपयोग करते है। ईश्वर ने भी संतुलन का ध्यान रखा है।

तोमर ने कहा कि मिलेट्स हमारे देश में कोई नहीं चीज नहीं है। पहले स्वाभाविक रूप से साधन-सुविधाएं कम थे लेकिन हमारे कृषि क्षेत्र, गांव व समाज का ताना-बाना ऐसा था कि छोटे किसान भी अपनी आवश्यकतानुरूप खेती करते थे और जो खाद्यान्न बचता था, उसे बाजार में ले जाते थे। धीरे-धीरे खेती करते समय ज्यादा मुनाफे की प्रतिस्पर्धा हुई, जिससे जिंसों की उगाही बदल गई और गेहूं व धान पर अवलंबन ज्यादा हो गया। हमारे किसान देश को पर्याप्त मात्रा में भोजन उपलब्ध कराने में सक्षम है, वहीं हम दुनिया को भी आपूर्ति कर रहे हैं, लेकिन धीरे-धीरे मिलेट्स का स्थान थाली में कम होता गया, प्रतिष्ठा की प्रतिस्पर्धा में मिलेट्स थाली से गायब होता चला गया

परंतु अब जब हमारा देश खाद्यान्न व बागवानी की अधिकांश उपज के मामले में अग्रणी है तो पोषक-अनाज की ओर ध्यान जाता है। आज पोषकता की आवश्यकता है, अनुसंधान भी काफी गहराई से हो रहा है, बारीकी से उसका विश्लेषण किया जा रहा है। जगह-जगह व्याख्यान हो रहे हैं, विद्वान चिंतन कर रहे हैं और कहा जा रहा है कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए मिलेट्स जरूरी है।

इस संबंध में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि मिलेट्स के लिए हमें काम करना चाहिए और उनकी पहल पर योग की तरह देश-दुनिया में मिलेट्स को बढ़ावा दिया जा रहा है, प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर मिलेट्स का उत्पादन व खपत बढ़ रही है। कार्यक्रम में फिलिपिंस के पूर्व कृषि मंत्री विलियम डार सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद थे।

*****************************

पूर्व आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन भारत जोड़ो यात्रा में हुए शामिल

जयपुर,14 दिसंबर (एजेंसी)। आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन बुधवार को राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। सवाई माधोपुर के भदोती से बुधवार सुबह फिर शुरू हुई यात्रा के दौरान राहुल गांधी की रघुराम राजन से आधे घंटे से अधिक समय तक चर्चा हुई।

राजन आर्थिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने के लिए जाने जाते हैं। दोनों ने एक डॉक्यूमेंट्री के लिए आर्थिक मुद्दों पर अपने विचार रखे।
यूपीए के दूसरे कार्यकाल और मोदी सरकार के शुरूआती सालों में रघुराम राजन भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर थे।

अधिकारियों ने पुष्टि की, कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में राजस्थान-हरियाणा सीमा पार करने के बाद एक हफ्ते का ब्रेक होगा। 24 दिसंबर से 2 जनवरी तक यात्रा पर ब्रेक रहेगा।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर 16 दिसंबर को राहुल गांधी जयपुर जाएंगे। वहां सभी सुनिधि चौहान के म्यूजिक इवेंट में हिस्सा लेंगे।

*********************************

 

मनीष तिवारी ने चीनी अतिक्रमण पर लोकसभा में दिया स्थगन नोटिस

नई दिल्ली,14 दिसंबर (एजेंसी)। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने बुधवार को चीनी अतिक्रमण के मुद्दे पर लोकसभा में स्थगन नोटिस दिया। तिवारी के नोटिस में कहा गया है कि कई ऐसे महत्वपूर्ण प्रश्न हैं, जिन्हें पूछे जाने की आवश्यकता है।

ये झड़पें क्यों हो रही हैं, पहले गालवान और अब यांग्त्से? चीनी क्या चाहते हैं? क्या सरकार चीनी दुर्भावनापूर्ण इरादों से अवगत है? क्या हमने चीनियों के लिए कोई क्षेत्र खो दिया है? यदि हां, तो सरकार इसे वापस पाने के लिए कैसी योजना बना रही है?

उन्होंने कहा, 2020 से चीन से आयात 27.3 बिलियन डॉलर से बढ़कर दोगुना 52.4 बिलियन डॉलर हो गया है। पूर्वी लद्दाख से चीनी अरुणाचल प्रदेश पर नजर गड़ाए हुए हैं। रिपोटरें से पता चलता है कि चीन ने बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे का निर्माण किया है और एलएसी पर अतिरिक्त सैन्य निर्माण किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कम से कम तीन अतिरिक्त पीएलए ब्रिगेड कथित तौर पर वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तैनात हैं। अरुणाचल प्रदेश के कुछ सीमावर्ती क्षेत्रों में सैन्य तैनाती में बड़ी कमी के बारे में भी चिंताएं बताई गई हैं।

नोटिस में उल्लेख किया गया है कि देपसांग और डेमचोक जैसे क्षेत्रों में संकट अनसुलझे हैं। स्थानीय लोग जो अब तक चारडिंग ला-निलुंग नाला जंक्शन की यात्रा कर चुके थे, उन्हें चीनियों ने प्रवेश से वंचित कर दिया है। चरवाहों को भी क्षेत्र में प्रवेश करने से रोक दिया गया है।

इस बीच चीन ने कथित तौर पर वास्तविक नियंत्रण रेखा के पार पर्याप्त सैन्य बुनियादी ढांचे का निर्माण किया है। चीन लद्दाख में यथास्थिति बहाल करने को तैयार नहीं है, ऐसी स्थिति जो भारत को भारी नुकसान हो रहा है। यह मुद्दा भारत की संप्रभुता, उसकी गरिमा, एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र के रूप में दुनिया में उसके स्थान से संबंधित है।

इस सदन ने इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर केवल पांच मिनट बिताए हैं। मैं सरकार से इस मामले को पूरी गंभीरता से लेने और चीन के साथ सीमा की स्थिति के संबंध में संसद में विस्तृत चर्चा करने का आग्रह करता हूं।

तिवारी के नोटिस में कहा गया है, मैं इस मामले को उठाने की अनुमति देने का अनुरोध करता हूं।

***********************************

दिल्ली में शख्स ने छात्रा पर किया तेजाब से हमला

नई दिल्ली,14 दिसंबर (एजेंसी)। दिल्ली के द्वारका इलाके के पास एक व्यक्ति ने 12वीं कक्षा की एक छात्रा पर तेजाब फेंककर उसे घायल कर दिया। छात्रा का इलाज सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम. हर्षवर्धन के मुताबिक, पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) को सुबह करीब 9 बजे मोहन गार्डन इलाके में तेजाब हमले की घटना के बारे में सूचना मिली।

फोन करने वाले ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे बाइक पर पीछे बैठे एक व्यक्ति ने 17 वर्षीय एक छात्रा पर तेजाब जैसे किसी पदार्थ से हमला किया।

डीसीपी ने कहा, घटना के समय युवती अपनी छोटी बहन के साथ थी। उसने दो परिचितों पर संदेह जताया है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, मामले में आगे की जांच जारी है।

*****************************

 

चीनी अतिक्रमण के मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर राज्यसभा में हंगामा

 

*विपक्ष ने किया वाकआउट*

नईदिल्ली,14 दिसंबर (एजेंसी)। अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारत एवं चीन के सैनिकों के बीच पिछले दिनों हुई झड़प के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग को लेकर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने बुधवार को राज्यसभा में हंगामा किया। हालांकि आसन की ओर से उनकी इस मांग को खारिज कर दिया गया। इसके बाद कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल सहित कई विपक्षी दलों ने विरोध जताते हुए सदन से बहिर्गमन किया।

सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही आरंभ हुई, उपसभापति हरिवंश ने राज्यसभा के दो पूर्व सदस्यों- योगेंद्र के अलघ और आर सी सिंह के निधन से सदन को अवगत कराया। सदस्यों ने कुछ पल मौन रखकर दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उपसभापति ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इसी बीच, विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े ने चीनी अतिक्रमण के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की। उन्होंने कहा, ”हमने कल भी इस मुद्दे पर चर्चा के लिए नोटिस दिया था… जो चीनी अतिक्रमण हुआ है, उसके बारे में हम विस्तृत चर्चा चाहते हैं।

हमारी कोशिश रही है कि सदन को पूरी जानकारी मिले, देश के लोगों को भी जानकारी मिले कि वहां की वास्तविक स्थिति क्या है।’ उन्होंने कहा, ‘सदन को बहुत सी चीजें, जो रक्षा मंत्री ने नहीं बताया…हमारे पास जो सूचनाएं हैं…जो जगह पहले खाली थी अब वहां पर पुल बन गए हैं…मकान बन गए हैं और…’ इसी दौरान उपसभापति ने खडग़े को टोकते हुए कहा कि आज इस बारे में कोई नोटिस नहीं है, इसलिए इस विषय पर चर्चा नहीं की जा सकती है क्योंकि रक्षा मंत्री भी इस पर बयान दे चुके हैं।

इस पर, खडग़े ने कहा, ‘हम देश के साथ हैं, हम सेना के साथ हैं।’ खडग़े अभी बोल ही रहे थे कि उपसभापति ने शून्यकाल शुरु कराया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बृजलाल को अपना मुद्दा उठाने को कहा। इसी बीच, विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरु कर दिया। हंगामे के बीच ही बृजलाल ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्याालय में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को आरक्षण नहीं दिए जाने का मुद्दा उठाया।

इसके बाद उपसभापति ने एक बार फिर हंगामा कर रहे सदस्यों को शांत करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि मंगलवार को विपक्ष के नेता को चीनी अतिक्रमण के मुद्दे पर अपने नोटिस को पूरा पढऩे का मौका दिया।

उन्होंने कहा कि आज की कार्यवाही में जो चीजें सूचीबद्ध हैं, उनके अतिरिक्त वह कुछ नहीं कर सकते। इस बीच, खडग़े कुछ बोलना चाहते थे लेकिन आसन ने उन्हें इसकी इजाजत नहीं दी। इसके कुछ देर बाद कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस सहित कई विपक्षी सदस्य सदन से बहिर्गमन कर गए।

***************************

 

 

 

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version